गुरुवार, 31 दिसंबर 2009

ललित डाट कॉम का उदय

मैने इस ब्लॉग पर 15  सितम्बर 2009 मंगलवार हिंदी दिवस से लिखना प्रारंभ किया था. सामाजिक सरोकारों से संबधित विषयों पर एक अलग ब्लाग होना चाहिए. 

यह सोच कर ललित डाट कॉम का उदय हुआ. जिस दिन मैंने  इस पर पहली पोस्ट डाली, उस दिन हिंदी दिवस था. मेरा प्रथम आलेख हिंदी दिवस को ही समर्पित था. 

१५ सितम्बर को इस लेख को कितने पाठकों ने पढ़ा? ये तो मुझे नहीं पता. लेकिन १६ सितम्बर की दो टिप्पणियाँ दिख रही हैं. 

पहली है संगीता पुरी,  १६ सितम्बर २००९ ६:५७ AM  िबिल्‍कुल सही कहना है आपका .. हिन्‍दी के प्रति आपकी भावना बहुत अच्‍छी लगी Udan Tashtari,  १६ सितम्बर २००९ ७:०० ऍम सही कहा..सहमत!! 

उस दिन मैने पहली पोस्ट मे लिखा था। इन १०० पोस्टो में मैंने ब्लाग जगत को बड़े करीब से साक्षी भाव से देखा है. यहाँ होती हुयी हलचलों से मैं वाकिफ हुआ. 

ब्लॉग के बुखार को समझने की कोशिश की. जीवन में नए ब्लॉग मित्र बने. सभी से मुझे सहयोग मिला. यह आभासी दुनिया भी वास्तविक जीवन के बड़े करीब लगी. क्योंकि सारे किरदार तो वहीं से आते हैं. कोई अलग दुनिया नहीं है. 

वही दुनिया की अच्छाईयाँ-बुराईयाँ, पक्ष-विपक्ष मैंने यहाँ पाए. कुछ तो सिर्फ इसी में उलझ रहते हैं तो कुछ योगी भाव से सृजन में लगे हैं. हां कुछ युवा- नव जवान साथी हैं जो पूरी  उर्जा के साथ ब्लोगिंग को अंजाम दे रहे हैं. 

मैं उन्हें धन्यवाद देता हूँ और आग्रह करता हूँ. वे लेखन जैसे शुभ और पवित्र कर्म को अहर्निश जारी रखे. ताकि आने वाली पीढ़ी आपको एक आदर्श के रूप में याद रख सके. 
मैंने यहाँ पर बहुत कुछ सीखा. इन 100 दिनों में मैंने बहुत कुछ अनुभव किया. इन 100 पोस्टों में मुझे पढ़ने के लिए लगभग 69451 पाठक आये. 

अभी पोस्ट लिखे जाने तक 613 टिप्पणियाँ प्राप्त हुयी. गूगल में पेज रेंक 3 है. यह सतत लेखन का परिणाम ही है.  

इस अवधि में जिन्होंने मुझे प्रत्यक्ष-और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग दिया. मैं उनका आभारी हूँ एवं सभी पाठको का अभिनन्दन करता हूँ जिन्होंने मेरे लेखन को पढ़ा और सराहा. 

कुछ विशिष्ट साथी हैं जो निरंतर मेंरा उत्साह वर्धन करते है. उनका उल्लेख एक अलग पोस्ट में करूँगा. सभी को मेरा विनम्र प्रणाम. नूतन वर्ष की हार्दिक शुभ कामनाएं.

बुधवार, 30 दिसंबर 2009

ताला की विलक्षण प्रतिमा

आज हम भारतीय शिल्पकला की चर्चा करते हैं. भारतीय शिल्प में मूर्ति निर्माण की परंपरा बहुत ही प्राचीन काल से चली आ रही है. 

कला इतिहासकारों इन प्रतिमाओं को उनके लक्षण एवं शैलियों के आधार पर विवेचनाएँ प्रस्तुत की हैं किन्तु कभी कभी ऐसी विलक्षण प्रतिमाएं मिल जाती हैं, 

जो पुरातत्व वेत्ताओं  एवं कला इतिहासज्ञों के लिए समस्या बन जाती है. ऐसी ही एक प्रतिमा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तला गांव में प्राप्त हुई है. इस प्रतिमा को मैं लग-भग 10 बार देख चूका हूँ. बड़ी ही अद्भुत प्रतिमा है.


बिलासपुर से ३० किलो मीटर दूर मनियारी नदी के किनारे अमेरी-कांपा नामक गांव के "ताला" नामक स्थान पर दो भग्न मंदिर हैं. जो देवरानी-जेठानी मंदिर के नाम से प्रसिद्द हैं. 

जेठानी मंदिर अत्यंत ही ख़राब हालत में है, एक पत्थरों के टीले में बदल चूका है. जबकि देवरानी मंदिर अपेक्षाकृत बेहतर हालत में है. 

ये दोनों मंदिर अपनी विशिष्ट कला के कारण देश-विदेश में प्रसिद्द हैं. समय समय पर यहाँ मलबे की सफाई होती रहती है. 

मैंने वहां एक गांव के व्यक्ति से पूछा कि यह पहले किस अवस्था में था? तो उसने बताया कि यहाँ पर पहले मिटटी के बड़े-बड़े ढेर थे. फिर किसी ने इनकी खुदाई की तो इसमें से बड़े-बड़े पत्थरों पर खुदाई किये हुए खम्भे निकले. 

उसके बाद पुरातत्व विभाग ने यहाँ पर खुदाई की और ये मंदिर निकले. भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी डॉ. के.के. चक्रवर्ती  के मार्ग दर्शन में इस स्थान का मलबा सफाई का काम हुआ. जिससे 17  जनवरी 1988 को एक विलक्षण प्रतिमा प्रकाश में आई.

यह  विशाल प्रतिमा 9 फुट ऊँची एवं 5 टन वजनी तथा शिल्प कि दृष्टि से अद्भुत है. 

इसमें शिल्पी ने प्रतिमा के शारीरिक विन्यास में पशु पक्षियों का अद्भुत संयोजन किया है. मूर्ति के सर पर पगड़ी के रूप में लपेटे हुए दो सांप है. नाक और आँखों की भौहों के स्थान पर छिपकिली जैसे प्राणी का अंकन किया गया है, 

मूछें दो मछलियों से बनायीं हैं. जबकि ठोढ़ी का निर्माण केकड़े से किया गया है. कानों को मोर (मयूर) की आकृति से बानाया है. सर के पीछे दोनों तरफ सांप के फेन बनाये हैं. कन्धों को मगर के मुख जैसा बनाया है जिसमे से दोनों भुजाएं निकलती हुयी दिखाई देती हैं.  

शरीर के विभिन्न अंगों में 7 मानव मुखाकृतियों का चित्रण मिलता है. वक्ष स्थल के दोनों ओर से दो छोटी मुखों का चित्रण किया गया है. पेट (उदर) का निर्माण एक बड़े मानव मुख से किया गया है. 

तीनो मुख मूछ युक्त हैं. जांघों के सामने की ओर अंजलिबद्ध दो मुख तथा दोनों पार्श्वों में दो अन्य मुख अंकित है. दो सिंह मुख घुटनों में प्रदर्शित किये गए हैं.  

उर्ध्वाकार लिंग के निर्माण के लिए मुंह निकाले कच्छप (कछुए) का प्रयोग हुआ है. घंटा की आकृति के अंडकोष पिछले पैरों से बने हैं. 

सर्पों का प्रयोग पेट तथा कटिसूत्र (तागड़ी) के लिए किया गया हैं. हाथों के नाख़ून सर्प मुख  जैसे हैं. बांयें पैर के पास एक सर्प का अंकन मिलता हैं. 

इस प्रकार की प्रतिमा देश के किसी भी भाग में नहीं मिली हैं. अभी तक यह नहीं जाना जा सका हैं कि यह प्रतिमा किसकी हैं और इसका निर्माण किसने और क्यों किया? 

यह प्रतिमा पुराविदों के लिए भी एक पहेली बन गई है। फ़िर भी इसे "रुद्र शिव" माना जा रहा है।