मुंबई लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मुंबई लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 3 मई 2014

किल्ला बंदर: वसई फ़ोर्ट की सैर -2

हम भी लौट रहे थे कि रास्ते के किनारे एक भवन दिखाई दिया जिस पर आर्किओलाजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया का बोर्ड लगा था। सोचा कि बाकी जानकारी यहाँ मिल जाएगी। वहाँ मुझे जितेन्द्र कुमार मिले। फ़िर उन्होने बताया कि इस किले 109 एकड़ भूमि में विस्तार है। तब मुझे लगा कि हम तो बहुत कम ही देखे हैं, मतलब काफ़ी कुछ यहाँ पर छूट रहा है। अब जितेन्द्र के साथ आम्रवन में भ्रमण करने लगे। किले में उत्खनन एवं सरंक्षण कार्य प्रारंभ है। इस स्थान पर पुर्तगालियों ने कैदखाना बना रखा था। जिसके खंडहर आज भी विद्यमान हैं। जितेन्द्र ने बताया कि ये भूमि में दबे हुए थे और इन्हें उत्खनन के द्वारा बाहर निकाला गया है तथा साथ ही साथ संरक्षण कार्य भी किया गया है।
वसई फ़ोर्ट का एरियल व्यू
हमें पता चला कि इस किले में 5 चर्च थे, जिनमें से 2 चर्च जमींदोज हो चुके हैं और 3 चर्चों के अवशेष अभी भी मौजूद हैं। आगे बढने पर हमें शाही स्नानागार दिखाई दिया। जिसमें एक बहुत ही सुंदर हौद बना हुआ है। हौद तक पहुंचने के लिए पैड़ियाँ भी बनाई हुई है। हौद को सीपियों से अलंकृत किया गया है। अलंकरण में सीपों का प्रयोग मैने पहली बार देखा। देख कर ही लगता है इसे बड़े मनोयोग से निर्मित एवं अलंकृत किया गया है। अलंकरण में रकाबियों का प्रयोग भी किया गया है। प्रतीत होता है कि यह हौद किसी विशिष्ट रानी के लिए बनाया गया होगा। यह शाही स्नानघर किले के मध्य में स्थित है। 
रानी का हौद
आगे बढने पर कस्टम कालोनी किले के भीतर बनी हुई दिखाई दी। पता चला कि इस कालोनी का निर्माण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा अपने अधिकार में लेने के पूर्व किया गया है। इस कालोने के पास एक प्राचीन हनुमान मंदिर भी है। जिसका दीप स्तंभ पाषाण निर्मित है। इस मंदिर के समीप ही सेंट फ़्रांसिस चर्च की विशाल ईमारत है। इस ईमारत को जितेन्द्र ने कब्रिस्तान बताया। जब हम ईमारत में पहुंचे तो इसके फ़र्श पर स्मृति पट लगे हुए दिखाई दिए। पढने पर ज्ञात हुआ कि ये पुर्तगालियों के हैं। कई पत्थरों पर राज्य चिन्ह बना हुआ था और उसके नीचे मृतक के विषय में जानकारी दी हुई थी। कई स्मृतिपट लगभग 8 फ़ुट के भी दिखाई दिए।
मृतक स्मृति शिलापट
इतिहास पर नजर डालें तो वसई गाँव उल्लास नदी के तट पर बसा है, इसे वसई बेसिन भी कहते हैं। वसई फ़ोर्ट का इतिहास अधिक पुराना तो नहीं है पर यह जलदूर्ग अपने समय में महत्वपूर्ण स्थान रखता था। यह स्थान बड़ा व्यापारिक केंद्र था इसलिए गुजरात के सुल्तान बहादुर शाह ने 1533 ईस्वी में इस दुर्ग की संरचना के रुप में बाले किला को अंजाम दिया। व्यापारिक दृष्टि से इस किले पर पुर्तगालियों की नजर थी। उन्होने अपने सेना के द्वारा इस किले पर कब्जा कर लिया और गुजरात के सुल्तान के साथ 23 दिसम्बर 1534 को संधि के द्वारा मुंबई सहित पूरे तटीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया। 1590 में परकोटे का निर्माण कराया गया। पुर्तगालियों ने इसे नए सिरे से बनवाया। जिससे पूरी बस्ती ही इस परकोटे भीतर समा गई। 
वसई फ़ोर्ट का पिछला द्वार
सुरक्षा की दृष्टि से किले के चारों ओर 11 बुर्जों का निर्माण करवाया और भव्य चर्च एवं भवनों का निर्माण किया। इसे पुर्तगालियों ने अपनी व्यापारिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनाया। पुर्तगाल की राजकुमारी का विवाह इंग्लैंड के राजकुमार से 1665 में हुआ। कन्याधन के रुप में मुंबई का द्वीप समूह एवं आस पास के क्षेत्र अंग्रेजों को ह्स्तांतरित कर दिए गए। यह किला लगातार 200 वर्षों तक पुर्तगालियों के अधिकार में रहा। मराठा शासक बाजीराव पेश्वा के छोटे भाई चीमा जी अप्पा ने 1739 में अपने कब्जे में ले लिया। इस युद्ध में भवनों एवं चर्चों को अपार क्षति पहुंची, भारी लूट पाट की गई, चर्चों के घंटों को हाथियों पर लाद कर ले जाया गया और उन्हें मंदिरों में स्थापित कर दिया गया। सन 1801 में  बाजीराव द्वितीय के निरंकुश शासन से तंग आकर यशवंत राव होलकर ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया। 
पिछले द्वार के समीप हनुमान  जी का मंदिर
इस युद्ध में बाजीराव द्वितीय पराजित हुआ। उसने वसई के किले में शरण ली। इसके बाद कुछ वर्षों तक वसई किले का नाम बाजीपुर भी रहा। सन 1802 में बाजीराव द्वितीय एवं अंग्रेजों के बीच संधि (बेसीन संधि) हुई। जिसके तहत बाजीराव को पुन: पेशवा की गद्दी पर बैठाने का वचन अंग्रेजों ने दिया। इस कूटनीतिक चाल के बदले अंग्रेजों वसई के किले साथ सम्पूर्ण  समुद्री क्षेत्र पर ही अधिकार कर लिया। वैसे पुर्तगालियों ने इस स्थान को अपनी नौसेना का प्रमुख केंद्र बनाया था और इस तट पर जहाज निर्माण के कारखाने भी संचालित किए थे। 
सेंट फ़्रांसिस चर्च (कब्रिस्तान)
इस भवन में कई खंड हैं, मध्य खंड  के अंतिम छोर पर वेदी बनी दिखाई देती है। जहाँ से पादरी धार्मिक प्रार्थना करवाते होगें। हो सकता है यह स्मृति शिलापट कहीं अन्य स्थान से लाकर यहाँ लगाए गए होगें। क्योंकि मुझे वहां कब्र जैसी कोई संरचना दिखाई नहीं थी। दूसरे खंड में कुछ गोलटोपी वाले क्रिकेट खेल रहे थे। स्मारक के भीतर किसी को क्रिकेट खेलते हुए देख कर मुझे हैरानी भी हुई। परन्तु फ़िर ख्याल आया कि वर्तमान में पर्यटकों सुरक्षा की दृष्टि से यह स्थान असुरक्षित है। किसके साथ कब दुर्घटना घट जाए उसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। इस सुनसान स्थान का उपयोग आपराधिक प्रवृत्ति के लोग निर्बाध रुप से करते हैं। यहाँ कई हत्या एवं आत्महत्या जैसी घटनाएँ घट चुकी हैं। क्योंकि सारे अपराध सुनसान स्थानों पर ही होते हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कर्मचारी इन अपराधिक तत्वों से मुड़भेड़ नहीं कर सकते, जान सभी को प्यारी है।
चर्च की वेदी पर लव स्टोरी
इस स्थान का उपयोग अधिकतर प्रेमालाप के लिए किया जाता है। दूर-दूर से लड़के एवं लड़कियाँ बाईक पर आते हैं और प्रेमार्थ प्रयोजन सिद्ध करते हैं। सेंट फ़्रांसिस चर्च कि जिस वेदी की मैं चर्चा कर रहा था उस वेदी पर एक जोड़ा काफ़ी देर से आलिंगनबद्ध था। उसे हमारी उपस्थिति की भी कोई समस्या नहीं थी। मुंबई में स्पेस की कमी है। विवाहित जोड़ों को भी सप्ताह में एक बार होटल बुक करना पड़ता है। अगर किसी के पास इतनी राशि नहीं है तो वे ऐसे ही निर्जन स्थानों पर अपनी क्षुधा शांत करते हैं। जब मैं फ़ोटो लेने लगा तो वह जोड़ा अलग हुआ और बैठ गया। मेरे चित्र लेने से उसे कोई परहेज नहीं था। वर्तमान में कमोबेश सभी पर्यटक स्थलों पर यह नजारे देखने मिल जाते हैं। मैने कई बार दिल्ली के बोट क्लब में दोपहर में ही झाड़ियों की हल्की सी आड़ में खेल होते देखे हैं फ़िर भी यह तो मुंबई है। 
कब्रिस्तान में लेखक

यहाँ से लौटने पर हमारी भेंट वसई फ़ोर्ट के उत्खनन एवं संरक्षण इंचार्ज कैलाशनाथ शिंदे से होती है। इनके निर्देशन में ही यहाँ उत्खनन कार्य हो रहा है। कैलाशनाथ शिन्दे मुझे 30-35 वर्ष के उर्जावान युवा दिखाई दिए। उन्होने किले से उत्खनन में प्राप्त सामग्री दिखाई। जिसमें मुगलों से लेकर अंग्रेजों तक की सामग्री थी। 5 किलो से लेकर 50 किलो वजन तक के तोप के गोले उत्खनन में प्राप्त हुए। पुर्तगालियों द्वारा प्रयोग किए जाने वाले चीने के बर्तन भी उत्खनन में प्राप्त हुए हैं। काफ़ी बड़ी संख्या में मृदाभांड के टुकड़े भी दिखाई दिए। लोहा, तांबा, कांसे की सामग्री भी दिखाई दी। हम थोड़ी देर उनके दफ़्तर में बैठे। सामग्री के अवलोकन के साथ ठंडा पानी पीते हुए चर्चा हुई।
किले का कारागार
मैने कहा कि किले भीतर की ईमारतें सुनामी में नष्ट हुई हैं। सुनकर कैलाशनाथ ने कहा कि आपने यह आंकलन कैसे किया? मैने कहा कि किला तीन तरफ़ से समुद्र से घिरा हुआ है और इसके समीप इतनी बड़ी कोई नहीं है जिसकी बाढ के कारण इसे नुकसान पहुंचे। उत्खनन में दिखाई दे रहा है कि लगभग 6 फ़ुट से 10 फ़ुट तक गाद (शिल्ट) जमी हुई है। यह गाद भीषण बाढ़ द्वारा ही लाई जा सकती है। नदी की बाढ में 10 फ़ुट तक गाद जमना मुस्किल है, परन्तु सुनामी की एक लहर ही इतनी गाद जमा सकती और भवन को धराशायी कर सकती है। अब अगर कोई लिखित प्रमाण मिल जाए कि अंग्रेजों के समय में या पुर्तगालियों के समय में इस स्थान कौन से वर्ष में सुनामी आई थी, तो मेरा आंकलन प्रमाणित हो सकता है। मेरे विचारों से कैलाशनाथ भी सहमत थे। 
भवनों का संरक्षण कार्य
इनसे विदा लेकर समीप ही स्थित बस स्टॉप पहुंचे। हमें शाम 5 बजे तक वसई रोड़ स्थित घर पहुंचना था। बस स्टॉप के सामने नहर दिखाई दी इस नहर का प्रयोग किले के भीतर जलप्रंबधन के लिए होता होगा। नहर के समीप ही  ब्रजेश्वरी देवी एवं नागेश्वर महादेव के मंदिर बने हुए हैं। इन मंदिरों में सतत पूजित हैं तथा इनकी संरचना भी नई है। बस आने में 10 मिनट हो गए तो कैलाशनाथ शिंदे ऑटो लेकर आ गए और उन्होने वसई रोड़ तक हमारे छोड़ने की व्यवस्था की तथा ऑटो का पेमेंट भी खुद ही किया, हमारे मना  करने पर भी उन्होने किराया नहीं देने दिया। इस तरह हमारा वसई फ़ोर्ट भ्रमण सम्पन्न हुआ। 

गुरुवार, 1 मई 2014

सनी दा ब्याह @ मुंबई

नेट भी ऐसा वर्क करता है कि दूरस्थ बैठे लोगों को भी जोड़ देता है। कुछ ऐसा ही मेरे साथ भी हुआ। अंतरजाल पर आने के बाद कुछ बहुत अच्छे दोस्त मिले तो कुछ बहुत घटिया भी। जो घटिया थे उन्हें मैने छांट दिया और उनकी शक्ल भी नहीं देखता। वे स्वमेव किनारे हो गए। ये घटिया लोग जीवन में इस तरह रड़कते हैं जिस तरह रोटी चबाते वक्त अगर कोई कंकरी दांत के नीचे आ जाए। बस हमने कंकरियों को निमार दिया।
मुंबई लोकल की सवारी
जिन मित्रों की जिंदादिली से दुनिया कायम है उनमें से एक हैं दर्शन कौर धनोए। उनकी मेरी पहचान ब्लॉग़ पर आने के बाद ही हुई। शास्त्र कहते हैं न - संगच्छध्वं संवदध्वं संवोमनांसि जानताम्। अगर मिजाज एक जैसा हो तो मित्रता हो ही जाती है। ऐसा ही कुछ हमारे साथ हुआ, दर्शन जी को घुमक्कड़ी का शौक है और मुझे देशाटन का। मित्रता की बात कुछ ऐसे ही जम गई। 
चल भंगड़ा पाईएं
मुझे ब्लॉग लेखन में आए 5 वर्ष बीत गए, अब छठवां वर्ष प्रारंभ है। इस अवधि में न जाने कितने ब्लॉगर आए और कितने चले गए। कईयों का ब्लॉग तो बरसों से बंद पड़ा है और उस पर धूल की परतें जमा हो गई है। पर कुछ लोग अभी भी हैं जो निरंतर लिख रहे हैं भले ही पोस्टों की आवृत्ति कम हो गई, लेकिन उपस्थित बनी हुई है। कुछ महीनों पहले दर्शन जी ने फ़ोन पर कहा कि उनके पुत्र का विवाह है और आपको विवाह समारोह में उपस्थित होना है।
बल्ले बल्ले, तुस्सी किद्धर चल्ले
मैंने हामी भर ली और बात आयी गयी हो गयी। बीच-बीच में वे मुझे याद दिला देती थी। मैं भी हामी भर देता था। फ़िर सोचता था कि बात मुंबई जाने की है। मुझे तो सिर्फ़ दर्शन जी ही पहचानती हैं और अगर शादी में चला गया तो अकेले बोर हो जाऊंगा। क्योंकि शादी में जाने का मतलब है कि उससे जुड़े सभी कार्यक्रमों में उपस्थित भी रहना होगा।
बारात विद डांस
विवाह 26 मार्च का था, मुझे 25 को मुंबई पहुंचना था। 15 मार्च को रेल्वे स्टेशन गया टिकिट करवाने के लिए, टोकन ले लिया जब मेरा नम्बर टिकिट के लिए आने वाला था तब मैने सोचा कि अगर चला गया तो बोर हो जाऊंगा और यही बोरियत मेरे मन पर इतनी हावी हो गई कि बिना टिकिट कराए घर वापस चला आया। मालकिन ने टिकिट के लिए पूछा तो मैने अपने मन की दुविधा बता दी। विवाह के एक हफ़्ते पहले निमंत्रण पत्र भी पहुंच गया। मालकिन ने बताया कि निमंत्रण पत्र आया है, आपको जाना चाहिए। रात को चैट पे मैने बिकास से कहा तो उसने सुबह उठकर तत्काल में 24 मार्च की जाने की टिकिट कर दी। तो मुझे भी जाने की तैयारी करनी पड़ी। 
बारात एवं बाराती 
24 मार्च की सुबह हावड़ा मुंबई मेल से मुंबई के लिए चल पड़ा। दोपहर का खाना नागपुर में मिल गया और रात का खाना घर से लेकर चला था। सफ़र में मुझे बाहर का खाना जमता नहीं है। अगर कोई आपातकालीन स्थिति बन जाए तो फ़लादि का सेवन कर लेता हूँ, पर तला हुआ खाना मेरे लिए पेरु हो जाता है। रायपुर से मुंबई के लिए 2 तरह की ट्रेन चलती हैं। एक तो यहाँ से चलकर सीएसटी जाती हैं, दूसरी एल टी टी कुर्ला जाती है। कुर्ला जाने वाली ट्रेन में जाने से एक तकलीफ़ ये रहती है कि वहाँ से कहीं जाने के लिए 2 बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। सीएसटी वाली में दादर उतरने के बाद कहीं भी जाया जा सकता है। इसलिए मैने हावड़ा मुंबई मेल का चयन किया।
गुरुद्वारे में सगाई 
रायपुर से चलने की सूचना मैने मेसेज द्वारा दर्शन जी को दे दी थी। उन्होने कहा कि दादर पहुंचने पर फ़ोन कर देना। हम आ जाएगें लेने के लिए। हमारी ट्रेन सुबह लगभग 5 बजे दादर स्टेशन पर पहुंची। अब मुझे सेंट्रल लाईन से लोकल वाली लाईन पर जाना था। जहाँ से वसई रोड़ के लिए ट्रेन चलती है। पूछने पर पता चला कि 3 नम्बर प्लेटफ़ार्म से वसई रोड़ के लिए ट्रेन जाएगी।
शादी का फ़ुल्ल लोड
दादर से वसई रोड़ के लिए 15 रुपए की टिकिट लेनी पड़ती है, जो फ़ास्ट लोकल एवं स्लो लोकल दोनों में लागु होती है। हमारे यहाँ की अपेक्षा मुंबई में दिन थोड़ी देर से निकलता है। एक ट्रेन आकर प्लेटफ़ार्म पर रुकी और मैं उसमें सवार हो गया। वहीं पर मुझे एक बिलासपुर के अग्रवाल जी मिल गए, उन्हें मीरा रोड़ उतरना था। मीरा रोड़ तो मैं पहले भी आ चुका था संजय जी के पास। मैने दर्शन जी को फ़ोन लगा कर बता दिया कि अब मीरा रोड़ पहुंच रहे हैं। इससे आगे ही वसई रोड़ स्टेशन आता है।
निकासी
मुझे वसई वेस्ट में जाना था। वेस्ट के प्लेट फ़ार्म पर उतरा तो मोबाईल बजा। देखा कि दर्शन की कॉल थी। अर्थात वे प्लेट फ़ार्म  पर पहुंच गई हैं। प्लेट फ़ार्म पर थोड़ा चलने के बाद वे दिख गई। ये हमारी पहली मुलाकात थी। हमने एक दूसरे को पहचान लिया। फ़िर वे मुझे ऑटो से गुरुद्वारा लेकर गयी। हमारी आवास की व्यवस्था गुरुद्वारे में ही थी। वहाँ मेरी पहचान इन्होने ने अपने परिजनों से कराई।
सगाई के वक्त सरदार जुझार सिंह, बहु एवं दर्शन कौर धनोए
जिसमें इनके एक पारिवारिक मित्र सेवानिवृत फ़ुड कंट्रोलर राधे श्याम सिसोदिया जी भी थे। उनसे चर्चा होने पर पता चला कि उन्होनें बस्तर में कई बरसों तक नौकरी की है। उनके कई अधिकारी और दोस्त हमारे कामन फ़्रेंड निकल गए और बात जम गई। अब बोर होने का सवाल नहीं था। मामला फ़िट हो गया। बारात नवी मुंबई के लिए दोपहर निकलनी थी। इसलिए सभी को तैयार होकर इनके घर समय पर पहुंचना था।
शादी में कुछ रुपयों को भी धुंआ दिखानी पड़ती है।
वसई मुंबई का ही एक कस्बा है। जो मुंबई में जनसंख्या का दबाव बढने के कारण अब नगर बन गया है। मुंबई के ऑटो रिक्शा वालों की तारीफ़ तो करनी पड़ेगी। चाहे आदमी नया हो या पुराना सबसे तय किराया ही लेते हैं। अगर 9 रुपया हुआ तो 1 रुपए बाकायदा वापस देते हैं। बाकी अन्य शहरों में देखा कि ऑटो वाले सवारियों के कपड़े भी उतारने को तैयार हो जाते हैं। 
तन्ने घोड़ी किन्ने चढाया …… :)
हम तैयार होकर बराती बन गए, दोपहर 2 बजे हम नवी मुंबई के लिए चल पड़े। गुरुद्वारे में आज सगाई का कार्यक्रम होना था और अगले दिन यहीं से बारात निकल कर खारघर गुरुद्वारे में विवाह होना था। शाम तक हम नवी मुंबई पहुंच गए, गुरुद्वारे में सगाई का कार्यक्रम हो गया और फ़िर वहाँ से चलकर पंजाबी भवन में बाकी कार्यक्रम हुआ। यहीं मेरी मुलाकात अल्जिरा लोबो एवं मीना से हुई।
आनंद कारज 
दर्शन जी के मिस्टर सरदार जुझार सिंह जी से तो 25 को ही भेंट हो चुकी थी। वे मुंबई में टी टी ई थे, उन्होने बताया कि वे मुंबई से राजधानी एक्सप्रेस लेकर दिल्ली जाते थे। अब सेवानिवृत होकर घर पर ही रहते हैं। दर्शन जी ने विवाह का कार्यक्रम मुस्तैदी से संभाल रखा था। अगली सुबह हम बारात लेकर विवाह स्थल खारघर गए और वहीं सभी की उपस्थिति में आनंद कारज सम्पन्न हुआ।
आनंद कारज सम्पन्न
वहाँ से बारात विदा होने के बाद हम रात 9 बजे वसई रोड़ पहुंच गए। नवी मुंबई में ब्लॉगर देव कुमार झा भी रहते हैं। मैने उन्हें फ़ोन पर आने की सूचना दी थी और उन्होने वादा किया था कि वे आकर मिलेगें। पर हम एक दिन नवी मुंबई में रहे। वे पहुंच नहीं पाए, शायद कोई आवश्यक काम आ गया हो। न ही उसके बाद हमारी कोई चर्चा हुई। इस तरह दो दिनों में विवाह समारोह निपट गया। 

मंगलवार, 19 नवंबर 2013

ई मुंबई है रे बबूआ : डर्टी पोस्ट

घर से चलने के पूर्व अतुल को फ़ोन कर दिया था कि मैं फ़लाँ फ़लाँ ट्रेन से आ रहा हूँ। यह मुंबई की मेरी पहली यात्रा थी। काफ़ी कुछ टीवी और सिनेमा के माध्यम से मुंबई के विषय में देख और सुन चुका था। मन में धुक धुकी लगी हुई थी कि शहर कैसा होगा, शहर के लोगों का बर्ताव कैसा होगा? कहीं सामान चोरी तो नहीं हो जाएगा। कोई ऑटो वाला गलत जगह ले जाकर लूट तो नहीं लेगा। तरह तरह की शंकाएँ, कुशंकाएँ, आशंकाएं मन में उमड़-घुमड़ रही थी। दिन पूरी तरह से नहीं निकला था। मेरी ट्रेन सुबह 5 बजे कुर्ला स्टेशन पहुंची। अतुल का फ़ोन बंद था। उसके घर का पता भी मुझे नहीं मालूम, अब क्या किया जाए? वहीं पर पड़ी एक बैंच पर बैठ गया। आसमान में उड़ते हुए हवाई जहाजों को देखने लगा। एक हवाई जहाज टेक ऑफ़ करता था तो उसके एक मिनट बाद कोई दूसरा हवाई जहाज लैंड करता था। इन्हें देख कर ही टाईम पास करने लगा। मेरी ट्रेन की सवारियाँ एक-एक कर निकल गई। मेरे जैसे कुछ लोग ही बच गए थे।

सामान के नाम पर मेरे पास सिर्फ़ एक बैग था। चाय की चाह हो रही थी, लेकिन चाय नहीं पी सकता था। चाय पीते ही शौचालय की तरफ़ दौड़ना पड़ता। फ़िर बैग की रखवाली कौन करता? अकेले होने के कारण सामान की रखवाली की समस्या आती ही है। सोच रहा था कि कोई मुझे लेने आ जाए तो वहीं दैनिक क्रिया से निवृत हो लूंगा। एक घंटा हो गया, कोई मुझे लेने के लिए नहीं आया। पेट में गुड़गुड़ी मचने लगी। धीरे-धीरे प्रेशर बढने लगा। लगा कि आज तो बिना चाय के ही बम फ़ूट जाएगा। बम फ़ूट जाए तो कोई बात नहीं, लेकिन फ़ोड़ने की माकूल जगह भी होनी चाहिए। थोड़ी देर तो रुक सका लेकिन फ़िर रोका नहीं जा सका। शौचालय के विषय में पूछने पर बताया कि वो परली तरफ़ है। बैग संभालते हुए उधर दौड़ कर गया। देखा की लोग लाईन में लगे हुए थे। जब तक अपना नम्बर आए तब तक तो बड़ी मुश्किल हो जाएगी।

इस तरह की घटना मेरे साथ पहली बार घट रही थी। इससे पहले सार्वजनिक शौचालय के चक्कर में फ़ंसना नहीं हुआ। घुमक्कड़ी में जिन्दगी के काफ़ी वर्ष निकाल दिए, लेकिन यह अनुभव पहली बार था। मेरे पीछे भी आठ-दस लोग लाईन लगाए खड़े थे। पन्द्रह बीस मिनट बाद मेरा नम्बर आया। बैग धारण कर जैसे ही शौचालय में प्रवेश किया, वैसे ही बदबू के पहले झोंके से दिमाग पंचर हो गया। शौच की बदबू के साथ बीड़ी की बदबू फ़्री में मिल रही थी। अगर प्रेशर रोका जा सकता तो इस शौचालय में कभी प्रवेश नहीं करता। कहीं खुली जगह खेत या किसी का खाली प्लाट होता तो किसी आड़ में निपट लिया जाता। लेकिन यह मुंबई थी। यहाँ पर कहाँ खेत और खाली प्लाट मिलने वाला है। मन मार कर शौचालय में प्रवेश किया। बैग को दरवाजे के पीछे लटकाया और रुमाल निकाल कर सबसे पहले नाक बांधा, जिससे बदबू छन कर कम हो जाए।

बैठते ही दो काम होने लगे। पहला तो जिसके लिए मैं दौड़ कर आया था, दूसरा दिमाग की सोचनीय इंद्री शुरु हो गई। वह सोचने लगी शौचालय में। कहाँ फ़ँस गया मैं बड़े कस्बे की खुली हवा में रहने वाला। जहाँ मेरा बाड़ा ही 3 एकड़ का है। चारों तरफ़ खुला वातावरण एवं वृक्षों से छन कर आती सुवास के साथ मस्त हवा। मुझे मालूम होता कि यह गति होने वाली है तो मुंबई आना ही स्थगित कर देता। फ़ँसा हुआ व्यक्ति क्या करे। वैसे भी इनपुट होगा तो आऊटपुट होना ही है। अगर पता यह स्थिति होने वाली है तो इनपुट नहीं करता, 24 घंटे का उपवास ही रख लेता। मुझे बैठे 1 मिनट नहीं हुआ होगा, इतने में किसी ने बाहर दरवाजा खटखटा दिया। आवाज सुन कर हड़बड़ा गया। गाँव में तो मैदान में झुरमुट की आड़ में बैठने के बाद भी किसी की आहट आ जाए तो शौच नहीं होती। यहाँ तो 8 लोग लाईन लगा कर खड़े थे।
  
दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर दरवाजे की तरफ़ देखता रहा कि कहीं कुंडी न खुल जाए और लोगों को दिल्ली के साथ पाकिस्तान दर्शन न हो जाए। बड़ी ही खतरनाक स्थिति थी। एक मिनट के बीच इतना कुछ घट रहा था कि जैसे किसी फ़ायटर पायलेट के प्लेन में गोला लगने से आग लग गई हो और उसके पास जान बचाने के लिए सिर्फ़ 1 मिनट का ही समय हो। जैसे ही दूसरा मिनट बीता फ़िर किसी ने दरवाजा खटखटाया। अबकि बार आवाज आई - जल्दी निकलो। मुझे गुस्सा आ गया। लेकिन कुछ कहने और करने की हालत में नहीं था। अगर प्रेशर में नहीं होता तो मुक्का मार कर दरवाजा खटखटाने वाले का मुंह तोड़ देता। गुस्से के कारण स्थिति सांप छछुंदर जैसी हो गई, न भीतर रहे न बाहर निकले। जैसे-तैसे पहला राऊंड पूरा हुआ और बाहर से आवाज आई - जल्दी निकलो।

अबे! मैं क्या यहाँ घर बसाने आया हूँ, साले चैन से फ़ारिग भी नहीं होने देते। 2 मिनट ही तो हुआ है। मैं गुस्से में जोर से चिल्लाया। बाहर से आवाज आई - 2 मिनट में तो 4 लोकल ट्रेन निकल जाती है। कब तक भीतर ही बैठा रहेंगा। मुझे लगा कि अब बाहर निकल ही जाना चाहिए, वरना दूसरा कोई प्रेशर के मारे दरवाजा तोड़ कर भीतर घुस जाएगा। सुबह का प्रेशर बड़ा खतरनाक होता है। पानी डाल कर जैसे ही उठा, फ़िर दरवाजा खटखटाने लगे। मैने पैंट संभाली और दरवाजे से अपना बैग उतारा। इतनी देर में फ़िर हाजतमंद ने दरवाजा खटखटा दिया। जैसे ही मैने सिटकिनी खोली और दरवाजा थोड़ा सा खुला मेरे निकलने से पहले ही एक आदमी ट्रेन की सवारी जैसे भीतर घुसने लगा। मै उसे धक्का देकर किसी तरह बाहर निकला और बाहर आकर एक लम्बी सांस ली।

नल से हाथ मुंह धोकर एक चाय ली। पहली घूंट के साथ फ़ोन की घंटी बजी। "हेलो , सर मैं प्रकाश बोल रहा हूँ। आप अभी कहाँ पर हैं?" "मैं अभी कुर्ला स्टेशन में हूँ। यहीं ऐसी की तैसी करवा रहा हूँ। जब मैने अतुल को बता दिया था कि सुबह की ट्रेन है तो डेंढ घंटे बाद फ़ोन करने के क्या मतलब है" उसकी आवाज सुनकर मेरा गुस्सा सातवें आसमान पर था। " सॉरी सर मुझे उठने में थोड़ी देर हो गई, भाई साहब ने मुझे रात को ही बता दिया था कि आप सुबह की ट्रेन से आने वाले हैं और मुझे रिसीव करने जाना है। सर माफ़ कीजिए मैं आधे घंटे में पहुच रहा हूँ।" प्रकाश के फ़ोन आने के बाद मैं आश्वस्त हो गय कि एकाध घंटे में तो घर पहुंच जाएगें। चाय पीते हुए बैंच पर बैठ गया। साथ ही दो बिहारी नौजवान बैठे थे, शायद वो भी किसी के इंतजार में थे। एक कह रहा था - ई मुंबई है रे सुरेसवा, हियाँ खाने को मिल जाएगा, काम मिल जाएगा पर हगने और सुतने को मिलना बहुत कठिन है। इनकी बातें सुनकर मैं अपना मुड़ खजुवाते आकाश में उड़ते हवाई जहाज देखते हुए प्रकाश का इंतजार कर रहा था। ई मुंबई है रे बबूआ……………