सरिस्का लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सरिस्का लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 22 अप्रैल 2013

अलवर राज

ब्लॉगिंग करते कब 4 साल बीत गए, पता ही न चला। आज "ललित डॉट कॉम" की 701 वीं पोस्ट है। इन वर्षों से अनेको ब्लॉगर्स से मुलाकात हुई, हजारों ब्लॉगों को पढा होगा। टिप्पणियों का अदान-प्रदान हुआ और ब्लॉग युद्धों का भी साक्षी बना। लेकिन जो मजा ब्लॉग़िंग का "ब्लॉगवाणी" एवं "चिट्ठा जगत" के रहते था। वह अब कहाँ। इन चिट्ठा संकलकों का स्थान कोई अन्य नहीं ले सका। अभी तक तो उर्जा बनी हुई है लेखन के लिए, कभी थोड़ा उतार चढाव भी आ जाता है। लेकिन ब्लॉगिंग निरंतर जारी है। इस अवसर पर सभी पाठकों को मेरी शुभकामनाएं। 
जिन्दोली घाटी की सुरंग 
दिल्ली जयपुर रेलमार्ग पर अलवर और रेवाड़ी के मध्य खैरथल स्टेशन स्थित है। राजस्थान की यह सबसे बड़ी अनाज की मंडी मानी जाती है। यह एक व्यापारिक नगर है, पूर्व में रेल लाईन पार करने के बाद इस नगर से लगा हुआ कस्बा किसनगढ़ बास है। यहाँ से सोहना तावड़ू एवं भिवाड़ी तिजारा के लिए यात्रा के साधन मिलते हैं। मुझे आज की रात खैरथल में गुजारनी थी और अगले दिन सुबह अलवर का भ्रमण करना था। दौसा से ट्रेन में सवार हुए तो टीटी ने सभी सवारियों को एस टू में खदेड़ना शुरु कर दिया। सारी सवारियाँ एक ही बोगी में भर दी। मैने इस रुट पर टीटीयों की अधिक मनमानी देखी है। जयपुर से दिल्ली के लिए कुल जमा कुछ गाड़ियाँ ही हैं तथा भीड़ इतनी अधिक रहती है कि कब किसका पर्स, घड़ी, अंगुठी पलक झपकते की पार हो जाए पता नहीं चलता। 

अलवर का मार्ग 
थोड़ी देर तक दरवाजे के पास अपने पिट्ठू पर बैठा रहा। फ़िर सामने एक सीट खाली हुई तो जगह बन गई। लगभग साढे सात बजे खैरथल स्टेशन पर पहुंचा। दिलीप मुझे लेने आया हुआ था। ठंड बढ गई थी, साथ ही चलती हुई हवा कानों को काट रही थी। घर पहुंच कर खाना खाया और 8 बजे ही रजाई में घुस गया। एक रजाई से ठंड कम नहीं हुई तो उस पर कंबल डाला तब कहीं जाकर आधे घंटे में गर्मी के साथ नींद आ गई। फ़ोन बजने लगा, लेकिन रजाई से बाहर हाथ निकाल कर फ़ोन उठाने की हिम्मत नहीं थी। फ़ोन दो बार बज कर अपने आप रह गया। सुबह 8 बजे गुदड़ों से बाहर निकला और स्नानाबाद से आकर नाश्ता करके मैं और दिलीप अलवर भ्रमण को चल पड़े।

झील 
खैरथल भी अरावली पर्वत श्रेणी में ही बसा हुआ है। पूर्व में अलवर जाने के लिए जिंदोली घाटी पर चढना पड़ता था। रास्ते में कई खतरनाक मोड़ आते थे। 1994 में यहाँ टनल बननी प्रारंभ हुई थी। जिससे अलवर और खैरथल के बीच की दूरी कम हो गई। आस पास के ग्रामीण अंचल के लोगों को भी इसका फ़ायदा मिला। हम इसी टनल से अलवर के लिए निकले। काफ़ी बड़ी और ऊंची टनल बनाई गई है। इसके निर्माण में एक खास बात यह थी कि इस टनल की खुदाई दोनो तरफ़ से की गई। यह इंजीनियरिंग का बड़ा करिश्मा है। पहाड़ को दोनो तरफ़ से खोद कर सुरंग का मिलान करना बड़ी बात हैं। 10 फ़ुट इधर उधर सरक जाए तो समय और धन का अपव्यय हो सकता था। टनल में पहाड़ों से पानी रिस कर आता है और यह गर्मी में भी ठंडी रहती है। बाहर 48 डिग्री तापमान में भी टनल में 20 डिग्री तापमान रहता है।

जय पोल 
अलवर का प्राचीन नाम शाल्वपुर है। अरावली पर्वत श्रृंखला से घिरा हुए अलवर शहर का इतिहास महाभारत काल से प्राचीन है। यह प्राचीन शहर अपने आगोश में सहत्राब्दियों के इतिहास को समेटे बैठा है। न जाने कितने राजाओं ने यहाँ राज किया और न जाने कितनी कहानियों का जन्म हुआ। महाभारत काल से इसके इतिहास का पता चलता है। महाभारत के युद्ध के पूर्व राजा विराट के पिता वेणु ने मत्स्यपुरी नामक नगर बसा कर उसे अपनी राजधानी बनाया था। पिता की मृत्यु के उपरांत राजा विराट ने मत्स्यपुरी से 30 मील पूर्व में विराट नगर बसा कर उसे राजधानी बनाया। किंवदन्ती है कि सरिस्का के वनों में पाण्डवों ने अज्ञातवास का कुछ काल व्यतीत किया। तीसरी शताब्दी में यहां गुर्जर एवं प्रतिहार वंशीय क्षत्रियों का अधिकार था।  

महल का पहला आँगन 
पाँचवी शताब्दी के आसपास इस प्रदेश के पश्चिमोत्तरीय भाग पर राज ईशर चौहान के पुत्र राजा उमादत्त के छोटे भाई मोरध्वज का राज्य था जो सम्राट पृथ्वीराज से ३४ पीढ़ी पूर्व हुआ था। इसी की राजधानी मोरनगरी थी जो उस समय साबी नदी के किनारे बहुत दूर तक बसी हुई थी। इस बस्ती के प्राचीन चिन्ह नदी के कटाव पर अब भी पाए जाते हैं। छठी शताब्दी में इस प्रदेश के उत्तरी भाग पर भाटी क्षत्रियों का अधिकार था। राजौरगढ़ के शिलालेख से पता चलता है कि सन् ९५९ में इस प्रदेश पर गुर्जर प्रतिहार वंशीय सावर के पुत्र मथनदेव का अधिकार था, जो कन्नौज के भट्टारक राजा परमेश्वर क्षितिपाल देव के द्वितीय पुत्र श्री विजयपाल देव का सामन्त था। इसकी राजधानी राजपुर थी। 

महल का भीतरी दृश्य 
१३वीं शताब्दी से पूर्व अजमेर के राजा बीसलदेव चौहान ने राजा महेश के वंशज मंगल को हराकर यह प्रदेश निकुम्भों से छीन कर अपने वंशज के अधिकार में दे दिया। पृथ्वीराज चौहान और मंगल ने ब्यावर के राजपूतों की लड़कियों से वैवाहिक सम्बन्ध स्थापित किया। सन् १२०५ में कुतुबुद्दीन ऐबक ने चौहानों से यह देश छीन कर पुन: निकुम्बों को दे दिया। १ जून, १७४० रविवार को मौहब्बत सिंह की रानी बख्त कुँवर ने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसका नाम प्रताप सिंह रखा गया। इसके पश्चात् सन् १७५६ में मौहब्बत सिंह बखाड़े के युद्ध में जयपुर राज्य की ओर से लड़ता हुआ वीरगति को प्राप्त हुआ। राजगढ़ में उसकी विशाल छतरी बनी हुई है। मौहब्बत सिंह की मृत्यु के बाद उसके पुत्र प्रतापसिंह ने १७७५ ई. को अलवर राज्य की स्थापना की।

टूटे हुए झरोखे से अलवर शहर 
खैरथल से अलवर प्रवेश के समय सबसे पहले झील दिखाई देती हैं, पहाड़ियों के बीच बनी इस झील के किनारे महल का निर्माण 1918 में किया गया। यह महल महाराज जय सिंह का निवास था। वर्तमान में यहाँ के सांसद कुंवर भंवर सिंह का कार्यालय का सूचना पट लगा दिखाई दिया। इससे आगे बढने पर थोड़ी चढाई के बाद पहाड़ पर किले के बुर्ज दिखाई देने लगे। यह किला शहर से 595 मीटर की ऊँचाई पर है। सरिस्का अभ्यारण क्षेत्र में होने के कारण इस किले की चौकीदारी निदानी वन खंड के वन विभाग के जिम्मे है। अभ्यारण क्षेत्र होने के कारण यहाँ किसी भी तरह का निर्माण वर्जित है। बाला किला निदानी वन खंड में धोंक, रोंझ, कालाखैर, कूमठा, गुर्जन, पलाश, गोयाखैर, खिरनी, कड़ाया, तम्बोलिया, जाल, गणगार, चापरेन, गुग्ग्ल, आकड़ा, अपामार्ग, मकड़घास, शतावरी, चिरमी(रत्ति),औरया आदि वनस्पति पाई जाती है। बघेरा, लकड़बग्गा, गीदड़, सांभर, चींटीखोर,चीतल, नीलगाय, जंगली सुअर, सेही, लंगुर, नेवला, पाटा गोह, जंगली बिल्ली, कबर बिज्जू, मोर इत्यादि जीव जंतु पाए जाते हैं। जैव विविधता एंव जंगली पशु पक्षी बाला किला के वन में देखने मिलते हैं। 

रविवार, 21 अप्रैल 2013

भानगढ़ की रत्नावती से एक मुलाकात

आरंभ से पढें
रात का भोजन करने के बाद मेल और फ़ेसबुक चेक किया और बिस्तर के हवाले हो गया। लम्बी यात्रा से थका हुआ होने के कारण पता नहीं कब नींद आ गई। विचित्र सी सुगंध से नींद खुली, आँखें खोल कर देखा तो कमरे में नीली रोशनी वाला बल्ब जल रहा था। कमरे की दीवारें नीली रोशनी से नहाई हुई थी। सुगंध मेरे समीप से ही आ रही थी, एक गहरी सांस लेकर मैने सुगंध को अपने फ़ेफ़ड़ों में भर लिया और आँखें बंद कर ली। सोचा कि घर के ईर्द गिर्द बहुत पेड़ पौधे हैं, हवा के किसी झोंके से चली आई होगी। कुछ देर बाद नथुनों में भरी सुगंध असहनीय होने लगी। मैने कंबल सिर पर ओढ कर नीचे दबा लिया। सभी तरफ़ से सुरक्षित हो गया। अब सुगंध नहीं आएगी सोच कर। धीरे धीरे फ़िर नींद के आगोश में जाने लगा लेकिन सुगंध का आना निरंतर जारी था।

कुछ देर बाद कानों में फ़ुसफ़ुसाहट की आवाज सुनाई देने लगी। मैने धीरे से एक तरफ़ का कंबल हटा कर देखा तो श्रीमती जी और बालक दोनो गहरी नींद में सोए हैं। मैने कंबल सरका लिया। सोने का यत्न करने लगा। फ़ुसफ़ुसाह फ़िर शुरु हो गई, आवाज अपष्ट थी, महिला कि है या पुरुष स्वर है, कुछ समझ नहीं आ रहा था। मैने अब बाईं तरफ़ से कंबल सरका कर चेहरा उघाड़ा, सामने बड़ी खिड़की थी। खिड़की के पार बिजली की चमक दिखाई देने लगी, बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई देने लगी। अरे! ये कैसा  मौसम बनने लगा, बेमौसम बरसात होने लगी। रह रह कर बिजली की चमक खिड़की पर पड़ कर वातावरण को और भी रहस्यमय और संदिग्ध बना रही थी। 

नीले बल्ब की मद्धम रोशनी में बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट कहर ढा रही थी। मैंने पुन: चेहरा ढक लिया, लेकिन फ़ुसफ़ुसाहट कम नहीं हुई। सोचने लगा कि ऐसा तो कभी हुआ नहीं, पहले तो खेतों के बीच सुनसान में खाट डाल कर अकेले सो जाया करता था। आज क्या हुआ? अब दिमाग सन्नाने लगा, मैने एक झटके से कंबल फ़ेंका और उठ कर बैठ गया। एक नजर सोए हुए बालक पर डाली और जैसे ही ड्रेसिंग टेबल की ओर मुंह धुमाया तो उसके सामने धवल वस्त्रों में स्टूल पर बैठी एक गौरवर्णा दिखाई दी। नीली रोशनी में वस्त्रों की सफ़ेदी कुछ अधिक ही चमक रही थी। उसकी पीठ मेरी ओर थी। चेहरा ड्रेसिंग टेबल के शीशे की ओर था। जीरो बल्ब के प्रकाश में स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। मैने आँखे फ़ाड़ कर गौर से उसकी तरफ़ देखा। कमरे के सारे दरवाजे और खिड़कियाँ बंद थे। 

ये कौन है जो कमरे में घुस आई है? मैने गरदन घुमाकर श्रीमती की तरफ़ देखा, वह मजे से नींद भांज रही थी। जैसे ही मैने ड्रेसिंग टेबल की तरफ़ गरदन घुमाई, सहसा बिजली जोर से कड़की और कमरे में फ़्लेश लाईट सी रोशनी हुई, उसका चेहरा दिखा, बस देखता ही रह गया। रोंए-रोंए खड़े हो गए, कड़ाके की ठंड में पसीना निकलना शुरु हो गया। बाहर कुत्तों के रोने के स्वर सुनाई देने लगे। कुत्ते एक स्वर में लय बद्ध रुदन कर रहे थे। वह स्टूल पर मूर्तिमान बैठी थी, हिल-डुल भी नहीं रही थी। उसने सिर पर पीली ओढनी डाल रखी थी, स्वर्ण जड़ित कांचली के साथ गोटे दार घाघरा पहन रखा था। हाथों में कोहनियों तक चूड़ियाँ, माथे पर बोरला, कानों में बड़े-बड़े झुमके, नाक में नथ, गले में नौलखा और भुजाओं में बाजुबंद पहने सोने से लदी हुई राजस्थानी वेशभूषा में सौंदर्य के प्रतिमान गढ़ रही थी।

पुन: बिजली कड़की और उसका चेहरा दिखा, चौड़ा माथा, माथे पर झूलती लटें, सुंतवा नाक, भरे-भरे होंठ, बड़ी-बड़ी पैनी आँखें जैसे मुझसे कुछ कहना चाहती हों। मेरी हालत पतली हो रही थी। बिजली चमकने के बाद नीले बल्ब की रोशनी में चेहरा दिखाई नहीं देता था। अब बिजली रह रह कर चमकने लगी, उसने चेहरा मेरी तरफ़ नहीं फ़ेरा, शीशे की तरफ़ मुंह किए ही बैठी रही, वह मुझे शीशे में देख रही थी, मैं उसे। बिजली की चमक के साथ बादल फ़िर जोर से गड़गड़ाए। मैने सारे शरीर की ताकत समेट कर पूछा - तुम कौन हो, यहाँ कैसे और क्यों आई हो? उसके ओंठ हिले, और बोली - भूल गए मुझे। कुछ दिनों पहले तो मुझसे मिलने आए थे, वही हूँ मैं, जिसकी खोज में इतनी दूर से चले आए थे। कितनी प्रतीक्षा की तुम्हारी, मुझे मालूम था एक दिन तुम अवश्य आओगे। हिलते हुए होठों से सिर्फ़ बर्फ़ सा सर्द स्वर निकल रहा था। इधर मैं पसीने से तर-ब-तर हो चुका था।

मुझे याद नहीं आ रहा तुम कौन हो, मैं तुम्हे जानता ही नहीं तो तुमसे मिलने क्यों जाऊंगा? मैने उससे प्रश्न किया। बिजली फ़िर कड़की, अब बरसात शुरु हो चुकी थी, विंडो कूलर की छत पर टपकती हुई बूंदों से भी स्वर उत्पन्न होने लगा। बूंदों का आघात रह-रह कर स्वर परिवर्तित करने लगा। आज की रात कयामत की रात में बदलते जा रही थी। जीवन में जो कभी घटा नहीं उसे प्रत्यक्ष देख रहा था। उसने शीशे में ही देखते हुए कहा - "मैं रत्नावती हूँ।" चेहरे पर कोई भाव नहीं, कोई सौम्यता नहीं, कोई कोई कोमलता नहीं। ठोस सर्द चेहरा, हल्के से हिलते हुए ओंठों से वह बुदबुदाई और बिजली ऐसे जोर से कड़की कि लगा छत का कांक्रीट तोड़ कर ही भीतर आ जाएगी। लगता था कहीं आस पास ही गिरी है। बिजली के कड़कते ही बिजली भी चली गई। कमरे में घुप्प अंधेरा छा गया।

कमरे में सिर्फ़ हम दो ही थे, एक जीता जागता मनुष्य और दूसरी आभासी दुनिया से आई हुई प्रेतात्मा। सुगंध को पहचान लिया मैने। केवड़े की सुगंध थी। भानगढ़ में आज भी केवड़े की झाड़ियाँ हैं और रानी रत्नावती को केवड़े का ईत्र और सुगंधित तेल बहुत ही पसंद था। सुगंध से प्रमाणित हो गया यह रत्नावती की ही आत्मा है, जो भानगढ़ से मेरे पीछे पीछे चली आई है। बिजली रोशनी हुई और रत्नावती ने कहना शुरु किया - तुम्हारे दिमाग जो चल रहा है मैं सब जानती हूँ। अभिशप्त नगर की महारानी हूँ मैं। नगर के साथ मैं भी अभिशप्त हो गई। तुम्हें सदियों से जानती हूँ। तुम भानगढ़ के राजकवि थे, दरबार में तुम्हारे कवित्त झरोखे की ओट में बैठकर मैने सैकड़ों बार सुने। फ़िर न जाने कहाँ खो गए तुम। बहुत ढूंढा तुम्हें, सदियाँ बीत जाने पर अब मिले हो। तभी तुमसे मिलने चली आई।

मैं और राजकवि! नहीं नहीं, मैं तो एक ब्लॉगर हूँ जो लेखक होने का भ्रम पाल बैठा है। लोग दो-चार टिप्पणियाँ दे जाते हैं और जिन अखबारों को मुफ़्त में अपने पन्ने भरने होते हैं, वे मेरी ब्लॉग की पोस्ट से अपना अखबार भर लेते हैं। इससे लोगों को भी भ्रम हो गया है कि मैं लेखक हूँ - मैने हकलाते हुए कहा। रत्नावती कहने लगी - मैं तुम्हारे से मिलने खास प्रयोजन से आई हूँ, लेखक से अधिक खतरनाक ब्लॉगर होता है। वह बिना तथ्यों की छानबीन किए कुछ भी अनाप-शनाप लिख देता है अपने ब्लॉग़ पर। तुमने देखा होगा कि कई लोगों ने भानगढ़ के नाम से अफ़वाहे उड़ा रखी हैं। एक ने तो यहां तक लिख दिया कि भानगढ़ से जिंदा लौटकर आना ही मुश्किल है और जो लौटकर आया वह पागल हो जाता है।

मैं इसलिए आई हूँ कि तुम भानगढ़ की एवं मेरी कहानी को जाँच परख कर लिखोगे। जिससे लोगों के दिमाग में छाई हुई भ्रांतियाँ समाप्त हो जाएं। सारे भूत प्राण हरण नहीं करते और वो भी भानगढ़ में, कदापि नहीं। आज भी भानगढ़ के भूतों से लेकर जिंदों की भी इतनी हिम्मत नहीं कि वे मेरी हुक्म उदूली कर दें। डरो नहीं, मैं सिर्फ़ तुमसे मिलने आई थी क्योंकि तुम ही भानगढ़ के साथ न्याय कर सकते हो। अन्यथा तो अफ़वाहें इतनी अधिक उड़ा रखी है कि सत्य और असत्य का ही पता नहीं चलता।

तुम्हारे ब्लॉग पर निरंतर मेरी नजर है। वाणी गीत ने कहा था न "आप जैसे यायावार सारे रोमांच की ऐसी तैसी कर देते हैं :)" उन्हे मेरा निमंत्रण देना और कहना कि अपने साथ सारा गढ़ घुमाऊंगी, मान-मनुहार भी करुंगी और रोमांच खत्म नहीं होने दूंगी, ये मेरा पक्का वादा रहा है। अब मैं चलती हूँ, उसके इतना कहते ही फ़िर एक बार जोर से बिजली कड़की और उसके प्रकाश में मैने देखा कि स्टूल खाली था। केवड़े की सुंगध कमरे में बाकी थी। मैं बिस्तर पर बैठे हुए सुबह होने की प्रतीक्षा करता रहा । इस घटना को मैने किसी को भी नहीं सुनाया ……… आज ब्लॉग पर लिख रहा हूँ।  … इति भानगढ़ पुराण………:)