छत्तीसगढ की विद्युत व्यवस्था चरमरा गयी है, सरपल्स बिजली होने का दावा करने वाले राज्य में विगत 4 दिनों से अघोषित विद्युत कटौती का सामना करना पड़ रहा है, बिजली कब जाती है इसका पता नहीं। आज रात भर बिजली बंद रही, मंत्रियों के बंगले पर दिन में भी स्ट्रीट लाईट जल रही है और गाँव कस्बों में रात में भी बिजली नहीं। इससे आक्रोश बढता जा रहा है। नवरात्रि का उत्सव चल रहा है, गाँव कस्बों में दुर्गा पूजा चल रही है, दुसरी तरफ़ बच्चों के तिमाही इम्तिहान जारी है। ऐसे समय में बिजली उपलब्ध न होने के कारण बच्चों की पढाई में व्यवधान उत्त्पन्न हो रहा है।
अम्बेडकर मंगल भवन सिविल लाईन रायपुर के पास की जलती हुई स्ट्रीट लाईट 4 बजे दिन
जनता पड़े भाड़ में नेताओं को तो अपना सुख चाहिए, खैर जनता ने चुन कर भेजा है इतना हक तो बनता है यार :)। विद्युत व्यवस्था सुधरे तो फ़िर मिलते हैं, नयी पोस्ट के साथ। नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं एवं बधाई।
मैने रात 1 बजे बारिश की आवाज रिकार्ड की। बारिश की बूंदो की आवाज के साथ झिंगुरों का स्वराघात बादलों की गड़गड़ाहट के कारण रहस्यमय संगीत पैदा कर रहा था। बारिश का संगीत सुनिए फ़ुहारों के साथ। कुछ आवाजे शुन्य में प्रगट हो रही हैं। जैसे कोई सरसराती आवाज में कुछ कह रहा हो।
मौसम बरसाती बना हुआ है, थोड़ा बहुत बरस कर बादल रह जाते हैं, पहले 5-10 दिनों की झड़ी बनती थी, अब वह नहीं बन रही। हां! बरसाती बीमारियाँ जरुर पहुंच गयी। डॉक्टर फ़सल काटने में लगे हुए हैं और मरीज जेब खाली करने में। भगवान रोटी-रिजक सबको देता है सभी व्यवसाय एक दूसरे पर ही निर्भर हैं। आधी रात हो चुकी है, खिड़की के सामने खड़े-खड़े बारिश देखते हुए, कुछ दिमाग में चलने लगता है, लोग कहते हैं कि जिन्दगी में खालीपन होता है, मैं कहता हूँ कि कभी नहीं होता। हां! दिमाग चेतना अवश्य खो सकता है, विक्षिप्तता में वह कुछ भी सोच सकता है और कर सकता है। सबके अपने-अपने कर्म हैं। कोई स्वयं को रिक्त समझ सकता है पर ब्रह्माण्ड में खाली कुछ भी नहीं, खाली को शुन्य कहते है, पर खाली वह भी नहीं। शुन्य ही सृष्टि का आरंभ है। हर चीज भरी हुई है, कभी-कभी दिमाग खाली हो जाता है, कहें तो चेतना चली जाती है, फ़िर लौट आती है। दिमाग अपने काम में लग जाता है।
दो दिन की बरसाती अस्वस्थता ने काफ़ी परेशान किया। वैसे बारिश में भीगने पर भी बुखार नहीं आता, पर कहीं से जरासिम आ जाएं तो अपना काम कर ही जाते हैं। रात गहराने के साथ नींद कोसों दूर भागती जा रही है। आसमान में बादल गरज रहे हैं, बारिश की फ़ुहारें शुरु हो गयी। खिड़की से बिजली की चमक दिखती है। यही समय होता है बिजली रानी के रुठने का। बिजली के रुठते ही बल्ब भी बुझ जाता है, जैसे मंत्री के कुर्सी से उतरते ही चमचों के चेहरे का नूर स्वत: चले जाता है। पावर स्टेशन से ही करेंट चला जाए तो फ़िर बंदा करे क्या? नींद नहीं आई तो खिड़की के सामने खड़ा हो जाता हूँ, उस पार से बौछारें आ रही हैं ठंडी हवा के साथ। अच्छा लगता है, जब बिजली चली जाए और ठंडी हवा चलती रहे। अंधेरे में समय बिताने के लिए कोई और साधन भी तो नहीं। ऐसे में प्रकृति की ताल से ताल मिलाना ही ठीक है।
खिड़की के पार से बिजली चमकी और बादल जोर गड़गड़ाने लगे। कूलर की चद्दर पर पड़ती हुई पानी की लय बद्ध बूंदों से संगीत पैदा हो लगा। मेरा ध्यान टप-टप, डुम-डुम, डुड़ुम-डुड़ुम डुड़ुम, टप-टप की ध्वनि करती बूंदो पर है। कितनी मधुर लय है, इन बूंदो की तान में। सधा हुआ सुर आनंदित कर रहा है। अंधेरे में भी आँखे बंद करके सुनने का मजा ही कुछ और है। बिलकुल गुंगे के गुड़ जैसा, जिसे स्वाद आता गुड़ का पर वर्णन नहीं कर सकता। मनुष्य का जीवन भी ऐसा ही है। अगर जीवन लय बद्ध है तो जीवन संगीत का आनंद आता है। परिवार में तालमेल न हो और सुर बिगड़ा हो तो त्रैलोक्य में भी आनंद नहीं, तृप्ति नही। आनंदानुभुति एवं तृप्ति के लिए स्वर का लय बद्ध होना आवश्यक है।
बूंदों के साथ झिंगुरों का सुर में सुर मिलाना गजब है। जैसे उन्हे पता है कि अभी तबला कौन से ताल में बज रहा है और उसके साथ सरगम कौन सी मिलानी है। अंधेरे में खिड़की पार बिजली चमकती है, पेड़ों की छाया रहस्यमयी प्रतीत होती है। मुझे मसखरी सूझती है, जिसे लोग शुन्य, नीरवता, सन्नाटा, खाली पन कहते हैं उसकी आवाज रिकार्ड करने लगता हूँ, शुन्य में पैदा हुई आवाज को सुनना चाहता हूं। शुन्य से कैसी आवाजें आती हैं आज तक सुना नहीं। अनहद नाद जैसा ही होगा। चमकती हुई दामिनी के चित्र लेने चाहिए। फ़िर कभी ऐसी बरसात न हुई तो। चमकती हुई बिजली के चित्र लेना भी धैर्य का काम है। पहले बिजली चमकती है फ़िर उसके एक मिनट बाद बादल गरजते हैं। जैसे ही बिजली चमकती थी और मैं क्लिक करता था तो अंधेरे के अलावा कुछ चित्र में आता ही नहीं था। प्रयास जारी रहा, कभी तो एकाध फ़्रेम में बिजली फ़ंसेगी।
रिकार्डिंग बंद करके जैसे ही मुड़ता हूँ, बिजली की चमक से कमरे में लगे दर्पण से टकरा कर रोशनी का प्रतिबिंब लौट कर मुझे चौंका देता है। अंधेरे में जरा से उजाले से चौंक पड़ता हूं। थोड़ी सी रोशनी से दर्पण में दिखाई देते प्रतिबिंब एवं दिन की रोशनी में दिखाई देने वाले प्रतिबिंब में जमीन आसमान का अंतर है। थोड़ी सी चमक ने दर्पणाकृति रहस्यमयी बना दी। तभी एक जगह लिखा याद आता है - "दिन में ऐसे कर्म करो कि रात को चैन से सो सको, और रात को ऐसे कर्म करो कि सुबह किसी को मुंह दिखा सको।" सच कहा है, अगर मनुष्य अपना चेहरा ही गौर से देखे आंशिक प्रकाश में तो रुप कितना विकृत दिखाई देता है। इसलिए जीवन में प्रकाश का होना निहायत ही जरुरी है। जीवन में प्रकाश तभी रहेगा जब कथनी और करनी में अंतर नहीं होगा। तभी तन-मन-जीवन आलोकित होगा।