मदकुद्वीप लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मदकुद्वीप लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 3 जून 2011

मदकू द्वीप की यात्रा और ऐतिहासिक तथ्यों से परिचय

अरुण कुमार शर्मा जी-हठयोगी की मुद्रा में
आरम्भ से पढ़ें 

रायपुर से हावड़ा मुंबई रेलमार्ग पर 64 किलो मीटर के फ़ासले पर भाटापारा नगर प्रमुख व्यावसायिक केन्द्र है।

यहाँ से कड़ार-कोतमी गांव होते हुए मदकू द्वीप लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर है। रायपुर-बिलासपुर राजमार्ग के 76 वें माईल स्टोन पर स्थित बैतलपुर से यह दुरी 4 किलोमीटर है।

रेल और सड़क मार्ग दोनो से इस स्थान  पर पहुंचा जा सकता है। भाटापारा नगरी हमारे लिए जनकपुरी ही है, साल में एक-दो बार जाना हो जाता है पारिवारिक कार्यक्रमों के कारण। हमारे राजा जनक यहीं विराजते हैं।

अरुण शर्मा जी से चर्चा जारी है, तभी वे एक मिट्टी का ढेला सिरहाने लगा कर वहीं भूमि पर आराम की मुद्रा में लेट जाते हैं और उनसे मेरी चर्चा चलते रहती है। उनके इस कार्य से मुझे लगा कि वे प्रत्येक कठिन परिस्थिति का मुकाबला करने में सक्षम हैं।

पुरातत्व संरक्षण की उत्कट आकांक्षा उनके अंदर कूट-कूट कर भरी है। जो व्यक्ति सभी परिस्थियों में गुजारा कर सकता है, वही ऐसे कार्य कर सकता है जिसे आने वाली पीढियाँ याद कर सकें।

संरक्षण एवं पुनर्संरचना
शर्मा जी कहते हैं कि इन पुरावशेषों के संरक्षण के लिए हवाई जहाज के हैंगर जैसा डोम बनाने का ईरादा है, इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।

आस पास सीमेंट एवं लोहे के कारखाने होने के कारण हवा में सल्फ़रडाईआक्साईट की मात्रा अधिक है। वर्षा काल में इससे एसिड का निर्माण हो जाता है, इसकी वर्षा बहुमुल्य प्रस्तर मुर्तियों एवं मंदिरों को हानि पहुंचा सकती है।

पानी निकालने का रास्ता तो हम बना सकते हैं लेकिन प्रदुषण से इन्हे बचाने के लिए डोम बनाना पड़ेगा। डोम के अभाव में ये संरचनाएं लगभग  100 साल तक ही सलामत रह सकती हैं।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने डोम बनाने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। इंजिनियर आकर नाप-जोख कर चुके हैं। बरसात के पहले डोम तैयार हो जाए तो अच्छा रहेगा। भारत में डोम बनाकर पुरातात्विक संरचना को सुरक्षित रखने का पहला हमने सिरपुर में किया है। अब मदकू द्वीप में भी  कर रहे हैं।

प्रभात सिंह काली मिट्टी के नीचे जमा शिल्ट दिखाते हुए
मंदिरों के गिरने के विषय में कहते हैं कि-"आज से करीब डेढ दो सौ साल पहले शिवनाथ नदी में भयंकर बाढ आई थी। जिसका बहाव दक्षिण से उत्तर की ओर था। जिससे सारे मंदिरों के पत्थर हमको दक्षिण से उत्तर की ओर ढहे हुए मिले। यह बाढ से ढहने का प्रमाण है।

बाढ इतनी भयंकर थी कि टापू के उपर भी एक दो मीटर पानी बहने लगा था। बाढ से विनाश होने का प्रमाण यह भी है कि चारों तरफ़ महीन रेत (शिल्ट) जमा है। यह महीन शिल्ट सिर्फ़ पानी से ही आ सकता है।

लगभग एक मीटर का शिल्ट डिपाजिट है। जो स्पष्ट दिख रहा है काली लाईन के नीचे। बाढ का पानी तेजी से आया और काफ़ी समय तक यह द्वीप पानी में डूबा रहा। अधिकांश पत्थर तो टूट-फ़ूट गए हैं। जितने भी पत्थर यहाँ उपलब्ध है उनसे पुनर्रचना हम कर दें यही हमारा प्रयास है। इन मंदिरों की नींव सलामत थी इसलिए हम उसी पर पुनर्रचना कर रहे हैं।

ये अपुन है-अपना हाथ-जगन्नाथ-तश्वीर लेते हुए
शर्मा जी ने रसोइए को मेरा भोजन भी बनाने के लिए कहा। वैसे तो मैं नास्ता साथ लाया था। सभी ने वह नास्ता किया। गर्मी अधिक थी, दोपहर 12 बजे काम बंद कर दिया गया और हम रेस्ट हाऊस में आ गए।

मदकू द्वीप में वन विभाग का एक रेस्ट हाउस भी है। रेस्ट हाउस में प्रभात सिंह के लैपटॉप में नेट डाटा कार्ड का इंतजाम भी है। लेकिन यहाँ मोबाईल का टावर से सम्पर्क कम ही होता है, इसलिए नेट कभी-कभी और बहुत ही कम स्पीड में चलता है।

प्रभात सिंह मेल इत्यादि चेक करने का काम कर लेते हैं। हमने भोजन करके कुछ देर आराम किया फ़िर लगभग 3 बजे कार्य चालु हो गया। पुन: उत्खनन स्थल पर आ गए। अभी तक मैने विशेषज्ञों से ही चर्चा की थी। सोचा कि स्थानीय लोगों से भी इस विषय पर चर्चा की जाए।

पं विरेन्द्र शुक्ला-मदकू द्वीप नि्वासी
यहाँ 25 वर्षों से निवास कर रहे पं विरेन्द कुमार शुक्ला से मैने चर्चा की। उनसे पूछा कि यह स्थल कैसे प्रकाश में आया?

शुक्ला जी कहते हैं कि " पेड़ के नीचे लोगों को योनी पीठ युक्त शिवलिंग मिला। वहां खुदाई करने पर एक हनुमान जी की मूर्ति मिली।

जिसे मदकू निवासी ठाकुर रघुबर सिंह, निरंजन सिंह, रामशरण सिंह एवं कोतमी ग्राम के ठाकुर गजानन सिंह ने मंदिर बनाकर संरक्षित करने का कार्य किया।

इस स्थान पर पहले एक टीला था। जिसे समतल कराने के लिए ट्रेक्टर चलाया जा रहा था, तभी इसके नीचे से ये संरचना दिखाई दी। तब स्थानीय प्रयास से सरकार ने इस स्थान का उत्खनन करने का कार्य किया। वृंदासिंह ने यहाँ राधा-कृष्ण मंदिर बनवाया। हनुमान जयंती को विशाल मेला भरता है, भक्तो एवं दर्शनार्थियों का रेला लगा रहता है।

डॉ विष्णु सिंह ठाकुर
पुरातत्वविद डॉ विष्णुसिंह ठाकुर कहते हैं कि - "ग्रामीण जनता अज्ञात अतीत काल से इसे शिव क्षेत्र मानते आ रही है यहाँ श्रावण मास, कार्तिक पूर्णिमा, शिवरात्रि के अतिरिक्त चैत्र मास में विशिष्ट पर्वों पर क्षेत्रिय जनों का यहाँ धार्मिक, आध्यात्मिक समागम होता है।

सांस्कृतिक दृष्टि से जब हम विचार करते हैं, तो वर्तमान प्रचलित नाम मदकू संस्कृत के मण्डुक्य से मिश्रित अपभ्रंश नाम है। शिवनाथ की धाराओं से आवृत्त इस स्थान की सुरम्यता और रमणीयता मांडुक्य ॠषि को बांधे रखने में समर्थ सिद्ध हुई और इसी तपश्चर्या स्थली में निवास करते हुए मांडुक्योपनिषद जैसे धार्मिक ग्रंथ की रचना हुई।

शिव का धूमेश्वर नाम से ऐतिहासिकता इस अंचल में विभिन्न अंचल के प्राचीन मंदिरों के गर्भ गृह में स्थापित शिवलिंगों से होती है अर्थात पुरातात्विक दृष्टि से दसवीं शताब्दी ईंसवी सन में यह लोकमान्य शैव क्षेत्र था। दसवीं शताब्दी से स्थापित तीर्थ क्षेत्र के रुप में इसकी सत्ता यथावत बनी हुई है।"

दो ब्लॉगर-राहुल कुमार सिंह, ललित शर्मा
संस्कृति विभाग के जी एल रायकवार को स्थल निरीक्षण के दौरान इतिहास-पूर्व काल के लघु पाषाण उपकरण प्राप्त हुए हैं।

इसी प्रकार संस्कृति विभाग के ही राहुल कुमार सिंह ने मदकू के इतिहास संबंधी पुष्ट और अधिकृत जानकारी प्रदान की। जिनके अनुसार -" इंडियन एपिग्राफ़ी के वार्षिक प्रतिवेदन 1959-60 में क्रमांक बी-173 तथा बी 245 पर मदकू घाट बिलासपुर से प्राप्त ब्राह्मी एवं शंख लिपि के शिलालेखों की प्रविष्टि है, जो लगभग तीसरी सदी ईंसवी के हो सकते हैं,

भारतीय प्रुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के दक्षिण-पुर्वी वृत्त के कार्यालय विशाखापटनम में रखे हैं।" इससे सिद्ध होता है कि मदकू द्वीप का इतिहास गौरवशाली रहा है।

यहाँ की प्राचीन धरोहर को सुरक्षित रखने का एवं  प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त इस द्वीप का पर्यटन हेतु विकास करने का कार्य छत्तीसगढ शासन कर रहा है।

वृंदाबाई ठकुराईन द्वारा निर्मित-राधा-कृष्ण मंदिर
भाटापारा निवासी पं कृपाराम गौराहा ने पौष शुक्ल संवत 2019 याने सन् 1954 में धूमनाम माहात्म्य् की रचना की।

वे कहते हैं कि -" भगवान धूमनाम के चरणों में यह पुष्पांजलि समर्पित करते हुए, मैं अपने परम स्नेही मित्रों ठाकुर रघुवीर सिंह, स्व: सुधाराम जी शुक्ल तथा कतकहिन वृन्दाबाई ठकुराईन को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ कि जिनके सतत् प्रयासों से इस पुनीत हरीहर क्षेत्र का पुनरुद्धार हुआ है,

जहाँ कि जन साधारण को भगवच्चरित्र मानस में अवगाहन का लाभ होता है। इस माहात्मय की, रायपुर निवासी प्रकांड-विद्वान वयोवृद्ध श्री श्यामराव रावले जी ने प्रशसा की, तथा आवश्यक मुद्रण दोष सुधार कर रचना में कुछ शब्दों में परिवर्तन किया है।

भाटापारा-नगर निकटे योजनार्धे हयुदीच्याम्।
मदकूग्राम: शिवनदतटे विज्ञ वृन्दै रुपेत:॥
जातस्तस्मिन् रघुवरइति ह्यर्कवंश प्रसूत:।
विद्ववन्मान्यळ सरलहृदय: क्षत्रिय: पुण्यकर्मा॥3॥
अर्थात- भाटापारा नगर से दो कोस उत्तर दिशा में शिवनाथ नदी के किनारे मदकू नाम का गाँव है। उस गाँव में रघुवर नाम का एक धार्मिक क्षत्रिय रहता था।

रघुवर सिंह को ब्राह्मण ने स्वप्न में बताया कि--

कृत्वा यत्नं खनतु पृथिवीं पार्थमूले शिवोSस्ति।
पार्श्वे प्राच्याँ सुखकर शिवान्नातिदूरे गणेश:॥
तच्चोतपाट्यं गणपतिविभुर्विघ्नहर्ता यथा स्यात।
स्थाप्यौ पूज्यौ विविधविभवैर्वेदमंत्रैर्विधिज्ञै:॥6॥

अर्थात- हे रघुवर! पास में स्थित कौहे (अर्जुन-पार्थ) के पेड़ के नीचे भगवान शिवजी की मूर्ति स्थित है और शिवजी के पूर्व में श्री गणेश की मूर्ति स्थित है। उन दोनो मूर्तियों को बाहर में निकाल कर वेदज्ञ ब्राह्मणों के द्वारा प्रतिष्ठ कराओ।

आए हुए श्रद्धालुओं को राम राम
चर्चा करते एवं जानकारी इकट्ठी करते हुए 5 बज चुके थे। मैने कुछ चित्र और लिए। उत्खनन में प्राप्त सामग्री के विषय में जानकारी संग्रहित की।

अरुण शर्मा जी भी जाने की तैयारी में थे, उन्हे सिरपुर जाना था। कोई पत्रकार उनसे सिरपुर के विषय में जानकारी लेने के लिए दिल्ली से सम्पर्क कर रहा था, कि वे समय दें तो वह रायपुर आए। मुझे भी वापस जाना था।

वापसी में एक बार ही एनीकट पार करना पड़ा। प्रभात सिंह द्वारा बताए रास्ते पर शिवनाथ नदी पार करके कोतमी-कड़ार होते हुए मैं रात्रि को भाटापारा वापस पहुंच गया। यहाँ रात्रि विश्राम पश्चात सुबह छुकछुक एक्सप्रेस से रायपुर एवं दोपहर तक घर पहुंच गया था।

माता जी बेसब्री से इंतजार कर रही थी। मुझे आया देखकर प्रसन्न हो गयी। बोली - अच्छा हुआ समय पर घर पहुंच गया। कब से इंतजार कर रही थी।" यात्रा यहीं पर सम्पन्न होती है। 

बुधवार, 1 जून 2011

कल तक जहाँ मुकाम था वह घर नहीं मिला -मदकुद्वीप की ओर ----ललित शर्मा

आरम्भ से पढ़ें  आई.एस.बी.टी. पहुंच कर अविनाश जी को फ़ोन मिलाया, नहीं मिला। फ़िर खुशदीप भाई को फ़ोन मिलाया तो उन्होने बताया कि वे मेरठ जा रहे हैं और मुझसे कहा कि कल फ़ोन करते तो मैं रुक जाता। मैने कहा-कोई बात नहीं, आप पहले जो जरुरी हो वो काम कीजिए। मैने सोचा था अविनाश जी ने खबर करी होगी। निजामुद्दीन पहुंच कर पवन चंदन जी को फ़ोन लगाया तो उन्होने कहा-आप ऑफ़िस में पहुंचिए, चाय पानी पीजिए, तब तक मैं पहुंचता हूँ। मैं ऑफ़िस पहुंच गया, वहाँ एक अर्दली तैनात मिला। उसने चाय-पानी लाकर पिलाया। उसके बाद मैने अरुण राय जी को फ़ोन किया तो उन्होने कहा कि मैं अभी आता हूँ आपको लेने। आप सराय काले खाँ मिले। मैंने सोचा कि कुछ समय इनके साथ बिताया जाए।
अरुण जी ने सराय काले खाँ आकर बताया कि वे आ गए हैं, हम तुरंत उधर चल पड़े, जब मैं और पवन चंदन जी सराय काले खाँ पहुंचे तो रिंग रोड़ तक अरुण जी दिखाई नहीं दिए। उन्हे फ़ोन लगाया तो फ़ोन स्विच ऑफ़ मिला। 50 बार दोनो ने मिल कर फ़ोन लगाया। पवन चन्दन जी मुझे पूछ रहे थे कि आप पहचानते हैं कि नहीं। मैने कहा अभी शनिवार को तो मिले थे। क्यों नहीं पहचानुंगा। बहुत ढूंढा, आखिर न मिले। अचानक फ़ोन बंद होने के कारण कुछ आशंकाएं भी जन्म ले रही थी। आखिर ये दिल्ली है भाई, कुछ भी हो सकता है। इन्होने भी मुझे दुबारा फ़ोन लगाना गवारा नहीं समझा। न ही सूचना देना। हम वापिस प्लेट फ़ार्म पर आ गए। पवन जी ने अविनाश जी को फ़ोन लगाया, उनसे बात करते हुए मुझे फ़ोन पकड़ा दिया। तो अविनाश जी उधर शाहनवाज जी को फ़ोन पकड़ा दिया। शाहनवाज जी बताया कि वे अजीत राय जी के यहाँ जा रहे हैं। उनकी ब्लॉगिंग से संबंधित कोई समस्या है।

पवन चंदन जी के ऑफ़िस की खासियत यह है कि यहाँ ओपन ब्युटी पार्लर भी है। किसी को सजना संवरना होता है तो इनके ऑफ़िस के सामने ही पेड़ के नीचे सजता संवरता है और फ़िर अपने धंधे पर लगता है। हम पहुंचे तो कुछ बाबा नुमा लोग सुबह-सुबह धंधे पर जाने की तैयारी कर रहे थे। चटाई बिछा कर आईने के सामने टीके-टामे लगा रहे थे। इनका सजना भी जरुरी है। अगर निर्धारित भेष न होतो कौन उन्हे बाबा समझेगा और उनकी बाबागिरी कैसे चलेगी। हमारे गाँव के बाबा लोग जब मांगने नहीं जाते तो तालाब में बंशी लेकर बैठ जाते हैं और मछली फ़ांसते हैं और जब सज संवर कर निकलते हैं धंधे में तो लगता है कि हिमालय से आकर तपस्वी ने साक्षात दर्शन दे दिए। फ़िर शाम को भेष उतर जाता है और वही दारु और मच्छी का दौर शुरु।

दोपहर हो रही थी, गर्मी भी अच्छी ही थी। पवन जी के साथ उनके घर गए। स्नानादि से निवृत्त होकर भोजन किया। कुछ देर परिवार के साथ गप-शप होते रही। एक नजर इंटरनेट पर दौड़ाई तब तक 5 बज चुके थे। पवन जी ने कार स्पीड से चलाई। गाड़ी का टाईम 17.25 था।  15 मिनट में हम सराय काले खाँ पहुंच गए थे। प्लेट फ़ार्म पर पहुंचे तो बोर्ड गाडी आने का समय 19.40 दिखा रहा था। मैने ध्यान से नहीं देखा। मुझे 17.40 दिखाई दिया। मैने पवन जी कहा कि गाड़ी 15 मिनट लेट हो गयी है। पवन जी बोले कि पुरे सवा दो घंटे लेट है। मैने फ़िर से बोर्ड देखा तो अब सही दिखाई दिया। गाड़ी सवा दो घंटे ही लेट थी। पवन जी बोले की पहले पता चल जाता तो घर से ही आराम से आते। इतनी स्पीड से मुझे गाड़ी चलानी नहीं पड़ती। वो भी उस फ़्लाई ओव्हर पर से जिसे कलमाड़ी ने बनाया है। बहुत बड़ा रिस्क ले लिया था पवन जी ने, उनकी मारुती की स्पीड से यह फ़्लाई ओव्हर धराशाई भी हो सकता था।

हम वापस पवन जी के ऑफ़िस पहुंच गए। दो चाय पी और गपशप चलते रही। पवन जी ने गाड़ी का समय होने पर इन्क्वारी की तो गाड़ी प्लेटफ़ार्म पर लग रही थी। उनके एक अर्दली ने मेरा बैग उठाया और हम प्लेटफ़ार्म पर आ गए। बड़ी भीड़ थी, मध्यप्रदेश की ओर जाने वाली दो-दो गाड़ियाँ लगी थी और सम्पर्क क्रांति भी। लोग भ्रम में थे कि ये जबलपुर वाली सम्पर्क क्रांति है। पुछताछ कर रहे थे। हमने चार्ट देखा, और अपनी 1 नम्बर की बर्थ संभाली। गाड़ी चलते तक पवन जी वहीं थे। उनका आज पुरा दिन हमने ले लिया था। गाड़ी चल पड़ी। मेरी बर्थ के आमने-सामने वही ट्रिपल आई की परिक्षा दे कर लौट रहे विद्यार्थी थे। लेकिन पहले मिले बन्दरों से गंभीर थे। वापसी के समय रात्रि के 9 बज रहे थे। ट्रेन में खाना आ गया था, मैने नही लिया, सोचा कि आगरा में कुछ पैकेट बंद खाना लेकर खा लुंगा। ध्यान नही रहा कि सम्पर्क क्रांति आगरा में रुकती नहीं है। इसका पहला स्टापेज झांसी है। फ़िर पैंट्री से चिप्स और कोल्ड्रिंक लेकर आया। 

दुसरे दिन सुबह कटनी के पास आँख खुली। ट्रेन 4 घन्टे लेट हो चुकी थी। बिलासपुर लगभग 4 बजे पहुंचती। वहां अरविंद झा को फ़ोन लगाया तो पता चला कि वे साऊथ बिहार में पटना से आ रहे हैं। उनकी ट्रेन लगभग 5 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। गर्मी बहुत अधिक थी, लोग गर्मी के मारे तड़फ़ रहे थे। बच्चे रो रहे थे, ठन्डे पानी की बोतल भी 15 रुपए की हो गयी। 5 रुपए का पानी 15 रुपए में बिक रहा था और लोग मजबूरी में ले रहे थे। ट्रेन के विलंब होने के कारण हमारी ट्रेन लगभग 7-8 बजे के बीच रायपुर पहुंचती। मैने बिलासपुर में विचार बदल दिया और भाटापारा में रुकने का मन बनाया। सुबह मन्डुक ॠषि के मदकूद्वीप जाने की ठान ली। बहुत दिनो से मन में इच्छा थी लेकिन जा नहीं सका था। यहाँ पुरातत्व विभाग की खुदाई चल रही है और 11 वीं शताब्दी के मंदिरों की श्रृंखला मिली है। लगभग 6 बजे ट्रेन भाठापारा पहुंच चुकी थी। इस तरह हमारी लम्बी यात्रा को को यहाँ अल्प विराम मिला। अब कल चलते हैं और मदकु द्वीप की सैर करते हैं। आगे पढें…।