ललित शर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ललित शर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 9 अप्रैल 2014

तुम बहुत याद आओगे …………

जैसा नाम था वो वैसा ही अलबेला था। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि वो अलबेला कवि हमारे बीच नहीं रहा। दो तीन पहले ही उसके अस्वस्थ होने की सूचना मिली थी और मैने ईश्वर से प्रार्थना की थी। मेरी प्रार्थना स्वीकार नहीं हुई और अलबेला कवि हमें छोड़ कर अनंत यात्रा पर चल पड़ा। सृष्टि का नियम है जिसे आना है उसे जाना ही पड़ेगा। परन्तु इतनी कम उम्र में जाना होगा ये सोचा भी नहीं था। मेरा और अलबेला कवि का परिचय अधिक दिनों का नहीं, बस कुछ वर्षों का ही था। परन्तु जब भी हम मिले तो ये नहीं लगा कि किसी औपरे आदमी से मिल रहा हूँ। वही आत्मीयता और वही अपनापन। 
रायपुर प्रेस क्लब में - गिरीश पंकज, अनिल पुसदकर, बी एस पाबला, अलबेला खत्री, ललित शर्मा, राजकुमार ग्वालानी, शरद कोकास

राज भाटिया जी ने जब तिलियार (रोहतक हरियाणा) में ब्लॉगर मीट का आयोजन किया तो मैं पानीपत से भाई यौगेन्द्र मौद्गिल के साथ रोहतक पहुंचा। अगले दिन ब्लॉगर मीट में सम्मिलित होने अलबेला खत्री विशेष रुप से रोहतक पहुंचे। ब्लॉगर मीट के पश्चात राज भाटिया जी के घर में हमारी महफ़िल जमी। जिसमें नीरज जाट, केवल राम, अंतर सोहिल थे। यौगेन्द्र मौदगिल जी तो रात को पानीपत लौट गए थे। मुझे सर्द गर्म हो गई थी तो इन्होने मुझे अपने बैग से अजवाईन निकाल कर दी और गर्म पानी के साथ लेने कहा। सुबह उठने पर सर्दी गायब हो गई थी। रात भर कविताओं का दौर चलता रहा और मैने अपने ब्लॉग से छांट-छांट कर कविताएँ पढी। 4 बजे तक कवि गोष्ठी चलती रही। इधर नीरज जाट और केवल राम खर्राटे भरते रहे। 
रोहतक में - अलबेला खत्री, संगीता पुरी, ललित शर्मा, राजीव तनेजा योगेन्द्र मौद्गिल

एक ब्लॉग़र के रुप में अलबेला खत्री की अलग ही पहचान थी। शब्दों के खिलाड़ी थे वह। जब भी मंच पर पहुंचते रौनक जमा देते। मेरा जब भी मौज लेने का मन होता तो रात 12 बजे भी फ़ोन लगा लेता था और फ़िर ठहाके गुंजते थे बियाबान में भी। एक दिन मुझे फ़ोन लगा कर कहा कि पिथौरा के कवि सम्मेलन में आ रहा हूँ और वापसी में मुलाकात होगी। उस दिन मैं विशेष तौर पर सिर्फ़ उनसे मिलने के लिए रायपुर पहुंचा। पिथौरा से बस आयी और अम्बेडकर चौक से मैने अलबेला को अपने साथ लिया। एक सूटकेस था उसके हाथों में और सांस फ़ूली हुई थी। मतलब दो कदम भी चलना मुस्किल था। सूटकेस मैने उठा लिया और हम पैदल-पैदल चल कर संस्कृति विभाग में राहुल भैया के दफ़्तर में पहुंचे। उस दिन मुझे लगा कि इन्हें अस्थमा है। वहाँ से हम अनिल पुसदकर जी के आफ़िस पहुंचे और कुछ देर रुक कर अनिल भाई के साथ हम उन्हे स्टेशन छोड़ने गए। उन्हें हावड़ा अहमदाबाद की ट्रेन से सूरत जाना था।
रायगढ़ मे- अलबेला खत्री, ललित शर्मा, प्रताप फ़ौजदार, वी पी सिंह, यौगेन्द्र मौद्गिल

अक्टुबर माह में रायगढ़ स्थित नलवा प्लांट में आफ़िसर्स क्लब द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया था। अलबेला भाई एवं प्रकाश यादव जी के विशेष आग्रह पर मुझे भी 19 अक्टुबर के इस कार्यक्रम में सम्मिलित होना था। सुबह एयरपोर्ट से प्रताप फ़ौजदार एवं यौगेन्द्र मौद्गिल जी को साथ लेकर बिलासपुर पहुंचे और वहाँ से प्रदीप चौबे जी को लेकर शाम होते तक रायगढ़ पहुंचे। इसी में सारा दिन चला गया। रायगढ़ पहुंचने पर कर्नल वीपी सिंग और अलबेला खत्री जी से भेंट हुई। मंच पर पहुंचने की तैयारी करते हुए अलबेला भाई ने हुक्का जैसा इन्हेलर निकाला और दवाई डाल कर दो-तीन सुट्टे मारे। अस्थमा का जोर दिखाई दे रहा था और उनकी सांस फ़ूल रही थी। थोड़ी देर में सांस स्थिर हुई तो हम मंच पर पहुचे। एतिहासिक कवि सम्मेलन था। उसके बाद हम साथ ही रायपुर लौटे।
रोहतक में सुबह की चाय - अलबेला खत्री और राजभाटिया जी

अलबेला खत्री का पूरा नाम टिकमचंद खत्री था। पर काव्य मंचों पर अलबेला खत्री के नाम से ही प्रसिद्धि मिली। रायगढ़ कवि सम्मेलन के बाद हमारी मुलाकात नहीं हुई। परन्तु फ़ोन पर चर्चा होते रहती थी। विगत एक माह से कोई फ़ोन पर कोई चर्चा नहीं हुई थी सिर्फ़ फ़ेसबुक की राम राम चल रही थी। अपडेट से पता चला था कि 8 अप्रेल को सोनीपत में कवि सम्मेलन है जिसमें सुनीता शानु भी उपस्थित रहेगी। इससे पहले ही उनकी अस्वस्थता का समाचार आ गया और 8 अप्रेल को कवि सम्मेलन में उपस्थित होने से पूर्व ही अलबेला भाई हमें छोड़ कर चले गए। कहा जाए तो उनके जाने से साहित्य जगत, ब्लॉग मंच एवं कवि सम्मेलन के मंच के साथ मेरी भी व्यक्तिगत क्षति हुई है। अब वो ठहाके सिर्फ़ यादों में ही रह गए। रह रह कर अभी गूंजते हैं मन की गहराईयों में। चलो संयोग हुआ तो फ़िर कभी मुलाकात होगी………

सोमवार, 28 अक्टूबर 2013

परिकल्पना साहित्य सम्मान काठमाण्डू

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
होटल पहुंचने के बाद पता चला कि आज भी हमारे जैसे बचे-खुचे लोगों के लिए छोटा सा कार्यक्रम रखा गया है। सारे ब्लॉगर साथी तो थे ही। होटल के एक हॉलनुमा कमरे में सोफ़े और कुर्सियाँ लगाई गई। पीछे परिकल्पना ब्लॉगर सम्मान का बैनर लगाया गया। हम चाय पीकर रेस्टोरेंट में गप्पे हाँक रहे थे। उधर से बार-बार बुलावा आ रहा था कार्यक्रम में शामिल होने के लिए। 
श्री सनत रेग्मी द्वारा गिरीश पंकज जी का सम्मान
मनोज भावुक, सरोज सुमन, सुशीला पुरी शैलेष भारतवासी, पाबला जी इत्यादि यहीं जमें हुए थे। लगातार फ़ोटो लेने के कारण मेरे कैमरे की बैटरी ने आखिर जवाब दे दिया। मैं कैमरे को अपने कमरे में रख आया और कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया। सूचना मिली कि आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रज्ञा प्रतिष्ठान के सचिव सनत रेग्मी जी होगें।
श्री सनत रेग्मी द्वारा ललित शर्मा का सम्मान
कार्यक्रम प्रारंभ सुनीता यादव के सरस्वती वंदना गायन से हुआ, सुशीला पुरी, रविन्द्र प्रभात, सनत रेग्मी, गिरीश पंकज पीठासीन हुए, कार्यक्रम का संचालन लखनऊ से पधारे डॉ रामबहादुर जी ने संभाला। सबसे पहले बचे खुचे ब्लॉगर्स में बी एस पाबला, गिरीश पंकज, ललित शर्मा, संजीव तिवारी का उत्तरीय स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र से सम्मान किया गया। संजीव तिवारी की अनुपस्थिति में छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रचार प्रसार के लिए उन्हें दी गई सम्मान सामग्री मुझे ग्रहण करनी पड़ी। 
श्री सनत रेग्मी द्वारा बी एस पाबला जी का सम्मान
इसके पश्चात सनत रेग्मी जी कहा कि इस कार्यक्रम ने दो देशों के बीच सेतू बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होने परिकल्पना की टीम को इसके लिए साधूवाद दिया तथा कहा कि समय अधिक हो चुका है और 9 बजने के बाद काठमाण्डू पूरी तरह बंद हो जाता है इसलिए मुझे जाना होगा। 
मनोज भावुक काव्य पाठ करते हुए
इस कार्यक्रम के बाद कवि एवं कवियत्रियों को अपना भौकाल टाईट करना था। सभी अपनी काव्य सामग्री साथ लाए थे। सुनीता यादव, डॉ रामा द्विवेदी, विनय प्रजापति, मुकेश सिन्हा, मुकेश तिवारी, गिरीश पंकज, सुशीला पुरी, रविंद्र प्रभात, डॉ राम बहादुर इत्यादि ने अपना कविता पाठ किया। मनोज भावुक जी ने अपनी भोजपुरी गजलों से मौसम को हरा भरा कर दिया तथा सरोज सुमन जी ने भोजपुरी गजलें गा कर माहौल जमा दिया।
मुकेश सिन्हा काव्य पाठ करते हुए
नमिता राकेश ने हिन्दी और पंजाबी में कविता पाठ किया, "आदमी से दूर होता जा रहा है आदमी, आदमी की आदमियत पर भरोसा क्या करें, अपनी हस्ती खुद मिटाता जा रहा है आदमी " तथा पंजाबी कविता के अंश - " ओह वी उडना चाउन्दी सी, पतंग वांग, पर उसदी उडारी निरबर सी,उसनू दित्ती जाण वाली ढील ते " इस तरह सभी काव्य पिपासुओं ने अपनी-अपनी कविताएं भांजी।
संपत मोरारका काव्य पाठ करते हुए
पाबला जी कार्यक्रम के बीच से उठ कर चले गए थे। शायद उन्हे भूख लग रही थी। कविता पढने का मुक्त आह्वान तो मुझसे भी किया गया था। समस्या यह थी कि कविताएं मुझे याद नहीं रहती। अगर व्यक्ति लगातार काव्य गोष्ठियों में गमनागमन करता रहे तो करत करत अभ्यास के कविताएं याद हो जाती है। मैने सोचा था कि यदि कविता पढने का मौका आएगा तो अपने ब्लॉग से निकाल लुंगा। 
सुनीता यादव काव्य पाठ करते हुए
लेकिन हम ऐसे होटल में रुके थे वहां इंटरनेट की सुविधा नहीं थी। साथ ही भारत के फ़ोन यहाँ आने के बाद बंद हो गए इसलिए डॉटा कार्ड का भी इस्तेमाल नहीं हो सकता था। इस समस्या के कारण मैं चूक गया और कविता पाठ न कर सका। खैर कोई बात नहीं अब कुछ कविताएं रामचरित मानस की चौपाई की तरह याद कर लेगें। इंटरनेट पर अधिक भरोसा करना ठीक नहीं।
डॉ रामा द्विवेदी काव्य पाठ करते हुए
कार्यक्रम समापन हुआ, सभी भोजन कक्ष में पहुंचे और हमने कमरे में ही डेरा लगा लिया। राजीव शंकर मिश्रा जी बनारस वाले संग चर्चा चलते रही। थकान के कारण खाना हमने कमरे में ही मंगवा लिया। हमारी घड़ी के अनुसार रात के लगभग साढे ग्यारह बजे पाबला जी एवं गिरीश भैया पहुंचे। तब तक हमारा खाना पूर्ण हो चुका था। राजीव शंकर जी ने कहा कि मैं सुबह आप लोगों को विदा करने के बाद जाऊंगा तथा रात को होटल में ही रुकुंगा। 

सुशीला पुरी एवं नमिता राकेश जी
उनसे विदा लेने के बाद हमने अपना बिस्तर सभांल लिया। पाबला जी ने अपने कैमरे की बैटरियां चार्जिंग में लगा दी थी। मेरे कैमरे की बैटरियाँ भी ठंडी पड़ चुकी थी, उन्हे भी गर्म करना था। पाबला जी ने कहा कि आपकी बैटरियाँ भी चार्ज हो जाएगें, सो जाईए। मैने भी सोचा कि यदि चार्ज नहीं हुई तो कोई बात नहीं। कोई भी हो एक कैमरा तो कम से कम चलने लायक रहेगा ही। उसी की फ़ोटुओं से काम चला लिया जाएगा। सुबह 4 बजे चलने का वादा करके हम सभी बिस्तर के हवाले हो गए।

मंगलवार, 6 नवंबर 2012

एक स्थान के दो नाम .....Sirpur Chhattisgarh...... ललित शर्मा

श्री अरुण कुमार शर्मा 
प्राम्भ से पढ़ें 
सिरपुर का दो दिन और दो रात का स्वपोषित पैकेज पूर्णता की और था, अर्थात हम सिरपुर भ्रमण के अंतिम चरण की और बढ़ रहे थे। आर्किओलोजी में कुछ भी अंतिम नहीं होता। नित नई खोजें सामने आती हैं और अन्य प्रमाण मिलने पर पुरानी थ्योरी बदल जाती है। हम भी सिरपुर की पुरातात्विक धरोहरों को पूरा नहीं देख पाए, पर उत्खनित से लेकर जमीन में दबी हुयी पुरातात्विक धरोहरों के साथ मुख्य-मुख्य स्थानों को देख परख लिया। बाकी अगले चरण के लिए छोड़ दिया। जब कभी दुबारा आयेंगे तो बचे हुए स्थानों को देखेंगे। तब तक अरुण कुमार शर्मा जी की टीम और कुछ खोद कर निकाल देगी जमीन के नीचे से। वह हमारे लिए नया होगा। फिर आयेगे सिरपुर उसे देखने। इतना तो मानना पड़ेगा अरुणकुमार शर्मा और सिरपुर एक स्थान के दो नाम हो गए हैं। 

पर्यटक सूचना केंद्र
अब हम पहुच रहे थे छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पर्यटक सूचना केंद्र पर। सिरपुर प्रवेश करने के पूर्व दायीं और पर्यटक सुचना केंद्र का सुन्दर भवन निर्मित है। यहाँ प्रवेश करने पर हमें लीना साहू मिलती हैं, ये पर्यटक सूचना सहायक के पद पर कार्यरत हैं। इन्होने टेबल पर एक अतिथी पुस्तिका रखी हुयी है, जिसमे यहाँ आने वाले पर्यटकों से फीड बैक ली जाती है। वे अपनी टिप्पणी इस पुस्तिका में दर्ज करते हैं। मुझे नहीं लगता कि इस पुस्तिका में दर्ज पर्यटकों की टिप्पणी को कोई जिम्मेदार अधिकारी पढकर इनकी शिकायतों या सलाहों पर कोई उचित कार्यवाही करता होगा। पर इतना तो तय है कि सिरपुर आए पर्यटक का नाम पुस्तिका में दर्ज होने से वह भ्रमणकर्ताओं की सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करा लेता है। मैंने अपनी टिप्पणी पुस्तिका में दर्ज की। इस केंद्र के प्रभारी सूचना सहायक के रूप में सचिन भोई कार्यरत हैं।

पर्यटक सूचना केंद्र
छतीसगढ़ पर्यटन मंडल के रिसोर्ट, मोटेल एवं कॉटेज हैं, जिनका आरक्षण सूचना केन्द्रों से हो जाता है। पर्यटन मंडल का मोटेल सिरपुर में निर्माणाधीन है। मोटेल अभी बनकर तैयार हुआ नहीं है, इसके लिए कुक की भरती अभी से कर ली  गयी है। धनराज लाल नाग की नियुक्ति यहाँ कुक के पद पर है, उसने हमें उम्दा चाय पिलाई, इससे जाहिर है कि खाना भी स्वादिष्ट और बेहतरीन बनाता होगा। सिरपुर में मौजूद लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस की बुकिंग यहाँ से नहीं होती। उसकी बुकिंग महासमुद के डिप्टी कलेक्टर या विभागीय अनुविभागीय अधिकारी करते हैं। स्थानीय रेस्ट हाउस के आरक्षण का अधिकार भी पर्यटक सूचना केन्द्रों को दिया जाना चाहिए।

पर्यटक सूचना केंद्र
छतीसगढ़ पर्यटन मंडल के सूचना केंद्र भारत में दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद, नागपुर, भोपाल, विशाखापत्तनम सहित छत्तीसगढ़ में बिलासपुर, रायपुर, रायपुर विमानतल, डोंगरगढ़, सिरपुर, धमतरी, पुरखौती मुक्तांगन उपरवारा, चंपारण्य, दुर्ग, जगदलपुर में स्थापित हैं। जो शासकीय कार्य दिवस में खुले रहते हैं। यहाँ से छत्तीसगढ़ भ्रमण के विषय में पूर्ण जानकारी मिल जाएगी। पर्यटन विभाग ने ब्रोसर भी छपवा रखे हैं। उनमे भी स्थान विशेष के विषय में प्रारंभिक जानकारी दी गयी है। छतीसगढ़ पर्यटन मंडल के मुख्य कार्यालय का फोन नंबर 91-771-4028636, 4066416, फैक्स - 91-771-4066425 एवं email - visit@gmail.com है। यहाँ से सम्पर्क करके जानकारी ली जा सकती है।

यायावर का नमस्ते-धसकुड के झरने से 
पर्यटक सूचना केंद्र से हम 1 बजे घर के लिए रवाना हो गए। लौटते हुए क्रिकेट स्टेडियम से होते हुए, नयी राजधानी पहुचे। यहाँ नवम्बर में उद्घाटन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हैं। सरकार जो चाहे वह कर सकती है। राजधानी के मुख्य स्क्वेयर का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण द्रुत गति से चल रहा है, 6-7 फुट के वृक्ष चौक में लग चुके हैं। कुछ दिनों में चौक की रौनक बढ़ने वाली है। राजधानी के समस्त रोड इसी चौक से होकर गुजरते हैं। भले ही राजधानी को आबाद होने 10-20 बरस लग जाएँ,  यह भारत के किसी भी प्रदेश की राजधानियों से खूबसूरत होगी इतना तो तय है। जब तक मेरी यह पोस्ट प्रकाशित होगी तब तक राजधानी का उद्घाटन हो चूका होगा। लगभग 4 बजे शाम को तीन दिन की यात्रा के बाद घर पहुच गए। राजीव से विदा ली, उसे आगे कोंटा तक सफर करना था और शाम 5 बजे तक  पहुँचने की जल्दबाजी थी। ......... मिलते हैं ब्रेक के बाद, फिर चलेंगे किसी अन्य सफ़र पर। जारी है … आगे पढें

बुधवार, 31 अक्टूबर 2012

सिरपुर के बाजार की यादगार सैर ......Sirpur Chhattisgarh...... ललित शर्मा

राजमहल से महानदी का दृश्य 
प्राम्भ से पढ़ें 
विश्रामगृह से हम सिरपुर के ढाई हजार वर्ष पुराने मुख्य व्यापार केंद्र के लिए चल पड़े। बाजार में पहुँचते ही दुकानदारों-ग्राहकों का शोर सुनाई देने लगा। लोग-बाग़ हमे कौतुहल से देख रहे थे कि  किस नए ग्रह के प्राणी यहाँ आ टपके। ले जाइये ले जाइये 5 सेर धान में 1 सेर गुड ले जाइये। दीवाली छुट का भरपूर लाभ उठाइए। कपड़ों की दुकानों पर भीड़ नजर आ रही थी। रंग बिरंगे कपडे दुकानों की परछी में लटके हुए थे। चिमटा, चकला, बेलन ले लो, भिन्डी-भिन्डी दो सेर में पांच सेर,दो सेर में पांच सेर। बैगन का भाव कम हो गया है 1 सेर में 5 सेर लो, रस्ते का माल सस्ते में, रेलम-पेल मची थी। नाई, धोबी, मोची, सौन्दर्य प्रसाधन, मिठाई, सब्जी, पुस्तकों इत्यादि की दुकाने देखते हुए हम थोडा आगे बढे ही थे कि तीन मूंछ वाले पगड़ीधारियों ने घोड़ों पर आकर हमें आ घेरा। एक ने कडकती आवाज में मूंछे तान कर राजीव पर सवाल दागना शुरू कर दिया ........ कहाँ से आए हो, श्रीपुर में नए दिख रहे हो। मुसाफिरी दर्ज करवाई कि नहीं? मैं लेखक हूँ, कुछ माह पहले ही मेरी पुस्तक "आमचो बस्तर" आई है, जिसका विमोचन दिल्ली में मुख्यमंत्री ने किया है। आप मुझे नहीं पहचानते क्या? ...... राजीव ने भी प्रत्युत्तर में प्रश्न दाग दिया।

राजमहल के राजकुमार द्वय 
हम नहीं जानते किसी "आमचो बस्तर" और मुख्यमंत्री को। हमारे राज्य में तो सिर्फ राजा और प्रधानमंत्री होता है, समझे। बात न बनाओ, अपना परिचय पत्र दिखाओ, नहीं तो सड़ा दूंगा कारागार में। प्रहरियों की धमकी सुनकर प्रभात सिंह ने मोबाईल निकाल लिया, मैं समझ गया था कि अरुण शर्मा जी को फोनिया रहे हैं, दो तीन बार प्रयास करने के बाद फोन नहीं लगा ....... मोबाईल का टावर भी संकट के समय धोखा देता है। प्रहरियों का सवाल जवाब सुनकर आदित्य सिंह को गुस्सा चढ़ गया। वे भी राज परिवार से सम्बन्ध रखते हैं और प्रहरियों की बदतमीजी से क्रोध आना स्वाभाविक ही था। तुम लोगों की खाल खिंचवा कर भूसा भरवा दूंगा। मेरा भी नाम कुँवर आदित्य सिंह है। जाकर तुम्हारे कोतवाल को बता देना। मेरे मेहमानों की पूछताछ करने की हिम्मत कैसे हुई तुम्हारी? ...... कहकर आदित्य सिंह ने अपनी खड्ग खींच ली।

 बाजार में ब्लॉगर 
ये लो हो गया पंगा। जहाँ जाओ वहीँ कुछ न कुछ हो जाता है। हम कहाँ बाजार घुमने आए थे और यहाँ तलवार बाजी शुरू हो गयी। मैंने बीच बचाव करते हुए कहा- सुनो हवलदार साहेब ! काहे फालतू मगजमारी करते हो, दो-चार रुपए पकड़ो चाय-पानी के लिए और अपने रास्ते लगो। हवलदार के चहरे पर चमक आ गयी दो-चार रूपये का नाम सुनकर। कोने में ले जा कर मैंने उसे 5 रुपए दिए और कहा - ये रखो 5 रुपए और इन दोनों प्रहरियों को हमारी सुरक्षा में लगा दो, बाजार में दादा लोगों का बहुत खतरा है। हवलदार ने कुटिल नागरी मुस्कान फेंकते हुए कहा- हम तो आपकी मूछों की कदर करते है। जब तक आप श्रीपुर में रहेगे, दोनों  प्रहरी आपकी सेवा में रहेगें, अन्य कोई सेवा हो तो कलदार के साथ संदेसा भेजिएगा, सेवा में हाजिर हो जाऊंगा। जरुर- जरुर, तुम कलदार की चिंता मत करना, जितना चाहिए उतना मिलेगा पर कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। अब दो प्रहरियों की सुरक्षा में हम बाजार भ्रमण करने लगे, एक प्रहरी भाला लेकर अगुवाई और दूसरा खड्ग लेकर पिछुवाई कर रहा था।

बाट जोहती युवतियाँ 
राजीव ने कहा कि किसी मूर्तियों कि दुकान में ले चलो, मुझे वहां अपनी उपन्यास की नायिका के आभूषणों चयन करना है। प्रहरी मुख्य मार्ग से उत्तर दिशा में चलकर एक दुकान से सामने खड़े हो गए। दुकान भव्य और दुमंजली थी। सामने मोटे कपडे की परछी में कुछ कारीगर मूर्तियों को झाड- पोंछ रहे थे। बड़ी सी मारवाड़ी पगड़ी बांधे अधेड़ श्रेष्ठी गद्दी पर बैठा हुआ था, पास ही बैठा मुनीम तख्ती पर हिसाब लिख रहा था।  प्रहरी के साथ हमें देख कर बाहर निकला और हाथ जोड़ कर नमस्कार किया तथा  प्रहरी को बोला - क्या गलती हो गयी हवलदार साहब जो आपको यहाँ तक आना पड़ा, किसी से कहलवा दिया होता तो मैं स्वयं चौकी में हाजिर हो जाता। गलती कुछ नहीं हुयी है, हमारे राज्य में वीआईपी मेहमान आए हैं इसलिए इनके साथ हमें आना पड़ा। आप इन्हें मूर्ति दिखाइए। श्रेष्ठी ने तत्परता से हमे आसन दिया और परिचारक को कहा कि - छोटी श्रेष्ठनी से बढ़िया गुलाब वाली लस्सी बनवा कर लाओ।

दर्जी को नाप जोख के साथ कपडे देते हुए 
हम मूर्तियाँ देखने लगे, राजीव ने एक मूर्ति उठाई, उसके अलंकरण प्रभावशाली थे। मूर्ति एकाध हाथ लम्बाई की रही होगी। आभूषणों से किसी अप्सरा की प्रतिमा मालूम हो रही थी। माथे पर टीका, कानों में खिनवा, नाक में फुल्ली, माथे पर टिकुली, गले में लछमी हार, जुड़े में खोपा फुंदरा, कलाइयों में बघमुही, अंगुलियों में मुंदरी,   भुजाओं में नागमोरी, कमर में करधन, पैरों में कटहर तोड़ा, पैर की अँगुलियों में कोतरी पहने अप्सरा वस्त्राभूषण से कोसल प्रदेश की कोई अनिन्द्य सुंदरी दिख रही थी। प्रभात सिंह ने एक प्रतिमा हाथ में लेकर बताया कि यह बौद्धों की देवी हारिति हैं, महिषासुरमर्दनी, अम्रिका, तारा, चामुंडा, गौरी के साथ अन्य यक्ष एवं यक्षणियों प्रतिमाएं भी उपलब्ध थी। राजीव को अप्सरा की ही प्रतिमा पसंद आई। श्रेष्ठी ध्यान से देख रहा था जैसे ही उसे लगा कि प्रतिमा पसंद आ गयी और ग्राहक फंस गया है, उसने तुरंत हांक लगाई ........ अरे! अभी तक लस्सी नहीं लाया कितनी देर हो गई, जल्दी ला।

केश कर्तनालय 
परदे के पीछे से आवाज आई ......अभी लाया। थोड़ी देर में परदा हिला ...... नौकर एक बड़े सागर में लस्सी भरकर लाया, साथ में मिटटी के भिगाए हुए कुल्हड़ भी। कुल्हड़ों में सबको लस्सी दी गयी, आ हा लस्सी में गुलाब की सुवास के साथ गुड के मिठास के कहने ही क्या हैं, आ हा की ध्वनि सुनकर पर्दा हिला, रूपसी का चेहरा दिखा, समझ गया कि यही छोटी श्रेष्ठनी है, लस्सी की तारीफ सुनने झांक रही है,...... बहुत ही जायकेदार लस्सी बनी है देवी ........धन्य हो तुम - मेरे ऐसा कहते ही श्रेष्ठी ने परदे की तरफ देखा और चिल्लाया - कितनी बार कहा है तुमसे की ग्राहकों के सामने न आया करो, चलो यहाँ से। परदा धीरे से हिला और श्रेष्ठनी शायद चली गयी। कम उम्र की ही लगी, तभी श्रेष्ठी को अधिक चिंता थी ग्राहकों की। दाम बताइए, बहुत विलम्ब हो गया है हमे। अभी तीवरदेव विहार भी जाना है। सारा समय बाजार में ही व्यतीत हो जायेगा तो रात का खाना तुम खिलाने से रहे- आदित्य सिंह ने कहा।

चरण पादुका चिकित्सालय 
इस मूर्ति के दाम 80 खंडी धान है-श्रेष्ठी ने कहा। राजीव ने कहा- हम परदेशी कहाँ धान-वान लेकर घूमेंगे। रुपए बताओ कितने लोगे? मुनीम ने हिसाब लगा कर बताया की 4 रुपए लगेंगे। ये तो मौज हो गयी, 4 रुपए देकर मूर्ति अपने झोले के हवाले की और जैसे ही मैं जाने के लिए मुड़ा गवाक्ष से झांक रही श्रेष्ठनी पर दृष्टि पड़ ही गयी। चलो रे भाई अभी तो यहाँ से, फिर कभी आयेगे, अपना दाना-पानी लिखा है लगता है श्रेष्ठनी के हाथ का। मैंने श्रेष्ठी से पूछ ही लिया कि ये मूर्तियाँ यहीं तैयार होती हैं क्या? नहीं! मैं इन्हें शिल्पकारों से खरीदता हूँ और इसके बदले उन्हें कच्चा माल देता हूँ। शिल्पकारों के घर चौराहे के समीप है। वहां तीन-तीन मंजिल के जो घर दिखाई देंगे वाही शिल्पकारों के है। प्रथम तल में कारखाना है और ऊपर निवास। हमने श्रेष्ठी से विदा ली, प्रहरी ऊँघ रहे थे। हमारे दुकान से निकलते ही सजग हो गए। हम नदी की तरफ चल पड़े।

मिठाई खाई-खजानी की दुकान 
महानदी किनारे पर बहुत सारी छोटी डोंगिया एवं बड़ी नौकाएँ खड़ी थी, नौकाओं से यात्री उतर रहे थे, मालवाहक नौकाओं से सामान उतारा जा रहा था। खूब रेलम पेल मची थी। सडक के किनारे कुछ बौद्ध भिक्षु बैठ कर मन्त्र जाप वाली चकरी फिरा रहे थे। एक जगह भीड़ लगी थी, कुछ लम्बे चोगे पहने सिर पर कपडे को रस्सी से बांधे लोग दिखाई दिए। ऐसी  पोशाक को अरब के देशों में पहनी जाती हे, ये सिरपुर में क्या कर हैं? पास ही डोंगी में बोरियां लाद रहे मजदूर ने बताया कि अरबी लोग यहाँ से चावल इत्यादि लेकर जाते हैं, ये चावल के व्यापारी हैं। अपनी नौकाओं में नमक, खजूर का गुड इत्यादि भरकर लाते हैं। मजदूर से बातें हो रही थी, इसी बीच घंटा बजने की ध्वनि सुनाई दी। प्रहरी ने बताया कि श्रीपुर में प्रति पहर घंटा बजा कर समय की सूचना दी जाती है। यह व्यवस्था राज्य शासन की तरफ से है। सूरज के घोड़े पश्चिम की तरफ दौड़ रहे थे, राजीव ने 2-2 रुपए प्रहरियों को भेंट किए और उन्हें जाने को कहा। देखो कोई भी जमाना हो कलदारों की मधुर खनक कौन नहीं सुनना चाहेगा, 9 रूपए में मौज हो गई न - मित्रों से कहा। काका बड़ा न भैया-सबसे बड़ा रुपैया ......... प्रत्येक काल में मानव का सच्चा साथी।
कम्पनी वाली बाई और हिरामन 
बाजार में रौनक लगी हुयी थी, इक्के वाले, घोड़े वाले, रथ वाले, गाड़ीवान बाजार के बीच में बने पड़ाव में डेरा डाले चोंगी धूक रहे थे। फुरसतिया निठाल्लाई चल रही थी, इन्हें देख कर मुझे फणीश्वर नाथ रेणु की कहानी तीसरी कसम के पात्र हिरामन का स्मरण हो आया पर कम्पनी वाली बाई नहीं दिखी। हम तीसरी कसम की चर्चा कर ही रहे थे तभी दो सजी-धजी युवतियां एक चाकर के साथ प्रगट  हुयी। उन्हें देखते ही सभी लोगों ने झुण्ड लगा दिया। आखिर एक रथवान से किराया तय हो गया। मैंने प्रभात सिंह से इनके विषय में पूछा तो उसने बताया कि ये किसबिन डेरा की सवारी है। शाम के वक्त वहाँ खूब रौनक रहती है। नाच-गान मनोरंजन के साधन तो मन बहलाने के लिए हर युग में होते हैं। किसबिन डेरा यहाँ से लगभग 10 मील की दुरी पर है। हमारा भी ज्ञानवर्धन हुआ। सफ़र में एकाध ज्ञानी भी रहना आवश्यक होता है, बहुत सारी समस्याओं का हल एवं जिज्ञासाओं का समाधान स्वमेव निकल आता है। किसबिन डेरा फिर कभी चलेंगे आदित्य सिंह ने आश्वासन दिया। मेरा दिल-ओ-दिमाग गुलाब की लस्सी से तर हो चुका था। रह-रह कर होठों पर लस्सी की मिठास आ रही थी।

परम्परागत शिल्पकार - लोहार 
चौराहे के समीप ही भव्य तीन तल्ला भवन था, जिसके प्रथम तल में कारखाना चल रहा था। घनो एवं हथोडों की लयबद्ध ध्वनि वातावरण में मधुरता घोल रही थी। पसीने से तरबतर लोहा गलाने की 4 भट्ठियों पर कारीगर कार्यरत थे। कुछ कारीगर सामने परछी में छोटी भट्ठी में औजार बना रहे थे। हल के फाल, सुमेला, धूरी, असकुड, रांपा, कुदाली, गैंती, हंसिया, चिमटा, चाकू, छूरी, तलवार, भाला, तीर, बघनखा, शिरस्त्राण, कवच, जंजीरें इत्यादि सामानों का ढेर लगा था। परछी के सामने ही बड़ा सा पानी का हौद था, जिसमे लोहे के सामान को गर्म करके पजाया (टेम्पर) दिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि तलवार को कई पानी दिया जाता है फिर कई बार पीट कर स्वरूप में लाया जाता है। ऊपर वाले तल पर युद्ध सामग्री का भंडार था। सैनिक सामान यही पर मिलता है, कई सैनिक दिखाई दिए जो स्वयं के लिए उपयुक्त हथियारों की तलाश में आए थे। आयुध भंडार में मुझे आश्चर्यचकित करने वाली चीज दिखाई दी। मुख्य कारीगर से पूछने पर उसने बताया कि इसे शतघ्नी कहते हैं।इसका अविष्कार हमारे कारखाने में हुआ है, युद्ध के लिए बहुत ही संहारक एवं प्रहारक आयुध है। राजीव ने कहा कि यह तो वर्तमान ज़माने की तोप है। इतिहासकार कहते हैं कि तोप का अविष्कार अरब देशों में हुआ। पर यह तो शतघ्नी के रूप में श्रीपुर में दिखाई दे रही है।

परम्परागत शिल्पकार - तमेर (ताम्रकार)
चौक के परली तरफ बहुत सारे हंडे, थाली, कटोरे, कचोले, बटलोही, इत्यादि एक दुकान में रखे हुए थे। यहाँ बर्तन बनाने के कारखाना चल रहा था। दो तमेर तांबे की चादर को पीट कर बढ़ा रहे थे, हथोड़े की मार से गर्म चादर फैलते जा रही थी। फिर उसे लोहे के दो बेलनो के बीच दबाव गुजारा गया। फिर उसे "गेज" से नाप कर देखा गया। कारीगर ने बताया कि इस पर राजाओं की प्रशस्तियाँ लिखी जाती हैं, राजाज्ञा भी इन्ही ताम्रपत्रों पर टंकित होती है। हम ताम्रपत्र बनाने के साथ इस पर अंकन भी करते हैं। बहुत काम बाकी है, फिर कभी अवकाश मिलने पर चर्चा करेंगे कह कर तमेर ने हम निठल्लों से पीछा छुड़ाया। प्रभात सिंह ने बताया कि महाशिवगुप्त बालार्जुन के ताम्रपत्र और मुहरें यहीं तैयार होती हैं। वह नंदी के साथ गज लक्ष्मी के चित्र वाली बड़ी मुहर यही बनी थी। तभी तमेर बड़े ठसके में था, सीधे राजा के ही सम्पर्क में रहने से इतनी  ठसक तो बनती है।

प्राचीन युद्ध कला का प्रदर्शन 
बाजार से नगर की और लौटते हुए रास्ते में दो बरगद के वृक्ष दिखाई दिए, यहाँ भिक्षुओं की रेलमपेल मची थी। कुछ वृक्ष के नीचे ध्यान लगाये निर्वाण की मुद्रा में बैठे थे। कषाय वस्त्रों में घुटे हुए सिर सूरज की पश्चिमामुख आभा से दमक रहे थे। एक तरफ युवा बौद्ध साधू युद्ध विद्या का प्रदर्शन कर रहे थे। प्रभात सिंह ने बताया कि इस वृक्ष की कलम बोधगया से लाकर किसी भिक्षु ने इस स्थान पर लगाई थी। तब से यह पवित्र वृक्ष बौद्धों की श्रद्धा एवं आस्था का केंद्र बना हुआ है। अन्य प्रदेशों से आने वाले बौद्ध इस वृक्ष का दर्शन करना नहीं भूलते। वृक्ष के समीप ही कुछ चित्रकारों की दुकाने सजी थी। वे बरगद के पत्तों पर भगवान बुद्ध का चित्र बनाकर बेच रहे थे। मैंने प्रभात सिंह से कहा कि भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति तो पीपल के वृक्ष के नीचे हुयी थी और यहाँ बरगद का वृक्ष बता रहे हैं। सर ! बरगद हो या पीपल हैं तो एक ही प्रजाति के, दोनों की ही मान्यता हिन्दू धर्म शास्त्रों में एक जैसी ही है। बरगद की छाँव में भी ज्ञान प्राप्त हो सकता है। धर्म और आस्था बहस का विषय नहीं, मान्यता का है ..... राजीव ने फुलझड़ी छोड़ी।

पंच कर्म - आयुर्वैदिक चिकित्सा 
पास ही बड़े से घर के बाहर बड़ी-बड़ी खरल रखी थी, उनमे कुछ लोग जड़ी-बूटी खरल कर रहे थे। प्रथम दृष्टया ही लग गया कि यह भैषेजिक केंद्र है। मरीजों की भीड़ थी, कुछ विदेशी भी दिखाई दे रहे थे। हम भी कौतुहलवश जा पहुचे। तो वहां के प्रहरी ने बताया कि यहाँ रसकर्म, पंचकर्म, आर्युवैदिक स्नान, शल्य क्रिया द्वारा रोगों का शमन किया जाता है। यहाँ के भैषजाचार्य अत्याधुनिक पद्धति से समस्त रोगों की चिकित्सा करते हैं। विदेशियों के विषय में पूछने पर बताया कि अरबदेश, इजिप्त, मेसोपोटामिया, बाली, जावा, सुमात्रा इत्यादि से रोगी आकर चिकित्सा लाभ लेते हैं तथा चिकित्सा पद्धति का अध्ययन भी करते हैं, यहाँ के स्नातक विदेशो में अपनी सेवाए दे रहे हैं। मैंने राजीव से चित्र लेने कहा तो उसके कैमरे की बैटरी ने धोखा दे दिया। मुझे अत्यधिक खेद हुआ, अन्यथा सभी चित्र आपको देखने मिलते। टहलते हुए बाजार क्षेत्र से हम अपनी कार तक पहुच गए। अब यहाँ से हमें तीवरदेव विहार जाना था। जारी है .......... आगे पढ़ें .........

शुक्रवार, 26 अक्टूबर 2012

लक्ष्मण मंदिर सिरपुर ......Sirpur Chhattisgarh..............ललित शर्मा

संग्रहालय की कुछ मूर्तियाँ और  लक्ष्मण मंदिर
प्रारंभ से पढ़े  
धसकुड़ से लौटते हुए रास्ते में मख्मल्ला और खरखरा नामक दो नाले मिले, बरसाती खेती में नालों का भी सिंचाई के लिए महत्वपूर्ण योगदान रहता है। यहाँ से लौटते हुए हमें लक्ष्मण मंदिर देखना था। जो हमारे रास्ते में ही था। मंदिर के मुख्य द्वार पर गाड़ी लगाने के बाद हमने मंदिर में प्रवेश किया। सामने ही अद्भुत दृश्य था, जिसे देखने के लिए देश विदेश के पर्यटक आते हैं। सिरपुर में अथाह पुरा सामग्री है, जिसे एक दो दिन में देखना संभव नहीं है। लगभग 48 जगह पर उत्खनन हो चूका है। हम लक्ष्मण मंदिर पहुचे, यह ईंटों का बना खूबसूरत भव्य मंदिर है। 7 फुट ऊँची चूना पत्थर (लाइम स्टोन) की जगती पर पर स्थापित है। जगती में लेट्राईट का भी इस्तेमाल हुआ है, ऐसे लेट्राईट ब्लॉक के बने मकान मैंने कोंकण के रत्नागिरी इलाके में देखे थे।

लक्ष्मण मंदिर - सिरपुर
लक्ष्मण मंदिर का निर्माण मगध के राजा सूर्य वर्मन की पुत्री, श्रीपुर के प्रतापी नरेश महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता, हर्ष गुप्त की पत्नी महारानी वासटा ने ईस्वी 650 में कराया था। मंदिर के मुख्य द्वार पर शेषशैया में विष्णु प्रदर्शित है, कहते हैं जिस देवता को मंदिर मंदिर समर्पित किया जाता था उसे द्वार शीश पर उत्कीर्ण किया जाता था। द्वार पर विष्णु के अवतार, कृष्ण लीला के दृश्य, मिथुन दृश्य एवं द्वारपालों का अंकन है। द्वार के दोनों तरफ चौखट में नृत्य करते मयूर अंकित होना मौर्यों की उपस्थिति को प्रदर्शित करता है। मंदिर के गर्भ गृह में नागराज शेष की बैठी हुयी सुन्दर रखी हुयी है। बाहरी दीवारों पर कूटद्वार, वातायन आकृति, गवाक्ष, भारवाहकगण, गज, कीर्तिमुख एवं आमलक प्रदर्शित हैं। 

लक्ष्मण मंदिर - सिरपुर एवं कंठी ध्रुव 
यहाँ पर हमारी भेंट 62 वर्षीय कंठी ध्रुव से होती है। ये लक्ष्मण मंदिर के केयर टेकर है, आदित्य सिंह ने बताया की जितना सिरपुर के विषय में कोई पुराविद नही जानता उससे अधिक कंठी ध्रुव जानते हैं, यह अतिश्योक्ति नहीं है। कंठी के पिताजी श्रवण ध्रुव मंदिर उत्खनन के प्रारंभिक दिनों से ही यहाँ चौकीदार थे, उनकी जगह पर कंठी को नौकरी दी गयी है। गुटखा चबाते हुए कंठी बताते है कि  - मंदिर उत्खन से पहले यहाँ घना जंगल था। यह मंदिर टीले में दबा हुआ था। मेरी जानकारी में है जब इसकी खुदाई हुयी थी। तब से मैं यही पर रहता हूँ। सिरपुर का मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की देख-रेख में है। मंदिर के समीप जल का विशाल कुंड है। लक्ष्मण मंदिर 1952 में प्रकाश में आया था। श्रीपुर नगर का उल्लेख व्हेनसांग ने अपने यात्रा वर्णन में किया है। मंदिर स्थल पर पेड़-पौधे रोप कर सुन्दर बगीचे का निर्माण किया गया है। भारतियों के प्रवेश के लिए 5 रूपये एवं विदेशियों के लिए 2 डालर का टिकिट रखा गया है।

राजिवादित्य 
ईंटो से बना यह मंदिर भारत में पुरातत्व की दृष्टि से विशिष्ट स्थान रखता है। मंदिर निर्माण के विषय पर चर्चा हो रही थी। मुझे प्रतीत होता है कि मंदिर निर्माण के पश्चात् ईंटों पर कलाकृतियाँ नहीं उकेरी गयी हैं। पहले इसका प्रतिरूप बना कर मंदिर आकृति की मांग के अनुसार सांचों में ईंटे ढाली गयी होंगी। उसके बाद मंदिर की परिकल्पना के अनुसार उन्हें जोड़ा गया होगा। मंदिर निर्माण के पश्चात  ईंटों को घिस कर वर्तमान स्वरूप दिया होगा। क्योंकि ईंटो पर खुदाई करना असंभव है, यदि लगी हुयी ईंटों पर खुदाई के दौरान कोई चूक हो जाये तो उसे खोद कर निकलना पड़ेगा और इससे समय के साथ आर्थिक नुकसान भी होगा। लक्ष्मण मंदिर के वास्तुविद ने कमाल का काम किया है। डॉ हेमु यदु की किताब में महारानी वासटा को मंदिर का शिल्पी बताया गया गया है। यह तो तय है की महारानी वासटा के धन से मंदिर का निर्माण हुआ होगा पर मंदिर का शिल्पी होने की बात हजम नहीं होती। मैं मानता हूँ कि मंदिर को मूर्त रूप देने वाला वास्तुकार और शिल्पकार कोई अन्य ही होगा, जिसका नाम प्रकाश में नहीं आया है। 

फोटो पॉइंट की यायावरी खोज 
मंदिर के पीछे दो संग्रहालय है, जिनमे सिरपुर से उत्खनित मूर्तियाँ रखी हुयी हैं, राजीव ने लगभग सारी मूर्तियों के ही चित्र ले लिए। जिसमे शिव लिंग पर उकेरी गयी 4 देवी, महिषासुरमर्दनी, बुद्ध, विष्णु, नरसिंह, रथारूढ़ देव एवं अन्य ढेर सारी प्रतिमाएं रखी हुयी है। मुझे पहाड़ को खोद कर उसमे बनायीं हुयी गुफाओं का प्रतिरूप बहुत पसंद आया। जिस तरह रामगढ की पहाड़ी पर सीता बेंगरा बनी हुयी है वैसा कुछ दृश्य उसमे दिखाई देता है। संग्रहालय से निकलते हुए सूरज सिर पर चढ़ चुका था।  संग्रहालय लौटते हुए मुझे फोटो के लिए एक लोकेशन दिखाई दे गया जहाँ से विष्णु मंदिर के साथ व्यक्ति की भी फोटो आ सकती है। बगीचे में डली बेंच पर बैठ कर मैंने राजीव से चित्र लेने कहा। दो-तीन बार में जैसा चाहता वैसा ही चित्र मिल गया। यहीं पर मैंने राजीव का भी चित्र लिया। बहुत ही सुन्दर चित्र आया। भूख जोरों की लग चुकी थी, सिरपुर के एकमात्र होटल में फोन करके आदित्य सिंह ने  भौजी को खाना बनाने के लिए कह दिया था। यहाँ से निकल कर हम अब सोनवानी भौजी के होटल में ही रुके। 

लक्ष्मण मंदिर - सिरपुर का मूर्ति शिल्प 
होटल झोपडी नुमा छोटा सा ही है, पर समय पर खाना मिल जाये वह बड़ी बात है। सुबह जब रेस्ट हाउस से चल रहे थे तो चौकीदार को दोपहर के खाने के लिए कहा तो उसने सिलेंडर ख़त्म होने की मज़बूरी बताई, बीमार केयर टेकर चन्दन साहू मजे से एक रूम  में बैठ कर संगी-साथियों के साथ ताश खेल रहा था। होटल में प्रवेश करते ही तीन लोग (दो वृद्ध एवं 1 महिला) भोजन करते दिखाई दिए। आधुनिकवसना प्रौढ़ युवती ने जींस-कुर्ती धारण कर रखे थे। नैनों में कजरे के साथ दिल्ली वाला पेसल जुड़ा भी बांध रखा था। उसकी खाने की प्लेट में एक सुग्गा भी समोसे में चोंच मार रहा था। लगा कि पालतु है, बड़े इत्मिनान से समोसे का भोग लगा रहा था। हाव-भाव से लगा कि आधुनिकवसना प्रौढ़ युवती कोई पत्रकार या ब्यूटी पार्लर की मालकिन होगी। क्योंकि सिरपुर में पत्रकारों की उपस्थिति होते रहती है, यह कोई नयी बात नहीं थी। हमने भी हाथ मुंह धोकर खाना लगाने का हुक्म दिया।

ग्रामीण होटल भोजन का इंतजाम 
खाना लगते तक मेरा ध्यान  सुग्गे की तरफ था। तभी आधुनिकवसना प्रौढ़ युवती का फोन बजा और उसने चर्चा शुरू की। दो लाइनों में ही खुलासा हो गया, वह ब्यूटी पार्लर वाली थी। कह रही थी गोल्डन फेशियल से अच्छा डायमंड फेशियल होता है। डायमंड फेशियल से चेहरे पर चमक आती है, दुल्हन के लिए यही ठीक रहता है। गोल्डन फेशियल थोड़ी अधिक उम्र वालियों के सही रहता है। इससे धीरे-धीरे स्किन टाईट होती है। डायमंड फेशियल थोडा महंगा है, लेकिन दुल्हन के लिए वही उपयुक्त है। मशरूम फेशियल और पर्ल फेशियल भी किया जा सकता है, ओके डायमंड फेशियल, फायनल करती हूँ, तुम बता देना रायपुर में कहाँ आना है? मैं............को फोन कर दूंगी वो मुझे लेने आ जायेगा, लेकिन जल्दी वापस आउंगी, उन्हें बिना बताए आना है न...... अब मोबाईल पर बता देना............ मैं चले आउंगी............. टेक केयर। पर्स से एक थैला निकाला, अपने रुमाल से सुग्गे की चोंच पोंछी, उसे सहलाया, "किस" किया, सुग्गे का चेहरा डायमंड फेशियल की चमक से चमाचम हो गया। उसे थैले में रखा सहेज कर और सुग्गा धन्य हो गया ऐसी मालकिन पाकर ............

सुग्गे वाली आधुनिकवसना प्रौढ़ युवती
लो जी अपनी भविष्यवाणी सत्य हो गयी बिना पतरा देखे ही। अरे भाई घुमक्कड़ी सब सिखा देती है, किसकी क्या पहचान होती है, व्यक्ति की शक्ल, खानपान बोली-भाषा और उसका पहनावा बता देता है कि वह किस प्रदेश का रहने वाला है और क्या काम करता है? अब ये न पूछना कैसे होता है सब? घुमक्कड़ी करो और खुद जान जाओ। हमारा भोजन लग चुका था, गरमा गरम रोटियां, तुअर की दाल के साथ लौकी चना दाल की सब्जी। भूख के समय यह किसी तसमई से कम नहीं लग रही थी। भोजनोपरांत हम रेस्ट हाउस की और थोडा आराम करने के लिए चला पड़े। डट कर खाने के बाद बिस्तर की जरुरत थी। मैंने कहा कि राजीव भाई कच्चे ब्लॉगर ही निकले। कैसे -राजीव ने पूछा। अरे भाई ब्लॉगर को अपने ब्लॉग के लिए हर जगह सामग्री मिल जाती है। अगर पक्के ब्लॉगर होते तो सुग्गे के साथ सुग्गे वाली की भी फोटो होती :).... देखो हमने फोटो ले ली, न तुम्हे पता चला न सुग्गे वाली को। ब्लोगिंग में स्टोरी के साथ सबूत चाहिए भाई........ ही ही ही ही (हँसी, महफूज अली से साभार) जारी है ..... आगे पढ़ें 

बुधवार, 12 सितंबर 2012

काश!............


भिनसारे भिनसारे ही
कोयलिया की कूक
सुनाई देने लगी
सोचने लगा, अभी कौन से आम बौराए हैं
जो कोयलिया कूक रही है
विहंग को कौन बांध पाया है?
वे कोई मानव नहीं?
किसी प्रांत के एपीएल,
बीपीएल कार्डधारी लाभार्थी नागरिक नहीं
जो किसी के बंधन में बंध कर परतंत्र हो जाएगें
जीवन स्वतंत्र है
स्वतंत्र जन्मे और स्वतंत्र मरें
परतंत्रता तो इन्हे पल की नहीं सुहाती
न ही सीमा पार करने के लिए
किसी सरकार के अनुज्ञा-पत्र की दरकार होती
जब चाहें तब पंख फ़ड़फ़ड़ाए और उड़ जाते हैं
जब मन में आए तो गाने लगते हैं
काश! विहंग सा जीवन ही क्षण भर को मिल जाए
तो मन करता है
पूरा एक जीवन ही जी लूं

मंगलवार, 28 अगस्त 2012

चैतुरगढ से लाफ़ागढ की ओर --------- ललित शर्मा

पहाड़ की सुंदरता
चैतुरगढ से लौटते हुए रास्तों की ढलान से सामने सीना ताने खड़े विशालकाय पहाड़ अनुपम दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। पहाड़ का जो दृश्य मेरे सामने था, कमाल का था, वह पहाड़ चोटी से लेकर तराई तक सीधा खड़ा था अर्थात कोई ढलान नहीं थी, जैसे किसी ने इसे चोटी से लेकर नीचे तक आरी से काट दिया हो। बंजी जम्पिंग या रॉक क्लाईम्बिंग करने वालों के आदर्श स्थान लगा। रॉक क्लाईम्बर्स के लिए तो चुनौती भी हो सकता है। इसकी ऊंचाई पर विशाल गुफ़ानुमा आकृति बनी हुई दिखाई दे रही थी। इस सुहाने दृश्य को कैमरे में कैद करने से स्वयं को रोक न सका। पंकज से कार रुकवाई और पहाड़ का चित्र लेने जंगल में घुस गया। जीवन चक्र सही चलता रहे तो पहाड़ सी जिंदगी भी कट जाती है खेलते कूदते। कहीं विघ्न हो जाए तो पल भी नहीं कटता। जीवन का फ़लसफ़ा यही है, पहाड़ को काटते रहो, छांटते रहो, चढते रहो ऊपर, बिना विश्राम के। एक दिन अवश्य ही विजय मिल जाएगी।


कृष्ण कुमार गोंड और ब्लागर जेमरा गांव में
रास्ते में आदिवासी गाँव जेमरा आया, तो यहाँ रुकने का मन हो गया, जैसे हारा हुआ सिपाही कहीं छांव में बैठ कर विश्राम कर ले और आगे की लड़ाई के लिए शक्ति विश्राम से शक्ति अर्जित कर फ़िर दुगनी शक्ति से जीतने के लिए युद्ध के मैदान में अग्रसर हो। रास्ते पर ही मुझे कृष्ण कुमार घ्रुव मिल गए। उनसे गाँव का नाम पूछो तो उन्होने जेमरा का नेवरिया पारा (जेमरा गाँव नया बसा मोहल्ला) बताया। उससे चर्चा होने लगी, आदिवासी गाँव में महुआ की दारु की चर्चा न हो ये तो हो ही नहीं सकता। परन्तु कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके गाँव में कोई दारु नहीं बनाता। जिन्हे पीना होता है सरकारी भट्ठी से ही लाकर पीते हैं। हो सकता है कि वह हमारे रौब-दाब को देखकर झूठ बोल रहा होगा। क्योंकि आदिवासी गाँवों में स्वसेवन के लिए प्रति घर 5 लीटर तक महुआ की दारु बनाने की छूट है।

 चैतुरगढ की महामाया गाँव में 
मुख्य मार्ग से एक गली सामने के मोहल्ले में जाती है। वहाँ बने तिराहे पर एक पत्थर गड़ा है। उस स्थान को साफ़ सुथरा देखकर मैने कृष्ण कुमार से जिज्ञासावश पूछ लिया। तो उसने बताया कि इन्होने यह पत्थर चैतुरगढ की महामाया के नाम पर गड़ाया है। हम यहाँ पर महामाया का ही स्थान मानते हैं। क्योंकि त्यौहारों के अवसर पर चैतुरगढ दूर होने के कारण जाना कठिन हो जाता है। इसलिए इसी स्थान पर सभी पूजा-पाठ करके बकरों या अन्य जानवरों की बलि देते हैं। जहाँ मान लो वहीं देवी-देवता उपस्थित हैं। हमें चैतुरगढ की पहाड़ी पर दर्शन नहीं हुए महामाई के तो यहीं दर्शन कर लिए। मेरे पूछने पर उसने बताया कि यहाँ से थोड़ी दूर आगे जाने पर आदिवासी हास्टल है। वहाँ के गुरुजी के पास मोटरसायकिल है। हमने सोचा कि यह मिल जाए तो अधूरी यात्रा पूरी हो जाएगी। हम दुविधा में थे कि जाएं या नहीं। मन हमेशा जाने के पक्ष में ही रहता था।

ढेकी (प्राचीन यंत्र)
आस-पास धनकुट्टी या आटा चक्की नहीं दिखने पर मैने कृष्ण कुमार से गाँव में ढेकी के बारे में पूछा। तो उसने बताया कि गाँव में बहुत सारे घरों में ढेकी है। बस मेरा काम बन गया क्योंकि ढेकी की फ़ोटो मैं बहुत दिनों से लेना चाहता था पर मेरे गाँव में भी अब किसी के घर में ढेकी नहीं रही। सिर्फ़ फ़ोटो के लिए ही 5-7 गाँवों में चक्कर लगाना पड़ता। तब कहीं जाकर एकाध घर में धूल मिट्टी खाती हुई ढेकी मिलती। ढेकी सम्पन्न गृहस्थ का प्रतीक प्राचीन यंत्र हैं। लोग मुसल से कूट कर धान का छिलका निकालते थे। जिसमें समय और श्रम अधिक लगता था। इसके बाद ढेकी का अविष्कार हुआ, इसे सिर्फ़ एक आदमी खड़े-खड़े अपने पैरों से चलाता है और एक घंटे में दो-तीन बोरा धान से चावल निकाल लेता है। इसे चलाने के लिए बिजली की आवश्यकता नहीं होती। घर गृहस्थी खेती किसानी के प्राचीन यंत्रों को संजोने के क्रम मुझे यहाँ ढेकी का मिलना सुखद लगा। कृष्ण कुमार के घर में हमने जाकर जी भर ढेकी के फ़ोटो खींचें।

जेंजरा का आदिवासी छात्रावास
यहां से अगला पड़ाव था, आदिवासी आश्रम के गुरुजी का घर। आगे बढने पर कुछ ईमारतें दिखाई दी। हमने कार उधर ही मोड़ ली। जहाँ कार रुकी, उसी कमरे के सामने मोटर सायकिल खड़ी थी। झांकने पे पीछे टेबल कूर्सी डाल कर दो-तीन खाकी बर्दी धारी दिखाई दिए। लग रहा था संध्या वंदन की तैयारी है। ये फ़ारेस्ट के अधिकारी कर्मचारी थे, जंगल में इनका रोल किसी पुलिस से कम नहीं होता। जिसे चाहे धर ले, जिसे चाहे छोड़ दे। हमें देख कर एक बंदा बाहर आया। पंकज के पूछने पर उसने गुरुजी का घर दूसरी जगह बताया। वहाँ पहुंचने पर पता चला कि गुरुजी नहीं हैं, पाली गये हैं।

हम वहाँ से आगे बढे तो एक बाईक वाले ने हमारे से आगे निकाल कर हमें रोका। मैने सोचा कि यह बाईक देने आया होगा। उसका कहना था कि यहां से तीन किलोमीटर उसका गाँव है। वहाँ ठेकेदार घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग कर पुल बना रहा है। आप फ़ोटो खींच कर अखबार में छाप दीजिए। मैने सिर हिलाया और हम आगे बढे। यहाँ पत्रकारी करने थोड़ी आए हैं। सरकार में बैठे लोग लाखों करोड़ खा जाते हैं। एक ठेकेदार लाख-दो लाख भी खा लेगा तो क्या फ़र्क पड़ने वाला है? यह मुकदमा हमने बाबा रामदेव की एवं अन्ना की सेना के लिए छोड दिया।

चलो भाई ढेकी कुरिया में
तिराहे पर पहुंचने पर जिस दुकानदार की बाईक की आस लगा कर यहां तक आए थे उससे बाईक मांगी तो उसने मना कर दिया। बोला कि बाईक इंजन खराब है लोड नहीं ले रहा है। मैने कहा - यार अभी तो बाईक बदले कार रख ले। हमारे चैतुरगढ से लौटते तक तुझे कार का मालिक बना देते हैं। इतने पर भी लेकिन वह नहीं माना। आखिर में हमें वापस ही पाली की तरफ़ लौटना पड़ा। चैतुरगढ जाने के सारे रास्ते हमारे लिए बंद हो चुके थे। मन मार कर सोचा कि आज नहीं जा पाए तो कोई बात नहीं, मौसम खुलने के बाद फ़िर कभी आएगें चैतुरगढ के लिए। रात तक हमें बिलासपुर भी पहुंचना था। झा जी ने फ़ोन पर निर्देश देकर खाने की व्यवस्था अपने बंगले पर कर ली। पंकज और हमको उनके घर का निमंत्रण था। यहाँ से थोड़ी दूर पर पुरानी जमीदारी लाफ़ागढ है। जिसका नाम मैने सुना था। अब फ़ैसला लिया गया कि चैतुरगढ न सही तो लाफ़ागढ ही सही। वहीं चला जाए, अपने पास अभी एक-डेढ घंटा और था बिताने के लिए। आगे पढें………

शुक्रवार, 24 अगस्त 2012

रतनपुर का गोपल्ला बिंझवार --------------- ललित शर्मा

रतनपुर किले का द्वार
दोपहर के 12 बज रहे थे हम बस स्टैंड के पास स्थित हाथी किला की ओर चल पड़े। यह किला केन्द्रीय पुरातत्व के संरक्षण में है। यहाँ केन्द्रीय पुरातत्व के 3 कर्मचारी हैं, पर मुझे एक भी नहीं मिला। किले के भव्य प्रवेश द्वार से प्रवेश करने पर तालाब के बगल से दो-तीन गंजेड़ी बाहर निकलते दिखाई दिए। इससे लगा कि यह असमाजिक तत्वों का मुफ़ीद अड्डा हो सकता है। कहते हैं कि जब किला पुरातत्व के संरक्षण में नहीं था और उजाड़ पड़ा था तब रतनपुर के निवासी नगर के घरों में निकलने वाले सांपों को किले में छोड़ जाते थे। यहां कई प्रकार के सांप होने की बात सामने आई। पर पूरा किला घूमने पर भी हमें एक भी सर्प दिखाई नहीं दिया। यह किला राजा पृथ्वी देव ने बनाया था। यह चारों ओर खाईयों से घिरा हुआ है। किले में 4 द्वार सिंह द्वार, गणेश द्वार, भैरव द्वार तथा सेमर द्वार बने हुए हैं। सिंह द्वार के बांयी ओर गंधर्व, किन्नर, अप्सरा एवं देवी देवताओं के अलावा लंकापति रावण भी अपना सिर काटकर यज्ञ करते हुए दिखाई देता है।

गोपल्ला बिंझवार
सिंह द्वार में प्रवेश करने पर बायीं ओर एक विशाल पाषण प्रतिमा है, जिसके सिर और पैर ही दो भागों में दिखाई देते हैं। मान्यता है कि इस प्रतिमा का धड़ मल्हार में रखा है। अब इस प्रतिमा का धड़ मल्हार कैसे पहुंचा इसका कोई पता नही है। यह प्रतिमा गोपल्ला बिंझवार (गोपाल राय वीर) की मानी जाती है, इसे देवार गीतों में भी गाया जाता है। कहा जाता है कि गोपाल की वीरता से प्रभावित होकर मुगलबादशाह जहांगीर ने राजा कल्याणसाय को अनेक उपाधियां दी तथा रतनपुर से लगान लेना बंद कर दिया। आगे गणेश द्वार है, जहाँ हनुमान जी प्रतिमा है, कहते हैं कि इस प्रतिमा के पीछे सुरंग का द्वार है। जिसे प्रतिमा से बंद कर दिया गया है। इसके आगे थोड़ी दूर पर मराठा साम्राज्ञी आनंदीबाई द्वारा निर्मित लक्षमीनारायण मंदिर है। किले के मध्य में जगन्नाथ मंदिर स्थित है, इसका निर्माण राजा कल्याणसाय ने कराया था। मंदिर में भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा, एवं बलभद्र की प्रतिमा एवं भगवान विष्णु, राजा कल्याण साय एवं देवी अन्नपूर्णा की सुंदर प्रतिमाएं स्थापित है।

रनिवास-रतनपुर
मंदिर के पार्श्व भाग में रनिवास एवं महल के अवशेष विद्यमान हैं। रनिवास में माल खाना, हथियार खाना एवं सुरक्षा प्रहरियों के रहने के स्थान भी हैं। किले के पिछले द्वार पर ताला लगा था, यह रास्ता मोतीपुर की ओर जाता है। ताला बंद होने पर हम फ़ेन्सिग को उपर से पार करके मोतीपुर की ओर गए। कुछ दूरी पर यहाँ खाई से बने तालाब के किनारे एक बीसदुवरिया और बनी है। यहाँ राजा लक्ष्मणसाय की बीस रानियां सती हुई थी, उन्ही के स्मृति में यह स्मारक बनाया गया है। यह बीस दुवरिया क्षतिग्रस्त है। इस में अभी भेड़-बकरियों का डेरा होने से यह बीसदुवरिया खंडहर भी ध्वस्त होने के कगार पर है। कहते हैं कि मलयगिरि की भीलनी चूल्हा जलाने के लिए चंदन की लकड़ियों को उपयोग में लाती थी वैसे ही इस भव्य किले को समीप के रहवासियों ने हागालैंड बना दिया है। वापसी के दौरान कुछ लोटाधारी महिलाएं पुरुष किले में दिखाई दिए। हम सिर झुकाए उनके आगे से निकल गए। लोगों ने अभी तक अपनी महत्वपूर्ण पुराधरोहरों को सम्मान देना एवं सुरक्षित रखना नहीं सीखा है।

रामटेकरी- रतनपुर
हाथी किला से हम रामटेकरी की ओर चल पड़े। रामटेक की राम टेकरी तो हमने देखी थी। रतनपुर की रामटेकरी के दर्शन एवं निर्माणकर्ता की जिज्ञासा लिए हम रामटेकरी पहुंच रहे थे। टेकरी के समीप ही एक तालाब है, जिसे टेकरी पर से देखने पर भारत का नक्शा तालाब में दिखाई देता है। आसमान में बादल घिर आए थे, सुबह से पंकज बारिश की मांग कर रहा था। मैने उससे वादा किया था कि बरसात बुलाना मेरी जिम्मेदारी है और उसे रोकना तुम्हारा काम। अगर रोक सकते हो तो अभी घनघोर घटा छाकर बरस जाएगी। पर कितनी देर बरसेगी यह मैं नहीं बता सकता। अरविंद झा भी मौज ले रहे थे, बार-बार घर फ़ोन लगा कर रात के खाने का इंतजाम कर रहे थे। भूख का समय हो गया था, झा जी एक दर्जन केले लेकर आए पर उन्होने खाए नहीं। रात को ही इतनी ओवरडोज हो गयी थी उसका असर दोपहर तक बना हुआ था। अर्थात संडे का पूरा-पूरा फ़ायदा लेने के चक्कर में थे, पर क्या करें? हमारे जैसे घनचक्करों के चक्कर में फ़ंस कर रह गए।

ब्लॉगर ललित शर्मा एवं पार्श्व में रामटेकरी
रामटेकरी पर पहुंचे तो यहां काफ़ी पर्यटक आए हुए थे, इस पहाड़ी पर राम दरबार का भव्य एतिहासिक मंदिर है। समीप ही खुंटाघाट जलाशय भी है, इस बांध का निर्माण अंग्रेजों ने 1926 में कराया था। यहां सुंदर उद्यान भी है। बरसात में खुंटाघाट जलाशय लबालब भरा हुआ दिखाई दे रहा था। मंदिर के प्रवेशद्वार पर नारियल, फ़ूल अगरबत्ती वगैरह पूजा सामग्री के एक दुकान लगी थी। संभवत: यह मंदिर के पुजारी का कोई अनुग्रही लगता है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान राम, देवी सीता, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न की प्रतिमा पंचायत शैली में विद्यमान हैं। भगवान राम की प्रतिमा के अंगूठे से जल की धारा प्रभावित होती है। साथ ही सभा मण्डप में भगवान विष्णु तथा हनुमान जी की प्रतिमा हैं। सभागृह के आगे रानी आनन्दी बाई द्वारा निर्मित राजा बिंबाजी का मंदिर है। मंदिर में फ़ोटो खींचने की मनाही है। मैने फ़ोटो लेने की कोशिश की, लेकिन पुजारी ने मना कर दिया और मेरे पीछे ही लगे रहे, कहीं फ़ोटो न उतार ले।

रामटेकरी से खुंटाघाट उद्यान का दृश्य
उनका कहना था कि फ़ोटो खींचने की मनाही सुरक्षा की दृष्टि से है। पूर्व में कभी मूर्ति चोरों ने यहाँ धावा बोल दिया था। फ़िर बाद में पता चला कि इस मंदिर को लेकर इसकी सर्वराकार चंद्रकांता और राज्य सरकार के बीच न्यायालय में संपत्ति के अधिकार को लेकर वाद विचाराधीन है। इसलिए मंदिर का पुजारी चित्र लेने से मना कर रहा था। इस पहाड़ी से रतनपुर का मनोरम दृष्य दिखाई देता है साथ ही हाथी किला भी, लेकिन वृक्ष आड़े आने के कारण हाथी किले की फ़ोटो नहीं ली जा सकी। जब हम जाने लगे तो पुजारी जी ने तीनों के लिए अलग से प्रसाद भिजवाया। आधे नारियल के साथ फ़ल और मिष्ठान भी थे। मैने मंदिर के परकोटे से एक चित्र खूंटाघाट बांध के समीप बने हुए उद्यान का लिया। नागपुर के समीप स्थित रामटेक के जैसे ही यहाँ पर भोसला राजा ने इस रामटेकरी मंदिर का निर्माण किया। रामटेक (महाराष्ट्र) का मंदिर भी मैने देखा है।

बूढा महादेव का  जलाभिषेक
 रामटेकरी से लौटकर हम बूढ़ा महादेव के प्राचीन मंदिर के दर्शन करने के लिए गए। पुराने शहर में संकरी गलियों से सिर्फ़ एक ही गाड़ी निकल सकती है। सामने से दो गाड़ियाँ आ गयी जिससे रास्ता जाम हो गया। हमने पास की गली में अपनी कार को बैक करके घुसाया तब कहीं जाकर भीतर जाने का रास्ता बन पाया। वृद्धेश्वर महादेव को बूढा महादेव कहते हैं। इस मंदिर के सामने बावड़ी बनी हुई है। मंदिर प्रस्तर से निर्मित है, तथा एक खम्बे पर उत्कीर्ण कुछ अभिलेख भी दिखाई दिया। यहाँ स्थापित लिंग बीच में खोल है। इसमें जितना भी जलाभिषेक करिए, जल का स्तर सामान्य ही बना रहता है। थोड़ा सा भी जल का स्तर नहीं बढता, जितना पहले था उतना ही रहता है। हमने भी सावन में शिवजी का जलाभिषेक किया। पुजारी जी ने केले एवं सेव का प्रसाद दिया।

बूढा महादेव
रतनपुर में देखने के लिए अभी बहुत कुछ बचा था लेकिन हमारे पास इतना समय नहीं था कि सब कुछ देख सकें। महालक्ष्मी मंदिर, जूना शहर तथा बादल महल, हजरत मुसे खाँ बाबा की दरगाह, गिरजावर हनुमान, रत्नेश्वर महादेव मंदिर, भुवनेश्वर महादेव मंदिर, कृष्णार्जुनी तालाब इत्यादि अनेक दर्शनीय स्थल हैं। पुरातत्व में रुचि रखने वाले के लिए रतनपुर दर्शन करना एक दिन में संभव नहीं है। इसके लिए कम से कम दो दिनों का समय होना चाहिए। फ़िर कभी अधिक समय लेकर आना होगा तभी सारे रतनपुर का भ्रमण हो सकता है। अब हमें पाली होते हुए चैतुरगढ एवं तुम्माण जाना था। पूछने पर पता चला कि बरसात में चैतुरगढ का मार्ग बंद हो जाता है और कार से जाना संभव नहीं होगा। तब हमने विचार किया कि रतनपुर से मल्लार होते हुए बिलासपुर चला जाए। मल्लार की दूरी भी यहां से 70 किलोमीटर के लगभग है तो हमने पाली और चैतुरगढ जाने का निश्चय किया और दीपक को छोड़ कर पाली की ओर चल पड़े। आगे पढें……