गुरुवार, 1 सितंबर 2011

मृत्यु का उत्सव -- पंछी उड़ जाना ---- ललित शर्मा,


कफ़न बढा तो किसलिए नजर तू डबडबा गई, सिंगार क्यों सहम गया बहार क्यूँ लजा गई.
न जन्म न मृत्यु बस इतनी सी बात है, किसी की आँख खुल गई किसी को नींद आ गई


मृत्यु पर किसी का बस नहीं चलता, होश संभालने के बाद यही सुना पढ़ा और समझा है. दुनिया इसे ही शास्वत सत्य बताती है. एक दिन इसका आना तय है. किस दिन आएगी यह तय नहीं है. लेकिन आएगी जरुर ये मानते है. मृत्यु ही एक ऐसी शै है जिसका भय ही मनुष्य और पशु को अलग करता है, ग़ालिब ने कहा है - मौत ने कर दिया लाचार वगर्ना इंसा, है वो खुदबी के खुदा का भी कायल न होता. मनुष्य और पशु के जन्म और मृत्यु की प्रक्रिया एक जैसी है. मनु स्मृति कहती है- जन्मने जायेते शुद्र: संस्कारात द्विज उच्यते.... संस्कार मिलने के पश्चात ही मनुष्य कहलाया है. जिसे मृत्यु का बोध हो गया. मृत्यु क्यों और कैसे होती है? विभिन्न धर्म दर्शनों में स्वमतानुसार उल्लेख है. पर मृत्यु आती है यह सभी मानते हैं. देह का अवसान होता है. कहते हैं जरा के पश्चात मृत्यु आती है और कभी-कभी आकस्मिक रूप से भी घट जाती है. इसलिए राजकुमार सिद्धार्थ को जरा एवं मृत्यु के दर्शन नहीं कराए. एक दिन उन्होंने ने जरा एवं मृतक दोनों को देख लिया और बुद्ध हो गए. वैराग आ गया. सिद्धार्थ का वैराग स्थायी था. पर श्मशानी का वैराग अस्थायी होता है.. 

कभी कभी ऐसे वाकये घटते हैं कि कठिन प्रश्नों के जवाब सरलता से मिल जाते हैं. मित्र  के पिताजी गुजर गए थे और मुझे सुबह समाचार मिला. अंतिम यात्रा में सम्मिलित होने पंहुचा. वे अपने कार्य से सेवानिवृत हो चुके थे. कैंसर से उनकी मृत्यु हुयी. सारे नाते रिश्तेदार जार-जार रो रहे थे. कोई दहाड़ें मार कर छाती कूट रहा था. हम उन्हें सभालने में लगे थे. मित्रों का काम यही होता है, जो सुना सुनाया, रटा रटाया था, वही उनको कह कर दिलासा दे रहे थे. पंडित जी के आने के बाद कार्यवाही प्रारंभ हुयी. अर्थी उठा कर श्मशान में पहुचे. सभी गंभीर मुद्रा में मृतक के परिजनों से सहानुभूति रख रहे थे. तभी राम नाम सत्य की जोरदार आवाजें आने लगी. देखा तो एक और अर्थी पहुच रही है. वे कह रहे थे-- "राम नाम सत्य है, खाया पीया मस्त है." मैंने इस तरह का उद्घोष पहली बार सुना था जीवन में. न जाने कितनो की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ. लेकिन इस तरह नाद नहीं सुना था. पता चला कि किसी जवान की ही अर्थी थी. आश्चर्य चकित रह गया. एक तरफ लोग वृद्ध की अर्थी पर अभी तक रोये जा रहे हैं. दूसरी तरफ जवान की मृत्यु पर उत्सव जैसा माहौल है.

देखने से लग रहा था कि छोटे तबके के लोग हैं. सभी खा पीकर दारू की बोतले साथ में लेकर साथी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे. मै बैठे बैठे सोचने लगा कि इन्होने ही मृत्यु के रहस्य को पाया है. जीवन अगर उत्सव है तो मृत्यु भी उत्सव होना चाहिए. जिसकी जितनी साँस थी इस दुनिया में उसने अपनी सांसे पूरी कर ली. फिर किस चीज का शोक मनाना? उसकी जीवन यात्रा का उत्सव मनाना चाहिए. जितनी चाबी भरी राम ने उतना चले खिलौना. सभी का अपना अपना दृष्टिकोण है. कोई डूबते सूरज को देख कर रोता है और कोई हँसता है. रोने वाला सोचता है कि जिंदगी का एक दिन कम हो गया. हंसने वाला सोचता है कि जिन्दगी का एक दिन और अच्छे से जी लिया, ईश्वर तुम्हे धन्यवाद है, तुम्हारा आभार है. यही मृत्यु के शोक पर प्रगट होता है. कुछ लोग सोचते हैं कि कुछ दिन जीवन का उपभोग और कर लेते. जल्दी चले गए दुनिया से. कुछ लोग सोचते हैं कि सांसारिक जीवन का उपभोग अच्छे से कर लिया. अब चला भी जाये तो कोई अफ़सोस नहीं है. साथियों को उत्सव मनाना चाहिए. 

"नवानि देहानि जीर्णानि विहाय" जब भगवान ने गीता में उपदेश दिया है कि "नैनम छिदंति शास्त्राणि नैनम दहति पावक: न क्लैदयन्ति राप: न शोषयति मारुत:" आत्मा अजर अमर अविनाशी है. उसे शरीर बदल कर फिर आना है. जब फिर आना है तो शोक किस चीज का मनाते हैं. नवीन देह को प्राप्त करने का उत्सव होना चाहिए. रो कर विदा करने की बजाये  हंस कर विदा करने. हम नए कपडे धारण करते हैं तो उत्साह और उत्सव होता है. जीर्ण देह को छोड़ कर नवीन देह को प्राप्त करने का उत्सव होना चाहिए. यह भी वैसी ही प्रक्रिया है जैसे हम अपने ब्लॉग का टेम्पलेट बदलते हैं. हमारा शरीर भी ब्लॉग जैसा ही है. जिसमे बहुत सारे गजट और विगेट लगे हैं. जब कोई विगेट काम करना बंद कर देता है तो उसे हम हटा देते हैं, नया लगा लेते हैं या उस विगेट के बिना ही काम चला लेते हैं. अगर टेम्पलेट में कोई समस्या आती है तो हम तुरंत टेम्पलेट बदल लेते हैं. पुराने टेम्पलेट का कोई शोक नहीं करते. नया टेम्पलेट लगा कर मित्रों को दिखाते हैं उसकी सुन्दरता के विषय में पूछते हैं. 

जीवन और मृत्यु के साथ भी कुछ ऐसा ही होना चाहिए. जितने दिन जीये, रज्ज के जीये. मस्ती से जीये, मित्रों से, परिवार से मिलजुल के जीयें. ईश्वर की बनायीं सुन्दर सृष्टि के कण-कण का आनन्द लें. फूलों की महक से लेकर चिड़ियों की चहक तक. झरनों की कल-कल से लेकर मस्त पवन के झकोरों तक, बछड़े की उछल कूद से लेकर बाल गोपालों की लीला तक प्रकृति का सौंदर्य बिखरा पड़ा है. इतना अद्भुत सौदर्य है कि आंखों में भी नहीं समाता. अपलक देखते रहते हैं उस अद्भुत कारीगर की कारीगरी को, चित्रकारी को. बड़े-बड़े राजपाट धराशायी हो गए. अपने को चक्रवर्ती राजा साबित करने वाले नहीं रहे. जो अच्छा था उसे अभी सहस्त्राब्दियों बाद भी याद किया जाता है, जो बुरा था उसे भुला दिया जाता है, वैसे भी हमारी संस्कृति में मरने के सारे अवगुण माफ़ कर दिये जाते हैं. अगर कोई कीड़े पड़ के भी मरता है तो उसके नाम के साथ स्वर्गवासी ही लिखा जाता है. भले ही उसके सारे कार्य नरकगामी हों. जाने के बाद भी यादें मधुर हों. कटुता न हो, उत्सव हो. धन, पद, प्रतिष्ठा सब धरी रह जाती है. कौन कितना मिलनसार और जिंदादिल था यही सभी को याद रहता है. यदि कभी किसी को याद कर दिल में हूक उठे. तो समझो उसका जीवन सार्थक रहा और मृत्यु भी उत्सव.... 

कुछ विचारों की तरंगे उठी और उन्हें लिखता गया. इस पोस्ट को लिखने का कोई विशेष प्रयोजन नहीं है. खालिस खाली खोपड़ी की मगजमारी है. दिल पे मत लो यारों, वैसे भी मैं बड़ा सेंटी हूँ, बस मौजा ही मौजां  जीवन के दिन चार पंछी उड़ जाना, कर ले जतन हजार पंछी उड़ जाना. अरे भाई उड़ने के लिए उड़नतश्तरी भी चाहिए...........       
(फोटो-गूगल से साभार )  

सोमवार, 29 अगस्त 2011

अभी तो यह अंगडाई है, आगे और लडाई है............. ललित शर्मा

किसी को ना हो सका इसके कद का अंदाजा
आसमान है यह सर झुकाए बैठा है.........

रात को बादल गरज रहे थे, बिजलियाँ चमक रही थी. बादलों की गड़गड़ाहट कुछ अधिक शोर कर रही थी, जैसे बादलों में युद्ध हो रहा हो अपनी-अपनी सत्ता स्थापित करने के लिए. बादलों के बीच नहीं, लेकिन संसद में अवश्य जन विश्वास कायम रखने की लडाई चल रही थी. भारत का नया इतिहास लिखा जा रहा था. एक फक्कड़ फकीर के ललकार से कानून बनाने पर सहमति हो रही थी. मुसलाधार बरसात होने लगी. तभी समाचार मिला कि फकीर की बात मान ली गई. सत्य कभी पराजित नहीं होता यह एक बार फिर सिद्ध हो गया. सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह, का उपदेश भारतीय दर्शन ने दिया है और यह प्रत्येक काल में कसौटी पर खरा उतरा है. अगर इतिहास के पन्ने पलटे जाएँ तो दृष्टिगोचर होता है कि किसी भी क्रांति का नेतृत्व जमीन से जुड़े आदमी ने ही किया है और उसे सफल बनाया है. सत्य हलाकान परेशान होता है पर पराजित नहीं होता. असत्य कभी विजयी नहीं होता. दमन की उमर कम होती है. एक दिन उसे आत्म समर्पण करना ही पड़ता है. अन्ना के नेतृत्व में देश का आत्मबल परीक्षा में खरा उतरा. दूसरी आजादी की लडाई में एक कदम आगे बढे हैं. 16 अगस्त से प्रारंभ हुयी लडाई अभी ख़त्म नहीं हुयी है. अभी इसे आगे भी चलना है. जब तक देश का प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग ना हो जाये, तब तक आजादी की दूसरी लडाई जारी रहेगी.

आजादी के बाद से लेकर आज तक हम अपने वोट से सरकार चुनते आये हैं. अपनी बात कहने के लिए प्रतिनिधि विधानसभा एवं लोकसभा में भेजते हैं. प्रतिनिधि चयनित होते ही ये व्यवहार बदलकर जनता के सेवक से जनता के मालिक बन जाते हैं. आम आदमी इसे ही अपनी नियति समझ कर  अपने भाग्य को कोसता रहता है. राजनैतिक पार्टियाँ चुनाव के समय ऐसे उम्मीदवारों की तलाश करती हैं जो धन से मजबूत हो. चुनाव में अधिक से अधिक धन खर्च कर सके. वोट खरीदने के बाद जन-धन को लूटना इनका अधिकार बन जाता है. साम-दाम-दंड-भेद सब लगा दिए जाते हैं चुनाव जीतने के लिए. व्यवस्था भी इन्होने अपने हिसाब से बदल ली, अगर किसी मतदाता के पास 10,000 रूपये नहीं है तो वह प्रत्याशी नहीं बन सकता. कुल मिलाकर धनवानों का ही पक्ष मजबूत है. भ्रष्ट्राचार इतना अधिक बढ़ गया कि आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है. आम जन अगले ५ बरस का चुनाव का इंतजार करता है, जिससे वह प्रतिनिधि एवं सरकार बदल सके. अब देश में बदलाव की बयार आ गई, जनता अपने अधिकारों के प्रति अन्ना के सार्थक प्रयास से जागरूक हो रही है.

सेवक जब मालिक का व्यवहार करने लगे, आम मुख्तियार ही मालिक बन जाये तब असली मालिक को जागना ही पड़ता है. बाड़ ही खेत खाने लगी. ऊँचे स्तर पर हो रहे भ्रष्ट्राचार की खबर आम आदमी तक नहीं पहुचती. पर निचले स्तर पर छोटे-छोटे कार्यों के लिए पैसे देना उसे नागवार गुजरता है. आज जनता के दबाव ने दिल्ली को भ्रष्ट्राचार के खिलाफ कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया. सभी जानते हैं कि एक बिल पास कर संस्था के गठन से भ्रष्ट्राचार समाप्त नहीं हो जायेगा. इसके लिए नागरिकों को भी अपने कर्तव्यों ध्यान रखना पड़ेगा. संकल्प लेना पड़ेगा कि स्वयं भ्रष्ट्राचार को बढ़ावा नहीं देंगे, न किसी से रिश्वत लेंगे न किसी को रिश्वत देंगे.भ्रष्ट्राचरण के विरुद्ध सतत आन्दोलन जारी रखना पड़ेगा. तभी भ्रष्ट्राचार रूपी दानव से पार पाया जा सकता है. भ्रष्ट्राचार से अमीरी और गरीबी के बीच गहरी खाई का निर्माण हो चूका है. अमीर और अमीर होता जा रहा है और गरीब और भी गरीब.  एक तरफ अन्न गोदामों में सड़ रहा है, दूसरी तरफ गरीब दाने - दाने को मोहताज है. उड़ीसा के कोरापुट में गरीबी से त्रस्त होकर एक आदमी ने २० हजार में अपने बच्चे को बेच दिया. इस युग में भी ऐसे समाचार सामने आते हैं तो पीड़ा होती है.

अन्ना के आन्दोलन में सरकार ने रोड़े तो खूब अटकाए पर जन समर्थन साथ होने के कारण मुंह की खानी पड़ी. आन्दोलन के दौरान अन्ना को भगोड़ा तथा भ्रष्ट्राचारी तक कहा गया. लेकिन कहने वालों ने अपने गिरेबान में झांक कर नहीं देखा, जब देखा तो उसे अपने पर शर्म आई और माफ़ी मांगने लगा. हमने भी देखा बुद्ध के समक्ष अन्गुलिकमाल का ह्रदय परिवर्तन कैसे होता है. अन्ना को धराशायी करने के लिए उसके फ़ौज तक के रिकार्ड निकाल लिए. कहीं कोई कमजोरी तो मिले, जिसकी ढाल बना कर अन्ना का अनशन तुडवाया जा सके. इनका बस चलता तो चलता तो चित्रगुप्त से अन्ना के पूर्व जन्म के भी रिकार्ड मंगवा लेते. वाह अन्ना! आपने इनके लिए कुछ भी नहीं छोड़ा. जीवन की पवित्रता, सुचिता और पारदर्शिता काम आ गई. संसार में चरित्रवान ही सबसे उंचा स्थान ग्रहण करता है. कहा गया है कि निर्धन, धनवान से डरता है, मुरख, विद्वान से डरता है, निर्बल बलवान से डरता है, लेकिन धनवान, विद्वान्, बलवान ये तीनो चरित्रवान से डरते हैं. अन्ना ने इसे सिद्ध करके दिखा दिया. निष्कलंक जीवन जी कर विश्व के समक्ष एक आदर्श कायम कर दिया.

मंहगाई की चक्की में पिसता आम भारतीय कभी सोच भी नहीं सकता था कि कोई ऐसा नेतृत्त्व भी उसके लिए आएगा जो गरीबी-गरीबों एवं मंध्यम वर्ग के लिए सर्वाधिकार प्राप्त सत्ता से टकरा जायेगा. सत्ता भी सोच बैठी थी कि बाबा का हश्र देख कर तो कोई दूसरा दिल्ली को आँख दिखाने की हिम्मत कर बैठेगा. दिल्ली ने भी अन्ना के साथ बाबा जैसा ही व्यवहार किया. यहीं गलती हो गई. कहते हैं ना..... जात भी दी और जगात भी दी. जन आक्रोश के सामने कुछ नहीं टिकता. जेल से भी सादर छोड़ना पड़ा और रामलीला मैदान भी देना पड़ा. सत्ता पोषित कुछ लोग आग उगलते रहे. कुछ जयचंदों ने भी आन्दोलन में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके. देश के कोने-कोने से भ्रष्ट्राचार और मंहगाई के विरोध में उठे जनज्वार ने अपनी उपस्थिती मजबूती से दर्ज कर दी. इन्हें औकात दिखा दी. संसद में बिल पर बहस करनी पड़ी, अन्ना की तीन मांगों पर सहमती जतानी पड़ी. यह भारत के गणतंत्र के स्वर्णिम दिन था.


नक्कार खाने में तूती की आवाज कौन सुनता है? यह कहावत सदियों से कही जाती है, लेकिन अब वक्त आ गया, तूती की आवाज भी बुलंद हो चुकी है और उसे सुनना ही पड़ेगा. ये वही सांसद और विधायक हैं जो अपने वेतन बढ़ाने के प्रस्ताव पर बहस नहीं करते और उसे सर्व सहमती पारित कर दिया जाता है. लेकिन जब आम आदमी के अधिकारों के से जुड़े प्रस्ताव आते हैं तो उन्हें या तो पेश नहीं किया जाता या उसके मुद्दे पर संसद में कई फाड़ दिखाई देने लगते हैं. आम जन से जुड़े हुए कई प्रस्ताव संसद में धूल खा रहे हैं. जिसमे महिला आरक्षण जैसा महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी है. जन लोकपाल पास करने पर दबाव बनते ही संसद में बैठे कई नेताओं को अभी से अपने जेल जाने डर सताने लगा है.  देश की जनता जाग चुकी है, वह दिन भी शीघ्र आएगा जब भ्रष्ट्राचारियों को जेल में बाकी जीवन बिताना पड़ेगा. जनता अपने खून-पसीने की कमाई की पाई-पाई का हिसाब लेगी. अपने चुने हुए जन प्रतिनिधि को वापस बुलाने का अधिकार जिस दिन जनता को प्राप्त हो जायेगा उस दिन आम आदमी को इनके दरबार में हाजिरी नहीं लगानी पड़ेगी, ये स्वयं चलकर उसके पास आयेंगे. 

अन्ना के आन्दोलन का सकारात्मक पक्ष यह रहा कि इस आन्दोलन ने समस्त भारत को पुन: एक सूत्र में बाँध दिया. जे.पी. आन्दोलन के पश्चात् जन लोकपाल बिल के समर्थन में एक ऐसा आन्दोलन हुआ कि देश की जनता सड़कों पर आ गई. जिसमे बच्चे-बूढे-जवान, सभी धर्म, पंथों, एवं आधी आबादी महिलाon  ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई. एक दो छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़ कर कहीं से भी हिंसा का समाचार नहीं मिला. जबकि कुछ लोगों ने उत्पात करने की भरपूर कोशिश की. यह हमारी सामाजिक समरसता और लोकतंत्र की जीत है, आम आदमी की जीत है. विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है. बाहर खड़े किसी आदमी ने आवाज लगायी और उसकी आवाज संसद के भीतर सुनी गयी. ये जनता की जीत है. इस आन्दोलन पर समूचे विश्व की निगाहें लगी हुयी थी. उन्हें भी इस सफल अहिंसात्मक आन्दोलन से सीख मिली कि भूखा रह कर बिना हथियार उठाये अपनी मांगे मनवाई जा सकती है. अब देश के नागरिकों को अपने अधिकारों के लिए सतत जागना पड़ेगा. तभी हमारे कामयाब लोकतंत्र का लोहा समूचा विश्व मानेगा. अभी तो यह अंगडाई है, आगे और लडाई है.