कोयला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कोयला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 23 जुलाई 2016

काले हीरे की खान झरिया की व्यथा कथा

अगले दिन सुबह हम धनबाद के लिए चल पड़े।  हम कोयलांचल का भी भ्रमण करना चाहते थे। यहां की अर्थ व्यवस्था ही काले हीरे की खुदाई पर टिकी हुई है। कोयले से जो भी आय होती है, उससे ही अंचल के लोगों का जीवन चलता है। गैंगस ऑफ वासेपुर इसकी कलई खोलती है। सरकार भी मानती है कि बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन हो रहा है, लेकिन उससे निपटने का कोई साधन नही है। प्रोफेसर रमेश शरण का कहना है कि एक एकड़ मे कोयला खुदाई से 35 से 40 करोड की आय होती है। 5 करोड बांट भी दिया जाए तो बाकी आमदनी कम नहीं है। पर जिसकी जमीन अधिग्रहित की जाती है उसे कुछ हजार, लाख ही रुपये मिलते हैं। इसके साथ उसे अपनी जमीन से विस्थापित होना पड़ता है।
धनबाद स्टेशन
काले हीरे की कमाई की चमक ने कोल माफिया को जन्म दिया। बंद खदानों से कोयला खोद कर बेचने वालों से भी रंगदारी वसूली जाती है। बड़े की तो बात ही छोडिए। इसी रंगदारी की कमाई पर कब्जा करने के लिए गैंगवार होती हैं और हत्याएं भी। कुल मिलाकर कहानी कठिन ही है। हमारे मन मे एक ओपन कास्ट खदान देखने की इच्छा हो गई, खदान के पास फटकते ही कई लोगों ने घेर लिया, पूछताछ करने लगे, हाथ मे कैमरा देखते ही उनका रवैया और टोन सब बदला हुआ था। बिकास बाबू ने कह दिया कि पत्रकार हैं तो और मामला गडबड हो गया। उन्होने हमें फोटो नहीं खींचने दी और झगडा करने लगे, हाव भाव से लगा कि फोटो नही खींचने देने लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।
कोयला खदान धनुवाडीह
हमने वहां से निकल जाने मे ही भलाई समझी। इससे साबित तो होता है कि खदान चाहे निजी क्षेत्र के हाथों में हो या सरकारी, पोलम पोल मची है, वरना यूं ही कोई कैमरा देख कर नही बिदकता। खैर माहोल देखकर हमने फोटो नही ली। इसलिए आज की पोस्ट मे फोटो नही लगा रहे। वैसे भी सब कुछ राम भरोसे है, राम चिड़िया राम का खेत, खाए जा चिड़िया भरपेट। कोयला राजधानी धनबाद ने स्वागत किया। हमें कोयला खदान के चित्र लेने थे। पहुंचने पहले कल की बराकर घटना दिमाग पर छाई हुई थी। यहां पहुचने पर पता चला कि "साला ऊ लोग पागले है, कुछ सोचते समझते ही नही।" हम भी सोचे कि साला काहे दू ठिक फोटो के लिए जी परान दें, कौन सा हमको "गैलेन्टरी अवार्ड" मिल जाएगा।
धनुवा डीह में सौ बरस से जलता हुआ कोयला
हमको सोच मे देख कर बाबा बोले "काहे टेंसन लेते है, देखिए हम दू मिनट मे लैन अप करते हैं। फोटो लेगें और लौट आएगें। हम धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह के घर पहुंचे तो वे नित्य क्रिया को प्रस्थान कर रहे थे। बाबा से कहे कि 10 मिनट दीजिए हम लौट के आते हैं। नेताओं का 10 मिनट मतलब एक दू घंटा समझिए। हमने तय किया कि तब तक झरिया की धनुवाडीह खदान से फोटो लेकर लौटा जा सकता है। हम झरिया चल पडे, झरिया की कहानी भी किसी तिलस्मी शहर से कम नही है। यहां के बाजार की एक गली में ही जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक का सामान मिल जाता है। 
मृत्युंजय पाठक संग सेल्फ़ी
इसका इतिहास तीन सौ साल पुराना है, रींवा के बघेल शासकों की एक शाखा यहां राज करती थी। लगभग 100 कमरों का खंडहर महल आज झरिया के हालात पर जार-जार आंसू बहा रहा है। शासक की नई पीढी दो वक्त की रोटियों के लिए संघर्ष कर रही है। पुराना राज खत्म हुआ तो नया राज "सिंग मेंसन" शुरु हो गया। यहां की कोयला मार्केट का बाजार खुलता है तो एक घंटे मे अरबों रुपये का लेन-देन हो जाता है। कोयला खदान शुरु करने का श्रेय गुजरातियों को जाता है। किसी जमाने मे गुजरातियों की बडी संख्या रहती थी। हम धनुवाडीह पहुंच गए, खदान में से उठता धुंआ आकाश की ओर बढ रहा था दूसरी तरफ लोहे का राक्षस कोयले को अपने पंजों से कुरेद रहा था। कगार पर पुलिस चौकी और सुरक्षा बलों का निवास है।

धनुवाडीह पुलिस चौकी
यहां की खदान में 1916 में आग लगी थी। एक शताब्दी पूर्ण हो रही है, तब से आग में धू धू कर कोयला जल रहा है। यहां की खदानो से सबसे अच्छा कोयला "कोकीन" निकलता है, जो अन्य किसी जगह नही पाया जाता। प्रिंसपाल सेक्रेटरी खनिज झारखंड सरकार ने कहा कि "इन सौ बरसों मे यह आग बुझाने बहुत प्रयास हुए, करोडो रुपये खर्च हो गये, विदेशी विशेषज्ञ भी माथाफोडी कर गये पर आग नही बुझी।" स्थानीय पत्रकार गोविदनाथ शर्मा कहते है कि "आग बुझाने का प्रयास तो एक नाटक है" असल बात तो यह है कि सरकार झरिया शहर को विस्थापित कर इसके नीचे का भी कोयला निकालना चाहती है। आज झरिया टापू बनकर रह गया है। इसके चारों तरफ का कोयला खोद लिया गया। स्थिति यह हो गयी है कि अब लोगों के मकान के दरवाजे खदान मे खुलते है।"
धनबाद सांसद पी एन सिंह 
खदान से हमने फोटो ली और सांसद जी के यहां लौट आए, दरबार लगा था और वे हमारा इंतजार कर रहे थे। उन्हे एक प्रति ":सरगुजा का रामगढ" की भेंट किए। किताब पलटते हुए उन्होने कहा कि छत्तीसगढी संस्कृति की झलक विमल मित्र के उपन्यास "सुरसतिया" में मिलती है। झरिया भेरी हॉट नगरी है, यहां धन, कोयला, खून और दिमागी गरमी अत्यधिक है। इतनी गरमी से आदमी पगलैट न हो यह संभव नहीं है। दो दिन पहले समाचार था कि धनबाद के बाहूबली डिप्टीमेयर ने मीटिंग के दौरान एक पार्षद को कारबाईन से छलनी करने की धमकी दे दी। वह फटी मे थाना एस पी के दुवारे चक्कर काट रहा है। 

झरिया राज परिवार की व्यथा दशा
इधर सांसद जी भी हलकान परेशान हो कर सन्नाए हुए थे। किसी पुराने चेलवा ने उनका ही सरेआम पुतला फूंक दिया। हमे पहली बार समझ आया कि मात्र पुतला फूंकने के बाद नेता कितना हलाकान होता है। ऊपर से लाख शांत दिखने के बाद भी भीतर खदबदाता लावा फूट ही पड़ता है। जलती हुई खदान इसका अच्छा उदाहरण है। खदान से निकलने के बाद झरिया महल में हमें राजा के वंशज रणजीत सिंह मिले। उन्होने बताया कि गढ से राजा ने मैदान मे बसने का इरादा किया और यहीं 1928 में टेकरी पर महल बनवाया। कभी झरिया के वैभव का प्रतीक झरिया महल अपनी दूर्दशा पर टसूए बहा रहा है। भले ही हाथी बंधान की जंजीरे अभी भी हाथियों की उपस्थिति का अहसास करवा रही हों, पर महल के झड चुके पलस्तर की मरम्मत कराने का सामर्थ वर्तमान मे नही है। अगर वह ढह गया तो दरबदर होना निश्चित है।
ज्योतिषी शालिनी खन्ना
महल के समीप ही प्रसिद्ध गत्यात्मक ज्योतिष परिवार की सदस्या शालिनी खन्ना जी का निवास है। इनकी बडी बहन संगीता पुरी जी आरकुट के जमाने से मेरी मित्र है और ब्लागर होने के कारण कई वर्षों से हम परिचित हैं। इनके आग्रह पर इस व्यस्ततम दौरे मे पांच मिनट का ही समय निकल पाया। मिलकर खुशी हुई। हिन्दूस्तान अखबार मे प्रति सप्ताह इनका ज्योतिष का फोनइन कार्यक्रम प्रकाशित होता है और कवितांए भी मानवीय संवेदनाओं के साथ सामाजिक सरोकार से भरपूर होती है। कुछ वर्षों पूर्व समाज में ब्लॉगर कम्युनिटी ही अलग बन गयी और आपसी ब्लाग पठन के साथ- साथ सामाजिक सहयोग की भावना भी विकसित हुई। दूर के लोग इंटरनेट के माध्यम से समीप हो गये और सात समन्दर की दूरियां भी एक क्लिक तक सिमट गयी। अब यह भूमिका फेसबुक निभा रहा है। जारी है आगे पढे……  

गुरुवार, 21 जुलाई 2016

दामोदर घाटी परियोजना का मैथन डैम

अब हमें रात की ट्रेन से बिकास बाबू के गाँव बराकर जाना था। इनका गाँव नदी पार करने के बाद झारखंड एवं पश्चिम बंगाल की सीमा पर है। मत्यूंजय पाठक जी के साथ हम इस ट्रेन में चढ गए। अब सोना भी मुश्किल था क्योंकि बराकर रात तीन बजे आने वाला था। अगर सो गए तो नींद आगे हावड़ा में ही खुलेगी। जैसे तैसे करके बराकर पहुंच गए। यहाँ रुकने के लिए कोई होटल नहीं है, परन्तु मारवाड़ी बस्ती होने के कारण धर्मशालाएँ जरुर हैं। हमको जैन धर्म शाला में स्थान मिला। मुंह अंधेरे हम जैन धर्मशाला पहुंच गए और बिकास बाबू हमको यहाँ छोड़ कर अपने घर रवाना हो गए। हमने भी सोचा कि थोड़ी देर आराम कर लें। 
बराकर मार्केट की सुबह
सुबह उठकर तपास करने पर पता चला कि यह बराकर नदी के तीर पर बसा बंगाल एक पुराना कस्बा नदी का नाम ही धारण करता है। यह भी कोयलांचल का एक हिस्सा है। सीमा रेखाएं नदी नाले तय करते हैं, वरना तासीर से यह हिन्दी पट्टी का ही एक गांव है। नदी के उस पार झारखंड और इस पार बंगाल। सीमा क्षेत्र पर बसे गांव और शहर महत्वपूर्ण व्यापारिक केन्द्र हो जाते हैं। इसका एक कारण राज्यों की असमान कर प्रणाली भी होती है। छत्तीसगढ के सीमावर्ती महाराष्ट्र के व्यापारी रायपुर से व्यापार करते हैं क्योंकि महाराष्ट्र में छत्तीसगढ से 4% अधिक चुंगी कर लगता है। यही स्थिति यहाँ भी है। यहां के निवासी झारखंड एवं बंगाल दोनो का मजा लेते हैं। सीमा क्षेत्र पर संस्कृतियाँ भी मिली जुली होती है। बहुधा यहां के लोग बहुभाषी होते हैं और यहां से संस्कृतियों का बदलाव प्रारंभ होता है जो स्पष्ट दिखाई देता है। उदाहरणार्थ नदी के पार से ही रेल्वे के नगर नाम पट बंगाली मे लिखे दिखाई देने प्रारभ हो जाते हैं।
बराकर स्टेशन
व्यापार का संबंध व्यापारियों से होता है। राजस्थान एवं हरियाणा की व्यापारिक जातियों को मारवाड़ से कोई संबंध नही होने पर भी "मारवाड़ी" कह दिया जाता है। वर्तमान मे यह शब्द व्यापारी का स्थाई भाव धारण कर चुका है। जहां न जाए गाड़ी, वहां जाए मारवाड़ी। मारवाड़ियों का व्यापारिक कारवां सदियों से वर्तमान तक चल रहा है। इन्होने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सीमाएं लांघ कर विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए सामाजिक सरोकारों नही छोड़ा। अपनी संस्कृति एवं भाषा को बनाए रखते हुए रोजगार क्षेत्र की संस्कृति को भी धारण किया। 
बराकर का मुख्य बाजार
शास्त्रों मे कहा गया है जिस नगर मे नदी, पितातुल्य राजा, कुशल चिकित्सक एवं संकट के समय अर्थ सहयोग करने वाला महाजन न हो, वहां एक पल भी निवास नही करना चाहिए। आज इस नगर मे मारवाड़ियों द्वारा बनाई गई 4 धर्मशाला, नदीतट, शहरे खामोशां है। धर्मशाला मे यात्रियों को निःशुल्क निवास की सुविधा है। हम महावीर भवन मे ठहरे है। पंखा है, एसी है और भरपूर आराम भी। चायोपरांत आगे की घुमक्कड़ी सिद्ध की गयी। बिकास बाबू, परिजनों के साथ समय व्यतीत करने लगे, आए भी कई महीनों के बाद थे। 
दामोदर घाटी परियोजना का मैथन डैम
पहले दिन हमारी घुमक्कड़ी शाम को शुरु हुई। हम बराकर से पहुंचे मैथन डैम। यह भारतवर्ष के झारखंड प्रदेश में स्थित धनबाद से 52 किमी दूर मैथन बांध दामोदर वैली कारपोरेशन का सबसे बड़ा जलाशय है। इसके आस-पास का सौंदर्य पर्यटकों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर लेता है। बराकर नदी के ऊपर बने इस बाँध का निर्माण बाढ़ को रोकने के लिए किया गया था। बाँध के नीचे एक पावर स्‍टेशन का भी निर्माण किया गया है, जो दक्षिण पूर्व एशिया में अपने आप में आधुनिकतम तकनीक का उदाहरण माना जाता है। 
मैथन डैम की सांझ
इसकी परिकल्पना 1948 में जवाहरलाल नेहरू ने की थी। इसके पास ही माँ कल्‍याणेश्‍वरी का एक अति प्राचीन मंदिर भी है। लगभग 65 वर्ग किमी में फैले इस बाँध के पास एक झील भी है, जहाँ नौकायन और आवासीय सुविधाएँ उपलब्‍ध है। इसके अतिरिक्त एक मृगदाव तथा पक्षी विहार भी है, जहाँ पर्यटक जंगल के प्राकृतिक सौन्‍दर्य तथा विभिन्‍न किस्‍म के पशु-पक्षियों को देख सकते है। 15,712 फीट लंबे और 164 फीट ऊँचे इस बाँध से 60,000 किलोवाट बिजली का उत्‍पादन होता है। कुल मिलाकर यह स्थान बहुत सुंदर है और एक बार देखने लायक जरुर है। हमने बांध से नीचे उतर कर कई चित्र लिए और लौट आए। रात को बंगाली के होटल में खाना खाया, इसने चालिस रुपए में मस्त भोजन करवा दिया। धर्मशाला में रात को बिजली संकट आ गया और पूरी रात खराब हो गई।  यात्रा जारी है.... आगे पढ़ें.....