पांडीचेरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पांडीचेरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 26 दिसंबर 2010

पणंग कलंगा, बोंडा और पांडीचेरी की शंकरा

आरम्भ से पढ़ें 
एयरपोर्ट से बाहर निकलने पर सबसे पहले इडली पर हाथ साफ़ किया और फ़ास्ट ट्रेक टैक्सी का रेट पूछा पान्डीचेरी जाने के लिए।

उसने 3600 रुपए और टोल अलग से लगेगा बताया। जबकि बस से जाने पर 55 रुपए से लेकर अधिकतम 170 रुपए ही लगते। लेकिन उसके लिए बस स्टैंड तक के लिए 800 रुपए टैक्सी के देन पड़ते।

तभी एक एम्बेसेडर टैक्सी वाला आ गया। उसने 2200 रुपए किराया कहा तो हमने मोल भाव करके 1800 रुपए में उसे तय किया और चल पड़े पान्डीचेरी की ओर।

यह टैक्सी एयरपोर्ट स्टैंड के बाहर की थी इसलिए आधी कीमत में मिल गयी अगर बुथ से लेते तो 3600 ही लगते।

टैक्सी चालक का नाम कृष्णन था। पुरानी टैक्सी को बड़ी कुशलता से हांक रहा था। रास्ते में एक जगह हमने बोंडा का नाश्ता किया। बहुत ही स्वादिष्ट था। बड़े जैसा ही।

गरमा गरम सांभर और चटनी के साथ मजा आ गया। पान्डीचेरी जाने के लिए दो रास्ते हैं एक गोल्डन बीच होकर जाता है उसे ईसीआर (ईस्ट कोस्ट रोड़) कहते हैं।

दूसरा रोड़ डॉक्टर रामदास के संसदीय क्षेत्र से होकर गुजरता है। रास्ते में बरसात होने लगी थी। लग रहा था कि पान्डीचेरी में बारिश जम कर हमारा स्वागत करेगी। मैने तंगम को फ़ोन लगा कर आने की सूचना दी।

अरविन्दो आश्रम के पास निर्मल गेस्ट हाऊस में हमारा रुम श्रीनिवास ने बुक करवा रखा था।

रास्ते में टोल पर एक जड़ जैसी चीज बेचने वाला मिला। मुझे तो पता नहीं था ये क्या है लेकिन कृष्णन ने 20 रुपए देकर दो गुच्छियाँ खरीद ली।

उसने बताया कि इसे पणंग कलंगा कहते हैं। फ़िर उसने छील कर बताया कि इसे कैसे खाया जाता है। इसका स्वाद कुछ शकरकंद जैसा ही था। उसे उबाल रखा था। पणंग कलंगा कंद मूल ही है।

ताड़ी के पेड़ में जो फ़ल लगते हैं उसे तोड़ा नहीं जाता। तोड़ने के बाद पेड़ ताड़ी कम मात्रा में देने लगता है। इसलिए ये फ़ल पेड़ पर ही सूख जाते हैं और इसके बीज पत्थर जैसे हो जाते हैं।

इस फ़ल को जमीन में गाड़ने से इसमें से जड़ जैसा कंद निकलता है उसे उबाल कर खाया जाता है। धूसर रंग का यह कंद खाकर हमने भी नए फ़ल पणंग कलंगा का मजा लिया। 

हम सीधे गेस्ट हाऊस ही पहुंचे। इस गेस्ट हाऊस में तीसरी बार पहुंच रहे थे। समुद्र और आश्रम यहां से पैदल जाया जा सकता है।

सामान रख कर हम समुद्र के किनारे पहुंच गए।रात के अंधेरे में समुद्र की जलराशि दिखाई नहीं दे रही थी पर उसकी उपस्थिति का अहसास उसकी गर्जना से होने लगा था। शेर जैसी दहाड़ थी समुद्र की।

मैं आँखे बंद करके उसकी उपस्थिति का अहसास करने लगा। रात के अंधेरे में कुछ चित्र लेने की कोशिश की लेकिन चित्र सही नहीं आए। सैलानी समुद्र के किनारे घुम रहे थे।

मैं उस आर्ट गैलरी को ढूंढ रहा था जहां पिछली बार एक चित्र प्रदर्शनी देखी थी। विदेशी चित्रकार ने वाटर कलर का उपयोग करके काफ़ी उम्दा चित्र बनाए थे। हमने टाईम पास भुट्टे लिए।

यहां कलमी आम भी बिक रहे थे। पान्डीचेरी में बरसात का मौसम नवम्बर से लेकर मार्च तक होता है। बारिश कब हो जाए इसका पता ही नहीं चलता। सब समुद्र के मौसम पर आधारित है। अब हमें बाजार की तरफ़ भी जाना था।

पान्डीचेरी में वाईन टैक्स फ़्री है। हर एक दुकान के बाद वाईन शाप है और बार भी। सी फ़ुड प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। शंकरा नामक मछली और झिंगे सभी जगह मिलते हैं। कहीं कहीं पर समुद्री केकड़े भी फ़्राई हो रहे थे। 
पाम्पेट फ़िश दिखाई नहीं दी। यह केरल में मिलती है और इसका स्वाद तो मत पूछिए। शंकरा छोटी मछली होती और साबुत फ़्राई की जाती है। 

एक सरकारी दुकान में शैम्पेन से लेकर स्कॉच तक की सभी विदेशी ब्रांडेड वाईन मिलती है, एक पैग से लेकर एक लीटर तक की पैकिंग में। आप यहां से वाईन खरीद कर अपने साथ नहीं ले जा सकते। 

एकाध बोतल सील तोड़कर ले जाई जा सकती है। गेस्ट हाऊस में ही खाना मंगा लिया। यहां के खाने में नमक और लाल मिर्च का उपयोग बहुत कम किया जाता है। हां गेंहू की रोटियाँ प्राय: होटलों में नहीं मिलती। अब आयोजक गण भी पहुंच चुके थे।

पान्डीचेरी सरकार ने आर्टिसन कॉपरेटिव सोसायटी का निर्माण किया था। जिसका लाभ पान्डीचेरी के परम्परागत शिल्पकारों को मिलना है। उनकी यह मांग काफ़ी पुरानी थी।

हमने भी इसका समर्थन किया था और पिछले दौरे में मुख्यमंत्री और गर्वनर से भी चर्चा की थी। कॉपरेटिव सोसायटी के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ मुझे भी विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था।

समारोह 28 नवम्बर को 11 बजे होना था। केरल,कर्नाटक और तमिलनाडु से भी कुछ नए पुराने मित्र पहुंच चुके थे। उसकी सूचना हमें रात को ही मिल गयी थी। आगे पढ़ें 

शनिवार, 25 दिसंबर 2010

ब्योम बाला के साथ चेन्नई की उड़ान

आरम्भ से पढ़ें 
जब घर से यात्रा के लिए चला तो मैने दिल्ली से चेन्नई तक का हवाई जहाज का किराया देखा तो लगभग 4 हजार रुपए था। लेकिन आलस के कारण बुक नहीं किया। सोचा कि दिल्ली जाकर बुक कर लुंगा।

जब दिल्ली पहुंचा तो यही किराया 7000 हो चुका था। वह भी इंडिगो जैसी फ़्लाईट में। सीधा 3000 रुपए का फ़टका खाया आलस के कारण।

परमानंद जी और हम सुबह 9 बजे एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। सुरक्षा जाँच से गुजरने में आधा घंटा लग गया। मेरा हैंड बैग एक्सरे मशीन ने रोक लिया। जब वहां पहुंचा तो उन्होने बताया कि आपके बैग में ब्लेड है।

मुझे याद आया कि छ: महीने पहले उड़ीसा गया था तब मैने सेंविंग के लिए ब्लेड मंगाई थी। उसे कब का भूल चुका था। मैने ब्लेड निकाल कर उनके ही सपुर्द कर दी। जब लाऊंज में पहुंचे तो पता चला कि फ़्लाईट आधा घंटा विलंब से चल रही है। काफ़ी पीकर समय गुजारने लगे। तभी घोषणा हुई कि चेन्नई की सवारी तैयार हो जाएं।

एक बार फ़िर सुरक्षा जांच की गयी। फ़िर लोफ़्लोर बस में सवार होकर प्लेन तक पहुंचे। मुझे प्लेन में पीछे की सीट में बैठना कभी पसंद ही नहीं है। इसलिए पहले आओ पहले पाओ योजना के अंतर्गत मैं पहले ही बोर्डिंग करना पसंद करता हूं जिससे मनचाही विंडो सीट मिल जाती हैं।

कुछ सवारियो को विंडो सीट से डर लगता है। नीचे झांकने पर चक्कर आ जाता है उल्टी तक हो जाती है। लेकिन मुझे विंडो सीट ही पसंद है जिससे बादलों के नजारे देखने को मिलते हैं।

इस बार भी 3-ए सीट पर सवार हुए। प्लेन ने दिल्ली से गुड़गांव तक का चक्कर पैदल ही लगाया उसके बाद अपने रन वे पर पहुंचा। इसमें आधा घंटा लग गया। एटीसी से आदेश मिलने पर प्लेन ने उड़ान भरी और हम उड़ चले नील गगन में चेन्नई के लिए।

व्योम बालाओं ने मुस्कुराकर स्वागत किया। लेकिन पेशेवर मुस्कान गहरे नहीं पैठती। सीट बेल्ट खोलने की सूचना मिल चुकी थी।

व्योम बालाओं ने अपनी ट्राली संभाल कर दुकान शुरु की। पानी, साफ़्ट ड्रिंक, कोल्ड ड्रिंक, कुकिज, सेंडबिच खिलौने, एयर बेग, ज्वेलरी, इत्यादि बेचना शुरु किया।

दो घंटे की फ़्लाईट में टाईम पास करना भी मुस्किल हो जाता है क्योंकि प्लेन की सवारी बहुत मुस्किल से ही आपस में संवाद करती है।

मेरे साथ तो परमानंद जी थे। इसलिए इस बार टाईम पास हो गया। भूख लगी तो सेंडवि्च लिए। परमानंद जी बोले कि प्लेट नहीं दी।

व्योम बाला ने कहा कि प्लेट नहीं है आपको ऐसे ही खाना पड़ेगा। तभी मुझे ध्यान आया कि घर से चलते समय श्रीमती जी ने नास्ते के लिए कुछ प्लेट मेरे हैंड बैग में डाली थी। फ़िर क्या था हमने वही निकाली और सैंडविच खाने लगे। व्योम बाला हमारे जुगाड़ को देख रही थी।

खिड़की से बादलों के अद्भुत नजारे दिख रहे थे। ऐसा लग रहा था कि बादलों के पार भी अलग ही दुनिया है।

बादल पहाड़ों की तरह नजर आ रहे थे। जिस पर सूरज की सुनहली किरणें फ़ैल रही थी। जिससे कुछ बादल तो स्वर्णिम हो गए थे।

जब कभी भी प्लेन की सवारी करता हूं और बादलों का अद्भुत नजारा देखने मिलता है तो लगता है कि बस प्लेन का दरवाजा खोल कर छलांग लगा दूँ और पक्षियों की तरह बादलों के बीच उन्मुक्त होकर उड़ान भरुं।

एक एक बादल के पास पहुंच जाऊं और उससे संवाद करुं, बात चीत करुं। उसे हाथ लगा कर देखुं, उसकी कोमलता का अहसास करुं। उसकी पानी की कोठरी तक पहुंच जाऊं जहाँ वह जल भर कर लाता है और हमारे उपर बरसाता है। बस कु्छ इसी तरह के मनोभाव पैदा होते हैं मन में और यात्रा चलते रहती है।

इसी बीच मुझे याद आता है कि भाई योगेन्द्र मौदगिल ने एक गजल संग्रह (अंधी आँखे गीले सपने) भेंट किया था। उसे बैग से निकाल कर पढता हूँ। एक से एक उम्दा गजलों का खजाना खुल जाता है।

एक बानगी देखिए –“ हर यार हो दिलदार, जरुरी तो नहीं है, मिलता ही रहे प्यार जरुरी तो नहीं है। हमको तो बस एब एक है बस प्यार का मिंयां, वो भी तो करें प्यार, जरुरी तो नहीं है।----

आगे देखिए,-- माना के सूरज की तरह हर शाम ढलना है हमें, हर हाल में लेकिन अभी भी और चलना है हमें। माना ये दुनिया दुखों की गार है लेकिन मिंयां। सुखद स्वप्नों की तरह आँखों में पलना है हमें। मयकदे में झूमना तो मयकदे की रीत है, बहकना हर पल यहाँ, हर पल संभलना है हमें।

गजलों में भरा महुए का रस मदहोश कर रहा था। शब्द जब जागते हैं तो मुझे उनकी धड़कन का अहसास होता है। ऐसा घटते रहता है और मैं शब्द में डूब जाता हूँ।

पायलट ने मौसम खराब होने के कारण तीन बार सीट बेल्ट बांधने का निवेदन किया। चेन्नई पहुंचते पहुंचते मौसम बहुत खराब हो चुका था।

बादलों में से गुजरते हुए प्लेन थरथरा रहा था। मैं खिड़की से देख रहा था बादलों की रफ़्तार को। बारिद कहीं बरस रहे थे।

तभी अचानक मेरी बाँयी आँख के डोले में दर्द उठा और पूरी आँख में भर गया। असहनीय दर्द था। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

मैने हाथ से आँख को दबाकर रखा जिससे दर्द कुछ कम हुआ। थोड़ी देर में दर्द शांत हो गया। पायलट ने घोषणा की –“ अब हम नी्चे जा रहे हैं सीट बेल्ट बांध ले। कुछ देर पश्चात चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड करेगें।

प्लेन के नीचे आते ही समुद्र दिखाई देने लगा। साथ ही चेन्नई की धरती भी। मौसम खराब था, प्रकाश कम होने के कारण प्लेन सही सलामत लैंड करले यही बड़ी बात होती है और पायलट की कुशलता का भी परिचय मिलता है। प्लेन ने लैंड कर लिया।

एक बार फ़िर बस ने हमें लाऊंज तक पहुंचाया। अपने लगेज का इंतजार करते हैं। पहले बोर्डिंग करने से सीट तो मन माफ़िक मिल जाती है पर लगेज पहले चढाने के कारण सबसे आखिर में आता है। आखिर मेरा बैग दिखाई दे ही गया। चलो एक यात्रा पूरी हुई। आगे पढ़ें 

सोमवार, 15 नवंबर 2010

आन मिलो सजना--लागी छुटे ना -- हम तो चले ----- ललित शर्मा

ताम्रकार समाज ने भगवान सहस्त्रबाहु जयंती का कार्यक्रम रखा था जगन्नाथ मंदिर रायपुर में। धीरज ताम्रकार ने मुझे फ़ोन आमंत्रित किया कि शाम 5 बजे के मिलन कार्यक्रम में आपको आना है। मैं 5 बजे जगन्नाथ मंदिर में पहुंच गया। थोड़ी ही देर बाद आर्टिजन वेलफ़ेयर आर्गेनायजेशन के अध्यक्ष व्ही विश्वनाथ जी, महापौर दुर्ग डॉ शिव तमेर, आर एस विश्वकर्मा जी भी पहुंच चुके थे। गरिमा मय आयोजन में ताम्रकार समाज के सभी बंधु पधार चुके थे। अतिथियों के स्वागत के पश्चात भाषण इत्यादि का कार्यक्रम हुआ। समाज के संगठन के विषय में उपस्थित महानुभावों ने प्रकाश डाला। इस तरह कार्यक्रम 9 बजे तक चला। भोजन प्रसादी के पश्चात देर रात हम घर पहुंचे।

सुबह भाई अशोक बजाज जी का फ़ोन आया कि छत्तीसगढ सरकार द्वारा खेलों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया जाना है। उन्होने के कहा कि मैं 20 मिनट में पहुंच रहा हूँ। बस फ़िर मुझे  फ़टाफ़ट तैयार होना पड़ा। तब तक अशोक बजाज जी पहुंच चुके थे। हम सब आयोजन स्थल की ओर चल पड़े। वहां सभी तैयारी में थे। हमारे जाते ही औपचारिक शुभारंभ हुआ और भाई अशोक बजाज ने हरी झंडी दि्खा कर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया। छोटे छोटे बच्चों में अपार उत्साह था। स्थानीय थानेदार ओटी और तहसीलदार देवांगन की भूमिका भी सराहनीय रही। हम भी खिलाड़ियों के साथ समापन स्थल तक गए।

हमारा यात्रा पर निकलने का मुहुर्त बन रहा था, इसी बीच राजभाटिया जी और समीर लाल जी के आने का समाचार मिला। राज भाटिया जी ने तो रोहतक में ब्लागर मिलन का आयोजन ही कर डाला। मैने और पाबला जी ने रुट तय कर लिया और टिकटें बुक कर ली। अब यात्रा का दिन नजदीक आते जा रहा था। तभी पाबला जी को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी और मुझे ही अकेले निकलना पड़ा।15 नवम्बर को प्रारंभ इस यात्रा में मेरा पहला पड़ाव धोरां री धरती याने कोटा राजस्थान है, द्विवेदी जी से राम राम के बाद निकल पड़ेगें महाराणा प्रताप और इंदुपुरी की नगरी चित्तौड़ की ओर यहां दो दिनों तक रुकने का कार्यक्रम है। रोहतक ताऊ जी के भी पहुंचने की संभावना है।
यहां से चलकर पहुंचेगे 20 नवम्बर को दिल्ली और वहां से रोहतक की तरफ़ प्रस्थान करेंगे। रोहतक गए कई साल  हो गए। एक बार मैं भिवानी से रोहतक स्कुटर से भी गया था। जब काठ मंडी की तरफ़ जा रहा था तो कोतवाली के सामने पुलिस वालों ने रोक लिया और कहा कि आपका हेल्मेट कहां है? चालान काटना पड़ेगा। मैने कहा कि मुर्खों महकमे के आदमी को भी नहीं पहचानते। सुनते ही उन्होने झट बैरियर खोल दिया। उस दिन से मैने सोच लिया कि रोहतक में स्कुटर तो चलाना ही नहीं है। चार चक्के की गाडी से ही जाना है देखना है फ़ेर सुसरे किसका चालान काटते हैं :) अब विचार किया कि जब चक्कों पर ही जाना है कम पर क्यो जाएं। इसलिए  हो सके तो सैकड़ों चक्कों वाली गाड़ी पर जाने का मन बनाया है।

एक बार लौहपथ गामिनी से रोहतक जाने का कार्यक्रम बनाया था। सदरबाजार से लोकल पकड़ी, उस दिन रविवार होने के और ट्रेड फ़ेयर लगने के कारण गाड़ी ओवरलोड थी। धक्कम धक्का करके बोगी के भीतर घुसे, पैर रखने की जगह नहीं थी। उपर वाली सीट पर एक बंदा अकेला सो रहा था। मैने उसे उठाया तो उसने एक बार मेरी तरफ़ दे्खा तो मैने कहा -" सरक ले परेनै"। वो बिना कुछ बोले सीट के एक कोने में सरक लिया। मैं और राजेश जी आराम से सीट पर बैठ लिए। तभी सामने बैठा एक छोरा बोल्या-" क्युं उठ लिया, आ ग्या ना तेरा फ़ूफ़ा"। यह सुनकर भी वो छोरा चुपचाप बैठा रहा।

रोहतक आने वाला था, तब वो बड़ी हिम्मत करके हिकमत से बोला-" सर आप कौण से थाणे में हैं?" ओ ह्हो सारा किस्सा मेरी समझ में आ गया। कि वो पूरी सीट छोड़ कर क्यों उठा था। मैने कहा - " आन मिलो सजना"। इतना सुन के उसको भी सारी बात समझ में आ गयी। वो और भी ज्यादा अटेंशन हो गया। अब "आन मिलो सजना का राज बहुत ही मजेदार है। क्योंकि वहाँ सजन मिलने को तैयार खड़े हैं। अगर कोई एक बार मिल ले तो उसके पुरखे भी आन मिलो सजना की तरफ़ मुंह करके नहीं देखे। दिन में भी सोच ले तो रोंगटे खड़े हो जाएं और अगर सजना सपने में दिख  जाएं तो चिल्ली मार  कर उसका मूत निकल जाए। इसलिए आन मिलो सजना कहना और सुनना भी ठीक नहीं है। भई हम तो रोहतक पहुंच गए पर सजना से मिलना किसी को गवारा नहीं था।
भले ही सजना ना मिले कोई बात नहीं लेकिन हम ब्लागरो से तो जरुर मिलेंगे। वहां से 22 अंतर सोहिल जी के साथ पहुंचेगे रिवाड़ी जहां मुझे एक विवाह समारोह में शामिल होना है। 23 को गुड़गांव में कुछ चिरपरिचित मित्रों से मुलाकात है। इसके बाद मुझे नारनौल जाना है वहां से वापसी पर दिल्ली के मित्रों से मिलते हुए वापसी है। लागी छूटे ना अब तो बलम।