महासमुंद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
महासमुंद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 3 फ़रवरी 2016

करिया धुरवा

छत्तीसगढ़ अंचल में किसान धान की फ़सल कटाई, मिंजाई और कोठी में धरने के बाद एक सत्र की किसानी करके फ़ुरसत पा जाता है और दीवाली मनाकर देवउठनी एकादशी से अंचल में मड़ई मेलों का दौर शुरु हो जाता है। ये मड़ई मेले आस्था का प्रतीक हैं और सामाजिक संस्था को सुदृढ़ करने के साथ जनचेतना जागृति करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लगभग सभी छोटे बड़े गाँवों में इनका आयोजन होता है और यह उत्सव शिवरात्रि तक निर्बाध चलते रहता है। जनपदों में आज इस गांव में और कल उस गाँव में, मतलब पृथक पृथक दिन मड़ई का आयोजन होता है, जिसमें ग्राम देवताओं की पूजा पाठ के साथ मनोरंजन के नाच गाने का भी प्रबंध होता है। यह पर्व ग्राम समिति के माध्यम से संचालित होते हैं।

वर्तमान में अंचल में मड़ई मेलों का दौर चल रहा है। बड़े मेले तो विशेष पर्व या माह की पूर्णिमा तिथि को नदी तट पर आयोजित होते हैं, पर मड़ई का आयोजन लगभग प्रत्येक ग्राम में हो जाता है। वर्तमान में मुझे महासमुंद जिले पिथौरा तहसील के करिया धुरवा में मड़ई उत्सव देखने का सुअवसर प्राप्त हुआ। इस स्थान पर कौड़िया राजा करिया धुरवा एंव धुरवीन का स्थान है और पूष माह की पूर्णिमा को यहां प्रतिवर्ष मड़ई का आयोजन होता है। यहाँ करिया धुरवा एवं धुरवीन का कांक्रीट का मंदिर बने हुए हैं और दोनो पृथक स्थानों पर विराजमान हैं।

करिया धुरवा के मंदिर प्रस्तर निर्मित बहुत सारी खंडित प्रतिमाएं सहेज कर रखी हुई हैं तथा इनमें घुड़सवार करिया धुरवा की प्रतिमा स्थापित है। वहीं सड़क के दूसरी तरफ़ धुरवीन भी घोड़े पर सवार होकर मंदिर में विराजमान है और यहां भी अनेक प्रस्तर निर्मित खंडित प्रतिमाएं रखी हुई हैं। ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं इन स्थानों पर नारियल पुष्प अर्पित कर धूप दीप प्रज्जवलित कर सकाम पूजा पाठ करते हैं तथा मनोकामना पूर्ण होने के लिए देवों से प्रार्थना करते हैं। इस दिन यहाँ भक्तों की काफ़ी संख्या देखी जा सकती है।

करिया धुरवा के विषय में जितने मुंह उतनी कहानियां एवं किंवदन्तियाँ सुनने मिलती हैं। मड़ई भ्रमण करते हुए हमारी भेंट मंदिर समिति के सचिव जी से होती है। उनका कहना है कि करिया धुरवा कौड़िया राजा थे, उनका विवाह सिंगा धुरवा की राजकुमारी से होना तय हुआ। विवाह से पूर्व उभय पक्षों में तय होता है कि विवाह के पश्चात दिन में विदाई हो जानी चाहिए और वर पक्ष दुल्हन लेकर सूर्यास्त के पूर्व अपने ग्राम पहुंच जाए।

करिया धुरवा बारात लेकर सिंगा धुरवा जाते हैं, परन्तु विवादि विदाई प्रक्रिया में विलंब हो जाता है। गाँव पहुंचने के पूर्व ही सूर्यास्त हो जाता है। बारातियों एवं दुल्हन के साथ गांव के बाहर ही रात बिताने के लिए डेरा डाल देते हैं। वर पक्ष एवं वधु पक्ष दोनों का डेरा अलग-अलग लगता है, परन्तु दैवीय आपदा के कारण दोनों पक्ष रात को पत्थर में बदल जाते हैं। यही पत्थर में बदले हुए धुरवा और धुरविन कालांतर में लोक देवता के रुप में पुजित होने लगे और लोक मान्य हो गए।
छत्तीसगढ़ अंचल में मैने कचना धुरवा (गरियाबंद मार्ग पर) , सिंगा धुरवा (सिरपुर के 15 किमी दूरी पर पहाड़ी पर स्थित) और करिया धुरवा (अर्जुनी पिथौरा के समीप) तीनों को देखा है। किवदन्ति में तो इन्हें भाई बताया जाता है। परन्तु और भी कोई लोकगाथा प्रचलन में हो सकती है। करिया धुरवा में रखी हुई प्रस्तर प्रतिमाएं किसी मंदिर के भग्नावशेष भी हो सकते हैं, जो खेतों में यत्र-तत्र बिखरे पड़े थे और बाद में किसी ने एकत्रित कर दिए होगें। कुल मिलाकर बात यह है कि ये प्रस्तर प्रतिमाएं हमें इतिहास से जोड़ती हैं और गौरव प्रदान करती है।

मड़ई मेलों में ग्रामीण उपयोग की वस्तुओं की दुकाने सजती हैं। सभी दुकानदार मड़ई के हाकां के अनुसार एक गांव से दूसरे गांव में भ्रमण करते रहते हैं। मिठाई की दुकाने, फ़ोटो स्टूडियों, टिकली फ़ुंदरी वाले, गोलगप्पे चाट वाले, गिलट के जेवर की दुकानें, गोदना वाले और भी तरह-तरह की सामग्रियों के विक्रेता अपनी दुकान सजाए रहते हैं। इसके साथ गांव के दुकानदार भी कुछ कमाई करने की दृष्टि से अपनी दुकाने लगाते हैं। सब्जियों इत्यादि की दुकाने भी सजती हैं। गोदना गोदवाने का प्रचलन आज भी आदिवासी समाज में बहुलता से दिखाई देता है। हम भी मड़ई भ्रमण कर ग्रामीण परिवेश का आनंद लेने के बाद लौट आए।

गुरुवार, 4 अप्रैल 2013

सुअरमार गढ़


छत्तीसगढ़ अंचल में मृदा भित्ति दुर्ग बहुतायत में मिलते हैं। प्राचीन काल में जमीदार, सामंत या राजा सुरक्षा के लिए मैदानी क्षेत्र में मृदा भित्ति दुर्गों का निर्माण करते थे एवं पहाड़ी क्षेत्रों में उपयुक्त एवं सुरक्षित पठार प्राप्त होने पर वहाँ दुर्ग का निर्माण किया जाता था। दुर्गों के चारों तरफ़ गहरी खाई (परिखा) हुआ करती थी। जिसमें भरा हुआ पानी गढ की सुरक्षा एवं निस्तारी के काम आता था। ऐसा ही एक दुर्ग रायपुर से लगभग 115 किलोमीटर पूर्व दिशा में स्थित है, जिसे सुअरमाल गढ़ या सुअरमार गढ़ कहा जाता है। इसे रायपुर राज का 13 वां गढ़ माना जाता है। वर्तमान महासमुंद जिले की बागबाहरा तहसील से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह गढ़ गोंड़ राजाओं के आधिपत्य में था। वर्तमान में कोमाखान में इन गोंड़ राजाओं के वंशज निवास करते हैं। कोमाखान में जीर्ण शीर्ण अवस्था में इनका महल भी है।
चित्र पर चटका लगा कर देखें

जनश्रुति है कि इस गढ़ के गढ़पति राजा भईना को को गोंड बंधु डूडी शाह एवं कोहगी शाह ने परास्त कर सुअरमार जमीदारी की नींव डाली थी। इस जमीदारी का सुअरमार नाम होने के पार्श्व में रोचक किंवदन्ती है कि इस गढ़ को कलचुरियों जीतने का काफ़ी प्रयास किया परन्तु सफ़लता नहीं मिली। पलासिनी (जोंक) नदी के किनारे डूडी शाह एवं कोंहंगी शाह नामक भाईयों ने 8 एकड़ भूमि पर चने की फ़सल उगाई थी। इस फ़सल को कोई जानवर रात्रि में आकर नष्ट कर जाता था। भाईयों ने उस जानवर का पता करने के लिए रात्रि की चौकीदारी के दौरान उन्हे विशालकाय पाँच पैर वाला सुअर फ़सल नष्ट करता हुआ दिखाई दिया। उन्होने तीर चलाकर उसे घायल कर दिया। 
सुअरमार गढ़ का आकाशिय दृश्य

वह जानवर चिंघाड़ कर भागा, पीछा करने पर वह गढ़ पटना पहुंचा। वहां जाने पर इन्हे पता चला कि यह पाँच पैर का सुअर नहीं हाथी है। उन्होने दरबार में पहुंच कर शिकार पर दावा किया और हाथी को खींच कर बाहर निकाल लाए। गढ़ पटना का राजा इनके दुस्साहस से चकित था, उसने कूटनीति खेली। इन्हे सजा देने की बजाए सोनई गढ़ (नर्रा) को इनसे कब्जा करवाने की सोची। उसने सोनई गढ के राजा भोईना को मार कर राज्य जीतने कहा। दोनों भाईयों ने वीरता पूर्वक लड़कर राजा भोईना को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद गढ पटना के राजा ने इन भाईयों को वह राज्य सौंप दिया। हाथी को सुअर समझ कर मारने के कारण सोनई गढ़ का नाम सुअरमार गढ़ पड़ा।
सुअरमार गढ़ की पहाड़ी

छत्तीसगढ़ अंचल में सोनई रुपई की चर्चा प्रत्येक जगह पर मिल जाती है। गत वर्ष देऊरपारा (नगरी) जाने पर वहाँ तालाब के किनारे सोनई रुपई की चर्चा सुनने मिली। वहाँ मंदिर के पुजारी राजेन्द्र पुरी ने इन्हें धन से जोड़ दिया था और बताया था कि इस स्थान पर हंडा ढूंढने वाले आते हैं और यह सोनई और रुपई है। सुअरमारगढ़ का प्राचीन नाम सोनई डोंगर था। इसे भी सोनई रुपई के साथ संबंध किया गया है। किंवदन्ती है कि सोनई रुपई नामक दो बहनें गोंडवाना राज्य की पराक्रमी योद्धा थी। ये बहनें प्रजावत्सल होने के साथ न्यायप्रिय होने के कारण प्रजा में सम्मानित थी। इनका नाम सोना और रुपा था जो कालांतर में सोनई और रुपई के रुप में प्रचलित हो गया। इन बहनों कि बहादुरी के चर्चे दक्षिण कोसल में सभी स्थानों पर होने के कारण इन्हें देवी के रुप में पूजा जाने लगा। इसलिए अन्य स्थानों पर भी सोनई रुपई की कहानी मिलती है।
सुअरमार गढ़ में अतुल प्रधान

सुअरमारगढ़ की परिखा 25 एकड़ में फ़ैली हुई है। पहाड़ी के पठार पर राजनिवास के अवशेष मिलते हैं। यह हिस्सा दो भागों में विभाजित है जिसे खोलगोशान कहा जाता है इसके अगुआ को गणपति कहते हैं। देवियाँ गढ पर विराजा करती हैं, यहाँ की गढ देवी को महामाया कहा जाता है। कहा जाता है कि पूर्व में देवी को खुश करने के लिए नरबलि दी जाती थी। कालांतर में भैंसों की बलि दी जाने लगी अब बकरों और मुर्गों की बली दी जाती है। खोलगोशान के नीचे संत कुटीर है। राजा गुप्त मंत्रणा करने लिए इस कुटी में राजगुरु से मिलने आते थे। यहाँ का दशहरा प्रसिद्ध है, दशहरा मेला दस दिनों तक चला करता था। वर्तमान में नरबलि की प्रथा समाप्त हो चुकी है।
खंडहर होता कोमाखान का महल

गढ का राजा न्यायप्रिय था, वह न्याय पाखर पर बैठ कर प्रजा की फ़रियाद सुना करता था और न्याय दिया करता था। दंड देने के लिए अपराधी को पत्थर से बांध कर पहाड़ी से नीचे फ़ेंक दिया जाता था। कहते हैं कि जो अपराधी पहाड़ी से गिरकर भी जिंदा बच जाता था उसे कुलिया गांव के सरार में दफ़ना दिया जाता था। इसलिए तालाब को टोनही सरार कहा जाने लगा। वैसे भी मान्यता है कि टोनहीं मृत शरीर की साधना करके उसे जीवित कर लेती हैं और साधना करने के लिए एकांत के रुप में श्मशान या सुनसान स्थानों का उपयोग करती हैं। टोनही सरार की मान्यता के पीछे एक कारण यह भी हो सकता है। किसी जमाने में यह स्थान दुर्गम वनों से आच्छादित क्षेत्र था। वर्तमान में सारे वन कट चुके हैं। गढ़ के एक स्थान को रानी पासा कहा जाता है, किंवदन्ती है कि पूर्व में रानियाँ मनोरंजनार्थ यहां पर पासा खेला करती थी।
कोमाखान का महल

कोमाखान रियासत के ठाकुर उमराव सिंह द्वारा सन 1856 में गढ परिसर में खल्लारी माता के मंदिर का निर्माण किया गया। जिसकी पूजा अर्चना सतत जारी है। वर्तमान में सुअरमार गढ़ के पूर्व जमींदार ठाकुर भानुप्रताप सिंह के प्रपोत्र ठा उदय प्रताप सिंह एवं ठाकुर थियेन्द्र प्रताप सिंह मौजूद हैं तथा कोमाखान में निवास करते हैं। इनका पुराना राजमहल भी मौजुद है जो वर्तमान में खंडहर हो चुका है। इन्होने सुअरमार गढ़ के विकास के लिए 33 एकड़ भूमि का दान किया है। सुअरमार जाने के लिए  बस एवं रेल्वे की सुविधा उपलब्ध है। सुअरमार गढ़ के मुख्यालय कोमाखान से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर रेल्वे स्टेशन हैं। जहां प्रतिदिन 6 रेलगाड़ियों का ठहराव है। रायपुर एवं महासमुंद से यहाँ के लिए बस एवं टैक्सी सेवा भी उपलब्ध है। किसी जमाने में सुअरमार गढ़ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण रियासत थी। जिसके अवशेष अभी भी देखे जा सकते हैं।

फ़ोटो - अतुल प्रधान से साभार 

रविवार, 23 दिसंबर 2012

आरंग ........... ललित शर्मा

सिरपुर की ओर 18/11/12
प्राम्भ से पढ़ें 
दिनांक-18 नवम्बर 2012, समय-12.15 PM रायपुर तेलीबांधा रिंगरोड़ चौराहे पर मुम्बई से कलकत्ता जाने वाली सड़क के किनारे खड़ा था बस की प्रतीक्षा में। घर से सिरपुर के लिए तो निकले काफ़ी देर हो गयी थी । मुझे सिरपुर पहुंचाने वाला सार्वजनिक साधन नहीं मिला था। वैसे भी सिरपुर के लिए दिन में दो ही बार है रायपुर से सीधी सुविधा। इसके अतिरिक्त सरायपाली, बसना, पिथौरा जाने वाली बस से हम कुदरी मोड़ तक जा सकते हैँ, वहाँ से सिरपुर की 17 किलोमीटर की दूरी अन्य किसी साधन से तय करनी होती है। निजी वाहन के सिरपुर कई बार जाना हुआ। लेकिन सार्वजनिक वाहन का सुख लेने संकल्प लिए मैं अपने निर्णय पर अडिग था। विचारों में खोया हुआ बस की प्रतीक्षा में था, तभी हाईवे पर एक कार ने मेरे पास आकर ब्रेक लगाए। चींईईईईई उसके टायरों की आवाज सुनकर मेरी तंद्रा भंग हुई।जान-पहचान का एक नवयुवक था - आप यहाँ कैसे खड़े हैं चाचा जी, आपको जहाँ तक जाना  हो, कहिए तो मैं छोड़ दूँ? उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से मेरी ओर देखते हुए कहा। नहीं यार, तुम काहे तकलीफ़ करते हो। मुझे सिरपुर जाना है, थोड़ी देर में कोई बस आती होगी, चला जाऊंगा। मुझे सिरपुर में दो-तीन दिन ठहरना है। मेरी बात सुन कर वह फ़र्राटे से निकल गया, अगर मैने कहीं हाँ कह दी होती तो लेने के देने पड़ जाते 160 किलीमीटर का चक्कर पड़ जाता। तभी सराईपाली की बस आ जाती है और मैं उसमे सवार हो जाता हूँ। बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। दरवाजे के पास की सीट पर दो पतले-दुबले नवयुवक बैठे थे। लो बात बन गयी, मैं उनसे बैठने के लिए थोड़ी जगह बनाने कहता हूँ वे सहर्ष तैयार हो जाते हैं। दो व्यक्तियों की सीट पर हम तीन सवार हो जाते हैं।

भांड देवल मंदिर आरंग 
सफ़र जारी था, बस कंडक्टर ने मुझसे कुहरी मोड़ तक का किराया 50 रुपया लिया। मेरे बगल की सीट पर दो  महिलाएँ बैठी थी। उनके साथ लगभग डेढ़ साल का एक बालक भी था। बड़ा नटखट, वह मेरी गोदी में आकर खेलने के लिए लपक लिया। अरसा हो गया था किसी बच्चे को खिलाए। कभी वह मेरा चश्मा खींचता तो कभी नाक। खूब मस्ती करता रहा। फ़िर फ़र्श पर खेलने की जिद करने लगा। दरवाजा पास होने के कारण उसे फ़र्श पर छोड़ना खतरे से खाली न था। अगले स्टॉप पर एक सवारी और चढ़ी। उस महिला की पहचान सवारी से थी। औपचारिक अभिवादन के पश्चात सवारी ने मुझसे नमस्ते की और महिला से पूछा कि – ये आपके पति हैं क्या? शायद उसे बच्चे को मेरी गोद मे खेलते देख कर गलतफ़हमी हो गयी। महिला ने सकपका कर न में जवाब दिया तो सवारी झेंप गयी। फ़ोन आने पर बच्चे को मैने उसकी माँ को लौटा दिया।मंदिर हसौद पार होने के बाद राजा मोरध्वज की नगरी आरंग पहुंचे। यह रायपुर कलकत्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर 30 किलोमीटर की दूरी पर महानदी के तट पर स्थित प्राचीन पौराणिक एवं ऐतिहासिक नगर है। कभी यहाँ राजा मोरध्वज का शासन था। इसका एक पुत्र ताम्रध्वज था जिसके आरे से चीरने का उल्लेख पौराणिक किवंदंतियों में मिलता है। इसी से इस नगरी का नाम आरंग पड़ा। यह मंदिरों की नगरी है। यहाँ के प्रमुख मंदिरों में 11वीं-12वीं सदी में निर्मित भांडदेवल जैन मंदिर है। इसके गर्भगृह में तीन तीर्थकंरों की काले ग्रेनाईट से निर्मित प्रतिमाएं हैं। महामाया मंदिर में 24 तीर्थकरों प्रतिमाएं दर्शनीय हैं। बागदेवल, पंचमुखी हनुमान तथा दंतेश्वरी मंदिर यहां के उल्लेखनीय मंदिर हैं। नदी किनारे स्थित होने से जल के कटाव से पुरातात्विक सामग्रियाँ प्राप्त होते रहती हैं।  

जैन तीर्थंकरों की मूर्तियाँ आरंग 
इस नगर को राजर्षि तुल्य कुल वंश की राजधानी होने के गौरव प्राप्त है। यहाँ प्राचीन मंदिर एवं बसाहट के अवशेष प्राप्त होते हैं। यहाँ से ताम्रपत्र प्राप्त हुआ है। उससे इस वंश के 6 शासकों के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। इस वंश के अंतिम शासक भीमसेन द्वितीय ने यह ताम्रपत्र सुवर्ण नदी से जारी किया था। भीमसेन ने अपने माता-पिता की पूण्य स्मृति में भादो माह की अठारहवीं तिथि को हरि स्वामी और बोप्प स्वामी को भट्टापालिका  नामक ग्राम दान में दिया था। ताम्रपत्र के अनुसार इनकी वंशावली में शुरा, दयित प्रथम, विभिषण, भीमसेन प्रथम, दयित वर्मा द्वितीय, भीमसेन द्वितीय नाम उल्लेखित हैं। शुरा के वंशजों द्वारा गुप्त संवत का प्रयोग से अनुमान है कि वे गुप्तों के अधीन रहे होगें। राजर्षि तुल्यकुल वंश का काल 601 वीं से माना गया है।सहयात्रियों की बातचीत से जाहिर हुआ कि वे शिक्षा विभाग से संबंधित हैं तथा दीवाली मनाने के पश्चात अपने मुख्यालय को जा रहे हैं। रायपुर सराईपाली मार्ग पर बस द्वारा यह सफ़र मैने पहली बार किया था। बस यात्रा के आनंद के साथ सवारियों के वार्ता लाप और गतिविधियों का भरपुर मजा ले रहा था। अगर यह आनंद न हो तो सफ़र नीरस हो जाएगा। अगले स्टॉप पर बस रुकती है और कुछ सवारियाँ चढती हैं। दीवाली के बाद भाई दूज मना कर लौटने वाली सवारियाँ थी। जींस-टॉप एवं चलभाषधारी दो लड़कियाँ मेरे समीप आकर खड़ी हो जाती हैं क्योंकि सीटें तो रायपुर से ही भर चुकी थी। कान में  हेड फ़ोन लगा कर एक गानों का मजा ले रही थी। तभी दूसरी का चलभाष बजा। उसने पहले स्पीकर चालु करके अपनी बातचीत को सार्वजनिक कर दिया। 

हेलो……, क्या बात है? कैसे मुझे बिना बताए आ गयी डार्लिंग।  सुनते ही लड़की सकपका गयी। मेरी तरफ़ देखा और जोर से चिल्लाई…तेरे को कितने बार कहा कि मुझे फ़ोन न लगाए कर। …… अरे का  होगे? काली त बने गोठियावत रहे। …… अभी बस मा हंव गाँव जात हंव। संझा के फ़ोन लगाबे …… कह कर उसने बातचीत को विराम देते हुए मेरी तरफ़ देखा। मैं देख रहा था चलभाष क्रांति का असर। अभी तो सिर्फ़ बीपीएल एपीएल वालों को चलभाष बांटने की मनमोहनी घोषणा मात्र हुई है। अगर चलभाष बांट दिए जाएगें तो और भी विप्लवकारी परिवर्तन हमें गाँव-गाँव में देखने मिलेगें। पिछले लोकसभा चुनाव में भ्रमण के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति भी मेरे साथ भ्रमण करता था। उसके फ़ोन पर दिन भर लड़कों के फ़ोन आते थे, फ़ोन उठाने पर वे बात नहीं करते थे। उसकी माध्यमिक कक्षाओं में अध्ययनरत बेटी थी। परेशान होकर मैने दूसरे दिन उसे नया सिम दिला दिया। रात घर गया और सुबह से फ़िर उसके चलभाष पर नए सिम में भी वही नम्बर आने लगे। अर्थात उसकी बेटी ने ही रात भर में अपने सारे फ़्रेंडस को नया नम्बर बांट दिया। यह  चलभाष क्रांति हो रही है। लड़कियों एवं महिलाओं के नम्बर सार्वजनिक होने पर अवांछित लोगों के फ़ोन कॉल का सामना करना पड़ता है।

कोडार जलाशय 
भाड़ में जाए ये लोग और इनकी चलभाष संस्कारयुक्त पीढी। वर्तमान में किसी को अपना समझ कर मुफ़्त की सलाह देना भी ठीक नहीं है। क्या पता कहीं बुरा मानने पर सलाहकर्ता का ही मुंडन हो जाए। घर्रर घर्रर घर्रर करती बस आगे बढ रही थी। लड़की के चलभाष पर अन्य कोई कॉल आई, कॉल देखते ही उसके होठों पर नौगजी मुस्कान तनी, वह बतरस में रस लेने लगी और हम भी फ़ोन रस में। आगे चल कर कोड़ार बांध दिखाई देने लगा। कभी निर्माण  के दौरान इस बांध के खूब चर्चे थे। वर्तमान महासमुंद जिले में स्थित इस जलाशय को शहीद वीरनारायण सिंह जलाशय के नाम से  जानते हैं। 1976 में इस बांध की परियोजना का आरंभ कौंआझार ग्राम की भूमि पर हुआ। इसके निर्माण से 5 गाँव पूरी तरह से एवं 11 गाँव आंशिक रुप से प्रभावित हुए। बांध का दिलकश नजारा बस से ही दिखाई देता है। इसके समीप ही खल्लारी माई का मंदिर बना हुआ है। इसका शेरमुखी प्रवेश द्वार राजमार्ग 6 से ही दिखाई देता है। ......... सफ़र जारी है ........   

गुरुवार, 1 नवंबर 2012

सिरपुर में एलियन्स ......Sirpur Chhattisgarh........ ललित शर्मा

उडनतश्तरी
प्राम्भ से पढ़ें 
मानव मन अज्ञात के प्रति प्रत्येक काल में ज्ञात होने के लिए दीवानगी की हद तक उत्सुक रहा है। फंतासियाँ गढ़ना, मनोरंजनार्थ उन्हें रोचक बनाकर प्रस्तुत करना आदिम काल से चला आ रहा है। जिनमे भूत-प्रेत, मानव के अमानवीय चमत्कारों, अन्तरिक्ष में चमक रहे तारों-सितारों एवं ग्रहों में निवास करने वाले परग्रहियों, देव एवं दानवों की शक्तियों की कथाओं का वर्णन प्रमुखत: सम्मिलित होता है।19 वीं सदी से वर्तमान तक समग्र विश्व एलियन नामक परग्रही की उपस्थिति को सिद्ध करने में लगा हुआ है। गाहे बगाहे एलियन का जिक्र होते रहता है। कभी कोई धरती पर या फिर अन्तरिक्ष में एलियन देखने का दावा करके रोमांचित करने का  प्रयास करता है।

फ़िल्मी जादू 
किसी-किसी ने एलियन के चित्र के लेने के भी दावे किये हैं। लेकिन वे चित्र इतने स्पष्ट नहीं हैं, जिससे एलियन की पहचान हो सके। एलियन के चरित्र को गढ़ने में फिल्मो का महत्वपूर्ण स्थान है। अधिकांश विदेशी फिल्मो में काल्पनिक कथाएँ गढ़ कर एलियन को मुख्य किरदार बना कर प्रस्तुत किया गया है। ऐसी ही एक फिल्म "कोई मिल गया" का हिंदी में मनोरंजनार्थ निर्माण हुआ। एलियन जैसी आकृति प्रागैतिहासिक काल के भित्ति चित्रों एवं प्राचीन शिल्पाकृतियों में पुरातात्विक उत्खनन के दौरान पाई गयी। इनमे एलियन की वर्तमान में प्रचलित होकर रूढ़ हुई आकृति से मिलान करने पर अत्यधिक समानता पाने के कारण  परग्रहियों के पृथ्वी पर आने का अनुमान लगाया जाता है।

फ़िल्मी जादू
भारत भी उड़नतश्तरियों की कहानियों एवं दावों से अछूता नहीं है।  आजादी से पहले ओडिशा में एलियन को देखा गया था और बाकायदा इसका विवरण पारंपरिक ताम्रपत्र पर खुदाई कर दर्ज करवाया गया। 1947 में आजादी से कुछ ही महीने पहले ओडिशा के नवागढ़ जिले में एक उड़ने वाली अज्ञात वस्तु उतरी थी। स्थानीय कलाकार पचानन महाराणा ने इस घटना को ताम्रपत्र पर दर्ज किया था। एलियन्‍स की इसी तरह की पुरानी कहानियों को दर्ज करने वाले ऎसे पत्रों को अब 'दी ऑब्लिट्रेरी जर्नल' में कॉमिक्स और दृष्टांतों के साथ प्रकाशित किया गया है। पुरी में कार्यशाला चलाने वाले सम्मानित "पट्टचित्र" कलाकार पचानन ने एलियन व उनके विमान के रेखाचित्र बनाए थे। ये एलियन 31 मई 1947 को पहाड़ी इलाके नयागढ़ में उतरे थे। इससे एक महीने बाद ही न्यू मेक्सिको के पास रोसवेल में एक संदिग्ध दुर्घटना हुई थी। अमरीकी वायुसेना ने दुर्घटनास्थल पर एक उड़नतश्तरी को बरामद करने का दावा किया।

रायसेन जिले से प्राप्त शैलचित्र 
नर्मदा घाटी के प्रागैतिहासिक शोध के दौरान सिड्रा अर्किओलोजिकल एनवायरमेंट रिसर्च ट्राइब वेलफेयर सोसायटी के अनुसार रायसेन जिले से 70 किलोमीटर दूर भरतीपुर के घने जंगलों के शैलाश्रयों में मिले प्राचीन शैल चित्रों के आधार पर अनुमान लगाया है कि यहाँ दूसरे ग्रह के प्राणी आए होंगे। यहाँ उड़न तश्तरी की भी तश्वीर उकेरी गयी है। इस चित्र में उकेरी गयी एलियन जैसी खड़ी आकृति का सिर बड़ा है। प्रागैतिहासिक मानव अपने आस पास नजर आने वाली चीजों को पहाड़ों की कंदराओं में उकेरते थे। संभव है कि उन्होंने किसी उड़नतश्तरी जैसी आकृति एवं एलियन को पृथ्वी पर देखा होगा तभी इनके चित्र गुफाओं में उकेरे। रायसेन से मिले शैलचित्र आदि मानव की तत्कालीन जीवन शैली से मेल नहीं खाते। कुछ इसी तरह के चित्र भीम बैठका एवं रायसेन जिले के फुलतरी गाँव की घाटी में भी मिले हैं।

सिरपुर से प्राप्त एलियन्स की प्रतिमा 
वर्तमान में प्रचलित परग्रहियों की आकृति से समानता लिए कुछ प्रस्तर एवं मिटटी की आकृतियाँ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सिरपुर में स्थित दक्षिण कोसल की राजधानी श्रीपुर के उत्खनन के दौरान प्राप्त हुयी हैं। उत्खनन में प्राप्त आकृतियों में से एक तो हुबहू एलियन की शक्ल से मिलती है। काले रंग की इस शिल्पाकृति की आँखे तिरछी हैं। सिर गंजा, छोटा सा मुंह, एवं नासिका से लेकर गुद्दी तक दो रेखाएं खिंची हुयी हैं। नर्मदा घाटी से प्राप्त शैलचित्रों में चित्रित आकृति को देख कर तो मात्र अनुमान लगाया जा रहा है, लेकिन सिरपुर से प्राप्त शिल्पाकृतियों को देखने के पश्चात् माना भी जा सकता है कि आज से ढाई हजार पूर्व के लोगों ने एलियन्स को देखा था। सिरपुर के उत्खनन निर्देशक अरुण कुमार शर्मा का मान्यता है कि सिरपुर में परग्रही प्राणियों (एलियन्स) का आना-जाना था।

अरुण कुमार शर्मा 
अन आइडेंटिफाई ऑब्जेक्ट्स याने उड़नतश्तरी पर शोध तो सैकड़ों वर्षों से चल रहा है। लेकिन इनके अस्तित्व को लेकर किसी निर्णय पर नहीं पंहुचा जा सका है। एलियन की सत्यता की खोज में विश्व की कई संस्थाएं अध्ययन में लगी है एलियन की खोज में आम आदमी को शामिल करने के लिए एक वेबसाइट सेटीलाइव डॉट ओआरजी को लॉंच की गई है. अमेरिका के शोधकर्ता डॉक्टर टार्टर ने अपना पूरा करियर एलियन की खोज में लगा दिया है. मंगल पर भी एलियन होने के चिन्ह प्राप्त होने का दावा किया जा रहा है। कुछ लोगों का मानना है कि आगामी 40 वर्षों के दौरान एलियन की प्रमाणिक खोज हो जाएगी। हमें उस दिन की प्रतीक्षा है  जब सिरपुर में प्राप्त एलियन की शिल्पाकृतियाँ दक्षिण कोसल में परग्रहियों  के आगमन के प्रमाण के रूप में सिद्ध होंगी। उत्खनन निर्देशक अरुण कुमार शर्मा का अनुमान सत्य साबित होगा। .......... जारी है  ...... आगे पढ़ें 

शनिवार, 20 अक्टूबर 2012

सिरपुर का धसकुड़ .....Sirpur Chhattisgarh...........ललित शर्मा

राजीव रंजन , आदित्य सिंह, बंधू 
प्राम्भ से पढ़ें 
सिरपुरिहा मित्र को फोनिया कर हम सिरपुर पहुंचे तो वे चौक पर ही मिल गए. छुटटी का दिन होने के कारण नौकरी वाले लोग घर में ही मिल जाते हैं. राजिम में अधिक समय लगने के कारण विलंब हो गया था और अंधेरा भी. अगले दिन हमारा कार्यक्रम सिंगा धुरवा तक जाने का था. रात्रि विश्राम सिरपुर में करने के पश्चात हम सिरपुर से 15 किलो मीटर की दूरी पर घने वन में स्थित धसकुड़ का प्राकृतिक झरना भी देखना चाहते थे. राजीव रंजन, आदित्य सिंग और मैं हम तीन प्राणी वनांचल स्थित ग्राम बोरिद की ओर जा रहे थे. चारों तरफ पहाड़ियों से घिरा हुआ बोरिद ग्राम सिरपुर के उत्तर पूर्व में 16 किलो मीटर की दूरी पर है. रायपुर से 84 किलोमीटर पर प्राचीन राजधानी श्रीपुर के अवशेषों पर नवीन सिरपुर गाँव बसता है। सिरपुर के आस‍‌ पास सघन वन होने से वातावरण रमणीय है. कभी यहाँ घनघोर वन थे. आवागमन के साधन भी बहुत कम होते थे. वर्तमान में जब सिरपुर को विश्व धरोहर बनाने की मांग हो रही है तब निजी वाहनों के अलावा राजकीय परिवहन सुविधा नगण्य ही है, सुबह एक बस सिरपुर जाती है फिर वही बस दोपहर ढ़ाई बजे रायपुर वापस लौटती है. कल्पना कर सकते हैं उन दिनों की जब परिवहन का कोई साधन नही रहा होगा तब यहाँ जीवन कितना कठिन होगा?
राजीव रंजन , आदित्य सिंह एवं यायावर 
हमारी कार बोरिद की तरफ बढ़ रही थी एवं आपस में सिरपुर को लेकर चर्चा चल रही थी. महासमुंद के बड़गाँव निवासी आदित्य सिंग प्रायमरी स्कूल शिक्षक के रुप में 7 अक्टुबर सन् 1994 को इस इलाके में पदस्थ हुए थे. वे कहते हैं कि " तब तो बोरिद को काला पानी कहा जाता था. जब मैं गाँव में पहुंचा तो स्कूल के नाम पर केवल एक दीवार बस थी. सोचता रहा कि बच्चों को कहाँ और कैसे पढ़ाया जाएगा? कुछ दिनों में ग्रामीणों ने नंदीराम देवदास के इंदिरा आवास के मकान में स्कूल लगाने की सुविधा बनाई. स्कूल मे दाखिल खारिज और हाजिरी रजिस्टर भी नही था. हाजरी रजिस्टर खरीद कर लाने के बाद 28 विद्यार्थियों का नाम लिखा गया और पढ़ाई प्रारंभ हुई. ग्रामिणों से चर्चा कर स्कूल बनाने के लिए उन्हें तैयार किया. तब कहीं जाकर एक वर्ष में स्कूल के लिए दो कमरे बन सके और विद्यार्थियों की शिक्षा स्वयं के भवन में प्रारंभ हुई. बोरिद जाने के लिए रास्ता नही था. बरसात के मौसम में गाँव तक पहुंचना दुखदाई था. परन्तु बच्चों को शिक्षित करने की बड़ी जिम्मेदारी थी, इसलिए जाना पड़ता था. कुछ दिनों बाद गाँव में ही सपरिवार रहने लगा. ग्रामिणों के पास स्वयं के रहने के लिए मकान की कमी थी, वे अन्य को कहाँ रखते. फिर एक इंदिरा आवास में व्यवस्था हुई. वहीं सपरिवार रहने लगा. उन दिनों गाँव में बिजली नहीं थी. बहुत ही कठिन था, जीवन यापन करना।

धसकुड़ का झरना
रास्ते में आदित्य सिंग से छत्तीसगढ़ी गीत की फरमाईश करता हूँ, वे सुनाने को सहर्ष राजी हो जाते हैं। आदित्य सिंग गीत अच्छे लिखते हैं। उनके गाए गीत राजीव (आमचो बस्तर) ने रिकार्ड किए।मुख्य सड़क पर थोड़ी दूर चलने के बाद कच्ची सड़क आ गई, कच्ची सड़क पर मुरम डाल रखी थी, कार के निकलने में कठिनाई हो रही थी। धीरे धीरे कच्ची सड़क पर आगे बढ़ते रहे, लगभग 5 किलोमीटर चलने पर दांयी तरफ एक पगडंडी जाती है उसके दोनो तरफ चूना डाल रखा था, जैसे किसी मंत्री के स्वागत के समय रास्ता बताने के लिए डाला जाता है। हमें कार यहीं सड़क पर छोड़नी पड़ी, आगे की यात्रा यहीं से 11 नम्बर की सवारी पर करनी थी। पैदल चलने मे राजीव को थोड़ी परेशानी थी क्योंकि ४ दिन पहले ही उसके पैर का प्लास्टर खुला था और पैर में सुजन आने का भी डर था। छड़ी के सहारे राजीव बराबर चल रहे थे। जंगल में यह "धसकुड़" झरने तक जाने का मार्ग है। बोरिद गाँव चारों तरफ पहाड़ियों से घिरा है एवं मुख्य सड़क से लगभग 50 से 75 फिट की गहराई पर है। हम मुख्य सड़क से नीचे उतरते आए हैं, जंगल में "खैर" के वृक्षों की अधिकता है। खैर से कत्था बनता है जिसका उपयोग पान में किया जाता है। यहाँ खैरवार जाति के लोग निवास करते हैं जिनका मुख्य पेशा खैर से कत्था निकालना है। आधा किलोमीटर मुरम की पगडंडी पर चलने के बाद रास्ता गायब हो गया। जंगल में पड़े उबड़ खाबड़ पत्थरों पर चलना पड़ रहा था। थोड़ा सा भी कहीं पैर मुड़ा और 50,000 का नगद नुकसान एवं 4 महीने का शय्या विश्राम तय मानिए।

राजीव रंजन
जँगल में मकड़ियों के जाले लगे थे, उनके बीच से गुजरने पर सिर के बालों में फँसने से पसीने के कारण खुजली हो रही थी. आगे चलने पर झरने की कल कल ध्वनि सुनाई देने लगी। रास्ते में बड़ी चट्टाने आने के कारण एक वृक्ष की छाँव में राजीव बैठकर अपनी आगामी उपन्यास की नायिका की कल्पना में लग गए और हम झरने तक पहुँचने के लिए आगे बढ़ते रहे। प्राकृतिक वनों मे वानस्पतिक विविधता दिखाई देती है। जंगल महकमे द्वारा लगाए गए वन हरे तो होते हैं पर वानस्पतिक विविधता दिखाई नहीं देती। सामने झरना दिखाई देने लगा। पानी की धार कम हो चुकी थी। बरसात में अपने पूर्ण यौवन पर होता है यह झरना। झरने के नीचे कुंड मे पानी भरा हुआ था, इस पानी का खेती में उपयोग करने के लिए झरने से निकले हुए नाले को बांध दिया गया है। निर्जन स्थान होने के कारण भालुओं का खतरा अधिक है। कभी कभी चीते तेंदुए भी चले आते हैं झरने का सौंदर्य दर्शन करने। मैने झरने के चित्र लिए, कुण्ड में छोटी रुदवा मछलियाँ तैर रही थी, उन्होने भी कुशल माडेल की तरह पोज देकर फोटो खिंचवाई। जंगल में पीछे राजीव को अकेला छोड़ आए थे, सुरक्षा की चिंता हो रही थी। 

मुझे एक पत्थर पर कुछ चिन्ह दिखाई दिए। समीप जाने पर तोड़ने के लिए पत्थर पर सुराख बने दिखाई थे। मैने अनुमान लगाया कि सिरपुर यहाँ से 15 किलोमीटर पर है, हो सकता है कि प्राचीन राजधानी में निर्माण के लिए पत्थर यहाँ से भी जाते हों। जंगल में यहाँ से 5 किलोमीटर पर सिंगा धुरवा में शरभपुरियों की राजधानी होने का कयास लगाया जा रहा है। हमें वहाँ तक भी जाना है, हम लौटकर राजीव के पास पहुँचे तो वे वृक्ष की शीतल छाँव के नीचे आराम फरमा रहे थे। जिस उबड़ खाबड़ रास्ते से हम गए थे उसी से लौटना पड़ा। कार तक पहुँचने मे पसीना निकल गया, कार में रखा हुआ पानी भी गरम हो गया था.अब बोरिद में ही जाकर पानी पीना था। रास्ते में एक महिला सिर पर प्लास्टिक का धमेला रखे आ रही थी.जंगल के गाँव में भी प्लास्टिक ने डेरा जमा लिया है। घरेलू कामों के लिए बांस की बनी टोकरियाँ और लोहे की चद्दर के धमेले दिखाई नहीं देते। नास्त्रेदमस की भविष्यवाणी सच करने का उद्यम गाँव गाँव में हो रहा है। महाप्रलय आने पर सारी दुनिया प्लास्टिक में ही चिपक कर मरेगी. आगे बढ़ने पर अपने पशु लेकर चराने जाता हुआ चरवाहा मिला। उसने अपनी खुमरी को मोर पँखों से सजा रखा था। उसे पहाटिया कहने पर उसने बताया कि वह गोंड़ ठाकुर है। गाँव में दुर्गा पूजा का जोर चल रहा है। पहले छत्तीसगढ़ के गाँवों मे जंवारा का चलन था। शहरों की बयार गाँव तक बह रही है, दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा करने का चल यहाँ पर भी जोरों से है।

बोरिद का स्कूल
लो जी, पहुंच गए स्कूल के तीर, सजा-धजा स्कूल याने पाठशाला। कभी हम भी अम्मा का सिला हुआ झोला टांक कर आया करते थे। स्कूल में झाड़ू लगा कर टाट पट्टी बिछाते, सब काम पाली में होता था। झाड़ू न लगाने पर ५ पैसे का अर्थ दण्ड देना पड़ता था। अब ऐसा नहीं है, प्रत्येक स्कूल मे चपरासी है। आदित्य सिंग का जाना पहचाना गाँव, जहाँ उन्होनें जीवन के महत्वपूर्ण साल गुजारे। वे बताते हैं कि गाँव के लतेल नामक व्यक्ति का बरहा ( जंगली सुवर ) ने पेट फाड़ दिया था, जिसके बाद वह मर गया़। स्कूल पहुंचने पर ध्रुव गुरुजी मिलते हैं, दो बच्चे आकर कहते हैं "मे गो आउट सर"। सुनकर लगा कि अब आदिवासी अंचल के लोग भी समझ चुके हैं, बिना अंग्रेजी के भारत में गुजारा संभव नहीं। सरकार चाहे कितना ही हिन्दी का बढ़ावा देने का पाखण्ड कर ले पर तकनीकि शिक्षा की सारी पढ़ाई अंग्रेजी में ही होती है। 28 विद्यार्थियों से प्रारंभ हुए स्कूल में आज 60 बच्चे पढ़ते हैं, पाँच कक्षाओं को मिलाकर इतनी कम दर्ज संख्या से लगा कि ग्रामवासी अभी भी शिक्षा के प्रति उदासीन हैं।

केजा बाई
गाँव में 64 घर हैं, कुल जनसंख्या 399 है। जिसमे लगभग 36 घर गोंड़ों के, 17 घर गांड़ा के, 10 घर यादवों के 1 घर तेली का। मुख्य काम खेती करना ही है। स्कूल के समीप सुकलई नाला बहता है, हम नाले की तरफ चल पड़े। नाले मे भरपूर पानी था। पानी रोकने के लिए एनीकट बना हुआ है, इसमे साल भर पानी रहता है। यह नाला रायपुर जिले एवं महासमुंद जिले का विभाजन करता है। बोरिद महासमुंद जिले का अंतिम गाँव है। नाले के किनारे बैठकर चर्चा होती है कि किस तरह गाँवों के नाम अब बदल रहे हैं। गाँव के लोग पढ़ लिख गए हैं तो उटपटांग नामों से शर्मिंदा होना पड़ता है। इसलिए गाँव का नाम ही बदल लेना चाहिए़। स्कूल के शिक्षक बी एल ध्रुव बताते हैं कि चिरको अब चित्रकूट, मुड़ियाडीह अब रामपुर, भोसड़ा अब भवानीपुर, घोंठ अब नरसिंहपुर हो गया है। हमारे यहाँ भी गधीडीह ‍‍अब गणेशपुर हो गया। चर्चा चल रही थी, सुबह नाश्ता करके ही चले थे। गाँव में खाने की व्यवस्था करने में वक्त जाया होता इसलिए हमने सिरपुर लौटने का निर्णय किया। तभी नाला पार करके अपनी बकरियों के साथ बुढ़ी माई आ गई, गुरुजी को पहचानी नहीं, समीप जाने पर ही पहचान पाई। कहने लगी "बने देंह धरे हस, पेट घलो निकलगे हे, चिन नई पाएंव गौ।" बुढ़िया माई के कथन पर सब मुस्कुरा कर रह गए।

मंगतु और यायावर
चलते चलते बुढ़िया माई का नाम पता चला "केजा बाई" इसका एक ही बेटा है और ५ एकड़ जमीन है, बेटा किसी दूसरे गाँव में नौकरी करता है। उसके बीबी बच्चों को मंगतु और केजा बाई पाल रहे हैं। पोता जवान हो गया है, बकरियाँ बेचकर उसके विवाह की योजना बन रही है। केजा बाई कहती है "मूल ले ब्याज बने सुहाथे, उचित ला गिंजरन दे कोनो मेरन, है तो मोरे बेटा। हाथी फिरे गाँव गाँव, जेखर हाथी तेखर नाँव। बात तो पते की कह गयी माई। घर पहुँचे तो उसका पति मंगतु राम मिला। ये बारनयापारा में फारेस्ट गार्ड था, फुरफुंदी बीट से 1993 में रिटायर हुआ। अब घर का ही काम करता है, खेती रेगहा में दे रखी है, घर का काम चल जाता है। मंगतु बताता है कि गाँव में सड़क और बिजली लगभग साथ ही आई। कपार्ट ने सड़क बनाने के लिए 75% राशि दी, बाकी 25% काम गाँव वालों ने श्रमदान करके किया। सड़क और बिजली के लिए गुरुजी आदित्य सिंग ने प्रयास कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों बिसन लाल चंद्राकर, फजल हुसैन पाशा एवं दीनदयाल साहू के माध्यम से करवाया। गाँव वालों को सड़क एवं बिजली लाने के लिए प्रेरणा दी. इस दृष्टि से गुरुजी का काम महत्वपूर्ण है, अगर प्रेरणा देने मात्र से गाँव का भला हो जाए। मंगतु चाय बनवाने को कहता है। पर समयाभाव के कारण हम मना कर देते हैं और लौट चले सिरपुर की ओर, जंगल के आदिवासी गाँव की सैर करके।  जारी है ...... आगे पढ़ें 
राजीव रंजन, यायावर,आदित्य सिंग,बी एल ध्रुव