अचानकमार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अचानकमार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 4 जून 2014

अचानकमार: लमनी के गाँधी प्रोफ़ेसर खैरा

प्रारंभ से पढे

तिलाई डबरा से बायसन से साक्षात्कार के बाद सफ़र आगे बढा, राह में अचानकमार गाँव है, 10 बरसों से देख रहा हूँ कोई बदलाव नहीं है। सड़क पर वही इकलौता झोंपड़ी वाला होटल, जिसमें भजिया, बिस्कुट एवं चाय मिलती है। ठंड के दिनों में यहाँ से गुजरने वाले यात्रियों के लिए आग तापने का एकमात्र सहारा है। एक बार ठंड से ठिठुरते हुए मैने भी गर्माहट के लिए हाथ पैर तापे थे। होटल की भट्टी में लगे हुए मोटे लट्ठ किसी बाबाजी के धूने या बिरहाग्नि की तरह 24X7 कल्लाक जलते रहता है। आज का मौसम आग तापने लायक नहीं था। गाड़ी वाताकूलन पर थी। हम सीधे जा रहे थे पर सड़कें लहरा रही थी किसी मदमस्त त्वंगी की मानिंद। पिछली बार नेपाल से लौटते हुए लमनी नाका से चढे हुए एक महुआ मतंग को हमने यही पर उतारा था।
अचानकमार का केंवची द्वार
हम अचानकमार के चर्चित ग्राम लमनी पहुंच गए। चड्डा जी ने ब्रेक लगाने का आदेश दिया। गाड़ी से उतरते ही दुकान के समाने बैठे खादीधारी कृशकाय व्यक्ति पर निगाह पड़ी। मैने तुरंत पहचान लिया कि ये "दिल्ली वाले प्रोफ़ेसर" हैं, नाम भूल रहा था। चड्डा साहब और उनका परस्पर 20 वर्षों का स्नेहिल संबंध है। दोनो ही जंगल और उसके निवासियों के संरक्षण हेतू तपस्या कर रहे हैं। दुआ सलाम के पश्चात चड्डा साहब ने हमारा परिचय प्रोफ़ेसर खैरा से कराया। उन्होने ने अपना थैला खोला और उसमें से चनामुर्रा (जिसमें मिक्चर मिला रखा था) मुट्ठी भर मेरे हाथ पर धर दिया। उनके थैले में कागज और स्केच पेन के साथ दो-चार पैकेट पारले जी एवं कुछ टेबलेट भी दिखाई दी। मुर्रा चबाते हुए उनसे चर्चा होने लगी। 
प्रोफ़ेसर पीडी खैरा चना मुर्रा देते हुए
जानकारी के लिए बता दूं इन शख्सियत का नाम प्रो पी डी खैरा है। ये दिल्ली विश्वविद्यालय में समाज शास्त्र के प्रोफ़ेसर रहे हैं। पहले अपने छात्रों के साथ बैगा आदिवासियों पर किसी प्रोजेक्ट के सिलसिले में अचानकमार आए। वापस लौटने के बाद इन पर भी वैरियर एल्विन की आत्मा सवार हो गई और 25 वर्षों से इस लमनी ग्राम में ही निवास कर बैगा आदिवासियों के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। 80 वर्ष की उम्र में छपरवा के हाई स्कूल में बच्चों को अंग्रेजी पढाने जाते हैं। पहले इस स्कूल में अंग्रेजी का कोई शिक्षक नहीं था। वहाँ से लौट कर लमनी के छोटे बच्चों से वनांचल के जीवन से संबंधित चित्र बनवाते हैं। जब उन्होने मुझसे चित्रों के विषय में चर्चा की तो लगा कि आदिवासियों की परम्परागत चित्रकारी पर कोई काम करवा रहे हैं। परन्तु लमनी के बच्चे सफ़ेद कागज पर स्केच पेन से रंगीन चित्र बना रहे हैं जिसमें उनकी दिनचर्या झलकती है।
लमनी स्थित प्रोफ़ेसर पीडी खैरा की पर्ण कुटी
चर्चा करते हुए कार पर निगाह पड़ी तो चक्का पंचर दिखाई दिया। गाड़ी के टायर ट्यूबलेस थे, प्रोफ़ेसर खैरा ने एक बंदे को हवा भरने कहा और मुझे अपनी पर्ण कुटी में बच्चों की बनाई पेंटिंग दिखाने ले गए। एक कमरे की उनकी कुटिया सुंदर है, जिसमें दो खिड़कियाँ और एक दरवाजा है, सामने छोटी परछी है और थोड़ा लकड़ियों का घेरा। कमरे में प्रवेश करने पर थोड़ा सा ही सामान दिखाई दिया। थोड़े से बर्तन एवं एक टेबल एक तख्त। टेबल पर कागज, पुस्तकें फ़ाईले इत्यादि रखी है और तख्त इनके सोने के काम आता है। सीधी साधी साधू सी जिन्दगी पर जज्बा आसमान से भी बड़ा। एक सीएफ़एल बल्ब कवेलू की छत से लटक रहा था। पूछने पर पता चला की बैटरी से चलता है। इस गांव में मोबाईल फ़ोन काम नहीं करता। एक व्यक्ति ने डब्लु एल एल कनेक्शन लेकर पीसीओ खोल रखा है, आवश्यकता होने पर उसी से बात होती है। 
आदिवासी बच्चों के बनाए चित्र दिखाते हुए
प्रोफ़ेसर खैरा कुटिया से बाहर आते हैं उनके हाथों में बहुत सारे बच्चों के बनाए चित्र हैं  जिन्हें मुझे दिखाते हैं। चित्रों में आदिवासी जनजीवन की कहानियाँ  चित्रित हैं, जो रोजमर्रा में घटित होता है वही उनके चित्रों का विषय है। मछली पकड़ना। पेड़ काटना, शिकार करना। जंगली जानवरों के चित्र, जिन्हें वे अपने आस पास हमेशा देखते हैं। बच्चों ने अपनी कलम से सारा जहान रच डाला है। चित्रों से दिखाई देता है कि उन्हें रंगो की कितनी समझ है। रंग बिरंगे फ़ूलों के साथ रंग बिरंगी चहचहाती चिड़िया और काली बिल्ली भी बनाई हुई है। प्रोफ़ेसर खैरा चिंता व्यक्त करते हुए कहते हैं - सरकार वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदल रही है। इसके विषय में कुछ करना होगा। आप भी लिखिए और मैं भी कुछ प्रयास करता हूँ। 
लमनी के गांधी प्रोफ़ेसर खैरा
गांधीवादी विचारों से ओत प्रोत व्यक्ति दिल्ली जैसी सर्वसुविधायुक्त राजधानी को छोड़ कर अचानकमार के लमनी जैसे गाँव में बैगा आदिवासियों के बीच रह कर उनके विकास के लिए कार्य कर रहा है, यह आज के जमाने में बड़ी बात है। जहाँ मोबाईल फ़ोन, बिजली, डॉक्टर जैसी सामान्य सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहाँ बैगा आदिवासियों के साथ उनके जैसी ही झोपड़ी में रहकर उनके दुख दर्द को समझा जा सकता है। कहते हैं कि प्रोफ़ेसर खैरा बैगा आदिवासियों के लिए प्रशासनिक स्तर से लेकर न्यायालय स्तर तक लड़ाई लड़ते हैं। आदिवासियों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विस्थापन के मुद्दे पर उन्होने 25 वषों तक उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर सफ़र तय किया है। हमारी गाड़ी के टायर में हवा भर जाती है और हम उनसे पुन; मिलने का वादा करके विदा लेते हैं।  सफ़र जारी है……… आगे पढें

मंगलवार, 3 जून 2014

अचानकमार: बायसन ( गौर) से साक्षात्कार


बिलासपुर वन प्रभाग का उत्तर पश्चिमी वन विकास खण्‍ड, अचानकमार वन्‍य जीवन अभयारण्‍य भारत का एक समृद्ध अभयारण्‍य है। अचानकमार नाम कुछ अजीब सा लगता है, मैने इसके नामकरण के विषय में जानना चाहा तो प्राण चडडा  कहते हैं - "इस नाम के पीछे कई किंवदंतियाँ हैं। जैसे किसी ने शेर को अचानक मार दिया इसलिए लिए अचानकमार नाम पड़ा। इससे संबंध एक किंवदन्ति है कि वनवासियों ने आवास के लिए अचानक जंगल काट डाला इसलिए अचानकमार कहा जाने लगा।" वैसे नाम के साथ पुर जुड़ने पर यह नाम अधिक पुराना नहीं लगता है। फ़िर भी नाम के प्रति जिज्ञासा बनी रहती है। 
 अभ्यारण्य का छपरवा गाँव
"राहुल सिंह कहते हैं कि अचानकमार शब्‍द स्‍पष्‍टतः ‘अचानक’ और ‘मार’, इन दो शब्‍दों से मिल कर बना है। अचानक के साथ पुर जुड़कर छत्‍तीसगढ़ में जंगली इलाकों में ग्राम नाम बनते हैं- अचानकपुर। ध्‍यान देने योग्‍य है कि पुर शब्‍द भी यहां पुराने प्रचलन का नहीं है। अब दूसरे शब्‍द ‘मार’ के बारे में सोचें। मार या इससे जुड़े एकदम करीब के शब्‍द हैं- सुअरमार या सुअरमाल, बाघमड़ा, भालूमाड़ा, अबुझमाड़ (अबुझ भी अचानक की तरह ही अजनबी सा शब्‍द लगता है), जोगीमारा (सरगुजा), प्राचीन स्‍थल माड़ा (सीधी-सिंगरौली में कोरिया जिले की सीमा के पास)। इन पर विचार करने से स्‍पष्‍ट होता है कि ‘मार’ या इसके करीब के शब्‍द पहाड़, पहाड़ी गुफा, स्‍थान (जिसे ठांव, ठांह या ठिहां भी कहा जाता है) जैसा कुछ अर्थ होगा, मरने-मारने से खास कुछ लेना-देना नहीं है इस शब्‍द का।"
"दियाबार" जंगल को जाता हुआ वन मार्ग
अचानकमार का वन क्षेत्र तो सहस्त्राब्दियों पुराना है पर इसे अभ्यारण्य के तौर पर 1975 में तैयार किया गया था। फ़िर इसे टायगर रिजर्व क्षेत्र घोषित किया गया और यह संरक्षित क्षेत्र हो गया।  वन विभाग के अनुसार 557.55 वर्ग किलो मीटर के क्षेत्रफल में फ़ैले इस अभ्यारण्य में अनेक प्रकार के वन प्राणी पाए जाते हैं जिनमें चीतल, जंगली भालू, तेंदुआ, बाघ, पट्टीदार हाईना (लकड़ बग्घा) भेड़िया, जंगली कुत्ते, चार सिंग वाले एंटीलॉप, चिंकारा, ब्लैक बग, जंगली सुअर के साथ अनेक प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं। यहाँ बाघों की संख्या सर्वाधिक मानी जाती है। फ़रवरी 2011 में यहाँ दुर्लभ काला तेंदुआ मिला। जिसकी जानकारी वाईल्ड लाईफ़ ऑफ़ इंडिया की टीम के कैमरों से हुई। जहाँ आमतौर पर रोशनी नहीं पहुंच पाती वहीं काले तेंदुए पाए जाते हैं। अचानकमार जंगल के एक भाग को "दियाबार" जंगल कहा जाता है। इससे साबित होता है कि यह जंगल इतना घना है कि दिन के समय भी देखने के लिए दीए का सहारा लेना पड़ता है।
मैकूमठ - स्मृति
रास्ते में एक स्मारक दिखाई देता है जिस पर "मैकू मठ" लिखा हुआ है। हम गाड़ी रोकते हैं और मैकू मठ की फ़ोटो लेते हैं। अचानकमार वन के लिए मैकू का मठ महत्वपूर्ण है क्योंकि मैकू ने वन संरक्षण कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राण गंवाए थे। मठ पर लिखा है कि "यहाँ मैकू गोंड़ फ़ायर वाचर को आदमखोर शेरनी ने ता 10/4/1949 को मारा था, जिसे ता 13/4/1949 को श्री एम डब्लू के खोखर रेंज ऑफ़िसर कोटा ने मरी पर बैठकर गोली से मारा।" यह स्थान अभी भी शेरों का ही है। शेर पीढी दर पीढी अपना इलाका नहीं छोड़ते। प्राण चड्डा जी कहते है कि अभी अचानकमार में लगभग 13 शेरों की उपस्थिति दर्ज की गई है। कुछ शेरों की फ़ोटो वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इण्डिया (डब्ल्यू डब्ल्यू आई) की टीम ने बाघों की गणना के लिए लगाए गए कैमरों से ली हैं। कुछ की गणना पदचिन्हों के आधार पर की गई है। 
ऐसा ही होता है टाईगर ;)
अचानकमार अभ्यारण्य में अधिकतर बैगा आदिवासी निवास करते हैं। जिनका जीवन वनोपज पर ही आधारित है। इस वन को टायगर रिजर्व घोषित करने के बाद इनके जीवन पर संकट मंडरा रहा है। क्योंकि सरकार इनका विस्थापन वन क्षेत्र के बाहर करना चाहती है। अचानकमार वन्य प्राणी अभ्यारण्य के कोर एरिया में बैगाओं के 25 गांव प्रभावित हुए हैं। पहले चरण के विस्थापन का प्रारंभ वन विभाग ने छह गांव जल्दा, कूबा, सांभरधसान, बोकराकछार, बांकल, बहाउड़ से किया। परन्तु विस्थापन के नियमों के पालन नहीं करने का आरोप इन पर लगते रहा। विस्थापित किए गए बैगाओं को वे सुविधाएं नहीं मिली जिनका दावा किया जाता रहा है। दूसरे चरण में अन्य गाँवों को विस्थापित किया जाना है परन्तु विस्थापन के लिए सरकार के पास न जमीन है न पैसा। कुल मिलाकर विस्थापन अधर में लटका हुआ है और इसके साथ विस्थापित होने वालों की जान भी सांसत में है।
बैगा परिवार 
आगे चलकर छपरवा गाँव आता है, जहाँ वन विभाग का विश्राम गृह होता था। अब इसे बंद कर दिया गया है तथा रात रुकना प्रतिबंधित कर दिया गया है। यहाँ से अमरकंटक 55 किलोमीटर की दूरी पर है। छपरवा से आगे बढने के बाद घाट की चढाई पड़ती है, मैं तो अपनी बातों में मशगूल था, अचानक तिलाई डबरा के पास प्राण चड्डा की निगाह सड़क के किनारे पड़ती है और वे गाड़ी रोकने का इशारा करते हैं। सड़क के किनारे खाई में एक बायसन (गौर) पत्ते चरता हुआ दिखाई देता है। हम बिना आवाज किए उसके कुछ चित्र लेते हैं। घनी झाड़ियों के बीच मेहनत करने के बाद कुछ चित्र ही अच्छे लेने में सफ़ल होते हैं। प्राण चड्डा कहते हैं - इसे देखने के लिए लोग आते हैं और 4-5 दिन घूमने के बाद भी दिखाई नहीं देता, हम लोगों को सहज ही सड़क के किनारे चलता हुआ मिल गया, यात्रा सफ़ल हो गई। 
अचानकमार का बायसन (गौर)
बायसन (गौर) संरक्षित प्रजाति का पशु है, यह उष्णकटिबंधिय क्षेत्र में पाया जाता है। आकार में बड़ा होने के साथ संवेदनशील होता है। इसका वजन 700 से 1500 किलोग्राम तक हो सकता है। इसकी मुख्य पहचान घुटने तक सफ़ेद मोजे, बड़े सींग, काल रंग अंतर जोड़ों पर गहरा भूरा रंग लिए, मुंह और माथा सफ़ेद होना है। यह घास, पत्तियां, टहनियाँ खाकर अपना पेट भरता है। इसे जान का खतरा लगने पर हमला कर देता है, शेर भी इसे देखकर पीछे हट जाते हैं। 25 वर्षों पूर्व एक वनविभाग के अधिकारी ने समीप से फ़ोटो खींचनी चाही तो उसे हमला कर के जान से मार डाला। इसे दूर से ही देखने में भलाई है। मुफ़्त में खतरा मोल नहीं लेना चाहिए। बस्तर के माड़िया आदिवासी गौर सींग से बने मुकुट को पहन कर परम्परागत गौर नृत्य करते हैं। कारवां आगे बढ रहा है, सफ़र जारी है……… आगे पढें

सोमवार, 2 जून 2014

प्राण चड्डा: अचानकमार के प्राण

प्रारंभ से पढें

अचानकमार वन में प्रवेश करते ही साल वृक्ष के फ़ूलों की गमक ने हमारा स्वागत किया। महुआ फ़ूल के बाद मई माह में साल(सरई) बीज चुनने का समय आता है। छत्तीसगढ़ के लगभग सभी इलाकों में सरई के वृक्ष हैं।राहुल सिंह कहते हैं कि साल का वृक्ष 100 साल बड़ा, 100 साल खड़ा एवं 100 साल तक पड़ा रहता है। अर्थात इसे तैयार होने में 100 साल लगते हैं, सौ साल तक खड़ा रहता है। यदि यह गिर जाता है तो 100 साल तक पड़ा रहता है अर्थात साल वृक्ष की उम्र 300 साल होती है, इस लकड़ी की नमी सूखती नहीं है। इमारती लकड़ी के तौर पर साल की लकड़ी का ही प्रयोग किया जाता है। भीतर की नमी इसकी उम्र बढाती है। 
बारी घाट अचानकमार
आदिवासियों का जीवन वनोपज पर आधारित होता है। वे सरई फ़ूल चुनते हैं। इसे फ़ोड़ कर बीज निकाला जाता है और उसे बाजार में बेचा जाता है। इनकी आमदनी का एकमात्र माध्यम वनोपज संग्रहण ही है। वनोपज की खरीदी वन समितियों के माध्यम से की जाती है। सरई बीज का निर्यात विदेशों में होता है। जापान इंग्लैंड इत्यादि में नारियल के मक्खन एवं चाकलेट में इसका उपयोग होता है। भारत में खाद्य पदार्थों में इसका मिश्रण नहीं किया जाता इसलिए साल बीज का प्रसंस्करण कर तेल निकाला जाता है। साल वृक्ष का गोंद जलाने पर मनमोहक खुश्बू देता है। इसका प्रयोग धूपबत्ती बनाने में किया जाता है। 
सरई (साल) फ़ूल
जिंदादिल व्यक्तित्व के धनी प्राण चड्डा जी का अचानकमार के जंगलों से जुड़ाव आधी सदी पुराना है, पहले पिताजी के साथ शिकारी के रुप में, अब वन्य प्राणी संरक्षक के रुप में। ये इस वन के चप्पे चप्पे से वाकिफ़ हैं। कहते हैं "मेरी पहली पीढी ने जो शिकार किए हैं मैं प्रायश्चित कर रहा हूँ, अब 30 वर्षों से उनकी सुरक्षा कर रहा हूँ।" चड्डा जी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लम्बा सफ़र तय किया है, वे 15 वर्षों तक  बिलासपुर दैनिक भास्कर के संस्थापक सम्पादक भी रहे हैं। साथ ही 3 वर्षों तक दैनिक भास्कर के प्रबंधक के तौर पर भी कार्य किया। 
सरई बीजा
जंगल से इनका लगाव दीवानगी की हद तक है, वर्तमान में इनका पूरा ध्यान जंगल एवं पर्यावरण बचाने पर है। असर वन विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर भी दिखाई देता है। वे सप्ताह में एक बार तो इस अभ्यारण्य का दौरा कर लेते हैं। जिससे वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सतर्क रहते हैं। वे 20 वर्षों से वाईल्ड लाईफ़ एडवायजरी बोर्ड सदस्य हैं। पत्रकारिता का धर्म निभाते हुए इन्होने कलम के माध्यम से वन्य प्राणी एवं वन सरंक्षण के मुद्दे उठाए हैं। जिनकी चर्चा शीर्ष स्तर तक हुई है। चड्डा जी के साथ वनों पर चर्चा करते सफ़र कटते जा रहा था और मेरा ज्ञानार्जन भी हो रहा था। 
वन्य प्राणी संरक्षक प्राण चड्डा जी
सच है एक जमाना था जब शिकार के शौकीन हफ़्तों महीनों का राशन लेकर लवा जमा के साथ शिकार करने के लिए जंगलों की खाक छानते थे और जो शिकार मिल जाता था उसकी ट्राफ़ी बनवा कर अपने घरों में सजाते थे। शिकार करना अभिजात्य वर्ग का फ़ैशन था और वनवासियों के उदर पोषण का माध्यम भी। साथ ही पेड़ भी कटते गए जिससे जैविक संतुलन बिगड़ने लगा और वन से वन्य प्राणी गायब होने लगे। इसका खामियाजा वर्तमान पीढी को भुगतना पड़ रहा है। अभी भी अचानकमार बस्ती तक पहुंचने पर सितम्बर अक्टुबर में सामान्य शहरी को गर्म कपड़ों की आवश्यकता पड़ जाती है। नवम्बर दिसम्बर में तो कड़ाके की ठंड पड़ती है। 
बजरंग केडिया जी (फ़ोटो-प्राण चड्डा जी से साभार)
चड्डा जी बता रहे थे कि बारीघाट लगभग डेढ किलोमीटर है पर गाड़ियों का दम निकाल देता है। बारी घाट समाप्त होने पर प्रकृति का खूबसूरत नजारा देखने मिलता है। साल के वृक्षों के बीच दुनिया की सबसे बड़ी घास बाँस के झुरमुट हरियाली बनाए हुए हैं। कार बजरंग केडिया जी के आम्रवन के आमों की खुश्बू से गमक रही थी। खुश्बू से लगता था कि आज का दिन बन गया। घाट पर कुछ चित्र खींचे गए। चित्रों के प्रति चड्डा जी काफ़ी संवेदनशील हैं। साथ ही आधी सदी के फ़ोटोग्राफ़ी के अनुभव ने इन्हें अच्छा फ़ोटोग्राफ़र भी बना दिया। अनुभव तो कहीं किताबों में मिलता नहीं, उसके लिए जीना पड़ता है। सतत जीवंत अभ्यास बनाए रखना होता है। …… आगे पढें

रविवार, 1 जून 2014

अचानकमार : वनवासी की यात्रा

काफ़ी दिन हो गए थे जंगल की ओर गए, जैसे जंगल मेरा घर है जो हमेशा बुलाता है। कहता है आ लौट आ, मिल ले आकर मुझसे। अब पहले जैसा नहीं रहा, जैसा तू छोड़ कर गया था। जीर्ण-शीर्ण हो गया हूँ, कहीं ऐसा न हो जब तक तू लौट कर आए मैं फ़ना हो जाऊँ। जंगल की गुहार मुझ तक हमेशा पहुंचती है पर कांक्रीट के घरों में जंगला बंद होने के बाद यह गुहार द्वार पर बैठे चौकीदार तक पहुंच कर लौट जाती है। जब गर्मी से धरती तपने लगती है और देह से प्राण निर्वासित होने के लिए मचलता है, तब जंगल की याद आती है। मन कहता है कहाँ है मेरा जंगल? मेरा अपना जंगल। अंतर से आवाज आती है, आ लौट चलें फ़िर जंगल की ओर। मैं भी एक वनवासी हूँ, अब शहरवासी हो गया तो क्या हुआ। वनवासी की फ़क्कड़ी और यायावरी अभी भी मेरी रगों में दौड़ती है। भीतर का वनवासी यदा-कदा सक्रीय हो जाता है और फ़िर दौड़ पड़ता हूँ अपने पुराने घर की तरफ़। 
अचानकमार का वन मार्ग
जंगल ने जैसे ही आवाज दी वैसे ही तुरंत चल पड़े अचानकमार जंगल की ओर। बिलासपुर में प्राण चड्डा जी (अचानकमार जंगल के रक्षक एवं पर्यावरण प्रेमी) को फ़ोन लगा कर सूचना दी। वे तुरंत तैयार हो गए। बोले - यार जल्दी निकलो रायपुर से, मैं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूँ। जैसे तैसे करके रायपुर से 12 बजे से पहले नहीं निकल सके। आधे घंटे बाद चड्डा जी पुन: डांट पिलाई, अभी तक नहीं निकले हो। जल्दी निकलो और नांदघाट पहुंच कर फ़ोन लगाओ तब तक मैं तैयार हो जाऊंगा। बिलासपुर मार्ग पर यातायात का प्रवाह अधिक रहता है इसलिए गाड़ी थोड़ी देखभाल कर हांकनी पड़ती है क्योंकि बड़े ट्रेलर और सीमेंट के कैप्सुलों के ड्रायवर महाजंगली हैं, इनसे बचकर चलना पड़ता है।
परलोक वाहक
सफ़र धीरे-धीरे कट रहा है और मील के पत्थर पीछे छूटते जा रहे हैं। जब मिलन की उत्कट आकांक्षा हो और चित्त बेचैन हो तो सफ़र भी व्यग्रता से कटता है। हम चल रहे थे अपने ठिकाने जंगल की ओर। जंगल से गुजरते हुए जब कुल्हाड़ियों की ठक-ठक की आवाज सुनाई देती है तो समझ जाता हूँ यहीं कहीं आस पास जंगल का रक्षक "वन रक्षक" भी होगा, जो लौटने वाली कुल्हाड़ियों को गिन कर हरे-लाल नोटों से अपनी जेब गर्म कर कर्तव्य निर्वहन कर रहा होगा। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो कौन हवाल। बस इन्हीं नोटों के लालच ने जंगल को उजाड़ दिया, नंगा कर दिया डुंगरियों को, जो कभी आसमान से होड़ लगाए वृक्षों को देखकर एक माँ के जैसे आनंदित होती थी। आज उनसे यह आनंद भी छिन गया। 
बारी घाट से सुंदर नजारा
जंगल कटने से सारी प्रकृति असंतुलित हो गई है। पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, मौसम के चक्र में परिवर्तन दिखाई दे रहा है। सूरज की तपन बढ गई है। सूरज की गर्मी से सड़क पर लगा कोलतार भी पिघलने लगा है। दूर से मृगमरीचिकाएँ भी दिखाई दे रही हैं। पर्यावरण संतुलन बिगड़ने और सूरज की गर्मी पर केवल कृष्ण शर्मा की कविता कहती है -
जब अत्याचारी हो जाए सूरज
सूख जाएं नदियां
वीरान हो जाए धरती
और लगे कि सब कुछ खत्म हो गया
तब तुम
उन बीजों के बारे में सोचना
जो हालांकि हैं,
पर नजर नहीं आते।
उस बारिश के बारे में सोचना
जो होनी ही है,
किसी न किसी रोज
और सोचना अपने बारे में
…
सड़क की तपन और मृगमरीचिकाओं के पीछे दौड़ते हुए बिलासपुर पहुंच जाते हैं। चड्डा जी हमारा इंतजार कर रहे होते हैं। सिर पर सूरज कहर ढा रहा है पर जंगल की ओर जाने की उत्कट आकांक्षा ने तपन का प्रभाव कम कर दिया है। आगे का सफ़र चड्डा साहब के निर्देशन में तय होना था। उन्होनें नेवीगेटर की सीट संभाल ली और हम आगे बढ गए। साथ में उन्होनें डेढ लीटर दूध की बोतल भी रखी हुई थी। जाहिर था कि आगे चलकर इसका उपयोग करना है।
फ़ार्म हाऊस में बेंगवा (बड़ा मेंढक)
रास्ते में चड्ढा जी ने बताया कि एक फ़ार्म हाऊस में चाय पानी की व्यवस्था कर रखी है। वहाँ चलकर थोड़ा विश्राम करेगें और चाय पानी के साथ आम ग्रहण कर आगे चल पड़ेगें। अचानकमार में रात्रि विश्राम प्रतिबंधित होने के कारण हमने अमरकंटक में रात रुकना तय किया। वहाँ कल्याण आश्रम में फ़ोन द्वारा सूचित कर ठहरने की व्यवस्था कर दी गई थी। अचानकमार से हमें अमरकंटक जाना था। चड्डा साहब ने आम्रवन में 7 पेटी आमों की व्यवस्था कर रखी थी। जिसमें तीन पेटी हम सबके लिए और 4 पेटी कल्याण आश्रम के बाबाजियों के लिए। हमने आम्रवन में "गुरुजी की ठंडाई" की बोतल भरी रखी थी। उसे दूध में घोलकर हमने ठंडाई बनाई और दो-दो गिलास उदरस्थ किए तथा रास्ते के लिए ठंडाई बोतल में भर कर रख ली। 
अचानकमार नाका (आवक-जावक एन्ट्री)
अचानकमार के जंगल में रात रुकने की कोई व्यवस्था नहीं है तथा जो एकलौता विश्रामगृह छपरवा में था उसे भी बंद कर दिया गया। जब से इसे टायगर रिजर्व बनाया है तब से जंगल के भीतर होने वाली अवैध गतिविधियों में काफ़ी कमी आई है। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद वन विभाग का अमला काफ़ी सक्रीय दिखाई देता है। कोटा और केंवची की तरफ़ से आने वाले प्रत्येक वाहन का नम्बर, चालक का नाम तथा आने का उद्देश्य सभी दर्ज किया जाता है। अचानकमार जंगल में बारी घाट से लेकर केंवची तक के मार्ग में किसी भी कम्पनी का मोबाईल फ़ोन काम नहीं करता। सबका नेटवर्क बंद होता है। भारीवाहनों का प्रवेश शाम 6 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक वर्जित है तथा उन्हें वन में वाहन खड़ा करने की भी मनाही है। प्रवेश करने वाले वाहन की निर्मग स्थान के नाके पर भी एन्ट्री की जाती है।
अचानकमार रिजर्व फ़ारेस्ट में
लगभग 4 बजे रहे थे, गर्मी के दिनों में भी शाम के समय जंगल में मौसम सुहाना हो जाता है, खासकर अचानकमार के जंगल में ठंडी बयार बहने लगती है। कभी-कभी पानी की फ़ुहारें भी मौसम को बदल देती हैं। जैसे किसी सद्यस्नाता वनवासिन ने स्नानोपरांत गेसुओं को झटका हो और रिमझिम फ़ुहारें बरसने लगी हो। पक्षियों की चहक ऐसे लगती है जैसे फ़ुहारों से आनंदित हो जंगल से सारे पक्षी चहक कर स्वागत करने लगे हों। पक्षियों की तरह-तरह की बोलियाँ और जंगली फ़ूलों की सुगंध मन को मोह लेती है। अभी वन में सिर्फ़ वृक्ष ही दिखाई दे रहे हैं, उनके नीचे सूखे पत्तों की एक तह बिछी हुई है। इस समय जंगल में पैदल भ्रमण करने पर सर्पादि जहरीले कीटों का अधिक डर नहीं होता। क्योंकि धरती साफ़ दिखाई देती है। बरसात के दिनों में वनस्पतियाँ घास, झाड़ियां एवं वृक्षों के तीन स्तर पर विभाजित दिखाई देती हैं। घास होने के कारण कीटादि दिखाई नहीं देते और उनके दंश का खतरा रहता है। सफर जारी है ……… आगे पढ़ें  

सोमवार, 23 जुलाई 2012

अमरकंटक की ओर यायावर ………… ललित शर्मा

रेल के यात्री
मालकिन कई दिनों से मायके जाने की कह रही थी। वैसे इनका मायके जाना 30 अप्रेल के बाद तय है। अब मई के प्रथम सप्ताह में ही कोई तारीख तय होती है जाने की। इस समय 6 मई की तारीख तय हुई। 4 मई को नामदेव जी ने फ़ोन करके बताया कि अमरकंटक चलना है। वहाँ कोई धार्मिक कार्यक्रम है। हमने मालकिन से कहा कि उन्हे भाटापारा पहुंचाते हुए चले जाएगें। संवाद होते रहा, पर कैसे जाना है यह तय नहीं हुआ। आखिर सालिगराम जी के फ़ोन से तय हुआ कि दोपहर को एक नयी पैसेंजर चली है। उससे ही आना ठीक रहेगा। 6 मई को हम दोपहर 1 बजे की ट्रेन में इन्हे बैठाने रायपुर स्टेशन पहुंचे। तभी नामदेव जी ने बताया कि शाम को 5 बजे अमरकंटक चलेगें। मैने उन्हे घर से कपड़े और दैनिक उपयोग की सामग्री साथ लेने कहा और रायपुर में उनके आने की प्रतीक्षा करने लगा।

रेल्वे क्रासिंग
शाम 5 बजे नामदेव जी रायपुर पहुंच गए। साथ में उनके अग्रज और मदन लाल साहू भी थे। हम चलने के लिए कारारुढ हुए। बैग के विषय में पूछा तो उन्होने कहा कि अम्मा से मांग कर ले आए हैं। मैने पीछे रखा हुआ बैग देखा तो माथा खराब हो गया। वह बैग तो मेरे दैनिक उपयोग की सामग्री के साथ रहने वाला था। उसमें पेन-पैड छोड़ कर कुछ भी नहीं था। मैने जाने से मना कर दिया। नहीं जाऊंगा अब तीन-चार दिन बिना कपड़ों के एक ही जोड़ी में गुजारा नहीं हो पाएगा और इस तरह का वाकया पहली बार हुआ है मेरे साथ। मदन लाल साहू ने सफ़ाई दी कि अम्मा से बैग मांगने पर उन्होने यही दिया है। अरे कम से कम इतना तो स्वविवेक होना चाहिए कि 3-4 दिन के लिए जा रहे हैं तो बैग में कपड़े तो होने चाहिए। अब कपड़े लेने अभनपुर आते तो एक घंटे का फ़टका लग जाता। मैने जाने से मना कर दिया और कहा कि-जहां से मुझे लिया है वहीं छोड़ दो। आप लोग जाईए, मुझे नहीं जाना है। 

लल्लन प्रसाद नामदेव जी (साबरमती आश्रम गुजरात)
नामदेव जी कहने लगे कि कार तो आपके कहने से ही लाए हैं। नहीं तो हम ट्रेन से ही चले जाते। चलिए दैनिक उपयोग के कपड़े वहीं ले लेगें। नाराज काहे होते है भाई, छोटी-मोटी चूक हो जाती है। इनकी सलाह जंच गयी, हमने सोचा कि एक बार ऐसी भी यायावरी का तजुर्बा ले लिया, चला जाए बिना किसी तैयारी के। आज बुद्ध पूर्णिमा भी थी।  हमने एक बार फ़िर कार मोड़ कर रास्ते पर डाल ली। अब याद आया कि हमारी गोली दवाई भी नहीं है और मुझे उनका नाम भी याद नहीं है। डॉ सत्यजीत को फ़ोन लगाया तो उसने फ़ोन नहीं उठाया। हम क्लिनिक के पास के मेडिकल स्टोर्स में पहुंचे कि उसे तो याद होगा क्या दवाई मै लेकर जाता हूँ उसे भी नाम याद नहीं था। येल्लो लग गयी वाट्। तभी याद आया कि मेरे बैग में दवाईयों की पर्ची पड़ी है। बस काम बन गया। दवाईयों की पर्ची से दवाई खरीदी, अब जाना पुख्ता हो गया। हम अमरकंटक की ओर चल पड़े। आशा थी कि रात तक अमरकंटक पहुंच जाएगें।

पंकज सिंह और लेखक अयोध्या के होटल में 
सड़क मार्ग से रायपुर से बिलासपुर 110 किलीमीटर की दूरी पर है, एक्सप्रेस ट्रेन से 36 रुपए की दूरी पर। बिलासपुर से पेंड्रा रोड़ होते हुए अमरकंटक 120 किलीमीटर पर है। कुल मिला कर हमें 230 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। रायपुर से 45 किलोमीटर सिमगा पहुंचने पर भूख लगने लगी। क्योंकि आज दोपहर में भी भोजन नहीं किया था। मारी बिस्किट से ही काम चलाना पड़ा। डॉ ने सख्त हिदायत दे रखी थी कि खाने पीने में कोताही नहीं बरतना अन्यथा भ्रमण छोड़ कर घर पर ही मौज करिए। क्योंकि 2 मई को शुगर का लेबल मीटर की सुईयाँ तोड़ कर HI बोल चुका था। हमने खाने-पीने में कोताही नहीं बरतने का वादा किया। तब कहीं जाकर उसने बाहर जाने की इजाजत दी। अब मामला कंट्रोल में था। सिमगा पहुंच कर हमने तरबूज लिए। बाकियों ने कुछ अड़बड़गम नाश्ता किया। हमने चलती कार में ही तरबूज उदरस्थ किए। बिलासपुर पहुंचने पर अंधेरा हो चुका था। पंकज के घर पर पहुंचने तक 8 बज चुके थे।

तुलसी बाबा
पंकज के यहाँ मैने एक गिलास लस्सी पी और बाकियों ने चाय। पंकज आज ही छत्तीसगढ पीएससी का एक्जाम देकर आया था और किसी एक्जाम की तैयारी में लगा था। हम थोडी देर के बाद बिलासपुर से अमरकंटक की ओर निकल लिए। अंधेरा गहराता जा रहा था साथ ही हमें अचानकमार का जंगल भी पार करना था। इस जंगल की सर्पिली सड़कों पर रात को गाड़ी संभाल कर चलानी पड़ती है। इस जंगल में शेर की उपस्थिति भी देखी जा चुकी है। अचानकमार जंगल के प्रारंभ होने पर फ़ारेस्ट के नाके में जानकारी देनी पड़ती है। ड्रायवर एवं गाड़ी मालिक सहित जाने का सबब भी बताना पड़ता है। फ़िर इस गेट पर एक टोकन दिया जाता है। जिसे अंतिम  निकासी गेट पर देना पड़ता है। तब कहीं जाकर इस जंगल की यात्रा सम्पूर्ण होती है। टोकन का सिस्टम अभी शुरु हुआ है, पहले नहीं था। हमने भी यही प्रक्रिया अपनाई। जंगल में जिस नाले के पास शेर देखा गया वहीं पर हम गाड़ी से बाहर निकले। हो सकता है हमारी किस्मत में भी देखना लिखा हो। 

बुद्ध पूर्णिमा का चाँद
चाँदनी रात थी, और खास बात यह थी कि आज के दिन ही बुद्ध पूर्णिमा का चाँद पृथ्वी के सबसे समीप था। इसलिए बड़ा दिखाई दे रहा था। याद आया, इस आशय की एक पोस्ट संगीता जी ने लगाई थी। मैने संगीता पुरी जी से रास्ते में चर्चा भी की थी। चाँद की रोशनी में नदी बड़ी सुंदर दिखाई दे रही थी। पानी कम ही था, पर जंगली जानवरों की निस्तारी के लिहाज से काफ़ी था। वरना गर्मी में पानी कहाँ मिलता है? सभी नदी-नाले सूख जाते हैं। शेर या अन्य कोई जानवर नहीं दिखने पर हम आगे बढते हैं। जंगल के भीतर के गावों में बिजली नहीं है। अभ्यारण्य घोषित होने के कारण यहाँ कुछ भी निर्माण नहीं किया जा सकता। सोलर लाईट गांव में चमक रही थी। पहले तो सड़क के किनारे कई लाईटें लगी थी। पर अब दो चार ही जल रही थी। पहले हमने जिस छोटे से होटल में चाय पी थी अब वह बंद मिला। यहाँ मौसम में ठंडक आ जाती  है। वैसे भी अमरकंटक का मौसम गर्मी के दिनों में खुशनुमा हो जाता है।

रामसजीवन चौरसिया
रास्ते में पता चला कि हमारे परम सखा आर एस चौरसिया (जिन्हे मैं स्वामी जी कहकर संबोधित करता हूँ) रींवा से सीधे ही अमरकंटक पहुंच रहे हैं। रात को उन्होने मृत्युंजय आश्रम में रुम बुक करवा रखा है। हम रात 12 बजे के लगभग अमरकंटक पहुंचे। मृत्युंजय आश्रम में दरवाजा खटखटाने पर भी किसी ने नहीं खोला। हमने स्वामी जी को फ़ोन करके जगाया। पर चौकीदार ने उनकी भी नहीं मानी। कहा कि 10 बजे के बाद आश्रम का गेट किसी के लिए नहीं खुलता। मरते क्या न करते। नामदेव जी सामने स्थित गुरु जी के आश्रम में चले गए। उन्होनें वहीं सोने का जुगाड़ लगाया । हाँ! एक खास बात देखने मिली कि अमरकंटक में नर्मदा जी के किनारे एक भी मच्छर नहीं था। रामघाट पर हमने गाड़ी लगाई और कार में ही सीट लम्बी करके सो गए। दो-चार घंटे की ही तो रात काटनी थी। सुबह आश्रम गेट खुल जाना था।  …… यात्रा जारी है…… आगे पढें

शुक्रवार, 31 दिसंबर 2010

चुड़ैल से सामना और भुतहा रेस्ट हाउस की कहानी

आरम्भ से पढ़ें 
वापसी की यात्रा पहाड़ से उतरने वाली थी।  सभी धड़ल्ले से उतर रहे थे। सुमीत भी एक झटके में ही नीचे उतर आया। रास्ते में मुझे एक कोटपुतली राजस्थान के श्रद्धालु मिले। उनकी चुंदड़ी वाली पगड़ी देख कर उनसे कुछ बात चीत की।

उन्होने बताया कि लगभग डेढ सौ साल पहले उनका परिवार कबीर साहब का अनुयायी बना था। तब से पीढी दर पीढी हम निभा रहे हैं। एक परिवार दार्जलिंग से आया हुआ था।

इस परिवार के मुखिया देवमणि जी से मेरी कई किलोमीटर तक चर्चा हुई। उन्होने भी बताया कि लगभग 200 वर्षों से उनका परिवार कबीर पंथ का अनुयायी रहा है। इनके साथ कई माताएं भी आई थी दार्जलिंग से।

उनका उत्साह देखते ही बनता था। इन्होने अपना सामान चाय तोड़ने की टोकरी की तरह सिर पर टांक रखा था। भारत के कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे थे।

वापसी पर जंगल के रास्ते में हमें हिरण, जंगली सुअर, चिंकारा आदि देखने मिले। जो नाले में पानी पी रहे थे।

देवमणि से बातें करते हुए मैं सुमीत और गुड्डु से पीछे रह गया था। ये काफ़ी आगे बढ गए। जब देवमणि के पीछे छुटने वाले परिवार का फ़ोन आया तो मैने उन्हे रुकने के लिए कहा और आगे बढ गया।

थोड़ी देर चलने के बाद सुमीत लोग दिखाई दे गए। जल्दी जल्दी कदम बढाने पर उनके पास पहुंच गया। जब अभ्यारण का गेट दिखाई दिया तो लगा कि बांधवगढ को हमने फ़तह कर लिया।

गेट पर फ़ारेस्ट के गार्ड और रेंजर दिए गए पास वापस ले रहे थे और उस पास में लिखी हुई संख्या को गिन रहे थे। कहीं कोई जंगल में रह जाए और कोई हादसा हो जाए तो लेने के देन पड़ जाएगें। हमने भी अपना अनुमति पत्र उनके पास जमा करा दिया।

कबीर पंथ के प्रथम गुरु धनी धर्मदास और आमीन माता मंदिर
होटल पहुंचने पर टांगे जवाब दे चुकी थी। क्योंकि बीस किलोमीटर रिकार्ड समय में लगातार चलना मामुली नहीं है। ठंड बढ चुकी थी। पानी ठिठुर रहा था।

गर्म पानी मंगाकर पैरों की सिकाई की गयी और तय किया की भोजन करके कुछ देर सोया जाए और आधी रात को उठकर वापसी की जाए।

भोजन करके सो गए। रात डेढ बजे मेरी नींद खुली। मैने इन्हे जगाया। बड़ी मुस्किल से दोनो महानुभाव उठे। सामान पैक किया गया। होटल का बिल चुकाया।

वैसे नर्मदा लाज रुकने ले लिए उत्तम है और यहां के रसोईए ने उम्दा खाना खिलाया। रेट कुछ ज्यादा था लेकिन उम्दा खाने ने कसर पूरी कर दी।

मैने स्कार्पियों की बीच वाली सीट पकड़ी, गुड्डू ने पिछली सीट और सुमीत ने ड्रायवर के साथ वाली। गाड़ी चल पड़ी बांधवगढ से अपने गंतव्य की ओर।

गुड्डू के खर्राटे शुरु हो गए। मैने शंका होने पर जंगल में गाड़ी रुकवाई, गाड़ी में हीटर चल रहा था बाहर निकलते ही ठंड का पता चल गया।

कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। जल्दी से गाड़ी में घुस कर मैने सोने का यत्न किया लेकिन नींद नही आ रही थी। सुबह 4 बजे के बाद नींद आई तो सपने में एक भयानक चुड़ैल का चेहरा दिखाई दिया।

मैं उसे पहचानने की कोशिश कर रहा था। लेकिन उसका चेहरा लगातार बदलता जा रहा था। उसके रुप बदलते जा रहे थे।

मुझे कह रही थी कि –“ अब तुम्हारा समय पूरा हो गया है, तुम्हे मेरे साथ चलना ही पड़ेगा।“ फ़िर उसके चेहरे का रंग अनवरत बदलने लगा।

मैंने उसे गाली दी और गन की ओर हाथ बढा रहा था। गन मेरे हाथ से दूर छिटकते जा रही थी। तभी मेरी आँख खुली तो देखा कि गाड़ी जंगल में खड़ी है। मैने गाड़ी रुकने का कारण पूछा तो सुमीत बोला नींद आ रही है। 

मैने कहा कि अब तुम लोग सो जाओ,गाड़ी मैं चलाता हूँ। मैने ड्रायविंग सीट संभाली तो मील का पत्थर बता रहा था कि केंवची 18 किलोमीटर है।

केंवची पहुंच कर मैने गाड़ी एक होटल में लगाई चाय पीने के लिए। गाड़ी से निकल कर चाय बनते तक ठिठुर चुका था।

होटल की भट्टी की आँच भी गरमाहट नहीं दे रही थी। मिस्त्री ने बताया कि दो दिनों से यहां पाला पड़ रहा है। पानी जमने लगा है।

जल्दी से चाय के घूंट लेकर मैं आगे बढ लिया। केंवची से अचानकमार टायगर अभ्यारण प्रारंभ हो जाता है। जंगल के बीच पहाड़ी घुमावदार पहाड़ी रास्ते पर इतने मोड़ हैं कि गिनती ही नहीं हो सकती। सर्पीला रास्ता गाड़ी की स्पीड बढाने ही नहीं दे रहा था।  

सूर्योदय हो रहा था, सामने सूरज की किरणे सीधे ही चेहरे पर पड़ती थी तो रास्ता दिखाई नहीं देता था। अचानकमार अभ्यारण में रात में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है तथा साथ में यह भी हिदायत है कि रात 6 बजे से सुबह 8 बजे तक अभ्यारण में कहीं पर वाहन खड़ा नहीं कर सकते।

यहाँ भी शेर देखे जाते हैं। लेकिन बांधवगढ जैसे अचानकमार में शेर का लोकेशन फ़ारेस्ट के लोगों को पता नहीं रहता। शेर यहां वहां घूमते हुए दिखाई दे जाते हैं। अचानकमार अभ्यारण में कई गांव भी हैं जहां लोगों की बसाहट है।

यहां प्रकाश के लिए सोलर लाईटें लगी है और ठंड भी अन्य क्षे्त्रों की अपेक्षा अधिक ही पड़ती है। पिछली बार मुझे गर्म कोट पहनना ही पड़ गया था। जबकि पेंड्रारोड़ में ठंड नहीं थी।

वैसे भी जंगली इलाके में ठंड का असर कु्छ अधिक ही होता है। ग्रामीण आग जलाकर घर को गर्म कर लेते हैं और महुआ रस पीकर तन को। इस प्रकार ठंड से उनका बचाव हो जाता है।

अचानकमार के जंगल के छपरवा गांव में फ़ारेस्ट का एक रेस्टहाउस है। जिसमें भूतों का डेरा है। स्टार न्युज के “डरना मना है’ कार्यक्रम में इस रेस्ट हाउस के विषय में एक स्टोरी देखी थी।

तब से मेरे इच्छा है कि एक रात इस रेस्ट हाऊस में जरुर गुजारुं और भूतों से मुलाकात करुं। स्टोरी में रायपुर के एक परिवार के बारे में ही बताया गया था कि वे रात को छपरवा रेस्ट हाउस में रुक गए थे।

जब खाना खाने लगे तो उन्हे पर्दे हिलते हुए नजर आने लगे कि जैसे परदे की पीछे कोई है। फ़िर उन्हे छाया दिखाई देने लगी। कहते हैं कि चौकीदार ने उन्हे रुकने से मना किया था। लेकिन वे नहीं माने। फ़िर कोई आकृति दिखाई दी।

थोड़ी देर के बाद सब शांत हो गया। लेकिन वे सब आपस में ही लड़ने लगे और एक दुसरे को मरने मारने पर उतारु हो गए। किसी तरह वे रात को रेस्ट हाउस से बाहर निकल कर भागे तो उनकी जान बची।

इस तरह की घटना और भी लोगों के साथ हो चुकी है। बताते हैं कि यहां किसी ने अपनी पत्नी को जला दिया था। तब से वही लोगों को नजर आती है।

रात को इस रेस्ट हाउस में कोई रुकता नहीं है। मैने जब से यह स्टोरी देखी है तब से इस रेस्ट हाउस में एक रात गुजारने का मन बना चुका हूँ लेकिन वह रात कब आएगी? यह अभी तय नहीं हुआ है।

यह रेस्ट हाऊस मेरे सामने आया तो मैं गाड़ी से उतरकर रेस्ट हाउस को देखा। सुबह का समय  था इसलिए चौकीदार दिखाई नहीं दिया। वह रात नहीं रुकता शायद अपने घर चला जाता है।

मैने रेस्ट हाउस की फ़ोटो ली  और आगे की यात्रा जारी रखी। यह रेस्ट हाउस अचानकमार अभ्यारण्य के घनचोर जंगल में है। मैं भूत प्रेत इत्यादि को मानता नहीं हूँ अगर कोई ब्लॉगर मित्र मेरे साथ इस रेस्ट हाउस में रात रुकना चाहता है तो उसका स्वागत है।

अभ्यारण्य में दो जगह गाड़ी के नम्बर एवं ड्रायवर का नाम लिखा जाता है। एक जांच चौकी बनी है। ताकि अनाधिकृत रुप से कोई शिकारी वन्य जीवों को नुकसान ना पहुंचा दे।

वन्य प्राणियों की सुरक्षा की दृष्टि से आने जाने वालों की जानकारी रखना आवश्यक है। अचानकमार के जंगल से मैं लगभग नौ बजे बाहर निकल चुका था। मुझे लगा कि गाड़ी में एक सवारी कम है।

मैने ड्रायवर से पूछा कि गुड्डू कहां है? तो पता चला कि उसे पेंड्रारोड़ से लिया था वहीं छोड़ दिया गया है। मैने लगातार नांदघाट तक गाड़ी ड्राईव की। यहां चाय नास्ता करने के बाद सुमीत ने स्टेयरिंग संभाल लिया।

सुमीत गाड़ी कमाल की ड्राईव करता है। जब यह गाड़ी चलाता है तो मैं चैन से सो जाता हूँ। इसने मुझे साढे 12 बजे घर पहुंचा दिया। इस त्तरह हमारी बांधवगढ की यात्रा सम्पन्न हुई।

गुरुवार, 17 जून 2010

अचानकमार की यात्रा और जंगल में मंगल

यात्रा वृतांत आरंभ से पढें
हम बिलासपुर पहुंचकर कोटमी सोनार जाना चाहते थे जहां क्रोकोडायल पार्क बना हुआ है। उदय भाई को साथ लेकर हम पहुंचे अरविंद झा जी के पास, उन्हे साथ लिया और चर्चा हुई कि अब किधर चलना है?

तो बात-चीत से फ़ैसला हुआ कि कोटमी सोनार न जाकर रतनपुर चलते हैं और वहां महामाया माई के दर्शन करते हैं, उसके पश्चात अचानकमार के जंगलों में भोजन करते हैं।

गाड़ी में अवधिया जी
उदय भाई ने फ़ोन कर भोजन बनाने का आर्डर दे दिया, तब तक हम महामाया मंदिर (जो कि प्राचीन शक्ति पीठ है) पहुंच चुके थे। मंदिर मैने 3 साल बाद देखा था। अब यहां का निर्माण काफ़ी विस्तार ले चुका है।

ज्ञात हो कि रतनपुर छत्तीसगढ की राजधानी रह चुकी है, कलचुरी काल में शासन यहीं से चलाया जाता था। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर छत बनाकर छाया कर दी गयी है ताकि दर्शनार्थि्यों को परेशानी न हो।

अभी कुछ दिन पहले हमने दिल्ली यात्रा की एक पोस्ट में एक फ़ल दिखाया था। जिसे पोखरा कहते हैं, कमल गट्टा भी कहते हैं। इससे मखाने बनते है जिन्हे पंच मेवा में स्थान दिया गया है।

मंदिर के रास्ते में कुछ लोग पोखरा बेच रहे थे। अब मनपसंद चीज सामने थी। हमने 10 रुपए में 5 पोखरा लिया। अवधिया जी ने याद दिलाया था कि उन्होने बरसों से पोखरा नहीं खाया है। इसलिए हमने भी ले लिया।

कमल गट्टा याने पोखरा-बीज के साथ
थोड़ी देर बाद देखता हूँ कि अवधिया जी भी पोखरा लेकर आ रहे हैं। सभी ने पोखरा खाने का मजा लिया। इस फ़ल की विशेषता है कि फ़ल के अंदर एक आवरण में बीज है और बीज के अंदर अंकुर है। इससे सिद्ध होता है कि बीज के अंदर वृक्ष समाया हुआ है। बीज के अंदर के अंकुर को निकाल कर बीज को खाया जाता है अन्यथा उसकी कड़ूवाहट स्वाद खराब कर देती है। इसके हमने चित्र लिए हैं जिससे आपको स्पष्ट समझ में आ जाएगा।

गर्मी कुछ ज्यादा ही थी लेकिन तवेरा के एसी ने ठंडक बना रखी थी फ़ि्र भी अंदर का माहौल गर्म होने लगा क्योंकि अब चर्चा ब्लागजगत पर छिड़ चुकी थी।

गहन विचार विमर्श
अवधिया जी का कहना था कि वे ब्लागजगत में रुपया पैसा कमाने आएं है जिसे वे सार्वजनिक रुप से स्वीकार करते हैं। अंग्रेजी ब्लागिंग का उदाहरण देते हैं जहां लोग पैसे से विषय संबंधित आर्टिकल खरीद कर अपना ब्लाग चलाते हैं और कमाई भी करते हैं। हिन्दी ब्लागिंग में लोग कमेंट के पीछे भागते हैं। ब्लाग पर कमेंट भले ही मत आए लेकिन पाठक आना चाहिए। इसका फ़ायदा अवश्य ही मिलता है।

कमाई की आवश्यक्ता तो सभी ब्लागर्स को है, यह दे्खने में आता है जिस पोस्ट का शीर्षक ब्लाग की कमाई से संबंधित होता है, उसमें उस दिन ज्यादा हिट्स आती हैं। इसका मतलब यह है कि लोग ब्लागिंग से कमाई चाहते हैं, लेकिन आवश्यक्ता है ब्लागिंग को समझने की। इस विषय पर हम भी अवधिया जी सहमति रखते हैं लेकिन ब्लागिंग से कमाई की शुरुवात तो कहीं से हो।

फ़िर चर्चा चली बेनामी महाराज की पापाजी, दादाजी, काकाजी, अम्माजी, फ़ूफ़ाजी, बड़े भैइय्या, अर्थात बेनामियों का पूरा कुनबा ही ब्लाग जगत में इकट्ठा हो गया है।

आचार्य उदय
अभी नए सज्जन पधारे हैं ब्लाग बाबु और आचार्य जी अमृतवाणी सुनिए, जानिए मै कौन हूँ। यह भी ब्लाग जगत का एक पहलु है कि लोग मायावियों की तरह मुंह छुपा कर घूमते हैं।

अभी की दो चार घटनाओं का भी जिक्र हुआ। ब्लाग जगत में हो रहे लेखन पर भी चर्चा हुई।

नापसंदी लाल के कारनामों पर भी प्रकाश डाला गया। राजकुमार सोनी ने अपने जीवन से जुड़े संस्मरण से सभी को जोड़ा और हँसा हँसाकर हिला दिया। रास्ते में अमृत वाणी सुनाते रहे। अरविंद झा, अजय सक्सेना, आचार्य उदय के साथ हम भी मजा लेते रहे अमृत वाणी का। गाड़ी चलती जा रही थी अमरकंटक मार्ग पर।

जी के अवधि्या जी चिंतन मुद्रा में
अमरकंटक जाने के लिए अचानकमार के 80 किलो मीटर के जंगल को पार करके जाना पड़ता है। यह रिजर्व फ़ारेस्ट है। इस जंगल में शाम 6बजे के बाद वाहनों का प्रवेश वर्जित है। फ़िर गेट बंद हो जाता है रुके हुए वाहन सुबह 6 बजे ही भीतर प्रवेश करते हैं।

प्रारंभ होता है अचानकमार का बीहड़ वन। यहां बिजली की लाईन नहीं है, अचानकमार वनग्राम वन के बीचों बीच स्थित है यह ग्राम सोलर उर्जा से प्रकाशित होता है, जगह जगह सौर उर्जा के पैनल दिखाई देते हैं उनसे प्रत्येक घर में जलाने के लिए एक सीएफ़एल दिया हुआ है।

सड़क के कि्नारे एक झोपड़ी में होटल है जहां बड़ा-भजिया चाय एवं-नानवेज मिल जाता है भूख मिटाने के लिए। हमें खाने का कोई परहेज नहीं है विषम परिस्थितियों में पेट भरने के लिए सामिष-निरामिष कुछ भी खा सकते हैं।

यहां शाम को ठंड हो जाती है तथा अक्तुबर में तो अचानकमार ग्राम में ओवरकोट पहना पड़ सकता है। एक बार हम यहां आए थे तो मुझे मालूम था कि ठंड का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए पूरी व्यवस्था के साथ गए थे। वैसे अचानकमार के जंगल देखने के लायक हैं।

जरुर कोई बात है अरविंद झा
हम एक घंटे के बाद निर्धारित स्थान पर पहुंच चुके थे। चारों तरफ़ पहाड़ियाँ और रमणीय वातावरण। अजय सक्सेना को किसी ने बता दिया कि यहां पर पास में कोई डैम है, वे वहां जाकर नहाने को तैयार हो गए। वैसे नदी इत्यादि में नहाने की इच्छा लेकर वे सुबह से ही घर से निकले थे, जब बिलासपुर पहुंचे तो अजय ने कहा था कि वे स्नान करने के लिए अलग से कपड़े लेकर आए हैं।

बिलासा की नगरी की अरपा नदी सूख चुकी थी उसमें तो अब रेत स्नान ही हो सकता था। विडम्बना देखिए बिलासपुर में अरपा डिस्टलरी भी है वहां कोई सूखा नहीं है वहां तो मय की गंगा बह रही है।

अब अजय को हमने मना कर दिया कि भाई अनजान तालाब,नदी, डैम की थाह नहीं होती इसलिए यहां नहाने इत्यादि का लोभ छोड़ देना चाहिए। कुछ देर तक बालहठ चला लेकिन फ़िर मान गए और हमने अपना डेरा जमा लिया।

खानसामा संतोष भोजन बना रहा था। पत्थरों को जोड़ कर चुल्हा बनाया और जंगल की लकड़ियां लेकर चूल्हा जला लिया। एक चूल्हे पर भात चढा दिया  दूसरे पर दाल और स्वयं नानवेज को सु्धारने लग गया। हमारे साथ एक वेजिटेरियन भी थे। उनके लिए बैंगन और आलू को भूनकर चोखा तैयार हो रहा था।

राजकुमार सोनी-निशाने पे नजर
आचार्य उदय ने चोखा की बहुत तारीफ़ की थी। इधर गाना चल रहा था" धीरे-धीरे मुर्गा सिके-चप्पा चप्पा चरखा चले" हा हा हा बस मौजां ही मौंजा। राजकुमार सोनी अचानक अपनी कुर्सी से उठकर भाषण देने लग गए, रंग कर्म जो उनकी रग-रग में बसा हुआ है, बस वह रंगकर्मी जाग गया था।

इधर अजय सक्सेना के घर से फ़ोन आ गया था जिससे वे समझाने में सक्सेस हो गए, हा हा हा बड़ा ही मजेदार माहौल था। जिन्दगी के एक-एक पल को जिया जा रहा था। कहीं पल छूट ना जाएं। किसी ने कहा है--

मौसम का क्या ठौर ठिकाना,जोड़े हाथ चला जाए
फ़ागुन बन आया था,वह सावन बनके छा जाए
पल हैं थोड़े,रस है ज्यादा,पीना लेकिन खोना ना
ऐसा न हो, गायक चुप हो और सुनने वाला गा जाए

बस ऐसा ही कुछ समय का बंधन हमारे साथ भी था। सभी ने भोजन कि्या। संतोष ने बहुत अच्छा खाना बनाया था। जंगल में मंगल करवा दिया। दूर चिड़ियों की चहचहाहट वातावरण को आनंददायी बना रही थी।

कालु कुत्ता-पार्टी के बाद मस्ती में
आलु बैंगन के चोखा में सब अपना हाथ मार रहे थे, सामने पड़ा हुआ चिकन इंतजार कर रहा था कि मेरी कुर्बानी भी किसी के काम आए। तभी अवधिया जी हाथ बढाया और चिकन को कुछ राहत मिली कि कोई तो कदरदान है उसकी कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी।

सेमल के पेड़ की घनी छाया में ठंडी हवा चल रही थी। एक वृक्ष चौड़े पत्तेवाली नीलगीरि का भी था। जिसकी खुश्बू वातावरण को महका रही थी. एक को छोड़कर बाकी ने चिकन पर हाथ आजमाया,

पास में ही कालू कुत्ता भी बैठ के जीभ निकालकर लार टपका रहा था कि बोटी नहीं सही हड्डियाँ तो खाने मिलेगी, आज उसकी भी पार्टी हो जाएगी। भोजन में आनंद आ गया। संतोष भी भोजन करवाकर संतुष्ट था कि मेहमानों को उसका बनाया भोजन पसंद आया और हम भी अपने आपको तृप्त महसूस कर रहे थे, लजीज भोजन करके।

भोजन करके हम चल पड़े अपनी वापसी की यात्रा पर, फ़िर एक नई यात्रा के मंसुबे बनाते हुए, पीछे छूट गया संतोष, कालू कुत्ता और सेमल-नीलगीरि का पेड़.