किस्सागोई लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
किस्सागोई लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 24 फ़रवरी 2011

कल्लू मल घी वाले की बेटी और चचा गालिब

चचा की इश्कबाजी तो मशहूर है, कोतवाल साहब ने मौका देखकर बदला ले ही लिया था, लेकिन काजी की दोस्ती काम आ गयी। चचा हवालात की हवा खाने से बच गए।

कर्ज की पीते थे मय और समझते थे कि हां, रंग लाएगी अपनी फाकामस्ती एक दिन। गालिब चचा की कर्ज की मय बहुत रंग लाई। मुफ़्त की होती तो और भी रंग लाती। क्योंकि खुद खरीदी गई मय में रंग कहाँ होता है।

सितारे नहीं झिलमिलाते, चाँद भी नजर नहीं आता। छोड़ गए बालम जरुर याद आता है। इश्क भी गजब की शै है। इसका चढा हुआ खुमार उतरता कहाँ है। ताजिन्दगी कायम रहता है। थोड़ा सा झोंका चलते ही जख्म हरे हो जाते हैं। 

ड्रायवरी करते वक्त मनभावन संगीत चलना चाहिए। चाहे एक ही गीत बार बार बज रहा हो। अब कारों में कैसेट के जमाने लद गए। एफ़ एम रेड़ियो ने कसर पूरी कर दी।

गालिब चचा के जमाने में होता तो वे क्यों जाते चंडूखाने में। अचकन की जेब में रेड़ियो रख कर मन की मुराद पूरी कर लेते। न डोम टंटा होता, न कोतवाल से साबका। कल्लु खाँ को चुगली करने का मौका नहीं मिलता। खैर, कार का रेड़ियो रेंज से बाहर होते ही सरसराने लगा। जैसे सागर किनारे लहरों की घरघराहट होती है।

अब बिना गीत के मन नहीं करता ड्राईव करने का। खोपड़ी खुजाने लगती है, जब टेप बंद हो तो गाना कौन सुनाए? हम ही गुनगुनाने लगे, लेकिन कोई वाह-वाही करे तो मजा आए गाने का। पर गर्दभगान पर कोई वाह वाही कैसे करे?

मय भी कमाल की चीज है, बस इशारा कर दो कि “साथ चलो यार फ़ुल इंतजाम है।“ फ़िर तो ऐसे लोग मिल ही जाते हैं, जो गंगा तक पहुंचाकर आ जाएं। साथ न छोड़ें रास्ते भर। थोड़ी लगी होनी चाहिए।

चचा के पास मौरिस (फ़िएट) कार थी। उन्हे काली घोड़ी पसंद थी। लेकिन कार हरियाली होनी चाहिए। दरवाजे भी उसके उल्टे खुलते थे। केरोसिन तेल से चलाते थे इसलिए उसका कोई भरोसा नहीं था कि कहाँ खड़ी हो जाए।

चचा ने इसके लिए जुगाड़ किया। घर से कार निकालते ही दो बोतल डेशबोर्ड पर ऐसे रखते कि लोगों को दिख जाए। फ़िर तो चार-पाँच निठल्ले आदमी उन्हे मिल ही जाते थे। कार में बैठते ही बोतल उन्हे पकड़ा देते और शहर की ओर चल पड़ते।

जहाँ कार खड़ी होती, वहीं एक-एक गिलास उन्हे दे देते। वे भी मस्त और चचा भी मस्त। अब चाहे उनसे धक्के लगवा कर ही कार घर पहुंचानी पड़े तो वो भी काम हो जाएगा और किरासन तेल भी बच जाएगा। बड़ी जुगत लगाते थे। कल्लु खाँ तो स्थाई सेवा देता था एक अद्धे के बदले।

टेप बंद होते ही हमने भी उन्हे गाना सुनाने के लिए कहा। उनका कहना था कि उन्हे गाना नहीं आता। हम भी चक्कर में पड़ गए। जीवन विरथा चला गया इनका। एक गीत भी इंद्रधनुष के दिखने पर इन्हे नहीं आया।

जीवन में प्रेम उमड़ा ही नहीं, श्रंगार रस से रचे बसे गीत अंतर में ही नहीं उतरे। वह प्रेम को क्या जाने, वह तो गुंगे का गुड़ है। चचा की गज़ल नहीं सही, चना जोर गरम ही सही। कुछ तो चलता रहेगा।

अजब शेख तेरी जिन्दगानी गुजरी, एक शब भी न सुहानी गुजरी। मुझे तो कुछ याद नहीं रहता। चचा कहते थे सुनाने के लिए, लेकिन याद रहे तब न सुनाऊं। एक अंतरा सुनाकर चुप रह जाता।

शादी की पार्टी में आर्केष्टा हो रहा है। लोगों की फ़रमाईश चल रही है, सोफ़े पर लातें लम्बी किए काले अंगूर के रस की चुस्कियाँ ले रहे थे।

हमने भी “तेरे नैना हैं जादू भरे, ओ गोरी तेरा नैना हैं जादू भरे” की फ़रमाईश कर दी। गायक ने गाया भी उम्दा। डूब गए जादू भरे नयनों में।

सहसा देशी घी की खुश्बू तंद्रा से बाहर ले आई। इस मंहगाई के जमाने में देशी घी। कनखियों से देखा तो कल्लू मल घी वाले की बेटी मंहगाई टहलते हुए आ रही थी। लग रहा था कोई रोड़ रोलर आ रहा है घी के फ़व्वारे उड़ाते हुए।

पी.डी.एस का सारा माल ही जैसे उदरस्थ कर लिया हो, पहले तो ऐसी नहीं थी। सुंदर कमसिन काया का क्या हाल कर लिया। इतर की खुश्बू से दूर से ही पता चल जाता था कि कल्लु मल घी वाले की बेटी आ रही है।

अब तो कोई भी सेंट इतर का इस्तेमाल कर लेता है, समाज में बदलाव आ रहा है, अमीरी का रौब-दाब दिखाने के लिए घी की खुश्बू से उम्दा रास्ता कोई नहीं।

चचा भी दीदे फ़ाड़े ताक रहे थे, उनके जन्नत-ए-उलफ़िरदौस इतर के खुश्बू की देशी घी ने खाट खड़ी कर दी। वे कभी अपनी अचकन तो कभी रोड़रोलर को देखते हैं।

सोमवार, 31 जनवरी 2011

आएगें सजना तो होगा सजना

हमारा सजना भी क्या सजना, आएगें सजना तब होगा सजना। रजनीगंधा की खुश्बू के साथ अलसाई सी सुबह हुई, खुमारी लिए हुए। चाय के प्याले की भाप में स्वर्णिम किरणें इंद्रधनुष बना रही हैं। हल्की-हल्की गुलाबी ठंड में चाय की एक चुस्की ने गर्माहट दी।

खुमारी उतरने का इंतजार कर रहा हूँ। अखबार के पन्ने पलटता हूँ, वही बरसों पुराने समाचार हैं, नए अखबार में। अखबार नया है पर समाचार वही हैं, सिर्फ़ किरदार बदले हैं।

घूस लेने का समाचार। चाणक्य के काल में भी घूस इसी तरह ली जाती थी, फ़र्क इतना है, इसे उत्कोच कहते थे। लेकिन थी घूस ही। लेने और देने वाला बदला है। बाकी समाचार वही है। सिर्फ़ नाम बदल कर कट पेस्ट करना है।

इसी तरह बाकी अन्य समाचार भी अपनी पुरानी गाथा ही कहते नजर आते हैं। नया कुछ भी नहीं है इस अखबार में।

पढते-पढते जम्हाई आने लगती है। जम्हाई भी आना तय है जब बोरियत होने लगे। सुबह-सुबह बोर होना ठीक नहीं है। अखबार पुराना है तो क्या हुआ? सूरज तो नया है, हवा तो नई है, सामने खिले हुए रजनीगंधा के फ़ूल तो नए हैं। चाय का प्याला पुराना है लेकिन चाय तो नई है, उसमें निकलती भाप भी नई है। फ़िर क्यों पुराना-पुराना की रट लगाए बैठे हो?

नए का स्वागत करो, स्वागत करने के लिए सजना संवरना भी पड़ेगा। सजना के स्वागत के लिए सजना भी जरुरी है। जब आएगें सजना तो होगा सजना। सजना नहीं आए तो क्या हुआ, पर पुरवाई जरुर चली। चाय के प्याले की भाप उड़ कर मुंह तक आने लगी, ठंड से थोड़ी राहत मिली, गर्माहट तो आई, प्रतीक्षा है खुमारी उतरने की।

रजनीगंधा की खुश्बू वजूद पर छा गयी है, वातावरण में भीनी-भीनी महक घुल कर सुबह का स्वागत कर रही है। सुबह तो हुई, रात कैसी बीती? चाय की चुस्की के साथ जरा पीछे भी पलट कर देख लो। कुछ छोड़ तो नहीं आए खुमारी में? नहीं तो, ऐसा नहीं हो सकता? आपे में था, आपे में रहना भी इतना आसान नहीं है।

कह रहे थे कि फ़िर न आऊंगा यहाँ। ओह, कुछ याद नहीं। स्लेट साफ़ हो गयी है। कुछ लिखा हुआ नहीं दिखाई देता। जब तुम कहते हो तो लगता है कि लिखा बहुत कुछ था। मिटा किसने दिया? स्वत: ही मिट गया। बुराईयाँ स्वत: नहीं मिटती। उसे तो जग जाहिर होना पड़ता है।

अच्छाई पर तो कालिख लगाई जा सकती है, पर कालिख पर कालिख कैसे लगे। चाय गले के नीचे ही नहीं उतर रही।

ओह! क्यूँ होता है यह सब? लाख मना करने पर भी न माना। हमने कैसा पैमाना बना लिया है? अच्छाई और बुराई को तोलने का। सभी के पैमाने अलहदा हैं।

वैसे भी पैमाने एक जैसे नहीं होते। देश-काल के अनुसार पैमाने तय होते हैं। हमने गढने भी सीख लिए हैं। किसी की मजबूरी किसी के तरक्की का बायस बन जाती है।

सौ बुराइयों में एक अच्छाई को मान्यता मिल जाती है। सौ अच्छाईयों में एक बुराई वैसा ही काम करती है जैसे दरिया में विष की एक बूंद।

चाय ठंडी हो गयी। भाप ही पहुंची थी मुझ तक। गर्माहट का सुखद अहसास है, रजनीगंधा की खुश्बू एवं तुम्हारी याद के मध्य।

सोमवार, 24 जनवरी 2011

इश्क है दरिया प्यार का-जो डूबा सो पार

दिन ढलते ही तुम्हारी यादों का साया घेरने लगता है। मन मानता ही नहीं। बहाना यार का होता है और बह हम जाते हैं। दरिया गहरा है। कदम मानते नहीं, स्वत: बढने लगते हैं। तलाशते हैं तेरा दर मिल भी जाता है।

एक दिन वादा लिया था तुमने दर पे न आने का। फ़िर भी चला आया, वादा तोड़ कर। वैसे भी दुनिया कहती है, वादे तोड़ने के लिए होते हैं। मेरे से भी टूट गया। शर्मिन्दा हूँ, अपराध बोध के साये में डूबता उतराता हुआ।

लौ लगाई थी, उजास के लिए। तम दूर हुआ लेकिन तामस बाकी है। बाधा है मेरी राह की। प्रयास है इस राह के पत्थर को हटाने का पुरजोर। एक छोर पकड़ता हूँ तो दूसरा छूट जाता है।कभी तो दोनों छोर हाथ आएगें आशा है। निराश नहीं हूँ।

रात खिड़की से देखता हूँ बाहर अंधेरा गहरा है। किसी ने बत्तियाँ बुझा दी। झींगुरों की आवाज एक रहस्य हैं, आती कहाँ से हैं कुछ ज्ञात नहीं।

पर सुना है कि ऐसी आवाजे झींगुरों की होती हैं। कभी-कभी सोचता हूँ कि ढूंढ लूँ कुछ झींगुर, कांच कूप्यक में बंद रखुं, जब मन आए, सुनने लगुं उनका शास्त्रीय गान।

आरोह अवरोह का अच्छा अभ्यास हैं इन्हें। दीर्घ-हस्व-प्लूत स्वर में सामवेदी गान करते हैं। जैसे गुरुकुल के बटुक सस्वर पाठ कर रहे हों संध्या वेला में।

कहाँ से सीखा है झींगुरों ने यह गान? स्वत: ही प्रज्ञा जागृत हुइ होगी। डूब कर पाया होगा स्वर और आरोह अवरोह का सामुहिक अभ्यास किया होगा। डूबता हूँ मैं भी। स्वर पकड़ने को।

रात गहराती है, खिड़की खुली है। पारिजात फ़ूलों की खुश्बू का एक झोंका आता है,  गुंजने लगता है “बहुत कठिन है डगर पनघट की”। गला सूखता है और पनघट की याद आती है।

उनींदे बेसुध कदमों से पनघट की ओर चलता हूँ। सामने अंधेरा और पनघट का न मालूम रास्ता। पहुचे कैसे पनघट तक? पनघट को पता है कोई प्यासा राहगीर तलाश में है उसकी।

सहसा पायल की ध्वनि सुनाई देती है। जैसे कहीं रश्क हो रहा हो, दूर कहीं मृदंग की ताल पर रक्काशा थिरक रही हो। चांदी की घंटियाँ मृदंग की ताल पर संगत कर रही हों।

कहीं पनघट से भटकाने की चाल तो नहीं है किसी की। पथिक प्यासा रह जाए। बस एक बार पनघट तक पहुंचना है। दूबारा शर्मिन्दा नहीं होना चाहता पथिक। वादा तोड़ने का अपराध बोध लेकर जीयेगा कैसे?

बस बात एक रात की है, रात कट जाए तो सवेरा हो । यह रात मन बोझ बनती जा रही है। जैसे एक पहाड़ किसी ने मेरे वजूद पर पटक दिया हो।

प्याले में मय तड़फ़ती है, लबों तक आने के लिए बेताब। डूबो देना चाहता हूँ अपने को। लेकिन इस प्याले में नहीं, दरिया में, दरिया जो इंतजार कर रहा है मेरा।

पनघट तक न पहुंच पाया तो कोई बात नहीं। प्यास तो कभी बुझेगी। रात इतनी काली क्यों है? शायद यह एक इम्तिहान है। इम्तिहान कितने भी हों, पर तेरे पथ पर पथिक चलता ही रहेगा। किसी न किसी चौराहे पर मुलाकात तय है।
 

इश्क है दरिया प्यार का ,वा की उलटी धार।
जो उबरा सो डूब गया,और जो डूबा सो पार॥


बुधवार, 19 जनवरी 2011

पैमाना लबालब न भरा हो तो कैसी तृप्ति?

“मन लागो मेरो यार फ़कीरी में” – फ़कीरी का आनंद अलमस्ती में है। शाम के धुंधलके में एक-एक कर प्रकाशित होती दीप मालिकाएं तम हरण की भरपूर कोशिश में है।

कार में बजता हुआ स्टिरियो ले जा रहा है मुझे फ़कीरी की ओर। शब्द–शब्द अंतर पर चोट कर रहे हैं। बस मैं हूँ और तू है। दूसरा कोई नहीं।

कबीर के साथ भी ऐसा ही हुआ होगा। बाहर जो बज रहा है वह अनहद बन कर अंतर में भी बज उठा होगा। अंतर भी बज उठा होगा। अनहद नाद के साथ हजारों दीपों का सूर्य सा प्रकाश अंतर को आलोकित कर गया होगा। कुछ ऐसी ही अनुभूति होने लगी। 

तेरे साथ बिताए कुछ पलों का स्मरण आते ही। गर्दन पर झुरझुरी होने लगती है। एक थरथराहट के साथ गर्दन को झटकाता हूँ। सामने से आती वाहनों की हेड लाईटें सुहाती नहीं हैं। जैसे पार्क के किसी कोने में बैठे होने पर जनता हवलदार डंडा हाथ में लिए आते दिखाई देता है।

ध्यान भंग होने लगता है। आनंद के सागर में गोते लगाते हुए एक कड़ुवाहट सी मुंह में आ जाती है। इन वाहनों में हेड लाईटें क्यों हैं? बिना लाईट के वाहन क्यों नहीं चलते? क्यों न मैं अपनी कार की हेड लाईटें बंद कर लूँ?

अंधेरा सुहाना लगता है तो कभी डरावना भी। किसी से टक्कर हो सकती है? लेकिन लाईटें क्यों बंद हों? वे तो अंधेरे के विरुद्ध लड़ाई में सैनिक सी डटी हैं। अंधेरा दूर करने का संकल्प जो किया है।

बाहरी दुनिया को देखने के लिए प्रकाश की आवश्यकता होती है। हम अंधेरे में भी देखना चाहते हैं प्रकृति के विरुद्ध। अंधेरा होना भी आवश्यक है। अंधेरा न होगा तो प्रकाश का मोल कौन समझेगा?

दु:ख न होगा तो आनंद उत्सव का मोल कौन समझेगा? अंधेरे की दुनिया भी अलग ही है। जो प्रकाश में नहीं मिल पाता वो अंधेरे में मिल जाता है।

खुली आँखें होते हुए भी हम देख नहीं पाते। जब आँखें बंद करते हैं तो सब कुछ दिख जाता है। एक चलचित्र सा चलता हुआ। भूत-भविष्य और वर्तमान। जहाँ खुली आँखों से पहुंचना संभव नहीं। वहाँ हम बंद आँखों से घूम आते हैं। कितना विस्मयकारी है। बंद आँखों से देखना।

प्रकृति के विरुद्ध भी हम चलना चाहते हैं। हमारी फ़ितरत है यह। हम अपने आपको सर्वशक्तिमान समझते हैं। हमारी मेधा के आगे सब बौने हैं। लेकिन कभी उस ओर भी झांकने की कोशिश की?

जहाँ से मेधा आई है। नहीं, गदह पचीसी से अवकाश मिले तब न। प्रकृति से बड़ा कोई नहीं। उसे हमारी छेड़ छाड़ पसंद नहीं है। हम अपने कबीले का कानून बना लेते हैं और उसके सहारे दुनिया को चलाने की कोशिश करते हैं।

 बस यहीं मुंह की खा जाते हैं। जिस सर्वशक्तिमान प्रकृति के कानूनों के आगे किसी भी कबीले का कानून नहीं चलता। वह बौना है इसके सामने। आनंद में यही बाधा है, हम प्रकृति को अपने अनुरुप चलाना चाहते हैं।

शाम ढलने लगती है। सोचता हूँ कि वह बाट देख रही होगी।  आज न मिलुं तो कैसा रहेगा? कल ही तो मिला था। प्रतिदिन की मुलाकातें आनंद में बाधा है।

व्यग्रता न हो मिलन की, अधीरता न हो, तो कैसा प्रेमानंद? बाट तो देखना ही है। पैमाना लबालब न भरा हो तो कैसी मयकशी? कैसी तृप्ति?

सुरुर का अहसास रग रग में समाने लगा। रोम-रोम पुलकित होने लगा । आनंद का सागर हिलोरें लेता है। मांझी की नाव अंधेरे में उफ़नती हुई लहरों के बीच डूबती-उतराती पार जाना चाहती है। पार तो लगना ही है उसे एक दिन। मझधार में डूबने वालों को कौन याद रखता है?

मेड़ में छिपी बैठी फ़न फ़ैलाए काली नागिन उन्मत्त होकर लहरानी लगी। उन्मुक्त हो गयी  है अंधेरे में।कितना सौंदर्य है उसके बलखाने में? एक जोड़ी आँखे उसे ताक रही हैं। हाथ बढाते ही फ़ुफ़कार एक झपट्टा मारा उसने। मैने हाथ पीछे खींच लिया। बहुत सारा विष धरा पर फ़न मारते वमन किया उसने।

लेकिन आज मैं भी आर-पार की हद तक पहुंचना चाहता हूँ, विष को रगों में बहते हुए देखना चाहता हूँ। मेरी नजर चूकते ही, लिपट गयी वह देह से, ढेर सारा विष उसने उड़ेल दिया, मेरी रगों में बहने लगा। बेसुधी आने लगी, विषाक्त होकर भी आनंद आने लगा। विषाक्त होकर भी आनंदित होना पराकाष्ठा है।

प्रकृति ने विष दिया तो जीवनामृत भी। सूर्योदय होने लगा। क्षितिज पर लालिमा दिखाई देने  लगी। सुध आई तो नागिन बेसुध पड़ी थी। विष कोष रिक्त जो हो गया था।

मैं अपनी विषाक्त देह लिए चल पड़ा था कि फ़िर कभी नहीं आना है इस ओर। रमे रहना है फ़कीरी में, वही जीवन का शास्वत सत्य है। यही जीवन का शास्वत सत्य है। "तेरे ईश्क नचाया,करके थैया थैया"

रविवार, 9 जनवरी 2011

कुछ तड़फ़ कुछ झड़प अपने गाँव की

जब से अपना गाँव छोड़ के बाद दूसरे गाँव के बाशिंदे हुए तब से अपने तन-मन को नोचवा रहे हैं। नए गाँव में भ्रमण करते हुए एक बरस बीत गया। इस गाँव का हाल-चाल भी हमारे गाँव जैसा ही है। गांव सारे एक जैसे ही होते है, यहां आकर पता लगा,पहट से ही दूनिया शुरु हो जाती है। आप सूते रहिए और इधर धड़ा-धड़ लेन-देन चालु हो जाता है। 

परबतिया भौजी भोर में ही सिर पर तगाड़ी धरे घूमती है,चार छ: सुअर हमेशा उनके साथ घूमते हैं, कुछ तो मिल जाएगा, घूमने के लाने, गाँव में भी भोर में गोबर-कचरा और गोठान सफ़ाई का काम चालु हो जाता है। गाँव में अपने गोठान का कचरा अपने घूरे में ही फ़ेंका जाता है। अपना माल अपने ठिकाने पर लगाया जाता है। 

लेकिन इस गाँव में बड़े समझदार लोग हैं अपने दिमाग का गोबर-कचरा दूसरे के घर दूवारी में फ़ेंक आते हैं। अब वह बेचारा सुबह-सुबह अपने दूवारी पर पड़े गोबर कचरा को देख कर माथा पीट लेता है और धुलाई-सफ़ाई के साथ गंगा जल छिड़क कर सतनारायण भगवान का कथा कराता है। दान दक्षिणा का खर्चा और बढ जाता है। 

“मार कर मेरे पत्थर छिपा कौन है, बोलता भी नहीं है वो मूआ कौन है?’ बस ऐसा ही कंडिशन है। एक बार गांव में घूमते-घूमते चौक में पहुंच गए। वहां देखा कि 30-40 लोगों का नाम लिखा हुआ है। जिज्ञासावश हमने पढा तो हमारा भी नाम लिस्ट में था। 

हम भौंचक रह गए कर्जा माफ़ी के बाद कापरेटिव बैंक से रिकवरी कैसे निकल गया फ़िर से। जब ध्यान से पढा तो लिखा था कि “ये नौकरी करने वाले लोग इतना पैसा कहां से पाते हैं जो इस पढे लिखे लोगों के गाँव में आ गए?” 

बहुत बड़ा प्रश्न वाचक चिन्ह था। हमने तो आज तक किसी ससुर की नौकरी नहीं करी। हमारे घर में गोबर-कचरा से लेकर झाड़ू बुहारी तक नौकर ही नौकर हैं। फ़िर भी लिस्ट में हमारा नाम था। दुबारा जब वहाँ पहुंचे तो वह चौक ही गायब मिला, जहाँ लिस्ट लगी थी। 

झाड़ पोंछ के चकाचक हो गया था। हम अपना समय और पैसा खर्चा करके घर दूवार बसाएं हैं। किसी के बाप का खर्चा से नहीं। हमें तो पता नहीं था ऐसे भी चोट्टे लोग भी इस गाँव में हैं। लेकिन साल भर में सबको पहचानने का मौका मिल गया।

गाँव में एक पटवारी साहेब भी हैं, जो अपना तोप यदा-कदा इधर उधर दागते रहते हैं। कभी किसी का खेत एक जरीब ज्यादा नाप देते हैं तो किसी को आबादी का ढाई डिसमिल का पट्टा दे देते हैं। गुमास्ता जो ठहरे। लोग लल्लो-चप्पो में लगे रहते हैं। 

एक बार हम नहर के किनारे-किनारे उषा पान के लिए जा रहे थे। देखा की तीन चार जवान लड़के नहर में नंगे नहा रहे हैं। हमने भी अपनी गाँव की आदत के हिसाब से पूछ ही लिया कि-“ तुम लोग कौन हो? नंगा नहाते शरम नहीं आती? 

एक लड़का बोला-“ तुम मेरे को नहीं पहचानते क्या? हमने कहा-“नहीं। तो वो गर्व से बोला-“ मैं पटवारी का लड़का हूँ।“ हमने कहा कि-“ शाब्बास! बहुत सार्थक काम कर रहे हो। अरे तुम नंगे नहीं नहाओगे तो और कौन नहाएगा?

कल से पूरा खान-दान नंगा नहाए करो। अपने भाई बहिनी महतारी को भी लेकर आ जाना। कम से कम पटवारी का रौब दाब तो दिखेगा गाँव वालों को।

गाँव में डागदर बाबू हैं। एक तो आर एम पी हैं और अपने नाम के आगे डागदर लगाते हैं। गाँव में चांदसी दुवाखाना खोल रखे है। बवासीर और भगंदर का इलाज करते हैं। नीम हकीम खतरे जान। 

एक बार कोई छठी के निमंत्रण पत्र में इनके नाम के आगे डागदर लिखना भूल गया था। तो उसको बहुत गरियाए और पेनेसिलिन का इंजेक्शन महाराज को ठोंक दिए। 

दूसरे डागदर हैं कीट विज्ञानी। इनको दूर से देख कर पता चल जाता है कि किसके दिमाग में कौन सा कीट रेंग रहा है और उसे मारने के लिए कौन सा कीटनाशक लगेगा?

एक दिन बताया कि हमारे ही दिमाग में कीट प्रवेश कर गया तब से एक एन्टीवायरस खरीदे और पूरे दिमाग को दो महीने स्केन किया। तब कहीं चलने के लायक हुआ। तब से हम तो डर के मारे पीठ पर कीटनाशक स्प्रेयर लादे फ़िर रहे हैं। जहां भी जाते हैं बैठने से पहले कीट्नाशक का छिड़काव कर लेते हैं। 

एक डागदर साहब हैं वह मरीजों को भजन सुनाते हैं जब से हरिदुवार से होकर आएं हैं श्रीराम श्री राम जपते हैं। जब भी मिलते हैं दो दोहे ठोक ही देते हैं और हम अपने बाल नोचते रहते हैं कि सुबह-सुबह किस मरदूद से पाला पड़ गया।

अब कहते हैं न जैसा आदमी होता है वैसे ही उसके मित्र भी मिल जाते हैं। हम ठहरे सीधे-साधे गंवई आदमी। इस नए गाँव में भी हमको ऐसे ही यार-दोस्त, भाई-भौजाई, बहन बहनोई, माँ-बाप, सास-ससुर आदि रिश्ते नाते मिल गए। एक परिवार हमारा यहाँ भी तैयार हो गया। 

हाँ कुछ साले भी मिले। कभी कभी हमारी बेवजह खाट खड़ी करने को तैयार रहते हैं। साले ठीक से सोने भी नहीं देते। हमारे बेड रुम में ही डेरा डाल देते हैं। का बताएं जब तक रहते हैं तब तक हमें बैठक के तखत पर ही सोना पड़ता है। जो डनलप का गद्दा उनके बाप ने दिया था उसका पूरा उपयोग करते हैं। हम भी कुछ नहीं कह पाते। 

वे जीजा-जीजा कहते हैं पर हम साला भी नहीं कह पाते, पता नहीं कब बुरा मान जाएं। इसलिए सालिगराम जी कहते हैं। उनकी बहन हमारे आंगन की तुलसी है और वे हमारे तुलसी चौरा के सालिग राम।

ये अत्याचार कब तक सहेगें? एक बार तो हम गाँव छोड़ कर भाग ही लिए थे। जैसे कृष्ण रण छोड़ हो गए थे, हम भी रण छोड़ दास हो गए,गाँव के दोस्तों और रिश्तेदारों ने बहुत मान मनौवल किया तब वापस आए। गाँव के कुछ निठल्ले लोग जो चौक चौराहे पर बैठ कर ताश खेलते रहते हैं उनको हमारा याराना रास नहीं आता। 

जब देखो तब अपनी बोफ़ार्स तोप से गोला दागते रहते हैं। अब हमने भी बोफ़ार्स तोप बिसाने की सोच लिया है। अभी तोप कारखाने का भ्रमण करके आए हैं। शीघ्र ही ऑडर दे रहे हैं। बोफ़ार्स तोप का खासियत यह है कि ये तोप गोला छोड़ने के बाद अपना स्थान छोड़ देती है और मुंह घुमाकर खड़ी हो जाती  है जैसे इसने कुछ भी नहीं किया हो और गोला किसी ने छोड़ा हो। 

तो भैया गाँव की भाषा में कहें तो किसकी बाड़ी-बखरी में कौन हग आया पता ही नहीं चलता वैसा ही बोफ़ार्स का हाल है। मायावी लोगों से निपटने के लिए मायावी यन्त्रों की आवश्यकता पड़ती ही है।

अभी पराए देश से एक अपने शहरी बाबू आ गए। हमने मित्र मंडली बैठा ली। पहले जब बैठते थे तो मदरस से ही काम चला लेते थे। लेकिन विलायती बाबू के सामने काहे इज्जत खराब करें सोचकर विलायती पर हाथ आजमा लिया। अब मारे खुशी के गाँव में भी बता दिया। 

चौक पर बैठे ताश खेलने वाले निठल्ले जल भुन गए। अब कहना शुरु कर दिया कि ग्राम पंचायत की बैठकी में इन्होने विलायती रस पान किया है। हम कौन सा झूठ बोल रहे हैं? हमने किया है तो किया है। तुम्हारे जैसे मुंह छुपा कर तो नहीं किया? 

“दिन में राम भजत है और रात हनत है गाय।“ दोहरा चरितर नहीं है हमारा। अगर तुम्हारे में कूबत हो तो तुम भी करो कौन मनाही है? अभी बेलंटाईन डे आ रहा है,पार्टी का जश्न भी होगा। पतुरिया भी नाचेगी, ठुमका भी लगाएगी। हम भी मौज लेगें। बेलंटाईन डे का परम्परागत ढंग से स्वागत जो करना है। 

समारोह में मित्रों को भी आमंत्रित किया है। बिलायती नहीं सही,देशी महुआ सही। सबका यथा योग्य स्वागत किया जाएगा। सभी को आगामी बेलंटाईन डे का बधाई। बुड्ढे-बुड्ढी और नवजवान सभी मौज मनाओ।

शनिवार, 7 अगस्त 2010

सबके अपने-अपने कल्लु खाँ

कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, हरियाली भी तेजी से बढ रही है। पशुओं के लिए भरपूर चारा है तो मनुष्य के लिए मच्छर और बीमारी।

हमारे घर पर हरियाली आई
इन सबसे अलग सोचे तो हरियाली आंखो को भा रही है, हरी-हरी घास में लोटने का मन करता है लेकिन फ़िर सांप और बिच्छुओं का ख्याल आते ही मन मार कर रह जाना पड़ता है।

क्या पता मखमली घास के नीचे किस जन्तु का डेरा हो। इसलिए संभल कर चलना पड़ता है। आज शाम को कुछ देर के लिए धूप खिली।

जो घास के हरियाले रंग में परिवर्तन कर रही थी। बस इस सुंदर दृश्य को आंखों में बसा लेने का दिल किया। लेकिन आँखे स्थाई रुप से इसे संजोकर नहीं रख सकती, इसलिए कैमरे की आँख ने दृश्य को कैद कर लिया।

चारों ओर हरियाली ही  छाई
चित्र लेते समय गालिब का एक शेर याद आ रहा था " उग रहा है दर-ओ-दीवार पे सब्जा गालिब, हम बयांबां में है घर में बहार आई है।" इस तरह बहार हमारे घर भी आई है और हम उसे देखने की बजाए, कम्प्युटर पर पिले पड़े हैं।

ऐसा ही कुछ गालिब के साथ भी हुआ होगा। तभी बहार और बयांबां का जिक्र आया है। चांदनी चौक के करीम ढाबे पर तो हरियाली नहीं तो बहार जरुर आई होगी। जिस पर मिर्जा साहब ने शेर कहे होगें और जामों के साथ साकी और दोस्तों ने जी भर दाद दी होगी।

जिसकी सदा कुचा-ए-बल्लीमरान तक उनकी बेगम सुनी होगी और कल्लु खाँ को खैरियत लेने फ़ौरी तौर पर भेजा होगा। पता नहीं कल्लु खाँ ने क्या-क्या नहीं कहा होगा, नमक मिर्च लगा कर।

देखो फ़ूल भी खिले हैं रंग रंगीले
ऐसा ही कुछ हम दोस्तों की महफ़िल में भी होता है। सभी का समय तय है और कल्लु खाँ की एवज में हाजरी चलभाष(कानाबाती) लगा देता है।

एक मित्र की बे-गम तो शाम 7 बजे ही छोटे लड़के को ड्युटी पर लगा देती है, वह अपने बाप की हर मुव्हमेंट की खबर माँ तक पहुंचाता है, फ़िर महफ़िल जमते ही वहां से दो चक्कर लगाता तीसरे चक्कर की बजाए, उनका चलभाष गुर्राता है, कानाबाती होती है।

सिर्फ़ हां, हूं और हूं के कोड वर्ड में बात खत्म हो जाती है, फ़िर खीसे निपोरते हुए कहते हैं-"घर से फ़ोन था, कह रही थी, मौसम खराब है, ज्यादा मत हरिया जाना।" तभी एक कह उठता है-"साले सब तेरी चाल है,तीसरे पैग में ही भाग लेता है।" वह फ़िर दांत निपोरता है। शायद गालिब के साथ भी ऐसा ही होता हो।
बरगद पर भी है हरियाली छाई
बरसों से हमारा चलभाष 9 बजे के अलार्म के साथ स्थाई रुप से स्थापित हो गया है, जैसे ही 9 बजता है, बिना कल्लु खाँ के आए ही वह चुपके से बता देता है कि-"अब फ़ुल हरियाली हो गयी है, ज्यादा हरियाणा ठीक नहीं है, नही तो पहले पंजाब , फ़िर हि्माचल, फ़िर बिहार होता हुआ कालाहांडी पहुंच जाएगा मामला, सारी हरियाली उतर जाएगी। 

अब चल पड़ो और सूखे से डरते रहो। अगर सूखे से डरते रहोगे तो हरियाली बनी रहेगी। जहांपनाह का जलवा कायम रहे हरियाली के साथ,"- कह के दोस्तों से विदा लेते हैं।

धीरे-धीरे सब चल पड़ते हैं क्योंकि सबके अपने-अपने कल्लु खाँ हैं, वहां दो ही बच जाते हैं साकी और ढाबे वाला, जिनके लिए बारहों महीना हरियाली है।

बुधवार, 4 अगस्त 2010

फ़ूंकनी-चिमटा बिना यार-देखो मुहब्बत है बेकार

लैला और कैस की मुहब्बत परवान चढ रही थी, दोनो अपनी मुहब्बत को अंजाम तक पहुंचाने के लिए तत्पर थे। यह तो सब जानते हैं कि लैला अमीर की बेटी थी और कैस गरीब था।

जब कभी वे मिलते तो बहुत सारी बातें होती,घर गृहस्थी को लेकर। एक दिन लैला ने पूछ ही लिया कि-" अगर मिलन हो गया तो मुझे तुम्हारे घर में रहना होगा यह तो तय है,तुम्हारे घर में क्या फ़ूंकनी चिमटा है?"

लैला के यह पूछते ही बात बिगड़ गयी। कैस के घर में फ़ूंकनी चिमटा नहीं था। इतने मंहगे यंत्र वह गरीब कहां से लेकर आता। यह तो अमीरों के घरों में पाए जाते थे। 

उसने कहा कि "नहीं है? लेकिन तुम्हारे से शादी के बाद खूब कमाऊंगा और तुम्हारे लिए फ़ूंकनी चिमटा लेकर आऊंगा।"

लैला ने कहा-"मुझे तुम्हारा खाना तो बनाना पड़ेगा,क्या बिना फ़ूंकनी के चूल्हा फ़ूंकते-फ़ूंकते मेरे चेहरे की वाट लग जाएगी, सारा मेकअप उतर जाएगा। बिना चिमटे के रोटियाँ तवे से उतारते हुएं मेरी उंगलियाँ नहीं जल जाएंगी? वैसे तो तुम चांद-तारे तोड़कर लाने की बातें करते हो,एक फ़ूंकनी चिमटा नहीं ला सकते?"

कैस चुप हो गया,उसके पास कोई जवाब नहीं था। तत्काल इतनी मंहगी चीजों की व्यवस्था कहां से करता? फ़ूंकनी चिमटे के कारण नजदीकियाँ दूरियों में बदल गयी और कैस को लैला नहीं मिल सकी। एक फ़ूंकनी चिमटे ने बरसों की गहरी मुहब्बत को ठिकाने लगा दिया। 

उस जमाने में चिमटा और फ़ूंकनी चूल्हे-चौके के महत्वपूर्ण यंत्र होते थे। हर गृहस्थ चाहता था कि उसके चौके में ये दोनो चीजें हों। ऐसे ही एक मुहब्बत और ठिकाने लग गयी।

गोपाल दास"नीरज"ने लिखा है कि-"फ़िर भी मेरे स्वप्न मर गए अविवाहित केवल इस कारण। मेरे पास सिर्फ़ कुंकुम था,कंगन पानीदार नहीं था।"आज जितना महत्व पानीदार कंगन का है उतना ही महत्व लैला और कैस की मुहब्बत के जमाने में फ़ूंकनी और चिमटे का था।

मुहब्बत में कोई कमी नहीं थी,लेकिन वर्तमान की आवश्यक्ताएं आड़े आ गयी। जनम जनम के प्रीत की वाट लग गयी। 

वैसे आज भी मुहब्बत के सामने कुछ प्राथमिकताएं अनिवार्य हो गयी हैं। प्रेम करने के लिए कुछ अहर्ताएं है जिनका होना निहायत ही जरुरी है तभी आप प्रेम करने के अधिकारी हो सकते हैं।

मसलन प्रेमिका को घूमाने के लिए एक अदद गाड़ी (बाईक या कार),एक मोबाईल और एक एटीएम कार्ड या क्रेडिट कार्ड का होना जरुरी है।

अगर किसी के पास ये तीनों चीजें नहीं है तो प्रेमाधिकारी नहीं हो सकता। बस दो दिन बाद जब हकीकत पता चलेगी तो चिड़िया उड़कर उसके पास बैठी हुई नजर आएगी जिसके पास यह तीनों सुविधाएं होंगी।

कितनी महत्वपूर्ण हैं फ़ूंकनी और चिमटे जैसी चीजें,गृहस्थी इनसे से ही चलती है,सिर्फ़ कोरी मुहब्बत से नहीं।

मुंशी प्रेमचंद भी अपनी कहानी में लिख़ते हैं कि हमीद मेले में से चिमटा ही खरीद कर लाया। क्या मेले में अन्य चीजें नहीं मिलती थी?

लेकिन हमीद को जमाने के साथ चलना था। वह दूर तक सोचता था,बहुत आगे तक की सोचता था। चिमटा खरीद कर उसने मुहब्बत करने के लिए जरुरी सामान का इंतजाम कर लिया था। दादी के लिए चिमटा खरीद लाया था,क्योंकि खाना बनाते वक्त उसकी उंगलियाँ जल जाती थी। फ़ूंकनी उसके घर में पहले से मौजूद होगी।मुहब्बत को बचाने के दोनो सामान इकट्ठे करके उसने अपनी दूर दृष्टि का परि्चय दिया था। चिमटा लाने से दादी भी खु्श और होने वाली बीबी भी खुश,एक तीर से दो शिकार किए हमीद ने।

अब वह मुहब्बत करने के लिए अहर्ताएं पूरी करके तैयार था। नहीं तो उसकी मुहब्बत का भी हाल लैला और कैस जैसे ही हो जाता।

अब गर्व से महबूबा से कह सकता था कि-"मेरे पास चिमटा है,फ़ूंकनी है और दादी माँ भी है।"

उम्मीद तो है कि जब वह जवान हुआ होगा तो उसे अन्य प्रेमियों जैसे तकलीफ़ नहीं उठानी पड़ी होगी।फ़ूंकनी-चिमटे होने की खबर सुनकर कई उस पर मर मिटी होगीं।

कई माँए चूल्हा फ़ूंक-फ़ूंक कर सोचती रही होगीं कि कब उसका बेटा जवान हो और कब उसकी शादी करें? कितने बरसों तक फ़ूंकनी और चिमटे के बिना चुल्हा फ़ूंकना पड़ेगा और धुंए से अपना मुंह काला करना पड़ेगा।

कई तो भगवान से कहती होगीं कि-"हे भगवान! मेरे बेटे को जल्दी से बड़ा कर दे कि मैं बहू ले आऊँ, अब मेरे से चौंके चूल्हे का काम नहीं होता है।" 

माँ को बेटा जल्दी जवान इसलिए करना पड़ रहा है कि जब बहू आए तो दहेज में साथ में चिमटा-फ़ूंकनी भी लेकर आए और वह चौड़ी छाती करके गर्व से घुम-घुम कर दुश्मनों का जी जलाने के लिए गांव भर में कहती फ़िरे कि-"मेरी बहू तो चिमटा-फ़ूंकनी लेकर आई है।"

लोग उसकी तरफ़ ईर्ष्या भरी निगाहों से देखें और कहें कि-"देखो जी कितनी नसीब वाली है हमीद की अम्मा, बहू भी आई और दहेज में चिमटा-फ़ूंकनी भी लेकर आई, मैं तो अपने गुल्लु की शादी भी ऐसे घर् में करुंगी जहां फ़ूंकनी और चिमटा हो। कम से कम बिना मांगे दहेज में तो मिल जाएंगे।" सुनकर माँ को अपार तृप्ति होती।

फ़ूंकनी का अविष्कार चुल्हे में आग जलाने के लिए किसी जमाने में क्रांतिकारी अविष्कार रहा होगा। पहले बांस की फ़ूंकनी बनी होगी। जिससे चूल्हा फ़ूंका जाता होगा। बांस की फ़ूंकनी बार-बार जल जाती होगी तो फ़िर किसी पिता ने दहेज में अपनी लाडली बेटी के लिए स्थायी रुप से लोहे-पीतल आदि की फ़ूंकनी बनवाकर दी होगी या किसी प्रेमी से अपनी प्रेमिका की दु्ख तकलीफ़ न देखी गयी होगी,इसलिए फ़ूंकनी-चिमटे का अविष्कार हुआ होगा।

जिसके घर में फ़ूंकनी चिमटा नहीं होगें उसे समाज में अपना रुतबा बढाने के लिए क्या-क्या पापड़ नहीं बेलने पड़ते होगें?बीबी की सुविधा के लिए घूस खानी पड़ती होगी,गबन करना पड़ता होगा। रोज-रोज के उलाहने एवं जली-कटी बातें सुनने की बजाए डूब मरना ही पसंद किया होगा।

लोग फ़ूंकनी-चिमटा चोरी होने से बचाने के लिए उसकी पहरेदारी करते होंगें। चौकीदार भी रात को हांक लगाता होगा कि-"जागते रहो,अपना फ़ूंकनी चिमटा बचा कर रखो।"

सास भी बहू को ताने देती होगीं-"करमजली,किस भू्खे घर की पल्ले पड़ गयी, कम से कम फ़ूंकनी चिमटा तो लेकर आती।"  जीवन में फ़ूंकनी चिमटे का कितना महत्वपूर्ण स्थान रहा होगा। पत्नी से जली-कटी नहीं सुननी है तो फ़ूंकनी और चिमटे का जुगाड़ करके रखें।

मंगलवार, 27 जुलाई 2010

युद्ध दो मिनट का, विजय दिवस पर विशेष

दोपहर को भोजन कर रहा था तभी जोर की गड़गड़ाहट की आवाज आई, जैसे आसमान में कई विमान एक साथ उड़ रहे हैं। मैं अधूरा भोजन छोड़कर घर से बाहर की ओर भागा।

सामने एक फ़ाईटर प्लेन गोता खाकर जमीन से उड़ने के लिए फ़ुल थ्रस्ट लेकर उपर की ओर उठ रहा था। मैं खड़े होकर देखने लगा कि यह प्लेन कितने सेकंड में धरती के गुरुत्वाकर्षण से बाहर निकलता है। बूम्मssssss करता हूआ प्लेन बादलों से ओझल हो जाता है।  

तभी घरघराहट की आवाज आती है, पीछे मूड़ कर आसमान की तरफ़ देखता हूँ तो बहुत सारे एम. आई. हेलिकाप्टरों का बेड़ा दक्षिण की ओर जा रहा है। नीचे उड़ान भरने के कारण उसमें बैठे हुए हथियारबंद सैनिक दिखाई दे रहे हैं।

नीचे खड़ा मैं उनकी ओर देख रहा था, बुम्म्म्मम्मssssss, बुँउऊऊऊऊँssss की आवाज करता हूआ मिग फ़ाईटर फ़िर लौटता है। एक कलाबाजी खाते हुए सहसा सड़क से लगभग 15 फ़ुट की उंचाई पर समानांतर उड़ता है उसमें बैठा हुआ स्क्वाईड्रन लीडर मुझे स्पष्ट दिखाई देता है, मैं पायलट और उसे विश करता हूँ।

तभी मेरी निगाह सामने सड़क पर पड़ती है तो फ़ौज की पूरी कानबाई दिखाई देती है दक्षिण की ओर जाती हुई। उसमें बैठे हथियार बंद सैनिक सब तरफ़ जागरुकता से पैनी निगाहों से देख रहे थे, जैसे वे आस-पास की सभी चीजों का एक्सरे कर रहे हों।

आगे-आगे जिप्सी में एल. एम. जी. लगाए ब्लेक केट और उनके साथ में खड़े सूबेदार मेजर एवं अन्य एन सी ओ, जेसीओ को पहचानने की कोशिश करता हूँ। लेकिन सारे फ़ौजी एक से ही दिखाई देते हैं।

अब आसमान में लगातार बुम्म्म्मम्मssss, बुँउऊऊऊऊँssssssss की समवेत आवाजें आ रही हैं, उपर देखता हूँ कि बगुलों के झुंड की तरह एक फ़ाईटर प्लेन का पूरा का पूरा स्क्वाईड्रन ही चला आ रहा है। जैसी किसी जगह कारपेट बमिंग की सोच कर आए हों।

इस बेड़े में कुछ एल. सी. ए., कुछ मिग, कुछ जगुआर और कुछ सी हैरियर जैसे प्रकाश की ध्वनि से चलने वाले विमान भी हैं। मैं खड़ा-खड़ा सोचता हूँ कि अभी कौन सा युद्ध प्रारंभ हो गया?

जिसकी सूचना मुझ तक नहीं पहुंची। अरे, अभी तो रिटायर हुआ हूँ,पर रिजर्व में हूँ। सूचना तो पहुचनी चाहिए थी।

तभी आसमान में एक मिग गोता लगाता है और बुम्म्म्मम्मsssss, बुँउऊऊऊऊँsssss धड़ाम-भड़ाम की भीषण आवाज आती है। वह पैट्रोल पंप पर गिर जाता है उसके टुकड़े हो जाते हैं।

मैं मौके की गंभीरता को समझता हूँ और सीधा घर के अंदर भागता हूँ, आवाज देता हूँ बेटी-बेटी, पत्नी और बेटा मेरे सामने रहता है, मैं उनसे जल्दी से पूछता हूँ कि बेटियाँ कहाँ है?वह वैसे ही बैठी रहती है, कोई हलचल जैसे कुछ हुआ ही नही है।

मैं कहता हूँ “उठो जल्दी-चलो। मम्मी कहाँ है? तुम तुरंत इस घर को छोड़ दो”। वह पूछती है “क्या आफ़त आ गयी?” मेरे पास जवाब देने का समय नहीं रहता है।

“तुम बच्चों को लेकर रेल पटरियों के उस पार पहुंचो। क्योंकि रेल पटरियों के पार आग नहीं जा सकती। वहां घास नहीं है,.........देर मत करो......... कभी भी विस्फ़ोट हो सकता है,....... प्लेन का टैंक फ़ट सकता है,..... ..सब कुछ जला सकता है, ....दौड़ो, .......दौड़ो .....अभी,....सोचो मत........,हरी अप.........., कैरी ऑन……॥ तब तक मैं मम्मी-पापा को देख कर आता हूँ”.

मैं उन्हे आदेश देकर मम्मी-पापा की तरफ़ दौड़ लगाता हूँ। जैसे एक घर पार करता हूँ विस्फ़ोट हो जाता है। एक आग का बादल सीधा आसमान में, मेरे सामने लकड़ियों की एक दीवाल होती है उसमें उड़कर कुछ छर्रे जैसे मुझे आकर लगते हैं।

एक हाथ जख्मी हो जाता है कुछ छर्रे उल्टे पैर पर भी लगते हैं, लेकिन उन्हे रुककर देखने का समय नहीं है, “पापा जीSSSS-पापा जीSSSS, मम्मीSSSS-मम्मीSSSS आप लोग कहां हो, हे भगवान कहाँ है पापा जी?”

मैं आग की दीवार में घुस जाता हूँ, सामने पापा जी खड़े हैं कुछ वैसे ही जख्म उनके सीने एवं पेट पर दिखाई देते हैं। मैं उन्हे खींच कर बाहर निकालता हूँ और उनका हाथ पकड़ कर खींचते हुए बाहर लाता हूँ।

सामने गेट पर मम्मी दिखाई देती है, मैं कहता हूँ भागो, रेल पटरियों के उस पार। वो सामने बच्चों को लेकर रेल पटरियों के पास पहुंचती हुई दिखाई देती है फ़िर बस एक आवाज जोर से निकलती है मुंह से दौड़ोSSSSSSS………सभी दौड़ पड़ते हैं।

सहसा एक और विस्फ़ोट होता है, शायद पैट्रोल टैंक फ़ट गया है, मैं और पापा-गिर पड़ते हैं।

वो मम्मी के साथ बच्चों को लेकर रेल पटरियों के पार पहुंच जाती है। एक संतोष की सांस के साथ मेरी आँखे बंद जाती है…………

बस दो मिनट में ही युद्ध घट गया एक फ़ौजी के साथ……...! दोनों मोर्चों पर लड़ा था मौत से.....।   

सोमवार, 19 जुलाई 2010

ये इश्क नहीं आसां जानम तुम समझा करो

ये रात भीगी-भीगी ये मस्त फ़िजाएं,उठा ये धीरे-धीरे वो चांद प्यारा, हूँ हूँ हूँ हो हो हो, बरसात को देखते हुए बस युं ही गाने का मन हो गया, रास्ते में भीग गए और कुछ पंक्तियां गा बैठे, गा क्या बैठे, मुसीबत मोल ले ली, फ़ंस गए जंजाल में, मन में बसी पुरानी यादों का घायल पंछी फ़ड़फ़ड़ाने लगा। उमड़ घुमड़ कर यादों के बादल बरसने लगे।

तनहाई में सोई हुई यादें फ़िर जाग उठी, तन मन सब भीगा था। रपटीली राह में मील के पत्थर भीग रहे थे, मैं उन्हे देख रहा था। कब से मेरे सफ़र के साथी बने हुए हैं। याद करके रोमांचित था ।कितना सफ़र तय कर लि्या, इतने कम समय में,

सोच रहा था, आज रपट जाएं तो हमें न उठईयो, हमें जो उठईयो तो खुद भी रपट ज़ईयो, ज़ाने कब से इंतजार है उनके रपटने का, लेकिन आज तक रपटे नहीँ और न ही हमें उठाया। हम युं ही गुनगुनाते रहे हैं।सावन के महीने में,एक आग सी सीने में, लगती है तो पी लेता हूँ, दो चार घड़ी जी लेता हूँ।

मौसम के साथ इश्क के फ़ूल भी खिलते और मुरझाते हैं। तितलियाँ भी अवसर देख कर आती है, फ़ूलों पर मंडराती हैं,भंवरे भी तभी गुनगुनाते हैं, जब मौसम आता है तितलियों का।

दो ही अवसर होते हैं जब जवान से लेकर बुढे भी दिन में सपने देखते हैं। आइना देख कर मुस्कुराते हैं, मुंह बनाते हैं। पुराने फ़कीरों के भी दिल के जख्म हरे हो जाते हैं, एक सावन में दुसरा फ़ागुन में। बाकी साल के 10 महीने कुछ नहीं होता। कहीं कोई शमा नहीं सुलगती, कहीं कोई परवाना नहीं जलता। कहीं तितली नहीं कहीं भंवरा नहीं, फ़ूल भी नहीं मुस्काते,कहीं कोई काव्य का निर्झर नहीं झरता,

कहीं कोई -"खिड़की से यार को बु्लाए रे" फ़ाग नहीं सुनाता। कहीं बादल नहीं गरजता,कहीं बादल नहीं बरसता, कहीं कालीदास के मेघदूत की चर्चा होती,यही दो मौसम हैं जो संयोग-वियोग के काव्य सौंदर्य को सरिता सी बहाते हैं।

गाना गाते-गाते एक हूक सी दिल में उठती है और बेचैनी के बादल उमड़-घुमड़ आते हैं। आज फ़िर मिलने की तमन्ना है आज फ़िर मरने का इरादा है, कुछ ऐसी ही उलझन दिल-ओ-दिमाग पर छाने लगती है।

कभी इंतजार रहता था उनको भी हमारे आने का, हमें बेसब्री रहती थी उनसे मिलने की, लेकिन साल भर बरसात और फ़ागुन का मौसम नहीं रहता,

जब कोई गाता हुआ मिले दुवारी पर"घर आया मेरा परदेशी, प्यास बुझी मेरी अंखियन की, परदेशी भी कहती थी और मेरा भी कहती थी, जाने कब से उन्हे इंतजार था, और कब तक इंतजार करती, अंखियों की प्यास बुझने का,

बस शाम से छज्जे पर खड़ी हो जाती, अपनी आंखे सेंकते हुए। लाला जी नीचे गल्ले पर और बे्गम अटरिया पर लोटन कबुतर उड़ा रही होती थी। क्योंकि पतंगे सभी कट चुकी थी, आसमान खाली-खाली, जैसे कबुतर उड़ाते हुए मेरा मन। उड़ा चला जाता खोज में सात समंदर पार।

बरसात में हमसे मिले तुम सजन, तुमसे मिले हम, बरसात में, पुराने रेड़ियो पर यह नया गाना बज रहा है। हम खाट पर पड़े सोच रहे हैं कि कैसे मिले बरसात में? अंधियारी रात है, मुसलाधार बरसात है। रास्ता देखने लिए लालटेन भी काम नहीं आने वाली शीशा फ़ूट जाएगा और बुझ जाएगी।

बाहर पैर रखते ही साँप बिच्छु का डर अलग से है उनके बिल में पानी भरने से सब बाहर निकल आए होगें। सामने गली में बंशी के छप्पर के नीचे बूढा खाट डाले पड़ा होगा खांसते हुए,निगहबानी करते हुए।

फ़िर आगे नदिया पार करने का खतरा। अब सजन जाए तो जाए कैसे बरसात में? कोई तुलसीदास तो है नहीं, जो चला ही जाए। इतना पा्गल प्रेमी नहीं हूँ,

न आऊं तो समझ जाना, सजन नहीं आए बरसात में। तुम्हे बरसात में ही सजन की क्यों याद आती है, कोई दूसरा मौसम नही है?  

इतना न मुझसे प्यार बढा मैं हूँ बादल आवारा, कैसे किसी का सहारा बनुं। इतना तो झल्ला नहीं हूँ कि नदी पार करने का खतरा उठाऊं। कभी-कभी मेरे दिल में एक ख्याल आता है, ख्याल ही क्यों, बहुत बुरे-बुरे डरावने सपने आते हैं।

उस बरसात में भीगना मुझे अभी तक डरा जाता है। सोचकर सारा रोमांस काफ़ूर हो जाता है जब हमें डाकू छलिया मिल गया था और तुमसे पू्छा था किसकी बेटी हो?

तुमने तुरंत सफ़ाई से झूठ बोल दिया था कि सुदामा मल्लाह की बेटी हो और उसने हमें छोड़ दिया था। अगर तुम अपने असली बाप या असली पति लाला जी का नाम बता दिया होता तो तुम्हे उठाकर ही ले जाता।

आज के जमाने में कितना जरुरी हो गया है,दो-दो बाप होना, दो-दो पतिनुमा प्राणी होना, सुरक्षा की खातिर। फ़िर भी तुम्हे सबक नहीं मिला, कहती हो सजन नहीं आए बरसात में। 

जिन्दगी भर नहीं भूलेगी वो बरसात की रात, कैसे भूल सकता हूँ? जब बादल गरजता था तो तुम डरकर सिमट जाती थी मेरे पहलु में।

कल्पना करता हूँ, बिजली की चमक में वह दृश्य किसी श्वेत श्याम चित्रपट के पोस्टर की तरह दिख रहा होगा। शिव मंदिर के खंडहर में हमें सिर छुपाने की जगह मिली थी, पूरी तरह हम भीग चुके थे।

पानी से भीगा हुआ जब तुम पल्लु निचोड़ रही थी तो उससे फ़ूलझड़ी की तरह चिंगारियाँ निकल रही थी। कितना जोश और गर्मी होती है जवानी में। बस क्या कहूँ, उस दिन की बात-वो थी हमारे जीवन की आखरी रात।

तुम्हारे से मिलने आना मुश्किल है क्योंकि बरसात वैसी ही है,लेकिन प्यार में वो जु्म्बिश नहीं रही। लाला ने मुस्टण्डे पाल लिए हैं, दुगना खतरा बढ गया है।

ये इश्क नहीं आसां, जानम तुम समझा करो। बस इतनी ही अर्ज है-" बचपन की मुहब्बत को, दिल से न जुदा करना। जब याद मेरी आए, मिलने की दुआ करना, मिलने की दुआ करना.......!