चंद्रकांता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चंद्रकांता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 8 अक्टूबर 2013

गाजीपुर: सड़कों में गड्ढे-गडढों में सड़क

नेपाल यात्रा प्रारंभ पढें
भादो की धूप मंद रहते हुए भी उमस से झुलसा डालती है। पसीने की चिप-चिप और पसीना चूसने वाली मक्खियाँ तन पर बैठती हैं तो लगता है भोगने वाला नरक यही है। आज की गर्मी भी कुछ ऐसी ही थी। नेकर के नीचे की उघड़ी टांगों से पसीना धार धार बह रहा था।। मंत्रणा हुई कि अब आगे बढा जाए चुनारगढ़ भले ढंग से देख भाल लिए। गाईड को विदा करते हुए मैने उससे बनारस जाने का मार्ग पूछा तो उसने जमुई होते हुए जाने को कहा। पाबला जी ने भी चलते-चलते एक छायाचित्र का शौक फ़रमा दिया। विहंगम दृष्यावलि को कैमरे की आँख से समेटते हुए चल पड़े। गढ़ में पर्यटक पसीने से लथपथ चंद्रकांता तथा कुमार विरेंद्र के राजनैतिक प्रेम से रुबरु होने के लिए आ रहे थे। खाकी वर्दीधारी पंजी में उनके हस्ताक्षर और मोबाईल नम्बर लेकर आगे बढने दे रहा था।
रानी झरोखे से कचहरी दर्शन: चुनारगढ़

चुनारगढ़ को समृतियों में समेट कर हम आगे बढे। गढ़ के नीचे से सड़क जमुई की ओर जाती है। जीपीएस वाली बाई ने कह दिया कि 100 मीटर ते सज्जे मुड़ो और 8 किलोमीटर सीद्दे चलते रओ। हम तो इसी के भरोसे पर अपनी यात्रा कर रहे थे। किसी से पूछने की आवश्यकता ही नही थी। बस्ती खत्म होने के बाद थोड़ी देर चलने पर वन प्रांत दिखाई देने लगा। वैसे भी चुनारगढ़ हमारे मार्ग में नहीं था। सुबह जब चाय दुकान से फ़ोटो लगाए फ़ेसबुक पर तो अरविंद मिश्रा जी ने पूछा कि - आप लोग बनारस के लिए चले थे और चुनारगढ़ कैसे पहुंच गए? बस पहुंच ही गए, चुनारगढ़ से परिचित जो होना था। समय हमारे पास सीमित था वरना कालिंजर भी नहीं छोड़ते और राजा उदयन से गुफ़्तगुं अवश्य करके आते। गिरीश भैया कहने लगे - अरे वह टीवी में जो सीरियल आता था, उसी चंद्रकांता का ही है न यह चुनारगढ़, चलो अच्छा हुआ देख लिए वरना मै तो कुछ और ही समझ रहा था। 
धान की लहलहाती फ़सल

हम आपस में चर्चा करते हुए जमुई से आगे बढ रहे थे। चुनारगढ़ की तरफ़ आने के लिए हमने मुख्यमार्ग से रेल्वे फ़ाटक पार किया। अब पुन: मुख्य मार्ग पर जाने के लिए बोग्दा से निकले। थोड़ी देर बाद बनारस का रिंग रोड़ दिखाई दिया। फ़र्राटे से उस पर से गाड़ियाँ जा रही है। उबड़-खाबड़ रोड़ पे चलते हुए कई घंटे हो गए थे। शानदार हाईवे देखकर मजा आ गया जैसे कोई जलती हुई देह पर ठंडे पानी की फ़ुहार डाल दे। हमने फ़टाफ़ट गाड़ी हाईवे पर चढा ली। जीपीएस वाली बाई ने 40 किलोमीटर सिद्दे चलदे रओ का आदेश सुना दिया। हमारी गाड़ी भी फ़र्राटे लेने लगी। यहीं हाईवे पर रुक कर एक ढाबे में कल की बची हुई पूरियाँ पूर्ण की और आगे बढ़े। 
गाजी पुर सड़क प्रारंभ

40 किलोमीटर बाद बांए मुड़ने का संकेत मिला। रास्ता देखने पर सिंगल सड़क दिखाई दी। सिंगल सड़क से आगे बढे बढने पर एक मोड़ फ़िर आया। वहाँ 1 पुलिस वाला बैठा था, रास्ता पूछने पर उसने कहा कि सड़क खराब है धीरे-धीरे निकल जाइए, गाजीपूर के बाद अच्छी सड़क मिल जाएगी। लो जिस गलती को करने लिए लखनपुर के भुक्तभोगी साथियों ने मना किया था वही गलती जीपीएस के कारण हम कर रहे थे। परन्तु 45 किलोमीटर चल चुके थे तो वापस जाने का भी मन नहीं था। थोड़ा धीरे चल लेगें। 1 घंटा अधिक लग जाएगा, यही सोच कर हम आगे बढ गए। 4-5 किलोमीटर खराब सड़क मिलने के बाद बढिया डबल रोड़ आ गया। मैने कहा कि वे लड़के खराब सड़क देख कर ही वापस लौट गए होगें। उन्हे क्या पता कि आगे चलने पर बढिया सड़क भी आएगी। बस यहीं चूक हो गयी।
थोड़ा और आगे बढ़े

अच्छी सड़क के बाद इतनी खराब सड़क आई की, हमने इसके विषय में सोचा भी नहीं था। सड़क होती तो कोई बात होती। वहाँ तो सड़क ही नहीं थी। ट्रकों के चलने के कारण डेढ-डेढ फ़ुट गहरी पटरियाँ बनी हुई थी। हमारी गाड़ी का एक चक्का पटरियों के बीच के टीले पर और दूसरा गड्ढे में था। ऐसे ही चले जा रहे थे सोचकर कि थोड़ी देर बाद अच्छी सड़क आ जाएगी और गाजीपुर 25 किलोमीटर है थोड़ी तकलीफ़ और पा लेते हैं। एक स्थान पर जाकर गाड़ी इंजन और टंकी सब बीच वाले टीले पर टंगा गए। गाड़ी के चक्के अधर होने से गाड़ी ने चलने से इंकार कर दिया। दोपहर की धूप तप रही थी। पानी भी कम ही था साथ में। अब लग गया कि यहीं फ़ंस गए और हो गया काम। हमारे फ़ंसने के कारण पीछे गाड़ियों की लाईन लग गई। पाबला जी ने खूब जोर मारा रिवर्स गेयर लगा कर हमने धक्का मारा। फ़िर भी गाड़ी टस-से-मस नहीं हुई।
देखिए सड़क का हाल

आस-पास के गाँव के लोग हमें फ़ंसा हुआ देख कर मजा ले रहे थे। कह रहे थे कि इधर से तो ट्रक भी नहीं निकल सकता, आप लोग कैसे आकर फ़ंस गए। किसी ने गलत रास्ता बताया है। हमारे पीछे नागालैंड की गाड़ी थी। उसके ड्रायवर कंडेक्टर ने रस्सा निकाल कर हमारी गाड़ी को टोचन किया और पीछे खींचा तो रस्सा ही टूट गया। उन्होने दुबारा बांध कर प्रयास किया तो गाड़ी निकल गई। लगा कि दिन ठीक है वरना फ़ंसे खड़े रह जाते। गाँव के कोई ट्रैक्टर मंगवाते, वह अनाप-शनाप पैसे मांगता तब कहीं गाड़ी गडढे से बाहर आती। हम ने यू टर्न ले लिया। वहाँ से वापस उसी रोड़ पर लौट चले। लगभग 2 बजने को थे। रास्ते में चौक पर वही पुलिस वाला फ़िर बैठा दिखाई दिया। एक बार तो मेरे मन में उसकी सेवा पानी करने का इरादा हो गया था। परन्तु समय नहीं था। वैसे भी विलंब से चल रहे थे।
इदरिच फ़ंसे

हम पुन: उसी मार्ग पर आ गए। अब आजमगढ़ होकर गोरखपुर पहुंचना था। अब हमारा जीपीएस आजमगढ़ वाली सड़क पर पहुंचाने के लिए बनारस की गलियों के चक्कर कटवाने लगा। भीड़ भाड़ भरी असड़कों (सड़क ही नही) के बीच से पाबला जी ड्राईव कर रहे थे। यहाँ से गाड़ी हम दोनो ने ड्राईव करनी शुरु कर दी। स्टेयरिंग और एक्सीलेटर पाबला जी के हाथ में था और ब्रेक मेरे पैर में। जब भी कोई सामने दिखता है, मेरा पैर तुरंत ब्रेक लगा देता। बात तालमेल की थी। इस तरह चलते हुए हमने बनारस शहर पार किया। गिरीश भैया को अपनी जन्मभूमि की याद आने लगी। उनका जन्म बनारस में ही हुआ है। कहने लगे कि बाबू देवकीनंदन खत्री के प्रपौत्र से उनकी अच्छी मित्रता है। समय की कमी थी वरना उनसे मिलते हुए चलते। एक बारगी तो हमारी गाड़ी ने वन वे में प्रवेश कर लिया। कचहरी के सामने वन वे का बोर्ड लगा था। 
बनारस प्रवेश

थोड़ा आगे चलकर हमने बनारस के पान का स्वाद लिया। दूई बीड़ा पान बंधवाए और एक बीड़ा खाए। बनारस आए और पान नहीं खाए तो आना व्यर्थ हो जाता। बनारसी पत्ते पर किमाम की रगड़ और गीली सुपारी की गिलौरी के आनंद का कहना ही क्या था। गाना याद आ गया, "पान खाए सैंया हमारो, मलमल की कुर्ती पे छींट लाल"। छींट लगाने लायक कुरती तो थी नहीं। पर काले रंग का अंगरखा जरुर पहने थे। काले रंग पे चढे न दूजो रंग। सफ़ेद कुरती होती तो 2-4 छींट लगाए ही लिए होते। चमेली भी खुश कि सैंया पान खाए हैं और चम्पा भी खुश कि किमाम की मस्त खस्बू है। बनारस शहर से आजमगढ़ की सड़क पर पहुंचने के बाद भी गडढों से पीछा नहीं छूटा। यहाँ भी ट्रांसपोर्ट नगर की सड़क गायब मिली। बस मुंह से एक ही जयकारा निकला "जय हो पुत्तर प्रदेश की"
लोहापुल बनारस

आगे बढने पर जामिया इस्लामिया की बिल्डिंग दिखाई दी। काफ़ी बड़ी जगह में यह संस्थान बना हुआ है। यह इलाका मुस्लिम बहुल है। रात लगभग 10 बजे के बाद गोरखपुर बायपास रोड़ पर पहुंचे। अब समस्या थी कि ठहरा कहाँ जाए? अरविंद झा को फ़ोन लगाए तो उनका मोबाईल नो रिप्लाई हो रहा था। जीपीएस में होटल आदि के पते दर्ज हैं। वहीं से एक होटल का पता दे दिया गया। गाड़ी चलती रही। स्टेशन के पास पहुंचने पर जीपीएस वाली बाई ने कहा कि आपकी मंजिल आ गई है। होटल सड़क के उस पार था। वहां जाकर देखने पर रुम नहीं मिला। उसके सामने ही एक होटलों की कालोनी है। वहां एक रुम मिल गया। भोजन के बाद यहाँ से पुन: सुबह 4 बजे चलने की चर्चा होने लगी तो मैने कह दिया कि जब नींद खुलेगी तभी चलेगें। सुबह जल्दी उठने के कारण सारा जैविक सिस्टम गड़बड़ हो गया है। आखिर में तय हुआ कि जब नींद खुल जाएगी तब चल पड़ेगें। नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढ़ें ………

रविवार, 6 अक्टूबर 2013

राजा भृतहरि, रानी झरोखा एवं वध स्थल : चुनारगढ़

चुनारगढ़ का मुख्य द्वार
नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
उन्मुक्त द्वार हमें प्रवेश के लिए आकर्षित कर रहा था। प्रवेशाग्रह को स्वीकार कर हमारी "ईको" भी सरसराते-बलखाते हुए उन्मुक्त द्वार से प्रवेश कर गई। भीतर जाने पर खाकी वर्दी वाले दिखाई पड़े तो चौंकना पड़ गया। हमने गाड़ी विश्राम गृह तक चढा दी थी। एक सिपाही दौड़ कर आया तो हमने भीतर का रास्ता पूछा तो उसने गाड़ी गेट पर खड़े करने कहा और बताया कि इस गढ़ में उत्तरप्रदेश पुलिस का दरोगा प्रशिक्षण केन्द्र है। पाबला जी गाड़ी बाहर खड़ी करने गए और मैने आवक पंजी में अपना नाम, पता एवं आने का उद्देश्य दर्ज किया। सामने बनी बैरकों के बीच से गढ़ पर जाने का रास्ता है। द्वार पर भृतहरि शतकम का श्लोक लिखा है।

भवनों का प्रवेश द्वार
हम भवनों ओर जा रहे थे तभी एक व्यक्ति मिला और उसने बताया कि वह गाईड है। मैने सोचा कि रख लिया जाए वरना भवनों पर तो कोई नाम पट्ट लिखा नहीं है, जिससे हमें जानकारी मिल जाए। गाईड ने 150 रुपए पारिश्रमिक कहा और मैने 50 रुपए। वह तैयार नहीं हुआ, मैने फ़िर पूछा तो वह नखरे करता रहा। थोड़ी देर में 50 रुपए में मान गया। गढ़ की पहाड़ी के 90 प्रतिशत भाग पर पुलिस का कब्जा है, सिर्फ़ 10 प्रतिशत भाग ही आम आदमी के दर्शनार्थ खुला छोड़ा गया है। वैसे भी भारत के कई किले और दुर्ग पुलिस एवं सेना के कब्जे में है। सिर्फ़ लाल किले को ही सेना से मुक्त किया गया है। लेकिन ये पता नहीं है कि अब पूरे किले में घूमने दिया जाता है या नहीं।

एड़ी के आकार की गढ़ संरचना एवं गंगा नदी
एड़ी आकार के चुनारगढ़ के उपरी घेरे में प्रवेश करने पर सामने सोनवा मंडप दिखाई देता है। कहा जाता है कि महोबा के उद्भट योद्धा आल्हा का विवाह इसी मंडप में हुआ था। प्रस्तर निर्मित इस मंडप पे चूने की पोताई की हुई है। मंडप के प्रवेश द्वार के अलंकरण में छिद्र दिखाई देते हैं। गाईड ने कहा कि इन छिद्रों में हीरे, मोती, पन्ना, नीलम इत्यादि रत्न जड़े हुए थे तो मैने उसे डांट दिया - "झूठ बोलते हो, यह तो प्रस्तर पर बेल-बूटों का अलंकरण है यहाँ रत्न जड़ने की जगह एवं उखाड़ने का स्थान ही दिखाई नहीं देता। रत्न संगमरमर पर जड़े जाते थे, जिससे उसकी आभा बढ जाती थी तथा बलुए पत्थरों पर भित्तियों में कहीं पर मैने रत्नालंकरण नहीं देखे। पर्यटकों को झूठ बोल कर रोमांचित करने की बजाए सत्य से अवगत कराना चाहिए। यह एक परम्परा ही चल पड़ी है, किसी भी प्राचीन इमारत में जाओ, वहां भित्तियों पर रत्न जड़ने का जिक्र अवश्य ही गाईड करते हैं।" मेरी लताड़ सुनकर वह झेंप गया।

सोनवा मंडप एवं तहखाने का रास्ता
गिरीश भैया एवं पाबला जी अपनी अलग ही दुनिया में व्यस्त थे। धड़ाधड़ फ़ोटो लिए जा रहे थे, लगता था, गढ़ के इतिहास में कुछ विशेष रुचि नहीं है। सोनवा मंडप के पश्चिम मे बारहदरी है, उसके पीछे एक भवन में कुछ लोग दिखाई दिए। वहाँ जाने पर पता चला कि यहाँ राजा भृतहरि की समाधि है तथा वे यहाँ के पुजारी हैं। चुनारगढ़ का प्राचीन नाम चरनाद्रिगढ़ बताया जाता है। राजा विक्रमादित्य ने इसका निर्माण अपने भाई राजा भृतहरि के तप हेतू वनगमन के कारण वन्य पशुओ से रक्षार्थ गंगा नदी के तट पर करवाया था। यह गढ़ धरातल से लगभग 500 फ़ुट की उंचाई पर है दो तरफ़ गंगा नदी प्रवाहित होती है। गढ़ के उपर से गंगा जी की विशाल जलराशि दिखाई देती है। टाईल्स लगा कर समाधि को चमकाया गया है तथा लोग इस स्थान पर मनौतियाँ मानने आते हैं।

राजा भृतहरि की समाधि
इसके पीछे एल आकार की भवन संरचना है, जिसकी खिड़कियों से गंगा नदी दिखाई देती है। खिड़कियों में मोटे सरिए लगे हुए हैं। गाईड ने बताया कि यह विशिष्ट जनों की जेल है। मानो लालू, ए राजा, कन्नीमोझी, आशाराम सरीखे विशिष्ट कैदी रखे जाते थे। यह स्थान खुला-खुला एवं हवादार है। जिससे विशिष्ट कैदियों को हवा-पानी बराबर मिलता रहे और गंगा दर्शन कर अपने पापों का प्रायश्चित कर सकें। इसके साथ ही नीचे तहखाने बताए जाते हैं, मुझे तो कोई रास्ता दिखाई नहीं दिया पर फ़र्श को ठोकने पर पोली आवाज आती है। इससे स्त्यापित होता है कि अवश्य ही भवन के नीचे तहखाने होगें। क्योंकि तत्कालीन शिल्प में तहखाने महत्वपूर्ण स्थान रखते थे।

कचहरी से दिखाई देता रानी झरोखा
इस हॉल से जुड़ा हुआ एक कक्ष है जिसमें सुरक्षा की दृष्टि से शतघ्नि रखकर संचालित करने के लिए दीवार में मोखे बनाए गए हैं। जहाँ शतघ्नि को रख कर सुविधानुसार चलाया जा सके। गाईड बताता कम था और सुनता अधिक था। वो भी सोच रहा था कि 50 रुपए में कितना सुनना पड़ता है :), अभी तक तो वह कथा सुनाता आया है, आज सुननी पड़ रही है। इस कक्ष की विपरीत दिशा में रानी झरोखा बना हुआ है। इस झरोखे का काफ़ी अलंकरण किया गया है तथा इस झरोखे से कचहरी दिखाई देती है। तत्कालीन समय में कचहरी के काम-काज पर रानी की नजर रही होगी। ये सभी इमारतें बलुए पत्थर से निर्मित हैं। कुछ निर्माण तो प्राचीन एवं कुछ निर्माण 14 वीं 15 वीं शताब्दी के दिखाई देते हैं जिनमें मुगल शैली की झलक दिखाई देती है।

कारागार
इस भवन के दांई तरफ़ कारागार का निर्माण किया गया है। यह कारागार लगभग 80 फ़ुट लम्बा और 30 फ़ुट चौरा होगा। इसमें कई कक्ष बने हैं तथा लोहे के मजबूत किवाड़ों से सुरक्षित किया गया है। गाईड ने बताया कि इस जेल का निर्माण वारेन हेस्टिंग्स ने कराया था तथा इसमें अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ने वाले बंदी रखे जाते थे। शिल्प की दृष्टि से मुझे यह कारागार किसी घुड़साल जैसे दिखाई दिए, जिनकी बनावट में कुछ परिवर्तन करके परवर्ती शासकों ने इसे कारागार का रुप दे दिया। किवाड़ों पर लोहे की मोटी एवं मजबूत सलाखें जड़ी हुई हैं। इलेक्ट्रिक वेल्डिंग न होने के कारण ये किवाड़ लोहार द्वारा निर्मित प्रतीत होते हैं। लोहे के ऐसे किवाड़ों का निर्माण अंग्रेजों के काल में होता था। मैने किवाड़ के पीछे खड़े करके गिरीश भैया की तश्वीर ली।

वध स्थल
गढ़ के अन्य भवनों में कचहरी प्रमुख है। गाईड ने बताया कि इसका निर्माण शेरशाह सूरी ने कराया था। कचहरी में तीन कक्ष दिखाई देते हैं तथा एक बड़ा दालान है। जिसमें फ़रियादी और फ़रियाद सुनने वाले अधिकारी स्थान पाते होगें। कचहरी से लगा हुआ कारागार है। सजायाफ़्ता को तुरंत ही कारागार में डाला जाता होगा। कचहरी के साथ कारागार होने के कारण बंदी व्यक्ति के भागने की आशंका नगण्य होती होगी। कचहरी के समक्ष ही दंड स्थल है। जहाँ सिर कलम करके एवं फ़ांसी द्वारा दंड देने की व्यवस्था है। जिसकी जैसी इच्छा होती थी वैसी मृत्यू चुन लेता होगा। कचहरी से गंगा तट की ओर झांकने पर किले की प्राचीर से लगकर वध स्थल बना हुआ है।

सुरंग का मुहाना
गाईड ने एक स्थान पर सुरंग दिखाई, जिसे ईंटों से बंद कर दिया गया है। चंद्रकांता उपन्यास में चुनार गढ़ से आस पास के गढों में जाता हुआ सुरंगों का जाल दिखाई देता है। परन्तु मुझे लगता है कि हकीकत में ऐसा नहीं होगा। जनमानस को रोमांचित एवं भयभीत करने हेतु सुरंग के किस्सों को गढ़ा गया होगा। इस सुरंग के साथ ही सैनिकों के बैरेक बने हुए हैं। जिसमें गढ़ के सुरक्षाकर्मी एवं प्रहरी निवास करते होगें। सारी व्यवस्था चाक चौबंद दिखाई देती है। अनुमान है कि प्रहरियों की संख्या खासी रही होगी। क्योंकि दुश्मन गंगा की दिशा में कमंद डाल कर गढ़ में प्रवेश करने का रास्ता बना सकता था। गंगा की तरफ़ से गढ़ में सीधी चढाई नहीं है। बाहर की ओर निकली हुई चट्टानें दुश्मन के आक्रमण में सहायक हो सकती हैं।

कुंए में काल्पनिक सुरंग का रास्ता
एक कोने में वह प्रसिद्ध कुंआ है, जिसमें सुरंग मार्ग होने का जिक्र हमेशा सुनाई देता है। गाईड ने बताया कि कुंआ 85 हाथ गहरा है। पहाड़ी पर 85 हाथ गहरे कुंए को हम पातालतोड़ कुंआ कह सकते हैं। पत्थरों से बांधे गए इस कुंए में सीढियाँ बनी हुई हैं तथा दो स्थानों पर द्वार जैसी संरचना भी दिखाई देती है। जिसके समक्ष प्रकाश के हेतू मशाल रखने के लिए पत्थर का ठिया भी बना हुआ है। इससे थोड़ा नीचे एक बड़ा द्वार भी है, जिससे पैड़ियाँ एक कक्ष में पहुचती है। कुंए में ऐसी व्यवस्था संकट काल में गुप्त वार्तालाप करने के लिए बनाई जाती थी। जिससे लोगों को इसके सुरंग होने का भ्रम होने लगता था और ऐसी लफ़्फ़ाजियों का जन्म होता था जो अभी तक जनमानस में प्रचलित हैं।
नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढें

शनिवार, 5 अक्टूबर 2013

कुल्हड़ का वामन अवतार : चुनारगढ़

तीन तिकट-महा विकट  
नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
जैविक घड़ी ने संकेत दे दिया कि जागने का समय हो गया है, 4 बजे भोर में ही आँख खुल गई। सबसे पहले मैं स्नानादि से निवृत्त होकर तैयार हुआ तब पाबला जी और गिरीश भैया को जगाया गया। साढे 4 बजे हम स्वागत कक्ष में पहुंचे तो किवाड़ों पर ताला लटका हुआ था। काऊंटर न कोई बंदा, न बंदे की जात। आवाज देने पर भी कोई नहीं आया। वहीं 3-4 बंदे सोए थे लेकिन आवाज सुनकर कोई चुस्का ही नहीं। सभी मकरासनस्थ थे। एक को उठाने पर उसने कहा कि वह ड्रायवर है। फ़िर रात को जिस छोकरे ने खाना खिलाया था वह सोया हुआ दिखाई दिया। उसे उठाया गया, जागा हुआ तो वह पहले से था, पर मकरासन कर रहा था। पता चला कि स्वागताधिकारी अस्नान के लिए गए हैं। उनके आने पर किवाड़ खुले और हम 5 बजे बनारस के लिए रवाना हुए। जीपीएस को बता दिया गया था कि बनारस जाना है।

चुनार की वादियों का सौन्दर्य 
कुछ दूर मुख्य मार्ग पर चलने के बाद जीपीएस ने सिंगल रोड़ पर गाड़ी मोड़ दी। हम आगे बढते रहे। कुछ देर बात मील के पत्थर चुनार का पता बताने लगे। पहाड़ियों के बीच गाड़ी चली जा रही थी। छोटे-छोटे गाँव के साथ कुछ कस्बे भी थे। हमें बनारस जाना था इसलिए अधिक ध्यान नहीं दिए। रास्ते में गंगाजी किनारे कुछ भगवे वस्त्रधारी दिखाई दिए। साथ एक बड़ी गाड़ी भी। जिसमें श्वेतवस्त्रधारी भी थे। नदी के किनारे खड्ड में उतर रहे थे। वहाँ पर कोई मंदिर था तथा किसी आयोजन के संकेत दिखाई दे रहे थे। वहाँ से आगे चलने पर शक्तेसगढ नामक आश्रम दिखाई दिया। वे सभी साधू इस स्थान पर ही रहते हैं। कुछ कमंडलधारी आयोजन स्थल की बढते दिखाई दे रहे थे।

निर्माण सामग्री स्थल 
इस स्थान पर प्राकृतिक भूदृश्यावली मनमोहक है। चारों तरफ़ पहाड़ियाँ और उसके बीच मैदान से चलती हुई चेचक के धब्बेधारी बलखाती सड़क के दोनो तरफ़ खेतों में लहलहाती हुई फ़सल मनोहारी थी। आगे चलकर यह सड़क दो पहाडियों के बीच से निकलती है। इस पड़ाड़ी के चट्टानों पर मुझे निर्माण सामग्री के लिए पत्थर निकालने के संकेत दिखाई दिए। हो सकता है कि गढ़ के निर्माण के लिए पत्थर यहीं से निकाले गए होगें। प्राचीन काल में चट्टान तोड़ने के लिए सबसे पहले चट्टान में लंबवत 3-4 इंच के सुराख किए जाते थे फ़िर सूखी लकड़ियों को ठोक कर उसमें पानी दिया जाता था। लकड़ी फ़ूलने पर चट्टान में दरार पड़ जाती थी फ़िर उसे वहाँ से अलग कर लिया जाता तथा निर्माण सामग्री की मांग के अनुसार इसी तरह चौरस करके उपयोग में लाया जाता था।

पहाड़ियों के बीच सर्पीली सडक
जब से चुनारगढ का मील का पत्थर देखा तो प्रौढ़ता को प्राप्त सड़क के चेचक के धब्बे दिखाई देने बंद हो गए, सड़क अब किसी नवयौवना सी खूबसूरत दिखाई देने लगी थी। खोपड़ी में एक-एक करके बाबू देवकी नंदन खत्री के उपन्यास 'चंद्रकांता" के दृश्य चलचित्र की तरह दिखाई देने लगे। चंद्रकांता, चपला, कुमार विरेन्द्र सिंह, एयार तेज सिंह, क्रूर सिंह, नौगढ़, लखलखा इत्यादि के साथ तिलस्म भी सामने था। जीपीएस ने अगर छोटा रास्ता न बताया होता तो हम इधर आते ही नहीं। जीपीएस वाली बाई को धन्यवाद दिया क्योंकि इसके सुझाए रास्ते के कारण हम चुनार गढ़ देख सकेगें। उपन्यास की पृष्ठभूमि में बताए गए दृश्यों से इस इलाके की तुलना करते हुए चारों तरफ़ खोजी नजरें घूम रही थी। सामने पहाड़ी पर एक गुफ़ा सदृश्य संरचना दिखाई दे रहे थे। जिसमें तराशे हुए स्तम्भ भी दिखाई दे रहे थे। लेकिन हमारे पास इतना समय नहीं था कि रास्ते में दिखने वाली प्रत्येक चीज को परखते चलें।

लिप्टन टाइगर  
सुबह जब से हम चले थे, तब से चाय नहीं पी थी। वैसे भी मैं दिन में सिर्फ़ 2 बार ही चाय पीता हूँ। चाय के स्वाद का तो पता नहीं पर मैने इसे सुबह और शाम से जोड़ रखा है। जब चाय मिल जाती है तो लगता है कि सुबह हो गई और शाम की चाय सांझ होने एवं सूरज के अस्ताचलगामी होने की सूचना देती है। इसके अतिरिक्त मुझे फ़िर कभी भी चाय की दरकार नहीं होती। हाँ पाबला जी अवश्य तीन चार बार पीते हैं। खरामा-खरामा चल कर हम चुनार नगरी पहुंच गए। जीपीएस ने सीधे हाथ की तरफ़ मुड़ने कहा, मुड़ने पर एक होटल दिखाई दिया। पर चुनारगढ़ कहीं दिखाई नहीं दिया। हमने होटल के सामने गाड़ी खड़ी कर ली। चाय के साथ चुनारगढ़ के विषय में पूछताछ का उद्देश्य भी पूरा होने की संभावना थी।

चुक्कड़धारी
चाय की दूकान में बूढे बाबा बैठे थे, साथ ही चुक्कड़धारी कुछ हमारे जैसे निठल्ले भी। गिरीश भैया के चेहरे पर नौगजी मुस्कान झलक रही थी। जिससे देख कर लग रहा था कि हिरण्यगर्भ की मुस्कान से देह तरोतजा है। कम शक्कर की तीन चाय बनाने का आदेश देकर हमने कुर्सियां संभाल ली। पाबला जी को दो कुर्सियों की जरुरत पड़ती है। मेरा तो अब 1 से ही काम चल जाता है। जब से साले की शादी में तीन कुर्सियां टूटी हमने अपना वजन कम कर लिया। चुक्कड़ में चाय आ गई। चुक्कड़ याने कुल्हड़ का वामनअवतार, इसमें चाय कम ही आती है। पाबला जी ने डबल चुक्कड़ लिए। पूछने पर पता चला कि चुनारगढ़ यहाँ से 3 किलोमीटर की दूरी पर है। जहाँ जाने के लिए रेल्वे लाईन पार करनी पड़ेगी।

चुनारगढ़ का कब्रिस्तान 
चाय पीकर हम चुनारगढ़ की ओर बढे। रेल्वे लाईन पार करने के बाद यह रास्ता चुनार गांव के बीच से जाता है। जीपीएस ने फ़िर नया मार्ग चुन लिया था। थोड़ी देर बाद पहाड़ी पर चुनारगढ़ दिखाई देने लगा। गढ़ की प्राचीर दूर से ही दिखाई दे रही थी। यद्यपि इसके आस-पास बस्ती बस चुकी है। गढ़ तक जाने के लिए पक्का मार्ग बना हुआ है। जैसे जैसे उपर चढते जाते हैं गंगा नदी दिखाई देने लगी है। इस स्थान पर गंगा का पाट भी चौड़ाई लिए हुए दिखाई देता है। उपर चढते समय बांयी तरफ़ अंग्रेजों के कब्रिस्तान जैसी संरचना दिखाई दी। जिसमें कब्रों पर बने हुए चिन्ह, क्रास दिखाई दे रहे थे। मैने अनुमान लगाया कि यह गढ़ अंग्रेजों के कब्जे में भी रहा होगा।

नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढें।