धान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धान लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 10 जनवरी 2012

गर्भपात ------------- ललित शर्मा

एक पुरानी रचना प्रस्तुत कर रहा हूँ, इस रचना के जन्म के पीछे एक कहानी है, खेती का काम चाचा जी देखते थे। उनके देहावसान पश्चात खेती का काम मुझे करवाना पड़ा। खर्च अधिक और फ़सल कम, हर साल घाटा ही घाटा। एक बरस आस-पास के किसानों ने अपनी फ़सल काटी, फ़सल कटते ही दो दिन बरसात हुई और सारा धान खेतों में पड़े पड़े ही उग गया। मैने सबके बाद बरसात बंद होने पर धान कटाई करवाया। जैसे ही धान कटा, बरसात फ़िर शुरु हो गयी और लगातार 5 दिन पानी गिरा। सारी पकी पकाई फ़सल चौपट हो गयी। 6 एकड़ से 32 बोरा (एक बोरे में 75 किलो की भरती) धान हुआ। साल भर की मेहनत पर पर पानी फ़िर गया। 


एक बीज से आस लगी थी, मृगतृष्णा सी प्यास जगी थी,
सारा चौपाल सूना-सूना था, जैसे गांव में आग लगी थी,
चारों तरफ़ सन्नाटा-ही सन्नाटा,जैसे सन्निपात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया।

तेरे इस विशाल नीले आँचल में, पंख फैलाये उड़ता था मै,
प्रगति के नए सोपानों में, नित्य सितारे जड़ता था मै,
ऐसा क्या अपराध हो गया, मुझ पर क्यों आघात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया,

पहले भी मै तडफा-तरसा था, तू कभी न समय पर बरसा था,
लिए हाथ में धान कटोरा मै, दु:ख में भी बहुत - बहुत हर्षा था,
नई सुबह की आशा में था, सहसा ही वज्रपात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया,

गीली मेड़ की फिसलन पर, मै बहुत दूर जा फिसला हूं,
तेरी किरपा की आस लिए मै, नित तुझको ही भजता हूँ,
डोला गगन आया विप्लव,जैसे कोई उल्का पात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया,

असमय बरसा तो क्यों बरसा,चारों ओर हा-हा कार हो गया,
जिस पर अभी यौवन छाना था,वो जीवन से बेजार हो गया,
तू ही बता असमय वर्षा पर, रोऊँ या मै जान लुटा दूँ,
लूटा-पिटा बैठा हूँ अब मै ,जैसे कोई पक्षाघात हो गया,
उगे बीज को मरते देखा,
जैसे गर्भपात हो गया।

रविवार, 20 दिसंबर 2009

अवधिया जी की चार सीखें 4 D

धान के देश में हमने जन्म लिया, हमारे पूर्वजों की जन्म भूमि और कर्म भूमि धान का देश ही रहा, 

हम छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में खेल कर बड़े हुए और उसका स्नेह पा रहे हैं. अपने को भाग्यशाली मान रहे हैं. 

जब ब्लॉग पर हमने एक दिन "धान के देश में"  देखा तो समझ गए कि ये तो हमारे सहोदर ही होंगे और उनसे मिलने की जुगत लगाने लगे. 

रायपुर में अवधिया पारा है और मैं भी कुछ अवधिया लोंगो को जानता हूँ ,तो सोचा था एक दिन हमारी मुलाकात जी.के. अवधिया जी से अवश्य ही हो जाएगी. 

एक दिन मैंने अवधिया जी को मेल किया और अपना मोबाइल नंबर दिया. तो अवधिया जी ने तुरंत फोन लगाया, हाँ महाराज ! मैं अवधिया बोलत हंव". अवधिया जी से उस दिन बात करके बड़ा आनंद आया. 

फिर एक दिन हमारा मिलना तय हो गया. हमारी मुलाकात उस दिन की सिर्फ २० मिनट की रही क्योंकि मुझे उस दिन यात्रा पर जाना था और इस बीच  मेरे पास २० मिनट का समय ही था. फिर मिलने का वादा करके मैं अपने सफ़र पर चल पड़ा. 

अभी कुछ दिन पहले हम पुरे तीन घंटे बैठे और ब्लोगिंग के सभी पहलुओं पर  चर्चा हुई . अवधिया जी एक योगी की तरह ब्लॉग जगत की सेवा में लगे हैं. उन्होंने मुझे बहुत प्रभावित किया, उनका लेखन तो सबको प्रभावित करता है. 
मैं रोज लगभग 60 -70 ब्लॉग तो पढ़ता ही हूँ. लेकिन अवधिया जी के लेखन की बात ही कुछ और है. एक सरल सौम्य और शानदार व्यक्तित्व के स्वामी अवधिया जी सुबह 9  बजे से कंप्यूटर देव के सामने अगर बत्ती लगा कर बैठते हैं और रात ८ बजे तक लगे रहते हैं लेखन कार्य में, 

एक साधक की तरह. गूगल बाबा की सभी हरकतों और नस नाड़ियों के जानकर वैद्य हैं और हमेशा एक ही चिंतन रहता है कि ब्लॉग से कमाई कैसे हो? ब्लॉग से कमाई के सारे रास्ते तलाश करते रहते हैं. मेरे वहां पहुँचने पर उन्होंने कई गुरु मंत्र दिये. 

फिर मेरा उनसे विदा लेने का समय आ गया था. क्योंकि जिस कार्य को अधुरा छोड़ कर आया था उसे पूरा करने का समय आ गया था. अवधिया जी से काफी चर्चाएँ हुयी जिनकी चर्चा मैं बाद में करूँगा. आज उनका एक गुरु मंत्र आपके लिए भी छोड़ रहा हूँ.

चलते चलते
अवधिया जी मुझे बताया कि पीने के लिए चार चीजों का ध्यान रखना जरुरी है.
जिसे उन होने  फोर- डी कह कर सम्बोधित किया.
१. ड्रिंक- उत्तम क्वालिटी का हो
२.डाल्युट- पानी सोडा सही मात्र में होना चाहिए.
३.ड्यूरेशन- पीने के दौरान एक सिप और दूसरी सिप के बीच में अन्तराल होना चाहिए.
४.डाईट- जब पी लो, तो खाना भी डट कर होना चाहिए.
अगर इस नियम कायदे से चला जाये तो  पीना हानि कारक नहीं है. 

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2009

चावल पकाना नही होगा, नई किस्म विकसित

गृहणियों के लिए आज एक खुशखबरी का दिन है, हमारे कृषि वैज्ञानिकों ने चावल की एक ऐसी किस्म विकसित की है जिसे खाने के लिए पकाने की आवश्यकता नहीं है.  

यह किस्म कटक के केंद्रीय चावल अनुसन्धान संसथान ने विकसित की है.
संसथान के निदेशक ने आई.एन.एस. को बताया है कि इस चावल के नई किस्म से उपभोक्ता चावल तुंरत बिना किसी झंझट के पका लेंगे, 

इस किस्म (अग्नि बोरा) का १४५ दिन परिक्षण किया गया, इसकी पैदावार भी ४ से ४.५० हेक्टेयर प्रति एकड़ है,जो अन्य किस्मों के बराबर ही है. 

केंद्र निदेशक तपन कुमार का कहना है कि यह चावल सादा पानी में ४५ मिनट तक भिगोने एवं गरम पानी में १५ मिनट भिगोने से खाने के योग्य हो जाता है. 

जबकि चावल की अन्य किस्मों को पकाने की आवश्यकता होती है,यह चावल असम के स्थानीय चावल (कोमल चावल) की उन्नत किस्म है, इसमें कोई अनुवंसिक परिवर्तन नहीं किया गया है.