काठमाण्डू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
काठमाण्डू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 21 अक्टूबर 2013

पाटन दरबार चौक में ब्लॉगर्स जमावड़ा

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
हमारा वातानुकूलित चलयान आगे बढा। इस बीत सुनिता यादव जी ने सभी को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दी। इसी के साथ छोटा सा फ़ोटो सैशन भी चला। बनारस वाले भैया हमें काठमाण्डू शहर से परिचित करवा रहे थे। हमें बताया गया कि संग्रहालय जा रहे हैं। बस एक स्थान पर रुकी, बताया गया कि समीप ही टिकिट खिड़की है। संग्रहालय में प्रवेश करने के लिए यहीं पर टिकिट लेनी पड़ती है। टिकिट का मूल्य 150 नेपाली रुपए था। उसने गले में लटकाने के लिए प्रवेश पत्र दिया। जिससे पहचान रहे कि ये सभी नगद देकर इस इलाके में प्रवेश कर रहे हैं। राजीव शंकर मिश्रा जी ने सभी की टिकिट लेने में सहायता की।
पाटन दरबार चौक का रास्ता
अब यहाँ से पैदल ही हम लोग आगे बढ चले। टिकिट घर से बाहर निकलने पर बाजों के बजने की आवाज आने लगी। एक मुखौटाधारी चटक रंगों के वस्त्र पहन आगे-आगे नृत्य कर रहा था और उसके पीछे छोटी-छोटी कन्याएं रक्तिम वस्त्रों में सज-घज कर चल रही थी। उनके साथ महिलाएं भी थी, जो उनकी माताएं लगी। मैने उनकी फ़ोटुएं ली। यह पता नहीं था कि पंक्तिबद्ध रैली की शक्ल में ये सब कहाँ जा रहे हैं। बाजार के बीच से हम आगे बढते रहे। कुछ प्राचीन मंदिर दिखाई दिए, जिन्हे प्रस्तर से बनाया गया था। उनका गर्भ गृह बंद था।
कुमारी पूजन को जाती बालिकाएं
रास्ते के दोनो तरफ़ लकड़ी के बनाए हुए अलंकृत मकानों की झलक दिखाई देने लगी। इन घरों में लगी हुई लकड़ी पर सुंदर खुदाई की गई थी। ह्स्ताधारित शिल्प का अद्भुत प्रदर्शन यहाँ दिखाई दिया। इस इलाके के सभी घरों का निर्माण लकड़ी से ही हुआ है। छतों पर लगी लकड़ियों में फ़णीनाग के छत्र युक्त पुरुष की मूर्ति दिखाई दी तथा खिड़कियों के नीचे एक बाज एवं कबूतर निरंतरता से बने हुए दिखाई दिए। ये नेवाड़ी संस्कृति के पारम्परिक चिन्ह दिखाई दे रहे थे। एक बच्चा खिड़की से झांक कर मुस्कुराते हुए सड़क पर गुजरते पर्यटकों को देख कर हाथ हिला रहा था।
काष्ठालंकृत खिड़की से झांकता बच्चा-नेवाड़ी संस्कृति
मुकेश सिन्हा जी ने मुझे घायल कर रखा था। मैं जब भी कोई चित्र लेने की कोशिश करता वो अपना कैमेरा धरे मेरे सामने आ जाते। जबकि उनके कैमरे में 22 एक्स का जूम है। लेकिन समीप से जाकर फ़ोटो लेने की आदत पड़ी हुई है। जब कैमरे में जूम है तो उसका भरपूर उपयोग करना चाहिए और मै करता भी हूँ। कई जगह इनकी करामात के कारण चित्र लेने में व्यवधान हुआ। कुछ भी हो लेकिन मुकेश जी चित्र बढिया लेते हैं। 
पाटन दरबार चौक में स्थित मंदिर में मुकेश सिन्हा
अब जहां हम पहुचे उसे दरबार स्क्वेयर कहते हैं। इस चौक पर कई मंदिर बने हुए हैं तथा राजमहल को संग्रहालय में परिवर्तित कर दिया गया है। इस स्थल पर प्राचीन इमारते हैं, राजमहल को हनुमान ध्योखा कहते हैं। हनुमान ध्योखा नेपाल के शाही परिवार का प्राचीन निवास है, इसका निर्माण 16 बीं शताब्दी में हुआ था। इस ईमारत के पूर्वी द्वार को हनुमान द्वार कहा जाता है। समीप ही नरसिंह भगवान की सुंदर प्रतिमा बनी हुई है। ऐतिहासिक शाही ईमारत परिसर में पंचमुखी हनुमान एवं त्रिभुवन संग्रहालय बने हुए हैं। काफ़ी संख्या में गोरी चमड़ी वाले विदेशी संग्रहालय की इमारत में दिखाई दिए। संग्रहालय देखने के लिए 150 नेपाली रुपए की टिकिट लेनी पड़ती है तथा इस दरबार स्क्वेयर में प्रवेश करने के लिए 150 नेपाली रुपए  शुल्क लिया जाता है।
राजमहल में नरसिंह
समीप ही एक ईमारत में शौचालय का निर्माण किया गया है, जिसके द्वार पर हिंदू देवी देवताओं की प्रतिमाएं लगी हुई हैं। द्वार के शीर्ष पर महिषासुर मर्दनी प्रतिमा है। हिन्दू राष्ट्र में देवी देवताओं की प्रतिमाओं का शौचालय के प्रवेश द्वार पर लगे होना मुझे आश्चर्य चकित कर गया। यहाँ कोई ऐसा व्यक्ति नहीं दिखाई दिया जिससे पूछा जा सकता। कुछ लोग शौचालय के कलात्मक द्वार पर खड़े होकर चित्र खिंचवा रहे थे जिससे शौच को जाने-वालों को व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। चलते चलते मैने भी एक चित्र लिया। कम से कम याद तो रहेगा कि शौचालय में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का प्रयोग हो रहा है। हो सकता है यह बदलाव माओवादी सरकार आने के बाद हुआ हो।
शौचालय के द्वार पर महिषासुर मर्दनी एवं अन्य अनुषांगी देवता
दरबार स्क्वेयर में काफ़ी गहमा गहमी थी यहाँ कुमारी पूजा उत्सव का आयोजन हो रहा था। इस दृष्टि से नेवाड़ी समुदाय काफ़ी परम्परावादी लगा। जो अपनी प्राचीन संस्कृति को वर्तमान में भी बनाए रखने में कामयाब है। नहीं तो पश्चिम की बयार में संस्कृतियों में विकृति पैदा हो रही है। सामाजिक ताने बाने बिखरने के साथ वर्जनाएं एवं परम्पराएं भी टूट रही हैं। परम्परागत चटक रंगों के परिधानों एवं आभूषणों से सजधज कर युवतियाँ आयोजन में सम्मिलित थी। हम उनके इस आयोजन को देख रहे थे और चित्र ले रहे थे।
नेपाल का इकलौता प्राचीन शिखर युक्त कृष्ण मंदिर
काठमाण्डू का यह हिस्सा पाटन कहलाता है। यह प्राचीन शहर है जो काठमांडू (कांतिपुर) से  जुड़ा हुआ है। प्राचीन अभिलेखों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन का इतिहास लिच्छवी काल सन 570  से प्रारंभ होता है तथा इसका निर्माण भारबी द्वारा होना बताया जाता है जो मनदेव के पोते थे। राजमहल परिसर का निर्माण प्रथम मल्ल साम्राज्य के राजा सिद्धी नरसिंह मल्ल द्वारा सन 1618 से 1681 के मध्य कराया गया है। इन्होने सुंदरी चौक, तालेजु मंदिर, तथा भद्रखल नामक तालाब का निर्माण किया। इन्होने 1684 में कृष्ण मंदिर का निर्माण कराया। यह नेपाल का प्रथम शिखर युक्त मंदिर है। श्रीनिवास मल्ल ने अपने पिता द्वारा अधूरे छोड़े गए मल्ल चौक को पूर्ण कराया। योग्रेन्द्र मल्ल द्वारा 1684 से  1705 ईस्वीं के बीच मंदिर का मणिमंडप एवं स्वयं की प्रतिमा का निर्माण कराया गया।
कृष्ण मंदिर परिसर में जमावड़ा 
कृष्ण मंदिर का शिल्प नयनाभिराम है, इसका प्रवेश द्वार छोटा है तथा लिखा हुआ है कि सिर्फ़ हिन्दू ही मंदिर में प्रवेश करें। कृष्ण मंदिर के सामने विशाल प्रस्तर स्तंभ पर पीतल के गरुड़ विराजमान हैं। इस मंदिर के समीप सभी ब्लॉगर एकत्रित हो गए और यहीं पर चित्र सत्र प्रारंभ हो गया। नमिता राकेश, गिरीश पंकज, सम्पत मोररका, सुनीता यादव, रविन्द्र प्रभात, मनोज पांडे, मुकेश तिवारी, सुशीला पुरी, मुकेश सिन्हा, ब्लॉगर दम्पत्ति कृष्ण कुमार यादव, आकांक्षा यादव, पाखी, विनय प्रजापति इत्यादि सभी इस सुंदर स्थान को अपनी स्मृति में संजो लेना चाहते थे। कैमरों के बटन फ़टाफ़ट दब रहे थे, जिनके पास कैमरे नहीं थे वे मोबाईल से चित्र ले रहे थे। इस स्थान पर हम लोगों ने काफ़ी समय बिताया। अगर जाने की याद नहीं दिलाई जाती तो चित्र लेते हुए रात हो जाती। इस स्थान पर दुबारा आना चाहूंगा तथा जम कर फ़ोटोग्राफ़ी करनी है।
नेवाड़ी युवतियाँ परम्परागत परिधान में 
कुमारी पूजा उत्सव प्रारंभ था। सुंदर परिधानों में छोटे-छोटे बच्चे अपने परिजनों के साथ मौजूद थे। उनकी चेहरे से लग रहा था कि इस उबाऊ संस्कार से वे परेशान हैरान हैं। उनके माता पिता तसल्ली दिलाने के लिए खाने पीने की चीजें दे रहे थे जिससे बच्चों का मन विचलित न हो और कर्मकांड में संलग्न रहें। कुछ बच्चे रोना-गाना मचा रखे थे। आयोजन स्थल पर अच्छी खासी भीड़ जमा हो गई थी। पर्यटकों के लिए यह अजूबा था वे कैमरे के प्रयोग में लगे हुए थे। यहां से पैदल-पैदल हम अपने बस के ठिकाने पर पहुंचे। भूख जोरों की लग रही थी। अगले पड़ाव पर लघु भोजन का इंतजाम था।

आगे पढ़ें…………

सोमवार, 14 अक्टूबर 2013

उसके बिन यात्रा अधूरी : काठमांडू

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
परासी से हमें भूख लगनी शुरु हो गई। हमने दौन्ने में नदी किनारे कतार से बने होटल देख कर गाड़ी रोक ली। अब खाना खाकर ही आगे बढा जाए। 2 तो यहीं बज गए थे, गिरीश भैया व्यग्र हो रहे थे कि कब काठमाण्डौ पहुंचे और कार्यक्रम में सम्मिलित हों, खाना जाए भाड़ में पहले कार्यक्रम में पहुंचे, जिसके लिए इतनी दूर का सफ़र तय करके आए हैं लेकिन समय अपनी रफ़्तार से चलता है और गाड़ी अपनी रफ़्तार से। दोनों की रफ़्तार में सामंजस्य नहीं बैठता। यहाँ से होटलों की शुरुवात होती है जो काठमाण्डू तक नदी के किनारे किनारे बने हुए हैं। चाय पानी से लेकर दारु-बीयर तक की सहज उपलब्धता है। होटल में तीन महिलाएं दिखाई दे रही थी। 1 पुरुष था वो नींद भांज रहा था। टीवी पर हिन्दी फ़िल्म चल रही थी जिसका आनंद सारा परिवार उठा रहा था।

मैने सोचा कि खाना प्लेट के हिसाब से मिलता होगा। एक प्लेट सब्जी और रोटी चावल ले लेगें उससे काम चल जाएगा। लेकिन महिला ने बताया कि खाना थाली हिसाब से मिलेगा। रोटी सब्जी दाल चावल इत्यादि सभी थाली में शामिल है। हमारा मुड नानवेज खाने का था। तो उसने कहा कि मुर्गा का मासू है। हमने खाने का आर्डर दे दिया। पहली थाली आई, उसमें मुर्गा दिखाई नहीं दिया तो पाबला जी ने हुंकार भरी "मुर्गा किधर है?" उसने कहा कि वह अलग से दिया जाएगा। थाली में आलु-गोभी की सब्जी, आलु का चोखा, तिल की चटनी, एक कटोरी दाल और पतले-पतले पापड़ जैसे फ़लके थे। मैने वह थाली गिरीश भैया की ओर बढा दी। शाकाहारी थाली देख कर उनकी भूख जाग गयी और वे सहर्ष भोजन करने लगे।

थोड़ी देर में हमारी थाली भी आ गई। भोजन में जब मुर्गा हो तो 56 भोज की आवश्यकता नहीं रहती। सिर्फ़ एक ही सब्जी से काम चल जाता है। चटनी स्वादिष्ट थी, पूछने पर पता चला कि टमाटर, धनिया, मिर्च के साथ तिल पीसा गया है। मैने कहा कि इसमें लहसून डाल देते तो आनंद आ जाता। तो वह कहने लगी कि - तिल के साथ लहसून नहीं डाला। हम तिल में लहसून डालना पाप समझते हैं। चलो एक नया ज्ञान प्राप्त हुआ। चिकन एक दम घरेलू तरीके से बना हुआ था। उस पर तेल नहीं तैर रहा था। चावल भी अच्छी क्वालिटी का था। खाने में मजा आ गया। पेट भर खाने का हमने तीन आदमियों का 800 रुपए नेपाली मुद्रा में बिल चुकाया और आगे बढे।

नेपाल में नदियों पर जितने भी पुल पुलिया बने हैं उनमें लोहे का इस्तेमाल अधिक हुआ है। पहाड़ी नाले पर बने हुए पुलिया को नाम देकर उसके साथ खोल शब्द का प्रयोग किया गया है। जैसे अरुण खोल, प्रकाश खोल या अन्य। तराई से शुरु हुआ सफ़र निरंतर पहाड़ों की तरफ़ जाने लगा। आकाश में पहाड़ियों की धुंधली परछाईयाँ दिखाई देने लगी। इस घाटी को पार करने के बाद नारायणगढ शहर आता है। जब हम शहर के चौक पर पहुंचे तो वहाँ झंडे डंडे लिए रैली निकल रही थी। चौराहे पर खड़े यातायात पुलिस ने ट्रैफ़िक रोक रखा था। जब रैली आगे बढ गई तो हम आगे बढे। पता चला कि हम शहर में घुस रहे हैं और हमें बांए मुड़ना था। जी.पी.एस वाली बाई की कमी हमें यहीं पर महसूस हुई। जी.पी.एस तो काम कर रहा था पर उसमें नेपाल का मैप नहीं था। हमने वापस आकर काठमाण्डू वाली सड़क पकड़ी।

नारायणगढ़ से मुग्लिंग की दूरी 35 किलोमीटर है, यहीं से रामपुर का जंगल पार करने के बाद एक तरफ़ पहाड़ियाँ और दूसरी तरफ़ नदी का खड्ड प्रारंभ हो जाता है। नदी के किनारे पर टीन शेड के होटल बने हुए हैं और प्रत्येक होटल में 4-5 महिलाएं अवश्य दिखाई दे रही थी। कुछ वृद्ध पुरुष भी उनकी सहायता के लिए दिखाई दे रहे थे। रास्ते में नदी पार करने के लिए कुछ रस्सी के पुल भी दिखाई दिए। काठमाण्डू मार्ग पर कुछ स्थानों पर कांक्रीट सड़क का निर्माण हो रहा है जिसके कारण गाड़ियों की लाईन लग जाती है। एक तरफ़ गाड़ी रोक कर दूसरी तरफ़ की गाड़ियों के मार्ग खोला जाता है। इसमें समय लग जाता है। हम काठमाण्डू जल्दी पहुंचना चाहते थे लेकिन सड़क और उंचाई साथ दे तो संभव था।

रास्ते में पाबला जी को चाय की दरकार हुई, गाड़ी चलाते हुए आगे बढ़ते गए, होटल में गाड़ियाँ रोकी नहीं। बीच में एक स्थान पर चाय पी थी। अभी शाम होने को थी और धुंधलका छाने लग रहा था। एक स्थान पर मुत्रालय एवं होटल देख कर गाड़ी को विश्राम दिया। एक होटल में चाय पूछने पर उसने बगल वाले होटल की तरफ़ इशारा कर दिया कि चाय वहाँ मिलेगी। यहाँ सिर्फ़ दारु और खाना मिलता है। मैने दूसरे होटल में पूछा तो उसने कहा कि दूध नहीं है। हमने काली चाय ही पीने की ठानी। सामने बने चुल्हे पर एक महिला भोजन बना रही थी। कड़ाही में सब्जी चढा रखी थी। मेरे पूछने पर उसने बताया कि मासू बना रही है। किसका पूछने पर उसने कहा कि बड़ा बकरा। ये बड़ा बकरा क्या होता है, तो वह बोली बफ़ेलो। ओह बफ़ेलों। मैने सुना था कि नेपाली दैनिक भोजन में पाड़े के मांस का प्रयोग करते हैं तथा किसी उत्सव में सामुहिक रुप से पाड़े काटे जाते हैं।

चाय दूसरी औरत ने गैस चूल्हे पर बनाई। सभी होटलों एक-एक सीएफ़एल जल रहा था। बिजली के खम्बे दिखाई दे रहे थे लेकिन उनमें करेंट नहीं था। यहाँ सोलर पैनल का प्रयोग हो रहा था। चाय पीकर हम आगे बढ़े। एक स्थान पर जाम दिखाई देने लगा। एक तरफ़ सड़क का निर्माण हो रहा था दूसरी तरफ़ एक ट्रक चढाई पर बंद हो गया था। यातायात कर्मी ट्रैफ़िक नियंत्रण कर रहे थे। हमारी गाड़ी रिवर्स करवा कर उसने एक स्थान से कांक्रीट सड़क पर चढाने के लिए कहा। पाबला जी ने उचित स्थान देखकर गाड़ी चढा दी लेकिन उतारने के लिए स्थान दिखाई नहीं दे रहा था। सड़क से कांक्रीट रोट लगभग 1 फ़ुट की ऊंचाई पर था। मैने उतर कर टायर निकलने के स्थान पर 2 पत्थर रखे तब हमारी गाड़ी सड़क पर आई।

इस रुकावट से निकलने के बाद हम आगे बढते रहे। नेपाली ड्रायवर बहुत ही रफ़ गाड़ी चलाते हैं। हार्न बजाते हुए सीधे ही घुस जाते हैं। उन्हे जबरिया साईड देनी पड़ती है। वे इस सड़क के नित्य चलने वाले है और हम पहली बार चल रहे थे इसलिए सोच रखा था कि दुर्घटना से देर भली। सही सलामत पहुंच जाए वही सबसे बड़ा पुरस्कार है। लगभग साढ़े 10 बजे हमने काठमांडू की सीमा में प्रवेश किया। लगभग 1300 मीटर की ऊंचाई पर आ चुके थे। थोड़ी सीढी चढाई होने पर गाड़ी का इंजन भी हांफ़ रहा था। एक स्थान पर गाड़ी रोक कर हमने इंजन को भरपूर सांस लेने का मौका दिया। काठमाण्डू के लिए एक ही सड़क होने के कारण यहाँ जाम बहुत जल्दी लगता है। 

काठमांडू प्रवेश करने पर फ़िर जीपीएस वाली बाई याद आई। अगर उसका साथ रहता तो हम बिना किसी से पता पूछे ही वांछित स्थान पर पहुंच जाते। आगे बढ़ने पर बाईक सवार दो युवकों ने हमें रोका। पता चला कि वे होटल वाले हैं और यहीं से होटलों के लिए ग्राहक पकड़ रहे हैं। हमने उन्हे बताया कि होटर रिव्यु हमारे लिए बुक है। तो उन्होने होटल रिवर व्यू का पता बताया। हमें थमेल जाना था, थमेल में ही बहुत सारे होटल हैं और सारे पर्यटक यहीं पर आकर ठहरते हैं। होटल बुक होने की बात सुनकर उन्होने हमसे किनारा कर लिया। आगे बढने पर थमेल का पता एक टुरिस्टर वाले ड्रायवर से पूछा तो उसने अपने पीछे आने के लिए कहा। वह भी टुरिस्ट लेकर थमेल जा रहा था।

काठमांडू के एक चौक पर पहुंचने के बाद दो मोटर सायकिल सवारों ने हमें फ़िर रोक लिया। वो अपने होटल का गुणगान करने लगे। वह भी थमेल में था। हमने मंत्रणा की कि इनके साथ ही चलते हैं, कम से कम थमेल तो पहुंच जाएगें। फ़िर वहाँ जाकर होटल का पता भी पूछ लेगें। 11 बज रहे थे और सारा काठमाण्डू सो रहा था। सड़क पर इक्का दुक्का लोग ही दिखाई दे रहे थे। वे दोनो हमें अपने होटल में ले गए। पाबला जी ने पीछा छुड़ाने की दृष्टि से उनका होटल देख कर आने कहा। इस सब में समय तो खराब हो रहा था, लेकिन हमारे सामने भी होटल रिव्यू तक पहुंचने की मजबूरी थी। मैं उनके होटल में गया तो उन्होने 1 कमरे का किराया 6500 भारतीय मुद्रा बताया और कहा कि 24 घंटे सुविधा मिलेगी। मैं मना करके लौट आया। हमने मनोज पांडे जी के नम्बर पर फ़ोन लगा कर पता पूछा। लेकिन नई जगह होने पर नाम और पता समझ नहीं आया।

उन दोनो बाईक सवारों ने बताया कि होटल का नाम रिव्यू नहीं रिवर व्यू है। आप गलत पता ढूंढ रहे हैं। तो पाबला जी ने कहा कि पहले हमारे साथियों के पास पहुंचाईए फ़िर आपके होटल के विषय में कुछ सोचेगें। वे दोनो हमें होटल रिवर व्यू में ले गए। जहाँ रेस्टोरेंट में  सबसे पहले शैलेष भारतवासी दिखाई दिए। फ़िर अंतर सोहिल, मनोज पांडे इत्यादि भी पहुंच गए। इनका भोजन चल रहा था। मनोज भावुक एवं सरोज सुमन भी संग थे। हमने खाने के बारे में पूछा तो पता चला कि खाना सम्पन्न हो गया है और किचन भी बंद हो गया है। कुछ भी नहीं मिलने वाला। सभी ब्लॉगर खाए अघाए सो रहे थे। रविंद्र प्रभात जी को पता चला तो वे नींद से उठ कर आ गए। रेस्टोरेंट में उनसे मुलाकात हुई। हमें कमरा नंबर 20 की ताली थमा दी गई तथा ताकिद दी गई कि सुबह 8 बजे तैयार हो जाईएगा। दही पराठे का नाश्ता मिलेगा और उसके बाद काठमांडू भ्रमण पर चलना है। रास्ता बताने वाले दोनो बाईक सवार वहीं होटल में जमें हुए थे, पाबला जी ने 150 रुपए दक्षिणा देकर उनसे पीछा छुड़वाया और हमने अपने कमरे की राह ली, लेकिन भूखे नींद कैसे आएगी? आगे की किश्त पढ़ें……

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2013

हल्का हल्का सुरुर है, ये पैट्रोल का कसूर है : काठमाण्डौ की ओर

नेपाल यात्रा प्रारंभ पढें
गोरखपुर में सुबह लगभग 7 बजे हुई। हम 8 बजे होटल छोड़कर नौतनवा के लिए चले। हमारे छत्तीसगढ़ से दुर्ग-नौतनवा के लिए ट्रेन भी है। एक बार इस ट्रेन से अयोध्या तक सफ़र भी किया। उस समय सोचता रहा कि यह नौतनवा है कहाँ पर? आज पता चला कि गोरखपुर से नेपाल मार्ग पर नौतनवा है। हमें पूरे उत्तर प्रदेश में कार के लिए स्पीड पैट्रोल नहीं मिला। पहले तो पाबला जी स्पीड से कम पैट्रोल डलवाने के लिए तैयार नहीं थे। जब स्पीड पैट्रोल नहीं मिला तो 10% गन्ने का खमीर उठा रस मिला पैट्रोल लेने पर भी मजबूर हो गए। यह पैट्रोल डलवाने के बाद गाड़ी भी मस्त हो जाती थी। हल्का हल्का सुरुर है, ये मेरा नहीं पैट्रोल का कसूर है।
नौतनवा प्रवेश द्वार
नौतनवा बस्ती में प्रवेश के पूर्व बांए तरफ़ एक रोड़ जाता है। हमारी मार्गदर्शिका सीधे ही चलने को कह रही थी। जब नेविगेटर संग है तो हम काहे मुड़ खपाएं सोच कर आगे बढ गए। थोड़ी दूर चलने पर नौतनवा नगर परिषद का स्वागत करता हुआ द्वार दिखाई दिया। द्वार के माध्यम से एक प्रसिद्ध कुकर्मी विधायक ने हमारा स्वागत किया। उसके साथ ही चंगु-मंगु भी उपस्थित थे। अगर इस यात्रा में मैं सड़क की चर्चा बंद कर दूं तो समझिएगा कि सड़क वैसी ही है जैसी हमने गाजीपुर वाली सड़क पीछे छोड़ी थी। यहाँ भी सड़क का मामला कुछ-कुछ ऐसा ही था। नौतनवा बस्ती के बीच से गाड़ी चल नहीं रही थी सिर्फ़ लुढक रही थी।
नौतनवा नगर
मार्गदर्शिका हमें नौतनवा से सोनौली की ओर ले जा रही थी। नौतनवा से सोनौली 7 किलोमीटर की दूरी पर है। चाहे बायपास से जाओ या बस्ती के बीच से। अब हम पगडंडीनुमा डामर रोड से सोनौली की ओर बढ़ रहे थे। टेढी मेढी बलखाती सड़क हजारों एकड़ के मैदानी खेतों के बीच से सोनौली गाँव में पिछले द्वार से प्रवेश करती है। रास्ते में एक दो छोटे गाँव थे, साथ अमराई भी। सूरत से बेवड़े दिखाई देने वाले लोग भरी जवानी में बुढापे का आनंद ले रहे थे। बाजार के बीच से गुजरते हुए हम संकरी गली से मुख्यमार्ग पर पहुंचे। सामने नेपाल भारत सीमा दिखाई दे रही थी। हमें जानकारी नहीं थी कि नेपाल की सीमा में प्रवेश करने के लिए क्या कार्यवाही करनी पड़ती है। सीमा में प्रवेश के पूर्व एक दुकानदार से जानकारी ली।
नेपाल सीमा में पार्किंग एवं प्रवेश द्वार
सीमा के इस तरफ़ भारतीय सीमा सुरक्षा बल मुस्तैद है, ट्रकों एवं अन्य सवारी वाहनों की कतार लगी हुई थी। सब धीरे-धीरे सरक कर सीमा पार कर रहे थे। सीमा पार करते वक्त भारतीय सुरक्षा बलों ने कोई तलाशी नहीं ली और नेपाल की सीमा में प्रवेश करने का कोई कारण भी नहीं पूछा। आप बिंदास इस मैत्री मार्ग से नेपाल की सीमा में प्रवेश कर सकते हैं। नेपाल की सीमा में प्रवेश करने पर बांई तरफ़ गाड़ियों की पार्किंग बनी हुई है। जहाँ हमने कार पार्क की वहाँ भारत से आने वाली अन्य गाड़ियाँ भी दिखाई दी। पार्किंग के ठीक सामने भंसार कार्यालय है। यहाँ से नेपाल में प्रवेश करने के अधिकार पत्र बनते हैं। साथ ही बाहर की गाड़ियों को अस्थायी नम्बर भी दिए जाते हैं।
कागजात बनवाने वाला राजु
कार पार्क करते ही कागजी कार्यवाही कराने वाले दलाल सक्रीय हो गए। इलाहाबाद के पंडों जैसे इन्होंने भी पार्किंग में अपने पाटे लगा रखे हैं। हमें राजु नामक दलाल मिला, उसने कहा कि 100 रुपए के सेवा शुल्क के एवज में वह 10 मिनट में सभी कागजी कार्यवाही करवा देगा। उसने पाबला जी का लायसेंस और गाड़ी की आर सी बुक लेकर एक लड़के को तुरंत भेज दिया। मैने मोबाईल से उसकी एक फ़ोटो ले ली, अगर कहीं कागज और पैसे लेकर भाग जाए तो सबूत तो रहेगा और ढूंढने में आसानी रहेगी। परदेश में किसका क्या भरोसा? हम उसके पाटे पर बैठ गए। धूप बहुत चमकीली थी और गर्मी उमस के मारे हाल-बेहाल हो रहा था।
हमें नेपाल में 3 दिन रहना था इसलिए परमिट 3 दिन का बनवाने की जगह 1 दिन अधिक का बनवाया। परमिट के लिए 500 नेपाली रुपए प्रतिदिन लगते हैं।

बुटबल मार्ग
परमिट खत्म होने के बाद सीमा पार करने पर 1100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से अर्थ दंड लगाया जाता है। इसलिए हमने 4 दिन का परमिट बनवाया। थोड़ी देर में वह लड़का कागजी कार्यवाही के साथ अस्थाई नम्बर प्लेट भी लेकर आ गया। नेपाल में पहुंचने के बाद मोबाईल इंटरनेट इत्यादि ने काम करना बंद कर दिया और आईडिया का नेटवर्क नेपाल के एन सेल नेटवर्क से रोमिंग में कनेक्ट हो गया। एक ने पूछा कि आपको नेपाली नम्बर की जरुरत है क्या? अगर जरुरत है तो आपको बिना पहचान पत्र के 350 भारतीय रुपए में उपलब्ध हो जाएगा। जिसमें 50 रुपए का बैलेंस भी मिलेगा। हमने जरुरत को देखते हुए नेपाल का नम्बर ले लिया तथा 200 रुपए से रिचार्ज भी करवा लिया। भारत कॉल करने पर साढे तीन रुपए प्रतिमिनट खर्च होते थे। इस हिसाब से हमारे लिए ढाई सौ रुपए बहुत थे।
भैरवा में रास्ता बतलाता फ़लक
पार्किंग से बाहर निकलने पर नेपाल प्रहरियों ने हमारी गाड़ी एवं सामान की तलाशी ली। धूल अधिक होने के कारण प्रहरियों ने मुंह पर जैन मुनियों वाला पट्टी लगा रखी थी। तलाशी के वक्त हम भैरवा में थे, बुटबल वाले सीधे रोड़ पर नेपाल का आव्रजन कार्यालय है। यहां से नेपाल द्वारा दिए गए कागजों को सत्यापित करके मुहर लगवानी पड़ती है। राजु का लड़का हमारे साथ गया और उसने कागजी कार्यवाही पूर्ण कराई। इस तरह नेपाल में प्रवेश करने एवं 4 दिन प्रवास करने के हमें 1750/- कुल लगे। मुहर लगा कर हम वापस लौटे। चौराहे पर लड़के को ड्राप किया। वहाँ लगे हुए मार्गदर्शक पर काठमांडौ 262 किलो मीटर लिखा था। हमें काजगी कार्यवाही पूर्ण करते हुए 12 से अधिक बज गए थे। यहाँ से अब हमें नारायणगढ़ से काठमांडौ जाना था।
नेपाल की कुतुबमीनार
थोड़ा आगे बढने पर सड़क के किनारे झोंपड़ी में बैठे कुछ लड़कों ने रुकने का इशारा किया। यहाँ पर सड़क के बीच में एक छोटे से खम्बे पर टोल का बोर्ड लगा था। उसने हमने टोल चार्ज के रुप में 25 नेपाली रुपए लिए। भैरवा से चलते वक्त पाबला जी ने 2000 भारतीय रुपए के बदले 3200 नेपाली रुपए लिए। इतने में हमारा काम चल जाना था। दुख भरी कमरतोड़ सड़कों से गुजरने बाद चिकना हाईवे रास नहीं आ रहा था। कुछ ऐसा ही था कि अत्यधिक भूखे व्यक्ति ढेर सारे पकवान खिलाने से उल्टी हो जाती है। 10-20 किलोमीटर चलने के बाद यह सड़क अब हजम होने लगी थी। भैरवा से चलने पर तराई का इलाका प्रारंभ हो जाता है। सड़क के दोनो तरफ़ हरियाली दिखाई दे रही थी। खेतों में धान की फ़सलें लहलहा रही थी। लेकिन सड़क के किनारे छायादार वृक्ष नहीं थे।
स्कूली बच्चे
जिस दिन हमने नेपाल में प्रवेश किया, उस दिन स्कूलों में राष्ट्रीय बाल दिवस मन रहा था। रास्ते के एक स्कूल में बच्चों का कार्यक्रम चल रहा था। इस सड़क पर गाड़ी चलाने का आनंद भी आ रहा था। सड़क किनारे खड़े बच्चों को देखता हूँ तो मुझे दूर से गाड़ी धीमी करनी पड़ती है। पता नहीं कब कौन बच्चा सड़क के पार दौड़ जाए। एक धुकधुकी सी मन में लगी रहती है। एक बार ऐसे ही अचानक एक बच्चा सड़क पार गया। बड़ी मुस्किल से खुद एवं उसे बचाया। तब से सावधानी बरतने में ही भलाई समझता हूँ। गाड़ी तो हम दोनो ही चला रहे थे। सड़क किनारे कोई बच्चा दिखाई दे जाता था तो स्वत: मेरा पैर ब्रेक पर चला जाता था। परासी से आगे बढने पर पहाड़ियां दिखाई देनी शुरु हो जाती हैं। पहाड़ियाँ पार करने बाद नारायणगढ़ आता है। नारायणी नदी के किनारे होने के कारण इसका नाम नारायण गढ़ पड़ा हो। नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढें……

रविवार, 29 सितंबर 2013

वाहे गुरुजी की फ़तेह: काठमाण्डू की ओर - नेपाल यात्रा 1

वाहे गुरुजी का खालसा, वाहे गुरुजी की फ़तह का मैसेज मेरे मोबाईल पर 11 सितम्बर की सुबह 3/46 बजे पर आया। मैं समझ गया था कि हमारी नेपाल यात्रा का पहला चरण प्रारंभ हो चुका है। श्री बी एस पाबला जी भिलाई से अभनपुर आने के लिए कूच कर चूके हैं। 1 घंटे में उन्हें मुझ तक पहुंचना था और अब एक लम्बी रोमांचक यात्रा के लिए मुझे भी तैयार होना था। इस एक घंटे में मैं तैयार हो गया। तभी गिरीश पंकज जी का फ़ोन आया कि हम लोग अभनपुर से रायपुर के लिए कब चल रहे हैं। मैने कहा कि पाबला जी आते ही होगें और हम दोनो शीघ्र ही आपके पास पहुंच रहे हैं आप तैयार रहें। लगभग 5 बजे पाबला जी अभनपुर पहुंच चुके थे। गाड़ी में सामान रखा और हमने माता जी से आशीर्वाद लेकर अपनी यात्रा प्रारंभ की।

साढे 5 बजे गिरीश पंकज जी के घर के सामने अत्याधुनिक इलेक्ट्रानिक उपकरणों से लैस हमारी कार खड़ी हुई। हार्न बजाते ही गिरीश भैया सामान लेकर बाहर आए और हम नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए अपने सफ़र पर चल पड़े। कार में ब्लेक बाक्स के साथ जी पी एस लगा हुआ था। जो हमें रास्ते की जानकारी दे रहा था। सभी चौक चौराहों पर रास्ता बताते हुए गंतव्य की ओर ले जा रहा था। हमारा पहला पड़ाव राबर्टसगंज था। जिसकी जानकारी जी पी एस को दे रखी थी। वह हिन्दी में मार्ग बता रहा था। हमें बिलासपुर से अम्बिकापुर होते हुए राबर्टसगंज पहुंचना था। सुबह जब घर से चले थे तो नाश्ता नहीं किया था। मालकिन ने आलू के पराठे बनाए थे जिसे दही के साथ खाने का ईरादा था। नाश्ता हमें बिलासपुर के बाद करना था। 

अरपा नदी का पुल पार करने के बाद अम्बिकापुर रोड़ लग जाता है, इस रोड़ पर छत्तीसगढ़ की प्राचीन राजधानी रतनपुर के साथ पाली का प्रसिद्ध शिव मंदिर भी दिखाई देता है। रास्ते में हमने कई ढाबों में रुक कर दही पूछा। लेकिन कहीं नहीं मिला। आखिर तय किया कि नाश्ता अब मेरी बहन के घर पर कटघोरा में किया जाएगा। कटघोरा से पहले ही कलचुरियों की प्रथम राजधानी तुम्मान आती है। मैने उसे फ़ोन करके 1 किलो दही मंगवाने के लिए कह दिया। लगभग साढे नौ बजे हम कटघोरा पहुंच चुके थे। वहाँ से नाश्ता करके हम आगे के सफ़र पर चल पड़े। कटघोरा से अम्बिकापुर के बीच लगभग 35 किलोमीटर की सड़क आंशिक रुप से खराब है। इस सड़क पर पिछली दुखदाई यात्रा की सोच कर दिमाग डोल रहा था। क्योंकि गड्ढे इतने अधिक थे कि तीन चक्के तो गडढों में पड़ ही जाते थे। कुछ गडढों में मिट्टी डाली जा रही थी। इस सड़क पर विश्रामपुर से कोयला लाने वाली गाड़ियाँ चलती है जिसके कारण यह सड़क खराब हो जाती है। परन्तु सड़क की हालत में कुछ सुधार दिखाई दिया। गाड़ी आराम से चल रही थी। हमें चोटिया के बाद अच्छी सड़क मिल गयी तो कुछ राहत की सांस ली। 

गाड़ी आगे बढती गई, पाबला जी मुस्तैदी से हांक रहे थे और विचारों की श्रृंखला शुरु हो गई। नेपाल जाने का मेरा कार्यक्रम सिर्फ़ 2 दिन में ही तैयार हुआ था। लगभग 15 दिन पहले गिरीश जी ने फ़ोन करके मुझसे पूछा था इस बारे में तो मैने मना कर दिया और मेरी टिकिट भोपाल के "मीडिया चौपाल" में उपस्थित रहने के लिए बन चुकी थी। दोनों कार्यक्रमों की तारीखें समान थी। इसलिए मैने भोपाल जाना ही ठीक समझा था। अंतिम दो पहले तक अनिल सौमित्र जी को मेल से उनके द्वारा मांगी गई जानकारियाँ भेजी थी। रविन्द्र प्रभात जी से बात होने और पाबला जी चर्चा होने पर पाबला जी ने कहा कि अगर कोई साथ नहीं होगा तो भी वे अकेले की कार से काठमाण्डू जाएगें। तब मैने अगले ही दिन टिकिट कैंसिल करवाई और पाबला जी को उनके साथ काठमांडू जाने का संदेश दिया। बात कुछ इस तरह से बनी।

अचानक कार्यक्रम बदलने पर मालकिन ने भी ताना मारा। जाने की तैयारी कहीं और के लिए करते हो और पहुंच कहीं और जाते हो। बस यही हो रहा था इस घुमक्कड़ के साथ। सड़क मार्ग से विदेश यात्रा करने लोभ छोड़ नहीं पा रहा था। वैसे तो सड़क मार्ग के स्वयं के साधन पर भारत में लम्बी यात्राएं की हैं मगर नेपाल को करीब से जानने और परखने का मौका पहली बार लग रहा था। साथ ही गिरीश पंकज जी जैसे वरिष्ठ के सानिध्य में यात्रा के सुखद होने की ही उम्मीद थी। माता जी पूछा था कि कौन-कौन जा रहे हैं। मैने जब पाबला जी का नाम बताया तो वे संतुष्ट हो गई। बोली - जाओ, घूम आओ। पाबला जी समझदार आदमी हैं। उन्हें भरोसा हो गया कि हम यह यात्रा निर्विघ्न पूरी कर सकते हैं।