सिरपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सिरपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 6 सितंबर 2016

श्रीपुर की महारानी वासटा की शिलालेखीय आज्ञा


छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध 7वीं शताब्दी ईस्वीं में ईष्टिका निर्मित मंदिर (लक्ष्मण मंदिर) का निर्माण महारानी (राजमाता) वासटा ने करवाया था। मंदिर निर्माण एवं उसकी व्यवस्था को लेकर एक शिलालेख खंडित मंदिर का मलबा साफ़ करते हुए प्राप्त हुआ था। 

महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता वासटा मगध के राजा सूर्यवर्मा की पुत्री थी। इस शिलालेख में लिखा है कि अपने वैष्णव पति की स्मृति में राजमाता वासटा ने हरि (विष्णु) मंदिर का निर्माण कराया। 

इस शिलालेख की प्रशस्ति रचना करने वाले का नाम कवि ईशान उल्लेखित है जिसका उपनाम चिंतातुरांक था। इस लेख में 26 पंक्तियाँ और छंदबद्ध 42 श्लोक रचे गए हैं।
प्राचीन राजधानी सिरपुर
सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर, जिसका निर्माण महारानी वासटा ने कराया था

मैं विशेष रुप से मंदिर की संचालन व्यवस्था की जानकारी हेतु इसका उल्लेख कर रहा हूँ। प्रशस्ति के उत्तरार्ध में मंदिर के प्रतिपालन एवं प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्था का उल्लेख है। 

बताया गया है कि तोडंकण, मधुवेढ, नालीपद्र, कुरुपद्र और वाणपद्र नामक पाँच गांव मंदिर में दिए गए थे। उन गाँव से होने वाली आय को चार भागों में विभाजित किया गया था। 

इसमें से एक-एक भाग मंदिर में आयोजित सत्र (सामूहिक भोजन), मंदिर चालू मरम्मत, और पुजारी के परिवार के पोषण हेतु क्रमश: दिया गया था। 

आय का चौथा हिस्सा बचाकर उसके बराबर पन्द्रह भाग किए गए और 1- त्रिविक्रम, 2-अर्क, 3-विष्णुदेव, 4-महिरदेव, इन चारों ॠग्वेदी ब्राह्मणों, 5- कर्दपोपाध्याय, 6- भास्कर, 7-मधुसूदन तथा 8- वेदगर्भ, इन चार यजुर्वेदी ब्राह्मणों, 9- भास्कर देव, 10- स्थिरोपाध्याय, 11-त्रैलोक्यहंस तथा 12- मोउट्ठ, इन चार सामवेदी ब्राह्मणों तथा 13 - स्वस्तिकवाचक वासवनन्दी, 14 - वामन एवं 15 - श्रीधर नामक भागवत ब्राह्मणों को एक-एक भाग दान दिया गया था। 

यह आय उनके पुत्र-पौत्रों को भी प्राप्त होते रहने की व्यवस्था की गई थी। यदि वे लोग भी छ: अंग युक्त और अग्निहोत्री रहें तथा जुआ, वेश्यागमन आदि के व्यसनी न हों और न ही किसी की चाकरी करें।



यदि कोई इसके विपरीत आचरण करे अथवा कोई निपूता मर जाय तो उसके स्थान पर विद्या और वय से वृद्ध संबंधी को सम्मिलित कर लेने की व्यवस्था कर दी गई थी। किन्तु यह चुनाव उपर्युक्त ब्राह्मणों की सहमति से ही हो सकता था, राजाज्ञा से नहीं। 

ब्राह्मण अपने भाग को न तो किसी को दान में दे सकते थे, न बेच सकते थे और न ही गहन धर सकते थे। इन सबके भोजन की भी व्यवस्था की गई थी और महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रशस्ति के लेखक आर्य गोण्ण के भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

एक अन्य ग्राम वर्गुल्लक भगवान के लिए बलि, चरु, नैवेद्य तथा सत्र के लिए अलग से दिया गया था। इसका प्रबंध पुजारी, मुख्य मुख्य ब्राह्मणों की सलाह से करता था। 

भावी राजाओं से प्रार्थना की गई है कि वे इस स्थिति का पालन करेगें। इसके साथ ही मंदिर का निर्माण करने वाले कारीगर केदार के नाम का उल्लेख है। 

परन्तु कारीगर के जीविकोपार्जन के लिए क्या व्यवस्था की गई है, इसका उल्लेख नहीं मिलता। ईष्टिका निर्मित यह भव्य मंदिर आज भी शान से अटल है और दर्शनीय है।

बुधवार, 28 मई 2014

सोलह शृंगार: कल और आज

किसी भी सुंदर वस्तु या व्यक्ति के सौंदर्य में अभिवृद्धि के लिए श्रृंगार या अलंकरण का पक्ष महत्वपूर्ण होता है। इसके लिए विभिन्न अलंकरणों के प्रयोग करने को शृंगार करना कहते हैं। शृंगार करने के पश्चात साधारण वस्तु या मनुष्य के सौंदर्य में अत्यधिक वृद्धि हो जाती है और वह मनमोहक, नयनाभिराम लगता है। उत्खनन से पता चलता है कि प्रतिमाओं का निर्माण हड़प्पा काल से हो रहा है, परन्तु उस समय मृण्मूर्तियाँ बनती थी। यही मृण्मूर्तियाँ मौर्यकाल में भी मिलती हैं तथा अलंकरण भी। परन्तु गुप्तकाल से प्रस्तर प्रतिमाओं का सफ़र प्रारंभ होता है तथा आगे चलकर कलचुरी कालीन मंदिरों की प्रतिमाओं में अलंकरणों की भरमार मिलती है। शिल्पियों ने देवी देवताओं से लेकर यक्ष गंधर्व अप्सराओं की प्रतिमाओं को सुंदर आभूषणों से सजा कर उसके सौंदर्य में वृद्धि करने का विशेष प्रयास किया है। इससे कलचुरीकालीन प्रतिमाएं अपने अलंकरणों से पृथक ही पहचानी जाती हैं। 
यक्षणी  - सिरपुर
स्त्री सौंदर्य वृद्धि के लिए सोलह शृंगार (षोडश शृंगार) का विधान बताया गया है। इन्हीं अलंकरणों से विधानपूर्वक शिल्पी प्रतिमाओं को अलंकृत करते थे। शास्त्र के विधान के अनुरुप प्रतिमाओं का निर्माण करने का मार्गदर्शन शिल्पशास्त्र करते  हैं। वैसे प्राचीन संस्कृत साहित्य में षोडश शृंगार की गणना अज्ञात प्रतीत होती है। षोड़श शृंगार की गणना वल्लभ देव कृत सुभाषितावली में प्रथम बार आती है। वल्ल्भदेवानुसार 12 वीं सदी में सोलह शृंगार इस प्रकार हैं - आद्यौ मज्जनचीरहारतिलकं नेत्राञ्जनं कुंडले, नासामौक्तिककेशपाशरचना सत्कंचुकं नूपुरौ। सौगन्ध्य करकङ्कणं चरणयो रागो रणन्मेखला, ताम्बूलं करदर्पण चतुरता श्रृंगारका षोड़श॥ अर्थात मज्जन, चीर, हार, तिलक, अंजन, कुंडल, नासामुक्ता, केशविन्यास, चोली (कंचुक), नूपुर, अंगराग (सुगंध), कंकण, चरणराग (महावर), करधनी तांबुल तथा करदर्पण (आरसी नामक अंगुठी) का वर्णन है।
मुख दर्शना (तेवर) जबलपुर
कालानुसार सोलह शृंगार के लिए भिन्न वस्तुओं का प्रयोग किया जाता था। सोलहवीं सदी में  श्री रुप गोस्वामी ने उज्वलनीलमणी में सोलह शृंगार को इस प्रकार व्यक्त किया है - स्नातानासाग्रजान्मणिरसितपटा सूत्रिणी बद्धवेणि: सोत्त सा चर्चिताङ्गी कुसुमितचिकुरा स्त्रग्विणी पद्महस्ता। ताम्बूलास्योरुबिन्दुस्तबकितचिबुका कज्जलाक्षी सुचित्रा। राधालक्चोज्वलांघि: स्फ़ूरति तिलकिनी षोडशाकल्पिनीयम॥ अर्थात, स्नान, नासा मुक्ता, असित पट (कृष्ण-काला दुपट्टा), कटि सूत्र (करधनी) वेणीविन्यास, कर्णावतंस, अंगों को चर्चित करना, पुष्पमाल, हाथ में कमल, केश में फ़ूल खोंसना, तांबुल, शरीर पर पत्रावली, मकरीभंग आदि का चित्रण, अलक्तक, तिलक इत्यादि षोडश शृंगार माना गया।
परिचारिका द्वार शाखा पातालेश्वर मंदिर मल्हार
इस दोनो सूचियों में भिन्नता स्पष्ट है। हिन्दी के प्रसिद्ध कवि जायसी ने षोडश शृंगार का वर्णन इस प्रकार किया है - मज्जन, स्नान, (जायसी ने मज्जन, स्नान को अलग रखा है) वस्त्र, पत्रावली, सिंदूर, तिलक, कुंडल, अंजन, अधरों को रंगना, तांबुल, कुसुमगंध, कपोलों पर तिल, हार, कंचुकी, छुद्रघंटिका और पायल। इससे स्पष्ट हो रहा है कि 17 वीं शताब्दी तक अधररंग (लिपिस्टिक) का प्रयोग नहीं किया जाता था। 18 वीं शताब्दी में लिपिस्टिक एवं गालों पर कृत्रिम तिल बनाना षोडश शृंगार में सम्मिलित हो गया।
परिचारिका द्वार शाखा पातालेश्वर मंदिर मल्हार
इसी प्रकार  रीतिकाव्य के आचार्य केशवदास ने सोलह शृंगार की गणना करते हुए कहा है - प्रथम सकल सुचि, मंजन अमल बास, जावक, सुदेस किस पास कौ सम्हारिबो। अंगराग, भूषन, विविध मुखबास-राग, कज्जल, ललित लोल लोचन निहारिबो॥ बोलन हँसन, मृदुचलन, चितौनि चारु, पल पल पतिब्रत प्रन प्रतिपालिबो। 'केसोदास' सो बिलास करहु कुँवरि राधे, इहि बिधि सोरहै, सिंगारन सिंगारिबो। अर्थात उबटन, स्नान, अमल पट्ट (श्वेत, उज्जवल वस्त्र - दुपट्टा), जाबक (आलता), वेणीगूँथना, माँग सिंदूर, ललाट शौर (ललाट की शोभा बढाने वाला- तिलक), कपोलों पर तिल, अंग में केसर लेपन, मेंहदी, पुष्पाभूषण, स्वर्णाभूषण, मुखवास, दंत मंजन, तांबुल और काजल स्पष्ट है। इस काल में षोडश शृंगार मे कुछ वस्तुएं जुड़ गई और कुछ कम हो गई। इससे पता चल रहा है कि केसर तक नागरिकों की पहुंच हो गई थी और वे इसका महत्व जान चुके थे।
करधन घारिणी परिचारिका सिरपुर
हिंदी विश्वकोश में इन शृंगारों की गणना इस तरह है -उबटन, स्नान, वस्त्रधारण, केश प्रसाधन, काजल, सिंदूर से माँग भरना, महावर, तिलक, चिबुक (ठोढी) पर तिल, मेंहदी, सुगंध लगाना, आभूषण, पुष्पमाल, मिस्सी लगाना, तांबूल, अधरों को रंगना। 19 वीं सदी में षोडश शृंगार में बिंदी, सिंदूर, काजल, मेंहदी, वस्त्र, मांग टीका, नथ, कर्णफ़ूल, हार, बाजूबंद, कंगन या चूड़ी, अंगुठी, करधन, बिछिया, पायल, महावर शामिल थे। विदेशों में रहने वाले भारतीयों के षोडश शृंगार में स्थानीय प्रभाव होने के कारण थोड़ा बदलाव आया है। लंदन में निवासी शिखा वार्ष्णेय कहती है -, शैम्पू, हेयर डाई, बाली, छल्ले (hoops), मालाएँ, टैटू, क्रीम, काजल, लिपिस्टिक, पर्फ़्यूम, ब्लशर, बेल्ट, ब्रेसलेट, घड़ी, मोबाईल, जींस टॉप, पायल (एक पैर में) बिछिया (एक पैर की एक अंगुली में) शृंगार के तौर पर उपयोग में लाए जा रहे हैं।
सौंदर्य पेटिका धारी वनवासिनी  दंतेश्वरी मंदिर दंतेवाड़ा बस्तर
वर्तमान में देखें तो भारत में भी षोडश शृंगार में सम्मिलित कुछ वस्तुओं में परिवर्तन हुआ है। विदेशों की अपेक्षा अत्यधिक परिवर्तन तो यहाँ दिखाई नहीं देता। झरिया निवासी शालिनी खन्ना बताती है - कामकाजी महिलाओं में समय की कमी एवं कार्य स्थल के आवा-गमन को लेकर बदलाव आया है। वर्तमान में विवाहित महिलाएँ शैंपू, परफ़्यूम, बिंदी, लिपिस्टिक, काजल, यारुज, सिंदूर, चूड़ी, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, बाली, मोबाईल, घड़ी, वस्त्र (सलवार कुरती, जींस टॉप) गॉगल का प्रयोग करती हैं। काल परिवर्तन कितना भी हो जाए पर सौंदर्य के प्रति जागरुकता हमेशा बनी रहेगी। इससे पता चलता है कि षोडश शृंगार की कोई निश्चित परिभाषा या सूची नहीं है, देश काल के अनुसार उसमें बदलाव होता रहता है। वर्तमान जब कोई शिल्पकार या चित्रकार अपनी छेनी या कूंची उठाएगा तो अधिक नहीं सिर्फ़ कुछ बदलाव ही दिखाई देगें। जो भविष्य में निर्माण के समय और काल को सूचित करेगें।

शुक्रवार, 23 मई 2014

शिवालयों में कीर्तिमुख अलंकरण

शिवालयों में द्वारपट, स्तंभों, भित्तियों में एक भयावह मुखाकृति बनी दिखाई देती है। इस आकृति को शिल्पकार अपनी कल्पना शक्ति के अनुसार भयावह निर्मित करते थे। देखने से प्रतीत होता है कि किसी राक्षस की प्रतिमा है। भक्तजन इस मुखाकृति को प्रणाम कर आगे बढ जाते हैं। परन्तु उनके मन में हमेशा इस मुखाकृति के प्रति कौतुहल बना रहता है। कुछ मित्र मुझसे इस आकृति के विषय में हमेशा चर्चा कर अपनी जिज्ञासा शांत करते हैं। उनका प्रश्न रहता है कि इस आकृति को शिवालयों में क्यों निर्मित किया जाता है? यह आकृति शिवालयों के साथ जैन मंदिरों के शिल्प में भी पाई जाती है। खजुराहो के पार्श्वनाथ मंदिर में भी इस मुखाकृति को मंदिर शिल्प में स्थान दिया गया है।
कीर्तिमुख (भीमा-कीचक) मल्हार छत्तीसगढ़
इस मुखाकृति को कीर्तिमुख कहा गया है। पौराणिक कथाओं के अनुसार इसका जीवंत निर्माण लंका के प्रवेशद्वार पर शुक्राचार्य द्वारा किया गया था। वर्णन है कि शुक्राचार्य ने "रुद्र कीर्तिमुख" नाम का दारुपंच अस्त्र लंका के प्रवेशद्वार पर स्थापित किया, बाहर होने वाली प्रत्येक गतिविधि इस पर चित्रित होकर दिखाई देती थी। इसके मुख से अग्नि का गोला निकल कर शत्रु का संहार करता था। लंका में कीर्तिमुख का अस्त्र के रुप में प्रयोग किया गया। वर्तमान में हम घरो, दुकानों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सी सी टी वी कैमरों का इस्तेमाल करते हैं, इसी तरह कीर्तिमुख अस्त्र का निर्माण कर प्रयोग किया गया था।

कीर्तिमुख के विषय में एक कथा मत्स्य पुराण अ 251 में आती है -  अंधकासुर के वध के समय भगवान शंकर के ललाट से पृथ्वी पर जो स्वेद बिंदू गिरे उनसे एक भयानक आकृति का पुरुष प्रकट हुआ। जिसने अंधकगणों का रक्त पान किया, परन्तु अतृप्त ही रहा। अतृप्त होने के कारण वह भगवान शंकर का ही भक्षण करने चल दिया। इस कारण महादेवादि देवों ने इसे पृथ्वी पर सुलाकर वास्तु देवता के रुप में प्रतिष्ठित किया और उसके शरीर में सभी देवताओं ने वास किया।  इसलिए यह वास्तु पुरुष या वास्तु देवता कहलाने लगा। देवताओं ने वास्तु को  गृह निर्माण, वापी, कूप, तड़ाग, गरी, मंदिर, बाग बगीचा, जीर्णोद्धार, यग्य मंडप निर्माणादि में पूजित होने का वरदान दिया। तब से यह वास्तु देवता के रुप में पूजित एवं प्रतिष्ठित है।
कीर्तिमुख (ताला) छत्तीसगढ़
एक अन्य कथा में  बताया गया है कि प्राचीन काल में  जलंधर नामक एक महाशक्तिशाली दैत्य उत्पन्न हुआ जिसने अपनी तपस्या के बल पर  ब्रह्मा को खुश करके कई वरदान प्राप्त कर लिये। इसने जंगल के मध्य अपने लिए एक भव्य भवन का निर्माण कराया और एक राक्षसी सेना भी तैयार कर ली। इससे इसकी ताकत बहुत बढ़ गई और मन में अहंकार भी समा गया। अब वह प्रतिदिन संध्या समय एक सुंदर रथ पर सवार होकर भ्रमण के लिए निकलता था और  ऐसे-ऐसे कार्यों को अंजाम दे डालता था जिससे प्रजा त्राहि-त्राहि कर उठती थी।

इसी क्रम में एक दिन जलंधर रथ पर सवार होकर घूम रहा था कि एक मादक सुगंध उसके नाक में समा गई जिससे वह चकित हो उठा और चतुर्दिक दृश्यों को निहारने पर एक अद्वितीय सुंदर नारी जंगल में घूमती हुई दिखाई दी। तब वह चौंका – कौन है यह नारी? इस सुन्दरी के अंदर तो सृष्टि की सारी सुघड़ता सिमटी जैसी दिखाई दे रही है। ‘यह कैलासपति शिव की पत्नी पार्वती है’, एक सेवक ने उत्तर दिया तो वह हंस पड़ा, ‘भला उस बूढ़े शिव के साथ इस अनुपम सुन्दरी का क्या काम? मैं इसे अपनी पटरानी बनाऊंगा।’ दैत्य ने मन में ठान लिया और बेचैन होकर महल में वापस लौट आया फिर अपने एक सेवक को दूत बनाकर शिव के पास भेजा।
कीर्तिमुख पंचायतन शिवालय सुरंग टीला सिरपुर छत्तीसगढ़
इस सेवक का नाम रोनू था। वह कैलास पर्वत पर पहुंचा तो भोलेनाथ योगसाधना में मगन थे। इससे रोनू तनिक सहमा किंतु शीघ्र अपनी राक्षसी प्रवृत्ति के अनुकूल जोर-जोर से चिल्लाने लगा, ‘आप पार्वती को तुरंत हमारे हवाले करें क्योंकि दैत्यपति जलधर को वह पसंद आ गयी है।’ शिव कुछ सुन नहीं पाये क्योंकि उनकी आंखें मुंदी थीं और पूरा शरीर एकदम स्थिर था। मगर रोनू का हठ तो पराकाष्ठा पर पहुंच गया और अपनी बात चिल्ला-चिल्ला कर बताने लगा। उसकी चिल्लाहट से शिव की तंद्रा टूट गयी और और उन्होंने रोनू की तरफ लाल-लाल आंखों से देखा फिर क्रोध से अपने त्रिनेत्र खोल लिये। इस त्रिनेत्र के खुलते ही आक्रोश की एक रक्तिम धारा बहने लगी जिससे एक विचित्र जीव पैदा हो गया। 

इस जीव के चेहरे का आकार बाघ पशु के समान चौड़ा एवं मजबूत था जबकि हाथ-पैर रस्सी की भांति पतला तथा छिन्न। यह जीव जन्म लेते ही भूख-भूख चिल्लाने लगा और रोनू की ओर लपका। वह शिव के चरणों में गिर पड़ा और प्राण रक्षा के लिए गुहार लगाने लगा। रोनू के गिड़गिड़ाने से शिव को दया आ गयी और उन्होंने माफ कर दिया, पर उस जीव की भूख को मिटाना आवश्यक था। इससे शिव सोच में पड़ गये किंतु शीघ्र ही इस जीव का नामकरण कीर्तिमुख किया फिर प्रेमपूर्ण दृष्टि से निहारते हुए समझाया – पुत्र कीर्तिमुख, जब तक भोजन का प्रबंध नहीं होता तब तक अपने ही हाथ-पैर खाकर भूख मिटा लो।
कीर्तिमुख कंसुवा शिवालय कोटा (फ़ोटो - रिंकेश अग्रवाल कोटा)
बस फिर क्या कहना था, कीर्तिमुख अपने ही हाथ-पैर पर टूट पड़ा और पेट-पीठ भी खा गया। इसके बाद गर्दन की ओर बढ़ा तो शिव ने रोकते हुए कहा  पुत्र कीर्तिमुख, तुम्हारा जीवित रहना आवश्यक है ताकि मेरी कुटिया की सुरक्षा होती रहे अत: तुम द्वार पर नियुक्त हो जाओ। शिव से आदेश पाकर कीर्तिमुख इनके द्वार  का प्रहरी बन गया और अपने जीवन को धन्य कर लिया। इस जीव के अंदर शिव-मस्तिष्क का कल्याण समाहित है, इसलिए शिवालयों में इसकी दैत्यनुमा आकृति बनाने की परम्परा है और यह भी मान्यता है कि जो व्यक्ति कीर्तिमुख की पूजा करके शिवालय में प्रवेश करता है उसकी प्रार्थना शिव तुरंत सुनते हैं। इसी मान्यता स्वरुप शिवालयों में कीर्तिमुख का निर्माण किया जाता है।

गुरुवार, 15 मई 2014

कुंआ: मानव सभ्यता की पहचान

जल ही जीवन है, क्षितिज, जल, अग्नि, गगन एवं हवा आदि पंच तत्वों में अनिवार्य तत्व जल भी है। बिना जल के जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। मानव ने सभ्यता के विकास के क्रम में जल की अनिवार्य आवश्यकता की पूर्ति हेतु नदियों एवं प्राकृतिक झीलों के किनारे अपना बसेरा किया। वह नदियों एवं झीलों के जल से निस्तारी करता था। जब मानव समूह विशाल रुप लेने लगे तो गाँव एवं नगर बसने  लगे। निवासियों के लिए जल उपलब्ध कराने की दृष्टि से कुंए, तालाब इत्यादि निर्मित किए जाने लगे। आवागमन के मार्गों पर जल की व्यवस्था कुंए एवं प्याऊ के रुप में की जाने लगी। इस तरह भू-गर्भ जल की उपस्थिति को मनुष्य ने जान लिया और मानवकृत जल के संसाधन विकसित होने लगे।
हड़प्पाकालीन नगर लोथल (गुजरात) के कुंए का निरीक्षण करते हुए विनोद गुप्ता जी के साथ
पेयजल की उपलब्धता के लिए प्राचीन काल से मानव ने कुंए, बावड़ियों एवं तालाबों का निर्माण किया। पुरातात्विक स्थलों के उत्खनन के दौरान प्राचीन नगर बसाहटों में कुंए मिलते हैं। हड़प्पा काल में नगर के मध्य एवं व्यापारिक केन्द्रों में पक्के कुंए होते थे। मोहन जोदड़ो, हड़प्पा, लोथल इत्यादि स्थानों पर उत्खनन के दौरान पक्के कुंए प्राप्त हुए हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ अंचल के सिरपुर में पक्के प्राचीन कुंए उत्खनन में प्राप्त हुए हैं, जिनमें अभी भी मीठा जल उपलब्ध है। इसके साथ ही प्राचीन व्यापार मार्गों पर भी कुंओं के अवशेष मिलते हैं। 

तुलसीदास जी ने रामचरित मानस में रावण की वाटिका वर्णन करते हुए लिखा है - बन बाग उपवन वाटिका, सर कूप वापी सोहाई। जल के बिना जीवन नहीं है, अत: रावण की लंका में भी कूप, वापी सरोवरों की बहुतायता पाई गई। स्नान के लिए सरोवर, पेयजल की प्राप्ति के लिए कूप एवं सिंचाई तथा पशुओं की निस्तारी के लिए बावड़ियों का निर्माण कराया गया था। राज्य द्वारा प्रजा की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल की उत्तम व्यवस्था की जाती थी। 

संस्कृत साहित्य के प्रसिद्ध कवि बाण अपनी कृति कादंबरी (सातवीं शताब्दी) में पोखर-सरोवर खुदवाने को सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण मानते थे. लोक-कल्याण हेतु इस प्रकार के खुदवाए गए जलकोष को चार वर्गों में विभाजित किया गया है- 1.कूप जिसका व्यास 7 फीट से 75 फीट हो सकता है और जिससे पानी डोल-डोरी से निकाला जाए, 2. वापी, छोटा चौकोर पोखर, लंबाई 75 से 150 फीट हो और जिसमें जलस्तर तक पाँव के सहारे पहुँचा जा सके, 3.पुष्करणी, छोटा पोखर, गोलाकार, जिसका व्यास 150 से 300 फीट तक हो, 4.तड़ाग पोखर, चौकोर, जिसकी लंबाई 300 से 450 फीट तक हो.।

जल की व्यवस्था हमारे समाज के लिए कभी मजबूरी रही होगी परन्तु कालांतर में इसने परम्परा का रुप ले लिया। पोखर की चर्चा ऋग्वेद में भी है. गृह्मसूत्र के अनुसार, किसी भी वर्ग या जाति का कोई भी व्यक्ति, पुरूष या स्त्री पोखर खुदवा सकता है और यज्ञ करवाकर समाज के सभी प्राणियों के कल्याण-हेतु उसका उत्सर्ग कर सकता है. आज भी यह काम पुण्य कमाने का समझा जाता है। कुंआ पोखर आदि निर्माण करने को प्रोत्साहित करने के लिए शास्त्रों द्वारा महिमा मंडन किया गया, कहते है - जो धनी पुरुष उत्तम फल के साधन भूत ‘तडाग’ का निर्माण करता है और दरिद्र एक कुआँ बनवाता है, उन दोनों का पुण्य समान होता है। जो पोखरा खुदवाते हैं, वे भगवान् विष्णु के साथ पूजित होते हैं।

महाभारत में भीष्म पर्व के माध्यम से वेदव्यास ने कोई तालाब कितने समय के लिए पानी संचित रख सकता है उसके अनुरूप उनका विभाजन किया है। उन्होंने इस तरह के तालाबों के निर्माण से मिलने वाले पुण्य की भी व्याख्या की है। हिन्दू संस्कृति में इस तरह के जल-स्रोतों का निर्माण एक धार्मिक कृत्य माना जाता रहा है और इसे अपनी कीर्ति रक्षा का सबसे सहज उपाय भी बताया गया है। कूप या कुएं इस श्रृंखला की सब से छोटी इकाई हुआ करते थे जो कि न केवल पेय जल के स्रोत थे वरन उनके आकार के अनुसार उनसे सिंचाई की भी संभावनाएं बनती थीं। 
सिरपुर के बाजार क्षेत्र के मध्य कुंआ
कवि केशवदास ने कविप्रिया में नगर वर्णन करते हुए लिखा है -  खाई कोट अट ध्वजा, वापी कूप तड़ाग, वार नारी असती सती, वरनहु नगर सभाग। पदमावत में जिक्र है कि वारी सुफ़ल आहि, तुम बालापन में ही फ़ल गई, मध्यकाल में वाटिका लगाने के बाद उसका विवाह किया जाता था। तब तक लगाने वाला उसका फ़ल न खाता था। वाटिका लगाने एवं फ़लने के बाद वापी कूप तड़ाग का विवाह करने के बाद ही स्वामी उनका उपभोग करता था। व्यंग्य करते हुए कहा है कि - तुम्हारी वाटिका तो कुंवारी ही फ़ल गई।

कुंओं का निर्माण करना साधारण कार्य नहीं था। भू-गर्भ से जल निकालने के लिए भू-तल तक उत्खनन करना पड़ता था। कुंओं का निर्माण करने के लिए शिल्पशास्त्रों ने विधान बताया है। शिल्पशास्त्र मयमतम के रचयिता कहते हैं - ग्राम आदि में यदि कूप नैऋत्य कोण में हो तो व्याधि एवं पीड़ा, वरुण दिधा में पशु की वृद्धि, वायव्य कोण में शत्रु-नाश, उत्तर दिशा में सभी सुखों को प्रदान करने वाला तथा ईशान कोण में शत्रु का नाश करने वाला होता है । ऐसा कहा गया है ॥१-२॥ वराह मिहिर ने कहा है -  यदि ग्राम के या पुर के आग्नेय कोण में कूप हो तो वह सदा भय प्रदान करता है तथा मनुष्य का नाश करता है । नैऋत्य कोण में कूप होने पर धन की हानि तथा वायव्य कोण में होने पर स्त्री की हाने होती है । इन तीनों दिशाओं को छोड़कर शेष दिशाओं में कूप शुभ होता है ॥४-५॥

स्थान चयन के लिए परम्परागत साधनों से भू जल की उपस्थिति जांचने के बाद समस्त देवताओं का आहवान एवं पूजन करके कूप का निर्माण निश्चित किया जाता था। सही मुहूर्त में कूप का निर्माण प्रारंभ किया जाता था। भूमि के आधार पर कुंओं को खोदने के पृथक पृथक निर्माण विधि प्रयोग में लाई जाती थी। जहाँ मिट्टी मजबूत होती थी वहाँ वांछित गहराई तक कुंआ खोदने के पश्चात उसे ईंटों या पत्थरों से पक्का बांधा जाता था। जहाँ रेत पाई जाती है वहाँ जमीन पर ही कुंओं की चिनाई करके बाद उसके नीचे की रेत धीरे-धीरे सावधानीपूर्वक निकाली जाती है। इसे स्थानीय भाषा में "कोठी गलाना" कहते हैं। यह विधि खतरनाक भी  है क्योंकि यहाँ कुंओं में जल सामान्य से अधिक उत्खनन के पश्चात निकलता है। कभी कभी ईटों के भसकने के कारण मजदूरो के दब जाने से जान लेवा दुर्घटनाएँ हो जाती हैं।

शास्त्रकार कूप निर्माणकार के प्रोत्साहन की दृष्टि से नारद पुराण कहता है- एकाहं तु स्थितं पृथिव्यां राजसन्तम। कुलानि तारयेत् तस्य सप्त-सप्त पराण्यपि।।65।। अर्थात्-जिसकी खुदवाई हुई पृथ्वी में केवल एक दिन भी जल स्थित रहता है, वह जल उसके सात कुलों को तार देता है। दीपालोक प्रदानेन वपुष्मान् स भवेन्नरः। प्रेक्षणीय प्रदानेन स्मृतिं मेधां च विंदति।।66।। अर्थात्- ‘दीप दान’ करने से मनुष्य का शरीर उत्तम हो जाता है और जल के दान के कारण उसकी स्मृति और मेधा बढ़ जाती है। -बृहस्पति स्मृति।  

शास्त्रों में नृपों के लिए स्पष्ट निर्देश देकर जल प्रदुषित एवं जल साधन नष्ट करने वाले के लिए दंड का विधान किया गया है। लिखित स्मृति कहती है- पूर्णे कूप वापीनां वृक्षच्छेदन पातने। विक्रीणीत गजं चाश्वं गोवधं तस्य निर्द्दिशेत्।। अर्थात्- जो मनुष्य कुआँ या बावड़ी को पाट देता है, वृक्षों को काट कर गिरा देता है तथा हाथी या घोड़े को बेचता है, उसे ‘गौ के हत्यारे’ के समान मानकर दण्डित करना चाहिए। ‘तडाग देवतागार भेदकान् घातयेन्नृपः।।‘ ‘अग्नि पुराण’ में राजाओं के लिए स्पष्ट निर्देश है कि यदि कोई व्यक्ति जलाशय या देवमंदिर को नष्ट करता है तो राजा उसे ‘मृत्युदण्ड’ से दण्डित करे। स्कंद पुराण के माहेश्वर खण्ड में कहा गया है कि जो व्यक्ति पोखरा को बेच देते हैं, जो जल में मैथुन करते हैं तथा जो तालाब और कुओं को नष्ट करते हैं, वे ‘उपपातकी’ हैं। ऐसे व्यक्ति जब दुबारा जन्म लेते हैं तो वे अपने ‘हाथों’ से वंचित होते हैं।
सिरपुर के प्राचीन बाजार क्षेत्र के मध्य कुंआ
जल सर्वकाल में मानव एवं चराचर जगत के लिए जीवन का स्रोत है, इसके महत्व को प्राचीन काल के मानवों ने समझा तथा जल की समुचित व्यवस्था की ओर ध्यान देते हुए जल के संसाधनों के रुप में कूप, तालाबों का निर्माण करवाया। हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के हरितक्षेत्र में कुंआ पूजन का विधान है। पुत्र जन्म होने पर स्त्रियाँ सद्य: प्रसुता से कुंए की समारोह पूर्वक पूजा करवाती हैं। यह जल संसाधन के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का सामाजिक नियम निर्मित किया गया है। इस तरह कुंए प्राचीन काल से मानव सभ्यता एवं प्राणी जगत की जलापूर्ति का साधन बने हुए हैं। बढती हुई जनसंख्या के समक्ष जलापूर्ति एक विकराल समस्या के रुप में सामने आ रही है। भू-जल का स्तर निरंतर गिरता जा रहा है। पर्जन्य से जितना जल पृथ्वी पर आता है उसे बचाकर भू-गर्भ के जल की वृद्धि करने का प्रयत्न करना चाहिए।

मंगलवार, 15 जनवरी 2013

पृथ्वी पर जीवोत्पत्ति के चिन्ह छत्तीसगढ़ में…Sirpur……… ललित शर्मा

धरती का निर्माण कैसे हुआ? धरती पर जीव कैसे आए? यह जिज्ञासा साधारण मनुष्य के मन में उत्पन्न होती है। इस विषय पर विभिन्न धर्मों के निजी दर्शन है तो वैज्ञानिकों ने शोध द्वारा अपने विभिन्न मत प्रगट किए। परन्तु सभी विज्ञानिक यह मानते हैं कि पृथ्वी पर प्रथम जीवोत्पत्ति एक कोशिय थी। अरबों वर्ष पूर्व वातावरण जटिल रासायनिक प्रक्रियाओं से कोएसरवेट्स  नामक संरचना बनी और धीरे-धीरे इसमें जीवन के लक्षण आ गए। इन्ही से प्राथमिक जीवन की उत्पत्ति हुई जिनमें जीवन के सारे लक्षण थे।
राम मंदिर राजिम का स्तम्भ 
इन पदार्थों से प्रोटोवायरस,, वायरस, प्रोकैरियाटिक कोशिकाएं रसायन संश्लेषी  कोशिकाएं प्रकाश संश्लेषी कोशिकाएं, युकैरियाटिक कोशिकाएं क्रमश: बनी होगीं। प्राणिजगत्‌ में दो प्रकार के जीव, एककोशिक और बहुकोशिक, होते हें। एककोशिक जीव प्रोटोज़ोआ (Protozoa) हैं, जो एक कोशिका में ही सभी प्रकार के जीवनव्यापार संपन्न कर लेते हैं। बहुकोशिक जीव मेटाज़ोआ (Metazoa) हैं, जिनमें प्रत्येक कार्य के लिये अलग अलग कोशिकासमूह होता है।वैज्ञानिकों ने चट्टानों का रेडियोमएट्रिक डेटिंग कर अध्ययन किया।
राजीव लोचन मंदिर का स्तम्भ 
जिससे जीवश्मों द्वारा पृथ्वी के निर्माण का काल निर्धारण हुआ। एक अरब वर्ष से पूर्व एक कोशिय जीवों का धरातल पर जन्म हो चुका था। धरती पर जीवन के प्रथम चिन्ह छत्तीसगढ में एककोशिय जीवाणुओं के जीवाश्मों के रुप में प्राप्त होते हैं। सिरपुर में शिल्पकारों द्वारा निर्माण में प्रयुक्त किए गए पाषाणों में कुछ का क्षरण विशेष तरह से हो रहा है। आनंद प्रभ कुटी की मूर्तियाँ और प्रस्तर स्तम्भों में चकते दिखाई दे रहे थे तथा चकतों के आस पास के पत्थर का क्षरण हो रहा है और चकते इतने कठोर हैं कि उनका कुछ नहीं बिगड़ा है। अगर हम ध्यान से देखेगें तो यह दिखाई देता है। लगता है कि ये पत्थर कमजोर हैं।
सिरपुर से उत्खनन में प्राप्त प्रतिमा 
भूविज्ञानी ग़्यानी बादाम से चर्चा के दौरान ज्ञात हुआ कि इन पत्थरों का निर्माण एककोशिय जीवों के जीवाश्म से हुआ है। जीव निर्माण के समय अरबों वर्ष पूर्व छत्तीसगढ यह भूमि कटोरे जैसी थी। इसमें अमीबा जैसे एककोशिय जीव उतपन्न हुए। जीवों के मल एवं पेड़ पौंधों के पत्ते करोड़ों वर्षों तक एक ही स्थिति में रहे जिससे दलदल धीरे-धीरे चट्टान में परिवर्तित हो गया। इन पत्थरों जो चकते दिखाई देते हैं वे अमीबा जैसे एक कोशिय जीवों का मल है।  मल के जीवाश्म कठोर है जिससे वे स्पष्ट दिखाई देती हैं। उनका क्षरण नहीं हुआ है। इस तरह इन चट्टानों के रुप में पृथ्वी पर प्रथम जन्म लेने वाले जीवाणुओं के चिन्ह जीवाश्म के रुप में मिलते हैं।
सुरंग टीला का स्तम्भ 
सिरपुर के लगभग सभी स्मारकों में इस जीवाश्म युक्त पाषाण पर निर्माण दिखाई देता है। जबकि चूना पत्थर एवं बलुई पत्थर एवं अन्य पत्थरों पर भी निर्माण मिलता है। आनंद प्रभ कुटी, सुरंग टीला, तीवरदेव विहार, गंधेश्वर मंदिर के स्तंभ, नदी तट पर स्थित युगल शिवमंदिरों के स्तम्भों एवं मूर्तियों में तथा अन्य संरचनाओं में इसी जीवाश्म युक्त पत्थर का प्रयोग हुआ है। सिरपुर के अलावा राजीव लोचन मंदिर, कुलेश्वर महादेव मंदिर, राम मंदिर राजिम इत्यादि में निर्माण में इसी पत्थर का प्रयोग  हुआ है। रतनपुर की बीस दुवरिया के द्वारों की चौखट में इस पत्थर के टुकड़ों का प्रयोग हुआ है। सिंघा धुरवा में भी मुझे इसी पत्थर से निर्मित एक प्रतिमा देखने मिली। इससे सत्यापित होता है कि छत्तीसगढ में पृथ्वी पर जीवों की उत्पत्ति के प्रथम चिन्ह जीवाश्म के रुप में हमें प्राप्त होते हैं।

आनंद प्रभ कुटी सिरपुर का जीवाश्म स्तम्भ 
महानदी के त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर की प्रतिमाओं एवं स्तम्भों में भी इसी पत्थर का उपयोग हुआ है। अवश्य ही जीवाश्म युक्त पत्थरों का उत्खनन स्थल (खदान) इन इलाकों के आस पास ही होगी।

श्री ज्ञानी बादाम एवं ब्लॉगर सेमीनार स्थल रायपुर में

शनिवार, 12 जनवरी 2013

शरभराज का शरभपुर ……………… ललित शर्मा

प्राम्भ से पढ़ें 
बार-नवापारा के जंगल में कांसा पठार एवं रमिहा पठार के बीच में हटवारा पठार स्थित है। इस पठार को सिंघा धुरवा कहा जाता है। मान्यता है कि जंगल में स्थित पठार पर वन देवी चांदा दाई का वास है। यहाँ तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। एक रास्ता ग्राम अवंरई होकर जाता है तथा दूसरे रास्ते से सघन वन से होकर नाले को 7 बार पार करने के पश्चात पहुंचा जाता है। इस पहाड़ी पर प्राचीन किले के अवशेष मिलते हैं तथा वन में बस्ती के अवशेष मिलते हैं। जहाँ पर प्राचीन ईंटों से बनी संरचना धरती की सतह पर दिखाई देती है। हो सकता है कि यहाँ प्राचीन काल में कोई नगर या बसाहट रही होगी। ईंटों का आकार वही है जैसा सिरपुर में उत्खनन  के दौरान प्राप्त हुई हैं। यहाँ की भौगौलिक स्थिति से प्रतीत होता है कि यह कोई राजधानी रही होगी। जो वर्तमान में प्रकाश में नहीं आई है।
सिंघा धुरवा  का गुगल चित्र
ग्रामीणों से सिंघा धुरवा के विषय में चर्चा करने पर एक किंवदंती सुनने  में आई। कहते हैं  कि इस किले में कोई "चोरहा राजा" निवास करता था। जो अमीरों को लूटकर उनका माल-असबास और धन गरीबों में बांटता था। अर्थात राबिन हुड जैसा ही कोई पात्र था। "चोरहा राजा" की सबसे बड़ी विशेषता थी कि वह पाँव-पाँव जाता था और पाँव-पाँव ही लौटता था। उसके पैरों के चिन्ह आते हुए के तो दिखते थे परन्तु लौटते हुए के पद चिन्ह नजर नहीं आते थे। वह इतना सिद्धहस्त था कि अपने पैरों के पड़े हुए चिन्हों पर उल्टा लौटता था, जिसके कारण उसके लौटते हुए के पदचिन्ह नजर नहीं आते थे और पकड़ा नहीं जाता था। किंवदंतियों के मूल में भी कुछ सच होता है बस जरुरत होती है सच पर सदियों के लगे गर्द को झाड़ने की।
सिरपुर का गुगल दृश्य
इसके लिए हमें इतिहास की ओर मुड़ना होगा। वर्तमान छत्तीसगढ याने प्राचीन दक्षिण कोसल के इतिहास में शरभपुरीय वंश का जिक्र आता है। शरभपुरियों की 8 पीढियों ने 11 दशकों तक शासन किया था। इन्होने अपने अधिकांश ताम्रपत्र शरभपुर से जारी किए हैं। जाहिर है कि शरभपुर इनकी राजधानी रही होगी।  लेकिन अभी तक शरभपुर की पहचान नहीं हो पाई है कि शरभपुर कहाँ पर स्थित था। शरभपुरियों का शासन का सही काल निर्धारण नहीं हो पा रहा है क्योंकि इन्होने अपने ताम्र अभिलेखों में सन् या संवत का प्रयोग नहीं किया है। इन्होने न ही अपना नया संवत जारी किया और न ही गुप्त संवत का प्रयोग किया। शरभपुरीयों की यह बहुत बड़ी चूक है जिसके कारण उनका काल निर्धारण नहीं हो पा रहा है। प्रसिद्ध इतिहासकार स्व: श्याम कुमार पाण्डेय इनका शासनकाल 342 ईं से प्रारंभ मानते वहीं पी.एल.मिश्रा 470 ईं वी मानते हैं।

सिंघा धुरवा के द्वार का पुराना चित्र  
शरभवंश का संस्थापक शरभराज को माना जाता है। कहते हैं ये स्थानीय थे,जो पहले वाकाटक राजाओं के अधीन सामंत रहे। फ़िर वाकाटक राजाओं के आपसी झगड़े का लाभ उठाकर स्वतंत्र राज्य स्थापित करने में सफ़ल रहे। शरभपुरीय वैष्णव धर्म के अनुयायी थे, ताम्रपत्र में इन्होने ने स्वयं को परमभागवत अंकित किया है। शरभपुरियों की राजमुद्रा गजलक्ष्मी थी, इसे ताम्रपत्रों एवं सिक्कों में अंकित किया गया है। ताम्रपत्रों के माध्यम से राजा दान देता था जिससे इनके इतिहास का पता चलता है। शरभपुरीय शासक जयराज ने अपने नाम के आगे "महा" लगाकर "महागजराज" नाम का प्रयोग किया। इसके बाद के शासकों ने अपने नाम के साथ "महा" शब्द का प्रयोग किया। यथा महादुर्गराज, महासुदेवराज, महाप्रवरराज, आदि आदि।
सिंघा धुरवा की पहाड़ी पर ब्लॉगर
शरभपुरीय वंश के शासक नरेन्द्र का ताम्रपत्र पीपरदुला (सारंगढ) से प्राप्त होता है जिससे ज्ञात होता है कि वह शरभ राज का पुत्र था। यह दान पत्र शरभपुर से जारी किया गया है। शरभपुरीय राजवंश के शासकों द्वारा अधिकांश ताम्रपत्र, सिक्के शरभपुर से जारी किए गए हैं। इनके सिक्कों पर प्राकृत भाषा के स्थान पर संस्कृत भाषा का प्रयोग किया गया है। नरेन्द्र ने अपने शासन काल में कुरुद (महासमुंद) से अपने शासन काल के 24 वें वर्ष में ताम्रपत्र जारी किया। इससे प्रतीत होता है कि इसने दीर्घकाल तक समृद्धिपूर्वक शासन किया। इसका शासन छत्तीसगढ के विशाल भूभाग के अलावा वर्तमान उड़ीसा के कुछ भूभाग पर भी था।  नरेन्द्र  के पश्चात प्रसन्न मात्र गद्दी पर बैठा। इसका नरेन्द्र से संबंध ज्ञात नहीं होता। उड़ीसा के कटक क्षेत्र से लेकर महाराष्ट्र के चांदा तक प्रसन्न मात्र के सोने के सिक्के प्राप्त होते हैं।
सिंघा धुरवा के द्वार की वर्तमान स्थिति
प्रसन्न मात्र की मृत्यु के उपरांत उसका पुत्र जयराज सिंहासनारुढ हुआ। इसके बाद मानमात्र गद्दी पर बैठा। इसके पुत्र महासुदेवराज के ही सबसे अधिक 8 ताम्रपत्र प्राप्त होते हैं। जिनमें 6 शरभपुर से और 2 सिरपुर से जारी किए गए हैं। अनुमान है कि शरभपुरियों ने शरभपुर के पश्चात अपनी राजधानी सिरपुर विस्थापित की हो। सुदेवराज का आरंग पर अधिकार था इसलिए राज्य की सुरक्षा की दृष्टि से सिरपुर को दूसरी राजधानी बनाया गया  हो।  सुदेवराज के पश्चात उसका छोटा भाई प्रवरराज शासक हुआ। उसने शरभपुर के स्थान पर अपने भाई द्वारा स्थापित सिरपुर को राजधानी बनाया। उसने ताम्रपत्रों में अपने को  मानमात्र का पुत्र बताया है। इसने अपने भाई व्याघ्रराज को  सिरपुर में सर्वराकार  के रुप में नियुक्त कर दिया। डॉ श्याम कुमार पाण्डेय के अनुसार 510 से 515 ईस्वी के बीच शरभपुरीय राजवंश का अवसान हो गया। पाण्डुवंशियों से शरभपुरियों के निर्णायक युद्ध में कोसल से इनका शासन समाप्त हो गया।
सिंघा धुरवा पर प्रतिमावशेष
शरभपुर की पहचान पर इतिहासकार एक मत नहीं हैं। अलेक्जेंडर कनिंघम ने प्रथम महाराष्ट्र के वर्धा जिले आर्वी को फ़िर सम्बलपुर को शरभपुर माना। रायबहादुर हीरालाल ने श्रीपुर को ही शरभपुर बताया। पं लोचनप्रसाद पाण्डेय ने इसे उड़ीसा के शरभगढ से जोड़ा। एम जी दीक्षित इसे सिरपुर के समीप ही मानते हैं। डॉ श्याम कुमार पाण्ड़ेय के अनुसार मल्हार ही  शरभपुर है। डॉ पीएल मिश्रा सिरपुर के आस-पास ही शरभपुर मानते हैं। डॉ विष्णु सिंह ठाकुर सिरपुर के पास ही शरभपुर मानते हैं। अरुण कुमार शर्मा ने गत वर्ष संस्कृति विभाग द्वारा  आयोजित सेमिनार में कहा था कि हमने शरभपुर ढूंढ लिया है वह सिरपुर के पास ही जंगलों में है। सिंघ धुरवा को डॉ एल एस निगम शरभपुर नहीं मानते।
प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ विष्णु सिंह ठाकुर के साथ प्रसन्नता के पल
सिंघा धुरवा के शरभपुर होने न होने पर विद्वानों में मत भिन्नता है। लेकिन इस इलाके की भौगौलिक स्थिति एवं वहाँ बिखरी हुई पुरातात्विक सामग्री को देखते हुए यह तो तय है कि यह कोई महत्वपूर्ण प्राचीन नगरी रही होगी। इसके साथ ही किंवदंतियों एवं ग्रामीणों द्वारा सिंघा धुरवा की पहाड़ी के नीचे की संरचनाओं को हटवारा एवं किसबिन डेरा कहना यह साबित करता है  कि कभी यह इलाका आबाद था। जहाँ बाजार लगता था और गृहस्थी के उपयोग की वस्तुओं की खरीदी बिक्री होती थी। सिंघा धुरवा की पहाड़ी पर स्थित द्वार इसका प्रमाण हैं कि कभी यहाँ पर किसी ने अपनी सुरक्षा के लिए गढ का निर्माण किया था। उस काल में गढ का निर्माण भी वही करेगा जो शासक होगा। जिस तरह से शरभपुरियों  ने सिरपुर एवं शरभपुर दोनो स्थानों से ताम्रपत्र जारी किए उसे देखते हुए  अनुमान है कि यही शरभगढ हो सकता है। इसकी प्रमाणिकता उत्खनन में प्राप्त सामग्री एवं अभिलेखों से ही सिद्ध होगी। तब तक शरभपुर इतिहास के नक्शे से गायब ही रहेगा। … जारी है  … आगे पढें

शुक्रवार, 11 जनवरी 2013

सिंघा धुरवा का गुमशुदा

प्राम्भ से पढ़ें 
बोरिद पहुंचकर भूख लगने लगी थी पर हमारे पास भोजन का कोई साधन नहीं था। स्कूल के समीप हैंडपंप पर पानी पीने के लिए रुकना पड़ा। मैं मंगतु यादव की परछी में जाकर कुछ देर के बैठ गया। डोकरी केजा बाई फ़िर वहीं पर मिल गयी। गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ था। दो चार बच्चों के अलावा सिर्फ़ केजा बाई ही दिखाई दे रही थी। पूछने पर पता चला कि ग्रामवासी थाना गए हैं। कारण पूछने पर ज्ञात हुआ कि सिंघा धुरवा से नवरात्रि के अवसर पर एक व्यक्ति देवनरायण गोंड़ गायब हो गया है। उसका पता वर्तमान में भी नहीं चला पाया है। मैने जिज्ञासावश ग्रामीणों से चर्चा की। तो यह नरबलि की आशंका सामने आई।
सिंघन गढ का मुख्य द्वार
ग्रामीणों से चर्चा करने पर ज्ञात हुआ कि बोरिद एवं एक अन्य गाँव के युवकों ने समिति बनाकर सिंघा धुरवा की पहाड़ी पर चांदा दाई की पूजा एवं नवरात्रि पर्व मनाने का निर्णय लिया। जिसके लिए मंगतु जगत को बैगा एवं बोरिद के ही देवनारायण को सेऊक की जवाबदारी दी। ज्योति कलश की देखभाल करने के लिए जंगल में स्थित निर्जन पहाड़ी पर देवनारायण एवं बैगा रहते थे। श्रद्धालु दिन में ही दर्शन करके आ जाते थे। क्वांर नवरात्रि 2 अक्टुबर 2011 पंचमी के दिन देवनारायण रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। उसके बाद आज तक उसका पता नहीं चला कि वह कहाँ गया। जंगली जानवर खा गए या उसकी हत्या हो गयी?
सिंघनगढ की चढाई
50 वर्षीय देवनारायण के दो पुत्रियाँ एवं एक पुत्र है। तब से इसका परिवार अपने बाप को ढूंढते हुए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य लापता हो जाने से भूखों मरने की नौबत आ गयी है। अर्थाभाव में बच्चों की पढाई भी छूट गयी है। दो जून की रोटी के भी लाले पड़ गए हैं। देवनारायण के लापता होने के विषय में जब मंगतु बैगा से पूछताछ की गयी तो उसने ग्रामवासियों को गुमराह किया। उन्हे सही जवाब नहीं दिया और कहा कि देवनारायण ने अपनी पुत्रियों को पंचमी के दिन धोती एवं दूध लेकर चान्दा दाई आने को कहा था। स्थिति यह बन गयी की बैगा के झांसे में आकर देवनारायण के परिजन 3 अप्रेल 2012 तक उसकी गुमशुदा की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कर पाए।
किले का पठार
बैगा मंगतु राम ने उसके परिजनों से कहा कि नवमी को आ जाएगा। जब नवमी को नहीं आया तो कहा कि एक महीने बाद आ जाएगा। इसी तरह बैगा के गुमराह करने के कारण दिन गुजरते गए और देवनारायण वर्तमान तक लौट कर  नहीं आया। थक हार कर देवनारायण के परिजनों ने 3 अप्रेल 2012 को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर जांच कराने की मांग की। उनकी मांग  को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। देवनारायण की गुमशुदगी का मामला दो थाना क्षेत्रों में फ़ंस कर रह गया है। बोरिद गाँव तुमगाँव थाना क्षेत्र में आता है और घटना स्थल कसडोल थाना क्षेत्र में। थाना क्षेत्र के विवाद में देवनारायण की गुमशुदगी की जाँच को लेकर उसका परिवार फ़ुटबाल बना हुआ है।
किले पर अवैध निर्माण।यहीं से देवनारायण गायब हुआ था।
कहा जाता है कि देवनारायण के बल्दाकछार निवासी दामाद खुमान सिंग एवं ग्रामीणो ने शपथ पत्र देकर कहा है कि चांदा दाई के प्रबंधक एवं पुजारी मंगतु राम ने की देवनारायण के गायब होने में मुख्य भूमिका है। कहते हैं कि मंगतु राम पूजा-पाठ के साथ बलि प्रथा में विश्वास रखता है। इसलिए देवनारायण की नरबलि देने की प्रबल आशंका है।  साथ ही यह भी आशंका है कि मंगतु राम ने देवनारायण की हत्या कर दी है और देवनारायण के परिजनों एवं ग्रामवासियों को गुमराह कर रहा है। पंचमी के दिन देवनारायण के गायब होने के बाद मंगतुराम भी घटना स्थल से दो दिन के लिए गायब हो गया था और गाँव वालों को गुमराह कर रात-रात भर जंगल में उसे ढूंढने के लिए भटकाता रहा।
सिंघनगढ का उत्तरी द्वार
मंगतुराम पर हत्या या बलि देने का शक ग्रामवासियों को इसलिए भी है कि सिंगा धुरवा में चांदा दाई की पूजा के दौरान चढावा और ज्योति कलश जलाने के लिए लाखों रुपया दान आता था। मंगतुराम द्वारा दान की राशि में घपला करने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हो सकता है देवनारायण के गायब होने के मूल में दान राशि के बंटवारे की विवाद हो। ग्रामीणों ने देवनारायण के गायब होने की रिपोर्ट पुलिस में कर दी है। अब पुलिस की जांच से ही सामने आएगा कि सिंघा धुरवा से देवनारायण के गायब होने के पीछे किसका हाथ है? ग्रामवासियों की आशंकाओं के अनुसार नरबलि हुई है या नहीं? इस प्रश्न का उत्तर पुलिस को ढूंढना है। सिंगा धुरवा के साथ एक  नरबलि की दास्तान भी जुड़ गयी।


दो दिनों तक प्रयास करने के बाद जंगल में स्थित सिंघन गढ में ऐसा क्या था जिसे मैं देखना चाहता था इसके विषय में ऐतिहासिक जानकारी आगामी आलेख में प्राप्त होगी। … आगे पढें……

गुरुवार, 10 जनवरी 2013

सिंघनगढ का हटवारा और किसबिन डेरा ………… ललित शर्मा

प्राम्भ से पढ़ें 
जंगली पगडंडी 
आज 20 नवम्बर 2012 है, बाबुलाल ध्रुव जी की प्रतीक्षा हो रही है। आदित्य सिंह जी को जरुरी काम आ गया। उन्हे अन्य स्थान पर जाना है। आज सिंघा धुरवा जाने के लिए बाबुलाल ध्रुव जी की ड्यूटी है। 10 बजे वे सिरपुर पहुंचते हैं। अब हम बोरिद गाँव के लिए चल पड़ते हैं। रास्ते में अमलोर से पाण्डे जी को साथ लेकर बोरिद पहुंचते हैं। बोरिद में सिंघा धुरवा तक ले जाने के लिए मार्ग दर्शक के रुप में प्रमोद की तलाश होती है। प्रमोद खलिहान में धान निकाल रहा है। उसने आने पर बताया कि अभी तक वह नहाया खाया नहीं है। हमें जल्दी थी, मेरे पास कुछ नाश्ता था। मैने कहा कि वहीं नाश्ता कर लेना, मेरे पास है। प्रमोद अपने दादा से सिंघा धुरवा जाने के लिए आज्ञा लेने चला जाता  है। मैं उसकी परछी में बैठकर प्रतीक्षा करता हूँ।

कुंए के पास बुधारू राम 
तभी एक व्यक्ति पहुंचता है, उससे चर्चा होती  है। उसने बताया कि वह जंगल का "फ़ैरवाचार" (फ़ायर वाचर) है। उसे जंगल के विषय में सभी तरह की जानकारी है। मेरे कहने पर वह साथ में जंगल में जाने के लिए तैयार हो जाता है। मैं प्रमोद को मना कर देता हूँ। अब हम 4 आदमी एक बार फ़िर जंगल में सिंघा धुरवा देखने के लिए चल पड़ते हैं। फ़ैरवाचार चुहरी ग्राम का बुधारुराम गड़रिया है। इसने बताया कि आप लोग कल भटक कर बहुत दूर चले गए थे। जिस देवी के स्थान का आप जिक्र कर रहे हैं वो वनदेवी चाँदा दाई है। आप लोग तो मोहदा बीट से होकर रवान बीट की तरफ़ चले गए थे। कल हमने जिस स्थान से नाला पार किया था। आज उससे पहले के रास्ते से हमने जंगल में प्रवेश किया। बस कल हमसे यही चूक हो गयी थी। जिसके कारण दिन भर जंगल में भटकते रहे। इस रास्ते से जाते तो सही स्थान पर पहुंच जाते।

कुंए में लगी इंटों का आकार 
सुकलई नाले को हमने 3 बार पार किया। उसके बाद बुधारु राम ने एक पहाड़ी के पास बाईक रुकवाई और बताया कि यहाँ पर एक प्राचीन कुंआ है। मैने पहाड़ी पर चढ कर देखा तो प्राचीन बड़ी ईंटों की चौकोर सी संरचना थी। जिसे वह कुंआ कह रहा था। मेरा अनुमान है कि वह तहखाना इत्यादि रहा होगा। जिसके उपर का निर्माण ध्वस्त हो चुका है। बरसात में जब इसमें पानी भर जाता है तो वनवासी इसे कुंआ के रुप में प्रयोग में लाते होगें। यहाँ मैने कुछ चित्र लिए और आगे बढ गए। 7 वीं बार नाला पार करने के पश्चात रास्ते में एक जगह ईंटों की बनी बड़ी सी संरचना है जो जमीन में दबी हुई है। यहाँ  कोई भवन रहा  होगा। यहीं पर हमने अपने बाईक खड़ी कर दी और वन में पैदल चल पड़े। क्योंकि आगे जाने के लिए बाईक का रास्ता  नहीं था।

घास में दबे पसरा के चिन्ह 
पैदल चलने पर हमें कुछ वृक्ष कटे हुए दिखाई दिए। बुधारु राम ने बताया कि जंगल में लकड़ी के चोर अधिक हो गए हैं। रात को लकड़ी काट कर गिरा देते हैं और सुबह भैंसों से खींच कर ले जाते हैं। पहाड़ी  की तलहटी में घास के बीच बहुत सारे निर्माण दिखाई दिए। जैसे पहले कभी यह बाजार रहा हो। ग्रामीण इसे हटवारा कहते हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि यहाँ बाजार था और विक्रेताओं ने अपनी दुकान के सामान को सजाने के लिए पसरा बना रखा है। या फ़िर छोटे-छोटे कमरों की दुकाने रही होगी। यहीं पर एक स्थान को "किसबिन" डेरा कहते हैं। छत्तीसगढी भाषा में किसबिन का अर्थ नर्तनी, वेश्या या नगर वधु होता है। सिरपुर जब प्राचीन राजधानी एवं मुख्य व्यापार केंद्र था अवश्य  ही व्यापारियों के मनोरंजन के लिए किसबिन डेरा भी रहा होगा।

पहाड़ी की ओर पदयात्रा 
हम पहाड़ी  की खडी चढाई चढ रहे थे। थोड़ा उपर जाने पर एक झरना दिखाई दिया। इसका निर्मल जल पीने  के लिए उपयोग में आता है। पहाड़ी से गिरती निर्मल धार को एक ही स्थान पर गिराने के लिए बांस का पाईप बना कर लगाया था जिससे बोतल, पीपा, मटकी इत्यादि भरी जा सकती है। रास्ते में एक वृक्ष की छाल निकाली हुई पड़ी थी। बुधारु राम का कहना था कि इस छाल कर यदि किसी शराबी को घोल कर पिला दिया जाए तो उसका नशा पानी हो जाएगा। दुबारा कभी पीने की हिम्मत नहीं करेगा। अगर शराब की बोतल में डाल दिया जाए तो शराब का पानी हो जाता है। उसको पीने के बाद नशा नहीं  होता। वृक्ष की छाल को लौटते समय लेने का सोच कर मैं पहाड़ी पर चढते गया। अभी मुझे पहाड़ी पर बने पठार पहुंचने  की शीघ्रता थी। क्योंकि 2 बार यहां तक पहुचने  की कोशिशों के बाद भी नहीं पहुंच पाया था।

सिंघन गढ़ के किले का मुख्य द्वार 
पहाड़ी के उपर पहुंचने पर पत्थरों की बनी हुई दिवाल दिखाई देती है। थोड़ा आगे बढने पर सिंह द्वार भी दिखाई देने लगा। सिंह द्वार लगभग 8-9 फ़ुट की ऊंचाई का होगा। द्वार के सिरदल पर कमल चिन्ह का अंकन है। अन्य कोई शिल्पकारी इस द्वार पर दिखाई  नहीं देती। द्वार पर गजलक्ष्मी का अंकन होने की जानकारी मुझे मिली थी। बारीकी से निरीक्षण करने पर भी मुझे गजलक्ष्मी अंकन कहीं दिखाई नहीं दिया। द्वार के सामने दोनो तरफ़ भवनाशेष रखे हैं। द्वार से भीतर प्रवेश करने पर चौकीनुमा प्रस्तर भवनाशेष दिखाई दिया। साथियों ने इसे "पीढ़ा" बताया। उपर से सपाट होने एवं चारों कोनो में पाया होने के कारण इस वर्गाकार आकृति को ग्रामीण "पीढा" मानते हैं। इसका वजन लगभग 50 किलो होगा। लकड़ी के सहारे से शिलाखंड को उठाकर देखने पर नीचे कमलाकृति बनी हुई दिखाई थी। इससे प्रतीत हुआ  कि यह किसी भवन की छत का अवशेष या मंदिर का वितान है।

सोने के लिए मचान 
आगे बढने पर हम पठार पर पहुंच जाते हैं। दूर से ही झोपड़ियाँ नजर आने लगती है। पठार के किनारे पर अनगढ पत्थरों की दीवाल बनी हुई है। बाबुलाल ध्रुव जी ने बताया कि यहाँ आदिवासी समाज के लोग दो तीन वर्षों से नवरात्रि में देवी स्थापना कर जोत जलाने लगे हैं। आगे बढने पर हमे प्राचीन आटा पीसने की चक्कियाँ एवं स्तम्भों के आधार मिले।  पठार को पत्थरों की दीवार बना कर दो खंडो में विभाजित किया गया है। पठार पर जंगल से लकड़ियां चोरी करके ज्योति कक्ष के रुप में बड़ी संरचना का निर्माण किया गया है। जिसमें हजारों ज्योति कलश रखे हुए हैं। प्रतीत होता है कि नवरात्रि में यहाँ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते होगें। नवरात्रि के अवसर पर यहाँ रात रुकने के लिए लोगो ने सोने के मचान बना रखे हैं तथा पूजा सामग्री एवं खाद्य सामग्री की दुकाने भी लगती हैं।

ज्योति कक्ष
ज्योति कक्ष में गोंडवाना राज्य का चिन्ह ग्रेनाईट पर बना हुआ रखा गया है। जिससे जाहिर होता है कि इस पुरातात्विक महत्व के स्थान पर बलात कब्जे की तैयारियाँ हो रही  हैं। जितनी अधिक मात्रा में यहाँ चोरी की लकड़ी का इस्तेमाल किया गया है, इससे प्रतीत होता है कि इस कृत्य से वन विभाग का अमला भी अनजान नहीं है। ज्योति कक्ष के द्वार पर कुछ भग्न प्रस्तर एवं मृदा मूर्तियाँ रखी हुई हैं। प्रतिमा विज्ञानी  ही इनका काल निर्धारण कर सकते हैं।  हमने पूरे पठार का निरीक्षण किया। पठार के पश्चिम में सीधी  रेखा में कुछ पत्थर गड़े हुए मिले। शायद यह किसी ने झोंपड़ी इत्यादि की दीवार के सहारे के लिए या टेंट की दीवार के सहारे के लिए गाड़े होगें। मैगालिथिक काल के सर्कल जैसा यहाँ कोई चिन्ह दिखाई नहीं देता।

उत्तरी द्वार पर हम लोग 
पठार की उत्तर दिशा में एक छोटा द्वार है जो खाई में उतरता है। इसके स्तम्भ वर्तमान में भी खड़े हुए हैं। सिरदल का पता नहीं चला। हमने छोटे द्वार से पहाड़ी की तरफ़ उतर कर निरीक्षण किया। भूख भी लग चुकी थी। हमने यहीं पर एक बड़ी सपाट चट्टान पर बैठकर साथ लाए हुए नाश्ते का उपयोग किया। पानी की बोतल भी हमारे साथ थी इसलिए पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। नाश्ता करते वक्त पाण्डे जी मुझे पीछे देखने ओर कहा। मैने पीछे मुड़ कर देखा और मेरी एक अंगुली में खुजली शुरु हो चुकी थी। मेरे पीछे केंवाच की पकी हुई फ़लियाँ पड़ी थी तथा जिस वृक्ष की छांव में हम बैठे थे उस पर केंवाच की बेल लटक रही थी। यह समय केंवाच की फ़लियों  के पकने का होता है। मुझे एक झटके में ही उठकर अंगुली को तुरंत ही धोना पड़ा। अन्यथा खुजाते-खुजाते सवासत्यानाश हो जाना था।

अवैध निर्माण 
पठार के बीच में नींव खोदी गयी है। पता चला कि यहाँ पर मंदिर बनाने की योजना चल रही है। प्राचीन धरोहरों का बेखटके निर्भय होकर नुकसान किया जा रहा है। जिस पर पुरातत्व विभाग कोई संज्ञान नहीं ले रहा। जब संज्ञान लेगा तब तक बहुत देर हो चुकी होगी। सारे पुरातात्विक साक्ष्य खुर्द-बुर्द किए जा चुके होगें। वैसे भी अभी पुरातात्विक साक्ष्यों के बचने की कोई संभावना  नजर नहीं आती। क्योंकि इस पहाड़ी के पठार के पर कोई भी निर्माण सामग्री दिखाई नहीं देती। दो-चार भग्न मूर्तियाँ ही पड़ी हैं। नही कोई भवनाशेष दिखाई देता। हो सकता  है यहाँ अवैध गतिविधियाँ बरसों पूर्व से जारी  हों। जिसके कारण पुरा सम्पत्ति के चोर पुरासम्पदा पहले ही उठा ले गए हों। फ़िर भी अभी समय है यदि इन्हे सहेज लिया जाए तथा अवैध रुप से किए जा रहे निर्माण को बंद करवाना चाहिए। जिससे छत्तीसगढ की इस प्राचीन धरोहर को बचाया जा सके। पुरातात्विक दृष्टि से यह स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

आटा पीसने की चक्की 
यहाँ से वापस चलकर हम मुख्य द्वार की अपेक्षा पहाड़ी के उस तरफ़ से नीचे उतरे जहां पर हमारी मोटर सायकिलें खड़ी थी। यहाँ से हम पुन: बोरिद गांव पहुंचे और फ़ायर वाचर को वहीं छोड़ा। आज हम सिंघाधुरवा ( सिंगन गढ, हटवारा, किसबिन डेरा) घूम आए थे। वापसी के वक्त लगा कि आना सार्थक हो गया। दो दिन भटकने के बाद हमें इस स्थान के दर्शन हुए। यह जंगल घना है। पतझड़ के वक्त पुन: यहाँ आने का विचार है, जिससे छेरीगोधनी का निरीक्षण करने प्रबल आकांक्षा पूरी होगी। अमलोर पहुंचने पर देखा कि आदित्य सिंह जी अमलोर पहुंच चुके हैं। हम वापस सिरपुर आए, शाम होने को थी। शाम 5 बजे यहाँ से एक बस महासमुंद के लिए जाती है, जिसे लोग मेडम बस कहते हैं। क्योंकि आस पास के स्कूलों में  महासमुंद से आने वाले शिक्षक शिक्षिकाओं को यही बस वापस लेकर जाती है। इस बस में सवार होकार मैं तुमगांव पहुचा और वहाँ से रायपुर जाने वाली बस पर सवार होकर घर पहुंचा। इस तरह सिरपुर का तीन दिवसीय दौरा सम्पन्न हुआ।
भग्न मंदिर का वितान (इसे ग्राम वासी पीढ़ा कहते है)
जारी  है …… आगे पढें

मंगलवार, 8 जनवरी 2013

सिरपुर : जैन विहार एवं बौद्ध स्तूप sirpur

प्राम्भ से पढ़ें 
बौद्ध स्तूप 
हमारा कार्यक्रम प्रात: 9 बजे तक सिरपुर से सिंघधुरवा के लिए निकल जाने का था। लेकिन सुबह की सैर में प्रभात सिंह के साथ वेदपाठ शाला एवं स्तूप देखने के लिए चल पड़े। सिरपुर से पूर्व दिशा में रायकेरा तालाब के किनारे से स्तूप के लिए रास्ता जाता है। स्तूप तक पहुंचने के लिए धान के खेतों को पार करना पड़ता है। खेतों की मेड़ से होकर हम स्तूप तक पहुंचे। स्तूप से लगी हुई वेद पाठशाला है। जहाँ विद्यार्थियों के आवास के साथ शिक्षा का भी प्रबंध था। यहाँ के भवन में दो अंतराल हैं, उसके बाद दो कमरे भी हैं जहाँ विद्यार्थियों के साथ आचार्यगण भी निवास करते रहे होगें। वेद पाठशाला से लगा हुए मंदिर में शिव लिंग स्थापित है। यह मंदिर पंचायतन शैली में निर्मित है। गर्भ गृह  के सामने मंडप बना हुआ है।

वेद पाठशाला 
स्तूप और मंदिर समीप ही बने हैं। इससे जाहिर होता है कि दोनो सम्प्रदायों में सामंजस्य रहा होगा। स्तूप का पुनर्निर्माण उत्खन में उपलब्ध सामग्री से किया गया है। जब हम स्तूप स्थल पर पहुंचे तो सूर्योदय हो रहा था। मैने इसे "अरुणोदय स्तूप" का नाम दिया। स्थल की पहचान के लिए नामकरण भी आवश्यक है। यहाँ तक पहुंचने के लिए पर्यटन विभाग ने कांक्रीट का रास्ता बनाया है। लेकिन बीच में किसानों की खेती की जमीन होने के कारण खेतों की मेड़ से जाना पड़ता है, जिससे फ़िसल कर गिरने की आशंका बनी रहती है। एक स्थान पर तो मैं फ़िसल ही गया था। इसके बाद मेड़ पर चलने  की बजाए धान के खेतों के बीच से ही जाना उपयुक्त समझा।

बालेश्वर मंदिर 
स्तूप एवं वेद शाला से लौटकर हम लक्ष्मण मंदिर के बाएं तरफ़ स्थित बालेश्वर शिव मंदिर समूह आ गए। यहाँ पश्चिमाभिमुख ताराकृति अधिष्ठान पर युगल मंदिर स्थापित है। उत्खनन में "शिवगुप्त राजस" मिट्टी की छाप मिलने एवं ताम्रपत्र में बालेश्वर मंदिर उल्लेखित होने एवं महाशिवगुप्त द्वारा बालार्जुन उपाधि धारण करने के कारण इस मंदिर का नामकरण बालेश्वर शिव मंदिर उत्खननकर्ताओं द्वारा किया गया। काले पत्थर से निर्मित इस मंदिर के चारों कोनो पर एक-एक मंदिर के अवशेष प्राप्त हुए हैं। इसलिए इसे पंचायतन शैली का माना जाता है।  बालेश्वर मंदिर की लम्बाई 22 मीटर एवं चौड़ाई 10 मीटर है। मंदिर के जंघा का निर्माण सिरपुर के अन्य स्मारकों के जैसे प्रस्तर खंडों से हुआ है तथा जंघा से उपर का हिस्सा ईंटों से निर्मित है।

बालेश्वर मंदिर पुजारी आवास 
मंदिर की निर्माण योजना में गर्भगृह, अंतराल, मंडप तथा एक से अधिक बरामदों का निर्माण किया गया है। बरामदों को अलग करने के लिए दीवारों तथा अष्टकोणिय प्रस्तर स्तंभों का प्रयोग हुआ है।  इन स्तंभों के मध्य अत्यंत अलंकृत युगल एवं सिंह ब्याल आदि की मूर्तियाँ स्थापित की गयी हैं तथा विभिन्न कथाओं का भी अंकन है। मंदिर के उत्खनन से प्राप्त मृण मुद्रा एवं अभिलेखों के अध्ययन एवं लिपि शास्त्रिय प्रमाणों के आधार पर इस मंदिर का निर्माण सातवी सदी ईस्वीं माना गया है। यह मंदिर केन्द्रिय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के संरक्षण में है। अभी यहाँ पर संरक्षण कार्य जारी है। लेकिन भग्न मंदिर की निर्माण सामग्री  का उपयोग मंदिर के शिल्प की मांग के अनुसार नहीं हो रहा। एक स्थान पर तो सिरदल के पत्थर को अधिष्ठान के फ़र्श में लगा दिया गया है।बालेश्वर युगल मंदिर से लगा हुआ दक्षिण दिशा में पुजारी आवास है।  इस पुजारी आवस में एक अंतराल एवं एक ही कक्ष निर्मित है। इतने बड़े क्षेत्र में विशाल युगल मंदिर को देखते हुए पुजारी आवास छोटा ही लगा। 

शिव मंदिर 
बालेश्वर मंदिर के पिछले द्वार से हम गंधेश्वर मंदिर के आगे स्थित जैन विहार पहुंचे। सिरपुर में उत्खनन के दौरान 3 जैन विहार प्राप्त हुए हैं। यह जैन विहार महानदी के किनारे पर स्थित है। उत्खननकर्ताओं ने यहाँ से प्राप्त जैन मुर्तियों को 6 वीं शताब्दी की माना है।  उत्खनन के दौरान ये मुर्तियाँ सातवाहन काल की परत के नीचे प्राप्त हुई हैं। अनुमान है कि बौद्धों के आगमन के पूर्व ही जैन धर्मी सिरपुर में बस गए थे। ईसा पूर्व 6 वीं शताब्दी में सिरपुर का व्यापार अपनी चरम सीमा पर था। जैन धर्म के अनुयायी व्यापारी थे और सिरपुर व्यापार का प्रमुख केन्द्र था। इसलिए यहाँ जैन धर्म की स्थापना हो चुकी थी। सिरपुर में पूर्व में उत्खनन में प्राप्त जैन धर्म से संबंधित मूर्तियाँ लक्ष्मण मंदिर स्थित संग्रहालय में रखी हुई हैं। यहाँ उत्खनन में पार्श्वनाथ की 3 मूर्तियाँ प्राप्त हुई हैं।  जिनमें 7 फीट 4 इंच ऊँची (सबसे ऊँची) प्रतिमा कायोत्सर्ग मुद्रा में है। सिर के पीछे 7 फनवाले नाग देवता हैं। शेष 2 मूर्तियाँ इससे नाम मात्र की छोटी है। 

मंडप एवं आवास 
जैन विहार के साथ ही गंधेश्वर मंदिर के पूर्व में विशाल शिवमंदिर उत्खनन के दौरान प्राप्त हुआ है। यह पूर्वाभिमुख मंदिर लगभग डेढ मीटर ऊंचे अधिष्ठान पर निर्मित है। 12 तोरण वाले प्रस्तर स्तंभों का तोरण द्वार है, इसके पूर्व की सीढियों के दोनो तरफ़ हाथी बांधने के पत्थर हैं। पंचायतन शैली के मुख्य मंदिर में प्रवेश करने के लिए उत्तर एवं दक्षिण दोनो तरफ़ सीढियाँ बनी हुई हैं। गर्भ गृह में श्वेत रंग का धारा लिंग योनिपीठ पर स्थापित है। मंदिर में दो परकोटे हैं। भीतरी परकोटा ईंटों से एवं बाहरी परकोटा पत्थर से बना हुआ है। मंदिर के दोनो परकोटों के बीच रंग शाला एवं सभा मंडप भी बना हुआ है। मंदिर की दक्षिण दिशा में पुजारी आवास बना हुआ है तथा भीतरी परकोटे  में यात्रियों के निवास के लिए कमरे बने हुए हैं।

शिव मंदिर एवं जैन विहार का प्रवेश द्वार 
इस मंदिर के पूर्व दिशा में बाजार क्षेत्र लग जाता है।  बाजार में स्थित होने के कारण इस मंदिर तक सभी श्रद्धालु एवं व्यापारी दर्शनार्थ आते होगें । मंदिर से लग कर ही बड़ी आवासीय संरचना प्राप्त हुई है। इसका प्रवेश द्वार व्यापार क्षेत्र की ओर है। इस आवासीय संरचना के साथ ही शिल्प निर्माण केन्द्र भी प्रकाश में आए हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार इन निर्माणों में मध्य में रास्ते है कमरे के किवाड़ दो पल्लों के होते थे।  पहली मंजिल पत्थरों एवं दूसरी मंजिल ईंटो से निर्मित है। प्राय: सभी  कमरों में धान कूटने के लिए गड्ढे बने हुए हैं। उपरी मंजिल की छत कवेलू के स्थान पर पत्थरों के छप्पर की बनाई जाती थी। मकानों के प्रत्येक समूह के समीप पेयजल की व्यवस्था के लिए कुंओं का निर्माण किया गया है। उत्खननकर्ता अरुण कुमार शर्मा इस निर्माण को ईसा पूर्व 6 वीं शताब्दी से लेकर ईसा के बाद चौदहवीं शताब्दी का मानते हैं। अब हम अगले पड़ाव की ओर जाने की तैयारी में लग गए। …… जारी है …… आगे पढें