बीमारी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बीमारी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 14 जुलाई 2011

ट्रिनSSS ट्रिनSSS ट्रिनSSS - ललित शर्मा

ट्रिनSSS ट्रिनSSS ट्रिनSSS ट्रिनSSS ट्रिनSSS ट्रिनSSS

नम्बर देखा तो दिल्ली का था, 011-XXXXXXXX, सोचा किसी मित्र का होगा, उठा लिया जाए।

हेलोSSSSSSS

"हेलो! सर गुड मार्निंग, मैं XXXXX एयर फ़ेल कम्पनी से बोल रहा हूँ"

"बोलिए"

"सर, हमारी ग्रुप ऑफ़ कम्पनीज ने एक स्वास्थ्य बीमा योजना शुरु की है। उसके विषय में आपको जानकारी देनी है, आप कुछ समय देगें?"

"किसकी कम्पनी है?"

"सर, फ़ुनिल सित्तल जी हमारी कम्पनी के मालिक हैं, उनके बहुत सारे व्यवसाय हैं।"

"अच्छा! वही मोबाईल कम्पनी वाला।"

"जी सर! आपने सही पहचाना।"

"बहुत अच्छा किया तुमने फ़ोन लगा लिया, मैं एयर फ़ेल के फ़ोन का इंतजार कर रहा था। बताओ तुम्हारी बीमा योजना क्या है?"

"सर! हमारी कम्पनी मेडिक्लेम करती है, बहुत ही कम प्रीमियम में। एक बार करवा कर देखिए, मेडिक्लेम नहीं तो एक मनी बैक पालिसी ले लीजिए,हमारे बीमा योजना के सामने सभी कम्पनियों की बीमा योजना फ़ेल हैं।"

अच्छा! वैसे भी तुम्हारी कम्पनी के नाम के साथ "फ़ेल" जुड़ा है, पैसा जमा करने के बाद वापसी की क्या गारटी है?"

"सर! आपको हम बाँड देंगे, जब वह मैच्योर हो जाएगा तो आपको रुपया मिल जाएगा।"

"ये बाँड क्या होता है?"

"सर! कागज पर बना सर्टिफ़िकेट होता है, जिसमें हम रुपए वापसी एवं रिस्क कव्हर की गारंटी देते हैं।"

"अगर रुपए लेकर तुम्हारी कम्पनी भाग गयी तो मैं कागज को क्या चाटुंगा।"

"नहीं सर! ऐसा कैसे हो सकता है? नामी कम्पनी है।"

"ये नामी कम्पनियां जब घाटे में रहती हैं तो बैलेंस सीट फ़ायदे वाली बनाती हैं, और जब फ़ायदे में होती तो बैलेंस शीट घाटे वाली बनती है, ताकि माल अंदर किया, दीवाला निकाला, और छुट्टी पाई। चलो तुम मुझे दो पैसा, तुम्हे भी मैं ऐसा ही सर्टिफ़िकेट देता हूँ, जीवन भर की गारंटी। न फ़टेगा, न गलेगा, न चलेगा।"

"सर! हमारी कम्पनी को रिजर्वबैंक की मान्यता है। उनके रजिस्ट्रेशन से ही कम्पनी चला रहे हैं।"

"हमारे को भी रिजर्व बैंक की मान्यता है, जो नोट मेरे पास हैं उस पर रिजर्व बैंक के गर्वनर से साईन हैं, नोट उनके साईन से ही चलता है। क्या तुमने फ़ु्द्दु समझ रखा है।"

"सर! ऐसा नही है, यह फ़ुनिल सित्तल की कम्पनी है, कारपोरेट जगत में उनका नाम चलता है।"

"अच्छा! क्या गारंटी है इसकी, मै तो कभी मिला ही नहीं, उसने बिना मिले ही धोखा-धड़ी कर दी, और अब तुम्हे पीछे लगा दिया।"

"क्या हुआ सर?

"अरे! मैने रात को 100 रुपए का रिचार्ज करवाया था। सुबह उठ कर देखा तो 75 रुपए गायब। कम्पनी में फ़ोन लगाया तो उन्होने कहा कि आपने रेड़ियो एक्टिवेट करवाया है, जिसके 75 रुपए जमा कर लिए गए हैं। अरे मुझे क्या पागल कुत्ते ने काटा है कि मोबाईल पर रुपए खर्च करके तुम्हारा गर्दभ गान सुनुंगा। जबकि मेरे पास मोबाईल में एफ़ एम रेड़ियो है, मेरे पैसे वापस करो।"

"वह बोला- सर आपके मोबाईल नम्बर से रिक्स्वेस्ट आई है, पैसा वापस नहीं हो सकता।"

"तेरी तो ऐसी की तैसी, मेरा पैसा तु क्या तेरा बाप भी नहीं खा सकता।"

सर मैं तो बीमा कम्पनी की तरफ़ से बोल रहा हूँ।"

"ऐसी की तैसी तेरी बीमा कम्पनी की, जब तुम्हारी एयर फ़ेल कम्पनी दो चार रुपए की चोरी नीयत रखती है तो हजारों रुपयों का क्या भरोसा। गरीबों के एक-एक रुपए मार कर अपनी जेब भरने वालों का क्या विश्वास करु, कहीं रुपए लेकर भाग गया तो? हमारी लुटिया डूबा दोगे।"

"सर सुनिए न............?

"क्या सुनना है? तुम्हारी कम्पनी के खिलाफ़ एफ़ आई आर करवाऊंगा, इसने मेरी जेब पर डाका डाला है। आई पी सी की धारा 395 और 420 लगवाऊंगा। जेल भिजवाऊंगा। मोबाईल से बैलेंस काटना क्या डकैती नहीं है? अगर किसी की जेब से दो रुपए निकाल लो तो अपराध बनता है कि नहीं? तुम्हारा फ़ुनिल सित्तल सबसे बड़ा चोर है। गरीब आदमी 10 रुपए का रिचार्च कराता है और उसका उलजलूल बैलेंस काट लेते हो। उसे पता ही नहीं चलता कि किस बात पर बैलेंस खाली हो गया। वह रिचार्ज करने वालों की खोपड़ी खाता है कि बैलेंस कैसे कट गया मैने तो बात ही नहीं की। बैलेंस काटने के बाद किसी का रुपया भी वापस नहीं होता। सर्विस सेंटर में फ़ोन लगाओ तो उसके लिए 50 पैसा मिनट काटा जाता है। मतलब चारों तरफ़ से लूट लो इंडिया को।"

"सर सर! मैं बीमा कम्पनी से हूँ सर।"

"क्या सर सर लगा रखी है, तुम्हारी कम्पनी की बात कर रहा हूँ, मेरा नम्बर किसने दिया? मतलब तुम्हारी कम्पनी अपने यहां दर्ज नम्बरों का दुरुपयोग कर रही है। किसी भी नम्बर पे उठाओ और फ़ोन करो, विज्ञापन करो। हो सकता है डाटाबेस और जानकारी बेच रही होगी,  डाटाबेस से नम्बर लेकर फ़ोन करना भी सायबर अपराध है। कुछ मालूम है कि नहीं? तुम्हारी कम्पनी के खिलाफ़ धरना करवाऊंगा, हड़ताल करवाऊंगा, एयर फ़ेल की बजाए बिना छोड़ूंगा नहीं। समझे कि नहीं। मेरी बात कराओ अभी फ़ुनिल सित्तल से।"

टूंऊंऊंऊं टूऊंऊंऊं टूंऊंऊंऊं टूंऊंऊंऊं टूऊंऊंऊं टूंऊंऊंऊंSSSSSS       

NH-30 सड़क गंगा की सैर

मंगलवार, 19 अप्रैल 2011

"माल प्रैक्टिस" का जमाना ------- ललित शर्मा

कहावत है कि अस्पताल, थाना, कचहरी व्यक्ति अपनी खुशी से नहीं जाता। मजबूरी में ही जाना पड़ता है। व्यक्ति को जीवन में चिकित्सकों से पाला पड़ता ही है, शायद ही कोई व्यक्ति ऐसा मिले जिसे डॉक्टर के पास न जाना पड़ा हो,चिकित्सा को विश्वास का पेशा माना गया है और चिकित्सक को भगवान। मरीज अपने प्राण चिकित्सक के हाथ में सहर्ष सौंप देता है। समाज में यह पेशा प्रतिष्ठा का माना जाता है, अगर हम किसी भी व्यक्ति से पूछे तो सबसे पहले वह अपने बच्चे को डॉक्टर बनाना चाहता है। उसके पश्चात अन्य पेशे के विषय में सोचता है। पहले और वर्तमान के चिकित्सकों की कार्य प्रणाली में अत्यधिक बदलाव देखा जा रहा है।

पहले डॉक्टरी के पेशे को सेवा भाव के से किया जाता था, डॉक्टरों का कार्य मरीज की सेवा सुश्रुषा करके स्वास्थ्य प्रदान करना था। वर्तमान में चिकित्सा का पेशा व्यावसायिकता की पराकाष्ठा पर पहुंच चुका हैं। इनकी कारगुजारियाँ और स्थिति यह है कि अब मरीज मजबूरी में ही इनके पास जाना चाहता है तथा एक बार किसी नर्सिंग होम या अस्पताल में भर्ती हुए तो समझ लो सारा बैंक बैलेंस खत्म। ॠण लेकर ही इनकी जेब भरनी पड़ेगी। ऐसा नहीं है कि मैं सभी चिकित्सक समाज को एक तुला पर ही तौल रहा हूँ, कुछ डॉक्टर ऐसे भी हैं जो पूर्वजों से मिले उत्तम संस्कार के द्वारा मानवीय मूल्यों को समझ कर पेशे की पवित्रता कायम रखे हुए हैं।

एक डॉक्टर मित्र से इस विषय पर चर्चा हो रही थी, तो उन्होने कहा कि अब डॉक्टर "माल प्रैक्टिस" पर उतर आए हैं। इनसे ही मुझे प्रैक्टिस के नए तरीके के विषय में पता चला। साथ ही "माल प्रैक्टिस" क्या होती है, इस विषय में भी। मानवता को दरकिनार कर लूटने में लगे हुए हैं। एक मित्र ने बताया कि उनकी पत्नी को बच्चा होने वाला था, नर्सिंग होम लेकर गए, वहाँ डॉक्टर ने सभी पैथालाजिकल, सोनोग्राफ़ी एवं अन्य टेस्ट कराए। उसके पश्चात पेशेंट को अकेले में समझाया गया की पेट में बच्चे ने गंदा पानी पी लिया है और पॉटी कर सकता है, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों की जान को खतरा है। इसलिए सिजेरियन आपरेशन तुरंत करना पड़ेगा। 20,000 रुपए जमा करवा दीजिए। मित्र ने रुपए जमा कराए और ऑपरेशन के फ़ार्म पर हस्ताक्षर कर दिए। थोड़ी देर बाद बिना ऑपरेशन के ही उनकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दे दिया। जच्चा-बच्चा दोनो स्वस्थ्य थे। ईश्वर ने डॉक्टर के षड़यंत्र को विफ़ल कर दिया।

वर्तमान में अतिरिक्त कमाई के लालच में 90% जच्चाओं के सिजेरियन ऑपरेशन कर दिए जाते हैं,"माल प्रैक्टिस" जोरों पर है। बच्चे के जन्म लेने के तीसरे-चौथे दिन उसकी त्वचा हल्की पीली दिखाई देती है। तब उसे तुरंत पीलिया बता कर नीले प्रकाश में रख दिया है। जहाँ 1000 रुपए से लेकर 2000 रुपए तक प्रतिदिन का चार्ज वसूला जाता है। जच्चा और बच्चा दोनो से "माल पैक्टिस" चालु है। "माल प्रैक्टिस" करने वाले डॉक्टरों ने चिकित्सा जैसे पावन पेशे को बदनाम कर दिया। अस्पताल जाने के नाम पर जेब और रुह दोनो काँप जाती है। प्राण बचे न बचे पर अस्पताल का चार्ज ले ही लिया जाता है। किडनी एवं शरीर के अन्य अंग चोरी से निकालने के समाचार मिलते ही रहते हैं।

सिजेरियन ऑपरेशन के बाद अब महिलाओं की बच्चे दानी निकालने का काम जोरों पर चल रहा है। किसी महिला को कमर के नीचे थोड़ा सा भी दर्द हुआ तो समझ लो बच्चे दानी निकलवाने की सलाह डॉक्टर तुरंत दे देते हैं। 25-30 साल की महिलाओं की बच्चे दानी बेधड़क निकाली जा रही है। भले ही फ़िर उस महिला को जीवन भर भुगतना पड़े। गर्भाशय निकालने के इस दुष्कृत्य में ग्रामीण स्वास्थ्य रक्षकों के रुप में तैनात "मितानिन" मुख्य तौर पर सम्मिलित हैं। निजी नर्सिंग होम संचालकों ने इन्हे मोबाईल बांट रखे हैं, साथ ही गर्भाशय आपरेशन के प्रत्येक मरीज पर 1000 से 2000 रुपए का का कमीशन तय है। कुछ दिनों पूर्व समाचार था कि मृत शरीर को वेंटिलेटर पर रख कर हजारों रुपए वसूल लिए गए। डॉक्टर का कहना था कि मशीनों का चार्ज तो लेना ही पड़ेगा। मरीज चाहे बचे या न बचे। इस पेशे से संवेदनाएं समाप्त होती जा रही हैं। गरीब आदमी का तो मरण ही है। सरकार ने चिकित्सा बीमा योजना शुरु की है इसमें भी ये घोटाला करने से बाज नहीं आ रहे। मरीज के चिकित्सा बीमा की राशि को ध्यान में रख कर बिल बनाया जाता है। एक ही झटके में उसका सारा बीमा बैलेंस खाली कर दिया जाता है।

सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए तथा नागरिकों को भी जागरुक होने की आवश्यकता है। अगर मरीज को उपभोक्ता के तौर पर देखा जा रहा है तो इन डॉक्टरों से दुकानदार जैसा ही व्यवहार होना चाहिए तथा सजा निश्चित की जानी चाहिए। चिकित्सकीय लापरवाही से हुई मौत पर हत्या का अपराध दर्ज होना चाहिए। लापरवाही के कारण कभी किसी के पेट में कैंची, गॉज बैंडेज या तौलिया छोड़ने जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी। इनकी लापरवाही की सजा तो मरीज को ही भुगतनी पड़ती है।

सोमवार, 21 दिसंबर 2009

इस बीमारी की कोई दवा नहीं

आज कल नई-नई बीमारियाँ आ रही हैं और वैज्ञानिक उनका तोड़ भी निकालने में लगे हुए हैं. बीमारी की पहचान होती है फिर उसका नामकरण किया जाता है. उसके बाद बीमारी को ठीक करने के लिए दवाईयों की खोज भी की जाती है. 

लेकिन एक बीमारी ऐसी है जिसका नामकरण तो हो गया लेकिन उसकी दवाई अभी तक नहीं ढूंढ़ सके हैं. उसका नाम है "छपास रोग". बस एक बार किसी तरह अखबार या पत्रिका में नाम और फोटो छप जाये फिर तो लोग तरह-तरह के तरीके निकाल कर किसी तरह बस छपना चाहते हैं.

नेता लोगों का छपना अलग तरह का होता है और साहित्यकार, कहानीकार, कवियों का अलग तरह का. यह छपास का रोग तन को भी लग जाता है और मन को भी.

अभी पिछले दिनों की बात है, एक बड़े नेता चुनाव में खड़े होने के लिए परचा भरने अपने लाव-लश्कर के साथ निर्वाचन अधिकारी के सामने प्रस्तुत हुए और परचा भरा.खूब फोटुयें ली गई और अख़बारों में भी छापी गई.

नेताजी का एक चमचा हमारे मोहल्ले में भी रहता था. वह सुबह-सुबह अख़बार लेकर मेरे पास आया और बोला भैया- आज मेरी फोटो अखबार में छपी है आपने देखा क्या? 

मैंने कहा- पूरा अखबार तो चाट लिया तुम्हारी फोटो कहीं नहीं दिखी नेताजी के साथ. तो उसने कहा-देखो मैं दिखाता हूँ आपने ठीक से नही देखा. उसने मुझे वो फोटो दिखाई तो समझ में आया कि एक अदद फोटो के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ती है. फोटो में नेताजी अपने समर्थकों से घिरे हुए थे. धक्का मुक्की जैसा माहोल दिख रहा था,.

उस भीड़ में नेता जी के चमचे ने लोगों के बीच से अपना एक हाथ निकाल कर "वी" का चिन्ह बना रखा था और हाथ के सिवा फोटो में उसके शरीर का कोई अंग नहीं दिख रहा था. उसने कहा भैया फोटो में जो "वी" बनाया हुआ हाथ दिख रहा है. वो मेरा ही है. मैंने कहा बहुत ही शानदार फोटो छपी है भाई तुम्हारी. बधाई हो. तुमने तो मोहल्ले की नाक ही बचा ली, कम से कम हाथ तो छप गया. 

अभी भी तुम्हे कितने मायूस लोग मिलेंगे जिनका कुछ भी नहीं छपा होगा. अगर नेता जी जीत गए तो भाई तुम्हारी तो पौ बारह हो जाएगी क्योंकि  सबसे पहले विजय का इशारा तुमने ही किया था और  सबूत के लिए अख़बार भी है तुम्हारे पास.

इसी चुनाव में एक बड़े फ़िल्मी अभिनेता भी चुनाव प्रचार में आये थे, हमारे मोहल्ले के नेता जी भी जोर शोर से प्रचार में लगे थे. दिन भर कलफ वाला कुरता पैजामा लगाये, मंच बनवाने के कार्य में लगे रहे. 

जब शाम को अभिनेता आये तो वो भी धक्का मुक्की करके मंच पर चढ़ गए. जैसे है कैमरे के फ्लेश चमकने लगे, वो धीरे से वरिष्ठों के बीच जगह बनाते हुए अभिनेता के पास पहुँच गए जैसे ही उनकी फोटो खींचने वाली थी वैसे ही अभिनेता ने अपना हाथ घुमा दिया. नेता जी धक्का खा कर गिर गए मंच के नीचे. लोगों दौड़ कर उठाया, अस्पताल पहुँचाया.

अस्पताल ले जाने पर पता चला कि उनकी एक टांग टूट गई है. अब अस्पताल में पड़े थे खूंटी पर टांग लटकाए. बात मोहल्ले की थी हम भी उनका दर्द बाँटने, हमदर्दी दिखाने अस्पताल पहुचे. जाते ही उन्होंने अखबार निकाला और खुश होते हुए बोले- भैया देखो हमारी फोटू छपी है. हमने अख़बार देखा तो बेड पर टांग लटकाए हुए उनकी फोटो छपी थी,  उनके चेहरे पर बड़ा ही संतुष्टि का भाव था. चलो आज पूरी फोटो तो छपी, टांग तुडवाई तो क्या हुआ फिर जुड़ जाएगी. 

तो भैया छपास का रोग बहुत ही भयानक है एक बार किसी को लगा दो तो जिन्दगी भर यह बीमारी नहीं जाती और तो और राम-नाम सत्य होने के बाद भी अख़बार में फोटो छप ही जाती है जिससे मृतात्मा को शांति मिलती है. अगर नहीं छपी तो आत्मा वहीं प्रेस के पास चक्कर काटते रहती है. छपास का रोग छूत की बीमारी है. जो स्वयं लगती नहीं है. लगायी जाती है. 

एक बार अखबार में किसी तरह पहली बार फोटो या नाम छप जाये उसके बाद एक नया रोगी तैयार हो जाता है. जब तक किसी तरह सप्ताह में एक बार या दो बार नाम नहीं छपे तो व्याकुलता बढ़ जाती है. इसलिए छपना जरुरी हो जाता है. चाहे इसके लिए लात-घूंसे खाने पड़े या टांग तुडवानी पड़े.  आज तक इस छूतहा रोग की कोई दवाई नहीं मिली है.