नेपाल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नेपाल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 9 नवंबर 2013

तिरपट पंडित दर्शन एवं ब्लॉगर मिलन

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
छत्तीसगढ़ की सीमा समीप आ रही थी, घर पहुंचने की व्यग्रता बढते जा रही थी। शहडोल से हम अनूपपुर की ओर बढ रहे थे। तभी पाबला जी को याद आया कि हमारे ब्लॉगर साथी धीरेंद्र भदौरिया जी  व्यंकटनगर में निवास करते हैं। तो मैने झट उन्हें फ़ोन लगाया। फ़ोन पर वे मिल गए, मैने बताया कि हम लौट रहे हैं नेपाल से। व्यंकटनगर से पेंड्रा होते हुए जाएगें। तो उन्होनें घर आने का निमंत्रण दिया। मैने हिसाब लगाया कि दोपहर तक हम वहाँ पहुंच जाएगें। उन्हे भोजन व्यवस्था के लिए कह दिया और कहा कि ठाकुर भोजन नहीं करेगें। तो उन्होने हँसते हुए कहा कि हम आपको ब्राह्मण भोजन ही कराएगें। 
शहडोल ( सहस्त्र डोल)
एक स्थान पर हमने नाला देख कर इसे दिशा मैदान के लिए उपयुक्त स्थान समझा। यहां से निवृत होने पर आगे बढे। इसके बाद धीरेंद्र भदौरिया जी बार बार फ़ोन पर हम लोगों का लोकेशन लेते रहे। उन्होने कहा कि अमलाई चचाई होते हुए आप व्यंकट नगर पहुंचिए। एक बारगी तो मैने व्यंकटनगर जाना त्याग दिया था। हम लोग अमरकंटक की राह पर बढ गए थे। लेकिन धीरेन्द्र जी के पुन: आग्रह को त्याग नहीं सके। अमलाई और चचाई की तरफ़ चल पड़े। यहां से बिलासपुर लगभग 200 किलोमीटर था और बिलासपुर से रायपुर 110 किलोमीटर। आज हमें किसी भी हालत में घर पहुंचना था। मालकिन का फ़ोन आने पर हमने कह दिया था कि रात तक हम घर पहुंच जाएगें। रास्ते में एक तिरपट पंडित दिखाई दिया। बस लग गया था कि आगे का सफ़र अभी भी कठिनाईयों भरा है।
नाले किनारे दो ब्लॉगर
व्यंकटनगर छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित है। व्यंकट नगर से छत्तीसगढ़ की सीमा प्रारंभ हो जाती है। भदौरिया जी ने बताया कि वे व्यंकट नगर में सड़क के दांई तरफ़ की दुकान पर बैठे हैं। व्यंकट नगर में प्रवेश करने पर भदौरिया जी प्रतीक्षा करते दिखाई दिए। यहाँ पहुंच कर पता चला कि उनका गाँव पोंड़ी यहाँ से 6-7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अब एक रेल्वे लाईन पार करके हम इनके गांव पहुचे। भदौरिया जी यहाँ के सरपंच भी रह चुके हैं तथा राजनीति में अच्छा रसूख बना रखा है। गाँव से बाहर आने पर इनका फ़ार्म हाऊस दिखाई दिया। किसी फ़िल्म के बंगले की तरह बाग बगीचा सजा रखा रखा है। पुराने जमाने के ठाकुरों जैसी नई हवेली बनी हुई है।
उच्चासनस्थ धीरेन्द्र सिंह भदौरिया
भदौरिया जी के घर पहुंचने पर पाबला जी तो सोने चले गए और हमने स्नान करने का कार्यक्रम बना लिया। कैसी भी परिस्थितियाँ हो दैनिक स्नान के बिना रहा नहीं जा सकता। एक बार भोजन न मिले, स्नान होने से फ़ूर्ति आ जाती है। इधर भोजन भी तैयार हो गया था। गिरीश भैया और हमने स्नान किया। भोजन लग गया तो पाबला जी भी उठ गए। भोजनोपरांत भदौरिया जी ने ब्लॉगिंग रुम दिखाया। उनकी कुछ तकनीकि समस्या का हल पाबला जी ने किया। अब हमारा लौटने का समय हो रहा था। आसमान में बारिश के आसार दिखाई दे रहे थे। पाबला जी ने पालिथिन की आवश्यक्ता महसूस की। लेकिन भदौरिया जी के यहाँ इंतजाम नहीं हो सका। उन्होने कहा कि व्यंकट नगर में मिल जाएगी, नहीं तो पेंड्रारोड़ में तो मिलना तय है।
बरसात शुरु
जैसे ही हम पोंड़ी से बाहर निकले, बूंदा बांदी शुरु हो गई। व्यंकट नगर के बाद पेंड्रा रोड़ तक की सड़क बहुत खराब निकली। इकहरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे थे। धीरे-धीरे हम आगे सरकते रहे। लगभग 4 बजे हमने गौरेला में प्रवेश किया। अब पेंड्रा में हमने पालिथिन ढूंढनी प्रारंभ की। तब तक बरसात बढ चुकी थी। 10 मिनट की मूसलाधार वर्षा में ही पेंड्रा की सड़कों पर पानी भर चुका था। नाली और सड़क बराबर हो चुकी थी। सुरभि लाज वाले चौराहे पर हमने कई दुकानों पर पालिथिन तलाश की, नहीं मिली। फ़िर एक दुकानदार ने बताया कि चौराहे पर फ़लां दुकान में मिल जाएगी। मैने पाबला जी से गाड़ी में छाता होने के बारे में पूछा तो उन्होने छाता निकाल कर दिया।
गांव की डगर पर मातृशक्ति
मैं छतरी लेकर बरसते मेह में पालिथिन लेने गया। बरसात बहुत अधिक हो रही थी। दुकानदार से 2 मीटर पालिथिन ली और बांधने के लिए साथ में सुतली भी। गिरीश भैया ने चद्दर पकड़ रखी थी। पानी गाड़ी के भीतर आने लगा था। जिससे बैग भीग रहे थे। हमने बैग बीच वाली सीट पर रख लिए। अब बरसात रुके तो पालिथिन भी लगाई जाए। नगर की गलियों में चक्कर लगाते रहे, न रास्ता मिला, न पालिथिन लगाने के लिए स्थान। पेंड्रा से बिलासपुर जाने के लिए 3 रास्ते हैं। पहला जटका पसान कटघोरा होते हुए बिलासपुर। 2सरा कारीआम, मझगंवा होते हुए रतनपुर से बिलासपुर और 3सरा अचानकमार के जंगलों से कोटा होते हुए बिलासपुर। इसमें पहला मार्ग लम्बा है। दूसरा मार्ग खराब है, एक बार हम पहले भुगत चुके थे। तीसरे मार्ग पर जाना था।
तेरा पीछा न छोड़ूंगा………
मुझे याद था कि रेल्वे लाईन पार करने के बाद दो रास्ते निकलते हैं बांई तरफ़ बिलासपुर के लिए तथा दांई तरफ़ अमरकटंक के लिए। जब हम रास्ता ढूंढ रहे थे तब मालकिन का फ़ोन आया - कहां तक पहुचे हैं? अभी पेंड्रा में है, बिलासपुर के लिए निकल रहे हैं। - इतनी देर कैसे हो गई? अभी फ़ोन बंद करो, हम बारिश में फ़ंसे हैं बाद में बात करते हैं। - हमारा दिमाग भन्ना गया। जैसे तैसे करके हमें रास्ता मिल गया। एक जगह गाड़ी खड़ी करके डिक्की पर पालिथिन चढा ली। चलो अब बरसात भी होती है तो अधिक हानि नहीं होगी। जीपीएस वाली बाई ने कई बार धोखे से खराब रास्ते में डाल दिया था इसलिए उस पर सहज विश्वास नहीं हो रहा था। अगर रात को कोटा वाले जंगली रास्ते पर पड़ गए तो फ़िर लक्ष्मण झूला झूलते हुए रात काटनी पड़ती तथा इस मार्ग पर रात में अन्य वाहन भी नहीं चलते।
बढते कदम
अब हम रास्ते पर बढ चले थे। केंवची पहुंचते तक शाम ढल चुकी थी। केंवची के होटल में हमने चाय पी और अचानकमार के जंगल में प्रवेश कर गए। भारी वाहनों के लिए शाम छ: बजे के बाद प्रवेश वर्जित है। केंवची के प्रवेश करने पर घाटी पर ही गाड़ी चलती है। एक स्थान पर सड़क किनारे महिला दिखाई दी। उसने सलवार सूट पहन रखा था। सुनसान सड़क पर महिला दिखाई देने से सबसे पहले ध्यान आता है चमड़े के जहाज का व्यवसाय तथा दूसरा ध्यान आता है कोई परेतिन हो सकती है। हम परीक्षण करने के लिए रुके तो नहीं, लेकिन गिरीश भैया के साथ चर्चा अवश्य शुरु हो गई। नारी विमर्श पर गहन चर्चा के साथ हास परिहास होते रहा और गाड़ी आगे बढते रही।
चलती है गाड़ी उड़ती है धूल
पहाड़ी समाप्त होने पर वन विभाग का चेक नाका आता है। वहाँ गाड़ी का नम्बर और आने का समय दर्ज किया जाता है। फ़ारेस्ट वाले ने एक सवारी भी लाद दी हमारे साथ। उसे अचानकमार गाँव जाना था। लाठीधारी अनजान आदमी को हमने गाड़ी में बैठा लिया। उसके बैठते ही दारु का भभका सीधा नाक से टकराया। लगा कि चौकी से ही हैप्पी बर्थ डे मना कर आ रहा है या हो सकता है चौकी तक महुआ पहुंचाने गया होगा। उसे हमने अचानकमार में छोड़ा और आगे बढ़े। रात के 8 बजे होगें। लग रहा था कि 9 बजे तक बिलासपुर पहुंच पाना संभव नहीं है। मौसम बरसाती हो गया था। कोटा होते हुए हम बिलासपुर रिंग रोड़ से निकल लिए। यह रिंग रोड़ लगभग 15 किलोमीटर का है और सीधे हिर्री मांईस के समीप जाकर निकलता है। 
नेपाल से लौटते तक लौकी 60 रुपए किलो हो गई 
पिछली गर्मी में आया था तो सड़क की हालत अच्छी थी लेकिन बरसात में ओव्हर लोड गाड़ियों ने इसकी गत मार दी। हमारी गाड़ी की चाल नहीं सुधरी। हम वैसे ही लड़खड़ाते हुए आगे बढते रहे। आधे - पौन घंटे के बाद हम मुख्य मार्ग तक पहुच चुके थे। रायपुर बिलासपुर मार्ग का निर्माण चल रहा है। इसे 4 लाईन बनाया जा रहा है। नींद की झपकी आने लगी थी। हिर्री के आगे चलकर एक स्थान पर ढाबा दिखाई दिया। यहाँ हमने उड़द की काली दाल के साथ तंदूरी रोटियों से पेट भरा। ढाबे वाले सरदार जी पुराने पत्रकार निकले। गिरीश जी ने वर्षों के बाद भी उन्हें पह्चान लिया। सड़क पर ढाबा चलाने के लिए एक - दो अखबारों की एजेंसी लेने से धौंस जम ही जाती है।
गुड़हल का फ़ूल धीरेंद्र भदौरिया जी के बगीचे में
भोजन के बाद हमें नींद आने लगी। मेरी तो आँखे खुल ही नहीं रही थी। आंखे खोलने का प्रयत्न करता लेकिन आँखों को बंद होने से नहीं रोक पा रहा था। पाबला जी की हालत भी कुछ वैसी ही थी। हमने गाड़ी सड़क के किनारे लगा कर सोने का फ़ैसला किया। जब आँख खुल जाएगी तो आगे चल पड़ेगें।  सीट लम्बी करके सो गए। लेकिन नींद आती कहाँ है ऐसी परिस्थितियों में। थोड़ी देर बाद पाबला जी हड़बड़ा कर उठे। मेरी आँख खुल गई, लगा कि जैसे उनकी सांस बंद हो गई है। उन्होने हाथ के इशारे मुझसे पानी मांगा। मैने तुरंत पानी की बोतल उन्हे पकड़ाई। जब उन्होने सांस ली तो मेरी जान में जान आई। वे बोले- रात को सोने भी नहीं देता, रेल पटरियों पर बिखरा नजर आता है। मैं चुप हो गया और उनसे सोने का प्रयत्न करने को कहा।

हिर्री मांइस के पास के ढाबे में
थोड़ी देर आराम करने के बाद हम फ़िर चल पड़े। रात गहराती जा रही थी। बिलासपुर रायपुर मार्ग पर रात में गाड़ी चलाना भी खतरे से खाली नहीं है। सारी हैवी लोडेड ट्रकें चलती है और रोज कोई न कोई हादसा होते ही रहता है। अगर आप सही चल रहे हैं तो कोई भरोसा नहीं ट्रक वाला ही आपसे भिड़ जाए। धरसींवा चरोदा से आगे बढने पर हम विधानसभा वाले रोड़ पर मुड़ गए। इधर से जल्दी पहुंचने की संभावना थी। सड़क और प्लाई ओव्हर के कारण लाईटों की चकाचौंध में रोड़ ही समझ नहीं आया। थोड़ी देर तक पाबला जी से नोक झोंक होते रही। फ़िर उन्होने चुप करवा दिया और आगे बढे। थोड़ी देर में गिरीश जी के घर पहुंच गए। गिरीश जी को घर छोड़ा। मेरा नेट श्रेया रायपुर ले आई थी। बिना नेट के जग सूना।
ब्लेक बाक्स सफ़र का साथी
नेट लेने के लिए हमने फ़ैसला किया कि कृषक नगर से नेट लेकर नई राजधानी होते हुए घर पहुंच जाएगें। भाई को फ़ोन करके बता दिया कि हम पहुंच रहे हैं वो नेट लेकर घर के बाहर मिले। वैसा ही हुआ, हम अब नई राजधानी होकर अभनपुर पहुंच गए। लगभग सुबह के 4 बज रहे थे। पाबला जी को यहाँ से 50 किलोमीटर दूर भिलाई जाना था। मैं घर के गेट के सामने उतर गया। पाबला जी सत श्री अकाल कह कर मेरी यात्रा को विराम दिया और आगे बढ गए। सत श्री अकाल के उद्भोष के साथ हमारी यात्रा प्रारंभ हुई थी। करतार ने हमारी साप्ताहिक यात्रा को सफ़ल बनाते हुए सकुशल घर पहुंचा दिया। इस तरह हमारी नेपाल यात्रा सम्पन्न हुई। मारुति इको ने विश्वास के साथ इतना लम्बा सफ़र निभाया। उसके साथ जीपीएस वाली बाई को भी धन्यवाद। आज भी सज्जे-खब्बे की उसकी मधुर आवाज मेरे कानों में गुंजती है। 

मंगलवार, 29 अक्टूबर 2013

तार-तार कांच, लाल पीला प्रहरी और माओवादियों का हंगामा : काठमांडू

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
सुबह तय समय पर आँख खुल गई, कैमरे की बैटरी चार्जिंग में लगी दिख रही थी अर्थात पाबला जी ने रात को मेरे कैमरे की बैटरियाँ चार्जिंग में लगा दी थी। मौसम पनीला बना हुआ था। हल्की हल्की बूंदा बांदी जारी थी। हम स्नानाबाद से होटल की लाबी में आ गए। राजीव शंकर मिश्रा जी ने चाय तैयार करवा रखी थी। नगरकोट जाने वाले ब्लॉगर तैयार होकर एक एक कर लाबी में एकत्र हो रहे थे। चलते चलते एक फ़ोटो हम सब ने खिंचाई और गाड़ी में सवार हुए। होटल में पार्किंग की जगह कम होने के कारण हमारी गाड़ी फ़ंसी हुई थी। पाबला जी गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहे थे, मैं सामने की सीट पर था, गाड़ी के पीछे गिरीश भैया और राजीव शंकर मिश्रा जी थे। दुबारा रिवर्स करने पर भड़ की ध्वनि उत्पन्न हुई। लगा कि कुछ टकराया है गाड़ी से। पीछे लगे कैमरे ने कुछ नहीं दिखाया। मैने मुडकर देखा तो पीछे का कांच फ़ूट गया था।
नेपाल की सुबह
पाबला जी ने गिरीश भैया से गाड़ी में बैठने कहा और वे बिना पीछे देखे आगे बढ गए। रास्ता खराब होने के कारण ट्रैफ़िक जाम होने का अंदेशा बताया था, अगर हम पाँच बजे से पहले नहीं चलते तो 3-4  घंटे ट्रैफ़िक जाम में खराब हो जाते, सो हम जल्दी ही चल पड़े थे। कांच टूटने की बोहनी हो चुकी थी, अब आगे का दिन कैसा होगा राम ही जाने। नीली छतरी वाले का सुमिरन करके वापसी की यात्रा शुरु हो गई थी। मुंह अंधेरे हम काठमांडू से चल पड़े। राजीव शंकर मिश्रा के बताए रास्ते पर चल कर हम त्रिभुवन राज मार्ग पर पहुंच गए अब हमें मुग्लिंग में जाकर बांए मुड़ना था, तब तक सीधा ही चलना था। 
सुबह काम पर जाता किसान
ज्यों ज्यों हम काठमांडू की उपत्यका से नीचे आते जा रहे थे त्यों त्यों दिन की रोशनी दिखाई देने लगी। जिस स्थान पर जाम लगने की आशंका थी वह स्थान हम पार कर चुके थे। हमने बजे काठमांडू के बाहरी इलाके में नागधुंगा चेक पोस्ट के पास पेट्रोल डलवाया सुबह का समय हो और लोटाधारी न दिखें, ये संभव ही नही है। लेकिन हमें नेपाल में सुबह सड़क के किनारे शौच करते नर नारी नहीं दिखाई दिए। लगभग 70 किलोमीटर तक तथा आते वक्त भी कोई भी लोटाधारी दिखाई नहीं दिया। भारत में तो प्रवेश करते ही पता चल जाता है कि हम भारत में हैं। सड़क के किनारे और रेलपटरियों पर शौच करना यहाँ के नागरिकों का परम धरम है और इसे कर्तव्य मान कर श्रद्धापूर्वक निपटाया जाता है।
नारायणी नदी और पुल
एक स्थान पर सुंदर दृश्य देखकर हमने गाड़ी रोकी, तब तक सूरज निकल चुका था। दुकान में चाय पूछने पर उसने मना कर दिया तो हमने लीची का ज्यूस ले लिया। चलो इसी से काम चलाया जाए। आगे चलकर हम मुग्लिंग पहुच रहे थे, यहाँ से नारायणगढ़ लगभग 35 किलो मीटर था। हमने योजना बनाई थी कि लगभग 10 बजे तक लुम्बिनी पहुंच जाएगें। लुम्बिनी में घूम कर  कुछ घंटे फ़ोटो ग्राफ़ी करेगें और शाम होते तक सीमा से पार हो जाएगें।एक स्थान पर गाड़ी रोककर हम लोगों ने नाश्ता किया। मुग्लिंग प्रवेश करने पर सड़क पर कुछ वाहन रुके हुए दिखाई दिए। मैने सोचा कि यहाँ पर कोई टोल बैरियर होगा। क्योंकि नेपाल में डंडा लगाकर बैरियर खड़ा नहीं किया जाता। टोल बैरियर होने का संकेत सड़क के बीच में मार्गविभाजक पर लगा दिया जाता है।
सीढीदार खेत
लेकिन यहाँ मामला और ही कुछ था। हमने गाड़ी रोक दी, साथ ही हमारा सोचना था कि पराए देश में किसी से उलझना ठीक नहीं है, भारत होता तो कुछ भी कर सकते थे। पराए देश के नियम कानूनों का भी पता नहीं होता। जब से राजीव शंकर मिश्रा ने मुर्गी वाला कानून बताया था तब से मैं और चौकन्ना हो गया था। सड़क पर मुर्गी देखते ही ब्रेक मार देता था। यहाँ जाम लगा हुआ दिखाई दे रहा था। तभी एक ट्रैफ़िक पुलिस वाला आया, उसने गाड़ी का नम्बर देखते हुए बगल से निकल जाने को कहा तथा बताया कि चुनाव की मांग को लेकर माओवादियों ने आज नेपाल बंद का आह्वान किया है। आप लोग चाहें तो निकल जाएं, वरना खड़े रहें। गिरीश भैया अचानक उस पर भड़क गए। मैं अंचभित हो गया, पाबला जी गिरीश भैया के मुंह की तरफ़ देखने लगे। उन्होने बात संभाली, पुलिस वाला भी तैश में आ गया था। 
सड़क किनारे नेपाली मकान (आधुनिकता का प्रभाव)
हम आगे बढे, चौराहे पर झंडे लिए भीड़ और कैमरा लिए पत्रकार उपस्थित थे। उन्होने रोकने की कोशिश की, लेकिन हम बच कर आगे बढ गए। नदी का पुल पार किया और आगे बढने पर मुझे लगा कि जिस सड़क से हम आए थे, वह सड़क नहीं है, हम किसी और रास्ते पर जा रहे हैं, क्योंकि यहाँ पर एक विद्र्युत निर्माण की युनिट भी दिखाई दी। गाड़ी रोक कर टुरिस्टर वाले से पूछा तो उसने बताया कि यह मार्ग पोखरा जाता है। हमने गाड़ी वापस की और पुन: उसी चौराहे पर आ गए जहाँ हड़ताली जमा थे। चौराहे से हमने गाड़ी सज्जे पासे मोड़ी तो कुछ लोग हल्ला करते हुए पीछे दौड़ने लगे। पाबला जी ने बैक मिरर में देखते हुए गाड़ी रोक ली। कुछ लोग मेरी खिड़की पर आए और कहने लगे कि "एक बेरामी है, उसे नारायणगढ़ तक ले जाईए।" मेरी समझ  में नहीं आया "बेरामी" क्या होता है। फ़िर उन्होने बताया कि कोई बीमार बूढा है जिसे नारायणगढ में इलाज करवाना है। मैने उन्हें गाड़ी में बैठ जाने कहा।
नारायणी नदी में गिरी जेसीबी  मशीन
हम नारायणगढ़ की ओर बढे। रास्ते में वह स्थान भी आया जहाँ पर जेसीबी लोडर नदी में गिरा हुआ था। हमने कार रोक कर उसकी फ़ोटो ली। लड़के ने बताया कि आज सब जगह हड़ताल और नेपाल के वाहन चलने नहीं दिए जा रहे। लगभग 10 बजे कुछ गाड़ियाँ फ़िर खड़ी दिखाई दी हमने उनके बगल से गाड़ी आगे बढाई, लौटते हुए एक कार वाले ने बताया कि आगे जाम लगा है, इसलिए हम रुकने के लिए होटल तलाश करने जा रहे हैं। हम आगे बढे तो जुगेड़ी के पास पुलिस थाना था, उसके सामने सिपाही खड़े थे तथा थाने के बराबर में ही एक होटल था। सिपाही ने गाड़ी आगे बढाने से मना कर दिया। वह लड़का बोला कि मैं इनसे बात करके आता हूँ। उसके प्रयास से भी गाड़ी आगे जाने नहीं दी। बताया कि भारतीय गाड़ियों के साथ तोड़ फ़ोड़ कर चालकों से साथ माओवादी मारपीट कर रहे है। लड़का और बूढा गाड़ी से उतर कर थाने के सामने बैठ गए और हमने गाड़ी होटल में लगा दी।
पाबला जी फ़ोटासन में
होटल अच्छा था, सुबह जल्दी चलने के कारण पेट भी गुड़गुड़ा रहा था, होटल मे प्रवेश करते ही टायलेट तलाशा। लौटने पर दिमाग हल्का हुआ, हाथ मुंह धोकर हम एक टेबल पर जम गए। ट्रैफ़िक खुलने की प्रतीक्षा करती अन्य सवारियाँ भी थी। बीयर की बोतल खोले समय पास कर रहे थे। नेपाली चैनल बंद के दौरान घूम धड़ाके की खबरें बता रहा था। सफ़र में 3 चीजे आवश्यक होती हैं, पहला ठहरने का सुरक्षित स्थान, दूसरा आवागमन का साधन और तीसरा खाना। मुझे तीनों आवश्यक चीजें यहाँ पर दिखाई दे रही थी। इसलिए ठहरने में कोई समस्या नहीं थी। हमने भी खाने का आडर दे दिया, आराम से खाते हुए टाईम पास कर रहे थे। वेटर भी स्मार्ट था, खाने की आपूर्ती फ़टाफ़ट करता था। खाने के बाद घड़ी देखी तो 12 बजे हुए थे। धूप इतनी चमकीली थी कि लग रहा था 2-3 बज गए। मैं वहीं बैंच पर लेट गया और झपकी आ गई।
होटल का वेटर
हल्ला सुनकर आँख खुली, जाम खुल गया चलो चलो। हमने फ़टाफ़ट अपना सामान उठाया और गाड़ी की तरफ़ दौड़े, सड़क पर ट्रैफ़िक सरक रहा था, पाबला जी ने कार एक बस के सामने डाल दी और हम भी लाईन में शामिल हो गए। थोड़ी दूर चलने पर ट्रैफ़िक फ़िर रुक गया। पाबला जी ने कहा कि गाड़ी फ़िर होटल में लगा लेते हैं।अब सैकड़ों गाड़ियों के बीच से अपनी गाड़ी निकाल कर पुन: होटल में लगाना मुझे जंचा नहीं क्योंकि गाड़ी होटल में ले जाने बाद फ़िर हम सैकड़ों गाड़ियों के पीछे चले जाते। जुगेड़ी और नारायणगढ़ के बीच रामनगर एवं चितवन का जंगल है, यहीं पर माओवादियों ने सड़क जाम कर रखी थी। यह स्थान जगेड़ी से लगभग 10 किलोमीटर दूर था। मैने गाड़ी में ही सीट सीधी कर ली और सो गया। गर्मी बहुत ज्यादा थी। पाबला जी गाड़ी से नीचे उतर कर सवारियों से बात करने लगे।
जाम के दौरान मोबाईल पर चुटकुले पढते गिरीश भैया और पाबला जी
नेपाल में अभी तक मैने एक भी सरदार नहीं देखा था। पता नहीं क्यों नेपाल तक सरदारों की पहुंच नहीं थी। नेपाल के लोगों को सरदार की पहचान नहीं है, वे पाबला जी को बाबा जी कह कर संबोधित कर रहे थे। गत हिन्दू राष्ट्र होने के कारण दाढी वाले और पगड़ीधारी इन्हें साधू महाराज ही लगते होगें। इसलिए बाबाजी का संबोधन जारी था। शाम 4 बजे ट्रैफ़िक खुला। गाड़ियाँ सरकती हुई आगे बढने लगी। चितवन के जंगल में पहुचने पर गाड़ियों के टूटे हुए शीशे सड़क पर दिखाई दिए। माओवादियों ने हमारे एक दिन का सत्यानाश कर कर दिया और लुम्बिनी देखने की हमारी योजना की भ्रूण हत्या हो चुकी थी। जाम का असर हमें नारायणगढ़ के बाद भी दिखाई दिया।
नेपाल की तरफ़ से दिखती भारतीय सीमा (सोनौली)
शाम ढलने लगी, नारायणगढ़ के साथ पहाड़ियाँ पीछे छूट रही थी। हम सीमा की ओर निरंतर बढ़ रहे थे, सीमा से पहले एक रास्ता बुटबल होते हुए भैरवाह जाता है तथा दूसरा रास्ता और है जो सीधे ही भैरवाह जाता है, हम इसी रास्ते पर चल रहे थे। भैरवाह से पहले पुलिस ने गाड़ी रोकी, कांच फ़ूटने का कारण पूछा, गाड़ी के कागजात देखे तथा कहा कि सीट बेल्ट बांध लो। नेपाल में सीट बेल्ट बांधना अनिवार्य है। हम पूरे नेपाल का सफ़र करके आ चुके थे, किसी ने सीट बेल्ट बांधने के लिए नहीं टोका। जब सीमा 20 किलोमीटर बची है, तब पुलिस वाला सीट बेल्ट बांधने का कानून समझा रहा था। पाबला जी ने कहा कि बांध लो और मैने सीट बेल्ट बांध ली। जब हम भैरवाह सीमा पहुंचे तो एक व्यक्ति ने गाड़ी के कागजात देखे और उसमें एक पेपर फ़ाड़ कर रख लिया। सीमा पर एक स्थान पर नम्बर प्लेट जमा करवाई। भारतीय सीमा में प्रवेश करने पर सीमा सुरक्षा बल के जवान ने थोड़ी पूछताछ की और हम भारतीय सीमा में प्रवेश कर नौतनवा की ओर बढ गए।

नेपाल यात्रा आगे पढें…………

सोमवार, 21 अक्टूबर 2013

पाटन दरबार चौक में ब्लॉगर्स जमावड़ा

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
हमारा वातानुकूलित चलयान आगे बढा। इस बीत सुनिता यादव जी ने सभी को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दी। इसी के साथ छोटा सा फ़ोटो सैशन भी चला। बनारस वाले भैया हमें काठमाण्डू शहर से परिचित करवा रहे थे। हमें बताया गया कि संग्रहालय जा रहे हैं। बस एक स्थान पर रुकी, बताया गया कि समीप ही टिकिट खिड़की है। संग्रहालय में प्रवेश करने के लिए यहीं पर टिकिट लेनी पड़ती है। टिकिट का मूल्य 150 नेपाली रुपए था। उसने गले में लटकाने के लिए प्रवेश पत्र दिया। जिससे पहचान रहे कि ये सभी नगद देकर इस इलाके में प्रवेश कर रहे हैं। राजीव शंकर मिश्रा जी ने सभी की टिकिट लेने में सहायता की।
पाटन दरबार चौक का रास्ता
अब यहाँ से पैदल ही हम लोग आगे बढ चले। टिकिट घर से बाहर निकलने पर बाजों के बजने की आवाज आने लगी। एक मुखौटाधारी चटक रंगों के वस्त्र पहन आगे-आगे नृत्य कर रहा था और उसके पीछे छोटी-छोटी कन्याएं रक्तिम वस्त्रों में सज-घज कर चल रही थी। उनके साथ महिलाएं भी थी, जो उनकी माताएं लगी। मैने उनकी फ़ोटुएं ली। यह पता नहीं था कि पंक्तिबद्ध रैली की शक्ल में ये सब कहाँ जा रहे हैं। बाजार के बीच से हम आगे बढते रहे। कुछ प्राचीन मंदिर दिखाई दिए, जिन्हे प्रस्तर से बनाया गया था। उनका गर्भ गृह बंद था।
कुमारी पूजन को जाती बालिकाएं
रास्ते के दोनो तरफ़ लकड़ी के बनाए हुए अलंकृत मकानों की झलक दिखाई देने लगी। इन घरों में लगी हुई लकड़ी पर सुंदर खुदाई की गई थी। ह्स्ताधारित शिल्प का अद्भुत प्रदर्शन यहाँ दिखाई दिया। इस इलाके के सभी घरों का निर्माण लकड़ी से ही हुआ है। छतों पर लगी लकड़ियों में फ़णीनाग के छत्र युक्त पुरुष की मूर्ति दिखाई दी तथा खिड़कियों के नीचे एक बाज एवं कबूतर निरंतरता से बने हुए दिखाई दिए। ये नेवाड़ी संस्कृति के पारम्परिक चिन्ह दिखाई दे रहे थे। एक बच्चा खिड़की से झांक कर मुस्कुराते हुए सड़क पर गुजरते पर्यटकों को देख कर हाथ हिला रहा था।
काष्ठालंकृत खिड़की से झांकता बच्चा-नेवाड़ी संस्कृति
मुकेश सिन्हा जी ने मुझे घायल कर रखा था। मैं जब भी कोई चित्र लेने की कोशिश करता वो अपना कैमेरा धरे मेरे सामने आ जाते। जबकि उनके कैमरे में 22 एक्स का जूम है। लेकिन समीप से जाकर फ़ोटो लेने की आदत पड़ी हुई है। जब कैमरे में जूम है तो उसका भरपूर उपयोग करना चाहिए और मै करता भी हूँ। कई जगह इनकी करामात के कारण चित्र लेने में व्यवधान हुआ। कुछ भी हो लेकिन मुकेश जी चित्र बढिया लेते हैं। 
पाटन दरबार चौक में स्थित मंदिर में मुकेश सिन्हा
अब जहां हम पहुचे उसे दरबार स्क्वेयर कहते हैं। इस चौक पर कई मंदिर बने हुए हैं तथा राजमहल को संग्रहालय में परिवर्तित कर दिया गया है। इस स्थल पर प्राचीन इमारते हैं, राजमहल को हनुमान ध्योखा कहते हैं। हनुमान ध्योखा नेपाल के शाही परिवार का प्राचीन निवास है, इसका निर्माण 16 बीं शताब्दी में हुआ था। इस ईमारत के पूर्वी द्वार को हनुमान द्वार कहा जाता है। समीप ही नरसिंह भगवान की सुंदर प्रतिमा बनी हुई है। ऐतिहासिक शाही ईमारत परिसर में पंचमुखी हनुमान एवं त्रिभुवन संग्रहालय बने हुए हैं। काफ़ी संख्या में गोरी चमड़ी वाले विदेशी संग्रहालय की इमारत में दिखाई दिए। संग्रहालय देखने के लिए 150 नेपाली रुपए की टिकिट लेनी पड़ती है तथा इस दरबार स्क्वेयर में प्रवेश करने के लिए 150 नेपाली रुपए  शुल्क लिया जाता है।
राजमहल में नरसिंह
समीप ही एक ईमारत में शौचालय का निर्माण किया गया है, जिसके द्वार पर हिंदू देवी देवताओं की प्रतिमाएं लगी हुई हैं। द्वार के शीर्ष पर महिषासुर मर्दनी प्रतिमा है। हिन्दू राष्ट्र में देवी देवताओं की प्रतिमाओं का शौचालय के प्रवेश द्वार पर लगे होना मुझे आश्चर्य चकित कर गया। यहाँ कोई ऐसा व्यक्ति नहीं दिखाई दिया जिससे पूछा जा सकता। कुछ लोग शौचालय के कलात्मक द्वार पर खड़े होकर चित्र खिंचवा रहे थे जिससे शौच को जाने-वालों को व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। चलते चलते मैने भी एक चित्र लिया। कम से कम याद तो रहेगा कि शौचालय में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का प्रयोग हो रहा है। हो सकता है यह बदलाव माओवादी सरकार आने के बाद हुआ हो।
शौचालय के द्वार पर महिषासुर मर्दनी एवं अन्य अनुषांगी देवता
दरबार स्क्वेयर में काफ़ी गहमा गहमी थी यहाँ कुमारी पूजा उत्सव का आयोजन हो रहा था। इस दृष्टि से नेवाड़ी समुदाय काफ़ी परम्परावादी लगा। जो अपनी प्राचीन संस्कृति को वर्तमान में भी बनाए रखने में कामयाब है। नहीं तो पश्चिम की बयार में संस्कृतियों में विकृति पैदा हो रही है। सामाजिक ताने बाने बिखरने के साथ वर्जनाएं एवं परम्पराएं भी टूट रही हैं। परम्परागत चटक रंगों के परिधानों एवं आभूषणों से सजधज कर युवतियाँ आयोजन में सम्मिलित थी। हम उनके इस आयोजन को देख रहे थे और चित्र ले रहे थे।
नेपाल का इकलौता प्राचीन शिखर युक्त कृष्ण मंदिर
काठमाण्डू का यह हिस्सा पाटन कहलाता है। यह प्राचीन शहर है जो काठमांडू (कांतिपुर) से  जुड़ा हुआ है। प्राचीन अभिलेखों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन का इतिहास लिच्छवी काल सन 570  से प्रारंभ होता है तथा इसका निर्माण भारबी द्वारा होना बताया जाता है जो मनदेव के पोते थे। राजमहल परिसर का निर्माण प्रथम मल्ल साम्राज्य के राजा सिद्धी नरसिंह मल्ल द्वारा सन 1618 से 1681 के मध्य कराया गया है। इन्होने सुंदरी चौक, तालेजु मंदिर, तथा भद्रखल नामक तालाब का निर्माण किया। इन्होने 1684 में कृष्ण मंदिर का निर्माण कराया। यह नेपाल का प्रथम शिखर युक्त मंदिर है। श्रीनिवास मल्ल ने अपने पिता द्वारा अधूरे छोड़े गए मल्ल चौक को पूर्ण कराया। योग्रेन्द्र मल्ल द्वारा 1684 से  1705 ईस्वीं के बीच मंदिर का मणिमंडप एवं स्वयं की प्रतिमा का निर्माण कराया गया।
कृष्ण मंदिर परिसर में जमावड़ा 
कृष्ण मंदिर का शिल्प नयनाभिराम है, इसका प्रवेश द्वार छोटा है तथा लिखा हुआ है कि सिर्फ़ हिन्दू ही मंदिर में प्रवेश करें। कृष्ण मंदिर के सामने विशाल प्रस्तर स्तंभ पर पीतल के गरुड़ विराजमान हैं। इस मंदिर के समीप सभी ब्लॉगर एकत्रित हो गए और यहीं पर चित्र सत्र प्रारंभ हो गया। नमिता राकेश, गिरीश पंकज, सम्पत मोररका, सुनीता यादव, रविन्द्र प्रभात, मनोज पांडे, मुकेश तिवारी, सुशीला पुरी, मुकेश सिन्हा, ब्लॉगर दम्पत्ति कृष्ण कुमार यादव, आकांक्षा यादव, पाखी, विनय प्रजापति इत्यादि सभी इस सुंदर स्थान को अपनी स्मृति में संजो लेना चाहते थे। कैमरों के बटन फ़टाफ़ट दब रहे थे, जिनके पास कैमरे नहीं थे वे मोबाईल से चित्र ले रहे थे। इस स्थान पर हम लोगों ने काफ़ी समय बिताया। अगर जाने की याद नहीं दिलाई जाती तो चित्र लेते हुए रात हो जाती। इस स्थान पर दुबारा आना चाहूंगा तथा जम कर फ़ोटोग्राफ़ी करनी है।
नेवाड़ी युवतियाँ परम्परागत परिधान में 
कुमारी पूजा उत्सव प्रारंभ था। सुंदर परिधानों में छोटे-छोटे बच्चे अपने परिजनों के साथ मौजूद थे। उनकी चेहरे से लग रहा था कि इस उबाऊ संस्कार से वे परेशान हैरान हैं। उनके माता पिता तसल्ली दिलाने के लिए खाने पीने की चीजें दे रहे थे जिससे बच्चों का मन विचलित न हो और कर्मकांड में संलग्न रहें। कुछ बच्चे रोना-गाना मचा रखे थे। आयोजन स्थल पर अच्छी खासी भीड़ जमा हो गई थी। पर्यटकों के लिए यह अजूबा था वे कैमरे के प्रयोग में लगे हुए थे। यहां से पैदल-पैदल हम अपने बस के ठिकाने पर पहुंचे। भूख जोरों की लग रही थी। अगले पड़ाव पर लघु भोजन का इंतजाम था।

आगे पढ़ें…………

शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2013

बूढ़ा नीलकंठ में सूतल विष्णु : काठमांडू

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
पशुपतिनाथ मंदिर के बाद हमारा अगला पड़ाव बूढ़ा नीलकंठ था। काठमांडू की गलियों के बीच वातानुकूलित बस का ड्रायवर कुशलता का परिचय दे रहा था। बड़ी लक्जरी बस को आसानी के साथ चौड़े चौक चौराहों पर मोड़ लेता था। हमारी बस काठमांडू की सड़कों पर चक्कर काटते हुए बूढ़ा नीलकंठ मंदिर पहुंची। मंदिर से थोड़ी दूरी पर बस को विश्राम दिया गया और हम गली से होते हुए मंदिर तक पंहुचे। काठमांडू के मध्य से 10 किलोमीटर की दूरी पर शिवपुरी हिल के समीप यह मंदिर स्थित है। पूजन सामग्री की दुकाने नीचे ही गली में लगी हुई थी। इन दुकानों  में अधिकतर महिलाएं काम करते दिखाई दी। 
   खाई - खाजा की दुकान 

मंदिर के प्रवेश द्वार की चंद्रशिला के उपर पद्मांकन दिखाई दिया। उसके पश्चात पैड़ियों के बीच में चतुर्भुजी विष्णु की प्रतिमा स्थानक मुद्रा में स्थापित है। मुख्य द्वार के किवाड़ों पर पीतल का पतरा चढा हुआ है तथा उसके एक किवाड़ पर  शिव परिवार के सदस्य कार्तिकेय एवं दूसरे किवाड़ पर गणेश जी विराजमान हैं। इस स्थान पर हमने कुछ चित्र लिए। द्वार पर पुष्प पत्र बेचने वालों ने कब्जा जमा रखा था तथा इस मंदिर में भी एकमात्र हिंदुओं को ही प्रवेश की अनुमति है। अन्य धर्म के लोग यहाँ प्रवेश नहीं कर सकते। 
कार्तिकेय 

प्रवेश द्वार के समक्ष जल का विशाल कुंड बना हुआ है, जिसमें शेष शैया पर लेटे हुए भगवान विष्णु की चर्तुभुजी प्रतिमा है। प्रतिमा का निर्माण काले बेसाल्ट पत्थर की एक ही शिला से हुआ है। प्रतिमा का शिल्प मनमोहक एवं नयनाभिराम है। शेष शैया पर शयन कर रहे विष्णु की प्रतिमा की लम्बाई 5 मीटर है एवं जलकुंड की लम्बाई 13 मीटर बताई जाती है। शेष नाग के 11 फ़नों के विष्णु के शीष पर छत्र बना हुआ है। विष्णु के विग्रह का अलंकरण चांदी के किरीट एवं बाजुबंद से किया गया है। प्रतिमा के पैर विश्रामानंद की मुद्रा में जुड़े हुए हैं। शेष नाग भी हष्ट पुष्ट दिखाई देते हैं।
 सुनीता यादव, रविन्द्र प्रभात, राजीव शंकर मिश्र, नमिता राकेश, मनोज भावुक, मनोज पाण्डे 

जलकुंड को चारदीवारी से घेरा गया है सभी ब्लॉगर शंख, चक्र पद्म एवं गदाधारी चतुर्भुजी विष्णु की प्रतिमा के चित्र ले रहे थे तथा मैं इस जुगत में था कि इस विशाल प्रतिमा का एक बढिया सा चित्र लिया जाए। मैंने कुंड की चार दिवारी में प्रवेश करके एक चित्र लिया तो एक व्यक्ति ने मुझे वहाँ लिखी चेतावनी की ओर इंगित किया। जिस पर लिखा था कि चार दिवारी के भीतर चित्र लेना वर्जित है। फ़ोटो खींचने के बाद सभी ब्लॉगर एक वृक्ष की छांव में बैठ गए तथा सुनीता सभी के विडियो बनाने लगी। अभी हमारे दल का नेतृत्व राजीव शंकर मिश्रा बनारस वाले कर रहे थे। 
अक्षिता पाखी, आकांक्षा यादव, कृष्ण कुमार यादव, मुकेश तिवारी, सुनीता यादव

मंदिर से लौटते हुए उन्होनें उपस्थित ब्लॉगर्स को रुद्राक्ष के कुछ फ़ल भेंट किए तथा बताया कि इन फ़लों से रुद्राक्ष निकालने के लिए कैसी साधना करनी पड़ती है। अब यहाँ पर समस्या यह थी कि मंदिर का नाम बूढ़ा नीलंकठ है तथा शेष शैया पर भगवान विष्णु विराजे हैं, द्वार पर जय विजय की तरह शिव परिवार के उत्तराधिकरी कार्तिकेय एवं गणेश पहरा दे रहे हैं और भगवान विष्णु क्षीर सागर में मजे से आनंद ले रहे हैं। बूढ़ा नीलकंठ महादेव तो कहीं दिखाई नहीं दिए। जब बूढा नीलकंठ ही इस स्थान पर नहीं है तो यह नाम इस स्थान के लिए रुढ कैसे हो गया? यह प्रश्न दिमाग में कौंध रहा था।
बूढ़ा नीलकंठ

विषपान करने के पश्चात जब भगवान शिव का कंठ जलने लगा तब उन्होने विष के प्रभाव शांत करने के लिए जल की आवश्यकता की पूर्ति के लिए एक स्थान पर आकर त्रिशूल का प्रहार किया जिससे गोंसाईकुंड झील का निर्माण हुआ। सर्वाधिक प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में से एक है गोसाईंकुंड झील जो 436 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. काठमांडू से 132 उत्तर पूर्व की ओर स्थित गोसाईंकुंड पवित्र स्थल माना जाता है। मान्यता है कि बूढा नीलकंठ में उसी गोसाईन कुंड का जल आता है, जिसका निर्माण भगवान शिव ने किया था। श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन के महीने में विष्णु प्रतिमा के साथ भगवान शिव के विग्रह का प्रतिबिंब जल में दिखाई देता है। इसके दर्शन एक मात्र श्रावण माह में होते हैं।
चतुर्भुजी विष्णु

बूढ़ा नीलकंठ प्रतिमा की स्थापना के विषय में स्थानीय स्तर पर दो किंवदंतिया प्रचलित हैं, पहली प्रचलित किंवदंती है कि लिच्छवियों के अधीनस्थ विष्णु गुप्त ने इस प्रतिमा का निर्माण अन्यत्र करवा कर 7 वीं शताब्दी में इस स्थान पर स्थापित किया। अन्य किंवदन्ती के अनुसार एक किसान खेत की जुताई कर रहा था तभी उसके हल का फ़ाल एक पत्थर से टकराया तो वहाँ से रक्त निकलने लगा। जब उस भूमि को खोदा गया तो इस प्रतिमा का अनावरण हुआ। जिससे बूढ़ा नीलकंठ की प्रतिमा प्राप्त हुई तथा उसे यथास्थान पर स्थापित कर दिया गया। तभी से नेपाल के निवासी बूढ़ा नीलकंठ का अर्चन पूजन कर रहे हैं। 
सरोज सुमन, मुकेश तिवारी, रविन्द्र प्रभात, मनोज भावुक विश्रामासन में 

नेपाल के राजा वैष्णव धर्म का पालन करते थे, 12 वीं 13 वीं शताब्दी में मल्ल साम्राज्य के दौरान शिव की उपासना का चलन प्रारंभ हुआ तथा 14 वी शताब्दी में मल्ल राजा जय ने विष्णु की आराधना प्रारंभ की एवं स्वयं को विष्णु का अवतार घोषित कर दिया। 16 वीं शताब्दी में प्रताप मल्ल ने विष्णु के अवतार की पराम्परा सतत जारी रखी। प्रताप मल्ल को दिखे स्वप्न के आधार पर ऐसी मान्यता एवं भय व्याप्त हो गया कि यदि राजा बूढ़ा नीलकंठ के दर्शन करेगें लौटने पर उसकी मृत्यु अवश्यसंभावी है। इसके पश्चात किसी राजा ने बूढ़ा नीलकंठ के दर्शन नहीं किए। इस मंदिर में देवउठनी एकादशी को मेला भरता है तथा श्रद्धालु भगवान विष्णु  के जागरण का उत्साह पूर्वक आशीर्वाद लेकर जश्न मनाते हैं। 
काठमांडू नगर 

काठमांडू में इसके अतिरिक्त विष्णु की शयन प्रतिमाएं हैं, एक प्रतिमा बालाजु बाग में स्थापित है जिसका दर्शन आम जनता कर सकती है तथा दूसरी प्रतिमा राज भवन में स्थापित है, जिसके दर्शन आम आदमी के लिए प्रतिबंधित हैं।बौद्ध धर्मी नेवारी समुदाय इसे बुद्ध मान कर पूजा करता है तथा हिन्दुओं के द्वारा मना करने पर उनकी पूजा करने की परम्परा चली आ रही है। हम बूढ़ा नीलकंठ के दर्शन करने के उपरांत आगे की नेपाल दर्शन यात्रा में चल पड़े। अब हमारा अगला पड़ाव पाटन दरबार चौक था।

नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढें……

गुरुवार, 17 अक्टूबर 2013

अद्भुत काष्ठ शिल्प कौशल : पशुपतिनाथ

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
गोरखपुर के होटल के रुम के फ़र्श पर जलप्लावन से पानी आने के कारण गिरीश भैया के कपड़े भीग चुके थे, थोड़ा बहुत हमारा बैग गीला हुआ था। पाबला जी का सूटकेश गाड़ी में खड़ा रखा था। उन्होने कपड़े निकाले तब पुराने जमाने की याद आ गयी। पहले सभी घरों में आलमारी या पेटी इत्यादि तो होती नहीं थी। इसलिए लोग मटकी में बाहर आने-जाने वाले कपड़े रख लेते थे। साल छ: महीने में कहीं जाना होता था तो कपड़े निकाले जाते थे। उनकी सलवटें ही बता देती थी कि कितने दिनों तक उन्हें हंडियाशयन करना पड़ा है। कपड़ों की हालत ठीक वैसी ही थी जैसी हंडिया में रखे कपड़ों की होती है। अस्तरी करने का कोई साधन नहीं था। मैने कहा कि ऐसे ही पहन लिए जाएं, वैसे भी वर्तमान सलवटें वाले कपड़े का फ़ैशन चल रहा है।

नयानाभिराम भूदृष्यावलि
रेस्टोंट में पहुंचे तो नाश्ता कम भोजन अधिक टाईप का कार्यक्रम चल रहा था। रविन्द्र जी ने पहले ही चेता दिया था कि नाश्ता डट कर कर लीजिएगा। नाश्ते में आलू के पराठे और दही की जगह पूरी और छोले के साथ जलेबीबाई थी। पूरी और छोले देख कर मन भर गया। एक पूरी से ही भूखेच्छा पूर्ण हो गई। ब्लॉगर डटे हुए थे और हम उखड़ चुके थे। वातानुकूलित बस होटल के द्वारे डटी हुई थी। नाश्तोपरांत ब्लॉगर शनै: शनै: अपना स्थान ग्रहण कर रहे थे। जब हम बस में पहुंचे तो सामने की सीटों पर कब्जा हो चुका था इसलिए हमने पीछे की सीटें ग्रहण की। सामने की सीट से चलती गाड़ी में छायाचित्रकारी करने में आसानी रहती है। लेकिन मुझे अधिक फ़र्क नहीं पड़ना था क्योंकि मैं छायाचित्र लेते वक्त जुम का भरपूर इस्तेमाल करता हूँ।
वातानुकूलित चलयान में चिट्ठाकार

ब्लॉगर, ब्लॉगराधीश एवं सम्मानाधिक्षक के स्थान ग्रहण के पश्चात आज की यात्रा प्रारंभ हुई। बस में साऊंड सिस्टम लगा हुआ था। उसे मनोज पाण्डे जी के सहयोगी पाण्डे जी ने संभाला तथा काठमाण्डू के विषय में जानकारियाँ देन लगे। काठमांडू का प्राचीन नाम काष्टमंडप था। एक ही वृक्ष की से मंडप निर्माण होने के कारण इस स्थान का नाम का काष्ठ मंडप पड़ा। कालांतर में अपभ्रंश के रुप में काठमांडू जाना जाता है। इसे कांतिपुर भी कहते हैं। सबसे पहले हम पशुपति नाथ के द्वारे पहुंचे। नेपाल की पहचान पशुपति नाथ के कारण ही है, ये न होते तो नेपाल कहाँ होता क्या पता। हिन्दू तीर्थयात्री पशुपतिनाथ के ही दर्शन करने नेपाल पहुंचते हैं। यहाँ पहुंचने पर भी आम भारतीय मंदिरों जैसा दृष्य दिखाई दिया। वही माला, मोती, पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई थी। नेपाल की अधिकतर दुकानों में मालिक नहीं मालकिनें ही दिखाई दी। 
सतत कमेंट्री चालु आहे

भगवान पशुपतिनाथ की पूजा के लिए मैने 150 नेपाली मुद्रा की पूजन सामग्री खरीदी। हमारे मार्गदर्शक के रुप में मौजूद पाण्डे जी ने सभी को पूजन सामग्री एक ही स्थान से खरीदने की सलाह दी। इसका कारण वो जानें, पर हमने अलग जगह से खरीदी। बैग पाबला जी को थमाया और मंदिर प्रांगण में प्रवेश कर गए। मंदिर परिसर में कैमरे का प्रयोग वर्जित है। इसलिए मैं कैमरा साथ लेकर नहीं गया। मंदिर के मुख्य द्वार के बगल में स्वैच्छिक रक्तदान हो रहा था। नेपाली युवा रक्त दान कर रहे थे। मेरा भी मन हुआ कि एक युनिट रक्त दान कर ही दिया जाए। लेकिन मेरा रक्त इतना मीठा है कि ग्रहण करने के बाद लाभार्थी तो तब तक चक्कर ही काटते रहेगा। जब तक उसका पैट्रोल खत्म नहीं हो जाएगा। किसी को क्यों तकलीफ़ दी जाए यही सोच कर आगे बढ गया।
हमें काबू में करने के चक्कर में पंडा जी

मैने खरीदी हुई पूजन सामग्री मंदिर में चढाई। यहाँ के पुजारियों का हाल भी अन्य तीर्थों जैसा है। एक पंडा तो पूजा सामग्री की दुकान से ही मेरे पीछे पड़ गया था। उसका बस चलता तो वह जीते-जी ही मेरा पिंड दान करवा देता। लेकिन हमने भी कोई कच्ची गोलियाँ नहीं खेली हैं, स्टील के बैरिंग के छर्रों से कंचे खेले हैं। थक हार उसने मेरा पीछा छोड़ दिया। मंदिर के वास्तु शिल्प में बौद्ध शैली का असर दिखाई देता था। मंदिर के पूर्व दिशा में गणेश जी का मंदिर है तथा नदी की तरफ़ एक अन्य मंदिर में शिवलिंग स्थापित है। यहाँ पंडे पुजारियों का जमावड़ा लगा रहता है, वे क्रमबद्ध रुप से अपने-अपने जजमानों का मुंडन करते हैं तथा इनके चंगुल में फ़ंसे दर्शनार्थी फ़ंसे-खुशी मुंडन करवा लेते हैं।
पशुपतिनाथ मंदिर (फ़ोटो-गुगल से साभार)

मंदिर परिसर में कैमरे का प्रयोग वर्जित है। लगभग बड़े मंदिरों में कैमरे का प्रयोग वर्जित कर दिया जाता है। सुरक्षा कारण बता कर इसका व्यावसायिक लाभ उठाया जाता है तथा मंदिर समिति द्वारा चित्र बेचे जाते हैं। मंदिर के मुख्यद्वार में प्रवेश करने पर पीतल निर्मित विशाल नंदी दिखाई देता है। धातू निर्मित इतना बड़ा नंदी मैने अन्य किसी स्थान पर नही देखा। लगभग 7 फ़ुट के अधिष्ठान पर सजग नंदी स्थापित है।  मंदिर पगौड़ा शैली में काष्ठ निर्मित है। मंदिर के शीर्ष पटल पर राजाज्ञा लगी हुई है तथा राजाओं के चित्रों के साथ द्वारा किए गए निर्माण की तारीखें भी लिखी हुई हैं। मंदिर के शीर्ष एवं दरवाजों पर सुंदर कलाकृतियों का निर्माण हुआ है। लकड़ियों पर भी बेलबूटों के साथ मानवाकृतियों की खुदाई की हुई है। भारवाहक, कीर्तिमुख का निर्माण दिखाई देता है। 
पशुपतिनाथ मंदिर एवं बागमती नदी (फ़ोटो-गुगल से साभार)

मंदिर की छत में लगी लकड़ियों पर भी सुंदर काष्ठ शिल्प का निर्माण हुआ है। इसके निर्माण कर्ता नेपाल के ही शिल्पी हैं। नेपाल में उन्नत किस्म की इमारती लकड़ी पाई जाती है। राजा के शासन काल  में यहाँ की इमारती लड़कियाँ भारत की काठमंडियों तक आती थी तथा भारत के ठेकेदार यहाँ जंगल काटने के ठेके लेते थे। इस काष्ठ शिल्प में मिथुन मूर्तियों का निर्माण किया गया है। जिसमें मैथुनरत स्त्री-पुरुषों को प्रदर्शित किया गया है। पशुपतिनाथ के दर्शनार्थी विग्रह की पूजा-पाठ के ध्यान में रहते हैं इसलिए मंदिर की शिल्पकला की ओर उनका ध्यान नहीं जाता। यहाँ का मिथुन शिल्प खजुराहो से कम नहीं है तथा लकड़ी में खोदी गई मिथुन मूर्तियाँ मुझे पहली बार देखने मिली। इस मंदिर में काम कला को काष्ठ कला में स्थान दिया गया है।  
काष्ठ मिथुन शिल्प -पशुपतिनाथ (फ़ोटो - गुगल से साभार)

जिज्ञासा होने के कारण  पूछने पर छोटे मंदिर के पास बैठे पुजारी ने बताया कि काष्ठ पर बनी 'पैगोढ़ा शैली' में मनुष्य के रति क्रिया को दर्शाया गया है। जब इंसान का विवाह होता है और पति पत्नी जब पहली बार संभोग करते हैं तो वो पशु रूप में हो जाते हैं। बाद में पति पत्नी का संभोग आसनों में बदलने लगता है। पत्नी पति को पाने लगती है, कामकला में आनंद आने लगता है। जब पति और पत्नी भोग विलास के उस चरमोत्कर्ष पर पहुंच जाते है, जहां वो काम कला को काम क्रीड़ा में बदल लेते हैं तो पत्नी पति को नाथ के रूप में देखती है । इसीलिए मंदिर का नाम पशुपति नाथ है। इस दर्शन को प्रदर्शित करने के लिए मंदिर में काम कला पूर्ण मूर्तियों का निर्माण किया गया। इन दुर्लभ आकृतियों को मंदिर में इस लिए दर्शाया गया है ताकि मानव जीवन के गूढ़ रहस्यों को समझा जा सके। 
नेपाल की वर्तमान दशा पर चिंतित नेपाली मानुष

पगौड़ा शैली में निर्मित इस मंदिर में चार द्वार हैं तथा दक्षिणी द्वार पर सोने की परत चढाई हुई है तथा अन्य तीन द्वारों पर चाँदी की पतरा चढा है। गर्भ गृह में स्थापित लिंग पंचमुखी है। पशुपतिनाथ लिंग विग्रह में चार दिशाओं में चार मुख और ऊपरी भाग में पाँचवाँ मुख है। प्रत्येक मुखाकृति के दाएँ हाथ में रुद्राक्ष की माला और बाएँ हाथ में कमंडल है। प्रत्येक मुख अलग-अलग गुण प्रकट करता है। पहला मुख 'अघोर' मुख है, जो दक्षिण की ओर है। पूर्व मुख को 'तत्पुरुष' कहते हैं। उत्तर मुख 'अर्धनारीश्वर' रूप है। पश्चिमी मुख को 'सद्योजात' कहा जाता है। ऊपरी भाग 'ईशान' मुख के नाम से पुकारा जाता है। यह निराकार मुख है। यही भगवान पशुपतिनाथ का श्रेष्ठतम मुख है। काठमाण्डू में बागमति एवं विष्णुमति नदियों का संगम है। पशुपतिनाथ का मंदिर बागमति नदी के किनारे निर्मित है।
मंदिर प्रांगण में मुकेश सिन्हा जी 

अगर फ़ोटो लेने दी होती तो मंदिर की कलाकृतियों एवं निर्माण शैली का विस्तृत वर्णन किया जा सकता था। कैमरा होते हुए भी फ़ोटो न लेने देना मुझे बहुत अखर रहा था। यदि फ़िर कभी काठमांडू आना हुआ तो शासन से अधिकारिक तौर पर अनुमति लेकर फ़ोटो लेना है। मंदिर के सिंह द्वार के समीप ऊंचे अधिष्ठान पर कुछ स्तम्भ गड़े देखे। इन स्तंभों पर नेपाली देवनागरी में कुछ लिखा है। स्तंभों पर चाँद और सूरज बना हुआ है। पहले तो मैने सोचा कि ये सती स्तम्भ होगें। फ़िर ध्यान आया कि नेपाल के ध्वज में राज चिन्ह रुप में चांद सूरज को स्थान दिया गया है। अवश्य ही मंदिर के विषय में इन स्तंभों पर राजाज्ञा का अंकन किया गया होगा।
भोजपुरी गायक - सरोज सुमन  जी

मंदिर के पूर्व की तरफ़ के परकोटे से झांकने पर बागमति नदी दिखाई देती है। नेपाल के निवासी धार्मिक कर्मकांड एवं पिंडदान इत्यादि इसी नदी के तीर पर कराते दिखाई दिए। नदी के किनारे मुक्ति घाट बना हुआ है, यहाँ अंतिम संस्कार क्रिया होती है। इसके साथ मृतक संस्कार करवाने के लिए कई घाट बने हुए हैं। जिसका निर्माण शासकों ने कराया है। पुजारी ने बताया कि राजा राजेंद्र विक्रम की तीन रानियां थी। उन तीनों रानियों के नाम पर राजा ने काशी में मंदिर व घाट बनवाए। पहली रानी साम्राज्येश्वरी के नाम पर पशुपतिनाथ मंदिर, दूसरी रानी ललिता के नाम से ललिता घाट और तीसरी रानी राजराजेश्वरी के नाम पर ललिता घाट पर ही मंदिर का निर्माण करवाया।
पशुपतिनाथ विग्रह मधेश क्षेत्र के जिला सप्तरी के ग्राम विषहरिया

पशुपति नाथ का मंदिर मध्यप्रदेश के मंदसौर में भी है। इस स्थान पर भी श्रद्धालू पशुपतिनाथ के दर्शन करने आते हैं तथा नेपाल के मधेश क्षेत्र के जिला सप्तरी के ग्राम विषहरिया में भी स्व: बिहारीलाल देव द्वारा निर्मित पशुपति नाथ का मंदिर है। नेपाल के राजा राजेन्द्र विक्रम ने वाराणासी में भी 18 वीं सदी में पशुपति नाथ के मंदिर का निर्माण कराया। इस मंदिर का शिल्प भी नेपाल के पशुपति नाथ मंदिर जैसा ही बनाया। इसका निर्माण नेपाल के कारीगरों ने ही किया। इस मंदिर के काष्ठ स्तम्भों पर काम कलाओं का सुंदर चित्रण दिखाई देता है। मंदिर के स्तंभों पर काम कला के दुर्लभ आसनों का अद्भुत एवं रोचक अंकन किया गया है।

पशुपतिनाथ मंदिर के मुख्यद्वार पर ब्लॉगर ललित शर्मा (फ़ोटो-मुकेश सिन्हा)
दर्शनोपरांत मंदिर से बाहर निकलने पर मुकेश सिन्हा जी, सरोज सुमन जी, मनोज भावुक जी की तिकड़ी दिखाई दी। मुकेश जी ने कैमरा साथ ले रखा था। मैने उनसे एक चित्र लेने के लिए निवेदन किया। कम से कम पशुपति नाथ के द्वार पर ही एक चित्र हो जाए। मुकेश जी ने हमारा एक चित्र पशुपति नाथ मंदिर के द्वार पर लेकर मुझे कृतार्थ किया। वरना इस चित्र के लिए मुझे पाबला जी को ढूंढकर उनसे कैमरा लेना पड़ता। नेपाल में किसी का मोबाईल तो काम ही नहीं कर रहा था वरना यह व्यवस्था भी बन जाती। पूजा सामग्री वाली को उसकी डलिया लौटाई और अपनी पादूकाएं धारण कर बस की ओर चल पड़ा। रास्ते में अंतर सोहिल जी और उनके साथ आए हुए गुप्ता जी कोयला के इंजन की भांति धुआं उड़ाते हुए मिले। बस के समीप बैठ कर इनसे गप शप करके अन्य ब्लॉगर्स की प्रतिक्षा करने लगे।

अगले पड़ाव की ओर ब्लॉगर
हम साथियों की प्रतीक्षा कर रहे थे, सभी लोग एक एक करके बस में समाने लगे। तभी पता चला कि सुनीता यादव  जी का पर्स किसी ने मंदिर परिसर से उड़ा लिया है। ढूंढने पर भी नहीं मिला। पता चला कि पुलिस में रिपोर्ट करने पर भी समस्या उपस्थित हो सकती थी। क्योंकि नेपाल में हजार एवं पाँच सौ के भारतीय नोट प्रतिबंधित हैं। यदि पुलिस के पूछने पर बता दिया जाए कि पर्स में हजार और पाँच सौ के नोट थे पहले जुर्म रिपोर्ट लिखाने वाले पर ही दर्ज होगा। सुनीता जी लौट आई और कहा कि मैं भूल चुकी हूँ कि मेरा पर्स चोरी हो गया। सावधानी हटी और दुर्घटना घटी। यही सुनीता जी के साथ भी हुआ। थोड़ी देर में वे सामान्य हो गई और उन्होने कहा कि पर्स चोरी होने की घटना को अब कोई याद न दिलाए। पशुपति नाथ के दर्शन करने में ही दोपहर हो गई। हमारा कारवां चल पड़ा अगले पड़ाव की ओर।

नेपाल यात्रा की आगे की किश्त पढें……