कहानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कहानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 2 जुलाई 2014

मानस को प्रभावित करती कविता वर्मा की कहानियाँ

साहित्य काल का संवाहक होता है, वह समय की अच्छाईयों, सामाजिक विद्रुपताओं एवं परिस्थितिजन्य तथ्यों को समाज के समक्ष लेकर आता हैं। इसका प्रभाव क्षेत्र व्यापक होता है। साहित्य के एक प्रभावी माध्यम के रुप में कहानियों का चलन आदिकाल से है, पुराण जैसे ग्रंथ भी कथानकों के माध्यम से समाज को शिक्षित करते हैं और पंचतंत्र जैसी कहानियाँ मानव का निर्माण करती हैं। कभी-कभी तो कोई कहानी मनुष्य के जीवन के इतनी अधिक प्रेरक हो जाती है कि उसकी जीवन यात्रा में ही आमूल-चूल परिवर्तन कर देती है। साहित्य की स्वस्थता से उत्तम समाज का निर्माण भी होता है। भारत में व्यक्ति की  जीवन यात्रा दादी-नानी की कहानी से होती है। बच्चे को होश संभालते ही कहानियों से लगाव हो जाता है और कहानियों के प्रेरक कथानकों के माध्यम से उसे जीवन पथ मिल जाता है। प्राचिन राजा-रानियों की कहानियाँ से पृथक वर्तमान में नई कहानियाँ भी साहित्य में अपना मुकाम हासिल कर रही हैं। 
कहानियाँ समाज का दर्पण होती हैं, कहानीकार समाज से विषय उठाता है और वृहद दायरे में समाज को ही सौंप देता है चिंतन करने के लिए। कविता वर्मा की कहानियाँ भी वर्तमान समाज के भीतर चल रही हलचल को पाठक के समक्ष प्रस्तुत करती हैं। "परछाईयों के उजाले" कहानी संग्रह में 12 कहानियों को स्थान दिया गया है, जिसमें ये कहानियाँ प्रमुखता से नारी जिजिविषा एवं उसकी जीवटता को सामने लाती हैं। कहानी संग्रह में "जीवट" कहानी की मुख्य पात्र फ़ुलवा की जीवटता से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सका। जब वह कहती है " अगर मैं उसे छ: महीने खिला सकती हूं, तो अपने बच्चों को क्यों नहीं। मुझे किसी के सहारे की क्या जरुरत है, औरत हूँ तो क्या?" स्त्री अब समाज में कमजोर नहीं रही, अगर ठान ले तो अपने जीवन का निर्णय स्वयं कर सकती है उसे किसी आसरे या सहारे की आवश्यकता नहीं।
गणित जैसे विषय की सिद्धहस्त कविता वर्मा सहज ही प्रवाहमय शब्दों के साथ कहानियों के माध्यम से अपना प्रभाव छोड़ती हैं। इनकी कहानियों में गणित भी दिखाई देता है। जब "जीवट" कहानी की पात्र फ़ुलवा ट्रक ड्रायवर को छोड़ कर जाती है, पहले गुणा भाग कर सारा हिसाब निकाल लेती है और जो उसे शेष दिखाई देता है उसमें ही उसे जीवन की चमक दिखाई देती है। हानि को लाभ में बदलने के लिए वह अपना निर्णय ले लेती है। "परछाइयों के उजाले" कहानी की पात्र सुमित्रा भी कुछ ऐसा ही जोड़-घटाना लगाती नजर आती है।
कविता वर्मा की कहानी "निश्चय" स्वार्थ, षड़यंत्र, शोषण एवं प्रतिकार दिखाई देता हैं। मंगला की पति से क्या खटपट हुई कि फ़ायदा मालकिन ने उठा लिया और पति-पत्नी के बीच स्वयं स्वार्थ को सिद्ध करने के लिए दरार डालकर मिलने नहीं दिया। यह कहानी स्त्री का स्त्री के द्वारा भावनात्मक शोषण का पक्ष उजागर करती है। " मंगला की आंखों में अंधेरा छा गया। इतना बड़ा धोखा, जिस प्यार और हमदर्दी की वह दिन रात-सराहना करती थी, उसके पीछे इतना छल?" यही संसार की वास्तविकता है, इससे जाहिर अकारण हमदर्दी स्वार्थ की नींव पर टिकी होती है और कहीं न कहीं शोषण की एक नई कहानी गढती रहती है।
शब्दों की बुनावट में कसावट एवं कथा की प्रस्तुति से नहीं लगता कि कविता वर्मा का यह प्रथम कहानी संग्रह है। इसमें वे एक मंजी हुई कहानीकार के रुप में समक्ष आती हैं। इस कहानी संग्रह में "सगा सौतेला" "पुकार" "लकीर" "आवरण" एक खाली पन अपना सा" "दलित ग्रंथी" "डर" "पहचान" कसौटी पर खरी उतरती हैं। 
कहानी संग्रह की प्रतिनिधि कहानी "परछाइयों के उजाले" अंतिम में प्यार का अनूठा अहसास छोड़ जाती है। एक निस्छल प्रेम जो सामाजिक बंधनों एवं वर्जनाओं के बीच भी अपनी जगह बना लेता है। जीवन के उतरार्ध का यह प्रेम सागर की गहराईयों में उतर जाता है। कहानी कहती है " नारी मन को किसी मजबूत भावनात्मक सहारे की जरुरत होती है और ये जरुरत उम्र के हर पड़ाव की जरुरत है। स्त्री, पुरुष की विशाल बाहों में खो कर अपनी चिंताएँ, जिम्मेदारियाँ, अकेलापन भूल कर सिमट जाती है।" नारी का संबंल होता है उसका प्रिय पुरुष, चाहे वह किसी भी रुप में हो।
जीवन यात्रा की उतराईयों में भी प्रेम समाज से डरता है, समाज के समक्ष मुखर होने से डरता है। मन की लहरें समाज के बंधनों के उतुंग पर्वतों को लांघना चाहती हैं पर कहीं न कहीं वर्जनाओं की बाड़ आगे आ जाती है। सुमित्रा कहती है  "इस उम्र में जब प्यार में दैहिक आकर्षण का कोई स्थान नहीं है। मानसिक संतुष्टि पाने पर भी समाज का डर है।" जीवन की इस अवस्था को भी मनुष्य को लांघना पड़ता है, यहाँ से आगे बढना पड़ता है, पर प्रेम वह संजीवनी है जो सूखे हुए वृक्ष में भी जीवन का संचार कर उसे हरा भरा कर देता है। "परछाईयों के उजाले" कहानी संग्रह पठनीय है।

कहानी संग्रह : परछाईयों के उजाले
लेखिका : कविता वर्मा (इंदौर)
प्रकाशक: मानव संस्कृति प्रकाशन
12- ए, संगम नगर, सन्मति चिकित्सालय के पास इंदौर मप्र
दूरभाष:0731-4245373
पृष्ठ: 142
मूल्य : 150/- रुपए

गुरुवार, 27 सितंबर 2012

कमला बाई की कहानी, उसकी जुबानी

नागपुर से ट्रेन में सवार हुआ, आरक्षण था नहीं, नसीब में रायपुर तक का जनरल बोगी का ही सफ़र लिखा था। दूरी भी अधिक नहीं है, सिर्फ 5 घंटे का सफ़र यूँ ही कट जाएगा। भारी भीड़ के बीच बड़ी मशक्कत के बाद बोगी में घुस सका, चलने की जगह पर भी लोगों का सामान रखा हुआ था।
बड़ी जद्दोजहद के बाद बालकनी (उपर की सीट) पर पहुंचा। नीचे की सीटों पर छत्तीसगढ़ से कमाने-खाने बाहर गए परिवार बैठे थे। लम्बी सी एक महिला पहुंची, नीचे सीट न देखकर वह भी बालकनी में चढ़ने का प्रयास करने लगी, लेकिन सफल नहीं हो सकी।
सहायता के लिए मेरी और देखा तो मैंने उनका हाथ थाम कर चढाने की प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिर वह सामने की तरफ से सीट पर पैर रख कर बालकनी तक पहुचने में कामयाब हो गयी। अब सभी सवारियां कोच में ठंस चुकी थी। ट्रेन खुलने में एक घंटा और था।
उस अधेड़ महिला ने मुझसे पूछा कि कहाँ जा रहे हो? मैंने बताया "रायपुर", तो उसने बताया कि वह रायपुर के गर्ल्स डिग्री कालेज से पास आउट है। वर्ष पूछने पर वही वर्ष बताया जिसमे मैंने भी रायपुर से पढाई की थी। मेरे कालेज का नाम सुनकर बोली -" वह तो बड़ा ही फेमस कालेज है, और ठहाका लगा कर कहा - आप भी कभी लाइन मारने हमारे कालेज आते होगे? 
मैं सकपका गया :) कहीं पहचान तो नहीं गई, मैंने भी ठहाका लगा कर उसका साथ दिया और कहा - मेरे कालेज का रास्ता आपके कालेज से ही होकर जाता था। फिर वहां की कैंटीन और उसके साथ पुरानी भूली-बिसरी यादों में गोते लगाने लगे। उस समय के साथियों को याद करने लगे। चर्चा चलते रही।
मैं उसे पहचानने की कोशिश करने लगा। परन्तु पहचान नहीं पाया। उसने भी अपनी पहचान छुपा ली, मुझे कुछ नहीं बताया अपने बारे में। एक हाथ में सोने का कंगन और दूसरे हाथ में सोने की घडी पहने थी। सुहाग चिन्ह कहीं दिखाई नही दे रहे थे, चेहरे पर विधवा सी उदासी थी। मैंने अधिक जानना ठीक नहीं समझा। 
ट्रेन चल पड़ी थी, मैं सोचते रहा कि इस तरह बिंदास होकर किसी ने पुरे जीवन में ही नहीं पूछा कि कभी लाइन मारने हमारे कालेज आते होगे? उसके व्यक्तित्व को लेकर चिंतन चलते रहा। उसने बताया कि उसके परेंट्स नागपुर में रहते थे और वह गर्ल्स डिग्री कालेज के हास्टल में रहकर बायो की पढाई कर रही थी। 
इससे इतना ही जाहिर हुआ की वह बायो स्नातक है। अगले स्टेशन पर मेरे बगल की सीट खाली हुई। नीचे बैठी एक मोटी सी अधेड़ महिला उस पर चढ़ गयी। उसे ऊपर चढ़ने के लिए किसी भी सहायता जरुरत नहीं पड़ी। हाथो में सोने की मोटी-मोटी चूड़ियाँ पहन रखी थी, गले में सोने की चैन और कान में सोने के बुँदे भी। रंग धूप में पका हुआ था, चेहरे पर जीवन से संघर्ष की छाया स्पष्ट दिख रही थी। छुई-मुई नहीं, मेहनतकश महिला लग रही थी।
प्रदेश के लोग मिलने पर अपनी छत्तीसगढ़ी बोली में बात करने का लोभ नहीं छोड़ पाता। छत्तीसगढ़िया मिला और बात शुरू हो जाती है। महिला ऊपर की सीट पर बैठ कर अपने साथियों के साथ छत्तीसगढ़ी में बात करने लगी। इससे जाहिर हुआ कि सब जम्मू से से आ रहे हैं। मैंने सोचा कि महिला इतनी मोटी है कि वह मजदूरी नहीं कर सकती, अपने बेटे बहुओं के बच्चों की रखवारी करने साथ गई होगी।
मेरा ऐसा सोचना सही नहीं था। उससे पूछ बैठा कि वह जम्मू में क्या काम करती है? मेरा  पूछना ही था बस वह शुरू हो गयी, उसने अपने जीवन की कथा ही खोल कर रख दी। मैं मन्त्र मुग्ध उसे सुनता रहा।
"मैं जम्मू में अपना धंधा करती हूँ, देह भारी हो गई और उम्र भी बढ़ गई इसलिए शारीरिक श्रम के काम नहीं होते। महीने में 15 दिन जम्मू के पास बड़ी बम्हना में रहती हूँ, वहां बहुत सारे छत्तीसगढ़िया रहते हैं, उनको कपडे, सुकसी( सुखाई हुई मछली), गुड़ाखू, बाहरी, सूपा और भी बहुत सारे सामान ले जाकर बेचती हूँ, इससे ही मेरा गुजर बसर चलता है। बच्चों को पालने के लिए कुछ तो करना पड़ता है बाबू साहब। आप क्या करते हैं? उसने अपनी बात कहते हुए सवाल दाग दिया। मैंने बताया कि घुमक्कड़ हूँ और घुमक्कड़ी पर लिखता हूँ। वह समझ गई "पेपर लिखैया" है।
बाबू, मैंने भी सरपंची का चुनाव अपने गाँव सरसींवा से लड़ा है। फेर लोगों ने हरवा दिया। ढाई लाख खर्च हो गया। सब सगा लोग खा पी गए, रांड़ी दुखाही का खाने से कौन सा उनका भला होने वाला है? 22 बरस पहले मेरे धनी की मौत हो गई। 
मेरे पांचो लड़के छोटे थे। धनी के रहते कभी बाजार नहीं गई थी सब्जी लेने भी। मुझे बहुत चाहते थे, सिर्फ घर का ही काम करती थी। उनकी किडनी ख़राब हो गयी तो रायपुर के समता कालोनी के बड़े डाक्टर से उनका इलाज करवाया, सब गहना गुंथा बिक गया, लेकिन उन्हें बचा नहीं पाई।
बच्चों को पढाना बहुत जरुरी था, इसलिए नए सिरे से जिन्दगी शुरू की। मैंने पहला धंधा दारू बेचने का शुरू किया। उलिस-पुलिस थाना कभी देखा नहीं था। दारू के धंधे में अच्छी कमाई थी।
थाने वालों ने 6 बार छापा मार कर अपराध दर्ज किया, कोर्ट में पेशी में जाती थी। सब में बाइज्जत बरी हो गयी। बस वकील लोगों को डट के पैसा देना पड़ा। बड़े लड़के ने एम् ए किया, उससे छोटे ने बी ए। नौकरी नहीं लगी तो ड्राईवर बन गए। 
उससे छोटा लड़का पखांजूर से आई टी आई किया है और एक फैक्टरी में नौकरी कर रहा है। 5 बेटा और 3 बहु और 7 पोते -पोती हैं। पक्का घर और 6 दुकान बना दी हूँ, एक बेटे का व्यव्हार ठीक नहीं है इसलिए उसे अलग कर दिया। वह अलग रहता है, उसका महीने का राशन भेज देती हूँ, बहु को कह दिया है कि किसी चीज की कमी हो तो लिस्ट बना कर भेज दिया करे।
मैं रिक्शे में राशन भरवा कर भेज देती हूँ।  रानी कुंती ने 5 बेटों के लिए एक बेटे कर्ण को त्याग दिया था, मैंने भी 4 बेटों के लिए एक बेटे  को त्याग दिया। उसे अलग कर दिया। मेरी सम्पत्ती का बटवारा उसे मेरे मरने पर मिलगा, ऐसा फौती चढवाई तब पटवारी को लिखवा दी थी।
उसकी कहानी शुरू थी और मैं सुन रहा था। गाड़ी अपनी रफ़्तार से स्टेशन पर सवारी उतारते-चढाते चल रही थी। मेरी सफ़र की साथिन के जीवन के उतार चढाव भी कुछ इसी तरह जारी थे। उसने कथा जारी रखी। 
एक दिन थानेदार ने छापा मारा और कहा - कमला बाई अब दारू का धंधा बंद कर दो। तो मैंने कहा कि साहब अपने घर में झाड़ू बर्तन का काम दे दो। जिससे मैं अपने बच्चों को पाल सकूं। थानेदार साहब चुप हो गए। दारू का धंधा चालू रहा।
दिन भर आडर लिखती और रात को 12 बजे के बाद हाथ में लोहे की राड लेकर घर से चुपके से निकलती, गाँव से 3 किलो मीटर दारू की गाड़ी बुलवाती और रात भर में आडर का माल सप्लाई करके सुबह 4 बजे घर आकर चुपचाप सो जाती।
दारु का धंधा जरुर किया पर कभी भी दारु का एक छींटा मुंह में नहीं लिया। बच्चे बड़े  होने लगे तो मैंने दारू का धंधा खुद ही छोड़ दिया। कमाई तो बहुत थी पर ऐसा धंधा भी किस काम का जिससे बच्चे बिगड़ जाएँ।
गाँव के आस पास से काफी लोग जम्मू कमाने खाने जाते हैं, मैंने सोचा कि उनके लिए छत्तीसगढ़ में दैनिक जीवन में प्रयुक्त होने वाली जरुरत की चीजे वहां ले जाकर बेचूं तो अच्छी कमाई हो सकती है। तब से मैंने यह धंधा शुरू कर दिया।
यहाँ से जम्मू तक सामान ले जाने में समस्या बहुत आती है, लगेज में बुक करके ले जाने में बहुत खर्च होता है। सारी कमाई लगेज में ही खप जाती है। इसलिए सब सामान जनरल बोगी में ही भर देती हूँ, एक तरफ की लैट्रिन में सामान भर कर दरवाजा लगा देती हूँ और एक सीट पकड़ कर बैठ जाती हूँ।
पुलिस वाले सब पटे हुए हैं, कोई 10 तो कोई 20, ज्यादा से ज्यादा 50 रूपये देती हूँ। लेकिन कई बहुत मादर ....... होते हैं। तो उनसे उसी तरह निपटती हूँ, जस को तस। एक बार टी टी ने बहुत परेशान किया। पुलिस बुला लिया। जेल भेजूंगा कहने लगा, तो मैंने उसे समझाया कि जेल से बहर आउंगी तो धंधा यही करुँगी। तेरे से भी निपट लुंगी।
अकेली औरत देख कर धमकाता है क्या बे? मेरा भी नाम कमला बाई है। तेरे जैसे पता नहीं कितने देखे। हर महीने आती हूँ बीसों साल से तेरे को जो उखाडना है उखाड़ ले। मैं किसी से से नहीं डरती, कोई चोरी चकारी करुँगी तो डरूंगी। बाकायदा टिकिट लेकर गाड़ी में चढ़ती हूँ। फिर वह टीटी 200 में मान गया। पेट की खातिर सब करना पड़ता है। 
उसने ब्लाउज से बटुवा निकला, उसमे मतदाता पहचान पत्र और पैन कार्ड था। ये सब मैंने बनवा रखा है, भले ही पहली दूसरी क्लास पढ़ी हूँ पर हिसाब-किताब सब जानती हूँ, जो भी सामान उधारी में बेचती हूँ उसे डायरी में लिखती हूँ, हर महीने 5 तारीख तक जम्मू  जाती हूँ सामान लेकर और 20 तारीख तक सामान बेच कर उधारी वसूल कर घर आ जाती हूँ। 
अभी जम्मू में मेरी 2-3  लाख की उधारी बगरी है। वहां काम करने वालों को 7 से 15 तारीख तक तनखा मिलती है। उस समय मेरा वहां रहना जरुरी रहता है वर्ना उधारी डूब जाएगी। गांव में ए टी एम् है, वहां से बैंक में पैसा जमा करवा देती हूँ और यहाँ निकाल लेती हूँ। जम्मू में एक झोपडी बना रखी है, जिसमे टी वी कूलर सब है। खाना बनाने के सारे सामान की बेवस्था है।
कभी आप जम्मू आओगे तो अपने हाथ से बना कर खिलाऊंगी। मुझे उसके बटुए में दवाई दिखाई दी, तो उसने बताया कि बी पी की गोली है। बच्चेदानी का आपरेशन करवाया तब से खा रही है।बीपी की गोली के साथ नींद की गोली भी थी। कहने लगी इसे दिन में खाती हूँ तब अच्छा लगता है। अब आदत हो गयी है। 
जम्मू में सब लोग पहचानते हैं, किसी छत्तीसगढ़िया कोई समस्या होती है तो उसका निदान भी करती हूँ, उन्हें अस्पताल ले जाती हूँ, उधारी पैसा कौड़ी भी देती हूँ, किसी का रुपया पैसा घर भेजना रहता है तो अपने एकाउंट से भेज देती हूँ। 
गाँव में मेरा बेटा एटीएम् से रुपया निकल कर सम्बंधित के घर पहुंचा देता है। मेरे से जितना बन पड़ता है उतना कर भला कर देती हूँ। अब कुछ लोग कह रहे थे कि जम्मू आने के लिए भी लायसेंस लेना पड़ेगा। ऐसा होगा तो बहुत गलत हो जायेगा।
इस बात पर कई लोगों से मेरा झगडा भी हो गया। जम्मू से चलते हुए सेब लेकर आई हूँ, नाती पोते लोग इंतजार करते रहते हैं, दाई आएगी तो खई खजानी लाएगी अभी घर जाउंगी तो मेरे लिए नाती पोते पानी लेकर आयेगें, खाट पर पड़ते ही मेरे ऊपर चढ़ कर खूंदना शुरू कर देगें। देह का सारा दर्द मिट जायेगा। फिर नहा कर अपने आस पड़ोस में बच्चों को सेब दूंगी। नाती पोतों के संगवारी भी मेरे आने का इंतजार करते हैं।
गाडी दुर्ग स्टेशन पहुँच चुकी थी। कमला बाई की कहानी ख़त्म होने का ही नाम नहीं ले रही थी। उसके पैन कार्ड में यही नाम लिखा था "कमला बाई", फिर वह कहती है - मेरा बेटा रायपुर आया है, पुलिस में भरती होने। आज उसका नाप जोख है। 
वह कहता है कि पुलिस की ही नौकरी करेगा। कोई उसे पुलिस की नौकरी लगा दे तो 4 लाख भी खर्च करने को तैयार हूँ, एक बार अपने सगा थानेदार को 3 लाख रुपया दी थी, पर वह नौकरी नहीं लगा सका। 5 हजार रुपया काट कर बाकी वापस कर दिए।
5 बेटा हे महाराज, नोनी के अगोरा मा 5 ठीक बेटा होगे। अब एक गरीब की लड़की को पाल पोस रही हूँ, वही मेरी बेटी है। उसकी शादी करुँगी। जब तक जांगर चल रही है। जम्मू की यात्रा चलते रहेगी। मेरा गंतव्य समीप आ रहा था, कमला बाई का साथ छूटने का समय था।
उससे मोबाईल नंबर लिया और अपना कार्ड दिया। सामने बैठी महिला से कमला बाई ने पूछा कि वह कहाँ जाएगी? तो उसने कहा कि जहाँ फोन आएगा वहीँ उतर जाउंगी, बिलासपुर, जांजगीर, खरसिया इत्यादि। दोनो महिलाओं में कितना अंतर था। एक ने पूरी जीवन गाथा सुना दी और दूसरी ने पता ठिकाना भी नहीं बताया।
दो अनुठे पात्रों से मेरा सामना हुआ। कमला बाई के जीवन संघर्ष की गाथा सुनते हुए रायपुर कब पहुँच गया, पता ही नहीं चला। गाडी से उतरते हुए कमला बाई को सैल्यूट किया और कभी जम्मू में मिलने का वादा करके गंतव्य की ओर बढ़ लिया। आगे की स्टोरी पढने के लिए यहाँ क्लिक करें।

गुरुवार, 30 जून 2011

उसका सफ़र (कहानी) --- ललित शर्मा

सांझ हो रही थी, कोई साढे पांच बज रहे थे। पश्चिम दिशा में घनघोर काले बादल छाने के कारण पानी बरसने का औसर दिख रहा है। काले बादल क्षितिज से मिले, बुंदा-बांदी शुरु हो गई। जिस सड़क पर हूँ, वह दक्षिण की ओर जा रही है। सोच रहा हूँ कि बरसात पश्चिम में हो रही है, मुझे तो दक्षिण की तरफ़ जाना है, होने दो बरसात। बाईक की गति और बढाता हूँ। रास्ता सुनसान, दूर-दूर तक कोई नजर नहीं आ रहा। ऐसे में बाईक पंचर हो जाए या बंद हो जाए तो क्या होगा? धकेल कर 15 किलो मीटर तक तो जाना मुश्किल है। बड़ी मुसीबत खड़ी हो जाएगी। इसी उहापोह में निरंतर चला जा रहा हूँ। आसमान में बिजली चमकने लगी, रह रह कर गड़गड़ाहट हो रही है। बाईक पुरी गति से चलाकर मंजिल तक पहुंचने की जल्दी ने मुझे अधीर कर दिया, मंजिल तो 100 किलो मीटर दूर है, मेरे कोई पंख नहीं, जो उड़ कर पहुंच जाऊंगा, सड़क पर अपनी क्षमता के हिसाब से ही चलकर जाना है।

दो-चार छींटे गिरे, मैने आसमान की तरफ़ देखा, बादल छाए हुए, लेकिन बादल काले नहीं, धुंधिया रंग के हैं। लगा कि आगे का रास्ता तय करना आसान न होगा। काले बादल जब आसमान में छा कर गरजें और बिजली चमकने लगे हवा के साथ, तो समझ जाना चाहिए कि बरसात अधिक देर तक नहीं होगी। 5-10 मिनट की बौछारें आएगीं और बरस कर चली जाएगीं, फ़िर आसमान साफ़ हो जाएगा। परन्तु धुंधिया रंग के बादल जब आएं तथा बरसात शुरु हो तो अनुमान लगाना कठिन है, कितनी देर तक बरसात होगी? दो-चार घंटे या दो-चार दिन की झड़ी भी हो जाए, कोई बड़ी बात नहीं। आसमान का नजारा कुछ ऐसा ही दिखाई देने लगा। रास्ते में एक गाड़ीवान गाड़ी हांकता हुआ मिला। खेत से घर की ओर जाने की जल्दी दिख रही थी,  गाड़ी हांकते हुए मोबाईल से बात करते हुए शायद कह रहा होगा कि-"खेत से चल पड़ा हूँ, घर के लिए, बीज खेत में डालते ही बरसात होने लगी। बीज खेत में जम जाएं, खुशी की बात होगी। चिरई-चुरगुन के बचने से बीज जल्दी ही उग आएगें। मैं सर्रर्रर्रर्रर्र से उसके बगल से निकल जाता हूँ। वह अपने रस्ते मैं अपने रस्ते।

अंधेरा होने लगा और बारिश शुरु हो जाती है। बाईक की स्पीड में पानी की मोटी-मोटी बूंदे चेहरे पर वार करने लगी, एक हाथ से चेहरा ढक कर उसे बचाने की चेष्टा करता हूँ, बारिश की बूंदे भीगा रही हैं। चलते-चलते कहीं पनाह लेने की जगह तलाश करता हूँ, सड़क के दोनों ओर पेड़ ही पेड़, कहीं कोई मकान या छप्पर भी नहीं दिखता। भीगते हुए चलना जारी है, तभी दांई तरफ़ पेड़ों के बीच सफ़ेद सी छाया नजर आई, समीप पहुंचने पर देखा वह जंगल विभाग की चौकी थी। मिल गयी पनाह, मैने बाईक उधर मोड़ ली, कुछ देर रुकुं तो चलुं। बाईक स्टैंड पर लगाकर भीतर भागा। यहाँ भी कोई नहीं, 8X8 की सीमेट चद्दर से छाई हुई झोपड़ी के दरवाजे खिड़की सब गायब हो चुके है। कोने में गंदगी का ढेर और उस पर किंगफ़िशर बीयर का टिन का डिब्बा। जैसे कोई उसे अभी ही खाली कर फ़ेंक गया हो। बरसात बढ गयी, मुसलाधार पानी बरसने लगा, खिड़की से सामने खुले में देखता हूँ धरती पर पानी की सफ़ेद चादर बिछ गयी। आधें घंटे की बारिश में गड्ढे लबालब भर गए। सड़क की पाई में पानी बहने से नालियाँ शुरु हो चुकी हैं। आसमान की तरफ़ देखता हूँ, कहीं बरसात रुकने के कुछ आसार नजर आएं, लेकिन निराश ही होना पड़ा। सहसा मोबाईल ने बजकर ध्यान अपनी ओर खींचा, नया नम्बर, आवाज ही सुनाई नहीं दी, कौन है? दोनों मोबाईल पानी में भीग कर धराशाई हो गए

तभी एक बाईक आकर रुकी, दो लोग तेजी से दौड़कर झोंपड़ी में घुसे। मुझे देखकर उनके चेहरे के भाव बदले, एक के हाथ में बीयर की दो बोतलें थी, उसने गमछे में छिपाने का  प्रयास किया, मुझे पुलिसवाला समझ कर। लग रहा था कि कुछ देर में रात हो जाएगी। बरसात रुकने का नाम ही नहीं ले रही। वे भी कोने में चुप खड़े हैं, मै भी दरवाजे पर मौन उन्हें देख रहा हूँ। उनसे आँखे मिलाना चाहता हूँ, परन्तु वे मुझसे बचना चाह रहे थे, आमने-सामने मुंह किए अनबोल। सांप और नेवले वाली स्थिति थी, पहले हमला कौन करे। दोनो डटे हुए थे मैदान में, खिड़की से झांकता हूँ, बगल में बांस के झुंड में बड़ी सारी बांबी दिखाई दी और उसके नजदीक से बहती नाली, थोड़ी देर में बांबी को भी अपनी घेरे में ले लेगी। फ़िर उसमें से सांप निकल आएगें, उन्हे भी तो बारिश से बचने के लिए शरण चाहिए। यह खाली कोठरी उनकी शरणस्थली ही तो है, जिसमें हमने पनाह ली। सोच रहा हूँ बारिश रुकने वाली नहीं और कोठरी के मालिक आ गए तो इतनी जगह नहीं कि सभी एक साथ इंतजार कर सकें। इस स्थिति में बरसते पानी में ही चलना श्रेय कर लगा। भीतर से आवाज आई, कुछ देर रुक कर देख लो, बारिश कम हो तो चलो। मैंने कहा-लम्बा सफ़र है, अभी ही चलूँ  तो बात बने। आखिर चल पड़ता हूँ बरसते पानी में, जो होगा देखा जाएगा।

बाईक स्टार्ट कर चला, थोडी दूर जाने पर बंद हो गई, फ़िर किक लगाई तो आठ-दस किक में स्टार्ट हुई, थोड़ी दूर चल कर फ़िर बंद हो गयी। अब उमड़-घुमड़ कर आशंकाओं के बादल भी छाने लगे, पानी बरस कर सड़क पर भी बहने लगा, अंदाजा लगाया कि साईड स्टैंड पर एक घंटे बाईक खड़े रहने से प्लग में पानी भर गया होगा। लगातार किक लगाने पर बाईक स्टार्ट हुई, चल पड़ा, पानी से सराबोर हो चुका हूँ। जब घर से चला था तो बारिश की आशंका थी, परन्तु आते हुए बख्श दिया था इसने। चलते-चलते रुमाल से मुंह पोंछता हूँ, रुमाल भी गीला है। दचाक-दचाकSSSS- बाईक के   चक्के गड्ढे में चले गए, सड़क पर पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दिए। गड्ढे में बाईक कूदी, तभी बिजली चमकी, जोर की गड़गड़ाहट के साथ कुछ देर तक चिंगारियाँ आकाश में दिखाई दी। मेरा ध्यान कहाँ है? सड़क पर या बिजलियों पर। दोनो ही देख रहा हूँ। फ़िर बिजली कड़क कर धरती पर चिंगारियाँ बरसाने लगी, बिजली कहीं आसपास ही गिरी, मुझे रुकना नहीं है, किसी पेड़ के नीचे रुक गया तो बिजली की चपेट में आ सकता हुँ। फ़िर इस सुनसान में कौन मेरी सुध लेने लगा बरसते पानी में। जब जीव जन्तु एवं जानवर तक जान बचाकर सुरक्षित जगह पर जाने की फ़िराक में लगे हैं। इस स्थिति में चलते रहना ही ठीक है, मैंने कभी सुना नहीं कि चलती हुई गाड़ी पर बिजली गिरी। पेड के नीचे एवं मैदान में खड़े लोगों पर बिजली गिरते ही रहती है। चलना ही ठीक है, चलते ही रहता हूँ।

इसी सोच के दरमियान सड़क पर एक बड़ा सांप दिखाई दिया, सड़क पार करते हुए, मैं ब्रेक भी नहीं लगा सकता। दोनो पैर उपर उठा लेता हूँ और बाईक निकल गई, पीछे मुड़कर देखने का वक्त नहीं, वह दब गया कि बच गया। बाईक के टायर से भी लिपट सकता था। रीढ में सिरहन सी भर गई, सिर को झटकारता हुआ चलते रहता हूँ। वादा किया मैने हर हालत में पहुंचने का। वादा करके तोड़ना मेरी फ़ितरत नहीं । हां का अर्थ हां ही माना, चाहे उसके लिए कितना भी कष्ट उठाना पड़े। किसी के किया गया वादा कभी तोड़ा नहीं , अगर न कह दिया तो फ़िर किया भी नहीं। सिर पर फ़ालतु बोझ लेकर चलने वालों में से नहीं, बोझा इतना ही रखा, जितना संभाल सकूं । घटाटोप अंधेरा और बारिश रुकने का नाम ही नहीं ले रही। मानसून की बारिश के पहले ही  दिन  ठंडी हवा के कारण कंपकंपी चढकर दांत बजने लगे, एक हाथ को समेटे हुए गरम रखने की कोशिश करने लगा। एक हाथ एक्सीलेटर पर है। दोनो हाथ अगर जेब में होते तो थोड़ी ठंड से राहत मिल सकती थी। असंभव! बाईक कैसे चलेगी? किसी तरह मुख्य मार्ग तक पहुंच जाऊं तो राहत मिले। वहाँ गाड़ी बंद होने के बाद भी जाने के लिए साधन मिल जाएगें। यहाँ सांप बिच्छु के अलावा कुछ नहीं।

मैदान में तेंदू की छोटी-छोटी झाड़ियाँ भी बारिश की मार झेल रही हैं, उसके पत्तों ने एक बार भी झुरझुरी नहीं ली। क्या उसे बरसाती ठंड नहीं लगती होगी? उसके और भी साथी तो हैं, कष्ट सहने के लिए। मैं तो अकेला हूँ, कहते हैं बांटने से कष्ट आधा और खुशी दुगनी हो जाती है। दुनिया में सभी अकेले आए और अकेले ही गए। नियति को समझो और चलते रहो, एक दिन पहुंच ही जाओगे मंजिल तक। आज बहुत बुरा फ़ंस गया, वादा करना भी चाहिए या नहीं? कुछ वादे ऐसे होते हैं जो मनुष्य के जीवन मरण से जुड़े होते हैं,  उन्हे तोड़ा नहीं जा सकता। यह ख्याल क्यों आया मेरे मन में, जब वादा करके तोड़ना मेरी फ़ितरत में ही नहीं। सामने से कैप्शुल आ गया, उसके हार्न की आवाज सुनकर चौंकता हुँ, गाड़ी चलाते हुए ख्यालों में खोना ठीक नहीं। हां! ये तो मुझे मालुम है, पर जब मैं अकेला होता हूँ तो कोई तो आ जाता है, बतियाने के लिए, सफ़र का साथी बनकर। चाहे खुदी ही क्यों न हो। सामने लिंक रोड़ दिखाई दिया, कानबाई जा रही है।

लो मैं पहुंच गया यहाँ तक, मेरा सफ़र जारी है, पर आज तुमने सफ़र पूरा  कर लिया। उस दिन जब तुमने कहा था-"मेरे मरने के वक्त तुझे जरुर आना होगा, कहीं ऐसा न हो मैं मर जाऊँ और तेरी बाट देखती रहूँ। भूलना नहीं! कोई बहाना नहीं चलेगा, तेरा इंतजार करुंगी। अरे बुआ हूँ तेरी, माँ-बाप नहीं, भाई-भाभी नहीं तो क्या हुआ, तू तो है मेरे खानदान का। तेरे हाथों से शाल ओढने के बाद ही जाउंगी अपने घर से उसके घर, क्यों आएगा कि नहीं, जवाब दे मुझे?" मैने उसका हाथ अपने हाथ में लिया और वादा किया- "जरुर आऊंगा बुआ, मैं जरुर आऊंगा, चाहे किसी भी परिस्थिति में रहूँ, तेरे लिए सुंदर कढाई वाला शाल लाऊंगा।" मैने अपना वादा नहीं तोड़ा, पहुंच ही गया वक्त पर।


NH-30 सड़क गंगा की सैर

शनिवार, 18 जून 2011

धरती की डिबिया में -- डॉ. मीनाक्षी स्वामी

डॉ मीनाक्षी स्वामी मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग में प्राध्यापक पद पर कार्यरत हैं, आपने समाजशास्त्र लगभग 40 पुस्तकें लगभग हर विधा मे हर वर्ग के लिए रची हैं, रचना कर्म के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और स्वीकृति के रुप में रचनाओं पर भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं मध्य प्रदेश तथा उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। यह कहानी मध्यप्रदेश शासन द्वारा 2008 में पुरस्कृत हुई है और हाल ही में गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार में एम.ए. हिंदी साहित्य के पाठ्यक्रम में शामिल की गई है। 

सुबह ठीक पौने पाँच बजे जब वह सैर करने के इरादे से अपने बंगले के गेट तक आया ही था कि बूँदें पड़ने लगीं। वह भीतर लौट आया और बरामदे में रखी हुई कुर्सी पर बैठकर बूँदों का गिरना देखने लगा। बरामदे की छत के स्लोब के किनारों से बूँदों ने मोती की लड़ी बनाकर झड़ी लगा दी। नीचे की रेलिंग तक आकर बूँदों की लड़ी के दो चार मोती रेलिंग में अटक जाते और फिर देर रात तक अटके रहते। बरसात के दिनों में अक्सर उसका सैर करने जाना छूट जाता है। मगर बरसों पुरानी इस आदत की कड़ी टूटने के बावजूद वह जरा भी विचलित नहीं होता और मोती की इन लड़ियों को बड़े ही इत्मीनान के साथ मुग्ध भाव से देखा करता है। इस सौंदर्य का आकर्षण उसके लिए इतना अधिक है कि वह छतरी या बरसाती लेकर भी सैर के लिये नहीं जाता है।
    यहाँ बैठकर वह मन ही मन अपने बीते बरसों की लंबी सैर कर आता है। बचपन का वह दृश्य आज भी उसकी आँखों में ज्यों का त्यों है। गांव का गारे मिट्टी का गोबर से लिपा टीन की छत वाला घर, जब रिमझिम बरसात की बूँदें टीन की छत पर गिरती तो कर्णप्रिय संगीत निकलता और छत के किनारे से पानी के बूँदें मोती की लड़ी सी झरने लगती। आगे के कमरे की दहलीज पर बैठ वह मोतियों का टपकना देखा करता।
    एक दिन उसने सोचा कि कुछ मोती इकट्ठे करके अपने पास रखूँ और अपने दोस्तों को भी दिखाऊँ। वह माचिस की खाली डिबिया लाया और उसे खोलकर मोती की गिरती हुई लड़ी के नीचे लगा दिया। मगर डिबिया में मोती की जगह पानी देखकर वह बहुत निराश हुआ। फिर उसने खूब दिमाग लगाया और एक ही मोती डिबिया में रखा, मगर वह भी डिबिया में आते ही पानी की बूँद बन गया था। वह घर में सबसे छोटा था, अपने बड़े भाई बहनों को उसने अपनी परेशानी यह सोचकर बताई थी कि वे उसकी मदद करेंगे पर वे खूब हंसे और तो और वे सब पड़ोसियों, रिश्तेदारों, परिचितों और स्कूल के साथियों को भी यह बात बताते रहे। यह सिलसिला कई दिनों तक चला और वह खूब झेंपता रहा। जब परेशान होकर उसने माँ को बताया तब उन्होंने सबको डाँटकर उसे उबारा था। यह बात तो अब भी जब कभी सब भाई बहन इकट्ठे होते हैं, करते हैं, मगर इस बात पर अब वह भी खुलकर हँसता है।
    उम्र बढ़ने के साथ पानी की बूँदों के प्रति उसका प्यार और आकर्षण भी बढ़ता गया। यह सब सोचते-सोचते उसने देखा कि बरसात बंद हो गई है। सैर पर जाने के लिए अभी भी पर्याप्त समय है। यह देखकर वह निकल पड़ा, बरामदे से बाहर, गेट से निकलकर सड़क पर। गेट से ही उसका गनमेन भी उसके पीछे हो लिया।
    राजधानी के इस विशिष्ट इलाके में श्यामल पहाड़ियों के उतार चढ़ाव के बीच साफ सुथरी चिकनी काली सरपट सड़क पर घूमना उसकी सुबह को अलौकिक बना देता है। पेड़ों की बहुतायत, तरह-तरह के पंछियों का कलरव, कि जंगल का सा आभास और बीच-बीच में बने जंगले इलाके की विशिष्टता का अहसास कराते है। वह मेनरोड पर चल रहा है और पीछे-पीछे गनमेन। गनमेन के जूतों की खट-खट की आवाज वह साफ-साफ सुन रहा है और जान रहा है कि वह भी उसी की गति से चल रहा है। वह उससे अपनी दूरी को एक इंच भी न कम होने दे रहा है न ज्यादा। भीगी हुई सड़क पर तेज चलती हुई एक मेटाडोर आई तो वह फुटपाथ पर हो गया। मेटाडोर के चले जाने के बाद देर तक उसके शोर में गनमेन के जूतों की खट-खट दबी रही, लेकिन उसने महसूस किया कि उसके फुटपाथ पर आते ही वह भी उसके पीछे आ गया है।
    वह मुसकाया और मेनरोड पर चलते हुए थोड़ा आगे आकर उस गली में मुड़ गया जहाँ अच्छी खासी पहाड़ी ढलान थी। ढलान से  उतरते हुए उसके कानों में पानी के झर-झर झरने की आवाज पड़ी। बरसात रूकने के बाद देर तक ऐसी ही आवाज आती है इस जगह पर। पेड़ों के झुरमुट के भीतर पत्थरों के ढेर के बीच से बहता पानी झरने की सी आवाज करता, बरसात रूकने के बाद भी देर तक बहता रहता है और देर तक यहाँ ऐसी ही आवाज आती है। वह कुछ पल रूका और आवाज सुनता रहा। बरसात के दिनों में यह आवाज सुनते हुए हर बार वह सोचता है कि कभी समय निकालकर वह जगह देखेगा, जहाँ से पानी गिरता है। मगर उसका सोच अभी तक सोच ही है।
    मोड़ पर आकर उसने देखा, कोने के पास वाले खाली पड़े बंगले के गेट के बाहर शेरू पिल्ला बैठा है। उसके देखते-देखते वह खड़ा हुआ, थोड़ा आगे बढ़कर उसने पहले अपने भीगे हुए कान फड़फड़ाए, फिर पूँछ और फिर पूरा शरीर और भागा अपनी माँ के पास। यह देखकर वह हँस पड़ा। इसी मोड़ से आगे सड़क से होकर घूमते हुए वह फिर उसी गली में आ गया, जो आगे मेनरोड पर मिलती है। इधर से लौटते हुए अब वही ढलान चढ़ाई में बदल गई है।  बादल होने से, सूरज के ढँका होने के बावजूद अब तक अच्छा खासा उजाला हो गया है।
    चढ़ाई खतम होने पर पिछले साल ही दांई ओर बनी चाय की गुमटी पर उसका ध्यान गया। गुमटी अभी-अभी ही खुली है और चायवाला साफ सफाई कर रहा है। गुमटी से लगभग सटी हुई देवी के मंदिर की फेंसिंग है, जिसका बाहरी आकार नारियल की तरह है। मंदिर और चाय की गुमटी दोनों ही अतिक्रमण करके बनाए गए हैं, जिन्हें हटाने का ख्याल सपने में भी करने में इस विषिष्ट इलाके के सक्षम लोग निष्क्रिय हैं। मामला धार्मिक आस्थाओं का है और चुनाव में सिर्फ साल सवा साल ही बचा है। इस निष्क्रियता में वह भी शामिल है। यह सोचते हुए वह मेनरोड पर बने फुटपाथ पर आ गया और तालाब की ओर बढ़ गया।
    तालाबों के इस शहर में उसके बंगले के दाहिनी तरफ की बाऊण्ड्री वॉल से लगा हुआ ही तालाब है। फुटपाथ पर चलता हुआ वह तालाब के सामने आ गया और वहाँ लगी पत्थर की बेंच पर बैठ गया। तालाब में ही लबालब भरी जलराषि को देखना उसे हमेशा से ही रोमांचक लगता रहा है। तालाब में हवा के झोंकों से हल्की-हल्की लहरें उठ रही हैं। कुछ दूरी पर जलमुर्गियाँ क्रीड़ाएँ कर रही हैं। वे कभी थोड़ा सा उड़ती, फिर पानी में डुबकी लगाती, फिर तैरने लग जाती और थोड़ी दूर तैरकर फिर किनारे पर आ जाती। किनारों की चट्टानों से बरसात का पानी अब भी गुनगुनाता हुआ तालाब में समाहित हो रहा है। इस गुनगुनाहट में मेंढकों का शोर और पक्षियों का कलरव मिलकर अनुपम संगीत रचकर वातावरण में नया रस घोल रहा है। उसने दूर दृष्टि डाली। काले-काले बादल बिल्कुल नीचे झुक आए हैं, बादलों की धुंध में दूर के पेड़ पौधे पहाड़ी सब ढँके हुए हैं। कुछ पल आंखें मूँद कर वह इस अलौकिक सुबह में डूब गया।
    फिर वह उठा और उसी रास्ते से वापिस लौटने लगा। थोड़ा आगे फुटपाथ के किनारे खूबसूरत बगीचा है। अब वह उसी ओर जा रहा है। उसके पीछे चल रहा गनमेन भी इस बात से अच्छी तरह वाकिफ है कि अब साहब बगीचे में जाएँगें। यदि वह नावाकिफ है तो उसके भीतर की दुनिया से। राजधानी के इस विषिष्ट इलाके में एक दो नहीं, पूरे पाँच बगीचे हैं आमने-सामने। और बारिष की इस अलौकिक सुबह में वह उस विषिष्ट बगीचे में दाखिल हो गया, जिसमें आने के बारे में अपने बचपन तो क्या, युवावस्था में भी उसने कभी सपना तक नहीं देखा था।
    वह बगीचे के लॉन के बीच बने पक्के फर्श पर धीरे-धीरे चलने लगा। भीगे हुए मौसम की नमी उसके मन को छू रही है। लॉन में तरतीब से उगी और साज सम्हाल से कालीन सी बिछी हरी-हरी घास पर उसने हीरे की कनी सी चमकती देखी। वह अच्छी तरह से जानता है ये बूँदें ही हैं। किनारें की गुलाब की क्यारी पर उसकी नजर पड़ी तो उसने गुलाबों पर बूँदों के मोती चमकते देखे। वह आगे बढ़कर बगीचे के आखिरी कोने पर पहुँचा। कोने में बने कमल के आकार के बड़े हौद की सतह पर खिले कमल के पत्तों पर बूँदें अब तक कांप रही है। तभी उसने फड़फड़ाहट की आवाज सुनी और उसकी नजर ऊपर पेड़ पर पड़ी। एक तोते ने अपने पंख फड़फड़ाए और फिर आसमान की ओर देखा, पानी रूका देखकर उसने ऊँची उड़ान भरी और देखते-देखते आंखों से ओझल हो गया।
    अब वह दूसरी तरफ चला और खालिस पानी से भरे हौद के पास बैठ गया। हौद के पास झुक आए पेड़ के पत्तों से फिसलती बूँदें पानी में डुबकी लगा रही हैं । उनके डूबने के बाद बनते गोल घेरे को वह ध्यान से देखने लगा और बड़ी देर तक यही देखते रहने के बाद वह धीरे से उठा और बगीचे से बाहर आया, घर की ओर लौट जाने के लिये। बगीचे के बाद वाली सड़क पार करने के बाद कोने पर उजाड़ पड़े, अधबने शॉपिंग सेंटर की दीवार के कोने पर उसे माणिक की झालर दिखी । उससे रहा नहीं गया। वह रूका और अपने पीछे चल रहे गनमेन को यह अद्भुत नजारा दिखाया। फिर वह उसे उस दीवार के पास मकड़ी का वह बड़ा जाला दिखाने ले गया, जिसमें लटकी बूँदें ही दूर से मणियों की झालर जैसी दिख रही थी। बूँदों का यह चमत्कार देखकर गनमेन दंग रह गया।
    यह बूँदों का ही तो चमत्कार है कि आज वह यहाँ इस जगह खड़ा है। राजधानी की श्यामल पहाड़ियों पर बने इस विशिष्ट इलाके के विशिष्ट बंगले में रह रहा है।
    इस चमत्कार की कहानी तो तभी शुरू हो गई थी जब उसे बूँदों के मोती को माचिस की डिबिया में सहेजने की बात सूझी थी। यही सूझ मन के किसी कोने में दबी पड़ी थी और इसका पता खुद उसे भी नहीं था। मगर जब अपने खेतों में सिंचाई के लिए कई नलकूप खुदवाने के बावजूद पानी की एक बूँद भी नहीं निकली और उसे पता चला कि धरती की कोख में पानी दम तोड़ चुका है, तब अवसाद में घिरा वह अपने घर के उसी आगे वाले कमरे की दहलीज पर बैठा उपाय सोच रहा था। तब उसे माचिस की डिबिया में बूँदों के मोती समेटने की बात याद आई और अनायास ही उसे सूझा कि विराट को विराट में ही समेटा जा सकता है। पानी की बूँदें माचिस की डिबिया में नहीं, धरती में समेटी जा सकती है। बस यही सोचकर उसने नलकूप खुदवाने बंद कर दिए और एक डबरी बनवाई। जब थोड़ी ही सही, पर बारिश हुई तो आसपास का पानी डबरी में समा गया और डबरी भर कर तालाब बन गई। तालाब क्या भरा, उसका मन उत्साह से भर गया। फिर तो उस पर जैसे जुनून ही सवार हो गया डबरी, तालाब खुदवाने का। उसने पानी के बहाव की दिशा में गाँव के चारों ओर तालाबों की श्रृंखला बनवा दी। जहाँ तालाब बनवाने की जगह नहीं थी वहाँ चेक डेम बनवाए। अब वह पानी की बूँदों को माचिस की डिबिया में नहीं, तालाबों, चेक डेमों और इसके सहारे धरती के भीतर भर लेना चाहता था और इसी का कमाल था कि एक साल की सामान्य बारिश के बाद ही गाँव में उसके खुदवाए और अन्य सूखे नलकूपों में पानी आने लगा। गाँव के सूखे कुँए पानी से लबालब भर गए। गाँव में भरपूर पानी हो गया।
    जब उसके भाई-बहनों ने जाना कि बूँदों को माचिस की डिबिया के बजाय धरती में सहेज रहा है और उसकी सहेजी गई बूँदें धरती में समाने के बाद तालाबों में लबालब भरी है तो अबकी बार हँसने के बजाय उन्होंने दांतों तले ऊँगली दबा ली। गाँववाले उसे सरपंच चुनाव में खड़ा होने के लिए मनुहार करने लगे। उसने उस मनुहार का आदर भी किया। मगर पानी सहेजने का उसका जुनून बना रहा। पंचायत को मिली फर्नीचर की राशि भी उसने तालाबों की खुदाई में लगा दी। उसकी टूटी टेबल कुर्सी के लिए जब उसे किसी ने टोका तो उसका जवाब बड़ा ही सरल सहज था कि सुबह से आधी रात तो बाहर तालाब आदि खुदवाने में बीत जाती है, इन पर बैठने का मौका और समय ही कहाँ है ?
    और फिर एक दिन न जाने किससे सुनकर एक अखबार वाला उसके काम देखने आया। फिर अखबार की खबर पढ़कर खुद मुख्यमंत्रीजी उससे मिलने और उसका काम देखने आए। मुख्यमंत्रीजी ने भारी भीड़ के सामने उसके काम की तारीफ करते हुए उसके लिए कहा कि उसने कुदरत को जीत लिया है, संकटों को परास्त कर दिया है, तो पहले तो वह संकोच से घिर गया, मगर फिर जल्दी ही सहज हो गया और उनके आद अपने भाषण में उसने साफ बता दिया कि संकट कभी परास्त नहीं होते, वे तो जीवन का एक हिस्सा होते हैं। उसने यह भी बता दिया कि उसने इन्हें संकट नहीं चुनौती माना और इनसे प्यार किया। कुदरत से जीत की बात पर उसने कहा कि मैं कुदरत से प्रतियोगिता नहीं रखता, बल्कि खुद को उस विराट का अंश मानता हूँ।
    मुख्यमंत्रीजी और अखबार वालों ने उसे महामानव बना दिया। मगर वह अभी भी खुद को वही समझता था और माचिस की डिबिया वाली बात याद करके झेंप जाता था। यही नहीं, वह अब भी मन ही मन सोचा करता था कि किसी तरह धरती के भीतर घुस कर देख सके कि धरती कि डिबिया के भीतर भरा पानी कैसा लगता होगा।
    धरती के भीतर घुसना तो उसके लिए सपना ही रहा, पर उसे फिर लोगों की और पार्टी की मनुहार पर विधानसभा चुनाव में खड़ा होना पड़ा। बेशक वह चुनाव जीता और मंत्री बना। पिछले करीब चार सालों से वह मंत्री है। पानी को सहेजने का उसका जुनून अब गाँव की सीमा से बाहर निकलकर प्रदेश
 भर में फैल चुका है। उसके रहते प्रदेश में, पानी की कहीं कोई कमी नहीं है। अखबार वाले उसे कभी इंद्रदेव बताते हैं, तो कभी लोकतंत्र का महानायक।
    उसे याद आया, उसकी शुरूआती सफलता के समय जब सबने यहां तक कि अखबार वालों ने भी उसके लिए कहा था कि वह बुद्धि से काम लेता है और यह सफलता उसके दिमाग का ही कमाल है, तब माँ ने कहा था कि यह प्रेम का कमाल है, पानी के प्रति उसके प्रेम का। उसे अनायास ही माँ की बात याद आ गई और उसकी आंखों से एक बूँद मोती बनकर लुढ़की।

डॉ. मीनाक्षी स्वामी

मंगलवार, 7 सितंबर 2010

चतुरानाऊ भोकवा पांड़े

चतुरानाऊ भोकवा पांड़े--भाग-1--यहाँ पढिए

सेठ चिरौंजी लाल और परसादी घर पहुंचे । सेठ ने माता जी का तेरहीं भोज बड़ी धूम धाम से किया और परसादी की बड़ाई सबके सामने जोर शोर से की। परसादी को सेठ ने बहुत कुछ दान दक्षिणा दिया। लेकिन परसादी के दिल में बदले की भावना पल रही थी। कब मौका मिले और सेठ का हिसाब चुकता किया जाए।
इधर दीवाली बीती और कटाई हो कर धान खलिहान में पहुंच गया। मौसम बदलने लगा। धान आने के साथ लोगों के मन में उमंग आ चुकी थी। अपनी आवश्यकता की वस्तुएं खरीद रहे थे। यही समय इलाहाबादी पंडो के आने के भी होता है।
पंडा महाराज गाँव में पहुंचे, उन्होने परसादी ठाकुर का पता एक बालक से पूछा तो बालक ने महाराज को परसादी के घर पहुंचा दिया।
पंडा महाराज ने आवाज दी-“ठाकुर हो क्या? हम रामनिधि पाण्डे इलाहाबाद वाले आए हैं”
हांका सुनकर ठकुराईन ने बाहर आके तखत पर सोलापुरी चादर बिछाई, महाराज को पै लागी किया, और अंदर चली गयी। एक लोटा पानी लाकर रखा, पीछे-पीछे परसादी भी पहुंच गया-“ महाराज, पाय लागुं। कब पहुंचे? कोई तकलीफ़ तो नहीं हुई रास्ते में”-परसादी ने एक साथ कई सवाल दाग दिए।
“अभी ही पहुंचे हैं, कोई तकलीफ़ नहीं हुई, सारनाथ एक्सपरेस में कई जजमान मिल गए थे। बस सेवा पानी लेते चले आए, और कहो कैसे हो”?
“आपकी कृपा से सब कुशल है महाराज, जाही पर कृपा राम के होई, ताही पर कृपा करे सब कोई”-परसादी रौ में आकर बोला।
“जाओ भई हमारी दक्षिणा का इंतजाम करो, अभी तो हमें बहुत जगह जाना है। विलंब मत करो।“
“इतनी क्या जल्दी है महाराज, पाँच गाँव की दक्षिणा है स्टॉम्प लिखाना पड़ेगा, नोटरी ओकिल के पास जाना पड़ेगा। कोरट कचहरी का काम है, आप जल पान किजिए और आराम करें, कोई तकलीफ़ नहीं होगी। तब तक मैं सेठ को बता कर आता हूँ”- कह कर परसादी चल पड़ा।
सेठ गल्ले पर बैठा था, कोई चाय गुड़ मांग रहा था तो कोइ माटी राख, कोई बीड़ी तम्बाखु, हो हल्ला हो रहा था। नौकर सामान दे रहे थे। सेठ रुपए पैसे का हिसाब कर रहे थे। सेठानी परदे के पीछे से सब पर नजर रखे हुए थी। तभी परसादी पहुंचा-“ राम राम सेठ जी।“
सेठ ने सिर उपर उठा कर देखा-“राम राम कैसे आए ठाकुर”?
“इलाहाबाद वाले पंडा महाराज आए हैं, चलिए अब उनका दान-दक्षिणा करना है।“
“अरे तुम तो वहां पाँच गाँव, 5 गाड़ी धान और 2 बोरा मसूर दक्षिणा एव भुर्सी दक्षिणा के 5000 रुपए का संकल्प करा आए थे। मैं कोई जमीदार या मालगुलार हूँ क्या? गाँव की दक्षिणा कहाँ से दूंगा।“
“जब संकल्प किया है तो देना ही पड़ेगा, नहीं तो बेईज्जती होगी और पंडा महाराज अपने बही खाता में लिख देगा तो तुम्हारी सैकड़ों पीढियों तक दाग लग जाएगा।“- परसादी बोला।
“तुमने ही मुझे फ़ंसाया था वहाँ, मैं तो नगद देकर पाँव पड़ लेता महाराज के। अब तुम ही निपटाओ मामला। मेरे बस का नहीं है।–“ सेठ चिरौंजी लाल ने खिसियाते हुए कहा।
“मामला तो मैं निपटा दुंगा, लेकिन एक शर्त है।“
“अब और कौन सी शर्त बाकी है तुम्हारी।“
“अगर तुम अपनी लड़की चम्पा की शादी मेरे लड़के अंकालु से कर दो तो मैं पाँच गाँव की दक्षिणा वाला मामला निपटा दूंगा।“ परसादी ने मौका देख कर अपनी चाल खेली।
“हरामखोर, तेरी इतनी हिम्मत हो गयी। साले तेरा खून पी जाऊंगा मैं।“ सेठ गल्ले से उठने लगा। तभी परदे के पीछे से देख रही सेठानी उसे पकड़कर अंदर खींच लिया।
“क्या तमाशा करते हो जी, जरा सब्र से काम लो। नाजुक समय है, दोनो तरफ़ से इज्जत खतरे में है, और इस नाऊ ने तो फ़ंसा ही दिया हमें। अगर दान-दक्षिणा नहीं देते हैं तो पुरखों की इज्जत जाती है और कुल पर कलंक लगता है और लड़की का हाथ देते हैं तो जग हंसाई होती है। जरा ठंडे दिमाग से बिचार किया जाए, मैं परसादी को सुबह बुलाती हूँ तब तक हम कुछ हल निकालने का प्रयास करते हैं।”
“इस विषय पर कल बात करेंगे ठाकुर, अभी सेठ जी का दिमाग बहुत गर्म है। कल सुबह आना।”- कह कर सेठानी ने परसादी को टाल दिया।
रात को भोजन करके सेठ सेठानी ने संकट पर विचार करना शुरु किया कि समाधान कैसे किया जाए।
“साले परसादी ने बदला लेने का बढिया तरीका ढुंढा है। उसका तो मैं खून पी जाऊंगा, भले ही जेल हो जाए।“-सेठ ने कहा
“मैने तुम्हे इतना समझाया लेकिन वही ढाक के तीन पात। अरे ठंडे दिमाग से काम लो। पाँच गाँव का हिसाब तो परसादी ही कर सकता है, तभी उसने यह पेंच फ़ंसाया है। उसके बिना काम चलने वाला नहीं है।“
“तुम कह तो सही रही हो, जिसे उत्तर मालूम होता है वही भरी सभा में सवाल खड़े करता है। तो क्या लड़की उसके हवाले कर दें, बिरादरी में नाक कटवा लें, एक नाऊ को समधी बना कर।“
“लखन महाराज की डॉक्टर लड़की ने हरिजन लड़के से कोर्ट में शादी कर ली, उसकी तो नाक नहीं कटी। बड़े मजे से गाँव में शान से रहता है कि उसका दामाद कलेक्टर है। बैसाखु मन्डल के लड़के ने डेरहु धोबी की लड़की से शादी कर ली, वह अब मजे से उसके घर में बहु बनी हुई है, उसे तो कोई फ़रक नहीं पड़ा। ऐसे पचीसों उदाहरण हमारे गाँव में हैं।“
“ये नाऊ का लड़का कौन सा कलेक्टर-डॉक्टर है, अभी तो पढ रहा है, क्या देख के लड़की दी जाए।“
“हो सकता है आगे पढ कर कुछ बन जाए, अभी उमर ही क्या है बच्चों की। एक काम करो, कल जब परसादी आए तो उसे कह दो, हमें तुम्हारा रिश्ता मंजुर है, मगर एक शर्त है, अगर लड़का पढ लिख कर साहब बन गया तो शादी पक्की, नहीं बना तो फ़िर जो हम चाहेंगे वो करेंगे। लड़की अभी नाबालिक है, इसलिए अभिभावक की जिम्मेदारी है उसके विषय में फ़ैसले लेने की।“
“हां तुम्हारी बात तो जच रही है, पहले इस झमेले से निपटा जाए।“ अब सोया जाए, सुबह देखेंगे।
सुबह 8 बजे परसादी पहुंच चुका था सेठ की दुकान पर, सेठ उसका बेताबी से इंतजार कर रहे थे।
“राम राम सेठ जी, हो गया फ़ैसला।“
“तुम्हारी शर्त मंजुर है परसादी, हम समधी बन सकते हैं।“
“रुको, जरा मैं सरपंच और पंचों को बुला लेता हूँ, उनके सामने ही बात होनी चाहिए, पंचायत गवाही रहेगी तो ठीक रहेगा।“
“बुला लो सभी को, मुझे कोई आपत्ती नहीं है।“-सेठ ने कहा
परसादी पंचायत को बुला लाया, सबके सामने करार हो गया, सेठ और परसादी गले मिले। सरपंच और पंच ने उन्हे बधाई दी। अब सेठ ने परसादी से पंडा महाराज की दक्षिणा निपटाने कहा। परसादी ने सोचा की वह मामला भी यहीं निपटा दिया जाए पंचायत के सामने, उपयुक्त रहेगा। उसने महाराज के लिए तखत लगाने कहा और उसे बुलाने चला गया।
परसादी महाराज को लेकर आया। तखत पर बैठते ही सेठानी ने पंडा महाराज के चरण पखारे, सेठे ने पैलागी किया। जल पान प्रस्तुत हुआ। परसादी सेठ से बोला-“ 500 रुपए दिजिए जो महाराज ने हमें नगद दिए थे किराए भाड़े के लिए, बस और कुछ नहीं। महाराज को मैं बिदा करता हूँ, खुशी-खुशी।
“महाराज ये 500 रुपए रखिए, जो आपसे नगद लेकर आए थे और मैं घर से तुरंत आता हूँ, आपकी बाकी व्यवस्था करके।“-कहके परसादी अपने घर चला गया। वहां से उसने अपने औजारों की पेटी उठाई और पंचायत में लाकर पंडा महाराज के आगे धर दी।
“ये क्या है? नाऊ पेटी, इसका मैं क्या करुंगा?-महाराज ने कहा
“यही तो काम की चीज है महाराज, इसका संबंध आपकी दक्षिणा से है। मैं पाँच गाँव में सालाना स्थाई तौर पर नाई का काम करता हूँ जिसके एवज में मुझे सालाना 5 गाड़ी धान और 2 बोरा मसूर एवं 5000 रुपए नगद मिलते हैं। आज से ये पाँच गाँव आपके हुए, वहां अब काम शुरु करिए, आपको सालाना 5 गाड़ी धान और 2 बोरा मसूर एवं 5000 रुपए नगद मिलेंगे। मैं और कोई काम कर लुंगा। ये पाँच गाँव वचन अनुसार आपको समर्पित करता हूँ…………..।

सोमवार, 6 सितंबर 2010

चतुरानाऊ भोकवा पांड़े

“परसादी ओSSS परसादी, ओSSS ठाकुर, घर पर हो”?- भोर में ही सेठ चिरौंजी लाल गोहार लगा रहे थे।परसादी नाई हमारे गाँव का चलता-पुर्जा बुद्धिमान आदमी था। गाँव के लगभग हर रहवासी को उससे काम पड़ ही जाता था। 

वेश-भूसा भी उसकी प्रभावशाली होती थी, अगर कोई अनजान आदमी उसे देख ले तो ब्राह्मण समझ के चौदह बार प्रणाम करे और बोली भाखा का तो मर्मज्ञ था, अपने बोल-बचन से पत्थर को भी वश में कर ले। सभी उसे बहुत मान देते थे। वह सबके काम आता था। छट्ठी से लेकर मरही-बरही तक सबकी सेवा करता था। 

विगत कुछ माह से सेठ चिरौंजी लाल से उसकी कुछ खटपट चल रही थी, अपने लड़के को लेकर। इसलिए उससे बात-चीत बंद थी। लेकिन आज चिरौंजी लाल को उससे काम पड़ ही गया। आना ही पड़ा उसकी दुवारी पर।

हुआ यूँ कि आजादी के बाद जागृति की लहर गाँव-गाँव में चली। गाँव में विकास सड़क के रास्ते आया। विकास सुबह से ही दिखाई देने लगता था, जब लोग लोटा लेकर सड़क के किनारे बैठे नजर आते थे। आजादी गाँव तक पहुंच गयी थी। गाँव में पक्की सड़क बन जाने से कस्बे तक कभी भी जाने का रास्ता खुल गया। 

पहले साप्ताहिक बाजार हाट में जाने वाले लोग अब तो छोटे से भी छोटा काम पड़ने पर सायकिल उठा कस्बे की तरफ़ चले जाते हैं। गाँव के लड़के-लड़की भी कस्बे के बड़े स्कूल में पढने जाने लगे। सेठ चिरौंजी लाल की लड़की चम्पा और परसादी का लड़का अंकालु भी रोज बड़े स्कूल जाने लगे।

जब चम्पा स्कूल के लिए घर से निकलती तो अंकालु तालाब की मेड़ पर सायकिल लिए पीपर की छांव में उसका इंतजार करते मिलता। फ़िर दोनो साथ ही स्कूल जाते। बचपन से दोनो एक साथ ही पढे थे, साथ-साथ ही खेले कूदे  थे। 

धीरे-धीरे दोनो के बीच प्रीत के कीटाणु पनप रहे थे। रहीम कवि ने कहा है कि खैर खून खांसी खुशी बैर प्रीत मदपान, रहिमन दाबे न दबे जानत सकल जहान। बस ऐसा ही कुछ इनके साथ भी घट रहा था। 

गाँव में इस तरह की बातें जल्दी फ़ैलती हैं,लोग खाली समय में चटखारे लगाकर सुनाते और सुनते हैं। महिलाएं कुंए पर पानी भरते हुए या खेतों में निंदाई करते हुए, रोपा लगाते हुए इन चर्चाओं में व्यस्त हो जाती हैं।

एक दिन चम्पा और अंकालु स्कूल से भाग कर फ़िल्म देखने चले गए, कस्बे में तो टॉकीज था नहीं, एक विडियो हॉल था, उसमें सोहनी महिवाल फ़िल्म लगी थी। 

दोनों का बाल मन फ़िल्म देखने का हो गया, उन्होने अपने मन की कर ली और विडियो हॉल में फ़िल्म देखने बैठे ही थे। तभी चम्पा की नजर दुसरी तरफ़ बैठे बरातु काका पर पड़ी। वह उसे देख कर काँप  गयी। अब चोरी पकड़ी गयी, आज फ़िल्म पहली बार देखने आए हैं और यह गाँव में लोगों को जाकर पता नहीं क्या क्या नमक मिर्च लगा कर पढाएगा। 

चम्पा ने अंकालु को बरातु कका की ओर इशारा किया। वह समझ गया कि आज गयी भैंस पानी में। अब वहां से निकल भी नहीं सकते थे और बैठ भी नहीं सकते थे। उन्होने सोचा कि अब पकड़े गए जो होगा वो देखा जाएगा, फ़िल्म तो पूरी देखेगें। उन्होने पूरी फ़िल्म देखी। 

जब वे गाँव पहुंचे तो ऑल इंडिया रेड़ियो याने बरातु कका ने समाचार उनके पहुंचने के पहले ही प्रसारित कर दिया था।

सेठ चिरौंजी लाल तक भी बात पहुंच गयी थी उसने परसादी को बुलाकर धमकाया कि अपने लड़के को समझा कर रखे। 

चम्पा पर भी पाबंदी लग गयी थी। स्कूल छोड़ने उसके साथ सेठानी जाने लगी। फ़िर भी दोनों कभी-कभी मिलने का रास्ता निकाल ही लेते थे। 

सेठानी की नौकरानी कुछ पैसों के लालच में संदेशिया बन गयी। वह उनके संदेश लाने ले जाने लगी। सेठ चिरौंजी लाल ने परसादी का बहुत अपमान कर दिया था। जिससे वह भी बदला लेने की फ़िराक में था, कब सेठ फ़ंसे और बदला ले। उसने संकल्प कर लिया था, सेठ की लड़की को बहू बनाकर लेकर आएगा चाहे जो भी हो जाए। तभी उसके कलेजे में ठंडक पड़ेगी। और वह मौका आ भी गया, कहते हैं भगवान के घर देर है अंधेर नहीं है।

सेठ की माँ मर गयी, अब अंतिम संस्कार में नाऊ और बांभन दोनो की जरुरत पड़ती है। जैसे ही सेठ की माँ मरी सबसे पहले नाऊ ठाकुर की याद आई, गाँव में संदेशा देने कौन जाएगा? 

वह सोच में पड़ गए। माँ के मरने से इतनी तकलीफ़ नहीं हुई जितनी नाऊ ठाकुर को बुलाने को लेकर थी। सेठानी ने सलाह दी कि जरुरत पड़ने पर गधे को भी बाप बनाना पड़ता है। अपना मतलब निकालने के लिए अभी नाऊ को तो बुलाना बहुत जरुरी है। 

हमारे छत्तीसगढ में अंतिम संस्कार के बाद अस्थि विसर्जन के लिए इलाहाबाद जाते हैं और वहीं पिंड दान करके मृतक का अंतिम संस्कार करने की परम्परा है। 

इलाहाबाद में सबके अपने-अपने पंडे हैं और उनके जजमान। सबकी अलग-अलग पहचान है कोई पीतल कड़ाही वाला, कोई लोहे की कड़ाही वाला, कोई नीले झंडे वाला कोई लाल झन्डे वाला, कोई गाड़ी वाला, कोई नाव वाला इत्यादि पहचान के पंडे ही पंडे हैं। 

परसादी के साल में 10-15 चक्कर इलाहाबाद के तो लगना तय थे। जब भी कोई अस्थि विसर्जन के लिए जाता तो उसे साथ जरुर ले जाता। उसे इलाहाबाद की अच्छी जानकारी थी। सभी पंडे उसे पहचानते थे और वो पंडो को। 

उसे यह भी मालूम था कि गाँव के अमुक घर में इलाहाबाद के अमुक पंडे की जजमानी है। उसे उसका ठिकाना तक मालूम था। इसलिए वह गाँव का महत्वपूर्ण व्यक्ति था। 

उसकी काबिलियत के आगे आज सेठ चिरौंजी लाल को झुकना पड़ा। भोर में ही उसके घर जाना पड़ा, उसके घर के बाहर खड़े होकर सेठ आवाज लगा रहा था।

“परसादी ओSSS परसादी, ओSSS ठाकुर, घर पर हो, मैं चिरौंजी लाल”? -सेठ ने पुकारा। लगातार पुकारने के बाद भीतर से आवाज आई-
“कौन है?”
“मैं चिरौंजी लाल”-सेठ ने कहा।
“रुको दरवाजा खोलता हूँ”-परसादी ने दरवाजा खोला- क्या हुआ सेठ भोर में चले आए, सब कुशल तो है?”
“अब क्या कुशल बताऊं, रात को माता जी चल बसी। अब तुम्हारी बहुत ही जरुरत है, जो कुछ भी गलती हुई है उस पर माटी डालो और इस काम को अपना समझ के निपटाओ।“
“आपने तो उस दिन मेरी बहुत बेईज्जती कर दी थी, जिससे मेरा मन अभी भी खिन्न है, मै नहीं जाता और किसी नाऊ का इंतजाम कर लो”-परसादी ने कहा। उसे तो मालुम था कि गाँव की जजमानी उसकी है कोई दूसरा नाऊ नहीं आने वाला। यह बात सेठ को भी पता थी।
“गुस्सा थूक दो परसादी, तुम जो कहोगे उतने पैसे दुंगा, रुपए पैसे की चिंता मत करो। बस मेरे काम को निपटा दो। मैं तुम्हारा अहसान मानुंगा।“
“ठीक है, लेकिन मैं जो कहुंगा वही करना पड़ेगा। फ़िर मत बोलना बीच में”-परसादी बोला
सेठ ने उसकी शर्त मान ली, तब कहीं परसादी उसके साथ चलने को तैयार हुआ। उसने अंतिम संस्कार का सब सामान जुटाया, महाराज को बुला कर लाया, गाँव वालों को संदेशा दिया। इस तरह सेठ की माँ का अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ।
अब तीजनहावन याने तीया के बाद इलाहाबाद जाने की तैयारी हुई। अस्थि विसर्जन करने के लिए। सेठ ने परसादी को बुलाया और उसे इलाहाबाद जाने के बारे में बताया। सेठ ने सुन रखा था कि इलाहाबाद के पंडे लूट लेते हैं। दक्षिणा के नाम पर अनाप-शनाप माँग रखते हैं। नहीं देने पर नाना प्रकार से डराते हैं और तो और वहां के भंगी नाव से अस्थि विसर्जन के समय अस्थियों को छूकर अपवित्र कर देते हैं जिससे मृत आत्मा नरक में चले जाती है। बिना किसी जानकार व्यक्ति के तो अस्थि विसर्जन जैसा महत्वपूर्ण कार्य संभव नहीं है। इसलिए परसादी को ले जाना जरुरी है।
परसादी ने कहा-“सेठ किसी बात की चिंता करने की जरुरत नहीं है, मैं हूँ ना। लेकिन वहां जाने पर जैसे मैं कहूँ वैसे ही करना, नहीं तो पंडे तुम्हारी धोती भी नहीं छोड़ेंगे। जब वह दक्षिणा संकल्प कराए तो जैसे-जैसे मैं कहूँ वैसे-वैसे कहते जाना। बाकी मैं संभाल लूँगा।“
सेठ ने उसकी बात मान ली और पूछा-“तो कितना रुपया पैसा रख लूँ खर्चे के लिए।“
“500 रुपया रख लो बस, ज्यादा रखने का क्या मतलब है। इतने रुपयों में सब काम हो जाएगा।“ परसादी बोला
“400 रुपया तो हम दोनो का एक तरफ़ का भाड़ा होता है इलाहाबाद जाने का। 100 रुपए में वापसी कैसे होगी?” सेठ ने पूछा
“तुम्हे आम खाने से मतलब की पेड़ भी गिनना है। बस, मैने कह दिया वही करो, नहीं तो और किसी को बुला लो।“- परसादी खिसियाकर बोला
सेठ ने वही किया। अस्थियों की थैली लटकाई और परसादी को लेकर इलाहाबाद पहुंच गया। सारनाथ एक्सप्रेस जैसे ही मानिकपुर पहुंची, ट्रेन में पंडों के एजेंट चढ गए और मुर्गे की तलाश करने लगे। उन्होने सेठ को पकड़ लिया अस्थियों की थैली लटकाए देख के। परसादी ने उन्हे बताया कि उनके पंडे रामनिधि पांड़े हैं फ़लाने वाले। तो पंडे के एजेन्ट उन्हे छोड़ कर चले गए। उनके इलाहाबाद पहुंचने से पहले ही पंडे को जानकारी हो गयी थी कि उनका एक जजमान सारनाथ एक्सप्रेस से आ रहा है। उसने सब तैयारी करके रखी थी। उसे पता चल गया था कि आसामी तो मालदार है।
अब ट्रेन से उतर कर दोनों जल्दी से घाट पर पहुंचे, तो पंडा महाराज तैयार थे, परसादी और सेठ ने पैलगी किया। पंडा महाराज बोले-“ आप अपना सामान यहीं तखत पर रख दिजिए और पहले चाय पान कर निवृत हो लिजिए फ़िर आपका अस्थि विसर्जन एवं पिंड दान का कार्य सम्पन्न कराते हैं।“
नित्य क्रिया से निवृत होने के बाद दोनो पुन: घाट पर पहुंचे। पंडा महाराज सब सामान सजा चुके थे। पूजा पाठ करा कर उन्होने एक नाव वाले को बुलाया और सेठ को उसके साथ भिजवा कर बीच गंगा में अस्थि विसर्जन करा दी। अब दक्षिणा संकल्प का समय आया। पंडा महाराज ने अक्षत पुष्प देकर दक्षिणा देने कहा। सेठ ने परसादी नाऊ की तरफ़ देखा, उसने कहा-“ मैं संकल्प करता हूँ कि पंडा महाराज को पाँच गाँव, 5 गाड़ी धान और 2 बोरा मसूर दक्षिणा में दिए।“
सेठ ने आश्चर्य से परसादी की तरफ़ देखा उसके चेहरे पर ऐसा भाव था कि कहीं फ़ंसवा तो नहीं रहा है। पंडा भी देख रहा था कि पहली बार कोई बहुत बड़ा आसामी फ़ंसा हैं जो गाँव दक्षिणा में दे रहा है। कहीं बिदक न जाए।
पंडा महाराज ने कहा- “संकल्प लिजिए जजमान, विलम्ब काहे कर रहे हैं।“
परसादी ने एक बार वही वाक्य फ़िर दोहराया अब सेठ को मजबूर होकर संकल्प लेना ही पड़ा।
“बोलिए भुरसी दक्षिणा में पाँच हजार नगद दिए”-परसादी ने कहा
सेठ ने भी वही दोहराया, पंडा महाराज तो धन्य हो गए थे। इतनी दक्षिणा पाकर उनके पैर धरती पर ही नहीं पड़ रहे थे। दिल बल्लियों उछल रहा था। वे परसादी और सेठ चिरौंजी लाल को अपने घर ले गए, उनकी विशेष खातिर दारी की। अब वापस आने का समय हो गया था।
परसादी ने पंडा महाराज से कहा-“ महाराज एक पाँच सौ रुपया दीजिए, हमें वापस भी जाना है। रुपया पैसा लाना ठीक नहीं समझा। आपको तो मालूम है ट्रेन में बहुत पाकिटमारी होती है। धान कटने के बाद जब आप दक्षिणा लेने आएंगे तो आपको वापस कर दिया जाएगा।“
खुशी-खुशी पंडा महाराज ने 500 रुपए अपनी अंटी में से निकाल कर दिए और अपने आपको धन्य समझा।
सेठ चिरौंजी लाल और परसादी नाऊ ने अलोपी बाग से ऑटो रिक्शा लिया और स्टेशन पहुंचे सारनाथ एक्सप्रेस से घर आने के लिए। गाड़ी में बहुत भीड़ थी ले-दे कर घर पहुंचे।
क्रमश:--

शनिवार, 4 सितंबर 2010

फ़्लाईट का ब्लैक बाक्स

रायपुर से दिल्ली की फ़्लाईट में सवार हुआ, फ़्लाईट दिल्ली पहुंचने में पूरे दो घंटे का समय लेती है। प्लेन ने टेक ऑफ़ किया और मैं एक मैग्जिन पढने लगा। व्योम बालाएं चाय नास्ता सर्व करने लगी। इसी बीच काकपीट का दरवाजा खुला, पायलट प्लेन में चक्कर काटने लगा।
मेरे साथ बैठे दुबे जी पूछा-“पायलट क्यों चक्कर काट रहा है?मुझे तो कुछ शंका हो रही है।“
“मैने पूछा किस बात की?”
“कहीं ये देखने आया हो कि कितनी सवारियाँ मरेंगी”?
“अरे ऐसा तुम क्यों बोल रहे हो”?
“मैने तो पहले कभी पायलट को इस तरह प्लेन में चक्कर काटते नहीं देखा,ऐसा तो पहली बार देख रहा हूँ।“
“हो सकता है यूँ ही चला आया हो, तफ़री करने।“
“अब यह काकपीट के अंदर जाकर एलाऊंस करने वाला है, प्लेन का एक इंजन फ़ेल हो गया है, सवारियाँ अपनी सीट बेल्ट बांध लें, क्रेश लैंडिग की तैयारी की जा रही है”?
“अरे शुभ-शुभ बोलो महाराज।“
“खैर मरने के बाद पता चल ही जाएगा कि सवारियाँ क्यों मरी है।“
“हां, इसमें एक ब्लेक बॉक्स होता है, जिसमें फ़्लाईट डेटा रिकार्डर होता है, जो कि नष्ट नहीं होता।“
“जब ब्लेक बॉक्स इतना मजबूत बनाते हैं,तो प्लेन  क्यों नहीं बनाते?- दुबे जी ने सवाल खड़ा किया।
मैं अनुत्तरित था, इसका जवाब मेरे पास नहीं था। तभी एलाऊंस हुआ, हम दिल्ली एयरपोर्ट पर लैन्ड करने वाले हैं, यात्रियों से अनुरोध है कि अपनी सीट बेल्ट बाँध लें…….।

बुधवार, 1 सितंबर 2010

दादी का आशीर्वाद

अलख निरंजन, अलख निरंजन” सुनकर मैने सर उठाकर देखा, एक बाबा जी और उनका चेला मेरे सामने खड़े थे। बाबा जी नंगधड़ंग, जटाधारी और लिंग पर सांकल बांध रखी थी, उसमें एक ताला लटका रखा था, एक कमण्डल और एक थैली लटका रखी थी। कम उमर चेला कोपिन धारी था। दोनो मेरे सामने खड़े थे। मेरा लिखने में ध्यान होने के कारण उनके आगमन का आभास नहीं हुआ। मैने उनकी ओर देखा।
“अलख निंरजन बच्चा” कुछ ध्यान में थे,मुझे लगता है कुछ परेशानी है।“-बाबा जी बोले।
मैने भी सोचा बाबा जी को कैसे पता चला कि मैं कुछ परेशानी में हूँ। परेशानी और मेरा साथ तो चोली दामन का है।एक खत्म नहीं होती, दुसरी चली आती है।
“कहिए महाराज, क्या सेवा करुं”-मैंने उत्तर दिया
“वत्स चेहरे से चिंता की रेखाएं मिट जाएंगी, दो महीने के बाद शुभ दिन आने वाला है, अवश्य ही तुम्हारा कल्याण होगा,ये हमारा वचन है।“
“मैं खुश हूँ महाराज, मुझे किसी भी तरह का शोक नहीं है, बस ईश्वर की कृपा बनी रहे।”
“खुश ही रहोगे बच्चा, लो प्रसाद लो, संकोच मत करो”- कहते हुए बाबा जी ने अपनी झोली में भभूत निकाल कर दी।
मैने उनसे भभूत लेकर पुड़िया बांध कर रख ली। तब बाबा जी फ़िर बोले-“ बच्चा कुछ दक्षिणा करो, तो बाबा लोग भी चलते हैं”- मेरी जेब में एक 50 का नोट था, जिसे कई दिनों से संभाल कर रखा था कि कभी एन वक्त पर काम आ जाएगा।
“देर न करो बच्चा, तुम्हारी जेब में 50 का नोट है, हमें  मालूम है, और तुम क्या सोच रहे हो ये हम जानते भी हैं, संशय मत रखो और वह नोट हमें दे दो। तुम्हारा कल्याण होगा।“
ये तो बड़ा आश्चर्य हो गया, मेरी जेब में 50 का नोट है बाबा जी कैसे जान गए? जरुर कोई पंहुचे हुए महात्मा हैं, मैने सोचा। अब दे ही देता हूं 50 रुपए, मेरी जरुरतों को पूरा करना होगा तो भगवान चिंता करेंगे मेरी। लेकिन कहीं दादी को पता चला तो मार-मार कर छड़ी मेरी चमड़ी उधेड़ देगी। मैनें इधर-उधर देखा, जब कोई नहीं दिखा तो 50 का नोट बाबा जी के हाथ पर धर दिया, बाबा जी खुश हो कर ढेर सारा आशीर्वाद दिया और जैसे ही 5 डग भरे, तभी दादी का प्रवेश हो गया। वह अपनी लाठी टेकते हुए अंदर आई और बहुत गुस्से में थी।
“अरे! मुस्टण्डों तुम्हे बच्चे से 50 रुपया लूट कर ले जाते शर्म नहीं आई, अभी वापस करो रुपए।“ इतना सुनते ही दोनो बाबा जी तो दौड़ लिए, दादी बकते हुए उनके पीछे-“ एक बार मेरे हाथ बस लग जाओ, तुम्हारे सात जन्मों की कसर निकाल रख दुंगी, कभी दुबारा इस ओर मुंह करके देखोगे भी नही, नासपीटों को हमारा घर ही मिलता है।“
जब बाबा जी हाथ नहीं आए तो दादी ने मूड़ कर मुझे दो डंडे लगाए,-“ यूँ ही लुटाता रहे गा कि कुछ कमायेगा भी, तुझे मालूम है आगे कितनी बड़ी जिम्मेदारियाँ सर पर खड़ी हैं, ये मोडे तेरा कल्याण कर जाएंगे।आज तो तेरी हड्डी पसली एक करके छोड़ुंगी।“
“दादी मुझे छोड़ दो, अब फ़िर ऐसी गलती नहीं करुंगा।“मैने कानों को हाथ लगाते हुए कहा। दादी वापस घर के अंदर चली गयी। बाद में पता चला कि मेरी करतूत को माँ देख रही थी, उसने दादी को भेजा था कि-“देखो तुम्हारा सपूत क्या कर रहा है।“
दादी को रुपए पैसे का महत्व पता था, दादा जी की मृत्यु के बाद घर का बोझ उन पर ही आ पड़ा था। थोड़े से खेतों के भरोसे घर गृहस्थी को चलाना कठिन काम है,उन्होने जैसे तैसे करके अपने 5 बच्चों को पाला था। फ़िर उन्होने कुछ सुख के भी दिन देखे थे। जब भी सबको दूध देने का समय आता तो मुझे एक प्याला दूध का ज्यादा ही देती थी और कहती थी दूध पीकर मेरा बेटा जल्दी बड़ा होगा। कभी मेरी बदमाशियों को छुपाते हुए पिताजी से लड़ भी जाती थी।
एक बार बरसात के महीने में दादी की तबियत खराब हो गयी, उन्हे उल्टी और दस्त शुरु हो गए, रात के समय मुसलाधार गिरते पानी में मैं डॉक्टर लेकर आया, उसने इलाज किया। कुछ दिनों में वह ठीक हो गयी। लेकिन उतनी ठीक नहीं हुई जितनी पहले थी। दिनों दिन कमजोर होते जा रही थी। अब तो उनका बिस्तर से उठना भी मुस्किल हो गया था। घर वाले सब चिंता में थे कि दादी अब नहीं बचेंगी। तभी एक रात पिताजी को असमय हृदयाघात हो गया और वे चल बसे। अचानक एक अनचाही विपदा आन पड़ी जिसके बारे में किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा भी हो सकता है। एक पहाड़ सा ही टूट पड़ा। दादी खाट से लाठी के सहारे उठ कर खड़ी हो गयी थी फ़िर हमारे खानदान का सहारा बनने के लिए। जैसे गाय अपने बछड़े के प्राण पर आया संकट देख कर सिंह से भी लड़ जाती है ठीक उसी तरह……….।
इस तरह दादी के सामने आई असमय जिम्मेदारी ने उनके प्राण फ़िर लौटा दिए। वे हमेशा घर के बारे में सोचती रहती, हमारी पढाई की चिंता करती, कुछ सालों में हम सब पढ लिख कर काम पर लग गए थे। सभी की शादियाँ हो चुकी थी। लेकिन दादी ने अभी भी घर की कमान नहीं छोड़ी थी। वह मुस्तैद थी अपनी ड्युटी पर। लेकिन काल कब किसे मौका देता है, एक बार उसने फ़िर खाट पकड़ ली, जीवन के झंझावातों से वह बहुत टकराई और उन पर विजय पाई थी। लेकिन अब समय की मार ने उसे असक्त कर दिया था। वह खाट से नहीं उठ पाई, खाना धीरे-धीरे कम होकर एक दिन छूट गया।
उसने मुझे बुलाया और लेटे ही लेटे मेरा हाथ पकड़ कर अपने सीने से लगाया और मुझे अपने पास बैठने कहा और बोली-“जो मैं कह रही हूँ उसे ध्यान से सुन, तू बहुत भोला है, ये दुनिया जालिम है, लेकिन जानती हूँ जिसका कोई नहीं होता उसका भगवान होता है। तेरे साथ भी वही है, किसी बात की चिंता मत करना, तेरे पास किसी चीज की कमी नहीं है और आगे भी नहीं रहेगी। अब तुझे परिवार की जिम्मेदारी ढंग से संभालनी पड़ेगी। सभी को लेकर चलना पड़ेगा और मुझे मालूम है, तू इस काबिल है। मेरा आशीर्वाद सदा तेरे साथ है।“- इतना कहने के बाद दादी फ़िर कभी नहीं बोली………वह जीवन की लड़ाई जीत चुकी थी……!

मंगलवार, 31 अगस्त 2010

खोली नम्बर 36

वह विस्फ़ारित नेत्रों से जेलर को एकटक देखे जा रहा था। उसकी आँखों भय का सम्पुट था। डर के मारे टांगे कांप रही थी। कंठ सूखा जा रहा था। थूक लीलने की कोशिश करता था,लेकिन गटक नहीं पा रहा था। पसीना-पसीना हो रहा था। सामने घड़ी का पैन्डूलम हिल रहा था बांए से दांए। उसे लग रहा था कि बस अब गिर पड़ेगा। तभी वह जोर से चीखा-“नहीं……नहीँ……..नहींईईईईईईईईईई........। आवाज आई......."धड़ाम"...। वह गिर पड़ा था।
जेलर ने तुरंत बेल बजाई…… सिपाही अंदर आया, जेलर और सिपाही ने मिलकर उसके चेहरे पर पानी छींटा। पानी की बूंदे पड़ते ही उसने हरकत की…………आँखे मिचमिचाई। फ़िर आँखे खोल कर देखा………लगता था माहौल जा जायजा ले रहा हो कि वह कहाँ है…………फ़िर उसने आँखे बंद किए ही पूछा-
“ मैं कहाँ हूँ?
“तुम अभी जेलर के आफ़िस में हो।“ उसने फ़िर आँखे खोली, धीरे से उठ कर खड़ा हुआ-
“मैं वहां नहीं जाउंगा......... आप चाहे तो मुझे फ़ांसी पर लटका दें........मैं वहां पागल हो जाउगां......... मुझे बख्स दिजिए.....आप कहेंगे तो मैं यहां झाड़ू लगाने का काम कर लूंगा, संडास साफ़ कर दुंगा,लेकिन वहां नहीं जाउंगा।“
“तुम्हें हम कहीं नहीं जाने कह रहे, फ़िर इतना क्युं घबरा रहे हो?”-जेलर ने कहा
“नहीं सर मुझे नहीं जाना है”
“कहाँ नहीं जाना है, कुछ तो बताओगे?”
“खोली नम्बर 36 में”
“क्यों? वहाँ तो बहुत मजे हैं.........., बिजली है,.....पंखा है...... कूलर है......, और बढिया खाना भी है। फ़िर क्यों डर रहे हो? सब वीआईपी ट्रीटमेंट मिलेगा”
“मुझे वहां मत भेजिए सर,-प्लीज।“-वह घिघियाने लगा।
“देखो...., तुम कोई सरकार के दामाद नहीं हो, जो तुम्हे हर तरह की रियायत दी जाए,...... यह जेल है बाबू जेल। यहाँ हमारी मर्जी चलती है और तुम कौन सा सत्कर्म करके आए हो? जो तुम्हे जन्नत बख्श दी जाए?”
सर......, सर प्लीज सर...... बात ये हैं कि वहां का जो नम्बरदार है, वह हिटलर की सेना में रह चुका है। जो भी वहां जाता है......उसके साथ ...... उसके साथ, बस मत पूछो सर, मत पूछो।–कह कर वह फ़िर रोने लग जाता है।
“उसके साथ, फ़िर आगे बोलो”-जेलर ने कहा।
“सर, बिजली,पंखा,कूलर के लालच में जो चला जाता है उसे ऐसा लगता है कि वह नाजी कैम्प में आ गया हो। इतनी प्रताड़ना दी जाती है सर, नाखून तो नहीं उखाड़े जाते, पर कसर छोड़ी नहीं जाती।“
“हमने तो ऐसा कोई टार्चर रुम नहीं बना रखा।“
“क्या बताऊं सर मैं कुछ दिनों के लिए वहां चला गया था, वहां का हाल देख कर तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं सर, बस एक चीज की कमी है वहां”
“बताओ, अगर तुम जाओगे तो वह भी पूरी कर देंगे”- जेलर ने कहा
“सर, आप मेरे ही पीछे क्यों पड़े है, और किसी को भेज दिजिए, मैं यहीं छोटी गोल में काम कर लुंगा।“
“तुम वहां किसी चीज की कमी बता रहे थे, और ये बातों को बार-बार दोहरा कर क्या साबित करना चाहते हो?”
“सर, वह नाजी कैंप तो है,लेकिन वहां गिलोटीन(गला काटने का यंत्र) नहीं है, बस वह भेज दीजिए तो मैं चला जाउंगा, कम से कम जरुरत पड़ने पर कुर्बानी तो दे सकुंगा।“
“अरे!इतना भयानक है क्या वहां का वातारवरण, मुझे पता ही नहीं था।“
“मत पूछिए सर, वहां जो नम्बरदार है, उसकी हंसी ही इतनी खतरनाक है कि रमेश सिप्पी को पहले मालूम होता तो शोले के गब्बर के लिए उसे ही कास्ट किया जाता। गब्बर की हंसी से भी भयानक हंसी हैं। जब वह अट्टाहस करता है तो दीवारों से चूना झड़ने लग जाता है।कैदियों की सांस रुकने लग जाती है।उसकी लाल-लाल आँखे गजब का कहर बरपाती हैं, जब वह फ़िल्मों के डायलाग बोलने लगता है तो अमरीश पूरी और प्राण की आत्मा उसमें समा जाती है, और जो भी सामने उसे हीरो समझ कर पीटने लगता है सर। मुझे वहां मत भेजिए, प्लीज्।“
“इतना अच्छा सांस्कृतिक वातावरण हमारी जेल में बना हुआ है और हमें मालूम नहीं। तुमको वहां जरुर जाना चाहिए, कुछ सीखने मिलेगा।“
“राम सिंगSSS”—जेलर ने आवाज लगाई।
“जी सर”-राम सिंग हाजिर था।
“इसे खोली नम्बर 36 में पहुंचा दो-जेल में हमें सुसंस्कारित और प्राणवान लोगों की जरुरत है, यह वहाँ से अवश्य ही जीवन विद्या में पारंगत होकर आएगा……”-जेलर ने आदेश दिया।
खोली नम्बर 36 का नाम सुनते ही वह फ़िर अपने होश खोकर, धड़ाम से फ़र्श पर गिर चु्का था।

नोट:- इस कहानी का किसी जीवित या मृत व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है।

शुक्रवार, 27 अगस्त 2010

रामबती जाग उठी

“रोगहा, भड़वा अब मार के देख, तोर मुर्दा नई रेंगा देंव त मोर नाम रामबती नइए”- रामबती गरज रही थी। ढेलु डंडा लेकर खड़ा था उसके सामने,बीबी भी साथ में थी। नल पर भोर में मजमा लगा था,पानी भरने वालों का।

सभी मुंह फ़ार के तमाशा देख रहे थे किसी की हिम्मत नही थी कि वे ढेलु के हाथ से डंडा लेकर रामबती को छोड़ाएं।

“तोर खून कर देहूं आज”-ढेलु गरज रहा था। आस-पास के घर वालों ने अपने किवाड़ बंद कर लिए थे और किवाड़ के दरज से देख रहे थे।

ढेलू ने जैसे ही रामबती को मारने के लिए लाठी घुमाई, रामबती ने पलटा खा कर वार बचाया और झुक कर ढेलु की मर्दानगी को ही पकड़ लिया और जोर से उमेंठ दिया।

ढेलू के छक्के-पंजे बंद हो गए, वह मारे दर्द के बिलबिला उठा। रामबती जैसे उमेंठती, वह वैसे ही वेदना से चिल्लाकर दोहरा हो जाता। दो लाठी खाने के बाद रामबती के हाथ ढेलू की चाबी लग गयी ।

ढेलू की पत्नी दोनों के बीच में घुस कर छुड़ाने का प्रयास कर रही थी। लेकिन रामबती छोड़ने का नाम ही नहीं ले रही थी। ढेलू निढाल हो चुका था, जैसे उसकी जान निकल रही हो।

उसकी मर्दानगी अब रामबती के हाथ थी। बेबस होकर उससे छोड़ने की गुहार कर रहा था।इस घटना की सूचना किसी ने रामबती के पति को दे दी।

वह डर के मारे घर से नहीं निकला। रामबती को ही ढेलू को सुधारना पड़ा। जब ढेलू की बीबी उसके पैरों में गिर गयी तब रामबती ने ढेलु को छोड़ा।

इस घटना की चर्चा सारे गाँव में फ़ैल चुकी थी। ढेलू का पुरुषार्थ धरा रह गया था। वह घर में घुसा हुआ था, किसी को मुंह दिखाने के लिए बाहर नहीं निकल रहा था।

उधर रामबती अपनी आप बीती लोगों को सुना रही थी। झगड़े का कारण था,नल से पानी भरना। जब भी फ़ूलबती अपनी गुण्डी(पीतल की मटकी) लेकर पानी भरने नल पर जाती तो ढेलू की बीबी पहले से पानी भरते रहती।

उसके पानी भरते तक वह किसी को नल को हाथ भी न लगाने देती थी। एक घंटे तक सभी महिलाएं अपनी-अपनी गुण्डी लेकर नल पर खड़ी रहती थी। लेकिन वह पट्ठी किसी को नल के पास फ़टकने तब तो।

ढेलू गाँव का कोटवार था, इसलिए उसकी दबंगई के सामने कोई कुछ नहीं कहता था। रुतबे का गलत फ़ायदा ये हमेशा उठाते थे।

रामबती को भी काम में जाना था, इसलिए उसने नल के नीचे आज अपनी गुण्डी लगा ली थी। जो ढेलू की बीबी को नागवार गुजरी और उसने अपने पति को आवाज दी, वह लाठी लेकर आया और रामबती पर बिना बात किए ही चलाने लगा। दो लाठी खाने के बाद तो रामबती उसका हाल बेहाल कर दिया।

रामबती पहले ऐसी नहीं थी, वह अपने काम में मगन रहने वाली औरत थी, लेकिन मरता क्या न करता इसलिए उसने परेशान होकर आज बहुत साहस का काम किया था। उसका क्रोध उमड़ ही पड़ा। कब तक सहती वह अत्याचारों को। जन्म से ही तो सहते आई है।

बचपन में माता-पिता की मृत्यु के बाद मामा ने उसका पालन-पोषण किया था, मामी उसे बहुत दु:ख देती थी। घर का सारा काम कराती और खाने भी नहीं देती थी। एक दिन उसने मामा से शिकायत कर दी तो मामा ने मामी को खूब मारा था। मामी ने उसे दुगना सताना प्रारंभ कर दिया। इस डर से अब वह मामा से भी शिकायत नहीं कर पाती थी।

15 बरस की हुई तो मामी ने उसकी शादी दबाव डाल कर एक अधेड़ से करवा दी और उसके एवज में कुछ पैसे अंटी में दबा लिए। उसका पति दारु पीकर आता और उसे मारता-पीटता। कोई काम नहीं करता था। इसलिए उसे 5 घरों में बर्तन-झाड़ू करने जाना पड़ता था।

जब वह कमा कर लाती तो उसका पति अब छीन कर दारु पी जाता। बस किसी तह मार सहकर भी अपनी जीवन की गाड़ी चला रही थी। उसके कोई आल-औलाद तो हुई नहीं थी।

एक दिन गांव में ट्रांसफ़र होकर एक साहब आए। उनकी पत्नी बीमार थी। जिसकी सेवा करने के लिए उन्हे एक बाई की जरुरत थी। उन्होने रामबती को काम पर रख लिया।

गांव के लोगों ने ढेलू वाली घटना साहब को बताई, उससे सावधान रहने को कहा। लेकिन साहब कुछ अलग ही तरह के इंसान थे, उन्होने किसी की बात की तरफ़ ध्यान देने की बजाए रामबती को काम पर रख ही लिया।

रामबती ने उनकी पत्नी की लगन से सेवा करनी प्रारंभ कर दी। उनकी पत्नी को लकवा हो गया था। वह खाट से हिल भी नहीं सकती थी। रामबती उसकी लगन से सेवा करती।

एक दिन उसे पता चला कि दारु पी-पी कर उसके पति को टीबी हो गयी है और इलाज नहीं कराने के कारण वह अंतिम चरण में पहुंच गयी है। कुछ दिनों में उसका पति अंतिम सांसे गिनने लगा। जैसा भी था उसका पति था।

उसने पति का अपनी औकात से ज्यादा इलाज कराया लेकिन एक दिन वह चल बसा। उसके घर में कफ़न-दफ़न करने के लिए भी रुपए पैसे नहीं थे।

साहब ने उसकी सहायता की और उसके पति का अंतिम संस्कार कराया। बिरादरी को भोजन भी कराया। अब रामबती अकेली हो चुकी थी पहाड़ सी जिन्दगी उसके सामने थी। बचपन से ही ठोकरें खा रही थी। लगता है उसकी किस्मत में यही लिखा था।

वह साहब के यहां नित्य काम पर जाती। उनकी पत्नी की सेवा करती, साहब के भी दो छोटे-छोटे बच्चे थे। एक दिन साहब की पत्नी ने दुनिया से विदा ले ली। साहब भी अब अकेले हो गए थे।

रामबती को उनके घर का अब सारा काम करना पड़ता था। एक दिन साहब ने रामबती को अपने साथ रहने का प्रस्ताव दिया। वे उसके साथ दूसरा विवाह करना चाहते थे। रामबती ने बहुत सोच विचार कर हां कर दी।

दोनो ने एक दुसरे का हाथ थाम लिया। रामबती अपने दुखों से निजात पा चुकी थी, बचपन के दुख और तकलीफ़ों के विसर्जन का समय आ चुका था वह एक नयी जिन्दगी सुख की शुरु कर चुकी थी। वह जाग उठी थी, अब पहले वाली रामबती नहीं साहबिन हो चुकी थी।

मंगलवार, 24 अगस्त 2010

लांस नायक वेदराम

सामने पहाड़ी पर एक टक निगहबानी करती हुई मेरी एक जोड़ी आंखे जमी हुई बर्फ़ को देख रही थी। दूर तक कहीं हरियाली का नाम-औ-निशान नहीं। चारों तरफ़ बर्फ़ ही बर्फ़ धवल और शुभ्र। 

मैं लांस नायक वेदराम अपनी एल एम जी बंकर में मजबूती से संभाले हुए चौकस था। पिछले 5 महीनों से इस फ़ील्ड पर वह अपनी ड्युटी बजा रहा था। बड़ा कठिन होता है नो मेंस लैंड पर ड्युटी करना, जहां आम सुविधा तो क्या, दैनिक निवृति भी मुस्किल से होती है। 

पता नहीं कब बंकर से बाहर निकलते ही पहाड़ी के पार से आती गोलियां शहीद का दर्जा बख्श दे प्रमाण पत्र के साथ।  

मन कल से ही उदास था। रह-रह कर बस सुक्खी की याद आ रही थी।घर में बूढी माँ अकेली थी। बहन की शादी तो मैं कर आया था पिछले जाड़ों में। एक जिम्मेदारी जो थी उसे निभा आया था। परिवार की जिम्मेदारी भी बहुत बड़ी होती है जब घर का एकमात्र पुरुष घर से दूर रहे।

जब भी मैं घर जाता तो माँ याद दिलाती कि-“ सुक्खी बड़ी हो गयी है, उसके हाथ पीले कर देने चाहिए, अच्छा सा लड़का देखकर”। अब की  छुट्टियों में मैं यही सोच कर गया था कि-कैसे भी हो सुक्खी के हाथ पीले कर के ही वापस आऊंगा।

सुक्खी मुझसे दो साल छोटी थी, पाकिस्तान की लड़ाई में पिताजी के शहीद होने के बाद माँ ने हमें बड़ी तकलीफ़ों से पाला था। 300 रुपए की पेंशन में घर का गुजारा नहीं होता था।आर्मी वेलफ़ेयर एसोसिएशन की कुछ अफ़सरों की बीबियां माँ को एक सिलाई मशीन देकर गयी थी और उसकी फ़ोटो दूसरे दिन अखबारों में छपी थी।

तब से माँ ने सिलाई का काम शुरु कर दिया। हम भी उसका हाथ बंटाते । कभी सुक्खी मेरे साथ छेड़खानी करती, मेरी स्लेट लेकर बैठ जाती। माँ मैं भी स्कूल जाउंगी। माँ से मैं उसकी शिकायत करता-“माँ देख सुक्खी मेरी स्लेट नहीं दे रही है।

मुझे अभी स्लेट पर ईमला लिख कर ले जाना है।“ माँ हंस कर कहती-“दे दे सुक्खी भाई की स्लेट, मैं तुझे दूसरी ला दुंगीं।“ माँ के कहने से भी नहीं देती थी स्लेट, तब मैं उसकी चुटिया पकड़ कर खींचता तो वह नाराज हो जाती।

उसे मनाने के लिए स्कूल से आते हुए ढोलुराम बनिए की दुकान से पोदीने वाली टिकिया लेकर आता।

आते ही आवाज देता-“ सुक्खी-देख तेरे लिए मैं क्या लाया हूँ?

आवाज सुनकर वह दौड़ कर बाहर निकल आती और कहती-“ माँ मेरा भाई कितना अच्छा है, मेरे लिए कितना कुछ लेकर आता है।“

उसकी बातें सुनकर माँ मुस्कुराती और मैं भी हंसने लगता था-कितनी भोली है मेरी बहन। सुबह झगड़ा किया था और नाराज थी, पोदीने की टिकिया मिलते ही अब राजी हो गयी।फ़िर हम दोनो लंगड़ी खेलने लगते और खूब धमा चौकड़ी मचाते।

इस तरह हमारा बचपन बीतता गया। मैने मैट्रिक पास कर ली थी अब 17 का हो गया था।

मां से पूछता-“माँ तुम्हारी उमर कितनी है? तो माँ कहती-“बेटा जब तु 20 बरस का हो जाएगा तो मैं 40 बरस की हो। तेरे पिताजी के जाने के बाद एक-एक दिन और पल गिन रही थी कि तु कब बड़ा होगा।“

सुक्खी भी अब स्कूल जाने लगी, वह रोज स्कूल जाती और वापस आकर माँ के सिलाई के काम में हाथ बंटाती। सिले हुए कपड़ों पर बटन और हुक टांगती। फ़िर अपनी पढाई करती।

गाँव में बिजली नहीं थी। इसलिए हमें पढाई का काम अंधेरा होने से पहले ही पूरा करना पड़ता था। माँ के पास अब सिलाई का काम बहुत बढ गया था। इसलिए हम सब मिल जुल कर काम को करते ।

एक दिन अमर सिंग ने बताया कि-पानीपत में फ़ौज की भरती शुरु हुई है। गांव से बहुत सारे लड़के जा रहे हैं।

मैने माँ से कहा-“माँ गाँव से मेरे साथ के बहुत सारे लड़के पानीपत में फ़ौज में भर्ती होने जा रहे हैं। अगर तू कहे तो मैं चला जाऊं ।“

माँ सुनकर उदास हो गयी, आसमान में ताकने लगी, उसकी आँखे डबडबा आईं, थोड़ी देर में फ़िर बोली-“जा बेटा हमारे खानदान में तो पीढियों से परम्परा रही है,फ़ौज की नौकरी करने की।

फ़िर उसने अपने पल्लु में बंधे 28  रुपए दिए। रोटियों को चूर कर चूरमा बनाया,मुझे पिताजी का मेडल देना नहीं भुली और माथे पर हाथ फ़ेर कर कहा-“जा बेटा भर्ती हो जा।“

पानीपत पहुंच कर मैने अपने पिताजी का मेडल वहां बैठे भर्ती ऑफ़िसरों को दिखाया और उन्होने मुझे भी लाईन में लगा दिया। नाप-जोख, भाग-दौड़ होने के बाद दुसरे दिन मुझे किट बैग थमा दिया गया और सीधे वहीं से बेसिक ट्रेनिंग कोर्स के लिए भेज दिया गया।

6 माह की रंगरुटी के बाद मेरी पोस्टिंग यहाँ बार्डर पर हो गयी। पिछली छुट्टियों में घर गया था तो माँ के लिए साड़ी, सुक्खी के लिए कैंटिन से एच एम टी की घड़ी लेकर आया था। उसे घड़ी का बड़ा शौक था। हमेशा घड़ी के लिए मुझे कहती थी लगता था कि इस घड़ी के बिना वह घड़ी भी नहीं रह सकती।

अबकी छुट्टियों में उसके लिए कैंटीन से मैने बहुत सा सामान खरीदा और घर पहुंच गया। माँ ने सुक्खी के दहेज के लिए काफ़ी कुछ जरुरतों का सामान जमा कर रखा था। काफ़ी तलाश के बाद एक लड़का पास के गांव में मिल ही गया।

वह गोविंद गढ में स्कूल मास्टर था। धूम धाम से शादी हो गयी और सुक्खी अपने घर चली गयी।

बचपन में मेरा जब उससे झगड़ा होता तो माँ कहती –“तू मत लड़ रे उससे, वो तो पराई है एक दिन तुझे छोड़ कर चली जाएगी, ये तो चिड़िया है,चिड़िया एक दिन उड़ जाएगी।” तब तो मेरी समझ में नहीं आता था कि माँ ऐसा क्यों कहती है।

उसका विदा करके मैं जी भर रोया। आंसू रुकते ही नहीं थे। सुक्खी अपने घर चली गयी थी, चिडिया उड़ चुकी थी।

बस इस बात को बरसों बीत गए। भाई-बहन के जीवन में बरस में एक विशेष दिन आता है जब दोनो एक दूसरे को बहुत याद करते हैं, चाहे दुनिया के किसी कोने में भी हों इस दिन मिल ही लेते हैं। राखी के एक दिन पहले हमेशा उसका राखी का लिफ़ाफ़ा हजारों किलोमीटर दूर कदमों से चलकर मेरे पास आ जाता था।

दूसरे दिन सभी साथियों की तरह मेरी भी कलाई पर राखी सज जाती थी जैसे किसी ने शौर्य चक्र मेरे सीने पर लगा दिया हो और दिन भर मैं तनकर खड़ा रहता था अपनी एल एम जी के साथ, जिस पर सुक्खी की भेजी एक राखी बंधी होती थी।

एल एम जी मेरी रक्षा करती, मैं एल एम जी की और सुक्खी की राखियों में समाया प्रेम हम दोनो की रक्षा करता।
मैं इतजार कर रहा हूँ सुक्खी के लिफ़ाफ़े का जो खुशियां लेकर आएगा मेरे लिए। जिसमें होगीं सलामती की लाख दुवाएं, जिसकी मुझे हमेशा जरुरत रहती है,

हरकारे की आवाज का इंतजार कर रहा हूं जब वह कहेगा-“ लांस नायक वेदराम! तुम्हारी राखियाँ आ गयी हैं अब जरा सी रम पिला दे यार।“ मैं भी खुशी से आधी बोतल उसके गिलास में उड़ेल दूंगा।  वह भी मस्त हो जाएगा। भाई बहन के प्रेम के गीत गुन-गुनाएगा। यह खुशी ही कुछ ऐसी है।

अब जब भी सूनी कलाई पर मेरी निगाह पड़ती है, एक हूक सी दिल में उठती है, एल एम जी पर मेरा हाथ कस जाता है, क्योंकि आज दोनो ही उदास है, मेरी कलाई भी सूनी है और एल एम जी का ट्रिगर  भी……. 

माँ की चिट्ठी आई थी मैं मामा बनने वाला हूँ। बहुत खुश हुआ था सुनकर मैं। ऐसा लगता था कि अभी उड़कर उसके पास पहुंच जांऊ। एक बार सुक्खी से मिल आऊं। कैसी है वह। बस दिन यों बीतते गए और मैं खुशखबरी का इंतजार करता रहा।

एक दिन चिट्ठी आई कि मैं मामा बन गया हूँ,खुशी के साथ दुख: का एक पहाड़ भी टूट पड़ा मेरे उपर, आगे चिट्ठी में लिखा था-“ जापे (जचकी) के दौरान सुक्खी की तबियत बिगड़ गयी और वह अपनी निशानी छोड़कर चली गयी। चिड़िया थी अनंत आकाश में उड़ गयी।

मुझे तो लगा कि पाला मार गया, सारा शरीर सुन्न हो गया। हे भगवान! ये कैसा न्याय है तेरा? बरसों से खुशियों को तरसने वालों को तू खुशी का एक मौका न दे सका। बस यूं ही खड़ा रहा मैं अपनी एल एम जी के साथ और चिड़िया उड़ गयी है मेरे आंगन की अनंत आकाश में……..

सोमवार, 25 जनवरी 2010

बुरे लोगों की संगति का फल तो भुगतना ही पड़ता है.!!

एक किसान के खेत में कौंवों का एक विशाल झुण्ड आ जाता और उसकी फसल तहस-नहस कर देता. इससे किसान इन कौंवों से परेशान था. उसने खेत में कई बार कपड़ों के पुतले खड़े किये, किन्तु कौंवें उसके धोखे में नहीं आये. उन्होंने पुतलों को भी चीर फाड़ डाला.

जब किसान बेहद दुखी हो गया तो उसने खेत में जाल बिछा दिया.जाल ऊपर उसने अनाज के कुछ दाने बिखेर दिये. कौंवों की नजर दानों पे पड़ी तो बिना सोचे समझे दानो पर टूट पड़े. जैसे ही वे दाने चुगने के लिए नीचे उतरे, सब-के-सब जाल में फँस गए.

किसान जाल में फंसे कौंवों को देख कर बहुत खुश हुआ. उसने कहा"आज फंसे हो मेरे चंगुल में,दुष्टों! अब मैं तुममे से किसी को नहीं छोडूंगा."

तभी किसान को एक करुण आवाज सुनी दी. उस सुनकर किसान को बड़ा आश्चर्य हुआ. उसने ध्यान से जाल में देखा तो कौंवों के साथ उसमे एक कबूतर भी फंसा हुआ था.

किसान ने कबूतर से कहा "अरे! इस टोली में तू कब से शामिल हो गया? पर मैं तुझे भी छोड़ने वाला नहीं हूँ. क्योंकि तू बुरे लोगों की संगत करता है. बुरे लोगों की संगति का फल तो तुझे भुगतना ही होगा. इसके बाद किसान ने अपने शिकारी कुत्तों को इशारा कर दिया......................
Promoted By :ram और shyamand aurएवम goodको

रविवार, 24 जनवरी 2010

पापी ! तूने मुझे बेकार मरवा दिया.!!

हमारी दादी कहती थी कि इस जुबान का गलत इस्तेमाल मत करो क्योंकि इसका कुछ नहीं बिगड़ता, ये तो बोल कर अन्दर घुस जाती है और दांतों का सत्यानाश (तुडवा) करवा देती है.इसका मतलब यह होता है कि करे कोई और भरे कोई. इस पर ही एक कहानी है.
एक पेड पर एक कौवा और एक बटेर रहते थे. एक बात पक्षियों को सूचना मिली कि गरुड़ भगवान सागर तट पर पधार रहे हैं, तो सभी पक्षी इकट्ठे होकर उनके दर्शनों के लिए सागर तट की ओर चल दिये.
जिस मार्ग से वे दोनों जा रहे थे, उसी राह पर जाता हुआ एक ग्वाला मिल गया. उसने अपने सर पर दही का मटका रखा हुआ था. कौवे ने ग्वाले के सर पर रखा हुआ दही का मटका देखा तो उसके मुंह में पानी भर आया. फिर क्या था, कौवा उस दही को खाने के लिए नीचे उतर आया. खाने के लोभ में वह ये भी भूल गया कि गरुड़ जी के दर्शनों के लिए जा रहा है.
कौवा मटके पर भीत के आराम से दही खाने लगा, कुछ देर बाद ग्वाले को पता चल गया कि मटके से कोई दही खा रहा है.
कौवा बहुत चालक होता है, वह पल भर में दो चर चोंच मार कर उड़ जाता. थोड़ी देर बाद फिर आ जाता.इस प्रकार ग्वाले के चलते चलते कौवा अपना काम करता रहा.
बटेर ने कौवे को ऐसा करने से मना भी किया, परन्तु कौवा कहाँ किसी की बात सुनता है. वह तो यही सोचता है कि मुझ से बड़ा बुद्धिमान कोई नहीं.
ग्वाले ने चलते-चलते कई बार हाथ उठाकर चोर को पकड़ने की चेष्टा की. किन्तु कौवा उसके हाथ नहीं आया.
जब दही चोर को पकड़ा नहीं जा सका तो ग्वाले ने दही का मटका सर से उतर कर नीचे रख दिया. फिर वहीं एक ओर छिपकर बैठ गया और दही चोर का इंतजार करने लगा. उसने देखा कि उपर वृक्ष पर कौवा और बटेर बैठे हैं.
ग्वाला समझ गया कि यही दही के चोर हैं. क्रोध से भरे गवाले ने पास पड़ा एक पत्थर उठाकर उन पर खींच कर मारा. जैसे ही कौवे ने ग्वाले को पत्थर उठाते देखा तो वह झट से उड़ गया मगर बटेर बेचारा नहीं उड़ सका और पत्थर सीधा बटेर को लग गया. पत्थर लगाते ही बटेर के मुंह से दर्द भरी चीख निकली. इसके साथ ही वह धरती पर जा गिरा और अपने जीवन कि अंतिम साँस लेते हुए बोला-----पापी ! तूने मुझे बेकार मरवा दिया. 

शुक्रवार, 22 जनवरी 2010

गधे का क्या अंजाम हुआ?

एक पुरानी कहानी पर चलते हैं. एक धोबी के पास एक गधा था. वह उसका बहुत ख्याल रखता था. मगर गधा दिन प्रतिदिन सूखता जा रहा था. धोबी ने सोचा कि इसका पेट भरने का उचित प्रबंध नहीं हुआ तो यह मर जायेगा. तभी उसके दिमाग में एक नई योजना आ गई.
उसने चुटकी बजाते हुए कहा-"लो बन गया काम, मैं इस गधे को शेर की खाल पहना कर रातों को खेतों में छोड़ दिया करूँगा.जिससे यह बड़े मजे से अपना पेट भर सकेगा."
दुसरे दिन धोबी एक शिकारी के पास जाकर शेर की खाल खरीद लाया. रात के समय गधे को शेर की खाल पहना कर खेतों की ओर खदेड़ दिया.
बस उस दिन के बाद गधे के भाग्य जग गए. वह बड़े मजे से रात होने पर खेतों में जाता, खूब पेट भर खाता और मौज मारता, अब तो थोड़े दिन में ही गधा खा-खाकर मोटा-ताजा हो गया.
किसान जब उस गधे को खेतों में आते देखते तो डर के मारे भाग खड़े होते. वे लोग यही समझते कि शेर आ गया. इस गधे ने इस क्षेत्र की सारी फसलों को चौपट कर दिया.
एक गरीब किसान का जब सारा खेत नष्ट हो गया तो वह बेचारा बहुत दुखी हुआ और उसने सोचा की इस शेर को मारे बिना गुजारा नही होगा. अगर उसे भूखे मरना है तो क्यों इस शेर को साथ लेकर मरुँ.
उस रात उसने अपने शरीर पर मटमैले रंग का कम्बल ओढ़ लिया. उसके अन्दर अपना धनुष-बाण छुपा लिया और अपने ही खेत एक कोने में दुबक कर बैठ गया.
जैसे ही शेर की खाल पहने गधा खेत के अन्दर आया तो उसने खेत के कोने में मटियाले रंग के पशु को बैठे देखा, उसने समझा कि यह भी  कोई गधा होगा, अपने भाई को वहां देखकर भूल गया कि वह शेर बना हुआ है, बस लगा उसी समय गधे की बांटी 'ढेंचू......ढेंचू' करने.
किसान ने जैसे ही शेर के मुंह से गधे की आवाज सुनी. तो वह समझ गया कि यह तो धोखे बाज गधा है. अब तो मैं इसे किसी भी कीमत पर जीवित नहीं छोडूंगा.......क्रोध से भरे किसान ने उसी समय तीर चलाकर गधे को........................................

Promoted By :ram और shyamand aurएवम goodको

बुधवार, 20 जनवरी 2010

दिल से दिल की राह होती है!!

एक बार अकबर और बीरबल कहीं जा रहे थे. सामने से कुछ फासले पर उन्हें एक जाट आता हुआ दिखा. 
अकबर ने बीरबल से कहा- इसे देख कर मेरा मन कहता है कि इसे गोली मार दूँ. 
देखें उसके मन में मेरे प्रति क्या विचार आते हैं? 
जब वह जाट उनके समीप आया तो बीरबल ने बादशाह की तरफ इशारा करके
उस जाट से पूछा कि-भाई डरो नहीं! सच-सच बताओ, 
" जब तुम्हारी नजर इस आदमी पर पड़ी तो तुम्हारे मन में क्या ख्याल आया था? 
उस जाट ने कहा कि मेरा दिल चाहता था कि इस आदमी की दाढ़ी खींच लूँ. 
अब पुष्टि हो चुकी थी कि दिल से दिल की राह होती है. 

मंगलवार, 19 जनवरी 2010

तुझे जलेबियाँ खानी है?



एक फकीर बाजार से गुजर रहा था. रास्ते में एक हलवाई की दुकान थी उसने बड़ी अच्छी जलेबियाँ सजा कर रखी हुई थी. उनके मन में आया कि जलेबियाँ खानी है. पर पास में पैसा नहीं था, करे तो क्या करे. मन को समझाया बुझाया लेकिन माना नहीं. फकीर आखिर वहां से वापस चले आया.


मन  की आदत है कि इसको जिस तरफ से वापस लाओ उसी तरफ जाता है. जब रात को भजन में बैठा तो जलेबियाँ सामने आयें. मन बाहर जाने लगा फकीर उठ गया. जब फिर बैठा तो वही ख्याल फिर सामने आया. जब सुबह हुयी तो वह पैसे कमाने के  लिए काम करने लगा. गर्मी बहुत थी और उसका मालिक कडक स्वभाव का था. जैसे तैसे शाम को थककर चूर होकर लडखडाता हुआ बाजार आया क्योंकि उसका मन तो जलेबियाँ खाना चाहता था.

उस समय जलेबियाँ सस्ती थी. रूपये की तीन सेर होती थी. उसने तीन सेर जलेबियाँ खरीदी और जंगल में ले गया. जलेबियाँ सामने रख कर बैठ गया. और मन से पूछता था कि तुझे जलेबियाँ खानी है? मन कहता था गरम-गरम खानी है. जल्दी खिलाओ फिर ठंडी  हो जाएँगी. लेकिन फकीर जलेबियाँ खाता नहीं था. वह मन से फिर पूछता था. जलेबियाँ खानी है? तो आवाज आती थी देर मत करो जल्दी खिलाओ. मन की व्यग्रता बढ़ती जा रही थी. जब एक मौका ऐसा आया कि अब जलेबियों पर झपट पड़ेगा. तभी सामने से एक राहगीर आ रहा था. फकीर ने सारी जलेबियाँ उसे दे दी. फिर मन ने जलेबियाँ नहीं मांगी. 

रविवार, 17 जनवरी 2010

एक बार दाढ़ी हिला दो महाराज!

एक राजा रात को प्रजा का हाल जानने के लिए भेष बदल कर घूमता था. एक बार उसे पॉँच चोर मिले. राजा ने पूछा " आप कौन हो" 

चोरों जवाब दिया " हम चोर हैं.""पर आप कौन हैं" चोरों ने राजा से पूछा.राजा ने कहा कि मै भी चोर हूँ. इस पर चोरों ने उसको अपने गिरोह में शामिल कर लिया. 

अब चोरी करने की सलाह हुई . लेकिन चोरी करने से पहले यह तय हुआ कि किसी एक को सरदार बनाना होगा. इस पर सब सहमत हो गये. सरदार चुनने के लिए जरुरी था सबका अपना-अपना गुण बताना पड़ेगा तथा जिसका गुण अच्छा होगा उसे ही सरदार चुना जायेगा.

पहले चोर ने कहा कि मैं ऐसी कमन्द लगता हूँ कि एक ही बार में रस्सी फँस जाती है. फिर चाहे सैकड़ों आदमी चढ़ जाएँ ऊपर. दुसरे ने कहा कि मैं सेंध लगाना अच्छी तरह से जानता हूँ. इतनी जल्दी और आसानी से सेंध लगता हूँ कि किसी को आवाज भी नहीं आती. तीसरा बोला मैं सूंघ कर बता सकता हूँ की माल कहाँ दबा है. चौथे ने कहा कि मैं जानवरों की बोली समझ सकता हूँ कि वे क्या कहते हैं? 

पांचवे ने कहा जिसको मैं रात को एक बार देख लेता हूँ उसे दिन में पहचान लेता हूँ. अब राजा सोच रहा था कि मैं क्या बताऊँ? अब राजा ने कहा कि मेरी दाढ़ी में इतने गुण हैं कि कितने ही बड़े अपराध वाले चोर-डाकू फांसी पर चढ़ रहे हों तो मैं जरा दाढ़ी हिला दूँ तो वे छुट जाते हैं. चोरों ने राजा का गुण सुना तो उसको अपना सरदार बना लिया.

अब पास में ही राजा का महल था. अब सलाह हुयी की राजा के महल में चोरी की जाये. मजबूरन राजा भी मान गया. जब महल की ओर चले तो रास्ते में एक कुत्ता भोंका, सभी ने चौथे चोर से पूछा कि ये क्या कहता है?  

उसने कहा कि कुत्ता कहता हैं कि हममे से कोई एक राजा है. सब जोरों से हंस पड़े तो राजा भी हंस पड़ा. महल में पहुँच कर पहले चोर ने कमन्द लगाईं. सारे चोर और राजा ऊपर चढ़ गए. दुसरे ने सेंध लगाई. तीसरे ने सूंघ कर खजाने का पता बता दिया.

माल की गठरीयाँ बांध कर नीचे आ गये. अपने इकट्ठे होने की जगह पहुँच कर चोरी का माल बाँट लिया और अपने -अपने घर की ओर चल दिये.

अगले दिन राजा ने अपने आदमी भेज कर चोरों को पकडवा लिया और फांसी का आदेश दे दिया.जब फांसी देने लगे तो पांचवा चोर सामने आया. उसने राजा से प्रार्थना की कि महाराज मैंने आपको पहचान लिया है क्योंकि आप तो रात को हमारे साथ थे. 

अब दाढ़ी हिला दो और हमें फांसी से बचा दो. हम पर कृपा करो. अब हम प्रण करते हैं कि आज के बाद कभी चोरी नहीं करेंगे और सारी उमर आपकी सेवा में बीता देंगे. राजा को दया आ गई. उसने दाढ़ी हिला दी, दाढ़ी का हिलना हुआ और पांचो चोर फांसी के तख्ते से नीचे उतार लिए गए उनकी हथकड़ी बेड़ियाँ खोल दी गई. अब वो सब राजा की सेवा में लग गए.

शनिवार, 16 जनवरी 2010

कलयुगी गुरु-चेला !

सोटा नन्द अपने गुरु लोटा नन्द के साथ जंगल में रहता था. इस बार की सर्दियों में जोर की बारिश हुयी तो अँधेरी रात में झोपड़ी की छत से पानी टपकने लगा. 
लोटा नन्द ने सोटा नन्द से कहा, "बच्चा! छत पर चढ़ कर देख कि छत में से पानी कहाँ से टपक रहा है? उसे ठीक करने का उपाय कर?"
सोटा नन्द भी गुरु कहना मानना चाहता था पर उसने मन में सोचा कि बाहर अँधेरा और ठण्ड है, अगर मैं बाहर गया तो भीग जाऊंगा. फिसल कर गिर गया तो मेरी टांग टूट जाएगी. इसलिए मुझे बाहर जाने से कोई फायदा नहीं है. 
उसने गुरूजी से कहा "गुरुदेव! अगर मै छत पर गया तो मेरे पैर छत पर होंगे और आप छत के नीचे. मैं ऐसी बेअदबी कैसे कर सकता हूँ." 
गुरु ने कोई उत्तर नहीं दिया और खुद ही छत पर चढ़ कर छत को ठीक कर लिया.जब वो छत से नीचे आय, उनहोने देखा कि जलाने के लिए लकड़ियाँ ख़त्म हो गई हैं. 
इसलिए फिर सोटा नन्द को कहा" बच्चा!बाहर जाकर जंगल में से जलाने के लिए कुछ लकड़ियाँ ले आओ.
सोटा नन्द गुरु का कहना मानना चाहता था पर जंगल से डर लगता था. वह सोचने लगा बाहर जंगल है, अँधेरा है और जंगली जानवर हैं.मुझे चोट लग सकती है और कोई शेर बघेरा मिल गया तो जिन्दा ही खा जायेगा. उसने मन में फ़ौरन ही बहाना ढून्ढना शुरू कर दिया.
गुरु से बोला "गुरुदेव! अगर मैं जंगल की ओर गया तो मेरी पीठ आपकी ओर हो जाएगी, मैं आपकी बे अदबी कैसे कर सकता हूँ."
इस बार भी गुरु ने कुछ नहीं कहा और खुद ही जंगल में जाकर जलाने के लिए लकड़ियाँ इक्कट्ठी कर लाये.गुरु ने वापस आकर खाना तैयार किया. जब भोजन तैयार हो गया.
तो सोटा नन्द से कहा, "बेटा खाना तैयार है, आकर खालो" 
यह सुनते ही सोटा नन्द जोर से दौड़ता हुआ आया और गुरु के चरणों में गिर पड़ा.
प्रेम से कहने लगा "गुरू जी! गुरू जी!  मुझे क्षमा कर दो! मैंने दो बार आपकी हुक्म-अदूली की है, इस बार मै आपका हुक्म जरुर मानूंगा.

शुक्रवार, 15 जनवरी 2010

वो सबको मुर्ख बनाता है!

एक महात्मा दुकान पर खड़ा वहां की चीजों को देख रहा था कि उसे एक ख्याल आया. अपने मन से बोला तेरी बहुत तारीफ़ सुनी है,

कुछ अपनी करतूत तो दिखा. मन ने कहा ठहरो, अभी दिखाता हूँ. वहां पे एक आदमी शहद बेच रहा था. उसने शहद से भरी ऊँगली को दीवार से पोंछ दिया.

दीवार पर शहद लगाने की देर बस थी कि उसकी खुशबु पाकर कुछ मक्खियाँ आ बैठी. शहद खाने लगी. फिर मक्खियों की संख्या बढ़ गयी.

अभी वे शहद खा रही थी कि छिपकली ने देख लिया कि यह तो मेरा शिकार है. उसने छलांग लगायी और शहद समेत कुछ मक्खियों को खा लिया.

उस दुकानदार ने बड़े प्यार से एक बिल्ली पाल रखी थी. बिल्ली छिपकली पर झपटी और उसको एक ही बार में खा लिया.

पास ही एक कुत्ता खड़ा था, बिल्ली पर हमला करके उसको मार डाला. दुकानदार को बहुत गुस्सा आया. उसने नौकरों को कहा मारो कुत्ते को. उन्होंने कुत्ते को डंडे से पीट कर मार डाला.

वह कुत्ता पास ही खड़े ग्राहक का था. उस ग्राहक को बहुत ही गुस्सा आया. उसने दुकानदार को गाली दी.गाली  देने  की देर बस थी कि दोनों आपस में लड़ने लगे.

दुकानदार के साथ उसके नौकर और ग्राहक के साथ बहुत से लोग. खूब लडाई हुई तो मन ने उस महात्मा से कहा, ये मेरे खेल हैं, ये मेरे धोखे हैं. मैं लोगों के मन में इच्छाएं पैदा करके उनको मुर्ख बनाता हूँ.

उन बेचारों को पता नहीं लगता कि उनकी इन इच्छाओं का उन्हें क्या फल भुगतना पड़ता है.ऐसे हैं मन के खेल.