मंगलवार, 19 नवंबर 2013

ई मुंबई है रे बबूआ : डर्टी पोस्ट

घर से चलने के पूर्व अतुल को फ़ोन कर दिया था कि मैं फ़लाँ फ़लाँ ट्रेन से आ रहा हूँ। यह मुंबई की मेरी पहली यात्रा थी। काफ़ी कुछ टीवी और सिनेमा के माध्यम से मुंबई के विषय में देख और सुन चुका था। मन में धुक धुकी लगी हुई थी कि शहर कैसा होगा, शहर के लोगों का बर्ताव कैसा होगा? कहीं सामान चोरी तो नहीं हो जाएगा। कोई ऑटो वाला गलत जगह ले जाकर लूट तो नहीं लेगा। तरह तरह की शंकाएँ, कुशंकाएँ, आशंकाएं मन में उमड़-घुमड़ रही थी। दिन पूरी तरह से नहीं निकला था। मेरी ट्रेन सुबह 5 बजे कुर्ला स्टेशन पहुंची। अतुल का फ़ोन बंद था। उसके घर का पता भी मुझे नहीं मालूम, अब क्या किया जाए? वहीं पर पड़ी एक बैंच पर बैठ गया। आसमान में उड़ते हुए हवाई जहाजों को देखने लगा। एक हवाई जहाज टेक ऑफ़ करता था तो उसके एक मिनट बाद कोई दूसरा हवाई जहाज लैंड करता था। इन्हें देख कर ही टाईम पास करने लगा। मेरी ट्रेन की सवारियाँ एक-एक कर निकल गई। मेरे जैसे कुछ लोग ही बच गए थे।

सामान के नाम पर मेरे पास सिर्फ़ एक बैग था। चाय की चाह हो रही थी, लेकिन चाय नहीं पी सकता था। चाय पीते ही शौचालय की तरफ़ दौड़ना पड़ता। फ़िर बैग की रखवाली कौन करता? अकेले होने के कारण सामान की रखवाली की समस्या आती ही है। सोच रहा था कि कोई मुझे लेने आ जाए तो वहीं दैनिक क्रिया से निवृत हो लूंगा। एक घंटा हो गया, कोई मुझे लेने के लिए नहीं आया। पेट में गुड़गुड़ी मचने लगी। धीरे-धीरे प्रेशर बढने लगा। लगा कि आज तो बिना चाय के ही बम फ़ूट जाएगा। बम फ़ूट जाए तो कोई बात नहीं, लेकिन फ़ोड़ने की माकूल जगह भी होनी चाहिए। थोड़ी देर तो रुक सका लेकिन फ़िर रोका नहीं जा सका। शौचालय के विषय में पूछने पर बताया कि वो परली तरफ़ है। बैग संभालते हुए उधर दौड़ कर गया। देखा की लोग लाईन में लगे हुए थे। जब तक अपना नम्बर आए तब तक तो बड़ी मुश्किल हो जाएगी।

इस तरह की घटना मेरे साथ पहली बार घट रही थी। इससे पहले सार्वजनिक शौचालय के चक्कर में फ़ंसना नहीं हुआ। घुमक्कड़ी में जिन्दगी के काफ़ी वर्ष निकाल दिए, लेकिन यह अनुभव पहली बार था। मेरे पीछे भी आठ-दस लोग लाईन लगाए खड़े थे। पन्द्रह बीस मिनट बाद मेरा नम्बर आया। बैग धारण कर जैसे ही शौचालय में प्रवेश किया, वैसे ही बदबू के पहले झोंके से दिमाग पंचर हो गया। शौच की बदबू के साथ बीड़ी की बदबू फ़्री में मिल रही थी। अगर प्रेशर रोका जा सकता तो इस शौचालय में कभी प्रवेश नहीं करता। कहीं खुली जगह खेत या किसी का खाली प्लाट होता तो किसी आड़ में निपट लिया जाता। लेकिन यह मुंबई थी। यहाँ पर कहाँ खेत और खाली प्लाट मिलने वाला है। मन मार कर शौचालय में प्रवेश किया। बैग को दरवाजे के पीछे लटकाया और रुमाल निकाल कर सबसे पहले नाक बांधा, जिससे बदबू छन कर कम हो जाए।

बैठते ही दो काम होने लगे। पहला तो जिसके लिए मैं दौड़ कर आया था, दूसरा दिमाग की सोचनीय इंद्री शुरु हो गई। वह सोचने लगी शौचालय में। कहाँ फ़ँस गया मैं बड़े कस्बे की खुली हवा में रहने वाला। जहाँ मेरा बाड़ा ही 3 एकड़ का है। चारों तरफ़ खुला वातावरण एवं वृक्षों से छन कर आती सुवास के साथ मस्त हवा। मुझे मालूम होता कि यह गति होने वाली है तो मुंबई आना ही स्थगित कर देता। फ़ँसा हुआ व्यक्ति क्या करे। वैसे भी इनपुट होगा तो आऊटपुट होना ही है। अगर पता यह स्थिति होने वाली है तो इनपुट नहीं करता, 24 घंटे का उपवास ही रख लेता। मुझे बैठे 1 मिनट नहीं हुआ होगा, इतने में किसी ने बाहर दरवाजा खटखटा दिया। आवाज सुन कर हड़बड़ा गया। गाँव में तो मैदान में झुरमुट की आड़ में बैठने के बाद भी किसी की आहट आ जाए तो शौच नहीं होती। यहाँ तो 8 लोग लाईन लगा कर खड़े थे।
  
दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर दरवाजे की तरफ़ देखता रहा कि कहीं कुंडी न खुल जाए और लोगों को दिल्ली के साथ पाकिस्तान दर्शन न हो जाए। बड़ी ही खतरनाक स्थिति थी। एक मिनट के बीच इतना कुछ घट रहा था कि जैसे किसी फ़ायटर पायलेट के प्लेन में गोला लगने से आग लग गई हो और उसके पास जान बचाने के लिए सिर्फ़ 1 मिनट का ही समय हो। जैसे ही दूसरा मिनट बीता फ़िर किसी ने दरवाजा खटखटाया। अबकि बार आवाज आई - जल्दी निकलो। मुझे गुस्सा आ गया। लेकिन कुछ कहने और करने की हालत में नहीं था। अगर प्रेशर में नहीं होता तो मुक्का मार कर दरवाजा खटखटाने वाले का मुंह तोड़ देता। गुस्से के कारण स्थिति सांप छछुंदर जैसी हो गई, न भीतर रहे न बाहर निकले। जैसे-तैसे पहला राऊंड पूरा हुआ और बाहर से आवाज आई - जल्दी निकलो।

अबे! मैं क्या यहाँ घर बसाने आया हूँ, साले चैन से फ़ारिग भी नहीं होने देते। 2 मिनट ही तो हुआ है। मैं गुस्से में जोर से चिल्लाया। बाहर से आवाज आई - 2 मिनट में तो 4 लोकल ट्रेन निकल जाती है। कब तक भीतर ही बैठा रहेंगा। मुझे लगा कि अब बाहर निकल ही जाना चाहिए, वरना दूसरा कोई प्रेशर के मारे दरवाजा तोड़ कर भीतर घुस जाएगा। सुबह का प्रेशर बड़ा खतरनाक होता है। पानी डाल कर जैसे ही उठा, फ़िर दरवाजा खटखटाने लगे। मैने पैंट संभाली और दरवाजे से अपना बैग उतारा। इतनी देर में फ़िर हाजतमंद ने दरवाजा खटखटा दिया। जैसे ही मैने सिटकिनी खोली और दरवाजा थोड़ा सा खुला मेरे निकलने से पहले ही एक आदमी ट्रेन की सवारी जैसे भीतर घुसने लगा। मै उसे धक्का देकर किसी तरह बाहर निकला और बाहर आकर एक लम्बी सांस ली।

नल से हाथ मुंह धोकर एक चाय ली। पहली घूंट के साथ फ़ोन की घंटी बजी। "हेलो , सर मैं प्रकाश बोल रहा हूँ। आप अभी कहाँ पर हैं?" "मैं अभी कुर्ला स्टेशन में हूँ। यहीं ऐसी की तैसी करवा रहा हूँ। जब मैने अतुल को बता दिया था कि सुबह की ट्रेन है तो डेंढ घंटे बाद फ़ोन करने के क्या मतलब है" उसकी आवाज सुनकर मेरा गुस्सा सातवें आसमान पर था। " सॉरी सर मुझे उठने में थोड़ी देर हो गई, भाई साहब ने मुझे रात को ही बता दिया था कि आप सुबह की ट्रेन से आने वाले हैं और मुझे रिसीव करने जाना है। सर माफ़ कीजिए मैं आधे घंटे में पहुच रहा हूँ।" प्रकाश के फ़ोन आने के बाद मैं आश्वस्त हो गय कि एकाध घंटे में तो घर पहुंच जाएगें। चाय पीते हुए बैंच पर बैठ गया। साथ ही दो बिहारी नौजवान बैठे थे, शायद वो भी किसी के इंतजार में थे। एक कह रहा था - ई मुंबई है रे सुरेसवा, हियाँ खाने को मिल जाएगा, काम मिल जाएगा पर हगने और सुतने को मिलना बहुत कठिन है। इनकी बातें सुनकर मैं अपना मुड़ खजुवाते आकाश में उड़ते हवाई जहाज देखते हुए प्रकाश का इंतजार कर रहा था। ई मुंबई है रे बबूआ……………

रविवार, 17 नवंबर 2013

मुटरुनंदन की बारात

ढिंग चिका ढिंग चिका ढिंग चिका ढिंग हे ऐ ऐ ऐ ……… बैलगाड़ी में लगा हुआ लाऊडस्पीकर गाना बजा रहा था। शादियों के अवसर पर अक्सर नई फ़िल्मों के गीत बजाए जाते हैं। मुटरु कका के मयारु बेटा की बारात जा रही थी। भोर से ही सारे बारातियों को इकट्ठा कर बैलगाड़ी फ़ांद दिए। सांझ तक भुरकापुर पहुंचना था, तभी बारात परघनी होती। गाना सुनकर बैल भी सिर हिलाते हुए मजे से चल रहे थे। बाराती ढिंग चिका ढिंग चिका का आनंद ले रहे थे।

जैसे ही काफ़िला ढीमर पारा से मुड कर सड़क पर आया, गंजेड़ी हवलदार ने बंदूक तान दी और चिल्लाया - रोको बे! समारु ने बैलों की लगाम जोर से खींची, चरमराते हुए गाड़ी रुक गई और उसके साथ काफ़िला भी।

हवलदार सामने आया, उसने डपट कर हवा में प्रश्न उछाला - किससे पूछ के लाऊड स्पीकर बजा रहे हो? परमीशन लिए हो लाऊड स्पीकर बजाने का?

धोती संभालते हुए मुटरु बैलगाड़ी से उतरा, - लाऊड स्पीकर बजाने के लिए भी परमीशन लेना पड़ता है क्या? मेरे बेटे की शादी है, बारात जा रही है, बिना लाऊड स्पीकर के बारात की क्या शोभा।

सामने कुर्सी पर बैठा जर्दा चबाता दरोगा उठ कर मुटरु के पास आया - तुझे नहीं मालूम का क्या, चुनाव चल रहा है। चुनाव आयोग की अनुमति बिना लाउड स्पीकर बजाना अपराध है। हवलदार इसकी गाड़ी बैला को जप्ती बनाओ और बरातियों को चालान करो।

दरोगा की बातें सुनकर बारातियों में खलबली मच गई। मुटरु हाथ जोड़ कर दरोगा के पैरों में गिर गया - ऐसा मत करो साहब! जो कुछ खर्चा पानी लेना है, ले लो और मामले को रफ़ा-दफ़ा करो। टाईम पर बारात नहीं पहुचेगी तो बेइज्जती हो जाएगी।

दरोगा को घूस देने की कोशिश करता है, कानून भी तोड़ता है। अब तो तुझे हवालात में डालना ही पड़ेगा। हवलदारSSSS, लाऊड स्पीकर जप्ती बनाकर अपराध दर्ज करो, और मुटरु को थाने में बंद करो।

नहीं साहब! माफ़ कर दो, गलती हो गई। नहीं मालूम था हमें कि लाऊड स्पीकर न बजाने के कानून आ गया है। हम लाऊड स्पीकर हटा देगें साहब - मुटरु गिड़गिड़ाते हुए बोला।

तुम्हारे लड़के की शादी में विघ्न न हो, इसलिए तुम्हे निर्वाचन अधिकारी से परमीशन लेकर आना पड़ेगा। तब ही मैं बारात को यहाँ से हिलने दूंगा।

परमीशन कहाँ मिलेगा साहब।

तहसीलदार को दरखास दो, वही परमिशन देगा।

बारात खड़ी रही, बैलों को गाड़ी से ढील दिया। मुटरु, रामस्वरुप को साथ लेकर तहसीलदार के कार्यलय में पहुंचा। अर्जीनवीस से आवेदन पत्र लिखवाया, तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत हुआ - बाराती गाड़ी में लाऊड स्पीकर लगाने का परमीशन चाहिए साहब।

तहसीलदार ने आवेदन पर टीप लिख दिया - लाऊडस्पीकर बजाने का परमीशन निर्वाचन अधिकारी देते हैं, मेरे अधिकार में नहीं है, मैने आवेदन पत्र अग्रेषित कर दिया है। तुम सहायक निर्वाचन अधिकारी से मिलो।

मुटरु के दिमाग में खलबली मची हुई थी। बारात में विलंब हो रहा था - पता नही किस साले का मुंह देख कर घर से निकले थे। गाँव से निकलते ही शनि सवार हो गया। चल कहाँ पर सहायक निर्वाचन अधिकारी बैठता है। 

सहायक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में गहमा-गहमी थी। पंक्ति में बैठे हुए बाबू फ़ाईलों में उलझे हुए थे। मुवक्किल और वकील बाबूओं से तारीख ले रहे थे। अधिकारी साहब कुर्सी से गायब थे। - साहब कहाँ मिलेगें? रामस्वरुप ने बाबू से पूछा।

साहब तो रुम न्मबर 10 में बैठे हैं। क्या काम है?

बाराती गाड़ी में लाऊडस्पीकर लगाने का परमिशन चहिए। दरोगा ने रास्ते में गाड़ी रोक ली है और हमें शाम तक भुरकापुर तक परघनी के लिए पहुंचना है। जो कुछ भी खर्चा पानी लगे वो ले लो पर काम जल्दी करवा दो। - मुटरु एक सांस में कह गया।

बाबू ने नाक से उपर चश्मा चढाते हुए चपरासी को आवाज दी - समरित! फ़ाईल कव्हर लेकर आना। इधर बाबू नोटशीट बनाने लग जाता है। नोटशीट तैयार होते ही उसे लेकर  निर्वाचान अधिकारी को प्रस्तुत करता है।

क्या है यह? निर्वाचन अधिकारी ने नोट शीट पर नजर डालते हुए कहा।

लाऊड स्पीकर लगाने का परमिशन चाहिए बाराती गाड़ी में।

तुम्हें 15 वर्ष हो गए नोटशीट बनाते हुए, इसमें गाड़ी का नम्बर कहाँ लिखा और ड्रायवर के लायसेंस की फ़ोटो कॉपी भी नहीं लगाई है। - अधिकारी ने बाबू पर तमकते हुए कहा।

साहब! इन्हें बैलगाड़ी में लाऊड स्पीकर लगाने की अनुमति चाहिए। बैलगाड़ी का रजिस्ट्रेशन नम्बर नहीं होता साहब और न ही इसके ड्रायवर का लायसेंस बनाया जाता।

बाबू का जवाब सुनकर साहब को क्रोध आ गया। उसने फ़ाईल रख ली - जाओ सेकंड हाफ़ में ले जाना। 

बाबू मुंह लटका कर बाहर निकला तो मुटरु उसकी शक्ल देखकर ही समझ गया। कोई गड़बड़ है - क्या हुआ बाबू साहब?

बड़े साहब बोले हैं कि परमिशन सेकेंड हाफ़ में  मिलेगी।

मुझे मिलवा दो साहब से, बहुत जरुरी है, बारात रास्ते में खड़ी है।

साहब गुस्से में है, नहीं मिलने वाले - बाबू ने फ़ाईल वाला हाथ हिलाते हुए कहा।

सब गड़बड़ हो गया रामस्वरुप, पहले पता होता तो हफ़्ता भर पहले परमीशन ले लेते। अरे बिना लाऊड स्पीकर के ही चलते हैं, परन्तु इज्जत का कचरा हो जाएगा। गाँव वाले क्या सोचेगें। एक लाऊड स्पीकर भी बजाने के लायक नहीं है मुटरु। किसी की काठी में आया क्या? 

सिरतोन कह रहे हो कका। अब बेर भी मुड़ उपर आ गया है, बैलगाड़ी से तो भुरकापुर पहुंच नहीं सकते और कुछ उदिम करना पड़ेगा।

एक काम कर, कन्हैया बनिया को मोबाईल लगा कर उसका मेटाडोर बुलवा। जो भी रुपया पैसा खर्चा होगा देखा जाएगा। बारात तो जाना ही है, कान धर के चेत जा बेटा कि अब चुनाव के बेरा में कभी बिहाव नहीं रचाना है। मुटरु ने बीड़ी सुलगाते हुए कहा तथा कचहरी से बाहर निकल गया।