जल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 13 फ़रवरी 2016

नदियाँ, बाढ और भारत

भारतीय गणतंत्र एक विशाल भूभाग का स्वामी है। देश है जहाँ बारहों महीने सभी मौसम दिखाई देते हैं ऐसा विश्व में अन्य किसी देश में नहीं होता। एक तरफ़ सूखा पड़ता है तो दूसरी तरफ़ बाढ का विनाशकारी तांडव रहता है। आज यही तांडव तमिलनाडू के तटीय क्षेत्र में दिखाई दे रहा है, जिससे जनजीवन बूरी तरह प्रभावित हो गया और करोड़ों अरबों के संसाधनों की हानि के साथ जनहानि भी दिखाई दे रही है। इसका मुख्य कारण वर्षा जल के उचित निकासी के साधन न होना है। पहले छोटे नगर ग्राम होते थे इतनी समस्या नहीं होती थी, अब विशाल महानगर बन गए है। जनसंख्या विस्फ़ोट के साथ निवास के लिए कोई कहीं पर भी बस गया है। उस क्षेत्र का भूगोल का अध्ययन किए बिना ही बड़ी-बड़ी कालोनियों का विकास हो गया है जिससे नदियों का मार्ग अवरुद्ध होना त्रासदी कारक हो गया है।
नदियों का अपना एक तंत्र होता है, सहसा ही कहीं अत्यधिक वर्षा होने से नदियों का निर्माण नहीं होता है। उससे पहले वर्षाजल नालों, उपनदियों, सहायक नदियों से होते हुए मुख्य नदी तक पहुंचता है तब कहीं असंख्य धाराएं चलकर एक नदी का निर्माण करती हैं तथा ढलान पर कई धाराओं में बंट कर समुद्र में समाहित होती है। शहरों में लोगों ने इन नालों, उपनदियों के प्रवाह क्षेत्र को बंद कर उस पर निर्माण कार्य कर लिए हैं, जिसके कारण नदियों का मार्ग अवरुद्ध हो गया है और अत्यधिक वर्षा के कारण जल निकासी का मार्ग नहीं मिलने के कारण सारा पानी शहर में घुस जाता है। अगर जल निकासी का उचित साधन हो तो शहर या नगर डूबने जैसी घटना नहीं हो सकती।
प्रकृति ने सुरक्षा व्यवस्था स्वयं की है, परन्तु मानव ने उसके सुरक्षा तंत्र को तहस नहस कर डाला है। नदियों के अपवाह क्षेत्र को अवरुद्ध करने के साथ उनके प्रवाह क्षेत्र में भी कब्जा कर बसेरा कर लिया है। जल, अग्नि एवं वायु की शक्ति का  कोई पारावार नहीं है, वह एक झटके में ही बड़े से बड़े निर्माण का सफ़ाया कर देती है, जिससे मानवों के साथ अन्य प्राणी भी प्रभावित होते हैं और जान माल से हाथ धो बैठते हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण केदारनाथ की त्रासदी है। लोगो नें नदी के प्रवाह क्षेत्र में कब्जा करके बड़े निर्माण कर लिए थे। काश्मीर में भी इसी कारण बाढ का तांडव जन धन के विनाश का कारण बना।
इस विनाश का एक महत्वपूर्ण कारण जलवायु परिवर्तन भी है। जलवायु परिवर्तन से होने वाली गर्मी के कारण ग्लेशियर पिघल रहे हैं और समुद्र जल स्तर बढ़ रहा है। इसके लिए वैज्ञानिक दशको से चेतावनी दे रहे हैं कि अगर ग्लेशियर इसी तरह पिघलते रहे तो कई देशों का नामोनिशान मिट जाएगा। बांग्ला देश के तटीय क्षेत्र में प्रतिवर्ष लगभग 20 से 30 भूमि को समुद्र प्रतिवर्ष निगल रहा है। एक जमाने में राजस्थान में कभी कोई बाढ के विषय में सोच नहीं सकता था। तीन चार वर्षों पूर्व भारी वर्षा ने जयपुर में बाढ के हालात पैदा कर दिए। अचानक बाढ आने पर पता चला कि वर्षा जल निकालने के लिए नदी नालों का साधन ही नहीं है।
तमिलनाडू के मद्रास शहर में भी यही कमियां विनाश का कारण बन रही हैं। अब समय आ गया है कि नगरों की बसाहट को दुरुस्त किया जाए। ट्रिब्यूटरियों की साफ़-सफ़ाई कर उन्हें जल प्रवाह ले जाने लायक बनाया जाए। इसके साथ ही नई बसाहटें इस तरह बने कि ट्रिब्यूटरियों का उल्लंघन न हों। प्रकृति के द्वारा बनाए गए जल प्रवाह मार्गों को बंद न कर उनको सम्मानपूर्वक यथा स्थिति में रखा जाए। नगरों में जलप्रवाह की निकासी हेतू समुचित साधनों का निर्माण एवं विकास होना चाहिए तभी बाढ इत्यादि से होने वाली त्रासदियों से बचा जा सकता है। अन्यथा प्रकृति के साथ खिलवाड़ मानव सभ्यता के विनाश का प्रमुख कारक बनेगा।

गुरुवार, 15 मई 2014

कुंआ: मानव सभ्यता की पहचान

जल ही जीवन है, क्षितिज, जल, अग्नि, गगन एवं हवा आदि पंच तत्वों में अनिवार्य तत्व जल भी है। बिना जल के जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। मानव ने सभ्यता के विकास के क्रम में जल की अनिवार्य आवश्यकता की पूर्ति हेतु नदियों एवं प्राकृतिक झीलों के किनारे अपना बसेरा किया। वह नदियों एवं झीलों के जल से निस्तारी करता था। जब मानव समूह विशाल रुप लेने लगे तो गाँव एवं नगर बसने  लगे। निवासियों के लिए जल उपलब्ध कराने की दृष्टि से कुंए, तालाब इत्यादि निर्मित किए जाने लगे। आवागमन के मार्गों पर जल की व्यवस्था कुंए एवं प्याऊ के रुप में की जाने लगी। इस तरह भू-गर्भ जल की उपस्थिति को मनुष्य ने जान लिया और मानवकृत जल के संसाधन विकसित होने लगे।
हड़प्पाकालीन नगर लोथल (गुजरात) के कुंए का निरीक्षण करते हुए विनोद गुप्ता जी के साथ
पेयजल की उपलब्धता के लिए प्राचीन काल से मानव ने कुंए, बावड़ियों एवं तालाबों का निर्माण किया। पुरातात्विक स्थलों के उत्खनन के दौरान प्राचीन नगर बसाहटों में कुंए मिलते हैं। हड़प्पा काल में नगर के मध्य एवं व्यापारिक केन्द्रों में पक्के कुंए होते थे। मोहन जोदड़ो, हड़प्पा, लोथल इत्यादि स्थानों पर उत्खनन के दौरान पक्के कुंए प्राप्त हुए हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ अंचल के सिरपुर में पक्के प्राचीन कुंए उत्खनन में प्राप्त हुए हैं, जिनमें अभी भी मीठा जल उपलब्ध है। इसके साथ ही प्राचीन व्यापार मार्गों पर भी कुंओं के अवशेष मिलते हैं। 

तुलसीदास जी ने रामचरित मानस में रावण की वाटिका वर्णन करते हुए लिखा है - बन बाग उपवन वाटिका, सर कूप वापी सोहाई। जल के बिना जीवन नहीं है, अत: रावण की लंका में भी कूप, वापी सरोवरों की बहुतायता पाई गई। स्नान के लिए सरोवर, पेयजल की प्राप्ति के लिए कूप एवं सिंचाई तथा पशुओं की निस्तारी के लिए बावड़ियों का निर्माण कराया गया था। राज्य द्वारा प्रजा की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल की उत्तम व्यवस्था की जाती थी। 

संस्कृत साहित्य के प्रसिद्ध कवि बाण अपनी कृति कादंबरी (सातवीं शताब्दी) में पोखर-सरोवर खुदवाने को सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण मानते थे. लोक-कल्याण हेतु इस प्रकार के खुदवाए गए जलकोष को चार वर्गों में विभाजित किया गया है- 1.कूप जिसका व्यास 7 फीट से 75 फीट हो सकता है और जिससे पानी डोल-डोरी से निकाला जाए, 2. वापी, छोटा चौकोर पोखर, लंबाई 75 से 150 फीट हो और जिसमें जलस्तर तक पाँव के सहारे पहुँचा जा सके, 3.पुष्करणी, छोटा पोखर, गोलाकार, जिसका व्यास 150 से 300 फीट तक हो, 4.तड़ाग पोखर, चौकोर, जिसकी लंबाई 300 से 450 फीट तक हो.।

जल की व्यवस्था हमारे समाज के लिए कभी मजबूरी रही होगी परन्तु कालांतर में इसने परम्परा का रुप ले लिया। पोखर की चर्चा ऋग्वेद में भी है. गृह्मसूत्र के अनुसार, किसी भी वर्ग या जाति का कोई भी व्यक्ति, पुरूष या स्त्री पोखर खुदवा सकता है और यज्ञ करवाकर समाज के सभी प्राणियों के कल्याण-हेतु उसका उत्सर्ग कर सकता है. आज भी यह काम पुण्य कमाने का समझा जाता है। कुंआ पोखर आदि निर्माण करने को प्रोत्साहित करने के लिए शास्त्रों द्वारा महिमा मंडन किया गया, कहते है - जो धनी पुरुष उत्तम फल के साधन भूत ‘तडाग’ का निर्माण करता है और दरिद्र एक कुआँ बनवाता है, उन दोनों का पुण्य समान होता है। जो पोखरा खुदवाते हैं, वे भगवान् विष्णु के साथ पूजित होते हैं।

महाभारत में भीष्म पर्व के माध्यम से वेदव्यास ने कोई तालाब कितने समय के लिए पानी संचित रख सकता है उसके अनुरूप उनका विभाजन किया है। उन्होंने इस तरह के तालाबों के निर्माण से मिलने वाले पुण्य की भी व्याख्या की है। हिन्दू संस्कृति में इस तरह के जल-स्रोतों का निर्माण एक धार्मिक कृत्य माना जाता रहा है और इसे अपनी कीर्ति रक्षा का सबसे सहज उपाय भी बताया गया है। कूप या कुएं इस श्रृंखला की सब से छोटी इकाई हुआ करते थे जो कि न केवल पेय जल के स्रोत थे वरन उनके आकार के अनुसार उनसे सिंचाई की भी संभावनाएं बनती थीं। 
सिरपुर के बाजार क्षेत्र के मध्य कुंआ
कवि केशवदास ने कविप्रिया में नगर वर्णन करते हुए लिखा है -  खाई कोट अट ध्वजा, वापी कूप तड़ाग, वार नारी असती सती, वरनहु नगर सभाग। पदमावत में जिक्र है कि वारी सुफ़ल आहि, तुम बालापन में ही फ़ल गई, मध्यकाल में वाटिका लगाने के बाद उसका विवाह किया जाता था। तब तक लगाने वाला उसका फ़ल न खाता था। वाटिका लगाने एवं फ़लने के बाद वापी कूप तड़ाग का विवाह करने के बाद ही स्वामी उनका उपभोग करता था। व्यंग्य करते हुए कहा है कि - तुम्हारी वाटिका तो कुंवारी ही फ़ल गई।

कुंओं का निर्माण करना साधारण कार्य नहीं था। भू-गर्भ से जल निकालने के लिए भू-तल तक उत्खनन करना पड़ता था। कुंओं का निर्माण करने के लिए शिल्पशास्त्रों ने विधान बताया है। शिल्पशास्त्र मयमतम के रचयिता कहते हैं - ग्राम आदि में यदि कूप नैऋत्य कोण में हो तो व्याधि एवं पीड़ा, वरुण दिधा में पशु की वृद्धि, वायव्य कोण में शत्रु-नाश, उत्तर दिशा में सभी सुखों को प्रदान करने वाला तथा ईशान कोण में शत्रु का नाश करने वाला होता है । ऐसा कहा गया है ॥१-२॥ वराह मिहिर ने कहा है -  यदि ग्राम के या पुर के आग्नेय कोण में कूप हो तो वह सदा भय प्रदान करता है तथा मनुष्य का नाश करता है । नैऋत्य कोण में कूप होने पर धन की हानि तथा वायव्य कोण में होने पर स्त्री की हाने होती है । इन तीनों दिशाओं को छोड़कर शेष दिशाओं में कूप शुभ होता है ॥४-५॥

स्थान चयन के लिए परम्परागत साधनों से भू जल की उपस्थिति जांचने के बाद समस्त देवताओं का आहवान एवं पूजन करके कूप का निर्माण निश्चित किया जाता था। सही मुहूर्त में कूप का निर्माण प्रारंभ किया जाता था। भूमि के आधार पर कुंओं को खोदने के पृथक पृथक निर्माण विधि प्रयोग में लाई जाती थी। जहाँ मिट्टी मजबूत होती थी वहाँ वांछित गहराई तक कुंआ खोदने के पश्चात उसे ईंटों या पत्थरों से पक्का बांधा जाता था। जहाँ रेत पाई जाती है वहाँ जमीन पर ही कुंओं की चिनाई करके बाद उसके नीचे की रेत धीरे-धीरे सावधानीपूर्वक निकाली जाती है। इसे स्थानीय भाषा में "कोठी गलाना" कहते हैं। यह विधि खतरनाक भी  है क्योंकि यहाँ कुंओं में जल सामान्य से अधिक उत्खनन के पश्चात निकलता है। कभी कभी ईटों के भसकने के कारण मजदूरो के दब जाने से जान लेवा दुर्घटनाएँ हो जाती हैं।

शास्त्रकार कूप निर्माणकार के प्रोत्साहन की दृष्टि से नारद पुराण कहता है- एकाहं तु स्थितं पृथिव्यां राजसन्तम। कुलानि तारयेत् तस्य सप्त-सप्त पराण्यपि।।65।। अर्थात्-जिसकी खुदवाई हुई पृथ्वी में केवल एक दिन भी जल स्थित रहता है, वह जल उसके सात कुलों को तार देता है। दीपालोक प्रदानेन वपुष्मान् स भवेन्नरः। प्रेक्षणीय प्रदानेन स्मृतिं मेधां च विंदति।।66।। अर्थात्- ‘दीप दान’ करने से मनुष्य का शरीर उत्तम हो जाता है और जल के दान के कारण उसकी स्मृति और मेधा बढ़ जाती है। -बृहस्पति स्मृति।  

शास्त्रों में नृपों के लिए स्पष्ट निर्देश देकर जल प्रदुषित एवं जल साधन नष्ट करने वाले के लिए दंड का विधान किया गया है। लिखित स्मृति कहती है- पूर्णे कूप वापीनां वृक्षच्छेदन पातने। विक्रीणीत गजं चाश्वं गोवधं तस्य निर्द्दिशेत्।। अर्थात्- जो मनुष्य कुआँ या बावड़ी को पाट देता है, वृक्षों को काट कर गिरा देता है तथा हाथी या घोड़े को बेचता है, उसे ‘गौ के हत्यारे’ के समान मानकर दण्डित करना चाहिए। ‘तडाग देवतागार भेदकान् घातयेन्नृपः।।‘ ‘अग्नि पुराण’ में राजाओं के लिए स्पष्ट निर्देश है कि यदि कोई व्यक्ति जलाशय या देवमंदिर को नष्ट करता है तो राजा उसे ‘मृत्युदण्ड’ से दण्डित करे। स्कंद पुराण के माहेश्वर खण्ड में कहा गया है कि जो व्यक्ति पोखरा को बेच देते हैं, जो जल में मैथुन करते हैं तथा जो तालाब और कुओं को नष्ट करते हैं, वे ‘उपपातकी’ हैं। ऐसे व्यक्ति जब दुबारा जन्म लेते हैं तो वे अपने ‘हाथों’ से वंचित होते हैं।
सिरपुर के प्राचीन बाजार क्षेत्र के मध्य कुंआ
जल सर्वकाल में मानव एवं चराचर जगत के लिए जीवन का स्रोत है, इसके महत्व को प्राचीन काल के मानवों ने समझा तथा जल की समुचित व्यवस्था की ओर ध्यान देते हुए जल के संसाधनों के रुप में कूप, तालाबों का निर्माण करवाया। हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के हरितक्षेत्र में कुंआ पूजन का विधान है। पुत्र जन्म होने पर स्त्रियाँ सद्य: प्रसुता से कुंए की समारोह पूर्वक पूजा करवाती हैं। यह जल संसाधन के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का सामाजिक नियम निर्मित किया गया है। इस तरह कुंए प्राचीन काल से मानव सभ्यता एवं प्राणी जगत की जलापूर्ति का साधन बने हुए हैं। बढती हुई जनसंख्या के समक्ष जलापूर्ति एक विकराल समस्या के रुप में सामने आ रही है। भू-जल का स्तर निरंतर गिरता जा रहा है। पर्जन्य से जितना जल पृथ्वी पर आता है उसे बचाकर भू-गर्भ के जल की वृद्धि करने का प्रयत्न करना चाहिए।