राहुल सिंह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राहुल सिंह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 6 जून 2012

आकार 2012: कठपुतली वाली मेडम

आकार 2012 समापन कार्यक्रम 
छत्तीसगढ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा गर्मियों की छुट्टी में राज्य के प्रमुख शहरों में सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए "आकार" का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में शिल्प गुरुओं को आमंत्रित किया जाता है तथा उनके द्वारा उम्र के बंधन रहित सबको कला का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें भित्ती चित्र, पेंटिंग, नृत्य, ढोकरा शिल्प, रजवार, मधुबनी, पैरा आर्ट, मृदा शिल्प, ग्रीटिंग कार्ड, म्युरल आर्ट आदि का प्रशिक्षण दिया जाता है। सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ यह आयोजन जीविकोपार्जन का बायस बनता है। 26 मई को बिलासपुर आकार के समापन समारोह में जाना हुआ। गरिमामय आयोजन में सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं कला गुरुओं का सम्मान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी था जिसमें भरथरी गायिका लक्ष्मी कंचन ने भरथरी लोककथा का गायन किया एवं छत्तीसगढ अंचल के विवाह गीतों का सुंदर प्रस्तुति करण किया।


इस कार्यक्रम के पश्चात कठपुतली का प्रदर्शन हुआ। बचपन में कठपुतलियों के शो बहुत देखे थे। उस समय राजस्थान से आने वाले कठपुतली कलाकार स्कूलों में एवं गाँव में तंबु लगा कर 10-20 पैसे प्रति व्यक्ति टिकिट लगाकर कठपुतली का प्रदर्शन करते थे। वे कठपुतलियाँ छोटी हुआ करती थी तथा संवाद परदे के पीछे कठपुतली नचा रहा कलाकार बोलता था। नागिन के रिकार्ड पर कठपुतली का नागिन डॉस दिखाया जाता था। उस समय कठपुतली के खेल का उद्देश्य सिर्फ़ मनोंरजन करना होता था। यद्यपि उसमें भी सामाजिक चेतना जगाने का भाव काम करता था। कठपुतलियों के खेल के माध्यम से गंभीर से गंभीर बात भी सरलता से समझाई जा सकती है। छत्तीसगढी भाषा में कठपुतली का प्रदर्शन मैने यहाँ पहली बार देखा ताज्जुब की बात तो यह है कि इस शो में 1 फ़ुट से लेकर 12 फ़ुट तक की  कठपुतलियों का प्रयोग किया गया तथा प्रहसन भी छत्तीसगढ की माटी से जुड़े थे। छत्तीसगढी गीतों पर कठपुतलियों नाच रही थी।

यह सब कर दिखाया नीलिमा मोईत्रा ने। नीलिमा सेंदरी हायर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर में व्यायाम शिक्षिका है। 15 वर्षों से कठपुतली के खेल का प्रदर्शन कर रही हैं। कठपुतलियों का डिजाईन इन्होने पात्र के अनुसार स्वयं किया है। ये गीतों के साथ नाटक और प्रहसन भी रचती हैं और उनका प्रदर्शन भी करती है। समाज में फ़ैली कुरितियों भ्रुण हत्या, बाल विवाह, दहेज एवं एडस, पल्स पोलियो, मलेरिया, पानी बचाओ आंदोलन, साक्षरता जैसे विषयों पर कठपुतलियों के माध्यम से जनमानस को जागृत करने का प्रयास करती है। छोटे बच्चों के चेतना में यह संदेश गहरे पैठ जाते हैं। जिसका सकारात्मक परिणाम भविष्य में समाज को मिलेगा और समाजिक जागृति फ़ैलाने में मील का पत्थर साबित होगा। टीवी चैनलों के प्रदुषित कार्यक्रमों की बाढ के बीच सार्थक संदेश देता कठपुतलियों का खेल भीषण गर्मी में ठंडी फ़ुहार जैसा है।

नीलिमा मोईत्रा बताती हैं कि उन्होने देश के नामी कठपुतली कलाकारों द्वारा कठपुतली का प्रशिक्षण लिया। जिसमें बिहारी भट्ट भोपाल, निरंजन गोस्वामी, दिलीप मंडल कलकत्ता, शम्पा घोष, चेतन शर्मा, शांतनु बनर्जी, सुरेन्द्र कौल दिल्ली, शंकर कला निकेतन सोसायटी गोहाटी आसाम, लीला महिपति कवि अहमदाबाद गुजरात एवं राजस्थान के उदयपुर में प्रशिक्षण प्राप्त किया। मोइत्रा बताती हैं देश और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, इतिहास और वर्तमान में होने वाले तत्कालिक सवाल-जवाब स्पर्धा का भी आयोजन कठपुतली के द्वारा कार्यक्रम कर आम जनता को प्रश्नों के उत्तर पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर भी देती हैं। सूचना के अधिकार के प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने पापेट शो के द्वारा भ्रष्टाचार के विरूध्द बिगुल फूंका था जिसमें देश के हजारों समाज सेवी, सरकारी, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

छ ग विधान सभा अध्यक्ष एवं नीलिमा मोईत्रा
एक प्रश्न के जवाब में कहती है कि सरकार द्वारा शिक्षा को आनंददायी बनाने के लिए कठपुतलियों के प्रयोग का प्रशिक्षण हजारों शिक्षकों ने प्राप्त किया। लेकिन मैने ही इस खेल को लोक भाषा एवं लोक शैली में ढाल कर पस्तुत किया। भारतीय सांस्कृति विरासत जो मृतप्राय होती जा रही है उसए कठपुतली नाच के माध्यम से लोक भाषा और लोक शैली में प्रदर्शित कर समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया है। इसके माध्यम से लोगों में समाज के आम पहलूओं से जुड़े विषयों पर जागरूकता लाने का प्रयास भी हो रहा है। पश्चिमी संस्कृति और आधुनिकता में लोग अपनी विरासत को भूलते जा रहें हैं वहीं समाज में नीलिमा जैसे लोग भी है। जो अपनी विरासत को संजोने के लिये न सिर्फ कोशिश कर रहें हैं। बल्कि कठपुतली के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत कर कुरीतियों विरुद्ध युद्ध भी लड़ रहे हैं। 

आकार में पपेट शो
कठपुतली का प्रदर्शन सिर्फ़ समाज में जागरुकता फ़ैलाना ही नहीं है इसके पीछे गरीब कलाकारों का आर्थिक उत्थान भी जुड़ा हुआ है। कठपुतली शो से जुड़े हुए बच्चे गरीब परिवारों से होते हैं। जिनको भरण पोषण के लिए आय स्रोत भी जुटाने पड़ते हैं। वे आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपनी पढ़ाई बीच में ही रोक कर हाथ में कुदाल फावड़ा लेकर मजदूरी करने पर बाध्य होते हैं। उन बच्चों को गौरव से आय अर्जित कर अपनी पारिवारिक आवश्यकताओं की पूर्ति के बाद शिक्षा को जारी रखने के आय के साधन के रूप में कठपुतली के द्वारा प्रचार-प्रसार कार्यक्रमों द्वारा मिली हुई मानदेय राशि गरीब बच्चो को दी जाती है तथा उनके शिक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाता है। नीलिमा मोईत्रा कठपुतली कला के विकास के लिए बहुत मेहनत करती हैं। इन्हे पुरस्कार के रुप में प्रमाण-पत्र के साथ शाबसी तो मिलती है पर आर्थिक सहायता कहीं से नहीं मिलती।

ललित शर्मा, रतन जैसवानी एवं डॉ सोमनाथ यादव "आकार" में
एक दुर्घटना में हाथ एवं पैर टूट गया था। शारीरिक क्षमता में कमी होने के बाद भी ये अपनी कठपुतलियाँ स्वयं डिजाईन करती हैं और उन्हें सुवा नाच, पंथी, कर्मा, राऊत नाचा, आदि में सजाकर प्रदर्शित भी करती है।चलते चलते वे एक प्रश्न भी खड़ा कर जाती हैं, बिना किसी सरकारी सहायता के पंजीकृत संस्था 10 वषों से कठपुतली प्रदर्शन का कार्य कर रही हैं उन विद्वानों, समाज सेवियो, शासन के अधिकारियों की तरफ देखते हुए ये प्रश्न पूछती हैं कि आखिर क्यों, कोई हाथ इस मृतप्राय होती कला को हमेशा-हमेशा के लिये छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत बनाने हेतु पहल नहीं करता हैं? क्यों इस कला के लिये संरक्षण आज तक किसी ने पहल नहीं की? मुझे तो लोग अब कठपुतली वाली मेडम कहते हैं। कठपुतली ही अब मेरी पहचान बन गयी है। कठपुतली (डॉल) थियेटर बनाने का सपना संजोकर हजारों कलाकारों के समान नीलिमा माइत्रा भी इस भीड़ में गुम न हो जाए इसलिये पहल होनी ही चाहिए। कठपुतली कला की विरासत को निरंतर बनाए रखने और संजोने में स्वयंसेवी संस्थाओं एवं प्रशासन द्वारा पहल होनी चाहिए।

शुक्रवार, 13 अप्रैल 2012

अकलतरा की ओर ------------ ललित शर्मा

बिलासपुर स्टेशन
सीटी बजाती हुई गाड़ी आगे बढती जा रही है। मैं स्लीपर कोच में बैठा अपनी मंजिल तक पहुंचने का इंतजार कर रहा हूं। तभी उपर वाली बर्थ खाली होती है और मैं उस पर चढ कर सोने का मन बनाता हूं। चलती गाड़ी के हिचकोलों में नींद आना भी मुश्किल है,ट्रेन को बिलासपुर से आगे नहीं जाना है। इसलिए आगे निकलने का खतरा नहीं है। सोचता हूँ, बाबु साहब से वादा किया था, 9 तारीख को अकलतरा पहुंचने का। 9 तारीख की सुबह चैट पर बाबु साहब ने याद दिलाया कि आज अकलतरा पहुंचना है मुझे, वे इंतजार कर रहे हैं। मेरा मन नहीं था जाने को। दोपहर की धूप के विषय में सोच कर। गर्मी बहुत बढ गयी है। घर पर ही रहा जाए तो ठीक है, लेकिन बाबु साहब ने फ़िर फ़ोन पर चर्चा कि और कहा कि चांपा का टिकिट ले लेना, मै आपको चांपा में मिलुंगा। मैने कहा कि - शाम को शताब्दी से आऊंगा और रात को आराम करके सुबह चलेगें घुमने। तो वे उस पर भी राजी हो गए। इतना कहने के बाद मैं अचानक उठ कर तैयार हो गया और घर से निकलते हुए बाबु साहब को फ़ोन लगा कर इत्तिला दी कि छत्तीसगढ एक्सप्रेस से पहुंच रहा हूं, यह गाड़ी बिलासपुर तक ही है। इसके बाद उत्कल से चांपा तक यात्रा करनी है।

दो ब्लॉगर - ललित शर्मा  और रमाकांत सिंह (बाबु साहब)
स्टेशन पहुंचने पर बाबु साहब ने मुझे नैला उतरने कहा, फ़िर थोड़ी देर बाद अकलतरा पहुचने। इतनी देर में ही तीन बार कार्यक्रम बदल चुका था। बिलासपुर पहुंचने पर पता चला कि उत्कल तो कब की छूट चुकी है। अब अकलतरा के लिए गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर ट्रेन का ही सहारा है। इस बीच एक घंटा मुझे बिलासपुर स्टेशन पर ही बिताना पड़ेगा। अब अरविंद झा याद आए, उन्हे फ़ोन लगाया, तो आधे घंटे में पहुचने का कह रहे थे। भूख भी लगने लगी थी, कुछ हल्का फ़ुल्का चटर-पटर खाया। तब तक अरविंद झा भी पहुंच गए। पैसेंजर ट्रेन प्लेट फ़ार्म पर लग चुकी थी। अरविंद झा एकदम चकाचक दिख रहे थे, कुछ बदलाव नजर आया मुझे उनमें, फ़िर ध्यान दिया तो मुंछों का फ़र्क था, उनकी नयी मुछें कहर ढा रही थी। हमारी बिरादरी में मिलने की तैयारी लगी। अगले माह दरभंगा जाने का प्रोग्राम बन गया। फ़िर वहीं से जनकपुर इत्यादि। ट्रेन ने सीटी बजाई, गार्ड ने झंडी दिखाई और गाड़ी चल पड़ी। अरविंद स्टेशन पर छूट गए। वापसी में मिलने का वादा रहा। रात को मिल बैठेगें दीवाने तीन, मै, अरविंद और श्याम कोरी "उदय", फ़िर जम जाएगी महफ़िल।

जयराम नगर स्टेशन में संगमरमर का बोर्ड
बिलासपुर से चलकर गतौरा स्टेशन में ट्रेन रुकी। ट्रेन की खिड़कियों में हुक लगा कर दूध के डिब्बे और सब्जियों की गठरियाँ भी टांग रखी थी। ट्रेन रुकते ही वे अपना सामान फ़टाफ़ट उतारने लगे। मेरी खिड़की पर भी यही हाल था। बड़ी बड़ी गठरियां लदी हुई थी। पैसेंजर ट्रेन है, आवश्यकता पड़ने पर बकरियाँ भी लाद ली जाती हैं बिना टिकिट। टिकिट बाबु को 10-20 देने से काम चल जाता है। हम तो सुपरफ़ास्ट की टिकिट लेकर पैसेंजर की सवारी कर रहे थे। अरपा नदी का पुल पार करने के बाद जयरामनगर स्टेशन आता है पहले इसे पाराघाट कहा जाता है। जयराम नगर एकमात्र स्टेशन है जहाँ संगमरमर का बोर्ड लगा है स्टेशन के नाम का। इसके बाद पैसेंजर हाल्ट कोटमी सोनार आता है। दाएं तरफ़ देखने से वाच टावर जैसी संरचना दिखाई देती है साथ ही तारों की बाड़ की घेरे बंदी भी। मै इस स्थान के बारे में कयास लगा रहा था तभी बाबु साहब का फ़ोन आता है और वे बताते हैं कि यही क्रोकोडायल पार्क है। इसे कहते हैं टेलीपैथी। मै ट्रेन में क्या सोच रहा हूं यह जानकारी बाबु साहब को हो जाती है और वे मुझे फ़ोन पर उस स्थान के बारे में बता देते हैं। सिद्ध पुरुषों के यही चमत्कार होते हैं।

अकलतरा का स्कूल
छुक छुक गाड़ी अकलतरा स्टेशन पर पहुंचती है। इस स्टेशन से कई बार होकर गुजरा लेकिन यहां उतरा एक बार भी नहीं। डिब्बे से बाहर आता हूँ तो लू की लपट लगती है, टेम्परेचर 42 के पार लगता है। 22N01 82E26 अक्षांश देशांश पर अकलतरा स्थित है, डिब्बे से बाहर आते ही बाबु साहब नजर आते हैं, राम राम होने के बाद हम उनके घर चल पड़ते हैं। 2 बज रहे हैं, मंझनियाँ का समय और सूरज अपने पराक्रम पर। घर पहुंच कर सबसे पहले हस्त-मुख प्रक्षालन होता है। बाबु साहब कहते हैं - भोजन करके थोड़ा आराम कर लेते हैं फ़िर घुमने चलेगें। उन्होने कई जगह जाने का कार्यक्रम पहले से ही बना रखा है। उनकी माता जी एवं बहने बढिया खाना खिलाती हैं, बड़ी बिजौरी के साथ परम्परागत भोजन का आनंद ही कुछ और है। अंत में एक कटोरी गोरस भोजन पचाने के लिए काफ़ी होता है। थोड़ा आराम करने के बाद हम अकलतरा के कोट गढ के मड फ़ोर्ट को देखने निकलते है तो बाबु साहब कहते हैं, तनि स्कूल और बैंक देखते हुए चलते हैं। इस स्कूल के सांस्कृतिक मंच की गरिमा है कि इस पर देश की नामी हस्तियों ने अपनी बात कही है।

सहकारी भवन
हम स्कूल की ओर चलते हैं। बाबू साहब मुझे स्कूल और सहकारी बैंक दिखाना चाहते हैं। सहकारी बैंक की पुरानी बिल्डिंग खंडहर हो चुकी है। उसमें जड़े तालों में जंग लग चुकी है। सहकारी बैंक की स्थापना डॉ इंद्रजीत सिंह  (अकलतरा के मालगुजार और राहुल भैया के दादा जी) ने की थी, वे सहकारी आंदोलन से जुड़े थे और   भूमि दान की थी बैंक की स्‍थापना के लिए, वे ट्रस्‍टीशिप और सहकारिता के प्रबल पक्षधर थे। उन्‍हीं की प्रेरणा मानी जा सकती है कि अकलतरा का उ मा शाला का संचालन आज भी सफलता और कुशलतापूर्वक निजी संस्‍था द्वारा किया जा रहा है। स्कूल, अस्पताल, थाना, सहकारी बैंक एवं अन्य संस्थानों के लिए डॉ इंद्रजीत सिंह ने मुक्त हस्त से भूमि दान की। हम सहकारी बैंक में लगे उद्धाटन शिला की फ़ोटो लेना चाहते थे। परन्तु तालों में जंग लगने के कारण वे खुले नहीं। बाबु साहब ने बहुत कोशिश की।

सहकारी बैंक के बड़े बकायादार
आखरी इलाज इन्हे तोड़कर ही खोलने का था, जो हमने स्थगित कर दिया। सहकारी बैंक नए भवन में चला गया है, पुराना भवन खंडहर होकर ढह रहा है। इस भवन में कालातीत ॠणियों (बकायादारों) की सूची लगी है। कुछ लोगों के लिए खुशी की बात होती थी कि बैंक के ॠणियों की सूची में नाम होना। अगर जिसका नाम सूची में नहीं है उसकी इज्जत ही क्या है। बैंक का चुनाव भी लड़ने की पात्रता उसे ही है जो बैंक का कर्जदार होता है। इसलिए सहकारी बैंक से कर्ज लेना अनिवार्य मजबूरी है समझिए। एक ऐसी ही लिस्ट मुझे यहाँ देखने मिली। स्कूल के सामने ग्राऊंड में बच्चे क्रिकेट खेल रहे हैं और साथ ही चुस्की वाले का ठेला भी लगा है। गर्मी में ठंडक का अहसास लेना है तो चुस्की का आनंद लेना ही पड़ेगा। अब चुस्की का आनंद लेते हुए हम चल पड़ते हैं कोट गढ की ओर… … ……  आगे पढें

मंगलवार, 7 फ़रवरी 2012

बेदांती महाराज की दंत कथा एवं सिरपुर भ्रमण ---- ललित शर्मा

मन की उड़ान
धरती में दफ़्न जब किसी प्राचीन नगर, मंदिर देवालय या अन्य संरचना के बाहर आने की सूचना मिलती है तो रोमांचित हो उठता हूँ। निर्माण करने वाले शिल्पकारों की कारीगरी देखने की इच्छा जागृत होकर व्याकुल कर देती है। कल्पनाओं के घोड़े दौड़ने लगते हैं, अनगिनत सवाल मन में उठने लगते हैं। सारे जवाब पाना संभव नहीं। कल्पनाओं की अलग ही दुनिया है। जहाँ राजमहल होते हैं, वहाँ कल्पनाए राजा रानी की कहानियां गढने लगती हैं, सेनापति और दरबारी सामने दिखाई देने लगते हैं। उनका खान-पान, बोली, वेशभूषा कैसी होगी? जहां कब्रिस्तान होते हैं वहाँ कल्पना उठने लगती है कि कौन सोया है इन कब्रों में। कैसा होगा यह अपने जमाने और भी नाना प्रकार की बाते। खाली खोपड़ी में बहुत कुछ उपजते हुए एक चल चित्र सा चलने लगता है। ऐसा ही कुछ मेरे मन मस्तिष्क में सिरपुर के विषय में उमड़ता-घुमड़ता रहता है।

बड़े गुरुजी बेदांती महाराज (मध्य में)
छत्तीसगढ के महासमुंद जिले में महानदी के तटीय इलाके के उत्खनन में श्रीपुर नामक राजधानी प्राप्त हुई है। वैसे तो यहाँ पूर्व में कई बार जा चुका था। तब देखने लायक आँखे नहीं थी। जब आँख खुली तब सवेरा समझा और फ़िर खुली आँखों से देखने लगे। गत 16 से 18 जनवरी तक छत्तीसगढ की नदी घाटी सभ्यता पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन संस्कृति विभाग छत्तीसगढ शासन के सौजन्य से था। देश के विभिन्न स्थानों से पुराविद, इतिहासकार, शोधार्थी सम्मिलित होने पहुंचे थे। तीन ब्लॉगर भी थे इस सेमिनार में। 18 जनवरी का दिन सिरपुर भ्रमण के लिए तय हुआ था। बड़े गुरुजी ने कहा था कि मैं अगर सिरपुर भ्रमण पर जाऊंगा तो वे भी जाएगें। मैने भी सोचा कि येल्लो भाई, हो गया कबाड़ा, इस जनम में तो पीछा छूटने वाला नहीं। पता नहीं यह शनि कैसे सिर पर सवार हो गया। कोई तो बचाओ इससे।

यहीं खोपड़ी थी
बड़े गुरुजी सुनकर खिसिया गए, बोले- मोर खंगे रहिस त तोर ले भेंट होए है ( कुछ बाकी था, इसलिए तुम्हारे से मुलाकात हुई।) क्या बाकी था गुरुदेव, बुढौती तक तो सब निपट गया। गुरुजी बोले - एक बार की बात है, गाँव में एक ब्राह्मण रहता था। पूजा पाठ करके अपना गुजर-बसर करता था। ब्राह्मण कहीं से जजमानी करके आ रहा था तो उसे रास्ते में मनुष्य की एक खोपड़ी पड़ी दिखाई। उसने सोच कर कि इस का कुछ संस्कार बाकी है, उस खोपड़ी को अपने पंछे में बांध लिया और घर ले आया। देखा जाए कि क्या बाकी है? ब्राह्मण ने पत्नी से छिपाकर उस खोपड़ी को खपरैल में रख दिया। दूसरे दिन ब्राह्मण अपनी कथा पूजा में चला गया। पत्नी को खपरैल में कुछ पंछे में बंधा दिख गया। उसने जिज्ञासावश पंछे को खोला तो खोपड़ी दिखाई दी। उसने माथे पर हाथ मारा और कहने लगी कि आने दे पंडित को आज उसकी खबर लूंगी, जादू टोना शुरु कर दिया है।

पंडित के आने से पहले गुस्से में पंडिताईन ने उस खोपड़ी को खलबत्ता (इमामदस्ता) में कूट कर चूर-चूर करके नाली मे बहा दिया और पंडित का इंतजार करने लगी। सांझ को पंडित लौटा, उसके ढूंढने पर खपरैल के छप्पर में वह खोपड़ी दिखाई नहीं दी। पंडित ने पत्नी से पूछा तो वह उस पर भड़क गयी। क्या पंडिताई से पेट नहीं भरता जो अब जादू टोना करने चले हो। मैने उस खोपड़ी को खलबत्ता में कूट पीस कर नाली में बहा दिया। पंडित बोला - बहुत अच्छा किया। मै तो यह देखने के लिए खोपड़ी को उठा लाया था कि इसका क्या होना बचा है? उस खोपड़ी का तुम्हारे हाथों की यह संस्कार होना बाकी था इसलिए यहाँ तक पहुंच गयी। बड़े गुरुजी ये कहानी सुना कर कुछ इस अंदाज में मुस्काए जैसे विक्रम अब वेताल को फ़िर से कंधे पर उठाकर चल पड़ेगा, मेरी तरफ़ देखते हुए। मै भी मुस्कुराता हूँ और सोचता हूँ कि इस डोकरा का मेरे हाथों क्या खंगा है?

बस पंगा होने ही वाला था कि मैने बड़े गुरुजी के कान में मंतर पढ दिया और दोनो गुरु-चेला चल दिए पूर्व दिशा में जहाँ सूर्योदय पर छोटा चेतन हमारा इंतजार कर रहा था। ठिकाने पर पहुंचते ही बड़े गुरुजी मुस्काए, जैसे मोगेम्बो खुश हुआ हो। बेदांती की मुस्कान बहुत ही सुंदर लगती है। इनकी मुस्कान पर तो दस-बीस मैजिक वार दूँ। पर क्या किया जाए भविष्य को भी देखना है। चेतन ने टेबल पर मुंगफ़ल्ली-चने लाकर रख दिए। बोला- कम्पलीमेंट्री है सर। एक तरफ़ उसका घर एक तरफ़……… की तर्ज पर एक तरफ़ बेदांती महाराज एक तरफ़ फ़ल्ली और चना। मै देखता रहा कि अब क्या होगा? होगा क्या, एक घूंट लगाते ही  बेदांती महाराज बड़े गुरुजी शान से मुंगफ़ली और चने चबाने लगे और बोले - का बताओं महाराज, तोर मोर पटे घला नहीं, फ़ेर तोला भेंटे बिना मन माड़हे नहीं। कनवा ला भांव नहीं, कनवा बिना रहांव नहीं।( क्या बताऊं महाराज, तुम्हारी मेरी पटती नहीं है, पर तुम्हारे मिले बिना मेरा मन मानता नहीं है। काना मुझे पसंद नहीं है,  बिना उसके रहना भी पसंद नहीं है।

जय हो बेदांती महाराज की
बेदांती महाराज की दोस्ती अब मजबुरी बन गयी, इनके दर पर आदतन हो गया पहुंचना। चेतन फ़िर ध्यान भंग करने पहुंच गया - और क्या लाऊँ? बेदांती महाराज बोले- मेरे लिए स्माल और महाराज के लिए फ़ुल्ल। चेतन आर्डर लेकर चला गया। बेदांती महाराज से चर्चा चलते रही, मुंह कड़ुवा होते ही मीठा बोलने लगे, बड़े प्रेम से ब्लॉग कहानी सुनाने लगे। ब्लॉगिंग पर गंभीर चर्चा होने लगी। बेदांती महाराज बोले- मैने तो कमेंट करना बंद कर दिया है। जिसकी पोस्ट मुझे अच्छी लगती है वहीं कमेंट करता हूँ। मैने कहा कि कभी एकाध कमेंट मेरी पोस्ट पर भी कर दिया करो। तो बोले - तैं मोर मन के लायक लिखथस त कमेंट करथौं (तुम मनभावन लिखते हो तब कमेंट करता हूं) धन्य हुए देव! एक साल में आपके मन के लायक एक पोस्ट भी नहीं लिखे। काहे ये नालायक चेला को फ़िर याद करते हो। चेतनSSS- अगला आर्डर कैंसिल। चलो अब बहुत टैम हो गया घर जाना है। बेदांती महाराज उठते और कहते हैं - कल कितने बजे चलना है सिरपुर? तैं के बजे आबे? बिहनिया आठ बजे अजायबघर में मिलना। मिलन का करार होने के बाद दोनो अपने-अपने रास्ते चल देते हैं। :)

शुक्रवार, 5 अगस्त 2011

मि. टेटकू राम

छत्तीसगढी फ़िल्मों के सुपर स्टार अनुज शर्मा की नई फ़िल्म मि. टेटकू राम का प्रीमियर कल सुबह 5 अगस्त 2011 को प्रात: 9 बजे प्रभात टाकीज रायपुर में होने जा रहा है। छइयां भूईयाँ से लेकर मि. टेटकू राम का सफ़र तय करने वाले अनुज शर्मा इस फ़िल्म के प्रोडयुसर एवं हीरो हैं। आप सभी प्रीमियर में सादर आमंत्रित हैं। अब प्रभात टाकीज में आपसे 9 बजे भेंट होगी।



ललित शर्मा, अनुज शर्मा (मि. टेटकू राम) एवं राहुल सिंह जी



आपका इंतजार है



NH-30 सड़क गंगा की सैर

बुधवार, 15 जून 2011

"उसने कहा था" में दही का योगदान--राम पटवा

राम पटवा साहित्य जगत का जाना माना नाम है, उनकी कृति "विष्णु की पाती राम के नाम" चर्चित रही है। विष्णु प्रभाकर जी के सानिध्य में रहे और विष्णु प्रभाकर जी जगह-जगह, राम पटवा जी की लघु कथा 'अतिथि कबूतर' सुनाते हुए कहते कि 'शब्द मेरे हैं पर कथा श्री राम पटवा की है और वह किसी टिप्पणी की मोहताज नहीं है।'इसका जिक्र राहुल सिंह जी ने अपनी एक पोस्ट "राम के नाम पर" में किया है। पढते हैं चंद्रधर शर्मा "गुलेरी" जी की कालजयी कहानी "उसने कहा था" के दही लाने वाली लड़की पर राम पटवा जी का चिंतन, राम झरना।
राम पटवा जी एवं अनुप रंजन पांडे
मुझे एक कविता की कुछ पंक्तियां याद आती हैं - कि "गर्मियों में अपने मामा के घर छुट्टियाँ बिताने आई किसी मनचली लड़की की तरह लगती है यह नदी।" कितनी अच्छी बात है, किसी नदी की तरह, किसी लड़की का मनचली हो जाना, और एक मनचली लड़की का बाजार में दही खरीदने जाना और दही खरीदते-खरीदते प्रेम प्रसंग में दही की तरह जम जाना। जीवन की हर सांस प्रेम गंध से भरकर प्रेममय हो जाना, कितनी सुखद घटना है यह।

दही का इजाद जबसे हुआ, उसका उपयोग खाने,पीने और बाल धोने के लिए ही नहीं हुआ, बल्कि दही का योगदान जमने के साथ-साथ जमाने में भी हुआ। एक दिन अमृतसर के भीड़ भरे बाजार में, वह लड़की मामा के सर धोने के लिए दही लेने क्या जाती है, वहां एक अपरिचित लड़का मस्ती से सराबोर होकर पूछ बैठता है कि -"तेरी कुड़माई हो गयी? धत्.....। इस धत् शब्द माधुर्य और सौंदर्य बोध, दोनों के जाल में वह लड़का गिरफ़्त हो जाता है। एक दिन दोनो की फ़िर मुलाकात हो जाती है, फ़िर उस लड़के का उसी तरह प्रश्न, लेकिन उत्तर - "हां हो गयी, देखते नहीं रेशम से कढा हुआ सालू।"

इस बीच वह लड़की क्या बोलती है, वह लड़का क्या सुनता है, क्या समझता है, लगता है, गुलेरी जी उन दिनों अमृतसर के भीड़ भरे बाजार में, इस वाकये को देख रहे हों और सुन भी रहे हों- "एक प्रेम कहानी का जन्म हो जाता है,उसने कहा था।" उसने क्या-क्या कहा था, और जो कहा गया था उसे किसने कब निभाया, गुलेरी जी इस कहानी के सम्पूर्ण हद के साक्षी हो जाते हैं, फ़लस्वरुप हिन्दी कहानी के संसार में एक प्रेम कहानी का जन्म हो जाता है।

दही न होता, न वह लड़की दही खरीदने जाती, न उस लड़के से मुलाकात होती, न गुलेरी जी की कालजयी प्रेम कहानी का जन्म होता। इस तरह एक चिरस्मर्णीय प्रेम कहानी के प्रसंग में दही का जो योगदान रहा, उसे प्रेम कहानियों के पाठकगण कभी भूल नहीं सकते। बाल धोने के लिए एक मामा अपनी एक भांजी को दही लेने बाजार भेजते हैं, और भांजी बाजार में दही खरीदते-खरीदते प्रेम के महासागर में गोता लगा लेती है। दही उन दोनो के जीवन को प्रेममय बना देता है। जिसकी खुश्बु दिक् दिगन्तर तक चली जाती है।

चंद्रधर शर्मा "गुलेरी"
दही के जरिए एक छोटी सी मुलाकात, प्यार में तब्दील होकर दोनों के गले का हार बन जाती है। आज भी कई लड़कियां रोज दही खरीदने बाजार जाती होगीं, लेकिन सिर्फ़ दही खरीद कर ही वे वापस आ जाती होगीं। इस प्रेम कहानी के निर्माण में दही के इस महत्वपूर्ण योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जब भी मैं दही देखता हूँ मुझे, अमृतसर के भीड़ भरे बाजार की याद आती है, और उस भीड़ भरे वातावरण में नदी की तरह उस मनचली लड़की की भी याद आती है। जिसने बाजार में उस लड़के से कुछ कहा था, उसने कुछ भी कहा था, सच कहा था, सच के अलावा कुछ नहीं कहा था। " वास्तव में दही स्वयं जमने के साथ दूसरों को भी जमाने का काम करता है।"