बिलासपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बिलासपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 1 जून 2014

अचानकमार : वनवासी की यात्रा

काफ़ी दिन हो गए थे जंगल की ओर गए, जैसे जंगल मेरा घर है जो हमेशा बुलाता है। कहता है आ लौट आ, मिल ले आकर मुझसे। अब पहले जैसा नहीं रहा, जैसा तू छोड़ कर गया था। जीर्ण-शीर्ण हो गया हूँ, कहीं ऐसा न हो जब तक तू लौट कर आए मैं फ़ना हो जाऊँ। जंगल की गुहार मुझ तक हमेशा पहुंचती है पर कांक्रीट के घरों में जंगला बंद होने के बाद यह गुहार द्वार पर बैठे चौकीदार तक पहुंच कर लौट जाती है। जब गर्मी से धरती तपने लगती है और देह से प्राण निर्वासित होने के लिए मचलता है, तब जंगल की याद आती है। मन कहता है कहाँ है मेरा जंगल? मेरा अपना जंगल। अंतर से आवाज आती है, आ लौट चलें फ़िर जंगल की ओर। मैं भी एक वनवासी हूँ, अब शहरवासी हो गया तो क्या हुआ। वनवासी की फ़क्कड़ी और यायावरी अभी भी मेरी रगों में दौड़ती है। भीतर का वनवासी यदा-कदा सक्रीय हो जाता है और फ़िर दौड़ पड़ता हूँ अपने पुराने घर की तरफ़। 
अचानकमार का वन मार्ग
जंगल ने जैसे ही आवाज दी वैसे ही तुरंत चल पड़े अचानकमार जंगल की ओर। बिलासपुर में प्राण चड्डा जी (अचानकमार जंगल के रक्षक एवं पर्यावरण प्रेमी) को फ़ोन लगा कर सूचना दी। वे तुरंत तैयार हो गए। बोले - यार जल्दी निकलो रायपुर से, मैं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूँ। जैसे तैसे करके रायपुर से 12 बजे से पहले नहीं निकल सके। आधे घंटे बाद चड्डा जी पुन: डांट पिलाई, अभी तक नहीं निकले हो। जल्दी निकलो और नांदघाट पहुंच कर फ़ोन लगाओ तब तक मैं तैयार हो जाऊंगा। बिलासपुर मार्ग पर यातायात का प्रवाह अधिक रहता है इसलिए गाड़ी थोड़ी देखभाल कर हांकनी पड़ती है क्योंकि बड़े ट्रेलर और सीमेंट के कैप्सुलों के ड्रायवर महाजंगली हैं, इनसे बचकर चलना पड़ता है।
परलोक वाहक
सफ़र धीरे-धीरे कट रहा है और मील के पत्थर पीछे छूटते जा रहे हैं। जब मिलन की उत्कट आकांक्षा हो और चित्त बेचैन हो तो सफ़र भी व्यग्रता से कटता है। हम चल रहे थे अपने ठिकाने जंगल की ओर। जंगल से गुजरते हुए जब कुल्हाड़ियों की ठक-ठक की आवाज सुनाई देती है तो समझ जाता हूँ यहीं कहीं आस पास जंगल का रक्षक "वन रक्षक" भी होगा, जो लौटने वाली कुल्हाड़ियों को गिन कर हरे-लाल नोटों से अपनी जेब गर्म कर कर्तव्य निर्वहन कर रहा होगा। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो कौन हवाल। बस इन्हीं नोटों के लालच ने जंगल को उजाड़ दिया, नंगा कर दिया डुंगरियों को, जो कभी आसमान से होड़ लगाए वृक्षों को देखकर एक माँ के जैसे आनंदित होती थी। आज उनसे यह आनंद भी छिन गया। 
बारी घाट से सुंदर नजारा
जंगल कटने से सारी प्रकृति असंतुलित हो गई है। पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, मौसम के चक्र में परिवर्तन दिखाई दे रहा है। सूरज की तपन बढ गई है। सूरज की गर्मी से सड़क पर लगा कोलतार भी पिघलने लगा है। दूर से मृगमरीचिकाएँ भी दिखाई दे रही हैं। पर्यावरण संतुलन बिगड़ने और सूरज की गर्मी पर केवल कृष्ण शर्मा की कविता कहती है -
जब अत्याचारी हो जाए सूरज
सूख जाएं नदियां
वीरान हो जाए धरती
और लगे कि सब कुछ खत्म हो गया
तब तुम
उन बीजों के बारे में सोचना
जो हालांकि हैं,
पर नजर नहीं आते।
उस बारिश के बारे में सोचना
जो होनी ही है,
किसी न किसी रोज
और सोचना अपने बारे में
…
सड़क की तपन और मृगमरीचिकाओं के पीछे दौड़ते हुए बिलासपुर पहुंच जाते हैं। चड्डा जी हमारा इंतजार कर रहे होते हैं। सिर पर सूरज कहर ढा रहा है पर जंगल की ओर जाने की उत्कट आकांक्षा ने तपन का प्रभाव कम कर दिया है। आगे का सफ़र चड्डा साहब के निर्देशन में तय होना था। उन्होनें नेवीगेटर की सीट संभाल ली और हम आगे बढ गए। साथ में उन्होनें डेढ लीटर दूध की बोतल भी रखी हुई थी। जाहिर था कि आगे चलकर इसका उपयोग करना है।
फ़ार्म हाऊस में बेंगवा (बड़ा मेंढक)
रास्ते में चड्ढा जी ने बताया कि एक फ़ार्म हाऊस में चाय पानी की व्यवस्था कर रखी है। वहाँ चलकर थोड़ा विश्राम करेगें और चाय पानी के साथ आम ग्रहण कर आगे चल पड़ेगें। अचानकमार में रात्रि विश्राम प्रतिबंधित होने के कारण हमने अमरकंटक में रात रुकना तय किया। वहाँ कल्याण आश्रम में फ़ोन द्वारा सूचित कर ठहरने की व्यवस्था कर दी गई थी। अचानकमार से हमें अमरकंटक जाना था। चड्डा साहब ने आम्रवन में 7 पेटी आमों की व्यवस्था कर रखी थी। जिसमें तीन पेटी हम सबके लिए और 4 पेटी कल्याण आश्रम के बाबाजियों के लिए। हमने आम्रवन में "गुरुजी की ठंडाई" की बोतल भरी रखी थी। उसे दूध में घोलकर हमने ठंडाई बनाई और दो-दो गिलास उदरस्थ किए तथा रास्ते के लिए ठंडाई बोतल में भर कर रख ली। 
अचानकमार नाका (आवक-जावक एन्ट्री)
अचानकमार के जंगल में रात रुकने की कोई व्यवस्था नहीं है तथा जो एकलौता विश्रामगृह छपरवा में था उसे भी बंद कर दिया गया। जब से इसे टायगर रिजर्व बनाया है तब से जंगल के भीतर होने वाली अवैध गतिविधियों में काफ़ी कमी आई है। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद वन विभाग का अमला काफ़ी सक्रीय दिखाई देता है। कोटा और केंवची की तरफ़ से आने वाले प्रत्येक वाहन का नम्बर, चालक का नाम तथा आने का उद्देश्य सभी दर्ज किया जाता है। अचानकमार जंगल में बारी घाट से लेकर केंवची तक के मार्ग में किसी भी कम्पनी का मोबाईल फ़ोन काम नहीं करता। सबका नेटवर्क बंद होता है। भारीवाहनों का प्रवेश शाम 6 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक वर्जित है तथा उन्हें वन में वाहन खड़ा करने की भी मनाही है। प्रवेश करने वाले वाहन की निर्मग स्थान के नाके पर भी एन्ट्री की जाती है।
अचानकमार रिजर्व फ़ारेस्ट में
लगभग 4 बजे रहे थे, गर्मी के दिनों में भी शाम के समय जंगल में मौसम सुहाना हो जाता है, खासकर अचानकमार के जंगल में ठंडी बयार बहने लगती है। कभी-कभी पानी की फ़ुहारें भी मौसम को बदल देती हैं। जैसे किसी सद्यस्नाता वनवासिन ने स्नानोपरांत गेसुओं को झटका हो और रिमझिम फ़ुहारें बरसने लगी हो। पक्षियों की चहक ऐसे लगती है जैसे फ़ुहारों से आनंदित हो जंगल से सारे पक्षी चहक कर स्वागत करने लगे हों। पक्षियों की तरह-तरह की बोलियाँ और जंगली फ़ूलों की सुगंध मन को मोह लेती है। अभी वन में सिर्फ़ वृक्ष ही दिखाई दे रहे हैं, उनके नीचे सूखे पत्तों की एक तह बिछी हुई है। इस समय जंगल में पैदल भ्रमण करने पर सर्पादि जहरीले कीटों का अधिक डर नहीं होता। क्योंकि धरती साफ़ दिखाई देती है। बरसात के दिनों में वनस्पतियाँ घास, झाड़ियां एवं वृक्षों के तीन स्तर पर विभाजित दिखाई देती हैं। घास होने के कारण कीटादि दिखाई नहीं देते और उनके दंश का खतरा रहता है। सफर जारी है ……… आगे पढ़ें  

सोमवार, 28 अप्रैल 2014

मल्हार: आस्था का केन्द्र डिड़नेश्वरी माई



डिडनेश्वरी माई का प्रसिद्ध मंदिर मल्हार ग्राम की पुर्व दिशा में लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके दांए तरफ़ एक बड़ा तालाब है तथा मंदिर के सामने भी एक पक्का तालब है। जिसमें ग्रामीण निस्तारी करते हैं। मंदिर के द्वार पर पहुंचने पर एक सिपाही खड़ा दिखाई दिया। शायद इसे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। मंदिर के गर्भ गृह को लोहे के दरवाजों से बंद किया गया है, दर्शनार्थी बाहर से ही दर्शन करके जा रहे थे। मंदिर में नवीन निर्माण कार्य प्रारंभ है। गर्भ गृह के सामने बड़े मंडप का निर्माण हो रहा है।
डिड़नेश्वरी मंदिर परिसर
मल्हार में सागर विश्वविद्यालय द्वारा उत्खनन कार्य करवाया गया। विद्वानों ने इस नगर को ईसा पूर्व 4 भी शताब्दी का माना है। यहाँ ईसा पूर्व 2 शताब्दी की विष्णु प्रतिमा प्राप्त हुई, जिससे आंकलन किया जा सकता है कि पूर्ववर्ती राजा वैष्णव धर्मानुयायी होगें। इसके पश्चात शैवों धर्म का प्रचलन हुआ होगा। मौर्यकाल से लेकर 13-14 वीं शताब्दी तक यह नगर उन्नत एवं विकसित रहा होगा। शैवों के साथ तंत्र उपासना भी प्रारंभ हुई। शाक्तों का भी मल्हार में प्रभाव रहा है। स्कंद माता, दूर्गा, पार्वती, महिषासुर मर्दनी, लक्ष्मी, गौरी, कंकाली, तारादेवी इत्यादि देवियों की प्रतिमाएं प्राप्त हुई हैं। परन्तु डिड़नेश्वरी देवी की काले ग्रेनाईट की अद्भुत प्रतिमा भी प्राप्त हुई है। 
निर्माणाधीन मंडप
डिड़नेश्वरी नाम के विषय में राहुल सिंह कहते हैं -  "डिड़िन दाई से तो जैसे पूरे मल्हार की धर्म-भावना अनुप्राणित हुई है। काले चमकदार पत्थर से बनी देवी। डिड़वा यानि अविवाहित वयस्क पुरुष और डिड़िन अर्थात्‌ कुंवारी लड़की। माना जाता है कि मल्हार के शैव क्षेत्र में डिडिनेश्वरी शक्ति अथवा पार्वती का रूप है, जब वे गौरी थीं, शिव-वर पाने को आराधनारत थीं। डिड़िन दाई का मंदिर पूरे मल्हार और आसपास के जन-जन की आस्था का केन्द्र है।" डिड़नेश्वरी देवी प्रतिमा को कई बार चोरी करने का प्रयास किया पर चोर एक बार कामयाब हो गए। इस दौरान अखबारों में इस प्रतिमा चोरी के समाचार छपने से यह प्रतिमा विश्व प्रसिद्ध हो गई। फ़िर अचानक यह प्रतिमा बरामद भी हो गई। 
डिड़नेश्वरी माई
मान्यता है कि यह कलचुरियों की कुलदेवी है, देवार गीतों में इसे राजा वेणू की इष्ट देवी भी बताया गया है। डिड़नेश्वरी की प्रतिमा को कलचुरी काल ग्याहरवी सदी की सर्वश्रेष्ठ कलाकृति माना गया है। काले ग्रेनाईट की यह प्रतिमा 4 फ़ुट ऊंची है। आभामंडल के साथ छत्र को महीनता से लघु घंटिकाओं द्वारा अलंकृत किया गया है। मुक्ताहार, भुजबंध, कर्णफ़ूल, कमरबंध, पायल इत्यादि अलंकरण प्रतिमा को गरिमा प्रदान करते हैं। प्रतिमा के फ़लक पर नौ देवियाँ उत्कीर्ण हैं, कहते हैं जब देव गण युद्ध में असुरों से हार गए तो वे पार्वती की शरण में आए। पार्वती ने पद्मासन में बैठ कर ध्यान किया जिससे नौ देवियों ने प्रकट होकर असुरों का संहार किया।
राजपुरुष: डिड़नेश्वरी मंदिर मल्हार
प्राचीन मंदिर के अधिष्ठान पर नवीन निर्माण किया गया है। मल्हार में मल्लाहों (निषाद) की अच्छी आबादी है। वे डिड़नेश्वरी को अपनी आराध्य देवी मानते हैं। डिड़नेश्वरी माई की कर बद्ध ध्यानावस्थित प्रतिमा मोहित करने वाली है। जिस शिल्पकार ने इसका निर्माण किया होगा उसे नमन है। ऐसे खुबसूरत प्रतिमा मैने आज तक देखी नहीं। गर्भगृह के द्वार के बांई तरफ़ एक राजपुरुष की प्रतिमा भी स्थापित है। अब यह प्रतिमा किस राजा की है यह बताना कठिन है। हमने मंदिर की एक परिक्रमा लगा कर पुजारी से प्रसाद ग्रहण किया और मल्हार नगरी भ्रमण करने आगे चल पड़े।


शनिवार, 26 अप्रैल 2014

मल्हार : प्राचीन प्रतिमाएँ


मल्हार पर प्राण चड्ढा जी से चर्चा हो रही थी। उन्होनें बताया कि 25-30 वर्ष पूर्व मल्हार में प्राचीन मूतियाँ इतनी अधिक बिखरी हुई थी कि महाशिवरात्रि के मेले में आने वाले गाड़ीवान मूर्तियों का चूल्हा बना कर खाना बनाते थे। इसके वे साक्षी हैं। मल्हार पुरा सम्पदा से भरपूर नगर था। वर्तमान मल्हार गाँव मल्लारपत्तन नगर के अवशेषों पर बसा हुआ है। हर घर में किसी न किसी पुराने पत्थर या प्रतिमावशेष का उपयोग दैनिक कार्यों में होता है। कलचुरियों के समय यह नगर अपनी प्रसिद्धी की बुलंदी पर था। पर न जाने ऐसा क्या हुआ जो इसे पतनोन्मुख होना पड़ा। यही सोचते हुए मैं संग्रहालय (संग्रहालय तो नहीं कहना चाहिए, वरन एक बड़ा कमरा जरुर है, जहाँ बेतरतीब प्रतिमाएं पड़ी हैं) की ओर बढा।
संग्रहालय
आस-पास कुछ लोग नल के पानी से स्नान कर रहे थे। प्रांगण में प्रतिमाएं बिखरी हुई हैं। संग्रहालय के द्वार पर चौकीदार से भेंट हुई, हमें देख कर चौकीदार ने भवन के द्वार उन्मुक्त किए एवं भीतर के हॉल में रोशनी की। सिर्फ़ एक ही ट्यूब लाईट का प्रकाश दिखाई दिया। अन्य ट्यूब लाईटें झपकी भी नहीं, मौन रह गई। भगवान जाने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारी शासन द्वारा भरपूर बजट मिलने के बाद भी प्रमुख आवश्यकताओं की पूर्ती करने में भी क्यों कोताही बरतते हैं। मद्धम मद्धम रोशनी में प्रतिमाओं का अवलोकन प्रारंभ हुआ। अवलोकन करने के लिए एक सिरा ही पकड़ना ठीक था।
शेष नारायण
दरवाजे के सामने ही शेषशायी विष्णु की चतुर्भुजी प्रतिमा दिखाई देती है। अपने आयुधों के साथ बांया पैर दाएं जंघा पर रखा हुआ है, नाभी से निकले हुए कमल पर ब्रह्मा विराजे हैं। चरणों की तरफ़ लक्ष्मी विराजमान हैं। प्रतिमा थोड़ी घिसी हुई है, आँखे और नाक स्पष्ट नहीं है। 
कुबेर
आगे बढने पर कुबेर की एक प्रतिमा दिखाई देते हैं। किरीट मुकुटधारी कुबेर ने दांए हाथ में गोला(पृथ्वी) थाम रखा है और बांए हाथ में धन की थैली। अगर धन न हो तो फ़िर कैसा कुबेर? इसलिए शिल्पकार कुबेर का पेट गणेश सदृश्य बड़ा बनाते हैं और हाथ में धन की थैली थमाते हैं।
वीरभद्र
वीरभद्र की सुंदर प्रतिमा भी संग्रह में रखी हुई है। शिवालयों में वीरभ्रद की प्रतिमा भी अनिवार्य रुप से बनाई जाती थी। वीरभद्र शिव का एक बहादुर गण था जिसने शिव के आदेश पर दक्ष प्रजापति का सर धड़ से अलग कर दिया. देवसंहिता और स्कंद पुराण के अनुसार शिव ने अपनी जटा से 'वीरभद्र' नामक गण उत्पन्न किया. महादेवजी के श्वसुर राजा दक्ष ने यज्ञ रचा और अन्य प्रायः सभी देवताओं को तो यज्ञ में बुलाया पर न तो महादेवजी को ही बुलाया और न ही अपनी पुत्री सती को ही निमंत्रित किया। 
विष्णु
पिता का यज्ञ समझ कर सती बिना बुलाए ही पहुँच गयी, किंतु जब उसने वहां देखा कि न तो उनके पति का भाग ही निकाला गया है और न उसका ही सत्कार किया गया इसलिए उसने वहीं प्राणांत कर दिए. महादेवजी को जब यह समाचार मिला, तो उन्होंने दक्ष और उसके सलाहकारों को दंड देने के लिए अपनी जटा से 'वीरभद्र' नामक गण उत्पन्न किया। वीरभद्र ने अपने अन्य साथी गणों के साथ आकर दक्ष का सर काट लिया और उसके साथियों को भी पूरा दंड दिया।
स्कंद माता
स्कंधमाता की भी स्थानक प्रतिमा हैं। पौराणिक गाथाओं में भगवान शंकर के एक पुत्र कार्तिकेय भी हैं, वे भगवान स्कंद 'कुमार कार्तिकेय' नाम से भी जाने जाते हैं। ये प्रसिद्ध देवासुर संग्राम में देवताओं के सेनापति बने थे। पुराणों में इन्हें कुमार और शक्ति कहकर इनकी महिमा का वर्णन किया गया है। इन्हीं भगवान स्कंद की माता होने के कारण माँ दुर्गाजी के इस स्वरूप को स्कंदमाता के नाम से जाना जाता है।
शिव पार्वती
एक प्रतिमा नंदी आरुढ शिव पार्वती की है, जिसमें नंदी वेग से आगे बढे जा रहे हैं, उनके दोनो अगले पैर हवा में दिखाए गए हैं। नंदी की लगाम पार्वती ने अपने हाथ से थाम रखी है। इस प्रतिमा में शिव का चेहरा भग्न है, किसी ने प्रतिमा को खंडित कर दिया है। 
विष्णू 
इसके साथ ही एक अद्भुत प्रतिमा भी इस संग्रह में है। जिसे अध्येता विष्णु की प्रतिमा बताते हैं। जिसके एक हाथ से सीधी तलवार दबाई हुई है, शीष पर टोपी और कानों में कुंडल के शीष के बगल में चक्र दिखाई देता है। पोषाक बख्तरबंद जैसी है तथा पैरों में लम्बे जूते हैं।  इस प्रतिमा के नाम निर्धारण पर गत संगोष्ठी में विवाद की स्थिति उत्पन्न थी, कुछ इसे विष्णु प्रतिमा मानते हैं , कुछ नहीं। यह प्रतिमा किसी युनानी योद्धा जैसे दिखाई देती है। 
संभवत: तीर्थंकर आदिनाथ
संग्रहालय में अन्य भी बहुत सारी प्रतिमाएं है, जिनमें जैन-बौद्ध प्रतिमाएं भी दिखाई देती हैं। हमें अन्य स्थानों का भी भ्रमण करना था इसलिए यहाँ से जल्दी ही निकलना चाहते थे। पातालेश्वर मंदिर के दर्शनोपरांत हम डिडनेश्वरी मंदिर की ओर चल पड़े।

आगे पढें…… जारी है।

शुक्रवार, 25 अप्रैल 2014

मल्हार : पातालेश्वर मंदिर

मल्हार जाने के लिए सुबह का 6 बजे का वक्त तय हुआ। सुबह की शीतलता के साथ मल्हार दर्शन हो जाएगें वरना इस मौसम में सूरज दादा इतने भन्ना जाते हैं कि झुलसा कर ही छोड़ते हैं। द्वारिका प्रसाद अग्रवाल जी सपत्नी (माधुरी जी) के साथ मुकर्रर वक्त पर होटल पहुंच गए। मैं भी अपने औजार (कैमरा, टोपी, पानी की बोतल इत्यादि) लेकर तैयार था। हम मल्हार की ओर चल पड़े। 
बिलासपुर की सुबह
मल्हार नगर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अक्षांक्ष 21 90 उत्तर तथा देशांतर 82 20 पूर्व में 32 किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। बिलासपुर से रायगढ़ जाने वाली सड़क पर 18 किलोमिटर दूर मस्तूरी है। वहां से मल्हार, 14 कि. मी. दूर है। मस्तुरी पहुंचने पर मल्हार जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा द्वार बना हुआ है और यहीं से तारकोल की इकहरी सड़क मल्हार की ओर जाती है।
मल्हार का मड फ़ोर्ट
पुरातात्विक दृष्टि से मल्हार महत्वपूर्ण स्थान है। यहाँ कई एकड़ में फ़ैला हुआ मृदा भित्ति दुर्ग भी है। मल्हार के मृदा भित्ती दुर्ग  (मड फ़ोर्ट) सर्वप्रथम जिक्र जे. डी. बेगलर ने 1873-74 के अपने भ्रमण के दौरान किया। परन्तु उन्होने इस मड फ़ोर्ट में विशेष रुचि नहीं दिखाई। उन्होने इस शहर में मंदिरों के 2 खंडहरों का जिक्र किया।
पंचमुखी गणेश
के. डी. बाजपेयी मानते हैं कि पुराणों में वर्णित मल्लासुर दानव का संहार शिव ने किया था। इसके कारण उनका नाम मलारि, मल्लाल प्रचलित हुआ। यह नगर वर्तमान में मल्हार कहलाता है। मल्हार से प्राप्त कलचुरीकालीन 1164 ईं के शिलालेख में इन नगर को मल्लाल पत्त्न कहा गया है। विशेष तौर पर इस नगर का प्रचार तब अधिक हुआ जब यहाँ से डिडनेश्वरी देवी की प्राचीन प्रतिमा चोरी हो गई थी। तब समाचार पत्रों में इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता रहा। मैने भी तभी इसका नाम सुना था, पर इस स्थान पर जाना कभी न हो सका था।
पातालेश्वर मंदिर का प्रवेश द्वार एवं स्थानक विष्णु लक्ष्मी :)
चर्चा के दौरान द्वारिका प्रसाद जी ने भी कहा था कि सारी उम्र बिलासपुर में गुजारने के बाद भी वे मल्हार नहीं जा सके। आज आपके साथ जाना हो जाएगा। अब हम मल्हार से अनजान तीन लोग इस नगर की ओर बढ रहे थे। धीमी रफ़्तार से चलते हुए हम लगभग 7 बजे मल्हार पहुंच गए। सूर्य देवता भी अपना हल्का प्रभाव दिखाने लगे थे। मल्हार में प्रवेश करते समय छत्तीसगढ़ पर्यटन के सूचना पट पर पातालेश्वर मंदिर का रास्ता दिखाया गया था। हम भी इसी मंदिर में जाकर रुके। 
नदी देवियाँ एवं अनुचर
मंदिर परिसर की सुरक्षा चार दिवारी बना कर की गई है। लोहे का गेट खुला मिला और हम प्रवेश कर गए। यह मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन है, गेट से प्रवेश करते समय 18 अप्रेल विश्व धरोहर दिवस का बैनर टंगा हुआ दिखाई दिया। वैसे तो उदयपुर वाले श्री कृष्ण जुगनु जी ने फ़ेसबुक पर पूछ ही लिया था कि आज आप क्या करने वाले हैं। हमने उन्हें बताया कि मल्हार जाने वाले हैं।
जय भोले शंकर-कांटा गड़े न कंकर
द्वार से प्रवेश करने पर बांई ओर टीन के छत से ढकी मंदिर की विशाल संरचना दिखाई दे रही थी। इसे देखते ही अपुन समझ गए कि यही पातालेश्वर मंदिर है। पालेश्वर मंदिर का मंडप अधिष्ठान ऊंचा है पर गर्भ गृह में जाने के लिए 5-6 पैड़ियाँ उतरना पड़ता है अर्थात गर्भगृह धरातल पर ही है। द्वार के बांई तरफ़ कच्छप वाहिनी यमुना एवं दांई तरफ़ मकर वाहिनी गंगा देवी की स्थानक मुद्रा में आदमकद प्रतिमा है। इनके साथ ही शिव के अन्य अनुचर भी स्थापित हैं। 
गौमुखी पातालेश्वर शिव
गर्भ गृह में जाने के लिए पैड़ियों का प्रयोग होने के कारण इस मंदिर का नाम पातालेश्वर प्रचलन में आया तथा शिवलिंग का गौमुखी होना भी इसे विशेष मान्यता देता है। जब हम लोग मंदिर में पहुंचे तो कुछ लोग पूजा पाठ कर रहे थे। माधुरी जी ध्यान करती हैं, उन्होने शिवलिंग के दर्शन करने के पश्चात बताया कि इस स्थान पर उर्जा का स्तर काफ़ी ऊंचा है।
ई हमार कौनो जनम के भाई बंधू हैं मूंछधारी
द्वार पर स्थापित प्रतिमाओं को देखने के बाद मन प्रसन्न हो गया। शिल्पकार ने इन्हें सुडौल बनाया। प्रतिमा निहारने पर कहीं पर भी निगाहें अटकती नहीं हैं। कहा जाए तो सब कुछ "सूत" में निर्मित किया है सूत्रधार ने। इस मंदिर का निर्माण कलचुरी राजा पृथ्वीदेव के पुत्र जाजल्लदेव द्वितीय के समय में सोमराज नामक ब्राह्मण ने कराया, जिसे केदारेश्वर नाम दिया जो वर्तमान में पातालेश्वर प्रसिद्ध है। 
राम जी की सेना चली - हस्तिदल
मंदिर की भित्तियों में हस्ति दल, सिंह संघाट प्रतिमा, गणेश, पुष्प वल्लरियों का सुंदर अंकन है। मंदिर की दाईं भित्ति पर मूंछधारी सिंह का अंकन भी मनोहारी दिखाई देता है। मंदिर के सामने ऊंचे अधिष्ठान पर नंदी सजग मुद्रा में विराजमान हैं। कान खड़े हुए और आँखे शिव की ओर एक टक लगी हुई। जैसे आदेश होते ही त्वरित कार्यवाही करने को तत्पर दिखाई देते हैं।
नंदी बाबा तैयार हैं कार्यवाही के लिए- आदेश की प्रतीक्षा
मंदिर के समक्ष ही हनुमान जी की आदमकद प्रतिमा विराजमान है। स्थानक मुद्रा में हनुमान जी ने एक स्त्री पर बांया पैर धर रखा है। एक हाथ सिर पर है तथा दूसरा हाथ अभय मुद्रा में दिखाई देता है। यह प्रतिमा किस पौराणिक आख्यान पर आधारित है, स्मरण नहीं हो पा रहा। मंदिर के आस पास कई आमलक बिखरे पड़े हैं।  इसके साथ ही मडफ़ोर्ट की परिखा के तरफ़ पंचमुखी गणेश की आदमकद प्रतिमा भी रखी हुई है। 
भग्न मंदिरों के खंडहर
मंदिर परिसर में उत्खनन में प्राप्त कई मंदिरों के भग्नावशेष बिखरे पड़े हैं इससे जाहिर होता है कि इस स्थान  पर मंदिरों का समूह रहा होगा। मंदिर के सामने ही कई जैन प्रतिमाएं पड़ी हुई हैं। सामने ही संग्रहालय भी बना हुआ है। परन्तु इस संग्रहालय में इतनी जगह नहीं है कि सभी प्रतिमाएं रखी जा सकें। संग्रहालय में मौजूद प्रतिमाओं का अवलोकन करने लिए हमने संग्रहालय में प्रवेश किया। 

शनिवार, 9 नवंबर 2013

तिरपट पंडित दर्शन एवं ब्लॉगर मिलन

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
छत्तीसगढ़ की सीमा समीप आ रही थी, घर पहुंचने की व्यग्रता बढते जा रही थी। शहडोल से हम अनूपपुर की ओर बढ रहे थे। तभी पाबला जी को याद आया कि हमारे ब्लॉगर साथी धीरेंद्र भदौरिया जी  व्यंकटनगर में निवास करते हैं। तो मैने झट उन्हें फ़ोन लगाया। फ़ोन पर वे मिल गए, मैने बताया कि हम लौट रहे हैं नेपाल से। व्यंकटनगर से पेंड्रा होते हुए जाएगें। तो उन्होनें घर आने का निमंत्रण दिया। मैने हिसाब लगाया कि दोपहर तक हम वहाँ पहुंच जाएगें। उन्हे भोजन व्यवस्था के लिए कह दिया और कहा कि ठाकुर भोजन नहीं करेगें। तो उन्होने हँसते हुए कहा कि हम आपको ब्राह्मण भोजन ही कराएगें। 
शहडोल ( सहस्त्र डोल)
एक स्थान पर हमने नाला देख कर इसे दिशा मैदान के लिए उपयुक्त स्थान समझा। यहां से निवृत होने पर आगे बढे। इसके बाद धीरेंद्र भदौरिया जी बार बार फ़ोन पर हम लोगों का लोकेशन लेते रहे। उन्होने कहा कि अमलाई चचाई होते हुए आप व्यंकट नगर पहुंचिए। एक बारगी तो मैने व्यंकटनगर जाना त्याग दिया था। हम लोग अमरकंटक की राह पर बढ गए थे। लेकिन धीरेन्द्र जी के पुन: आग्रह को त्याग नहीं सके। अमलाई और चचाई की तरफ़ चल पड़े। यहां से बिलासपुर लगभग 200 किलोमीटर था और बिलासपुर से रायपुर 110 किलोमीटर। आज हमें किसी भी हालत में घर पहुंचना था। मालकिन का फ़ोन आने पर हमने कह दिया था कि रात तक हम घर पहुंच जाएगें। रास्ते में एक तिरपट पंडित दिखाई दिया। बस लग गया था कि आगे का सफ़र अभी भी कठिनाईयों भरा है।
नाले किनारे दो ब्लॉगर
व्यंकटनगर छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित है। व्यंकट नगर से छत्तीसगढ़ की सीमा प्रारंभ हो जाती है। भदौरिया जी ने बताया कि वे व्यंकट नगर में सड़क के दांई तरफ़ की दुकान पर बैठे हैं। व्यंकट नगर में प्रवेश करने पर भदौरिया जी प्रतीक्षा करते दिखाई दिए। यहाँ पहुंच कर पता चला कि उनका गाँव पोंड़ी यहाँ से 6-7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अब एक रेल्वे लाईन पार करके हम इनके गांव पहुचे। भदौरिया जी यहाँ के सरपंच भी रह चुके हैं तथा राजनीति में अच्छा रसूख बना रखा है। गाँव से बाहर आने पर इनका फ़ार्म हाऊस दिखाई दिया। किसी फ़िल्म के बंगले की तरह बाग बगीचा सजा रखा रखा है। पुराने जमाने के ठाकुरों जैसी नई हवेली बनी हुई है।
उच्चासनस्थ धीरेन्द्र सिंह भदौरिया
भदौरिया जी के घर पहुंचने पर पाबला जी तो सोने चले गए और हमने स्नान करने का कार्यक्रम बना लिया। कैसी भी परिस्थितियाँ हो दैनिक स्नान के बिना रहा नहीं जा सकता। एक बार भोजन न मिले, स्नान होने से फ़ूर्ति आ जाती है। इधर भोजन भी तैयार हो गया था। गिरीश भैया और हमने स्नान किया। भोजन लग गया तो पाबला जी भी उठ गए। भोजनोपरांत भदौरिया जी ने ब्लॉगिंग रुम दिखाया। उनकी कुछ तकनीकि समस्या का हल पाबला जी ने किया। अब हमारा लौटने का समय हो रहा था। आसमान में बारिश के आसार दिखाई दे रहे थे। पाबला जी ने पालिथिन की आवश्यक्ता महसूस की। लेकिन भदौरिया जी के यहाँ इंतजाम नहीं हो सका। उन्होने कहा कि व्यंकट नगर में मिल जाएगी, नहीं तो पेंड्रारोड़ में तो मिलना तय है।
बरसात शुरु
जैसे ही हम पोंड़ी से बाहर निकले, बूंदा बांदी शुरु हो गई। व्यंकट नगर के बाद पेंड्रा रोड़ तक की सड़क बहुत खराब निकली। इकहरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे थे। धीरे-धीरे हम आगे सरकते रहे। लगभग 4 बजे हमने गौरेला में प्रवेश किया। अब पेंड्रा में हमने पालिथिन ढूंढनी प्रारंभ की। तब तक बरसात बढ चुकी थी। 10 मिनट की मूसलाधार वर्षा में ही पेंड्रा की सड़कों पर पानी भर चुका था। नाली और सड़क बराबर हो चुकी थी। सुरभि लाज वाले चौराहे पर हमने कई दुकानों पर पालिथिन तलाश की, नहीं मिली। फ़िर एक दुकानदार ने बताया कि चौराहे पर फ़लां दुकान में मिल जाएगी। मैने पाबला जी से गाड़ी में छाता होने के बारे में पूछा तो उन्होने छाता निकाल कर दिया।
गांव की डगर पर मातृशक्ति
मैं छतरी लेकर बरसते मेह में पालिथिन लेने गया। बरसात बहुत अधिक हो रही थी। दुकानदार से 2 मीटर पालिथिन ली और बांधने के लिए साथ में सुतली भी। गिरीश भैया ने चद्दर पकड़ रखी थी। पानी गाड़ी के भीतर आने लगा था। जिससे बैग भीग रहे थे। हमने बैग बीच वाली सीट पर रख लिए। अब बरसात रुके तो पालिथिन भी लगाई जाए। नगर की गलियों में चक्कर लगाते रहे, न रास्ता मिला, न पालिथिन लगाने के लिए स्थान। पेंड्रा से बिलासपुर जाने के लिए 3 रास्ते हैं। पहला जटका पसान कटघोरा होते हुए बिलासपुर। 2सरा कारीआम, मझगंवा होते हुए रतनपुर से बिलासपुर और 3सरा अचानकमार के जंगलों से कोटा होते हुए बिलासपुर। इसमें पहला मार्ग लम्बा है। दूसरा मार्ग खराब है, एक बार हम पहले भुगत चुके थे। तीसरे मार्ग पर जाना था।
तेरा पीछा न छोड़ूंगा………
मुझे याद था कि रेल्वे लाईन पार करने के बाद दो रास्ते निकलते हैं बांई तरफ़ बिलासपुर के लिए तथा दांई तरफ़ अमरकटंक के लिए। जब हम रास्ता ढूंढ रहे थे तब मालकिन का फ़ोन आया - कहां तक पहुचे हैं? अभी पेंड्रा में है, बिलासपुर के लिए निकल रहे हैं। - इतनी देर कैसे हो गई? अभी फ़ोन बंद करो, हम बारिश में फ़ंसे हैं बाद में बात करते हैं। - हमारा दिमाग भन्ना गया। जैसे तैसे करके हमें रास्ता मिल गया। एक जगह गाड़ी खड़ी करके डिक्की पर पालिथिन चढा ली। चलो अब बरसात भी होती है तो अधिक हानि नहीं होगी। जीपीएस वाली बाई ने कई बार धोखे से खराब रास्ते में डाल दिया था इसलिए उस पर सहज विश्वास नहीं हो रहा था। अगर रात को कोटा वाले जंगली रास्ते पर पड़ गए तो फ़िर लक्ष्मण झूला झूलते हुए रात काटनी पड़ती तथा इस मार्ग पर रात में अन्य वाहन भी नहीं चलते।
बढते कदम
अब हम रास्ते पर बढ चले थे। केंवची पहुंचते तक शाम ढल चुकी थी। केंवची के होटल में हमने चाय पी और अचानकमार के जंगल में प्रवेश कर गए। भारी वाहनों के लिए शाम छ: बजे के बाद प्रवेश वर्जित है। केंवची के प्रवेश करने पर घाटी पर ही गाड़ी चलती है। एक स्थान पर सड़क किनारे महिला दिखाई दी। उसने सलवार सूट पहन रखा था। सुनसान सड़क पर महिला दिखाई देने से सबसे पहले ध्यान आता है चमड़े के जहाज का व्यवसाय तथा दूसरा ध्यान आता है कोई परेतिन हो सकती है। हम परीक्षण करने के लिए रुके तो नहीं, लेकिन गिरीश भैया के साथ चर्चा अवश्य शुरु हो गई। नारी विमर्श पर गहन चर्चा के साथ हास परिहास होते रहा और गाड़ी आगे बढते रही।
चलती है गाड़ी उड़ती है धूल
पहाड़ी समाप्त होने पर वन विभाग का चेक नाका आता है। वहाँ गाड़ी का नम्बर और आने का समय दर्ज किया जाता है। फ़ारेस्ट वाले ने एक सवारी भी लाद दी हमारे साथ। उसे अचानकमार गाँव जाना था। लाठीधारी अनजान आदमी को हमने गाड़ी में बैठा लिया। उसके बैठते ही दारु का भभका सीधा नाक से टकराया। लगा कि चौकी से ही हैप्पी बर्थ डे मना कर आ रहा है या हो सकता है चौकी तक महुआ पहुंचाने गया होगा। उसे हमने अचानकमार में छोड़ा और आगे बढ़े। रात के 8 बजे होगें। लग रहा था कि 9 बजे तक बिलासपुर पहुंच पाना संभव नहीं है। मौसम बरसाती हो गया था। कोटा होते हुए हम बिलासपुर रिंग रोड़ से निकल लिए। यह रिंग रोड़ लगभग 15 किलोमीटर का है और सीधे हिर्री मांईस के समीप जाकर निकलता है। 
नेपाल से लौटते तक लौकी 60 रुपए किलो हो गई 
पिछली गर्मी में आया था तो सड़क की हालत अच्छी थी लेकिन बरसात में ओव्हर लोड गाड़ियों ने इसकी गत मार दी। हमारी गाड़ी की चाल नहीं सुधरी। हम वैसे ही लड़खड़ाते हुए आगे बढते रहे। आधे - पौन घंटे के बाद हम मुख्य मार्ग तक पहुच चुके थे। रायपुर बिलासपुर मार्ग का निर्माण चल रहा है। इसे 4 लाईन बनाया जा रहा है। नींद की झपकी आने लगी थी। हिर्री के आगे चलकर एक स्थान पर ढाबा दिखाई दिया। यहाँ हमने उड़द की काली दाल के साथ तंदूरी रोटियों से पेट भरा। ढाबे वाले सरदार जी पुराने पत्रकार निकले। गिरीश जी ने वर्षों के बाद भी उन्हें पह्चान लिया। सड़क पर ढाबा चलाने के लिए एक - दो अखबारों की एजेंसी लेने से धौंस जम ही जाती है।
गुड़हल का फ़ूल धीरेंद्र भदौरिया जी के बगीचे में
भोजन के बाद हमें नींद आने लगी। मेरी तो आँखे खुल ही नहीं रही थी। आंखे खोलने का प्रयत्न करता लेकिन आँखों को बंद होने से नहीं रोक पा रहा था। पाबला जी की हालत भी कुछ वैसी ही थी। हमने गाड़ी सड़क के किनारे लगा कर सोने का फ़ैसला किया। जब आँख खुल जाएगी तो आगे चल पड़ेगें।  सीट लम्बी करके सो गए। लेकिन नींद आती कहाँ है ऐसी परिस्थितियों में। थोड़ी देर बाद पाबला जी हड़बड़ा कर उठे। मेरी आँख खुल गई, लगा कि जैसे उनकी सांस बंद हो गई है। उन्होने हाथ के इशारे मुझसे पानी मांगा। मैने तुरंत पानी की बोतल उन्हे पकड़ाई। जब उन्होने सांस ली तो मेरी जान में जान आई। वे बोले- रात को सोने भी नहीं देता, रेल पटरियों पर बिखरा नजर आता है। मैं चुप हो गया और उनसे सोने का प्रयत्न करने को कहा।

हिर्री मांइस के पास के ढाबे में
थोड़ी देर आराम करने के बाद हम फ़िर चल पड़े। रात गहराती जा रही थी। बिलासपुर रायपुर मार्ग पर रात में गाड़ी चलाना भी खतरे से खाली नहीं है। सारी हैवी लोडेड ट्रकें चलती है और रोज कोई न कोई हादसा होते ही रहता है। अगर आप सही चल रहे हैं तो कोई भरोसा नहीं ट्रक वाला ही आपसे भिड़ जाए। धरसींवा चरोदा से आगे बढने पर हम विधानसभा वाले रोड़ पर मुड़ गए। इधर से जल्दी पहुंचने की संभावना थी। सड़क और प्लाई ओव्हर के कारण लाईटों की चकाचौंध में रोड़ ही समझ नहीं आया। थोड़ी देर तक पाबला जी से नोक झोंक होते रही। फ़िर उन्होने चुप करवा दिया और आगे बढे। थोड़ी देर में गिरीश जी के घर पहुंच गए। गिरीश जी को घर छोड़ा। मेरा नेट श्रेया रायपुर ले आई थी। बिना नेट के जग सूना।
ब्लेक बाक्स सफ़र का साथी
नेट लेने के लिए हमने फ़ैसला किया कि कृषक नगर से नेट लेकर नई राजधानी होते हुए घर पहुंच जाएगें। भाई को फ़ोन करके बता दिया कि हम पहुंच रहे हैं वो नेट लेकर घर के बाहर मिले। वैसा ही हुआ, हम अब नई राजधानी होकर अभनपुर पहुंच गए। लगभग सुबह के 4 बज रहे थे। पाबला जी को यहाँ से 50 किलोमीटर दूर भिलाई जाना था। मैं घर के गेट के सामने उतर गया। पाबला जी सत श्री अकाल कह कर मेरी यात्रा को विराम दिया और आगे बढ गए। सत श्री अकाल के उद्भोष के साथ हमारी यात्रा प्रारंभ हुई थी। करतार ने हमारी साप्ताहिक यात्रा को सफ़ल बनाते हुए सकुशल घर पहुंचा दिया। इस तरह हमारी नेपाल यात्रा सम्पन्न हुई। मारुति इको ने विश्वास के साथ इतना लम्बा सफ़र निभाया। उसके साथ जीपीएस वाली बाई को भी धन्यवाद। आज भी सज्जे-खब्बे की उसकी मधुर आवाज मेरे कानों में गुंजती है। 

शनिवार, 1 सितंबर 2012

इति श्री रतनपुर यात्रा ----------- ललित शर्मा

किरारी गोढी शिव मंदिर की चामुंडा प्रतिमा
पाली पहुंचते पहुंचते बरसात होने लगी थी। पंकज सुबह से बरसात के बालहठ में लगा था आखिर उपरवाले ने अर्जी स्वीकार ही कर ली। रतनपुर से दो चार किलोमीटर आगे निकलने पर लैपटॉप के नेट ने नेटवर्क पकड़ लिया। बस बात बन गयी, दिन भर का अपडेट देखने का काम चलता रहा, साथ ही वेरना भी। चलती गाड़ी में जब फ़ेसबुक खोला जाए तो कमेंट करने में समस्या होती है, इसलिए माकूल कमेंट ढूंढ कर कापी पेस्ट करना पड़ता है। कभी-कभी चूक भी हो जाती है, कहीं का सामान कहीं और पहुंच जाता है। दिन भर की हाहाकार मेहनत के बाद अब एक नींद सुकून की चाहिए। अब एक नयी समस्या खड़ी हो गयी, दाढ के मसूडे में दर्द शुरु हो गया। लगा कि फ़िर वहीं कसाई के पास जाना पड़ेगा, जिसने एक बार पहले भी 1500 का फ़टका लगाया था। बिलासपुर पहुंच कर पहला काम एक  दर्द  निवारक टेबलेट लेने का किया। फ़ौरी तौर पर उससे कुछ राहत मिल गयी।

शिवमंदिर का पार्श्व भाग
हमारे घर पहुंचने तक खाना बन चुका था। खाना खाकर पंकज तो चले गया अपने दौलतखाने और हम अरविंद झा जी के गपियाते रहे। सुबह जाने की प्लागिंग करने लगे। बिलासपुर से सुबह साढे छ: बजे लोकल गाड़ी रायपुर को जाती है। उसी से जाने का मन बनाया। रात को मच्छरों के हमले से बचने के लिए पूरी व्यवस्था की गयी थी। पलंग के चारों तरफ़ कछूवा चल रहा था। तब भी मच्छरों का आतंक जारी था। उलटते-पलटते आँख लग गयी, सुबह छ: बजे का अलार्म सुनकर आँख खुली। हाथ मुंह धोकर हम स्टेशन पहुंच गए। वहाँ पहुच कर सोचा कि बिल्हा के पास का देवकिरारी का भग्न मंदिर भी देख लिया जाए। इसलिए सिर्फ़ बिल्हा तक की ही 3 रुपए की टिकिट ली। मुसाफ़िरी की दृष्टि से रेल्वे ही सबसे सस्ता साधन है। इससे सस्ता साधन भारत में और कोई दूसरा नहीं अधिक सस्ता चाहिए तो फ़िर 11 नम्बर की सवारी करनी पड़ेगी।

सप्तरथी सूर्य
ट्रेन में बैठते ही बरसात शुरु हो गयी। मुसलाधार बरसात होने लगी, अब बिना छतरी और रेनकोट के समस्या होने वाली थी। हमने बिल्हा में भाई साहब को बता दिया कि पुशपुल से आ रहे हैं, उनको भी उसी ट्रेन से रायपुर जाना था। बिल्हा स्टेशन पर वे रेनकोट धारण किए हुए मिले, लेकिन स्टेशन तक बाईक लेकर नहीं आए। गजब कर दिया, क्या करें अब बरसते पानी में घर तक पैदल ही जाना पड़ा। बिल्हा के पास के गाँव मोहभट्ठा में आज सावन सोमवारी का भंडारा था। भाभी जिद करने लगी कि मोहभट्ठा प्रसाद लेने जाना है। पर भगवान को मंजूर हो तब न, एक बार घर से निकले तो बरसात होने लगी, वापस आना पड़ा। अब जाने का मन नहीं हुआ। दोपहर बाद बरसात थमी तो बिल्हा से लगभग 5-6 किलोमीटर पर किरारी गोढी नामक गाँव गए। वहीं पर प्राचीन शिव मंदिर है।

गर्भ गृह
यह शिव मंदिर 12 शताब्दी में रतनपुर के कलचुरी राजाओं द्वारा निर्मित है। प्रस्तर निर्मित इस मंदिर का गर्भगृह एवं जंघा का कुछ भाग ही बचा है, बाकी काल की मार से बच न सका। पश्चिमाभिमुख इस मंदिर का गर्भगृह वर्गाकार है। जिसमें मूल जलहरी स्थापित है पर मंडप पूर्णत: नष्ट हो गया है। मूल संरचना के तल विन्यास में मंडप, अंतराल तथा गर्भगृह मुख्य अंग रहे हैं। उर्ध्व विन्यास पंचरथ प्रकार का है, अधिष्ठान भाग पर खुर, कुंभ, कलश संयोजित हैं। अवशिष्ट जंघा पर उर्ध्वक्रम में द्विस्तरीय देव प्रतिमाएं सयोजित हैं। अवशिष्ट जंघा पर शिव के विभिन्न स्वरुप, दिग्पाल, सुर-सुंदरियाँ, मिथुन युगल तथा अन्य अलंकार दिखाई देते हैं। य मंदिर कलचुरी कालीन स्थापत्य कला का उत्कृष्ट एवं अनुपम उदाहरण है। इस मंदिर की पूर्व दिशा का दीवाल ही बची है।

यायावर
मंदिर के अवशेष रखे हुए हैं। जिनमें विभिन्न मूर्तियां भी हैं। यह मंदिर केन्द्रीय पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। घनघोर बादल छाने के कारण बरसात होने के आसार बने हुए थे। मैने जल्दबाजी में ही कुछ चित्र लिए और बि्ल्हा आ गया। अब मेरी ट्रेन रायपुर के लिए 5 बजे थी। बिल्हा से रायपुर 18 रुपए की टिकिट ली। 5 बजे शाम को भी बिलासपुर से रायपुर पुशपुल जाती है। लोकल होने के कारण एक्सप्रेस और मेल गाड़ियों से भी जल्दी रायपुर पहुंचा देती है। रास्ते में शिवनाथ नदी जल से लबालब भरी उफ़नते हुए बह रही थी। एक दो चित्र लेते हुए आगे बढे। लोकल गाड़ी ने शाम को 7 बजे रायपुर पहुंचा दिया। घर पहुंचते तक नौ बज चुके थे। इस तरह एक और पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की यात्रा निर्विघन सम्पन्न हो गयी।

सोमवार, 20 अगस्त 2012

हसीन मौसम के साथ सुहाने सफ़र पर यायावर -------------- ललित शर्मा

काली दास का मेघदूत
28 जुलाई 2012 का दिन तय हुआ दो दिन की घुमक्कड़ी के लिए। पंकज सिंग ने नयी वेरना कार ली, तब से चलभाष और लिखचित पर बिलासपुर से घूमने के लिए चलने की तारीखें छ: माह से तय हो रही थी। पर संयोग नहीं बन रहा था। 27 जुलाई को पंकज ने फ़िर लिखचित की तो मैने बिलासपुर पहुंचने के लिए हाँ कर दी। बारिश लगातार जारी थी और वह बारिश में ही घूमना चाहता था। साथ ही हमें भी लपेटे में लेने की चाह थी। 28 को बिलासपुर पहुंचना तय हुआ। सुबह से घनघोर बारिश हो रही थी। मेरा मन, चौधरी अजित सिंग हो गया था। कभी इधर डोल रहा था कभी उधर। 11 बजे तक मन नहीं बना जाने के लिए, स्नानाबाद से आते ही मन बन गया और दोपहर 1 बजे की लोकल से बिलासपुर जाने का मुहूर्त निकल ही गया। मतलब यू पी ए हो या एन डी ए अपने को तो केबिनेट मंत्री बना दो बस। बाकी किसी से कोई लेना देना नहीं। पंकज को फ़ोन आने का समाचार दिया और चल पड़े बिलासपुर की ओर।

लोकल की सवारी
रिमझिम वर्षा के बीच स्टेशन पहुंचे, ट्रेन समय पर आ गयी थी। बैठने के लिए सीट भी मिल गयी आराम से, अब नो टेंशन, चिंता नको। तीन घंटे आराम से बीत जाएगें बरसाती फ़ुहारों के बीच। मेरी सामने की सीट पर एक बिहारी युवा दो-दो चलभाष लिए चुहल कर रहा था। उसने अपने पास कई सिम रखे थे। कभी ये सिम तो कभी वो सिम। मैं आराम से बैठ कर उसकी गतिविधियाँ देख रहा था। पहले तो वह किसी को मिस कॉल करता, फ़िर जवाब आने पर 10-20 मिनट खूब बतियाता। उसकी बातें सिर्फ़ उसके काम को लेकर थी। बातें भी ऐसी कि जैसे पूरी कम्पनी का काम उसने ही संभाल रखा हो। छुटका बाबू से लेकर बड़का बाबू सबकी मानसिक हलचल उसने पढ़ रखी थी। किसका व्यवहार कैसा है? सभी की जानकारी दे रहा था। सीट पर पैंतरा बदलने के साथ चलभाष का सिम भी बदल रहा था। लोकल गाड़ी का मजा यह है कि सभी तरह की मूर्तियाँ इसमें मिल जाती हैं। दूध वाले स्टेशनों पर अपने डिब्बे चढा उतार रहे थे। साथ ही किन्नर भी चिकनों पर हाथ फ़ेर रहे थे। चिकने भी हाथ फ़ेरते ही डरकर 10-20 का नोट निकाल कर उनके हवाले करने लगे। कितना आतंक होता हैं किन्नरों का, चिकनों के चेहरे पर। उनकी दशा देखते ही बनती थी।

शिवनाथ नदी
खरामा-खरामा ट्रेन चलते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ रही थी। मांढर, सिलयारी, बैकुंठ, तिल्दा, भाटापारा, निपनिया के बाद शिवनाथ नदी का पुल आ जाता है। शिवनाथ भी पानी से भरी लबालब चल रही है, कुछ नाविक डोंगी लेकर नदी में मछली मारने में लगे थे। उफ़नती नदी के बीच मछली मारना दुस्साहस ही काम है। बिल्हा स्टेशन पहुंच कर पंकज को फ़ोन लगाया और बिलासपुर पहुचने के समय की सूचना दी। बिलासपुर जाओ और अरविंद झा से न मिलो, ऐसा नहीं हो सकता। वे बिलासपुर के ब्लॉग कोतवाल हैं। उन्हे नमस्कार तो कहना ही पड़ता है, अगर यात्रा की खैर चाहते हो तो। उन्होने बताया कि वे शनि मंदिर गए हैं। लेकिन ट्रेन के समय तक स्टेशन पहुंच जाएगें। ट्रेन बिलासपुर पहुंच गयी। पंकज को एक बार फ़िर फ़ोन लगाया। वह स्टेशन पहुंच गया था। अपनी काली घोड़ी पर शिरस्त्राण लगाए मुख्य द्वार पर तैयार था। हम स्टेशन के समीप स्थित अरविंद झा के घर गए, वहाँ चाय के साथ साहित्य चर्चा चलते रही। साथ ही आज मुझे संज्ञा जी से भी मिलना था। उन्हे भी फ़ोन कर दिया था। चर्चा के दौरान उनका फ़ोन दो बार आ चुका था। हमने अरविंद से कल पुन: मिलने का वादा किया और संज्ञा जी के दौलतखाने की ओर चल पड़े।

संज्ञा टंडन
बिलासपुर के लिए पंकज  उतना ही नया है जितना मैं। कॉलेज के प्रथम वर्ष में बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय व्हाली बाल टूर्नामेंट में खेलने के लिए पहली बार रायपुर संभाग की टीम से बिलासपुर पहुंचा था प्रतियोगिता के साप्ताहिक कार्यक्रम में। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में डेरा था हम लोगों का। उन दिनों की यादें चलचित्र सी चलने लगी दिमाग में। साथ ही कोतवाली के सामने का सिट डाऊन हेयर कंटिग सेलून भी याद आ गया। प्रतिदिन अरपा नदी में नहाते और तैयार होकर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंच जाते थे। बिलासपुर के रास्तों को पहचानने की कभी कोशिश ही नहीं की। क्योंकि कोई न कोई स्थानीय बंदा हमेशा साथ होता था। संज्ञा जी से चलभाष पर संपर्क में थे। उन्होने जिस मंदिर का लोकेशन दिया, उसे पंकज ने कुछ और समझा तथा किसी दूसरे मंदिर में ले गया। आखिर हम आधे घंटे चक्कर लगाने के बाद ठिकाने पर पहुंच गए। संज्ञा जी बालकनी में खड़ी हमारी राह देख रही थी। घर में प्रवेश करते ही सीधे अपने स्टूडियों में ले गयी। यह स्टूडियो कम ब्लॉगर हाऊस भी हैं। यहीं से अपने ब्लॉग के द्वारा ग्लोबल होती हैं।

संज्ञा टंडन स्टुडियो  में
संज्ञा जी की आवाज हमेशा हवा में गुंजती रहती है। उनके फ़ैंस की कोई कमी नहीं, बिलासपुर से उनकी आकाशवाणी सभी सुनते हैं और सी जी स्वर के माध्यम से हम। उनके पीसी से हम ओन लाईन हो गए। रेडियो पर चर्चा चालू थी। उनके कम्पोज किए कार्यक्रम सुन रहे थे। साथ ही उनके फ़ैंस के फ़ोन भी चल रहे थे, चिट्ठी-पत्री एवं फ़रमाईशी कार्यक्रमों में पत्रों को शामिल न करने की नाराजी को लेकर। ग्रामीण अंचल में रेडियो का जलवा आज भी कायम है। निठल्लों से लेकर कार्य में व्यस्त रहने वाले सभी लोग रेडियो सुनते हैं। एफ़ एम के आने के बाद रेडियो का चलन बढ चुका है। रेडियो खरीदना भी आसान और सस्ता हो गया। प्रत्येक चलभाष में रेडियो है। बस ट्यून कीजिए और सुनिए मनपसंद गीत और कार्यक्रम। चर्चा के बीच सही समय पर पकोड़े भी आ जाते हैं, इनकी मुझे जरुरत थी, साथ ही शुगर फ़्री चाय भी। पकोड़ों और चाय के बीच आगामी प्रोजेक्ट पर चर्चा होते रही। पंकज चलभाष पर चर्चारत था। उसके आते तक पकोड़े गायब हो गए। शाम ढलने लगी, अंधेरा होने लगा था। हमने संज्ञा जी से विदा ली और चल पड़े पंकज के दौलत खाने की ओर।

चलो भाई, खाना हुआ तैयार
पंकज का कहना था कि रात का खाना किसी होटल में खाया जाए क्योंकि उसका कुक छुट्टी पर था। मैने होटल में खाने से मना कर दिया और कहा कि घर चल कर दोनो मिलकर खाना बना लेगें। मेरे प्रस्ताव पर वह राजी हो गया। मनपसंद सब्जी ली। लेकिन बनाना दोनों को नहीं आता था। पंकज ने कहा कि मसाले के पैकेट पर रेसिपी लिखी है। उसे पढ कर बना लेगें, यह भी आईडिया कोई बुरा नही। घर पहुंच कर लिफ़ाफ़े में आ गए और भोजन की तैयारी करने लगे। रोहतक के बाद खुद बना कर नहीं खाया था। पंकज ने चिकन साफ़ किया और हमने विशेषज्ञ को फ़ोन लगा कर बनाने का तरीका पूछा। चिकन बनने लगा, पंकज का कहना था उसे आटा गुंथना नहीं आता तो हमने ही आटा गुंथा और पंकज ने रोटियाँ सेकी। दूसरी तरफ़ के चूल्हे पर थोड़े चावल भी चढा लिए। इस तरह सम्पूर्ण डाईट का इंतजाम हो गया। भोजन करते हुए तय हुआ कि रतनपुर होते हुए चैतुरगढ एवं तुमान चला जाए। साथ में बाबू साहब भी रहेगें। उन्होने सुबह 9 बजे नेहरु चौक पहुंचना तय किया था। भोजन करके 12 बजे तक नेटियाते हुए अगले दिन की यात्रा के लिए भरपूर नींद लेने चले गए। आगे पढें ……