ब्लॉग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ब्लॉग लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 25 अगस्त 2016

ब्लॉगिंग को रोजगार मूलक बनाने की आवश्यकता: रायपुर में कार्यशाला सम्पन्न


माईक्रो ब्लॉगिंग प्रारंभ होने के बाद ब्लॉग लेखकों का वेब ब्लॉग की तरफ़ ध्यान कम हो गया। पुराने ब्लॉगरों की पोस्ट आवृत्तियाँ कम हुई हैं, जिसका मुख्य कारण फ़ेसबुक एवं ट्वीटर आदि पर अधिक समय व्यत्तीत करना है। फ़िर भी आज पुराने ब्लॉगर अपने ब्लॉग़ से जुड़े हुए हैं। वैसे ब्लॉग आज भी बन रहे हैं और निरंतर लिखे जा रहे हैं, ब्लॉगिंग को पुन: जागृत करने की दृष्टि से रायपुर के कलिंगा विश्वविद्यालय में ब्लॉगिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पी एच डी चेम्बर ऑफ़ कामर्स एवं इंडस्ट्रीज की भूमिका महत्वपूर्ण है। ब्लॉगिंग को लेकर विश्व विद्यालय स्तर पर भारत में यह प्रथम आयोजन था। 


ब्लॉग जैसे मंच पर अब वर्तमान युवा पीढी की भी उपस्थिति आवश्यक है। नई पीढी को ब्लॉगिंग से जोड़ने के लिए कार्यशाला की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही थी, इस ओर मेरा ध्यान कई वर्षों से था, परन्तु ब्लॉगिग जैसी विधा के प्रचार प्रसार के लिए उचित आयोजक एवं प्रायोजक की कमी थी, जो पीएचडी चेम्बर ने पूर्ण की और आगे हाथ बढाकर इस आयोजन का जिम्मा अपने हाथों में लिया। जिसमें सहयोगी के तौर पर कलिंगा विश्वविद्यालय जैसे सम्मानित संस्था ने भी अपना हाथ बढा कर कार्यशाला को अपने कैम्पस में आयोजित करने का जिम्मा लिया।

इस कार्यशाला को सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी पी एच डी चेम्बर से होते हुए मेरे कंधों पर आ गई। छत्तीसगढ़ में हिन्दी ब्लॉगर्स की संख्या सभी प्रदेशों से अधिक है, तभी इसे ब्लॉगरगढ़ भी कहा जाता है। वर्तमान में भी छत्तीसगढ़ के ब्लॉगर्स द्वारा निरंतर ब्लॉग लेखन जारी है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि छत्तीसगढ़ के लोगों इंटरनेट के माध्यम से जितनी जानकारी ली होगी, उसका कई गुना यहाँ के ब्लॉगर्स ने अपने लेखन द्वारा इंटरनेट के माध्यम से लोगों को दिया भी है। छत्तीसगढ़ में सभी विधाओं के ब्लॉग लेखक हैं, जिनमे तकनीक से लेकर साहित्य फ़ोटोग्राफ़ी तक सम्मिलित है। इनके ब्लॉग़ ज्ञान के भंडार कहे जा सकते हैं। जिनमें सामाजिक सरोकार से संबंधित पोस्टें भी प्रमुखता से लिखी गई।

इस कार्यशाला का लाभ लगभग 150 प्रतिभागियों ने उठाया, जिसमें विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी सम्मिलित थे। महासमुंद, धमतरी, बेमेतरा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग -भिलाई, राजनांदगांव, धमतरी, राजिम, अभनपुर इत्यादि से आए हुए ब्लॉग जिज्ञासुओं ने भी अपनी सक्रीय उपस्थिति देकर कार्यशाला को सफ़ल बनाया। यह कार्यशाला ब्लॉगिंग के प्रचार प्रसार में एक मील का पत्थर साबित होगी, ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है। ब्लॉग जगत के नामचीन ब्लॉग लेखकों ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों को ब्लॉगिंग के महत्व के विषय में जानकारियाँ दी।

तकनीकि ब्लॉगर श्री बी एस पाबला जी ने अपने व्याख्यान में ब्लॉग एवं इंटरनेट तकनीक की जानकारी दी, ब्लॉगर श्री जी के अवधिया ने गुगल एवं संस्थाओं द्वारा ब्लॉग पर दिए जा रहे विज्ञापनों एवं उनसे होने वाली आय के विषय में सद्य ब्लॉगर्स को जानकारी दी। ब्लॉग लेखन में एग्रीगेटर पाठकों तक पोस्ट पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करता है, इसकी जानकारी देने के लिए हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से डॉ केवल राम उपस्थित थे, उन्होंने अपने एग्रीगेटर ब्लॉग सेतू की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। 


इसके बाद द्वितीय सत्र में नागपुर से पधारी ब्लॉगर संध्या शर्मा जी ने ब्लॉग में साहित्य विषय पर विस्तृत जानकारी दी एवं साहित्य से जुड़े हुए ब्लॉगों से रुबरु करवाया। ब्लॉगर ललित शर्मा ने ब्लॉगिंग के सामाजिक सरोकारों के विषय में वृहद जानकारी दी एवं विभिन्न विषयों के ब्लॉगों का उल्लेख किया। ब्लॉग़िंग में क्षेत्रीय भाषा का भी अपना अल्ग ही महत्व है। क्षेत्रीय भाषाओं की उपस्थित भी ब्लॉग पर एक दशक से है। जिनमें तमिल, पंजाबी, तेलगु, मराठी, कन्नड़, बंगाली, गुजराती, मलयालम एवं देवनागरी में लिखी जाने वाली भाषांएं यथा छत्तीसगढ़ी, मराठी, नेपाली, हरियाणी राजस्थानी, भोजपुरी, मैथिली, मगही, पहाड़ी भी ब्लॉग पर उपलब्ध हैं, इस सत्र की जिम्मेदारी का वहन ब्लॉगर संजीव तिवारी ने किया। उन्होने क्षेत्रीय भाषाओं पर अपनी जानकारी उपस्थितों के साथ साझा की।

इस कार्यक्रम में उत्साह वर्धन करने के लिए क्षेत्रीय एक्साईज कमिश्नर श्री अजय पाण्डे जी मुख्य अतिथि के बतौर उपस्थित थे, वे उर्दू के एक अच्छे गजलकार एवं ब्लॉग लेखक भी हैं, उन्होंने ब्लॉग लेखन को लेकर अपने अनुभवों को साझा किया। उपस्थित लोगों में कई ब्लॉग लेखन को लेकर उत्साहित थे और ब्लॉग निर्माण कर लेखन प्रति भी पुरजोर उत्साह दिखाया। यह सब देखकर हमें भी प्रशन्नता हुई कि नई पीढी भी ब्लॉग लेखन के प्रति उत्साहित है। कार्यक्रम समाप्ति पर कार्यशाला में प्रशिक्षित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं उपस्थ्ति वक्तागणों का स्मृति चिन्ह एवं पत्र पुष्प से अभिनंदन संस्थान द्वारा किया गया। 

इस आयोजन में मुख्य भूमिका पी एच डी चेम्बर ऑफ़ कामर्स एवं इंडस्ट्रीज के श्री ज्ञानेन्द्र पाण्डेय एवं उनके सहयोगियों एवं कलिंगा विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता श्री संदीप गांधी की रही। इन्हें ढेर सारा साधूवाद। आगे भी ब्लॉगिंग के प्रचार एवं प्रसार के लिए इस तरह के आयोजन होते रहेंगे। इसके साथ ही हम ब्लॉगिंग को रोजगार मूलक बनाने के लिए प्रदेश के किसी एक विश्व विद्यालय में "एडवांस डिप्लोमा इन ब्लॉगिंए एन्ड न्यू मीडिया"विषय पर छैमासी डिप्लोमा कार्यक्रम चलाने पर प्रयास करेंगे, वर्तमान में बड़े संस्थानों एवं सरकारी संस्थानों द्वारा न्यू मीडिया आपरेट करने के लिए वेतन पर नियुक्तियां हो रही हैं, डिप्लोमा कोर्स होने के बाद लोगों को इससे रोजगार भी मिल सकेगा। इसके लिए पाठ्यक्रम का निर्माण किया जा रहा है। आशा है कि आगामी सत्र तक यह कार्य सम्पन्न हो जाएगा।

मंगलवार, 12 जून 2012

नींद की खुमारी ------------- ललित शर्मा

किरींग… किरींग… कीरिंग… की आवाज सुनकर चेतना जागी। लगा कि कहीं कुछ बज रहा है चलभाष जैसा, कहाँ बज रहा है? क्यों बज रहा है? आँखे मसलते हुए उठ कर देखता हूँ, टेबल पर पड़े गुप्त चलभाष की घंटी आवाज दे बुला रही है। सुनाई देता है- अब तो उठ जाओ,कब तक सोए रहोगे। तब मुझे अहसास होता है कि मैं सोया हुआ हूँ। फ़ोन सुनने के बाद भी अर्धचेतनावस्था मे ही हूँ। क्या घट रहा है समझ नहीं आ रहा। लगा कि सुबह हो गयी, घड़ी में 6 बज रहे हैं। ओह सुबह की सैर को एक घंटा विलंब हो गया। अब क्या करुंगा सैर पर जाकर, दिन तो निकल गया, सूरज सर पर होगा। अब सुबह की सैर का मजा किरकिरा हो गया। क्यों न आज सुबह की सैर से डूबकी मार ली जाए? कल ही तो गया था सैर पर। बेड पर पड़े-पड़े आवाज लगाता हूँ, मम्मी…… चाय,  मम्मी…… चाय, उठ गया क्या? अभी लाती हूँ, तू गहरी नींद में सो रहा था, सोचा न जगाऊं, सोने दूँ। वैसे भी सोते से जगाना मुझे अच्छा नहीं लगता। मम्मी ने किचन से जवाब दिया।

मै बेड से उठकर किचन में पहुंचता हूँ, फ़्रीज से पानी निकालकर पीना है, प्यास लग रही है जोरों से। खिड़की के पार अभी उजास दिखाई दे रही है जैसे सूर्य निकलने वाला है। मम्मी रोटियाँ सेक रही है। इतनी जल्दी रोटियाँ बनाने की जरुरत क्यों आन पड़ी? अभी तो ठीक से सुबह भी नहीं हुई है। दूसरे चुल्हे पर चाय चढी देख कर मन को तसल्ली होती है। वापस बेड पर आ जाता हूँ, चाय पीकर थोड़ी देर और सोया जाए, आज मार्निंग वाक की पक्की छुट्टी। कोई कहेगा तब भी नहीं जाऊंगा। थकान सी मन और तन पर है, अलसाई सी सुबह, कुछ बेहतर अहसास नही। तभी ख्याल आता है कि वार्ता तो लिखना ही भूल गया रात को। कल संगीता जी ने लिखी थी और आज मुझे लगानी थी। कोई बात नहीं, अभी कौन सी देर हुई है। चाय पीकर लगा दुंगा। कमरे से खिड़की के बाहर देखता हूँ, आम के वृक्ष पर कोयल कूक रही है। मन कोयल की कूक के साथ रम जाता है चाय की प्रतीक्षा के साथ, अगर सुबह की चाय न मिले तो लगता ही नहीं कि दिन निकल गया है, लत सी हो गयी है। शाम को चाय की कोई अधिक दरकार नहीं। वैसे भी मैं चाय नहीं के बराबर ही पीता हूँ, पर सुबह होने का अहसास तब होता है जब गरमा-गरम चाय का कप मेरे हाथ में होता है और आँख बंद किए पीता रहता हूँ।


कभी-कभी एक आँख खोलकर देख लेता हूँ, दोनों आँखे खोलने में आलस आता है। मम्मी हँसती है - तेरी बचपन की आदत अभी तक गयी नहीं। चाय पीकर फ़िर सो जाएगा। नहीं अब नहीं सोऊंगा, कुछ काम करना है मुझे, पर घूमने नहीं जाऊंगा। चाय पीने के बाद पीसी ऑन करता हूँ, तभी एक मित्र चैट पर आते हैं, वे भी मार्निंग वाक करते हैं और कभी-कभी मानिंग वाक के साथ चलते-चलते मोबाईल से ही चैट पर आ जाते हैं। उनसे पूछता हूँ - मार्निंग वाक पर हो? नहीं… घर पर पीसी पर हूँ। मै कल वार्ता नहीं लगा पाया। कोई बात नहीं, अभी लगा देता हूँ। कोयल लगातार कूके जा रही है, खिड़की से देखता हूँ कालू कुत्ता रेत के ढेर पर अठखेलियाँ कर रहा है, तभी उसका एक जोड़ी दार और आ जाता है, दोनो मस्ती करने लगते हैं, रेत के ढेर पर कुश्ती करने का मजा ले रहे हैं। मै वार्ता लगाने के लिए डेशबोर्ड खोलता हूँ, चैट पर हाजिर एक वार्ताकार मित्र से पूछता हूँ- कल की वार्ता लगाई किसी ने? क्या हो गया आपको…… कल की वार्ता संध्या जी ने लगाई थी और आज की संगीता जी ने। कौन सा वार है आज? सोमवार…… मै पीसी की सिस्टम ट्रे पर कर्सर ले जाता हूँ, तो 11 जून सोमवार दिखा रहा है। हद हो गयी ये क्या हो रहा है? सब कुछ उल्टा-पुल्टा, मेरी तो समझ के बाहर का काम हो गया।

कुर्सी से उठकर मुंह धोकर आता हूँ। खिड़की से देखता हूँ तो सुबह होने की बजाए अंधेरा गहराने लग रहा है। हम्म! अब समझ में आता है कि शाम हो रही और रात होने वाली है। मतलब मैं दोपहर में सोया था और शाम को जागा, लगा कि सुबह हो गयी। मम्मी रात का खाना बना कर रख रही थी। तभी तो मैं कहूं कि इतनी सुबह कभी खाना नहीं बनता, आज कैसे बन रहा है? नींद का खुमार उतरने लगता है धीरे-धीरे और सब कुछ फ़िर समझ आने लगता है। दोपहर को गहरी नींद में सोया और पता ही नहीं चला कहां, कब सोया। कभी-कभी ही आती है ऐसी नींद, जिसमें शरीर की जैविक घड़ी भी धोखा दे देती है। सुबह और शाम में अंतर करना कठिन हो जाता है। मम्मी कहती है- बिजली का बिल आया है। कितने का है?…… मैने देखा नहीं… कोई गेट पर ही टांग कर चला गया था। मम्मी बिजली का बिल लाकर देती है तो मै पूरे ही होश में आ जाता हूँ, एक झटके से खुमारी उतर जाती है…… 4840/- रुपए। बहुत ज्यादा बिल आया है? क्या एक मही्ने में हमने इतनी बिजली जला ली?…… कोई मीटर रीडिंग करने आया था क्या इस महीने? … नहीं आया……। बस यही झमेला है…… घर बैठे रजिस्टर में रीडिंग भर देते हैं। जिसका खामियाजा उपभोक्ता को भरना पड़ता है। अब मगजमारी करो बिजली ऑफ़िस में जाकर। तब भी वे बिल कम करने वाले नहीं है। इतना ही भरना पड़ेगा।


आम के पेड़ पर हलचल मची हुई है, मम्मी कहती है - बंदर फ़िर आ गए। इन लंगुरों ने इस साल बहुत नुकसान किया। पहले नहीं थे, लेकिन पिछले दो साल से न जाने कहां से पूरी डार की डार ही पहुंच गयी। इस साल तो हम कैरियां भी नहीं तोड़ पाए। इंतजार कर रहे हैं आमों के पकने का। जब एक बारिश आए तो पेड पर पके हुए आम खाने का मजा ही कुछ और है। लेकिन ये लंगुर छोड़ेगें तब न। आधा खाते है और आधा गिराते हैं जो किसी के काम का नहीं होता। मिट्ठू और कोयल जितना नहीं खाते उससे अधिक नुकसान बंदर कर जाते हैं और इनका इलाज हकीम लुकमान के पास भी नहीं। बाहर जाकर भगाता हूँ उन्हे, उनका सरदार मेरी तरफ़ खों खों करके चिल्लाता हुआ भाग कर टीले पर बैठ जाता है। सारे वहीं इकट्ठे हो जाते हैं, प्रतीक्षा में कि मैं जाऊं और वे फ़िर आम के पेड़ पर मौज मस्ती शुरु कर दें। उदय होता तो उसे पटाखे फ़ोड़ने कहता, जिससे दो-चार दिन के लिए आराम मिल जाता। लेकिन बंदर अब पटाखों  की आवाज से परिचित हो गए हैं। क्योंकि सड़क पर किसी नेता के आगमन पर रोज धमाके होते हैं उनके चमचों द्वारा।

कभी नींद आने में बहुत समय लग जाता है, करवटें बदलते रहो नींद नहीं आती। बिस्तर पर पड़े रहो तो कम्पयुटर की हार्डडिस्क जैसे दिमाग चलता ही रहता  है। जैसे घड़ी चलते रहती है। पुन: उर्जा संचय करने के लिए गहरी नींद जरुरी है। एक मित्र का कहना है कि- दिन भर काम करके अपने को इतना थका दो कि बिस्तर पर पड़ते ही नींद आ जाए। एक गहरी नींद आदमी को तरोताजा कर देती है। थकान उतर जाती है और नए सिरे से काम में लग जाता है। नींद का आना भी जरुरी है, निठल्ले ब्लॉगर को नींद आने पर सपने भी कमेंट के दिखाई देते हैं। अगर बिना सपनों के चैन की नींद आए तो क्या बात है, जैसी आज आई मुझे। 4 घंटे की चैन की नींद ने उर्जा भर दी तन मन में। सोचता हूँ वह नींद कैसी होगी, जिसकी सुबह नहीं होती? न प्रतिदिन का जागना होगा न सोने की तैयारी। एक लम्बी नींद अगले जन्म में काम करने के लिए भरपूर उर्जा भर देती होगी। लेकिन इस लम्बी नींद से सब डरते हैं। जो सोया है उसके उठने की प्रतीक्षा की जाती हैं, नहीं उठता है तो झिंझोड़ कर उठाया जाता है। फ़िर भी नींद तो नींद ही हैं। चाहे छोटी हो या लम्बी……  आखिर उर्जा तो देगी ही जीवन के लिए……।

शुक्रवार, 11 मार्च 2011

ब्लॉग लेखन को कानून के दायरे में लाना मौलिक अधिकार का हनन

ब्लॉगिंग को कानून के दायरे में लाकर सरकार ब्लॉगरों का मुंह बंद करना चाहती है। दुसरी तरफ़ फ़िल्मों एवं टीवी चैनलों पर धारावाहिकों में खुले आम अश्लीलता और गंदगी परोसी जा रही है।
जिससे समाज में विकृतियाँ और अपराध पैदा होते  स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है, टीवी और फ़िल्मों का गलत असर समाज पर पड़ रहा है। इन्हें कानून के दायरे में लाकर इस प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जा रहा? 
सुगबुगाहट तो पहले से चल रही थी, अब सरकार का स्वर बाहर आया है कि ब्लॉगिंग को जिम्मेदार बनाने के लिए कानून के दायरे में लाना चाहिए। अंतर जाल पर बढती हुई उच्श्रृंखलता इसका पहला कारण माना जा सकता है।

दूसरा कारण ट्युनिशिया और मिश्र के आन्दोलन में अंतरजाल ने जो भूमिका निभाई है, वह सरकार के कान खड़े करने के लिए काफ़ी थी।

ब्लॉगिंग स्वतंत्र उपाय है अभिव्यक्ति का। आज गाँव तक इंटरनेट का विस्तार हो  चुका है। लोग मोबाईल पर इंटरनेट की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

वेब साईट से लेकर ब्लॉग भी पढ रहे हैं। सूचना क्रांति के इस युग में अब सूचनाएं कुछ सेकंडों में ही आम जनता तक पहुंच जाती है। अब लोगों को इसका व्यापक असर समझ में आने लगा है। 

मध्यवर्ती संस्थाओं के टर्म का दायरा ब्लॉगर तक बढाने के पीछे तर्क यह है कि जिस तरह इंटरनेट प्रोवाईडर संस्थाएं पाठक को  इंटरनेट से जोड़ती  हैं उसी तरह ब्लॉग पर लिखे गए लेख भी पाठकों को अपने तक जोड़ते हैं।

ब्लॉग स्वामी किसी के खिलाफ़ व्यक्तिगत आरोप आक्षेप वाली पोस्ट लगाता है और पाठक जब ब्लॉग पर अपमानजनक, अमर्यादित टिप्पणी करता है तो उसका जिम्मेदार ब्लॉग स्वामी ही होगा। इसके लिए ब्लॉग स्वामी को मध्यवर्ती संस्था मान कर कानून के दायरे में लाया जा रहा है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का गला घोंट कर फ़ासीवादी कानून बनाना जायज नहीं कहा जा सकता। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का प्राण होती है और प्रत्येक नागरिक को अपनी बात कहने का संवैधानिक अधिकार है।

ब्लॉगिंग को कानून के दायरे में लाकर सरकार ब्लॉगरों का मुंह बंद करना चाहती है। दुसरी तरफ़ फ़िल्मों एवं टीवी चैनलों पर धारावाहिकों में खुले आम अश्लीलता और गंदगी परोसी जा रही है। जिससे समाज में विकृतियाँ पैदा हो रही है।

स्पष्ट दिख रहा है टीवी और फ़िल्मों का असर समाज पर पड़ रहा है। इन्हे कानून के दायरे में लाकर इस प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जा रहा?

समाज में जो भी अपराध होते हैं, उसमें से अधिकतर अपराधिक प्रेरणा टीवी चैनलों एवं फ़िल्मो द्वारा ही मिलती है। इससे तो यह जाहिर होता है कि संगठित होकर किया गया अपराध भी क्षम्य होता है। उसे अपराध नहीं माना जाता।

टीवी चैनलो, मीडिया वालों एवं सिनेमा वालों के अपने संगठन हैं और ये संगठन के माध्यम से अपना विरोध प्रकट करके अपनी मांग मनवा लेते हैं।

समय आ गया है अब ब्लॉ्गरों को भी संगठित होने की दिशा में सोचना पड़ेगा। तभी किसी भी काले कानून के खिलाफ़ संगठित होकर ही लड़ाई लड़ी जा सकती है। इस पर कानून विशेषज्ञों से राय लेनी चाहिए, अन्यथा भुगतने के तैयार रहना पड़ेगा।