शनिवार, 25 दिसंबर 2010

ब्योम बाला के साथ चेन्नई की उड़ान

आरम्भ से पढ़ें 
जब घर से यात्रा के लिए चला तो मैने दिल्ली से चेन्नई तक का हवाई जहाज का किराया देखा तो लगभग 4 हजार रुपए था। लेकिन आलस के कारण बुक नहीं किया। सोचा कि दिल्ली जाकर बुक कर लुंगा।

जब दिल्ली पहुंचा तो यही किराया 7000 हो चुका था। वह भी इंडिगो जैसी फ़्लाईट में। सीधा 3000 रुपए का फ़टका खाया आलस के कारण।

परमानंद जी और हम सुबह 9 बजे एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। सुरक्षा जाँच से गुजरने में आधा घंटा लग गया। मेरा हैंड बैग एक्सरे मशीन ने रोक लिया। जब वहां पहुंचा तो उन्होने बताया कि आपके बैग में ब्लेड है।

मुझे याद आया कि छ: महीने पहले उड़ीसा गया था तब मैने सेंविंग के लिए ब्लेड मंगाई थी। उसे कब का भूल चुका था। मैने ब्लेड निकाल कर उनके ही सपुर्द कर दी। जब लाऊंज में पहुंचे तो पता चला कि फ़्लाईट आधा घंटा विलंब से चल रही है। काफ़ी पीकर समय गुजारने लगे। तभी घोषणा हुई कि चेन्नई की सवारी तैयार हो जाएं।

एक बार फ़िर सुरक्षा जांच की गयी। फ़िर लोफ़्लोर बस में सवार होकर प्लेन तक पहुंचे। मुझे प्लेन में पीछे की सीट में बैठना कभी पसंद ही नहीं है। इसलिए पहले आओ पहले पाओ योजना के अंतर्गत मैं पहले ही बोर्डिंग करना पसंद करता हूं जिससे मनचाही विंडो सीट मिल जाती हैं।

कुछ सवारियो को विंडो सीट से डर लगता है। नीचे झांकने पर चक्कर आ जाता है उल्टी तक हो जाती है। लेकिन मुझे विंडो सीट ही पसंद है जिससे बादलों के नजारे देखने को मिलते हैं।

इस बार भी 3-ए सीट पर सवार हुए। प्लेन ने दिल्ली से गुड़गांव तक का चक्कर पैदल ही लगाया उसके बाद अपने रन वे पर पहुंचा। इसमें आधा घंटा लग गया। एटीसी से आदेश मिलने पर प्लेन ने उड़ान भरी और हम उड़ चले नील गगन में चेन्नई के लिए।

व्योम बालाओं ने मुस्कुराकर स्वागत किया। लेकिन पेशेवर मुस्कान गहरे नहीं पैठती। सीट बेल्ट खोलने की सूचना मिल चुकी थी।

व्योम बालाओं ने अपनी ट्राली संभाल कर दुकान शुरु की। पानी, साफ़्ट ड्रिंक, कोल्ड ड्रिंक, कुकिज, सेंडबिच खिलौने, एयर बेग, ज्वेलरी, इत्यादि बेचना शुरु किया।

दो घंटे की फ़्लाईट में टाईम पास करना भी मुस्किल हो जाता है क्योंकि प्लेन की सवारी बहुत मुस्किल से ही आपस में संवाद करती है।

मेरे साथ तो परमानंद जी थे। इसलिए इस बार टाईम पास हो गया। भूख लगी तो सेंडवि्च लिए। परमानंद जी बोले कि प्लेट नहीं दी।

व्योम बाला ने कहा कि प्लेट नहीं है आपको ऐसे ही खाना पड़ेगा। तभी मुझे ध्यान आया कि घर से चलते समय श्रीमती जी ने नास्ते के लिए कुछ प्लेट मेरे हैंड बैग में डाली थी। फ़िर क्या था हमने वही निकाली और सैंडविच खाने लगे। व्योम बाला हमारे जुगाड़ को देख रही थी।

खिड़की से बादलों के अद्भुत नजारे दिख रहे थे। ऐसा लग रहा था कि बादलों के पार भी अलग ही दुनिया है।

बादल पहाड़ों की तरह नजर आ रहे थे। जिस पर सूरज की सुनहली किरणें फ़ैल रही थी। जिससे कुछ बादल तो स्वर्णिम हो गए थे।

जब कभी भी प्लेन की सवारी करता हूं और बादलों का अद्भुत नजारा देखने मिलता है तो लगता है कि बस प्लेन का दरवाजा खोल कर छलांग लगा दूँ और पक्षियों की तरह बादलों के बीच उन्मुक्त होकर उड़ान भरुं।

एक एक बादल के पास पहुंच जाऊं और उससे संवाद करुं, बात चीत करुं। उसे हाथ लगा कर देखुं, उसकी कोमलता का अहसास करुं। उसकी पानी की कोठरी तक पहुंच जाऊं जहाँ वह जल भर कर लाता है और हमारे उपर बरसाता है। बस कु्छ इसी तरह के मनोभाव पैदा होते हैं मन में और यात्रा चलते रहती है।

इसी बीच मुझे याद आता है कि भाई योगेन्द्र मौदगिल ने एक गजल संग्रह (अंधी आँखे गीले सपने) भेंट किया था। उसे बैग से निकाल कर पढता हूँ। एक से एक उम्दा गजलों का खजाना खुल जाता है।

एक बानगी देखिए –“ हर यार हो दिलदार, जरुरी तो नहीं है, मिलता ही रहे प्यार जरुरी तो नहीं है। हमको तो बस एब एक है बस प्यार का मिंयां, वो भी तो करें प्यार, जरुरी तो नहीं है।----

आगे देखिए,-- माना के सूरज की तरह हर शाम ढलना है हमें, हर हाल में लेकिन अभी भी और चलना है हमें। माना ये दुनिया दुखों की गार है लेकिन मिंयां। सुखद स्वप्नों की तरह आँखों में पलना है हमें। मयकदे में झूमना तो मयकदे की रीत है, बहकना हर पल यहाँ, हर पल संभलना है हमें।

गजलों में भरा महुए का रस मदहोश कर रहा था। शब्द जब जागते हैं तो मुझे उनकी धड़कन का अहसास होता है। ऐसा घटते रहता है और मैं शब्द में डूब जाता हूँ।

पायलट ने मौसम खराब होने के कारण तीन बार सीट बेल्ट बांधने का निवेदन किया। चेन्नई पहुंचते पहुंचते मौसम बहुत खराब हो चुका था।

बादलों में से गुजरते हुए प्लेन थरथरा रहा था। मैं खिड़की से देख रहा था बादलों की रफ़्तार को। बारिद कहीं बरस रहे थे।

तभी अचानक मेरी बाँयी आँख के डोले में दर्द उठा और पूरी आँख में भर गया। असहनीय दर्द था। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

मैने हाथ से आँख को दबाकर रखा जिससे दर्द कुछ कम हुआ। थोड़ी देर में दर्द शांत हो गया। पायलट ने घोषणा की –“ अब हम नी्चे जा रहे हैं सीट बेल्ट बांध ले। कुछ देर पश्चात चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड करेगें।

प्लेन के नीचे आते ही समुद्र दिखाई देने लगा। साथ ही चेन्नई की धरती भी। मौसम खराब था, प्रकाश कम होने के कारण प्लेन सही सलामत लैंड करले यही बड़ी बात होती है और पायलट की कुशलता का भी परिचय मिलता है। प्लेन ने लैंड कर लिया।

एक बार फ़िर बस ने हमें लाऊंज तक पहुंचाया। अपने लगेज का इंतजार करते हैं। पहले बोर्डिंग करने से सीट तो मन माफ़िक मिल जाती है पर लगेज पहले चढाने के कारण सबसे आखिर में आता है। आखिर मेरा बैग दिखाई दे ही गया। चलो एक यात्रा पूरी हुई। आगे पढ़ें 

शुक्रवार, 24 दिसंबर 2010

रोहतक से विदाई और राम त्यागी का स्वागत

आरम्भ से पढ़ें 
रोहतक के तिलियार में राज भाटिया जी ने साबित कर दिया कि वे यारों के यार हैं। लोगों के पास अपने परिवार और रिश्तेदारों के लिए मिलन कार्यक्रम करने का समय और साधन नहीं होता। लेकिन राज भाटिया जी ने ब्लागर्स से मिलने के लिए दिल खोल कर खर्च किया।

हमने 2000 किमी से आकर मुफ़्त का खाया भी और पीया भी। इतना तो हक बनता है यारों। भाटिया जी ने मुझे एक बीयर का जग भी दिया। जिसमें बीयर ज्यादा देर तक ठंडी रहती है। अब उसका उपयोग गर्मी के मौसम में करेंगे। राज भाई साहब को हम धन्यवाद देते हैं।

अंतर सोहिल (अमित गुप्ता जी) ने भाटिया जी का साथ हनुमान की तरह निभाया। कम समय में अच्छा आयोजन करके अपनी काबलियत सिद्ध कर दी। बाकी ब्लागर परिवार मिलन की रिपोर्ट सभी पढ ही चुके हैं। 

अगले दिन सुबह ही हम बस से रिवाड़ी के लिए चल पड़े। रेवाड़ी के लिए सीधी बस न होने के कारण पहले झज्जर गए। वहाँ से महेन्द्रा की युटीलिटी में लटक कर गुरावड़ा पहुंचे। वहाँ से टैक्सी से रिवाड़ी पहुंच गए। रिवाड़ी में विवाह समारोह में शरीक हुए।

शादियों का भी अलग ही आनंद हैं। बुड्ढे हो या जवान सभी “हट जा ताऊ पाच्छै नै” वाले रोल में फ़िट थे। बुड्ढा सड़क पै नाच्चै था और छोरे डी जे पे। बुड्ढा जब कतई फ़ुल्ल टुन्न हो गया तो डी जे पे पहुंच गया। छोकरों ने उस नवजवान बुड्ढे को कूट दिया। हो गया  हंगामा खड़ा।

बुड्ढे ने भी जवानों को नम्बर वन की धमकी दी और रायल चैलेंज किया। बड़ी मुस्किल से किंगफ़िशर से मामला शांत हुआ। उसके बाद बुड्ढा प्लेट समेत ही प्लेटफ़ार्म पर आ लिया। ये फ़ोटो उसे बिना सूचित किए,चित्त होते समय ली गयी है। इसलिए स्पष्ट नहीं है। वह सीधा मुंह के बल गिरा। पगड़ी - वगड़ी सबकी वाट लयी। धोती खुल गयी। बच्चे देख कर हंगामा करते रहे ताली बजाते रहे। फ़िर कोई उसे उठा कर ले गया। जब हजम ही नहीं होती तो फ़िर क्यों इतना पीते हैं लोग?

गुड़गाँव पहुंचने पर राम कुमार त्यागी जी का फ़ोन आया कि वे अमेरिका से फ़्लाईट में सवार हो रहे हैं। 26 तारीख को सुबह साढे चार बजे दिल्ली इंटनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेगें और बताया कि उनका अमेरिका वाला फ़ोन बंद  हो जाएगा।

इन्डिया वाला नम्बर उनके पास है नहीं। अगर हम एयरपोर्ट पर जाते हैं तो फ़िर मुलाकात कैसे होगी। मेरी पास भी लम्बी कार आ गयी थी गुड़गाँव में। तो विचार किया कि निजामुद्दीन रेल्वे स्टेशन पे मिलेंगे। समता एक्सप्रेस से ग्वालियर जाएंगे।

मैने कहा “ये ठीक रही। और खुशदीप भाई को फ़ोन पर जानकारी दी। साथ ही उन्हे ये भी कहा था कि अगर सुबह नींद नहीं खुले तो कोई बात नहीं। मैं निजामुद्दीन पहुंच जाऊंगा।

ट्रेन साढे सात बजे सुबह प्लेटफ़ार्म पर लग जाती है। इसलिए मैं जल्दी ही स्टेशन की तरफ़ चल पड़ा। दिल्ली में सुबह सुबह धुंध में रास्ता नजर नहीं आ रहा था।

स्टेशन पहुंच कर मैने प्लेटफ़ार्म टिकिट खरीदी और प्लेट फ़ार्म का एक चक्कर लगाया तो कोई नजर नहीं आया। मैं एक नम्बर प्लेटफ़ार्म पर फ़िर चला आया।

तभी खुशदीप भाई का फ़ोन आ गया कि वे भी निजामुद्दीन पहुंच चुके है। इसे कहते हैं ब्लागर परिवार। हम छत्तीसगढ से आकर राम त्यागी से मिल रहे हैं और खुशदीप भाई रात को दो बजे सोकर सुबह जल्दी उठकर नोएडा से निजामुद्दीन पहुंच रहे हैं।

कमाल हो गया भई। उन्होने बताया कि वे प्लेटफ़ार्म नम्बर तीन पर ही हैं। हमने खुशदीप भाई को ढूंढा। लम्बे आदमी का ये फ़ायदा है कि दूर से ही दिख जाता है और दूर तक देख लेता है।

अब बात ये आई की पहचानेंगे कैसे? ब्लाग की फ़ोटो में भी चेहरा साफ़ नजर नहीं आता टोपी के कारण। मैने कहा पहचान लेगें।

प्लेटफ़ार्म पर एक बंदा दिखाई दिया एक बच्चे और बीबी के साथ। खुशदीप भाई ने कहा कि ये होगा। इससे पूछ लेते हैं। मैने कहा कि ये राम त्यागी नहीं है। उसके सामान पर फ़्लाईट के टैग लगे होगें।

बस जी कान्सेप्ट क्लियर हो गया। बात जच गयी। आगे बढने पर एस 9 के सामने एक मेडम खड़ी थी और बहुत सारा सामान था। बड़े-बड़े बैग और दो बच्चे साथ में।

मैने खुशदीप भाई से कहा कि यही हैं। चलो थोड़ी मजाक हो जाए। हमने पास पहुंच कर सुटकेश पकड़ लिए और बोले –“ मैडम कुली, कुली।“ मैडम ने कहा कि “ कुली की जरुरत नहीं है। हमने कहा कि-“ हम सामान मुफ़्त में चढा देंगे।

तब तक राम त्यागी डिब्बे से बाहर आ गए। हमें देखकर बोले – ये अपने ब्लागर्स मित्र हैं। फ़िर हमने सबने मिलकर सूटकेश और अन्य सामान ट्रेन में चढा दिया। बच्चों से बात की। दो सुंदर बच्चे मिले सुबह सुबह। प्लेट फ़ार्म पर बात करते रहे।

राम त्यागी शायद अभी तक को वापस अमेरिका पहुंच गए होगें। ट्रेन चल पड़ी थी। हमने चलती ट्रेन में बच्चों को चढाया। आधा घंटा कब निकल गया पता ही नहीं चला। खुशदीप भाई वापस नोएडा की तरफ़ चले गए और हम जाम में फ़ंस कर 11 बजे गुड़गाँव।

हमारी नानी गुजर गयी थी। इसलिए हमें एक बार वहां फ़िर जाना था। और अगले दिन 27 को 11 बजे हमारी चेन्नई के लिए फ़्लाईट थी। अब हम जा रहे थे उत्तर से दक्षिण की ओर। आगे  पढ़ें