उत्तर प्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उत्तर प्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 8 अक्टूबर 2013

गाजीपुर: सड़कों में गड्ढे-गडढों में सड़क

नेपाल यात्रा प्रारंभ पढें
भादो की धूप मंद रहते हुए भी उमस से झुलसा डालती है। पसीने की चिप-चिप और पसीना चूसने वाली मक्खियाँ तन पर बैठती हैं तो लगता है भोगने वाला नरक यही है। आज की गर्मी भी कुछ ऐसी ही थी। नेकर के नीचे की उघड़ी टांगों से पसीना धार धार बह रहा था।। मंत्रणा हुई कि अब आगे बढा जाए चुनारगढ़ भले ढंग से देख भाल लिए। गाईड को विदा करते हुए मैने उससे बनारस जाने का मार्ग पूछा तो उसने जमुई होते हुए जाने को कहा। पाबला जी ने भी चलते-चलते एक छायाचित्र का शौक फ़रमा दिया। विहंगम दृष्यावलि को कैमरे की आँख से समेटते हुए चल पड़े। गढ़ में पर्यटक पसीने से लथपथ चंद्रकांता तथा कुमार विरेंद्र के राजनैतिक प्रेम से रुबरु होने के लिए आ रहे थे। खाकी वर्दीधारी पंजी में उनके हस्ताक्षर और मोबाईल नम्बर लेकर आगे बढने दे रहा था।
रानी झरोखे से कचहरी दर्शन: चुनारगढ़

चुनारगढ़ को समृतियों में समेट कर हम आगे बढे। गढ़ के नीचे से सड़क जमुई की ओर जाती है। जीपीएस वाली बाई ने कह दिया कि 100 मीटर ते सज्जे मुड़ो और 8 किलोमीटर सीद्दे चलते रओ। हम तो इसी के भरोसे पर अपनी यात्रा कर रहे थे। किसी से पूछने की आवश्यकता ही नही थी। बस्ती खत्म होने के बाद थोड़ी देर चलने पर वन प्रांत दिखाई देने लगा। वैसे भी चुनारगढ़ हमारे मार्ग में नहीं था। सुबह जब चाय दुकान से फ़ोटो लगाए फ़ेसबुक पर तो अरविंद मिश्रा जी ने पूछा कि - आप लोग बनारस के लिए चले थे और चुनारगढ़ कैसे पहुंच गए? बस पहुंच ही गए, चुनारगढ़ से परिचित जो होना था। समय हमारे पास सीमित था वरना कालिंजर भी नहीं छोड़ते और राजा उदयन से गुफ़्तगुं अवश्य करके आते। गिरीश भैया कहने लगे - अरे वह टीवी में जो सीरियल आता था, उसी चंद्रकांता का ही है न यह चुनारगढ़, चलो अच्छा हुआ देख लिए वरना मै तो कुछ और ही समझ रहा था। 
धान की लहलहाती फ़सल

हम आपस में चर्चा करते हुए जमुई से आगे बढ रहे थे। चुनारगढ़ की तरफ़ आने के लिए हमने मुख्यमार्ग से रेल्वे फ़ाटक पार किया। अब पुन: मुख्य मार्ग पर जाने के लिए बोग्दा से निकले। थोड़ी देर बाद बनारस का रिंग रोड़ दिखाई दिया। फ़र्राटे से उस पर से गाड़ियाँ जा रही है। उबड़-खाबड़ रोड़ पे चलते हुए कई घंटे हो गए थे। शानदार हाईवे देखकर मजा आ गया जैसे कोई जलती हुई देह पर ठंडे पानी की फ़ुहार डाल दे। हमने फ़टाफ़ट गाड़ी हाईवे पर चढा ली। जीपीएस वाली बाई ने 40 किलोमीटर सिद्दे चलदे रओ का आदेश सुना दिया। हमारी गाड़ी भी फ़र्राटे लेने लगी। यहीं हाईवे पर रुक कर एक ढाबे में कल की बची हुई पूरियाँ पूर्ण की और आगे बढ़े। 
गाजी पुर सड़क प्रारंभ

40 किलोमीटर बाद बांए मुड़ने का संकेत मिला। रास्ता देखने पर सिंगल सड़क दिखाई दी। सिंगल सड़क से आगे बढे बढने पर एक मोड़ फ़िर आया। वहाँ 1 पुलिस वाला बैठा था, रास्ता पूछने पर उसने कहा कि सड़क खराब है धीरे-धीरे निकल जाइए, गाजीपूर के बाद अच्छी सड़क मिल जाएगी। लो जिस गलती को करने लिए लखनपुर के भुक्तभोगी साथियों ने मना किया था वही गलती जीपीएस के कारण हम कर रहे थे। परन्तु 45 किलोमीटर चल चुके थे तो वापस जाने का भी मन नहीं था। थोड़ा धीरे चल लेगें। 1 घंटा अधिक लग जाएगा, यही सोच कर हम आगे बढ गए। 4-5 किलोमीटर खराब सड़क मिलने के बाद बढिया डबल रोड़ आ गया। मैने कहा कि वे लड़के खराब सड़क देख कर ही वापस लौट गए होगें। उन्हे क्या पता कि आगे चलने पर बढिया सड़क भी आएगी। बस यहीं चूक हो गयी।
थोड़ा और आगे बढ़े

अच्छी सड़क के बाद इतनी खराब सड़क आई की, हमने इसके विषय में सोचा भी नहीं था। सड़क होती तो कोई बात होती। वहाँ तो सड़क ही नहीं थी। ट्रकों के चलने के कारण डेढ-डेढ फ़ुट गहरी पटरियाँ बनी हुई थी। हमारी गाड़ी का एक चक्का पटरियों के बीच के टीले पर और दूसरा गड्ढे में था। ऐसे ही चले जा रहे थे सोचकर कि थोड़ी देर बाद अच्छी सड़क आ जाएगी और गाजीपुर 25 किलोमीटर है थोड़ी तकलीफ़ और पा लेते हैं। एक स्थान पर जाकर गाड़ी इंजन और टंकी सब बीच वाले टीले पर टंगा गए। गाड़ी के चक्के अधर होने से गाड़ी ने चलने से इंकार कर दिया। दोपहर की धूप तप रही थी। पानी भी कम ही था साथ में। अब लग गया कि यहीं फ़ंस गए और हो गया काम। हमारे फ़ंसने के कारण पीछे गाड़ियों की लाईन लग गई। पाबला जी ने खूब जोर मारा रिवर्स गेयर लगा कर हमने धक्का मारा। फ़िर भी गाड़ी टस-से-मस नहीं हुई।
देखिए सड़क का हाल

आस-पास के गाँव के लोग हमें फ़ंसा हुआ देख कर मजा ले रहे थे। कह रहे थे कि इधर से तो ट्रक भी नहीं निकल सकता, आप लोग कैसे आकर फ़ंस गए। किसी ने गलत रास्ता बताया है। हमारे पीछे नागालैंड की गाड़ी थी। उसके ड्रायवर कंडेक्टर ने रस्सा निकाल कर हमारी गाड़ी को टोचन किया और पीछे खींचा तो रस्सा ही टूट गया। उन्होने दुबारा बांध कर प्रयास किया तो गाड़ी निकल गई। लगा कि दिन ठीक है वरना फ़ंसे खड़े रह जाते। गाँव के कोई ट्रैक्टर मंगवाते, वह अनाप-शनाप पैसे मांगता तब कहीं गाड़ी गडढे से बाहर आती। हम ने यू टर्न ले लिया। वहाँ से वापस उसी रोड़ पर लौट चले। लगभग 2 बजने को थे। रास्ते में चौक पर वही पुलिस वाला फ़िर बैठा दिखाई दिया। एक बार तो मेरे मन में उसकी सेवा पानी करने का इरादा हो गया था। परन्तु समय नहीं था। वैसे भी विलंब से चल रहे थे।
इदरिच फ़ंसे

हम पुन: उसी मार्ग पर आ गए। अब आजमगढ़ होकर गोरखपुर पहुंचना था। अब हमारा जीपीएस आजमगढ़ वाली सड़क पर पहुंचाने के लिए बनारस की गलियों के चक्कर कटवाने लगा। भीड़ भाड़ भरी असड़कों (सड़क ही नही) के बीच से पाबला जी ड्राईव कर रहे थे। यहाँ से गाड़ी हम दोनो ने ड्राईव करनी शुरु कर दी। स्टेयरिंग और एक्सीलेटर पाबला जी के हाथ में था और ब्रेक मेरे पैर में। जब भी कोई सामने दिखता है, मेरा पैर तुरंत ब्रेक लगा देता। बात तालमेल की थी। इस तरह चलते हुए हमने बनारस शहर पार किया। गिरीश भैया को अपनी जन्मभूमि की याद आने लगी। उनका जन्म बनारस में ही हुआ है। कहने लगे कि बाबू देवकीनंदन खत्री के प्रपौत्र से उनकी अच्छी मित्रता है। समय की कमी थी वरना उनसे मिलते हुए चलते। एक बारगी तो हमारी गाड़ी ने वन वे में प्रवेश कर लिया। कचहरी के सामने वन वे का बोर्ड लगा था। 
बनारस प्रवेश

थोड़ा आगे चलकर हमने बनारस के पान का स्वाद लिया। दूई बीड़ा पान बंधवाए और एक बीड़ा खाए। बनारस आए और पान नहीं खाए तो आना व्यर्थ हो जाता। बनारसी पत्ते पर किमाम की रगड़ और गीली सुपारी की गिलौरी के आनंद का कहना ही क्या था। गाना याद आ गया, "पान खाए सैंया हमारो, मलमल की कुर्ती पे छींट लाल"। छींट लगाने लायक कुरती तो थी नहीं। पर काले रंग का अंगरखा जरुर पहने थे। काले रंग पे चढे न दूजो रंग। सफ़ेद कुरती होती तो 2-4 छींट लगाए ही लिए होते। चमेली भी खुश कि सैंया पान खाए हैं और चम्पा भी खुश कि किमाम की मस्त खस्बू है। बनारस शहर से आजमगढ़ की सड़क पर पहुंचने के बाद भी गडढों से पीछा नहीं छूटा। यहाँ भी ट्रांसपोर्ट नगर की सड़क गायब मिली। बस मुंह से एक ही जयकारा निकला "जय हो पुत्तर प्रदेश की"
लोहापुल बनारस

आगे बढने पर जामिया इस्लामिया की बिल्डिंग दिखाई दी। काफ़ी बड़ी जगह में यह संस्थान बना हुआ है। यह इलाका मुस्लिम बहुल है। रात लगभग 10 बजे के बाद गोरखपुर बायपास रोड़ पर पहुंचे। अब समस्या थी कि ठहरा कहाँ जाए? अरविंद झा को फ़ोन लगाए तो उनका मोबाईल नो रिप्लाई हो रहा था। जीपीएस में होटल आदि के पते दर्ज हैं। वहीं से एक होटल का पता दे दिया गया। गाड़ी चलती रही। स्टेशन के पास पहुंचने पर जीपीएस वाली बाई ने कहा कि आपकी मंजिल आ गई है। होटल सड़क के उस पार था। वहां जाकर देखने पर रुम नहीं मिला। उसके सामने ही एक होटलों की कालोनी है। वहां एक रुम मिल गया। भोजन के बाद यहाँ से पुन: सुबह 4 बजे चलने की चर्चा होने लगी तो मैने कह दिया कि जब नींद खुलेगी तभी चलेगें। सुबह जल्दी उठने के कारण सारा जैविक सिस्टम गड़बड़ हो गया है। आखिर में तय हुआ कि जब नींद खुल जाएगी तब चल पड़ेगें। नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढ़ें ………

मंगलवार, 17 नवंबर 2009

वो अंधेरी रात और भयानक सुनसान गलियाँ

आज  मौसम  बड़ा  ख़राब है, रात  से  ही  लगातार  बारिश  हो  रही  है. ठंड बढ़ गई और विद्युत् व्यवस्था भी चरमराई हुई है. दिन कम से कम बीस बार तो लाइट  बंद हो जाती है, आज सुबह से ही भांग की चर्चा चल गयी तो एक अनुभव आपके साथ बांटता हूँ.  

हम सब मित्र साल में एक बार भारत में कहीं भी कार्यक्रम बना कर घूमने जाते हैं सावन के महीने में तथा इस यात्रा का समापन वैद्यनाथ धाम में होता है. 

एक बार हम बनारस पहुंचे, यहाँ सावन के पहले सोमवार को बाबा को जल चढ़ा कर आगे की यात्रा करेंगे. हम सब डॉ. श्रीधर, उमाशंकर, सत्तू महाराज, निनी भैया, देवीशंकर, बब्लू, रवि, कमलेश इत्यादि 14 लोग थे. 

रात की आरती में हम बाबा के दर्शन करने पहुंचे. वहां पर आरती की, उसके बाद वहीं मदिर के अन्दर बैठ गए. सत्तू महाराज बोले मैं असली प्रसाद लेके आता हूँ. 

थोड़ी देर बाद एक भंग का गोला लेकर आ गये. पुजारी उनकी पहचान का था इसलिए थोडा बड़ा ही दे दिया था.सत्तू भैया ने सबको भंग प्रसाद बांटा, सबने ग्रहण किया, 

उसके बाद हम गंगा किनारे के एक होटल में खाना खाने लगे. जैसे ही मैंने दूसरी रोटी खानी चालू की ही थी कि मुझे लगा कि अब नशा होने लग गया है. भंग चढ़ने लगी थी. 

खाना खाने के बाद एक पान ठेले पर पान खाने के लिए रुके. तो डाक्टर ने पूछा"क्या महाराज पान लोगे" मैंने कहा जरुर लेंगे. अब डाक्टर और मेरे बीच बात होने लगी वो कहता कुछ था और मैं समझता कुछ था 

जवाब मुंह से कुछ निकलता था. देखता हूँ कि जितने लोग थे सब भंग के नशे में झम्म हो चुके थे. हम पुराने बनारस में घाट के पास कचौड़ी लाल धर्म शाला में रुके थे. उस धर्मशाला में जाने के लिए इतनी पतली गली है कि एक मोटर सायकिल भी नहीं जा सकती. 

हम पैदल-पैदल धर्मशाला चल पड़े, कमलेश बार-बार एक ही बात बोलता था, जब उसको कोई अंग्रेज दिखाता था तो "अंकल इस अंग्रेज से बात करो, उसका मीटर यहीं पर अटका हुआ था. मेरे बोलती बंद हो गई थी. 

किसी से कोई भी बात करने का मन नहीं करता था. अगर कोई बोलता था तो लगता था कि ये क्यों बात कर रहा है. ऐसे झुंझलाहट चढ़ी हुयी थी.रात क १२ बज रहे थे. पूरी गली सुनसान, ऐसा लगाता था जैसे कोई हारर फिल्म का सीन है. 

रात को मुझे ये गलियां बड़ी भयानक लग रही थी.हम धर्मशाला तक पहुंचे तो उसका दरवाजा बंद था. कोई खोलने को तैयार नहीं. 

हम लोगों ने बहुत आवाज दी, लेकिन मैनेजर शायद हम लोगों की परीक्षा ले रहा था. उमाशंकर थोडा कम बोलता था. लेकिन उसकी आवाज पूरी खुल गई थी, वही दादा भैया करके मैनेजर को जगाने में लगा हुआ था.

 लेकिन वो उठ ही नही रही रहा. इस तरह हम एक घंटा चिल्लाते रहे उसके बाद उसने दरवाजा खोला. सब उस पर बरस पड़े, तो वो बोला हमारी धर्मशाला का बंद होने का समय ११ बजे है. इसके बाद हम नहीं खोलते, 

मुझे लग रहा था कि जहाँ पर भी जगह मिले वहीं पर सो जाऊँ, सुबह हमें सारनाथ जाना था. हम अपने कमरे में जाकर लेटे, लेटते ही मेरा बिस्तर घुमने लग गया. आँख बंद करता था तो सर घूमता था. बोलती बंद हो गयी थी,

रवि बगल में सोकर मेरे से मजाक करता था कि मैं कुछ बोलूँगा, लेकिन बोलने को मुंह ही नहीं खुल रहा था. उस दिन मुझे "उन्माद" शब्द से सही परिचय हुआ, 

इस शब्द को हमने लिखा पढ़ा, लेकिन उन्माद क्या होता है, इससे साक्षात्कार पहली बार हुआ. मैं सोचता रहा कि ये भंग नहीं उतरेगी तो क्या होगा? 

पता नहीं कब कैसे कितने बजे नीद आई. सुबह हमारी ऑंखें खुली तो नौ बज रहे थे. सारनाथ जाने वाली गाड़ी छुट चुकी थी. हम सोते रह गये. अब सर का चक्कर उतार चूका था. 

हमने सोचा कि अब क्या करेंगे चलो एक बार बाबा विश्वनाथ के फिर दर्शन हो जाएँ. जब हम चार घंटे की लाइन में लग कर मंदिर में पहुंचे तो मैंने पुजारी से पूछा-

महाराज  यहाँ भंग में धतुरा भी मिलाते हो क्या? तो महाराज ने कहा -हाँ! बिना धतुरा के यहाँ तो भंग घोटी ही नहीं जाती. 

तब मेरी समझ में आया कि ये उन्माद भांग का नहीं धतूरे का था.उसके बाद से आज पहली बार मैंने इस खतरनाक चीज का नाम लिया है.

सोमवार, 19 अक्टूबर 2009

चित्रकूट में सवा लाख का गधा

चित्रकूट विद्वानों की नगरी रही है और है भी, तुलसी दास, अब्दुल रहीम खानखाना (रहीम कवि) जैसे विद्वान् कवियों ने यहाँ अपने साहित्य की रचना की है, 

यह धार्मिक नगरी है यहाँ नित धार्मिक आयोजन होते रहते हैं.दूर -दूर से श्रद्धालु यहाँ आध्यात्मिक क्षुधा को शांत करने आते है, 

आज यह चर्चा में है कि यहाँ अन्तरराज्यीय गदहों का भी मेला लगा हुआ है. यह मेला नरक चौदस से प्रारंभ होकर पॉँच दिन तक चलता है. 

यहाँ पर ये आयोजन वर्षों से होता आ रहा है. इस मेले में ३६ गढ़, बिहार,झारखण्ड, मध्य-प्रदेश,उत्तर प्रदेश, और नेपाल तक के व्यापारी गदहों को बेचने एवं खरीदने आते हैं.

यहाँ मेले में आने वाले गधों का पहले पंजीयन किया जाता है.इसकी खरीदी-बिक्री पर यहाँ की नगर पंचायत को भी काफी आय होती है.

बताते हैं पिछले साल एक गधा "हीरा" सवा लाख में बिका था. 

वाह क्या बात है.अब तो गदहों के दाम लग गए लाखों में. विद्वानों की नगरी में गदहों को स्थान मिलता है.

मास्टर जी अब तो गधा बोलना छोड़ दो.