पर्यावरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पर्यावरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2014

नद्य: रक्षति रक्षित:, नद्य हन्ति हन्त:


मानव सभ्यता का विकास नदियों के किनारे हुआ। नदियों को मानव ने जीवनोपयोगी साधन जुटाने के साथ आवागमन का माध्यम बनाया। नीलनदी घाटी की सभ्यता, सिंधु घाटी की सभ्यता से लेकर अद्यतन मानव जीवन नदियों पर ही आधारित है। परिवहन का माध्यम नदियाँ नहीं रही परन्तु कृषि कार्य एवं मानव निस्तारी के लिए जल नदियों से ही प्राप्त होता है। हमारी संस्कृति में नदियों को माँ का स्थान दिया गया है। जननी अपनी संतान की भली भांति देखभाल करके उसका पोषण करती है उसी तरह नदियाँ भी मानव का पोषण करती हैं।

ऐसा कोई भी प्राचीन शास्त्र नहीं है जिसमें नदियों की महत्ता को स्वीकार नहीं किया गया हो। शास्त्रों ने नदियों का सदैव गुणगान किया है। हमारे भारत में कई बड़ी नदियाँ है जो हिमालय से निकल कर हजारों किलोमीटर का सफ़र तय करते हुए समुद्र तक पहुंचती हैं। हमारे जीवन में नदियों का स्थान महत्वपूर्ण होने के कारण समस्त तीर्थ नदियों के किनारे पर ही विकसित हुए।
पद्म पुराण माता एवं गंगा को समान स्थान देते हुए कहता है - सर्वतीर्थमयी गंगा तथा माता  न संशय: ( गंगा एवं माता सर्वमयी मानी गई है, इसमें कोई संदेह नहीं है। नदियों का महिमा गान करते हुए शास्त्र कहते हैं कि सरस्वती का जल तीन सप्ताह तक स्नान करने से, यमुना का जल एक सप्ताह तक गोता लगाने से और गंगा जी का जल स्पर्श करने मात्र से ही पवित्र करता है, किंतु नर्मदा का जल दर्शन मात्र से ही पवित्र कर देता है।

पद्म पुराण में गंगा की महिमा का बखान करते हुए महादेव जी कहते हैं - गंगा गंगेति यो ब्रुयाद योजनानां शतैरपि। मुच्यते सर्वपापेभ्यो विष्णुलोकं स गच्छति। (गंगा के नाम श्रवण मात्र से तत्काल पापों का नाश हो जाता है।  मनुष्य सैकड़ों योजन दूर से भी गंगा-गंगा शब्द का उच्चारण करता है तो वह सब पापों से मुक्त होकर अंत में विष्णु लोक को जाता है। देव लोक में उच्च स्थान को  प्राप्त तारणहारी गंगा आज अस्तित्व के संकट से जूझ रही है।

गंगा प्रदुषित होने के कारण उसमें जीव मात्र का प्राण हरण करने वाले तत्वों की मात्रा बढ़ गई है। जिससे जलचरों के साथ मानव भी संकट में है। जबकि पुरखो ने पूर्व में ही चेतावनी देते हुए गंगा के समीप शौच, गंगा जी में आचमन (कुल्ला करना) बाल झाड़ना, निर्माल्य झाड़ना, मैल छुड़ाना, शरीर मलना, हँसी मजाक करना, दान लेना, रतिक्रिया करना, दूसरे तीर्थ के प्रति अनुराग, दूसरे तीर्थ का महिमागान, जल पीटना और तैरना आदि चौदह कर्म वर्जित कर रखे हैं।

आधुनिकता के युग में पुरखों की चेतावनियों को मनुष्य ने विस्मृत कर दिया। जिसके परिणाम स्वरुप गंगा एवं अन्य नदियों का जा पावन जल प्रदुषित हो रहा है। कई नदियाँ विलुप्ति के कगार पर हैं। कई नदियाँ मर चुकी हैं और कई नदियाँ शनै: शनै: मृत्यू की ओर बढ़ रही हैं। नद: रक्षति रक्षित:, नद्य हन्ति हन्त:। अर्थात नदी की रक्षा होगी तो वह भी रक्षा करेगी। नदी का जल स्वच्छ होगा और वह सतत प्रवाहित होगी तो प्राणदायिनी बनकर प्रकृति के समस्त चराचर जीवों का पोषण एवं पालन करेगी। अगर नदी मर गई तो चराचर जगत भी मृत्यू को प्राप्त हो जाएगा और संसार में मानव सभ्यता नष्ट हो जाएगी। 

भारत की सभी नदियाँ कमोबेस प्रदूषण का शिकार हैं, कल कारखानों के अवशिष्ट से लेकर शहरों की गंदगी एवं मल-मूत्र बेखटके नदियों में प्रवाहित कर दिया जाता है। इससे नदियाँ मर रही हैं, नदियों में जल नहीं होने के कारण आस-पास का भूजल भी धरातल से रसातल में जा रहा है। छत्तीसगढ़ में महानदी में वर्षा ॠतु में ही जल दिखाई देता है, शिवनाथ, खारुन, इंद्रावती इत्यादि नदियाँ भी प्रदूषित हो रही हैं। बिलासपुर स्थित अरपा नदी तो मर ही चुकी है। भारत की अन्य नदियों का भी यही हाल है। इन नदियों के संरक्षण के साथ जल का शुद्धिकरण एवं भूजल को भी रिचार्ज करना आवश्यक हो गया है।

नदियों के संरक्षण से मानव सभ्यता का संरक्षण होगा। इसके लिए सरकार के साथ आम नागरिकों एवं मीडिया को भी पहल करनी होगी। नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए सरकार को भी अपनी भूमिका तय करनी होगी। मीडिया द्वारा जन जागरण कालांतर में अवश्य ही मानव के विचारों में परिवर्तन लाकर उन्हें नदियों के प्रदूषण के प्रति जागरुक बनाएगा। इस जन जागरण अभियान में मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। आज मीडिया को इस विषय पर मंथन करना चाहिए। जब प्रिंट मीडिया स्पेस की कमी से जूझ रहा है तब न्यू मीडिया को कारगर जिम्मेदारी निभानी होगी। तभी इस भगीरथ कार्य में सफ़लता मिल सकती है। आओ हम सब संकल्प लें और एकजुट होकर नदियों को बचाएँ।

शुक्रवार, 21 मार्च 2014

बासोड़ा: पर्यावरण जागरुकता का पर्व

शीतला माता
किसी भी राज्य की पहचान उसकी भाषा, वेषभूषा एवं संस्कृति होती है। संस्कृति लोकपर्वों में दिखाई देती है। लोकपर्व संस्कृति का एक आयाम हैं। लोकपर्वों में अंतर्निहीत तत्व होते हैं, जिनके कारण लोकपर्व मनाए जाते हैं। संस्कृति की धारा अविरल बहती है परन्तु इसके पार्श्व में मनुष्य की दिमागी हलचल होती है। जो उसे उत्सवों की ओर अग्रसर करती है। लोकपर्वों में प्रमुख तत्व लोक होता है। विश्व में जहाँ भी मानवों की बस्ती है, उनके द्वारा मनाए जाते है। निर्धारित तिथि को बिना किसी शासकीय आदेश के सभी लोग सामुहिक रुप से इन पर्वों को मनाते हैं। मनुष्य रोजगार के उद्देश्य से भूगोल में किसी भी स्थान पर चला जाए, उसके साथ उसकी संस्कृति एवं लोकपर्व भी स्वत: चले आते हैं। इन पर्वों के माध्यम से वह अपनी संस्कृति से जुड़ा रहता है।

होली के बाद बसंत की चलाचली की वेला होती है और ग्रीष्म का प्रारंभ होता है। ॠतु परिवर्तन होने के कारण यह व्याधि के कीटाणुओं के संक्रमण का समय भी होता है। इस अवधि में चेचक का प्रकोप अधिक होता है, जिसे भारत में हम "माता" के नाम से जानते हैं। वर्तमान में यही समय विद्यार्थियों की परीक्षाओं का भी होता है, बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने अध्ययन काल में इस संक्रमण से प्रभावित होते हैं। छोटी माता, बड़ी माता, सेंदरी माता इत्यादि नामों से इस व्याधि को जाना जाता है। इस व्याधि से बचने के लिए स्वचछता एवं आरोग्य की देवी शीतला माता की उपासना की जाती है। 

मान्यता है कि जब माता उग्र हो जाती है तो इसका प्रकोप होता है तथा शीतला माता की उग्रता को शांत करने के लिए शीतला विग्रह पर जल चढाने की परम्परा है। जिससे सप्ताह भर की अवधि में माता का प्रकोप शांत हो जाता है। वर्तमान चिकित्सा विज्ञान ने काफ़ी प्रगति की है, परन्तु चेचक होने पर मरीज को आज भी अस्पताल नहीं ले जाया जाता। उसे हवा पानी से बचा कर रखा जाता है तथा शीतला माता में नित्य सुबह शाम जल चढा कर उसके प्रकोप को शांत किया जाता है। मान्यता है कि डॉक्टरी इलाज कराने पर माता का प्रकोप और बढ जाता है और वह क्रोधित हो जाती है जिससे मरीज की व्याधि बढ जाती है।

शीतला माता नीम के वृक्ष के नीचे स्थापित होती है, स्कंध पुराण में इन्हें गर्दभ वाहिनी दिखाया गया है, ये हाथों में कलश, सूप, मार्जनी (झाडू) तथा नीम के पत्ते धारण करती हैं। इन्हें चेचक आदि कई रोगों की देवी बताया गया है। इनका प्रतीकात्मक महत्व है। चेचक का रोगी व्यग्रता में वस्त्र उतार देता है। सूप से रोगी को हवा की जाती है, झाडू से चेचक के फोड़े फट जाते हैं। नीम के पत्ते फोडों को सड़ने नहीं देते। रोगी को ठंडा जल प्रिय होता है अत: कलश का महत्व है। मान्यता है कि गर्दभ की लीद के लेपन से चेचक के दाग मिट जाते हैं। 

शीतला-मंदिरों में प्राय: माता शीतला को गर्दभ पर ही आसीन दिखाया गया है शीतला माता के संग ज्वरासुर - ज्वर का दैत्य, ओलै चंडी बीबी - हैजे की देवी, चौंसठ रोग, घेंटुकर्ण- त्वचा-रोग के देवता एवं रक्तवती - रक्त संक्रमण की देवी होते हैं। इनके कलश में दाल के दानों के रूप में विषाणु या शीतल स्वास्थ्यवर्धक एवं रोगाणु नाशक जल होता है। मान्यता अनुसार पूजा करने से शीतला देवी प्रसन्‍न होती हैं और पूजक के कुल में दाहज्वर, पीतज्वर, विस्फोटक, दुर्गन्धयुक्त फोडे, नेत्रों के समस्त रोग, शीतलाकी फुंसियों के चिन्ह तथा शीतलाजनित दोष दूर हो जाते हैं

माता के प्रकोप से बचने के लिए होली के बाद "बासोड़ा" मनाया जाता है, जो मुख्यत: राजस्थान एवँ हरियाणा का लोकपर्व है। इसे होली के बाद शीतलाष्टमी तक के सप्ताह में मनाया जाता है। माता के मुख्यत: सप्ताह में सोमवार एवँ शुक्रवार 2 दिन माने जाते हैं। होली अगर सोमवार को होती है तो शुक्रवार को यह पर्व मना लिया जाता है, अगर होली शुक्रवार के बाद होती है तो सोमवार को यह पर्व मनाते हैं। कई स्थानों पर शीतला सप्तमी एवं अष्टमी को भी यह पर्व मनाया जाता है। 

इस दिन महिलाएं भोर में नए वस्त्र धारण कर कथा करती हैं तथा रात में बनाए गए व्यंजनों का भोग माता को लगाती हैं। ठंडा प्रसाद अर्पित कर मान्यतानुसार भोर में ही उसकी पूजा की जाती है। इस दिन राबड़ी, बाजरा की रोटी, मीठा भात, गुलगुला और अन्य पकवानो के साथ दही, मूंग की दाल, बाजरा की मोई, पात की आँख, बड़कुल्ला की जेल, भीगा हुआ मोठ-बाजरी इत्यादि के साथ कलश  में माता को जल चढाया जाता है। शीतला माता का भजन गाया जाता है। साथ ही कच्चे सूत के धागे की मेखला (करधन) बना कर बच्चों बड़ों को पहनाई जाती है। मटकी की पूजा की जाती है, इस दिन से ठंडा पानी पीना प्रारंभ हो जाता है। पूजा किया हुआ जल सभी आँखों में लगाते हैं। जिससे शीतलता के संग आखों की ज्योति सदा बनी रहे।

बासेड़ा मनाने के पीछे एक लोककथा भी प्रचलित है। एक गाँव में एक बुढिया रहती थी, जो बासेड़ा के दिन शीतला माई की पूजा करती एवं ठंडा भोजन खाती थी। गाँव में अन्य कोई भी शीतला माता की पूजा नहीं करता था, एक बार गाँव में आग लग गई, पूरा गाँव जल गया लेकिन उस बुढिया की झोंपड़ी नहीं जली। जब गाँव वालों ने उसकी झोपड़ी न जलने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह शीतला माता की पूजा करती और ठंडा खाती है, इसलिए उसकी झोपड़ी नहीं जली। तब से सारे गाँव में डौंडी पिटवा दी गई कि बासेड़ा के दिन सभी को ठंडी रोटी खानी है और शीतला माता को धोक देनी है। इस घटना के बाद यह परम्परा लोकपर्व में परिवर्तित हो गई। 

बिहार, उत्तर प्रदेश में इसे बसियोरा के रुप में मनाया जाता है, गुजरात तथा अन्य प्रातों में शीतला अष्टमी को पूजा उपरांत ठंडा भोजन करने की परम्परा है। सिंध प्रांत के लोग भी इसे थदड़ी त्यौहार के रुप में मनाते हैं। इस दिन शीतला माता की पूजा करने की परंपरा है। परिवार की सुख शान्ति तथा बच्चों को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए माता शीतला की पूजा-अर्चना की जाती है। बासी पकवान खाने की परम्परा का निर्वाह करने के लिए महिलाएँ  धदड़ी मनाती हैं। महिलाएँ प्रात: उठकर शीतला माता की पूजा कर तरह तरह के व्यंजनों का भोग लगाती हैं। विभिन्न पकवानों में मिठी मानी, खटो्भात, खोराक, पकवान, नान खटाई, सतपुड़ा, चौथा, टिक्की प्रमुख रुप से बनाने की परम्परा है।

शीतला माता स्वच्छता की अधिष्ठात्री देवी हैं, अगर हम अपने आस पास को साफ़ सुथरा रखेगें तो रोगों के कीटाणू व्यक्ति के सम्पर्क में आकर उसे रोगी नहीं बनाएगें। ज्यादातर बीमारियां खराब खाना खाने से होती हैं। रसोईघर की स्वच्छता बहुत जरूरी है। शीतला मां के हाथ में जल से भरा कलश होना, हमें जल को प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए जागरूक बनाता है। आज स्वच्छ पानी का मिलना दुर्लभ हो गया है, क्योंकि हमने अपनी नदियों, सरोवरों और जलाशयों को इतना प्रदूषित कर दिया है कि इनका पानी पीना तो क्या, उससे आचमन तक करने में पीछे हट जाते हैं। जल को कलश में सुरक्षित रखकर माता शीतला हमें जल-संरक्षण के लिए सचेत कर रही हैं। संसार के सबसे उपेक्षित पशु गधे की सवारी करके माता शीतला हमें पशु-पक्षियों की सुरक्षा के प्रति संकल्प लेने का आवाहन कर रही है। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में पशु-पक्षियों की भी अहम भूमिका है। यह पर्व पर्यावरण के प्रति जागरूकता का पर्व है। इस तरह माना जाए तो बासेड़ा पर्यावरण से जुड़ा हुआ पर्व है। 

सोमवार, 27 अगस्त 2012

चैतुरगढ: मैं कहता हौं आँखन की देखी -- ललित शर्मा

पंकज सिंह
पाली शिवमंदिर में चैतुरगढ जाने वाली सड़क की स्थिति की पूछताछ करने पर संतोष त्रिपाठी ने कहा कि सड़क की स्थिति तो खराब है। बरसात होने के कारण सड़क जगह-जगह से कट गयी है। चैतुरगढ में पहाड़ी पर चलभाष भी काम नहीं करता। वहां केन्द्रीय पुरातत्व विभाग का जो कर्मचारी है उसे जब भी बात करनी होती है तो नीचे आकर सम्पर्क करता है। अभी उससे सम्पर्क भी नहीं हो पाएगा, अन्यथा मार्ग की दशा का पता कर लेते। चैतुरगढ जाने की योजना पर पानी फ़िरते दिखाई दे रहा था। अगर रास्ता ही खराब है तो जाने से तेल फ़ूंकने के अलावा कुछ हासिल नहीं होने वाला। हम आपस में विमर्श करने लगे कि क्या करें, क्या न करें? जाएं की नहीं? तभी संतोष ने कहा कि जाईए, विलम्ब न करें। माता का नाम लेकर आगे बढिए, दर्शन होना लिखा है तो होकर ही रहेगा। उनकी बात हमें जंच गयी और हम अविलंब आगे बढ गए।

रफ़्तार में जंगल
पाली से चैतुरगढ लगभग 30 किलोमीटर है। 22 किलोमीटर कोलतार की सड़क पर चलने के बाद 8 किलोमीटर कच्ची सड़क पर चलना पड़ता है। अब हमने तय ही कर लिया जाने का तो जो होगा वह देखा जाएगा। झा जी की खुमारी अभी तक उतरी नहीं थी। सुबह से ही अलसाए पड़े थे, दोपहर के भोजन के बाद खुमारी द्विगुणित हो गयी। कार चल रही थी और मैने कैमरा साध लिया, जंगल का रास्ता है कब क्या दृश्य देखने मिल जाए और उसे कैद करने का अरमान अधूरा रह जाए। इसलिए हथियार हमेशा हाथ में लेकर सजग रहने की आवश्यकता थी। जंगल के रास्ते पर चलना सुखदायी रहता है। अधिक ट्रैफ़िक भी नहीं रहता और प्राकृतिक छटाएं मन को शांति देती हैं। शहरवासी प्रकृति के निकट आकर सुकून पाता है। प्रकृति से जुड़ाव महसूस करता है। हमारे साथ चलते साल के वृक्षों के बीच से लहराती बलखाती सड़क इठला रही थी। नालों में बहता बरसाती जल अपने जीवित होने को प्रमाणित कर रहा था। वातावरण में ठंडक देख कर पंकज एसी बंद कर देता है।

जंगल में रफ़्तार
FM रेडियो की तरंगे यहाँ पर मिल रही थी, चैनल बदल-बदल कर हम पुराने गीत ढूंढ रहे थे। तभी एक चैनल ने बजाया, सजनवा बैरी हो गए हमार, चिठिया होतो हर कोई बांचे, भाग न बांचै कोय। सजनवा बैरी हो गए हमार। वाह! प्रकृति के साथ संगीत की ताल और लय मिल जाना रोमांचित कर जाता है। कहाँ सजनवा और कहाँ सजनी? कोयलिया की कूक भी सुनाई देने लगी। सोचने लगा कि अभी कौन से आम बौराए हैं जो कोयलिया कूक रही है। विहंग को कौन बांध पाया है? वे कोई मानव नहीं? किसी प्रांत के एपीएल, बीपीएल कार्डधारी लाभार्थी नागरिक नहीं। जो किसी के बंधन में बंध कर परतंत्र हो जाएगें। इनका तो जीवन स्वतंत्र है। स्वतंत्र जन्मे और स्वतंत्र मरें। परतंत्रता तो इन्हे पल की नहीं सुहाती। न ही सीमा पार करने के लिए किसी सरकार के अनुज्ञा-पत्र की दरकार होती है। जब चाहें तब पंख फ़ड़फ़ड़ाए और उड़ जाते हैं। जब मन में आए तो गाने लगते हैं। काश! विहंग सा जीवन ही क्षण भर को मिल जाए तो मन करता है पूरा एक जीवन ही जी लूं।

जा रे मेरा संदे्शा ले जारे
नदी-नाले, पहाड़, वन, समुद्र में ऐसा आकर्षण है कि जो मुझे हमेशा अपनी ओर खींचते हैं। मन गोह बनकर यहां चिपक जाता है, छोड़ना ही नहीं चाहता इन्हें। बस यहीं एक कुटिया हो जाए और रम जाएं। भौतिकता से उबने पर आध्यात्म जागृत होता है। चिंतन चलते रहता और हाथ में कैमरा धरे-धरे ही भीतर उतर जाता हूँ। न सड़क दिखाई देती है और न सहयात्री। सहसा तंद्रा टूटती है, रेड़ियो पर गाना बजते-बजते प्रहसन सुनाई देने लगता है। पंकज एसी को फ़िर से चालु कर देता है। हल्की सी उमस होने लगी। पहाड़ों पर घटांए उमड़ने-घुमड़ने लगी। घटाटोप अंधकार छाने लगा। वृक्षों के तनों पर, जंगल में पड़ी हुई सूखी लकड़ियों पर हरी काई जमी हुई है। यहाँ तक की मील के पत्थरों को भी काई ने ढक लिया है। मील के पत्थर अब मंजिल का पता नहीं देते। इससे अहसास होता है कि जंगल में बारिश लगातार हो रही है और महीनों से धूप नहीं निकली है। अन्यथा मील के पत्थरों पर काई नहीं जमती।

लकड़ी की घंटी
पहले वनों में जंगली जानवर दिन में ही दिखाई दे जाते थे। अब रात में भी नहीं दिखते। मानव ने वनों का बेतहाशा नुकसान किया। वनों की समाप्ति पर जानवरों का प्राकृतिक रहवास खत्म हो गया। इससे साथ-साथ जानवर भी खत्म होने के कगार पर हैं। जंगली वृक्षों एवं वनस्पतियों की एवं वनचरों की कई प्रजातियाँ तो विलुप्त ही हो गयी। एक दिन ऐसा आएगा जब वन भी दिखाई नहीं देगें। फ़िर कभी अगले जन्म में मेरे जैसा कोई यायावर यहाँ आएगा तो जो कुछ मैने यहाँ देखा है उसे वह दिखाई नहीं देने वाला। गोधूलि वेला होने को है, वनों में चरने गए पालतु पशु लौट रहे हैं। गायों के गले में बंधी काठ की घंटियों से मधुर स्वर लहरियां निकल रही हैं। साथ में चरवाहा भी कमर में बांसुरी खोंसे हुए सिर पर खुमरी ओढे पीछे-पीछे चला आ रहा है। न चरवाहे के पास घड़ी है न गायों के पास। समय की जानकारी देने के लिए सिर पर सूरज भी नहीं। इनकी जैविक घड़ी ही घर लौटने का समय बताती है और ये सब घर को लौट चलते हैं।

चैतुरगढ का मार्ग
हमें पक्की सड़क पर चलते हुए एक तिराहा दिखाई दिया। जहाँ से दांए तरफ़ कच्चा रास्ता जाता है। वहीं पर एक सूचना फ़लक लगा है जिस पर लिखा है, चैतुरगढ दूरी 8 किलोमीटर। हम सही रास्ते पर थे। तिराहे पर एक किराने की दुकान है, जहाँ युवा दुकानदार अपनी मोटर सायकिल में पैट्रोल डाल रहा था। वहीं पर एक बाबा अपनी पोती के साथ खड़े थे। मैने उनसे आगे के रास्ते की दशा पूछी तो कहने लगे की गाड़ी जा सकती है। रास्ता को खराब दिख रहा था, परन्तु हमें चैतुरगढ जाने की जिद थी। आगे बढने पर सड़क पर बड़े-बड़े बोल्डर पड़े दिखे और साथ में गड्ढे भी।

बाबा और नातिन
कमांडर जीप दिखाई दी। ड्रायवर ने बताया कि उनकी जीप ही बड़ी कठिनाई से निकल कर आ रही है। आपकी वेरना तो नहीं जा सकती। हाँ जहाँ तक कार जाए वहां तक आप चले जाईए और वहाँ से आप पैदल जा सकते हैं। कई लोग गाड़ी खड़ी करके पैदल जा रहे हैं। अधिक रात होने पर भालुओं का खतरा है। हमने ठान लिया कि जहाँ तक कार जाएगी वहाँ तक जाएगें, फ़िर आगे पैदल जा सकते हैं। लेकिन चैतुरगढ आज जाना ही है।हम उबड़-खाबड़ रास्ते पर नयी-नवेली कमसिन नाजुक वेरना के साथ जोर-जबरदस्ती करते हुए अपनी जिद में आगे बढ गए। दो किलोमीटर चलने के बाद आसमान में एक बार फ़िर से अंधेरा छा गया। लगने लगा कि जम कर बरसात होगी।

नाले से लौटते हुए
सुबह के झगड़े और शाम की बारिश का पता नहीं कब तक चले? 4 किलोमीटर जाने पर एक छोटा नाला दिखाई दिया, वहीं पर कार रोकनी पड़ी। पंकज और अरविंद गाड़ी निकालने का रास्ता देखने लगे और मैं फ़ोटो लेने लगा। वहीं पास के साल वृक्ष पर सुंदर आर्किड लगे थे। दोनो अभियंताओं नें आकर निर्णय दिया कि कार वहाँ से आगे नहीं निकल सकती। फ़ावड़ा होता तो एक बार रास्ता बनाया जा सकता था। बरसात होने लगी थी, हमने भारी मन से लौटने का फ़ैसला किया। इतनी दूर आने के बाद भी चैतुरगढ के एतिहासिक स्थल को न देख पाने हमें खेद रहेगा। लेकिन हिम्मत नहीं हारी थी। तिराहे पर वापस आकर दुकानदार से उसकी बाईक मांगने का इरादा बनाकर हम तिराहे की तरफ़ लौट गए। आगे पढें……

शुक्रवार, 26 मार्च 2010

चिरौजी लाल उवाच: नहाने से पर्यावरण प्रदूषण

अल सुबह चिरौंजी लाल पांडे के घर से कुछ धमा चौकड़ी की आवाजें आ रही थी। वे चिल्ला रहे थे......."आज से नही नहाउंगा,..... सालों ने रोज रोज परेशान कर रखा है,.... अरे जब मेरा नहाने का मुड ही नही है .........तो फ़िर जबरिया नहलाने का क्या मतलब है?"

पंडियाईन कह रही थी-......."स्नान करो चाहे मत करो........... लेकिन नल से पानी भर के लाना पड़ेगा, ....... मै जान गयी हूँ तुम्हारी चाल को।"

"हम नही लाएगें पानी नल से जिसको नहाना हो वो ले आए....... वो तुम्हारे भाई साले आए हुए हैं........ उनको लगाओ पानी लाने के लिए,........ 20 दिनों से पड़े हुए हैं मुस्टन्डे...... काम के ना काज के बारा मन अनाज के............ हम पानी लाएं तो साहबजादे स्नान करें,"

"जब से आएं हैं हमारे भैया....... तब से आपको बहुतै तकलीफ़ हो गई है,....... अरे! 6-7 पीपा पानी ही तो ज्यादा लगता हैं बस,.......... इतना नहीं कर सकते अपने सालों के लिए,...... देखो ना कितने दुबले हो गए हैं बेचारे।"

"हां क्यों नहीं होगें दुबले?....... जब आए थे दो-दो मन मैल चढा हुआ था,......... सारा यहीं उतार कर जाएंगे। ..........वजन तो हल्का होगा न।"

"देखो अब बहुत हो गया!...... अब आगे कुछ कहा मेरे भाईयों को तो....... मेरी बर्दास्त के बाहर हो जाएगा।....  मैं मायके चली जाउंगी.......... एक तो इतनी गर्मी है,.......... उपर से कुलर भी चालु नही हैं........ उसके भी तार चुहे काट गए हैं........ कितने दिनों से करमों को रो रही हूँ कि उसे सुधरवा दो......... लेकिन यहां मेरी सुनता कौन है?"

"उसे सुधरवा दुंगा तो पानी तो मुझे ही भरना पड़ेगा और ठंडी हवा का मजा लेंगे सालिगराम जी......मैं भी यही चाहता हूँ,...... चली जाओ तुम मायके, कम से कम दो महीने गर्मी के सुख से तो बीतेंगे........ ये गर्मी तो मेरी जान ही निकाल लेती है........ पानी की जो किल्लत होती है कि यहां रहने को ही मन नही करता....... आफ़िस जाने से पहले पानी भरो,..... आफ़िस से आकर पानी भरो....... बस हमारा तो दम निकल जाता है,....... पानी भराई में, .........अब इसका हल हमने यही निकाला है कि हमने स्नान बंद कर दि्या, ........अब जिसको स्नान करना हो अपना पानी स्वयं भरे"

इतने में अखबार वाला अखबार फ़ेंक कर जाता है चिरोंजी लाल तु्रते लपकते हैं धोनी जैसे,...... और पढना शुरु करते हैं........ ज्यों ज्यों पढते जाते हैं त्यों त्यों उनके चेहरे पर मुस्कान तैरती जाती हैं ........ अब पंडियाईन तो चिढ़ी बैठी हैं उन्हे यह मुस्कान नागवार गुजरती है,

"कौन सी लाटरी खुल गयी जो दांत निपोर रहे हो?"

हमारे लिए तो लाटरी ही खुल गई,......... गांव का जोगी जोगड़ा, आन गांव का सिद्ध....... तुम्हारी तो उल्टी खोपड़ी में कुछ घुसता ही नही हैं,........... इधर हमने स्नान करने से मना किया,.......... उधर इतनी जल्दी अमेरिका वालों ने स्नान करने के फ़ायदे और नुकसान पर शोध भी कर लिया,............. सबसे तेज चैनल है। उन्होने हमारे स्नान न करने को सही कदम ठहराते हुए कहा है कि ...............रोज स्नान करने से प्रदूषण फ़ैल रहा हैं।

क्यों सुबह सुबह बकवास किए जा रहे हो ऐसा कभी हो्ता है क्या?........ कि स्नान करने से प्रदूषण फ़ैलता है, अरे स्नान करने से तन और मन का मैल साफ़ होता है....... ताजगी आती है, काम में मन लगता है,.... इसमें ऐसा क्या लिखा है?....... जिससे प्रदूषण फ़ैलता है?

ये कह रहे हैं जब हम रोज नहाते हैं......... तो साबुन सोडा शैम्पु का प्रयोग करते हैं ........इससे वह जाकर जल में मिल जाता है, और जल प्रदूषित होने से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है।

अरे यह तो बड़े नु्कसान की बात बताई इन लोगन ने,

आगे कहते हैं कि जब जलस्रोतों के पानी की जांच की गयी उसमें गर्भनिरोधक गोलियाँ, अवसाद नाशक दवाएं, और कई दवाओं के अवशेष मिले हैं,........ इनमें से तो कुछ पेयजल में जाकर मिल गए हैं। इसके अलावा त्वचा की देखभाल करने वाले क्रीम, लोशन, शैम्पु आदि के भी रासायनिक तत्व मिले हैं........... अब तुम ही बताओ नहाने से कितना नुकसान हो रहा है पर्यावरण का?

नहाने से नुकसान कैसे होगा?

अरे तुम्हारी तो समझ में आता ही नही है? एक बात बताओ तो उस पर सवाल पर सवाल दागे चली जाती हो। अमेरिका की एक डॉक्टर है इलीन रुहाय, उसने कहा है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल करने वाले के पसीने से रासायनिक तत्वों का रिसाव होता है.......... जो नहाते समय पानी में मिल जाता है समझे,......... अब हमारी नहाने से छुट्टी.........हम ठहरे पर्यावरण प्रेमी....... नही चाहते कि पर्यावरण को नुकसान हो।

तुम्हारे को तो अच्छा बहाना मिल गया कि नल से पानी भर के ना लाना पड़े,...... बाबा जी की बात क्यों नही मानते.......... देशी साबुन आर्युवैदिक स्नान किजिए इससे पर्यावरण का नुकसान नही होगा?

इतनी बातें सुनकर हम भी बाहर निकल आते हैं " अरे भाई सुबह सुबह झगड़ा बंद करों और इस समस्या का एक ही हल हैं "काग स्नान" करो।"