दीवाली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दीवाली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 3 नवंबर 2013

हैप्पी दीवाली: कुछ उनकी, कुछ अपनी

दृश्य-1

कल दशहरा मना लिया गया, रावण अपने धाम को विदा हो गया। मौसम में दीवाली महक आ गई है। सुबह-सुबह ओस के साथ मौसम दीवालियाना लगने लगा है। चाय का कप लिए करंज के पेड़ के नीचे कुर्सी डाले बैठा हूँ। इस एक महीने के त्यौहार में कितने काम रुक जाते हैं और कितने काम हो जाते हैं सोच रहा हूँ। रामगढ़ पर मेरी पुस्तक अधूरी है, उसे पूरा करने के लिए मुझे एक बार 2-4 दिनों के लिए रामगढ़ और जाना होगा। पिछले छ: महीने से योजना बना रहा हूँ। लेकिन कुछ न कुछ अड़ंगा आ जाता है। बरसात के चार महीने तो जंगल में घुसने लायक भी नहीं हैं। अब चुनाव का डंका बज चुका है। घर में रहकर ही राजनैतिक प्रतिस्पर्धा (लड़ाई) का आनंद लिया जाए। उसके बाद देखा जाएगा, कहीं जाना होगा तो। वैसे भी दीवाली का कितना काम पड़ा है।

दृश्य-2

बाईक स्टार्ट कर रहा हूँ, बाजार जाना है। तभी मालकिन पहुंच जाती है - दीवाली सिर पर आ गई है। रंगाई, पोताई, साफ़-सफ़ाई नहीं करवानी क्या? कोई चिंता ही नहीं है आपको। बाजार जा रहे हो तो रंग रोगन ले कर आना। परसों से काम शुरु हो जाना चाहिए।
अरे! हर साल रंग-रोगन तो टाटा-बिड़ला के यहाँ भी नहीं होता। पहले मकानों में चूना करना होता था तो लोग हर साल पुताई कर लेते थे। अब कितना मंहगा हो गया है, रंग-पेंट। दस हजार से कम का नहीं आएगा और पेंटरों का भी भाव बढा हुआ है। कहाँ ढूंढने जाऊंगा।
कहीं से लाईए ढूंढ कर। मुझे घर की रंगाई पुताई करवानी है। एक साल में घर की दीवारें कितनी गंदी हो जाती हैं। आपको नहीं दिखता क्या? मालकिन ने अपना आदेश सुना दिया और चली गई। मजबूरी युक्त हमारी मजदूरी शुरु हो गई।

दृश्य - 3

रंग-रोगन की दुकान में भारी भीड़। लोग सामान धक्का मुक्की कर सामान खरीद रहे हैं। सोच रहा हूँ कि ये भी मेरे जैसे ही होगें। इनकी मालकिनों ने भी इन्हें खदेड़ा होगा। दुकानदार की नजर मुझ पर पड़ती है - नमस्कार भैया! कैसे आना हुआ?
नमस्कार! यार मैं सोच रहा था कि तेरी बारात में जाने के बाद भूल गया ही गया। कम से कम बच्चों के बारे में पूछना चाहिए था कि कितने हुए। आज याद आया तो पता करने चला आया।
हे हे हे हे! आप भी मजाक करते हैं भैया। 10 साल बाद आपको याद आई।
अरे! मुझे रंग रोगन लेना है, इसलिए आया हूँ। इतना भी नहीं समझता। एशियन का इमल्शन पेंट लेना है। कलर कार्ड दिखा  मुझे। हॉल के लिए 2 रंग। बैडरुम के लिए 2 रंग, दूसरे बैडरुम में 2 रंग। भगवान के कमरे के लिए अलग लेना है। बाकी जो बच गया किचन में लगा लेगें। छत और बार्डर का रंग मिला कर भीतर के लिए लगभग 15 लीटर लग जाएगा तथा बाहर के लिए स्नोशेम कलर भिजवा दे। साथ में 1 छ: इंची ब्रस, 1 दो इंची, एमरी पेपर 80 नम्बर, व्हाईट सीमेंट 5 किलो भी साथ में देना।

दृश्य -3

भोजन जारी है- बोल आए रंग रोगन के लिए? मालकिन ने प्रश्न दागा। मेरे जवाब देते तक ही डोर बेल बजी। लड़का रंग रोगन का डिब्बा लिए सामने खड़ा था। मालकिन के चेहरे पर विजयी मुस्कान की चमक आ गई थी। रख दो भैया, उधर कोने में। साथ ही मेरी ओर मुखातिब होते बोली- कल सुबह सातपारा जाकर पेंटर का पता करके आओ। अब अधिक समय नहीं रह गया है। घर की साफ़ सफ़ाई भी करनी पड़ती है। रंग रोगन के बाद फ़र्श पर कितना कचरा फ़ैल जाता है। काम वाली बाई भी नौंटकी करने लगती है। आपका क्या है, जब देखो तब कम्पयूटर पर डटे रहते हो। थोड़ा भी ध्यान न दूं तो सारा काम ऐसे ही पड़ा रहे। आखिर सारा काम मुझे ही करना पड़ता है। मैं सिर झुकाए खाने में व्यस्त हूँ। आदेश सुनाई दे गया। अब कल की कल देखी जाएगी।

दृश्य-4

रात के 10 बज रहे हैं और मैं नेपाल यात्रा के पोस्ट लेखन से जूझ रहा हूँ। सब कुछ याद है कि कुछ भूल रहा हूँ। कीबोर्ड की खटर पटर जारी है। इसी बीच मालकिन का आगमन होता है - रविवार को बच्चों के कपड़े लेने जाना है। फ़िर सब छंटे छंटाए मिलेगें।
चले जाना भई, मैने कब रोका है। - मैने कीबोर्ड खटखटाते हुए कहा।
आप सारा दिन इसी में लगे रहते हो। कभी फ़ुरसत है यह सब सोचने की।
अरे! सारे ही सोचने लग जाएगें तो काम बिगड़ जाएगा। परिवार का काम यही है कि सब सोचें और कार्य पर विजय पाएं। अब मैं भी सोचने लग गया तो तुम्हारे लिए सोचने के लिए क्या बचेगा। इसलिए जिसका काम उसी को साजे, नही साजे तो डंडा बाजे।

दृश्य-5

कीबोर्ड विराम मोड में है और माऊस का काम चल रहा है। पोस्ट में फ़ोटो अपलोड हो रही हैं। दिमाग सोचनीय मोड में है। इसी घर में बचपन में देखते थे कि पितृपक्ष समाप्ति और नवरात्रि के पहले दिन से ही दीवाली के काम शुरु हो जाते थे। कामगारों की रेलम पेल। खेत से फ़सल आने की तैयारी। खलिहान की लिपाई शुरु हो जाती थी। उरला गाँव का बुधारु टेलर सिलाई मशीन लेकर बैठक की परछी में डेरा लगा लेता था। पंजाबी की दुकान से थान के थान कपड़े आते थे और सभी बच्चों के नाप के हिसाब से 2-2 जोड़ी कपड़ों की सिलाई शुरु हो जाती थी। स्कूल से आते ही पहला काम होता था कि आज टेलर ने किसके कपड़े सीले हैं और कल किसकी बारी है। कपड़े की दुकान घर पर ही खुल जाती थी। टेलर की भी मौज हो जाती थी, एक ही घर के कपड़े सीने में उसकी दीवाली मन जाती थी।

दृश्य-6

पेंटर काम पे लगे हुए हैं, उनकी सहायता के लिए उदय महाराज तैयार हैं, कभी इस डिब्बे की ब्रश उस डिब्बे में तो कभी इधर का पेंट उधर। हम कम्प्यूटर पर चिपके हुए हैं। कभी झांक कर देख लेते हैं क्या काम हो रहा है। आप यहाँ बैठे है और उदय उन्हें काम नहीं करने दे रहा है - तमतमाते हुए मालकिन का आगमन होता है।
उदयSSSSSSS! क्यों फ़ालतू परेशान कर रहा है। काम करने दे। चल तुझे एक काम देता हूँ, देख कितनी सारी तितलियाँ बाड़े में उड़ रही हैं। दो-चार सुंदर की फ़ोटो ही खींच ले। कम्प्यूटर का वाल पेपर बनाएगें। खुशी खुशी उदय कैमरा लेकर मंदिर की तरफ़ चला जाता है।
ये श्रुति भी न, जब काम होगा तभी स्कूल जाएगी। नहीं तो छुट्टी कर लेती है। काम के बोझ के नीचे कोई नहीं आता। सारा दिन रात खटना पड़ता है। तब कहीं जाकर दीपावली का काम निपटता है। अभी तो बिजली मिस्त्री को बुलाना है। 2 महीने से बाहर की ट्यूब लाईट खराब पड़ी है। उसे ठीक करवाना है। कोई ध्यान ही नहीं देता। - मालकिन बड़बड़ा रही थी।

दृश्य-7

पेंटर आधा अधूरा काम छोड़ कर गायब हो गए हैं ।मालिक साहब स्टूल पर चढे दीवाल पर रोगन चढा रहे हैं। अरे! इतना तो रंग मत टपकाओ। फ़र्श पर गिरने के बाद चिपक जाता है, साफ़ नहीं होता।
अब ब्रश से चूह जाता है तो मैं क्या करुं? कौन सा मैने पेंटिंग का कोर्स किया है। अब काम वाले नहीं आए तो मैं क्या करुं। ब्लेड से खुरच कर साफ़ कर दूंगा। दीवाली का काम है करना ही पड़ेगा। वरना कौन सुबह-शाम सिर पर बेलन बजवाएगा। हाँ नहीं तो। जरा ड्रम इधर खिसकाना तो।
ये छिपकिलियाँ बहुत परेशान करती हैं। जहाँ देखो वहीं घुसे रहती हैं। फ़ोटो के पीछे, कपड़ों के पीछे, आलमारी के पीछे। किताबों के सेल्फ़ में। मरती भी नहीं है। कोई इलाज नहीं है क्या इनका?
इलाज तो मुझे भी नहीं मालूम। फ़ेसबुक पर लिख कर मित्रों की राय ले लेता हूँ। अगर वे कोई समाधान बताएगें तो अमल में लाया जाएगा।
फ़ेसबुक पर लगाया हुआ महत्वपूर्ण स्टेटस, ही-ही बक-बक की बलि चढ जाता है। लेकिन मगरमच्छ की बहनों से पैदा हुई समस्या का हल नहीं मिलता।

दृश्य-8

पटाखे लाने हैं कि नहीं?
क्या करना है पटाखे लाकर। पिछले साल ही 2500 के लाए थे और किसी ने चलाए भी नहीं। अभी तक पड़े हैं घर में। फ़ालतू खर्च करने से क्या हासिल होगा।
दीवाली है, लोग पटाखे चलाते हैं। फ़िर आदि, हनी, श्रुति, श्रेया, उदय को तो पटाखे चलाने हैं। आप चलाओ चाहे न चलाओ।
रोज अखबार वाले और टीवी वाले कह रहे हैं कि पटाखे चलाने से ध्वनि प्रदूषण एवं वायू प्रदूषण होता है। साथ ही आचार संहिता लगने के कारण आज ही चुनाव आयोग का मेल-पत्र आया है कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पटाखे चलाने पर प्रतिबंध है। अब पटाखे चलाने वालों को पुलिस पकड़ कर ले गई तो समझो मन गई दीवाली। - मैने टालने की कोशिश करते हुए कहा।
कोई पुलिस वाला पकड़ कर नहीं ले जाएगा। साल भर का त्यौहार है, इस दिन भी क्या पटाखे नहीं चलाने देगें। जाओ लेकर आओ और ज्यादा पटाखे नहीं लाना। सभी एक एक पैकेट ले आना।
बाजार से वापसी लौटते हुए उदय के पास एक बड़ी पालिथिन में भरे हुए पटाखे दिखाई देते हैं। इतने सारे क्यों ले आए? मैने तो थोड़े से लाने कहा था।
मुझसे थोड़ा सामान नहीं खरीदा जाता। साला ईज्जत का कचरा हो जाता है। तुम्हे थोड़ा सामान खरीदना हो तो किसी और से मंगवा लिए करो। मुझे मत कहे करो। हाँ ! साथ में लट्टूओं की झालर भी ला दी हैं 6 नग। मुझे मत कहना फ़िर बाजार जाने के लिए।

दृश्य- 9

आम के पत्तों को तोड़ कर नंगा करने पर तुले हैं नंदलाल और उसके लड़के। अरे! सारे पत्ते तुम ही तोड़ ले जाओगे तो दीवाली में हम कहाँ से लाएगें? मैने उन्हें झिड़कते हुए कहा।
दादी से पूछ कर तोड़ रहे हैं।
ले भई, जब दादी ने कह दिया तो पूरा पेड़ ही उखाड़ कर ले जाओ। कल तो कुछ मरदूद फ़ूल तोड़ने भी आएगें। - मैने कहा
तब तक मालकिन भी मैदान में आ जाती है- सब इन्हीं लोग ले जाते हैं दादी की सिफ़ारिश से, हमारे लिए तो बचते ही नहीं। आंगन लीपने के लिए गोबर भी नहीं आया है। श्रुति रंगोली का सारा सामान लेकर आ गई है। गोबर आएगा तो लीपा जाएगा, तब रंगोली बनेगी। इतवारी के लड़के को कब से खोवा (मावा) लाने कही हूँ, अभी तक लेकर नहीं आया है। कितना काम पड़ा है। कब खोवा लेकर आएगा तो कब गुलाब जामुन बनेगें।
मैने तो मना कर दिया था खोवे के लिए। आजकल खोवा खराब आ रहा है और मंहगा भी कितना है। 10 रुपए किलो में कोई कुत्ता भी नहीं पूछता था। आज 400 रुपए किलो हो गया है। वह भी शुद्ध होने की कोई गारंटी नहीं। नकली खोवा खाओ और अपनी तबियत खराब करो। 400 का खोवा और 1400 की दवाई।
आपकी चले तो कोई त्यौहार भी न मने। मैने कहा है उसे खोवा लाने के लिए। अगर तबियत खराब होगी तो मेरी होगी। देखा जाएगा, कम से कम दीवाली तो जी भर के मनाएं।

दृश्य -10

बरगद के पेड़ के नीचे कैमरा लिए बैठा हूँ, कुछ बगुले गाय की पीठ पर सवार हैं और लछमन झूला झूलने का मजा ले रहे हैं। बाड़े में चारों तरफ़ नजर दौड़ाता हूँ तो सूना सूना लगता है। लगता है जैसे काटने को दौड़ रहा हो। कभी इसी जगह पर त्यौहार पर 40-50 परिजन इकट्ठे होते थे। उस आनंद के कहने ही क्या थे। लक्ष्मी पूजन करने के बाद आशीर्वाद लेने-देने का क्रम चलता था और आतिशबाजी रात भर चलती थी। अब ऐसा कुछ नहीं है। कुछ बाहर चले गए, कुछ धरती में समा गए। कुछ अलग हो गए अपने - अपने कुटूंब कबीले को लेकर।
कैसा मजा रह गया है अब इन त्यौहारों का? सिर्फ़ परम्परा का निर्वहन हो रहा है। कल जब लोग पूछेगें कि दीवाली कैसी मनी? तो उन्हें बताने के लिए भी कुछ होना चाहिए। इन परिवार नियोजन वालों ने दुनिया का सत्यानाश कर दिया। वरना एक परिवार की दीवाली इतनी बड़ी होती थी, जितनी आज सारे मोहल्ले की होती है। 8-10 बच्चे होते तो उनकी उछल कूद और उत्साह से लगता कि आज कोई त्यौहार है। जब वे नए कपड़े पहन कर उत्साह से फ़ूलझड़ियाँ चलाते, आतिशबाजी करते। कोई किसी के पटाखे चुराकर जला देता तो किसी की पतलून के पांयचे में चकरी के पतंगे लग जाते। कितना आनंद होता उस दीवाली का।

क्या सोच रहे हो? चाय पीलो और मैने पानी गर्म कर दिया है, नहा धोकर तैयार हो जाओ। पूजा का मुहूर्त 6 बजे का है। आज तो कम से कम आलस छोड़ दो।

इस तरह संसार के रंगमंच पर न जाने कितने ही दृश्यों में पात्र को अभिनय करना पड़ता है और जीना पड़ता है इस दुनिया की वास्तविकता को। जो सपनों से तथा कल्पनाओं से कहीं अलहदा होती हैं। सभी मित्रों की दीप पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं

मंगलवार, 13 नवंबर 2012

तुम ही कहो ........ ललित शर्मा

तुम ही कहो
कैसे मनाऊँ दीवाली?
महंगी हुई है शक्कर
महंगा हुआ आटा दाल
बाजारों में आग लगी
निर्धन का कौन हवाल
तुम ही कहो .........

रंग रोगन से
लिपे पुते घर
लक्ष्मी आए आँगन में
धन हो जिसका रोज निवाला
बरसे उस ठग के आँगन में
सत्य हमेशा ठगा रहेगा?
यह है एक सवाल
तुम ही कहो ........

दिन-रात की
हाड़-तोड़ मेहनत
एक दीए की आशा में
लगी रही नजरें उसकी
कुछ धन की प्रत्याशा में
लाऊँ कहाँ से फुलझड़ी
राह देखे बाल-गोपाल
तुम ही कहो ........

फिर भी लक्ष्मी
तेरा स्वागत है
मेरे घर की दुवारी पे
मुझ पर तू रीझ जाए
खिले फूल फुलवारी में
जो भी है करूँ अर्पण
दे जाए तू कुछ माल
तुम ही कहो .........



तन मन हो आलोकित, अंतरतम हो उजियार
आप सभी हो मुबारक , दीपावली का त्यौहार ..........

सभी मित्रों को दीप पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं

मंगलवार, 25 अक्टूबर 2011

गृहलक्ष्मी का उल्लू......

सभी देवताओं एवं देवियों के पास निजी वाहन हैं, वाहन के विषय में सबकी अपनी-अपनी पसंद है। किसी को गरुड़, किसी को भैंसा, किसी को शेर, किसी को चूहा,  किसी को नंदी बैल, किसी को मोर, किसी को एरावत पसंद है। संसार को चलाने के लिए अर्थ की आवश्यकता होती है और धन की देवी लक्ष्मी को उलूक वाहन पसंद आया। तब से उल्लू की प्रतिष्ठा में चार चाँद लग गए। उल्लू धन की देवी के सानिध्य में रहकर प्रतिष्ठा पा रहा है। उल्लू के साथ उल्लू का पट्ठा और फ़िर उसका पट्ठा अर्थात पूरा खानदान ही धन तक पहुंचने का स्रोत बन गया। धन तो हर किसी को चाहिए। किसी बड़े मंत्री-संत्री का चालक महत्वपूर्ण होता है क्योंकि सबसे नजदीक और विश्वसनीय वही होता है। अगर किसी को कोई काम हो मंत्री संत्री से तो उस तक पहुंचने का उपयुक्त साधन निश्चित ही चालक है। अगर किस्मत ने साथ दिया तो बड़े-बड़े कार्य भी चालक के माध्यम से सध जाता है। लक्ष्मी जी का वाहन स्वचालित है उसके लिए चालक की आवश्यकता नहीं। इसलिए विचार करके जब से लक्ष्मी ने उल्लू को अपना वाहन बनाया। तब से उल्लू भी उलूकनाथ देव हो गए। चतुर देव उल्लू बनाकर अपना मतलब साध रहे हैं। लक्ष्मी स्तूति के साथ उलूक स्तुति भी हो रही है।

लक्ष्मी को उल्लू पसंद आने का प्रमुख कारण उसका उल्लू होना है। प्रत्येक गृहलक्ष्मी को स्वचालित उल्लू ही पसंद है, जो उंगली के इशारे पर नाचता फ़िरे। अलाद्दीन के चिराग के जिन्न की तरह "क्या हुक्म है मेरे आका" की तर्ज पर हाजिर रहे। गृहलक्ष्मी चाहती है कि उसका उल्लू सिर्फ़ उसके लिए ही उल्लू हो, पर संसार के लिए न हो। उल्लू के गुण उसे गृहलक्ष्मी के प्रिय बनाते हैं। सिर्फ़ सुनने वाले और जवाब न देने वाले उल्लू की बाजार में मांग अधिक है। बाजार में उल्लुओं की लाईन लगी है, दीवाली डिस्काऊंट पर मनचाहा उल्लू किश्त में भी बुक कराया जा सकता है, लेकिन उल्लू की डिलवरी देव उठनी एकादशी के बाद प्रारंभ होती है। क्योंकि एकादशी के पूर्व सभी साक्षी देव निद्रा में होते हैं और साक्ष्य होश-ओ-हवास में लिया-दिया जाता है। ताकि सनद रहे वक्त जरुरत पर काम आवे। उल्लू के कार्यों को देखते हुए कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए इसकी पूजा का विधान भी बनाया गया है। साल भर पूजा न हो पर करवा चौथ के दिन सभी गृहलक्ष्मियाँ अपने-अपने उल्लू की दीर्घायु की कामना करते हुए पूजा कर लेती हैं। इससे उल्लू भी निहाल हो जाते हैं और गृहलक्ष्मी भी प्रसन्न, चलो एक बार फ़िर उल्लू को खुश करके उल्लू बनाया।

कुछ उल्लू बने बनाए होते हैं, कुछ बनाने पड़ते हैं। सूर्योदय होते ही उल्लू बनने और बनाने का सिलसिला प्रति दिन शुरु हो जाता है। दूध वाला पानी मिला कर ग्राहक को उल्लू बना जाता है, जब तक दूध में से मेंढक निकल कर बाहर नहीं आए तब तक पता नहीं चलता कि दूध वाला उल्लू बना गया। काम वाली बाई डुबकी मार जाती है तो गृहलक्ष्मी बड़बड़ाती है कि आज फ़िर उल्लू बना गयी। दफ़्तर में बाबू सोचता है कि साहब एक दो फ़ाईलों पर बिना पढे ही साईन कर देते तो कुछ नगद का इंतजाम हो जाता। बस कंडक्टर को सवारी उल्लू बनाने के चक्कर में रहती है तो दुकानदार ग्राहक को डुप्लीकेट सामान थमा कर। ग्राहक दुकानदार को चूरन नोट देकर उल्लू बनाने की कोशिश में रहता है। लड़का बाप को उल्लू बना जाता है, स्कूल में फ़ंक्शन के नाम पर पैसे वसूल कर दोस्तों के साथ गुलछर्रे उड़ा रहा होता है। लड़की सहेली के घर जाने के नाम पर मुंह पर स्कार्फ़ बांध कर अपने ब्वायफ़्रेंड के साथ लांग ड्राईव पर निकल जाती है। सब्जी वाला कम तोल कर ग्राहक को उल्लू बनाता है तो ग्राहक भी सब्जी वाले को फ़टा नोट पकड़ा कर उल्लू बनाने के जुगाड़ में रहता है।

उल्लू बनना बनाना सतत चलने वाली प्रक्रिया है। कुछ उल्लू होने के स्वाभाविक गुणों के कारण बड़े -  बड़े पदों पर विराजमान हैं। अगर उल्लूपना नहीं होता तो उनकी सात पुश्तें भी कुर्सी पर बैठना तो दूर,  उसके नजदीक भी नहीं फ़टक सकते थे। राजनीतिज्ञों की भी प्रिय पसंद उल्लू ही हैं। जो भी आदेश मिले पार्टी का, उसे शिरोधार्य करके काम में लग जाओ। अगर किसी बिना तनख्वाह के उल्लू ने उल्लूपना छोड़कर बंदा बनने की कोशिश की तो उसको ऐसा वनवास दिया जाता है कि वापसी की सम्भावनाएं ही खत्म हो जाती हैं। उल्लू बनने के लिए लोग तैयार खड़े हैं बस बनाने वाला चाहिए। देश की जनता तो 60 बरस से उल्लू बन रही है, मंहगाई कम करने का वादा करके 10 गुनी मंहगाई बढा दी जाती है। उल्लू बनाकर नेता अपना घर भर रहे हैं, सरकार भी दो चार नेताओं को जेल में डाल कर जनता को उल्लू बना रही है। जनता उल्लू जैसे आँखे फ़ाड़ कर देख रही है दिल्ली की तरफ़, इसके अलावा कोई दूसरा चारा भी नहीं है। उल्लू बनना जो किस्मत में लिखा है।

कोई उल्लू बनाने में कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहता। विभिन्न उत्पादों के उल्लू बनाने वाले विज्ञापन अखबारों से लेकर चौक चौराहे पर लगे हुए हैं। दीवाली के अवसर पर लोग उल्लू बनने सज-धज के बाजार में निकलते हैं, आधे से अधिक लोगों को विज्ञापन ही घर से बाहर खरीदी के लिए निकालते हैं। कभी जरुरत होने पर ही सामान खरीदे जाते थे, अब गृहलक्ष्मी उल्लू को उल्लू बनाने लिए कुछ भी खरीद लाती है और एक के साथ एक या दो सामान फ़्री में मिलता हो तो फ़िर क्या कहने। रुमाल की जरुरत हो तो फ़्री में पाने के लिए साड़ी खरीद लो, बैग की जरुरत हो तो सूटकेश खरीद लो। टूथ ब्रश की जरुरत होतो, पेस्ट खरीद लो, कैमरे की जरुरत हो तो लैपटॉप खरीद लो, बेचारा उल्लू क्या करेगा? बस आँखे फ़ाड़-फ़ाड़ कर देखेगा। बर्दास्त से बाहर हो जाएगा तो फ़ेसबुक पर दो लाईन लिख कर भड़ास निकाल लेगा या ब्लॉग पर एक पोस्ट लगा लेगा। हमने भी आपको उल्लू बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी, अपने उल्लू होने का प्रमाण देते हुए एक फ़ालतू सी पोस्ट लिख कर उल्लू बना कर पढवा दी। कोई कितना भी उल्लू बनने से बचना चाहे पर लेकिन लक्ष्मी की कृपा से उल्लू बनने और बनाने का सिलसिला जारी रहेगा।

दीपावली की हार्दिक शु्भकामनाएं, ज्योति पर्व आपके जीवन में उल्लास, समृद्धि, शांति, धन-धान्य लेकर आए।

शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2011

निगाह जलती हुई ढिबरी पर -- ललित शर्मा

कनागत (पितृ पक्ष) समाप्त होते ही घरों में साफ़-सफ़ाई का कार्य प्रारंभ हो जाता है। दीवाली ही एक ऐसा त्यौहार है जिसमें घरों की सालाना मरम्मत होती है, छबाई-मुंदाई के साथ-साथ लिपाई पोताई। सभी घरों में एक साथ ही काम चलता है। इसके साथ फ़सल पकने का समय भी आ जाता है, खेत में पानी पलाने से लेकर, पैरा डोरी (धान का बोझा बांधने की रस्सी) बांटने का काम द्रुत गति से जारी रहता है। हरुना धान (जल्दी पकने वाला) आने के कारण भराही गाड़ा भी चलता है। किसान भी चाहता है कि दीवाली से पहले कुछ धान घर में आ जाए तो बेचकर दीवाली का त्यौहार ठीक-ठाक सामर्थ्य के अनुसार मना लिया जाए। चारों तरफ़ काम बोझ, मजदूरों के अभाव में निठल्लों की मौज हो गयी, काम कम और दाम अधिक, रामराज्य के 2 रुपए चावल का असर इतना अधिक हुआ कि दीवाली पर साफ़ सफ़ाई करने के लिए मजदूर ही उपलब्ध नहीं हैं। एकाध मिल गया तो बड़ी बात। अब लगता है कि अपना हाथ जगन्नाथ ही ठीक है।
वाश बेसिन का नल खराब हो गया, चूड़ी जाम होने के कारण मेरे से खुला नहीं। उसे अब काट कर निकालना पड़ेगा। तीन दिनों से प्लम्बर को ढूंढ रहा था। शाम को वह एक दुकान में बैठा मिल गया। बोला कि कल सुबह मुझे मोबाईल पर मिस काल कर देना पहुंच जाऊंगा। इधर व्यस्तता बढने के कारण सुबह उसे मिस काल नहीं दे पाया। शाम को फ़ोन लगाने पर उसने बताया कि ड्रिंक कर लिया हूँ, पीछे से मुर्गों के बासने की आवाज आ रही थी। मैने कहा कि त्यौहार की तैयारी हो गयी क्या? मुर्गे को झटका देने का टैम आ गया? बोला कि- अब काम में नहीं आ सकता, एक जगह दस हजार में ठेका लिया था, काम पूरा होने के बाद भी मजदूरी नहीं दे रहा है, दो दिन से साहब को बोल रहा हूं, मजदूर सिर पर चढाई कर रहे हैं। इसलिए आज उनकी सेवा (दारू सेवा) कर दिया। दो चार दिन सेवा का असर रहेगा तब तक मजदूरी मिल जाएगी। वाश बेसिन का नल निर्बाध चल रहा है। :)

पेंटर के पहुंचने पर पेंटिग का सामान लेने गया। उसका बताया सामान लेकर आया। हॉल में बरसों से एक ही रंग लग रहा है। दूकानदार से वाईल्ड लीलाक कलर मांगा। एसियन पेंट का डिब्बा उसने थमा दिया, दो लीटर के पैक पर 1188 रुपए मूल्य लिखा था, उसने मेरे से 120 रुपए लिए, मैने सोचा की माल सस्ता हो गया है। घर लाने पर पेंटर ने देखा कि रंग तो पहले लगे रंग से मैच नहीं कर रहा था। उसे लौटाने के लिए फ़िर जाना पड़ा। मैने दुकानदार से कहा कि - सब नकली माल रख रखा है, वह बोला असली ही है, बड़े पालिथिन पैक की पैकिंग फ़ूट गयी इसलिए 2-2 किलो के डिब्बे में डाल दिया था। अब असलियत सामने आ गयी। एसियन पेंट के डिब्बे में नकली माल धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। मैने दूसरा डिब्बा लिया, वो एसियन का ट्रेक्टर ब्रांड था, डिब्बा पहचान में आ गया, यही लगता है हमेशा। मतलब दीवाली के नाम पर धड़ल्ले से ठगी जारी है। उसे दो-चार गालियाँ दी कि-तुम सुधरने वाले नहीं हो।

बाड़े में घास अधिक हो गयी, लगातार बरसात होने के कारण उसका उपाय नहीं हो सका, कुछ कांग्रेस घास(गाजर घास) के बीच भी बह कर आ गए और घर के आस-पास उग गए। उदय इनके बीच ही सायकिल चलाता है, मना करने पर भी नहीं मानता, पिछले हफ़्ते रोज रात को खांसता था, एक दिन कहने लगा कि डकार नहीं आ रही, बड़ा व्याकुल दिखा, उसे डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि एक फ़ेफ़ड़े में कफ़ जमा हो गया है। 5 दिन दवाई लेने के बाद ठीक हुआ, यह गाजर घास का दुष्प्रभाव था, लगभग डेढ एकड़ की घास साफ़ करने के लिए मजदूर तो मिलना मुश्किल था, इसलिए घास खत्म करने वाली दवाई छिड़कने के लिए एक मजदूर बुलाया, दवाई कुछ मंहगी है पर घास का उपचार अच्छी तरह से कर देती है। बस छिड़कने के बाद दो-चार घंटे तक बरसात नहीं होनी चाहिए, दवाई छिड़कने का शुरु हुआ तो एक घंटे बाद ही जमकर बरसात हुई, दवाई सब धुल गयी। मतलब गयी भैंस पानी में। करलो खेती, भर लो दंड। आस पास की गाजर घास की छिलाई करवानी पडी, अब फ़िर किसी दिन दवाई का उपयोग किया जाएगा।

दीवाली चोरों के लिए भी है, चोरी उनकी पेट रोजी है, जो भी मिल जाए दीवाली के समय, उठाओ और चलो। पुलिस को दीवाली खर्चा उपर तक पहुंचाना पड़ता है। पिछली दीवाली पर शाम को मैं कहीं गया हुआ था, शालिगराम जी आए थे, जब घर वापस आया तो वे गेट के बाहर खड़े मिले। मुझे किसी अनिष्ट की आशंका हुई, पहुंचने पर उन्होने बताया कि बाड़े में चोर घुसे और कार की हेडलाईट निकाल रहे थे, खट-पट की आवाज सुनकर माता जी बाहर आई तो वे भाग गए, देखा तो कार की लाईट सलामत थी पर स्कूटर की हेडलाईट गायब थी। छोटी सी चोरी के लिए क्या पुलिस थाना जाएं, लोग बड़ी-बड़ी चोरी होने पर नहीं जाते, कौन झमेला करे? थ्री चीयर्स के बाद चोरों के मोहल्ले में ही पहुंच गया। चोरों के सरदार की खबर ली और कहा कि सुबह तक स्कूटर की हेडलाईट कौन ले गया है? मुझे खबर कर देना। सुबह जब सो कर उठा तो गेट के सामने स्कूटर की हेडलाईट लिए दो बंदे खड़े थे, उनका मुखिया बोला- माफ़ कर देना महाराज, ये मेरा दामाद है, अनजाने में इधर चोरी करने घुस गया, कुछ दीवाली खर्चा-पानी निकालने।

थाने के मुंशी को चोरों के ठिकाने का पता था और याराना भी, क्योंकि मुखबिरी भी इनसे ही करानी पड़ती है। एक बार दीवाली पर छेदक चोरहा का दांव कहीं नहीं लगा। दीवाली सूखी ही जा रही थी, मुंशी रोज पहुंच जाता था दीवाली खर्चा के लिए, कभी सिपाही भेज देता था। हलाकान होकर छेदक ने मुंशी के घर पर ही हाथ साफ़ कर दिया। मुंशी चोर ढूंढता रहा, उसे पता ही नहीं चला किसने चोरी की। छेदक के घर पहुंचा, वहाँ जुआ की महफ़िल जम गयी, मुंशी भी ढिबरी की लाईट में दांव पर दांव लगाने लगा। अचानक उसकी निगाह जलती हुई ढिबरी पर पड़ी, उसने पहचान लिया कि ढिबरी तो उसी के घर की है :), छेदक से पूछताछ की तो उसने बता दिया कि उसी के घर का माल है। मुंशी उसे पकड़ कर थाने ले गया तो दरोगा साहब से छेदक चोरहा ने सच-सच बता दिया कि मुंशी और सिपाही रोज हलाकान करते थे तो मुझे मजबूरी में मुंशी की वाट लगानी पड़ी। मतलब यह है कि दीवाली पर काम के साथ खर्च भी बढ जाता है। खर्च पूरा करने के लिए इंतजाम तो करना पड़ता है।


सोमवार, 8 नवंबर 2010

एक युद्ध खत्म हुआ--अगले युद्ध की तैयारी-----ललित शर्मा

कई महीनों से रसद एकत्रित की जा रही थी, गोले-बारुद और मन पसंद बंदूक-पिस्टल संभाली जा रही थी। कब युद्ध हो और सारा असला काम आए। वह दिन आ ही गया जिसका इंतजार था। निश्चित समय पर गोली बारी शुरु हो गयी। सहसा धमाकों की बाढ आ जाती है। गोलियों की बौछार लगातार हो रही है। इधर सम्पर्क साधा जा रहा है, हेलो हेलो चार्ली हियर हेलो हेलो कुमुक भेजो। गोलियां रुक रुक कर चलती हैं कुछ देर बाद। शुरुआत में जोश था कि फ़तह कर लेंगे। अब सारी रात रह रह कर धूम धड़ाके हो रहे हैं। तभी सुबह होते ही युद्ध विराम हो जाता है।पौ फ़टते ही यत्र तत्र युद्ध के अवशेष ही दिखाई पड़ते हैं। सारे सैनिक निढाल पड़े हैं। कोई यहां कोई वहां। गोलियों के खोखे और ग्रेनेड के सिक्के कुछ लोग सकेल रहे हैं। कुछ लोग निढाल सैनिकों की मरहम पट्टी कर रहे हैं। यही नजारा दिख रहा है। एक युद्ध आया और गुजर गया। याने विराम हो गया। तुफ़ान गुजर जाने के जैसी स्थिति दिख रही है या बेटी की बारात जाने के बाद के बाद की सुबह जैसी बात है। चहुं ओर सन्नाटा।
 
यह कोई युद्ध नहीं है लेकिन युद्ध जैसा ही है। दीवाली के त्यौहार की तैयारी और उसके जाने के बाद बस ऐसा ही कुछ लग रहा है। एक महीने पहले से तैयारी चल रही थी सभी व्यस्त थे, घर का हर प्राणी तैयारी में लगा हुआ था। एक-एक दिन गिने जा रहे थे। दीवाली के इंतजार में। माता जी चिंतित दिख रही थी कि कुम्हारी नहीं आई है दीए लेकर, अब बाजार से ही लाने पड़ेंगे जा कर।हमारी खानदानी कुम्हारी ही दीए लेकर आती है, तीन पीढियाँ तो मुझे देखते हो गए। पहले उसकी सास आती है अब बहु दिए लेकर आती है। श्रीमति कहने लगी कि लाई वाली (खील लाने वाली ढिमरी) नही आई है। इसे भी त्यौहार से पहले खील लाते देख रहा हूँ बचपन से। बिना खील के पूजा नहीं होती। इसलिए खील जरुरी है। इनके आते ही कुछ काम कम हो जाता है। 

अरे अभी तक पेंटर नहीं आए हैं। बहुत कम दिन रह गए हैं। उन्हे पकड़ कर लाओ। आंगन की घास नहीं छीली गयी है, कितना खराब दिख रहा है। गेट पर पेंट कराओ अब उस पर जंग लग गया है। समय बचा ही कहां है? दीवाली सर पर आ गयी है। चन्दु को पेंसिल जीन्स चाहिए।सलमान के जैसी। उसे तो वही लेना है। बस एक ही राग चल रहा है “मुन्नी बदनाम हूई तेरे लिए” ये जनाब मुन्नी को इतना बदनाम कर चुके हैं, इतना तो सलमान ने भी नहीं किया। एक स्कार्फ़ और चश्मा मिलते ही “दबंग दबंग दबंग”।

एक और रुठ कर बैठी है कि उसे तो स्कूटी चाहिए और कुछ नहीं चाहिए। अरे स्कूटी तो ऐसे कह रहे हैं जैसे तीन चक्के की सायकिल लेनी हो। सभी की अपनी फ़रमाईश। अब स्कूटी आ गयी तो अल सुबह चल दिए चलाने मैदान में और धड़ाम। स्कूटी उपर ये नीचे, स्कूटी भी तोड़ लाए, साथ में टांग भी फ़ोड़वा आए। दीवाली है कुछ तो धमाका होना चाहिए। दो घंटे तो ये भी नहीं बताए की टांग की मरम्मत हो गयी है। जब रुई और डेटाल ढूंढने लगी तो पता चला कि स्कूटी के साथ टांग की मरम्मत हो गयी है।रंगोली बनाने से पीछा छूट जाएगा। लेकिन छूटा नहीं, रंगोली बनानी ही पड़ी।
 
फ़िर पकवान बनाने की जद्दोजहद में लगे। खोवा (मावा) लेकर नहीं आया है, पहले ही बोल दिया था उसे धनतेरस को मावा ले आना। अरे आ जाएगा, जब 30 साल से मावा दे रहा है तो आज ही छुट्टी थोड़ी कर देगा। लो मावा वाला भी आ गया, अब तैयारी शुरु करो। अब आखरी काम बच गया आंगन की गोबर से लिपाई, गोबर से लिपाई जरुरी है, तभी तो लक्ष्मी जी घर आएंगी। ये महरी भी न जाने ऐन वक्त पे कहां मर जाती है।अंतिम क्षणों तक बस तैयारी चलती ही रही।
 
उदय, आदि, हनी को पिस्टल चाहिए पटाखे वाली, किसी को बड़े वाले अनार, कोई बड़ी फ़ुलझडियों की डिमांड कर रहा है। एक ने फ़रमाईश की, ईको फ़्रेंडली पटाखे चाहिए चाईना वाले। लो कर लो बात, अरे सारी डिमांड एक साथ कर दो फ़िर बाद में कुछ नहीं मिलेगा। एक लिस्ट बना कर दो। जब लिस्ट पटाखे वाले के पास पहुंची तो मत पूछो, जैसे सारे पटाखे वहीं चल गए।3800 का बिल बना दिया। जब घर पहुंचे तो श्रीमति जी ने बोली कि इतने के पटाखे लाने किसने कहा था? लिस्ट तो तुम्ही लोगों ने दी थी। उसी पर अमल किया है। करो तब मरो नही करो तब मरो।

अभी तक रंगीन बल्बों की झालर नहीं लगी हैं घर पर, जल्दी से लगाओ, देखो पड़ोसियों के यहां पर तो दो दिन पहले से ही लग जाती हैं, अब इस कम्पयुटर से पीछा छूटे तब तो कुछ करोगे। लगाते हैं भई इतना गरम होने की क्या जरुरत है। बालुशाही जल जाएगी। तोड़ा ठंड रखो।जितनी तैयारी हम दीवाली मनाने के लिए करते हैं समझ लो उतनी तैयारी एक युद्ध के लिए भी होती है। दोनों में कोई खास फ़र्क नहीं है। इधर भी धूम धड़ाका और उधर भी धूम धड़ाका। परम्परागत ढंग से पूजा करके दीए रौशन किए गए, लक्ष्मी जी पूजा हुई और पटाखे शुरु। रात भर पटाखे चलाते रहे। इधर फ़ोन भी घनघनाते रहे। युद्ध जीतने की बधाईयों का आदान प्रदान प्रारंभ हो चुका था और हम इधर नेट पर टिपियाने बैठ गए। सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।