गर्भपात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गर्भपात लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 10 जनवरी 2012

गर्भपात ------------- ललित शर्मा

एक पुरानी रचना प्रस्तुत कर रहा हूँ, इस रचना के जन्म के पीछे एक कहानी है, खेती का काम चाचा जी देखते थे। उनके देहावसान पश्चात खेती का काम मुझे करवाना पड़ा। खर्च अधिक और फ़सल कम, हर साल घाटा ही घाटा। एक बरस आस-पास के किसानों ने अपनी फ़सल काटी, फ़सल कटते ही दो दिन बरसात हुई और सारा धान खेतों में पड़े पड़े ही उग गया। मैने सबके बाद बरसात बंद होने पर धान कटाई करवाया। जैसे ही धान कटा, बरसात फ़िर शुरु हो गयी और लगातार 5 दिन पानी गिरा। सारी पकी पकाई फ़सल चौपट हो गयी। 6 एकड़ से 32 बोरा (एक बोरे में 75 किलो की भरती) धान हुआ। साल भर की मेहनत पर पर पानी फ़िर गया। 


एक बीज से आस लगी थी, मृगतृष्णा सी प्यास जगी थी,
सारा चौपाल सूना-सूना था, जैसे गांव में आग लगी थी,
चारों तरफ़ सन्नाटा-ही सन्नाटा,जैसे सन्निपात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया।

तेरे इस विशाल नीले आँचल में, पंख फैलाये उड़ता था मै,
प्रगति के नए सोपानों में, नित्य सितारे जड़ता था मै,
ऐसा क्या अपराध हो गया, मुझ पर क्यों आघात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया,

पहले भी मै तडफा-तरसा था, तू कभी न समय पर बरसा था,
लिए हाथ में धान कटोरा मै, दु:ख में भी बहुत - बहुत हर्षा था,
नई सुबह की आशा में था, सहसा ही वज्रपात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया,

गीली मेड़ की फिसलन पर, मै बहुत दूर जा फिसला हूं,
तेरी किरपा की आस लिए मै, नित तुझको ही भजता हूँ,
डोला गगन आया विप्लव,जैसे कोई उल्का पात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया,

असमय बरसा तो क्यों बरसा,चारों ओर हा-हा कार हो गया,
जिस पर अभी यौवन छाना था,वो जीवन से बेजार हो गया,
तू ही बता असमय वर्षा पर, रोऊँ या मै जान लुटा दूँ,
लूटा-पिटा बैठा हूँ अब मै ,जैसे कोई पक्षाघात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया।