कबूतर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कबूतर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 22 दिसंबर 2009

कबूतरों ने दिया गौशाला के लिए लाखों का दान

हमारे देश में कबूतरों को दाना चुगाना बड़ा पुण्य का काम समझा जाता है. कुछ लोग नित्य ही नियम से कबूतरों को दाना डालते हैं और उनकी गुटर गुं सुनते हैं. लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि कबूतरों का बैंक में भी एकाउंट होगा, उनकी जमीन जायदाद होगी और कबूतर भी दान देने की हैसियत रखेंगे वो भी लाखों में.

यह संभव हो सका है राजस्थान के जोधपुर जिले के आसोप गांव में. आसोप गांव के वासी कई वर्षों से कबूतरों को दाना चुगा रहे हैं. दाना चुगाते-चुगाते इन्हें कबूतरों से इतना प्रेम हो गया कि किसी ने कबूतरों के लिए जमीन दान में दे दी तो किसी ने कबूतरों के दाना चुगने के लिए चबूतरे बना दिये. इस काम में गांव वालों ने बढ़-चढ़ कर अपनी जिम्मेदारी निभाई. 

ग्राम वासियों ने मिलकर एक "कबुतरान कमेटी" का गठन कर लिया. इस कमेटी के पास कबूतरों के नाम पर 365 बीघा जमीन भी है. जिसकी कीमत करोड़ों में है. कमेटी की ओर से कबूतरों ने अपने नाम से बैंक में खाता भी खुलवा दिया है. जिसमे लग-भग 20  लाख रुपया भी जमा है.

आसोप गांव में गौ पालन के लिए एक गौशाला की आवश्यकता भी महसूस की जा रही थी. गांववासियों ने 40 लाख की लागत से  एक गौशाला बनाने का निर्णय लिया. जिसमे सभी गांव वालों ने अपनी अपनी हैसियत से दान दिया. अब कबूतर भी कहाँ पीछे रहते बात गौ सेवा की हो रही थी. कबूतरों ने भी अपने बैंक खाते से 10  लाख रुपया गौशाला निर्माण में दान कर दिया. 

इस तरह एक पशु-पक्षी प्रेम की अनूठी मिशाल देखने मिली. आज मंहगाई के दौर में एक परिवार का भरण-पोषण होना मुस्किल हो गया है. उस दौर में पशु पक्षियों के संरक्षण के लिए आसोप गांव के निवासियों द्वारा उठाये गए कदम मेरा प्रणाम.