बरसात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बरसात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 3 सितंबर 2012

बरसात में जहरीले सांप-बिच्छू बचाव ---- ललित शर्मा

बरसात होते ही जहरीले कीड़ों और सांप के दंश के खतरे बढ जाते हैं। बिलों में पानी भरते ही ये बाहर निकल आते हैं सुरक्षित जगह की तलाश में शिकार हो जाते हैं मनुष्य के हाथों या फ़िर मनुष्य और मवेशी को डस लें तो उनकी मौत हो जाती है। बरसात के मौसम में सर्प के दंश की शिकायतें बढ जाती है। प्रतिदिन ही समाचार मिल जाते हैं सर्प दंश के शिकार होने के। असावधान होकर लोग अनजाने में ही काल का ग्रास बन जाते हैं। किसी स्थान पर मनुष्य का बसेरा करने से पहले वहाँ पर सांप या जहरीले जीव जंतुओं का ही वास रहता है। उनके निवास स्थान पर मनुष्य अपना निवास स्थान बना लेता है तो ये भी अपने निवास की खोज में मनुष्य के घर, बाड़ी, मवेशियों के कोठे में घुस जाते हैं। मनुष्य द्वारा थोड़ी सी असावधानी हुई या अनजाने में इन पर पैर या हाथ पड़ा तो वह शिकार बन जाता है। मनुष्य और सांप दोनो एक दूसरे से भय खाते हैं और अपने प्राण बचाने के प्रयास में एक दूसरे पर हमला कर बैठते हैं।

सर्प का नाम सुनते ही आदमी को पसीना आ जाता है। सामने मिलने पर भय से कांपने लगता है। क्योंकि इसके विष की एक बूंद ही आदमी को मृत्यू के मार्ग तक पहुंचा देती है। ऐसा नहीं है कि सभी सांप जहरीले होते हैं पर भय अधिक असर करता है और उसके कारण भी हृदयाघात से जान चली जाती है। आम आदमी नाग (कोबरा) की सभी प्रजातियों को उसके फ़न होने के कारण पहचान लेता है, लेकिन अन्य जहरीले सर्प करैत, घोड़ा करैत, रस्सेल वायपर इत्यादि को नहीं पहचान पाता। सावन मास के प्रारंभ होने वाले चौमासे को नाग जाति के प्रजनन का समय माना गया है। इस समय संकोची और संवेदनशील माने जाने वाले सर्प मनुष्य से टकरा ही जाते हैं। समाज में सांपों को लेकर तरह-तरह की किंवदंतियाँ और कहानियाँ प्रचलित हैं। जो कि इनके प्रति भय का वातावरण बनाने के लिए काफ़ी होती हैं। जबकि सर्प चूहों और मेंढकों को खाकर पर्यावरण के साथ अनाज की रक्षा भी करते हैं।

विशेषकर छत्तीसगढ अंचल में तीन तरह के जहरीले सर्पों की प्रजातियाँ मिलती हैं। इनमें नाग (कोबरा) की कई प्रजातियाँ हैं, काला नाग, गेंहूआ नाग, एवं किंग कोबरा, घोड़ा करैत वायपर (यह दो से तीन फ़ीट तक की लम्बाई का होता है और काले रंग पर सफ़ेद पट्टियाँ होती है) करैत ( यह घोड़ा करैत से लम्बा होता है और धूवें के रंग पर सफ़ेद पट्टियां होती हैं।) अहिराज ( यह लम्बा होता है और काले रंग पर पीली पट्टियाँ होती हैं) इन्हे जहरीला माना गया है। कोबरा सांप के दंश से व्यक्ति की आँखों की पलकें स्वत: ही बंद होने लगती हैं तथा व्यक्ति को दो-दो दिखने लगता है। सांस लेने में तकलीफ़ होती है तो वह लम्बी सांसे लेता है। करैत के काटने से दंश वाले स्थान पर कोई दर्द नहीं पर व्यक्ति को नशा छाने लगता है और बेहोश होने लगता है। गर्मी लगती है। वाईपर का विष सबसे अधिक खतरनाक होता है और थोड़ी ही देर में अपना असर दिखाने लग जाता है। व्यक्ति की नाक से खून निकलने लगता है, शरीर पर नीले धब्बे पड़ने के साथ मूत्र में खून आने लगता है, विष के कारण गुर्दे काम करना बंद कर देते हैं, जिससे पांव में सूजन आने लगता है। ग्रामीण अंचल में सर्प दंश के शिकार को नीम की पत्तियाँ खिलाई जाती हैं। अगर नीम की पत्तियाँ कड़वी न लगें तो समझा जाता है कि किसी जहरीले सर्प ने डसा है और फ़िर उसका इलाज किया जाता है।

सर्प दंश होने पर ग्रामीण अंचल में बैगा-गुनिया से झाड़ फ़ूंक करवाने पर अधिक विश्वास किया जाता है। अगर सर्प जहरीला न हो तो वह दंश का शिकार व्यक्ति बच जाता है, यदि जहरीला सर्प हुआ तो झाड़ फ़ूंक के बाद भी व्यक्ति की मौत तय है। इसलिए सर्प दंश का पता चलने पर व्यक्ति की दंश की जगह को रस्सी से बांध कर तत्काल अस्पताल तक ले जाने की व्यवस्था करने में ही भलाई है। जहर का असर होने के विषय में सीधा सा फ़ार्मुला है, जितनी देर में दारु का नशा होता है उतनी ही देर में जहर दंश के शिकार की नसों में फ़ैल जाता है और शरीर की जीवन प्रणाली को ध्वस्त करने करने लग जाता है। यदि व्यक्ति समय रहते अस्पताल पहुंच जाता है तो बचने की संभावना अधिक रहती है। सर्प दंश की स्थिति में व्यक्ति को सोने नहीं देना चाहिए, अस्पताल पहुंचते तक उससे बातें करके ध्यान बंटाए रखना चाहिए। बरसात के मौसम में अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम तैय्रार रखा जाता है। जिसके इस्तेमाल से सांप का जहर उतर जाता है और व्यक्ति बच जाता है।

कुछ दिनों पूर्व छत्तीसगढ के लवन तहसील के ग्राम सरखोर की 55 वर्षिया महिला तिरिथ बाई वल्द बाबूलाल पटेल सर्पदंश का शिकार हो गयी। वह बारिश होने पर कंडों (उपलों) को देखने गयी थी कि कहीं बरसात में भीग तो नहीं रहे हैं। तभी उसके पैर के अंगूठे को सांप ने डस लिया। अस्पताल पहुचते-पहुचते उसकी मौत हो गयी। दमोह के जमुनिया गाँव की 14 वर्षिया कविता लोधी चूल्हा जलाने के लिए कंडे निकाल रही थी तभी उसमें छिपे बैठे तीन सांपों ने उस पर एक साथ हमला कर दिया। उसे कई जगह डसा और शरीर से जोंक की तरह चिपक गए। चीखने-चिल्लाने पर उसकी दादी ने एक सांप को पटक कर मार डाला तथा दो अन्य सांपों को अलग कर बर्तन से ढका, तक कविता का शरीर नीला पड़ गया था। अस्पताल ले जाने पर उसने एक दिन बाद दम तोड़ दिया। अभनपुर के पास खरखराडीह गाँव की स्कूली छात्रा छुट्टी होने पर एक पेड़ के नीचे पेशाब करने बैठी तो उसे सांप ने डस लिया। अभनपुर अस्पताल में लाने पर उसकी मौत हो गयी।

गाँव में खपरैल के कच्चे घरों में सांपों का अधिक खतरा रहता है। चूहों के पीछे खपरैल की छत में सांप घूमते रहते हैं, फ़िर नीचे उतर जाते हैं और सोए हुए आदमी को डस लेते हैं। जंगली कोरवा सर्प दंश के अधिक शिकार होते हैं। क्योंकि वे अपनी कबीले की मान्यतानुसार खाट पर नहीं सोते। कुछ वर्षों पूर्व मैने एक समाचार पढा था, जिसमें एक परिवार के 5 लोगों की मृत्यू सर्प दंश से हो गयी। मनुष्य के जमीन में सोने के कारण सर्प उसके ईर्द-गिर्द पहुंच जाते हैं और व्यक्ति के करवट लेने पर दबने के कारण उसे डस लेते हैं। आदिवासी अंचल से सर्पदंश की शिकायतें शहरों की अपेक्षा अधिक आती हैं। इस इलाके में असावधानी के कारण प्रतिवर्ष सर्प दंश से सैकड़ों व्यक्ति अकाल मृत्यू को प्राप्त होते है। बरसात में सर्प दंश की घटनाएं अत्यधिक मात्रा में सामने आती हैं। सर्प दंश से मृत्यू के पीछे शिकार व्यक्ति का समय पर अस्पताल तक न पहुंचना ही है। क्योंकि ग्रामीण बैगा को बुला कर झाड़-फ़ूक में लग जाते हैं तब तक देर हो जाती और सर्प के जहर का असर सारे शरीर में हो जाता है।

बरसात के समय जहरीले कीड़ों और सर्प से बचाव करने के लिए सबसे पहले सावधानी जरुरी है। अक्सर ये सांझ के समय ही निकलते हैं अपने शिकार पर, इसलिए कहीं भी जाते वक्त प्रकाश का साधन अवश्य साथ रखें। पक्के घरों में सोते वक्त दरवाजे की नीचे कपड़ा लगाकर सोएं जिससे सर्प को भीतर आने की जगह न मिले। गाँव में अक्सर सर्प लकड़ी एवं कंडे रखने की जगह, गौठान इत्यादि में अधिकतर दिखाई देते हैं। यहाँ काम करते वक्त सावधानी बरतें। अगर सर्प या बिच्छू डस ले तो घबराएं नहीं। काटे हुए स्थान को एन्टीसेप्टिक से धोकर उसके उपर की तरफ़ रस्सी बांध ले, जिससे विष का प्रभाव रक्त में धीमी गति से होगा और जान बचने की संभावना अधिक रहेगी।सर्प दंश से प्रभावित को स्थिर कर दें, अधिक हिलने डुलने से रक्त का संचार तीव्रता से होता है तथा भय उत्त्पन्न करने वाली कोई बात उससे न करें। बैगा-गुनियों के चक्कर में पड़ कर समय खराब करने से अच्छा समीप के किसी सरकारी अस्पताल में शीघ्रता से पहुंचे। जिससे समय पर चिकित्सा मिल सके। बरसात के समय सर्प दंश से बचने के लिए सावधानी आवश्यक है, इस बात का हमेशा ध्यान रखे एवं लापरवाही न करें। तभी बचाव संभव है।

बुधवार, 20 जुलाई 2011

बरसात की एक रात का चिंतन --- ललित शर्मा

मैने रात 1 बजे बारिश की आवाज रिकार्ड की।  बारिश की बूंदो की आवाज के साथ झिंगुरों का स्वराघात बादलों की गड़गड़ाहट के कारण रहस्यमय संगीत पैदा कर रहा था। बारिश का संगीत सुनिए फ़ुहारों के साथ। कुछ आवाजे शुन्य में प्रगट हो रही हैं। जैसे कोई सरसराती आवाज में कुछ कह रहा हो। 



मौसम बरसाती बना हुआ है, थोड़ा बहुत बरस कर बादल रह जाते हैं, पहले 5-10 दिनों की झड़ी बनती थी, अब वह नहीं बन रही। हां! बरसाती बीमारियाँ जरुर पहुंच गयी। डॉक्टर फ़सल काटने में लगे हुए हैं और मरीज जेब खाली करने में। भगवान रोटी-रिजक सबको देता है सभी व्यवसाय एक दूसरे पर ही निर्भर हैं। आधी रात हो चुकी है, खिड़की के सामने खड़े-खड़े बारिश देखते हुए, कुछ दिमाग में चलने लगता है, लोग कहते हैं कि जिन्दगी में खालीपन होता है, मैं कहता हूँ कि कभी नहीं होता। हां! दिमाग चेतना अवश्य खो सकता है, विक्षिप्तता में वह कुछ भी सोच सकता है और कर सकता है। सबके अपने-अपने कर्म हैं। कोई स्वयं को रिक्त समझ सकता है पर ब्रह्माण्ड में खाली कुछ भी नहीं, खाली को शुन्य कहते है, पर खाली वह भी नहीं। शुन्य ही सृष्टि का आरंभ है। हर चीज भरी हुई है, कभी-कभी दिमाग खाली हो जाता है, कहें तो चेतना चली जाती है, फ़िर लौट आती है। दिमाग अपने काम में लग जाता है।

दो दिन की बरसाती अस्वस्थता ने काफ़ी परेशान किया। वैसे बारिश में भीगने पर भी बुखार नहीं आता, पर कहीं से जरासिम आ जाएं तो अपना काम कर ही जाते हैं। रात गहराने के साथ नींद कोसों दूर भागती जा रही है। आसमान में बादल गरज रहे हैं, बारिश की फ़ुहारें शुरु हो गयी। खिड़की से बिजली की चमक दिखती है। यही समय होता है बिजली रानी के रुठने का। बिजली के रुठते ही बल्ब भी बुझ जाता है, जैसे मंत्री के कुर्सी से उतरते ही चमचों के चेहरे का नूर स्वत: चले जाता है। पावर स्टेशन से ही करेंट चला जाए तो फ़िर बंदा करे क्या? नींद नहीं आई तो खिड़की के सामने खड़ा हो जाता हूँ, उस पार से बौछारें आ रही हैं ठंडी हवा के साथ। अच्छा लगता है, जब बिजली चली जाए और ठंडी हवा चलती रहे। अंधेरे में समय बिताने के लिए कोई और साधन भी तो नहीं। ऐसे में प्रकृति की ताल से ताल मिलाना ही ठीक है।

खिड़की के पार से बिजली चमकी और बादल जोर गड़गड़ाने लगे। कूलर की चद्दर पर पड़ती हुई पानी की लय बद्ध बूंदों से संगीत पैदा हो लगा। मेरा ध्यान टप-टप, डुम-डुम, डुड़ुम-डुड़ुम डुड़ुम, टप-टप की ध्वनि करती बूंदो पर है। कितनी मधुर लय है, इन बूंदो की तान में। सधा हुआ सुर आनंदित कर रहा है। अंधेरे में भी आँखे बंद करके सुनने का मजा ही कुछ और है। बिलकुल गुंगे के गुड़ जैसा, जिसे स्वाद आता गुड़ का पर वर्णन नहीं कर सकता। मनुष्य का जीवन भी ऐसा ही  है। अगर जीवन लय बद्ध है तो जीवन संगीत का आनंद आता है। परिवार में तालमेल न हो और सुर बिगड़ा हो तो त्रैलोक्य में भी आनंद नहीं, तृप्ति नही। आनंदानुभुति एवं तृप्ति के लिए स्वर का लय बद्ध होना आवश्यक है।

बूंदों के साथ झिंगुरों का सुर में सुर मिलाना गजब है। जैसे उन्हे पता है कि अभी तबला कौन से ताल में बज रहा है और उसके साथ सरगम कौन सी मिलानी है। अंधेरे में खिड़की पार बिजली चमकती है, पेड़ों की छाया रहस्यमयी प्रतीत होती है। मुझे मसखरी सूझती है, जिसे लोग शुन्य, नीरवता, सन्नाटा, खाली पन कहते हैं उसकी आवाज रिकार्ड करने लगता हूँ, शुन्य में पैदा हुई आवाज को सुनना चाहता हूं। शुन्य से कैसी आवाजें आती हैं आज तक सुना नहीं। अनहद नाद जैसा ही होगा। चमकती हुई दामिनी के चित्र लेने चाहिए। फ़िर कभी ऐसी बरसात न हुई तो। चमकती हुई बिजली के चित्र लेना भी धैर्य का काम है। पहले बिजली चमकती है फ़िर उसके एक मिनट बाद बादल गरजते हैं। जैसे ही बिजली चमकती थी और मैं क्लिक करता था तो अंधेरे के अलावा कुछ चित्र में आता ही नहीं था। प्रयास जारी रहा, कभी तो एकाध फ़्रेम में बिजली फ़ंसेगी।

रिकार्डिंग बंद करके जैसे ही मुड़ता हूँ, बिजली की चमक से कमरे में लगे दर्पण से टकरा कर रोशनी का प्रतिबिंब लौट कर मुझे चौंका देता है। अंधेरे में जरा से उजाले से चौंक पड़ता हूं। थोड़ी सी रोशनी से दर्पण में दिखाई देते प्रतिबिंब एवं दिन की रोशनी में दिखाई देने वाले प्रतिबिंब में जमीन आसमान का अंतर है। थोड़ी सी चमक ने दर्पणाकृति रहस्यमयी बना दी। तभी एक जगह लिखा याद आता है - "दिन में ऐसे कर्म करो कि रात को चैन से सो सको, और रात को ऐसे कर्म करो कि सुबह किसी को मुंह दिखा सको।" सच कहा है, अगर मनुष्य अपना चेहरा ही गौर से देखे आंशिक प्रकाश में तो रुप कितना विकृत दिखाई देता है। इसलिए जीवन में प्रकाश का होना निहायत ही जरुरी है। जीवन में प्रकाश तभी रहेगा जब कथनी और करनी में अंतर नहीं होगा। तभी तन-मन-जीवन आलोकित होगा।

NH-30 सड़क गंगा की सैर

सोमवार, 26 जुलाई 2010

पानी ही पानी-देखिए बरसात के कुछ दृश्य

शुक्रवार शाम से लगातार वर्षा हो रही है, पोस्ट लिख रहा था तब भी बरसात की झड़ी लगी हुई है। कल साधना न्युज के कार्यक्रम में सुबह 9 बजे जाना था। लेकिन मूसलाधार बारिश के कारण जाने की स्थिति नहीं बन रही थी। राजकुमार सोनी ने बताया था कि रायपुर में भी वर्षा हो रही है। इसलिए कार्यक्रम भी विलंब से प्रारंभ होगा। आखिर हमें पहुंचना ही पड़ा। नक्सली हिंसा पर राष्ट्रीय परिचर्चा हुई। रिपोर्ट बाद में लगाऊंगा जब नेट सही चलेगा। संचार व्यवस्था बिगड़ी हुई है। नेट की सांसे उखड़ी हूई है, अनियमित हैं। इसलिए बरसात के कुछ चित्र देखिए। 

पानी ही पानी

सब तरफ़ पानी

बस अब बाढ आ सकती है

रायपुर शहर कालोनी के मार्ग पर भरा पानी

रास्ता ही डूब गया

मवेशी भी भाग रहे हैं सर छुपाने

कार्यक्रम शुरु होगा-रुकावट के लिए खेद है
बारिश की यही स्थिति रही तो महानदी एवं खारुन नदी में बाढ आ सकती है। इनका जलस्तर बहुत बढ गया है। आस पास के कई गांवो के डूबने का खतरा मंडरा रहा है। कोशिश करेगें महानदी के बाढ के  चित्र उपलब्ध कराने की। निचली बस्तियों में तो पानी भर ही जाता है। आज कवि सम्मेलन है जिसमें, हरिओम पवार-मेरठ, राहत इन्दौरी-इंदौर, विष्णु सक्सेना-अलीगढ, पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे दुर्ग, राजेश जैन'चेतन'-दिल्ली, महेन्द्र अजनबी-देवास, शशिकांत-दिल्ली, गजेन्द्र सोलंकी-दिल्ली, और अनीता सोनी-इंदौर काव्यपाठ करेंगे।