गुरुवार, 24 मई 2012

एक युद्ध डायबीटिज से……… ललित शर्मा


डॉ सत्यजीत साहू
जब से लोग सुविधाभोगी हुए हैं, तब से भारत में डायबीटिज रोगियों का तेजी से प्रसार हो रहा है। ऐसा नहीं है कि डायबीटिज कोइ नया रोग है, चरक संहिता में उल्लेखित प्रमेहों में एक प्रमेह मधुमेह का भी उल्लेख हुआ है तथा इसका उपचार बताया गया है। असयंमित, अमर्यादित दिनचर्या के कारण मधुमेह अधिक लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। एक घटना का उल्लेख करना चाहूंगा, मैं एक विश्वविद्यालय के कुलपति से मिलने गया था। उनसे चर्चा के दौरान तीन व्यक्ति और उपस्थित थे। जब कुलपति जी ने चाय लाने कहा तो सभी लोगों ने एक स्वर में बिना शक्कर की ही चाय कही। इसका मतलब यह था कि हम पाँच लोगों में सभी मधुमेह का शिकार थे। एक स्थान पर 100% मधुमेह ग्रसित व्यक्तियों का मिलना मुझे आश्चर्य चकित कर गया। खैर अब तो इसे राज रोग कहा जाने लगा है। एक मित्र का कहना था कि- मधुमेह एड्स से भी बुरी बीमारी है। क्योंकि एड्स के फ़र्स्ट स्टेज, सेकंड स्टेज एवं फ़ायनल स्टेज के विषय में व्यक्ति एवं डॉक्टर को पता रहता है परन्तु मधुमेह के मरीज को पता नहीं रहता कि कब उसे अटेक आ जाएगा या अन्य मधुमेह जनित रोग उसे कब अपनी गिरफ़्त में ले लेगें।

ड़ायबीटिज से ग्रसित होने पर ही व्यक्ति को पता चल पाता है कि वह रोग की चपेट में आ गया। डॉक्टर द्वारा शुगर लेबल बढा हुआ बताने पर वह चिंता ग्रस्त हो जाता है तथा मधुमेह को सहज स्वीकार नहीं करता। जैसे उसकी दिनचर्या चलती है उसी पर कायम रहता है। मधुमेह के प्रति जागरुकता की आवश्यकता है, जागरुकता एवं जानकारी के अभाव में अधिक नुकसान होता है और जान से भी हाथ धोना पड़ता है। कुछ दिन पूर्व एक महोदय मिले, उन्हे मधुमेह जनित इतनी अधिक बीमारियाँ थी कि सुबह से लेकर शाम तक 23 टेबलेट खाने के बारे मे बताया। ग्रामीण अंचल में भी मधुमेह पसर गया है। पहले लोग थकते तक मेहनत करते अब मशीनों के आने के कारण शारीरिक श्रम कम हो गया। आवश्यक नहीं है कि मधुमेह सिर्फ़ सुविधाभोगी लोगों को ही अपनी गिरफ़्त में ले रहा है। एक बोरा ढोने वाला पल्लेदार (कुली) भी इसकी गिरफ़्त में है। मधुमेह रोग जाति -पांति, धर्म, वर्ग, आयु, नारी-पुरुष आदि के बंधनों को तोड़ कर बिना किसी भेदभाव के सभी को समान रुप से शुगर से नवाज रहा है और मधुमेह से लोग जूझ रहे हैं।


ग्रामीण अंचल में मधुमेह का हमला सबसे पहले पैरों पर ही होता है। क्योंकि यहाँ खेतों में काम करने के लिए नंगे पैर जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में ही खेती होती है, खेत को जोतने, बीज छिड़कने, निंदाई करने, रोपा लगाने, मेड़ मुंही पार बांधने के लिए पानी में ही काम करना पड़ता है। कांच से कटने एवं कांटे गड़ने का भय हमेशा बना रहता है। छोटी-मोटी फ़ुंसी होने, या कांटा, कांच गड़ने पर तुरंत ही गैंगरीन हो जाता है और पैर काटना पड़ता है। अच्छा भला व्यक्ति जागरुकता के अभाव में विकलांग हो जाता है। मैने होम्योपैथी के एक डॉक्टर के पास आया हुआ गातापार गाँव का एक ऐसा मरीज देखा कि जिसके दोनो हाथ कोहनियों एवं दोनो पैर घुटने के उपर से कटे थे तथा सारा शरीर सड़ रहा था, बदबू के मारे घिन आ रही थी। वह साक्षात नरक भोग रहा था। उस मरीज को देख कर डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए क्योंकि वह सभी चिकित्सा पद्धतियों से गुजर चुका था। अब अंतिम इलाज मौत ही थी। ऐसे मरीज देखकर कोई भी मधुमेह का मरीज दहल जाए। ऐसी अवस्था में मधुमेह के प्रति लोगों को जागरुक करना सामाजिक संस्थाओं एवं सरकार का कर्तव्य हो जाता है।


सरकार, मलेरिया, एडस, कैंसर एवं अन्य बीमारियों के विषय में जागरुकता फ़ैला रही है। लेकिन डायबीटिज जैसे भयानक रोग के विषय में कोई कार्यक्रम नहीं है। सारा बजट इन्ही बीमारियों के प्रचार-प्रसार में लग रहा है। डायबीटिज के विषय में ग्रामीण अंचल में जागरुकता फ़ैलाने का काम डॉ सत्यजीत साहू ने प्रारंभ किया है। रायपुर के इस युवा डॉक्टर ने कालीबाड़ी रायपुर में डायबीटिक रिसर्च सेंटर एवं चिकित्सालय प्रारंभ किया। जहाँ मधुमेह के मरीजों के ओपीडी इलाज के साथ उसके साथ जीने का तौर तरीका सिखाया जा रहा है। प्रतिमाह की पहली तारीख को नि:शुल्क शुगर परीक्षण के साथ इलाज भी किया जाता है। साथ ही साथ ग्रामीण अंचल में डायबीटिज के प्रति जागरुकता के लिए "डायबीटिक मित्र" भी नियुक्त किए जा रहे हैं। जो ग्रामीणों को डायबीटिज के प्रति जागरुक करने का महती कार्य करेगें। प्रति रविवार को ग्रामीण अंचल का दौरा करके पोस्टर-पाम्पलेट एवं व्यक्तिगत सम्पर्कों से डायबीटिज के विरुद्ध युद्ध का शंखनाद किया जा चुका है। डॉ सत्यजीत साहू का कहना है कि अब यह युद्ध लगातार लड़ा जाएगा। प्रत्येक गाँव में मधुमेह से ग्रसित लोग मिल रहे हैं। उनको स्वस्थ्य रहने की उपयुक्त सलाह के साथ चिकित्सा भी दी जा रही है। डायबीटिज जैसे महामारी के विरुद्ध लड़ाई में हम भी डॉ सत्यजीत साहू के साथ हैं।

दो ब्लॉगर- डॉ सत्यजीत साहू और ललित शर्मा
ड़ायबीटिज से बचने के लिए सिर्फ़ खानपान एवं जीवन शैली बदलने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। ड़ायबीटिज एक बहुत हीं खतरनाक बीमारी है लेकिन अगर आप प्राकृतिक उपायों से इस पर नियंत्रण कर सके तो मधुमेह से आपको घबराने की जरुरत नहीं है। डायबीटिज को समझें और उसका उपचार करें। अगर शुगर अत्यधिक बढ गयी हो तो पहले ऐलोपैथी से नियंत्रित करके प्राकृतिक उपचार से भी नियंत्रित की जा सकती है। जिसमें हल्के व्यायाम के साथ सुबह की सैर और फ़ायबर युक्त कम कैलोरी का भोजन प्रमुख हैं। मीठा, चावल, फ़लों का रस, कोल्डड्रिंक, शराब को त्याग ही देना बेहतर होगा। घरेलु तौर पर शाक सब्जियाँ शुगर नियंत्रित करने मे मुख्य भूमिका निभाती हैं। कहते हैं कि डायबीटिज और हाईब्लड्प्रेशर दोनो बहन-भाई जैसे ही हैं। एक के आगमन पर दूसरा बिना बुलाए ही साथ चला आता है। मैने अधिकतर डायबीटिज रोगियों को हाईब्लड्प्रेशर का शिकार देखा है। दोनो बहन-भाई मिल कर मनुष्य के शरीर को घुन या दीमक जैसे चट कर जाते हैं। अंत मे कुछ नहीं बचता राम नाम सत्य के सिवा। इसलिए जिन्हे भी डायबीटिज का राजरोग हो गया है वे स्वास्थ्य के प्रति जागरुक रहें और मित्रों के निवेदन है डायबीटिज के विरुद्ध इस मुहिम में अपना हाथ बटाएं। फ़ेसबुक पर डायबीटिक ग्रुप ज्वाईन करें, जहाँ नित नई जानकारियाँ प्राप्त होते रहेगी।

सोमवार, 21 मई 2012

हसदपुर ---- ललित शर्मा

स्वामी विकासानंद जी का कमरा
सुबह के 9 बजे हैं, हमारी कार गाँव की सड़क पर चल रही है। थोड़ी देर में तालाब के सामने एक बड़ा सा कम्पाऊंड दिखाई देता है, जहाँ कुछ निर्माण हो रहा है। एक लम्बा सा चूने से पुता परसार है जिसमें नीले रंग का दरवाजा लगा है। रोको-रोको, मुझे यहीं  जाना है।- ड्रायवर से कहता हूँ। कार से उतर कर दरवाजे से भीतर पहुंचा तो एक नौकर दिखाई दिया। फ़ड़नवीस सर हैं क्या? मै उससे पूछता हूँ। मंदिर गए हैं - वह कहता है। सामने परछी में एक आराम कुर्सी रखी है अंग्रेजों के जमाने की। जिस पर कांच के फ़ेम में जड़ी एक तश्वीर रखी है। साथ ही कुछ फ़ूल भी चढे हुए हैं। कुर्सी के बाजु से एक तखत रखा है और दोनो के बीच एक दरवाजा है, जो अभी बंद है। सामने तख्ती पर लिखा है "जूते उतार कर प्रवेश करें।" मै और डॉ सत्यजीत साहू जूते उतारते हैं और पिछवाड़े जाने वाले दरवाजे से मंदिर की ओर जाते हैं। सामने गोबर गैस का टैंक बना है, यह लगभग 4 एकड़ की बखरी (बाड़ी)  है। जिसमें तरह-तरह के फ़ूल खिले हैं। आम, जाम, जामुन, नीम, पीपल और भी तरह तरह के वृक्ष लगे हैं। वातावरण काफ़ी शांत और सुकून भरा है।

नाना से प्राप्त शिवाजी का आगरा-पूणे मार्ग
हम मंदिर के दरवाजे पर पहुंचते हैं तो भीतर से आवाज आती है - मोजे उतार कर भीतर आ जाओ। हम मोजे उतारकर भीतर प्रवेश करते है तो राम के विग्रह के समक्ष फ़ड़नवीस सर विनीत मुद्रा में खड़े होकर प्रार्थना कर रहे है। उसके बाद वह मुड़ कर हमारा परिचय पूछते है और आने का सबब। मै उन्हे डॉ सत्यजीत के साथ अपना परिचय देता हूँ और आने का कारण बताता हूँ। वे मुझे पहचान जाते हैं। फ़ड़नवीस सर का पूरा नाम गणपत शंकर राव फ़ड़नवीस है। ये अभनपुर तहसील रायपुर जिला के हसदा गाँव के निवासी हैं। हसदा गाँव अभनपुर से लगभग 8 किलो मीटर दूर राजिम मार्ग पर है। मुख्य मार्ग से 2 किलोमीटर भीतर और जाना पड़ता है। यहाँ इनकी पुरखौती जमीन जायदाद है। 80 वर्षीय फ़ड़नवीस सर हसदा के हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य पद से सेवानिवृत है। बेटे बाहर नौकरी करते है और ये गांव में रहकर खेती बाड़ी देखते है। वे बताते हैं कि - हसदा गांव का नाम प्राचीन नाम हसदपुर है। यहां उनके पुरखे आए थे। बाजी राव पेशवा के भाई चीमा जी अप्पा ने जब बंगाल पर आक्रमण किया तो उनके पूर्वज सेना के साथ आए थे। सेना के कूच के दौरान चीमा जी अप्पा को खबर मिली कि उनके भाई बाजी राव पेशवा बीमार हैं तो वे अपनी सेना लेकर लौट गए और उनके पूर्वज यहीं रह गए।

राजा गोपीचंद की तप स्थली 800-1000 वर्ष पुराना पीपल का वृक्ष, 
हसदपुर गाँव की मालगुजारी उनके पिता शंकर राव फ़ड़नवीस की मौसी जानकी बाई की थी। शंकरराव धमतरी से उनकी मालगुजारी की देख रेख करने बुलाए गए थे। मालगुजारी में इनका एक आने का हिस्सा था। तब से हसदा गांव में ही निवासरत है। मेरा प्रथम बार हसदा आना सन 1978 में हुआ था। अभनपुर से नैरो गेज की राजिम जाने वाली ट्रेन में बैठ कर हम सब दोस्त मानिकचौरी पहुंचे थे और वहां से खेतों की मेड़ पर पैदल चलते हुए हसदा पहुंचे। फ़ड़नवीस सर की बखरी में हमने दिन भर पिकनिक मनाई और शाम की गाड़ी से वापस अभनपुर आए। उस समय की कुछ धुंधली सी यादें चेतना में हैं। तब फ़ड़नवीस सर ने बताया था कि इस स्थान पर बंगाल के राजा गोपीचंद ने तपस्या की थी। आज पुन: यादें ताजा करने के लिए हसदा पहुंच गया। राम मंदिर के पीछे पीपल का एक बड़ा पेड़ है। इसके नीचे सांप की बांबी बनी हुई है। साथ ही इनके कुल देवता हनुमान जी भी विराजमान है। फ़ड़नवीस सर अपने साथ टोकरी  में लिए फ़ूल चढाते हैं और बताते हैं कि उनके कुल गुरु स्वामी विकासानंद महाराज ने बताया था कि इस पीपल के नीचे नौ नाथों में जालंधरनाथ के शिष्य बंगाल के राजा गोपीचंद ने संन्यास ग्रहण करने के बाद तपस्या की थी। (एक कथा के अनुसार गोपीचंद बंग देश के राजा थे। उनकी माता का नाम मुक्ता था। रानी मुक्ता को पता चलता है कि अट्ठारहवे वर्ष में गोपीचंद की मृत्यु हो जायेगी। इसलिए वह गोपीचन्द को सन्यास के लिए प्रेरित करती हैं। कहते हैं कि रानी मुक्तावती राजा भृतहरि की बहन थी जिसे मैनावती भी कहा जाता है ) यह पीपल का पेड़ लगभग 800-1000 वर्ष पुराना है। इसकी बांबी में बड़े-बड़े नाग सर्प हैं जो अक्सर दिखाई देते हैं।

हसदपुर की महामाया देवी
हसदपुर गांव के चारों तरफ़ खाई बनी हुई थी। संभवत: यहाँ कोई किले जैसी संरचना थी और किसी राजा का निवास स्थान भी था। लेकिन किसका था यह पता नहीं है। इनकी बखरी के बगल की जमीन में कुछ ढाल दिखाई दे रही है। जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि कभी यहाँ खाई रही होगी। गाँव के इर्द गिर्द सात तालाब बने हुए हैं। इतने तालाब एक ही स्थान पर तभी मिल सकते हैं जब कोई बड़ी आबादी यहाँ रहती होगी। यह पुरातात्विक शोध का विषय है। गाँव के लोग खाई के आस-पास के खेतों को अभी भी "खईया" कहते हैं। इस गाँव में हमेशा आते रहा हूँ पर कुछ खोजने की दृष्टि से कभी नहीं देखा। लगता है इस गाँव का संबंध अवश्य इतिहास से रहा है। इस पर शोध किया जाना चाहिए और पुरातत्व विभाग द्वारा सर्वे भी किया जाना चाहिए। पहले जब इस गाँव में आया था तो यहाँ के तालाबों का पानी साफ़ था और उसमें कमल-कुमुदिनी खिले हुए थे। मैं यहीं पहली बार कुमुदनी से परिचित हुआ था। राम मंदिर के दक्षिण दिशा में एक टीले पर महामाया का मंदिर है। बताते हैं कि यह मंदिर प्राचीन है। मंदिर में एक तरफ़ महामाया और दूसरी तरफ़ भैंरव विराजमान हैं। हम एक नौकर के साथ महामाया मंदिर के दर्शन करने जाते हैं। मंदिर में ताला बंद था, इसलिए नौकर चाबी साथ लेकर आया था।


स्वामी विकासानंद जी
 दर्शन करने के बाद डॉ सत्यजित ग्राम भ्रमण पर चले जाते है और मै नाना फ़ड़नवीस से चर्चा करता हूँ। वे स्वामी विकासानंद जी (लाम्बे महाराज) विषय में बताते हैं। उनका मुख्याश्रम नागपुर में स्थित है। गुरुजी अब तो शांत हो गए हैं, जब कभी वे राजनांदगांव तक आते थे तो हसदा जरुर आते थे। उनका ध्यान और पूजा करने का कमरा आज भी यथावत है। उनका सारा सामान करीने से सजा हुआ है। वहाँ कोई  नहीं जाता सिर्फ़ नाना फ़ड़नवीस सुबह शाम पूजा करने जाते हैं। हमे गुरुजी का वो कमरा दिखाया जाता है जहां पलंग पर गद्दा और चादर बिछी हुई  है और उस पर गुरुजी की एक फ़ोटो रखी हुई है। गुरुजी यहीं साधना करते थे तथा कभी-कभी सु्क्ष्म रुप में कमरे से आते-जाते दिखाई देते हैं। उनकी आत्मा यहीं लगी रहती है और किसी को कोई नुकसान नहीं करती। स्वामी विकासानंद के लगभग 20-22 आश्रम बताए जाते हैं। जबलपुर में ग्रुरु पूर्णिमा के आयोजन के लिए यहां से चावल भेजे जा रहे हैं। नाना फ़ड़नवीस एच एम टी चावल भरी बोरियाँ दिखाते हैं और कहते हैं कि- इसे ट्रांसपोर्ट से भेजा जाएगा।


नाना फ़ड़नवीस ( गणपत शंकर राव फ़ड़नवीस)
परछी के म्यार में एक लकडी का झूला लटका है। नाना उस पर आकर बैठ जाते हैं, कहते हैं कि उन्हे एक बार अटैक आ गया है और ओपन हार्ट सर्जरी भी हो चुकी है। वैसे 80 वर्ष की अवस्था में वे स्वस्थ हैं। नौकर से चाय बनाने के लिए कहते हैं तो मै मना कर देता हूँ। नाना बालक भगवान (पुरन सोनी) के विषय में बताते हुए कहते हैं कि एक बार उन्होने गुरुजी से कहा कि नौरात्रि में हसदा में पीपल के नीचे बैठ कर नौ दिन का उपवास करना चाहते हैं। गुरुजी ने हसदा खबर भेज कर उनकी व्यवस्था करने कहा। हमने व्यवस्था कर दी, बालक भगवान नौदिन का संकल्प करके दो दिन वहाँ बैठे और तीसरे दिन कहने लगे कि मैं यहाँ नहीं बैठ सकता। मुझे राजिम में माता जी बुला रही हैं। लाख मना करने पर भी नही माने और चले गए। मैने गुरुजी को नागपुर खबर भेज दी कि बालक भगवान चले गए हैं। मुझे लगा कि कुछ तो घटित हुआ है जिसके कारण बालक भगवान को जाना पड़ा। कुछ दिनों के बाद वे फ़िर आए तो पूछने पर उन्होने बताया कि जब वे पीपल के नीचे ध्यान मग्न थे तो एक बहुत बड़ा नाग सांप वहाँ आकर कुंडली मार कर बैठ गया। जब मेरी आँख खुली तो वह मेरी आँखों में झांक रहा था। न खुद हिल रहा था न मुझे हिलने दे रहा था। ऐसी अवस्था में दोनो को बैठे तीन घंटे हो गए थे। इसलिए मैं डर के मारे भाग गया था।

नाना फ़ड़नवीस से प्राप्त दस्तावेज की प्रति
नाना एक रहस्योद्घाटन भी करते हैं। वे कहते हैं कि जब शिवाजी महाराज औरंगजेब की कैद से आगरा से भागे तो रायपुर होते हुए हसदपुर भी आए थे। मैने इसका प्रमाण मांगा तो उन्होने किसी के शोध की कुछ प्रतियाँ नक्शे सहित उपलब्ध कराई। गांव में फ़ोटो स्टेट मशीन नही थी इसलिए डॉ सत्यजीत ने उन दस्तावेजों के चित्र लिए। वे कहते हैं कि शिवाजी महाराज महामाया देवी के भक्त थे। जब वे आगरा से चले तो महामाया माता के मंदिरों के दर्शन करते हुए चले। जहाँ भी रास्ते में महामाया मंदिर मिला वहीं रुके। वे रतनपुर महामाया के दर्शन करके रायपुर होते हुए हसदा पहुंचे और यहीं से चंद्रपुर में महामाया दर्शन करके पूना की ओर गए। संभवत: 1666 के सितम्बर माह में वे हसदा आए थे। चंद्रपुर के इतिहासकार दत्तात्रेय नानरकर और अशोक ठाकुर के अनुसार आगरा से छूटने के पश्चात शिवाजी महाराज गुप्त रुप से नागपुर इसी रास्ते से आए होगें। उनका ऐसा अनुमान है।मेरा यही मानना है कि हसदा के इतिहास के विषय में खोज होनी चाहिए जिससे किंवदंतियों एवं दंतकथाओं की पु्ष्टि हो सके। नाना फ़ड़नवीस विस्तृत चर्चा के उपरांत हमने उनसे विदा ली और उन्होने पुन: आने का निमंत्रण दिया और हम आगे की यात्रा पूरी करने के लिए चल पड़े।