थिम्पू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
थिम्पू लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 15 अगस्त 2016

नेशनल मेमोरियल चोर्तेन एवं भूटान के वृद्ध

आरम्भ से पढ़ें 
हम नेशनल मेमोरियल चोर्तेन देखने पहुंचे। भूटान आने वाला हर यात्री इस स्थान पर पहुंच ही जाता है।  ड्रुक ग्यालपो किंग जिग्मे दोरजी वांगचुक (1928-1972) अजदहा (डेग्रन) के देश भूटान के तीसरे ड्रुक थे। उन्हें आधुनिक भूटान का जनक माना जाता है। राजधानी थिम्पू के मध्य भारतीय सैनिक अस्पताल के समीप उनकी याद में एक स्मारक बना हुआ है, जिसे "नेशनल मेमोरियल चोर्तेन" कहा जाता है। इस स्मारक परिकल्पना तिब्बती बौद्ध परम्परा के अनुसार थिनले नोरबू ने की, परन्तु इसका निर्माण ड्रुक की माता फ़ुंतसो चोडेन वांगचुक ने 1974 में कराया था।
नेशनल चोर्तेन थिम्पू
यहां बने हुए स्तूप में अन्य स्तूपों की तरह राजा की कोई खास सामग्री (अस्थियाँ) नहीं रखी गई है। अन्य स्तूपों के विपरीत यहाँ सिर्फ़ ड्रुक की तश्वीर रखी हुई है। किंग जिग्में दोरजी वांगचुक के मन में ऐसा स्मारक बनाने की इच्छा थी जो बौद्ध धर्म का प्रतिनिधित्व करता हो और थिम्पू शहर की एक पहचान (लैंड मार्क) के नाम से जाना जाए। उनकी इच्छा की पूर्ती राजमाता ने की। यहाँ श्रद्धालू आते हैं और अपने धार्मिक कर्मकांड पूर्ण करते हैं।

शिखर छूने की चाह: राजेश सेहरावत
इस स्थान पर 4 बड़े मणिचक्र भी स्थाप्ति है, चारों तफ़ खुला स्थान है जिसमें बगीचा बना हुआ है और फ़ूलों की क्यारियाँ सजाई गई है। शहर के वृद्ध यहाँ आकर सप्ताहांत का दिन बिताते हैं और नौजवान बौद्ध धर्म के अनुसार आराधना करते हैं। इस स्तूप का स्वर्ण कलश आकाश को छूता हुआ प्रतीत होता है। यहाँ एक घंटा भी लगाया गया है जिसे विशेष अवसरों पर बजाया जाता है। 2004 में इसका नवीनीकरण किया गया था था तथा यह भूटान के धार्मिक चिन्हों के रुप में जाना जाता है।

भूटान के वृद्ध
रविवार का दिन होने के कारण यहां बहुत सारे वृद्ध दिखाई दे रहे थे। वे चोर्तेन की परिक्रमा करते हेउ जाप कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि भूटान वृद्धों का ही देश है। मैने वहां उपस्थित लोगों से वृद्धों के विषय में चर्चा करके भूटानी समाज में उनकी स्थिति के विषय में जानकारी ली। लोगों ने बताया कि भूटान में वृद्धों की हालत अन्य स्थानों बेहतर है। स्वास्थय सुविधाओं एवं प्रदूषण मुक्त प्राकृतिक वातावरण ने इनकी उम्र बढाई है।  

भूटान के वृद्ध
यहाँ के अधिकांश वृद्धों का समय आमतौर पर या तो माला जपते हुए बीतता है, या फिर मंदिर-देवालयों में परिक्रमा कर इष्ट-देवों को प्रसन्न करते हुए। उम्र के साथ ईश्वर के प्रति आस्था का बढ़ना एक सहज प्रक्रिया है। भूटान के अधिकतर नागरिक बौद्ध धर्म के अनुयायी हैं, अतः लोगों की, विशेष तौर पर उम्र के ढलते पड़ाव पर पहुँच गये व्यक्तियों के जीवन में धर्म अत्यंत विशेष महत्त्व रखता है.

दंडवत करते हुए युवती
अन्य समुदायों की तरह भूटानी समाज भी वृद्ध व्यक्तियों के अनुभव और सूझ-बूझ को आदर भाव से देखता है,  घर के मुखिया मन-मुटाव दूर करवाने वाले सलाहकार के रूप में पारिवारिक-सामाजिक इकाई का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। यही कारण है कि वहां बुज़ुर्ग समाज इज्ज़तदार जीवन व्यतीत करता है. परन्तु, वर्तमान में आधुनिकरण, शहरीकरण और पाश्चात्य संस्कृति की आंधी ने भूटानी पारिवारिक इकाई को भी अपनी चपेट में ले लिया है, और वृद्धावस्था बदलते पारिवारिक ढांचे, पलायन और बदलती जीवनशैली के बीच खुद को असहाय खड़ा पा रही है।

पुत्र वल्लभा
चूँकि स्थानीय लोग अधिक संख्या में शहरों की ओर कूच कर रहे हैं, इसलिए घर के बुज़ुर्ग प्रायः ही गाँव में पीछे छूट जाते हैं. अपने भरण-पोषण की संपूर्ण ज़िम्मेदारी वृद्धावस्था में भी उनके कन्धों पर ही आ पड़ती है। नगर-शहरों में एकल परिवार की संस्कृति सुरसा की भांति संयुक्त परिवारों को निगल रही है। ये बदलती परिस्थितियाँ परिवार में बुजुर्गों की अहमियत तो कमतर करती जाती है, जिसके कारण पारिवारिक इकाईमें उनका स्थान महज़ एक विकल्प बनता जाता है. यही कारण है कि उनकी बेबसी के साथ ही जीवनयापन के लिए उनकी आश्रयता दिन-पर-दिन बढती जा रही है।

परिक्रमा करते हुए भक्त जन
मित्र थिनले से इस विषय पर चर्चा हुई उनके अनुसार, हालाँकि भूटानी लोग ‘कुल राष्ट्रीय प्रसन्नता’ (ग्रॉस नेशनल हैप्पीनेस) के इकाई स्तर पर स्वयं का मूल्यांकन करते हैं और समता,न्याय इत्यादि का दम भरते हैं, परन्तु समाज का एक छोटा सा तबका ऐसा भी है जो प्रगति की इस दौड़ में बिना सहायता के भाग नहीं ले सकता। यद्यपि गांवों में अभी भी बड़े-बुजुर्गों की ज़रूरतों का मिलजुलकर ध्यान रखा जाता है, पर कानूनी तौर पर कुछ ऐसी नीतियाँ लागू करना अत्यावश्यक है जो समाज के इस वर्ग को स्वाभिमान का जीवन जीने की सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें”।
्होरी भजो मन्ना
फ़िर भी भूटान के वृद्ध बेहतर अवस्था में हैं। आधुनिकीकरण की आंधी के बावजूद उन्हें भीख मांगने के लिए सड़क पर नहीं छोड़ा जाता। भूटान के विभिन्न शहरों एवं गांवों में भ्रमण के पश्चात मुझे एक भी वृद्ध भीख मांगते नहीं मिला। इससे जाहिर होता है कि समाज एवं उनका परिवार वृद्धों की आवश्यकता की पूर्ति करता है, उनका ख्याल रखता है और वृद्ध नाम जपते हुए, मणि चक्र फ़िराते हुए अपना बुढापा काट रहे हैं। नेशनल चोर्तेन से हम लोगों ने चिड़ियाघर पहुंच कर भूटान के राष्ट्रीय पशु टॉकिन को देखा। इसके विषय में अन्य जानकारी एवं किंवदंतियां मेरी इस पोस्ट में लिखी है। जारी है … आगे पढें…

रविवार, 14 अगस्त 2016

विश्व की सबसे ऊंची शाक्य मुनि की कांस्य प्रतिमा : थिम्पू भूटान

आरम्भ से पढ़ें 
आज तीन अप्रेल था और हमें थिम्पू भ्रमण करना था। सुबह आठ बजे सभी तैयार होकर नाश्ते की टेबिल पर आ गए। नाश्ता करने के बाद सब थिम्पू भ्रमण के लिए चल दिए। सबसे पहले थिम्पू जोंग देखा गया। यह भव्य इमारत है। इसका निर्माण 1629 में नावांग नामग्याल ने करवाया था। इस भवन में चारों तरफ़ गलियारा है और अन्य इमारते बौद्ध भिक्षुओं के निवास के लिए बनाई गई हैं। भूटान की आबादी का 75% बौद्ध धर्म को मानने वाला है तथा 25% हिन्दु हैं जो सनातन धर्म को मानते हैं। यहां बौद्ध धर्म की वज्रयान शाखा का प्रभाव अधिक दिखाई देता है। मैं गत वर्ष भी भूटान भ्रमण के लिए आया था। उस दौरान भी भूटान को देखा और महसूस किया।
थिम्पू जोंग
यहां से हम लोग विश्व की शाक्यमुनि पद्म संभव (द्वितीय बुद्ध) की सबसे ऊंची प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे। जब हम इस स्थान पर पहुंचे तो सूर्य शीर्ष पर था, यह स्थान पर्वत शीर्ष होने के कारण सूर्य की किरणें सीधी पड़ रही थी। हालत यह थी कि सूर्य की चमक से आँखे खोलने में भी कठिनाई हो रही थी। ऐसे समय में सबसे मुझे अपना गॉगल याद आया। मैने बैग से गॉगल निकालकर पहना तभी यहाँ कुछ देख पाया। यहाँ भूटान का सबसे बड़ा निर्माण कार्य चल रहा है। मुझे नहीं लगता कि इससे बड़ी किसी परियोजना पर भूटान में कोई काम हुआ होगा। यहाँ पहुंचकर ग्रुप फ़ोटो लेते तक गर्मी के कारण सबकी हालत खराब हो गई।
शाक्य मुनी द्वितीय बुद्ध
थिम्पू से 12 किमी चलकर एक पहाड़ी के शीर्ष पर बुद्धा दोरदेन्मा निर्मित किया गया है। इसके निर्माण का संकल्प बीसवीं सदी के योगी सोनम जांग्पो ने किया था। उसने भविष्यवाणी की थी कि इस स्थान पर शाक्यमुनि पद्म संभव (द्वितीय बुद्ध) की इतनी ऊंची प्रतिमा का स्थापित होती जो यहाँ से सारे विश्व में शांति एवं मैत्री का संदेश देगी। इस संकल्प के साथ 169 फ़ुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का निर्माण प्रारंभ हुआ तथा चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के साठवें जन्म दिन 25 सितम्बर 2015 को सम्पन्न किया गया। इस दिन को उत्सव के रुप में मनाया गया।
शाक्य मुनी द्वितीय बुद्ध के समक्ष हम हिन्दुस्तानी दल
इस प्रतिमा के निर्माण में 47 लाख अमेरिकन डॉलर खर्च हो चुके हैं। इस प्रतिमा के नीचे बनाए गए हॉल में बुद्ध की स्वर्ण मंडित आठ इंच की एक लाख प्रतिमाएँ एवं बारह इंच की पचीस हजार प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी तथा इस हॉल को ध्यान एवं साधना केन्द्र के रुप में भी विकसित किया जा रहा है। इस स्थान के विकास में 100 लाख अमेरिकी डॉलर खर्च करने की योजना है। इस प्रतिमा का निर्माण नानजिंग चीन की कम्पनी एरोसुन कार्पोरेशन द्वारा किया जा रहा है। इसके समस्त भागों को चीन में बनाकर यहाँ लाकर जोड़ा गया है।
बुद्धा टॉप पर गरुड़
बौद्ध परम्पराओं से संबंधित देवियों को चारों तरफ़ मैदान में स्थापित किया गया है। निर्माण कार्य बहुत ही उम्दा हुआ है और प्रतिमाओं को बारीकी से घड़ा गया है। मुख्य प्रतिमा शाक्यमुनि पद्म संभव को भू-स्पर्श मुद्रा में दिखाया गया है। इनकी आँखे बहुत ही सुंदर बनाई गई है। देखकर ही लगता है कि प्रतिमा अभी बोल उठेगी। प्रतिमा को स्वर्ण मंडित किया है, जिससे खुले में मौसम का असर न हो। वरना कांस्य पर मौसम का असर होता है।
बौद्ध देवी तारा
इसके समक्ष लगभग 900 एकड़ में बगीचा बनाने की योजना है, इसके निर्माण में अभी समय लगेगा। जब बगीचा बन जाएगा तो यह स्थान स्वर्ग से कम दिखाई नहीं देगा। यहाँ से थिम्पू शहर का एरियल व्यू भी देखा जा सकता है। यहां से थिम्पू शहर चू के दोनो तरफ़ बसा हुआ बहुत ही सुंदर दिखाई देता है। थिम्पू शहर के मैने कुछ चित्र लिए। इस स्थान का निर्माण योगी सोनम जांग्पो के अनुयाइयों ने किया है, इसमें सरकार का धन नहीं लगा है।  जारी है आगे पढें…

शनिवार, 13 अगस्त 2016

फ़ुंतशोलीन से थिम्पू की रोमांचक यात्रा

आरम्भ से पढ़ें 
दो अप्रेल की सुबह का कार्यक्रम टूर आपरेटर ने रात को ही बता दिया। सुबह का नाश्ता स्विमिंग पुल के किनारे हुआ। सभी ने अपना सामान पैक करके बस में चढा दिया। हमें क्रोकोडायल पार्क एवं कारबंदी मठ फ़ुंतशोलिन (फ़ुंशलिंग) में देखना था। होटल से साढे आठ बजे निकले, बस में डीजल डलवाते हुए साढे नौ बजे क्रोकोडायल पार्क पहुंचे। यहां देखने के लिए पचास रुपए की टिकिट लगाई हुई है। वैसे कुछ खास नहीं है, इतने मगरमच्छ तो हमारे यहां नदियों में घूमते रहते हैं। कोटमी सोनार के तालाब में ही दो तीन सौ होंगे। यहां घड़ियाल एवं मगरमच्छ दोनों का संरक्षण किया जा रहा है। सभी लोग क्रोकोडायल पार्क से जल्दी ही निकल आए।
हम हिन्दुस्तानी दल का फ़ुंतशोलिन से थिम्पू की ओर प्रस्तान
क्रोकोडायल पार्क से हम थिम्पू की ओर चल पड़े। फ़ुंतशोलिन (Phuentsholing) से ही चढाई प्रारंभ हो जाती है। अब हमको लगातार ऊपर पहाड़ों पर ही चलना होगा। एक भी स्थान ऐसा नहीं है, जहां मैदान हो। यह भारत के पश्चिम बंगाल के जयगाँव का सीमावर्ती कस्बा है। यह सड़क मार्ग से भूटान का प्रवेश द्वार है, यहीं रायल भूटान का इमिग्रेशन दफ़्तर है, जहाँ से भारतीयों के लिए परमिट एवं विदेशियों के लिए वीजा दिए जाते हैं। यहाँ कारबंदी मोनेस्ट्री है। नगर में ही थोड़ी दूर पर ऊंचाई पर स्थित इस मठ से भारतीय सीमा के जयगांव और तुरसा नदी का हवाई दृश्य देखा जा सकता है। 
क्रोकोडायल पार्क के बाहर चर्चा
इस मठ में उष्णकटिबंधीय पौधे लगे हुए हैं, जिनके सुंदर फ़ूलों से बगीचा भरा रहता है। इसका निर्माण राजमाता आशी फ़ुंसो चोदेन ने 1967 में कराया था। यहां वे सर्दियों के मौसम में निवास करती थी। उनका एक घर भी पहाड़ी पर बना हुआ है। यह मठ 400 मीटर की ऊंचाई पर निर्मित है। यहां से पहाड़ियों एवं नदी की सुंदर दृश्यावली दिखाई देती है। यहाँ 5 तिब्बती शैली के स्तूप बनाए गए हैं। इस मठ में शाक्य मुनि बुद्ध, गवांग नामग्याला एवं गुरु रिनपोछे की प्रतिमा स्थापित है।
कारबंदी मठ फ़ुंतशोलीन
जनश्रुति हैं कि एक बार किसी नि:संतान भारतीय जोड़े ने आकर इस मठ के दर्शन किए और उन्होंने संतान प्राप्ति की कामना से पूजा की। उसके पश्चात उन्हे संतान की प्राप्ति हुई। इसके बाद से यहाँ संतान प्राप्ति की आस लिए नि:संतान जोड़े लगातार आते हैं और संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना करते हैं। इस मठ में संतान प्राप्ति के उद्देश्य से नियमित आने वालों की संख्या बहुत अधिक है। भारत का सीमावर्ती नगर होने के कारण इस मंदिर तक पहुंचने के लिए किसी परमिट की आवश्यकता नहीं है, लोग इस मठ तक बेरोक टोक आ सकते हैं।
नजारों को कैद करने की जद्दोजहद
कारबंदी मठ की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद जयगांव एवं नदी का सुंदर दृश्य दिखाई देता है। यहां पहुंच कर सभी लोगों के कैमरे खुल गए और तड़ातड़ चलने लगे। पर्यटकों का काम ही यही है, जो स्थान सुंदर दिखे उसे कैमरे में कैद कर लो। पहले तो किसी एकाध के पास कैमरा होता था, अब तो हर हाथ में है। जितनी चाहे उतनी फ़ोटो खींच लो। मठ का मुख्य द्वार इस समय बंद था। फ़िर भी हम सबको यहां एक घंटा लग ही गया। यहां से अब हमें सिर्फ़ दोपहर के भोजन के लिए ही रुकना था।  रास्ते में राजेश अग्रवाल जी ने गाने सुनाए, हम हिन्दुस्तानी गाने में तो मजा ही आ गया। द्वारिका प्रसाद जी भी कम रंगीले नहीं है, उन्होंने भी कुछ गाने सुनाए, इस तरह सफ़र चलता रहा।
कारबंदी मठ से भारत के जय गाँव नगर का दृश्य
भूटान में गंदगी फ़ैलाने पर सख्ती से पाबंदी है। आप कहीं भी खाकर कुछ भी फ़ेंक नहीं सकते। बस में भी कूड़ादानी की व्यवस्था की हुई थी। जयगांव से भारत और भूटान के बीच में तुरसा नदी सीमा रेखा बनी हुई, यह भूटान से निकल कर भारत की ओर बढती है यहीं से दोनो राष्ट्र अपनी सीमाओं में विभाजित हो जाते हैं। भूटान की सीमा पर बसा हुआ कस्बा फ़ुंसलिंग है। यहीं से थिम्पू की ओर आगे बढ़ने पर पहाड़ियां प्रारंभ हो जाती हैं, जिनका अंत नजर नहीं आता। 
गेदू में सड़क पर तफ़री करते बादल
फ़ुंसलिंग से भारत को थिम्पू जोड़ता हुआ सड़क मार्ग 170 किमी का है। दूरी तो मात्र 170 किमी दिखाई देती है, परन्तु सड़क मार्ग की यात्रा कितनी कठिन होती है, यहीं आकर पता चलता है। यह दूरी लगभग 6 से 7 घंटे में पूरी की जाती है, वो भी अगर कुशल चालक हो तब। अन्यथा नया व्यक्ति तो कहीं न कहीं घाटी में गाड़ी गिरा बैठेगा। फ़ुंसलिंग से आगे बढने पर एक घंटे की ड्राईव के बाद गेदू नामक बस्ती आती है। 
बादलों के बीच गर्मागर्म चाय का एक कप सुमंत बसु के साथ
यहाँ पर बादल सड़क पर टहलते मिल जाते हैं और बादलों की धुंध में दृश्यता 5 से 10 फ़ुट ही रह जाती है। इस स्थान पर घाटी 3 हजार मीटर गहरी है। बिना किसी हार्न की चिल्ल पों के ड्रायवर इस स्थान को पार कर लेता है। यह रास्ता इतना खतरनाक है कि अगर धोखे से सड़क की पटरी से एक कदम भी बाहर रख दिया तो स्वर्गवासी होने में देर नहीं लगेगी और बॉडी भी नहीं मिलेगी। यहां हमने गाड़ी रोक कर चाय पी। भूटान सरकार ने स्थानीय निवासियों के लिए सड़क पर गुमटी बना कर दे रखी हैं, वे इसमें अपनी उपज बेचने आते हैं। यहाँ याक के दूध के चीज एवं दूध का अत्यधिक प्रयोग होता है। 
स्ट्रीट शॉप गेदू
इस 170 किमी की यात्रा काफ़ी रोमांचक है, छुखा, बुनाखा, चपचा, सकेनांग, खासखा, सेमतोखा, होते हुए थिम्पू पहुंचते तक इतने हेयरपिन आए  कि उनकी गिनती ही नही है। पारो के लिए जाने वाले मार्ग से पूर्व एक स्थान पर खड़ी घाटी है, जहाँ दोनो तरफ़ पहाड़ हजारों मीटर की ऊंचाई पर 90 अंश के कोण में खड़े हैं। अगर आप सड़क मार्ग का अवलोकन कर रहे हैं तो यहाँ पर अवश्य ही राम-राम भज ही लेगें। रोमांच तब खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है जब बिना हार्न बजाए गाड़ियाँ एक दूसरे को पार करती हैं। थोड़ी सी भी चूक हुई तो समझो फ़्रेम में जड़ गए। 
भूटानी शाक सब्जी
हमारे यहाँ तो ऐसे खतरनाक अंधे मोड़ों पर हार्न प्लीज, ब्लो हार्न का बोर्ड लगा रहता है। भूटान के वाहन चालकों को बिना हार्न बजाए वाहन चलाने की ट्रेनिंग दी जाती है। इस 170 किमी के रास्ते में याद नहीं आता कभी हमारे वाहन चालक ने हार्न बजाया होगा। भूटान में हर तीन महीनें ड्रायवरों को ट्रेनिंग के लिए बुला लिया जाता है। उन्हें तीन दिन मार्गों एवं वाहन चालन की शिक्षा दी जाती है, जो सभी लायसेंसधारियों के लिए अनिवार्य है। अनौपचारिक भेंट में सांसद नीमा ने बताया कि हमारे यहाँ हार्न नहीं बजाने पर जोर दिया जाता है, जिससे ध्वनि प्रदूषण नहीं के बराबर होता है। सारा सफ़र शांति से तय हो जाता है। नियंत्रित गति एवं अपनी लेन में चलने के कारण यहाँ दुर्घटनाएं नगण्य हैं। 
यहां हमने दोपहर का भोजन किया
भूटान में ट्रैफ़िक पुलिस नहीं है, आवश्यकता पड़ने पर सामान्य पुलिस ही इस कार्य को अंजाम देती है। किसी भी शहर के चौक चौराहों पर ट्रैफ़िक सिंगल नहीं है। जेब्रा क्रासिंग पर लोग अपने वाहन स्वयमेव धीरे कर लेते हैं और पैदल चलने वालों को रास्ता देते हैं। यहाँ अगर सड़क प्र कोई पशु भी आ जाता है तो उसके लिए वाहन रोक लिया जाता है और उसे सड़क पार करने दिया जाता है। इससे पता चलता कि यहाँ पशुओं के प्रति कितना सम्मान है और मानवीयता तो अपने चरम पर है। अगर कहीं दुर्घटना घट जाती है और कोई घायल भी हो जाता है तो वह बड़ा समाचार हो जाता है, क्योंकि ऐसा कभी कभी घटता है। हवाई जहाज एवं सड़क मार्ग दोनो से ही भूटान की यात्रा रोमांचक है।
थिम्पू नगर में प्रवेश
दोपहर दो बजे हम एक मनोरम स्थान पर भोजन करने के लिए रुके। यहां से घाटी के मध्य से गिरता हुआ झरना सुंदर दृश्य उत्पन्न कर रहा था। इस स्थान को पर्यटकों के भोजन इत्यादि के लिए तय किया हुआ है। यहां पर कूड़ेदान रखा हुआ है, आपको खाने के बाद कचरा कूड़ेदान में ही डालना होगा। इसकी देख-रेख वाहन चालक करते है और जो कचरा इधर उधर फ़ेंकते हैं उन्हें समझाते भी हैं। भोजन करने के बाद  हम यहां से चलकर शाम छ: बजे थिम्पू पहुंच गए। यहां हमें वांगचुंग रिसोर्ट में ठहरना था। यह रिसोर्ट शहर से दूर ताबा में हैं, पर है बहुत सुंदर। इसकी संचालिका थिन ले लामा सुसभ्य स्त्री है। रिसोर्ट में पहुंच कर सबको पसंद के हिसाब से कमरे बांट दिए गए।  जारी है आगे पढें…

गुरुवार, 2 अप्रैल 2015

बुद्धा टॉप - भूटान यात्रा -7

प्रारम्भ से पढ़ें 
दिन अभी ढलने में कुछ घंटे बाकी थे। हमारी सांझ की सैर भूटान के राष्ट्रीय संग्रहालय से प्रारंभ होने वाली थी। थिम्पू चू के किनारे चलते हुए हमारी बस घाटी के दूसरी तरफ़ स्थित एक पहाड़ी की ओर चल पड़ी। थिम्पू चू का पानी एक दम साफ़ था। यह नदी यहाँ पर उथली है और इसके दोनो तरफ़ ही नगर बसा हुआ है। पहाड़ी पर संग्रहालय बना हुआ है। इसमें प्रवेश शुल्क प्रति व्यक्ति 25 रुपए है। संग्रहालय के कर्मचारी जल्दी कर रहे थे क्योंकि 5 बजे संग्रहालय बंद होने का समय है। सभी ने शुल्क देकर टिकिट ली और संग्रहालय में प्रवेश किया। संग्रहालय में कुछ खास तो दिखाई नहीं दिया। परन्तु भूटानी संस्कृति एवं उसके कुछ योद्धाओं के विषय में जानकारी अवश्य मिली। इसके पश्चात हम बाजार की ओर चल पड़े।

राष्ट्रीय संग्रहालय थिम्पू भूटान
भूटान का बाजार भारतीय एवं चीनी सामानों से अंटा पड़ा है, भारतीय सामान कोलकाता के रास्ते यहाँ तक पहुंचता है और चीनी सामान नेपाल होते हुए सिलीगुड़ी के रास्ते भूटान के बाजारों तक आता है। गर्म कपड़े यहाँ पर अच्छे मिलते हैं, खासकर चमड़े एवं रैग्जिन की जैकेटें काफ़ी उम्दा है, लेकिन इनका मूल्य भी आम आदमी की पहुंच के बाहर है। जूते भी कई रंगों के मिलते हैं, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के। हिमालय क्षेत्र का देश होने के कारण यहाँ पैरों को गर्म रखने के लिए जूते अनिवार्यत: पहने जाते हैं। थिम्पू का यह बाजार मुझे मंहगा लगा। इस बाजार में वस्तुओं के मूल्य पर्यटक स्थलों की तरह ही कुछ अधिक हैं। यहाँ की अधिकतर दुकानदार महिलाएं ही हैं।
पारो का बाजार
दो-तीन घंटे बाजार की सैर करके जब हम बस के समीप पहुंचे तो कई सदस्य बस तक नहीं पहुंचे थे। बाजार में ही घूम रहे थे। एक घंटे से अधिक खड़े होने के कारण ड्रायवर को 50 रुपए पार्किंग चार्ज देना पड़ा। इसलिए इनके विलंब को लेकर वह बड़बड़ाने लगा और सबसे 100 रुपए इकट्ठे करके देने को कहने लगा। कल भी उसने ही पार्किंग चार्ज दिया था। मेरी हल्की फ़ुल्की उससे बहस भी हो गई। किसी तरह सबके लौट आने पर हम रिजोर्ट में लौट आए। जो भूटान का सिम हमने खरीदा वह किसी काम नहीं आ रहा था। फ़ोन कभी लगता था कभी नहीं। लौट कर आने के बाद उसके बैलेंस के 200 रुपए मैने घर बात करके खत्म कर दिए।
संग्रहालय में भूटानी सिपाही
रात सबको भोजन के वक्त बता दिया गया था कि उन्हें सुबह जल्दी तैयार होकर पारो के लिए चलना है और इसी रास्ते में पड़ने वाले कुछ स्थानों की सैर कराई जाएगी। बस इसे ही ध्यान में रख कर हम सुबह जल्दी उठ गए।  सभी ने तैयार होकर अपने सामान बस में लाद दिए और बस पारो के लिए चल पड़ी। हमारी बस सबसे पहले भूटान के चिड़ियाघर पहुंची। यहाँ पर कुछ पैदल चलना पड़ता है। लगभग आधा किलोमीटर पैदल चलने के पश्चात तारों की फ़ेंसिग से घिरा एक बाड़ा दिखाई दिया जिसमें भूटान का राष्ट्रीय पशु "टाकिन" रखा गया था। इसका पीछे का आधा हिस्सा गाय जैसा एवं सिर बकरे के जैसा है। ऐसा लगता है किसी ने गाय और बकरे को जोड़ दिया हो।
बस के यात्री
ऐसा जानवर मैं पहली बार देख रहा था। इसके विषय किंवदन्ती है कि सन् 1455 के आसपास एक चमत्कारी लामा जी को एक दिन गाय और बकरी की हड्डियां बिखरी पड़ी मिली। उन्हें चमत्कार दिखाने को कहा गया। लामा ने बिखरी हड्डियों को जोड़कर उन पर प्राण का संचार किया तो वह टाकिन बन कर जंगल में भाग गया। ये टाकिन उसी के वंशज बताए जाते हैं। इस लामा के चमत्कार की कई कहानियां बताई जाती हैं। इस प्रकार उत्तरी भूटान के जंगलों में टाकिन पाया जाता है तथा इसके नाम पर ही भूटान की रेड वाईन का नामकरण किया गया है। इसके मैने कई फ़ोटो लिए और हम वापस बस में लौट आए। 
भूटान का राष्ट्रीय पशु - टॉकिन
इसके बाद हमारी बस शहर में ही बने एक मंदिर चंगघा ल्हाखंग में पहुची। इसे लोग हनुमान मंदिर भी कह रहे थे। यहाँ लोग अपने बच्चों के स्वास्थ्य की कामना करते हुए लामा से आशीर्वाद दिलाने आते हैं। इसके बाद हम वांगचुग मेमोरियल पहुचे। यहाँ पर हमें हिन्दी भाषी श्री लंका में शिक्षित भूटानी गाईड कुमार मिला। उसने बताया कि इस स्मारक को तीसरे राजा ड्रूक ग्यालपो किंग जिग्मे दोरजी वांगचुक की याद में उसकी माता रानी फ़ुंत्शो चोदेन वांगचुक ने 1974 में बनवाया था यह स्मारक बहुत ही सुंदर है। इसमें भूटानी संस्कृति की झलक दिखाई देने के साथ अपने राजा के प्रति अथाह सम्मान भी दिखाई देता है। इस अवधि में मुझे भूटान में एक भी भिखारी नहीं दिखाई। नहीं कोई पैसे लिए हाथ फ़ैलाते दिखा। 
पुण्यार्थी - शुभदा पाण्डे, कुसुम वर्मा, डॉ नित्यानंद पाण्डे, रविन्द्र प्रभात, कृष्णकुमार यादव, मनोज पाण्डे
इस मंदिर से हम लोग बुद्धा टॉप की सैर पर चले। इस पहाड़ की चोटी पर चीन सरकार के सहयोग से भूमि स्पर्श मुद्रा में बुद्ध (शाक्य मुनि) की 169 फुट (51.5 मीटर) ऊंची प्रतिमा विशाल कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है। अवश्य ही कुछ वर्षों के बाद यह स्थान भूटान टुरिज्म का एक लैंड मार्क बनकर तैयार होगा तथा भूटान को पहचान दिलाएगा। बुद्ध की कांस्य प्रतिमा यहाँ पर आकाश से होड़ लगाती दिखाई देती है। इसके समक्ष बहुत बड़ा मैदान है जिसमें टाईल्स बिछाने का काम चल रहा था। यात्री दल ने यादगार के लिए यहाँ पर कई चित्र खींचे एवं खिंचवाए। इस स्थान पर अगर बगीचा बना दिया जाता और उसमें कुछ फ़ूल एवं फ़ल के वृक्ष लगा दिए जाते तो यह स्थान काफ़ी मनोरम हो जाएगा। अब यहाँ से हमारा अंतिम पड़ावा पारो था। जहाँ हमें एक रात व्यतीत करनी थी।
भूटान यात्रा दल बुद्धा टॉप में
बुद्धा टॉप से हम चल पड़े पारो की ओर, अभी तक का सफ़र सुनीता दो लाईनर कविताओं के साथ कट गए। कृष्णकुमार यादव जी एवं कुसुम वर्मा जी इसमे पूर्ण रुपेण सहभागी बनी थी। पप्पू अवस्थी जी खड़े खड़े इसे रिकार्ड कर रहे थे। उन्हें रिकार्डिंग में आनंद आ रहा था और मुझे सुनीता की कविताओं में तीसरी लाइन जोड़ने का मजा आ रहा था। इस तरह सफ़र मजे से कट रहा था। लम्बे सफ़र की यही मौज है कि बोलते बतियाते कट जाता है और यदि कवि, लेखक या गायक कलाकारों का संग हो तो तख्ते लंदन तक का सफ़र बस में कट जाएगा। अब एक यात्रा ऐसे ही मित्रों के साथ शिप में अंडमान की करनी है जहाँ सारे रास्ते भर कविताएं बरसती रहेगीं। जारी है, आगे पढ़ें 

मंगलवार, 10 फ़रवरी 2015

थिम्पू की सुबह एवं परिकल्पना सम्मान समारोह - भूटान यात्रा -5

प्रारम्भ से पढ़ें 
पौ फ़टते ही आँखे खुल गई, बालकनी से देखा तो आस-पास अंधेरा सा ही था, पर दूर पहाड़ की बर्फ़ जमी चोटी रश्मि स्नान कर रही थी। सूर्य की किरणें धवल बर्फ़ पर पड़ने के कारण स्वर्णाभा का दृश्य उत्पन्न कर रही थी। द्वार उन्मुक्त कर बाहर निकला तो ठिठुरा देने वाली ठंड थी। कैमरा विश्राम मोड में होने के कारण इस दृश्य को संजो नहीं सका। सिर्फ़ आंखो के द्वारा हृदय में ही उतार पाया। मोबाईल कैमरे से दो-चार चित्र लिए और भीतर आ गया। तभी द्वार पर दस्तक हुई और चाय वाला भी पहुंच गए। गर्मागर्म चाय की भाप से सिकती हुई अंतड़ियों को राहत मिली। कमरे से बाहर निकलने का जी नहीं कर रहा था।
खिड़की से पर्वत दर्शन
हम मैदानी इलाकों के रहने वालों के नित्य स्नान जरुरी है, स्नान के साथ ही दिनचर्या प्रारंभ होती है। स्नानाबाद ही लगता है कि आज फ़िर नया दिन निकला है, वरना दिन पुराना ही रहता है। रात की खुमारी भी नहीं उतरती। पता नहीं यहाँ के लोग कितने दिनों में स्नान करते होगें या फ़िर काग स्नान से ही काम चला लेते होगें। बाथरुम में न बाल्टी थी न मग्गा। पर छ: फ़ुटा बाथटब जरुर था। नल से गर्म पानी आना शुरु हो गया। आज बाथटब स्नान ही किया जाए। बाथटब लबालब भरने के बाद उसमें उतर गए और गर्म पानी से देह से भरपूर सिंकाई की। आनंद आ गया। अभी तक फ़िल्मों में नायिकाओं को बाथटब स्नान करते देखा था। आज हम खुद ही बाथटब में थे। पर कोई फ़ोटो लेने वाला नहीं था। एक बारगी तो फ़ोटो की कमी खली। :) फ़ोटो नहीं हुई वरना 6 पैक और 8 पैक सब दिख जाते।
सुबह की धूप का आनंद - ललित शर्मा, गिरीश पंकज, कृष्ण कुमार यादव एवं समर बहादुर वर्मा
तैयार होकर लॉबी में पहुंचे तो सूनीता हांफ़ते हुए आ रही थी, जैसे 10-20 किलोमीटर की मैराथन दौड़ कर आ रही हो। बोलने के लिए मुंह खोलती तो शब्द भी जम रहे थे और उष्मा पाकर अटक-अटक पर पिघल कर बाहर निकल रहे थे। जमें हुए शब्द जब हम तक पहुंचे तो पता चला कि मोहतरमा मार्निंग वॉक करके आ रही हैं। फ़िर पता चला कि इनकी हार्दिक इच्छा यहाँ बाईक चलाने की है। बाईक तो मुझे कहीं दिखाई नहीं दी पर इन्होने कहा कि "मैं इंतजाम करती हूँ।" पता नहीं किसको बाईक के लिए कह कर आई और वह बाईक 3 दिनों में कहीं नजर नहीं आई। न ही बाईक की सवारी हुई। इनकी इच्छा अधूरी रह गई। 
यही चिमनी है लोखन वाली
टैरेस पर धूप आ गई, साथ ही यहाँ एक लोखन की चिमनी वाली सिगड़ी भी सुलग रही थी। जब मैं टैरेस पर पहुंचा तो कोई सज्जन नहीं आए थे। सिगड़ी में थोड़ी देर हाथ सेंक कर दस्ताने धारण कर लिए। हाथों का बचाव तो हो गया पर नाक और कान को ठंड लग रही थी। कान बंद करो तो सुनाई नहीं देगा और नाक बंद करो तो हरे राम, हे! राम हो जाएगा। तभी सर्जना शर्मा जी का पदार्पण हुआ। वे स्नानोपरांत ध्यान मोड में थी। ऐसे लग रहा था कि अनुलोम विलोम करते हुए ही चल रही हैं। उन्होने एक सोफ़े पर आसन जमा लिया और सूर्यमुखी होकर अनुलोम विलोम प्रारंभ कर दिया। स्वास-प्रस्वास की प्रक्रिया शरीर की ऊष्मा बनाए रखती है। जैविक हीटर शरीर की रक्षा के अनुसार ऊष्मा का उत्सर्जन प्रारंभ कर देता है।
योगाचार्या सर्जना शर्मा जी
यहाँ सुबह की धूप कुछ अजीब ही तरह की चमकीली होती है और आंखों को चुभती है। गर्मी के मौसम में जिस तरह चिलचिलाती धूप पड़ती है, कुछ उस तरह की ही धूप थी। सूर्य की ऊष्मा भी ठंड को कम नहीं कर पा रही थी। यह तो प्रकृति की महान कृपा हम थी कि हवा नहीं चल रही थी। अगर हवा चलती तो कहर ढा देती। दस्ताने हाथ से बाहर निकालते ही अंगुलियाँ गायब हो जाती थी। नाश्ता भी लग चुका था, हमसे तो यहाँ का खाना ही नहीं खाया जा रहा था। पानी भी बहुत कम पीया जा रहा था। ठंडा पानी पीयो तो दांत कनकनाने लगते और गर्म पानी गले से नीचे नहीं उतरता। अजीब संकट में फ़ंस गए थे और इसका कोई हल भी नहीं था। 
ब्लॉग़ भांति भांति के
सुबह से ही मनोज पाण्डे जी ने आज के कार्यक्रम की लिस्ट एवं आवश्यक वस्तुओं के साथ एक फ़ोल्डर रुम में ही सबको थमा दिया। आज रिसोर्ट के मिटिंग हॉल में मुख्य कार्यक्रम था। थोड़ी देर में सभी दूल्हे की माफ़िक सजधजकर रुम से बाहर निकलने लगे। लगा कि फ़ैंसी शो जैसा ही कार्यक्रम होने वाला है। डॉ विनय दास जी ने पूर्ण भारतीय परिधान धारण कर लिया था। कटिवस्त्रम, अंगवस्त्रम, जैकेटम के साथ उत्तरीयम धारण कर भूटान की धरती पर पारम्परिक भारतीय परिधान गरिमामय दर्शन भूटानवासियों को करवाया। बाकी तो सभी कोट पैंट में ही थे। 
कार्यक्रम में सिरपुर की कहानी
आज के कार्यक्रम के अतिथि भूटान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महासचिव फूब शृंग, उप महासचिव चन्द्र क्षेत्री, सार्क समिति के महिला विंग तथा इन्टरनेशनल स्कूल ऑफ भूटान की अध्यक्षा थिनले ल्हामा का उपस्थित होना भी तय हो गया। कार्यक्रम 11 बजे प्रारंभ हुआ। अतिथियों के साथ डॉ नित्यानंद पाण्डे, गिरीश पंकज, कृष्ण कुमार यादव एवं रविन्द्र प्रभात मंचासीन हुए और कार्यक्रम संचालन की डोर सुनीता यादव ने थाम ली। एकदम झकास भारतीय अंग्रेजी में कार्यक्रम का संचालन प्रारंभ हुआ। वैसे भूटान के बड़े छोटे अधिकारी हिन्दी समझते और बोलते हैं क्योंकि इनका काम भी हिन्दी के बिना नहीं चलता। पर इन्हें अंग्रेजी की सुविधा हमारे मंच से विशेष तौर पर प्रदान की गई।
सिरपुर सैलानी की नजर से भेंट
मंच के समक्ष ही समस्त सम्मानाधिकारी बैठे हुए थे और सभी के मोबाईल में कैमरे भी थे। नाम की पुकार होते ही सभी अपने मोबाईल फ़ोन लेकर सामने ही डट गए, अब पीछे बैठने वालों को कुछ दिखाई दे या न दे, उनकी बला से। वैसे भी जब से मोबाईल में कैमरे का चलन प्रारंभ हुआ है, लगभग सभी समारोहों में कमोबेश यही स्थिति रहती है। हायर किया गया फ़ोटोग्राफ़र पीछे रह जाता है और मोबाईल फ़ोटोग्राफ़र मुंह में भी कैमरा डाल कर फ़ोटो ले लेते हैं। फ़ेसबुक, वाट्सअप फ़ोबिया जो कराए वो कम है। 
मंचासीन अतिथिगण
ब्लॉगर सम्मेलन में परिकल्पना सम्मानों का वितरण किया गया। कृष्ण कुमार यादव को सर्वोच्च सार्क शिखर सम्मान, डॉ. राम बहादुर मिश्र को साहित्य भूषण सम्मान, रणधीर सिंह सुमन व डॉ. विनय दास को क्रमशः सोशल मीडिया सम्मान और कथा सम्मान, कुसुम वर्मा को लोक-संस्कृति सम्मान, डॉ. अशोक गुलशन को हिन्दी गौरव सम्मान, सूर्य प्रसाद शर्मा को साहित्य सम्मान तथा ओम प्रकाश जयंत व विष्णु कुमार शर्मा को क्रमशः साहित्यश्री सम्मान व सृजनश्री सम्मान, विश्वंभरनाथ अवस्थी को नागरिक सम्मान प्रदान किए गए।
श्री फ़ूब शृंग एवं ब्लॉगर
इस ब्लॉगर सम्मेलन में परिकल्पना सार्क शिखर सम्मान से श्री कृष्ण कुमार यादव, श्री ललित शर्मा एवं श्रीमती सम्पत मोररका को सम्मानित किया गया। स्मृति चिन्ह एवं उत्तरीय के साथ 25 हजार की राशि भी देने की घोषणा की गई। इसके अलावा डॉ. राम बहादुर मिश्र को साहित्य भूषण सम्मान, रणधीर सिंह सुमन व डॉ. विनय दास को क्रमशः सोशल मीडिया सम्मान और कथा सम्मान, कुसुम वर्मा को लोक-संस्कृति सम्मान, डॉ. अशोक गुलशन को हिन्दी गौरव सम्मान, सूर्य प्रसाद शर्मा को साहित्य सम्मान तथा ओम प्रकाश जयंत व विष्णु कुमार शर्मा को क्रमशः साहित्यश्री सम्मान व सृजनश्री सम्मान, विश्वंभरनाथ अवस्थी,  सुनीता प्रेम यादव, प्रकाश हिन्दुस्तानी,  गिरीश पंकज, अल्पना देशपांडे, अदिति देशपांडे, सर्जना शर्मा, निशा सिंह, आलोक भारद्वाज आदि को भी विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए परिकल्पना सम्मान से नवाज़ा गया।
परिकल्पना का परचम थिम्पू में लहराया
सम्मेलन में पाँच पुस्तकों - संपत देवी मुरारका की यात्रा वृत्त, कुसुम वर्मा की ह्रदय कँवल, सूर्य प्रसाद शर्मा निशिहर की संघर्षों का खेल, विष्णु कुमार शर्मा की दोहावली, अशोक गुलशन की क्या कहूँ किससे कहूँ और परिकल्पना समय पत्रिका के जनवरी अंक, परिकल्पना कोष वेबसाईट का लोकार्पण भी किया गया । इसके अलावा अल्पना देशपांडे की कलाकृतियों की प्रदर्शनी व कुसुम वर्मा के लोकगीत गायन का उपस्थित सभी जनों ने आनंद लिया एवं प्रशंसा की । मुख्यातिथि ने अपने भाषण में भूटान एवं भारत की सांस्कृति विरासत एवं चल रहे साझे कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ उपस्थित भारतीयों को भूटान राष्ट्र के विषय में मुख्य जानकारी भी अवगत कराया। भोजनावकाश तक समारोह समपन्न हो गया। कुल मिलाकर मामला आनंददायक ही रहा। जारी है,  आगे पढ़ें। .... 

शनिवार, 7 फ़रवरी 2015

भूटान में पहला दिन : भूटान यात्रा 3

प्रारम्भ से पढ़ें 
मिड टाऊन होटल पांच मंजिला था। रुम औसत दर्जे के ही थे। हमारे पहुंचने तक गरम पानी आना बंद हो गया था। होटल के साथ बार रुम भी अटैच था और उसके पीछे तरणताल भी। उपर कमरे की खिड़की से तरण ताल का पानी नीला और सुंदर दिखाई दे रहा था। कुछ बच्चे पानी में उछल कूद कर रहे थे। उनके साथ दो-चार बड़े बच्चे भी थे। मेरी इच्छा तरणताल में कुछ समय गुजारने की थी परन्तु वातावरण में ठंडक थी और सांझ ढलने के साथ टेम्परेचर भी  मायनस में जाने वाला था। पर कुछ जुगाड़ लगा कर मैने तरणताल में छलांग लगा ही दी। ओह … पानी इतना ठंडा था कि एक बार तो सांस बंद होने को आ गई। जल्दी जल्दी पानी में हाथ पैर मारे और इस कोने से उस कोने तक 5 बार तैराकी की। शरीर में कुछ गर्माहट बनी। पर पानी बर्फ़ जैसा ही रहा।
होटल मिड टाऊन एवं गगन शर्मा जी
हमारे साथी मुझे पानी में तैरते देख कर उत्साहित हो गए। पूछने लगे पानी कैसा है? मैने कह दिया कि गुनगुना है और थोड़ा जलकिलोल करके दिखाया तो उन्हे विश्वास हो गया। अब वे भी धड़ाम धड़ाम। कूदते ही उनकी नानी याद आ गई। बहुत ठंडा पानी है, आपने धोखा दिया है शर्मा जी। अरे मैने तुम्हें कहा धोखा दिया। अगर मैं कहूंगा तो तुम बिल्डिंग से कूद जाओगे क्या? जब तक व्यक्ति के मन में इच्छा का अंकुरण नहीं होता तब तक वह किसी काम को नहीं करता। तुम्हारे मन में थी स्वीमिंग पुल में नहाने की इच्छा। बस उसे मैने थोड़ी सी हवा दी है। इतनी देर में तरणताल का केयर टेकर आ गया और चिल्लाने लगा कि यहाँ तैरने के लिए ड्रेस कोड है, आप लोग कुछ भी पहन कर कूद गए पानी में। भाई हमने तो अंडर वियर पहन रखी है, अब बिकनी वाला कास्ट्यूम ये लोग कहां से लाएं। इसी में काम चलाओ। ठंड के कारण अधिक देर पानी में नहीं रहे। मै तो रुम में आकर बिस्तर में घुस गया और एक नींद जम कर ली। अगलों की राम जाने।
फ़्यूसलिंग की सुहानी सांझ 
जब नींद खुली तो सूरज अस्ताचल की ओर जा रहा था। होटल की बालकनी से नदी के किनारे डूबता हुआ सूरज बहुत ही खूबसूरत छटा बिखेर रहा था। शनै: शनै: रात हो रही थी। खाने के समय तक गिरीश पंकज जी भी आ चुके थे। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश वालों की ट्रेन 9 घंटे विलंबित है इसलिए मुझे बस से भेज दिया। रात को ठंड बढ चुकी थी और केटरिंग वाले ने सब्जी, दाल सब में मीठा डाल दिया था। एक तरह का गुजराती खाना बना दिया। मेरा मन नहीं था खाने का। होटल का रेस्टोरेंट भी बंद हो चुका था। अब खाने में कोई मजा नहीं रहा। मैने अपने पास रखे कुछ फ़ल खाए और बिस्तर के हवाले हो गए। रात को सोना भी जरुरी है। आगे के सफ़र का कुछ पता नहीं था। हमें सोने के पहले बता दिया गया था कि सुबह 7 बजे यहां से बस थिम्पू के लिए रवाना हो जाएगी। सभी को समय पर ही तैयार रहना है।
फ़्युशलिंग का प्रवेश द्वार
सुबह रुम में चाय दी गई। इस होटल के सभी कर्मचारी भारतीय ही थे। मैने अपनी आई डी देकर भूटान का एक टुरिस्ट सिम मंगवाया। इसमें 220 रुपए खर्च हुए। होटल के मैनेजर ने बताया कि इस सिम में आपका नेट भी चलेगा और सिम की वैलीडिटी एक माह थी। नेट चलने की बात सुनकर मैं खुश हो गया कि सभी से सतत सम्पर्क बना रहेगा। पर आखिर में यह एक छलावा ही निकला। कहीं पर भी नेट नहीं चला और 220 रुपए गए मुफ़्त में ही पानी में। उत्तर प्रदेश से आने वाला दल रात को पहुंच चुका था, इसमें पूर्व परिचित डॉ रामबहादूर मिश्र जी, रणधीर सिंह सुमन जी और मनोज पाण्डे जी ही थे। बाकी सभी नए लोग थे। जिनसे मैं परिचित नहीं था। परिचय से पहले व्यक्ति नया ही होता है। परिचय पश्चात सौ जान-पहचान एवं रिश्तेदारियाँ निकल आती है। यही हमारी भारतीयता और भारतीय संस्कृति है।
श्री ओमप्रकाश जयंत, डॉ राम बहादूर मिश्र, श्री बिसम्भर शर्मा, श्री गिरीश पंकज, श्री रणधीर सिंह सुमन, डॉ अशोक गुलशन, डॉ विनय दास, श्री समर बहादुर एवं निसिहर जी
नाश्ते के उपरांत सभी का सामान बस में चढ़ा कर बांद दिया गया। सभी ने बस में अपना स्थान ग्रहण कर लिया। अब छत्तीसगढ़ एवं उत्तर प्रदेश को मिलाकर कुल 18 नग सवारियाँ हो चुकी थी, ट्रैवल एजेंट रजत मंडल हमारे साथ ही थे। इस तरह भूटान यात्रा के लिए कुल 19 लोगों का परमिट बना था जो थिम्पू और पारो की 15 जनवरी से 18 जनवरी तक 4 दिन की यात्रा करेगा। यह परमिट में दर्ज किया गया था। हमारी बस अब थिम्पू के लिए चल पड़ी। थोड़ी दूर जाने के बाद रास्ते में जांच चौकी आई। जहाँ हम सब के परमिट की जांच कर मुहर लगाई गई । अब इससे आगे बस चल पड़ी। बस में बहुत ही अधिक विस्फ़ोटक सामग्री भरी हुई थी। एक-एक कवि बड़े परमाणू बम की मारक क्षमता रखता है। :) सारे असलहा जांच बच गया :)। अगर भूटान के अधिकारियों को पता चलता कि कवि आ रहे हैं तो शायद परमिटानुमति ही नहीं मिलती। इतनी सारी विस्फ़ोटक सामग्री के सामने भूटान की क्या बिसात है? :)
भूटान के सहचर - कुछ जागते कुछ ऊंघते
सफ़र के दौरान काव्य गोष्ठी का आयोजन भी कर लिया गया। जिसके संचालन की जिम्मेदारी मुझे सौंप दी गई। इस बहाने एक दूसरे के साथ परिचय भी हो रहा था और उनकी काव्य प्रतिभा का भी स्वाद मिल रहा था। ये सभी हिन्दी भाषा के साथ अवधि के भी अच्छे कवि थे। कार्यक्रम का प्रारंभ गिरीश पंकज जी की गजल से किया गया। इसके पश्चात ओमप्रकाश जयंत, डॉ अशोक गुलशन, डॉ विनय दास, श्री बिसम्भर शर्मा,  निसिहर जी, कुसुम वर्मा, के साथ गगन शर्मा जी ने भी पुराने गीत गाए। अरविंद देशपांडे में भौंक कर कुत्ते की मिमिक्री कर के सबका मनोरंजन किया। मैने भी एक दो हिन्दी छत्तीसगढ़ी कविताएं मौका पाकर पेल दी। इस तरह मनोरंजन के साथ सफ़र कटते रहा। हमारा रास्ते का खाना पैक करके लाया गया था। एक स्थान पर सभी लोग खाना दिया गया। लोगों ने खाने बाद खाली पैकेट वहीं पर फ़ेंक दिए तो वहां रहने वाले भूटानी नाराज हो गए। उसने डिब्बा लाकर दिया और सारा कचरा उसमें फ़ेंकने कहा। यह भारत नहीं है कि कहीं भी हग दिए और मूत दिए।
चलित काव्य गोष्ठी में कुसुम वर्मा जी सोहर गाते हुए
भूटान में पर्यावरण की तरफ़ विशेष ध्यान दिया जाता है। यहाँ सावर्जनिक स्थानों पर कचरा फ़ैलाने पर कठोर दंड दिया जाता है जिसमें जुर्माने के साथ सश्रम कारावास की भी सजा है। अब हमारे भोले साथियों को कौन सा भूटान के कानूनों का इल्म था। जहाँ खाए, वहीं फ़ेंके। आखिर में सभी ने अपना कचरा समेट कर डिब्बे के हवाले किया। भोजनोपरांत हम थिम्पू की ओर बढ़ चले। पहाड़ी रास्ते को किलोमीटर में नहीं, घंटे मे नापा जाता है। 4 घंटे के सफ़र के बाद सभी की बैटरी डाऊन हो गई और सीटों से लग गए। सफ़र लम्बा था। थिम्पू प्रवेश करने के पूर्व एक स्थान पर पुन: परमिट चेक किए गए और मुहर मार कर विदा किया गया। यहाँ पर जांच चौकी वाले देखते हैं कि पर्यटकों के अलावा कोई अवांछित तत्व भूटान में प्रवेश न कर जाए। मजदूर टाईप के व्यक्तियों को भूटान में प्रवेश नहीं दिया जाता। क्योंकि ये भूटान में आकर मजदूरी करने लगते हैं और यहाँ की नस्ल को भी बिगाड़ते हैं। भूटान का शासन अपनी नस्ल की शुद्धता के विषय में अत्यधिक जागरुक है।
हमारी बस का पायलट परम्परागत भूटानी वेष में, संग डॉ विनय दास जी
आखिरकार हमने थिम्पू में प्रवेश कर लिया। उस समय सांझ हो रही थी। हमारा अस्थाई निवास एक ऊंची पहाड़ी पर बना वांगचुंग रिसोर्ट था। यह रिसोर्ट ताबा में स्थित है। सुंदर ब्लू पाईन के वृक्षों से घिरा रिसोर्ट बहुत ही सुंदर है। इसके साथ इसमें एक कांफ़्रेस हाल भी है। रिसोर्ट में पहुंचने के बाद हमें अपने-अपने रुम की चाबियाँ थमा दी गई। रुम भी बहुत सुंदर डेकोरेटेड थे। प्रत्येक रुम में हीटर वाला बेड एवं चाय की केटली के साथ आवश्यक सभी वस्तुए उपलब्ध थी। हमारे पहुंचने से पूर्व फ़्लाईट से आने वाले साथी भी पारो से आ चुके थे। पहुंचते ही शाम को नास्ते का इंतजाम था। इस दौरान ही अन्य पुराने साथियों से भेंट हुई, जिसमें संपत मुरारका जी, सुनीता यादव जी, कृष्णकुमार यादव जी, रविंद प्रभात जी एवं उनकी बेटी जवांई थे। इंदौर से प्रकाश हिन्दूस्तानी जी, दिल्ली से ब्लॉगर सर्जना शर्मा जी एवं सिलचर से प्रो नित्यानंद पाण्डे एवं उनकी धर्मपत्नी शुभदा पाण्डे जी भी थी। सभी से परिचयोपरांत बताया गया कि आज कोई कार्यक्रम नहीं है, शाम को आपको मार्केट घुमाया जाएगा, फ़िर खाना और सोना ही है, बाकी कार्यक्रम अगले दिन किया जाएगा।
कल के बिछड़े हुए हम आज यहाँ आ के मिले ( ललित शर्मा-सुनीता यादव-कृष्ण कुमार यादव)
थिम्पू की मार्केट अधिक बड़ी नहीं है, होटल ताज से लेकर मुख्यचौराहे तक सड़क एक तरफ़ दुकाने बनी हुई हैं। जिनमें अधिकतर मालकिने ही दिखाई देती हैं। जैसी अन्य टुरिस्ट स्थानों पर दुकाने होती है वैसी ही मुझे यहाँ भी दिखाई दी। सामान का मुल्य भी सामान्य से अधिक दिखाई दिया। मेरा कैमरा काम नहीं कर रहा था इसलिए मुझे सेल लेने थे। आखिर मोल भाव करने के बाद मुझे 800 रुपए में 4 सेल लेने पड़े। मुझे कैमरा चालू करना बहुत ही आवश्यक था। बाजार में गर्म कपड़ों का मूल्य भी बहुत अधिक था। सुनीता ने एक-दो लेदर के जैकेट खरीदे। मुझे तो बच्चों का नाप ही याद नहीं रहता। इसलिए बाहर से कोई भी सामान खरीदने का रिस्क नहीं लेता। धीरे-धीरे बाजार घूमते हुए रात होने लगी और बस ड्रायवर का फ़ोन आने लगा। नई जगह में किसी तरह एक स्थान पर एकत्रित हुए और पुन: रिसोर्ट में आ गए। ……… जारी है, आगे पढ़ें