इतिहास लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
इतिहास लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 12 जनवरी 2018

मैकल सुता रेवा एवं अमरकंटक

अमरकंटक मेकलसुता रेवा का उद्गम स्थल है, यह पुण्य स्थली प्राचीन काल से ही ॠषि मुनियों की साधना स्थली रही है। वैदिक काल में महर्षि अगस्त्य के नेतृत्व में ‘यदु कबीला’ इस क्षेत्र में आकर बसा और यहीं से इस क्षेत्र में आर्यों का आगमन शुरू हुआ। 

वैदिक ग्रंथों के अनुसार विश्वामित्र के 50 शापित पुत्र भी यहाँ आकर बसे। उसके बाद, अत्रि, पाराशर, भार्गव आदि का भी इस क्षेत्र में पदार्पण हुआ। नागवंशी शासक नर्मदा की घाटी में शासन करते थे। मौनेय गंधर्वों से जब संघर्ष हुआ तो अयोध्या के इच्छ्वाकु वंश नरेश मान्धाता ने अपने पुत्र पुरुकुत्स को नागों की सहायता के लिए भेजा जिसने गंधर्वों को पराजित किया। नाग कुमारी नर्मदा का विवाह पुरुकुत्स के साथ कर दिया गया।

इसी वंश के राजा मुचुकुंद ने नर्मदा तट पर अपने पूर्वज मान्धाता के नाम पर मान्धाता नगरी स्थापित की थी। यदु कबीले के हैहयवंशी राजा महिष्मत ने नर्मदा के किनारे महिष्मति नगरी की स्थापना की। उन्होंने इच्छवाकुओं और नागों को पराजित किया। कालांतर में गुर्जर देश के भार्गवों से संघर्ष में हैहयों का पतन हुआ। उनकी शाखाओं में तुण्डीकैर (दमोह), त्रिपुरी, दशार्ण (विदिशा), अनूप (निमाड़) और अवंति आदि जनपदों की स्थापना की गयी। महाकवि कालिदास इसी अमरकंटक शिखर को अपने अमर ग्रंथ मेघदूत में आम्रकूट कहकर सम्बोधित करते हैं।

अमरकंटक का में कलचुरी राजा कर्ण ने मंदिरों का निर्माण कराया था, इन्हें कर्ण मंदिर समूह कहा जाता है। कर्ण मंदिर समूह तीन स्तरों पर है। परिसर में प्रवेश करते ही पंच मठ दिखाई देता है। इसकी शैली बंगाल एवं असम में बनने वाले मठ मंदिरों जैसी है। इससे प्रतीत होता है कि यह स्थान कभी वाममार्गियों का भी साधना केन्द्र रहा है। इस तरह के मठों में अघोर एकांत साधनाएँ होती थी। पंच मठ के दाएँ तरफ़ कर्ण मंदिर एवं शिव मंदिर हैं। शिवमंदिर में श्वेतलिंग है तथा इससे समीप वाले मंदिर में कोई प्रतिमा नहीं है। 

इन मंदिरों के सामने ही जोहिला (नदी) मंदिर एवं पातालेश्वर शिवालय है। इसके समीप पुष्करी भी निर्मित है।, इन मंदिरों से आगे बढने पर उन्नत शिखर युक्त तीन मंदिरों का समूह है जिनका निर्माण ऊंचे अधिष्ठान पर हुआ है। यहाँ भी कोई प्रतिमा नहीं है तथा द्वार पर ताला लगा हुआ है। इन मंदिरों का निर्माण बाक्साईट मिश्रित लेट्राईट से हुआ है। 

पातालेश्वर मंदिर, शिव मंदिर पंचरथ नागर शैली में निर्मित हैं। इनका मंडप पिरामिड आकार का बना हुआ है। पातालेश्वर मंदिर एवं कर्ण मंदिर समूह का निर्माण कल्चुरी नरेश कर्णदेव ने कराया। यह एक प्रतापी शासक हुए,जिन्हें ‘इण्डियन नेपोलियन‘ कहा गया है। उनका साम्राज्य भारत के वृहद क्षेत्र में फैला हुआ था। 

सम्राट के रूप में दूसरी बार उनका राज्याभिषेक होने पर उनका कल्चुरी संवत प्रारंभ हुआ। कहा जाता है कि शताधिक राजा उनके शासनांतर्गत थे। इनका काल 1041 से 1073 ईस्वीं माना गया है। वैसे इस स्थान का इतिहास आठवीं सदी ईस्वीं तक जाता है। मान्यता है कि नर्मदा नदी का स्थान निश्चित करने के लिए सूर्य कुंड का निर्माण आदि शंकराचार्य ने करवाया था।

गुरुवार, 11 जनवरी 2018

जनमानस में राम - सारासोर सरगुजा

छत्तीसगढ़ अंचल की प्राकृतिक सुंदरता का कोई सानी नहीं है। नदी, पर्वत, झरने, गुफ़ाएं-कंदराएं, वन्य प्राणी आदि के हम स्वयं को प्रकृति के समीप पाते हैं। अंचल के सरगुजा क्षेत्र पर प्रकृति की विशेष अनुकम्पा है, चारों तरफ़ हरितिमा के बीच प्राचीन स्थलों के साथ रमणीय वातावरण मनुष्य को मोहित कर लेता है। 

ऐसा ही एक स्थान अम्बिकापुर-बनारस मार्ग पर 40 किलोमीटर भैंसामुड़ा से 15 किलोमीटर की दूरी पर है, जिसे सारासोर कहा जाता है। इस स्थान का पौराणिक महत्व सदियों से है। यहाँ महान नदी की निर्मल जलधारा दो पहाड़ियों को चीरते हुए बहती है तथा इस स्थान पर हिन्दुओं का धामिक स्थल भी है। सारासोर जलकुण्ड है, यहाँ महान नदी खरात एवं बड़का पर्वत को चीरती हुई पूर्व दिशा में प्रवाहित होती है। 

पौराणिक महत्व - किंवदन्ति है कि पूर्व काल में खरात एवं बड़का पर्वत दोनों आपस में जुड़े हुए थे। राम वन गमन के समय राम-लक्ष्मण एवं सीता जी यहाँ आये थे तब पर्वत के उस पार यहाँ ठहरे थे। पर्वत में एक गुफा है जिसे जोगी महाराज की गुफा कहा जाता है। सारासोर के पार सरा नामक राक्षस ने उत्पात मचाया था तब उनके संहार करने के लिये रामचंद्रजी के बाण के प्रहार से ये पर्वत अलग हो गए और उस पार जाकर उस सरा नामक राक्षस का संहार किया था। तब से इस स्थान का नाम सारासोर पड़ गया।

सारासोर में दो पर्वतों के मध्य से अलग होकर उनका हिस्सा स्वागत द्वार के रूप में विद्यमान है। नीचे के हिस्से में नदी कुण्डनुमा आकृति में काफी गहरी है इसे सीताकुण्ड कहा जाता है। सीताकुण्ड में सीताजी ने स्नान किया था और कुछ समय यहाँ व्यतीत कर नदी मार्ग से पहाड़ के उस पार गये थे। आगे महान नदी ग्राम ओडगी के पास रेण नदी से संगम करती है। दोनो पर्वतों की कटी हुई चट्टाने इस तरह से दिखाई देती हैं जैसे किसी ने नदी को इस दिशा में प्रवाहित करने के लिए श्रम पूर्वक पर्वत को काटा हो। 

वर्तमान में नदी बीच की छोटी पहाड़ी पर मंदिर बना हुआ है। यहाँ कुछ साधू पर्णकुटी बना कर निवास करते हैं और वे भी मंदिर में पूजा अर्चना करते हैं। इस स्थान पर श्रद्धालुओं का सतत प्रवास रहता है। इस सुरम्य स्थल पर पहुंचने के बाद यहाँ एक-दो दिन नदी के तीर पर ठहरने का मन करता है। यहाँ मंदिर समिति द्वारा निर्मित यात्री निवास भी हैं। जहाँ समिति की आज्ञा से रात्रि निवास किया जा सकता है।

कैसे पहुंचे? - अम्बिकापुर से बनारस मार्ग पर सतत वाहन सुविधा है तथा भैंसा मुड़ा पहुंच कर स्थानीय संसाधनों प्रयोग किया जा सकता है। स्वयं के साधन से जाना उत्तम रहेगा।

गुरुवार, 8 सितंबर 2016

मीना बाज़ार का इतिहास एवं वर्तमान

नगर में मीना बाज़ार लगा हुआ है, सांझ होते ही उदय भैया का मन मीना बाजार घूमने का करता है। यहाँ  मनोरंजन के कई साधन जुटाए गए  हैं।

जिसमें कई तरह के झुले, मौत का कुंआ, नाचने वाली सोलह साल की नागिन के साथ खिलौनों, टिकुली फ़ुंदरी की दुकान एवं  खाने के लिए चाट पकौड़ी की दुकाने भी लगी हैं।

कुल मिलाकर बच्चों एवं महिलाओं के मनोरंजन का समस्त साधन जुटाया गया है। वैसे तो वर्तमान में मीना बाजार मेले-ठेलों में दिखाई देते हैं, परन्तु बरसाती खर्चा निकालने के लिए मीना बाजार वाले कस्बों का रुख कर लेते हैं।
मीना बाज़ार

भारत में मीना बाजार रजवाड़ों में लगाए जाते थे, जिसमें सिर्फ़ महिलाओं का प्रवेश ही होता था। रजवाड़ों की महिलाओं की सौंदर्य प्रसाधन एवं अन्य आवश्यकता की वस्तुओं की पूर्ति मीना बाजारों के माध्यम से की जाती थी।

आमेर के किले रनिवास में मीना बाजार लगने का उल्लेख मिलता है, जहाँ रनिवास की महिलाएँ, गहने गुंथे, चूड़ियां, कपड़े इत्यादि की खरीदी करती थी। इसके साथ ही मनोरंजन भी हो जाता था।

मीना बाजार नामकरण के पीछे प्रतीत होता है कि गहनों पर की जाने वाली मीनाकारी के नाम पर ही इसका नाम मीना बाजार पड़ा होगा। 
मीना बाज़ार

इतिहास में पीछे मुड़कर देखें तो अकबर में काल में मीना बाजार बहुत बदनाम हुए। अकबर की काम लालसा ने दिल्ली में मीना बाजार लगवाना प्रारंभ किया, जिसमें सिर्फ़ स्त्रियों का ही प्रवेश होता था और बाजार की चौकीदारी के लिए तातारी महिलाएं नियुक्त कर रखी थी।

बाजार में आने वाली कोई भी महिला उसे पसंद आ जाती तो उठवा लिया करता था। बीकानेर के राव कल्याणमल की पुत्रवधु सिसौदिया वंश की किरण कुंवर से लात खाने के बाद उसने मीना बाजार की नौटंकी बंद की।  
मीना बाज़ार

भोपाल में भी रिसायती दौर में मीना बाजार लगने की जानकारी मिलती है, जहाँ इसे परी बाजार कहा जाता था। ब्रिटेन की महारानी सन् 1909 में जब भोपाल आई तो प्रिंसेस ऑफ वेल्स क्लब की स्थापना हुई।

वर्ष 1916 में बेगम सुल्तानजहाँ ने महिला क्लब के माध्यम से मीना बाजार लगाया। बाजार में महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प सामग्री बिक्री के लिये रखी जाती थी उस दौर में मीना बाजार को परी-बाजार इसलिये कहा जाता था,

क्योंकि पढ़ी-लिखी बच्चियाँ सुंदर वस्त्र धारण कर परी के रूप में इन मेलों में भाग लेती थीं। पुराने भोपाल में आज भी एक मोहल्ला परी बाजार कहलाता है। 
मीना बाज़ार

इस तरह अन्य स्थानों पर नवाबों द्वारा मीना बाजार लगाने का उल्लेख मिलता है। लखनऊ के कैसर बाग से लेकर पाकिस्तान के लाहौर तक मीना बाजार महिलाओं की आवश्यकता वस्तुओं की पूर्ति करते थे।

राजे रजवाड़े खत्म हो गए, परन्तु आज भी मीना बाजार चल रहे हैं, उनकी वही रौनक है, जो पहले हुआ करती थी। अब मेलों-ठेलों में मीना बाजार दिखाई देते हैं, जो एक स्थान से दूसरे स्थान तक सफ़र करते रहते हैं। 
मीना बाज़ार

कई स्थानों के हाट अब स्थाई बाजारों में बदल गए, सूरत का चौटा बाजार, रायपुर की टुरी हटरी, बिलासपुर का गोलबाजार इस तरह सभी स्थानों पर स्थाई बाजार हो गए हैं।

भले ही मीना बाजारों के ढांचे में बदलाव आया है परन्तु मीना बाजारों को देखकर लगता है कि इतिहास की एक महत्वपूर्ण परम्परा हमारे बीच जीवित है।

बुधवार, 2 दिसंबर 2015

इतिहास की खोई हुई कुंजी है शंख लिपि

विचारों को व्यक्त करने का माध्यम वाणी है, यह वाणी विभिन्न भाषाओं के माध्यम से संसार में प्रकट होती है। इन भाषाओं को दीर्घावधि तक स्थाई रुप से सुरक्षित रखने एवं एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने का कार्य लिपि करती है।  कहा जाए तो भाषा को जीवंत रखने के लिए हम जिन प्रतीक चिन्हों का प्रयोग करते हैं, उन्हे लिपि कहते हैं। हम गुहा चित्रों, भग्नावशेषों, समाधियो, मंदिरो, मृदाभांडों, मुद्राओं के साथ शिलालेखो, चट्टान लेखों, ताम्रलेखों, भित्ति चित्रों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों, कागजो एवं कपड़ों पर अंकित मनुष्य की सतत भाषाई एवं लिपिय  प्रगति देख सकते हैं।  इन सबको तत्कालीन मानव जीवन का साक्षात इतिहास कहा जा सकता है। 
उदयगिरि मध्यप्रदेश 

सभ्यता और संस्कृति के विकास के साथ साथ भाषा एवं लेखनकला का विकास भी होता रहा। प्रारंभ में लिखने के साधन गुफाओं की दीवारें, र्इंट, पत्थर, मृद्पात्र एवं शिलापट्ट आदि थे। देश, काल एवं परिस्थिति अनुसार ये साधन बदलते गये और लिपि एवं भाषा परिस्कृत होती गई।विचारों की अभिव्यक्ति के लिए भाषा एवं लिपि प्रथम साधन है। लिपि के अभाव में अनेक भाषाएँ उत्पन्न होकर नष्ट हो गई । आज उनका नामो निशान तक नहीं रहा। लिपियाँ भी समाप्त हो गई, वे भी इससे अछूती नहीं रही। ललितविस्तर आदि प्राचीन ग्रंथों में तत्कालीन प्रचलित लगभग चौंसठ लिपियों का नामोल्लेख मिलता है, लेकिन आज उसमें में अधिकांश लिपियाँ अथवा उनमें लिखित साहित्य उपलब्ध नहीं है।
शंख लिपि उदयगिरि 

कुछ प्राचीन लिपियाँ आज भी एक अनसुलझी पहेली बनी हुई हैं। उनमें लिखित अभिलेख आज तक नहीं पढ़े जा सके हैं। आज हम देखते हैं कि भारत में बहुधा प्राचीन स्थालों, पर्वतों एवं गुफाओं में टंकित ‘शंख लिपि’ के सुन्दर अभिलेख प्राप्त होते हैं इनको भी आज तक नहीं पढ़ा जा सका है। इस लिपि के अक्षरों की आकृति शंख के आकार की है। प्रत्येक अक्षर इस प्रकार लिखा गया है कि उससे शंखाकृति उभरकर सामने दिखाई पड़ती है। इसलिए इसे शंखलिपि कहा जाने लगा।
शंखलिपि सरगुजा सीता लेखनी पहाड़ 

जब भी मैं प्राचीन स्थलों पर शंख लिपि को देखता हूं तो मन जिज्ञासा से भर उठता है, कि प्राचीन काल का मनुष्य इस लेख के माध्यम से आने वाले पीढी को क्या सूचना एवं संदेश देना चाहता था। परन्तु लिपि की जानकारी की अभाव में यह रहस्य स्थाई हो गया है। विद्वान गवेषक इन लेखों को पढने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अभी तक योग्य सफलता नहीं मिल सकी है। आज भी विविध सिक्कों, मृद्पात्रों एवं मुहरों पर लिखित ऐसी कई लिपियाँ और भाषाएँ हमारे संग्रहालयों में विद्यमान हैं जो एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है। समय को प्रतीक्षा है इन पहेलियों के सुलझने की। जब इनमें कैद इतिहास बाहर निकल कर सामने आएगा और नई जानकारियाँ मिलेगी।

शुक्रवार, 27 नवंबर 2015

जगन्नाथ मंदिर का शिल्प एवं इतिहास - कलिंग यात्रा

उड़ीसा राज्य के तटवर्ती क्षेत्र में स्थित जगन्नाथ मंदिर हिन्दुओं का प्राचीन एवं प्रसिद्ध तीर्थ स्थान है। हिन्दूओं की धार्मिक आस्था एवं कामना रहती है जीवन में एक बार भगवान जगन्नाथ के दर्शन अवश्य करें क्योंकि इसे चार धामों में से एक माना जाता है। वैष्णव परम्परा का यह मंदिर भगवान विष्णु के अवतार कृष्ण को समर्पित है। यहाँ की वार्षिक रथयात्रा विश्व प्रसिद्ध है। इस मंदिर में तीन मुख्य देवता भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा एवं भाई बलभ्रद की पूजा होती है। जगन्नाथ के धार्मिक महत्व के विषय में जन-जन जानता है। फ़िर भी मैं संक्षेप में उल्लेख करना चाहुंगा।
सुभाष चौक पुरी
इस मंदिर का निर्माण कलिंग राजा अनंतवर्मन गंगदेव ने कराया था। मंदिर का जगमोहन एवं विमान भाग इनके शासन काल (1078-11148 ई) में निर्मित हुआ था। फ़िर सन 1147 में राजा अनंग भीम देव ने इस मंदिर को वर्तमान रुप दिया था। इसका ताम्रपत्रों में उल्लेख बताया जाता है। मंदिर में जगन्नाथ अर्चना सन १५५८ तक होती रही। इस वर्ष काला पहाड़ ने ओडिशा पर हमला किया और मूर्तियां तथा मंदिर के भाग ध्वंस किए और पूजा बंद करा दी तथा विग्रहो को चिलिका झील मे स्थित एक द्वीप मे गुप्त रखा गया। बाद में, रामचंद्र देब के खुर्दा में स्वतंत्र राज्य स्थापित करने पर, मंदिर और इसकी मूर्तियों की पुनर्स्थापना हुई।
मंदिर का विहंगम दृश्य
कलिंग शैली में निर्मित इस मंदिर को हम देखे तो वर्तमान में भी काला पहाड़ द्वारा किए गए विध्वंस के चिन्ह दिखाई देते हैं। मुख्य मंदिर के आमलक एवं जगमोहन की छत को उसके द्वारा तोड़ दिया गया प्रतीत होता है। प्रस्तर निर्मित इस मंदिर के विशाल आमलक एवं जगमोहन की छत का पुनर्निर्माण हुआ है। जो प्रस्तर निर्मित न होकर चूना सुर्खी से बना हुआ है अलग ही दिखाई देता है। राजा ने जगन्नाथ मंदिर का भव्य निर्माण कराया था। इसकी भित्तियों पर अप्सराएं, वादक, भारसाधक, व्यालों के साथ मिथुन मूर्तियां भी स्थापित की गई हैं। इसकी भव्यता देखते ही बनती है।
चलो चले मुसाफ़िर
मंदिर का विस्तार वृहत क्षेत्र में है, जो लगभग चार लाख वर्ग फ़ुट में विस्तारित है और चारदिवारी से घिरा हुआ कलिंग स्थापत्यकला एवं शिल्प का उदाहरण है तथा यह भारत के भव्यतम स्मारक स्थलों में से एक है। मुख्य मंदिर वक्ररेखीय आकार का है, जिसके शिखर पर विष्णु का श्री सुदर्शन चक्र (आठ आरों का चक्र) मंडित है। इसे नीलचक्र भी कहते हैं। यह अष्टधातु से निर्मित है और अति पावन और पवित्र माना जाता है। मंदिर का मुख्य ढांचा एक 214 फ़ुट (65 मी) ऊंचे पाषाण चबूतरे पर बना है। इसके भीतर आंतरिक गर्भगृह में मुख्य देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। 
सिंह द्वार पर स्थापित गरुड़ स्तंभ
मंदिर का मुख्य भाग विशाल है। मंदिर की पिरामिडाकार छत और लगे हुए मण्डप, अट्टालिकारूपी मुख्य मंदिर के निकट होते हुए ऊंचे होते गये हैं। यह एक पर्वत को घेरी हुई छोटी पहाड़ियों एवं टीलों के समुह सदृश दिखाई देता है। मुख्य भवन एक बीस फ़ुट (6.1 मी) ऊंची दीवार से घिरा हुआ है तथा दूसरी दीवार मुख्य मंदिर को घेरती है। एक भव्य सोलह किनारों वाला एकाश्म स्तंभ, मुख्य द्वार के ठीक सामने स्थित है। इसका द्वार दो सिंहों द्वारा रक्षित हैं।
ध्वज एवं चक्र
मंदिर के शिखर पर स्थित चक्र, सुदर्शन चक्र का प्रतीक है और लाल ध्वज भगवान जगन्नाथ का प्रतीक माना जाता है। इस मंदिर से अनेक किंवदन्तियां एवं लोककथाएं जुड़ी हुई हैं। एक कथा के अनुसार भगवान जगन्नाथ की इंद्रनील या नीलमणि से निर्मित मूल मूर्ति, एक अगरु वृक्ष के नीचे मिली थी। यह इतनी चकचौंध करने वाली थी, कि धर्म ने इसे पृथ्वी के नीचे छुपाना चाहा। मालवा नरेश इंद्रद्युम्न को स्वप्न में यही मूति दिखाई दी थी। तब उसने कड़ी तपस्या की और तब भगवान विष्णु ने उसे बताया कि वह पुरी के समुद्र तट पर जाये और उसे एक दारु (लकड़ी) का लठ्ठा मिलेगा। उसी लकड़ी से वह मूर्ति का निर्माण कराये। राजा ने ऐसा ही किया और उसे लकड़ी का लठ्ठा मिल भी गया।

रथयात्रा मार्ग
उसके बाद राजा विश्वकर्मा बढ़ई कारीगर समक्ष मूर्ति बनवाने के लिए उपस्थित हुए। विश्वकर्मा जी ने यह शर्त रखी, कि वे एक माह में मूर्ति तैयार कर देंगे, परन्तु तब तक वह एक कमरे में बंद रहेंगे और राजा या कोई भी उस कमरे के अंदर नहीं आये। जब कई दिनों तक कोई भी आवाज नहीं आई, तो उत्सुकता वश राजा ने कमरे में झांका और वह वृद्ध कारीगर द्वार खोलकर बाहर आ गया और राजा से कहा कि मूर्तियां अभी अपूर्ण हैं, उनके हाथ अभी नहीं बने थे। राजा के अफसोस करने पर मूर्तिकार ने बताया कि यह सब दैववश हुआ है और यह मूर्तियां ऐसे ही स्थापित होकर पूजी जायेंगीं। तब वही तीनों जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मूर्तियां मंदिर में स्थापित की गयीं।
भोग प्रसाद रिक्शा
महान सिख सम्राट महाराजा रणजीत सिंह भगवान जगन्नाथ को मानते थे, उन्होने इस मंदिर को प्रचुर मात्रा में स्वर्ण दान किया था, जो कि उनके द्वारा स्वर्ण मंदिर अमृतसर को दिये गये स्वर्ण से कहीं अधिक था। कहते हैं कि उन्होंने अपने अंतिम दिनों में यह वसीयत भी की थी कि विश्व प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा, जो विश्व में अब तक सबसे मूल्यवान और सबसे बड़ा हीरा है, इस मंदिर को दान कर दिया जाए। लेकिन यह सम्भव ना हो सका, क्योकि उस समय तक ब्रिटिशों ने पंजाब पर अपना अधिकार करके, उनकी सभी शाही सम्पत्ति जब्त कर ली थी। वर्ना कोहिनूर हीरा, भगवान जगन्नाथ के मुकुट की शान होता।
मंदिर मुख्य प्रवेश द्वार
जगन्नाथ मंदिर की एक खास बात है कि इसमें हिन्दूओं के अतिरित्क अन्य धर्मावलम्बियों का प्रवेश वर्जित है। मुख्यद्वार पर ही इस आशय की चेतावनी लिखी हुई है। भारतीय सिक्ख, जैन एवं बौद्धों के लिए प्रवेश की छूट है, परन्तु उन्हें अपनी भारतीय पहचान दिखानी होती है। मंदिर ने धीरे-धीरे गैर-भारतीय मूल के लेकिन हिन्दू लोगों का मंदिर क्षेत्र में प्रवेश स्वीकार करना आरम्भ किया है। अन्यथा बाली द्वीप के लोगों को भी प्रवेश नहीं दिया जाता था। पूछने पर पण्डा जी ने बताया कि अन्य लोगों को भगवान स्वयं रथयात्रा के दिन मंदिर से बाहर आकर दर्शन देते हैं, इस दिन कोई भी भगवान के दर्शन कर सकता है। यह  रथ यात्रा आषाढ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को होती है, जो तिथियों के अनुसार जून या जुलाई में होती है। जारी है… आगे पढें।

शनिवार, 20 अप्रैल 2013

भानगढ के भूतों की सच्चाई

भानगढ़ का राजप्रासाद
आरंभ से पढें
भानगढ़ राजस्थान के अलवर जिले में सरिस्का अभ्यारण के एक छोर पर स्थित है। इतिहास अधिक पुराना नहीं है। 16 वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में इसका जन्म होता है और 19 वीं शताब्दी में अवसान हो जाता है। इस समय दिल्ली पर मुगलों का शासन था और दिल्ली के तख्त पर अकबर गद्दीनशीं था। आमेर के कछवाहा राजपुत राजा भारमल ने गद्दी संभालने के बाद अकबर के दरबार में प्रवेश पाया और अपनी पुत्री हरखा बाई का विवाह अकबर से करना स्वीकार किया। विवाह के बाद राजपूतों ने इसे छोड़ दिया और हरखा बाई कभी लौट कर आमेर नहीं आई। भारमल के पुत्र राजा भगवंत दास ने संभवत: इस इलाके पर अपनी पकड़ बनाए रखने लिए इस किले का निर्माण 1573 में कराया। भारमल का प्रपौत्र एवं भगवंत दास के पुत्र राजा मानसिंह ने भी अकबर के दरबार में उच्च स्थान प्राप्त किया। 

राजप्रासाद के भग्नावशेष
भानगढ़ के बसने के बाद लगभग 300 वर्षों तक यह आबाद रहा। राजा भगवंत दास ने यह गढ़ अपने छोटे बेटे माधौ सिंह को दिया। माधौसिंह के बाद उसका पुत्र छत्र सिंह गद्दी पर बैठा। छत्रसिंह एवं उसके पुत्र 1630 के युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए। विक्रम संवत 1722 में इसी वंश के हरिसिंह ने गद्दी संभाली।इसके साथ ही भानगढ की चमक कम होने लगी। छत्र सिंह के बेटे अजब सिह ने समीप ही अजबगढ़ बनवाया और वहीं रहने लगा। यह समय औरंगजेब के शासन का था। औरंगजेब कट्टर पंथी मुसलमान था। उसने अपने बाप को नहीं छोड़ा तो इन्हे कहाँ छोड़ता। उसके दबाव में आकर हरिसिंह के दो बेटे मुसलमान हो गए, जिन्हें मोहम्मद कुलीज एवं मोहम्मद दहलीज के नाम से जाना गया। इन दोनों भाईयों के मुसलमान बनने एवं औरंगजेब की शासन पर पकड़ ढीली होने पर जयपुर के महाराजा सवाई जय सिंह ने इन्हे मारकर भानगढ़ पर कब्जा कर लिया तथा माधो सिंह के वंशजों को गद्दी दे दी।

मंगला माता मंदिर
केशवराय मंदिर में स्थित शिलालेख में संवत १९०२ उत्कीर्ण है। इससे यह सत्यापित होता है कि १६७ वर्ष पूर्व अर्थात अंग्रेजों के आने के बाद तक यह नगर आबाद था| भानगढ़ के उजड़ने के पीछे आक्रमण या दुर्घटना जो भी कारण रहा होगा वह संवत 1902 के पश्चात का है। भानगढ़ उजड़ने के कई कारण किंवदंतियों के माध्यम से जनमानस में प्रचलित हैं। जिसमें सिंधु शेवड़े के प्रतिशोध की कहानी चटखारे लेकर सुनाई जाती है। रानी रत्नावती को सिंधु शेवड़ा पाना चाहता था और उसने तंत्र मंत्र का प्रयोग करके इस नगर को उजाड़ दिया। दूसरी जन श्रुति है कि 1720 में आमेर के राजा जयसिंह ने इसे अपने राज्य में मिला लिया था। मुगलों के दौर में राजस्थान में उनके आक्रमण हुए और भयानक युद्द भी हुए। लेकिन मुगलों का आक्रमण भानगढ़ पर हुआ दिखाई नहीं देता। नगर के भीतर जितने मंदिर हैं सभी सही सलामत हैं। अगर मुसलमानों का आक्रमण हुआ रहता तो मंदिर सलामत नहीं मिलते।

शेवड़ों का धूणा
तीसरी किंवदंती भानगढ़ को जयपुर विस्थापित करने के विषय में सुनाई जाती है। अंग्रेजों के शासन काल में जयपुर के राजाओं ने भानगढ़ नगर को जयपुर विस्थापित किया होगा। इस तर्क पर मैं सहमत हूँ, क्योंकि 18 वीं सदी में मराठों एवं पिंडारियों के आक्रमण के कारण राजपुताना त्रस्त हो गया था। इसलिए सारी शक्ति को एकत्र कर जयपुर में स्थापित करने की दृष्टि से भानगढ़ नगर का विस्थापन संभव है। पूर्ववर्ती राजाओं एवं बादशाहों द्वारा अपनी राजधानी को विस्थापित एवं स्थानांतरित करने के अनेकों उदाहरण इतिहास में मिलते हैं। इस तरह भानगढ़ के विस्थापन का कारण सामरिक कारण रहा होगा। तब से यह नगर उजड़ गया और यहाँ दुबारा कोई बसने नहीं आने के कारण देख रेख के अभाव में यह नगर खंडहर बन गया होगा। इस इलाके में पानी की कमी थी। जिसके कारण यहाँ अकाल की स्थिति बन जाती थी। कहते हैं कि 1783 में भयंकर अकाल पड़ा, जिसमें भूख प्यास से काफ़ी लोग त्रस्त होकर काल का ग्रास बन गए। अकाल के कारण फ़ैली महामारी से भानगढ़ उजड़ गया। यहाँ के निवासी भानगढ़ छोड़ कर चले गए।

असमाजिक तत्वों की उपस्थिति 
भानगढ़ उजड़ने के बाद यहाँ असामाजिक तत्वों का बसेरा हो गया। वीरान स्थान पर पहाड़ियों के बीच स्थित यह नगर अपराधियों के छिपने के लिए उत्तम था। उनके द्वारा ही यहाँ भूत प्रेतों की कहानियाँ गढ़ी गई होगीं। जिससे कि आस पास के क्षेत्र के लोग भानगढ़ के खंडहरों की तरफ़ न आए और उनकी गतिविधियाँ निर्विघ्न जारी रहें। गड़े धन के प्रति लोगों का लगाव सदैव रहा है। यहाँ पर भी गड़े खजाने की खोज में लोग आते होगें तथा खजाने को प्राप्त करने के लिए नान प्रकार की तांत्रिक क्रियाए करने के कारण भय का वातावरण निर्मित होता होगा। वर्तमान में भी असामाजिक तत्वों की उपस्थिति के चिन्ह भानगढ़ में दिखाई देते हैं। दारु की खाली बोतलें एवं डिस्पोजल गिलास यत्र तत्र बिखरे पड़े है। दिन रात समूचा किला तांत्रिकों एवं बाबाओं के हवाले रहने के कारण यहाँ भय का वातावरण बना रहता है।

चौकीदार से चर्चा
वर्तमान में मोस्ट हंटेड प्लेस (घोर भूतिया स्थान) में पर्यटकों की रुचि बढती जा रही है। चमत्कार एवं भूत प्रेतों से संबंधित कहानियाँ रोमांच पैदा करती हैं और पर्यटक रोमांचकारी स्थानों पर जाकर उस रोमांच को अनुभव करना चाहता है। मानव की जिज्ञासु प्रवृति होने के कारण वह ऐसे स्थानों पर सत्यता की परख करने लिए पहुंचता है। वर्तमान में पर्यटकों के शौक में बदलाव दिखाई दे रहा है। पूर्व में लोग तीर्थ स्थानों का पर्यटन करते थे तथा वर्तमान में प्राकृतिक दृष्यों के साथ कौतुहल वाले स्थानों पर सैर करने जाते हैं। जैसे हम भी भानगढ़ की सच्चाई की खोज में 15 सौ किलो मीटर की दूरी तय करके पहुंच गए। मुझे भानगढ़ में कोई भी भूतिया आभास  नहीं हुआ। जैसे अन्य स्थानों को देखा वैसा ही यह भी लगा। भूतों की कहानी सिर्फ़ वातावरण में तैरती है। जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं होता।

अनंत से आता प्रकाश
आधुनिक युग में जहाँ तक बिजली पहुंच गई है वहाँ तक के सारे भूत प्रेत अंधेरे क्षेत्रों की ओर पलायन कर गए हैं। भूत अंधेरे में ही लोगों को दिखाई देते हैं। क्योंकि लोगों की मानसिकता ही वैसी बन गई है। अंधेरा होते ही अज्ञात का भय उत्पन्न हो जाता है और उसे भूत प्रेत दिखाई देने के साथ विचित्र आवाजें भी सुनाई देने लगती हैं। यही स्थिति भानगढ़ की है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहाँ झाड़ियों में जंगली जानवर विचरण करते हैं। किसी पर्यटक के साथ रात को कोई दुर्घटना न हो जाए इसलिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने यहाँ दिन ढलने के बाद प्रवेश पर पाबंदी लगा रखी है। सर्वे के 16 चौकीदार यहाँ कार्य करते हैं, किसी ने भी भूत प्रेतों को यहां पर नहीं देखा। इससे यही सत्यान्वेषण होता है कि व्यक्ति अपने भीरुपन को घर में छोड़ कर आए और उन्मुक्त होकर भानगढ़ के पुरावशेषों की सैर करे तो बहुत आनंद आएगा। ……… आगे पढ़ें…

शनिवार, 30 मार्च 2013

चंगोरा भाटा से लौटकर …………


आज शाम चंगोरा भाठा हायर सेकेन्डरी स्कूल द्वारा आयोजित एवं संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा  प्रायोजित सेमीनार से थका हारा घर पहुंचा। ऐसा लग रहा था कि दिमाग का दही हो गया। थकान दूर करने चाय का सहारा लेना पड़ा। कप हाथ में लेने के बाद गर्म चाय की उड़ती हुई भाप के साथ सेमीनार की स्मृति भी उमड़ने घुमड़ने  लगी। सैकड़ों सेमीनार में उपस्थिति देने बाद भी मैने ऐसा अव्यवस्थित सेमीनार कहीं नहीं देखा। ऐसा लगा कि जैसे खड़ी फ़सल को पाला मार गया हो। छत्तीसगढ की वाचिक परम्परा वाले सेमीनार में डॉ प्रभा शर्मा ने "छत्तीसगढ़ का इतिहास, पुरातत्व एवं संस्कृति" विषय पर संगोष्ठी में शोध आलेख प्रस्तुत करने का आग्रह किया था। मैने शोध आलेख की समरी उन्हे नियत समय पर मेल कर दी थी और पावर पांईट प्रस्तुतिकरण तैयार करके आदतानुसार सही समय पर सांस्कृतिक भवन चंगोरा भाठा 11 बजे पहुंच चुका गया। उस समय आयोजकों के अतिरिक्त मुझे सुरेश साहु ही मिले, जो मेरे जैसे ही समय पर पहुंचे थे।

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ प्रभा शर्मा ने स्वागत किया तथा नाश्ते के लिए पूछा। नाश्ता घर से करके आने के कारण मैने मना कर दिया। कार्यक्रम स्थल का सभागृह बड़ा था। ऐसा लग रहा था कि संगोष्ठी की जगह आमसभा का आयोजन है। 50 कुर्सियों पर मैं अकेला टिक गया। थोड़ी देर में स्कूल के बच्चे आ गए। प्रायमरी, मिडिल एवं हाई स्कूल के सभी कुर्सियां  फ़ुल हो गई। अब लगने लगा कि सेमीनार प्रारंभ हो सकता है। मेरे सहिनाव ललित मिश्रा का आगमन हुआ और उनसे "सिरपुर सैलानी की नजर से पुस्तक पर चर्चा हुई। मैने एक प्रति उन्हे समीक्षार्थ भेंट की। अल्पकाल में ही अरुण कुमार शर्मा जी, डॉ प्रभुलाल मिश्र, प्रो विवेक झा, डॉ रमेन्द्र नाथ मिश्र डॉ विष्णु सिंह ठाकुर एवं डॉ के पी वर्मा जैसे प्रख्यात पुराविद एवं इतिहासकार अतिथि एवं विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित हो गए। पता चला कि कार्यक्रम के मुख्यातिथि श्री बृजमोहन अग्रवाल अपरान्ह 3 बजे आएगें। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्कूल के बच्चों ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम कर छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक दिखाई।

कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रभा शर्मा ने किया। उनकी आवाज ही हमें सुनाई नहीं दे रही थी। साऊंड व्यवस्था इतनी खराब थी कि डायस पर बैठे महानुभावों को भी सुनाई नहीं दे रहा था। स्वागत भाषण में अरुण कुमार शर्मा जी ने इसका जिक्र भी किया और कहा कि इस सभागृह में उल्टे घड़े लटका दिए जाएगें तो आवाज की समस्या का निदान हो सकता है। डॉ प्रभुलाल मिश्र एवं डॉ रमेन्द्रनाथ मिश्र, डॉ शिवाकांत बाजपेयी, डॉ के पी वर्मा ने क्या कहा कुछ पल्ले नहीं पड़ा। साथ ही स्कूल के बच्चों की कलरव से भी अत्यधिक व्यवधान उप्तपन्न हो रहा था। टीचर्स उन्हें चुप कराने में लगे थे। बच्चे तो आखिर बच्चे हैं कहाँ चुप रहने वाले थे। ललित मिश्रा की बुलंद आवाज सामने बैठे हम लोगों तक पहुंची। सामने बैठे बच्चों को बाहर भेज दिया गया तब भी वही स्थिति बनी रही। स्थिति को भांपते हुए प्रो विवेकदत्त झा ने बिना माईक के ही अपना अध्यक्षीय भाषण दिया। शायद उन्होने सोचा हो कि जब माईक से बोलने से समझ नहीं आ रहा, तो बिना माईक के ही बोलना ठीक है। कम से कम डायस पर बैठे महानुभावों को तो सुनाई देगा। 

स्वागत भाषण समाप्ति तक ढाई बज चुके थे। भोजन की घोषणा हुई, भोजनोपरांत प्राचार्य मैडम प्रतिभा चंदेल ने कहा कि मंत्री जी आ रहे हैं, अभी फ़ोन आया है 10 मिनट में पहुंचने वाले हैं। सुन कर सभी जन हरकत में आ गए। मैडम कुछ तनाव में दिखी। ये करो और वो करो, लगा कि थोड़ी देर के लिए तूफ़ान आ गया। उन्होने साऊंड वाले को वार्निंग दी कि साऊंड सिस्टम ठीक करो नहीं तो पैसे नहीं मिलेगें। संगोष्ठी में शोध आलेख का पठन शुरु हुआ। सर्व प्रथम मेरा ही नाम पुकारा गया, लेकिन मेरे बगल में वरिष्ठ पुराविद डॉ कामता प्रसाद वर्मा बैठे थे। उनसे ही शुभारंभ हो सोच कर मैने उन्हें भेजा। डॉ कामता प्रसाद वर्मा ने अपना शोध आलेख पावर पांईट के माध्यम से पढा एवं दिखाया। दूसरे नम्बर मैं पढना चाहता था तो बी आर साहु जी बाजी मार ले गए। तीसरे नम्बर पर मैने अपना शोध आलेख "सिरपुर के शिल्पकार" पढा एवं दिखाया इसके पश्चात डॉ वृषोत्तम साहु ने एवं डॉ महेन्द्र कुमार सार्वा ने अपना शोध आलेख पढा। इस दौरान आलेख पठन किसी को सुनाई नहीं दिया एवं एक संगोष्ठी की 4 संगोष्ठियाँ दिखाई दे रही थी। मंचासीन अतिथियों का ध्यान आलेख पढने वाले की तरफ़ नहीं था। जब सुनाई ही नहीं देगा तो वे भी क्या ध्यान देगें। वे आपस की बातों में मशगुल थे। नीचे बच्चों की, अध्यापकों की एवं आमंत्रित अन्य विद्वानों की अलग संगोष्ठी चल रही थी।

प्राचार्य मैडम कह रही थी कि संगोष्ठी का आशय स्कूल के बच्चों के अपने क्षेत्र के इतिहास, पुरातत्व एवं संस्कृति से अवगत कराना है, जिससे वे इनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अभी से तैयार हो जाएं। बहुत सुंदर विचार लगे मुझे उनके। कुछ देर में स्थानीय पार्षद ने आकर सूचना दी कि व्यस्त होने के कारण मुख्य अतिथि मंत्री जी कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। सारा राजनैतिक कार्यक्रम धरा का धरा रह गया। मंचासीन अतिथियों को लिफ़ाफ़ों के साथ स्मृति चिन्ह पकड़ाए गए और कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा हो गई। मैने आयोजकों से विदा ली। डॉ प्रभा शर्मा शाम की चाय लेने का आग्रह कर रही थी। दो दिनों की संगोष्ठी में कल का सिरपुर भ्रमण भी सम्मिलित है। सांझ होने को थी और मुझे तो 30 किलोमीटर घर लौटना था। चाय के कप से चुस्की लेते हुए सोच रहा था इस संगोष्ठी से भी मुझे बहुत कुछ हासिल हुआ। लेकिन जिस उद्देश्य से संगोष्ठी का आयोजन किया गया था कि बच्चों को कुछ जानकारी मिले, छत्तीसगढ़ के उद्भट विद्वानों को बच्चे सुन नहीं सके। सिर्फ़ देख ही सके। लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी उद्देश्य हासिल नहीं हुआ। ध्यान रखना चाहिए कि जनता की गाढी कमाई का सही इस्तेमाल होना अत्यावश्यक है साथ ही उपस्थित विद्वानों के बहुमुल्य समय का भी ध्यान रखना चाहिए।

सेमीनार एवं संगोष्ठियों के कारण मार्च का महीना अत्यधिक व्यस्तता का रहा। अगले अंक में अन्य संगोष्ठियों की चर्चा करेगें। साथ ही जानने की कोशिश करेगें कि इन संगोष्ठियों से हमने क्या हासिल किया 

सोमवार, 25 मार्च 2013

ब्लॉग हायर सेकेंडरी परीक्षा ………4013


विषय - ब्लॉग होली विशिष्ट (इतिहास)
समय : 3 घंटे                                                                                                                                                 पूर्णांक - 100
निर्देश (1) सभी प्रश्न अनिवार्य हैं। कुल 25 प्रश्न हैं।

(अ) सही विकल्प चुन कर लिखिए (10 अंक)
(1) "धान के देश में" ब्लॉग़ के लेखक किस नाम से जाने जाते थे
 (अ) अवधिया चाचा (ब) जीके अवधिया (स) पीके अवधिया (द) बेदांती महाराज

(2) "मन पखेरु उड़ चला"  किस मशहुर कवियत्री का ब्लॉग है।
(अ)संध्या शर्मा (ब) सुनीता शर्मा (स)मोनिका शर्मा (द)वाणी शर्मा

(3) "उसने कहा था" ब्लॉग की माडरेटर कौन है।
(अ) माधवी शर्मा गुलेरी (ब) चंद्रप्रकाश गुलेरी (स) साधना गुलेरी(द) दिव्या गुलेरी

(4) श्याम कोरी उदय किस काव्य धारा के कवि हैं
(अ) ब्लॉग (ब) फ़ेसबुक (स) आरकुट (द) गुगल प्लस

(5) कविता वर्मा जी "कासे कहूँ" ब्लॉग पर साहित्य की विधा में लिखती थी
(अ)काव्य (ब) कहानी (स) यात्रा वृतांत (द) व्यंग्य

(ब) उचित संबंध जोड़ो (5 अंक)

(1) अनुप शुक्ला               - मानसिक हलचल
(2) लाला समीर लाल        -पराया देश
(3) ताऊ                           -फ़ुरसतिया  
(4)राज भाटिया                -रामप्यारी
(5)ज्ञानदत्त पाण्डे            -उडन तश्तरी

प्रश्न 2 से लेकर 11 तक प्रति प्रश्न 2-2 अंक हैं।

प्रश्न (2) ब्लॉग किसे कहते हैं, उदाहरण सहित परिभाषा लिखो

प्रश्न (3) संध्या शर्मा के ब्लॉग "मैं और मेरी कविताएं" से एक कविता लेकर उसके रस, छंद एवं अलंकार की व्याख्या कीजिए?

प्रश्न (4) ब्लॉग पर घनाक्षरी छंद रचने वाले ब्लॉगर का नाम बताएं और उनके द्वारा रचित एक छंद लिखें।

प्रश्न (5) "जलजला" ब्लॉग जगत में कब और क्यों सक्रीय हुआ?

प्रश्न (6) ब्लॉग लेखन को लेकर भारत में साईबर एक्ट की धारा 66/ए के अंतर्गत प्रथमत: किस ब्लॉगर पर जुर्म दर्ज हुआ था? उनके ब्लॉग का नाम लिखें।

प्रश्न (7) लंठ महाचर्चा लिखने वाले ब्लॉगर एवं ब्लॉग का नाम बताएं?

प्रश्न (8) जाट धर्म शाला नांगलोई में ब्लॉगरमीट कब और क्यों हुई थी?

प्रश्न (9) ब्लॉग पुरस्कारों का प्रारंभ क्यों और कहाँ हुआ?

प्रश्न (10) ताऊ द्वारा आयोजित ब्लॉग पुरस्कार किस नाम से जाना जाता है?

प्रश्न (11) चिट्ठा चर्चा पर विवाद कब और क्यों नहीं हुआ?

प्रश्न 12 से 20 तक 3-3 अंक हैं।

प्रश्न (12) नामी और बेनामी कमेंट का आशय क्या है?

प्रश्न (13) एक साथ दो-दो कमेंट कापी पेस्ट करने वाले ब्लॉगर का नाम बताएं?

प्रश्न (14) किस हिन्दी ब्लॉगर के ब्लॉग पर सबसे अधिक टिप्पणियों का रिकार्ड कायम हुआ?
                                                          या
प्रथम ब्लॉग़ युद्द किसके बीच एवं कहाँ हुआ था?

प्रश्न (15) ब्लॉग सत्ता पर अधिकार पाने की लड़ाई में कितने ब्लॉग और ब्लॉगर खेत रहे?
                                                         या
द्वितीय ब्लॉग युद्द के कारक बताएं?

प्रश्न (16) रायपुर में आयोजित 24 जनवरी 2010 की ब्लॉगर मीट को ब्लॉग मठाधीश ने विद्रोह क्यों माना?
                                                            या
प्रेस क्लब में आयोजित ब्लॉगर मीट में कौन सा प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित हुआ?

प्रश्न (17) गत्यात्मक ज्योतिष ब्लॉग की जुझारु ब्लॉगर का नाम बताएं एवं गत्यात्मक ज्योतिष की 500 शब्दों में व्याख्या करें?
                                                         या
ब्लॉग जगत की चिट्ठा चर्चाओं के नाम बताईए एवं  चर्चित चिट्ठा चर्चा ब्लॉग4वार्ता प्रारंभ करने की आवश्यकता क्यों पड़ी? (500 शब्दों में उत्तर दें)

प्रश्न (18) घुमंतु ब्लॉगर ललित शर्मा का जीवन दर्शन क्या था? तथा उनकी खोजों का वर्णन 500 शब्दों में कीजिए?
                                                                               या
10 प्रमुख ब्लागरों के नाम एवं ब्लॉग का नाम बताएं तथा 50 शब्दों में उनके ब्लॉग लेखन के विषय की जानकारी दें?

प्रश्न (19) बेनामी हमला सबसे पहले किस ब्लॉग पर कब और क्यों हुआ था? बेनामी हमले के कारकों की व्याख्या कीजिए?
                                                                               या
ब्लॉग पर कमेंट करने के कुछ महीनो के बाद कमेंट मिटाने वाले ब्लॉगर का जिक्र करते हुए, कमेंट मिटाने की मानसिक स्थिति का 300 शब्दों में विश्लेषण कीजिए?

प्रश्न (20) हरियाणा के रोहतक नगर में स्थित तिलियार ब्लॉगर मीट का आयोजन क्यों और किसने किया था? मीट में उपस्थित ब्लॉगर्स का नाम बताते हुए, मीट के पश्चात उपजे विवाद पर प्रकाश डालिए?
                                                                               या
समस्त चिट्ठा चर्चाओं का जिक्र करते हुए, उनकी उपयोगिता का 500 शब्दों में विश्लेषण कीजिए?

प्रश्न क्रमांक 21 से 24 तक 5-5 अंक हैं।

प्रश्न (21) ब्लॉग जगत के घुमक्कड़ों की चर्चा करते हुए, बताईए की वे घुमक्कड़ी के लिए उर्जा कहाँ से पाते हैं? 500 शब्दों में
                                                                                 या
"मेरे दिल के अरमां  रहे रात जलते,रहे सब करवट पे करवट बदलते। यूँ हारी है बाज़ी मुहब्बत की हमने,बहुत रोया है दिल दहलते- दहलते " ये लाईन किस प्रसिद्ध कवियत्री की हैं बताईए एवं संदर्भ सहित व्याख्या कीजिए?

प्रश्न (22) न दैन्यम न पलायनम, क्वचिदन्यतोअपि, सिंहावलोकन, आलसी का चिट्टा, आरंभ, देशनामा आदि ब्लॉग की सामग्री के विशिष्टता पर 100-100 शब्दों में जानकारी दें?
                                                                               या
ब्लॉग जगत के आडियो ब्लॉग्स की जानकारी देते हुए उनकी सामग्री का विश्लेषण 500 शब्दों में करें?
प्रश्न (23) नुक्कड़ की स्थापना कब हुई थी? नुक्कड़ के सहयोगी लेखकों का जिक्र 500 शब्दों में कीजिए?
                                                                             या
जन्मदिन एवं विवाह की साल गिरह की जानकारी देने वाले ब्लॉग का क्या नाम था तथा उसके बंद होने के कारणों का उल्लेख करें?

प्रश्न (24) ब्लॉग लेखन के कारकों का उल्लेख करते हुए नए ब्लॉगर का ब्लॉग जगत की हाईवे, गली-गलियारों का जिक्र करते हुए 500 शब्दों में मार्ग दर्शन कीजिए?
                                                                            या
ब्लॉग लेखन के लिए आवश्यक सामग्री का जिक्र करते हुए कुछ उल्लेखनीय ब्लॉगों के विषय में 500 शब्दों में जानकारी दीजिए।

प्रश्न -(25) निबंध लिखिए (750 शब्दों में) अंक 18

अजय झा के ब्लॉग, ब्लॉग जगत का आस्कर, बेनामी टिप्पणीकार, एग्रीगेटर्स, ब्लॉगिंग के आयाम
                                                                            या
ब्लॉगिंग के गूढ रह्स्यों की जानकारी देते हुए पिता को पत्र लिखिए ?

शनिवार, 28 जुलाई 2012

गड़ा खजाना मिला मुझे ------------------- ललित शर्मा

मड फ़ोर्ट का गुगल व्यू
धरती के कोने-कोने में प्राचीन सभ्यताओं के अवशेष बिखरे पड़े हैं,छत्तीसगढ भी इससे अछूता नहीं है। यहां पग-पग पर पुरावशेष मिल जाते हैं। धरती की कोख में खजाने गड़े हुए हैं, हम यह किस्से कहानियों में सुनते आए हैं। इतिहास के अध्ययन से ज्ञात होता है कि राजाओं के खजाने सुरक्षित रखने की दृष्टि से धरती में या गिरि कंदराओं में छिपाए जाते थे। पृथ्वी में गड़े पुरावशेष भी किसी गड़े हुए खजाने से कम नहीं है। जब यह खजाना बाहर आता है तो अपने काल के सारे किस्से उगल देते हैं।

चौरस मड फ़ोर्ट का गुगल व्यू
ऐसा ही एक पुरातात्विक खजाना उगलने को तैयार है 21N05 81E46 अक्षांश-देशांश पर जिला रायपुर छत्तीसगढ के अभनपुर जनपद एवं नगर पंचायत का राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर बसा हुआ ग्राम बड़े उरला। इस गांव को लगभग200-250 वर्ष पूर्व बोधवा गौंटिया द्वारा बसाया था। इनके परिवार के 40-45 घर अभी भी यहाँ निवास करते हैं। इनके वंशज 60 वर्षिय हृदय लाल गिलहरे (गुरुजी) सेवानिवृत व्याख्याता है। ग्रामाधारित विषयों पर हमेशा इनसे चर्चा होते रहती है। उन्होने बताया कि उरला गाँव कुल रकबा (छोटे उरला एवं बड़े उरला) 1800 एकड़ का है। इनके पूर्वजों ने गाँव में ईशान कोण में दर्री तालब एवं पूर्व में बंधवा तालाब बनवाया था।


हृदयलाल गिलहरे(गुरुजी) पार्श्व में ठाकुर देव

शासकों द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से बनाए जाने वाले दुर्गों (किलों) में गिरि दुर्ग, जल दुर्ग एवं धूलि दुर्ग (मडफ़ोर्ट) प्रमुख हैं। 26 जुलाई 2012 को गुरुजी से हसदा के मडफ़ोर्ट के विषय में चर्चा हो रही थी, तो वे मुझे गाँव के पूर्व में स्थित डीह (टीला) दिखाने ले आए। शाम के समय मैंने यहाँ की संरचना देखी। देखते ही अहसास हो गया कि यह एक मडफ़ोर्ट (धूलि दुर्ग) है। मुझे गांव की पूर्व दिशा में मडफ़ोर्ट (धूलि दुर्ग) के अवशेष के साथ पुरातात्विक प्रमाणो की जानकारी मिली। इस स्थान पर मैं बचपन से जाता रहा हूँ। यहाँ पर सैकड़ों साल पुराना विशाल पीपल का वृक्ष हुआ करता था।

डीह पर स्थापित ठाकुर देव
जिसकी गोलाई लगभग 30 फ़ुट रही होगी। गाँव के बुजुर्ग कहते थे कि यह वृक्ष कितना पुराना है यह किसी को नहीं पता। इस स्थान को देखने पर पता चलता है कि यहां चारों तरफ़ लगभग 15 फ़ुट चौड़ी एवं 20 फ़ुट गहरी खाई है। इस मडफ़ोर्ट के पूर्व एवं पश्चिम के द्वार स्पष्ट दिखाई देते हैं। उत्तर-दक्षिण के द्वार गुगल इमेज से दिखाई देते हैं। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण ग्रामवासी इसे "डीह" ( टीला या ऊंचा स्थान) कहते हैं। डीह के आग्नेय कोण में पीपल के वृक्ष के नीचे सर्वमान्य प्रमुख ग्राम देवता ठाकुर देव का स्थान है। यहाँ सदियों से किसान अक्ति (अक्षय तृतीया) को दोना में धान चढाते हैं और पूजा अर्चना करके खेती-किसानी की शुरुआत करते हैं।

पूर्व दिशा में मड फ़ोर्ट की खाई
डीह की पूर्व दिशा में किसान के खेत में एक गड्ढा है जिसमें बरसात होने के कारण पानी भरा हुआ है। गुरुजी कहते हैं कि यह सुरंग हैं, जब कोई सगा मेहमान गाँव में आता था उनके दादा उसे यह सुरंग दिखाने के लिए लाते थे। सुरंग के पास लेट्राईट में खोदे हुए 1.5X1.5 फ़ुट के गड्ढे हैं। ऐसे ही गड्ढे बावड़ी के पास भी बने हुए हैं। सुरंग से लगभग 700 फ़ुट की दूरी पर एक 20X30X10 फ़ुट की बावड़ी है। जिसमें हमेशा पानी भरा रहता है। बड़े उरला के प्रवेश में 1942 में गिरधारी कहार (तत्कालीन गौंटिया) द्वारा बनाया गया पंचमुखी शिवालय भी है। गाँव के ईशान कोण में दर्री तालाब के किनारे शीतला मंदिर है और डीह के ईशान कोण में सतबहनिया देवी है। डीह के पश्चिम एवं गांव के पूर्व में सांहड़ा देव है। डीह के पूर्व में भैंसासुर है। किसानों के आधिपत्य में होने के कारण डीह की मिट्टी खुदाई कर किसान अपने खेतों में डालते थे। यहाँ की मिट्टी उपजाऊ होने के कारण खेतों में दो-तीन वर्ष तक गोबर खाद डालने की आवश्यकता नहीं होती। उपजाऊ भूरी मिट्टी होने के कारण किसानों ने डीह के आधे हिस्से की खुदाई करके अपने खेतों में पहुचा डाली। बताते हैं कि डीह को खोदने पर मानवोपयोगी घर-गृहस्थी के उपकरण प्राप्त होते हैं। जिनमें मिट्टी के पके लाल बर्तन, दीया, खाना पकाने के बर्तन, धान कूटने का मूसल, मसाला पीसने का सिल-लोढा इत्यादि प्राप्त हुए हैं।

सुरंग का मुहाना और पार्श्व में डीह
मडफ़ोर्ट के पूर्वी द्वार से लगभग 150 मीटर पर स्थित सुरंग का उपयोग सुरक्षा के लिए किया जाता रहा होगा। सुरंग का एक ही मुहाना दिखाई देता है। दुसरा मुहाना कहाँ पर है और कहाँ तक जाता है इसका कोई पता नहीं। डीह के आसपास की मिट्टी से बाहर निकले हुए कठोर लेट्राईट पत्थर दिखाई देते हैं तथा सुरंग भी लेट्राईट में खोद कर बनाई गयी है। अगर सुरंग की सफ़ाई की जाए तो पता चल सकता है कि इसका दूसरा मुहाना कहाँ पर है। या फ़िर यह सुरंग न होकर कोई खोह होगी जिसमें युद्ध के समय या आपातकाल में गढीदार या सैनिक छिपते रहे होगें। 1.5X1.5 फ़ुट के गड्ढे सैनिकों के छिपने के लिए बनाए गए होगें। इन गड्ढों को तीन फ़ुट की तश्तरीनुमा प्लेट से ढका जा सकता है। इसके भीतर आराम से बैठकर एक व्यक्ति तीर इत्यादि जैसे अस्त्र चला सकता है। युद्ध की स्थिति में आस-पास का सघन वन भी सैनिकों के छिपने में सहायक होता होगा। उपर्युक्त संरचनाओं को देखने से प्रतीत होता है कि यह व्यवस्था सामरिक उपयोग को ध्यान में रख कर की गयी होगी।

कोल्हान नाला का उद्गम
यहाँ का निवासी होने के कारण इलाके की भौगौलिक स्थिति से मैं पूरी तरह परिचित हूँ। बड़े उरला में मात्र 3 तालाब हैं जिसमें बंधवा तरिया, दर्री तरिया का निर्माण बोधवा गौंटिया के परिजनों द्वारा एवं बोईर तरिया का निर्माण राहत कार्य के दौरान हुआ है। यहाँ मडफ़ोर्ट में रहने वालों के लिए पानी की क्या व्यवस्था रही होगी? क्योंकि जहाँ निस्तारी के लिए पानी का साधन न हो वहाँ कोई निवास नहीं करता। यह विचार करने पर मडफ़ोर्ट के पूर्व में स्थित कोल्हान नाला याद आता है। यहाँ से कोल्हान नाला एक फ़र्लांग ही होगा। बेलडीह, गिरोला, अभनपुर, नायकबांधा, बड़े उरला का बरसात का पानी एकत्र होकर नाले का निर्माण करता है। यह नाला खरोरा के पास जाकर छोटी नदी का रुप धारण कर लेता है। इसका पाट काफ़ी चौड़ा हो जाता है। अनुमान है कि कोल्हान नाला समीप होने के कारण यहां के निवासियों को निस्तारी के लिए पानी उपलब्ध होता रहा होगा। सुरंग के समीप मिलने वाले 1.5X1.5 फ़ुट के गड्ढे झरिया के काम आते होगें। साथ ही 20X30X10 फ़ुट की बावड़ी भी निस्तारी के लिए मिलने वाले जल का प्रमाण है। कोल्हान नाला गिरोला और बड़े उरला के बीच से प्रवाहित होता है। वर्तमान में नाले पर किसानों नें अतिक्रमण करके खेत बना लिए गए हैं। नाला कहीं दिखाई नहीं देता। मैदानों का पानी खेतों के भीतर से ही प्रवाहित होता है।

खोजकर्ता ब्लॉ. ललित शर्मा पार्श्व में मडफ़ोर्ट का पूर्वी द्वार
बचपन में रामगोपाल साहू के साथ सायकिल पर इसी रास्ते से उसके गाँव गिरोला जाता था। उरला एवं गिरोला के बीच कई सौ एकड़ का भाटा (उंचाई लिए बंजर भूमि) पड़ता था। तब रामगोपाल बताता था कि उसके सियान कहते थे कि पहले उनका गाँव यहीं भाटा में बसता था। गाँव में दैवीय प्रकोप के कारण धूकी(वर्षा जनित बीमारी) से कई लोग मर गए, तब इस स्थान को छोड़कर कुछ ग्रामवासी एक किलोमीटर दूर उत्तर की तरफ़ छोटे उरला जाकर बस गए और कुछ पूर्व की ओर जाकर बस गए, उस बसाहटा को गिरोला नाम दिया। शायद बीमारी के थक हार कर गिरते पड़ते उस स्थान पर पहुंचने के कारण गाँव का नाम गिरोला प्रचलन में आया हो। जहाँ से ग्रामवासियों ने सपरिवार पलायन करके नया गाँव बसाया उस पुराने गाँव का नाम "बगबुड़ा" है। अभी यह गाँव राजस्व रिकार्ड में वीरान गाँव के नाम से दर्ज है। ऐसे वीरान गाँव छत्तीसगढ अंचल में बहुत हैं। गिरोला से लगा हुआ बड़ा तालाब है, जिससे ग्रामवासियों की निस्तारी होती है। वर्तमान में इस भाटा में नवभारत एक्सप्लोसिव कम्पनी की बारुद फ़ैक्टरी लगी हुई है। 

वन देवी कर्राबाघिन उरला एवं गातापार की सीमा में
गिरोला, बड़े उरला, बेलडीह के मैदानों में तेंदू पत्ता की भरमार है। ग्रामवासी बीड़ी बनाने के लिए गर्मी के दिनों में यहीं से तेंदू के पत्तों की तोड़ाई करते हैं। रायपुर-राजिम के  तीर्थ यात्रियों वाले पुराने रास्ते पर बड़े उरला से लगभग एक कोस पर वन देवी कर्राबाघिन का स्थान है तथा गांव के खार (खेतों) में भैंसासुर भी विराजमान है। भैंसासुर वन देवता है, त्यौहारों के विशेष अवसरों भैंसासुर का मान-दान किया जाता है। वनदेवी कर्राबाघिन वन के प्रवेश द्वार पर होती हैं। वन में प्रवेश करने के पूर्व उनकी पूजा अर्चना करके कुशलता की प्रार्थना की जाती है है। विशेष कर वीरान गाँव का "बगबुड़ा" नाम ध्यान आकृष्ट कराता है। बग=बाघ और बुड़ा=डूबना या दिखाई न देना। याने इतना सघन वन कि बाघ दिखाई न दे। साथ ही डीह पर खाद जैसी उपजाऊ मिट्टी का मिलने यह प्रतीत होता है कि यह स्थान वीरान होने पर यहाँ के वृक्ष सड़ कर कम्पोस्ट खाद में बदल गए। भैंसासुर, बगमुड़ा, वनदेवी कर्रा बाघिन, डीह से उपजाऊ मिट्टी का प्राप्त होना आदि सूत्रों को जोड़ने पर लगता है कि इस स्थान पर सैकड़ों वर्षों पूर्व सघन वन रहा होगा।

पश्चिम दिशा में मडफ़ोर्ट की खाई
बुजुर्ग ग्रामवासी बताते थे कि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 बनने के पूर्व रायपुर से राजिम जाने वाले तीर्थ यात्री इस मार्ग से ही राजिम जाते थे तथा यह मार्ग राजिम से आगे जाने वाले यात्रियों के काम भी आता होगा। प्राचीन काल में शासक और श्रेष्ठिजन पथिकों के विश्राम एवं जल की आवश्यकता को देखते हुए मार्ग पर कुंए और सराय बनवाते थे। जहाँ यात्री जल ग्रहण कर अपनी प्यास बुझा सकें और आवश्यकता पडने पर कुछ देर विश्राम कर सकें। इस मार्ग पर कुंआ भी है जिसका अवशेष मात्र ही दिखाई देता है। इस मार्ग का सर्वे किया जाए तो अन्य स्थानों पर भी कुंए के अवशेष मिल सकते हैं, जिससे इस प्राचीन मार्ग की प्रमाणिकता सिद्ध होगी। अभी तक मैने जितने भी मडफ़ोर्ट देखे हैं वे सभी गोलाई लिए हुए हैं। बड़े उरला में प्राप्त मडफ़ोर्ट चौरस (स्क्वेयर) होना इसे विशिष्ट बनाता है, चौरस मडफ़ोर्ट मुझे पहली बार देखने मिला। इस मडफ़ोर्ट को किसने बनाया? इसमें कौन और किस काल में निवास करता था? किस राजा की यह गढी थी? इसका इतिहास क्या है? आदि प्रश्न मेरे जेहन में घुम रहे हैं। बड़े उरला के इस मडफ़ोर्ट के प्राप्त होने के बाद इन सब प्रश्नों के उत्तर ढूढना पुरातत्ववेत्ताओं एवं इतिहास के अध्येताओं का कार्य है। जिससे देश-दुनिया को यहाँ के इतिहास की जानकारी मिलेगी तथा इतिहास में नवीन कड़ियाँ जुड़ेगीं।


रविवार, 7 फ़रवरी 2010

प्राचीन भारत में विमान विज्ञान

विमान अध्याय पर आगे बढते हैं, इस विषय पर मै 17 सितम्बर की एक पोस्ट मे पहले भी लिख चुका हुँ, मेरा उद्देश्य प्राचीन ज्ञान विज्ञान की जानकारी देना ही है.हमारे ग्रथों मे  विमानों के विषय मे जानकारी दी गयी है। हम पंचतंत्र की एक कथा की ओर चलते हैं इसमें लिखा है कि एक धुर्त मनुष्य विष्णु का रुप धर के आया करता था और गरुड़ की ही आकृति का वाहन ही लाता था. इसी तरह गयाचिंतामणि नामक ग्रंथ मे मयुर की आकृति के विमान का वर्णन है वाल्मीकि रामायण के सर्ग 9 मे पुष्पक विमान का वर्णन है।-
ब्रह्मणोर्थं कृतं दिव्यं दिवि यद्विश्वकर्मणा।
विमानं पु्ष्पकं नाम सर्वरत्नविभुषितम्॥ (वाल्मीकि रामायन सर्ग9)
 भागवत मे राजा शाल्व के विमान का वर्णन आया है-
स लब्धवा कामगं यानं तमोधाम दुरासदम्।
ययौ द्वारवर्ती शाल्वौ वैरं वृष्णिकृतं स्मरन्।
क्वचिदू भूमौ क्वचिदू व्योम्नि गिरिश्रृंगे जले क्वचिदू। (भागवत)
शाल्व का यह विमान भूमि, आकाश, जल और पहाड़ पर आसानी से चलता था। सबसे विशाल और भव्य विमान कर्दम ॠषि का था। भागवत मे इसका वर्णन मिलता है। 
कुछ ग्रंथो के अध्ययन से पता चलता है कि विमानों को बनाने वाले कारीगर बौद्धकाल तक उपस्थित थे। धम्मपाद मे बोधिराज कुमार वत्थु पृष्ट क्रमांक 410 मे एक कारीगर का वर्णन है कि बोधिराजकुमार ने एक महल बनवाया. बनाने वाले कारीगर ने उसे बड़ा ही विचित्र बनाया. बोधिराज ने सोचा की कारीगर कहीं दुसरे का महल ऐसा ना बना दे, इसलिए उसके हाथ कटवा देना चाहिए. बोधिराज ने यह बात अपने एक सलाहकार से भी कह दी.सलाहकार के माध्यम से यह बात कारीगर तक भी पहुँच गई. कारीगर ने अपनी पत्नी को समाचार कहला भेजा कि वह घर द्वार मालमत्ता बेचकर एक दिन इस महल को देखने का निवेदन राजा से करे. स्त्री ने यही किया और वह राजा के आदेश से महल देखने को गई, कारीगर उसे एक कोठरी में ले गया और स्त्री तथा अपने बच्चों समेत गरुड़ यंत्र पर सवार होकर भाग गया तथा नेपाल के काठ मांडू में रहने लगा.विमान पक्षी (गरुड़) की आकृति के बनते थे. इसलिए भगवान विष्णु का वहां गरुड़ कहा गया है. 
वैदिक काल में हमारा विज्ञान समृद्ध था. लेकिन आज प्रश्न उठते हैं कि इस ज्ञान को हम सहेज कर क्यों नहीं रख सके जबकि हमने तकनीकि दृष्टि से इतना विकास किया था. मेरी तो समझ में कुछ बाते आती हैं.
  1. हमारे देश में कारीगरी परंपरागत रूप से चलती थी. जो पिता के द्वारा पुत्र को हस्तांतरित होती थी. यह उनका व्यापारिक रहस्य था जिसे दुसरे कुल के लोगों को बताना नहीं चाहते थे. यदि उस कुल में कोई पुत्र या व्यक्ति इसे जानने के योग्य नहीं रहा तो उसकी मृत्यु के साथ सारी विद्या समाप्त हो गई.
  2. परम्परागत कारीगर इसे बताकर अपना व्यवसायिक प्रतिद्वंदी नहीं खड़ा करना चाहते होंगे.
  3. युद्ध में भीषण विनाश होने के कारण राज्य द्वारा परम्परागत कारीगरों को संरक्षण नही मिलना.
  4. कारीगर का जीवन राज सहयोग से ही चलता था. राज्य संरक्षण में ही वे अपना जीवन यापन कर उत्तम कृतियों का निर्माण करते थे. उदासीन राजा के कारण राज्य संरक्षण प्राप्त नहीं होने के कारण वे इस कार्य को सतत नहीं रख सके होंगे
  5. इस निर्माण कार्य में अतुल धन राशि का व्यय होता था.राजा ही निर्माण का खर्च उठा सकते थे. इसलिए काम नहीं मिलने की दशा में व्यवसाय परिवर्तन किया होगा.
  6. आज भी हमारे देश में उत्कृष्ट कारीगर हैं जो बड़े-बड़े इंजीनियरों को धुल चटा देते हैं लेकिन औद्योगिक करण के कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हुआ है. आज परंपरागत कुशल कारीगर जीविको पार्जन के लिए मिटटी खोदने को मजबूर हैं.
  7. विदेशी आक्रमणकारियों द्वारा निरंतर लिखित सामग्री एवं ग्रंथालयों का नष्ट किया जाना.
अन्य भी कारण हो सकते हैं इसकी तह में जाने के लिए एक वृहद् शोध की आवश्यकता है.

बुधवार, 3 फ़रवरी 2010

प्राचीन विद्या और विज्ञान

प्राचीन काल में परम्परागत शिल्पकारों ने यंत्रों का निर्माण किया तथा उनके वैज्ञानिकता एवं अनुसंधानों ने सारे जगत को अभी भी चकित कर रखा है. उन्होंने जो यन्त्र बनाये उनकी तकनीकि उत्कृष्टता पर हम आज भी चकित हो जाते है. 

धम्मपाद की कथा वसुल्दात्ता वत्थु पृष्ठ ६८ पर लिखा है कि कौशाम्बी के राजा उदयन से उज्जियनी के राजा चंडप्रद्योत की शत्रुता थी. 

प्रद्योत ने राजा उदयन को धोखा देकर पकडवाने के लिए एक हस्ति यन्त्र तैयार करवाया, यह हाथी लकड़ी का था. इसका रंग सफ़ेद था. यह स्वचालित यन्त्र से चलता था. इसके अन्दर ६० योद्धा बैठ सकते थे. प्रद्योत ने इस हाथी को उदयन के जंगल में छुडवा दिया. 

हाथी जंगल में इधर उधर विचरण करने लगा. सफ़ेद हाथी की खबर पाकर उदयन इसे पकड़ने आया, परन्तु 
स्वयं ही पकड़ा गया. 

इसी ग्रन्थ में कथा विशाखा वत्थु  पृष्ठ १९५ में लिखा है कि विशाखा के लिए एक महालता नामक आभूषण बनवाया गया था. यह सर से परों तक था. इसे चार महीनो में ५०० सुतारों ने बनाया था. 

इसकी कीमत उस समय में किसी सिक्के के भाव से ९ करोड़ थी. इस आभूषण में एक मोर लगा था. जो विशाखा के मस्तक पर नाचा करता था. इस तरह महाभारत के आदि पर्व में उतंग घोड़े का वर्णन आया है. वह भी यन्त्र के सहारे ही चलता था. 

शाहवाज गढ़ी पेशावर में एक पत्थर पर रेल का प्रतीक भी बना हुआ है. इस तरह हमें अपनी प्राचीन विद्या और विज्ञान पर गर्व है. इन्होने जो अविष्कार किये हैं वह उस ज़माने और आज के समय में भी चमत्कार से कम नहीं है.

सोमवार, 1 फ़रवरी 2010

प्राचीन भारत के यंत्र एवं बैज्ञानिक अविष्कार

प्राचीन काल में हमारा विज्ञान उत्कर्ष पर था, वर्तमान से तुलना करें तो हम इतनी वैज्ञानिक प्रगति करने के पश्चात प्राचीन काल की वैज्ञानिक तरक्की के सामने बौने साबित हो रहे है। हम मंत्रों के विषय मे बचपन से सुनते आए हैं। जब हम लिखना पढना भी नही जानते थे। तब मंत्रों के उच्चारण दादा जी के मुंह से सुनते थे। वे नित नेम से संध्या इत्यादि मंत्र पाठ करते थे। इसके पश्चात पिताजी ने भी यह परम्परा बनाए रखी। वे मंत्र के साथ यंत्र का भी प्रयोग करते थे। अब हम हैं,हम मंत्र,यंत्र और तंत्र तीनो का प्रयोग करते है। अब हम चलते हैं भारद्वाज मुनि कृत यंत्रणार्व ग्रन्थ के वैमानिक प्रकरण में दी गई  मन्त्र, तंत्र और यंत्र की परिभाषा की ओर........
मंत्रज्ञा ब्राह्मणा: पूर्वे जलवाय्वादिस्तम्भने।
शक्तेरुत्पादनं चक्रुस्तन्त्रमिति गद्यते॥
दण्डैश्चचक्रैश्च दन्तैश्च सरणिभ्रमकादि भि:।
शक्तेस्तु वर्धकं यत्तच्चालकं यन्त्रमुच्यते॥
मानवी पाशवीशक्तिकार्य तन्त्रमिति स्मृतं---(यन्त्राणर्व)
  • मन्त्र-जल और वायु के स्तम्भन से जो शक्ति प्राप्त होती है उसे मन्त्र कहते है.
  • यन्त्र-दांतों की योजना, सरणी और भ्रामक आदि के द्वारा जिस शक्ति का वर्धन और संचालन किया जाता है, उसे यन्त्र कहते है.
  • तंत्र-मनुष्यों और पशुओं की शक्ति से कार्य किया जाता है, उसे तंत्र कहते हैं.
हमारे प्राचीन ग्रंथो मे इन मंत्र-यंत्र-तंत्र के अनेक प्रमाण मिलते है।
विविध यन्त्र
हम प्राचीन कला कौशल युक्त यंत्रों के वर्णन करते हैं. भोज प्रबंध में लिखा है .......
घट्यैकया क्रोशवदशैकमश्च: सुकृत्रिमो गच्छति चारुगत्या।
वायुं ददाति व्यजनं सुपुष्कलं विना मनुष्येण चलत्यजस्रम्॥ (भोज प्रबंध)
मन्त्रों की चर्चा कभी फिर करेंगे आज यंत्रों की चर्चा करते हैं. जो सवारी और मनोरंजन और युद्ध के काम आते थे. भोज प्रबंध में लिखा है. राजा भोज के पास एक काठ का घोडा था, एक घडी में ग्यारह कोस चलता था और एक पंखा था, जो बिना किसी मनुष्य की सहायता के  अपने आप ही खूब तेज चलता था और हवा देता था.