दिल्ली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दिल्ली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 2 अगस्त 2016

अल्मोड़ा, कैंची धाम से दिल्ली यात्रा

आरम्भ से पढ़ें 
पाताल भुवनेश्वर गुफ़ा से हम बस अड्डे की ओर पहुंचे, यहाँ हमारी कार रात्रि विश्राम पर थी। समीप ही एक होटल में गर्मागरम दाल भात सब्जी बन रही थी। सुबह नाश्ता नहीं किए थे तो सोचे कि सीधे ही भोजन करके चलें, पहाड़ों में कोई भरोसा नहीं, कहाँ खाना मिले, कहाँ नहीं मिले। मैने उसे खाने का आर्डर दे दिया। अचानक सामने निगाह गई तो कार का अगला चक्का बैठ गया था, मने कि पिंचर हो गया। लो कर लो खेती, भर लो दंड। भाई साहब और बाऊ जी चक्का बदलने लगे। साढे ग्यारह बज रहे थे, आगे कहाँ जाना था यह तय नहीं था। पर मैने सोचा कि आज की रात अल्मोड़ा में गुजरेगी। चक्का बदलते तक खाना भी बन गया। दाल भात सब्जी खाकर तृप्त होकर हम आगे बढ लिए।
टायर बदलते हुए भाई साहब और बाऊ जी
यहाँ से चलकर एक स्थान पर पिंचर लगवाया। ऐसे रास्तों पर स्टेपनी की अत्यंत आवश्यकता होती है। पता नहीं कब रोड़ी का फ़टका लग जाए और टायर टें बोल जाए। पहाड़ों में कई किमी तक पंचर बनाने वाले नहीं मिलते। इसलिए अपने वाहन से सफ़र करने वालों को पूरी तैयारी के साथ चलना चाहिए। पहाड़ी घुमावदार रास्तों में भोजन करने के बाद समस्या हो जाती है। एक जगह आदमी टिक कर नहीं बैठ सकता। इसके कारण मुझे मतली आने लगी। बहुत देर तक जज्ब किया परन्तु एक स्थान पर कार रुकवानी ही पड़ गई। ऐसा जीवन में पहली बार हुआ। हजारों किमी लम्बे सफ़र किए, परन्तु कोई समस्या नहीं आई थी। यह समस्या अभी ही झेलनी पड़ी।
उत्तराखंड का पहाड़ का बड़ा शहर अल्मोड़ा
हमने अल्मोड़ा में गीतेश त्रिपाठी जी को फ़ोन लगा दिया था कि एक रात अल्मोड़ा रुकेगें। जब अल्मोड़ा के पास पहुंचे तो भाई साहब ने बताया कि हम सीधे ही घर जा रहे हैं, अल्मोड़ा नहीं रुकेगें। बाऊ जी को घर से फ़ोन आया था, कोई समस्या है, इसलिए सीधे ही चलते हैं। ज्यों ज्यों पहाड़ से नीचे उतर रहे थे, त्यों त्यों गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। मन उखड़ा जा रहा था, कह रहा था कि बस एक दो महीने यहीं ठहर जाओ। परन्तु यह संभव नहीं था। अल्मोड़ा बायपास पर पहुंच कर दो चार फ़ोटो लिए और आगे बढ गए। अल्मोड़ा से साढे चार बजे चल कर हम पौने पाँच बजे कैंची धाम पहुंच गए।
नीब करौरी बाबा कैंची धाम का द्वार
कैंची धाम नीब करोरी बाबा ने बसाया था, यह जुकरबर्ग के आने के बाद कुछ और प्रसिद्ध हो गया। यहाँ हमने गाड़ी रोकी। भूख सी लगने लगी थी। गर्मागरम पकौड़े खाए। पानी लिया और आगे बढ गए। यहाँ से एक रास्ता नैनीताल को जाता है और दूसरा हल्द्वानी को। रास्ते में खूब जोर की बारिश शुरु हो गई, रास्ता ही नहीं दिख रहा था और पहाड़ी पानी निकलने के लिए सड़क को आधा खोद दिया गया था जिसमें पानी भरने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। जैसे तैसे हम हल्द्वानी पहुंचे। हल्द्वानी पहाड़ को सामान की आपूर्ति करता है। यह इस इलाके का मुख्य शहर है। हल्द्वानी पहुंचते तक रात हो चुकी थी। 
कैंची धाम में एक सेल्फ़ी
हल्द्वानी से रामपुर मुरादाबाद पहुंचते तक बहुत रात हो चुकी थी। मेसेजंर एक मित्र का मेसेज दिखा कि आप मुरादाबाद से पहुंचे तो सूचना दें, मिलना चाहते हैं। हम मुरादाबाद से आधी रात को निकल रहे थे अब किसे सूचना दें। उन्हें जानकारी दे दी, फ़िर कभी मिलेगें। यहीं कहीं पर एक ढाबे में भोजन किया और सपाटे के साथ चलते हुए हम रात लगभग एक बजे गाजियाबाद पहुंचे। हमारी यात्रा का समापन हो चुका था। सुबह उठ कर प्लान बना कि लौटते हुए ओरछा और टीकमगढ़ भी देखते चलते हैं। टीकमगढ़ के अपर जिलाधीश को फ़ोन लगाकर अपने प्रोग्राम की जानकारी दी। भाई साहब को टिकिट के लिए कहा तो अगले दिन की पातालकोट एक्सप्रेस में सीट खाली मिल गई।
ये दिल्ली है, झोपड़पट्टी में वातानुकूलन का आनंद
पाताल कोट एक्सप्रेस सराय रोहिल्ला से छिंडवाड़ा तक चलती है। गर्मी के मौसम इस ट्रेन में सीट खाली मिलना बड़ी बात थी। अगली सुबह भाई साहब मुझे शाहदरा मैट्रो स्टेशन तक छोड़ गए। ट्रेन का समय एक बजे था। मैट्रो से चलकर शाहदारा स्टेशन पहुंचा। ट्रेन प्लेटफ़ार्म पर लग चुकी थी। ब्लॉगर मित्र मुकेश पाण्डेय जी को भी ओरछा फ़ोन कर दिए थे। हमें झांसी उतरना था। एक साथी मिल गए ट्रेन में समय कट गया। इति .....

शनिवार, 30 जुलाई 2016

कुमाऊँ की सैर पर त्रिदेव

अजंता एलोरा एक बाद पुन: देखने का मन था। बाईस बरस पहले सरसरी तौर पर देखा था, अब अध्ययन की दृष्टि से देखना था। दस मई तारीख तय हुई, परन्तु उस इलाके में पानी की बहुत किल्लत हो गई थी, मित्र से पता चला कि चार दिन में पानी आ रहा है और मेरे पहुंचते तक हो सकता है हफ़्ते भर में आने लगे। पानी की किल्लत के कारण इस यात्रा को दिसम्बर तक स्थगित किया गया। एक दिन फ़ेसबुक मनु त्यागी ने पोस्ट लगाकर बताया कि 21 मई लेह लद्दाख का बाईक टूर बन रहा है। बस मैने हामी भर दी और तैयारी शुरु कर दी। 
रायपुर के तेलीबांधा तालाब पर फ़हराता राष्ट्रीय ध्वज
पहाड़ी सफ़र में हमेशा कम से कम एवँ कम वजन का सामान होना चाहिए। यात्रा के लिए मैने तत्काल पोस्ट पेड सिम खरीदा और उसे चालु करवाया, पैराशुट के कपड़े के दो लोवर, एक हाफ़पेंट, विंडचीटर, दो काले गॉगल, दस्ताने और भी बहुत कुछ खरीदा। रास्ते के लिए दवाईयाँ, खाने का पौष्टिक सामान भी आ गया। जैसे ही सफ़र के लिए निकलने की तारीख आई, वैसे ही शारीरिक व्याधि दिखाई देने लगी। अब आखरी क्षणों में यात्रा स्थगित करने की नौबत आ गई। मैने फ़ोन करके मनु को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए अपनी लेह लद्दाख यात्रा स्थगित कर दी। परन्तु दिल्ली की टिकिट कैंसिल नहीं हुई थी। अब उसका उपयोग अन्य किसी स्थान के लिए किया जा सकता था।
रायपुर रेल्वे स्टेशन से प्रस्थान
गाजियाबाद वाले सुभाष शर्मा जी ने कहा कि चलो आपको कुमाऊँ घूमा लाता हूँ। बस बात बन गई। 20 तारीख को सुबह कुमाऊँ के लिए निकलना तय हो गया। मैं निर्धारित तिथि पर दिल्ली पहुंच गया। गोंडवाना थोड़ी विलंब से पहुंची। दिल्ली पहुंचने पर सुभाष शर्मा जी ने फ़ोन पर बताया कि सरायकाले खाँ से गाजियाबाद के लिए बसें चलती है। उससे आप गाजियाबाद आ जाओ और बस स्टैंड के पास छोटा सा मंदिर है, वहाँ मिलो। संजय अनेजा जी भी वहीं पहुंच रहे हैं, साथ चलेगें। सरायकाले खाँ पे गाजियाबाद की बस लगी थी, तुरंत चढ गया। उसने 30 रुपया किराया लिया गाजियाबाद का। यह सीधे रस्ते से चलने की बजाए कई कालोनियों से घूम कर गाजियाबाद पहुंचा और ओव्हर ब्रिज के नीचे सवारियों को उतार दिया। लगभग ग्यारह बज रहे थे।
ब्रजघाट में संजय अनेजा जी के साथ गंगा स्नान
संजय अनेजा जी भी पहुंच चुके थे, उनसे फ़ोन पर बात हुई तो उन्होनें बस अड्डे के गेट के सामने खड़ा होना बताया। मैं वहां तक पहुंचा और बाऊ जी मिल गए। आगे से पोस्ट में अनेजा जी को बाऊ जी एवं सुभाष शर्मा जी को भाई साहब संबोधित किया जाएगा। सूरज बहुत अधिक तप रहा था और स्नान करने की प्रबल इच्छा हो रही थी। मन हो रहा था कि जितनी जल्दी हो सके हो सके डुबकी लगा ली जाए तो ठीक रहेगा। भाई साहब को आने में विलंब हो रहा था। हमने एक चाय पी, तब तक भाई साहब भी आ गए। पान बनवाए गए और सीधे ही सफ़र पर निकल लिए। तय हुआ कि स्नान ब्रजघाट गढ़ गंगा में किया जाएगा। 

जिम कार्बेट पार्क रामनगर के द्वार पर त्रिदेव
दोपहर लगभग एक बजे हम ब्रजघाट पहुंच चुके थे।  सीधे घाट पर जाक पहला काम स्नान करने का किए। बाऊ जी और हम गंगा नहाने का पुण्य कमाए और भाई साहब फ़ोटो खींचते रहे। इसके बाद भोजन करना था। हाईवे थोड़ा आगे बढने पर एक ढाबे पर गाड़ी लगाई और भोजन किया। इसके बाद सपाटे से आगे बढते रहे। मुझे नहीं मालूम था कि कहाँ जाना है, कहाँ रुकना है। जब जानकार साथ हो तो क्या सोचना। रामनगर के पास पहुंच कर कुछ फ़ल लिए, जिसमें एक मतीरा और कुछ लीची और केले थे। मतीरा तो हमने रख दिया, केले और लीची का सेवन किया।
रानी खेत का रिसोर्ट जहाँ हमने रात गुजारी
शाम साढे पाँच बजे हम कार्बेट नेशनल पार्क के गेट पर थे। यहाँ से फ़ेसबुक मित्र गोविंद पाटनी जी को फ़ोन किया। तो उन्होने कहा कि आप आगे बढ चुके हैं। आगे बढने के बाद लौट कर आना नहीं जमता। कार्बेट नेशनल पार्क से घुमावदार पहाड़ी रास्ता शुरु हो गया। इसके बाद सपाटे से गाड़ी चलती रही। भाई साहब इन सड़कों से अच्छी तरह परिचित लगे। उन्होने बताया कि उनका जब मन हुआ तब मोटरसायकिल लेकर इन पहाड़ों में आ जाते थे। वैसे दिल्ली वालों को पहाड़ों तक आने में अधिक समय नहीं लगता। वो हम जैसों को पहले दिल्ली तक 13 सौ किमी चलकर आना पड़ता है। सारी कसर इसी में निकल जाती है। इनकी ड्राईविंग की जितनी तारीफ़ की जाए उतनी कम है। खास कर पहाड़ी रास्तों पर।

आगे की यात्रा के पूर्व सेल्फ़ी
लगभग साढे आठ बजे हम रानीखेत पहुंचे तब पता चला कि आज की रात यहीं रुकना है। हल्की-हल्की बरसात हो रही थी। आधा घंटा हो गया ठहरने का ठिकाना ढूंढते, पर बंगाली पर्यटकों के कारण सभी होटल पैक थे। कहीं भी रुम नहीं मिल रहा था। फ़िर एक लड़का आया, उसने कहा कि कलावती रिसोर्ट में एक रुम मिल जाएगा। यह 6 किमी है, मारुति के शो रुम के पास। खाना भी मिल जाएगा वहीं। रुम का किराया 1800 बताया। हमने मान लिया और शहर से पहुंच गए रिसोर्ट में। पहुंचते ही बरसात जोर से शुरु हो गई। खाना उन्होने रुम पर ही खिला दिया। ठंड सी थी, इसलिए कम्बल ओढने पड़े। 
रास्ता बताते हुए सूचना फ़लक
आज जुलाई की 21 तारीख थी। सुबह 6 बजे नींद खुल गई, कलावती रिसोर्ट पहाड़ी की ढलान पर अच्छे स्थान पर है। उठने के बाद थोड़ी देर आस पास के लैंड स्केप का मजा लेते रहे। मैने चिड़ियों एवं फ़ूलों के कुछ फ़ोटो खींचे। इसके बाद स्नान करके रिशेप्शन पर पहुंचे तो होटल मालिक ने अधिक पैसे बताए। कुछ टैक्स के कुछ चद्दर धुलाई के, कुछ सफ़ाई के आदी जोड़ कर 24 का हिसाब बना दिया। भाई साहब ने कहा कि आपके आदमी ने रात को 1800 कहे थे, अब आप 2400 बता रहे हो। तो वो बोला- मैं उस लड़के का बाप हूँ। उसको हिसाब किताब नहीं मालूम। मैने कहा कि आप तो ग्राहक के साथ बड़ी धोखाधड़ी कर रहे हो। बोलो कुछ और करो कुछ। वैसे भी मैं ट्रेवल राईटर हूँ, आपकी कारस्तानी गुगल पर जिन्दगी के बाद भी पीछा नहीं छोड़ेगी और सालाना तुम्हारे 50 ग्राहक तो बिदका ही सकता हूँ ये मानकर चलो। तब जाकर कहीं वो सरेंडर हुआ। कार्ड देते हुए बोला - अच्छा लिखना सर।  जारी है पढ़ें 

शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2014

चूहेदानी की सियासत……

चूहा नामक प्राणी सभी उष्णकटिबंधीय देशों में पाया जाता है, मेरे घर के पिछवाड़ा भी उष्णकटिबंधीय क्षेत्र है, चूहा वहाँ भी पाया जाता है। बड़े-बड़े बिल खोद कर इन्होने सांपों के लिए घर बना दिए हैं, जब सांप घुसता है तो खुद भागे फ़िरते हैं। कुछ दिनों से इनकी सेना ने मेरे घर में धावा बोल दिया। इनकी नजर मेरे पुस्तक धन पर लगी हुई है। सारी रात कुतरने की डरावनी आवाजें आती हैं और मैं बिस्तर पर पड़ा हुआ, सोचता रहता हूँ कि आज ये कौन सी किताब से ज्ञानार्जन करने में लगे हुए हैं, उसका पता तो सुबह ही चलेगा। जब इनके द्वारा कुतरे हुए पन्ने खाद बनकर इधर उधर उड़ते फ़िरेगें। दुख: की बात यह हैं कि कुछ नव साहित्यकारों ने अपनी पुस्तकें मुझे टिप्पणी लेखन के लिए भेज रखी हैं, मेरे टिप्पणी लिखने से पहले ही कहीं ये अपनी टिपणी न कर दें। रात भर उंघते हुए गुजर जाती है।

एक लेखक के घर पर पुस्तकों का ही ढेर मिलेगा, कौन सा खलमाड़ी का घर है, जहाँ नोटों का अम्बार मिलेगा और ये कुतर-कुतर उसका स्वाद देखेगें, लेकिन मेरी किताबों को काट कर इन्होने मुझे निर्धन करने की जरुर ठान ली है। पता नहीं गणपति महाराज क्यों नाराज हो गए जो अपनी सेना को पुस्तकें कुतरने के लिए भेज दिया। 

हम तो जैसे तैसे नुकसान सह कर इन्हे कोस रहे थे कि अचानक मालकिन फ़ुंफ़कारते हुए आई - "दिन भर कम्प्यूटर बैठे उंघते रहते हो, पता भी है इधर चूहों ने गदर मचा रखा है। दीवान में घुस कर गद्दे रजाईयों को काट रहे हैं, मेरी नई साड़ी और ब्लॉउज को भी काट डाला, जबकि मैने सिर्फ़ 2 बार ही उसे पहना था। इन चूहों को ठिकाने लगाओ। नहीं तो समझ लेना फ़िर…।"

मैं निरीह प्राणी की तरह मालकिन के मुंह को देखे जा रहा है, एक बेबस आदमी कर भी क्या सकता है। एक अंग्रेजी फ़िल्म देखी बरसों पहले, जिसमें एक छोटी सी चूहिया को पकड़ने के चक्कर में मकान मालिक सारी विद्याएं अपनाता है आखिर में अपने मकान से भी हाथ धो बैठता है। तब भी चूहिया पकड़ में नहीं आती और अंत में उसके सिर पर नाचते रहती है। सबसे बड़ी बात यह है कि कितने चूहे हैं इसका पता नहीं चलता। सबकी शक्ल एक जैसी ही है। तीन चूहों को जैसे-तैसे पकड़ कर घर के बाहर छोड़ कर आया। जैसे ही कमरे में घुसा, वैसा ही एक चूहा और घूमते हुए दिखाई दिया। शक होने लगा कि बाहर फ़ेंका हुआ चूहा मुझसे पहले ही घर में प्रवेश कर गया।

इस महा विपदा से बचने के लिए सभी परिजनों की आवश्यक बैठक आहूत की गई, जिसमें सभी के सलाह मशविरे से चूहा निदान की परियोजना पर विचार विमर्श शुरु हुआ। मैने कहा कि -" बाजार से चूहे मारने वाली दवाई मंगवा ली जाए। जिसे खाने के बाद ये मर जाएगें और मुक्ति मिल जाएगी।" 

मालकिन ने कहा कि -"कहीं भीतर घुस कर मर गए तो बदबू आते रहेगी और पता भी नहीं चलेगा, किस जगह मरे हैं, एक काम करो, चूहे मारने वाला केक ले आओ।"

"तुम मंगवा क्यों नहीं लेती, बच्चे तो दुकान जाते ही हैं"

"मैने भेजा था इन्हें, लेकिन दुकानदार बच्चों को चूहा मार दवाई नहीं देते और न ही चूहामार केक देते हैं।"

"यह भी बड़ी समस्या है, लगता है अब मुझे ही जाना पड़ेगा"

तभी बालक ने सलाह दी - "पापा! एक चूहेदानी ही ले आईए, चिंटु के घर में भी बहुत चूहे थे, उसके पापा चूहेदानी लेकर आए और उसमें टमाटर रखते ही दो चूहे पकड़ में आए।"

बालक की सलाह सभी जम गई, तय हुआ कि चूहेदानी खरीद कर लाई जाए। हमारा मार्केट जाना भी बड़े राजशाही ठाठ-बाट से होता है, कोई ऐरे गैरे थोड़ी हैं जो ऐसे ही उठ कर चले जाएगें। कपड़े अस्तरी किए गए, जूते पालिश होकर आए, काली घोड़ी (हीरो होंडा) को धोया और पोंछा गया। इतनी तैयारी होते देख कर काम वाली महरी से रहा नहीं गया उसने पूछ ही लिया - "कथा पूजा की तैयारी हो रही है क्या मालकिन, जो इतना जोर शोर से तैयारी चल रही है?"

"अरे नहीं! महाराज बाजार जा रहे हैं, चूहेदानी खरीदने के लिए। इसलिए सब तैयारी करनी पड़ रही है।" मालकिन ने शर्ट पर अस्तरी फ़िराते हुए जवाब दिया।

हम तैयार होकर मार्केट पहुंचे, अब ऐसे ही किसी की दुकान में चले जाएं तो हमारी शान के खिलाफ़ हैं। एक बड़ी दुकान में जाकर बैठ गए, दुकानदार ने पान की गिलौरी मंगवाई और हमसे दर्शन शास्त्र के कई सवाल धड़ाधड़ पूछ डाले। हम भी उसके मनमाफ़िक जवाब देते रहे। दो घंटे क्लास चली। आखिर हमने उसके नौकर को रुपए देकर चूहेदानी खरीदने भेजा। उसका नौकर चूहेदानी लेकर आया, एक दो बार हमने उसके द्वार को बंद करने के लिए स्प्रिंग से खिलवाड़ किया तो उसकी अटकनी का टांका निकल गया। अब उसे बदलने के लिए भेजा। हमारा नाम लेने पर दुकानदार ने बदल कर दे दिया। 

अब चूहेदानी घर लेकर पहुंचे तो बालक देखते ही खुश हो गया। तुरत-फ़ुरत टमाटर काटकर चूहेदानी में लटकाया गया और उसे चूहामार्ग पर लगाया गया। आधी रात हो गई देखते हुए, लेकिन चूहा एक भी न फ़ंसा। उसके आस-पास घूम कर चला जाता था। थक हार कर सभी अपने बिस्तर के हवाले हो गए, लेकिन चूहा पकड़ने का रोमांच इन्हे सोने नहीं दे रहा था। रोमांच इतना अधिक था कि जैसे जंगल में शेर पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया हो। 

जैसे तैसे सुबह हुई, बालक ने सबसे पहले चूहेदानी को देखा, टमाटर ज्यों का त्यों लटका हुआ था। चूहेदानी का दरवाजा खुला हुआ था। मालकिन कहने लगी कि "अभी तक एक भी चूहा पकड़ में नहीं आया है, चिंटु के यहाँ तो लगाते ही, दो चूहे पकड़ाए थे। यह चूहेदानी ठीक नहीं है। चूहों को पता चल गया है कि यह उन्हे पकड़ने का फ़ंदा है।"

बेटी ने सलाह दी कि " चूहे टमाटर नहीं खाते, देखते नहीं क्या किचन में रोटियों का टुकड़ा उठा कर ले जाते हैं। इनके लिए आलू के भजिए बनाए जाएं और उसे पिंजरे में लगाया जाए, भजिए के लालच में आएगें तो जरुर फ़ँस जाएगें।"

सलाह मालकिन को जम गई, उसने आलू के पकोड़े बनाए और एक पकोड़ा चूहेदानी में लगा दिया। दिन भर व्यतीत होने पर भी एक चूहा नहीं फ़ँसा। रात्रिकालीन सेवा के लिए चूहेदानी का स्थान बदला गया। सुबह होने पर दिखा कि चूहेदानी का दरवाजा खुला हुआ है और पकोड़ा लटके-लटके सूख गया है।

हम चाय पीते हुए कम्प्यूटर में अखबार पढ रहे थे, आते ही मालकिन फ़ट पड़ी, फ़ट पड़ी इसलिए कि एक सुनामी सी आ गई थी, अगर बरसती तो दो-चार फ़ुहारें ही गिरती - "ये कैसी चूहेदानी लेकर आए हो, दो दिन हो गए एक भी चूहा नहीं फ़ँसा। जाओ इसे वापस करके आओ।" 

"बिका हुआ माल वापस नहीं होता, दुकानदार ने कह कर दिया है, चूहा पकड़ाने की कोई गारंटी नहीं । अगर कोई धोखे से फ़ंस जाए तो वह आपके लिए बोनस है।"

"मुझे नहीं मालूम कुछ, आप इसे लौटाकर चूहे मारने का केक लेकर आईए।" मालकिन ने फ़रमान सुना दिया।

"देखो भई, थोड़ा सब्र से काम लो, सब्र का फ़ल मीठा होता है। मानो कि यह चूहेदानी कांग्रेस है और चूहा "आम आदमी पार्टी"। देखा कि नहीं तुमने आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कितने आन्दोलन किए और कांग्रेस की सरकार के नाक में दम कर दिया। आखिर कांग्रेस ने सब्र से काम लिया, अब देखो चूहा उसकी चूहेदानी में फ़ँसा कैसे फ़ड़फ़ड़ाकर उछलकूद कर रहा है। न सत्ता का भजिया निगलते बन रहा है, न उगलते है। बस इंतजार करते जाओं एक दिन इन चूहों को इसी चूहेदानी में फ़ँसना है। चूहों की अम्मा कब तक खैर मनाएगी… सियासत को समझे करो…… 

शनिवार, 29 दिसंबर 2012

लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा




लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

एक दिन ऐसा आएगा,यह न हमने सोचा था
बाड़ ही खेत खाएगा, यह न हमने सोचा था
राज अपना सुराज हो, इसकी किसको चिंता है।
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

बेटी के स्कूल जाते ही माँ उसकी खैर मनाती है
सही सलामत आ पाए बाप को चिंता सताती है
सड़कों पर होते बलात्कार, इसकी  किसको चिंता है
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

सभ्यता का ढोल पीटके गार्ड पार्टिकल तक जा पहुंचे
ताकत का प्रदर्शन करके तुम परमाणु बम सजा चुके 
आदिमयुग की बर्बरता तुममे अभी तक जिंदा है।
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

अत्याचारों की देखो अब तो, हद हो गयी है यारों
अपराधी खुले आम घुमे रहे, यह प्रजातंत्र है यारों
भारत गारत हो रहा है, इसकी किसको चिंता है
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

घड़ियाली आंसू बहाकर, सत्ता बेवकूफ़ बनाती है
लाल किले की प्राचीरों से,बेबस सिसकियाँ टकराती हैं
अबलाओं की लाज लुट रही,इसकी किसको चिंता है।
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

यह कृष्ण की धरती है,जिसने लाज द्रौपदी की बचाई थी
रण कुरुक्षेत्र सजा भीषण,कौरवों ने मुंह की खाई थी।
 जाग रही है पुन: कौरवी सेना,इसकी किसको चिंता है
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

न्याय मांगने इस धरा पर खड़ा हुआ है हर बंदा 
हाथ जोड़ खड़े रहने पर पड़ता है पुलिसिया डंडा
अंग्रेजों सा बर्ताव हो रहा इसकी किसको चिंता है
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्दवासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥

समय आ गया है अब, हाथों में तिरंगा उठा लो
गर भुजबल आया हो,तुम रण कुरुक्षेत्र सजा लो
नारा एक बुलंद करो, इस देश की हमको चिंता है
लाल किले से लोकतंत्र आज हुआ शर्मिन्दा हैं।
जागो हिन्द वासियों अपराधी अभी तक जिंदा हैं॥


(C)

बुधवार, 23 नवंबर 2011

चाहिए हमदर्द का टॉनिक सिंकारा --- ललित शर्मा

मथुरा जंक्शन में हमारे साथी
प्रारंभ से पढें
हमें हरिद्वार के लिए मसूरी एक्सप्रेस से जाना था, मसुरी एक्सप्रेस सरायरोहिल्ला से बन कर पुरानी दिल्ली से चलती है। अब समस्या यह थी कि मथुरा से कोई सीधी ट्रेन हो जो हम सबको पुरानी दिल्ली पहुंचाए। हम मथुरा से पुरानी दिल्ली तक की गाड़ी पकड़ने में असमर्थ रहे। पवन शर्मा जी ने जो लोकल बताई थी वह मथुरा से सुबह 10 बजे ही चल पड़ती है। इतनी जल्दी कोई भी स्टेशन नहीं पहुंच पाता। आखिर तय किया गया कि समता एक्सप्रेस से ही निजामुद्दीन पहुंचा जाए। पवन शर्मा जी ने हमें उसके बाद बुलंद शहर वाली लोकल बताई जो पुरानी दिल्ली जाती है निजामुद्दीन से ही बन कर। इसका चलने का समय 6 बजे हैं उन्होने हमारी सहायता की। हम मथुरा से ढाई बजे दोपहर में चल कर शाम को साढे पांच बजे निजामुद्दीन पहुंचे। प्लेट फ़ार्म नम्बर 3 पर बुलंदशहर वाली पैसेजंर खड़ी थी। सब उसमें सवार हो गए। सवा सौ सवारियों को सामान के साथ चढना उतरना भी महाभारत ही है। कोई एकाध नहीं उतर पाया या चढ नहीं पाया तो समस्या ही है।

ट्रेन का इंतजार
पुरानी दिल्ली पहुंच कर देखा तो कईयों की टिकिट कन्फ़र्म नहीं थी। मोबाईल से पी एन आर देखा तो गलत बता रहा था। इसलिए हमने सदा नेट पर रहने वाले ब्लॉगरों की तलाश की। जिसमें संगीता पुरी जी ही ऑनलाईन मिली। राजीव भाई तो अपनी ससुराल में थे, साली का जन्मदिन मना रहे थे। जी के अवधिया जी, पी के अवधिया हो गए थे। अब मजाल है कोई उनसे बात कर सके। इसलिए मैने संगीता जी से फ़ोन पर पी एन आर कन्फ़र्म किए। हमारे साथ बी एस ठाकुर सर थे, इन्होने मुझे मिडिल स्कूल में गणित विषय पढाया था। जिसकी वजह से गणित में सम्मानजनक अंक मिल गए थे, बाकी तो राम जाने कैसे पास हो गए। इन्होने मुझसे गुरु दक्षिणा स्वरुप मेट्रो में घुमाने का संकल्प लिया।

अपुन है भाई
गुरु का आदेश सिर माथे पर लिया और सवा सौ सवारियों में उन्हे चुपके से लेकर मैट्रो की सैर कराने ले गया। पुरानी दिल्ली मैट्रो स्टेशन में टिकिट ले रहा था तभी पीछे से आवाज आई "पकड़ लिया अंकल आपको" अरे! छोड़ो यह पकड़ा पकड़ी मत करो। कुछ नौजवानों ने मुझे स्टेशन के बाहर निकलते देख लिया था। वे भी पीछे पीछे पहुंच गए। अब उन्होने ने भी राजीव चौक की टिकिट ली। मुझे छोड़ कर मैट्रो देखने का सभी का पहला अनुभव था। सभी मुंह फ़ाड़े मैट्रो स्टेशन को ही देख रहे थे। एक कह रहा था कि ऐसा लगता है कि हम सिंगापुर में पहुच गए। अरे भाई दिल्ली सिंगापुर से कम नहीं है।

रात में दिन
बस जेब में माल होना चाहिए फ़िर सिंगापुर ही दिल्ली आ जाएगा। सारी मौज मस्ती सिंगापुर वाली ही मिल जाएगी। मुझे तो तब हँसी आई जब जो पहली बार दिल्ली पहुंचा है वही इसकी तुलना सिंगापुर से कर रहा था। मतलब हमारे देहात के लोग टीवी और फ़िल्मों के माध्यम से सिंगापुर पहले पहुंचते हैं और दिल्ली बाद में। पुरानी दिल्ली से हम राजीव चौक पहुंचे। गेट नम्बर 5 पर निकल कर बाहर आए। अब इन्हे पालिका बाजार दिखाया। पालिका बाजार का एक चक्कर लगाकर हम वापस उसी रास्ते से मैट्रो में बैठकर पुरानी दिल्ली पहुंच गए। एक घंटे में मैट्रो की सैर हो गई और हम भी गुरु ॠण से उॠण हो गए। अच्छा हुआ गुरुजी ने मैट्रो की सैर के लिए कहा, वरना यहाँ तो अंगुठा मांगने की परम्परा है। गुरु से चतुर चेले हो गए, अंगुठा देते नही वरन दिखा जरुर देते हैं।

बाबा साहेब याने गिलहरे गुरुजी
यात्रा आयोजक ने सबसे कह दिया था कि दिल्ली घूमने के लिए आपके पास पूरा समय है, लोग उत्साहित थे, लेकिन इन्हे दिल्ली घुमने के नाम पर मात्र 3 घंटे ही मिले। इतने कम समय में कहाँ जाए और कहाँ न जाएं। हमारी मेट्रो से वापसी तक कुछ लोग चांदनी चौक और लालकिले तक हो आए थे। गिलहरे गुरुजी मुझे पुल पर मिले और गुस्से बोले "आई नेवर टॉक टू यू"। मेरा माथा भी ठनक गया। इतनी गरिष्ठ अंग्रेजी मुझे हजम नहीं हुई। मैने भी कह दिया "जैसे तोर मर्जी, मोरो मन नइ हे तोर ले गोठियाए के' और आगे बढ गया। मैने किसी का ठेका ले रखा है क्या? जो कोई भी मेरे साथ लद ले। थोड़ी देर बाद गुरुजी को लगा होगा कि गलत कह दिया। वे आए और साफ़-सफ़ाई देने लगे। मसूरी एक्सप्रेस प्लेटफ़ार्म पर लग चुकी थी। स्लीपर कोच के बीच एसी बोगी लगा रखी थी। हमारी सवारियां दो हिस्सों में बंट गयी। तीन कोच में सवारियाँ थी और टी टी भी तीन थे। पहले एस 2 के टी टी को टिकट चेक कराई।

जप ले  हरि का नाम बंदे - बंछोर जी
एस 4 का टीटी हमारे यात्रियों को टिकिट चेक होने के बाद भी परेशान कर रहा था। इस बोगी में वेटिंग की 5 सवारियाँ थी, उन्हे जनरल में भेजने की धमकी दे रहा था। वे सवारियाँ मेरे पास दौड़ कर आई। मैं जब टी टी ई के पास गया तो मुझे कुछ नहीं कहा। थोड़ी देर बाद सवारियों को फ़िर धमका दिया। बाद में पता चला कि वह प्रति सवारी 100 रुपए चाहता था। फ़िर मैने उसे हिन्दी में समझाया, तब उसे समझ आया। गजरौला स्टेशन में गाड़ी आधे घंटे रुकी, तब तक लगभग 12 बज गए थे। यह वही गजरौला है जहाँ से गजरौला टाईम्स निकलता है और एक कालम में चिट्ठाकारों की पोस्टें छपती हैं। मेरी भी कई पोस्टें गजरौला टाईम्स में प्रकाशित हो चुकी हैं। सभी सवारियों को व्यवस्थित करने के बाद मैने भी अपनी सीट पर सोने का इरादा बनाया तो वहाँ ठाकुर गुरुजी सोए थे। सोचा कि नीचे ही हिन्दुस्तान टाईम्स बिछाया जाए और लेट मारी जाए। लेकिन गुरुजी ने जबरन सीट खाली कर दी। उनका आग्रह न टाल सका और सीट पर सो गया।

मौनी बाबा - नम्बर 1
रात को किसी के अकेले ही बड़बड़ाने की आवाज नींद में खलल डाल रही थी। उठकर देखा तो एक माता जी अपने से बातें कर रही थी। मैने उन्हे हाथ जोड़ कर निवेदन किया, "माता जी आपकी कृपा हो तो मैं सो जाऊं, अगर आप चुप रहें। तीन दिनों से सोया नहीं हूँ।" माता जी ने कृपा की और चुप हो गयी। थोड़ी देर बाद फ़िर वही बड़बड़ाने की आवाज आई। माता जी पुन: शुरु हो चुकी थी। मैं भी उनके साथ चर्चा में शामिल हो गया। अल सुबह अमृतवाणी श्रवण कर पूण्य लाभ प्राप्त कर रहा था। पौ फ़टने को थी, मौनी बाबा (चौरसिया जी) भी उठ चुके थे। ये सुबह उठने के बाद से आठ बजे तक नित्य मौन रहते हैं। इशारों से ही बातें करते हैं। माता जी इनके पीत वस्त्रों से प्रभावित होकर 21 रुपए की दक्षिणा से स्वागत किया। मौनी बाबा इशारे मना कर रहे थे पर वो मानने वाली कहाँ थी, 21 रुपए थमा कर ही मानी। यहाँ से मौनी बाबा के वानप्रस्थ की शुरुवात हो चुकी। हम भी मजे ले रहे थे। हरिद्वार स्टेशन आ गया। सभी प्लेट फ़ार्म पर रोलकॉल के उपस्थित हुए। एक महिला यात्री कम निकली। उसे एक घंटे तक ढूंढा गया, पता चला कि वह पहले ही वेटिंग रुम में जा चुकी थी।

चाहिए हमदर्द का टानिक सिंकारा
स्टेशन से बाहर निकलते ही ठंड का अहसास हुआ। मैने अपनी लोई डाल ली। स्टेशन के बाहर गायत्री परिवार का सहायता केन्द्र बना था। वहां सम्पर्क करने पर उन्होने हमें गौरीशंकर 1 का पता दिया। ऑटो वाले भी सवारियों को देख कर अनाप-शनाप किराया बता रहे थे। पुल तक ही पंहुचाने का 40 रुपए मांग रहे थे। जबकि वहां का किराया 5 रुपए से अधिक नहीं है। हमने एक तांगा 15 रुपए सवारी में तय किया। हरिद्वार में सुबह-सुबह गुलाबी ठंडे एवं हवा के बीच तांगे की सवारी करने का मजा लेना जो था। हमारा तांगा चल पड़ा। तांगे वाला भी डेढ होशियार था। उसने हमें पुल की गंगा जी में उतरने वाली सीढियों के पास उतार दिया। पुल से विशाल जन समुद्र का विहंगम दृश्य दिखाई दे रहा था। नर-नारियों का रेला चारों तरफ़ से आ रहा था। पुल की सीढियों पर गंगा जी से चढने वालों की भीड़ थी। उतरने वालों को कोई जगह नहीं दे रहा था। हमें मालुम नहीं था गौरी शंकर 1 किधर है। इसलिए मैने किनारे से रास्ता बनाकर उतरना चाहा। यह कदम बड़ा खतरनाक रहा। दो बार पैर फ़िसलने के कारण गिरते गिरते बचा। जारी है.........आगे पढें।

रविवार, 2 अक्टूबर 2011

शुटिंग से बढता है आत्मबल ---- ललित शर्मा

छत्तीसगढ निर्माण होने के साथ ही प्रदेश में खेलों के प्रति सरकार ने विशेष ध्यान दिया। सभी खेलों के संघ गठित हुए और प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुई। जिससे खिलाड़ियों का रुझान खेलों की तरफ़ बढा। पहले सिर्फ़ एथलेटिक्स एवं व्हालीबाल, फ़ुटबाल, बैडमिंटन एवं क्रिकेट को ही खेल के रुप में जाना जाता था। राज्य गठन के पश्चात नए-नए खेलों का विस्तार हुआ। हमने कभी सोचा नहीं था कि शुटिंग जैसे खेल भी हमारे राज्य में प्रारंभ होगें। नवीन जिंदल के विशेष प्रयासों से छत्तीसगढ में शुटिंग प्रतियोगिताएं प्रारंभ हूई। उन्होने इस खेल के प्रचार एवं प्रसार में विशेष सहयोग एवं ध्यान दिया। छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ रायफ़ल एसोसिएशन के तत्वाधान में विगत 10 वर्षों से राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय रायफ़ल एवं पिस्टल के सभी इवेंट कराए जा रहे हैं। जिससे खिलाड़ी मालवणकर एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने में कामयाब हो रहे है। आशा है कि कुछ और वर्षों की मेहनत के पश्चात अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक भी अपनी पहचान बनाने में कामयाब होगें।


आज खुशी होती है कि ग्रामीण स्तर के खिलाड़ियों का रुझान भी शुटिंग की तरफ़ होने लगा है। लेकिन शुटिंग एक मंहगा खेल है जिसके लिए निरंतर अभ्यास की आवश्यकता है। एयर रायफ़ले ही विदेशों से आयात करनी पड़ती हैं, जिनकी कीमत लाखों में होती है। गृह मंत्रालय की अनुमति से ही इसे आयात किया जा सकता है। जो कि एक आम खिलाड़ी के लिए दुष्कर कार्य है। जिनके पास अपने हथियार हैं वे निरंतर अभ्यास पर रहते हैं, जिसमें धनिक वर्ग के लोग अधिक हैं। रायफ़ल एसोसिएशन के पास हथियार हैं, लेकिन वे प्रतियोगिता के समय ही सुलभ हो पाते हैं, जिससे अंतर्राष्ट्रीय मानक प्राप्त हथियारों से खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाते। देशी रायफ़लों से अभ्यास करने में अपेक्षित परिणाम नहीं आते। समय-समय पर कैंप आयोजित करके नित्य खिलाड़ियों को हथियार एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने चाहिएं। जिससे छत्तीसगढ के खिलाड़ियों को लाभ होगा।

हथियारों की सेटिंग एवं रख-रखाव का प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए। जानकारी के अभाव में नए खिलाड़ी अच्छा निशाना लगाने के बाद भी मैच से बाहर हो जाते हैं। इसके लिए उन्हे सही समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना चाहिए। रायफ़ल एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को समय पर जानकारी पहुंचानी चाहिए कि कब और कहाँ प्रशिक्षण कैंप लग रहे हैं। छतीसगढ के नाम से खेलने वाले दिल्ली वालों को जानकारी पहले मिल जाती है और राज्य के खिलाड़ियों को एक दिन पहले ही अखबारों के माध्यम से सूचना मिलती है। जो कि सही नहीं है। एक माह पहले से प्रतियोगिता की तारीख की घोषणा करके खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। जिससे दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा और प्रशिक्षण से उनका खेल भी सुधरेगा। तब ही सही मायने में नवीन जिंदल द्वारा की गयी कोशिशें परवान चढेगी। बला टालने वाला कार्य नहीं होना चाहिए। आवश्यकता हुई तो इस विषय पर नवीन जिंदल से भी चर्चा की जाएगी।

27 सितम्बर को राजधानी के माना केम्प स्थित पुलिस की शुटिंग रेंज पर प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक मुदित कुमार एवं आर्मी की प्रादेशिक सेना के कर्नल आर पी सिंग थे। इस अवसर पर प्रदेश के काफ़ी खिलाड़ी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के शुभारंभ का दिन ट्रायल का होता है। आए हुए खिलाड़ी हथियारों पर एक बार हाथ आजमाते हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ में एसोसिएशन के सामान्य सचिव राकेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष शुटिंग रेंज के विस्तार के लिए जिंदल स्टील द्वारा 50 लाख रुपए खर्च किए गए। आगे भी आवश्यकता पड़ने पर जिंदल स्टील और भी सहायता करने को तैयार है। अभी विस्तार की हुई शुटिंग रेंज विधिवत विस्तार होना है। सचिव एवं कोच दुर्गेश वशिष्ठ ने कार्यक्रम का संचालन किया। शुटिंग का खेल व्यक्ति को हथियारों के प्रति अनुशासन सिखाता है। साथ ही खिलाड़ी की एकाग्रता में विस्तार के साथ साहस बढाता है।

मेरी बेटियों श्रेयांसि एवं श्रुतिप्रिया ने 5 वीं कक्षा से ही इस प्रतियोगिता में भाग लेना प्रारंभ किया था और इन पांच वर्षों में दोनो ने 4 सिल्वर एवं एक गोल्डमेडल प्राप्त किया। अगर नवीन जिंदल रायफ़ल एसोसिएशन को अपना सहयोग नहीं देते तो यह संभव नहीं था। ऐसे ही बहुत से खिलाड़ी है जो खेल के प्रति आकर्षित होकर संसाधनों की कमी के पश्चात भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर सरकार का सहयोग मिले तो अवश्य ही छत्तीसगढ के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रिय स्तर तक प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हे हथियार एवं प्रशिक्षण की। इसकी तरफ़ छत्तीसगढ सरकार को विशेष ध्यान देना चाहिए एवं प्रदेश में एक शुटिंग अकादमी की स्थापना करनी चाहिए, जहाँ प्रतिभाओं को तराशा जा सके। सरकारी एवं जिन्दल कम्पनी के समवेत सहयोग से प्रदेश के खिलाड़ियों का भला हो सकता है। अकादमी खोलने के विषय पर मुख्यमंत्री महोदय से चर्चा की जाएगी।


NH-30 सड़क गंगा की सैर

शनिवार, 20 अगस्त 2011

मै भी अन्ना, तू भी अन्ना, सारा देश है अन्ना --- ललित शर्मा

राजीव तनेजा से साभार
बाबा पिट गए, अन्ना लिपट गए, भीड़ पीछे चल पड़ी, साथ-साथ हम भी चल पड़े हैं टोपी लगाकर। नहीं जाएगें तो लोग समझेगें कि हम भ्रष्ट्राचार का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए "जैसी बहे बयार,पुनि पीठ तैसी कीजै"। राम लीला मैदान में ऐतिहासिक लीला जारी है। लोग अपनी उपस्थिति देने पहुच रहे हैं..गाँव-गाँव तक मीडिया ने अन्ना की आवाज पहुंचा दी और भ्रष्ट्राचार से त्रस्त आम जनता सड़कों पर आ गयी। मीडिया ने मुद्दा लपक लिया, अन्ना के बहाने टी आर पी लेने के लिए। भ्रष्ट्राचार से त्रस्त लोगों का एक जन सैलाब उमड़ा, बरसाती नदी की तरह, जनता की भावनाएं उठान पर हैं,सरकार ने अनशन की अनुमति दे दी। हम भी घर बैठे समर्थन दे रहे हैं एक दिनी उपवास रख कर। वैसे भी हमारे समर्थन की कोई कीमत नहीं. कीमत उनके समर्थन की है जो नामी गिरामी हैं, जो हमेशा लाईम लाईट में रहना जानते हैं। मीडिया, ब्लॉग, फेसबुक पर बस यही मुद्दा छा रहा है. भ्रष्ट्राचार का खत्म करने के आन्दोलन का आगाज हो चुका है। अब जनमानस में सिर्फ एक यही बात है कि क्या लोकपाल बिल के पास होने से भ्रष्ट्राचार ख़त्म हो जायेगा?

आज अन्ना के इर्द-गिर्द एनजीओ के लोग दिखाई दे रहे हैं। एनजीओ के काम को देश की जनता जानती है। विदेशों से प्राप्त सहायता से लेकर सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की योजनाओं से धन प्राप्त कर अपना एनजीओ चला रहे हैं। फ़टा पुराना कुरता पहने अंग्रजी बोल कर गरीबों को बड़े-बड़े सपने दिखाने वाले ये लोग गरीबी मिटाने की बात कर अपनी अमीरी बढाते हैं और हवाई जहाज से कम यात्रा नहीं करते। क्या इन्होने कभी भ्रष्ट्राचार नहीं किया? सभी जानते हैं कि एक प्रोजेक्ट पास कराने के लिए कितनी राशि की बंदरबांट करनी पड़ती है तब कहीं जाकर कोई काम मिलता है। जब कोई भ्रष्ट्राचार में लिप्त व्यक्ति ईमानदारी का परचम उठाए तो उसे जानने वाले प्रत्येक व्यक्ति को नीयत पर संदेह होता जाता है। अनजाने में ही अन्ना इनकी ढाल बने हुए हैं।

इस आन्दोलन से एक बात तो साफ़ हो जाती है कि देश की जनता भ्रष्ट्राचार से आजिज आ चुकी है। भ्रष्ट्राचार सभी हदें पार कर चुका है। ऐसा नहीं है कि सभी लोग भ्रष्ट हैं, कुछ अपना कार्य ईमानदारी से करना चाहते हैं पर वर्तमान हालात यह हैं कि यदि कोई ईमानदारी से काम करना चाहता है तो उसे प्रताड़ित कर किनारे लगा दिया जाता है। उसकी हत्या कर दी जाती है। भ्रष्ट्राचार कैंसर की भांति देश की रग रग में समा गया है। यही प्रमुख कारण है कि अन्ना के भ्रष्ट्राचार विरोधी आन्दोलन को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोग सड़कों पर उतर कर समर्थन दे रहे हैं। अन्ना ही खुद कह रहे हैं कि भ्रष्ट्राचार का 100% निवारण नही तो 65% ही सही, कुछ तो कम होगा। नहीं मामा से काना मामा ठीक है। आज जरुरत है व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन की।

इस समय मुझे श्रीलाल शुक्ल के उपन्यास रागदरबारी के एक पात्र लंगड़दीन की याद आती  है. जो तहसील के बाबु को २ रुपये नहीं देता है और उसकी अर्जी हर बार ख़ारिज हो जाती है. उपन्यास के अंत तक लंगड़दीन के जमीन के सीमांकन की अर्जी स्वीकृत नहीं हो पाती। सवाल सिर्फ दो रुपये का है. पता नहीं इस व्यवस्था ने कितने ही लोगों को लंगड़दीन बना रखा है. इस तरह के लंगड़दीन तहसील, थाना, कोर्ट कचहरी, में मिलते ही रहते हैं. ये सच है कि बिना सेवा शुल्क दिए कोई भी काम किसी भी दफ्तर में संभव नहीं है. अब तो लोगों की मानसिकता यह बन गयी है कि बिना कहे ही नजराना पेश कर देते हैं. डर है कि अगर नहीं दिए-लिए तो काम नहीं होगा.

घर के मुखिया की फौत के बाद उत्तराधिकारी को नामांतरण करना पड़ता है. जमीन जायदाद उनकी है लेकिन नामातरण के लिए के भेंट पटवारी, बाबु तहसीलदार तक पहचानी ही पड़ेगी. एक मित्र ने मुझे मजाक में ही कहा था " फाइल एक टेबल से दूसरी टेबल तक २० बरस घुमती हैं, उसके साथ अर्जी दाता भी घूमता है फिर फाइल गायब हो जाती  है" यही सच है. अगर फाइल पर वजन न हो तो एक जीवन पूरा लग जाता है दीवानगी में. देर-सबेर नित्य ही लोगों को इससे सामना करना ही पड़ता है. ट्रेन में बर्थ के लिए टी.टी. खुले आम घुस लेता है. शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति बचा हो जिसने इनको बिना कुछ दिए सीट या बर्थ पाई हो. बड़े बड़े तुर्रम खां को भी इनके आगे गिडगिडाना पड़ता है. सारी भ्रष्ट्राचार विरोधी भावना एवं नैतिकता धरी की धरी रह जाती है.

भ्रष्ट्राचार वह उल्टा वृक्ष है, जिसकी जड़ें आसमान में है, और हम जमीन खड़े होकर उसकी डालियों एवं शाखाओं को ही काटने की कोशिश करते है. जिसका परिणाम यह होता है कि वह और भी तेजी से बढती है. इसे ख़त्म करना है तो जड़ में ही मठा डालना पड़ेगा। वक्त आ गया है देश के मतदाता को जागना होगा। अपने मतदान से बिना किसी प्रलोभन के ईमानदार सद्चरित्र व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि चुनें। अगर हम रिश्वत नहीं देगें तो लेना वाला कहाँ से लेगा, काम तो देर सबेर होगा ही। हमें भी प्रण करना चाहिए कि भ्रष्ट्राचरण को बढावा नहीं देगें। किसी पर दोष मढने की बजाए स्वयं को सुधारना आवश्यक है। कहते हैं कि भूत प्राण नहीं लेता पर हलाकान करता है और जब हम भूत के पीछे लठ लेकर पड़ जाते हैं तो वह भाग खड़ा होता है।

पता नहीं कितने लोगों ने आज तक भ्रष्ट्राचार पर लिख कर कलम घिसी होगी. कितने ही लोगों ने भ्रष्ट्राचारियों की शिकायत की होगी. आकंठ तक भ्रष्ट्राचार में डूबे हुए लोगों के कानो पर जूं नहीं रेंगती.नक्कारखाने में तूती की आवाज कौन सुनता है? व्यवस्थापिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका, एवं लोकतंत्र का चौथा खम्भा कहा जाने वाला मिडिया भी इससे अछूता नहीं है, नीरा राडिया और बरखा दत्त प्रकरण जग जाहिर है। भ्रष्ट्राचार का बोलबाला और सच्चे का मुंह काला. 

देश के युवाओं के उठ खड़े होने से कु्छ हालात बदलने की आहट सुनाई देती है, किसी ने कहा है कि एक व्यक्ति को कुछ दिनों तक बेवकूफ़ बना सकते हैं, कुछ सौ लोगों को कु्छ हफ़्ते महीनों तक, लेकिन सभी लोगों को हमेशा बेवकूफ़ नहीं बनाया जा सकता। आजादी से लेकर आज तक बेवकूफ़ बनने वाले लोग उठ खड़े हुए हैं इसी आशा में कि कुशासन, सुशासन में बदलेगा। देश को लूटने वाले भ्रष्ट्राचारियों का मुंह काला होगा, उनको सजा मिलेगी। कभी तो नया सबेरा आएगा। मै भी अन्ना, तू भी अन्ना, सारा देश है अन्ना।

बुधवार, 1 जून 2011

कल तक जहाँ मुकाम था वह घर नहीं मिला -मदकुद्वीप की ओर ----ललित शर्मा

आरम्भ से पढ़ें  आई.एस.बी.टी. पहुंच कर अविनाश जी को फ़ोन मिलाया, नहीं मिला। फ़िर खुशदीप भाई को फ़ोन मिलाया तो उन्होने बताया कि वे मेरठ जा रहे हैं और मुझसे कहा कि कल फ़ोन करते तो मैं रुक जाता। मैने कहा-कोई बात नहीं, आप पहले जो जरुरी हो वो काम कीजिए। मैने सोचा था अविनाश जी ने खबर करी होगी। निजामुद्दीन पहुंच कर पवन चंदन जी को फ़ोन लगाया तो उन्होने कहा-आप ऑफ़िस में पहुंचिए, चाय पानी पीजिए, तब तक मैं पहुंचता हूँ। मैं ऑफ़िस पहुंच गया, वहाँ एक अर्दली तैनात मिला। उसने चाय-पानी लाकर पिलाया। उसके बाद मैने अरुण राय जी को फ़ोन किया तो उन्होने कहा कि मैं अभी आता हूँ आपको लेने। आप सराय काले खाँ मिले। मैंने सोचा कि कुछ समय इनके साथ बिताया जाए।
अरुण जी ने सराय काले खाँ आकर बताया कि वे आ गए हैं, हम तुरंत उधर चल पड़े, जब मैं और पवन चंदन जी सराय काले खाँ पहुंचे तो रिंग रोड़ तक अरुण जी दिखाई नहीं दिए। उन्हे फ़ोन लगाया तो फ़ोन स्विच ऑफ़ मिला। 50 बार दोनो ने मिल कर फ़ोन लगाया। पवन चन्दन जी मुझे पूछ रहे थे कि आप पहचानते हैं कि नहीं। मैने कहा अभी शनिवार को तो मिले थे। क्यों नहीं पहचानुंगा। बहुत ढूंढा, आखिर न मिले। अचानक फ़ोन बंद होने के कारण कुछ आशंकाएं भी जन्म ले रही थी। आखिर ये दिल्ली है भाई, कुछ भी हो सकता है। इन्होने भी मुझे दुबारा फ़ोन लगाना गवारा नहीं समझा। न ही सूचना देना। हम वापिस प्लेट फ़ार्म पर आ गए। पवन जी ने अविनाश जी को फ़ोन लगाया, उनसे बात करते हुए मुझे फ़ोन पकड़ा दिया। तो अविनाश जी उधर शाहनवाज जी को फ़ोन पकड़ा दिया। शाहनवाज जी बताया कि वे अजीत राय जी के यहाँ जा रहे हैं। उनकी ब्लॉगिंग से संबंधित कोई समस्या है।

पवन चंदन जी के ऑफ़िस की खासियत यह है कि यहाँ ओपन ब्युटी पार्लर भी है। किसी को सजना संवरना होता है तो इनके ऑफ़िस के सामने ही पेड़ के नीचे सजता संवरता है और फ़िर अपने धंधे पर लगता है। हम पहुंचे तो कुछ बाबा नुमा लोग सुबह-सुबह धंधे पर जाने की तैयारी कर रहे थे। चटाई बिछा कर आईने के सामने टीके-टामे लगा रहे थे। इनका सजना भी जरुरी है। अगर निर्धारित भेष न होतो कौन उन्हे बाबा समझेगा और उनकी बाबागिरी कैसे चलेगी। हमारे गाँव के बाबा लोग जब मांगने नहीं जाते तो तालाब में बंशी लेकर बैठ जाते हैं और मछली फ़ांसते हैं और जब सज संवर कर निकलते हैं धंधे में तो लगता है कि हिमालय से आकर तपस्वी ने साक्षात दर्शन दे दिए। फ़िर शाम को भेष उतर जाता है और वही दारु और मच्छी का दौर शुरु।

दोपहर हो रही थी, गर्मी भी अच्छी ही थी। पवन जी के साथ उनके घर गए। स्नानादि से निवृत्त होकर भोजन किया। कुछ देर परिवार के साथ गप-शप होते रही। एक नजर इंटरनेट पर दौड़ाई तब तक 5 बज चुके थे। पवन जी ने कार स्पीड से चलाई। गाड़ी का टाईम 17.25 था।  15 मिनट में हम सराय काले खाँ पहुंच गए थे। प्लेट फ़ार्म पर पहुंचे तो बोर्ड गाडी आने का समय 19.40 दिखा रहा था। मैने ध्यान से नहीं देखा। मुझे 17.40 दिखाई दिया। मैने पवन जी कहा कि गाड़ी 15 मिनट लेट हो गयी है। पवन जी बोले कि पुरे सवा दो घंटे लेट है। मैने फ़िर से बोर्ड देखा तो अब सही दिखाई दिया। गाड़ी सवा दो घंटे ही लेट थी। पवन जी बोले की पहले पता चल जाता तो घर से ही आराम से आते। इतनी स्पीड से मुझे गाड़ी चलानी नहीं पड़ती। वो भी उस फ़्लाई ओव्हर पर से जिसे कलमाड़ी ने बनाया है। बहुत बड़ा रिस्क ले लिया था पवन जी ने, उनकी मारुती की स्पीड से यह फ़्लाई ओव्हर धराशाई भी हो सकता था।

हम वापस पवन जी के ऑफ़िस पहुंच गए। दो चाय पी और गपशप चलते रही। पवन जी ने गाड़ी का समय होने पर इन्क्वारी की तो गाड़ी प्लेटफ़ार्म पर लग रही थी। उनके एक अर्दली ने मेरा बैग उठाया और हम प्लेटफ़ार्म पर आ गए। बड़ी भीड़ थी, मध्यप्रदेश की ओर जाने वाली दो-दो गाड़ियाँ लगी थी और सम्पर्क क्रांति भी। लोग भ्रम में थे कि ये जबलपुर वाली सम्पर्क क्रांति है। पुछताछ कर रहे थे। हमने चार्ट देखा, और अपनी 1 नम्बर की बर्थ संभाली। गाड़ी चलते तक पवन जी वहीं थे। उनका आज पुरा दिन हमने ले लिया था। गाड़ी चल पड़ी। मेरी बर्थ के आमने-सामने वही ट्रिपल आई की परिक्षा दे कर लौट रहे विद्यार्थी थे। लेकिन पहले मिले बन्दरों से गंभीर थे। वापसी के समय रात्रि के 9 बज रहे थे। ट्रेन में खाना आ गया था, मैने नही लिया, सोचा कि आगरा में कुछ पैकेट बंद खाना लेकर खा लुंगा। ध्यान नही रहा कि सम्पर्क क्रांति आगरा में रुकती नहीं है। इसका पहला स्टापेज झांसी है। फ़िर पैंट्री से चिप्स और कोल्ड्रिंक लेकर आया। 

दुसरे दिन सुबह कटनी के पास आँख खुली। ट्रेन 4 घन्टे लेट हो चुकी थी। बिलासपुर लगभग 4 बजे पहुंचती। वहां अरविंद झा को फ़ोन लगाया तो पता चला कि वे साऊथ बिहार में पटना से आ रहे हैं। उनकी ट्रेन लगभग 5 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। गर्मी बहुत अधिक थी, लोग गर्मी के मारे तड़फ़ रहे थे। बच्चे रो रहे थे, ठन्डे पानी की बोतल भी 15 रुपए की हो गयी। 5 रुपए का पानी 15 रुपए में बिक रहा था और लोग मजबूरी में ले रहे थे। ट्रेन के विलंब होने के कारण हमारी ट्रेन लगभग 7-8 बजे के बीच रायपुर पहुंचती। मैने बिलासपुर में विचार बदल दिया और भाटापारा में रुकने का मन बनाया। सुबह मन्डुक ॠषि के मदकूद्वीप जाने की ठान ली। बहुत दिनो से मन में इच्छा थी लेकिन जा नहीं सका था। यहाँ पुरातत्व विभाग की खुदाई चल रही है और 11 वीं शताब्दी के मंदिरों की श्रृंखला मिली है। लगभग 6 बजे ट्रेन भाठापारा पहुंच चुकी थी। इस तरह हमारी लम्बी यात्रा को को यहाँ अल्प विराम मिला। अब कल चलते हैं और मदकु द्वीप की सैर करते हैं। आगे पढें…।

सोमवार, 16 मई 2011

३ बन्दर और मंसूबों का खून---------ललित शर्मा

यात्रा के लिए बहुत सारी तैयारियां करनी पड़ती है. गर्मी के मौसम में सबसे पहले तो टिकिट की व्यवस्था करनी पड़ती है. इसकी व्यवस्था हो जाये तो  फिर अन्य व्यवस्थाएं. टिकिट तो अल्पना जी ने पहले ही करवा ली थी. मुझे हिमाचल की और जाना था तो गर्म कपडे एवं पिट्ठू बैग भी रखना पड़ा. सुबह श्रीमती जी ने ३ बजे उठ कर खूब सारा खाना बना दिया, अतिरिक्त कपडे भी बैग में डाल दिए.हमारी ट्रेन रायपुर सुबह ७.४० पर थी. मैंने सुबह ६.३० को ही अल्पना जी को फोन लगा दिया, और रायपुर के लिए चल पड़ा, मेरा सोचना रहा है कि ट्रेन भले ही लेट हो जाये, पर सवारी को लेट नहीं होना चाहिए. हमारे साथी भी तैयार थे जाने के लिए. रायपुर से मुझे अल्पना जी एवं जी.के.अवधिया जी को गोंडवाना एक्सप्रेस की सवारी करनी थी. दुर्ग से बी.एस.पाबला एवं संजीव तिवारी जी को इसी ट्रेन में चढ़ना था.

मैं स्टेशन में गेट के सामने बैठ कर दिल्ली जाने वाली सवारियों का इंतिजार करने लगा. सबसे पहले अल्पना जी पहुची. मैंने उन्हें देख लिया था,  लेकिन वे भी थोडा ढूंढे इसलिए चुप बैठ कर मजा लेने लगा. तभी वे चिंतित दिखाई दी तो मुझे सामने आना ही पड़ा. ट्रेन आ चुकी थी, मेरी निगाहें अवधिया जी को ढूंढ़ रही थी. उनकी भी सीट हमारी ही बोगी में थी. बोगी में पहुचने पर देखा तो अवधिया जी अपनी सीट संभाल चुके थे. सुबह घर से नास्ता करके नहीं चले थे. इसलिए रायपुर और भिलाई के बीच में नास्ता किया. तभी पाबला जी का फोन आ गया. मैंने बताया कि ट्रेन रायपुर से रवाना हो चुकी है.अब वे भी स्टेशन की और चल पड़ें. संजीव तिवारी जी से फोनिक चर्चा हुयी. उनकी  ए.सी बोगी की टिकिट थी. उन्होंने बताया की पाबला जी की टिकिट कन्फर्म नहीं हुयी है. तो हमने अपनी सीटों पर स्थान बना दिया. दुर्ग स्टेशन पहुचने पर दिखाई नहीं दिए. ट्रेन चलने पर मैं फिर अपनी बोगी में वापस आ गया.

वादे के अनुसार राजनादगांव आने पर संजीव तिवारी जी इडली का नाश्ता लेकर आ गए. मैंने अवधिया जी को बुलाया और सबने इडली का नाश्ता किया. संजीव भाई ने कुछ फोटुएं ली. रायपुर से ३ बन्दर भी हमारे साथ थे. वे हर वे तिलमिला रहे थे.जब से ट्रेन में सिगरेट पीना बंद हुआ है.तब से ऐसे दृश्य अक्सर देखने मिल जाते हैं. वे बार-बार टॉयलेट की तरफ भाग रहे थे. पूछने पर पता चला की ट्रिपल आई (तीसरी आंख) का एक्जाम देने दिल्ली जा रहे हैं. उन्होंने एक बार भी पढाई के विषय में चर्चा नहीं की. कुल मिला कर माँ बाप की आँखों में धूल झोंक कर अपना भविष्य बर्बाद करने की राह पर थे. रात का जागरण होने के कारण मुझे नींद आ रही थी. मैंने दोपहर में एक झपकी ली और थोड़ी देर बाद नागपुर पहुँच गए. पर पाबला जी के दर्शनों का लाभ अभी तक नहीं मिल पाया था.

नागपुर में हमारे मयारू दाऊ जी एक्साईज सुपरिटेंडेंट सूर्यकांत गुप्ता जी पहुच चुके थे. नागपुर में ट्रेन का इंजन एवं मार्ग बदली होता है. इसका हमने भरपूर फायदा उठाया. दाऊ जी से काफी दिनों के बाद मुलाकात हुयी. पाबला जी ने मुलाकात के दृश्यों का वेब कास्ट किया. मोबाईल से बढ़िया चित्र आये. नागपुर में पानी लिया. मेडम ने अपनी पानी की बोतल घर से भर रखी थी और हम स्टेशन की पानी की बोतल से काम चला रहे थे. नागपुर से ट्रेन चलने पर हमने भोजन किया और मैंने फिर सोने की ठान ली. मेडम बंदरों का खेल देखती रही.बंदरों की उछल कूद जारी थी. 

इटारसी पहुचने पर अंसारी साहब का फोन आया. वे खाना लाने को कह रहे थे. लेकिन हमारे पास खाना इतना सारा था कि ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था. शाम के नास्ते में बची हुयी इडलियों पर हाथ साफ़  किया. अवधिया जी की पूरी सब्जी एवं मेडम का थेपला ज्यों की त्यों रखा था. रात को भोजन में थेपला ही लिया.ए.सी. सवारियां अपने ठिकाने पर थी. भोपाल शहर का पानी मटमैला है. इसलिए पीने की इच्छा नहीं होती. पहले जब हमारी राजधानी भोपाल थी. तब यहाँ आना-जाना लगा रहता था. लोग पान के साथ चूना अधिक खाते हैं. यहाँ के पानी में कैल्सियम की कमी बताई जाती है. भोपाल शहर के साथ बहुत सी पुरानी यादें जुडी हैं. यहाँ से बीना तक हमने भोजन किया और बीना स्टेशन पर पहुचने पर मित्रों ने आतिशबाजी शुरू कर दी. उनका यह अंदाज पसंद आया. यहाँ  प्लेटफार्म  पर  कूछ देर पैदल मार्च भी किया. यहीं पर मैंने कादम्बनी का वह अंक ख़रीदा जिसमे पियूष पांडे ने एक लेख में वेब कास्टिंग का जिक्र किया है. अब रात के ११ बज रहे थे. सोने का समय था.बन्दर अभी तक उछल कूद में ही लगे थे.

सुबह मथुरा के आस-पास आँख खुली. ७.१० पे अलवर जाने वाली पेसेंजर खड़ी थी. एक बार तो मन में आया कि यही से उतर कर गोविन्दगढ़, अलवर,खैरथल, जिन्दोली ओर चला जाये. जाना हमें दिल्ली था. कार्यक्रम के पश्चात् तो कहीं की भी यात्रा बन सकती है.  बन्दर गांजे की सिगरेट के चक्कर में लगे हुए थे. मेडम उनींदी थी, बंदरों की उछल-कूद ने उन्हें सोने नहीं दिया. सुबह सोने का यत्न करने लगी. अब दिल्ली पहुचने का समय हो गया था. एक बन्दर ने अलग-अलग रंग की चप्पले पहन रखी थी. शायद के चप्पल खलमाडी को भेंट चढ़ा आया था और खालिस्थान की पूर्ति मंदिर से कर ली थी. अंतत: ट्रेन निजामुद्दीन ८ बजे पहुच गयी. पाबला जी से मुलाकात यही हुयी.स्टेशन पहुचने पर अविनाश जी को फ़ोन लगाया गया. उन्होंने रुकने के स्थान का पता दिया. पाबला जी ने पूछा कि वहां ए.सी है  कि  नहीं? अविनाश जी ने अनभिज्ञता जाहिर की. संजीव तिवारी जी ने बताया कि सुनीता शानू जी का फोन आया था ओर उन्होंने अपने घर रुकने का इंतजाम कर रखा है. फिर हमने तय किया कि पहाड़ गंज के होटल में आश्रय लिया जाये. वहीँ से स्नानादि करके आगे का कार्यक्रम बनाया जाये.

होटल पहुचने पर कमरे बुक कराये गए. आज कल होटलों में एड्रेस प्रूफ देना पड़ता है. दिल्ली में आतंकी घटनाओं के बाद पुलिस  ने अनिवार्य कर दिया है. जब मैंने अपने एड्रेस प्रूफ के लिए बैग की तलाशी ली तो मेरा एटीएम्, ड्राइविंग लायसेंस, आई कार्ड कुछ भी नहीं मिला. यहीं से खोपड़ी ख़राब हो गयी. यह सब बैग बदलने के चक्कर में घर पर ही भूल आया था. वैसे विजिटिंग कार्ड पड़े थे. होटल वाले ने उसी से काम चला लिया. लेकिन मेरी आगे हिमाचल में मोटर सायकिल से यात्रा करने के मंसूबों का खून होते नजर आ रहा था. मेरी मेल में उनकी स्केन कापी पड़ी थी. लेकिन उसे प्रिंट करके हुबहू बनाने वाला भी चाहिए था. लेकिन कोई उचित माध्यम नहीं मिल पा रहा था इस काम के लिए, मैंने पहले तो स्केन  कापी ढूँढना चाहा. मेल बॉक्स भरा पड़ा था. सर्च करके देखने पर भी  वह मेल पकड़ में नहीं आ रही थी. सब अपने-अपने रूम में पहुच चुके थे ओर मै मेल बाक्स से माथा-फ़ोड़ी कर रहा था........ आगे  पढ़ें 

शनिवार, 30 अप्रैल 2011

छत्तीसगढ़िया ब्लागरों के दल का दिल्ली में जोरदार स्वागत

संजीव तिवारी, पवन चोटिया,अल्पना देशपांडे,ललित शर्मा,सुनीता शानू, शाहनवाज सिद्धकी, बी एस पाबला, दिनेश राय दिवेदी, खुशदीप सहगल, जी के अवधिया, सतीश सक्सेना.
 आरम्भ से पढ़ें  छत्तीसगढ़िया ब्लागरों का दल दिल्ली पहुँच चुका है. सुबह निजामुद्दीन पहुँचने पर मित्रों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया. आतिशबाजी के साथ धमाल बैंड पार्टी ने रंग जमा दिया. अविनाश वाचस्पति जी ने फोन पर स्वागत करते हुए ठहरने के स्थान का पता बताया. हम सभी मित्रों के आभारी है.

गर्मी के इस मौसम में  सभी की इच्छा होती है कि हिल स्टेशन पर जा कर कुछ ठण्ड का मजा लें. हम सभी भी ( बी.एस.पाबला जी, संजीव तिवारी जी, अल्पना देशपांडे जी, जी.के. अवधिया जी एवं मै) हिल स्टेशन (पहाड़गंज) पहुँच कर एक होटल में ठहर गए.

सुनीता बहन ने स्नेह पूर्वक फोन करके अपने घर आने का निमंत्रण दिया, सिर्फ यही नहीं वे होटल स्वयं लेने भी आई, पवन जी ने बहुत पहले ही दिल्ली आने पर घर आने का निमंत्रण दिया था. जिसे स्वीकार करते हुए, हम सब उनके यहाँ पहुच चुके हैं. दिनेश राय दिवेदी जी कल से ही दिल्ली आ चुके हैं.उनके साथ खुशदीप सहगल, शाहनवाज सिद्धकी जी , सतीश सक्सेना जी भी सुनीता शानू जी के घर हम लोगों से मिलने के लिए पहुचे.कुछ ही देर में हम हिंदी भवन के लिए रवाना हो रहे है. महफूज अली, गिरीश बिल्लोरे, संगीता पुरी जी फोन से संपर्क में हैं. आगे पढें 

शुक्रवार, 29 अप्रैल 2011

फ़िर वही दिल लाया हूँ --- ललित शर्मा

सुबह हो चुकी है,दिल्ली जाने वाली सवारियाँ चल पड़ी है। मित्रों से मिलने की खूशी में रात नींद कम ही आई। मिलते हैं कल सुबह दिल्ली में। जहाँ सजेगी महफ़िल दीवानों की, दिलवालों की। हम भी दिल ही लाए हैं आपके लिए। नकली नहीं, असली धड़कता हुआ दिल। जरा कान लगाएगें तो स्पंदन सुनाई देगा। इसका दुर्लभ  चित्र हमने ही कल सुबह लिया है।

अब चलते हैं और मिलते हैं ब्रेक के बाद सुबह निजामुद्दीन के नुक्कड़ पर, जहाँ होंगे अविनाश वाचस्पति जी, पवन-चंदन जी, अजय झा जी, राजीव तनेजा जी, पद्म प्रतापसिंह, खुशदीप सहगल और भी जाने माने ब्लॉगर मित्र।

गुरुवार, 28 अप्रैल 2011

दिल्ली जाने वाले यात्री अपनी सीट संभाल लें --- ललित शर्मा

घड़ी की टिक-टिक के साथ वह घड़ी भी समीप आ रही है जब परिकल्पना साकार होगी, जब ब्लॉगोत्सव महाकुंभ दिल्ली में ब्लॉगर आभासी दुनिया से बाहर निकल कर आपस में स्नेह भाव से भेंट करेंगे। छतीसगढ से दिल्ली जाने वाला स्पेसयान लांचिग प्लेटफ़ार्म पर तैनात कर दिया गया है। मुख्य पायलट बी एस पाबला जी ने को-पायलट जी के अवधिया के साथ स्पेसयान लांच करने की सभी प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली है, उल्टी गिनती चालु है, दिल्ली पहुंचने वाले यात्री अपनी सीट संभाल लें, फ़िर न कहना कि जादू नहीं दिखाया। हम भी तैयार हैं, हिन्दी भवन भी तैयार होकर खुशदीपों का आलोक प्रसारित कर रहा है। 21 मई से पहले हमने भी सोचा कि ब्लॉगर मित्रों से मिल ही लें, जादू की जप्फ़ी पा लें, यारां नाळ रज्ज के मिलना और मिल कर आनंद लेना, यही जीवन का उद्देश्य है।

ब्लॉग इतिहास रचा जा रहा है। जिसका साक्षी होना मेरे लिए और मित्रों के लिए गर्व की बात है। अल्लामा इकबाल ने कहा है – “हमे भी याद रखना जब लिखें तारीख़ गुलशन की”। जब अल्लमा इकबाल इतिहास में दर्ज होना चाहते हैं तो ब्लॉगर तो विशुद्ध ब्लॉगर ठहरे, कौन ब्लॉगर कम है, जिन्होने इतिहास बनाया है, वे इतिहास लिखेंगे और इतिहास में दर्ज भी होगें। परिकल्पना साकार होकर मूर्त रुप ले रही है। जिसका समय को इंतजार था कि ब्लॉगिंग पर कुछ सार्थक कार्य हो। वह अब होने जा रहा है। जिस पर ब्लॉग जगत को गर्व होगा। सभी मित्रों को परिकल्पना ब्लॉगोत्सव द्वारा खुला आमंत्रण है। संगीता पुरी जी झारखंड से दिल्ली के लिए चल पड़ी हैं।

छतीसगढिया यात्रा दल स्पेसयान के साथ
कुछ चीलगाड़ी में भी आएगें, कुछ अपने वाहनो से, कुछ सरकारी वाहनों से। हमने सोचा कि जब देश के विज्ञानियों ने बहुत तरक्की कर ली है अब ब्लॉगर कुंभ स्पेशल स्पेशयान से ही पहुंचा जाए। खुब जमेगा मेला जब मिल बैठेगें दीवाने ब्लॉगर। पिछले समय ब्लॉगर मिलन का अपुर्व आनंद आया। उसका अहसास ही गुंगे के गुड़ जैसा है। हमारा स्पेस शटल लैंड करेगा पवन चंदन जी की चौखट पे। वहीं से आगे का कार्यक्रम तय किया जाएगा। चौखट के लिए स्पेसयान रायपुर से चलेगा जिसमें हम, अल्पना देशपाण्डे जी, जी के अवधिया जी सवार होगें। उसके पश्चात दुर्ग से संजीव तिवारी जी सवार होगें। भाई अशोक बजाज जी अपने लाल बत्ती वाले यान में पहुंचगें। सुबह के नास्ते में इडली का स्वाद लिया जाएगा राजनांदगाँव में, दोपहर का खाना नागपुर में होगा। जहाँ सूर्यकांत गुप्ता जी मौजूद रहेगें। शाम को घोड़ा डोंगरी में चाय का इंतजाम है ससुराल वालों ने, उसके पश्चात रात का खाना भोपाल से प्रारंभ होगा जो बीना तक चलेगा। बीना में आधा घंटा चहल कदमी करके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाएगा और वहीं से जबलपुरिया साथियों का स्पेश शटल गिरीश बिल्लौरे के नेतृत्व में इसी स्पेशयान से जुड़ जाएगा।

जबलपुरिया शटल
दिल्ली बहुत दूर है उनके लिए, जिन्होने अपने दिल के दरवाजे बंद कर रखे हैं। दिल्ली के लिए दिल के दरवाजे खूले रखना आवश्यक है। यह बात तत्कालीन रक्षामंत्री जार्ज फ़र्नांडीज ने अच्छी तरह समझी थी। उन्होने कृष्ण मेनन बंगला नम्बर 3 के दरवाजे ही उखड़वा दिए थे। ताकि कोई भी बेरोकटोक प्रवेश कर सके। हमारे पास बंगला तो नहीं है दिल्ली में, पर दिल जरुर है, उनकी सीख काम आई और दिल की चौखट से किवाड़ ही निकलवा दिए हमने। तभी न दिल्ली में ब्लॉगर मित्र खुले दिल से मिलते हैं और हर मुलाकात अविस्मरणीय होती है। खटाखट कैमरे चलते हैं, धड़ाधड़ पोस्ट लिखी जाती हैं, ब्लॉग जगत को पल-पल की सूचना दी जाती है। जिसे देख के किसी भी वी वी आई पी कहाने वाले को ईर्ष्या हो सकती है, कहने का मतलब यह है कि रज्ज के मजा लिया जाता है और हिन्दी ब्लॉगिंग के विकास पर गंभीर सार्थक चिंतन किया जाता है।

जब रविन्द्र प्रभात जी ने परिकल्पना उत्सव प्रारंभ किया था तो हमने भी नहीं सोचा था कि यह ब्लॉग़िंग के इतिहास में मील का पत्थर बनने जा रहा है। ब्लॉगोत्सव ने सफ़लता के झंडे गाड़ दिए। अविनाश वाचस्पति जी, रश्मि प्रभा जी एवं रणधीर सिंह सुमन जी, जाकिर अली “रजनीश” भी परिकल्पना उत्सव में सक्रीय सहभागी रहे, ब्लॉगत्स्व समिति में मुझे भी स्थान दिया गया। रविन्द्र जी गत कई वर्षों से ब्लॉग़ विश्लेषण कर रहे हैं। नए-पुराने सभी ब्लॉग पर उनकी पैनी नजर रह्ती है। यह श्रम साध्य कार्य्र है, एग्रीगेटर बंद होने से यह कार्य और भी कठिन हो गया है। तब भी ब्लॉग समीक्षा का कार्य निरंतर जारी है। ब्लॉग इतिहास पर पहली पुस्तक एवं हिन्दी ब्लॉगिंग अभिव्यक्ति की नई क्रांति का प्रकाशन किया गया है, इनका विमोचन भी कार्यक्रम के दौरान होना है।ब्लॉगोत्सव की पूरी टीम को साधुवाद।

शनिवार, 18 दिसंबर 2010

दिल्ली में मिलेंगे भाई अशोक बजाज

कल भाई अशोक बजाज से मिलने गए बधाई देने के लिए। भाई अशोक बजाज कार्यकर्ताओं के प्रिय है। सहज मिलन सार और सबकी सुनने वाले व्यक्तित्व के स्वामी होने के कारण कोई  भी पीड़ित व्यक्ति अपनी बात आसानी से कहता और उसका उचित समाधान भी पाता है। इसलिए इनके यहाँ हमेशा मिलने वालों का तांता लगा रहता है।
ललित शर्मा और अशोक बजाज जी

आप 5 वर्षों तक रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष भी रहे है जिसके कारण जनता तक सीधी पहुंच भी रही है। जब से इन्हे राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष की महती जिम्मेदारी मुख्यमंत्री रमन सिंग जी ने सौंपी है. कल का दिन इनके साथ ही गुजरा। 22 तारीख को दोपहर 1 बजे पदभार ग्रहण कार्यक्रम होगा जिसमें सभी वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल होगें। इस कार्यक्रम आप सभी आमंत्रित हैं।
भिलाई के जनप्रतिनिधि

आज शाम को भाई अशोक बजाज दिल्ली पहुंच रहे हैं। पार्टी के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए। चाणक्यपुरी छत्तीसगढ सदन में मिलेगें। और 20 तारीख को शाम की फ़्लाईट से रायपुर पहुंचेगे। वे दिल्ली के ब्लागर बंधुओ से भी मिलेगें। दिल्ली के ब्लागर बंधु पाबला जी और अजय झा जी से सम्पर्क कर सकते हैं। पाबला जी का मेल आई डी bspabla@gmail.com है अन्य जानकारी के लिए छत्तीसगढ सदन के फ़ोन नम्बर 011-46156000 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

अभनपुर नगर की पुर्व अध्यक्ष प्रमिला सिंन्हा और कार्यकर्ता