महेशपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
महेशपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 13 जून 2012

दंतैल हाथी से मुड़भेड़ ----------- ललित शर्मा

महेशपुर के मंदिरों के पुरावशेष देख कर जंगल के रास्ते से लौट रहे थे। तभी रास्ते में सड़क के किनारे हाथी दिखाई दिया। एक बारगी तो दिमाग की बत्ती जल गयी। सरगुजा के जंगलों में हाथी का दिखना और देखना दोनो ही खतरनाक होता है। छत्तीसगढ के रायगढ, कोरबा, जशपुर और सरगुजा के जंगलों में हाथियों के उत्पात से प्रतिवर्ष बहुत सी जाने जाती हैं और जंगलवासियों के घर तबाह हो जाते हैं। इन हाथियों से मुकाबला करने एवं बचाव के लिए सरकार के प्रतिवर्ष करोड़ों रुपए खर्च होते हैं। एक बार आसाम से 2003 में ही हाथी विशेषज्ञ पार्वती बरूआ के नेतृत्व में जशपुर में हाथियों को पकड़ने का प्रयोग किया जा चुका था, जिसमें एक हाथी पकड़ा गया और अठारह दिनों में ही मर गया। हाथी के मरने पर प्रदेश सरकार ने पार्वती बरूआ के साथ अपने अनुबंध को समाप्त कर उन्हें वापस भेज दिया। परन्तु जंगली हाथियों से बचाव का कोई हल नहीं निकला। ये वनों के प्राकृतिक वातावरण में स्वछन्द विचरण कर रहे हैं। जिस गांव में प्रवेश कर गए उसे तो पूरा ही तबाह करके छोड़ते हैं। आज इन हाथियों से तकरीबन पूरा एक जिला ही नहीं पूरा संभाग आतंकित है। मानवीय छेड़छाड़ और धान, महुआ शराब के प्रति इनकी रूचि इतनी बढ़ गई है कि हाथियों के एक दल ने जिला मुख्यालय के मायापुर मुहल्ले में अपनी उपस्थिति बताकर शहरी लोगों को भी सावधान रहने चेतावनी दे डाली है।
मेरे द्वारा हाथी का पहला चित्र- सड़क पार से

आज 122 हाथियों का दल पांच दलों में बंटकर इन प्रभावित जिलों में लूटपाट एवं आतंक पैदा कर रहा है। इनमें से लगभग पचास हाथियों के तीन दलों ने जिले में भ्रमण कर सरगुजा जिले को अपने प्रभाव क्षेत्र में कैदकर रखा है। पिछले कुछ सालों में हाथियों ने 72 लोगों को कुचल डाला है।हाथियों का प्राकृतिक आवास और उदरपूर्ति का क्षेत्र लगभग समाप्ति की ओर है इसलिए हाथी सरगुजा में घुस रहे हैं। सिंहभूमि के हाथी भी इन्हीं कारणों से झारसुगुड़ा होकर यहां अपना रहवासी क्षेत्र खोजने आ रहे हैं। स्थानीय जंगलों में इन हाथियों को कुछ सुकून मिल रहा है इसलिए यहां ये बार-बार दस्तक दे रहे हैं। जिले में अवैध कटाई, बस्तियों का अतिक्रमण एवं वनभूमि अधिकार पत्र पाने की होड़ में जंगल रातों-रात साफ हो रहे हैं। इन्हीं कारणों से हाथियों का दल अब मानवीय बस्तियों से भी गुरेज नहीं कर पा रहा है। सरगुजा के नामकरण के पीछे हाथियों का बहुत बड़ा हाथ है। इससे ऐसा भान होता है कि सरगुजा में भारी तादाद में हाथियों की उपस्थिति रही होगी। सरगुजा शब्द सुरगज, सरगजा या स्वर गजा का विकृत रूप हो सकता है। सुरगज- जहां इन्द्रदेव के हाथी ऐरावत जैसे हाथी पाए जाते हों। सरगजा- जहां हाथियों के विशालकाय सिर ही सिर दिखते हों। स्वरगजा- जहां हाथियों का स्वर चिंघाड़ गुजता रहता हो। इस प्रकार सरगुजा नाम की व्युत्पत्ति इन शब्दों से विकृत होकर हो सकती है।
दूसरा चित्र - हाथी के नजदीक जाकर, इसके बाद मेरे मोबाईल की बैटरी धोखा दे गयी

हम हाथी तो बचपन से देखते आए हैं।पालतु हाथी देखे और उसकी सवारी भी की। लेकिन हाथी के प्राकृतिक आवास में उसे पहली बार हम सभी ने देखा। हाथियों का झुंड नहीं था वह अकेला ही सड़क उस पार पेड़ों के बीच खड़ा था। कुछ वनवासी भी सड़क के इस पार खड़े होकर हाथी की गतिविधि देख रहे थे। हमने थोड़ी दूर पर कार रोक दी क्योंकि फ़ोटो लेने का लोभ नहीं छोड़ पा रहे थे। मै, राहुल सिंह, बाबू साहब, के पी वर्मा ने अपना-अपना हथियार(कैमरा) संभाला और चित्र लेने लगे।
बाबू साहब के मोबाईल कैमरे का चित्र

मेरे मोबाईल में दूरी होने के कारण हाथी का चित्र ठीक से नहीं आ रहा था। हाथी को चित्र में कैद करने के लालच से मै सड़क पार करके उसके समीप चला गया। मुस्किल से 20-25 फ़ुट की दूरी होगी। तब हाथी का पार्श्व भाग दिख रहा था। जैसे ही मैने कैमरा साधा उसने मुंह सीधा करके कैमरे की तरफ़ कर लिया जैसे फ़ोटो खिंचाने के लिए पोज दे रहा हो। लेकिन जैसे ही उसने आगे मेरी ओर कदम बढाया, मुझे लगा कि दौड़ाने वाला है। जान बचाकर भागने में ही भलाई है। बस मैने दौड़ लगा दी। मेरे कार के समीप पंहुचते तक सभी साथी कार में समा चुके थे।
समीप से फ़ोटो लेने  के लिए जाते हुए- बाबू साहब के मोबाईल कैमरे का चित्र

हमारे सामने हाथी और कार को उसके सामने से निकालना खतरे से खाली नहीं था। हाथी तो बड़ी-बड़ी बस को टक्कर मार कर पलटा देते हैं। फ़िर उसके सामने कार की क्या बिसात है? तभी लोगों के मना करने के बाद भी एक मोटर सायकिल सवार हाथी के सामने वाले रास्ते से गुजर गया। हाथी का ध्यान उधर बंटते ही हमारे ड्रायवर ने कार आगे बढा दी। डब्लु बी एम रोड़ होने के कारण स्पीड भी नहीं चला सकते थे। पर जीवन में पहली बार जंगली हाथी को इतने करीब से देखा और उसकी फ़ोटो लेना रोमांचित कर गया। फ़ोटो लेते वक्त सभी मित्रों के कैमरे की फ़्रेम ऐसे फ़िट थी कि मजा आ गया।
पोजिशन लेकर मुझे और हाथी को कैद करते बाबु साहब - चित्र: राहुल सिंह जी द्वारा

मै हाथी को फ़ोटो ले रहा था तो बाबु साहब का कैमरा मेरी और हाथी की। फ़िर राहुल सिंह जी का कैमरा मेरी, हाथी और बाबु साहब की फ़ोटो ले रहा था। इसके बाद केपी वर्मा जी अपने एस एल आर कैमरे से हम सबकी फ़ोटो ले रहे थे। मतलब इस मुड़भेड़ के सभी गवाह थे। जंगली हाथी खतरनाक ही होते हैं और एक बार पीछे पड़ गए तो जान बचाना नामुमकिन है। कुछ दिनों पूर्व तीन हाथी हाईवे पर बैठ गए थे। 6 घंटे तक ट्रैफ़िक जाम रहा। सारा प्रशासनिक अमला लगा रहा उन्हे हटाने के लिए, पर वे गए अपनी मर्जी से। जंगली हाथी यह मुड़भेड़ जीवन भर याद रहेगी। क्योंकि जंगली हाथी शेर से भी खतरनाक होता है।
हाथी के आगे बढते ही  रवानगी डालते मैं और बाबु साहब - चित्र: राहुल सिंह जी द्वारा
डॉ के पी वर्मा के पास SLR (रील वाला) कैमरा था, उसके चित्र डेवलप होकर नहीं आए हैं। फ़ुल साईज में देखने के लिए चित्र पर क्लिक करें.
पोस्ट अपडेट - डॉ कामता प्रसाद वर्मा के एस एल आर कैमरे की फ़ोटो

सोमवार, 11 जून 2012

महेशपुर ---------- ललित शर्मा

बड़े देऊर मंदिर, के पी वर्मा,ललित शर्मा, राहुल सिंह
हम महेशपुर की ओर बढ रहे हैं, उदयपुर रेस्टहाउस से आगे जाकर दायीं तरफ़ के कच्चे रास्ते पर गाड़ी मोड़ने का आदेश मिलता है। यह रास्ता आगे चलकर एक डब्लु बी एम सड़क से जुड़ता है। थोड़ी दूर चलने पर जंगल प्रारंभ हो गया जहां सरई के वृक्ष गर्व से सीना तान कर खड़े हैं जैसे सरगुजा के वैभव का बखान कर रहे हों। सरगुजा है ही इस लायक रमणीय और मनोहारी, प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं पुरासम्पदा से भरपूर्। जिस पर हर किसी को गर्व हो सकता है। गर्मी के इस भीषण मौसम में भी सदाबहारी वृक्षों से हरियाली छाई हुई है। महुआ के वृक्षों के पत्ते लाल से अब हरे हो गए हैं। फ़ूल झरने के बाद अब फ़ल लगे हुए हैं, जिन्हे कोया, कोवा, टोरी कहते हैं। इनका तेल निकाला जाता है। तेल निकालने के बाद खल भी कई कार्यों में ली जाती है। पेड़ों पर परजीवी लताएं झूल रही हैं। जंगल का जीवन मनुष्य से लेकर वन्यप्राणियों एवं पेड़ पौधों से लेकर पशु पक्षियों तक एक दूसरे पर ही निर्भर है। कह सकते हैं कि सभी एक दूसरे पर ही आश्रित हैं। तभी जीवन गति से आगे बढ रहा है। वरना किसी की क्या बिसात है जो दो पल भी जीवन का सुख या दु:ख झेल ले। शाम होने को है, कच्ची सड़क के 5 किलोमीटर की एक पक्की सड़क आती है जो सीधे महेशपुर के पुरावशेषों तक ले जाती है। कुल मिलाकर उदयपुर से महेशपुर की दूरी 12 किलोमीटर है।

मंदिर की ताराकृति प्रस्तर जगती
महेशपुर रेण नदी के तट पर बसा है, यह क्षेत्र में 8 वीं सदी से लेकर 11 वीं सदी के मध्य कला एवं संस्कृति से अदभुत रुप से समृद्ध हुआ। इस काल के स्थापत्य कला के भग्नावेश महेशपुर में यत्र-तत्र बिखरे हुए हैं। उपलब्ध पुरासम्पदा की दृष्टि से महेशपुर महत्वपूर्ण पुरातत्वीय स्थल है। यहाँ शैव, वैष्णव एवं जैन धर्म से संबंधित पुरावशेष मिलते हैं। रियासत कालीन प्रकाशित पुस्तकों में महेशपुर प्राचीन स्थल एवं शैव धर्म के आस्था स्थल के रुप में उल्लेखित है।अभी भी कई बड़े टीलों का उत्खनन होना है। जिससे इस स्थान  के विषय में पर्याप्त जानकारी मिलेगी तथा इसका इतिहास प्रकाश में आएगा। सड़क मार्ग से जुड़ा यह पुरास्थल अम्बिकापुर से 45 किलोमीटर की दूरी पर है। इस रास्ते से ही भगवान राम का दण्डकारण्य में आगमन हुआ और उन्होन वनवास का महत्वपूर्ण समय यहाँ पर व्यतीत किया। दण्डकारण्य सरगुजा के लेकर भद्राचलम तक के भू-भाग को कहा जाता है। जनश्रुति के अनुसार जमदग्नि ॠषि की पत्नी रेणुका ही इस स्थान पर रेण नदी के रुप में प्रवाहित है। रेण नदी का उद्गम मतरिंगा पहाड़ है और यह अपने आंचल में प्रागैतिहासिक काल से लेकर इतिहास के पुरावशेषों को समेटे हुए है।

विध्वंस कथा:विशाल वृक्ष की जड़ में फ़ंसा मंदिर का आमलक
हमारी कार सबसे पहले बड़का देऊर कहे जाने वाले शिव मंदिर के सामने रुकती है। सन 2008 में पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग छत्तीसगढ द्वारा पुराविद जी एल रायकवार के निर्देशन में यहाँ उत्खनन प्रारंभ हुआ। उत्खनन से विभिन मंदिरों की संरचनाएं सामने आई और दक्षिण कोसल की एतिहासिक शिल्पकला प्रकाश में आई। हम शिव मंदिर का निरीक्षण करते हैं, मंदिर के गर्भ गृह में शिवलिंग स्थापित है। पत्थरों से बनी ऊंची जगती पर स्थापित यह मंदिर ताराकृति में बना हुआ है। पुराविद कहते हैं कि ताराकृति मंदिर की बनावट बहुत कम देखने मिलती है। शिल्पकारों के बनाए नाप जोख के निशान अभी भी पत्थरों पर निर्माण की मूक कहानी कहते हैं। हम मंदिर की जगती के चारों तरफ़ घूम कर देखते हैं। मंदिर का सिंह द्वार पश्चिम की ओर है अर्थात मंदिर पश्चिमाभिमुख है। आस-पास मंदिरों के प्रस्तर भग्नावेश बिखरे पड़े हैं। मंदिर की पश्चिम दिशा में रेण नदी प्रवाहित होती है। मंदिर के प्रांगण में सैकड़ो वर्ष पुराने वृक्ष इन मंदिरों की तबाही की गाथा स्वयं कहते हैं। किसी कारण वश जब इनकी मंदिरों की देख रेख नहीं हो रही होगी तब इन वृक्षों की जड़ों ने मंदिरों को तबाह किया। 

वामन और राजा बली
यहाँ से हम आगे चल कर दायीं तरफ़ स्थित टीले की ओर जाते हैं वहाँ सैकड़ो प्रस्तर मूर्तियाँ खुले में रखी हुई हैं। जिन्हे देख कर महेशपुर के वैभवशाली अतीत की एक झलक मिलती है। हमने मुर्तियों के चित्र लिए तथा बायीं तरफ़ स्थित मंदिरों की देखने गए। यहां भी सैकड़ों मुर्तियां एवं मंदिरों के विशाल आमलक पड़े हैं। एक आमलक तो वृक्ष की विशाल जड़ में फ़ंसा हुआ दिखाई दिया। मंदिरों की जगती एवं दीवारों को अपनी जड़ों से जकड़े विशाल वृक्ष खड़े हैं। कुछ टीलों का पुरातत्व विभाग ने उत्खनन कर मुर्तियों को बाहर निकाला है। अभी भी सैकड़ों टीले कई किलोमीटर में जंगल के भीतर फ़ैले हुए हैं जिनका उत्खनन करना बाकी है। इन मंदिरों को त्रिपुरी कलचुरी काल में निर्मित बताया गया है। त्रिपुरी कलचुरी राजाओं की राजधानी जबलपुर में स्थित थी। महेशपुर की विशालता से पता चलता है कि यहां तीर्थयात्री आते थे तथा यह स्थान दंडकारण्य में प्रवेश करने का द्वार रहा होगा। यहीं से होकर यात्री रतनपुर एवं रायपुर ओर बढते होगें।

आदिनाथ
इस स्थल के पास से आदिनाथ की प्रस्तर प्रतिमा प्राप्त हुई है। पुराविद कहते हैं कि आदिनाथ की यह प्रतिमा कहीं अन्य टीले से लाकर यहाँ रखी गयी होगी। इस स्थल पर रखी हुई मूर्तियों में विष्णु, वराह, वामन, सू्र्य, नरसिंह, उमा महेश्वर, नायिकाएं एवं कृष्ण लीला से संबंधित मूर्तियां प्रमुख हैं। इस स्थान से 10 वीं सदी ईसवीं का भग्न शिलालेख भी प्राप्त हुआ है। उत्खनन से प्रागैतिहासिक काल के कठोर पाषाण से निर्मित धारदार एवं नुकीले उपकरण भी प्राप्त हुए हैं। उत्खनन से महेशपुर की कला संपदा का कुछ अंश ही प्रकाश में आया है। महेशपुर की प्राचीनता का प्रमाण प्राचीन टीलों, आवसीय भू-भागों, तथा सरोवरों के रुप में वनांचल में 2 किलोमीटर तक फ़ैले हैं। महेशपुर की शिल्पकला को देखकर दृष्टिगोचर होता है कि वह समय शिल्पकला के उत्कर्ष दृष्टि से स्वर्णयुग रहा होगा। महेशपुर से उत्खनन में प्राप्त दुर्लभ शिल्प कलाकृतियाँ हमारी धरोहर हैं। इन्हे संरक्षित करना सिर्फ़ शासन का ही नहीं नागरिकों का कर्तव्य भी है। इस स्थान को देख कर मन रोमांचित होकर कल्पना में डूब गया कि आज से हजारों वर्ष पूर्व यह स्थल भारत के मानचित्र में कितना महत्वपूर्ण स्थान रखता होगा। जो आज खंडहरों में विभक्त हो धराशायी होकर मिट्टी के टीलों में दबा पड़ा है।

नृसिंह  
महेशपुर के विषय में शोध होना अभी बाकी है। यहां के मंदिरों एवं भवनों का निर्माण कराने वालों के नाम उल्लेख अभी प्रकाश में नहीं आया है। निर्माणकर्ताओं का नाम प्रकाश में आने के पश्चात छत्तीसगढ की गौरवमयी विरासत में एक कड़ी और जुड़ जाएगी। मंदिर के समीप ही उत्खनन में प्राप्त प्रतिमाओं एवं सामग्री को रखने के लिए संग्रहालय का निर्माण अपने अंतिम चरण में है। संग्रहालय की छत टीन की चद्दरों की है, चौकीदार ने बताया कि बिजली लगने पर संग्रहालय में प्रतिमाएं रख दी जाएगीं जिससे प्रतिमाओं का क्षरण एवं चोरियाँ न हो। मूर्ती तस्करों निगाह खुले में पड़ी मूर्तियों पर रहती है। जिसे चोरी करके वे अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बड़ी कीमत में बेचते हैं। सूर्य अस्ताचल की ओर जा रहा है, आदिनाथ टीले के पार्श्व में बने एक मकान में फ़लदान (सगाई) का कार्यक्रम चल रहा है। सगे-संबंधी महुआ रस के साथ नए संबंधों के जुड़ने का गर्मजोशी से स्वागत कर रहे हैं। खंडहर हुए महेशपुर में भी कभी ढोल नगाड़े बजते होगें तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, पथिकों की चहल-पहल रहती होगी। दुकाने एवं बाजार सजते होगें। वर्तमान दशा को देखकर लगता है कि संसार में कुछ भी स्थायी नहीं है। चाहे बनाने वाले ने कितना ही मजबुत और विशाल निर्माण क्यों न किया हो? हम समय के साथ अपने आश्रय स्थल पर पहुचने के लिए चल पड़ते है।   

शनिवार, 9 जून 2012

सरगुजा: उदयपुर में राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी --------- ललित शर्मा

हमारी सुबह देर से हुई, बाकी साथी तैयार होकर चले गए और हम अलसाए पड़े थे। 11 बजे उदयपुर जनपद मुख्यालय में संगोष्ट्री प्रारंभ होनी थी, समय पर पहुंचना ही ठीक होता है। स्नानाबाद नाश्ता करने लिए बाहर जाना पड़ा क्योंकि आर्यन होटल में किचन नहीं है। रुम सर्विस का भी सत्यानाश है। थोड़ी देर में हमारी गाड़ी आ गयी। अनिल तिवारी और बाबु साहब के साथ हम रामगढ पहुचे। वहां राहुल सिंह एवं के पी वर्मा पहुंच चुके थे। साथ में देवनारायण सिंह जी की सुपुत्री भी थी। युवा एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल के निर्देशन में कार्य चल रहा था। जनपद के सामुदायिक भवन में संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र प्रारंभ हुआ। दीप प्रज्जवल ने के प्रश्चात उपस्थित मुख्यातिथियों के उद्घाटन उद्बोधन के पश्चात "आषाढस्य प्रथम दिवसे" शोध संगोष्ठी प्रारंभ हुई। दो विद्वानों ने अपने शोध पत्र पढे तभी भोजन की घोषणा हो गयी। हम रेस्टहाउस के भोजन स्थल पर आ गए। थोड़े अंतराल के पश्चात संगोष्ठी पुन: प्रारंभ होनी थी।

डॉ केपी वर्मा
द्वितीय सत्र में ननका बाबू ने सरगुजा की विरासत के विषय में बहुत ही सारगर्भित जानकारी दी। बताया कि उन्होने किस तरह सरगुजा अंचल को कदमों से नापा है। अनेक स्थानों पर पैदल चल कर गए हैं। जिसका उद्देश्य सरगुजा की देव भूमि को समीप से जानना था। उन्होने सरगुजा के हाथियों का भी जिक्र किया। साथ ही बताया कि जब तापमान नापने का यंत्र नहीं था  तो स्थानीय निवासी किस तरह जाड़े को मुट्ठी, बीता, ढूड्डी और हाथ से नापते थे। इसके पश्चात  डॉ कामता प्रसाद वर्मा ने "महेशपुर में प्राप्त नरसिंह प्रतिमाओं" पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया। ये नरसिंह प्रतिमाएं विभिन्न मुद्राओं में प्राप्त हुई हैं। वर्मा जी का शोध-पत्र नवीन जानकारीपरक था। कुछ लोगों ने सिर्फ़ अपना शोध पत्र रामगढ (रामगिरि) पर ही केन्द्रित किया था। इसके पश्चात के समारोह के अतिथि मेजर अनिल सिंह आ गए। उनके स्वागत के पश्चात मैने अपना शोध पत्र (छत्तीसगढ की सांस्कृतिक विरासत: हसदपुर) पढा। हसदपुर (हसदा) की जानकारी पहली बार विद्वानों के बीच मेरे द्वारा ही आई। मेरा शोध पत्र निम्नानुसार था - 

छत्तीसगढ की समृद्ध पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत

सिरपुर का मूर्ति शिल्प
छत्तीसगढ राज्य पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से सदा से ही वैभवशाली रहा है। जहाँ प्रकृति ने सुंदर कल-कल करते झरने, नदी, नाले, वन पहाड़ों से समृद्ध किया वहीं शिल्पकला, मूर्तिकला, ललितकला एवं अपने तीज त्यौहारों, मेलों से छत्तीसगढ ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करते हुए विश्व पटल पर अपना स्थान बनाया। बस्तर से लेकर सरगुजा तक पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत के अवशेष कदम-कदम पर बिखरे हुए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य चित्रित शिलाश्रयों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है. इन चित्रों के अध्ययन से प्रागैतिहासिक काल के आदि मानवों की जीवन शैली, उस काल के पर्यावरण तथा प्रकृति की जानकारी प्राप्त होती है. यहाँ मध्याश्मीय काल से लेकर ऎतिहासिक काल तक के शैलचित्र प्राप्त होते है। छत्तीसगढ़ में 32 ऐसे स्थान हैं जहां शैल चित्र खोजे गये है इनमें सबसे ज्यादा रायगढ़ जिले में है। इन शैलचित्रों में प्रदर्शित कुछ अलंकरण आज भी आदिवासी कलाओं में जीवित है। बस्तर जिले में केशकाल लिमदरिहा, सरगुजा जिले में सीतालेखनी, ओंड़गी कुदुगढ़ी आदि अनेक स्थान पर चित्रित शैलाश्रय पाये जाते है. छत्तीसगढ में लगभग 45 धूलि दुर्ग (मड फ़ोर्ट) की खोज हो चुकी है। 

माता कौशल्या की जन्मभूमि

माता कौशल्या की जन्मभूमि चंदखुरी (चन्द्रपुरी) में तीजा उत्सव
माता कौशल्या की जन्म भूमि होने एवं अयोध्या के राजा रामचंद्र की कर्म भूमि होने के भी प्रमाण मिले हैं।  छत्तीसगढ़ में धर्म, कला व इतिहास की त्रिवेणी अविरल रूप से प्रवाहित होती रही है। हिंदुओं के आराध्य भगवान श्रीराम 'राजिम' व 'सिहावा' में ऋषि-मुनियों के सानिध्य में लंबे समय तक रहे और यहीं उन्होंने रावण के वध की योजना बनाई थी। 'राजिम कुंभ' को देश के पाँचवें कुंभ के रूप में मान्यता मिली है। सिरपुर की ऐतिहासिकता यहाँ बौद्धों के आश्रम, रामगिरी पर्वत, चित्रकूट, भोरमदेव मंदिर, सीताबेंगरा गुफ़ा स्थित जैसी अद्वितीय कलात्मक विरासतें छत्तीसगढ़ को आज अंतर्राष्ट्रीय पहचान प्रदान कर रही हैं।  आवश्यकता हैं उन्हे संजोने एवं संरक्षित करने के साथ विश्व में प्रचारित और प्रसारित करने की। छत्तीसगढ राज्य निर्माण के पश्चात पुरातत्व तथा संस्कृति के संरक्षण संवर्धन का कार्य होने लगा। पुरातात्विक महत्व के नए स्थान सामने आए एवं प्राप्त स्थानों पर उत्खनन प्रारंभ हुआ। जिससे हमें इतिहास की प्रमाणिक जानकारीयाँ प्राप्त हुई। इसमें सिरपुर, महेशपुर, पचराही एवं मदकू द्वीप का उत्खनन मील का पत्थर साबित हुआ। वर्तमान में तुरतुरिया एवं तरीघाट में उत्खनन प्रारंभ है। 

हसदा (हसदपुर) एक परिचय

छत्तीसगढ में अनेकों ऐसे स्थान है जहाँ तक हम पहुंच नहीं पाए हैं और पहुंच गए हैं तो उसके ऐतिहासिक महत्व के विषय में जानकारी नहीं है। ऐसे ही एक स्थान हसदा (प्राचीन नाम हसदपुर) के विषय में जिक्र करना चाहूंगा। मेरा आलेख हसदा पर ही केंद्रित है।हसदा लगभग 5000 हजार की आबादी का गाँव है। जहाँ साहू, सतनामी, जातियों का बाहुल्य है। हसदा रायपुर जिले की अभनपुर तहसील में रायपुर राजिम मार्ग पर अभनपुर से 10 किलोमीटर पूर्व दिशा में 21N05, 81E46 पर स्थित है तथा कृषि उत्पादन की दृष्टि से समृद्ध ग्राम है। धान एवं चने की खेती होती है, रबी फ़सल के लिए भी पानी उपलब्ध है।
हसदा ग्राम का गुगल दृश्य

800 से 1000 वर्ष पुराना पीपल

हसदा में  एक प्राचीन पीपल का वृक्ष है जिसकी उम्र लगभग 800 वर्ष है। जहाँ प्राचीन पीपल का वृक्ष है वह मालगुजार की पुरानी बखरी है। बखरी लगभग 3-4 एकड़ की होगी, इसमें एक राम मंदिर बना है और उसके पीछे पीपल का विशाल वृक्ष है। पीपल के  नीचे एक प्लेटफ़ार्म बनाकर झोंपड़ी नुमा छाया बनी है। वृक्ष के नींचे एक बहुत बड़ी बांबी है और वहीं पर हनुमान जी का छोटा सा दक्षिण मुखी मंदिर भी बना है। सामने एक वलयाकार हवनकुंड है जिसमें पूजा के फ़ूल चढाए हुए हैं। पीपल के नीचे दीप जलाने के लिए टीन का कांच लगा आयताकार डिब्बा रखा है। बखरी में नाना फ़ड़नवीस रहते है, वे मालगुजार के संबंधी है और हसदा उनका पैतृक गांव है। 
पीपल का वृक्ष  और राजा गोपीचंद की तपस्थली

राजा गोपीचंद की तपस्थली 

बाजीराव पेशवा के छोटे भाई चिमना जी अप्पा जब बंगाल पर आक्रमण करने के लिए आए थे तब नाना फ़ड़नवीस के पूर्वज चिमना जी साथ यहाँ पहुचे। छत्तीसगढ पहुचने पर चिमना जी अप्पा को अपने भाई बाजीराव पेशवा की बीमारी की सूचना मिली तो वे लौट गए और उनके पूर्वज यहीं रह गए। नाना फ़ड़नावीस की उम्र लगभग 80 वर्ष है, वे गाँव के हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राचार्य पद पर रहते हुए सेवानिवृत हुए हैं। उन्होने बताया कि यह पीपल का वृक्ष लगभग 800 से 1000 वर्ष पुराना है। उनके गुरुजी स्वामी विकासानंद जी ने बताया था कि इस वृक्ष के नीचे बंगाल के राजा गोपीचंद ने तपश्चर्या की थी। राजा गोपीचंद नौ नाथों में जालंधर नाथ के शिष्य थे एवं राजा भृतहरि के भानजे थे। छत्तीसगढ में भरथरी लोक गाथाओं के रुप में प्रचलित है। 
नाना फ़ड़नवीस के साथ 

किलानुमा संरचना

कहते हैं पहले यहाँ किला था। गाँव के चारों ओर खाई थी। जिसके अवशेष अभी भी दिखाई देते हैं। इस खाई की तसदीक मैने की, गांव के अन्य निवासियों से भी जानकारी प्राप्त की। जहाँ खाई थी वहां अब खेत हैं। किन्तु खाई के चिन्ह अभी भी स्पष्ट दिखाई देते हैं। यहां के खेत खाई के हिसाब से गोल बने हुए हैं और इन खेतों को ग्राम वासी अभी भी खइया कहके ही बोलते हैं। हसदा गाँव में 7 तालाब हैं। इससे जाहिर होता है कि कोई बड़ी आबादी पहले यहाँ निवास करती थी और किसी राजा या मालगुजार ने उनकी निस्तारी के लिए तालाब खुदवाए होगें या किले के परकोटे की खाई ने तालाबों का रुप ले लिया होगा।

प्राचीन महामाया  मंदिर

उन्होने बताया कि खइया की तरफ़ महामाया का एक प्राचीन मंदिर है। हम मंदिर देखने गए। महामाया मंदिर में देवी के साथ भैरव भी विराजमान हैं। कुछ वर्षों पूर्व महामाया के पक्के मंदिर की जगह कच्चे मिट्टी की कुरिया का निर्माण था। अब पक्का मंदिर बना दिया गया है। यहाँ नित्य पूजा होती है, महामाया का मंदिर यहाँ कब है इसकी कोई प्रमाणिक जानकारी नहीं है।

स्वामी विकासनंद (लाम्बे महाराज) का आश्रम

हसदा की बखरी में स्वामी विकासानंद का आश्रम है, वे नागपुर से यहाँ आकर निवास करते थे। शांत हो जाने के पश्चात उनके प्रयोग का सामान आज भी यथावत रखा हुआ है। उनके पूजा करने का कमरा भी उसी रुप में है जैसा पहले था। इनके कई आश्रम बताए जाते हैं। नागपुर और जबलपुर के गुवारीघाट के आश्रम प्रमुख है। उन्होने बखरी में एक राम मंदिर का भी निर्माण कराया। कमरछठ के दिन हसदा की समस्त महिलाएं बखरी में ही कमरछठ की पूजा करने आती हैं। इस स्थान पर कमरछठ की पूजा करने की परम्परा बरसों से चली आ रही है।

सितम्बर 1666 ईस्वीं में शिवाजी का आगमन

कुछ शोधकर्ताओं ने अनुमान लगाया है कि औरंगजेब की कैद से जब शिवाजी राजे भागे तो वे आगरा से इटावा, अलाहाबाद, मिर्जापुर, दुधिनगर, अम्बिकापुर, रतनपुर, रायपुर, हसदा, चंद्रपुर होते हुए पुणे गए थे। क्योंकि अन्य मार्गों पर मुसलमानों का कब्जा था तथा इस मार्ग पर तीर्थयात्री देवियों के दर्शन के लिए आते थे। कहते हैं इसी मार्ग से शिवाजी छिपते हुए पुणे गए थे। संभवत: शिवाजी सितम्बर माह सन 1666 ईसवीं में हसदा आए थे। आगरा से निकल कर शिवाजी के चंद्रपुर आने का उल्लेख चंद्रपुर दर्शन पत्रिका में उल्लेखित है। चंद्रपुर के इतिहासकार दत्तात्रेय नानेरकर एवं अशोक ठाकुर इसकी पुष्टि करते हैं। 
प्रमाण पत्र

प्रारंभिक जानकारियों से प्रतीत होता है कि हसदा का इतिहास से गहरा नाता है, क्योंकि 8 किलोमीटर दूर महानदी चित्रोत्पला गंगा बहती है और कुलेश्वर (उत्पलेश्वर) महादेव का मंदिर एवं राजीव लोचन भगवान का मंदिर स्थित है। हसदा की भौगौलिक स्थिति से तो पता चलता है कि अवश्य ही यहाँ इतिहास के कुछ पन्ने समय की गर्द में दबे पड़े हैं जिन्हे सामने लाना चाहिए।  जिससे छत्तीसगढ के पुरातात्विक एवं गौरवमयी इतिहास में एक कड़ी और जुड़ जाएगी। विस्तार पूर्वक प्रामाणिक जानकारी उत्खनन एवं शोध के पश्चात ही मिल सकती है। 

शोध-पत्र प्रस्तुत करने के पश्चात हम महेशपुर के लिए चल पड़े।  जारी है…………