chhattisgarh लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
chhattisgarh लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 14 जनवरी 2013

कैसे उजड़ा श्रीपुर ? Sirpur ………… ललित शर्मा

प्राम्भ से पढ़ें 
सिरपुर भ्रमण करने के बाद सामन्यत: पर्यटक के मन में यह विचार आता है कि कोसल जैसे विशाल राज्य की समृद्ध एवं वैभवशाली राजधानी श्रीपुर का पतन कैसे हुआ? इस नगरी का वैभव कैसे उजड़ गया? ऐसा क्या हुआ होगा जो श्रीपुर को पतनोन्मुख होना पड़ा? मेरे भी मन में यह प्रश्न उठने लगे। एक तरफ़ जहाँ महाशिवगुप्त जैसे बलशाली राजा हुए, जिन्होने लगभग 60 वर्षों तक सिरपुर पर शासन किया। उनके शासन काल में सभी धर्मों एवं मतों  को समान आदर मिला। विद्वानों को उनके राज्य में संरक्षण मिला। महाशिवगुप्त बालार्जुन का शासन काल राज्य का स्वर्णिम युग था। उसने कभी न सोचा होगा कि इस वैभवशाली राजधानी का पतन भी हो सकता है। किसी शहर, नगर या राजधानी का पतन एकाएक नहीं होता। जब उसे उतकर्ष पर पहुंचने में शताब्दियाँ लग जाती हैं तो पतन होने भी समय लगता है। श्रीपुर के पतन के अनेक कारण हो सकते हैं। जिनमें से कुछ हमें प्रत्यक्ष रुप से वहां के स्मारकों में परिलक्षित होते हैं।
पतन के कारण - महानदी की बाढ
अगर हम सिरपुर की भौगौलिक स्थिति देखें तो नगर के पश्चिम दिशा में महानदी प्रवाहित होती  है। उनके प्रवाह के कारण किनारों का क्षरण होता है। निरंतर कटाव के कारण नदियाँ बरसात के दिनों में अपना रास्ता भी बदल लेती हैं। अब यह तय नहीं होता कि कौन से किनारे तरफ़ कटाव अधिक होगा। उत्खन से ज्ञात है कि सिरपुर व्यापार की बहुत बड़ी मंडी था। यहाँ उत्खन में कई एकड़ों में बाजार क्षेत्र प्राप्त हुआ है। यह बाजार क्षेत्र महानदी के किनारे पर स्थित है। जब राजधानी बसी होगी तब महानदी का किनारा इतना दूर रहा होगा कि राजधानी को बाढ आदि से हानि न पहुंच सके। क्योंकि महानदी के किनारे उत्खनन में राजमहल परिसर भी प्राप्त हुआ है। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि राजा ने अपना महल सुरक्षित क्षेत्र में बनवाया होगा।
सुरंग टीला का महामंड़प 
बाजार में उत्खन से प्राप्त भवनों में मरम्मत के चिन्ह मिलते हैं। प्रतीत होता है कि अत्यधिक वर्षा होने से महानदी का प्रवाह तटबंध तोड़कर बाजार क्षेत्र में प्रवेश कर जाता था। जिसके कारण भवनों को हानि पहुंचती थी। बाढ का पानी उतरने के बाद निवासी अपने भवनों की मरम्मत कराते थे। बाजार क्षेत्र के भवनों में मूल निर्माण सामग्री के अलावा उस समय उपलब्ध निर्माण सामग्री से मरम्मत कराने के स्पष्ट प्रमाण दिखाई देते हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि सिरपुर के पतन में महानदी की बाढ की भूमिका को नजर अंदाज नहीं  किया जा सकता। वर्तमान सिरपुर में भी महानदी में बाढ आने पर नगर को हानि पहुंचने की आशंका बनी रहती होगी।
पतन के कारण -भुकम्प
हम देखते हैं कि भूकंप आने पर बड़े बड़े नगर और राजधानियां कुछ पलों में निर्जन हो जाती हैं। धरती का एक बार थरथराना ही हजारों लाखों लोगों को काल के आगोश में समा देता है। श्रीपुर  के पतन में भुकंप की भूमिका भी रही होगी। भुकंप के चिन्ह सुरंग टीला स्थित पंचायत मंदिर के अधिष्ठान में दिखाई देते हैं। देखा जाए तो सुरंग टीला मंदिर की जगती भारत के मंदिरों में सबसे अधिक ऊंचाई पर है। दूर से देखने पर लगता है कि मिश्र के किसी पिरामिड के समक्ष खड़े हैं। मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए 43 सीढियां चढनी पड़ती हैं। इसका तल विन्यास नदी के तल से 17 फ़ुट ऊंचा है। वर्तमान में मंदिर सीढियाँ दबी हुई हैं। इनके कोण बदले हुए  हैं। विशाल मंदिर की संरचना में परिवर्तन सिर्फ़ भुकंप से ही आ सकता है। इससे स्पष्ट होता है श्रीपुर में भुकंप भी आया होगा। जिसके कारण इस नगर का पतन हुआ होगा।
मनसर का राजमहल( दबी हुई पैड़ियाँ)
भूकंप द्वारा विनाश के प्रमाण हमें अन्य स्थानों पर भी मिलते हैं। महाराष्ट्र के नागपुर जिले स्थित मनसर (मणिसर) में स्थित वाकाटक राजाओं के भग्न राजमहल का ढहने का कारण भुंकप हैं। भुकंप के चिन्ह राजमहल के भग्न भवन पर स्पष्ट दिखाई देते हैं। मनसर से सिरपुर की दूरी लगभग 300 किलो मीटर होगी। हो सकता है दोनो जगह एक ही समय भुकंप आया हो। संयुक्त राष्ट्र भूगर्भीय सर्वे के अनुसार विश्व में प्रतिवर्ष रिक्टर स्केल 3 से 3.9 के 49000 हल्के, 6 से 6.9 के 120 अधिक तीव्र, 7.9 से 8 के 18 बड़े तथा 8 से 9 पर एक बहुत भीषण भुकंप आते हैं, पंजाब के उत्तर पूर्व में उत्तरांचल, टिहरी व गढ़वाल, दक्षिण में गुजरात व महाराष्ट्र तथा दक्षिण में गुजरात व महाराष्ट्र तथा दक्षिण में गुजरात व महाराष्ट्र तथा दक्षिण पूर्व में मध्य प्रदेश के क्षेत्र में भूकंप की दृष्टि से काफी संवेदनशील क्षेत्र माने जाते हैं।
पतन के कारण - बाह्य आक्रमण 
पाण्डुवंशियों में महाप्रतापी राजा महाशिवगुप्त बालार्जुन ने 60 वर्षों तक शासन किया। किसी भी राजा के द्वारा लम्बी अवधि तक शासन करना यह दर्शाता है कि उसका प्रभुत्व स्थापित था। उसके अड़ोसी-पड़ोसी राज्य या तो उसके मित्र थे या उससे भय खाकर आक्रमण नहीं करते थे। ऐसा ही महाशिवगुप्त बालार्जुन के शासन काल में हुआ होगा।  लम्बा शासन काल अवश्य ही जनकल्याणकारी रहा होगा। इसके बाद के उसके उत्तराधिकारियों के नाकारा एवं निर्बल होने के कारण ताक में बैठे पड़ोसियों ने आक्रमण करके उन्हे परास्त कर दिया। जिससे महाशिवगुप्त बालार्जुन का विशाल साम्राज्य ताश के पत्तों की तरह ढह गया। साम्राज्यवादी चालुक्यों से ये बच नहीं सके।  इनकी निर्बल स्थिति का लाभ नलवंशी शासकों ने भी उठाया और दक्षिण कोसल एवं पश्चिम कोसल में अपनी प्रभुता स्थापित की। राजिम का राजीव लोचन मंदिर नल वंशी शासक विलासतुंग का बनवाया हुआ है। इससे जाहिर होता है कि नलवंशी महानदी के तीर तक पहुंच चुके थे।

पतन के अन्य कारण
नवमी शताब्दी के अंतिम चरण में कलचुरी शासक भी आ चुके थे। उस समय पाण्डुवंशियों ने उड़ीसा की तरफ़ पलायन कर लिया और विनीतपुर एवं ययातिपुर को राजधानी बनाई। कलचुरियों तुम्माण से राजधानी रतनपुर ले आए। श्रीपुर उपेक्षित रहा। इसके पश्चात कलचुरी शासकों में विभाजन के पश्चात रायपुर राजधानी बनी तब भी श्रीपुर उपेक्षित ही रहा। राजधानी के पतन के साथ व्यापारी भी उस स्थान पर चले गए जहाँ उन्हे व्यापार की संभावनाए  नजर आई। व्यापारियों को लाभ अर्जित करने से मतलब होता है। चाहे किसी का राज हो और कोई भी शासक हो। इस तरह श्रीपुर के लोग अन्य राजधानियों की ओर पलायन कर गए और श्रीपुर श्री विहीन हो गया।
राजमहल के पार्श्व में महानदी 
समय की मार से कोई नहीं बच पाया। विशाल साम्राज्यों को भी यह दिन देखने पड़े हैं। श्रीपुर में रह गए तो सिर्फ़ खंडहर और पीपल एवं बरगद के वे वृक्ष जिन्होने अपनी आँखों से सिरपुर को बसते एवं उजड़ते देखा। रह गया तो महानदी का वह किनारा जहाँ श्रीपुर जैसी राजधानी ने अपने वैभव का चर्मोत्कर्ष देखा। खंडहरों में बोलते उल्लू और उल्टे लटके चमगादड़ों का बसेरा रह गया। न जाने कितने वर्षों के बाद एक छोटा सा गाँव फ़िर बसा यहाँ के खंडहरों के अवशेषों को जोड़कर। एक बार फ़िर से गौरेया का बसेरा बना श्रीपुर, नया नाम सिरपुर धर कर। …… आगे पढें …

बुधवार, 2 जनवरी 2013

घोंघा बसंत: आदर्श घुमक्कड़ …………… ललित शर्मा

प्राम्भ से पढ़ें 
घोंघा बसंत! हाँ गुरुजी यही कहते थे। पढाने के बाद भी अगर कोई विद्याथी उनके प्रश्न का जवाब नहीं दे या फ़िर सवाल हल करने में अक्षम रहे तो गुरुजी  उसे सार्वजनिक रुप से घोंघा बसंत की उपाधि से नवाजकर सम्मानित करते थे। कक्षा में प्रतिवर्ष 2-4 घोंघा बसंत विरासत के तौर मिल जाते थे। हमारे सहपाठी घोंघा बसंत पिछली कक्षा में छूट जाते और अगली कक्षा में छूटे हुए मिल जाते। तब हमें यह न मालूम था कि गुरुजी ठस बुद्धि विद्याथियों को घोंघा बसंत क्यों कहते हैं। शंख जैसे छोटे से खोल में रहने वाला लिजलिजा प्राणी घोंघा कहलाता है यह हम जानते थे। हम आगे की  कक्षाओं में बढते बढते इतने आगे बढ गए कि आज तक मुड़कर पाठशाला का मुंह नहीं देखा। कुछ सहपाठी घोंघा बसंत वर्तमान में सरकारी नौकरियों में लग कर धरा को धन्य कर रहे हैं।  
सिरपुर के घोंघा बसंत (फ़ोटो-ललित शर्मा)

इस लिजलिजे प्राणी को देखने से जुगुप्सा होती है पर दिखने में बहुत सुंदर है। इसके सिर पर खड़े दो सींगों से लगता है कि कोई एलियन (परग्रही प्राणी) है। परंतु प्रकृति का अद्भुत निर्माण है कि इसके सींगों पर दो आँखों के साथ रिसिवर के रुप में दो एंटीना लगे हुए हैं। जिससे यह देखने एवं सुनने का दोनो काम कर सकता है। कहें तो प्रकृति का बनाया हुआ वायरलेस सेट या रेडियो जैसा उपकरण इसके सींगों में रोपित है। रीढ विहीन इस प्राणी को पटकने के बाद भी इसकी मौत नहीं होती। कठोर आवरण इसकी सुरक्षा करता है। सिरपुर के मार्केट काम्पलेक्स में कदम रखते ही सर्वप्रथम घोंघा बसंत से ही मुलाकात हुई। जनाब खरामा-खरामा टहलते हुए सुबह की सैर को निकले थे। तभी इनसे भेंट हो गयी। एक अरसे के बाद घोंघा बसंत से मुलाकात होने पर मन प्रसन्नता से भर गया। झट से घोंघा बसंत की उपाधि देने वाले गुरुजी याद आ गए।

कठोर आवरण में रहने के कारण यह सभी खतरों से महफ़ूज रहता है। बिगड़े हुए मौसम का इस पर कोई असर नहीं पड़ता। मान लिया जाए कि यह एक ढीठ प्राणी है। घोंघा की इसी प्रतिभा से कायल होकर ही गुरुजी ने ढीठ विद्यार्थियों के लिए "घोंघा बसंत" जैसी विशिष्ट उपाधि का सृजन किया होगा। इस तरह से ढीठ विद्यार्थियों के लिए घोंघा बसंत एक आदर्श उपाधि है तथा वर्तमान में भी प्रचलन में है। जब मनुष्य अपनी मर्जी से चलता है, किसी के कहे का उस पर कोई असर नहीं होता तो उसे घोंघा प्रवृति कहा जाता है। कार्टुनिस्ट केशव शंकर पिल्लई ने तो व्यंग्य चित्र द्वारा इसे संविधान और माननीय नेताओं से भी  जोड़ दिया था। जिस पर बहुत हंगामा हुआ था। 
सिरपुर के घोंघा बसंत (फ़ोटो-ललित शर्मा)
जल और थल दोनों में घोंघा पाया जाता है। अपनी मंथर गति के कारण यह अमेरुदण्डिय निशाचर प्राणी नौ दिन चले अढाई कोस वाली कहावत को चरितार्थ करता है। व्यंग्यकारों ने भी इसके नाम को खूब भंजाया, इसकी आड़ में कई व्यंग्य लिखे  गए। नाम व्यंग्यकारों ने कमाया, बदनाम घोंघा बसंत जी हुए। इसीलिए कहते हैं माल खाए गंगा राम और मार खाए मनबोध। गौर करें तो घोंघा बसंत किसी मनबोधी से कम नहीं है। जब मन आया तो चल पड़े, जब मन आया तो अपने महल के भीतर आराम किए। कहते हैं कि इनकी वृद्धि बड़ी तेजी से होती  है। ये उभयलिंगी भी होते हैं। जब मन में आया तो स्त्री बन गए, जब किसी को गरियाना हो तो इनका पुरुषतत्व जाग उठता है। टू इन वन जैसी ही बात है, कभी रेडियो चला तो कभी टेप रिकार्ड प्ले कर लो।

शारीरिक संरचना की विशिष्टता देखने के पश्चात मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूँ कि घोंघा बसंत वर्तमान में घुमक्कड़ों के लिए एक योग्य आदर्श हैं। व्हेनसांग से लेकर हमारे तक घुमक्कड़ी में प्रमुख रुप से आवास एवं जान-माल की सुरक्षा की समस्या होती  है। अनजान जगहों पर सबसे पहले ऐसा ठिकाना ढूंढना पड़ता है जहाँ जान माल की सुरक्षा के साथ रात गुजारने के लिए आवास की व्यवस्था हो जाए। घोंघा बसंत के समक्ष ये समस्याएं नहीं  है। न कहीं टेंट ढूंढने की जरुरत न कहीं होटल में कमरा तय करना पड़ता। यह खानाबदोश प्राणी है। खानाबदोश उसे कहते हैं जिसका घर कांधे पर हो। घोंघा बसंत का घर कांधे पर है जब चाहे तब भीतर घुस कर ढक्कन बंद करले और चैन की नींद ले। अपनी सुरक्षा अपने हाथ, खाना-पीना-घूमना सबके साथ।
पिट्ठुधारी घुमक्कड़

घोंघा बसंत का घर भी इतना सुरक्षित है कि आंधी, तूफान, बर्फबारी आदि का कोई असर ही नहीं होता। बोले तो एकदम फुल प्रूफ, ऐसे ही एक आवास कि जरुरत मुझे पड़ जाती है कभी-कभी घुमक्कड़ी के दौरान। काश! भगवान ने घुमक्कड़ों की पीठ पर ऐसा ही घर बना दिया होता तो सारी समस्याओं का समाधान हो जाता। यह तो तय हो गया कि घोंघा बसंत भी बड़े काम की चीज है। हो सकता है इंसान ने इससे ही प्रेरणा लेकर घुमक्कड़ों के लिए पिट्ठु बैग का निर्माण किया हो। अपना सामान खुद उठाओ और रास्ते लगो। इसलिए घोंघा बसंत की उपाधि धारण करने में कोई उपहास या बुराई नहीं है। अब तो मानना ही पड़ेगा कि गुरुजी सही कहते थे। जारी है …… आगे पढें

मंगलवार, 25 दिसंबर 2012

इहै नगरिया तू देख बबुआ …………… ललित शर्मा

प्राम्भ से पढ़ें 
प्राचीन राजधानी श्रीपुर के अवशेषों को देखने पर्यटक आते हैं, जरा चर्चा वर्तमान सिरपुर गाँव की भी कर ली जाए। प्राचीन राजधानी के वैभव को तो मैने देखा नहीं परन्तु उसके खंडहरों को देखकर उसके वैभव एवं महत्ता को महसूस किया है। वर्तमान में सिरपुर ग्लोब पर 21.40’51.13 उत्तर एवं 82.10’54.07 पूर्व में रायपुर से 81 किलोमीटर की दूरी पर महासमुंद तहसील, जनपद एवं जिलान्तर्गत आता है। इसका थाना क्षेत्र तुमगाँव है। सिरपुर के ढाई किलो मीटर पर नैनी नाला, 7 किलोमीटर पर मखमल्ला एवं खरखर नाला, 8 किलोमीटर पर धसकुड़ नाला एवं 12 किलोमीटर पर सुकलई नाला है। ये नाले महानदी में जाकर मिलते हैं। सुकलई नाला महासमुंद एवं बलौदाबाजार जिले की सीमा रेखा है।
महानदी के तीर सिरपुर एवं रायकेरा  तालाब 
पुष्पा बाई यादव सिरपुर ग्राम पंचायत की सरपंच एवं शंकर ध्रुव उपसरपंच हैं। सेनकपाट एवं खमतराई सिरपुर ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम हैं। 20 वार्डों में विभाजित इस पंचायत में लगभग 1700 मतदाता एवं 200 घर है। जिनमें 50% गोंड़ आदिवासी 30% कवंर एवं अन्य 20% में ब्राह्मण, राजपुत, चंद्राकर (कुर्मी) सतनामी, मोची, नाई, यादव, धीवर, निषाद, गिरी-पुरी आदि निवास करते हैं। यहाँ के 50% निवासी कृषक और 50% सरकारी कर्मचारी हैं।आस-पास के गाँवों का केन्द्र होने के कारण कर्मचारियों ने सिरपुर में निवास करना उपयुक्त समझा। ऐसा कोई घर नहीं है जिसमें किराएदार न बसे हों।
सिरपुर विहंगम दृश्य 
समीप के गाँवों अमलोर, पासिद, सुकुलबाय, लंहगर, बोरिद आदि का मुख्य बाजार सिरपुर ही है। यहाँ धान की खेती के साथ सब्जी का भी व्यवसाय बड़ी मात्रा में होता है। साप्ताहिक बाजार गुरुवार को भरता है जिसमें समीपस्थ गाँवों के निवासी अपनी दैनिक आवश्यकताओं की साप्ताहिक खरीदी खरीदी करते हैं। सिरपुर के मुख्य चौराहे पर 3 होटल हैं जिनमें जलपान की व्यवस्था है। विश्राम गृह के समीप सोनवानी होटल में दोपहर एवं रात का खाना उपलब्ध हो जाता है। ग्रामीण आवश्यकताओं की पूर्ती के लिए 2 मेडिकल स्टोर्स, 4 किराना दुकान, 3 कपड़ा दुकान, गाड़ी का पंचर बनाने की 2 दुकान, मोटर सायकिल मेकेनिक 2, इलेक्ट्रिकल दुकान 3 मोबाईल शॉप 4 एवं 2 फ़ोटो स्टुडियो, पैट्रोल पंप भी हैं। इस तरह आवश्यकता की समस्त सामग्री एवं सहायता सिरपुर में उपलब्ध है।
सिरपुर का रास्ता 
शैक्षणिक दृष्टि से सिरपुर के निवासियो ने अधिक तरक्की नहीं की है। विद्युत विभाग के इकलौते जुनियर इंजीनियर के अतिरिक्त कोई भी अधिकारी नहीं बन पाया। वन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग में कुछ लोग सेवारत हैं। शिक्षा के साधन के रुप में 2 प्राथमिक सहशिक्षा स्कूल, 1 कन्या माध्यमिक शाला, 1 बालक माध्यमिक शाला, 1 सहशिक्षा हायरसेकेंडरी स्कूल, 1 आदिम जाति कल्याण विभाग का आश्रम एवं गुड शेफ़र्ड नामक अंग्रेजी माध्यम का स्कूल भी है। अंग्रेजी माध्यम का स्कूल होने का अर्थ है कि सिरपुर के निवासी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा का महत्व समझ रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर उप स्वास्थ्य केंद्र, आर्युवैदिक औषधालय है। यहाँ छोटी-मोटी बीमारी  का ईलाज हो जाता है। गंभीर बीमारी होने पर रायपुर या महासमुंद ही एक मात्र विकल्प है। पशुओं की चिकित्सा एवं कृत्रिम गर्भाधान के लिए पशुचिकित्सालय की व्यवस्थित है। पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र है जिससे छत्तीसगढ पर्यटन के होटल, मोटल, एवं रिसोर्ट बुक किए जाते हैं और पर्यटन संबंधी सूचनाएं दी जाती हैं।
महानदी के तीर प्राचीन आश्रम 
सिरपुर में सरकारी कार्यालय के नाम पर ग्रामीण बैंक, सहकारी समिति, पुलिस चौकी, विद्युत सब स्टेशन, लकड़ी डीपो, पटवारी निवास, फ़ारेस्टर का निवास है। इसके अतिरिक्त अन्य कार्यों के लिए महासमुंद जाना पड़ता है। पर्यटकों एवं ग्रामीणों के मनोरंजन की सुविधा के लिए अंग्रेजी एवं देशी शराब के ठेके भी हैं। विडम्बना है कि शराब ठेके गाँव के मध्य में स्थित हैं और पुलिस चौकी गाँव की सीमा के बाहर। यात्रियों के निवास के लिए पीडब्लुडी का एक मात्र विश्राम गृह है। जिसके आरक्षण के लिए महासमुंद उप जिलाधीश या संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से समपर्क करना पड़ता है। वर्तमान में पर्यटन मंडल द्वारा एक रिसोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। जो कि रिहायश से बाहर है। आवगमन की सुविधा के लिए सड़कों की  हालत बढिया है और स्कूल के खेल मैदान में एक हैलीपैड स्थित है। जिस पर विशिष्ट लोगों के आगमन हेलीकाप्टर उतारा जाता है।
हेलीपेड 
ग्राम विकास एवं पुरासामग्री की चोरी रोकने के लिए सिरपुर प्रवेश द्वार पर नाका लगाया गया है। फ़िर भी मूर्तियाँ चोरी होने की घटना हो चुकी है। नाके में प्रति 4 चक्के एवं उससे बड़ी गाड़ी के आगमन पर 10 रुपए टैक्स लिया जाता है तथा गाड़ी का नम्बर रजिस्टर में दर्ज किया जाता है। इससे पता चल जाता है कि कितनी गाड़ियाँ सिरपुर में प्रतिदिन आ रही  हैं। ग्रामवासी  कहते हैं कि विद्युत व्यवस्था में ही समस्या है। बिजली कब चली जाए और आ जाए इसका पता नहीं चलता। यह भी विडम्बना है कि जितने दिन मैंने सिरपुर में निवास किया कभी बिजली नहीं गयी। पैट्रोल-डीजल भी कभी उपलब्ध रहता है कभी नहीं। उपलब्धता की निरंतरता नहीं  है। ऐसी स्थिति में स्थानीय दुकानदारों से अधिक मूल्य पर खरीदना पड़ता है।
सिरपुर के घोंघा बसंत 
माघ माह की पूर्णमासी को सिरपुर में मेला लगता है तथा तीन दिवसीय शासकीय कार्यक्रम "सिरपुर महोत्सव"  मनाया जाता है। मेले के दौरान सभी जाति समाजों के लोग जुटते हैं और अपनी जातिय समस्याओं का बैठक करके हल निकालते हैं। सिरपुर धर्म की ही  नगरी है। यहाँ वर्तमान में लगभग सभी समाजों के अपने मंदिर एवं धर्मशालाएं हैं। जिनमें पटेल मरार समाज का राधाकृष्ण मंदिर, कोसरिया यादव समाज का कृष्ण मंदिर एवं दुर्गा मंदिर, कोसरिया पटेल समाज का दुर्गा मंदिर, निषाद समाज का राम जानकी मंदिर, बेलदार समाज का रामजानकी मंदिर, कंवर समाज का रामजानकी मंदिर, धीवर समाज  का रामेश्वर शिव मंदिर, सेन समाज का राधाकृष्ण मंदिर, सतनामी समाज की गुरु घासीदास की गद्दी, झेरिया यादव समाज का राधाकृष्ण मंदिर, कबीर पंथियों की कबीर कुटी, वैष्णव समाज का राधाकृष्ण मंदिर, साहू समाज का कर्मा मंदिर, गोंड़ समाज का प्राचीन शिव मंदिर, समलेश्वरी मंदिर एवं 2 जगन्नाथ मंदिर, रविदास मंदिर(मेला स्थल), चंडी मंदिर (गंधेश्वर महादेव मंदिर के समीप) दुर्गा मंदिर (सुरंग टीला से विस्थापित) भी हैं। इसके अतिरिक्त स्थानीय ग्रामदेवता के रुप में  महामाया, शीतला, ठाकुरदेव, सांहड़ादेव भी हैं।
 रायकेरा  तालाब 
सिरपुर में तालाबों की भरमार है, शायद ही कोई ऐसा प्राचीन मंदिर हो जिसके समीप पोखरी या तालाब नहीं है।  निस्तारी के  लिए नित्य उपयोग में आने वाले प्रमुख तालाब रायकेरा बंधवा एवं कमार डेरा तरिया हैं। रायकेरा बंधवा के विषय में जन श्रुति है कि प्राचीन काल में एक साधु था, उसके पास एक गाय थी। साधु ने स्थानीय चरवाहे को गाय चराने के लिए दी। एक दिन साधु ने चरवाहे की सेवा से उसे प्रसन्न होकर एक पत्थर दिया। चरवाहा में पत्थर तो ले लिया पर मन-मन साधु को कोसने लगा कि बरसों की सेवा के दिया तो एक पत्थर। चरवाहे सोचा कि इस पत्थर का क्या किया जाए। उसने रायकेरा तालाब में जाकर पत्थर से अपनी कुल्हाड़ी मांजा और पत्थर तालाब में फ़ेंक दिया। जब चरवाहा घर पहुंचा और कांधे से कुल्हाड़ी उतारी तो देखा वह सोने की हो गयी थी। वहा आश्चर्य चकित रह गया और अपने भाग को कोसने लगा।
महानदी के तीर पर ब्लॉगर मंडली राजीव रंजन, ललित शर्मा एवं आदित्य सिंह
उसने तालाब में जाकर खूब डुबकियाँ लगाई पर वह पत्थर नहीं मिला। यह जानकारी गाँव से प्रारंभ होकर राजा तक पहुंची। राजा के मन में पारस पत्थर प्राप्त करने के लिए लोभ जागृत हो गया। एक पारस पत्थर राजा की दशा सुधार सकता था और उसके सेना समेत राज्य को बना सकता था। यही सोच कर राजा ने चरवाहे को बुलाकर सत्यता की जाँच की। चरवाहे सारी घटना का वर्णन राजा से किया। राजा ने हाथी के पैर में लोहे की जंजीर बांध कर तालाब में घुमाने का आदेश दिया। हाथी सारे दिन तालाब को मथता रहा। शाम को जब उसे तालाब से बाहर निकाला गया तो उस लोहे  की जंजीर की एक कड़ी सोने की हो गयी थी। उसके बाद से किंवदंती चल रही है कि रायकेरा तालाब में पारस पत्थर है। यह वर्तमान सिरपुर है। जारी है … आगे पढे।

सोमवार, 24 दिसंबर 2012

इन आँखों की मस्ती के ............... ललित शर्मा

प्राम्भ से पढ़ें 
इन आँखों की मस्ती के मस्ताने हजारों हैं …… मेरे चलभाष फ़ोन ने धुन बजाई। आदित्य सिंह जी का फ़ोन था, तब कुहरी मोड़ 25  किलोमीटर दूर था। मैने उनसे कुहरी मोड़ आने के लिए कह दिया। वे सिरपुर में मेरे मेजबान थे और मैं उनका मेहमान। बस कंडक्टर को बता दिया कि कुहरी मोड़ पर मुझे उतार दे। लगभग डेढ़ बजे मैं कुहरी मोड़ पर पहुंचा। प्यास जोरों की लग रही थी। मालकिन ने घर से खाना बना कर भी दिया था। भूख अभी तक लगी नहीं थी। मोड़ पर एक छोटा सा होटल है, जहाँ उपलब्धता एवं आवश्यकता पर चाय नाश्ता मिल जाता है। यहीं मैने पानीग्रहण कर आदित्य सिंह जी को फ़ोन खड़काया। आप जिन्हें कॉल कर रहे हैं वो कवरेज एरिया के बाहर हैं … जवाब फ़ोन कम्पनी की बाला ने दिया। सिरपुर की तरफ़ जाने वाली बस खड़ी थी। सवारियाँ ठसाठस भरी थी। एक बारगी तो मन  हुआ  कि इसी बस से सिरपुर चला जाए अगर सिर्फ़ पैर रखने  की  जगह मिल जाए। सोच ही रहा था तभी तूफ़ानी वेग से जापानी-भारतीय लाल वर्णसंकर घोड़े पर सवार आदित्य सिंह दिखाई दे गए।  


उन्होने घोड़े की लगाम ढीली  कर दी। घोड़ा मेरे समीप ही आकर रुका। उन्होने मुंह हिला कर मेरा अभिवादन स्वीकार किया और मेरे सवार होते ही घोड़े को एड़ लगा दी। घोड़े फ़िर वही अपनी तूफ़ानी गति पकड़ ली, वेग से चल पड़ा सिरपुर की ओर। मैं बात करता था और आदित्य सिंह जी जवाब में सिर हिला देते। मुझे कोफ़्त होने लगी …… अरे भारी पीक तो बाहर करो या फ़िर मौन व्रत ले रखा है। मेरे कहने से उन्होने ढेर सारा पीक उगल  कर धरा संग मुझे भी धन्य किया। अब बात बन गयी। कुहरी से सिरपुर के बीच बाबा किशा राम की समाधि होने की जानकारी देता बोर्ड दिखाई देता है। परन्तु इस स्थान पर कभी नहीं जा पाया। मैने आदित्य सिंह जी से यहाँ जाने की इच्छा प्रगट की। थोड़ी देर बाद हम सागौन के प्लांटेशन के बीच से होकर जंगल में बाबा किशा राम की समाधि पर पहुंचे। यहाँ पर समाधि स्थल बना हुआ है। साथ ही कांक्रीट से निर्मित एक बड़ा परिसर भी दिखाई दिया। एक हैंड पंप भी लगा हुआ  है।


बाबा किशाराम की समाधि पर देहावसान की तारीख 7/7/77 लिखी थी। संयोग  ही था जब इन्होने देहत्यागी तो  तारीख 7 जुलाई 1977 थी। इस दिन यहाँ इनके अनुयायी और परिवार के लोग आकर प्रतिवर्ष बरसी मनाते हैं एवं लंगर भंडारे का आयोजन किया जाता है। इनके विषय में कहा जाता है कि ये संत प्रवृति के थे तथा देहत्यागने के अवसर इन्होने अपने परिजनों को कहा कि उनकी देह का दाह संस्कार न किया जाए। मृत देह को घने जंगल में छोड़ दिया जाए, जिससे वह मांस भक्षी पशु पक्षियों के आहार के काम आ सके। उनकी अंतिम इच्छानुसार यही हुआ। कुछ दिनों पश्चात उनकी अस्थियों को समेट कर इसी स्थान पर समाधि बना दी गयी। यहाँ पर उनकी पत्नी की समाधि है। लोग यहाँ पहुंच कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हमारी सिरपुर यात्रा का दूसरा चरण यहीं से प्रारंभ हो चुका था।

हम घर पहुंचे तो मेजबान के सारे परिजन छुट्टियों के पश्चात महासमुंद लौट रहे थे। घर पर सामान रख कर हम पैदल ही सिरपुर भ्रमण पर चल पड़े। सिरपुर गाँव के बीच में बस स्टैंड हैं जहाँ कसडोल रायपुर महासमुंद जाने वाली बसें आकर सवारी लेती हैं। रायपुर के लिए सीधी बस सुबह और दोपहर को ही मिलती है। इसके बाद महासमुंद जाने वाली बसों में तुमगाँव मोड़ तक या कुहरी मोड़ तक आना पड़ता फ़िर वहाँ से रायपुर-महासमुंद या सराईपाली-रायपुर मार्ग की बसें या टैक्सियाँ मिल जाती है। पान दुकान पर पहुंचने पर वह पहचान जाता है क्योंकि इससे पहले भी दो तीन बार पहले भी ताम्बुल सेवन यहीं से हो चुका है। 

यहीं पर अमलोर में पदासीन प्रधानाध्यापक प्रद्युम्न प्रसाद पाण्डे जी से भेंट होती है। सोनवानी भौजी के होटल से  चाय ग्रहण कर हम तीनों सिरपुर के पुरावशेषों को देखने चल पड़ते हैं। महासमुंद से शैलेंद्र दुबे ने भी फ़ेसबुक पर अपने सिरपुर पहुंचने का जिक्र किया था। उनकी भी हमें प्रतीक्षा थी और वे चलभाष पर समपर्क में थे। महासमुंद निवासी शैलेन्द्र इतिहास और पुरातत्व में काफ़ी रुचि रखते हैं तथा घुमक्कड़ी के साथ स्टेज पर भी अपनी कला दिखाते हैं अर्थात रंगकर्मी हैं, प्ले भी करते हैं। इनसे मेर्री मुलाकात फ़ेसबुक पर हुई थी। इन्होने संदेश दिया था कि सिरपुर पहुंचने का समाचार इन्हे दूँ तो वे सिरपुर भेंट करने आ जाएगें………जारी है  …………

रविवार, 23 दिसंबर 2012

आरंग ........... ललित शर्मा

सिरपुर की ओर 18/11/12
प्राम्भ से पढ़ें 
दिनांक-18 नवम्बर 2012, समय-12.15 PM रायपुर तेलीबांधा रिंगरोड़ चौराहे पर मुम्बई से कलकत्ता जाने वाली सड़क के किनारे खड़ा था बस की प्रतीक्षा में। घर से सिरपुर के लिए तो निकले काफ़ी देर हो गयी थी । मुझे सिरपुर पहुंचाने वाला सार्वजनिक साधन नहीं मिला था। वैसे भी सिरपुर के लिए दिन में दो ही बार है रायपुर से सीधी सुविधा। इसके अतिरिक्त सरायपाली, बसना, पिथौरा जाने वाली बस से हम कुदरी मोड़ तक जा सकते हैँ, वहाँ से सिरपुर की 17 किलोमीटर की दूरी अन्य किसी साधन से तय करनी होती है। निजी वाहन के सिरपुर कई बार जाना हुआ। लेकिन सार्वजनिक वाहन का सुख लेने संकल्प लिए मैं अपने निर्णय पर अडिग था। विचारों में खोया हुआ बस की प्रतीक्षा में था, तभी हाईवे पर एक कार ने मेरे पास आकर ब्रेक लगाए। चींईईईईई उसके टायरों की आवाज सुनकर मेरी तंद्रा भंग हुई।जान-पहचान का एक नवयुवक था - आप यहाँ कैसे खड़े हैं चाचा जी, आपको जहाँ तक जाना  हो, कहिए तो मैं छोड़ दूँ? उसने प्रश्नवाचक दृष्टि से मेरी ओर देखते हुए कहा। नहीं यार, तुम काहे तकलीफ़ करते हो। मुझे सिरपुर जाना है, थोड़ी देर में कोई बस आती होगी, चला जाऊंगा। मुझे सिरपुर में दो-तीन दिन ठहरना है। मेरी बात सुन कर वह फ़र्राटे से निकल गया, अगर मैने कहीं हाँ कह दी होती तो लेने के देने पड़ जाते 160 किलीमीटर का चक्कर पड़ जाता। तभी सराईपाली की बस आ जाती है और मैं उसमे सवार हो जाता हूँ। बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। दरवाजे के पास की सीट पर दो पतले-दुबले नवयुवक बैठे थे। लो बात बन गयी, मैं उनसे बैठने के लिए थोड़ी जगह बनाने कहता हूँ वे सहर्ष तैयार हो जाते हैं। दो व्यक्तियों की सीट पर हम तीन सवार हो जाते हैं।

भांड देवल मंदिर आरंग 
सफ़र जारी था, बस कंडक्टर ने मुझसे कुहरी मोड़ तक का किराया 50 रुपया लिया। मेरे बगल की सीट पर दो  महिलाएँ बैठी थी। उनके साथ लगभग डेढ़ साल का एक बालक भी था। बड़ा नटखट, वह मेरी गोदी में आकर खेलने के लिए लपक लिया। अरसा हो गया था किसी बच्चे को खिलाए। कभी वह मेरा चश्मा खींचता तो कभी नाक। खूब मस्ती करता रहा। फ़िर फ़र्श पर खेलने की जिद करने लगा। दरवाजा पास होने के कारण उसे फ़र्श पर छोड़ना खतरे से खाली न था। अगले स्टॉप पर एक सवारी और चढ़ी। उस महिला की पहचान सवारी से थी। औपचारिक अभिवादन के पश्चात सवारी ने मुझसे नमस्ते की और महिला से पूछा कि – ये आपके पति हैं क्या? शायद उसे बच्चे को मेरी गोद मे खेलते देख कर गलतफ़हमी हो गयी। महिला ने सकपका कर न में जवाब दिया तो सवारी झेंप गयी। फ़ोन आने पर बच्चे को मैने उसकी माँ को लौटा दिया।मंदिर हसौद पार होने के बाद राजा मोरध्वज की नगरी आरंग पहुंचे। यह रायपुर कलकत्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर 30 किलोमीटर की दूरी पर महानदी के तट पर स्थित प्राचीन पौराणिक एवं ऐतिहासिक नगर है। कभी यहाँ राजा मोरध्वज का शासन था। इसका एक पुत्र ताम्रध्वज था जिसके आरे से चीरने का उल्लेख पौराणिक किवंदंतियों में मिलता है। इसी से इस नगरी का नाम आरंग पड़ा। यह मंदिरों की नगरी है। यहाँ के प्रमुख मंदिरों में 11वीं-12वीं सदी में निर्मित भांडदेवल जैन मंदिर है। इसके गर्भगृह में तीन तीर्थकंरों की काले ग्रेनाईट से निर्मित प्रतिमाएं हैं। महामाया मंदिर में 24 तीर्थकरों प्रतिमाएं दर्शनीय हैं। बागदेवल, पंचमुखी हनुमान तथा दंतेश्वरी मंदिर यहां के उल्लेखनीय मंदिर हैं। नदी किनारे स्थित होने से जल के कटाव से पुरातात्विक सामग्रियाँ प्राप्त होते रहती हैं।  

जैन तीर्थंकरों की मूर्तियाँ आरंग 
इस नगर को राजर्षि तुल्य कुल वंश की राजधानी होने के गौरव प्राप्त है। यहाँ प्राचीन मंदिर एवं बसाहट के अवशेष प्राप्त होते हैं। यहाँ से ताम्रपत्र प्राप्त हुआ है। उससे इस वंश के 6 शासकों के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। इस वंश के अंतिम शासक भीमसेन द्वितीय ने यह ताम्रपत्र सुवर्ण नदी से जारी किया था। भीमसेन ने अपने माता-पिता की पूण्य स्मृति में भादो माह की अठारहवीं तिथि को हरि स्वामी और बोप्प स्वामी को भट्टापालिका  नामक ग्राम दान में दिया था। ताम्रपत्र के अनुसार इनकी वंशावली में शुरा, दयित प्रथम, विभिषण, भीमसेन प्रथम, दयित वर्मा द्वितीय, भीमसेन द्वितीय नाम उल्लेखित हैं। शुरा के वंशजों द्वारा गुप्त संवत का प्रयोग से अनुमान है कि वे गुप्तों के अधीन रहे होगें। राजर्षि तुल्यकुल वंश का काल 601 वीं से माना गया है।सहयात्रियों की बातचीत से जाहिर हुआ कि वे शिक्षा विभाग से संबंधित हैं तथा दीवाली मनाने के पश्चात अपने मुख्यालय को जा रहे हैं। रायपुर सराईपाली मार्ग पर बस द्वारा यह सफ़र मैने पहली बार किया था। बस यात्रा के आनंद के साथ सवारियों के वार्ता लाप और गतिविधियों का भरपुर मजा ले रहा था। अगर यह आनंद न हो तो सफ़र नीरस हो जाएगा। अगले स्टॉप पर बस रुकती है और कुछ सवारियाँ चढती हैं। दीवाली के बाद भाई दूज मना कर लौटने वाली सवारियाँ थी। जींस-टॉप एवं चलभाषधारी दो लड़कियाँ मेरे समीप आकर खड़ी हो जाती हैं क्योंकि सीटें तो रायपुर से ही भर चुकी थी। कान में  हेड फ़ोन लगा कर एक गानों का मजा ले रही थी। तभी दूसरी का चलभाष बजा। उसने पहले स्पीकर चालु करके अपनी बातचीत को सार्वजनिक कर दिया। 

हेलो……, क्या बात है? कैसे मुझे बिना बताए आ गयी डार्लिंग।  सुनते ही लड़की सकपका गयी। मेरी तरफ़ देखा और जोर से चिल्लाई…तेरे को कितने बार कहा कि मुझे फ़ोन न लगाए कर। …… अरे का  होगे? काली त बने गोठियावत रहे। …… अभी बस मा हंव गाँव जात हंव। संझा के फ़ोन लगाबे …… कह कर उसने बातचीत को विराम देते हुए मेरी तरफ़ देखा। मैं देख रहा था चलभाष क्रांति का असर। अभी तो सिर्फ़ बीपीएल एपीएल वालों को चलभाष बांटने की मनमोहनी घोषणा मात्र हुई है। अगर चलभाष बांट दिए जाएगें तो और भी विप्लवकारी परिवर्तन हमें गाँव-गाँव में देखने मिलेगें। पिछले लोकसभा चुनाव में भ्रमण के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति भी मेरे साथ भ्रमण करता था। उसके फ़ोन पर दिन भर लड़कों के फ़ोन आते थे, फ़ोन उठाने पर वे बात नहीं करते थे। उसकी माध्यमिक कक्षाओं में अध्ययनरत बेटी थी। परेशान होकर मैने दूसरे दिन उसे नया सिम दिला दिया। रात घर गया और सुबह से फ़िर उसके चलभाष पर नए सिम में भी वही नम्बर आने लगे। अर्थात उसकी बेटी ने ही रात भर में अपने सारे फ़्रेंडस को नया नम्बर बांट दिया। यह  चलभाष क्रांति हो रही है। लड़कियों एवं महिलाओं के नम्बर सार्वजनिक होने पर अवांछित लोगों के फ़ोन कॉल का सामना करना पड़ता है।

कोडार जलाशय 
भाड़ में जाए ये लोग और इनकी चलभाष संस्कारयुक्त पीढी। वर्तमान में किसी को अपना समझ कर मुफ़्त की सलाह देना भी ठीक नहीं है। क्या पता कहीं बुरा मानने पर सलाहकर्ता का ही मुंडन हो जाए। घर्रर घर्रर घर्रर करती बस आगे बढ रही थी। लड़की के चलभाष पर अन्य कोई कॉल आई, कॉल देखते ही उसके होठों पर नौगजी मुस्कान तनी, वह बतरस में रस लेने लगी और हम भी फ़ोन रस में। आगे चल कर कोड़ार बांध दिखाई देने लगा। कभी निर्माण  के दौरान इस बांध के खूब चर्चे थे। वर्तमान महासमुंद जिले में स्थित इस जलाशय को शहीद वीरनारायण सिंह जलाशय के नाम से  जानते हैं। 1976 में इस बांध की परियोजना का आरंभ कौंआझार ग्राम की भूमि पर हुआ। इसके निर्माण से 5 गाँव पूरी तरह से एवं 11 गाँव आंशिक रुप से प्रभावित हुए। बांध का दिलकश नजारा बस से ही दिखाई देता है। इसके समीप ही खल्लारी माई का मंदिर बना हुआ है। इसका शेरमुखी प्रवेश द्वार राजमार्ग 6 से ही दिखाई देता है। ......... सफ़र जारी है ........   

शुक्रवार, 2 नवंबर 2012

तीवरदेव बौद्ध महाविहार ......Sirpur Chhattisgarh........... ललित शर्मा

भूमि स्पर्श मुद्रा में बुद्ध 
प्राम्भ से पढ़ें 
तीवरदेव महाविहार सिरपुर का प्रमुख पुरातात्विक स्थल है, दक्षिण कोसल में उत्खनन से प्राप्त अब तक का बड़ा विहार है, इसका उत्खनन 2002-2003 में अरुण कुमार शर्मा ने किया था। उत्खनन के दौरान उपलब्ध प्रमाणों एवं उपलब्ध अभिलेखों से इस महाविहार को महाशिवगुप्त तीवरदेव के शासनकाल में छठी शताब्दी के मध्य में निर्मित माना जाता है। बौद्ध विहार में प्रवेश करने पर बहुत ही सुन्दर अलंकृत प्रवेश द्वार दिखाई देता है। प्रवेशद्वार का शिल्प अद्भुत है, शिल्पकार ने विभिन्न विषयों पर अपनी छेनी चलाई है। मगर और बन्दर की  पंचतंत्र की कथा के साथ बिल से निकल कर सांप का मेंढक को पकड़ना, पुष्प पर बैठी हुई मधुमक्खी का अंकन, चाक पर बर्तन बनता हुआ कुम्हार, प्रेमासक्त चुम्बन आलिंगनरत युगल का अंकन आकर्षक है।

तीवरदेव विहार की प्रतिमा 
प्रवेशद्वार की जितनी प्रशंसा की जाये उतनी ही कम है। शिल्पांकन महत्वपूर्ण इसलिए भी है कि यहाँ पशु मैथुन का दृश्य है, इसमें हाथियों को मैथुन मुद्रा में दिखाया गया है। विशिष्ट इसलिए भी है की बौद्ध विहारों में इस तरह के शिल्पांकन का अभाव रहता है। प्रणयरत  युगल मूर्तियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र है। भीतर प्रवेश करने पर 16 अलंकृत स्तम्भ दिखाई देते हैं, इन पर ध्यान मुद्रा में बुद्ध, सिंह, मोर, चक्र आदि का मनोहर शिल्पांकन है। गर्भ गृह के पश्चिम में भूमि स्पर्श मुद्रा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित है। इसके अतिरिक्त रत्न संभव तथा पद्मपाणि की प्रतिमाएं भी प्राप्त हुयी हैं। जल निकासी के लिए भूमिगत नालियों के अवशेष भी प्राप्त हुए हैं। इससे  होता है कि जल निकासी की व्यवस्था वास्तुकारों ने उत्तम बनायीं थी।

विहार की ईंटों की दीवारें 
इस विहार के उत्त्खन्न के दौरान मेरा सिरपुर दौरा हुआ था। तब नहीं लगता था कि यह इतना विशाल होगा। यह भी आभास नहीं था कि कभी मुझे इस पर लिखना भी होगा। प्रस्तर के स्तम्भ देख रेख के आभाव में खंडित हो रहे है। बंदरों की उछल कूद के कारण एक स्तम्भ तो दो भागों में बंटा दिखाई दिया। भारतीय पुरातत्व संरक्षण के पास बड़ा अमला है, उन्हें इसका रासायनिक संरक्षण करना चाहिए। यह विहार 902 वर्ग मीटर के परिक्षेत्र में बना हुआ है। इस स्थान पर अन्य विहार के साथ बौद्ध भिक्षुणी विहार भी स्थित है। कहते हैं कि जब वज्रयान संप्रदाय का उद्भव हुआ तब से भिक्षुणियों को भी पृथक विहार बना कर विहार संकुल में उनके रहने की व्यवस्था की गयी। उत्खनन में वज्रयान का प्रतीक धातु का वज्र भी प्राप्त हुआ है।

विहार का विस्तार 
अरुण कुमार शर्मा कहते हैं कि इस विहार के कक्षों को कालांतर में पूजाकक्षों में परिवर्तित कर दिया गया लगता है. इस परिवर्तन के बाद इस विहार का दक्षिण दिशा में विस्तार किया गया है। अनेक नवीन कक्षों का निर्माण किया गया, पूर्व की अपेक्षा एक बड़े मंडप का भी निर्माण किया गया तभा चारों ओर 36 मी लम्बा और 1.5 मी चौड़ा गलियारा है। इस विहार में सीढियाँ भी मिली हैं, जिससे उत्खननकर्ता अनुमान लगते हैं की यह विहार दो मंजिला रहा होगा। मेरा अनुमान है की यह विहार बहुमंजिला भी हो सकता है, क्योंकि व्हेनसांग ने 10,000 बौद्ध भिक्षुओं के सिरपुर में निवास करने का जिक्र किया है। उनके रहने की व्यवस्था करने के लिए इस विहार को अन्य विहारों की अपेक्षा विशाल और प्रमुख बनाया गया होगा।

मुख्य द्वार पर कुम्हार की मूर्ति 
यह विहार कसडोल जाने वाले मार्ग पर सिरपुर चौराहे से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। राजीव  और मैंने यहाँ चित्र लिए। मेरे कानों में बौद्ध धर्म के मन्त्रों की गूंज हो रही थी। "ॐ मणि पद्मे हूँ" के बीज मंत्र का जाप हो रहा है, जाप की ध्वनि से सारा वातावरण गुंजायमान है। कषाय वस्त्रों में बालक, युवा बौद्ध भिक्षु बुद्ध सरीखे दिखाई दे रहे हैं। शुद्धो असि, बुद्धो असि, निरंजनो असि, के दर्शन यही हो रहे हैं। तीवरदेव महाविहार के मुख्यद्वार से निकलते हुए सोचा रहा था कि अनीश्वरवादी बुद्ध को कितनी सफाई से हिन्दूधर्म में अवतार घोषित कर समाविष्ट कर लिया गया। परन्तु ये तो तय है कि बौद्ध धर्म की स्थापना के पूर्व बुद्ध हिन्दू ही थे। भारत में यह ऐसा अवतार हुआ जिसके सिद्धांतों को देश से अधिक विदेशों में माना और समझा गया। तीवरदेव विहार से हम नागार्जुन के विहार और राजमहल के अवलोकनार्थ चल पड़े। ......... जारी है ........ आगे पढ़ें ........

बुधवार, 31 अक्टूबर 2012

सिरपुर के बाजार की यादगार सैर ......Sirpur Chhattisgarh...... ललित शर्मा

राजमहल से महानदी का दृश्य 
प्राम्भ से पढ़ें 
विश्रामगृह से हम सिरपुर के ढाई हजार वर्ष पुराने मुख्य व्यापार केंद्र के लिए चल पड़े। बाजार में पहुँचते ही दुकानदारों-ग्राहकों का शोर सुनाई देने लगा। लोग-बाग़ हमे कौतुहल से देख रहे थे कि  किस नए ग्रह के प्राणी यहाँ आ टपके। ले जाइये ले जाइये 5 सेर धान में 1 सेर गुड ले जाइये। दीवाली छुट का भरपूर लाभ उठाइए। कपड़ों की दुकानों पर भीड़ नजर आ रही थी। रंग बिरंगे कपडे दुकानों की परछी में लटके हुए थे। चिमटा, चकला, बेलन ले लो, भिन्डी-भिन्डी दो सेर में पांच सेर,दो सेर में पांच सेर। बैगन का भाव कम हो गया है 1 सेर में 5 सेर लो, रस्ते का माल सस्ते में, रेलम-पेल मची थी। नाई, धोबी, मोची, सौन्दर्य प्रसाधन, मिठाई, सब्जी, पुस्तकों इत्यादि की दुकाने देखते हुए हम थोडा आगे बढे ही थे कि तीन मूंछ वाले पगड़ीधारियों ने घोड़ों पर आकर हमें आ घेरा। एक ने कडकती आवाज में मूंछे तान कर राजीव पर सवाल दागना शुरू कर दिया ........ कहाँ से आए हो, श्रीपुर में नए दिख रहे हो। मुसाफिरी दर्ज करवाई कि नहीं? मैं लेखक हूँ, कुछ माह पहले ही मेरी पुस्तक "आमचो बस्तर" आई है, जिसका विमोचन दिल्ली में मुख्यमंत्री ने किया है। आप मुझे नहीं पहचानते क्या? ...... राजीव ने भी प्रत्युत्तर में प्रश्न दाग दिया।

राजमहल के राजकुमार द्वय 
हम नहीं जानते किसी "आमचो बस्तर" और मुख्यमंत्री को। हमारे राज्य में तो सिर्फ राजा और प्रधानमंत्री होता है, समझे। बात न बनाओ, अपना परिचय पत्र दिखाओ, नहीं तो सड़ा दूंगा कारागार में। प्रहरियों की धमकी सुनकर प्रभात सिंह ने मोबाईल निकाल लिया, मैं समझ गया था कि अरुण शर्मा जी को फोनिया रहे हैं, दो तीन बार प्रयास करने के बाद फोन नहीं लगा ....... मोबाईल का टावर भी संकट के समय धोखा देता है। प्रहरियों का सवाल जवाब सुनकर आदित्य सिंह को गुस्सा चढ़ गया। वे भी राज परिवार से सम्बन्ध रखते हैं और प्रहरियों की बदतमीजी से क्रोध आना स्वाभाविक ही था। तुम लोगों की खाल खिंचवा कर भूसा भरवा दूंगा। मेरा भी नाम कुँवर आदित्य सिंह है। जाकर तुम्हारे कोतवाल को बता देना। मेरे मेहमानों की पूछताछ करने की हिम्मत कैसे हुई तुम्हारी? ...... कहकर आदित्य सिंह ने अपनी खड्ग खींच ली।

 बाजार में ब्लॉगर 
ये लो हो गया पंगा। जहाँ जाओ वहीँ कुछ न कुछ हो जाता है। हम कहाँ बाजार घुमने आए थे और यहाँ तलवार बाजी शुरू हो गयी। मैंने बीच बचाव करते हुए कहा- सुनो हवलदार साहेब ! काहे फालतू मगजमारी करते हो, दो-चार रुपए पकड़ो चाय-पानी के लिए और अपने रास्ते लगो। हवलदार के चहरे पर चमक आ गयी दो-चार रूपये का नाम सुनकर। कोने में ले जा कर मैंने उसे 5 रुपए दिए और कहा - ये रखो 5 रुपए और इन दोनों प्रहरियों को हमारी सुरक्षा में लगा दो, बाजार में दादा लोगों का बहुत खतरा है। हवलदार ने कुटिल नागरी मुस्कान फेंकते हुए कहा- हम तो आपकी मूछों की कदर करते है। जब तक आप श्रीपुर में रहेगे, दोनों  प्रहरी आपकी सेवा में रहेगें, अन्य कोई सेवा हो तो कलदार के साथ संदेसा भेजिएगा, सेवा में हाजिर हो जाऊंगा। जरुर- जरुर, तुम कलदार की चिंता मत करना, जितना चाहिए उतना मिलेगा पर कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। अब दो प्रहरियों की सुरक्षा में हम बाजार भ्रमण करने लगे, एक प्रहरी भाला लेकर अगुवाई और दूसरा खड्ग लेकर पिछुवाई कर रहा था।

बाट जोहती युवतियाँ 
राजीव ने कहा कि किसी मूर्तियों कि दुकान में ले चलो, मुझे वहां अपनी उपन्यास की नायिका के आभूषणों चयन करना है। प्रहरी मुख्य मार्ग से उत्तर दिशा में चलकर एक दुकान से सामने खड़े हो गए। दुकान भव्य और दुमंजली थी। सामने मोटे कपडे की परछी में कुछ कारीगर मूर्तियों को झाड- पोंछ रहे थे। बड़ी सी मारवाड़ी पगड़ी बांधे अधेड़ श्रेष्ठी गद्दी पर बैठा हुआ था, पास ही बैठा मुनीम तख्ती पर हिसाब लिख रहा था।  प्रहरी के साथ हमें देख कर बाहर निकला और हाथ जोड़ कर नमस्कार किया तथा  प्रहरी को बोला - क्या गलती हो गयी हवलदार साहब जो आपको यहाँ तक आना पड़ा, किसी से कहलवा दिया होता तो मैं स्वयं चौकी में हाजिर हो जाता। गलती कुछ नहीं हुयी है, हमारे राज्य में वीआईपी मेहमान आए हैं इसलिए इनके साथ हमें आना पड़ा। आप इन्हें मूर्ति दिखाइए। श्रेष्ठी ने तत्परता से हमे आसन दिया और परिचारक को कहा कि - छोटी श्रेष्ठनी से बढ़िया गुलाब वाली लस्सी बनवा कर लाओ।

दर्जी को नाप जोख के साथ कपडे देते हुए 
हम मूर्तियाँ देखने लगे, राजीव ने एक मूर्ति उठाई, उसके अलंकरण प्रभावशाली थे। मूर्ति एकाध हाथ लम्बाई की रही होगी। आभूषणों से किसी अप्सरा की प्रतिमा मालूम हो रही थी। माथे पर टीका, कानों में खिनवा, नाक में फुल्ली, माथे पर टिकुली, गले में लछमी हार, जुड़े में खोपा फुंदरा, कलाइयों में बघमुही, अंगुलियों में मुंदरी,   भुजाओं में नागमोरी, कमर में करधन, पैरों में कटहर तोड़ा, पैर की अँगुलियों में कोतरी पहने अप्सरा वस्त्राभूषण से कोसल प्रदेश की कोई अनिन्द्य सुंदरी दिख रही थी। प्रभात सिंह ने एक प्रतिमा हाथ में लेकर बताया कि यह बौद्धों की देवी हारिति हैं, महिषासुरमर्दनी, अम्रिका, तारा, चामुंडा, गौरी के साथ अन्य यक्ष एवं यक्षणियों प्रतिमाएं भी उपलब्ध थी। राजीव को अप्सरा की ही प्रतिमा पसंद आई। श्रेष्ठी ध्यान से देख रहा था जैसे ही उसे लगा कि प्रतिमा पसंद आ गयी और ग्राहक फंस गया है, उसने तुरंत हांक लगाई ........ अरे! अभी तक लस्सी नहीं लाया कितनी देर हो गई, जल्दी ला।

केश कर्तनालय 
परदे के पीछे से आवाज आई ......अभी लाया। थोड़ी देर में परदा हिला ...... नौकर एक बड़े सागर में लस्सी भरकर लाया, साथ में मिटटी के भिगाए हुए कुल्हड़ भी। कुल्हड़ों में सबको लस्सी दी गयी, आ हा लस्सी में गुलाब की सुवास के साथ गुड के मिठास के कहने ही क्या हैं, आ हा की ध्वनि सुनकर पर्दा हिला, रूपसी का चेहरा दिखा, समझ गया कि यही छोटी श्रेष्ठनी है, लस्सी की तारीफ सुनने झांक रही है,...... बहुत ही जायकेदार लस्सी बनी है देवी ........धन्य हो तुम - मेरे ऐसा कहते ही श्रेष्ठी ने परदे की तरफ देखा और चिल्लाया - कितनी बार कहा है तुमसे की ग्राहकों के सामने न आया करो, चलो यहाँ से। परदा धीरे से हिला और श्रेष्ठनी शायद चली गयी। कम उम्र की ही लगी, तभी श्रेष्ठी को अधिक चिंता थी ग्राहकों की। दाम बताइए, बहुत विलम्ब हो गया है हमे। अभी तीवरदेव विहार भी जाना है। सारा समय बाजार में ही व्यतीत हो जायेगा तो रात का खाना तुम खिलाने से रहे- आदित्य सिंह ने कहा।

चरण पादुका चिकित्सालय 
इस मूर्ति के दाम 80 खंडी धान है-श्रेष्ठी ने कहा। राजीव ने कहा- हम परदेशी कहाँ धान-वान लेकर घूमेंगे। रुपए बताओ कितने लोगे? मुनीम ने हिसाब लगा कर बताया की 4 रुपए लगेंगे। ये तो मौज हो गयी, 4 रुपए देकर मूर्ति अपने झोले के हवाले की और जैसे ही मैं जाने के लिए मुड़ा गवाक्ष से झांक रही श्रेष्ठनी पर दृष्टि पड़ ही गयी। चलो रे भाई अभी तो यहाँ से, फिर कभी आयेगे, अपना दाना-पानी लिखा है लगता है श्रेष्ठनी के हाथ का। मैंने श्रेष्ठी से पूछ ही लिया कि ये मूर्तियाँ यहीं तैयार होती हैं क्या? नहीं! मैं इन्हें शिल्पकारों से खरीदता हूँ और इसके बदले उन्हें कच्चा माल देता हूँ। शिल्पकारों के घर चौराहे के समीप है। वहां तीन-तीन मंजिल के जो घर दिखाई देंगे वाही शिल्पकारों के है। प्रथम तल में कारखाना है और ऊपर निवास। हमने श्रेष्ठी से विदा ली, प्रहरी ऊँघ रहे थे। हमारे दुकान से निकलते ही सजग हो गए। हम नदी की तरफ चल पड़े।

मिठाई खाई-खजानी की दुकान 
महानदी किनारे पर बहुत सारी छोटी डोंगिया एवं बड़ी नौकाएँ खड़ी थी, नौकाओं से यात्री उतर रहे थे, मालवाहक नौकाओं से सामान उतारा जा रहा था। खूब रेलम पेल मची थी। सडक के किनारे कुछ बौद्ध भिक्षु बैठ कर मन्त्र जाप वाली चकरी फिरा रहे थे। एक जगह भीड़ लगी थी, कुछ लम्बे चोगे पहने सिर पर कपडे को रस्सी से बांधे लोग दिखाई दिए। ऐसी  पोशाक को अरब के देशों में पहनी जाती हे, ये सिरपुर में क्या कर हैं? पास ही डोंगी में बोरियां लाद रहे मजदूर ने बताया कि अरबी लोग यहाँ से चावल इत्यादि लेकर जाते हैं, ये चावल के व्यापारी हैं। अपनी नौकाओं में नमक, खजूर का गुड इत्यादि भरकर लाते हैं। मजदूर से बातें हो रही थी, इसी बीच घंटा बजने की ध्वनि सुनाई दी। प्रहरी ने बताया कि श्रीपुर में प्रति पहर घंटा बजा कर समय की सूचना दी जाती है। यह व्यवस्था राज्य शासन की तरफ से है। सूरज के घोड़े पश्चिम की तरफ दौड़ रहे थे, राजीव ने 2-2 रुपए प्रहरियों को भेंट किए और उन्हें जाने को कहा। देखो कोई भी जमाना हो कलदारों की मधुर खनक कौन नहीं सुनना चाहेगा, 9 रूपए में मौज हो गई न - मित्रों से कहा। काका बड़ा न भैया-सबसे बड़ा रुपैया ......... प्रत्येक काल में मानव का सच्चा साथी।
कम्पनी वाली बाई और हिरामन 
बाजार में रौनक लगी हुयी थी, इक्के वाले, घोड़े वाले, रथ वाले, गाड़ीवान बाजार के बीच में बने पड़ाव में डेरा डाले चोंगी धूक रहे थे। फुरसतिया निठाल्लाई चल रही थी, इन्हें देख कर मुझे फणीश्वर नाथ रेणु की कहानी तीसरी कसम के पात्र हिरामन का स्मरण हो आया पर कम्पनी वाली बाई नहीं दिखी। हम तीसरी कसम की चर्चा कर ही रहे थे तभी दो सजी-धजी युवतियां एक चाकर के साथ प्रगट  हुयी। उन्हें देखते ही सभी लोगों ने झुण्ड लगा दिया। आखिर एक रथवान से किराया तय हो गया। मैंने प्रभात सिंह से इनके विषय में पूछा तो उसने बताया कि ये किसबिन डेरा की सवारी है। शाम के वक्त वहाँ खूब रौनक रहती है। नाच-गान मनोरंजन के साधन तो मन बहलाने के लिए हर युग में होते हैं। किसबिन डेरा यहाँ से लगभग 10 मील की दुरी पर है। हमारा भी ज्ञानवर्धन हुआ। सफ़र में एकाध ज्ञानी भी रहना आवश्यक होता है, बहुत सारी समस्याओं का हल एवं जिज्ञासाओं का समाधान स्वमेव निकल आता है। किसबिन डेरा फिर कभी चलेंगे आदित्य सिंह ने आश्वासन दिया। मेरा दिल-ओ-दिमाग गुलाब की लस्सी से तर हो चुका था। रह-रह कर होठों पर लस्सी की मिठास आ रही थी।

परम्परागत शिल्पकार - लोहार 
चौराहे के समीप ही भव्य तीन तल्ला भवन था, जिसके प्रथम तल में कारखाना चल रहा था। घनो एवं हथोडों की लयबद्ध ध्वनि वातावरण में मधुरता घोल रही थी। पसीने से तरबतर लोहा गलाने की 4 भट्ठियों पर कारीगर कार्यरत थे। कुछ कारीगर सामने परछी में छोटी भट्ठी में औजार बना रहे थे। हल के फाल, सुमेला, धूरी, असकुड, रांपा, कुदाली, गैंती, हंसिया, चिमटा, चाकू, छूरी, तलवार, भाला, तीर, बघनखा, शिरस्त्राण, कवच, जंजीरें इत्यादि सामानों का ढेर लगा था। परछी के सामने ही बड़ा सा पानी का हौद था, जिसमे लोहे के सामान को गर्म करके पजाया (टेम्पर) दिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि तलवार को कई पानी दिया जाता है फिर कई बार पीट कर स्वरूप में लाया जाता है। ऊपर वाले तल पर युद्ध सामग्री का भंडार था। सैनिक सामान यही पर मिलता है, कई सैनिक दिखाई दिए जो स्वयं के लिए उपयुक्त हथियारों की तलाश में आए थे। आयुध भंडार में मुझे आश्चर्यचकित करने वाली चीज दिखाई दी। मुख्य कारीगर से पूछने पर उसने बताया कि इसे शतघ्नी कहते हैं।इसका अविष्कार हमारे कारखाने में हुआ है, युद्ध के लिए बहुत ही संहारक एवं प्रहारक आयुध है। राजीव ने कहा कि यह तो वर्तमान ज़माने की तोप है। इतिहासकार कहते हैं कि तोप का अविष्कार अरब देशों में हुआ। पर यह तो शतघ्नी के रूप में श्रीपुर में दिखाई दे रही है।

परम्परागत शिल्पकार - तमेर (ताम्रकार)
चौक के परली तरफ बहुत सारे हंडे, थाली, कटोरे, कचोले, बटलोही, इत्यादि एक दुकान में रखे हुए थे। यहाँ बर्तन बनाने के कारखाना चल रहा था। दो तमेर तांबे की चादर को पीट कर बढ़ा रहे थे, हथोड़े की मार से गर्म चादर फैलते जा रही थी। फिर उसे लोहे के दो बेलनो के बीच दबाव गुजारा गया। फिर उसे "गेज" से नाप कर देखा गया। कारीगर ने बताया कि इस पर राजाओं की प्रशस्तियाँ लिखी जाती हैं, राजाज्ञा भी इन्ही ताम्रपत्रों पर टंकित होती है। हम ताम्रपत्र बनाने के साथ इस पर अंकन भी करते हैं। बहुत काम बाकी है, फिर कभी अवकाश मिलने पर चर्चा करेंगे कह कर तमेर ने हम निठल्लों से पीछा छुड़ाया। प्रभात सिंह ने बताया कि महाशिवगुप्त बालार्जुन के ताम्रपत्र और मुहरें यहीं तैयार होती हैं। वह नंदी के साथ गज लक्ष्मी के चित्र वाली बड़ी मुहर यही बनी थी। तभी तमेर बड़े ठसके में था, सीधे राजा के ही सम्पर्क में रहने से इतनी  ठसक तो बनती है।

प्राचीन युद्ध कला का प्रदर्शन 
बाजार से नगर की और लौटते हुए रास्ते में दो बरगद के वृक्ष दिखाई दिए, यहाँ भिक्षुओं की रेलमपेल मची थी। कुछ वृक्ष के नीचे ध्यान लगाये निर्वाण की मुद्रा में बैठे थे। कषाय वस्त्रों में घुटे हुए सिर सूरज की पश्चिमामुख आभा से दमक रहे थे। एक तरफ युवा बौद्ध साधू युद्ध विद्या का प्रदर्शन कर रहे थे। प्रभात सिंह ने बताया कि इस वृक्ष की कलम बोधगया से लाकर किसी भिक्षु ने इस स्थान पर लगाई थी। तब से यह पवित्र वृक्ष बौद्धों की श्रद्धा एवं आस्था का केंद्र बना हुआ है। अन्य प्रदेशों से आने वाले बौद्ध इस वृक्ष का दर्शन करना नहीं भूलते। वृक्ष के समीप ही कुछ चित्रकारों की दुकाने सजी थी। वे बरगद के पत्तों पर भगवान बुद्ध का चित्र बनाकर बेच रहे थे। मैंने प्रभात सिंह से कहा कि भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति तो पीपल के वृक्ष के नीचे हुयी थी और यहाँ बरगद का वृक्ष बता रहे हैं। सर ! बरगद हो या पीपल हैं तो एक ही प्रजाति के, दोनों की ही मान्यता हिन्दू धर्म शास्त्रों में एक जैसी ही है। बरगद की छाँव में भी ज्ञान प्राप्त हो सकता है। धर्म और आस्था बहस का विषय नहीं, मान्यता का है ..... राजीव ने फुलझड़ी छोड़ी।

पंच कर्म - आयुर्वैदिक चिकित्सा 
पास ही बड़े से घर के बाहर बड़ी-बड़ी खरल रखी थी, उनमे कुछ लोग जड़ी-बूटी खरल कर रहे थे। प्रथम दृष्टया ही लग गया कि यह भैषेजिक केंद्र है। मरीजों की भीड़ थी, कुछ विदेशी भी दिखाई दे रहे थे। हम भी कौतुहलवश जा पहुचे। तो वहां के प्रहरी ने बताया कि यहाँ रसकर्म, पंचकर्म, आर्युवैदिक स्नान, शल्य क्रिया द्वारा रोगों का शमन किया जाता है। यहाँ के भैषजाचार्य अत्याधुनिक पद्धति से समस्त रोगों की चिकित्सा करते हैं। विदेशियों के विषय में पूछने पर बताया कि अरबदेश, इजिप्त, मेसोपोटामिया, बाली, जावा, सुमात्रा इत्यादि से रोगी आकर चिकित्सा लाभ लेते हैं तथा चिकित्सा पद्धति का अध्ययन भी करते हैं, यहाँ के स्नातक विदेशो में अपनी सेवाए दे रहे हैं। मैंने राजीव से चित्र लेने कहा तो उसके कैमरे की बैटरी ने धोखा दे दिया। मुझे अत्यधिक खेद हुआ, अन्यथा सभी चित्र आपको देखने मिलते। टहलते हुए बाजार क्षेत्र से हम अपनी कार तक पहुच गए। अब यहाँ से हमें तीवरदेव विहार जाना था। जारी है .......... आगे पढ़ें .........

रविवार, 28 अक्टूबर 2012

गंधर्वेश्‍वर मंदिर..... Sirpur Chhattisgarh ............ललित शर्मा

महानदी के किनारे सुबह 
प्रारंभ से पढ़ें  
प्रभात सिंह की आमद आहट से प्रभात हुई। वे चाय बनाकर ले आए थे। मैंने घड़ी की तरफ देखा, 6 बजा रही थी, मतलब प्रभात सिंह वादे के पक्के हैं, ये तो मानना पड़ेगा। एक रात और गुजर गई सिरपुर में, पर यह न पूछो कैसी गुजरी? रेस्ट हाउस विदेशी गोरों एवं देशी गोरों की ऐशगाह हुआ करते थे। राजीव रंजन "आमचो बस्तर" के पृष्ठ 243 में लिखते हैं ...... 
छोटा सा कॉटेज था। तीन कमरों के इस कॉटेज को अंग्रेज अफसरों के लिए विश्राम गृह बनाया गया था। बाहर कुर्सियां लगी हुई थी। जिस पर थानेदार और उसके चारों सिपाही पसरे हुए थे। आवाज ही बता रही थी कि उन सभी पर नशा हावी है।
"अन्दर अंग्रेज इंजिनियर साहब बैठे हैं। तेरा हिंगा उनके साथ ही काम कर रहा है। जा वो ही तुझे सब कुछ बताएँगे।" थानेदार ने एक कमरे की तरफ इशारा किया। नीरो हिचक गयी, उसने मासा की तरफ देखा, वह नजरें झुकाए खड़ा हुआ था।
'अरे जा ना! इस बार थानेदार ने डांट दिया था। 
नीरो की श्वांस ही रुक गई। उसके डरे हुए कदम कमरे की और बढे। धीरे से उसने कमरे का दरवाजा खोला। भीतर एक विलायती लालटेन जल रही थी, जो शाम के धुंधलेपन से लड़ रही थी। एक और कुर्सी पर अंग्रेज बैठा था। वह दरवाजे पर ही ठिठक गई।
'अन्दर आओ'  अंग्रेज इंजिनियर ने अपना हिंदी ज्ञान बघारा।
'हिंगा .......!' नीरो की आवाज हलक में ही अटक गई।
'अन्दर आओ, मैं जानता हिंगा किधर। अंग्रेज के स्वर में प्रलोभन था।
नीरो टस  से मस नहीं हुई। तभी किसी ने पीछे से उसे कमरे के भीतर ढकेल दिया।दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया।
'झांकता क्या है मिश्रा, इधर  आ जा।' थानेदार ने दरवाजे में आंख लगाये खड़े सिपाही को इशारा किया।
'साले गोरे होते तो जानवर ही हैं'. सिपाही मिश्रा एक कुर्सी पर आकर पसर गया।
नीरो के चीखने की आवाजें सन्नाटे को चीर रही थी। उसके स्वर में रह-रह कर उभर रहा दर्द और कराह यह बता रहे थे कि  अंग्रेज केवल .........को उतारू नहीं है। घंटे भर बाद कमरे का दरवाजा खुला और अंग्रेज ने नीरो को बाहर ढकेल कर दरवाजा बंद कर लिया।--------------------

महानदी के किनारे ब्लॉगर 
ऐसी है कहानी इन रेस्ट हाउसों की। कहाँ नींद आनी थी? पता नहीं कितनो की चमड़ी यहाँ बुलाकर हंटर से उधेडी गयी होगी। कितनो को फांसी पर टांगा गया होगा। कितनो की हड्डियाँ इस धरती के नीचे दफन होंगी जो आज भी कह रही हैं उनका क्या कसूर था। निरपराधों की आत्माएं आज भी चलो छोड़ो, सुबह-सुबह मैं भी क्या लेकर बैठ गया। बहुत काम बचा है, नहाने धोने के साथ नाश्ता पानी भी। लगभग 7 बजे हम तैयार होकर गंधर्वेश्‍वर मंदिर चल पड़े। गंधर्वेश्वर मंदिर महानदी के किनारे पर है। हमने उत्तर के दरवाजे से प्रवेश किया। प्रवेश द्वार के दांयी तरफ एक बड़ा बरामदा है, जिसमे पशुओं ने डेरा जमा रखा है। 

गंधर्वेश्वर मंदिर का स्तम्भ लेख 
परिसर में ढेर सारा गोबर और गंदगी फैली है। इस मंदिर का संचालन ट्रस्ट करता है, जिसमे कलेक्टर भी शामिल होते हैं। यह सतत पूजित मंदिर है। यहाँ से नदी का दृश्य सुहाना दिखाई देता है। किनारे पर नहाते लोग, जल किलोल करते बच्चे, नदी की रेत पर गायों का झुण्ड, नदी पार के जंगल और भी न जाने क्या क्या। प्रकृति का स्वर्गिक आनंद यही पर आकर मिलता है। कुछ देर हमने आम की छाँव में बैठ कर गुजारा। नदी किनारे बैठ कर प्रकृति का आनन्द लिया। हजारों बरसों से महानदी  प्रवाहमान है। प्राणदायिनी बनकर धरा को सिंचित करते हुए किसानो की कोठी को धन धान्य  से भर रही है।

गंधर्वेश्वर मंदिर एवं उर्ध्व लिंग नटराज
मंदिर में प्रवेश करते ही बांयी तरफ उर्ध्व लिंग नटराज की विलक्षण प्रतिमा लगी हुयी है। इसका निर्माण प्राचीन विहारों एवं मंदिरों से प्राप्त स्थापत्य सामग्री से किया गया है। मंदिर के गर्भगृह में शिवलिंग स्थापित है। स्तम्भों पर कारीगरी की गयी है। दो स्तम्भों पर लेख भी मिलते हैं। ये अभिलेख महाशिवगुप्त बालार्जुन के काल के हैं। यहाँ राजा ने मालियों को आदेश दिया है कि  वे कर के रूप में प्रतिदिन मानवाकर पुष्पाहार भगवान को अर्पित करें। मंदिर के स्थापत्य से पता चलता है कि यह मंदिर भी प्राचीन है। मंदिर के परिसर में बहुत सारी मूर्तियाँ रखी हुयी है, बरसों पहले जब यहाँ आया था तो मूर्तियों का संरक्षण देख कर इसे ही संग्रहालय मान बैठा था।

नास्तिकता और आस्तिकता के बीच उन्मुक्त ठहाका 
मंदिर के परिसर में एक स्थान पर बुद्ध के साथ शिवलिंग भी दिखाई दिया। दो विपरीत विचार धाराएँ एक साथ दिखाई दी। एक पूर्णत: नास्तिक एवं एक पूर्णत: आस्तिक। इस वृक्ष के नीचे बाद में किसी ने दोनों विग्रह एक साथ रख दी होंगे। राजीव इस स्थान पर एक चित्र चाहते थे। हमने चित्र को चित्रित कर लिया, मतलब कैमरे में कैद कर लिया। मंदिर का मुख्यद्वार पूर्वाभिमुख है। जिस पर आधुनिक निर्माण दिखाई देता है। मुख्यद्वार पर नंदी आरूढ़ शिव पार्वती विराजमान है। मंदिर परिसर में पुजारी परिवार भी निवास करता है। कहते है कि यहाँ नागा अखाड़े के कोई संत रहते थे, फिर उन्होंने गृहस्थी डाल ली। ये सभी उन्ही का परिवार है। नदी के किनारे पर पहुच कर चित्र ले रहे थे तभी आदित्य सिंह भी पहुच गए, इनकी गाड़ी 3 घंटे विलम्ब से चलने के कारण नदी प्लेटफार्म पर पहुची। हमे गंधर्वेश्वर मंदिर से अब विशेष क्षेत्र में जाना था। जहाँ जाने पर सिरपुर का वैभव दिखाई देता है। जारी है .... आगे पढ़ें ..................