डॉ. मीनाक्षी स्वामी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
डॉ. मीनाक्षी स्वामी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 8 अक्टूबर 2011

भूभल: सामाजिक चेतना की आंच का प्रज्जवलन -- ललित शर्मा

सुस्थापित रचनाकार मीनाक्षी स्वामी का उपन्यास ‘भूभल’ हाल ही में मुझे पढ़ने को मिला। यह बलात्कार के कानूनी पहलू पर केन्द्रित है। यही इसकी सार्थकता और अनूठापन है क्योंकि इस पहलू को केंद्र में रखकर लिखा गया यह संभवतः पहला उपन्यास है। कानून जैसे शुष्क विषय के बावजूद इसमें सरसता और रोचकता इतनी सहजता से गुंथी हुई है कि एक बार हाथ में लेने के बाद पूरा पढ़कर ही छूटता है। यह रचनाकार के भाषा, शिल्प कथानक, संवाद और प्रस्तुति का कौशल है। मनुष्य अपने मन की अवस्थाओं को प्रकृति से जोड़ता है। खास तौर पर गुलमोहर के बिम्ब का पूरे उपन्यास में सहजता से चलना इसे अद्भुद कृति बना देता है। गुलमोहर, कंचन के सुख, दुख, संघर्ष, सफलता और विफलता का साक्षी है। प्रकृति के ऐसे साक्षी भाव की औपन्यासिक कृति हिंदी में यदा-कदा ही देखने को मिलती है। इसलिए यह बेजोड़ साहित्यक कृति बन गई है। कानून और न्याय व्यवस्था के अनेक विरोधाभासों का मार्मिक और तार्किक शब्दांकन मीनाक्षी जी ने बड़े ही कौशल से उकेरा है। जैसे ममता, रिया और उर्मिला का प्रकरण। इनके माध्यम से कानून के इस कड़वे पहलू से उपन्यास इस तरह परिचित कराता है कि दिल धक से रह जाता है, पैरों तले की धरती खसक जाती है और स्त्री के पक्ष में दिखने वाले कानून का असली छद्म खुलकर सामने आ जाता है।


उपन्यास की नायिका है कंचन। वह स्वाभिमानी, आत्मविश्वास से लबरेज, उसूलों की पक्की, अन्याय और भेदभाव से अपने दृढ़ चरित्र व मनोबल के सशक्त और तेजस्वी अस्त्र से जूझने वाली है। बाल्यावस्था से ही शोषण के विरूध्द अपनी आवाज बुलंद करने वाली कंचन शिक्षा पूरी करके न्यायाधीश के रूप में स्थापित होती है। यहीं से आरंभ होती है कंचन की मुख्य यात्रा जिसमें प्रभाव है, प्रवाह है, संघर्ष है, सामाजिक और मुख्य रूप से कानूनी विवशताएं हैं, जटिलताएं हैं। कंचन इनसे जूझती है, टकराती है मगर न तो टूटती है न ही बिखरती है। वरन् अपने भीतर मौजूद चेतना की अग्नि से इनके प्रवाह को मोड़कर अपने समय और समाज के बीच, उस लौ को प्रज्जवलित रखती है। यही स्त्री चेतना है जिसे अपने दृढ़ संकल्प और इच्छा शक्ति से वह सामाजिक चेतना में बदल देती है। दूसरे उपन्यास का सर्वाधिक महत्वपूर्ण पहलू है स्त्री पुरूष को साथ लेकर चलने का आग्रह। स्त्री विमर्श का आशय, जो वैचारिक संक्रमण के चलते, पुरूष विरोध के दुराग्रह में बदल गया है, उसका विरोध दर्ज कराते हुए उपन्यास में सबको, समूचे समाज को साथ लेकर चलने का आह्वान है। यह सुखद संकेत है जो क्षमाशीलता, उदारता जैसे स्त्रियोचित संस्कारों में भी प्राण फूंकता है जो तथाकथित नारीवादी आग्रह के चलते कुचले जा रहे हैं। यह नारीवाद और स्त्री विमर्ष के नए आयामों को प्रस्तुत करता है और खांचे में बंटते समाज को पुनः जोड़ कर सशक्त बनाना चाहता है। उपन्यास समाज के इस भ्रम को दूर करता है कि कई समस्याएं केवल समाज की आधी आबादी की है। वरन् स्त्री की समस्या से पुरूष भी पीडि़त होता है याने समस्या पूरे समाज की है। जैसे कि ‘‘पर ये भी तो है कि दोनों से मिलकर समाज बना है, एक को पीड़ा हो तो दूसरा भी पीडि़त होता है।’’ (पृष्ठ 183) इससे जाहिर है कि यह बनी-बनाई नारीवादी फैशन की लीक से हट कर समाज की समस्याओं का वास्तविक आकलन करते हुए अनुभव की आंच से तपकर निकली कृति है।

तीसरी और महत्वपूर्ण खासियत है तथाकथित आधुनिकता, प्रगतिशीलता के नाम पर वर्जनामुक्त होती युवा पीढ़ी को इस कड़वी सच्चाई से परिचित कराता है कि कानून वर्जनाहीनता के पक्ष में नहीं है। खासकर बलात्कार की शिकार पीडि़त स्त्री के चरित्र की व्याख्या करते हुए । यदि वह अपना कौमार्य भंग कर चुकी है चाहे प्रेम संबंधों के चलते भी, तो भी वह अक्षम्य अपराधिनी है, दुष्चरित्र है और इसी आधार पर उससे बलात्कार करने वाला अपराधी बाइज्जत बरी होने का अधिकार और स्वंय के सच्चरित्र होने का प्रमाणपत्र पा लेता है । युवा पीढ़ी को तथाकथित आधुनिकता के विकृत परिणामों का वीभत्स चेहरा दिखाकर भ्रमित और पथभ्रष्ट होने से रोकने के प्रयत्न में लेखिका पूरी तरह सफल हैं। इस सच्चाई को जानना युवा पीढ़ी के लिए अनिवार्य है और मेरी राय में उन्हें इसे अवश्य पढ़ना चाहिए। नारी अस्मिता और स्वतंत्रता से जुड़ा अहम प्रश्न है दैहिक स्वतंत्रता का, जिसमें निरंतर एक ही सवाल उठता है कि स्त्री अपने चाहने पर किसी पुरूष से संबंध बना पाती है या नहीं। मगर इससे भी महत्वपूर्ण प्रश्न है जिसे स्त्री विमर्ष के दौरान उपेक्षित ही छोड़ दिया जाता है, यह अहम प्रश्न है कि अपने न चाहने पर स्त्री किसी पुरूष को संबध बनाने से रोक पाती है या नहीं ? यह स्त्री की गरिमा, मर्यादा और अस्मिता से जुड़ा अहम वैश्विक प्रश्न है। उपन्यास इस केन्द्र के इर्द-गिर्द घूमता है और स्त्रियों के शिकार में जाने-अनजाने शामिल हर पक्ष को कठघरे में खड़ा करता है।

इसका सामाजिक पहलू तो कड़वा है ही, कानूनी पहलू स्त्री के पक्ष में खड़ा होने के बावजूद उसे शिकार बनाने के इस खेल में अनजाने ही शामिल हो जाता है। उपन्यास में इस कड़वे निर्वसन सत्य को बेबाकी से सामने रखा है। हृदय विदारक हादसों की अनुगूंज और पीडि़त स्त्रियों की कराहें पूरे उपन्यास में ध्वनित होती हैं जो पाठक के मन मस्तिष्क को इस तरह झकझोर कर रख देती हैं कि उसका मन समाज के अंतर्विरोधों से उद्वेलित हो जाता है, उसकी आत्मा करूण क्रंदन करने लगती है। न्यायतंत्र के विरोधाभासों को लेखिका ने इस कौशल से उकेरा है कि पाठक आक्रोशित हो कुछ कर गुजरने को बेचैन हो जाताहै। भाषा में बिम्ब के साथ लेखकीय चिंतन का विनियोग है । इससे कई बार पाठकों के साथ तादात्म्य स्थापित करते हुए जो दलीलें दी गई हैं, वे पाठकों के विचारों को उद्वेलित करके विचार विमर्ष को जन्म देती हैं। जैसे ‘‘ममता का भंग कौमार्य उसके प्रेम संबंध का परिणाम है न कि चरित्रहीनता का ।’’(पृष्ठ 133) ‘‘स्त्री के दर्द से  साथ जुड़ा पुरूष भी तो घायल होता है,इसीलिए तो पुरूष से बदला लेने के लिए संबंधित स्त्री के साथ जबरदस्ती करना...ओह...!’’ (पृष्ठ 183) भाषा पात्रों के अनुरूप है। जैसे ‘‘रामकिशोर खींसे निपोरकर बोला ‘अरे वो हम भी जानते हैं। चाल-चलन खराब होता तो तुम्हें जोर-जबरदस्ती की जरूरत ही क्यों पड़ती ? फिर तो मामला यूं ही फिट हो जाता ना है ना!’’(पृष्ठ 150)

मीनाक्षी स्वामी ने अपने लेखकीय कौशल से पात्रों का मनोविश्लेषण बहुत गहराई से किया है। जैसे ‘‘ऐसी पूछताछ तो गैर करते हैं। अपने तो भरोसा करते हैं, कुछ नहीं पूछते ।’’(पृष्ठ 239) समग्र रूप में ‘भूभल’ उपन्यास के अर्थ में एक ऐसा दस्तावेज है जो जनचेतना, जनशक्ति से सामाजिक क्रांति का विश्वास जगाता है, शंखनाद करता है। ‘‘कोमल और नन्हीं बूंदें जब संगठित होती हैं तो चट्टानों को भी काटकर रख देती हैं।’’(पृष्ठ 255) ‘‘जनमत ने दांतों तले उंगली दबा ली। इतनी ताकत है उसमें और वही अनभिज्ञ था अपनी ताकत से।’’ (पृष्ठ 256) मीनाक्षी स्वामी ने जीवन की विसंगतियों को समाजशास्त्रीय आंख से देखकर, उन्हें संवेदनाओं के संश्लिष्ट स्वरूप में कायान्तरित करने का कौशल एक नितांत असंक्राम्य मुहावरे में अर्जित किया है। वे अनुभवों को संवेदनाओं के ऐसे संभव और संप्रेष्य रूप में अभिव्यक्ति करती हैं कि पाठक अविकल सतत पाठ के लिए विवश हो जाते है। यही कौशल उनके इस उपन्यास ‘भूभल’ में भी दिखाई देता है। इस साहसिक, विचारोत्तेजक और मार्मिक कथ्य की संवेदनशील और कलात्मक प्रस्तुति के लिए मीनाक्षी स्वामी बधाई की पात्र हैं।आग के बने रहने में गहरा प्रतीकार्थ है। भीतर की आग ही मनुष्य को कुछ कर गुजरने के लिए प्रेरित करती है। यह आग उपन्यास में अंत तक प्रज्जवलित है और पाठक के मन में भी प्रज्जवलित हो जाती है, यही सिध्दहस्त लेखिका की सफलता है। उपन्यास का अंश यहाँ पर है.......।


समीक्षित उपन्यास - भूभल
लेखिका - डॉ. मीनाक्षी स्वामी
प्रकाशक - सामयिक प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य - तीन सौ साठ रूपए


शनिवार, 18 जून 2011

धरती की डिबिया में -- डॉ. मीनाक्षी स्वामी

डॉ मीनाक्षी स्वामी मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग में प्राध्यापक पद पर कार्यरत हैं, आपने समाजशास्त्र लगभग 40 पुस्तकें लगभग हर विधा मे हर वर्ग के लिए रची हैं, रचना कर्म के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और स्वीकृति के रुप में रचनाओं पर भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं मध्य प्रदेश तथा उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। यह कहानी मध्यप्रदेश शासन द्वारा 2008 में पुरस्कृत हुई है और हाल ही में गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार में एम.ए. हिंदी साहित्य के पाठ्यक्रम में शामिल की गई है। 

सुबह ठीक पौने पाँच बजे जब वह सैर करने के इरादे से अपने बंगले के गेट तक आया ही था कि बूँदें पड़ने लगीं। वह भीतर लौट आया और बरामदे में रखी हुई कुर्सी पर बैठकर बूँदों का गिरना देखने लगा। बरामदे की छत के स्लोब के किनारों से बूँदों ने मोती की लड़ी बनाकर झड़ी लगा दी। नीचे की रेलिंग तक आकर बूँदों की लड़ी के दो चार मोती रेलिंग में अटक जाते और फिर देर रात तक अटके रहते। बरसात के दिनों में अक्सर उसका सैर करने जाना छूट जाता है। मगर बरसों पुरानी इस आदत की कड़ी टूटने के बावजूद वह जरा भी विचलित नहीं होता और मोती की इन लड़ियों को बड़े ही इत्मीनान के साथ मुग्ध भाव से देखा करता है। इस सौंदर्य का आकर्षण उसके लिए इतना अधिक है कि वह छतरी या बरसाती लेकर भी सैर के लिये नहीं जाता है।
    यहाँ बैठकर वह मन ही मन अपने बीते बरसों की लंबी सैर कर आता है। बचपन का वह दृश्य आज भी उसकी आँखों में ज्यों का त्यों है। गांव का गारे मिट्टी का गोबर से लिपा टीन की छत वाला घर, जब रिमझिम बरसात की बूँदें टीन की छत पर गिरती तो कर्णप्रिय संगीत निकलता और छत के किनारे से पानी के बूँदें मोती की लड़ी सी झरने लगती। आगे के कमरे की दहलीज पर बैठ वह मोतियों का टपकना देखा करता।
    एक दिन उसने सोचा कि कुछ मोती इकट्ठे करके अपने पास रखूँ और अपने दोस्तों को भी दिखाऊँ। वह माचिस की खाली डिबिया लाया और उसे खोलकर मोती की गिरती हुई लड़ी के नीचे लगा दिया। मगर डिबिया में मोती की जगह पानी देखकर वह बहुत निराश हुआ। फिर उसने खूब दिमाग लगाया और एक ही मोती डिबिया में रखा, मगर वह भी डिबिया में आते ही पानी की बूँद बन गया था। वह घर में सबसे छोटा था, अपने बड़े भाई बहनों को उसने अपनी परेशानी यह सोचकर बताई थी कि वे उसकी मदद करेंगे पर वे खूब हंसे और तो और वे सब पड़ोसियों, रिश्तेदारों, परिचितों और स्कूल के साथियों को भी यह बात बताते रहे। यह सिलसिला कई दिनों तक चला और वह खूब झेंपता रहा। जब परेशान होकर उसने माँ को बताया तब उन्होंने सबको डाँटकर उसे उबारा था। यह बात तो अब भी जब कभी सब भाई बहन इकट्ठे होते हैं, करते हैं, मगर इस बात पर अब वह भी खुलकर हँसता है।
    उम्र बढ़ने के साथ पानी की बूँदों के प्रति उसका प्यार और आकर्षण भी बढ़ता गया। यह सब सोचते-सोचते उसने देखा कि बरसात बंद हो गई है। सैर पर जाने के लिए अभी भी पर्याप्त समय है। यह देखकर वह निकल पड़ा, बरामदे से बाहर, गेट से निकलकर सड़क पर। गेट से ही उसका गनमेन भी उसके पीछे हो लिया।
    राजधानी के इस विशिष्ट इलाके में श्यामल पहाड़ियों के उतार चढ़ाव के बीच साफ सुथरी चिकनी काली सरपट सड़क पर घूमना उसकी सुबह को अलौकिक बना देता है। पेड़ों की बहुतायत, तरह-तरह के पंछियों का कलरव, कि जंगल का सा आभास और बीच-बीच में बने जंगले इलाके की विशिष्टता का अहसास कराते है। वह मेनरोड पर चल रहा है और पीछे-पीछे गनमेन। गनमेन के जूतों की खट-खट की आवाज वह साफ-साफ सुन रहा है और जान रहा है कि वह भी उसी की गति से चल रहा है। वह उससे अपनी दूरी को एक इंच भी न कम होने दे रहा है न ज्यादा। भीगी हुई सड़क पर तेज चलती हुई एक मेटाडोर आई तो वह फुटपाथ पर हो गया। मेटाडोर के चले जाने के बाद देर तक उसके शोर में गनमेन के जूतों की खट-खट दबी रही, लेकिन उसने महसूस किया कि उसके फुटपाथ पर आते ही वह भी उसके पीछे आ गया है।
    वह मुसकाया और मेनरोड पर चलते हुए थोड़ा आगे आकर उस गली में मुड़ गया जहाँ अच्छी खासी पहाड़ी ढलान थी। ढलान से  उतरते हुए उसके कानों में पानी के झर-झर झरने की आवाज पड़ी। बरसात रूकने के बाद देर तक ऐसी ही आवाज आती है इस जगह पर। पेड़ों के झुरमुट के भीतर पत्थरों के ढेर के बीच से बहता पानी झरने की सी आवाज करता, बरसात रूकने के बाद भी देर तक बहता रहता है और देर तक यहाँ ऐसी ही आवाज आती है। वह कुछ पल रूका और आवाज सुनता रहा। बरसात के दिनों में यह आवाज सुनते हुए हर बार वह सोचता है कि कभी समय निकालकर वह जगह देखेगा, जहाँ से पानी गिरता है। मगर उसका सोच अभी तक सोच ही है।
    मोड़ पर आकर उसने देखा, कोने के पास वाले खाली पड़े बंगले के गेट के बाहर शेरू पिल्ला बैठा है। उसके देखते-देखते वह खड़ा हुआ, थोड़ा आगे बढ़कर उसने पहले अपने भीगे हुए कान फड़फड़ाए, फिर पूँछ और फिर पूरा शरीर और भागा अपनी माँ के पास। यह देखकर वह हँस पड़ा। इसी मोड़ से आगे सड़क से होकर घूमते हुए वह फिर उसी गली में आ गया, जो आगे मेनरोड पर मिलती है। इधर से लौटते हुए अब वही ढलान चढ़ाई में बदल गई है।  बादल होने से, सूरज के ढँका होने के बावजूद अब तक अच्छा खासा उजाला हो गया है।
    चढ़ाई खतम होने पर पिछले साल ही दांई ओर बनी चाय की गुमटी पर उसका ध्यान गया। गुमटी अभी-अभी ही खुली है और चायवाला साफ सफाई कर रहा है। गुमटी से लगभग सटी हुई देवी के मंदिर की फेंसिंग है, जिसका बाहरी आकार नारियल की तरह है। मंदिर और चाय की गुमटी दोनों ही अतिक्रमण करके बनाए गए हैं, जिन्हें हटाने का ख्याल सपने में भी करने में इस विषिष्ट इलाके के सक्षम लोग निष्क्रिय हैं। मामला धार्मिक आस्थाओं का है और चुनाव में सिर्फ साल सवा साल ही बचा है। इस निष्क्रियता में वह भी शामिल है। यह सोचते हुए वह मेनरोड पर बने फुटपाथ पर आ गया और तालाब की ओर बढ़ गया।
    तालाबों के इस शहर में उसके बंगले के दाहिनी तरफ की बाऊण्ड्री वॉल से लगा हुआ ही तालाब है। फुटपाथ पर चलता हुआ वह तालाब के सामने आ गया और वहाँ लगी पत्थर की बेंच पर बैठ गया। तालाब में ही लबालब भरी जलराषि को देखना उसे हमेशा से ही रोमांचक लगता रहा है। तालाब में हवा के झोंकों से हल्की-हल्की लहरें उठ रही हैं। कुछ दूरी पर जलमुर्गियाँ क्रीड़ाएँ कर रही हैं। वे कभी थोड़ा सा उड़ती, फिर पानी में डुबकी लगाती, फिर तैरने लग जाती और थोड़ी दूर तैरकर फिर किनारे पर आ जाती। किनारों की चट्टानों से बरसात का पानी अब भी गुनगुनाता हुआ तालाब में समाहित हो रहा है। इस गुनगुनाहट में मेंढकों का शोर और पक्षियों का कलरव मिलकर अनुपम संगीत रचकर वातावरण में नया रस घोल रहा है। उसने दूर दृष्टि डाली। काले-काले बादल बिल्कुल नीचे झुक आए हैं, बादलों की धुंध में दूर के पेड़ पौधे पहाड़ी सब ढँके हुए हैं। कुछ पल आंखें मूँद कर वह इस अलौकिक सुबह में डूब गया।
    फिर वह उठा और उसी रास्ते से वापिस लौटने लगा। थोड़ा आगे फुटपाथ के किनारे खूबसूरत बगीचा है। अब वह उसी ओर जा रहा है। उसके पीछे चल रहा गनमेन भी इस बात से अच्छी तरह वाकिफ है कि अब साहब बगीचे में जाएँगें। यदि वह नावाकिफ है तो उसके भीतर की दुनिया से। राजधानी के इस विषिष्ट इलाके में एक दो नहीं, पूरे पाँच बगीचे हैं आमने-सामने। और बारिष की इस अलौकिक सुबह में वह उस विषिष्ट बगीचे में दाखिल हो गया, जिसमें आने के बारे में अपने बचपन तो क्या, युवावस्था में भी उसने कभी सपना तक नहीं देखा था।
    वह बगीचे के लॉन के बीच बने पक्के फर्श पर धीरे-धीरे चलने लगा। भीगे हुए मौसम की नमी उसके मन को छू रही है। लॉन में तरतीब से उगी और साज सम्हाल से कालीन सी बिछी हरी-हरी घास पर उसने हीरे की कनी सी चमकती देखी। वह अच्छी तरह से जानता है ये बूँदें ही हैं। किनारें की गुलाब की क्यारी पर उसकी नजर पड़ी तो उसने गुलाबों पर बूँदों के मोती चमकते देखे। वह आगे बढ़कर बगीचे के आखिरी कोने पर पहुँचा। कोने में बने कमल के आकार के बड़े हौद की सतह पर खिले कमल के पत्तों पर बूँदें अब तक कांप रही है। तभी उसने फड़फड़ाहट की आवाज सुनी और उसकी नजर ऊपर पेड़ पर पड़ी। एक तोते ने अपने पंख फड़फड़ाए और फिर आसमान की ओर देखा, पानी रूका देखकर उसने ऊँची उड़ान भरी और देखते-देखते आंखों से ओझल हो गया।
    अब वह दूसरी तरफ चला और खालिस पानी से भरे हौद के पास बैठ गया। हौद के पास झुक आए पेड़ के पत्तों से फिसलती बूँदें पानी में डुबकी लगा रही हैं । उनके डूबने के बाद बनते गोल घेरे को वह ध्यान से देखने लगा और बड़ी देर तक यही देखते रहने के बाद वह धीरे से उठा और बगीचे से बाहर आया, घर की ओर लौट जाने के लिये। बगीचे के बाद वाली सड़क पार करने के बाद कोने पर उजाड़ पड़े, अधबने शॉपिंग सेंटर की दीवार के कोने पर उसे माणिक की झालर दिखी । उससे रहा नहीं गया। वह रूका और अपने पीछे चल रहे गनमेन को यह अद्भुत नजारा दिखाया। फिर वह उसे उस दीवार के पास मकड़ी का वह बड़ा जाला दिखाने ले गया, जिसमें लटकी बूँदें ही दूर से मणियों की झालर जैसी दिख रही थी। बूँदों का यह चमत्कार देखकर गनमेन दंग रह गया।
    यह बूँदों का ही तो चमत्कार है कि आज वह यहाँ इस जगह खड़ा है। राजधानी की श्यामल पहाड़ियों पर बने इस विशिष्ट इलाके के विशिष्ट बंगले में रह रहा है।
    इस चमत्कार की कहानी तो तभी शुरू हो गई थी जब उसे बूँदों के मोती को माचिस की डिबिया में सहेजने की बात सूझी थी। यही सूझ मन के किसी कोने में दबी पड़ी थी और इसका पता खुद उसे भी नहीं था। मगर जब अपने खेतों में सिंचाई के लिए कई नलकूप खुदवाने के बावजूद पानी की एक बूँद भी नहीं निकली और उसे पता चला कि धरती की कोख में पानी दम तोड़ चुका है, तब अवसाद में घिरा वह अपने घर के उसी आगे वाले कमरे की दहलीज पर बैठा उपाय सोच रहा था। तब उसे माचिस की डिबिया में बूँदों के मोती समेटने की बात याद आई और अनायास ही उसे सूझा कि विराट को विराट में ही समेटा जा सकता है। पानी की बूँदें माचिस की डिबिया में नहीं, धरती में समेटी जा सकती है। बस यही सोचकर उसने नलकूप खुदवाने बंद कर दिए और एक डबरी बनवाई। जब थोड़ी ही सही, पर बारिश हुई तो आसपास का पानी डबरी में समा गया और डबरी भर कर तालाब बन गई। तालाब क्या भरा, उसका मन उत्साह से भर गया। फिर तो उस पर जैसे जुनून ही सवार हो गया डबरी, तालाब खुदवाने का। उसने पानी के बहाव की दिशा में गाँव के चारों ओर तालाबों की श्रृंखला बनवा दी। जहाँ तालाब बनवाने की जगह नहीं थी वहाँ चेक डेम बनवाए। अब वह पानी की बूँदों को माचिस की डिबिया में नहीं, तालाबों, चेक डेमों और इसके सहारे धरती के भीतर भर लेना चाहता था और इसी का कमाल था कि एक साल की सामान्य बारिश के बाद ही गाँव में उसके खुदवाए और अन्य सूखे नलकूपों में पानी आने लगा। गाँव के सूखे कुँए पानी से लबालब भर गए। गाँव में भरपूर पानी हो गया।
    जब उसके भाई-बहनों ने जाना कि बूँदों को माचिस की डिबिया के बजाय धरती में सहेज रहा है और उसकी सहेजी गई बूँदें धरती में समाने के बाद तालाबों में लबालब भरी है तो अबकी बार हँसने के बजाय उन्होंने दांतों तले ऊँगली दबा ली। गाँववाले उसे सरपंच चुनाव में खड़ा होने के लिए मनुहार करने लगे। उसने उस मनुहार का आदर भी किया। मगर पानी सहेजने का उसका जुनून बना रहा। पंचायत को मिली फर्नीचर की राशि भी उसने तालाबों की खुदाई में लगा दी। उसकी टूटी टेबल कुर्सी के लिए जब उसे किसी ने टोका तो उसका जवाब बड़ा ही सरल सहज था कि सुबह से आधी रात तो बाहर तालाब आदि खुदवाने में बीत जाती है, इन पर बैठने का मौका और समय ही कहाँ है ?
    और फिर एक दिन न जाने किससे सुनकर एक अखबार वाला उसके काम देखने आया। फिर अखबार की खबर पढ़कर खुद मुख्यमंत्रीजी उससे मिलने और उसका काम देखने आए। मुख्यमंत्रीजी ने भारी भीड़ के सामने उसके काम की तारीफ करते हुए उसके लिए कहा कि उसने कुदरत को जीत लिया है, संकटों को परास्त कर दिया है, तो पहले तो वह संकोच से घिर गया, मगर फिर जल्दी ही सहज हो गया और उनके आद अपने भाषण में उसने साफ बता दिया कि संकट कभी परास्त नहीं होते, वे तो जीवन का एक हिस्सा होते हैं। उसने यह भी बता दिया कि उसने इन्हें संकट नहीं चुनौती माना और इनसे प्यार किया। कुदरत से जीत की बात पर उसने कहा कि मैं कुदरत से प्रतियोगिता नहीं रखता, बल्कि खुद को उस विराट का अंश मानता हूँ।
    मुख्यमंत्रीजी और अखबार वालों ने उसे महामानव बना दिया। मगर वह अभी भी खुद को वही समझता था और माचिस की डिबिया वाली बात याद करके झेंप जाता था। यही नहीं, वह अब भी मन ही मन सोचा करता था कि किसी तरह धरती के भीतर घुस कर देख सके कि धरती कि डिबिया के भीतर भरा पानी कैसा लगता होगा।
    धरती के भीतर घुसना तो उसके लिए सपना ही रहा, पर उसे फिर लोगों की और पार्टी की मनुहार पर विधानसभा चुनाव में खड़ा होना पड़ा। बेशक वह चुनाव जीता और मंत्री बना। पिछले करीब चार सालों से वह मंत्री है। पानी को सहेजने का उसका जुनून अब गाँव की सीमा से बाहर निकलकर प्रदेश
 भर में फैल चुका है। उसके रहते प्रदेश में, पानी की कहीं कोई कमी नहीं है। अखबार वाले उसे कभी इंद्रदेव बताते हैं, तो कभी लोकतंत्र का महानायक।
    उसे याद आया, उसकी शुरूआती सफलता के समय जब सबने यहां तक कि अखबार वालों ने भी उसके लिए कहा था कि वह बुद्धि से काम लेता है और यह सफलता उसके दिमाग का ही कमाल है, तब माँ ने कहा था कि यह प्रेम का कमाल है, पानी के प्रति उसके प्रेम का। उसे अनायास ही माँ की बात याद आ गई और उसकी आंखों से एक बूँद मोती बनकर लुढ़की।

डॉ. मीनाक्षी स्वामी