अकलतरा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अकलतरा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 9 जुलाई 2012

बंजारों की बात मत पूछो जी ------ ललित शर्मा

बिलासपुर रेल्वे स्टेशन के प्लेटफ़ार्म पर अकलतरा जाने के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहा था। आगे की यात्रा के लिए मेरी ट्रेन आने में अभी एक घंटे का विलंब था। किसी की भी प्रतीक्षा करना बड़ा कष्टदायी होता है। घड़ी के कांटे सरकते ही नहीं थे। जितनी बार घड़ी देखता था लगता था कि उसका कांटा वहीं पर अटक गया है। एक बार घड़ी वाले हाथ को झटकारा भी, कहीं घड़ी बंद न हो गयी हो। वर्तमान में स्वचालित घड़ियाँ बंद कहाँ होती है? घड़ी के कांटों का नहीं सरकना प्रतीक्षा की पराकाष्ठा थी। स्टेशन पर काफ़ी भीड़ थी। कहीं पर भी बैठने की जगह नहीं। मै सीढियों के प्लेटफ़ार्म पर बैठ गया। मुझे वहां बैठे देख दो चार लोग और आ कर बैठ गए। यात्रा के दौरान जहाँ भी जगह मिले वहीं बैठना और सोना पड़ता है। तभी तो इसे यात्रा कहते हैं। हर परिस्थिति से व्यक्ति को दो चार होने के लिए तैयार रहना पड़ता है। मैं हैंड बैग से एक पत्रिका निकाल कर पन्ने पलटने लगा। साथ ही आस-पास निगाहें दौड़ती रही। एक ब्लॉगर के लिए कहाँ और कब लेखन के लिए सामग्री मिल जाए या कोई उम्दा चित्र मिल जाए, इसका पता नहीं रहता। इसलिए यात्रा के दौरान सजग एवं चौकन्ना रहना पड़ता है। नजरें चूकी और एक पोस्ट का मसाला हाथ से फ़िसल जाता है।:)

तभी सामने से एक व्यक्ति गंदे कपड़े पहने आता दिखाई दिया। मेरे से थोड़ी दूर पर ही आकर रुक गया। उसकी पतलून नितंबों से नीचे खिसकी हुई थी। लगा कि कोई विक्षिप्त होगा। उसने वहीं पर सबके सामने पतलून उतारी। उसमें बेल्ट की जगह गमछा बांध रखा था। पहली पतलून उतारने के बाद दिखा कि भीतर दूसरी पतलून है। उसे भी कमर पर दूसरे गमछे से कस रखा था। उसने गमछा खोला, उस पतलून को भी उतारा, फ़िर भीतर तीसरी पतलून दिखाई दी। इस तरह उसने कुल 5 पतलूनें उतारी तब कहीं जाकर कच्छा दिखा। सभी पतलूनों की कमर कसने के लिए बेल्ट की जगह एक-एक गमछा बांध रखा था। फ़िर उसने विपरीत प्रक्रिया दोहराई। पहले पतलून चढाई, फ़िर उसे कसके गमछे से बांधा। फ़िर दूसरी चढाई, उसे भी गमछे से कसके बांधा। इस तरह पांचों पतलून चढा कर सबको गमछे से बांध कर कसा। मैं उसकी यह क्रिया देख रहा था। उसकी नजरें बचा कर एक फ़ोटो ले ही ली। कहीं पागल गले पड़ जाए तो लेने के देने पड़ सकते हैं। पर मैं फ़ोटो लेने में कामयाब रहा। वह ब्लॉगर ही क्या? जिसके पास घटनाओं के चित्र रुपी सबूत न हो। चित्रों के लिए तो एक बार अपनी जान जोखिम में डाल चुका हूँ।

जहाँ भीषण गर्मी में तन का एक कपड़ा ही कहर ढाता है। वहाँ इस व्यक्ति ने पाँच पतलूने और उतनी शर्ट पहन रखी थी। अन्य कोई सामान उसके पास नहीं था। अन्यथा एक पागल बहुत सारी चीजें अपने साथ समेट कर चलता है। जिसमें बोरी के साथ कपड़े, प्लास्टिक की थैलियाँ। रंग-बिरंगी अन्य वस्तुएं, जो भी मिल जाए बोरी में भर ली जाती हैं। यहीं एक बार मुझे एक पागल स्त्री मिली थी, जिसने बहुत सारे पेन और कागज रखे हुए थे। मैले कुचैले कपड़ों में बेंच के नीचे बैठ कर रुपा बनियान की गत्ते वाली पैकिंग पर अंग्रेजी में कुछ लिख रही थी। थोड़ा उसके समीप जाकर झांकने लगा, तो देखा उसकी हैंड राईटिंग सुगढ़ थी। उसकी हरकतें देख कर लगा कि पढी-लिखी पागल है। थोड़ी देर में उसने पेन और गत्ते को सहेज कर एक थैली में रखा। फ़िर बोरे से एक अंग्रेजी में छपा पन्ना निकाला और उसे उलट पलट कर पढने लगी। मैं ट्रेन की प्रतीक्षा में उसकी हरकतों को देख रहा था। पढने की कोशिश कर रहा था एक विक्षिप्त के व्यवहार को। अपन भी कुछ कम पागल नहीं हैं। कहीं पर भी और किसी भी घटना पर ध्यान केंद्रित करके उसे समझने का प्रयास करने लग जाते हैं। चाहे वह काम आए या न आए। लेकिन देखा- परखा हमेशा जीवन में काम आता है। 

मेरे परिचित एक लड़का किन्ही पारिवारिक कारणों से विचलित हो गया। उसकी मानसिक हलचल बढ गयी। वह बड़े और धनाढ्य परिवार से था। ईलाज कराने के बाद जब वह सामान्य हुआ तो उसके परिजनों ने विवाह करा दिया और कपड़े एक दुकान उसके हवाले कर दी। दुकान में बैठे-बैठे उसकी मानसिक हलचल फ़िर बढ गयी। ग्राहकों से लेन देन तो सही कर लेता था। दुकान के पास पोस्ट ऑफ़िस था। जितनी भी बिक्री वह दिन भर करता उसे अगले दिन पोस्ट ऑफ़िस में फ़िक्स डिपाजिट करा देता। दुकान में कपड़े कम हो जाते और व्यापारी अपना रुपया मांगने आते तो वह बाप-भाईयों से रुपए मांगता। वे फ़िर उसकी दुकान में बेचने के लिए कपड़ा खरीद कर भरते और वह नित्य फ़िक्स डिपाजिट करता। घर वाले सोच रहे थे इसी बहाने धन तो जमा हो रहा है। लेकिन धंधे में नहीं लग रहा। आखिर पागल के कौन मुंह लगे। धीरे-धीरे उन्होने धन देना बंद कर दिया और सारी पूंजी फ़िक्स डिपाजिट होने के कारण दुकान बंद हो गयी। दुकान बंद होने से वह खाली हो गया। गाँव की गलियों में घूम कर कुछ उठा लाता और जमा करने लग जाता। उसकी हरकतों से तंग आकर घर वालों ने फ़ोटो स्टेट की मशीन लगा कर दे दी। वहां भी उसका वही हाल था। जितना भी कमाता सभी फ़िक्स डिपाजिट कर देता और कागज खत्म होने पर, उसके पैसे घर वालों से मांगता। अर्थात उसे फ़िक्स डिपाजिट करने की सनक सवार हो गयी।

कुछ अधिक सयाने और सभ्य कहे जाने वाले प्राणियों में जमा करने की प्रवृत्ति होती है। चीटियाँ, मधुमक्खी, कुछ चिड़िया और मनुष्य में ही जमा करने की प्रवृत्ति विकसित हुई। हमारे प्राचीन मनोवैज्ञानिको (ॠषि, मनीषी) ने संचय की प्रवृत्ति को कभी बढावा नहीं दिया। संचय करना ही सभी समस्याओं की जड़ बताया। "मा गृध कस्यस्विद्धनम्" कहा। धन का संचय न करो, धन ही समस्त समस्याओं की जड़ है। भविष्य में उपलब्धता से आशंकित होते हुए मनुष्य में संचय करने की प्रवृत्ति ने जन्म लिया होगा। पूत कपूत तो क्यों धन संचय, पूत सपूत तो क्यों धन संचय। जिसको जो मिलता है उसका संचय कर लेता है। मनीषियों ने ज्ञान धन का संचय करने कहा। क्योंकि स्वदेशे पुज्यते राजा, विद्वानं सर्वत्र पुज्यते। विद्वान को धन की आवश्यकता नहीं होती। उसके पास ज्ञान और अनुभव होता है। इसलिए धन कहीं भी कमाया जा सकता है। आज कल के छोटे-बड़े साधु-संत भी संचय करने लगे हैं। संचय करने की इनकी भूख बढती जा रही है। अरबों खरबों की सम्पत्ति पर कुंडली मार कर बैठे हैं और प्रचवन करते हैं कि संचय मत करो। इनकी कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है।

भारत के लोगों ने सोना जमा करके इसका भाव बढा रखा है। अगर सभी के घर का सोना ही बाहर निकलवा दिया जाए तो देश के हालात ही कुछ और होगें। सोना खरीदने प्रति भारतीय अगर थोड़े से भी उदासीन हो जाते हैं अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने को कोई पूछने वाला नहीं है। लगता है जमा करना मनुष्य की आदिम प्रवृत्ति है। मनुष्य जब शिकार करके पेट भरता था तब उसे भोजन के लिए नित्य शिकार करना पड़ता था। जमा करने की प्रवृत्ति विकसित होने पर मांस का ढेर लगे रहने पर भी वह प्रतिदिन शिकार करता था और मांस का ढेर लगा कर रखता था। इस जमा करने की प्रवृत्ति का यह असर हुआ कि सभी मनुष्य अपनी अपनी सोच एवं जरुरत के हिसाब से काम की वस्तुओं को जमा करने लग गए। पागल होने पर भी जमा करने की प्रवृत्ति जाती नहीं है। चाहे वह कूड़ा करकट ही जमा क्यों न करता हो। उसे लगता है कि यह कूड़ा-करकट ही उसके काम का है और जमा करके रखना चाहिए। कल मिले या न मिले। संचयकर्ता को यह भी मालूम है कि उसके साथ कुछ नहीं जाना। सब यहीं रह जाएगा, जब लौट चलेगा बंजारा। पर सात पीढी तक के लिए जमा करने की लालसा चैन नहीं लेने देती। भले ही साथ तन के कपड़े भी न जाएं।  यही सोचते-सोचते ट्रेन का हार्न सुनकर तंद्रा भंग होती है। देखता हूँ प्लेटफ़ार्म पर ट्रेन आ कर लग गयी। आगे की यात्रा के लिए चल पड़ता हूँ ब्लॉग के लिए पोस्ट जमा करने को।

शनिवार, 12 मई 2012

पटियापाली का स्कूल और हाईब्रीड धनिया ---------- ललित शर्मा

हम यादव के साथ मड़वारानी पहुंचे,  यह रेल्वे का पैसेजंर हाल्ट भी है। यहाँ मड़वारानी माता का मंदिर है। दर्शनार्थियों की कतार लगी रहती है। यहाँ से छ: किलोमीटर पूर्व में पटियापाली गाँव हैं, जहाँ के आदिमजाति कल्याण विभाग के माध्यमिक स्कूल में बाबु साहब मुख्याध्यापक हैं। हम स्कूल पहुंचते है, विद्यार्थियों की वार्षिक परिक्षाएं चल रही हैं। सुबह 8 बजे से पेपर शुरु होने हैं और हम समय पर स्कूल पहुंच जाते है। स्कूल के सामने नल है, जहां कुछ स्त्रियां पानी भर रही हैं। स्कूल का स्टाफ़ चहल कदमी कर रहा है। मुझे अपरिचित निगाहों से देखते हैं कि कौन आ गया निरीक्षण परीक्षण करने। बच्चे भी कौतुक भरी निगाहों से देखते हैं कि ये कौन मुंछ वाला नया गुरुजी आ गया पढाने के लिए।  तभी एक टीचर का मोबाईल बजता है और वह हाँ और हाँ के अलावा कुछ नहीं कहता। शायद उनके लिए उपर से कोई निर्देश आया  है। 

फ़िर वह मेरी ओर मुखातिब होकर कहते है - सर आप आफ़िस में बैठिए यहाँ क्यों खड़े हैं? मुझे एक कुर्सी यहीं मंगवा दीजिए… मैं आम की छाया में बैठना चाहता हूँ। कुर्सी आ जाती है और मैं आम की छाया में अपना डेरा लगा लेता हूँ। स्कूल का स्टाफ़ और विद्यार्थी अपने काम में लग जाते हैं। मै भी बैग से प्यारेलाल गुप्त जी का कविता संग्रह निकाल कर पढने लगता हूँ। आम के पेड़ से लाल मकोड़े मेरे उपर टपकने लगते हैं। लेकिन मेहमान समझ कर काटते नहीं। अगर कोई काट लेता तो ता ता थैइया के अलावा कुछ नहीं था करने को। स्कूल के कैम्पस में कुछ निर्माण हो रहा है। एक खाया-पीया इंजीनियर पहुंचता है निरीक्षण करने के लिए। आते ही बाबू साहब का पता लेता है। उसे कुछ जानकारी चाहिए, स्कूल फ़ंड से संबंधित। तो उसे बाबू साहब का इंतजार करना पड़ता है। 

यादव एक कप चाय बनाकर ले आता है कम शक्कर की। मुझे देकर चला जाता है तो इंजीनियर आवाज लगाकर कहता है - क्या मुझे चाय नहीं पिलाओगे? वह सुनता नहीं है। तब तक बाबू साहब पहुंच जाते हैं हीरो होण्डा पर सवार होकर। उनकी इंजीनियर से गुफ़्तगुं होती है और मै कविताओं के साथ चाय का आनंद लेता हूँ। बाबू साहब ऑफ़िस में चलकर बैठने का आग्रह करते हैं। अब जाना ही पड़ेगा उनके साथ, क्योंकि धूप थोड़ी बढने लगी  है। पटियापाली आदिवासी बाहुल्य गाँव है। तभी बाबू साहब अपनी शिष्याओं को बुलाकर मेरा परिचय करवाते हैं और मेरा उनसे। विद्यार्थी बाबू साहेब से बहुत स्नेह करते हैं और आदर भी। विद्यार्थी उनसे बहुत हिले-मिले हैं। समय-समय पर बाबू साहब अपनी वेतन से भी इनकी सहायता करते हैं, लेकिन विद्यार्थियों की शिक्षा में कोई बाधा नहीं आने देते। इनके भीतर एक जज्बा है जो इन्हे हमेशा सक्रीय रखता है।

बाबू साहब कहते हैं कि - प्रधानाध्यापक का पद ग्रहण करने के बाद कई समस्याएं थी, लेकिन उन्होने सबको सीधे समझा दिया कि - सब बने-बने रहव,  नहीं त बिहिनिया धनिया बोहूँ त संझा तक ले फ़र घलो जाही।:) ( सब ठीक से रहों नहीं तो सुबह धनिया बोऊंगा तो शाम तक फ़ल भी लग जाएगा।) कहने का तात्पर्य है कि किसी भी कार्य का परिणाम तुरंत मिलेगा, देर नहीं होगी। बाबू साहब ने स्कूल में वृक्ष एवं फ़ूलों  के पौधे लगाए हैं जिससे स्कूल प्रांगण की सुंदरता बढ गयी है। पढाई अच्छी होने के कारण विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी उल्लेखनीय हैं। बाबू साहब बताते हैं कि उन्होने स्कूल में 70 वृक्ष लगाए थे। एक छात्र उनसे बार-बार उत्तीर्ण करने को कहता था। उन्होने उसके कहने पर नहीं किया तो उस छात्र ने गुस्से में आकर कुछ पेड़ काट डाले। इसलिए पेड़ कम हो गए। 

स्कूल में नेट कनेक्ट करने की कोशिश करते हैं पर सफ़लता आंशिक ही मिलती है। फ़ोटो अपलोड नहीं होते, थक हार कर उसे छोड़ देता हूँ। तब तक परीक्षा समाप्त हो जाती है और इधर दोपहर का खाना भी बन जाता है। थम्सअप के साथ खाने का आनंद आ जाता है जब यह जंगल में उपलब्ध हो जाए। भोजन करने के बाद स्कूल के स्टाफ़ का एक चित्र लेकर विदा होते हैं और चल पड़ते हैं पुन: अपने रास्ते पर। बाबू साहब को चांपा में आभा सिंह को ट्रेन में बैठाना है। मै उनसे वहीं मिलता हूँ। वे मुझे कहते हैं कि जांजगीर से उनका सीपीयू भी लेकर चलना है। हम जांजगीर की कम्पयूटर दुकान से सीपीयू लेते हैं और दो-दो बर्फ़ की चुस्की लेकर अकलतरा की ओर बढ जाते हैं। धूप बहुत बढ गयी है। बाबू साहब अंगोछा बांध लेते हैं पर मुझे आदत नही है, टोपी या अंगोछा बांध कर चलने की। अपन ऐसे ही ठीक हैं। रास्ते में गर्मी का प्रताप इतना बढता है कि बहुत जोर से प्यास लगती है और एक बार में एक लीटर पानी पीया जाता है। राम राम करते हुए घर पहुंचते हैं।

अकलतरा घर पहुंचते हैं तो उनके बड़े भैया शशांक सिंह जी से मुलाकात होती है। भोजन करने बाद मुझे नींद आ जाती है। कूलर की ठंडी हवा में एक नींद लेता हूँ क्योंकि मेरी रायपुर वापसी के लिए गाड़ी शाम 4 बजे हैं। बाबू साहब का नाती (युवराज सिंह) अच्छे चित्र बनाता है। मुझे रात को उसने अपने बनाए हुए चित्र दिखाए थे। उनकी तश्वीर भी ली थी मैने। गाड़ी के समय पर नींद खुलती है और मैं माता जी, बहनों से विदा लेता हूँ। वे फ़िर आने के लिए कहते हैं स्नेह से। साथ में ठेठरी-खुरमी और बड़ी का छत्तीसगढी व्यंजन बांध देते हैं घर ले जाने के लिए। बाबू साहब और उनका पोता मुझे स्टेशन ट्रेन में बैठाने आते हैं। साउथ विहार एक्सप्रेस आती है और मैं उसमें सवार हो जाता हूँ। बैठे-बैठे सोचता हूँ कि कोई व्यक्ति इतना आत्मीय कैसे हो जाता है? शायद पिछले जन्मों का कोई रिश्ता है जो मुझे इस जन्म में उनके करीब ले जाता है। ट्रेन धड़धड़ाते हुए रायपुर की ओर बढ रही है………

रविवार, 22 अप्रैल 2012

कटघरी,कोटमी सोनार और बड़े बखरी अकलतरा --- ललित शर्मा

काली घोड़ी बढ रही है कोट गढ से कटघरी की तरफ़, उसके टापों की आवाज वातावरण की खामोशी को भंग कर रही है। बाबु साहब इस इलाके अच्छे जानकार हैं। कहते हैं कि "सामने दलहा पहाड़ है, इस पर नागपंचमी के दिन श्रद्धालु चढते हैं, वे भी कई बार चढे हैं। मैकल श्रेणी है का यह इकलौता पहाड़ है, जो सबसे अलग है।" सड़क के दोनो तरफ़ हरियाली है, धान की रबी फ़सल बोई गयी है। बलखाती सड़क पर कुशलता से बाबु साहब सवारी हांकते हुए कहते हैं - "सड़क के दोनो तरफ़ जहाँ तक आपको बैल आँख से दिखाई देता है वहाँ तक "बड़े बखरी" की मालकियत है। 250 वर्षों के इतिहास में बड़े बखरी के पास 84 गांव की जमीदारी थी। अब भी बहुत कुछ है। जमीन का तो ओर छोर मालिकों को ही नही पता कितनी है, गांव के लोग और दरोगा ही जानते हैं, गांव के लोगों को बोने के लिए बंटाई में दी जाती है। रेग की वसुली दरोगा करता है।

कटघरी की जनसंख्या लगभग 1800 है, जिसमें 80% गोंड़, कंवर, नायक जाति के लोग हैं, बाकी 20% में क्षत्रिय, सतनामी, केवंट इत्यादि हैं। सिंचाई का साधन होने के कारण दो फ़सली है। फ़सल में धान, गेंहूं, तिलहन-दलहन इत्यादि बोई जाती है। दलहा पहाड़ की तराई में मुनि कुंड है, मान्यता है कि इसमें स्नान करने से चर्मरोग इत्यादि का शमन होता है। यहां जगदेवानंद जी की समाधि है। कटघरी के चारों ओर कोटगढ, पचरी, पंडरिया एवं पोंड़ी गांव हैं। इन गांव की सीमा से कटघरी की सीमा जुड़ती है। यहाँ पर की पहाड़ी पर चांदी के सिक्के भी मिलते हैं। कहते हैं कि किसी राजा का खजाना इस पहाड़ी में गड़ा है। चांदी के सिक्के पहाड़ी पर जाने वाले किसी को भी प्राप्त हो जाते हैं। बरसात के दिनों में संभावना अधिक रहती है क्योंकि पानी से मिट्टी धुल जाती है और सिक्के उभर आते हैं।

कटघरी गाँव में प्रवेश करते ही स्कूल दिखाई देता है। इस स्कूल को सत्येन्द्र सिंह जी ने बनवाया था। बड़े बखरी के बाड़े में पहुंचते हैं तो बाबु साहब दरोगा को आवाज देते हैं। दरोगा तो दिखाई नहीं देता पर एक महिला आती है और घर का ताला खोलती है।काफ़ी बड़ा सारा घर है, खेती का सामान पड़ा है। बड़े बखरी के मालिक यहाँ नहीं रहते, वे बिलासपुर और रायपुर में रहते हैं। यहां कभी कभी आते हैं, दरोगिन कहती है। सामने ही 10 एकड़ का बगीचा है। सत्येन्द्र सिंह जी आमों के बड़े शौकिन थे, इस बगीचे में आमों की सभी किस्मे हैं। लेकिन देख रेख के आभाव में बगीचा उजाड़ पड़ा है। पानी पीकर यहाँ से हम दलहा पोंड़ी की ओर चलते हैं। रास्ते में अघोर पंथ वाले अवधूत राम जी का आश्रम है। बाबु साहब आश्रम देखने के लिए पूछते हैं तो समयाभाव के कारण मै मना कर देता हूं। बनोरा वाले आश्रम की ही शाखा है यह भी। काफ़ी बड़ा एरिया घेर रखा है।

पोंड़ी दहला के बीच से शार्ट कट रास्ता निकाल कर बाबु साहब कोटमी सोनार की ओर चलते हैं। रास्ते में एक छोटी सी दुकान तालाब के किनारे पर दिखाई देती है, वहां कोल्ड ड्रिंक रखी हुई दिखने पर हम रुकते हैं, प्यास अधिक होने के कारण एक-एक कोल्ड ड्रिंक उदरस्थ करते हैं। तालाब के बारे में किंवदंती है कि इसमें कलगी वाला बड़ा सांप है। जो कभी कभी दिखाई देता है। रात को ठहरे पानी में सांप की हलचल के कारण बुलबुले उठते हैं। गांव में मनोरंजन के लिए लोग फ़ंतासियां गढ लेते हैं जो पीढी दर पीढी चलते रहती है। एक से बढकर एक कहानियां सुनाई देती हैं। सफ़ेद घोड़े पर सवार की कहानियां लोग बड़े आत्मविश्वास से बताते हैं कि उन्होने देखा है। परन्तु दिखाने के नाम पर मौन रह जाते हैं या कोई विशेष तिथि एवं परिस्थिति होने पर दिखाई देने का बहाना बना देते हैं।

पोंडी से हम कोटमी सोनार पहुंचते हैं, रास्ता बहुत अच्छा है, डामर रोड़ है। कोटमी पहुंचने पर एक बड़े तालाब के चारों ओर तारों की बड़ी बड़ी बाड़ दिखाई देती है। मुख्य द्वार पर वनविभाग की देख रेख में होना लिखा है। यहां से एक फ़र्लांग पर ही कोटमी सोनार का पैसेंजर हाल्ट भी है। लोकल ट्रेन से बिलासपुर से यहां पहुंचा जा सकता है। पिकनिक स्पॉट के रुप में इसे विकसित किया जा रहा है। यहाँ प्रवेश करने के लिए पॉच रुपए की टिकिट लेनी पड़ती है। बच्चों के लिए मुफ़्त सेवा है। हम तालाब के किनारे पहुंचते हैं तो एक व्यक्ति रजिस्टर लिए बैठा है, वहां पहुचने वालों के नाम गांव दर्ज करता है। बाबु साहब ने हाजरी लगा दी। सूर्य अस्ताचल की ओर है, मगरमच्छ दिखाई नहीं देते। तालाब के बीच में बनी टेकरी पर के वृक्षों पर असंख्य बगुले बैठे दिखाई देते हैं। हम तालाब का एक चक्कर लगाते हैं। मगरमच्छ नहीं दिखने पर निराश होकर वापस जाने का मन बनाते है। तभी सामने सीताराम बाबा दिखाई देते हैं।

बाबु साहब बोले- बन गए काम, बाबा जी आ गे हे, अब दिखाही मंगर। बाबा से राम राम होती है, बाबु साहब मेरा परिचय बाबा से राहुल सिंह जी के मित्र के रुप में कराते हैं तो बाबा बहुत खुश होते हैं और तालाब के किनारे आवाज देते हुए आगे बढ़ते हैं - आ, आSSSS आ, आSSSS, चले आओ, आओ। बाबा की आवाज सुनकर पानी में हलचल होने लगती है। तल में डूबे मगरमच्छ पानी के उपर आने लगते हैं। तीन मगरमच्छ विभिन्न दिशाओं से किनारे की ओर बढते हैं जहां बाबा खड़े होकर आवाज दे रहे हैं। बाबा बताते हैं कि इस तालाब में लगभग 350 से 400 मगरमच्छ हैं। इनके खाने के लिए तालाब में मछली डाली जाती हैं। मगरमच्छों को आगे बढते देख कर और भी दर्शक आ जाते हैं। जबकि यह तो हमारे लिए विशेष प्रदर्शन करवा रहे हैं बाबा सीताराम। जिसका लाभ अन्य सैलानियों ने भी उठा लिया।

एक मगरमच्छ तालाब के किनारे पर आकर मेरे समीप बैठ जाता है और आंखे बंद कर लेता है। जैसे नमन कर रहा हो। यह लगभग 9 से 10 फ़िट लम्बाई का होगा। मैं समीप से ही उसका चित्र लेता हूँ। वह एक दो पोज देता है चित्र के लिए, फ़िर शिथिल होकर चित्त हो जाता है। बाबा जी का बांया हाथ आधा किसी मगरमच्छ ने खा लिया। वे गमछे से बार-बार उसे छिपाते हैं। इतना होने पर भी मगरमच्छों को गाय भैंस जैसे ही हांकते हैं। राहुल सिंह जी की बड़ी तारीफ़ करते हैं। हमने भी राहुल सिंह जी का आभार माना। उनके नाम से ही बाबा जी ने मगरमच्छ बाहर निकाल दिए। जिससे हम देख सके। बाबा जी राहुल सिंह जी अपना अभिवादन हमारे हाथों भेजते हैं और कहते हैं कि - मैं रायपुर आकर मिलूंगा। मैने कहा - स्वागत है आपका। हम भी दर्शनाभिलाषी है, जरुर आईए।

अब हम अकलतरा चलते हैं, वहां पहुच कर बाबु साहब हमें महल में ले चलते हैं और बताते हैं कि महल में कौन रहता है और किसके हिस्से में कौन सा क्षेत्र है। पुरानी हवेली नुमा आंगन और चौबारे वाली कोठी है। बीच में देव स्थान है, यहीं की मिट्टी से मान्यतानुसार मुसलमान ताजिए बनाने की शुरुवात करते हैं। महल के सामने एक लेटर बाक्स लगा है जिसका ताला टूटा हुआ है पेंदा भी जंग खा चुका है। लगता है अब इसका उपयोग नहीं होता। पर किसी जमाने में सुदूर सम्पर्क यही एकमात्र साधन था। लेटर बाक्स के हवाले चिट्ठी करके निश्चिंत हो जाते थे कि अब यह ठिकाने तक पहुंच जाएगी और कुछ दिनों में जवाब भी मिल जाएगा। अब इंटरनेट, मोबाईल फ़ोन का जमाना है, चिट्ठियां लिखता ही कौन है? चिट्ठियां गुजरे जमाने की बात हो गयी। सिर्फ़ सरकारी चिट्ठियों एवं नोटिसों से ही डाक विभाग चल रहा है।

यहां से हम अमित राजा (स्थानीय विधायक सौरभ सिंह) के ठिकाने तक पहुंचते हैं, पता चलता है कि वे कहीं दौरे पर हैं। इनसे मुलाकात पर फ़िर कभी लिखेगें। बगल में ही टॉकिज हैं, यहां "कहानी" का प्रदर्शन हो रहा है। पता चलता है कि दर्शकों का तोड़ा पड़ गया है। रात के शो में तो 10-12 दर्शक आ गए वही बहुत है। लेकिन शो तो करना ही पड़ेगा। "कहानी" पिट चुकी है। घर पहुंचने पर भोजन बन चुका है। माताजी भोजन करने का आग्रह करती हैं और मै थोड़ी देर के लिए नेट पर ऑन लाईन हो जाता है। चैट पर राहुल सिंह जी याद दिलाते हैं कि विवेकराज सिंह अकलतरा में ही रहते हैं और उनका नम्बर देते हैं। बाबु साहब उन्हे फ़ोन लगा कर बुलाते हैं, हमारे भोजन करने के बाद  विवेकराज सिंह जी पहुंच जाते हैं।  विवेकराज सिंह अविवाहित युवा हैं, इनका क्रेशर का काम है और लिखते भी अच्छा हैं। मैने उन्हे पढा है। वे अपने क्रेशर पर चलने की जिद करते हैं तो हम तैयार होकर चल पड़ते हैं। 10 बज रहे हैं एक घंटे बाद वापस आने का वादा है।

क्रेशर पहुचते हैं, अलग-अलग साईज की गिट्टियां बनाई जाती है। अभी सारी सप्लाई वर्धा इलेक्ट्रिसिटी जनरेशन प्लांट में हो रही है। घड़ी में रात के 11 बज चुके हैं, हम वर्धा प्लांट की ओर चलते हैं। 600X 600 मेगावाट का प्लांट हैं। 6 टरबाईनों से 3600 मेगावाट बिजली तैयार होगी। प्रथम टरबाईन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है वह शीघ्र ही चालु हो सकता है। प्लांट के भीतर ही विवादित "रोगदा बांध" है। जिसे वर्धा प्लांट वालों ने मिट्टी से पाट दिया है। यह बांध लगभग 100 एकड़ में बना है। अब मिट्टी का ढेर दिखाई दे रहा है। रात के अंधेरे में रोशनी से जगमग करता हुआ प्लांट निराली छटा बिखेर रहा है।  विवेकराज सिंह कहते हैं कि इस प्लांट के प्रारंभ होने पर अकलतरा का तापमान बढ जाएगा। ग्रीष्म काल में गर्मी जम के पड़ेगी। जब भट्ठी में कोयला जलेगा तो उससे गर्मी होना और धूल का उड़ना स्वाभाविक है। पर्यावरण को भी नुकसान होगा।

कटघरी का घ्रर 
वर्धा प्लांट देखकर हम घर चलते हैं, घर से निकले दो घंटे हो गए, हम एक घंटे में ही वापस आने वाले थे। वर्धा प्लांट देखने के चक्कर में एक घंटा और लग गया।  विवेकराज सिंह जी के साथ समय का पता ही न चला। बाबु साहब कार में बैठे-बैठे झपकी ले रहे हैं, आज सुबह से ही भाग दौड़ जारी है, थकान ने चूर कर दिया। सुबह जल्दी उठ कर जांजगीर होते हुए हमें पटियापाली जाना है। लगभग 65 किलोमीटर का सफ़र है और वापस भी आना है। घर पहुंच कर  विवेकराज सिंह को धन्यवाद देते है और उनके निमंत्रण पर पुन: आने का वादा करके आराम करने की जुगत लगाते हैं। सुबह जल्दी जो उठना है आगे के सफ़र के लिए।

बुधवार, 18 अप्रैल 2012

धूलि दुर्ग: कोट गढ --- ललित शर्मा

प्रारंभ से पढें
कोट गढ अकलतरा से डेढ किलोमीटर पर उत्तर दिशा में स्थित है।  है। बर्फ़ गोले की चुस्कियों के साथ काली घोड़ी के सवार कोट गढ की ओर बढते जा रहे हैं। मेरे पास अकलतरा के एक ब्लॉगर का हमेशा मेल आता है। वो लिखते हैं "http://khandeliya.blogspot.com/ पर एक छोटा सा बेकार सा पोस्ट आपकी प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा रहेगी आशा है आपकी कृपामय प्रतिक्रिया मिलेगी सप्रनाम", इनका नाम ईश्वर खंडेलिया है। बाबु साहब को याद दिलाने पर वे उनकी दुकान अंकुर दिखाते हैं। पर मेरे पास उनसे मिलने का समय नहीं था। फ़िर कभी मिलेगें सोच कर आगे बढते हैं। कोट गाँव का नाम है इस गांव में गढ होने के कारण कोट गढ नाम प्रचलित हुआ। गढ प्रवेश से पहले एक बड़ा तालाब दिखाई देता है। जिसके किनारे के करंज के वृक्ष पर बच्चों की टोली जल क्रीड़ा मे वयस्त थी। गर्मी के मौसम में तालाब के पानी में पेड़ से छलांग लगा कर आनंद लिया जा रहा था। बचपन याद आ गया, कभी हम भी इसी तरह नंग धड़ंग कुदान मारा करते थे। फ़ोटो लेकर आगे बढते हैं।

बाबु साहब घोड़ी हांक रहे हैं। आगे चल कर समझ आता है कि यह तालाब नहीं, गढ की रक्षा के लिए बनी हुई परिखा (खाई) है। इसके बीच से ही गढ में जाने का रास्ता दिखाई देता है। कुछ ग्रामीण हमें अजनबी निगाहों से देखते हैं, उनकी आँखों में हमारे बारे में जानने के भाव दिखाई देते हैं। सामने महामाया माई का मंदिर है, जिसके बांए तरफ़ से कोट गढ में जाने का रास्ता दिखाई देता हैं। हम सबसे पहले गढ की मिट्टी की दीवार पर चढते हैं। वहां से किले के चारों तरफ़ बनी हुई रक्षा परिखा दिखाई देती है। गढ के तीन तरफ़ बरगवां, खटोला और महमंदपुर गांव हैं। गढ के बीच में एक तालाब है, जिसमें कुछ भैंसे गर्मी से बचने के प्रयास में डूबकी लगा रही हैं। सामने क्षितिज में सूरज अस्ताचल की ओर जा रहा है, जैसे इस गढ का वैभव चला गया। 

गढ या दुर्ग तीन तरह के होते हैं, 1 जल दुर्ग, 2 गिरि दुर्ग एवं 3 धूलि दुर्ग। कोट गढ धूलि दुर्ग की श्रेणी में आता है। गढ के चारों ओर सुरक्षा की गहरी खाई है और उससे लगी हुई मिट्टी की दीवार। पुराविज्ञ इस गढ को लगभग 25 सौ वर्ष पुराना मानते है। गढ के आस पास उस काल खंड के ईंटों के टुकड़े एवं उपकरण मिलते हैं। इस खाई में घड़ियाल, मगर एवं सांप डाले जाते थे जिससे दुश्मन गढ पर आक्रमण न कर सके। गढ की में आने के लिए परिखा (खाई) में सिर्फ़ एक ही रास्ता होता था। मगर मच्छों के प्रमाण तो इससे पास ही कुछ किलोमीटर पर कोटमी सोनार में मिल जाते हैं। गढ के दोनो तरफ़ 11 वीं 12 वीं शताब्दी की कलचुरी कालीन राज पुरुष, अप्सरा, भैरव, बजरंग बली, गणेश इत्यादि की महत्वपूर्ण मूर्तियाँ मिलती हैं। बरसात के समय में  ये खाईयां लबालब भर जाती हैं। वर्तमान में गांव के लोग अपने दैनिक जीवन में उपयोग के लिए इन खाईयों के पानी का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही बाड़ी बखरी की सिंचाई के काम भी आता है।  

इस गढ से मराठा कालीन इतिहास भी जुड़ा हुआ है। वर्तमान में दिखाई देने वाले दरवाजे मराठा शासकों ने बनाए थे। इससे जाहिर होता था कि यह गढ उनके आधिपत्य में भी रहा है। महामाया मंदिर के बाएं तरफ़ का मुख्य द्वार सलामत है। इसके बगल में कुछ  मूर्तियाँ खुले में रखी हैं, जिस पर श्रद्धालुओं ने फ़ूल पान चढा रखे थे। गढ के भीतर घूमने के लिए समय कम था और भीतर ऐसा कुछ निर्माण भी नही है जिसे देखा जा सके। तालाब के ईर्द गिर्द खुला मैदान पड़ा है। गढ की मिट्टी की दीवारों पर बडे बडे वृक्ष हैं। मुझे गढ में आने के पांच दरवाजे दिखाई दिए। प्राचीन कालीन सुरक्षा से सुसज्जित कोट गढ देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस समय के राजा किस तरह से अपने जान माल की सुरक्षा का इंतजाम करते थे। बाबु साहब और हमने गढ के मुख्य द्वार की कुछ फ़ोटुंए भी ली।

किसी पुरानी जगह से जुड़ी हुई कोई जनश्रुति न हो, ये तो हो ही नहीं सकता है। कुछ ऐसा ही इस गढ के साथ जुड़ा है। कहते हैं कि कोट गढ से लेकर अकलतरा के हाथी बंधान तक एक सुरंग है। इसके गढीदार भुनेश्वर मिश्र हुआ करते थे। उनके पास एक अदभुत घोड़ी "बिजली" थी। वे इस सुरंग के माध्यम से ही घोड़ी पर सवार होकर अकलतरा के हाथी बंधान तक जाया करते थे। उनकी सोनाखान के जमीदार से दुश्मनी थी और आपस में लड़ाई होते रहती थी। वे देवी शक्ति के पुजारी थे। एक बार सोनाखान का जमीदार खांडा लेकर उन्हे मारने आया तब देवी ने उनकी जान बचाई। सुरंग का रास्ता तो मुझे दिखाई नहीं दिया। फ़िर कभी आए तो अवश्य ही ढूंढने का प्रयास करेगें। गुगल अर्थ से देखने पर कोट गढ की वर्तमान स्थिति का पता चलता है, चित्र में गोलाई में बनी हुई खाई स्पष्ट दिख रही है और अभी तक मौजूद भी है। बाबु साहब से रास्ते भर कोट गढ के विषय में चर्चा होते रही, अब हम चल पड़े कटघरी की ओर…… (कटघरी, राहुल सिंह जी के पूर्वजों का गांव है) ....... आगे पढें

शुक्रवार, 13 अप्रैल 2012

अकलतरा की ओर ------------ ललित शर्मा

बिलासपुर स्टेशन
सीटी बजाती हुई गाड़ी आगे बढती जा रही है। मैं स्लीपर कोच में बैठा अपनी मंजिल तक पहुंचने का इंतजार कर रहा हूं। तभी उपर वाली बर्थ खाली होती है और मैं उस पर चढ कर सोने का मन बनाता हूं। चलती गाड़ी के हिचकोलों में नींद आना भी मुश्किल है,ट्रेन को बिलासपुर से आगे नहीं जाना है। इसलिए आगे निकलने का खतरा नहीं है। सोचता हूँ, बाबु साहब से वादा किया था, 9 तारीख को अकलतरा पहुंचने का। 9 तारीख की सुबह चैट पर बाबु साहब ने याद दिलाया कि आज अकलतरा पहुंचना है मुझे, वे इंतजार कर रहे हैं। मेरा मन नहीं था जाने को। दोपहर की धूप के विषय में सोच कर। गर्मी बहुत बढ गयी है। घर पर ही रहा जाए तो ठीक है, लेकिन बाबु साहब ने फ़िर फ़ोन पर चर्चा कि और कहा कि चांपा का टिकिट ले लेना, मै आपको चांपा में मिलुंगा। मैने कहा कि - शाम को शताब्दी से आऊंगा और रात को आराम करके सुबह चलेगें घुमने। तो वे उस पर भी राजी हो गए। इतना कहने के बाद मैं अचानक उठ कर तैयार हो गया और घर से निकलते हुए बाबु साहब को फ़ोन लगा कर इत्तिला दी कि छत्तीसगढ एक्सप्रेस से पहुंच रहा हूं, यह गाड़ी बिलासपुर तक ही है। इसके बाद उत्कल से चांपा तक यात्रा करनी है।

दो ब्लॉगर - ललित शर्मा  और रमाकांत सिंह (बाबु साहब)
स्टेशन पहुंचने पर बाबु साहब ने मुझे नैला उतरने कहा, फ़िर थोड़ी देर बाद अकलतरा पहुचने। इतनी देर में ही तीन बार कार्यक्रम बदल चुका था। बिलासपुर पहुंचने पर पता चला कि उत्कल तो कब की छूट चुकी है। अब अकलतरा के लिए गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर ट्रेन का ही सहारा है। इस बीच एक घंटा मुझे बिलासपुर स्टेशन पर ही बिताना पड़ेगा। अब अरविंद झा याद आए, उन्हे फ़ोन लगाया, तो आधे घंटे में पहुचने का कह रहे थे। भूख भी लगने लगी थी, कुछ हल्का फ़ुल्का चटर-पटर खाया। तब तक अरविंद झा भी पहुंच गए। पैसेंजर ट्रेन प्लेट फ़ार्म पर लग चुकी थी। अरविंद झा एकदम चकाचक दिख रहे थे, कुछ बदलाव नजर आया मुझे उनमें, फ़िर ध्यान दिया तो मुंछों का फ़र्क था, उनकी नयी मुछें कहर ढा रही थी। हमारी बिरादरी में मिलने की तैयारी लगी। अगले माह दरभंगा जाने का प्रोग्राम बन गया। फ़िर वहीं से जनकपुर इत्यादि। ट्रेन ने सीटी बजाई, गार्ड ने झंडी दिखाई और गाड़ी चल पड़ी। अरविंद स्टेशन पर छूट गए। वापसी में मिलने का वादा रहा। रात को मिल बैठेगें दीवाने तीन, मै, अरविंद और श्याम कोरी "उदय", फ़िर जम जाएगी महफ़िल।

जयराम नगर स्टेशन में संगमरमर का बोर्ड
बिलासपुर से चलकर गतौरा स्टेशन में ट्रेन रुकी। ट्रेन की खिड़कियों में हुक लगा कर दूध के डिब्बे और सब्जियों की गठरियाँ भी टांग रखी थी। ट्रेन रुकते ही वे अपना सामान फ़टाफ़ट उतारने लगे। मेरी खिड़की पर भी यही हाल था। बड़ी बड़ी गठरियां लदी हुई थी। पैसेंजर ट्रेन है, आवश्यकता पड़ने पर बकरियाँ भी लाद ली जाती हैं बिना टिकिट। टिकिट बाबु को 10-20 देने से काम चल जाता है। हम तो सुपरफ़ास्ट की टिकिट लेकर पैसेंजर की सवारी कर रहे थे। अरपा नदी का पुल पार करने के बाद जयरामनगर स्टेशन आता है पहले इसे पाराघाट कहा जाता है। जयराम नगर एकमात्र स्टेशन है जहाँ संगमरमर का बोर्ड लगा है स्टेशन के नाम का। इसके बाद पैसेंजर हाल्ट कोटमी सोनार आता है। दाएं तरफ़ देखने से वाच टावर जैसी संरचना दिखाई देती है साथ ही तारों की बाड़ की घेरे बंदी भी। मै इस स्थान के बारे में कयास लगा रहा था तभी बाबु साहब का फ़ोन आता है और वे बताते हैं कि यही क्रोकोडायल पार्क है। इसे कहते हैं टेलीपैथी। मै ट्रेन में क्या सोच रहा हूं यह जानकारी बाबु साहब को हो जाती है और वे मुझे फ़ोन पर उस स्थान के बारे में बता देते हैं। सिद्ध पुरुषों के यही चमत्कार होते हैं।

अकलतरा का स्कूल
छुक छुक गाड़ी अकलतरा स्टेशन पर पहुंचती है। इस स्टेशन से कई बार होकर गुजरा लेकिन यहां उतरा एक बार भी नहीं। डिब्बे से बाहर आता हूँ तो लू की लपट लगती है, टेम्परेचर 42 के पार लगता है। 22N01 82E26 अक्षांश देशांश पर अकलतरा स्थित है, डिब्बे से बाहर आते ही बाबु साहब नजर आते हैं, राम राम होने के बाद हम उनके घर चल पड़ते हैं। 2 बज रहे हैं, मंझनियाँ का समय और सूरज अपने पराक्रम पर। घर पहुंच कर सबसे पहले हस्त-मुख प्रक्षालन होता है। बाबु साहब कहते हैं - भोजन करके थोड़ा आराम कर लेते हैं फ़िर घुमने चलेगें। उन्होने कई जगह जाने का कार्यक्रम पहले से ही बना रखा है। उनकी माता जी एवं बहने बढिया खाना खिलाती हैं, बड़ी बिजौरी के साथ परम्परागत भोजन का आनंद ही कुछ और है। अंत में एक कटोरी गोरस भोजन पचाने के लिए काफ़ी होता है। थोड़ा आराम करने के बाद हम अकलतरा के कोट गढ के मड फ़ोर्ट को देखने निकलते है तो बाबु साहब कहते हैं, तनि स्कूल और बैंक देखते हुए चलते हैं। इस स्कूल के सांस्कृतिक मंच की गरिमा है कि इस पर देश की नामी हस्तियों ने अपनी बात कही है।

सहकारी भवन
हम स्कूल की ओर चलते हैं। बाबू साहब मुझे स्कूल और सहकारी बैंक दिखाना चाहते हैं। सहकारी बैंक की पुरानी बिल्डिंग खंडहर हो चुकी है। उसमें जड़े तालों में जंग लग चुकी है। सहकारी बैंक की स्थापना डॉ इंद्रजीत सिंह  (अकलतरा के मालगुजार और राहुल भैया के दादा जी) ने की थी, वे सहकारी आंदोलन से जुड़े थे और   भूमि दान की थी बैंक की स्‍थापना के लिए, वे ट्रस्‍टीशिप और सहकारिता के प्रबल पक्षधर थे। उन्‍हीं की प्रेरणा मानी जा सकती है कि अकलतरा का उ मा शाला का संचालन आज भी सफलता और कुशलतापूर्वक निजी संस्‍था द्वारा किया जा रहा है। स्कूल, अस्पताल, थाना, सहकारी बैंक एवं अन्य संस्थानों के लिए डॉ इंद्रजीत सिंह ने मुक्त हस्त से भूमि दान की। हम सहकारी बैंक में लगे उद्धाटन शिला की फ़ोटो लेना चाहते थे। परन्तु तालों में जंग लगने के कारण वे खुले नहीं। बाबु साहब ने बहुत कोशिश की।

सहकारी बैंक के बड़े बकायादार
आखरी इलाज इन्हे तोड़कर ही खोलने का था, जो हमने स्थगित कर दिया। सहकारी बैंक नए भवन में चला गया है, पुराना भवन खंडहर होकर ढह रहा है। इस भवन में कालातीत ॠणियों (बकायादारों) की सूची लगी है। कुछ लोगों के लिए खुशी की बात होती थी कि बैंक के ॠणियों की सूची में नाम होना। अगर जिसका नाम सूची में नहीं है उसकी इज्जत ही क्या है। बैंक का चुनाव भी लड़ने की पात्रता उसे ही है जो बैंक का कर्जदार होता है। इसलिए सहकारी बैंक से कर्ज लेना अनिवार्य मजबूरी है समझिए। एक ऐसी ही लिस्ट मुझे यहाँ देखने मिली। स्कूल के सामने ग्राऊंड में बच्चे क्रिकेट खेल रहे हैं और साथ ही चुस्की वाले का ठेला भी लगा है। गर्मी में ठंडक का अहसास लेना है तो चुस्की का आनंद लेना ही पड़ेगा। अब चुस्की का आनंद लेते हुए हम चल पड़ते हैं कोट गढ की ओर… … ……  आगे पढें