जबलपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जबलपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 4 मई 2013

त्रिपुरी के कलचुरि

त्रिपुर सुंदरी तेवर
प्रारंभ से पढें
आज का दिन भी पूरा ही था हमारे पास। रात 9 बजे रायपुर के लिए मेरी ट्रेन थी। मोहर्रम के दौरान हुए हुड़दंग के कारण कुछ थाना क्षेत्रों में कर्फ़्यू लगा दिया गया था। आज कहीं जाने का मन नहीं था। गिरीश दादा को फ़ोन लगाए तो पता चला कि वे डूबलिया कार्यक्रम में डूबे हुए हैं। ना नुकर करते 11 बज गए। आखिर त्रिपुर सुंदरी दर्शन के लिए हम निकल पड़े। शर्मा जी नेविगेटर और हम ड्रायवर। दोनो ही एक जैसे थे, रास्ता पूछते पाछते भेड़ाघाट रोड़ पकड़ लिए। त्रिपुर सुंदरी मंदिर से पहले तेवर गाँव आता है। यही गाँव विजय तिवारी जी का जन्म स्थान एवं पुरखौती है। हमने त्रिपुर सुंदरी देवी के दर्शन किए और कुछ चित्र भी लिए। मंदिर के पुजारी दुबे जी ने बढिया स्वागत किया। 

तेवर का तालाब
ससम्मान देवी दर्शन के पश्चात हम तेवर गाँव पहुंचे। राजा हमे सड़क पर खड़ा तैयार मिला। तेवर गाँव में प्रवेश करते ही विशाल तालाब दिखाई देता है। कहते हैं कि यह तालाब 85 एकड़ में है। अभी इसमें सिंघाड़े की खेती हो रही हैं। तेवर पुरा सामग्री से भरपूर गांव है। जहाँ देखो वहीं मूर्तियाँ बिखरी पड़ी हैं। कोई माई बाप नहीं है। खंडित प्रतिमाए तो सैकड़ों की संख्या में होगी। इससे मुझे लगा कि यह गाँव कोई प्राचीन नगर रहा होगा। तालाब के किनारे पर शिवालय दिखाई दे रहा था और एक चबुतरे पर शिवलिंक के साथ कुछ भग्न मूर्तियाँ भी रखी हुई थी। ग्राम के मध्य में एक स्थान पर खुले में उमा महेश्वर की प्रतिमा रखी हुई है, यहाँ कुछ लोग पूजा कर रहे थे। ढोल बाजे गाजे के साथ कुछ उत्सव जैसा ही दिखाई दिया।

तेवर की बावड़ी
इससे आगे चलने पर एक विशाल बावड़ी दिखाई देती हैं। इसके किनारे पर एक मंदिर बना हुआ है, इस मंदिर में एक शानदार पट्ट रखा हुआ है जिसमें बहुत सारी मूर्तियाँ बनी हुई हैं। इस मंदिर के ईर्द गिर्द सैकड़ों मूर्तियाँ लावारिस पड़ी हुई हैं जिनका कोई माई बाप नहीं है। इसके बाद राजा हमें एक घर में मूर्तियाँ दिखाने ले जाता है, वहां पर सिंह व्याल की लगभग 5 फ़िट ऊंची प्रतिमा है, जिसे रंग रोगन लगा दिया गया है और उसके साथ ही दर्पण में प्रतिबिंब देखते हुए श्रृंगाररत अप्सरा की सुंदर प्रतिमा भी दिखाई थी। पास ही चौराहे पर उमामहेश्वर की एक बड़ी भग्न प्रतिमा रखी हुई है। राजा यहाँ से हमें झरना दिखाने ले चलता है। 

झरने में गड्ढे
4-5 किलो मीटर कच्चे रास्ते पर जाने के बाद एक स्थान पर झरना दिखाई देता है। इस स्थान के आस-पास बड़े टीले हैं और टीलों के बीच के मैदान में गाँव के बच्चे क्रिकेट खेलते हैं। उम्मीद है कि इन टीलों में भी कोई न कोई मंदिर या भवन के अवशेष अवश्य ही दबे पड़े होगें। झरने का जल निर्मल है, हमने यहीं पर बैठ कर भोजन किया और झरने के निर्मल जल पीया। झरने की तलहटी में लगभग 1 फ़ीट त्रिज्या के कई गड्ढे बने हुए हैं और यहीं पर शिवलिंग भी विराजमान है। साथ ही एक दाढी वाले बाबा की मूर्ति भी रखी हुई है जिसे विश्वकर्मा जी बताया जा रहा है। अवश्य ही यह किसी राजपुरुष की प्रतिमा होगी। विजय तिवारी जी ने बताया था कि त्रिपुर सुंदरी मंदिर के रास्ते में खाई में महल के अवशेष भी दिखाई देते हैं। 

विशाल मंदिर का मंडप
हम महल के अवशेष देखने के लिए खाई पर पहुंचे, वहाँ सब्जी बोने वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। कहते हैं कि सड़क निर्माण के दौरान यहाँ से बहुत सारी पुरासामग्री निकली है और मिट्टी के कटाव में बहुत सारे मृदा भांड के अवशेष हमें भी दिखाई दिए। झाड़ झंखाड़ के बीच हम खाई में उतरे और मंडप तक पहुंचे। यह किसी विशाल मंदिर का मंडप है। गर्भगृह के स्थान पर एक गड्ढा बना हुआ है, खजाने के खोजियों ने यहाँ पर भी अपना कमाल दिखा रखा है। इस गड्ढे को लोग सुरंग कहते हैं। बताया जाता है यहाँ से रास्ता महल तक जाता था। खाई में सैकड़ों की संख्या में बिल दिखाई दे रहे थे ऐसी अवस्था में अधिक देर हमने ठहरना मुनासिब न समझा। क्योंकि यह स्थान सांपों के लिए मुफ़ीद स्थान है। 

अप्सरा
अब तेवर के ऐतिहासिक महत्व की चर्चा करते हैं, पश्चिम दिशा में भेड़ाघाट रोड पर स्थित वर्तमान तेवर ही कल्चुरियों की राजधानी त्रिपुरी है जो कि शिशुपाल चेदि राज्य का वैभवशाली नगर था। इसी त्रिपुरी के त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध करने के कारण ही भगवान शिव का नाम ‘त्रिपुरारि‘ पड़ा। यहाँ स्थित देवालयों एवं भग्नावशेषों से ही ज्ञात होता है कि कभी यह नगर वैभवशाली रहा होगा। तेवर की प्राचीनता हमें ईसा की पहली शताब्दी तक ले जाती है। तेवर जिसे हम त्रिपुरी कहते हैं यह चेदी एवं त्रिपुरी कलचुरियों की राजधानी रहा है।  गांगेय पुत्र कल्चुरी नरेश कर्णदेव एक प्रतापी शासक हुए,जिन्हें ‘इण्डियन नेपोलियन‘ कहा गया है। उनका साम्राज्य भारत के वृहद क्षेत्र में फैला हुआ था। सम्राट के रूप में दूसरी बार उनका राज्याभिषेक होने पर उनका कल्चुरी संवत प्रारंभ हुआ। कहा जाता है कि शताधिक राजा उनके शासनांतर्गत थे।

भग्नावशेषों का निरीक्षण करते हुए
जबलपुर के पास ही गढ़ा ग्राम पुरातन "गढ़ा मण्डलराज्य' के अवशेषों से पूर्ण है। गढ़ा-मण्डला गौड़ों का राज्य था गौड़ राजा कलचुरियों के बाद हुए हैं। जबलपुर के पास की कलचुरि वास्तुकला का विस्तृत वर्णन अलेक्ज़ेन्डर कनिंहाम ने अपनी रिपोर्ट (जिल्द ७) में किया है। प्रसिद्ध अन्वेषक राखालदास बैनर्जी ने बी इस विषय पर एक अत्यन्त गवेष्णापूर्ण ग्रंथ लिखा है। भेड़घाट और नंदचंद आदि गाँवो में भी अनेक कलापूर्ण स्मारक हैं। भेड़ाघाट में प्रसिद्द "चौंसठ योगिनी' का मंदिर। इसका आकार गोल है। इसमे ८१ मूर्तियों के रखने के लिए खंड बने हैं। यह १०वीं शताब्दी में बना है। मन्दिर के भीतर बीच में अल्हण मन्दिर है। इन सभी स्थानों में मन्दिरों और मूर्तियों में जिस प्रकार की कला पाई जाती है। 

हमारा त्रिपुरी दर्शन पूर्णता की ओर था। राजा को गाँव में छोड़ कर हम जबलपुर वापस आ गए, मुख्यमार्ग में कर्फ़्यू लगे होने के कारण कई घुमावदार रास्तों से गुजरते हुए हम सिविल लाईन पहुंचे। यहाँ से स्टेशन थोड़ी ही दूर है, 9 बजे हमारी ट्रेन का टाईम था और अमरकंटक एक्सप्रेस हमारी रायपुर वापसी थी। नियत समय पर ट्रेन पहुंच गई और जबलपुर की यादें समेटे हुए चल पड़ा अपने गंतव्य की ओर नर्मदे हर नर्मदे हर का जयघोष करते हुए। इति जाबालिपुरम् यात्रा

मंगलवार, 30 अप्रैल 2013

प्यार न बांटा जाए रे साथी

पहुचे और तख्ता संभाला 
प्रारंभ से पढें
आहिस्ता आहिस्ता भीड़ में जगह बनाते हुए हम गिरीश जी के घर राईट टाऊन गेट नम्बर 4 की तरफ़ बढ रहे थे। इन्होने घर का पता किरयाणे की दुकान के पास का दिया और दुकान के मालिक का नाम भी पंजाबी जैसा था मतलब पंजाबी ही था। हम उसे सरदार मानने की गलती कर बैठे बस यहीं चूक हो गई, पुरानी रेल्वे लाईन के के उपर से कई चक्करखाने के बाद इनके घर का रास्ता दिखाई दिया। गाड़ी किनारे पर लगा कर इनके यहाँ दाखिल हुए तो जबलपुर ब्रिगेड के कोई भी मेम्बरान नहीं पहुंचे थे। गिरीश दादा के मोबाईल पर फ़ुरसतिया जी का फ़ोन आ रहा था, वे भी हमारे जैसे कहीं भटक रहे थे भूल भुलैया में। हम गली के मुहाने तक आए, उनकी सहायता करने के लिए। थोड़ी देर में वे पहुंच गए।

अनूप शुक्ल, विजय श्रीवास्तव, ललित शर्मा, सत्येन्द्र शर्मा 
दादी ने नाश्ते की भरपूर तैयारी कर रखी थी। जबलपुर के लड्डूओं के साथ पेसल मिक्चर और चाय का विशेष इंतजाम था। विजय श्रीवास्तव जी, विजय तिवारी जी, बवाल हिन्दवी जी भी उपस्थित हुए। बस हँसी ठहाकों के साथ ब्लॉगरों की बैठकी जम गई। फ़ुरसतिया जी ने ब्लॉगिंग के सूत्रों पर व्याख्यान दिया और चर्चा चलते रही चाय नाश्ते के साथ। चर्चा सम्मानों की निकल गई। फ़ुरसतिया जी ने बताया कि उन्हे कहाँ कहाँ से सम्मानों का नेवता आया और उन्होने सम्मान ग्रहण नहीं किया। ये उनका बड़प्पन है कि उन्होने सम्मान करने वाले को सम्मानित करने का मौका नहीं दिया। हमें तो सिर्फ़ एक मेल आ जाती उतने में ही गिरीश दादा को साथ लेकर चल देते सम्मान ग्रहण करने के लिए। हमने कहा कि अब समय आ गया है आपको भी सम्मानित हो जाना चाहिए।

विजय तिवारी, अनूप शुक्ल,  ललित शर्मा, सत्येन्द्र शर्मा 
ब्लॉगिंग पर अब लोगों का ध्यान कम ही है। लगभग ब्लॉगर फ़ेसबुक पर स्थानांतरित हो गए हैं। ब्लॉगिंग के लिए चिंता जनक है। जब से ब्लॉगवाणी और चिट्ठा जगत बंद हुआ है, नए चिट्ठों की आमद का पता ही नहीं चलता। पुराने चिट्ठों पर भी पोस्टों की फ़्रिक्वेंशी कम हुई है। बड़का ब्लॉगर और छुटका ब्लॉगर सभी मिलाकर कम लिखने लगे हैं। लेकिन अधिक चिंता का विषय नहीं है। जिन्हे एक बार ब्लॉग रोग लग गया वह जीते जी छूटने वाला नहीं है। अगर ब्लॉग लिखना भी बंद देगे तब भी ब्लॉग देखने आएगें, क्या हो रहा है इस आभासी दुनिया में जरा एक बार झांक ही लिया जाए। इस महारोग से मुक्ति पाना इतना आसान नहीं है। अफ़ारे के कारण पेट में हुई गुड़गुड़ी अपने आप ही रास्ता बना लेती है निकलने का। 

प्यार न बांटा जाए रे साथी
फ़ुरसतिया जी फ़ोटो में तो काफ़ी सीनियर दिखाई देते हैं, पर आमने सामने भेंट होने से विजय तिवारी जी से भी कम उम्र के लगे :)। अब इन दोनो के सामने हमारी, गिरीश जी, संध्या जी और बवाल साहेब की बखत ही क्या है। ब्लॉगिंग के सीनियरों को वास्तविक जीवन में भी सीनियर दिखाई देना चाहिए। जब तक कुछ बाल पके दिखाई नहीं दें तब तक कौन सीनियर मानता है। :) हाँ महेन्द्र मिसिर जी से भेंट नहीं हो पाई। हार्दिक इच्छा थी उनसे मुलाकात करने की। पता चला कि कहीं व्यस्त थे। विजय श्रीवास्तव जी ने "दशहरा" मैग्जिन पकड़ाई। इसका प्रकाशन रायपुर से ही होता है। मुझे जानकारी नहीं थी, लेकिन कंटेट और डिजाईन की दृष्टि से अच्छी मैग्जिन लगी। जहाँ बवाल हों और वहाँ बवाल न हो यह हो ही नहीं सकता। सभी ने उनसे गाने की फ़रमाईश की। लेकिन साज के बिना गाने का मजा नहीं।

चाचू पशीने क्यों आ रहे हैं "बवाल साहेब " 
गिरीश दादा के यहाँ सुर ताल के सारे साधन हैं। लेकिन उनके हारमोनियम की एक कुंजी चिपकने के कारण मामला कुछ जमा नहीं। कहते हैं न "नाच न आवै आंगन टेढ़ा", जिसको नाचना आता है वह कहीं पर भी नाच लेता है। क्यों बसंती नहीं नाची थी क्या? पहाड़ की चट्टान पर पड़े हुए काँच पर। बस ऐसा ही कुछ सिचुएशन बन गया था। बवाल जन्मजात गायक हैं, जब हारमोनियम काम नहीं किया तो उन्होने ढोलक लेकर सुर ताल मिला लिया और मेरा प्रिय भजन "प्यार न बांटा जाए रे साथी प्यार न बांटा जाए" गाया। फ़िर अपनी मर्जी के भी उन्होने 4-5 गजल गीत गाए। विजय तिवारी जी ने बताया कि उनका पैतृक गाँव तेवर है। यदि उन्हे फ़ुरसत होती तो वे हमें घुमाने ले जाते। हमने इच्छा जाहिर की तो उन्होने कहा कि वे व्यवस्था कर देते हैं, वहाँ उनका भतीजा राजा मिल जाएगा। इस तरह सभा समाप्ति की ओर थी। सभी देवता अपने-अपने घरों ओर प्रस्थान कर गए और हम अपने डेरा की ओर चल पड़े। आगे पढें…जारी है…

नोट - फोटो गिरीश दादा की फेसबुक से साभार 

रविवार, 28 अप्रैल 2013

जमा गढ़ी नौ लाख की

दुरंतो

आखिर अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस का हार्न बज गया और चल पड़ी। 24 नवम्बर की रात के 11 बज रहे थे, हल्की हल्की ठंड सुहानी लग रही थी। थोड़ी देर तक ट्रेन ने रेंग कर अपनी गति पकड़ ली और हम चल पड़े जाबालिपुरम याने जबलपुर की ओर। ट्रेन के खटकों के बीच नींद आ जाती है और सुबह जब आँख खुलती है तो जबलपुर का मदनमहल स्टेशन दिखाई देता है और थोड़ी देर में जबलपुर जंक्शन पहुंच जाते हैं। यहाँ से त्रिचक्रवाहिनी से घर पहुंचते और स्नानोपरांत प्रात:राश लेकर मित्र को फ़ोन लगाया जाता है। उन्होने मजबूरी बताते हुए साथ जाने से मना कर दिया। किस्सा यहीं खत्म हो गया। कोई किस्सा जन्म लेने से पहले ही गर्भपात हो गया। खाया पीया कुछ नहीं गिलास तोड़ा बारा आना। उन्हे भी हम कुछ नहीं कह सकते थे क्योंकि मित्रता का बंधन जो था। हो सकता है उनकी भी मजबूरियों को उसी वक्त आना था। किसी ने कहा है न कोई तो मजबूरियाँ रही होंगी वरना कोई यूँ ही बेवफ़ा नहीं होता। उनने कह दिया और हमने मान लिया। अब हमारे समक्ष दो दिवस का समय था और उसका सदुपयोग करना था। सोचा क्यों न जबलपुर के आस-पास ही आवारगर्दी कर ली जाए।

द्वार
जबलपुरिया महाब्लॉगराधीश आदरणीय गिरीश दादा को फ़ोन लगा कर बता दिया कि हम पहुंच गए हैं तो उन्होने कहा कि "हमाए घर पे ही गोष्ठी रखते हैं शाम को, आप सब आईए" और त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी ब्लॉगर मित्रों को संदेश भेज दिया कि "घुमंतू प्रजाति के ब्लॉगर ललित शर्मा नगर में प्रवेश कर गए हैं" तथा इस मेसेज की एक प्रति मुझे भी भेजी। भोजनोपरांत हम गढा घूमने गए, जिसे रानी दुर्गावती का दुर्ग बताया जाता है। आज मोहर्रम का दिन था, जबलपुर की सड़कों पर "बाबा" लोग ही दिखाई दे रहे थे। संवेदनशील इलाका होने के कारण पुलिस ने व्यवस्था कर रखी थी और चौकस होकर घुड़सवार भी तैनात कर रखे थे। मुख्य मार्ग को प्रतिबंधित कर देने के कारण हम पतली गलियों से निकल कर आखिर दुर्ग तक पहुंच ही गए।

चेतावनी
दुर्ग तक जाने के लिए पहाड़ी पर पैड़ियाँ बनाई गई हैं। साथ ही युवा भजनियों को चेतावती देते हुए स्लोगन जगह जगह लिखे हैं। चेताया गया है कि चट्टानों की आड़ में बैठकर कोई आपत्तिजनक हरकत न करें जिससे पर्यटकों को नजर नीची करनी पड़े। सीढियों से चढते हुए दांई तरफ़ जिन्नात की मस्जिद बनी हुई है। चट्टानों के बीच के खोल में इसे व्यवस्थित किया गया गया है। इसके आगे बढने पर शिवालय भी है। गढ में पहुंचने पर सामने चट्टानों पर बना आवास दिखाई देता है। एक बड़ी चट्टान का सदुपयोग करके बनाया गया। तत्कालीन वास्तुकार ने निर्माण कौशल का अद्भुत परिचय दिया। यह रानी दुर्गावती का किला कहलाता है। यहाँ की ईमारतें ढह चुकी हैं, उनके भग्नावशेष अभी तक विद्यमान हैं। कुछ पर्यटक हमें यहाँ दिखाई दिए। 

जिन्नातों की मस्जिद
चट्टान पर बनी बड़ी ईमारत के समक्ष एक घुड़साल दिखाई देती है। यहाँ पर पुरातत्व विभाग का कोई भी कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। घुड़साल में चूने की कुछ बोरियाँ रखी दिखाई दी। समीप ही पानी का कुंड भी बना है, अवश्य ही यह किले में जलापूर्ति  के काम आता होगा। कुछ लोगों का कहना है कि घुड़साल के प्रवेश द्वार के शीर्ष पर खजाने का मानचित्र बना है। लेकिन मुझे वह कहीं से खजाने का मानचित्र नहीं लगा। मैने छत पर चढ़ कर उसे सुक्ष्मता से देखने का प्रयास किया। चित्र लेने के लिए नीचे झुकना पड़ा। पर सही चित्र नहीं ले पाया। अधिक झुकने पर सिर के बल गिरने का खतरा था। छत से उतर कर हमने किले का भ्रमण किया और कुछ चित्र खींचे। किले की मुख्य ईमारत का पुनर्निर्माण भवनाशेष से किया गया प्रतीत होता है। क्योंकि जगह जगह पर कुछ नक्काशीदार पत्थरों का प्रयोग भी हुआ है। 

घुड़साल
रानी दुर्गावती का नाम इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से उसकी अदम्य वीरता को देखते हुए लिखा गया है। गढ़ा-मंडला में आज भी एक दोहा प्रचलित है - मदन महल की छाँव में, दो टोंगों के बीच . जमा गढ़ी नौ लाख की, दो सोने की ईंट"। रानी दुर्गावती कालिंजर के चंदेल राजा कीर्तिसिंह की इकलौती संतान थी। नवरात्रि में अष्टमी के दिन जन्म लेने के कारण कन्या का नाम दुर्गावती रखा गया।रूपवती, चंचल, निर्भय वीरांगना दुर्गा बचपन से ही अपने पिता जी के साथ शिकार खेलने जाया करती थी। ये बाद में तीरंदाजी और तलवार चलाने में निपुण हो गईं। गोंडवाना शासक संग्राम सिंह के पुत्र दलपत शाह की सुन्दरता, वीरता और साहस की चर्चा धीरे धीरे दुर्गावती तक पहुँची परन्तु जाति भेद आड़े आ गया। फ़िर भी दुर्गावती और दलपत शाह दोनों के परस्पर आकर्षण ने अंततः उन्हें परिणय सूत्र में बाँध ही दिया।

रानी दुर्गावती गढ़ मंडला
दुर्भाग्यवश विवाह के 4 वर्ष बाद ही राजा दलपतशाह का निधन हो गया। उस समय दुर्गावती की गोद में तीन वर्षीय नारायण ही था. अतः रानी ने स्वयं ही गढ़मंडला का शासन संभाल लिया. उन्होंने अनेक मंदिर,मठ, कुएं, बावड़ी तथा धर्मशालाएं बनवाईं। वर्तमान जबलपुर उनके राज्य का केन्द्र था। उन्होंने अपनी दासी के नाम पर चेरीताल, अपने नाम पर रानीताल तथा अपने विश्वस्त दीवान आधारसिंह के नाम पर आधारताल बनवाया। दुर्गावती ने 16 वर्ष तक जिस कुशलता से राज संभाला, उसकी प्रशस्ति इतिहासकारों ने की। आइन-ए-अकबरी में अबुल फजल ने लिखा है, "दुर्गावती के शासनकाल में गोंडवाना इतना सुव्यवस्थित और समृद्ध था कि प्रजा लगान की अदायगी स्वर्णमुद्राओं और हाथियों से करती थी। मंडला में दुर्गावती के हाथीखाने में उन दिनों 1400 हाथी थे।"

गढ़ और ब्लॉगर
गोंडवाना के उत्तर में गंगा के तट पर कड़ा मानिकपुर सूबा था। वहाँ का सूबेदार आसफखां मुग़ल शासक अकबर का रिश्तेदार था। वह लालची और लुटेरे के रूप में कुख्यात भी था। अकबर के कहने पर उसने रानी दुर्गावती के गढ़ पर हमला बोला परन्तु हार कर वह वापस चला गया, लेकिन उसने दुबारा पूरी तैयारी से हमला किया जिससे रानी की सेना के असंख्य सैनिक शहीद हो गए। उनके पास मात्र 300 सैनिक बचे। जबलपुर के निकट नर्रई नाला के पास भीषण युद्ध के दौरान जब झाड़ी के पीछे से एक सनसनाता तीर रानी की दाँई कनपटी पर लगा तो रानी विचलित हो गई. तभी दूसरा तीर उनकी गर्दन पर आ लगा तो रानी ने अर्धचेतना अवस्था में मंत्री आधारसिंह से अपने ही भाले के द्बारा उन्हें समाप्त करने का आग्रह किया. इस असंभव कार्य के लिए आधार सिंह द्बारा असमर्थता जताने पर उन्होंने स्वयं अपनी तलवार से अपना सिर विच्छिन्न कर वीरगति पाई।

खजाने का नक्शा और एक ब्लॉगर दो सिविलियन
वे किसी भी कीमत पर जिन्दा रहते हुए दुश्मन के आगे समर्पण नहीं करना चाहती थीं और मरते दम तक शेरनी की तरह मैदान में डटी रहीं। उनके शासन काल में प्रजा सुखी और संपन्न थी। राज्य का कोष समृद्ध था जिसे आसफखां लेकर वापस लौट गया। जबलपुर के पास जहां यह ऐतिहासिक युद्ध हुआ था, उस स्थान का नाम बरेला है, जो मंडला रोड पर स्थित है, वही रानी की समाधि बनी है, जहां देशप्रेमी जाकर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं. जबलपुर मे स्थित रानी दुर्गावती युनिवेर्सिटी भी इन्ही रानी के नाम पर बनी हुई है। गोंडवाना साम्राज्य के गढ़ा-मंडला सहित 52 गढ़ों की शासक वीरांगना रानी दुर्गावती ने अपना सम्मान अक्षुण्ण रखा। अपने सम्मान की रक्षा करते हुए कर्तव्य की बलिवेदी पर वह चढ गई और इतिहास में अमर हो गई।

वास्तुकार की अनोखी कृति
मदनमहल से हम लौट कर बाजार की तरफ़ आ गए। मोहर्रम का जुलूस होने के कारण भीड़ भाड़ के साथ गहमा गहमी भी अत्यधिक थी। इधर जाबालि ॠषि का फ़ोन आना शुरु हो गया। अब हमें गढ़ ब्लॉगर की तरफ़ जाना था। समाचार था कि जाबालिपुरम के नामी गिराम ब्लॉगरों के दर्शन के साथ फ़ुरसतिया ब्लॉगर का दर्शन एवं श्रवण लाभ प्राप्त होगा। कहने का तात्पर्य है कि अब वह घड़ी समीप आ गई थी जब बड़े ब्लॉगरों का लघु सम्मिलन तय था। जाबालि ॠषि घड़ी-घड़ी घड़ी की तरफ़ देख रहे थे। जब से मोबाईल में घड़ी हो गई है, तब इंतजार कठिन हो गया है। घड़ी की तरफ़ देखते हुए बंदा दो चार कॉल कर ही देता है। वही घड़ी ठीक थी जिससे फ़ोन नहीं होता था, सिर्फ़ इंतजार होता था।  आगे पढें जारी है……

रविवार, 5 दिसंबर 2010

पनघट की पनिहारिन और जबलपुर का गक्कड़ भर्ता

कालबेल बजने से सुबह हुई और खटिया की चाय पहुंच गई। समय देखा तो आठ बज रहे थे। मिसिर जी याद आ गए कि जल्दी तैयार होना है। गुरुदेव खुमारी में थे, लेकिन भेड़ाघाट और धुंवाधार दर्शन के लिए तैयार होना ही था।
भेड़ाघाट का जो प्राकृतिक सौंदर्य किताबों में पढा और चित्रों में देखा उसे प्रत्यक्ष देखने का उत्साह था। हम फ़टाफ़ट तैयार हो गए। मेरा नाश्ता करने का मन नहीं था। सिर्फ़ गोरस लिया और अवधिया जी ने नाश्ता किया विजय सतपती जी के साथ।

नाश्ता करते करते मिसिर जी का फ़ोन आ गया कि वे पहुंच रहे हैं। गिरीश दादा को लेकर आते हैं। लेकिन दुश्मनो की तबियत नासाज हो गई, गिरीश दादा को बुखार आ गया। रात ही कहा था कुछ ले लीजिए, स्वास्थ्य ठीक रहेगा। लेकिन बात न मानने की सजा भुगतनी पड़ती है। लग गयी न सर्दी,यही होता है बुजुर्गों की बात न मानने का नतीजा। ये आज कल के लड़के समझते कहां हैं किसी को?  

सो मिसिर जी पहुंच गए लेकिन बवाल साहब के इंतजार में बवाल होता रहा। एक मुजरा याद आ रहा था " बड़ी देर से दर पे आखें लगी थी, हुजुर आते-आते बहुत देर कर दी"। इंतजार की घड़ियाँ खत्म हुई बवाल साहब आ गए।

जबलपुरिया पान का आनंद दुकानदार के अंदाज से कई गुना बढ गया। उसने पान बना कर अपने हाथों से खिलाया। मान गए भाई मनुहार का अंदाज गजबै ही था। ऐसा कहीं देखा नहीं।

मौसम सर्द हो चुका था हमने भी कंधे पर सफ़ेद कमरी डाल ली, कहीं ठंड न लग जाए। चल पड़े धुंवाधार की ओर। रास्ते में मिसिर जी की शायरी की चर्चा हुई। देश में एक से एक धांसु शायर हुए लेकिन फ़ाड़ु शायर सिर्फ़ मिसिर जी ही निकले।

इनके एक एक शेर में बब्बर शेर सी ताकत होती है और दार्जलिंग जी चाय जैसी खुश्बु के साथ ताजगी। एक बानगी देखिए -- मेरे प्यार को तू झूठी तोहमत न लगा, मेरे जैसा यार तुझे जन्नत में न मिलेगा.

आगे देखिए -- जब जर्द पत्ते खूब हवा देने लगे है ,जीने की दुआ..... दुश्मन देने लगे है, गम हद से गुजर कर आने लगे है, उदासी से मंजिल का पता देने लगे है. बस युं ही हंसी के ठहाके लगते रहे और कारवां बढता रहा।

पहुच गए धुंवाधार, दूर से ही उड़न खटोला दिखाई देने लगा। उड़न खटोले पर ही पार चलते हैं धुंवाधार के। हवा में लटक कर प्रकृति का नजारा देखेगें। जो कहीं नहीं देखा वो यहां हुआ,

लघु शंका पर भी एक रुपए का टैक्स है। अगर रेजगारी नहीं है तो पेट पकड़े खड़े रहिए। उड़न खटोले की आने और जाने की टिकिट प्रति व्यक्ति 60 रुपए है। मिसिर जी ने टिकिट लिया और हम बैठे उड़न खटोले पर। विजय सतपती, अवधिया जी, हम, मिसिर जी, बवाल साहब उड़ लिए।

उड़न खटोले से धुवांधार की  फ़ोटो ली गयी। पार उतरे जाकर, धुंवाधार के नजदीक पहुंचे, लेकिन बरगी डैम में पानी रोक दिए जाने के कारण धुंध नहीं बन रही थी। पर्यट्कों की नासमझी के कारण इस स्थान को काफ़ी नुकसान पहुंचा है।

झरने के पास से ही मार्बल खोदा जा रहा है जिससे झरने के प्राकृतिक स्वरुप को नुकसान पहुंच रहा है।पानी की तेज धार ने चट्टानों को छेद कर शानदार कलाकृतियों का निर्माण किया है। यहां  आकर पता चलता है कि प्रकृति से बड़ा शिल्पकार कोई नहीं।

लौट चले अब भेड़ा घाट की ओर तभी बवाल साहब को कूंए पर पानी भरती कुछ पनिहारिने नजर आई और उन्होने ड्रायवर को गाड़ी वापस मोड़ने का हुक्म दिया। बहुत ही मनोरम दृश्य था।

एक  पनिहारिन पनघट से सिर पर दोघड़ रखे आगे आ रही थी। जब से नलके लग गए गांव में तब से ही पनघट की रौनक खतम हो गयी। पता नहीं इसी पनघट ने कितनों को कवि शायर बनाया। कितने कवि यहां से उर्जा पाते थे। गांव की गोरी और पनघट का सीधा संबंध है।

लेकिन नलकों ने पनघट को बर्बाद कर दिया। अब तो कूंए की मुंडेर पर कौआ भी नहीं बैठता। पनघट पर पहुंचते ही बवाल साहब ने “माटी की गागरिया” नामक कविता सुनाई। सही मौके पर सही चोट। फ़िर क्या कहने थे। शब्द शब्द अंतरमन तक उतर गए। हम अंतर में ही तैरते रहे।

ये कंकाल मन के साथ जुड़ा है और मन यार के साथ जुड़ा है। यार और मन का मिलन हो गया। कंकाल कहीं पीछे छूट गया। बुराईयों की जड़ कंकाल में है, मन के साथ बुराईयां भी चली आती है कंकाल की, लेकिन यार की चलनी में सब छन जाता है। कूड़ा ठिकाने लग जाता है, निर्मल मन ही वहां तक पहुंच पाता है। तभी यार से मिलन हो पाता है।

बस आनंद ही आनंद पनघट से गागर में भर कर मैं चल पड़ा। कब पंचवटी आई पता ही नहीं चला। भेड़ाघाट पहुंच कर नर्मदा जी के दर्शन हुए। विशाल जल राशि नर्मदा का बहता हुआ पानी, बस एक ही आवाज निकली नर्मदे हर, नर्मदे हर।

बवाल भाई ने नाव तय की 400 रुपए में। मिसिर जी को कल से बुखार था। बवाल भाई दिल पर हाथ रखे बैठे थे, दिल की बीमारी जो है, दिल लगा बैठे हैं उस यार से। बस रुहानी अंदाज में ही गाते हैं।

हमारे कहने पर चल पड़े भेड़ाघाट में नर्मदा जी की सैर में। सैर नहीं, मां नर्मदा की गोद में किलोल करने। नाव चलते जाती है, संगमरमर का अद्भुत सौंदर्य सामने आता है,

मल्लाह कहता जाता है और हम सुनते जाते हैं। एक जगह पहुंच कर बोला- “यह मगरमच्छ की खोह है। एक फ़ैमिली रहती है, हम दो हमारे दो, दो बड़े दो बच्चे, देखना है किसी को? तो एक मित्र ने कहा देखना है। तो वह बोला – “ एक को फ़ेंक दो बाकी को दिख जाएगा। हा हा हा” कितना उम्दा तरीका बताया मगरमच्छ देखने का।

 
एक जोड़ी चप्पु चल रहे हैं नाव आगे बढती जा रही है। मैं सोचता हूं कि अगर किनारे बैठा रहता तो इस अद्भूत मरमरी सौंदर्य के दर्शन नहीं कर पाता। ईश्वर ने आंखें सौंदर्य देखने के लिए दी हैं और इसे देखने के लिए गहरे ही उतरना पड़ता है।

एक स्थान ऐसा आता है कि जहाँ पहुंचते ही लगता है कि अब यहीं रम लिया जाए। इस स्थान पर भगवान दत्तात्रेय की साधना स्थली एक खोह के रुप में है। यह वह स्थान हैं जहां पुण्यात्माओं ने साधना करके उपस्थान को पा लिया।

नि:संदेह समाधि लग जाती होगी। अगर कोई जुता जुताया खेत हो तो उसमें भरपूर फ़सल होने की संभावना रहती है। रास्ते में एक भूल भूलैया के बाद हम बंदर कूदनी तक पहुंचते हैं। यहां पर दोनो पहाड़िया आपस में मिली हूई इतनी नजदीक है कि नर्मदा के आर पार बंदर कूदा करते थे।

यहां वापस मुड़ गए, एक स्थान पर मोक्ष बिंदु है, जहां से लोग जान देने के लिए नर्मदा में छलांग लगा देते हैं। पुर्णिमा की चांदनी में संगमरमर की चमक वैसे भी 600 फ़िट पानी में कूदने के लिए मानव मन को आन्दोलित करती होगी है।

यहां पर कई फ़िल्मों की शु्टिंग भी हुई है, जिसमें “जिस देश में गंगा बहती है” बस अब एक गीत सुनने की इच्छा हुई,

बवाल भाई ने गाया, “ मेरा नाम राजु घराना अनाम, बहती है नर्मदा जहाँ मेरा धाम।“ संगमरमरी वादियों ने भी सुर में सुर मिलाया। खूब मेला जमा माँ नर्मदा की गोद में।

अद्भुत और बहुत ही अद्भुत इसके आगे आकर शब्द सामर्थ्य खो जाता है। बस अपलक निहारता रहा सौंदर्य को।

प्रकृति ने संगमरमर पर कई तरह ही अद्भुत शिल्पकारी दिखाई है, कहीं कार, कहीं कमल, कही तपस्यारत योगी, कहीं भालु, कहीं ब्रह्मा विष्णु महेश दिखाई देते हैं। आप जो भी ढुंढना चाहे मिल जाएगा। भाई बवाल के गीत वादियों में गुंज रहे हैं साथ ही मेरे कानों में भी। वापसी पर खाने का समय हो चुका था।

सुबह मैने गोरस ही लिया था इसलिए पेट में चूहे कूदने लगे, इसलिए हम गक्कड़ भर्ता खाने ग्वारी घाट पर चल पड़े, बवाल साहब साथ थे इसलिए लाल साहेब का फ़ोन नहीं आया।

ग्वारी घाट में अग्रवाल होटल में जमकर गक्कड़ भर्ता खाए, भूख भी जोरों की लगी थी। कलाकंद भी लिया। भर्ता की सौंधी सौंधी खुश्बु अभी तक साथ है।

यहां से होटल सुर्या आ गए, गक्कड़ों ने असर दिखाना शुरु किया, आलस छाने लगा। मिसिर का फ़ोन आया कि वे कैमरा कहीं भूल आए हैं।

हम तो उनकी फ़ोटुओं के भरोसे ही थे। हमने ग्वारी घाट होटल में भूल आने का कयास लगाया। जो कि सही था, लेकिन लगता है होटल वाले ने दबा दिया। मिसिर जी का नुकसान हो गया। मिसिर जी कैमरा ढूंढते रहे।
5 बजे दीपक की गाड़ी आ गयी, अवधिया जी बाटलियाँ खाने की जुगत में लग गये।  

हम दीपक के साथ 1904 में स्थापित गन कैरिज फ़ैक्टरी देखने चले गए। पास में ही हनुमान जी का मंदिर है विशाल प्रांगण में।

महाबली के दर्शन किए, इनके बिना तो हमारा काम ही नहीं चलता। एक अर्जी लगाते ही अच्छे-अच्छों को सुधार देते हैं। यहां से दन्डवत कर, स्टेशन चौराहे पर सांई मंदिर में गए। इस मंदिर को एक जोसेफ़ एन्थोनी नामक इसाई ने बनवाया है उसका नाम पत्थर पर खुदा है। यह देखना अच्छा लगा।

हमारी ट्रेन रायपुर के लिए साढे नौ बजे थी। भोजन के पश्चात दीपक ने स्टेशन छोड़ दिया, वहां अवधिया जी मिल गए। ट्रेन लेट आई। ठंड भी बढ गयी थी। टीचर्स की गर्मी भी काम नहीं आ रही थी। कांगड़ी होती तो कुछ ठंड का मुकाबला भी करती। ट्रेन चल पड़ी अंधेरे को चीरते हुए गंतव्य की ओर………….. जबलपुरिया ब्लागर को सलाम नमस्ते।

शनिवार, 4 दिसंबर 2010

ठाड़े रहियो ओ बांके यार--जबलपुर से लौट कर

अथ राष्ट्रीय ब्लागर कार्यशाला जबलपुर कथा:-- जाबाला की नगरी जबलपुर जहां नित्य ही नर्मदे हर का उद्घोष होता है वहां ब्लागिंग पर राष्ट्रीय कार्यशाला के आयोजन का संदेश मुझे समीर दादा और गिरीश दादा से प्राप्त हुआ। उस समय मैं अत्यावश्यक कार्य उत्तर भारत से दक्षिण भारत की यात्रा पर था।

मैने वचन दिया कि किसी भी हालत में जिन्दा या मुर्दा कार्यशाला में शामिल होने के लिए समय पर पहुंच जाऊंगा। 29 तारीख की रात 15 दिनों की लगातार यात्रा के बाद घर पहुंचा और 30 तारीख की रात को अवधिया जी को साथ लेकर अमरकंटक एक्सप्रेस से जबलपुर रवाना हो गया।

बिलासपुर स्टेशन में अरविंद झा जी तैनात थे, वे अपनी नयी कृति "माँ ने कहा था" कि कुछ प्रतियां लेकर उपस्थित थे। इनकी इच्छा तो जबलपुर के कार्यक्रम में उपस्थित होने की तो बहुत थी पर विभागीय व्यस्तता की वजह से नहीं जा पा रहे थे।

अवधिया जी तो रात होते ही सोम के नाथ हो गए और हम धान के देश में जाड़े से ठिठुरते रहे। अरविंद के आने से सर्दी में कुछ गर्मी का अहसास हुआ। इनके साथ शंकर पांडे भी थे।

गाड़ी ने सीटी बजाई और बिलासपुर से अब हम जबलपुर रवाना हो चुके थे। रायपुर की अपेक्षा जबलपुर में कुछ जाड़े का असर होने लगा था यह रास्ते में महसूस हुआ। हमारी ट्रेन एक घंटा विलंब से जबलपुर पहुंची। 

पूर्व में समाचार मिल चुका था कि हमें होटल सुर्या के कमरा नम्बर 120 में बुक होना है। भोर में ही ऑटो से होटल पहुंचे। कुछ देर के विश्राम के पश्चात स्नानादि से निवृत होकर मेजबानों का इंतजार करने लगे।

थोड़ी देर के बाद गिरीश भाई का फ़ोन आया और वे गुनगुनाए "ठाड़े रहियो ओ बांके यार"। ओ छोरे तेरे क्या कहने?

मजा आ गया, अवधिया जी ने उठकर आईना देखा, हमने भी सुर मिलाया। शायद गिरीश दादा ने मजाक किया हो। पता चला गया कि बांकपन तो अभी भी बाकी है। 

दोपहर को गिरीश दादा सशरीर उपस्थित हो गए और अवधिया जी के साथ गहन विचार विमर्श में लीन हो गए। दोपहर का भोजन हमने साथ में लिया।

शाम 5 बजे जबलपुर B.S.N.L C.G.M (सी जी एम) मुख्य महाप्रबंधक जमुना प्रसाद जी ने अपना रथ भेज दिया हमारे लाने। हम उनसे मिलने चल पड़े।

कई महीनों के पश्चात आमने-सामने की मुलाकातों ने कई यादें ताजा कर दी। एक घंटे के पश्चात कार्यशाला प्रारंभ होने वाली थी। जमुना प्रसाद जी स्वयं हमें होटल तक छोड़ कर गए। उनकी सहृदयता के हम आभारी हैं।

तभी दीपक (D.P.O) रेल्वे जबलपुर का भी फ़ोन आ गया कि आगामी शाम उनके घर पर ही रहना है। मैने अगले दिन दीपक के घर पहुंचने का वादा किया। हैदराबादी विजय सतपती भी पहुंच चुके थे। फ़िर धीरे धीरे सभी आ गए। कार्यशाला प्रारंभ हुई। जिसकी अधिकारिक रपट मिस फ़िट पर लग चुकी है।

कार्यशाला की समाप्ति के पश्चात कमरा नम्बर 120 में लाल और बवाल सहित कुछ मित्रों के साथ हमने लाल की गजल और बवाल की गायकी का रसपान किया। नि:संदेह बवाल काफ़ी अच्छा गाते हैं, हारमोनियम पहले से ही तैयार था। बस अब सुरों की महफ़िल जम गयी।

अवधिया जी को गुजरा जमाना याद आ गया, आईना जो देखे थे। उन्होने इतने पुराने गीतों की फ़रमाईश कर दी कि जो हम बरसों से भूल बैठे थे। लेकिन बवाल साहब के भी क्या कहने उन्होने निराश नहीं किया और अवधिया जी को वह गीत सुना ही दिया। मैं तो उसके बोल भी भूल गया हूँ।

कार्य शाला में अविनाश जी और खुशदीप भाई भी फ़ोन के माध्यम से उपस्थित थे,विजय सतपती भी पुराने गीत अच्छे से गुनगुना लेते हैं। कुछ गीतों की याद ये भी करते रहे। रात 2 बजे तक शमा जलते रही और बवाल होते रहा।

लाल भी मजे से सुनते रहे। हम इनका रचना पाठ सुनने से वंचित रह गए। जब ये रायपुर पहुंचेगे तो छोड़ेंगे नहीं सुन कर ही मानेंगे।

रात महेन्द्र मिसिर जी ने बता ही दिया था कि सुबह धुंवाधार जल प्रपात एवं भेड़ाघाट जाना है एवं चेताया भी था कि सुबह 9 बजे तैयार हो जाना है। अब सभी ने गले लग कर विदा ली और हम भी निद्रा रानी के आगोश में चले गए।