नर्मदा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नर्मदा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 12 जनवरी 2018

मैकल सुता रेवा एवं अमरकंटक

अमरकंटक मेकलसुता रेवा का उद्गम स्थल है, यह पुण्य स्थली प्राचीन काल से ही ॠषि मुनियों की साधना स्थली रही है। वैदिक काल में महर्षि अगस्त्य के नेतृत्व में ‘यदु कबीला’ इस क्षेत्र में आकर बसा और यहीं से इस क्षेत्र में आर्यों का आगमन शुरू हुआ। 

वैदिक ग्रंथों के अनुसार विश्वामित्र के 50 शापित पुत्र भी यहाँ आकर बसे। उसके बाद, अत्रि, पाराशर, भार्गव आदि का भी इस क्षेत्र में पदार्पण हुआ। नागवंशी शासक नर्मदा की घाटी में शासन करते थे। मौनेय गंधर्वों से जब संघर्ष हुआ तो अयोध्या के इच्छ्वाकु वंश नरेश मान्धाता ने अपने पुत्र पुरुकुत्स को नागों की सहायता के लिए भेजा जिसने गंधर्वों को पराजित किया। नाग कुमारी नर्मदा का विवाह पुरुकुत्स के साथ कर दिया गया।

इसी वंश के राजा मुचुकुंद ने नर्मदा तट पर अपने पूर्वज मान्धाता के नाम पर मान्धाता नगरी स्थापित की थी। यदु कबीले के हैहयवंशी राजा महिष्मत ने नर्मदा के किनारे महिष्मति नगरी की स्थापना की। उन्होंने इच्छवाकुओं और नागों को पराजित किया। कालांतर में गुर्जर देश के भार्गवों से संघर्ष में हैहयों का पतन हुआ। उनकी शाखाओं में तुण्डीकैर (दमोह), त्रिपुरी, दशार्ण (विदिशा), अनूप (निमाड़) और अवंति आदि जनपदों की स्थापना की गयी। महाकवि कालिदास इसी अमरकंटक शिखर को अपने अमर ग्रंथ मेघदूत में आम्रकूट कहकर सम्बोधित करते हैं।

अमरकंटक का में कलचुरी राजा कर्ण ने मंदिरों का निर्माण कराया था, इन्हें कर्ण मंदिर समूह कहा जाता है। कर्ण मंदिर समूह तीन स्तरों पर है। परिसर में प्रवेश करते ही पंच मठ दिखाई देता है। इसकी शैली बंगाल एवं असम में बनने वाले मठ मंदिरों जैसी है। इससे प्रतीत होता है कि यह स्थान कभी वाममार्गियों का भी साधना केन्द्र रहा है। इस तरह के मठों में अघोर एकांत साधनाएँ होती थी। पंच मठ के दाएँ तरफ़ कर्ण मंदिर एवं शिव मंदिर हैं। शिवमंदिर में श्वेतलिंग है तथा इससे समीप वाले मंदिर में कोई प्रतिमा नहीं है। 

इन मंदिरों के सामने ही जोहिला (नदी) मंदिर एवं पातालेश्वर शिवालय है। इसके समीप पुष्करी भी निर्मित है।, इन मंदिरों से आगे बढने पर उन्नत शिखर युक्त तीन मंदिरों का समूह है जिनका निर्माण ऊंचे अधिष्ठान पर हुआ है। यहाँ भी कोई प्रतिमा नहीं है तथा द्वार पर ताला लगा हुआ है। इन मंदिरों का निर्माण बाक्साईट मिश्रित लेट्राईट से हुआ है। 

पातालेश्वर मंदिर, शिव मंदिर पंचरथ नागर शैली में निर्मित हैं। इनका मंडप पिरामिड आकार का बना हुआ है। पातालेश्वर मंदिर एवं कर्ण मंदिर समूह का निर्माण कल्चुरी नरेश कर्णदेव ने कराया। यह एक प्रतापी शासक हुए,जिन्हें ‘इण्डियन नेपोलियन‘ कहा गया है। उनका साम्राज्य भारत के वृहद क्षेत्र में फैला हुआ था। 

सम्राट के रूप में दूसरी बार उनका राज्याभिषेक होने पर उनका कल्चुरी संवत प्रारंभ हुआ। कहा जाता है कि शताधिक राजा उनके शासनांतर्गत थे। इनका काल 1041 से 1073 ईस्वीं माना गया है। वैसे इस स्थान का इतिहास आठवीं सदी ईस्वीं तक जाता है। मान्यता है कि नर्मदा नदी का स्थान निश्चित करने के लिए सूर्य कुंड का निर्माण आदि शंकराचार्य ने करवाया था।

बुधवार, 25 जुलाई 2012

नर्मदा मंदिर अमरकंटक एवं पापमोचन हाथी -------- ललित शर्मा

रामघाट नर्मदा नदी अमरकंटक
प्रारंभ से पढें
कार में पड़े-पड़े नींद कम आयी और अलसाए अधिक। कच्ची नींद की खुमारी लिए सुबह हुई। कार से बाहर निकले तो सूरज का रथ धरा पर आ रहा था। हमने कार रामघाट पर लगाई, बाहर निकलते ही नंदी महाराज के दर्शन हुए। धन्य हो गए भगवन नंदी देव के दर्शन पाकर। चाय हमने मृत्युंजय आश्रम के सामने टपरे में पी। लेमन टी ही मिली। आश्रम का गेट खुल चुका था। वहीं गाड़ी लगाई। स्वामी जी नर्मदा स्नान करने की कह रहे थे। हमने कहा कि यहाँ के नलों में भी नर्मदा का ही जल है। हम तो यहीं बाथरुम स्नान करेगें। आप लोग हो आईए नर्मदा स्नान करके। ये सभी नर्मदा स्नान करने चले गए और हमने बाथरुम में नर्मदा स्नान किया। इनके आते तक बचे हुए तरबूज कोठी के हवाले किए और एक झपकी भी ले ली। मदन साहू जी ने बताया कि आश्रम में नाश्ता मिल रहा है। उनके पंहुचते तक नाश्ता भी खत्म हो गया। उन्हे खाली हाथ लौटना पड़ा।

अखंड पाठ स्थान रामघाट अमरकंटक
स्नान से आकर स्वामी ध्यान में लग गए। हम रामघाट की ओर आ गए। नामदेव जी ने बताया कि सन 1980 में गंगाराम दास जी के मन में वैराग्य आ गया। उन्होने 12 साल तक अखंड रामचरित जाप करने का संकल्प लिया और यहीं राम घाट पर खुले आसमान के नीचे रामचरित रख कर दीया जला कर अखंड जाप करने बैठ गए। संकल्प लेते समय अमरकंटक के अन्य साधू संतो को भी बुलाया साक्षी होने के लिए। उन्हे संशय था कि यह 12 वर्ष का संकल्प पूरा होगा कि नहीं। जैसे-तैसे अखंड पाठ चलता रहा। लोग आते गए साथ देने के लिए। कारवां बनता गया। कभी-कभी ऐसा भी हुआ कि लगता था अखंड जाप चल नहीं पाएगा। तभी एक बुढिया माई आ गयी यहाँ पर। उसने साथ देना शुरु किया। जो भी यहाँ भक्त आता था उसे रोटी सब्जी या जो भी भोजन उपलब्ध हो कराती थी। किसी को खाली हाथ नहीं जाने देती थी। इस तरह 12 वर्षों तक अखंड पाठ चलता रहा और फ़िर 1992 में पूर्ण भी हुआ।

राम धुनि करते भक्त
12 वर्षों के अखंड पाठ के बाद बाबा जी अयोध्या चले गए। फ़िर कभी लौट कर नहीं अमरकंटक इस स्थान पर नहीं आए। अब वे अयोध्या में रामहर्षण कुंज में रहते हैं। उनके अखंड पाठ स्थल पर एक झोंपड़ी बनी हुई है। उसके भीतर एक पक्का मंदिर है। जहाँ अयोध्या से आए दो चार चेले रहते हैं। एक चेला तो काफ़ी खाया पीया हष्ट-पुष्ट दिखा। बुढिया माई ही अब यहाँ की कर्ता-धर्ता हैं। हम स्नानाबाद से पहुचे तो यहां अखंड पाठ चालु था। भक्त लीन थे भक्ति में। काफ़ी श्रद्धालु जमा हो गए थे। छत्तीसगढ में होने वाली राम सत्ता(सप्ताह) जैसे ही गाना बजाना नाचना हो रहा था। थोड़ी देर में किसी ने हमें पत्तों में लपसी लाकर दी, प्रात:राश के लिए। दोपहर का भंडारा भी यहीं पर था। अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। सामुहिक रुप से भक्तों द्वारा की गयी व्यवस्था अच्छी थी। सब अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार व्यवस्था कर रहे थे। भोजन प्रसाद ग्रहण करने बाद बताया गया कि शाम 5 बजे से अयोध्या से पधारे संतों द्वारा प्रवचन होगा। 

नर्मदा उद्गम मंदिर का प्रवेश द्वार
भोजनोपरांत हम अमरकंटक घुमने चल पड़े। सबसे पहले नर्मदा कुंड गये। जहाँ से नर्मदा जी का उद्गम माना जाता है। अमरकंटम मैं पहले भी आ चुका हूँ। चम्बल के किसी नामी गडरिया डकैत से यहीं मुलाकात हुई थी। उसे पेशी में लाने वाले पुलिस वाले नर्मदा स्नान कराने लाए थे। नाम याद नहीं आ रहा है लम्बा और काला था, मुंह में चेचक के दाग थे। एक दुकान में बैठा था, लगभग 10-12 पुलिस वाले उसे हथकड़ी लगा कर साथ थे। दुकान वाला कह रहा था उन्हे कि उनकी दुकान में न बैठें। धंधा खराब हो रहा है। तभी मेरा ध्यान उस पर गया था। पूछने पर कोई गड़रिया डकैत बताया। उसके बाद पुलिस वालों ने उसे ले जाकर नर्मदा कुंड में स्नान करवाया और खुद भी डूबे उसके साथ। हम किनारे पर बैठ कर नजारा देख रहे थे। कैमरा नहीं था वरना आज वह चित्र आपके सामने  होता। कभी-कभी कैमरे का न होना बड़ा अखरता है। यह बाद लगभग 4-5 साल पहले की होगी। जब हमने उसे देखा था। 

नर्मदा उद्गम कुंड
मंदिर के बाहर जूते चप्पल उतारे, मदन साहू का ध्यान चप्पलों की तरफ़ था कि कोई उठा कर ले जाएगा। अरे मंदिरों से चप्पल च्रोरी नहीं होगें तो कहां से होगें? चलो तुम्हारी दरिद्री दूर होगी, हमने उसे चेताया। नर्मदा उदगम कुंड में किसी को स्नान करने नहीं दिया जाता। स्नान करने का कुंड अलग से बना हुआ है। स्नान कुंड के समीप रुद्राक्ष के पेड़ लगे हैं। जिन पर मुख्यमंत्री द्वारा रोपण करने की पट्टि्का लगी हुई है। हमने मंदिर में दर्शन किए। मुख्य मंदिर काफ़ी पुराना बना हुआ है। मंदिर परिसर में ही प्रसाद खरीदने का काउंटर बना है। जहां से प्रसाद लिया जा सकता है। अब यह व्यवस्था सभी मंदिरों में दिखाई देती है। जहाँ ट्रस्ट बन गए हैं और उनके हाथ में ही मंदिर की देख-रेख है। मंदिर के बाहर भी प्रसाद, फ़ूल पत्ती एवं पूजा के  सामानों की दुकाने लगी हैं। साथ ही घरेलू आवश्यकता के उपकरण भी मिलते हैं। 

कार्तिकेय स्वामी मंदिर
नर्मदा मंदिर के समीप ही दांए हाथ की तरफ़ कार्तिकेय स्वामी का मंदिर हैं। यहां व्याधि से ग्रस्त लोग दर्शन करते हैं और मनौती मानते हैं। मंदिर में लिखा है - अपस्मार, कुष्ट क्षयार्श: प्रमेह ज्वरोन्माद, गुल्मादि रोगा: महन्त: पिशाचाश्च सर्वेभक्त प्रत्र भुतिम् विलोक्य क्षणाक्तारकारे द्रवन्ते॥ इतनी व्याधियों का यहाँ आने पर इलाज हो जाता है ऐसी  मान्यता जनमानस में व्यापक है। मंदिर परिसर के बाहर जड़ी बूटी बेचने वाले भी बैठे हैं। उन्होने अपने पसरे में तरह-तरह की जड़ी बूटियाँ फ़ैला रखी हैं। दो चार ग्राहक तो दिन भर में फ़ंस ही जाते हैं और उनकी दुकानदारी चल जाती है। यहाँ भिखारियों की लम्बी फ़ौज है। जो स्नान कुंड के बाहर बैठी रहती है।

हाथी के बीच से निकलते नामदेव जी के अग्रज
नर्मदा जी के उद्गम के विषय में मै पहले यहाँ पर लिख चुका हूँ। मंदिर के बांए तरफ़ घोडे एवं हाथी पर बैठे योद्धाओं की शीश कटी मूर्तियाँ दिखाई देती हैं। हाथी के पैरों के बीचे से लोग निकलते हैं। मान्यता है कि पापी मनुष्य हाथी के बीच से नहीं बुलक सकता। हमने मदन साहू जी को हाथी के पैरों से निकलने कहा। उसने एक बार प्रयास किया लेकिन विफ़ल रहा। नामदेव जी के भाई ने उसे निकल कर दिखाया। उत्साह से उसने दुबारा प्रयास किया तब बीच में ही फ़ंस गया। निकल नहीं सका। मेरे साथ बैठे व्यक्ति ने कहा कि जो निकल नहीं सकता, फ़ंस जाता है उसे लात का स्पर्श कराने से निकल जाता है। मान्यता है कि लात लगने से उसके कर्मों का दंड मिल जाता है और वह पार निकल जाता है। मदन साहू ने तीसरी बार शर्ट उतार कर निकलने का प्रयास किया। पसीने-पसीने हो गया लेकिन निकल नहीं सका।

हाथी के बीच में फ़ंसे हुए मदन साहू जी
इसके बाद उसने मुझे निकलने के लिए कहा। मैं पहले ही प्रयास में सरलता से पार हो गया। तो कहने लगा कि उसका पेट फ़ंस जाता है इसलिए वह नहीं निकल सका। मैने स्वामी जी से भी निकलने कहा। ले्किन उनके मन में क्या भय था वो ही जाने। उन्होने एक प्रयास भी नहीं किया। हम हाथी के पैरों के नीचे से निकल कर धर्मात्मा घोषित हो चुके। उपस्थित दर्शकों से तालियों के रुप में प्रमाण पत्र भी मिल चुका था। लोग आकर बारी-बारी से प्रयास कर रहे थे और अपने पाप धो रहे थे। मदन साहू जी थक हार गए। हमारे उत्साह वर्धन के पश्चात भी उन्होने अगला प्रयास नहीं किया। कहने लगे - भले ही पापी सुनना मंजूर है लेकिन अब निकलने का प्रयास नहीं करुंगा। अब चलिए आगे चलते हैं। बर्फ़ानी बाबा का आश्रम देखना है मुझे। नर्मदा मंदिर से दर्शन करके हम बर्फ़ानी बाबा के आश्रम की ओर चल पड़े। बाहर निकलने पर मदनसाहू के चप्पल गायब मिले। थोड़ा तलाश करने पर देखा कि चप्पलों वाले काऊंटर के रैक में रखे हैं जहाँ दो रुपए की दक्षिणा के बाद ही चप्पल वापस मिले। ………आगे पढें

शुक्रवार, 31 दिसंबर 2010

चुड़ैल से सामना और भुतहा रेस्ट हाउस की कहानी

आरम्भ से पढ़ें 
वापसी की यात्रा पहाड़ से उतरने वाली थी।  सभी धड़ल्ले से उतर रहे थे। सुमीत भी एक झटके में ही नीचे उतर आया। रास्ते में मुझे एक कोटपुतली राजस्थान के श्रद्धालु मिले। उनकी चुंदड़ी वाली पगड़ी देख कर उनसे कुछ बात चीत की।

उन्होने बताया कि लगभग डेढ सौ साल पहले उनका परिवार कबीर साहब का अनुयायी बना था। तब से पीढी दर पीढी हम निभा रहे हैं। एक परिवार दार्जलिंग से आया हुआ था।

इस परिवार के मुखिया देवमणि जी से मेरी कई किलोमीटर तक चर्चा हुई। उन्होने भी बताया कि लगभग 200 वर्षों से उनका परिवार कबीर पंथ का अनुयायी रहा है। इनके साथ कई माताएं भी आई थी दार्जलिंग से।

उनका उत्साह देखते ही बनता था। इन्होने अपना सामान चाय तोड़ने की टोकरी की तरह सिर पर टांक रखा था। भारत के कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे थे।

वापसी पर जंगल के रास्ते में हमें हिरण, जंगली सुअर, चिंकारा आदि देखने मिले। जो नाले में पानी पी रहे थे।

देवमणि से बातें करते हुए मैं सुमीत और गुड्डु से पीछे रह गया था। ये काफ़ी आगे बढ गए। जब देवमणि के पीछे छुटने वाले परिवार का फ़ोन आया तो मैने उन्हे रुकने के लिए कहा और आगे बढ गया।

थोड़ी देर चलने के बाद सुमीत लोग दिखाई दे गए। जल्दी जल्दी कदम बढाने पर उनके पास पहुंच गया। जब अभ्यारण का गेट दिखाई दिया तो लगा कि बांधवगढ को हमने फ़तह कर लिया।

गेट पर फ़ारेस्ट के गार्ड और रेंजर दिए गए पास वापस ले रहे थे और उस पास में लिखी हुई संख्या को गिन रहे थे। कहीं कोई जंगल में रह जाए और कोई हादसा हो जाए तो लेने के देन पड़ जाएगें। हमने भी अपना अनुमति पत्र उनके पास जमा करा दिया।

कबीर पंथ के प्रथम गुरु धनी धर्मदास और आमीन माता मंदिर
होटल पहुंचने पर टांगे जवाब दे चुकी थी। क्योंकि बीस किलोमीटर रिकार्ड समय में लगातार चलना मामुली नहीं है। ठंड बढ चुकी थी। पानी ठिठुर रहा था।

गर्म पानी मंगाकर पैरों की सिकाई की गयी और तय किया की भोजन करके कुछ देर सोया जाए और आधी रात को उठकर वापसी की जाए।

भोजन करके सो गए। रात डेढ बजे मेरी नींद खुली। मैने इन्हे जगाया। बड़ी मुस्किल से दोनो महानुभाव उठे। सामान पैक किया गया। होटल का बिल चुकाया।

वैसे नर्मदा लाज रुकने ले लिए उत्तम है और यहां के रसोईए ने उम्दा खाना खिलाया। रेट कुछ ज्यादा था लेकिन उम्दा खाने ने कसर पूरी कर दी।

मैने स्कार्पियों की बीच वाली सीट पकड़ी, गुड्डू ने पिछली सीट और सुमीत ने ड्रायवर के साथ वाली। गाड़ी चल पड़ी बांधवगढ से अपने गंतव्य की ओर।

गुड्डू के खर्राटे शुरु हो गए। मैने शंका होने पर जंगल में गाड़ी रुकवाई, गाड़ी में हीटर चल रहा था बाहर निकलते ही ठंड का पता चल गया।

कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। जल्दी से गाड़ी में घुस कर मैने सोने का यत्न किया लेकिन नींद नही आ रही थी। सुबह 4 बजे के बाद नींद आई तो सपने में एक भयानक चुड़ैल का चेहरा दिखाई दिया।

मैं उसे पहचानने की कोशिश कर रहा था। लेकिन उसका चेहरा लगातार बदलता जा रहा था। उसके रुप बदलते जा रहे थे।

मुझे कह रही थी कि –“ अब तुम्हारा समय पूरा हो गया है, तुम्हे मेरे साथ चलना ही पड़ेगा।“ फ़िर उसके चेहरे का रंग अनवरत बदलने लगा।

मैंने उसे गाली दी और गन की ओर हाथ बढा रहा था। गन मेरे हाथ से दूर छिटकते जा रही थी। तभी मेरी आँख खुली तो देखा कि गाड़ी जंगल में खड़ी है। मैने गाड़ी रुकने का कारण पूछा तो सुमीत बोला नींद आ रही है। 

मैने कहा कि अब तुम लोग सो जाओ,गाड़ी मैं चलाता हूँ। मैने ड्रायविंग सीट संभाली तो मील का पत्थर बता रहा था कि केंवची 18 किलोमीटर है।

केंवची पहुंच कर मैने गाड़ी एक होटल में लगाई चाय पीने के लिए। गाड़ी से निकल कर चाय बनते तक ठिठुर चुका था।

होटल की भट्टी की आँच भी गरमाहट नहीं दे रही थी। मिस्त्री ने बताया कि दो दिनों से यहां पाला पड़ रहा है। पानी जमने लगा है।

जल्दी से चाय के घूंट लेकर मैं आगे बढ लिया। केंवची से अचानकमार टायगर अभ्यारण प्रारंभ हो जाता है। जंगल के बीच पहाड़ी घुमावदार पहाड़ी रास्ते पर इतने मोड़ हैं कि गिनती ही नहीं हो सकती। सर्पीला रास्ता गाड़ी की स्पीड बढाने ही नहीं दे रहा था।  

सूर्योदय हो रहा था, सामने सूरज की किरणे सीधे ही चेहरे पर पड़ती थी तो रास्ता दिखाई नहीं देता था। अचानकमार अभ्यारण में रात में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है तथा साथ में यह भी हिदायत है कि रात 6 बजे से सुबह 8 बजे तक अभ्यारण में कहीं पर वाहन खड़ा नहीं कर सकते।

यहाँ भी शेर देखे जाते हैं। लेकिन बांधवगढ जैसे अचानकमार में शेर का लोकेशन फ़ारेस्ट के लोगों को पता नहीं रहता। शेर यहां वहां घूमते हुए दिखाई दे जाते हैं। अचानकमार अभ्यारण में कई गांव भी हैं जहां लोगों की बसाहट है।

यहां प्रकाश के लिए सोलर लाईटें लगी है और ठंड भी अन्य क्षे्त्रों की अपेक्षा अधिक ही पड़ती है। पिछली बार मुझे गर्म कोट पहनना ही पड़ गया था। जबकि पेंड्रारोड़ में ठंड नहीं थी।

वैसे भी जंगली इलाके में ठंड का असर कु्छ अधिक ही होता है। ग्रामीण आग जलाकर घर को गर्म कर लेते हैं और महुआ रस पीकर तन को। इस प्रकार ठंड से उनका बचाव हो जाता है।

अचानकमार के जंगल के छपरवा गांव में फ़ारेस्ट का एक रेस्टहाउस है। जिसमें भूतों का डेरा है। स्टार न्युज के “डरना मना है’ कार्यक्रम में इस रेस्ट हाउस के विषय में एक स्टोरी देखी थी।

तब से मेरे इच्छा है कि एक रात इस रेस्ट हाऊस में जरुर गुजारुं और भूतों से मुलाकात करुं। स्टोरी में रायपुर के एक परिवार के बारे में ही बताया गया था कि वे रात को छपरवा रेस्ट हाउस में रुक गए थे।

जब खाना खाने लगे तो उन्हे पर्दे हिलते हुए नजर आने लगे कि जैसे परदे की पीछे कोई है। फ़िर उन्हे छाया दिखाई देने लगी। कहते हैं कि चौकीदार ने उन्हे रुकने से मना किया था। लेकिन वे नहीं माने। फ़िर कोई आकृति दिखाई दी।

थोड़ी देर के बाद सब शांत हो गया। लेकिन वे सब आपस में ही लड़ने लगे और एक दुसरे को मरने मारने पर उतारु हो गए। किसी तरह वे रात को रेस्ट हाउस से बाहर निकल कर भागे तो उनकी जान बची।

इस तरह की घटना और भी लोगों के साथ हो चुकी है। बताते हैं कि यहां किसी ने अपनी पत्नी को जला दिया था। तब से वही लोगों को नजर आती है।

रात को इस रेस्ट हाउस में कोई रुकता नहीं है। मैने जब से यह स्टोरी देखी है तब से इस रेस्ट हाउस में एक रात गुजारने का मन बना चुका हूँ लेकिन वह रात कब आएगी? यह अभी तय नहीं हुआ है।

यह रेस्ट हाऊस मेरे सामने आया तो मैं गाड़ी से उतरकर रेस्ट हाउस को देखा। सुबह का समय  था इसलिए चौकीदार दिखाई नहीं दिया। वह रात नहीं रुकता शायद अपने घर चला जाता है।

मैने रेस्ट हाउस की फ़ोटो ली  और आगे की यात्रा जारी रखी। यह रेस्ट हाउस अचानकमार अभ्यारण्य के घनचोर जंगल में है। मैं भूत प्रेत इत्यादि को मानता नहीं हूँ अगर कोई ब्लॉगर मित्र मेरे साथ इस रेस्ट हाउस में रात रुकना चाहता है तो उसका स्वागत है।

अभ्यारण्य में दो जगह गाड़ी के नम्बर एवं ड्रायवर का नाम लिखा जाता है। एक जांच चौकी बनी है। ताकि अनाधिकृत रुप से कोई शिकारी वन्य जीवों को नुकसान ना पहुंचा दे।

वन्य प्राणियों की सुरक्षा की दृष्टि से आने जाने वालों की जानकारी रखना आवश्यक है। अचानकमार के जंगल से मैं लगभग नौ बजे बाहर निकल चुका था। मुझे लगा कि गाड़ी में एक सवारी कम है।

मैने ड्रायवर से पूछा कि गुड्डू कहां है? तो पता चला कि उसे पेंड्रारोड़ से लिया था वहीं छोड़ दिया गया है। मैने लगातार नांदघाट तक गाड़ी ड्राईव की। यहां चाय नास्ता करने के बाद सुमीत ने स्टेयरिंग संभाल लिया।

सुमीत गाड़ी कमाल की ड्राईव करता है। जब यह गाड़ी चलाता है तो मैं चैन से सो जाता हूँ। इसने मुझे साढे 12 बजे घर पहुंचा दिया। इस त्तरह हमारी बांधवगढ की यात्रा सम्पन्न हुई।

गुरुवार, 30 दिसंबर 2010

कबीर दास का बांधवगढ,हुमायूँ का पीछा और शेरों का कब्जा


आरम्भ से पढ़ें 
हमें पेंड्रारोड़ के पड़ाव को छोड़ना था और जाना था  बांधवगढ की ओर। होटल पहुंच कर सामान उठाया चल पड़े मंजिल की ओर।

वेंकटनगर से हमने मध्यप्रदेश में प्रवेश किया। अनूपपुर होते हुए शहडोल पहुंचे। रास्ते में चचाई पावर प्लांट के पास एक होटल में खाना खाया। उमरिया से बांधवगढ के लिए रास्ता है। 15 किलोमीटर की यह सड़क खराब है।

रात को ढाई बजे हम ताला गांव याने बांधवगढ पहुंचे। यहां पहुंचने पर पता चला कि सभी रिजोर्ट और होटल फ़ुल चल रहे हैं। एक रिजोर्ट में गए तो उसने 2000 से कम कोई भी कमरा उपलब्ध नहीं है बताया। तब हमने उससे पूछा कि और किस जगह कमरा मिल सकता है। तो उसने नर्मदा लाज का पता बताया।

हम नर्मदा लाज में पहुंचे वहां भी उसने 2000 और 1500 रुपए ही बताए। लेकिन मैने थोड़ा मोल भाव किया तो 800 रुपए में वह तैयार हो गया। ठंड इतनी अधिक थी कि पानी जम रहा था। इसलिए एसी रुम की जरुरत ही नहीं थी। अलबत्ता डबल कंबल के बिना ठंड नहीं रुकने वाली थी। इसलिए हमने और कम्बल लिए। 

बांधवगढ अभ्यारण्य का मेन गेट
बांधवगढ का किला वर्ष में एक बार कबीर दर्शन के नाम से खुलता है। इस दिन हजारों कबीर पंथी श्रद्धालु यहां दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं।

इस दिन यहां प्रवेश शुल्क की छूट रहती है। अन्य दिनों में 6 सवारियों के लिए 1200 रुपए की टिकिट और 2700 रुपए जिप्सी का चार्ज लगता है। किले तक नहीं ले जाया जाता। सिर्फ़ शेर दिखाया जाता है।

हमें बताया गया कि किले तक की यात्रा पैदल करनी पड़ेगी। गाड़ी ले जाने की मनाही है। अभ्यारण होने के कारण उसके नियमों का पालन करना पड़ेगा।

यहां के डायरेक्टर पाटिल ने सिर्फ़ एक ही गाड़ी ले जाने की अनुमति दी थी जिसमें दामाखेड़ा गद्दी के गुरु जी प्रकाश मुनि नाम साहेब जी ही जाएगें। हम 9 बजे करीब अभ्यारण के गेट पर पहुंचे तो वहां जाने वालों की कतार लगी हुई थी।

सारी स्थिति को समझ कर हमने तय किया कि सबसे पहले पेट भर कर नास्ता किया जाए और पानी साथ में रख लिया जाए।

हमने डबल नास्ता किया और 4 बोतल पानी साथ में रख लिया। अनुमति पत्र तो मैं पहले ही बनवा चुका था। अभ्यारण में किले तक लगभग 6 किलो मीटर चलना पड़ता है फ़िर किले के लिए 4 किलोमीटर की पहाड़ी चढाई करनी पड़ती है।

रास्ते में खाने पीने के लिए कुछ भी उपलब्ध नहीं है। इसलिए बाहर से ही तैयार होकर जाना पड़ता है। हमने भी अंदर का हाल नहीं देखा था। फ़िर भी 10 बजे हमने पैदल यात्रा प्रारंभ की। जयकारा लगाया बोल बाबा की जय और चल पड़े।

रास्ते में प्राकृतिक सौंदर्य का रस पान करते हुए आनंदित हो रहे थे। भक्तों का रेला छोटे बच्चों के साथ चल रहा था। किले के रास्ते को छोड़ कर अन्य रास्तों पर गार्ड लगे थे।

जहां शेर मौजुद था वहां हाथी खड़े कर रखे थे। हम भी गपशप करते चल रहे थे। किले में पहुंचते ही पहली चढाई पर पहाड़ में खोद कर बनाई हुई घुड़साल नजर आई। इसमें कई दरवाजे एक साथ हैं।

मैने अंदाजा लगाया कि राजा लोग किले तक रथ या बैलगाड़ी से आते होगें। उसके बाद मैदान में बैलगाड़ी या रथ छोड़कर पहाड़ पर चढने लिए घोड़े का उपयोग करते होगें।

इसलिए किले के प्रारंभ में ही घुड़साल बनाई गयी है। धीरे-धीरे चढाई चढते रहे। सुमीत भी जोर आजमा रहा था। 103 किलो वजन होने के बाद भी उसकी हिम्मत काबिले तारीफ़ है। मैं शार्टकट के चक्कर में रास्ते को छोड़ कर सीधी चढाई चढ रहा था। एक बार सुमीत को भी चढाया लेकिन बाद में उसने हाथ खड़े कर दिए।

सुमीत दास, ललित शर्मा, शरद(गुड्डु) शेष शय्या के सामने
सबसे पहले शेषशय्या आती है। जहां 35 फ़ुट लम्बे पत्थर को तराश कर सात फ़नों वाले शेषनाग पर विष्णु भगवान लेटे हैं।

विष्णु भगवान को समृद्धि और एश्वर्य का देवता माना जाता है। इस प्रतिमा को कलचुरी राजा युवराजदेव के मंत्री गोल्लक ने 10 वीं सदी ईसवीं में बनवाया था। यह मूर्ति बलुवा पत्थर से निर्मित है। मूर्ति के चरणों के पास से एक झरना झरना निकल रहा है इसे चरण गंगा का नाम दिया गया है।

पुराणों में इसे वेत्रावली गंगा कहा गया है। चरण गंगा सदानीर जल स्रोत है यहां कई नाले आकर मिलते हैं यह बांधवगढ के वन्यजीवों के लिए जीवन धारा के समान है। चरणगंगा से ताला स्थित पर्यटक संकुल को एवं कई गावों को पानी मिलता है। इस कुंड में काई जमने से पानी हरा हो गया है।
 
यहां से सीधी चढाई शुरु हो जाती है। एक जगह पर मेरे हाथ के पास खुजली हुई। मैने मुड़ कर देखा तो एक पेड़ दिखाई दिया। जिसमें केंवाच की फ़ली लटकी हुई थी। उसे किसी ने हिला दिया था। उसके रेसे हवा में तैर रहे थे।

मैं तो तुरंत ही भागा वहां से, कुछ लोग खड़े रहे  बाद में क्या हाल हुआ होगा उनका राम ही जाने। हम किले के मुख्य दरवाजे तक पहुंच गए। तो लगा कि अब पहुच ही गए। यहां से दो किलोमीटर और चलना था कबीर तलैया तक।

उबड़ खाबड़ रस्ते पर चलते हुए दुसरे दरवाजे तक पहुंचे तो वहां भग्न अवस्था में एक बजरंगबली का मंदिर दिखा। उसके बाद तीसरा दरवाजा आया वहां भी बजरंग बली का मंदिर था। 

इसके आगे चलने पर देखा की लोग एक पेड़ की पत्तियाँ तोड़ने में लगे हुए थे किसी ने इस पेड़ के विषय में कह दिया कि इसकी पत्तियाँ गठिया वात रोग के इलाज में काम आती है। बस फ़िर क्या था लोग लग गए तोड़ने।

मैं उनकी फ़ोटो ले रहा था। तभी मुझे उस पेड़ में भी केंवाच की बेल दिखाई दी। लोगों को बताने के बाद भी नहीं माने। मेरे से  ही पूछ रहे थे कि केंवाच क्या होता है। भैया जब तक गोबर से नहीं नहा लेगें तब तक केंवाच ही केवांच रटते रहगें और खुजाते रहेगें।

अब भीड़ को कौन समझाए। शायद वे लोग अभी तक खुजा रहे होगें और कह रहे होंगे की फ़ौजी की बात मान ही लेते तो यह दिन नहीं देखना पड़ता।
 
रास्ते में एक बड़ा पक्का तालाब मिला। इसका पानी भी निकासी नहीं होने के कारण हरा हो गया था। तभी मुझे उसमें तैरता हुआ एक मगरमच्छ दिखाई दिया। कैमरे को जूम करने के बाद भी उसकी फ़ोटो नहीं आई। तालाब बहुत बड़ा है।

कहते हैं कि किले में 12 तालाब हैं जिसमें से 2 तो हमने देखे बाकी का पता नहीं। इन तालाबों में बारहों महीने पानी भरा रहता है।

किले की इमारते तो उजड़ गयी है। लेकिन कुछ मंदिर अभी बचे हुए हैं। किंवदंती है कि रावण को मारने के बाद राम इस जंगल में से गुजरे थे तो उन्होने अपने भाई लक्ष्मण को भेंट करने के लिए इस किले का निर्माण कराया था। इसीलिए इसका नाम बांधवगढ पड़ा। 

घुड़साल में दो घोड़े
किंवदंती की बात छोड़ दें तो यह किला 552 एकड़ में फ़ैला है। समुद्र तल से 811 मीटर की उचाई पर स्थित है। इसका निर्माण तीसरी शताब्दी में हुआ था।

तीसरी सदी से लेकर 20 वीं सदी तक वाकटक, कलचुरी, सोलंकी, कुरुवंशी और बघेल राजवंशों ने यहां से राज किया।

सोलहवीं सदी में संत कबीर भी यहां कुछ वर्ष रहे थे। जब शेरशाह सूरी हुमायूँ का पीछा कर रहा था तब किले में मुगल बादशाह हुमांयू की बेगम को भी शरण मिली थी। इसका अहसान चुकाते हुए हुमांयू के बेटे अकबर ने बांधवगढ के नाम से चांदी के सिक्के जारी किए थे।

1617 में बघेल अपने राज्य की राजधानी रींवा ले गए और उसके बाद इस किले को खाली कर दिया गया तब से इस पर वन्य जीवों का ही कब्जा है। शेर भी यहां घुमते रहते है।

आगे चलने पर हम कबीर तलैया पहुंचे। यहां पर लोग स्नान कर रहे थे। कोई मुंडन करवा रहा था। कोई इसका जल बोतल में भर कर ले जा रहा था जिससे वह इसका उपयोग गंगा जल की तरह पवित्री करण के लिए कर सके।

कोई रास्ते में बैठकर भोजन कर रहा था। यहां पहुच कर तो मेला ही लगा हुआ था। हमें भी यहां पहुंच कर अहसास हुआ की कुछ भोजन सामग्री ले कर आना था। क्योंकि भूख लगने लगी थी और यहां कुछ मिलता नहीं है।

दो आदमी एक जगह पर चूना पत्थर तोड़ रहे थे। उन्हे मैने भी देखा था तब गुड्डु ने बताया कि एक कह रहा था कि आधा आधा रख लेते हैं साल भर चंदन नहीं खरीदना पड़ेगा। सुनने वाले और हम हँस पड़े। कबीर दास जी ने जिस पाखंड का विरोध किया था। उसका अनुशरण करना छूटा नहीं है।

कबीर गुफ़ा पर श्रद्धालु
जिस स्थान पर कबीरदास जी निवास करते थे वहां एक गुफ़ा है। उस गुफ़ा में दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ था। उसके पास ही महंत लोग बैठे थे अपने-अपने जजमान को मुड़ने के लिए।

 एक गाड़ी में पानी लाया गया था उसके लिए लोग मारा मारी कर रहे थे। प्रशासन को यहां कम से कम पानी की व्यवस्था तो करनी ही चाहिए थी। हमारे साथ यात्रा पर एक बूढी माई भी थी, जिनकी उम्र 94 वर्ष थी वे झुकी कमर से पैदल चल कर यहां तक पहुंची थी।

थानेदार ने उन्हे अपनी जिप्सी में बैठा लिया और खाने का पैकेट दिया। उसे आश्वस्त किया कि जब वे नीचे जाएंगे तो अपने साथ उसे गाड़ी में ले जाएगें। 

94 वर्षीय माई और थानेदार धुर्वे
आस्था बलवान होती है। उस आस्था के बल पर माई इतनी दूर पैदल चली आई।अब वापसी की तैयारी थी। सुमीत चित्त हो रहा था लेकिन वापिस तो जाना ही था।

वापसी में कबीर तलैया की दुसरी तरफ़ धनी धर्मदास और आमीन माता का स्थान बना हुआ है। बताते हैं कि यहां पर कबीर दास जी उन्हे उपदेश दिया करते थे। यहां पर भी हम गए।

श्रद्धालु इस स्थान पर नारियल और अगरबत्ती जला रहे थे। किले में मुझे बजरंगबली के कई मंदिरों के भग्नावेष दिखाई दिए। इससे महसूस हुआ कि तत्कालीन राजा हनुमान जी के बड़े भक्त रहे होगें।

एक जगह पर हनुमान जी के मंदिर के सामने एक लोहे का गदानुमा सामान पड़ा था जिसे उठाकर लोग जोर आजमाईश कर रहे थे। मैने उठाया लेकिन उसका हत्था छोटा होने के कारण हाथ से फ़िसल जाता था।

यहां पर राजाओं द्वारा बनाई गयी सैनिक छावनी के भी अवशेष दिखाई दिए। लेकिन राजा के रहने के महल इत्यादि का ठिकाना नहीं मिल सका। पूरे किले में घना जंगल खड़ा हुआ है। कहां से कौन जानवर निकल आए पता नहीं। इसलिए हमने मुख्य मार्ग छोड़कर अन्य कहीं तलाश करने का यत्न नही किया।


अचिंत दास
कबीर पंथ गुरु गद्दी दामाखेड़ा के गद्दीनशीन प्रकाश मुनि नाम साहेब के मुख्य कार्य सहयोगी अचिंत दास से सुबह बांधवगढ में मुलाकात हुई।

इस आयोजन के लिए इन्होने बहुत मेहनत की। शासकीय अनुमति से लेकर श्रद्धालुओं के हाल चाल पुछने तक।

अभ्यारण्य के डायरेक्टर पाटिल ने इन्हे सिर्फ़ एक ही वाहन किले तक ले जाने की अनुमति दी। ये मंत्री से लेकर संत्री तक फ़ोन लगाते रहे कि और वाहनों की अनुमति मिल जाए। लेकिन उन्हे प्रयास में सफ़लता नहीं मिली।

हमारे रुम में ही सदा मुस्कुराने वाले इनके मनमोहक चेहरे का दीदार सुबह ही हो गया था। हमने साथ-साथ ही प्रातराश लिया और ये हमारे साथ अभ्यारण्य के मुख्यद्वार तक आए। अचिंत दास विगत 25 वर्षों से दामाखेड़ा गुरु गद्दी की सेवा में लगे हैं। साहेब बंदगी साहेब। आगे पढ़ें