यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 12 अगस्त 2016

हम हिन्दुस्तानी चले भूटान

हमारा विशाल भारत देश विश्व के किसी अन्य देश की तुलना में इक्कीस ही बैठता है, यहाँ बारहों महीने सभी मौसम मिल जाएगें, कहीं बारिश तो कहीं सूखा तो कहीं हरियाली से आच्छादित भू प्रदेश। सड़कों पर तफ़री करते बादल यहाँ भी मिलते हैं। शायद ही कोई पर्यटन का शौकीन ऐसा होगा जिसमें पूरा भारत घूम लिया होगा। फ़िर भी लोगों की इच्छा एक बार विदेश यात्रा करने की होती है। अगर वे भारत के एक-एक प्रांत की घुमक्कड़ी विदेश समझ कर ही कर लें तो उन्हें बहुत कुछ जानकारी एवं आनंद मिल जाएगा। परन्तु वे तो सिर्फ़ विदेश घूमना चाहते हैं।
भूटान की वादियां
हमारे कई मित्र विदेश घूमना चाहते थे। पर समस्या पासपोर्ट एवं वीजा की आती है। पहले पासपोर्ट बनवाना पड़ता है फ़िर संबंधित देश से वीजा (अनुमति) लेनी पड़ती है। परन्तु कुछ ऐसे देश हैं, जहाँ भारतीयों के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता नहीं होती। जिनमें से भूटान एवं नेपाल हैं। नेपाल में राजनैतिक उथल पुथल के साथ सांस्कृतिक प्रदूषण भी बहुत अधिक हो चुका है। वहां कब हड़ताल हो जाए और कब मार्ग बंद हो जाए, जिसमें पर्यटक फ़ंस जाएँ, पता नहीं चलता। इसलिए घुमक्कड़ी के लिए भूटान को ही प्रथम वरीयता देना चाहता हूँ। वैसे तो गत वर्ष हमने भूटान की सैर की थी, परन्तु समयावधि कम थी, सिर्फ़ सड़कें नापना ही हुआ।
भूटान की वादियां
इस वर्ष मित्रों से चर्चा करके अप्रेल के प्रथम सप्ताह में भूटान घुमक्कड़ी का कार्यक्रम बनाया गया और इसे "हम हिन्दुस्तानी सम्मेलन" का नाम दिया गया। इसकी तैयारी हमने अक्टुबर माह से ही प्रारंभ कर दी थी। टूर आपरेटर से चर्चा होने के पश्चात  एडवांस परमिट का फ़ार्म भी भरवाना प्रारंभ कर दिया था। एडवांस परमिट लेने से काफ़ी सुविधा हो जाती है और समय खराब नहीं होता। ज्यों ज्यों यात्रा का समय समीप आ रहा था त्यों त्यों अफ़रातफ़री मचती जा रही थी। कोई फ़ार्म भरने के बाद भी समस्या बता कर हाथ झाड़ रहे थे। कोई नए लोग जुड़ते जा रहे थे। हमसे समय चयन में थोड़ी गलती हो गई थी। मार्च का अंतिम सप्ताह एवं अप्रेल का प्रथम सप्ताह भारत में लेखा वर्ष का अंतिम समय होने के कारण काफ़ी व्यस्त रहता है। इसलिए बहुत सारे मित्र इस कार्यक्रम में नहीं जा पाए।
भूटान की वादियां
मुंबई से रायपुर होते हुए "कर्म भूमि एक्सप्रेस" गोहाटी जाती है। जो हमें सीधे हासीमारा पहुंचाती देती है। जिससे कलकत्ता रुक कर अगली यात्रा के लिए दिन भर का समय खर्च करने की बचत हो जाती है। इसलिए हम सब ने जहां तक हो सका कर्मभूमि एक्सप्रेस की टिकिट ही बनवाई थी। हमारी भूटान यात्रा छ: दिन की थी। इससे अधिक दिन का परमिट भूटान सरकार पर्यटकों को नहीं देती तथा वह पर्यटकों के लिए सीमित परमिट ही साल भर में देती है। ऐसा नहीं है कि कोई भी जब भी आ जाए, उसे परमिट दे दिया जाए। भूटान के राजा अपने देश में किसी तरह का प्रदूषण फ़ैलने नहीं देना चाहते। चाहे वह सांस्कृतिक हो या पर्यवर्णीय प्रदूषण हो। भूटान यात्रा से पहले मैं और पाबला जी दक्षिण की यात्रा कर आए थे। इस बीच तैयारी करने के लिए थोड़ा ही समय बचा था।
भूटान की वादियां
हम कुल 21 लोग हो रहे थे, जिसके लिए सारी व्यवस्था कर ली गई थी। कलकत्ता से हमारी कैटरिंग सर्विस भी जा रही थी। जो हमें भूटान में खाना बनाकर खिलाएगी। कर्मभूमि एक्सप्रेस 31 मार्च को रायपुर से सुबह 6 बजे थी। छोटा भाई मुझे सुबह जल्दी स्टेशन पहुंचा आया था। यहाँ से नवीन तिवारी जी, पथिक तारक जी सपत्नी, ललित वर्मा जी, टीकाराम वर्मा जी एवं मैं ट्रेन में सवार हुए। अकलतरा से अजय खंडेलिया जी को बिलासपुर आकर ट्रेन में चढना था, सुबह मैने कई बार फ़ोन लगाया लेकिन उन्होने नहीं उठाया। 
आत्मकथा के लेखक द्वारिका प्रसाद अग्रवाल जी
बिलासपुर से द्वारिका प्रसाद जी सपत्नी एवं नातिन, राजेश अग्रवाल जी ट्रेन में चढे, पर अजय खंडेलिया जी नहीं आए। रायगढ से प्रकाश यादव जी को छुट्टी नहीं मिली एवं अंतिम समय गिरीश बिल्लौरे जी एवं बैकुंठपुर से चंद्रकांत पारगीर जी ने आवश्यकर कारण बताते हुए मना कर दिया। इस तरह हमारे चार यात्री यहीं कम हो गए। हमारी टोली के राजेश सेहरावत जी पहले पहुंच चुके थे। द्वारिका प्रसाद जी के साले, सलहज,  अंकित मिश्रा एवं हेमंत पाणिग्रही को हासीमारा में तथा बिकास शर्मा को न्यू जलपाई गुड़ी में मिलना था।
हासीमारा स्टेशन 
हम एक अप्रेल को सुबह साढे नौ बजे न्यु जलपाईगुड़ी पहुंचे, यहां बिकास शर्मा मिल गए। आगे चलकर दस बजे करीब राजेश सेहरावत भी पहुंच गए। हमारी ट्रेन विलंब से चल रही थी। हम लगभग पौने दो बजे हासीमारा स्टेशन पर पहुंचे। अंकित और हेमंत यहां नही पहुंच पाए थे। यहां से जयगांव होते हुए भूटान की सीमा आधे घंटे की दूरी पर है। चार गाड़ियों में सवार होकर हम पन्द्रह लोग फ़ुंसलिंग की ओर चल पड़े। हमें जाने की जल्दी इसलिए थी कि द्वारिका प्रसाद जी नातिन एवं उनके साले, सलहज का वीजा ऑन एरायवल बनवाना था। यह ऑफ़िस चार बजे बंद हो जाता है। फ़ुंसलिंग पहुंच कर सीमा पर स्थित ऑफ़िस में द्वारिका प्रसाद जी एवं उनके परिवार को छोड़ कर हम होटल मिडटाऊन पहुंच गए।
सीमा पर भूटान गेट
यह फ़ुंसलिंग का एकमात्र स्विमिंग पुल वाला तीन मंजिला होटल है। यहां हमारा स्वागत होटल की परिचारिकाओं ने फ़ूल एवं रोली से किया। होटल वालों ने सभी को उनके कमरे बांट दिए गए। ऊपर की मंजिल में पांच लोगों के रहने के लिए सुईट जैसा था वह द्वारिका प्रसाद जी को दे दिया गया। सभी लोग स्नानादि दैनिक क्रिया में लग गए और मैं अपने रुम में आ गया। उसके बाद सिलीगुड़ी से अंकित का फ़ोन आया कि कहां पहुंचना है, उसे पता बताया गया। उन लोग भी शाम सात बजे तक होटल पहुंच गए। तब तक द्वारिका प्रसाद जी भी परमिट की व्यवस्था कर लौट आए। होटल पहुंच कर मैने देखा कि चश्मा ही गायब है, हासीमारा से आते समय कहीं गिर गया। मेरी समस्या को देखते हुए द्वारिका प्रसाद जी ने अपना चश्मा दिया, उसके बाद मैने सारा भूटान उनके चश्मे से ही देखा।
फ़ुंतशोलिन का होटल (फ़ाईल फ़ोटो)
उन्होने मुझसे ऊपर के कमरे की शिकायत की। उनकी श्रीमती जी की बायपास सर्जरी हुई है, इसलिए सीढियाँ चढने में तकलीफ़ का होना बताया। अब सभी लोग अपने कमरे में शिफ़्ट हो चुके थे, इसलिए नई व्यवस्था करना संभव नहीं था। यहां सिर भोजन करके एक रात गुजारना था। इसलिए आगे से नीचे का कमरा देने की बात कही। टीकाराम वर्मा भी शिकायत करने लगे कि उनसे ऊपर के कमरे लिए सीढियाँ चढने में तकलीफ़ होती है। आगे चलकर इनकी समस्याओं का समाधान हो सकता था। आज तो किसी हालत में संभव नहीं था।
होटल से तारसा नदी
हम कुल सत्रह लोग थे, टूर आपरेटर ने सामिष एवं निरामिष खाने वालों के बारे में पूछा तो मैने कह दिया कि दोनो तरह का भोजन आधा-आधा तैयार करवा लो। जो-जो निरामिष में चम्मच डालेगा, वह नोट कर लेना और अगले दिन से उतने लोगों के लिए निरामिष एवं सामिष भोजन बना लेना। वैसे भी मुझे लग रहा था कि सिर्फ़ दो-चार लोग ही निरामिष खाने वाले थे। नीचे डायनिंग हॉल में खाना बनकर तैयार था। सभी डायनिंग हॉल में आ गए। भोजन प्रारंभ हुआ, निरामिष खाने वालों की संख्या हमारी सोच से दुगने से भी अधिक निकली। आंकड़ा दस से अधिक पार कर गया। अब कैटरिंग वाले को भी आंकड़ा मिल गया था। जारी है आगे पढें…

शनिवार, 30 जुलाई 2016

कुमाऊँ की सैर पर त्रिदेव

अजंता एलोरा एक बाद पुन: देखने का मन था। बाईस बरस पहले सरसरी तौर पर देखा था, अब अध्ययन की दृष्टि से देखना था। दस मई तारीख तय हुई, परन्तु उस इलाके में पानी की बहुत किल्लत हो गई थी, मित्र से पता चला कि चार दिन में पानी आ रहा है और मेरे पहुंचते तक हो सकता है हफ़्ते भर में आने लगे। पानी की किल्लत के कारण इस यात्रा को दिसम्बर तक स्थगित किया गया। एक दिन फ़ेसबुक मनु त्यागी ने पोस्ट लगाकर बताया कि 21 मई लेह लद्दाख का बाईक टूर बन रहा है। बस मैने हामी भर दी और तैयारी शुरु कर दी। 
रायपुर के तेलीबांधा तालाब पर फ़हराता राष्ट्रीय ध्वज
पहाड़ी सफ़र में हमेशा कम से कम एवँ कम वजन का सामान होना चाहिए। यात्रा के लिए मैने तत्काल पोस्ट पेड सिम खरीदा और उसे चालु करवाया, पैराशुट के कपड़े के दो लोवर, एक हाफ़पेंट, विंडचीटर, दो काले गॉगल, दस्ताने और भी बहुत कुछ खरीदा। रास्ते के लिए दवाईयाँ, खाने का पौष्टिक सामान भी आ गया। जैसे ही सफ़र के लिए निकलने की तारीख आई, वैसे ही शारीरिक व्याधि दिखाई देने लगी। अब आखरी क्षणों में यात्रा स्थगित करने की नौबत आ गई। मैने फ़ोन करके मनु को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए अपनी लेह लद्दाख यात्रा स्थगित कर दी। परन्तु दिल्ली की टिकिट कैंसिल नहीं हुई थी। अब उसका उपयोग अन्य किसी स्थान के लिए किया जा सकता था।
रायपुर रेल्वे स्टेशन से प्रस्थान
गाजियाबाद वाले सुभाष शर्मा जी ने कहा कि चलो आपको कुमाऊँ घूमा लाता हूँ। बस बात बन गई। 20 तारीख को सुबह कुमाऊँ के लिए निकलना तय हो गया। मैं निर्धारित तिथि पर दिल्ली पहुंच गया। गोंडवाना थोड़ी विलंब से पहुंची। दिल्ली पहुंचने पर सुभाष शर्मा जी ने फ़ोन पर बताया कि सरायकाले खाँ से गाजियाबाद के लिए बसें चलती है। उससे आप गाजियाबाद आ जाओ और बस स्टैंड के पास छोटा सा मंदिर है, वहाँ मिलो। संजय अनेजा जी भी वहीं पहुंच रहे हैं, साथ चलेगें। सरायकाले खाँ पे गाजियाबाद की बस लगी थी, तुरंत चढ गया। उसने 30 रुपया किराया लिया गाजियाबाद का। यह सीधे रस्ते से चलने की बजाए कई कालोनियों से घूम कर गाजियाबाद पहुंचा और ओव्हर ब्रिज के नीचे सवारियों को उतार दिया। लगभग ग्यारह बज रहे थे।
ब्रजघाट में संजय अनेजा जी के साथ गंगा स्नान
संजय अनेजा जी भी पहुंच चुके थे, उनसे फ़ोन पर बात हुई तो उन्होनें बस अड्डे के गेट के सामने खड़ा होना बताया। मैं वहां तक पहुंचा और बाऊ जी मिल गए। आगे से पोस्ट में अनेजा जी को बाऊ जी एवं सुभाष शर्मा जी को भाई साहब संबोधित किया जाएगा। सूरज बहुत अधिक तप रहा था और स्नान करने की प्रबल इच्छा हो रही थी। मन हो रहा था कि जितनी जल्दी हो सके हो सके डुबकी लगा ली जाए तो ठीक रहेगा। भाई साहब को आने में विलंब हो रहा था। हमने एक चाय पी, तब तक भाई साहब भी आ गए। पान बनवाए गए और सीधे ही सफ़र पर निकल लिए। तय हुआ कि स्नान ब्रजघाट गढ़ गंगा में किया जाएगा। 

जिम कार्बेट पार्क रामनगर के द्वार पर त्रिदेव
दोपहर लगभग एक बजे हम ब्रजघाट पहुंच चुके थे।  सीधे घाट पर जाक पहला काम स्नान करने का किए। बाऊ जी और हम गंगा नहाने का पुण्य कमाए और भाई साहब फ़ोटो खींचते रहे। इसके बाद भोजन करना था। हाईवे थोड़ा आगे बढने पर एक ढाबे पर गाड़ी लगाई और भोजन किया। इसके बाद सपाटे से आगे बढते रहे। मुझे नहीं मालूम था कि कहाँ जाना है, कहाँ रुकना है। जब जानकार साथ हो तो क्या सोचना। रामनगर के पास पहुंच कर कुछ फ़ल लिए, जिसमें एक मतीरा और कुछ लीची और केले थे। मतीरा तो हमने रख दिया, केले और लीची का सेवन किया।
रानी खेत का रिसोर्ट जहाँ हमने रात गुजारी
शाम साढे पाँच बजे हम कार्बेट नेशनल पार्क के गेट पर थे। यहाँ से फ़ेसबुक मित्र गोविंद पाटनी जी को फ़ोन किया। तो उन्होने कहा कि आप आगे बढ चुके हैं। आगे बढने के बाद लौट कर आना नहीं जमता। कार्बेट नेशनल पार्क से घुमावदार पहाड़ी रास्ता शुरु हो गया। इसके बाद सपाटे से गाड़ी चलती रही। भाई साहब इन सड़कों से अच्छी तरह परिचित लगे। उन्होने बताया कि उनका जब मन हुआ तब मोटरसायकिल लेकर इन पहाड़ों में आ जाते थे। वैसे दिल्ली वालों को पहाड़ों तक आने में अधिक समय नहीं लगता। वो हम जैसों को पहले दिल्ली तक 13 सौ किमी चलकर आना पड़ता है। सारी कसर इसी में निकल जाती है। इनकी ड्राईविंग की जितनी तारीफ़ की जाए उतनी कम है। खास कर पहाड़ी रास्तों पर।

आगे की यात्रा के पूर्व सेल्फ़ी
लगभग साढे आठ बजे हम रानीखेत पहुंचे तब पता चला कि आज की रात यहीं रुकना है। हल्की-हल्की बरसात हो रही थी। आधा घंटा हो गया ठहरने का ठिकाना ढूंढते, पर बंगाली पर्यटकों के कारण सभी होटल पैक थे। कहीं भी रुम नहीं मिल रहा था। फ़िर एक लड़का आया, उसने कहा कि कलावती रिसोर्ट में एक रुम मिल जाएगा। यह 6 किमी है, मारुति के शो रुम के पास। खाना भी मिल जाएगा वहीं। रुम का किराया 1800 बताया। हमने मान लिया और शहर से पहुंच गए रिसोर्ट में। पहुंचते ही बरसात जोर से शुरु हो गई। खाना उन्होने रुम पर ही खिला दिया। ठंड सी थी, इसलिए कम्बल ओढने पड़े। 
रास्ता बताते हुए सूचना फ़लक
आज जुलाई की 21 तारीख थी। सुबह 6 बजे नींद खुल गई, कलावती रिसोर्ट पहाड़ी की ढलान पर अच्छे स्थान पर है। उठने के बाद थोड़ी देर आस पास के लैंड स्केप का मजा लेते रहे। मैने चिड़ियों एवं फ़ूलों के कुछ फ़ोटो खींचे। इसके बाद स्नान करके रिशेप्शन पर पहुंचे तो होटल मालिक ने अधिक पैसे बताए। कुछ टैक्स के कुछ चद्दर धुलाई के, कुछ सफ़ाई के आदी जोड़ कर 24 का हिसाब बना दिया। भाई साहब ने कहा कि आपके आदमी ने रात को 1800 कहे थे, अब आप 2400 बता रहे हो। तो वो बोला- मैं उस लड़के का बाप हूँ। उसको हिसाब किताब नहीं मालूम। मैने कहा कि आप तो ग्राहक के साथ बड़ी धोखाधड़ी कर रहे हो। बोलो कुछ और करो कुछ। वैसे भी मैं ट्रेवल राईटर हूँ, आपकी कारस्तानी गुगल पर जिन्दगी के बाद भी पीछा नहीं छोड़ेगी और सालाना तुम्हारे 50 ग्राहक तो बिदका ही सकता हूँ ये मानकर चलो। तब जाकर कहीं वो सरेंडर हुआ। कार्ड देते हुए बोला - अच्छा लिखना सर।  जारी है पढ़ें 

शुक्रवार, 1 मई 2015

सूर्यमंदिर का निर्माण : इतिहास की महान परियोजना - कलिंग यात्रा

अभी तक सूर्यमंदिर के अधिष्ठान एवं भित्तियों पर जड़ी प्रतिमाओं पर ही एक नजर डाल रहे थे। अब बारी है मंदिर निर्माण एवं उसकी संरचना की। सूर्य मंदिर निर्माण की योजना साधारण नहीं है। काल के हिसाब से तत्कालीन राज्य के विशाल एवं महत्वाकांक्षी योजना थी। इसके प्रारुप निर्माण पर ही काफ़ी वक्त लगा होगा। प्रधान शिल्पकार बिशु महाराणा ने अपने निर्माण दल के साथ महीनों विचार विमर्श किया होगा तब कहीं जाकर इस योजना का प्रारुप तैयार हुआ होगा। हमने देखा है कि मंदिर की भित्तियों का कोई भी स्थान खाली नहीं है जिस पर शिल्पकार की छेनी के निशान नहीं है। ज्यामितिय आकृतियों के साथ भित्तियों पर विषयाधारित शिल्पांकन महत्वपूर्ण है। प्रतिमाओं में राजा के परिजनों से लेकर उनकी गतिविधियों को स्थान दिया गया है। अपने प्रज्ञानुसार तो बिशु (विष्णु) महाराणा ने कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी होगी।

अगर कल्पना दृश्यांकन करें तो निर्माण स्थल पर मेला लगा रहता होगा। बारह सौ शिल्पकार और उनके सहयोगियों तथा निर्माण सामग्री पूर्तिकर्ताओं को मिलाकर कम से कम पांच हजार की मानव संख्या कार्य में लगी होगी। निर्माण स्थल पर इनकी दिनचर्या से संबंधित सारी वस्तुएं उपलब्ध कराई गई होगीं तथा इनके भोजन के लिए विशाल भोजनालय का भी अस्थायी निर्माण किया गया होगा। शिला निर्माण योजनाबद्ध हो रहा होगा। सैकड़ों लोहार लोहे की पट्टी तैयार कर रहे होगें जिनसे शिलाओं को बांधना है। प्रधान शिल्पी एक-एक निर्माण का स्वयं निरीक्षण कर रहा होगा। राजा के कारनून निर्माण कार्य में लगने वाले धन का संग्रह कर रहे होगें। निर्माण में गजबल एवं अन्य पशुबल के लिए भी चारा जुटाया गया होगा। आखिर एक विशाल स्मारक का निर्माण हो रहा था।

सिंहद्वार की एक प्रतिमा का वजन 28 टन बताया जा रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि निर्माण में 40 एवं 50 टन के भी प्रस्तर खंडों का प्रयोग किया गया होगा। इन पत्थरों को पहाड़ से काट कर अलग करने एवं निर्माण स्थल तक लाने में श्रम के साथ धन भी पानी की तरह बहाया होगा। तेरहवी सदी वैसे भी विज्ञान ने बहुत तरक्की कर ली थी। निर्माण के लिए आधुनिक यत्रों का प्रयोग किया गया होगा। पत्थरों पर कारीगरी करने के लिए जल की आवश्यकता भी होती है। निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले जल की भी व्यवस्था की गई होगी। छेनी हथौड़ी की लयबद्ध तान निर्माण स्थल पर बरसों गुंजती रही होगी और शिल्पकारों का पसीना बह कर चंद्रभागा नदी में मिल कर समुद्र को और भी खारा कर गया होगा। 

कलिंग की अपनी विशिष्ट शैली है, जिसमें कोणीय अट्टालिका पर मंडप की तरह छतरी ढ़ंकी होती है। यह मंदिर भी  उड़ीसा के अन्य मंदिरों जैसा ही है। मुख्य गर्भ गृह की ऊंचाई 229 फ़ुट मापी गई है। गर्भ गृह के साथ नाट्यशाला 128 फ़ुट ऊंची है। मंदिर का मुख्य प्रांगण 857 फ़ुट X 50 फ़ुट का है। यह मंदिर पुर्व एंव पश्चिम दिशा में बना है। निर्माण में प्रयुक्त प्रत्येक शिला को लोहे की पट्टियों (क्लैंप) से बांधा गया है। शिलाओं को स्थापित करने में कहीं पर भी अन्य लेपन (चूना या अन्य) का प्रयोग नहीं किया गया। मंदिर के समस्त निर्माण को योजनानुसार एक दूसरे पत्थर के साथ लौह बंधन में ही बांधा गया है। इसका उदाहरण हमें मंदिर में कई स्थानों पर मिलता है।

मंदिर का निर्माण गंग वंश के प्रतापी नरेश नरर्सिह देव (प्रथम) (1238-64 ई.) ने अपने एक विजय के स्मारक स्वरूप कराया था। इसके निर्माण में 1200 स्थपति 12 वर्ष तक निरंतर लगे रहे। अबुल फजल ने अपने आइने-अकबरी में लिखा है कि इस मंदिर में उड़ीसा राज्य के बारह वर्ष की समुची आय लगी थी। उनका यह भी कहना है कि यह मंदिर नवीं शती ई. में बना था, उस समय उसे केसरी वंश के किसी नरेश ने निर्माण कराया था। बाद में नरसिंह देव ने उसको नवीन रूप दिया। इस मंदिर के आस पास बहुत दूर तक किसी पर्वत के चिन्ह नहीं हैं, ऐसी अवस्था में इस विशालकाय मंदिर के निर्माण के लिये पत्थर कहीं दूरस्थ स्थान से लाए गए होगें। खैर अबुल फ़जल कुछ भी कहे पर मंदिर निर्माण के साथ नरसिंह देव का ही नाम जुड़ा हुआ है।. पुरी के मदल पंजी के आंकड़ों के अनुसार, और कुछ 1278 ई. के ताम्रपत्रों से पता चला, कि राजा लांगूल नृसिंहदेव ने 1282 तक शासन किया. कई इतिहासकार, इस मत के भी हैं, कि कोणार्क मंदिर का निर्माण 1253 से 1260 ई. के बीच हुआ था।

इतिहास की कहानी प्रमाणों के अभाव में अनुमान पर ही गति प्राप्त करती है। इस मंदिर के निर्माण से लेकर विध्वंस तक अनुमान ही लगाए जा सकते हैं। कोई भी सदा के लिए साक्षी नहीं हो सकता। एक कालखंड तक ही जीवित साक्ष्य मिल पाते हैं। कहते हैं कि मंदिर में पूजा नहीं हो सकी। यह मंदिर बिना प्राण प्रतिष्ठा के ही रह गया। अगर मुख्य गर्भ गृह में प्रतिमा की स्थापना हो जाती तो पूजा भी अनिवार्य रुप से शुरु हो जाती। पूजा न होने के पीछे भी कई कहानियाँ सामने आती हैं। सर्व प्रथम तो कहा जाता है कि मुख्य शिल्पकार बिशु महाराणा के पुत्र की मृत्यु मंदिर निर्माण के समय हो गई थी। इसे अपशुगन मान कर आगे का कार्य पूर्ण नहीं हो सका। एक अन्य किंवदन्ति कहती है कि मंदिर निर्माण के दौरान ही राजा की अकाल मृत्यु हो गई। इसलिए निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। खैर उस काल में जो भी हुआ हो परन्तु कोणार्क के रुप में दुनिया को एक अद्भुत कृति प्राप्त हो गई। जो वर्तमान में भी विद्यमान है।

मंदिर के विध्वंस के विषय में भी कई किंवदन्तियां सुनाई देती हैं। कहा जाता है कि मंदिर निर्माण में वास्तु दोष था इसलिए मंदिर में पूजा न हो सकी और कालांतर में ध्वस्त हो गया। अब तथाकथित वास्तु शास्त्रियों को भी अपना उल्लू सीधा करने का साधन मिल गया। सबसे बड़ा वास्तुकार और वास्तुशास्त्री तो बिशु महाराणा था जिसने राजा की परिकल्पना को साकार किया। इतनी बड़ी योजना पर कार्य करने वाला वास्तुकार और शिल्पकार इतना मुर्ख नहीं होगा कि उसे वास्तु ग्रंथों का ज्ञान ही न हो और राजा भी इतना मुर्ख नहीं होगा कि जो अनाड़ी व्यक्ति के हाथों में अपने जीवन की सबसे भव्य एवं महत्वपूर्ण परियोजना को किसी ऐरे गैरे के हाथों में बर्बाद करने के लिए दे दे। आज व्यक्ति छोटा सा दो कमरों का मकान बनाता है तो वह खर्च करने से पहले किसी वास्तुकार से नक्शा बनवा कर उसकी देख रेख में कार्य शुरु करता है। जारी है आगे पढ़े…

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2015

दक्षिण अफ़्रीका देशों से कलिंग के सम्बंध - कलिंग यात्रा


जो राजा प्रजा वत्सल होता है वही राज्य में लोकप्रिय होता है और प्रजा उसे पिता तुल्य मानती है। उसके एक संकेत पर धन जन न्यौछावर हो जाता है। राज्य की व्यवस्था संचालन के लिए धन एवं सैनिक दोनो की आवश्यकता होती है। अगर राजा की कराधान व्यवस्था प्रजा अनुकूल है तो उसे प्रजा के प्रेम के साथ धन भी सहजता से उपलब्ध होता था। लूट पाट कर प्रजा का खून चूसने वाला राज्य अधिक दिनों तक स्थाई नहीं रहता। वर्तमान में भी यही दिखाई देता है। कोणार्क की भित्तियो पर राजकाज को भी स्थान दिया है। राज सभा की गतिविधियों का चित्रण करते हुए तत्कालीन शासक को अपने दरबारियों से मंत्रणा करते हुए दिखाया गया है। शांतिकाल एवं युद्ध काल की राज सभा स्पष्ट दिखाई देती है।  
युद्ध पूर्व मंत्रणा
प्रतिमा संकेतों से ज्ञात होता है कि राजा नृसिंह देव के शासन काल में उन्हें राज्य रक्षा के लिए युद्ध भी लड़ने पड़े। एक चित्र में दिखाया गया है कि सिंहासनारुढ़ नृप अपने राज सभासदों एवं दरबारियों से मंत्रणा कर रहा है। सभी उसकी आज्ञा का पालन करने को तत्पर दिखाई दे रहे हैं। साथ ही दरबार के बाहर अश्व एवं गज सेना तैयार है कि युद्ध मंत्रणा और रणनीति पर चर्चा सम्पन्न होते ही सेना युद्ध के लिए कूच कर जाएगी। एक अन्य प्रतिमा में अश्वारुढ़ राजा को शीश विहीन दिखाया गया है। इससे ज्ञात होता है कि किसी भीषण युद्ध में राजा ने अभूतपूर्व युद्ध कौशल का परिचय देते हुए शत्रु सेना को आतंकित कर प्राण त्याग दिए, प्राणोसर्ग पर्यंत भी उसका धड़ युद्ध करते रहा। युद्ध में अश्व गतिमान दिखाई दे रहा है। शीश कटने के बाद युद्ध करने की कई किवदंतियाँ समाज में प्रचलित हैं। इसका सीधा अर्थ राजा के द्वारा भीषण युद्ध रचाने से लगाया जाता है।
मंत्रणोपरांत युद्ध के लिए प्रयाण
किसी भी राज्य के विकास के लिए शांति का काल महत्वपूर्ण होता है। शांति काल में राज्य चतुर्दिक उन्नति करता है। प्रजा हितों के लिए शासन नयी योजनाएं बनाता है और उन्हें लागु भी करता है। सड़क, बावड़ी, कुंओं, मंदिरों, सरोवरों एवं भवनों का निर्माण होता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के द्वारा प्रजा के मनोरंजन की व्यवस्था भी होती है। युद्धकाल न होने से प्रजा पर अतिरिक्त करों का भार भी नहीं लादा जाता। जिसके कारण राज्य में खुशहाली का वातावरण होता है। कला एवं कलाकारों को भी प्रश्रय मिलता है और उन्हें उचित जीविकोपार्जन हेतु मानदेय के साथ सम्मान भी मिलता है। इस चित्र में राजा शांतिकाल में अपने विश्वस्त परिजनों एवं अनुचरों से चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। यह सब शांति काल में ही संभव है।
शीश विहीन योद्धा रण में गतिमान अश्वारुढ़
एक अन्य प्रतिमा से राजा के विषय में एक नई जानकारी मिलती है। यह तो सभी जानते हैं कि शांति काल में राजाओं का प्रमुख मनोरंजन का साधन आखेट होता था और आखेट के लिए वनों में दूर-दूर तक जाकर शिविर लगाए जाते थे। आखेट हेतु राजा समस्त लाव लश्कर के साथ जाता था। इस प्रतिमा चित्र में दिखाया गया है कि राजा हाथी पर हौदे में सवार होकर हाथ में धनुष लेकर आखेट के लिए वन में है और हाथी गतिमान है। उसके सामने कई लोग दिखाई दे रहे हैं जो हाथ उठाकर राजा से कुछ कह रहे हैं या उसका स्वागत कर रहे हैं इसके साथ शिकार हेतु हांका करने की आज्ञा मांग रहे हैं। शिकार के लिए हांका करना महत्वपूर्ण एवं श्रम साध्य कार्य होता था।
शांतिकाल की मंत्रणा, संभवत: मंदिर निर्माण पर विचार विमर्श
इनके साथ एक जिराफ़ भी दिखाई दे रहा है। जाहिर है जिराफ़ भारत में तो पाया नहीं जाता। जिराफ़ दक्षिण अफ़्रीका के वनों में सोमालिया तक पाया जाता है। इससे यह जानकारी मिलती है कि कलिंग का राजनीयिक संबंध दक्षिण अफ़्रीका से था तथा कलिंग के राजा आखेट हेतु अफ़्रीका के वनों तक जाते थे। बीसवीं सदी में सरगुजा महाराज रामानुजशरण सिंह देव द्वारा अफ़्रीका के वनों में शिकार करने का उल्लेख है तथा वे विश्व के तीसरे बड़े शिकारी माने जाते हैं। उन्होने 1100 शेरो का शिकार किया था। यह आंकड़ा उनके नाम से गिनीज बुक में भी दर्ज है। इससे इस धारणा को बल मिलता है कि कलिंग राजा भी आखेट के लिए अफ़्रीका के वनों तक जाते थे। ऐसे राजा को प्रतापी राजा ही कहा जाएगा।
अफ़्रीका के वनों में नृप हाथी एवं जिराफ़
तत्कालीन जनजीवन की झांकी दिखाते हुए कुछ प्रतिमाएं भी बहुत सुंदर दिखाई देते हैं। इस प्रतिमा में एक व्यक्ति ने हाथ में छूरी धारण कर रखी है और दूसरे हाथ में कुत्ते की एक टांग पकड़ कर उल्टा लटका रखा है। शायद शिल्पकार इस चित्र में मनो विनोद प्रदर्शित करना चाहता है। जब राजा गजारुढ़ होकर शेर और जिराफ़ का शिकार कर सकता है तो एक आम आदमी कुत्ते का शिकार क्यों नहीं कर सकता। एक वानर स्तंभ पर चढ़ कर उसके इस कार्य को विस्फ़ारित आंखो से देख रहा है। कुत्ता भी मुंह फ़ाड़ कर कांय कांय कर रहा है आखिर जान उसको भी प्यारी है। एक बात और हो सकती है, हो सकता है उस समय लोग कुत्ते का मांस खाते हों, वैसे उत्त्तर पूर्व में आज भी कुत्ते का मांस बड़े चाव से खाया जाता है। 
स्वान संहार का दृश्य
अन्य प्रतिमा में एक दंपत्ति अपने बच्चे के साथ जीवन यापन के लिए पलायन कर रहा है और थकने पर मार्ग में वृक्ष ने नीचे कुछ पल के लिए ठहर गया है। परम्परागत उड़िया परिवार दिखाई दे रहा है। पुरुष ने भी जूड़ा बना रखा है, कमर पर पोटली धारण कर रखी है, एक हाथ में धारित खड़ग कांधे पर है, दूसरा हाथ पीछे छुपा हुआ है, स्त्री ने सिर पर समान की पेटिका रखी हुई है और कमर पे बच्चे को बैठाकर स्तनपान करवा रही है। सिर पर रखा कुंदे वाला बक्सा वर्तमान में भी प्रचलन में दिखाई देता है। स्त्री के गले में हार और मंगलसूत्र दिखाई दे रहा है। जिसका बड़ा सा पैंडल स्तन मध्य में झूल रहा है। उड़ीसा से आज भी लोग जीवन यापन के लिए अन्य प्रदेशों की ओर पलायन करते हैं, यह पलायन तब से आज तक सतत जारी है। शिल्पकार ने इस दृष्य को इतना अधिक जीवंत बनाया है कि जैसे यह आज ही मेरे समक्ष घट रहा हो। 
जीवन यापन के लिए पलायन करते दंपत्ति
इस तरह कोणार्क भी भित्तियों पर उत्कीर्ण प्रतिमाएं इतिहास की परतें लगातार खोलती हैं अगर आपके पास समय है तो वे तत्काल आपके साथ संवाद करने को तत्पर हैं। बस समझना आपको है कि वे क्या कह रही हैं। भित्तियों पर इतने सारे विषयोन को स्थान दिया गया है कि अनुसंधान करने में ही बरसों लग जाएगें। कोणार्क का शिल्पांकन एक खुली किताब की तरह है, आईए और पढ़ते जाइए, इतिहास के सागर में गोता लगाते जाईए आपको सारे रत्न मिल जाएगें और सबसे कीमती रत्न संतोष रत्न मिलेगा। जिसे प्रत्येक व्यक्ति प्राप्त करना चाहता है। राज नृसिंह देव भी भव्य मंदिर का निर्माण कर युगों युगों तक के लिए अपनी कीर्ति स्थापना कर संतोषानंद पाना चाहता था। आगे पढ़ेगें मंदिर के निर्माण एवं पतन की कहानी। जारी है आगे पढ़ें……॥ 

बुधवार, 22 अप्रैल 2015

पर्यावरण प्रदूषण एवं प्राचीन चिकित्सा पद्धति - कलिंग यात्रा


चलते-चलते एक-एक पाषाण प्रतिमा के रुकता हूँ और वह मुझे कुछ न कुछ कहती है। जिसे सिर्फ़ मैं सुन सकता हूँ और वह मुझे ही कह सकती है। विक्रमादित्य के सिंहासन की पुतलियों की तरह सभी प्रतिमाएं बोलती हैं। सदियों पुराने राज अपने मुंह से ही खोलती हैं। न विक्रम सुन पा रहा है न बिकाश। इन्हें सुन कर और समझ कर भी क्या करना  है पाषाण की भाषा। पाषाणों की भाषा की इतनी समझ तो नहीं है, क्योंकि मैने किसी इस भाषा का किसी गुरुकुल में अध्ययन नहीं किया है और न ही किसी कुल ॠषि के उनके कुलगोत्र का होने का प्रमाण पत्र पाया है। बस प्रेम है इनसे और प्रकृति कहती है कि प्रेम की भाषा समझने के लिए किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं। 
बोलती पुतलियाँ
एक प्रतिमा के समक्ष ठिठक जाता हूँ, उसने बहुत कुछ राज अपने में संजो रखे हैं, देखते ही बोलने लगती है। प्रतिमा में मैथुन रत पुरुष स्त्री को प्रकट किया गया है। लोग मुंह फ़ाड़े कामसुत्र के आसनों को देख रहे हैं। कुछ नवयुवकों की फ़ौज भी इन्हें देख कर आनंदित है। एक युवक मोबाईल पर किसी से बतिया रहा है - "अरे तुमको आना था हमारे साथ, क्या जोरदार सेक्सी पोज हैं यहाँ। सालों ने सारी ब्लू फ़िल्म ही उतार कर रख दी है मंदिर की दीवार पर। बहुत ही गजब है, उस जमाने के लोग कितने सेक्सी थे। तुम रहते तो और मजा आता।" वर्तमान युवाओं की सोच देख मैं स्तब्ध हूँ, जिस प्रतिमा में इन्हें ब्लू फ़िल्म दिखाई दे रही है, वह प्रतिमा उस काल महत्वपूर्ण राज खोल रही है। 
कोणार्क की मिथुन प्रतिमा
चलो उन्होने जो देखा वो मैने बता दिया और अब मुझसे प्रतिमा ने क्या कहा यह बताता हूँ। प्रतिमा कहती है कि रात्रि काल में मच्छरों एवं कीटों की संख्या बढ़ जाती है। इसलिए रात्रि शयन मच्छरदानी (मसहरी) लगा कर करना पड़ता है। आदमी दिन भर का थका हारा घर लौटता है और चर्मसुख के वक्त यदि मच्छर परेशान हलाकान करें तो आनंद में व्यवधान पैदा हो जाता है। इसलिए मच्छरदानी का सहारा लिया जा रहा है। प्रतिमा में चारपाई पर युगल मिथुन रत हैं और चारपाई पर मच्छरदानी लगी है। मच्छरदानी के उपर से चूहे दौड़ रहे हैं। इससे स्पष्ट हो रहा है कि उस काल में भी प्रदूषण के कारण मच्छर थे और आमजन मच्छरों से हलाकान था। मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का उपयोग कर रहा था। साथ ही चूहों से भी बचाव हो रहा था।
रात्रिकाल में मच्छरदानी का प्रयोग
ऐसी बहुत सी मिथुन प्रतिमाएं कोणार्क की भीत्तियों पर उत्कीर्ण की गई हैं। मिथुन प्रतिमाओ के साथ रतिज रोगों के विषय में भी प्रतिमाएं बताती हैं। रतिज रोगों के विषय में चरक ने सहिंता में विस्तार से बताया है और उनकी चिकित्सा विधि का भी वर्णन किया है। चित्र में दिखाई गई प्रतिमा में यह पुरुष लिंग में हुए व्रणो से परेशान है। चिकित्सक ने लिंग में दवा का लेपन कर उसे एक यंत्र से बांध दिया है। जिसे उस व्यक्ति ने हाथ में लटका रखा है। वस्त्र के घर्षण से व्रणों से मवाद निकल चिपक जाता है और असहनीय दर्द का सामना करना पड़ता है। इसलिए चिकित्सक ने उसे वस्त्र से अलग कर दिया है। आधुनिक चिकित्सा में भी मुत्र नली में कैथेटर डाल कर मरीज के हाथ में पकड़ा दिया जाता है। इससे ज्ञात होता है कि इस काल में एस टी डी जैसे रतिज रोग भी थे।
यौनरोग चिकित्सा 
एक अन्य प्रतिमा में खड़ी हुई महिला की योनि को स्वान चाट रहा है। कुछ लोग इसे एनिमल सेक्स कह रहे थे। एनिमल सेक्स में स्वान लिंग से मैथुन दिखाया जाता है, न कि चाटते हुए। इसे देखने के पश्चात मुझे अपना ग्रामीण बचपन याद आता है, जब गांव में चिकित्सक नहीं होते थे और किसी के फ़ोड़े में मवाद भर जाता था तो वह कुत्ते से चटवा लेता था। कुछ दिनो के बाद वह फ़ोड़ा ठीक हो जाता है। इसी तरह स्त्री रतिज रोग में गनोरिया इत्यादि का संक्रमण कष्टदायक होता है। इसकी चिकित्सा स्वान से चटवा कर की जा रही है। एक अन्य चित्र में योनि में धुंआ लगाया जा रहा है। यह भी स्त्री रतिज रोग की एक चिकित्सा है। जड़ी बूटियों की धूनी देने से रोग का शमन होता था। वर्तमान में भी अजवाईन आदि की धुंआ दी जाती है।
दो पत्नियों से दुखी सन्यास की ओर प्रस्तुत अधेड़
यह उत्श्रृंखल समाज के लिए एक संदेश भी है कि अत्यधिक मैथुन से विभिन्न व्याधियों का शिकार होना पड़ता है और उनकी चिकित्सा किस तरह की जाती है, इसको भी प्रतिमाओं में दर्शाया गया है। एक प्रतिमा में घुटे हुए शीष का एक अधेड़ व्यक्ति कांधे पर लाठी में पोटली लटका कर कोपीन धारण किए वन गमन को तत्पर दिखाई दे रहा है और एक स्त्री उसका मार्ग रोक रही है। पीछे खड़ी स्त्री ने भी उसको पकड़ रखा है। इस प्रतिमा में घरेलू समस्या दिखाई दे रही है। दो बीबियों की रार से हलकान होकर पुरुष सन्यास लेकर वन जा रहा है और उसे छोटी और बड़ी दोनो बीबियाँ रोक रही है। तत्कालीन समाज की झांकी कोणार्क की भित्तियों में सुरक्षित है। काल के थपेड़े भी उसे नष्ट नहीं कर पाए और जानकारियाँ एक पीढ़ी से दूसरी पीढी को स्थानांतरित हो रही हैं। जारी है आगे पढ़ें……।

बुधवार, 8 अप्रैल 2015

शिल्पियों का पराक्रम और कपार फ़ोड़ गर्मी - कलिंग यात्रा

विक्रम, विक्रम दास। हाँ उसने अपना नाम विक्रम ही बताया था। वाह! कितना सुंदर नाम है, विक्रम। लगा कि अर्कसाल में पहुंच कर साक्षात विष्णु ही प्रकट हो गए हैं हमारा मार्ग दर्शन करने के लिए। पान चबाते हुए हाथों से भंगिमा बना कर जब विक्रम मुझसे अपनी बात कह रहे थे तो लग रहा था कि कोई बहुत बड़ा पुराशास्त्री मुझ नासमझ को समझा रहा हो। सच तो यही था, उस स्थान से मैं अपरिचित था, अस्तु नासमझी भी थी। अर्करथ सिर पर पहुंच चुका था, उसकी रश्मियाँ सीधे ही हमला कर कपार फ़ोड़े दे रही थी। श्वेद बिंदू चूह कर आँखों टपकने लगे। नमकीन जल जलन पैदा कर रहा था। रुमाल निकाल कर चेहरे को पोंछा और बोतल से जल निकाल कुछ छींटे मारे, तब विक्रम से पराक्रम से परिचित होने लायक उर्जा आई। विकम, कोणार्क स्मारक का शासकीय रक्षक है और वही अब हमारा गाईड बन गया था। 
विक्रम दास 
कोणार्क परिसर में ही एक विशाल वट वृक्ष है, जिसकी जड़ों ने सैकड़ों नए वट तैयार कर लिए, मूल वृक्ष लगभग गायब ही हो चुका है। इसकी उम्र देख कर लगता था कि यह कोणार्क के निर्माण एवं पतन का साक्षी है। कुछ देर के लिए हम इसकी छाया में बैठ गए और बिकास बाबू कैमरे से धड़ाधड़ चित्र लेने लगे। दोपहर के दो बज रहे थे और यह समय किसी स्थान पर भ्रमण के लिए उपयुक्त नहीं था। उपयुक्त न होने पर भ्रमण तो कर सकते थे, परन्तु प्रकाश संयोजन अनुकूल न होने से फ़ोटोग्राफ़ी के समस्या उत्पन्न हो जाती है। फ़ोटोग्राफ़ी के लिए सुबह एवं शाम का समय ही सर्वथा उपयुक्त होता है। प्रकृति अपनी लय ताल पर चलती है और आदित्य राजा को कौन रका है? कौन थाम सका है उनके अश्वों की लगाम। त्रिभुवन में ऐसा कोई न हुआ फ़िर हम तो क्षुद्र मानव है, जिन्हें जन्म से ही हर उस वस्तु के आगे सिर झुका कर चलना सिखाया है जो उसकी पहुंच के बाहर है। 
भुबनेश्वर स्टेशन 
प्रारंभ से ही विलंब हो गया था। हमारी ट्रेन सुबह साढे सात बजे भुवनेश्वर स्थानक पर पहुच चुकी थी और हमें गेस्ट हाऊस के आरक्षण के विषय में बता दिया गया था, साथ ही संबंधित अधिकारी का मोबाईल नम्बर भी दे दिया गया था। उनसे हमने ट्रेन में सवार होते ही पता पूछ लिया था और निश्चिंत हो गए थे। कलिंग भ्रमण का कार्यक्रम हमारा अन्य कार्यक्रमों की तरह अचानक ही बना था। बिकाश ने साप्ताहिक छुट्टी ले रखी थी और मैं भी कहीं जाने के मुड में था। मैं चाहता था कि 2-3 हजार किलोमीटर का बाईक से ही सफ़र किया जाए। पर बिकाश इसके लिए तैयार नहीं हुआ। तो हमने ट्रेन से ही पुरी जाने की सोची। रायपुर से शाम सवा पाँच बजे दुर्ग - पुरी इंतरसिटी एक्सप्रेस पुरी के लिए प्रस्थान करती है। हमने सोचा कि ट्रेन में ही स्लीपर का आरक्षण मिल जाएगा इसलिए सामान्य टिकिट लेकर टीटी से सम्पर्क किया। पता चला कि स्लीपर में एक भी सीट खाली नहीं है। तो हमें वातानुकूलित बोगी की ओर जाना पड़ा। वहां सीट खाली मिल गई और अतिरिक्त 17 सौ रुपए की चपत भी लग गई।
भुबनेश्वर शहर 
भुवनेश्वर पहुंचने पर हमने 4 दिन बाद का आरक्षण पहले करा लिया। उसके बाद आटो वालों से सम्पर्क कर पता बताया तो कोई सामतापुर, कोई सामतारायपुर कोइ सांतरापुर कहता था। अब इसके ही फ़ेर में हम पड़ गए। मुझे पता चला था कि लिंगराज मंदिर के समीप ही यह गेस्ट हाऊस है। एक बंदा 70 रुपए में वहाँ तक जाने को तैयार हुआ और खुद न जाकर उसने दूसरा आटो वाला हमारे लिए भेज दिया। हमने लिंग राज मंदिर पहुंच कर पता पूछा तो पुलिसवाली ने दूसरी जगह बता दिया। अब आटो वाला कहने लगा कि वहाँ ले जाने का डबल किराया लुंगा। जबकि वह मुस्किल से 2 किलोमीटर ही आया होगा। मुझे ऐसा लगने लगा कि हिन्दीभाषी होने और उड़िया न समझने के कारण लूटना चाहता है। घड़ी का कांटा सरकते जा रहा था और हमें विलंब हो रहा था। पुलिस वाली के बताए स्थान पर भी वह गेस्ट हाऊस नहीं मिला। तो फ़िर उस अधिकारी को फ़ोन लगाया जिससे कल बात हुई तो पता चला कि वह सांतरापुर है। फ़िर हम सांतरापुर गेस्ट हाऊस पहुंच और आटो वाले पंडे का पूजन कर सुबह सुबह 150 की दक्षिणा देनी पड़ी।
भूभनेश्वर में ऑटो की सवारी 
नहाते-धोते नाश्ता करते 11 बज गए, अब हमने तय किया कि पहले कोणार्क चला जाए। हमें बताया गया कि सांतरापुर से थोड़ी दूर कल्पना चौराहे से कोणार्क के लिए बस मिल जाएगी। साढ़े ग्यारह बजे हमें एक ठसाठस भरी हुई बस मिली और उसमें हम चढ़ गए। उड़ीसा में बसों का किराया हमारे प्रदेश की अपेक्षा काफ़ी कम है। लगभग 65 किलोमीटर के सफ़र के लिए हम दोनो से 70 रुपए किराया लिया गया तो आश्चार्य हुआ। पब्लिक ट्रांसपोर्ट इतना सस्ता है, वैसे बंगाल में भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बहुत सस्ता है। हमारे छत्तीसगढ़ में दुगना और तिगुना किराया है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट वालों ने तो लूट मचा रखी है। खैर बिकाश बाबू के अथक प्रयासों के माध्यम से हमें बैठने लिए सीट मिल गई और लगभग डेढ बजे हम कोणार्क पहुंच गए।  कोणार्क के मेडिकल चौक पर बस ने हमें उतार दिया और वहाँ से पैदल-पैदल हम मंदिर तक पहुंच गए। मंदिर में प्रवेश करने के लिए भारतीयों से प्रति वयस्क 10 रुपए शुल्क लिया जाता है। मैने 2 टिकिट खरीद ली और उससे पुरातत्व के आफ़िस का पता पूछा तो एक गार्ड हमें आफ़िस तक पहुंचा आया।
नवग्रह शिला कोणार्क 
कोणार्क के कंजरवेटर आफ़िसर महापात्रा भुवनेश्वर गए हुए थे और हमें मंदिर भ्रमण कराने की जिम्मेदारी विक्रम पर डाल दी गई। यह वही विक्रम है जिसका जिक्र मैने पहले किया है। भूख तो लगने लगी थी पर सोचा कि पहले मंदिर भ्रमण भ्रमण किया जाए। कोणार्क का प्रसिद्ध सूर्य मंदिर। जिसके चित्र ही हम देखते आए थे, भारत में दूर-दूर तक खूब भ्रमण किया परन्तु पड़ोसी राज्य उड़ीसा के इन प्रसिद्ध समारकों तक पहुंच न सका। आज वह समय आ ही गया था। जब सूर्य मंदिर को अपनी आखों से देखुंगा। वट वृक्ष की राह में एक बड़ा ग्रेनाईट का तराशी हुई शिला पड़ी है। जिसकी लम्बाई लगभग बीस फ़ुट होगी एवं चौड़ाई और ऊंचाई 3X3 फ़ुट। इसके विषय में पूछने पर विक्रम ने बताया कि इस शिला में नवग्रह का निर्माण किया गया था। जिसे काट कर जगन्नाथ मंदिर में लगा दिया गया। इस शिला को देखने से ही मंदिर निर्माण करने वाले शिल्पियों के पराक्रम की एक झांकी दिखाई दे गई। जारी है, आगे पढ़ें। 

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

शांगरी-ला : भूटान यात्रा - अंतिम किश्त

प्रारम्भ से पढ़ें 
सिलीगुड़ी में सुबह हुई, शहर घूमने का कार्यक्रम बना। सिलीगुड़ी में काफ़ी हिन्दी भाषी लोग भी रहते हैं और यहीं से नार्थ ईस्ट के लिए सभी गाड़ियाँ जाती है। गंगटोक, दार्जलिंग जाने वालों को यहीं आना पड़ता है। गोवाहाटी के लिए भी यहां से बस सेवा है। हमारी गाड़ी रात को न्यूजलपाईगुड़ी से थी। सिलीगुड़ी में चाईना मार्केट है और ऐसी ही एक मार्केट बस स्टैंड में भी है जहाँ वही सामान मिलता है जो चाईना मार्केट में मिलता है। हमने कुछ गर्म शाल खरीदे। नार्थ ईस्ट का डिजाईन कुछ अलग होता है और काफ़ी सुंदर भी दिखता है। इसलिए सोचा कि यादगार के तौर पर ले लिया जाए। क्योंकि भूटान में तो कैमरे के लिए सेल और चार्जर लेने में ही 1800 खर्च हो गए थे। वहां यह समान काफ़ी मंहगा मिला। अगर मुझे वहाँ पर ड्यूरो सेल मिल जाते तो दो ढाई सौ में ही काम चल जाता और 500 का सामान 1800 में नहीं खरीदना पड़ता।
सिलीगुड़ी में डाभ का स्वाद
मार्केट से लौटकर भोजन किया और बाकी साथी बागडोगरा एयरपोर्ट मार्केट चले गए और मैं होटल में ही बैठा रहा। ये अंधेरा होने पर पहुंचे। मुझे 5 घंटे बैठे बैठे गुजारने पड़े। इनके आते ही हम आटो लेकर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंच गए। सिलीगुड़ी से न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है और यही एकमात्र है स्टेशन है जो उत्तर पूर्व को भारत से जोड़ता है। न्यू जलपाईगुड़ी में हमारी ट्रेन लग चुकी थी। मैने खाना नहीं नहीं खाया था। स्टेशन पर ही जल्दी से चावल और सब्जी लेकर खाई और ट्रेन में सवार होते ही ट्रेन अगली मंजिल की ओर चल पड़ी।
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन
सुबह हम 9 बजे हावड़ा जंक्शन में पहुंचे। यहां रिटायरिंग रुम में रुम के लिए इंतजार करना पड़ा। बिना नहाए धोए दिन की शुरुवात करना ठीक नहीं लगता पर मजबूरी थी। क्या करते, कुछ देर बाद नम्बर आया तो पता चला कि रुम चार्ज 1200 रुपए है। हमें तो सिर्फ़ सामान ही रखना था और फ़्रेश होना था। अब फ़्रेश होने के लिए सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करना पड़ा और सामान क्लार्क रुम में रख कर हम हावड़ा स्टेशन की जेट्टी की ओर चल दिए। हमारे साथियों को हावड़ा पुल देखना था और ऐसे स्थान की टिकिट लेनी थी जिसका स्टीमर हावड़ा पुल के नीचे से गुजरता हो। 5-5 रुपए में हमने गोलाघाट की टिकिट ली और हावड़ा ब्रिज की खूब फ़ोटुएं खींची।
लैंडमार्क ऑफ़ कोलकाता हावड़ा ब्रिज
इसके पश्चात कुछ अन्य स्थान देखने के लिए बाबू घाट की ओर चल पड़े। स्टीमर ने हमें बाबू घाट छोड़ा और सड़क पर आकर हम बिछड़ गए। भूटान में ठंड के कारण न ठीक से पानी पीया जा रहा था और न ठीक भोजन कर पाया था। बाबू घाट की पटरी पर स्ट्रीट फ़ुड की दुकाने हैं, जहां मैने देखा कि एक स्थान पर गर्मागर्म चावल, दाल, 3 सब्जी, चटनी सलाद के साथ भोजन दिया जा रहा है। बस मैने वहीं बेंच संभाल ली और पेट भर भोजन किया आत्मा तृप्त हो गई। पैसे देते समय मूल्य पूछा तो होटल वाले ने सिर्फ़ 40 रुपए लिए। इस 40 रुपए के भोजन में वह आनंद आया जो 15 दिनों के फ़ाईव स्टार के ढकोसलों में नहीं आया। इसके बाद बस से मैं हावड़ा आकर साथियों का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद वे भी आ गए और हम अपनी ट्रेन पकड़ने के लिए शालीमार स्टेशन आ गए।
घाटशिला रेल्वे स्टेशन
शालीमार से हमारी ट्रेन सही समय पर चल पड़ी। मैं अपनी बर्थ पर थोड़ी देर के लिए सो गया। हल्ला गुल्ला होने के बाद नींद खुली तो पता चला कि ट्रेन किसी स्टेशन में खड़ी है और यह अब आगे नहीं जाने वाली। मैने स्टेशन मास्टर से पूछा तो पता चला कि आगे राउरकेला पास कहीं पर कोई विधायक रेल की पटरियों पर अपने सर्मथकों के साथ बैठे और रेल रोको आन्दोलन चला रखा है। सवारियों को ट्रेन छोड़ने की सलाह बार बार माईक से दी जा रही थी। एलाऊंस किया जा रहा था कि यह ट्रेन वापस शालीमार जाएगी और जिन्हें वहां जाना है वह इस ट्रेन से जा सकते हैं और जिन्हे नहीं जाना है वे ट्रेन छोड़ दे। हम झारखंड के सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड में थे।
बिलासपुर - आखिर छत्तीसगढ़ पहुंच गए
हमारे साथी तय नहीं कर पा रहे थे कि क्या किया जाए। पर मैने ट्रेन छोड़ना तय कर लिया था और अपना सामान लेकर प्लेटफ़ार्म की बेंच पर बैठ गया। वे भी कुछ देर में स्थिति को समझ कर आ गए। घाट शिला में रिश्तेदारों को फ़ोन किया और वे हमें लेने के लिए स्टेशन आ गए। इस तरह नेता जी एवं रेल्वे विभाग की कारस्तानी के कारण हमें जबरदस्ती एक दिन और 2 रात घाटशिला में गुजारनी पड़ी। इसके अलावा कोई रास्ता भी नहीं था। अगले दिन हमने कुर्ला हावड़ा की टिकिट ली और रात को घर पहुंचे। खुबसूरत भूटान की खुबसूरत यात्रा करके लौट आए। मुझे नेपाल से भूटान बहुत ही अच्छा लगा। कभी समय मिला तो कुछ दिन भूटान में और गुजारना चाहुंगा। आखिर इसे "सांगरिला" (स्वर्ग भूमि) जो कहते हैं। 

गुरुवार, 2 अप्रैल 2015

बुद्धा टॉप - भूटान यात्रा -7

प्रारम्भ से पढ़ें 
दिन अभी ढलने में कुछ घंटे बाकी थे। हमारी सांझ की सैर भूटान के राष्ट्रीय संग्रहालय से प्रारंभ होने वाली थी। थिम्पू चू के किनारे चलते हुए हमारी बस घाटी के दूसरी तरफ़ स्थित एक पहाड़ी की ओर चल पड़ी। थिम्पू चू का पानी एक दम साफ़ था। यह नदी यहाँ पर उथली है और इसके दोनो तरफ़ ही नगर बसा हुआ है। पहाड़ी पर संग्रहालय बना हुआ है। इसमें प्रवेश शुल्क प्रति व्यक्ति 25 रुपए है। संग्रहालय के कर्मचारी जल्दी कर रहे थे क्योंकि 5 बजे संग्रहालय बंद होने का समय है। सभी ने शुल्क देकर टिकिट ली और संग्रहालय में प्रवेश किया। संग्रहालय में कुछ खास तो दिखाई नहीं दिया। परन्तु भूटानी संस्कृति एवं उसके कुछ योद्धाओं के विषय में जानकारी अवश्य मिली। इसके पश्चात हम बाजार की ओर चल पड़े।

राष्ट्रीय संग्रहालय थिम्पू भूटान
भूटान का बाजार भारतीय एवं चीनी सामानों से अंटा पड़ा है, भारतीय सामान कोलकाता के रास्ते यहाँ तक पहुंचता है और चीनी सामान नेपाल होते हुए सिलीगुड़ी के रास्ते भूटान के बाजारों तक आता है। गर्म कपड़े यहाँ पर अच्छे मिलते हैं, खासकर चमड़े एवं रैग्जिन की जैकेटें काफ़ी उम्दा है, लेकिन इनका मूल्य भी आम आदमी की पहुंच के बाहर है। जूते भी कई रंगों के मिलते हैं, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के। हिमालय क्षेत्र का देश होने के कारण यहाँ पैरों को गर्म रखने के लिए जूते अनिवार्यत: पहने जाते हैं। थिम्पू का यह बाजार मुझे मंहगा लगा। इस बाजार में वस्तुओं के मूल्य पर्यटक स्थलों की तरह ही कुछ अधिक हैं। यहाँ की अधिकतर दुकानदार महिलाएं ही हैं।
पारो का बाजार
दो-तीन घंटे बाजार की सैर करके जब हम बस के समीप पहुंचे तो कई सदस्य बस तक नहीं पहुंचे थे। बाजार में ही घूम रहे थे। एक घंटे से अधिक खड़े होने के कारण ड्रायवर को 50 रुपए पार्किंग चार्ज देना पड़ा। इसलिए इनके विलंब को लेकर वह बड़बड़ाने लगा और सबसे 100 रुपए इकट्ठे करके देने को कहने लगा। कल भी उसने ही पार्किंग चार्ज दिया था। मेरी हल्की फ़ुल्की उससे बहस भी हो गई। किसी तरह सबके लौट आने पर हम रिजोर्ट में लौट आए। जो भूटान का सिम हमने खरीदा वह किसी काम नहीं आ रहा था। फ़ोन कभी लगता था कभी नहीं। लौट कर आने के बाद उसके बैलेंस के 200 रुपए मैने घर बात करके खत्म कर दिए।
संग्रहालय में भूटानी सिपाही
रात सबको भोजन के वक्त बता दिया गया था कि उन्हें सुबह जल्दी तैयार होकर पारो के लिए चलना है और इसी रास्ते में पड़ने वाले कुछ स्थानों की सैर कराई जाएगी। बस इसे ही ध्यान में रख कर हम सुबह जल्दी उठ गए।  सभी ने तैयार होकर अपने सामान बस में लाद दिए और बस पारो के लिए चल पड़ी। हमारी बस सबसे पहले भूटान के चिड़ियाघर पहुंची। यहाँ पर कुछ पैदल चलना पड़ता है। लगभग आधा किलोमीटर पैदल चलने के पश्चात तारों की फ़ेंसिग से घिरा एक बाड़ा दिखाई दिया जिसमें भूटान का राष्ट्रीय पशु "टाकिन" रखा गया था। इसका पीछे का आधा हिस्सा गाय जैसा एवं सिर बकरे के जैसा है। ऐसा लगता है किसी ने गाय और बकरे को जोड़ दिया हो।
बस के यात्री
ऐसा जानवर मैं पहली बार देख रहा था। इसके विषय किंवदन्ती है कि सन् 1455 के आसपास एक चमत्कारी लामा जी को एक दिन गाय और बकरी की हड्डियां बिखरी पड़ी मिली। उन्हें चमत्कार दिखाने को कहा गया। लामा ने बिखरी हड्डियों को जोड़कर उन पर प्राण का संचार किया तो वह टाकिन बन कर जंगल में भाग गया। ये टाकिन उसी के वंशज बताए जाते हैं। इस लामा के चमत्कार की कई कहानियां बताई जाती हैं। इस प्रकार उत्तरी भूटान के जंगलों में टाकिन पाया जाता है तथा इसके नाम पर ही भूटान की रेड वाईन का नामकरण किया गया है। इसके मैने कई फ़ोटो लिए और हम वापस बस में लौट आए। 
भूटान का राष्ट्रीय पशु - टॉकिन
इसके बाद हमारी बस शहर में ही बने एक मंदिर चंगघा ल्हाखंग में पहुची। इसे लोग हनुमान मंदिर भी कह रहे थे। यहाँ लोग अपने बच्चों के स्वास्थ्य की कामना करते हुए लामा से आशीर्वाद दिलाने आते हैं। इसके बाद हम वांगचुग मेमोरियल पहुचे। यहाँ पर हमें हिन्दी भाषी श्री लंका में शिक्षित भूटानी गाईड कुमार मिला। उसने बताया कि इस स्मारक को तीसरे राजा ड्रूक ग्यालपो किंग जिग्मे दोरजी वांगचुक की याद में उसकी माता रानी फ़ुंत्शो चोदेन वांगचुक ने 1974 में बनवाया था यह स्मारक बहुत ही सुंदर है। इसमें भूटानी संस्कृति की झलक दिखाई देने के साथ अपने राजा के प्रति अथाह सम्मान भी दिखाई देता है। इस अवधि में मुझे भूटान में एक भी भिखारी नहीं दिखाई। नहीं कोई पैसे लिए हाथ फ़ैलाते दिखा। 
पुण्यार्थी - शुभदा पाण्डे, कुसुम वर्मा, डॉ नित्यानंद पाण्डे, रविन्द्र प्रभात, कृष्णकुमार यादव, मनोज पाण्डे
इस मंदिर से हम लोग बुद्धा टॉप की सैर पर चले। इस पहाड़ की चोटी पर चीन सरकार के सहयोग से भूमि स्पर्श मुद्रा में बुद्ध (शाक्य मुनि) की 169 फुट (51.5 मीटर) ऊंची प्रतिमा विशाल कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है। अवश्य ही कुछ वर्षों के बाद यह स्थान भूटान टुरिज्म का एक लैंड मार्क बनकर तैयार होगा तथा भूटान को पहचान दिलाएगा। बुद्ध की कांस्य प्रतिमा यहाँ पर आकाश से होड़ लगाती दिखाई देती है। इसके समक्ष बहुत बड़ा मैदान है जिसमें टाईल्स बिछाने का काम चल रहा था। यात्री दल ने यादगार के लिए यहाँ पर कई चित्र खींचे एवं खिंचवाए। इस स्थान पर अगर बगीचा बना दिया जाता और उसमें कुछ फ़ूल एवं फ़ल के वृक्ष लगा दिए जाते तो यह स्थान काफ़ी मनोरम हो जाएगा। अब यहाँ से हमारा अंतिम पड़ावा पारो था। जहाँ हमें एक रात व्यतीत करनी थी।
भूटान यात्रा दल बुद्धा टॉप में
बुद्धा टॉप से हम चल पड़े पारो की ओर, अभी तक का सफ़र सुनीता दो लाईनर कविताओं के साथ कट गए। कृष्णकुमार यादव जी एवं कुसुम वर्मा जी इसमे पूर्ण रुपेण सहभागी बनी थी। पप्पू अवस्थी जी खड़े खड़े इसे रिकार्ड कर रहे थे। उन्हें रिकार्डिंग में आनंद आ रहा था और मुझे सुनीता की कविताओं में तीसरी लाइन जोड़ने का मजा आ रहा था। इस तरह सफ़र मजे से कट रहा था। लम्बे सफ़र की यही मौज है कि बोलते बतियाते कट जाता है और यदि कवि, लेखक या गायक कलाकारों का संग हो तो तख्ते लंदन तक का सफ़र बस में कट जाएगा। अब एक यात्रा ऐसे ही मित्रों के साथ शिप में अंडमान की करनी है जहाँ सारे रास्ते भर कविताएं बरसती रहेगीं। जारी है, आगे पढ़ें