हनुमान गढी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हनुमान गढी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 11 दिसंबर 2011

अरे! मारिए दू चार गदा इनको -- ललित शर्मा

सुबह का नाश्ता
प्रारंभ से पढें
रात खूब सोना बनाया, मन-तन की थकान दूर हो गयी थी। चिड़ियों की चहचहाट सुनाई दे रही थी, बाहर बरामदे में गौरैया फ़ुदक रही थी। बरामदे में ही कुर्सी डालकर बैठा, चाय वाला भी आ गया। मैने कहा कि डबल चाय चाहिए, रात की खुमारी उतराने के लिए। काफ़ी दिनों से स्नान के लिए गर्म पानी नहीं मिला, ठंडे पानी से ही हर हर गंगे कर रहे थे। आज भी कोई चांस नहीं था गर्म पानी मिलने का। हवा में थोड़ी ठंडक थी, पर नहाना ही था। कभी-कभी नहाना भी बड़ी मजबुरी बन जाता है। डबल चाय ने राहत दी, इंजन गर्म हो गया, अब ठंडे पानी का कोई खास असर नहीं होने वाला था। चलो नहा लिया जाए, गायत्री मंदिर में साथी प्रतीक्षा कर रहे थे। पंकज भी तैयार हो चुका था, हम गायत्री मंदिर की ओर चल पड़े। आज नाश्ते में सिर्फ़ दही और केला खाया। सुबह - सुबह दही केले की ही दरकार थी, आधे दर्जन केले दही के साथ पेट के हवाले किए और पंकज ने चने और मुंग लिए। आगे बढे तो एक स्थान पर सायबर कैफ़े दिख गया। वापस आकर यहीं डेरा डालने का इरादा बना। राम लला के दर्शन करने वालों की कतार लगी थी। हमें तो गायत्री मंदिर जाना था.

कनक भवन में सामुहिक फ़ोटो
गायत्री मंदिर पहुंचने पर देखा कि सभी साथी तैयार हो गए हैं और अग्निहोत्र भी सम्पन्न हो चुका है। कहने लगे चलिए अब किधर चलना है? जिधर रास्ता जाता है उधर ही चलना है, कम से कम अयोध्या की गलियों को तो घूम कर देखा जाए। यहां घूमने के लिए तो लोग किराया भाड़ा खर्च करके आते हैं। पैदल - पैदल हम लोगों का दल निकल पड़ा दर्शन को। सबसे पहले रास्ते में आया कनक भवन। बड़ा ही सुंदर बना है, कहते हैं कि ब्याह कर आने के बाद सीता जी को माता कैकयी ने उपहार स्वरुप यह महल दिया था। यह भवन सीता एवं श्री राम जी का निज भवन माना जाता है, यहाँ इन दोनो के अतिरिक्त किसी तीसरे की मूर्ति स्थापित नहीं है। स्वर्ण आभा भवन आलोकित हो रहा था, ऐसा लग रहा था कि सोने का ही बना हो। 

दशरथ महल
किवदंती है कि कनक भवन 5 कोस में बना था। इसकी भव्यता देखते ही बनती थी। वर्तमान में बना हुआ कनक भवन 300 साल पुराना है, इसे ओरछ स्टेट मध्यप्रदेश की महारानी ब्रृजभानि कुंवरी ने ईश्वरीय प्रेरणा से बनवाया था और ऐसा ही एक मंदिर ओरछा में भी बनवाया। मंदिर के प्रांगण में हमने स्मृति स्वरुप एक सामुहिक चित्र भी लिया। ताकि सनद रहे वक्त जरुरत पर काम आवे। कनक भवन से आगे हनुमान गढी की तरफ़ आने पर राजा दशरथ का महल पड़ता है। इस महल के सामने दुकान एवं होटल वालों का कब्जा है, यत्र-तत्र गंदगी बिखरी हुई थी। हम दशरथ जी का महल देखने पहुंचे। आरती हो रही थी, आरती के बाद कुछ देर बैठकर साथियों ने वहां कीर्तन किया,"श्रीराम जय राम जय जय राम, सीता राम मनोहर जोड़ी, दशरथ नंदन जनक किशोरी"। कीर्तनोपरांत बाहर आए तो मंदिर परिसर में ही। 

सुग्गे की भवि्ष्यवाणी
सुग्गा भविष्य बता रहा था। मुझे सुग्गे की फ़ोटो की जरुरत थी, इसलिए पंकज को फ़ोटो लेने का ईशारा करके सुग्गे वाले से भविष्य दिखाने लगा। 5 रुपए में एक कार्ड निकलवा रहा था। मुझे देख कर और भी साथी भविष्य जानने लग गए। सुग्गे वाले पहले मेरा नाम पूछा और फ़िर सुग्गे ने मेष राशि का कार्ड निकाल दिया। सब हाथ की सफ़ाई का कमाल था। उसने 12 राशियों  के कार्डों पर अलग अलग पहचान चित्र बना रखे थे, चिड़िया को पिंजरे से निकाल कर उसके सामने 4-5 कार्ड ले जाता था, वह उस लिफ़ाफ़े से कार्ड नहीं निकालती थी। जिस कार्ड के सामने काले रंग ला टेप लगा था उसे ही चिड़िया निकालती थी, मैने यही ध्यान से देखा। सबकी पेट रोजी लगी है, सभी का अपना अपना धंधा है।

कार्ड निकालता सुग्गा
मैने कार्ड निकलवाए तो साथियों ने भी देखा देखी निकलवाने शुरु कर दिए,चौरसिया जी, नीरु, गणेशु, सुखचंद यादव एवं अन्य लोगों ने भी सुग्गे से कार्ड निकलवाए, सुखचंद जी के कार्ड में भविष्य में होने वाली कुछ समस्या निकल आई , चश्मा न होने के कारण उन्होने अपना कार्ड देवयानी चंद्राकर से पढ कर सुनाने कहा। भविष्यवाणी उनकी पत्नी ने भी सुन लिया। वह बोली - (तेखरे सेती त मैं मना करत रहेवं, अब भुगत तैंहा, आनी-बानी के गोठ बतावत हे) इसीलिए तो मैं मना कर रही थी, अब देखो सब गड़बड़ भविष्य बता रहा है। सुनते ही सुखचंद जी का पारा चढ गया - मैं तो कमावत हंव न, तोला काय परे हे, चुप राह" (मैं तो कमा रहा हूँ, तेरे क्या लेना देना! चुप रह) अगर वह चुप न होती तो वहीं दोनो में फ़ायटिंग हो जाती और तीन तलाक की नौबत आ जाती, सुग्गे की भविष्यवाणी सच हो जाती।

ठग्गु के लड्डू
दशरथ महल से दर्शन करने के बाद हनुमान गढी की ओर बढे, पंकज फ़ोटो लेने में मशगूल था, हमने लड्डू लिए और पुन: लाल लंगोटे वाले के दरबार में पहुंच गए। "जय बजरंग बली की, साथियों ने जयकारा लगाया। मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए 76 पैड़ियों से जाना पड़ता है, कहते हैं कि हनुमान जी यहीं गुफ़ा में रहते थे, अब गुफ़ा तो कहीं नजर नहीं आती पर बालरुप में हनुमान जी, माता अंजनी सहित विराजमान हैं। देशी घी का छौंक और विलायती घी के लड्डू इन्हे बहुत रास आ रहे हैं। देशी के नाम  पर विलायती घी के लड्डू बेच कर दुकानदार माला माल हुई जा रहे हैं। डालडा घी के लड्डूओं को देशी घी का बता कर दावे से बेचा जा रहा है। धड़ल्ले से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

हनुमान गढी का मुख्य द्वार
हमने बजरंग बली से विनती की। आप नगर  के कोतवाल हैं, भगवान ने आपको अयोध्या में रहने के लिए स्थान दिया है। कैसी भर्राशाही चल रही है? पूरा अयोध्या गंदगी से बजबजा रहा है, जहाँ देखो वहीं मल,शौच कचरा पड़ा हुआ है। घर का कचरा लोग सड़क पर ही डाल देते हैं, कहीं भी हगो-मूतो। जितना रुपया देश से अयोध्या के नाम पर लिया गया, अगर उसका एक प्रतिशत ही यहाँ लगा देते तो बाहर से आए दर्शनार्थियों को शर्मिन्दा नहीं होना पड़ता। जरा देखिए वीर हनुमान, इन्हे भी सुधारिए, लंका के रावण को तो सुधार दिया था, इन्हे कब सुधारेगें? आपकी नाक के नीचे ही ठगी-फ़ुसारी का खेल चालु है। अरे! मारिए दू-चार गदा इनको। तभी तो सुधरेगें, लूटम-लूट मचाए हुए हैं। चारों तरफ़ गंदगी फ़ैला रखी है। अयोध्या नगरी का बैंड बजा रखा है। लगता है कि आप अपना हिस्सा पाकर चुप बैठ जाते हैं, कलजुग की बीमारी आपको भी लग गयी। अब टंकी अनशन होगा तभी आपको कुछ सुनाई देगा। नहीं तो आपके खिलाफ़ भी आर टी आई लगाना पड़ेगा।:)

देवयानी चंद्राकर अपना भविष्य बंचवाते सुखचंद यादव
हनुमान गढी से हमें कार्यशाला देखने जाना था जहां पर मंदिर के पत्थरों की घड़ाई हो रही थी। अब यहाँ से हमारा दल दो भागों में बंट गया। आधे इधर गए, आधे उधर गए, बाकी मेरे पीछे आए। हनुमानग़ढी से हम बिरला मंदिर आए, लेकिन मंदिर के पट बंद मिले। दोपहर भी हो रही थी, वहीं सिंधी के होटल में हमने भोजन किया, लगभग 50 लोग तो होंगे ही, महिलाओं की संख्या अधिक थी। होटल वाला भी एक बार में 50 ग्राहक पाकर गद-गद हो गया। दोपहर के भोजन में मैने मीठा दही और रोटियाँ ली। भूख कस के लगी हुई थी, बेरोकटोक रोटियाँ भीतर जाने लगी, बिना टोल टेक्स पटाए ही। तंदूर वाले ने स्पीड पकड़ ली। पर सभी छत्तीसगढिया चावल ही खाने के मुड में थे।

बड़ी भूक लगी है
मदन साहू ने पूछा कि 35 रुपए की थाली में क्या-क्या देते हैं? बैरा ने बताया कि दो रोटी, हाफ़ चावल, दो सब्जी औए एक दाल, अचार, सलाद मिलेगा। मदन लाल जी का पेट एक थाली में भरने वाला नहीं था, उसने पूछ ही लिया कि "एक बार देगें कि मांगने पर दुबारा भी मिल जाएगा? दुबारा लेने पर एक्स्ट्रा चार्ज लगेगा, बैरे ने कहा। मन मसोस कर मदन साहू ने भी आर्डर दे दिया। सभी लोग भोजन करते में एक डेढ घंटा लग गया। अपने-अपने भोजन के रुपए सभी ने अलग-अलग दिए, यहाँ भी समस्या 500 के नोट के खुल्ले की थी। हरिद्वार से अयोध्या तक बड़ी मुस्किल से 500 के नोट के खुल्ले मिले। पता नहीं आज कल लोग 500 और 1000 के नोटों से इतना क्यों घबराने लगे हैं। सहज कोई लेने को ही तैयार नहीं होता। 

मंदिर के लिए शिला तराशते शिल्पकार और हमारा दल
फ़िर एक बार चल पड़े कार्यशाला की ओर। कार्यशाला रामघाट मार्ग पर बनी हुई है। रास्ते में दोनो तरफ़ गंदगी का आलम इधर भी दिखाई दिया, नालियाँ बजबजा रही थी, मुंह पर कपड़ा रख कर चलना पड़ा। रास्ते में जैन मंदिर और घर्मशाला भी देखी। अंत में कार्यशाला पहुचें,यहां 1992 में भारत के कोने कोने से आई रामशिलाएं भी रखी हुई हैं। मंदिर के पत्थरों की गढाई हमारे आने से 15 दिन पहले ही शुरु हुई थी। इस आशय का समाचार अखबारों में पढा था। कुछ राजस्थान के शिल्पकार लाल पत्थरों पर पत्थरों पर कढाई कर रहे थे। मंदिर के लिए सामग्री निर्माण का कार्य विगत 3-4 वर्षों से बंद था। यहाँ पर मंदिर का माडल भी रखा हुआ है। जिससे हमें मंदिर की विशालता का अंदाज लग जाता है। एक जगह रुक कर जिज्ञासु साथियों साथ प्रश्नोत्तरी भी हुई, उनके प्रश्नों के जवाब भी दिए। मुफ़्त का गाईड सभी को अयोध्या भ्रमण करा रहा था।

मणिराम की छावनी
कार्यशाला से निकल कर संकरी गलियों से होते हुए हम मणिराम की छावनी पहुंचे। छावनी के सामने ही वाल्मिकी भवन है, जहां दीवालों पर संगमरमर पत्थर में उकेरी हुई सम्पूर्ण वाल्मीकी रामायाण प्रदर्शित है। दोपहर का समय होने के कारण इसके पट बंद मिले। हम मणिराम की छावनी में प्रवेश किए। पहले यहां महंत नृत्यगोपाल दास जी थे, तीन साल पहले उनका देहावसान हो गया, उनकी जगह दूसरे महंत हो गए हैं। महंत जी भी सोए हुए थे। इस मंदिर में एक स्तम्भ पर ताम्रपत्र पर सम्पूर्ण गीता उकेरी हुई है। यह ताम्रपत्र स्तम्भ पर लगे हुए हैं। हमने कुछ देर यहां आराम किया, कुछ साथी यहाँ से आराम करने गायत्री मंदिर जाना चाहते और कुछ घूमना चाहते थे। हम मणिराम की छावनी से चलकर मुख्य मार्ग पर आ गए। वहाँ महिलाओं ने कुछ खरीददारी की, जुगल साहू के चिरंजीव ने कहा कि अब भरत कुंड चला जाए। अयोध्या भरत कुंड लगभग 15 किलोमीटर है। दर्शन नगर होते हुए जाना पड़ता है। एक आटो वाले को पूछने पर उसने एक तरफ़ का किराया 800 रुपए बताया, हमने उसे जाने दिया, दुसरा आया, उसने प्रति सवारी 20 रुपए जाने का कहा, हमें यह किराया जंच गया। तो उसे वापसी के लिए भी तय कर लिया। 20 रुपए में जाना और 20 रुपए में आना। हम 14 लोग ऑटो में सवार होकर भरत कुंड की तरफ़ चल पड़े। जारी है........। आगे पढें

गुरुवार, 8 दिसंबर 2011

अयोध्या में कीमियागर -- ललित शर्मा

मुस्कुराईए कि आप लखनऊ में हैं :)))
हमारे सभी साथी लखनऊ घूमने का मन बनाए बैठे थे। नामदेव जी और हमने तय किया कि अयोध्या चलते हैं। वहीं डेरा डालते हैं, 4/40 पर एक लोकल ट्रेन लखनऊ से फ़ैजाबाद के लिए चलती है 8 नम्बर प्लेटफ़ार्म से। जब हम जाने लगे तो 6 लोग और हमारे साथ हो लिए। सभी ने लोकल ट्रेन में डेरा डाल लिया। 20 रुपए की टिकिट अलग से लेनी पड़ी। हम 9 बजे लगभग फ़ैजा बाद पहुंच गए। फ़ैजाबाद से अयोध्या ले जाने का ऑटो वाले 10 रुपए लिया। हमें चौक पर छोड़ कर चला गया। यहाँ सुबह से ही रेला लगा हुआ था कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने वालों का। सोचा कि आज बिड़ला धर्मशाला में जगह नहीं मिलेगी। जब बिड़ला धर्मशाला पहुंचे तो वहां एक मैनेजर मिले। उनसे रुम के लिए बात की। बड़ी देर बाद उन्होने जवाब दिया और एक बंदे को पहली मंजिल पर रुम दिखाने भेजा। रुम तो छोटा था, पर हमें तो अभी अपना सामान रख कर सरयू स्नान करना था, इसलिए जो मिल गया वही ठीक समझा।
मुंडन के बाद नाश्ता
नामदेव जी ने कहा कि अयोध्या आए है और कार्तिक पुर्णमासी का अवसर है, इसलिए मुंडन भी साथ-साथ करा लिया जाए। मुझे तो कुछ देर आराम करने की इच्छा हो रही, इसलिए मोबाईल चार्जिंग में लगा कर लेट गया। नामदेव जी कह गए की बांए हाथ की पहली नाऊ दूकान में मिलुंगा। थोड़ी देर आराम करके मैं और पंकज भी निकले। लेकिन नामदेव जी कहीं नहीं मिले। मुझे एक सेलून दिखाई दिया। मैं वहीं टिक गया और पंकज को नामदेव जी को ढूंढने भेज दिया। अब किस्सा सुनिए अयोध्या के नाऊ की दूकान का। उसने पूछा कि कितने वाली दाढी बनाएगें? मैने कहा कि दाढी बनवाने के भी अलग-अलग रेट हैं? हाँ, 10,20,50 वाली। ये क्यों? उसने शेविंग क्रीम दिखाई, 10 से 50 तक वाली। मैने कहा कि 5 रुपए में बिना शेविंग क्रीम के ही रगड़ दो। वो बोला दाढी? हमने कहा - मूड़। बोला- 5 में नहीं बनेगा। 10 की दाढी बनेगी और 20 में मुंडन होगा। गजब है यार, हमारे यहाँ तो 20 रुपए में दोनो काम हो जाता है। ह्म्म, अयोध्या के नाऊ हो, इतना तो हक बनता है राम की नगरी में।
आलु टिक्की का आनंद
उसने उस्तुरा उठा लिया और हमने मुड़ झुका दिया। चला लो जिधर तुम्हारा मन करे। उसने मुंडन किया और दाढी बनाई, हम 30 रुपए थमा कर कृतार्थ हुए। पंकज पहुंचा, बोला-पापा नहीं मिले। चलो आगे मिल जाएगें, हमने सीधा रास्ता पकड़ लिया। बाजार में रेलम पेल थी, पुर्णमासी स्नान के साथ मेला भी लगा हुआ था। अमरुद, सिंघाड़ा, मुरमुरा, मिठाई, चाट, फ़ुलकी की दूकाने सजी हुई थी मुख्यमार्ग पर सरयू तक। रास्ते में तुलसी उद्यान के पास एक चाट के ठेले पर डेरा डाल लिया। भूख जोरों से लगी हुई थी। कुछ खा लिया जाए तो आगे बढा जाए, अन्यथा भूख के मारे जान जाने का खतरा मंडरा रहा था। चाट वाले को दो टिकिया बनाने कहा। सर पर धूप चमक रही थी, सर मुंडाते ही ओले तो नहीं पड़े पर टकले पर धूप कहर ढा रही थी। इसलिए थोड़ी सी छाया की व्यवस्था के लिए उसके ठेले की छांव में आ गए। चाट का मसाला उम्दा था। दो चम्मच खाते ही समझ आ गया। दो दोने और बनाने का आडर दे दिया फ़टाफ़ट क्योंकि सरयू  तक भी पैदल मार्च करना था। चाट के तीन दोने उदरस्थ कर हम दोनो आगे बढे।
अयोध्या का मुख्य मार्ग
नर-नारी अपने बाल-गोपाल और परिजनों के साथ सरयू की ओर सरपट जा रहे थे। कुछ स्नानादि से वापस आ रहे थे, आने जाने वाले का रेला चल रहा था। अयोध्या पुलिस भी ड्युटी में लगी थी। माईक पर खोया पाया पुकार हो रही थी। हम तिराहे पर पहुचे तो वहाँ एक पंडाल लगा था जिसमें लोग स्वयं आकर ही पुकार लगा रहे थे, अपने खोए परिजनों को स्थान और पता ठिकाना बता रहे थे। लो जी सरयू तट आ गया, पहले भी कई बार आ चुके थे। लेकिन सरयू स्नान नहीं किया था। यहां घाट पर सरयू के पानी में रेत बहता है। इसलिए मन नहीं हुआ, पानी के छींटे मार कर निकल लिए। लेकिन अब स्नान की ठान चुके थे। पंडे अपने-अपने पाटे लगाए जजमानों की टोह में लगे थे। फ़ूल और बाती वाले 5 रुपए में एक दोना दे रहे थे। पानी में उतरा तो वह ठंडा था, सांस बंद करके एक डुबकी लगाते ही कुछ ठंड दूर हुई, शरीर का उष्मातंत्र जागृत हुआ, उसके बाद कई डुबकियाँ लगाई और अपने को धन्य समझा कि सरयू स्नान हो गया। अगर कोई कभी पूछेगा तो मैं भी कह सकूंगा कि सरयू स्नान किया था कभी।
सरयू तीरे यत्र तत्र पालिथिन 
घाट के रास्ते में भिखारियों ने अपने टाट बिछा रखे थे, कोई सांप लेकर बैठे थे तो कोई पूजा सामग्री। नदी तट पर प्लास्टिक की थैलियाँ बिखरी हुई थी। प्रदूषण फ़ैलाने समस्त कारक नदी के तीर पर बिखरे पड़े थे। किसी को प्रदूषण की चिंता नहीं। हम वापस चले, पंकज कुछ फ़ोटो ले रहा था। माईक पर सूचनाएं जारी थी, मेले की सूचनाओं का आनंद आ रहा था। एक कह रहा था .... दौलत के माई तोहार हम ईंहा इंतजार करित हैं, जहाँ-कहीं भी पुलिस चौकी के सामने चली आव।... लाल बहादूर जहाँ कहीं भी हैं, सुन रहे हो तो यहाँ आएं या जहाँ रात को रुके थे वहाँ पहुंचे। यहाँ हम आपका इंतजार कर रहे हैं। एक महिला कह रही थी ....... झांझन के बाबू जहाँ कहीं भी चले आओ, हम तुम्हारा इंतजार पुल पे कर रहे है। बहुत देर से हम तुम्हे ढूंढ रहे हैं, नहीं आए तो हम घर चली जाएगें ........  सुनील भाई नारायाण भाई, हम बहुत परेशान है। जहाँ कहीं भी हो चले आओ।........ राम दूलारे चले आओ चौकी के पास हम तोहार इंतजार करित हैं ........ नानु के बाबू चले आओ हम कब से आपको ढूंढत हई, चौकी मा हम अगोरत हंई।........ परिजनों से भीड़ भाड़ में बिछड़े परेशान-हलकान लोग उद्घोषणा के द्वारा सम्पर्क बनाने की कोशिश कर रहे थे।
चलते चलो
हमने भी सोचा कि नामदेव जी के लिए उद्घोषणा कर दी जाए ........ जहाँ कहीं भी हो बिड़ला धर्मशाला के रुम 35 में चले आओ, हम तोहार इंतजार करित हैं। मन में उद्घोषणा चल रही थी। बिना बिजली खर्च करे ही उन तक हमारा संदेश पहुंच गया। रास्ते में केले का भाव पूछा तो 30 रुपए दर्जन बताया, कुछ केले लिए और खाते हुए बिड़ला धर्मशाला तक पहुंच गए। स्नान-ध्यान और मुंडन के पश्चात भोजन करके सोने की घनघोर इच्छा थी। बिड़ला धर्मशाला के सामने एक सिंधी का होटल है। वहाँ अरवा चावल मिलता है, चावल भी अच्छी क्वालिटी का था। छत्तीसगढिया कई दिनों से चावल से दूर था। बढिया चावल देख कर वहीं डेरा जमाया। 35 रुपए थाली में अच्छा भोजन मिला, साथ में 20 रुपए प्लेट दही का। पंकज और मैं खाना खाकर धर्मशाला पहुंचे। मैने तो बिस्तर संभाल लिया और पंकज चेतन भगत के पीछे पड़ गया, बोला इसे खत्म करके ही मानुंगा। हमारे और भी साथी स्नान करके आ चुके थे उन्होने बरामदे में बिस्तर लगा लिए और सो गए।
पंकज - हनुमान गढी में
शाम को 5 बजे करीब फ़ोन बजने से नींद खुली। देखा तो महफ़ूज मियां का फ़ोन था, वो मुझे उलाहना दे रहे थे कि रात भर स्टेशन में ढूंढता रहा, आप मिले ही नहीं, नौ बजे घर आकर सोया। आपका मोबाईल भी बंद था। मैं मुस्कुराता रहा, लगता है कि हम दोनो ही एक दूसरे को ढूंढ रहे थे। फ़िर मिलन के वादे के साथ हमने फ़ोन को विराम दिया। घर फ़ोन लगा कर श्रीमती जी मुंडन की सूचना दी तो भड़क उठी- अकारण मुंडन कराने की क्या जरुरत थी। अभी कई शादियों में जाना है और आपने मुंडन करा लिया। हमने कहा कि शादियों में जाने के लिए विग बनवा लुंगा और नहीं बनी तो शादियों में जाना स्थगित कर देगें। कौन सी हमारे गए बिना किसी की शादी रुक जाएगी? उसे तो होना ही है, उनके जवाब से पहले ही फ़ोन बंद कर गहरी सांस ली, अब आगे की होगा रब्ब जाणे, मूड़ तो मूड़ा लिए, ओले तो पड़ेगें। झेल लेगें, अब टकले पर भी। नामदेव जी लौट आए थे, उन्होने बताया कि बाकी साथी रात की गाड़ी से लखनऊ से लौट रहे हैं। उनकी गाड़ी आठ बजे आएगी और उनके रुकने की व्यवस्था गायत्री मंदिर में कर आए हैं। चलो अच्छा किया आपने वर्ना हम तो चलने की ही स्थिति में नहीं थे।
हनुमान गढी के सामने लड्डू की दुकान
शाम को तैयार होकर हम फ़िर घुमने निकले, हनुमान गढी की ओर। हनुमान गढी में लाल लंगोटे वाले महाबीर से मिलना था। बहुत बरस हो गए थे उनसे मिले। हमारा संकट तो वही दूर करते हैं। भूत-पिशाचों से दूर रखते हैं। "संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरे हनुमत बलबीरा" हनुमान गढी के समीप लड्डूओं की दुकाने लगी हैं चारों तरफ़। रात को लड्डू और फ़ूल माला लेकर पहुंच गए महावीर की शरण में। वहाँ उनके सामने बाबाजी प्रवचन कर रहे थे। दर्शन करके हमने कुछ देर प्रवचन सुना। फ़िर गायत्री मंदिर की खोज में निकले। कनक भवन के आगे गायत्री मंदिर है। वहाँ के विशाल प्रांगण में रुकने के लिए कमरे बने हुए थे। हमारे साथी 18 नम्बर कमरे में मिले। एक माता जी ने उन्हे भोजन लाकर दिया, मैने कुछ सिंघाड़े खाए, पंकज कहीं गायब हो गया था। फ़र्श पर बिछी जाजम पर लेटते ही दूसरी दुनिया में पहुंच गया। थकान ने कहीं का नहीं छोड़ा था। किसी की आवाज से आँख खुली तो पता चला कि 11 बज चुके हैं। हमारे साथी लखनऊ से लौट आए हैं। उन्हे लाने वाले ऑटो में बैठकर स्टेशन पहुंचा तो चौरसिया जी खड़े थे स्टेशन में। उनके साथ फ़िर ऑटो की सवारी की और बिड़ला धर्म शाला के सामने उतर गया। बिड़ला धर्मशाला स्टेशन से 5 मिनट के पैदल रास्ते पर है। दरवाजा खुला था, अपने रुम में पहुंचा तो पंकज लोटम लोट हुआ जा रहा था चेतन भगत के साथ, लेकिन मुझे तो सोना बनाना था, कीमियागर जो ठहरा।  जारी है……आगे पढें…।