मध्यप्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मध्यप्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 1 सितंबर 2016

उदयगिरि की प्राचीन गुफ़ाएँ

विश्व हिन्दी सम्मेलन के बाद 13 सितम्बर 2015 को सांची होते हुए उदयगिरि जाना हुआ। उदयगिरि विदिशा से वैसनगर होते हुए भी पहुँचा जा सकता है। नदी से यह गिरि लगभग 1 मील की दूरी पर है। पहाड़ी के पूरब की तरफ पत्थरों को काटकर गुफाएँ बनाई गई हैं। इन गुफाओं में प्रस्तर- मूर्तियों के प्रमाण मिलते हैं, जो भारतीय मूर्तिकला के इतिहास में मील का पत्थर माना जाता है। 
उदयगिरि में ललित शर्मा
गुफ़ा नम्बर 5 वराह अवतार
उत्खनन से प्राप्त ध्वंसावशेष अपनी अलग कहानी कहते हैं।उदयगिरि को पहले नीचैगिरि के नाम से जाना जाता था। कालिदास ने भी इसे इसी नाम से संबोधित किया है। १० वीं शताब्दी में जब विदिशा धार के परमारों के हाथ में आ गया, तो राजा भोज के पौत्र उदयादित्य ने अपने नाम से इस स्थान का नाम उदयगिरि रख दिया।
उदयगिरि
गुफ़ा नम्बर 4
गुफा संख्या - 5 वाराह गुफा के नाम से जाना जाता है तथा उदयगिरि की समस्त गुफाओं में सर्वश्रेष्ठ है। इसे पांचवी छठी शताब्दी की माना जाता है। वास्तव में यह पहाड़ी को काटकर एक दालान के रुप में बनाई गई है, जो २२ फीट लंबी तथा १२ फीट ८ इंच ऊँची एवं ३ फीट ४ इंच पत्थर में भीतर की ओर गहरी है।
उदयगिरि वराह अवतार
वराह अवतार

यहाँ पत्थर को काटकर बनाई गई वाराह अवतार की मूर्ति पूरे भारत में सर्वश्रेष्ठ उदाहरणों में से एक मानी जाती है। मूर्ति का मुख भाग वाराह के रुप में है तथा शेष हिस्सा मानवाकृति का है। बलिष्ठ भुजाएँ, मांसल जंघाओं तथा सुडौल बनावट ने मूर्ति को बल, शौर्य तथा सुंदरता का प्रतीक बना दिया है। मूर्ति पीतांबर पहने हुए है तथा साथ- साथ कंठहार, वैजयंतीमाला तथा कंगन भी उत्कीर्ण किये गये हैं।
उदयगिरि जैन मंदिर
उदयगिरि 
बांये पैर को मुकुट पहने किसी विशेष व्यक्ति के हृदय पर रखा हुआ दिखलाया गया है, जिसके मस्तक के ऊपर विशाल १३ फणों वाला नाग स्थित है। वह वाराह की स्तुति करने की मुद्रा में है। इस विशेष व्यक्ति की पहचान के संबंध में मतैक्य नहीं है। कुछ विद्धान इसे राजा बताते हैं, तो कुछ देवता या विष्णु की मूर्ति। मुझे यह शेषनाग की प्रतिमा लगी क्योंकि कुंडली मारे शेषनाग पर वराह ने अपने चरण स्थिर कर रखे हैं। 
उदयगिरि शेष शैया पर विष्णु
शेष शैया पर विष्णु
पुराणों के अनुसार वाराह भगवान ने हिरण्याक्ष राक्षस से पृथ्वी का उद्धार किया था। अतः कुछ विद्वान इसे हिरण्याक्ष की मूर्ति मानते हैं। परंतु मूर्ति का मुख असुर सदृश नहीं दिखलाया गया है। मूर्ति के ऊपर नाग फणों का घेरा होने के कारण लोग इसे पाताल का स्वामी भी मानते हैं या फिर समुद्रराज। वाराह के बायीं ओर स्तुति करती हुई दिखाई गई रानी, संभवतः नीची की मूर्ति की राजमहिषी हो सकती हे।
उदयगिरि राजनिवास
राज निवास के भग्नावशेष
वाराह के कंधे पर नारी रुपी पृथ्वी को दिखलाया गया है। पृथ्वी के दोनों पैर नीचे लटके हुए दिखाए गये हैं। अंग- प्रत्यंग में करुणा भाव दिखलाया गया है। चोली में स्थित पुष्ट पयोधर पृथ्वी की पोषणात्मक शक्ति के प्रतीक हैं। नीचे स्थित लेटे अवस्था में दिख रही मूर्ति के पीछे स्थित कलश लिए देवता वरुण का प्रतीक प्रतीत होता है। साथ में दिखाई दे रही दो जल- धाराएँ गंगा तथा यमुना की प्रतीक हैं, जो स्वर्ग से नीचे की तरफ अवतरण करती हुई दिखाई गई हैं। 
उदयगिरि का प्रस्तर स्तंभ
भग्न प्रस्तर स्तंभ
गंगा तथा यमुना को अपने- अपने वाहन मकर तथा कच्छप पर दिखलाया गया है। ऊपर अप्सराएँ दिखाई गई हैं तथा बाई ओर पाँच पंक्तियों में यक्ष, किन्नर, गंर्धव व मरुत गणों को स्तुति- गान करते हुए दर्शाया गया है। ऊपरी पंक्ति में दिख रहे गंधर्व के हाथों में स्थित वायलिन जैसा वाद्य यंत्र इस बात के साक्ष्य हैं कि ऐसे यंत्र की उत्पति भारत में ही हुई होगी। दांयी ओर यक्ष व महर्षिगण चार पंक्तियों में दर्शाये गये हैं। ब्रह्मा तथा नंदी वाहन समेत शिव को सबसे ऊपरी पंक्ति में दर्शाया गया है।
उदयगिरि शिकारगाह
ग्वालियर स्टेट द्वारा निर्मित शिकारगाह
उदयगिरि की पहाड़ी पर शंख लिपि के बहुत सारे लेख हैं। इसके साथ ही एक गुफ़ा में प्रस्तर निर्मित किरिट धारित शेष शैया पर विष्णु को शयन करते हुए दिखाया गया है। आगे चलने पर पहाड़ी पर एक विशाल भवन के भग्नावशेष हैं, जिसके समक्ष विशाल प्रस्तर स्तंभ भग्न पड़ा है। इससे आगे बढने पर ग्वालियर स्टेट द्वारा निर्मित शिकार गाह भी है, जो अभी सलामत है।

गुरुवार, 11 अगस्त 2016

मरखेरा का सूर्य मंदिर: टीकमगढ़

आरम्भ से पढ़ें 
आज की सुबह टीकमगढ़ में हुई, स्नान ध्यान के पश्चात मरखेड़ा का सूर्य मंदिर देखने का कार्यक्रम था। सुबह का नाश्ता मरावी साहब के घर पर हुआ और सपरिवार हम मड़खेरा का मंदिर देखने के लिए चल दिए। टीकमगढ़ के विषय में आरंभिक जानकारी है कि यह टीकमगढ़ जिले का मुख्यालय है। शहर के मूल नाम 'टेहरी' था। 1783 ई ओरछा विक्रमजीत (1776 - 1817 के शासक) में ओरछा से अपनी राजधानी टेहरी में स्थानांतरित कर दिया है और यह टीकमगढ़ टीकम (नाम कृष्ण के नामों में से एक है)। टीकमगढ़ जिला बुंदेलखंड क्षेत्र का एक हिस्सा है। यह जामनी, बेतवा और धसान की एक सहायक नदी के बीच बुंदेलखंड पठार पर है।
मरखेड़ा का सूर्य मंदिर
मरखेड़ा का सूर्य मंदिर टीकमगढ़ से लगभग 20 किमी की दूरी पर है। थोड़ी देर के सफ़र के बाद हम सूर्य मंदिर के समक्ष पहुंच गए। यह ऊंचे अधिष्ठान पर निर्मित है। इस मंदिर के विषय में जानकारी के लिए कोई भी सूचना फ़लक इस स्थान पर नहीं है। मध्यप्रदेश पुरातत्व विभाग के अधीन इस मंदिर की दुर्दशा प्रथम दृष्टया ही दिखाई पड़ती है। शिखर आमलक युक्त इस मंदिर में लघु मंडप है, जो चार स्तंभों पर खड़ा है। गर्भ गृह में सूर्य की स्थानक प्रतिमा है। जिसका जल चढाने के कारण क्षरण हो रहा है। मंदिर की जंघा में स्थापित सभी प्रतिमाओं पर यहां के लोग जल चढाते हैं, जिससे वे भी क्षरण के कगार पर हैं। एक महिला सभी प्रतिमाओं पर जल छिड़क रही थी, मैने उसे मना किया और उससे होने वाली हानि के विषय में समझाया।
अपर कलेक्टर टीकमगढ़ श्री मंंगल सिंह मरावी संग
मंदिर के द्वार पट में मिथुन शाखा एवं पुष्प वल्लरी शाखा निर्मित है, इसके दोनो तरफ़ गंगा एवं यमुना नदी देवियों का परिचारिकाओं के संग स्थापन है। द्वार के सिरदल पर मुख्य सप्त अश्वरथारुढ भगवान सूर्य विराजमान हैं। उसके अतिरिक नवग्रह भी दिखाई देते हैं। इसके अतिरिक्त व्यालांकन भी है। भित्तियों में कुबेर, दिक्पाल, अश्वारुढ सूर्य, ब्रह्माणी, वराह अवतार, नृसिंह अवतार, स्थानक गणपति, निर्मांसा चामुंडा, कीर्तिमुख, अप्सराएँ, गंधर्व, दंडधर इत्यादि स्थापित हैं। प्रतिमा अलंकरण की दृष्टि से यह मंदिर समृद्ध है। इसके समक्ष एक प्राचीन कुंआ भी है। इसके अतिरिक्त कुछ प्रतिमाएं प्रांगण में भी रखी हुई हैं।
वराह अवतार
भारत में सूर्य मंदिरों की संख्या कम ही है, परन्तु बुंदेलखंड में सूर्य मंदिर बहुत सारे हैं। टीकमगढ़ जिले में ही लगभग नौ सूर्य मंदिर बताए जाते है। बुंदेलखंड में वाकाटकों का शासन भी रहा है। मरखेड़ा के सूर्य मंदिर का निर्माण वाकटकों ने कराया था। सूर्य मंदिर दर्शन कर हम लौट रहे थे तो एक स्थान पर सड़क के दोनो तरफ़ बैरक दिखाई दीं। इनके बीच से होकर सड़क का टीकमगढ़  की ओर जाती है। पता चला कि यह टीकमगढ़ राजा की निजि संपत्ति है। पहले इस स्थान पर राज्य के अपराधियों को रखा जाता था। सड़क दोनो छोर पर द्वार हैं, जिन्हें सांझ को बंद कर दिया जाता था। 
कुबेर
इस स्थान हमें एक द्वार पर 1770 में निर्मित श्री महारानी कुंवर जू की बावरी लिखा दिखाई दिया। तो बावड़ी देखने की इच्छा से गाड़ी रुकवा ली गई। द्वार बंद था, ऊपर छत पर एक वृद्ध दिखाई दिया, जो हमारी गाड़ी देखते ही एक कक्ष में समा गया। उसे बहुत आवाज देने पर बड़ी मुश्किल से बाहर आया और द्वार खोलने से मना कर दिया। थोड़ा सनकी टाईप का डोकरा लगा। बावड़ी देखने की हमारी इच्छा अधूरी रह गई। कहते हैं कि किसी कलेक्टर ने इस जेल के दोनो तरफ़ बने हुए दरवाजों को तुड़वा दिया था। तब से राजा साहब नाराज हैं। ड्रायवर ने बताया कि द्वार होने से दूसरी तरफ़ का कुछ दिखाई नहीं देता था और दुर्घटनाएँ हो जाती थी।
रजवाड़े की जेल और बावड़ी
 टीकमगढ के समीप ही आलमपुरा ग्राम पंचायत के अधीन बजरंग बली एवं विश्वकर्मा जी का मंदिर है। हमें यह स्थान सड़क से दिखाई दिया तो उधर चल दिए। यहां बजरंग बली के दो मंदिर हैं, विशेष पर्व पर यहां श्रद्धालुओं का मेला भरता है। इस स्थान को बाड़ से घेरा गया है। जिसके कारण गाड़ी पीछे ही छोड़नी पड़ी। मंदिर में भोग का समय हो गया था। हमने बजरंग बली और भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए और प्रसाद इत्यादि ग्रहण कर टीकमगढ़ लौट आए। दोपहर का भोजन करने के बाद थोड़ी देर आराम किए। उसके बाद सांझ को बरसात होने लगी। हमको झांसी से आज संपर्क क्रांति से घर की ओर लौटना था। 
आलमपुरा का हनुमान मंदिर
बस स्टैंड से हम ओरछा के लिए निकल लिए। मुकेश पाण्डेय जी स्टैंड तक आ गए थे। इसके बाद रात का भोजन होटल राजमहल में किए। हमारी ट्रेन रात साढ़े ग्यारह बजे थे। मुकेश जी झांसी छोड़ने जा रहे थे, होटल मालिक ने कहा कि इन्हें मैं छोड़ दुंगा स्टेशन तक। हमारे पास ओरछा जाने के लिए आधा घंटा था पर पन्द्रह मिनट ओरछा स्टेशन पर क्रासिंग का गेट बंद होने के कारण खराब हो गए। हम तो मान बैठे थे कि अब गाड़ी हाथ आने वाली नहीं है। बड़ी मुश्किल से तत्काल में टिकट कन्फ़र्म हुई थी और एक बड़ी समस्या यह है कि छत्तीसगढ़ की ओर आने-जाने वाली सभी गाड़ियाँ झांसी से रात को ही गुजरती हैं।
सफ़र के दौरान यह भी मिली
सेंगर जी ने स्टेशन के गेट पर छोड़ा, हमने गोली की तरह छूटते हुए स्टेशन में प्रवेश किया। प्लेट फ़ार्म पर कोई ट्रेन दिखाई नहीं दे रही थी। हमने द्वार पर खड़े टीटी से पूछा तो उसने कहा कि इन्क्वारी में पूछिए, मुझे नहीं पता। अब इन्क्वारी में पूछ कर टाईम खराब करना था । यहां तो एक एक सेंकंड कीमती था। फ़िर भी इन्क्वारी तक पहुंचे तो उसने बताया कि ट्रेन तीन घंटे विलंब से चल रही है। तब जाकर सांस में सांस आई और हमारा घर की ओर आना कन्फ़र्म हुआ। बाकी के तीन घंटे प्लेट फ़ार्म पर भजन करते हुए गुजारने पड़े। 31 मई से श्रुति का इंजीनियरिंग का एक्जाम प्रारंभ होना है और सेंटर घर से 9 किमी की दूरी पर गांव में है, उसे कॉलेज तक छोड़ने और लेने जाना पड़ता है। लगा कि अब भले ही देर से सही घर तो पहुंच जाएंगे।
ओरछा का बस स्थानक
सोशल मीडिया ने भी बहुत सारे दोस्त दिए हैं, जो इस जन्म में मिलने वाले थे वे प्रत्यक्ष मिल लिए और जो पिछले जन्म के मित्र थे, वो आभासी दुनिया से मिल रहे हैं, ऐसा मेरा मानना है। इनमें कुछ मित्र तो ऐसे मिले जिनसे पारिवारिक संबध स्थापित हो गए। लगता ही नहीं कि कभी मिले थे। कटनी पहुंचने के पूर्व फ़ेसबुक मित्र सुधीर तिवारी जी का फ़ोन आया। यहां सम्पर्क क्रांति तीन घंटे विलंब से पहुंच रही थी। वे स्टेशन पर मिलने के लिए आए और गर्मागर्म नाश्ता भी साथ लेकर आए। मुसाफ़िर से यह मुलाकात भी अच्छी रही।  थोड़ी चर्चा के बाद एक सेल्फ़ी ली गई यादगार के लिए और फ़िर ट्रेन चल पड़ी। विलंब से ही सही लेकिन समय पर घर पहुंच गए। इस तरह कई प्रदेशों से गुजरते हुए एक लम्बी यात्रा सम्पन्न हुई।

मंगलवार, 9 अगस्त 2016

कंचन घाट ओरछा की छतरियाँ

आरम्भ से पढ़ें 
विरंची नारायण आज सुबह से ही आतंक फ़ैला रहे थे, आज ओरछा में दूसरा दिन था। अगर ओरछा वालों से पूछो कि यहाँ देखने के लिए क्या है? तो कहेंगे कि मंदिर के आगे और मंदिर के पीछे की सड़क पर ही सब कुछ है। यह वास्तविकता भी है, परन्तु यहाँ भ्रमण अध्ययन करने के लिए पुष्कल समय चाहिए। पर गर्मी के दिनों को छोड़ कर। वृंदावन लाल वर्मा जी ने ओरछा की बरसात का बढिया वर्णन किया है। अबकि बार ओरछा बरसात में ही देखना है। इस बरसात में तो टीकमगढ़ जिले में त्राहि-त्राहि मच गई थी। मुकेश जी समय से रेस्ट हाऊस पहुंच गए थे। आज का भ्रमण हमने छतरियों से प्रारंभ किया। 
बेतवा के कंचन घाट पर वीर सिंह की छतरी
बेतवा नदी के किनारे कंचन घाट पर बीर सिंह बुंदेला की छतरी है, यह छतरी तीन मंजिला है। बुदेंलों के इतिहास में वीर सिंह का कार्यकाल स्वर्णयुग कहलाता है। इनके कार्यकाल में ही जहाँगीर महल, नौबतखाना, फ़ूलबाग, लक्ष्मी नारायण मंदिर एवं हमाम जैसी भव्य इमारतों का निर्माण हुआ। यह छतरी तीन मंजिली है तथा बुंदेला स्थापत्य के आधार पर ही इसका निर्माण हुआ है। मेहराबों से छतों को सहारा देकर मध्यम में गुम्बद का  निर्माण किया गया है। पवित्र पावन बेतवा नदी इसके अधिष्ठान को छूते हुए बहती है। 
बेतवा के किनारे छतरी समूह
इसके साथ इन्हें छतरियों का समूह भी कहा जा सकता है। बेतवा के किनारे अन्य पन्द्रह छतरियां भी निर्मित हैं। यहाँ की अधिकांश छतरियां तीन मंजिली है, सूचना फ़लक पर मधुकर शाह, बीरसिंह देव, जसवंत सिंह, उद्वैत सिंह, पहाड़ सिंह आदि का नाम अंकित है। ये छतरियां पंचायतन शैली के मंदिरों जैसी बनी हुई हैं। चौकोर चबुतरे के मध्य में गर्भगृह एवं उसके चारों कोणों में खाली स्थान है, ऊपर जाकर यही अष्टकोणीय हो जाते हैं। इनमें गुंबद विशेष स्थान रखता है। 
बेतवा के किनारे छतरी समूह
यहां मध्यप्रदेश पुरात्त्व विभाग के एक चौकीदार मिला। उसने बताया कि छतरियों के समूह में निर्मित बगीचे की देखरेख वह स्वयं के खर्चे से करता है। यहां बहुत सुंदर उद्यान जैसा निर्मित कर दिया गया है। जिससे छतरियों की रौनक बढ गई है। यहां किसी धारावाहिक के फ़िल्मांकन की जानकारी भी मिली। इन छतरियों के गुम्बदों पर जटायू प्रजाति के गिद्धों ने अपना बसेरा बना रखा है। यहां गिद्ध देखकर अच्छा लगा। विगत कई वर्षों से मैने गिद्ध नहीं देखे थे। इनको यहाँ का वातावरण पसंद आ गया है और बेतवा नदी किनारे पर होने के कारन भोजन पानी भी उपलब्ध है।
बेतवा के किनारे छतरी के गुम्बद पर जटायू गिद्ध राज
एक आंकड़े के अनुसार 1990 के दशक में इस जाति का 97% से 99% पतन हो गया। जिसके कारण आज भारतीय गिद्धों का प्रजनन बंदी हालत में किया जा रहा है। खुले में यह विलुप्ति की कग़ार में पहुँच गये हैं। शायद इनकी संख्या बढ़ जाये। गिद्ध दीर्घायु होते हैं लेकिन प्रजनन में बहुत समय लगाते हैं। गिद्ध प्रजनन में 5 वर्ष की अवस्था में आते हैं। एक बार में एक से दो अण्डे पैदा करते हैं लेकिन अगर समय ख़राब हो तो एक ही चूज़े को खिलाते हैं। यदि परभक्षी इनके अण्डे खा जाते हैं तो यह अगले साल तक प्रजनन नहीं करते हैं। 
बेतवा के किनारे छतरी समूह
यही कारण है कि भारतीय गिद्ध अभी भी अपनी आबादी बढ़ा नहीं पा रहा है। पर्यावरण संतुलन के लिए गिद्धों का होना आवश्यक है और इनकी रक्षा होनी चाहिए, वरना यह भी डायनासोर की तरह विलुप्त प्रजाति की सूची में सम्मिलित हो जाएगें।ओरछा में अभयारण्य भी है, बेतवा नदी के दूसरे किनारे पर एक फ़ोटो पाईंट बना हुआ है। इस अभयारण्य में प्रवेश शुल्क लगता है। हमने इस स्थान पर पहुंच कर छतरियों के चित्र लिए। धूप अधिक होने के कारण फ़ोटोग्राफ़ी में आनंद नहीं आया। 
बेतवा के किनारे छतरी समूह
यहाँ से हम लाला हरदौल की समाधि पर गए।  छत्तीसगढ़ अंचल में हरदे लाला, हरदे बाबा के नाम से पूजित लोकदेवता के मूल स्थान से परिचित होऊं। ओरछा नरेश वीरसिंह देव बुंदेला के सबसे छोटे पुत्र हरदौल का जन्म सावन शुक्ल पूर्णिमा सम्बत 1665 दिनांक 27 जुलाई 1608 को दतिया में हुआ था। लाला हरदौल की ख्याति और उनके प्रभा मंडल का विस्तार भारत के कई राज्यों में हैं। जहाँ गाँव-गाँव में इनके चबूतरे स्थापित हैं और मान्यता है कि विपत्ति का निवारण इनके द्वारा होता है।
लाला हरदौल की समाधि
इतिहास में राज्य परिवारों में सत्ता के साथ षड़यंत्र भी चलते थे। इन षड़यंत्रों से हमेशा हानि ही हुई है। ऐसी ही एक कथा लाला हरदौल की है, जो उन्हें इतिहास में प्रसिद्ध कर लोक देवता के रुप में स्थापित करती है। इन्हीं में से एक है हरदौल की कहानी, जो जुझार सिंह (1627-34) के राज्य काल की है। दरअसल, मुगल जासूसों की साजिशभरी कथाओं के कारण् इस राजा का शक हो गया था कि उसकी रानी से उसके भाई हरदौल के साथ संबंध हैं। लिहाजा उसने रानी से हरदौल को ज़हर देने को कहा। रानी के ऐसा न कर पाने पर खुद को निर्दोष साबित करने के लिए हरदौल ने खुद ही जहर पी लिया और त्याग की नई मिसाल कायम की।
बेतवा के किनारे छतरी समूह
हरदौल अपनी बैठक से जहर सेवन कर घोड़े पर बैठकर निकल गए, थोड़ी देर बाद जहर ने असर किया, वे घोड़े से गिर गए और उनकी मृत्यू हो गई। जिस स्थान पर उनकी मृत्यू हुई वहाँ स्मारक बना हुआ है। एक गद्दी रखी हुई है, जिस पर घोड़े पर सवार हरदौल की प्रतिमा के साथ तलवारें रखी हैं। जब हम पहुंचे तो काफ़ी लोग यहाँ पर थे, वे उन्हें विवाह का निमंत्रण देने आए थे। मान्यता है कि लाला हरदौल को भात का निमंत्रण देने के बाद वे सब काज खुद ही संभाल लेते हैं। लोग इन्हें मांगलिक कार्यों का निमंत्रण देने आते हैं तथा विवाहोपरांत आशीर्वाद लेने (जोड़े की जात देने) भी जोड़े के साथ आते हैं। अब भोजन का समय हो रहा था, हम भोजन करने के लिए आ गए। जारी है… आगे पढें।

सोमवार, 8 अगस्त 2016

ध्वनि प्रकाश इंद्रजाल संग ओरछा के इतिहास का सफ़र


आरम्भ से पढ़ें 
किसी भी पर्यटक स्थल पर ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम में किसी एक इमारत पर प्रकाश की व्यवस्था की जाती है और ध्वनि के माध्यम से वहां का इतिहास एवं जानकारी दी जाती है। ओरछा में राजमहल के प्रांगण में यह व्यवस्था की गई है। मध्यप्रदेश के पर्यटन विभाग द्वारा यहाँ कुर्सियां लगा कर तात्कालिक व्यवस्था की जाती है। लगभग सौ कुर्सियां लगाई गई थी। जिनमें आधी कुर्सियों पर वीआईपी लोगों के परिजनों का ही कब्जा था। नौ बजे के बाद ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।

रंग बिरंगे लट्टुओं की मद्धम रोशनी में अमिताब बच्चन ओरछा की कथा बताना शुरु करते हैं, प्रकाश एवं संगीत के बीच एक इंद्रजाल से बुना जाता है, कुर्सी पर मुंह फ़ाड़े लोग प्रकाश के करतब के साथ ऐतिहासिक गाथा में बहते चले जाते है। यह एक तरह का तिलस्म ही लगता है। ओरछा की गाथा पौराणिक काल से प्रारंभ होती है। वैदिक काल से लेकर मौर्यकाल तक बुंदेलखंड का पौराणिक काल माना जा सकता है। इस दौरान यह प्रसिद्ध राजाओं के अधिकार में रहा। विशेषकर चंद्रवंशी शासकों की लम्बी सूची मिलती है।

मौर्य वंश के तीसरे राजा अशोक ने बुंदेलखंड के अनेक स्थानों पर विहारों, मठों आदि का निर्माण कराया था । वर्तमान गुर्गी (गोलकी मठ) अशोक के समय का सबसे बड़ा विहार था। बुंदेलखंड के दक्षिणी भाग पर अशोक का शासन था जो उसके उज्जयिनी तथा विदिशा मे रहने से प्रमाणित है। परवर्ती मौर्यशासक दुर्बल थे और कई अनेक कारण थे जिनकी वजह से अपने राज्य की रक्षा करने मे समर्थ न रहै फलत: इस प्रदेश पर शुङ्ग वंश का कब्जा हुआ। इसके पश्चात वाकाटक एवं गुप्तों के शासन के बाद कलचुरियों का भी शासन रहा। त्रिपुरी के कल्चुरियों के शासन के पश्चात बुंदेलों का शासन प्रारंभ होता है। 

महोबा चन्देलों का केन्द्र था। हर्षवर्धन की मृत्यु के बाद गहरवारों ने इस पर अधिकार कर लिया था। गहरवारों को पराजित करने वाले परिहार थे। स्मिथ और कीनधम ने इस जनश्रुति का समर्थन अपने ग्रंथों में किया है। केशवचन्द्र मिश्र का कथन है कि चन्द्रात्रेय से नन्नुक के राज्यकाल तक का (सन 740 से 831 तक) 10 वर्ष तक का समय चन्देलों के उदय का काल है। इस वंश के प्रमुख शासक मुनि चन्द्रात्रेय, नृपति भूभुजाम और नन्नुक हैं। धंग के खजुराहो शिलालेख से इसका प्रमाण मिलता है। इसी संदर्भ मे कोक्कल के लेख और ताम्रपत्रों से प्रभूत सामग्री मिलती है। 

चंदेलों के पश्चात बुंदेलों का शासन प्रारंभ हुआ। बुंदेल क्षत्रीय जाति के शासक थे तथा सुदूर अतीत में सूर्यवंशी राजा मनु से संबन्धित माने जाते हैं। अक्ष्वाकु के बाद रामचन्द्र के पुत्र "लव' से उनके वंशजो की परंपरा आगे बढ़ाई गई है। इस तरह बुंदेलों के इतिहास का कारवां आगे बढता है। इसमें कहानियाँ, किंवदन्तियां और वास्तविकता के साथ कथा आगे बढती है। इनकी पीढी में एक राजा हेमकरण  हुआ, उसने देवी के समक्ष अपनी गर्दन पर जब तलवार रखी और स्वयं की बलि देनी चाही तो देवी ने उसे रोक दिया परंतु तलवार की धार से हेमकरन के रक्त की पांच बूंदें गिर गई थीं इन्हीं के कारण हेमकरन का नाम पंचम बुंदेला पड़ा था। 

ओरछा दरबार के पत्र में अभी भी पूर्ववर्ती विरुद्ध के प्रमाण मिलते हैं जैसे - श्री सूर्यकुलावतन्स काशीश्वरपंचम ग्रहनिवार विन्ध्यलखण्डमण्लाहीश्वर श्री महाराजाधिराज ओरछा नरेश। चूंकि हेमकरन को विन्ध्यवासिनी देवी का वरदान रविवार को मिला था, ओरछा में आज भी पवरात्र महोत्सव में इस दिन नगाड़े बनाये जाते हैं। मिर्जापुर स्थित गौरा भी हेमकरन के बाद गहरवारपुरा के नाम से प्रसिद्ध है। इसके बाद का चक्र बड़ी तेजी से घूमा और वीरभद्र ने गदौरिया राजपूतों मे अँटेर छीन लिया और महोनी को अपनी राजधानी बनाया। 

नए राजा राजपाट संभालते हैं, पुराने इतिहास में दर्ज होते जाते हैं। रुद्रप्रताप के साथ ओरछा के शासकों का युगारंभ होता है। ओरछा की स्थापना मन 1530 में हुई थी। रुद्रप्रताप बड़ नीतिज्ञ था, ग्वालियर के तोमर नरेशों से उसने मैत्री संधी की। उसके मृत्यु के बाद भारतीचन्द्र (1531 ई०-1544 ई०) गद्दी पर बैठा। हुमायूँ को जब शेरशाह ने पदच्युत करके सिंहासन हथियाया था तब उसने बुंदेलखंड के जतारा स्थान पर दुर्ग बनवा कर हिन्दु राजाओं को दमित करने के निमित्त अपने पुत्र सलीमशाह को रखा। कलिं का किला कीर्तिसिंह चन्देल के अधिकार में था। शेरशाह ने इस पर किया तो भारतीचन्द ने कीर्तिसिंह की सहायता ली। शेरशाह युद्ध में मारा गया और उसके पुत्र सलीमशाह को दिल्ली जाना पड़ा।

भारतीचन्द के उपरांत मधुकरशाह (1554 ई०-1592 ई०) गद्दी पर बैठा। इसके बाद समय में स्वतंत्र ओरछा राज्य की स्थापना हुई। अकबर के बुलाने पर जब वे दरबार में नही पहुँचा तो सादिख खाँ को ओरछा पर चढ़ाई करने भेजा गया। युद्ध में मधुकरशाह हार गए। मधुकरशाह के आठ पुत्र थे, उनमें सबसे ज्येष्ठ रामशाह के द्वारा बादशाह से क्षमा याचना करने पर उन्हें ओरछा का शासक बनाया गया। राज्य का प्रबन्ध उनके छोटे भाई इन्द्रजीक किया करते थे। केशवदास नामक प्रसिद्ध कवि इन्हीं के दरबार में थे।  इन्द्रजीत का भाई वीरसिंह देव (जिसे मुसलमान लेखकों ने नाहरसिंह लिखा है) सदैव मुसलमानों का विरोध किया करता था) उसे कई बार दबाने की चेष्टा की गई पर असफर ही रही। अबुलफज़ल को मारने में वीरसिंहदेव ने सलीम का पूरा सहयोग किया था, इसलिए वह सलीम के शासक बनते ही बुंदेलखंड का महत्वपूर्ण शासक बना। जहाँगीर ने इसकी चर्चा अपनी डायरी में की है।

वीरसिंह देव (1605 ई० - 1627 ई०) के शासनकाल में ओरछा में जहाँगीर महल तथा अन्य महत्वपूर्ण मंदिर बने थे। जुझारसिंह ज्येष्ठ पुत्र थे, उन्हें गद्दी दी गई और शेष 11भाइयों को जागीरें दी गई। सन् 1633 ई० में जुझारसिंह ने गोड़ राजा प्रेमशाह पर आक्रमण करके चौरागढ़ जीता परंतु शाहजहाँ नें प्रत्याक्रमण किया और ओरछा खो बैठे। उन्हें दक्षिण की ओर भागना पड़ा। उनके कुमारों को मुसलमान बनाया गया तथा वे कहीं पर दक्षिण में ही मारे गये। वीरसिंह के बाद ओरछा के शासकों में देवीसिंह और पहाड़सिहं का नाम लिया जाता है परंतु ये अधिक समय तक राज न कर सके। 

इसके बाद चम्पतराय से चलकर इतिहास छत्रसाल तक पहुंचता है। छत्रसाल मुगलों से स्वतंत्र राज करना चाहता था। औरंगज़ेब ने इन्हें भी दबाने की कोशिश की पर सफल न हुए। छत्रसाल स्वयं कवि थे। छत्तरपुर इन्हीं ने बसाया था। कलाप्रेमी और भक्त के रुप में भी इनकी ख्याती थी। धुवेला-महल इनकी भवन निर्माण-कला की स्मृति दिलाता है। बुंदेलखंड की शीर्ष उन्नति इन्हीं के काल में हुई। छत्रसाल की मृत्यु के बाद बुंदेलखंड राज्य भागों में बँट गया। एक भाग हिरदेशाह, दूसरा जगतराय और तीसरा पेशवा को मिला। छत्रसाल की मृत्यु  13 मई सन् 1731 में हुई थी।

इस बीच जुझार सिंह के भाई लाला हरदौल की करुण कथा भी सुनाई जाती है। जिसमें जुझार सिंह रानी के संबंध छोटे भाई से होने की शंका पाल कर रानी द्वारा उसे जहर देने का आदेश देता है। हरदौल भाभी की प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए जहर सेवन कर लेता है और उसकी मृत्यू हो जाती है। राजा इंद्रजीत के काल में राज नर्तकी एवं कवियत्री राय प्रवीण का उनसे प्रेम एवं अकबर द्वारा राय प्रवीण को अपने दरबार में भेजने की कथा सुनाई जाती है। राय प्रवीण अपने बौद्धिक बल से कबित्त पढ जुगत लगाकर अकबर को चकमा देकर ओरछा लौट आती है। इस तरह ओरछा की कथा सुनाकर प्रकाश एवं ध्वनि  प्रदर्शन का समापन हो जाता है। जारी है आगे पढें……

शुक्रवार, 5 अगस्त 2016

क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की गुप्तवास स्थली

आरम्भ से पढ़ें 
भोजन के उपरांत मुकेश पाण्डेय जी मुझे उस स्थान पर ले गए जहाँ सातार नदी के किनारे काकोरी कांड के बाद छद्म नाम एवं वेशभूषा में चंद्रशेखर आजाद ने अपना अधिकतम समय गुप्तवास में काटा था। यहाँ काकोरी कांड 1925 के बाद क्रांतिकारी दल को पुन: गठित करने के उद्देश्य से चंद्रशेखर आजाद साधु वेश में गुप्त रुप से रहे थे। सातार नदी तो अब सूख चुकी है, परन्तु चंद्रशेखर आजाद की यादों की नदी अभी तक जन मानस में प्रवाहित है। द्वार पर चंद्रशेखर आजाद स्मृति मंदिर लिखा हुआ है। मध्य प्रदेश सरकार ने यहाँ उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित कर दी है।
स्मारक का प्रवेश द्वार
यहाँ चंद्रशेखर आजाद कुटिया में रहा करते थे। उनका मिट्टी का बिस्तर एवं उसका सिरहाना ज्यों  का त्यों संरक्षित है। परन्तु कुटिया की हालत खराब है, कभी भी गिर सकती है। इस कुटिया से पचीस कदम की दूरी पर उन्होने एक गुफ़ा भी बना रखी थी, जिसमें उनको आपातकाल में छिपने की सुविधा हो सके। काकारी कांड के बाद फ़रारी की हालात में आजाद का केन्द्र झांसी था। यहां उनके क्रांतिकारी साथी और संरक्षक मास्टर रुद्रनारायण सिंह, भगवानदास माहौर और सदाशिवराव मलकापुरकर थे। मास्टर साहब तो आजाद के बड़े भाई जैसे थे। 
चंद्रशेखर आजाद की आदमकद प्रतिमा
सातार नदी के किनारे आजाद आधा कंबल कमर से बांधे और आधा कंधों पर डाले सातार तटवासी बाबा बने रहे। लेकिन जल्दी ही वे धोती-कुर्ता से लैस होकर दल की एक साइकिल पर ढिमरपुरा आने-जाने लगे। काकोरी मामले से जुड़े क्रांतिकारियों में आजाद ही अकेले थे, जो फरारी की हालत में सक्रिय रह कर भी ब्रिटिश पुलिस के हाथ नहीं आए। नेतृत्व की स्वाभाविक जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई थी। क्रांतिकारी साथियों ने आजाद से मांग की कि वे झांसी छोड़ कर लाहौर, दिल्ली, आगरा, कानपुर, बनारस आदि शहरों में बारी-बारी से रहें। लेकिन आजाद ने अपना मुख्यालय झांसी ही बनाए रखा।
अज्ञातवास के दौरान शरण स्थली
एक बार आजाद सातार तट से झांसी लौट रहे थे कि उनका सामना दो पुलिस वालों से हो गया। वे पूछने लगे- ‘क्या तू आजाद है?’ बिना चौंके आजाद ने कहा- ‘हां, आजाद तो हैं! सो तो हम लोग होते ही हैं। हमें क्या बंधन है बाबा!’ सिपाहियों ने थाने चलने कहा तो वे दृढ़ता से बोले- ‘तुम्हारे थाने के दारोगा से हनुमानजी बड़े हैं। मैं तो हनुमानजी का हुक्म मानूंगा।’ पुलिस वाले भी उनकी सूरत देख कर समझ गए कि हनुमान भक्त उनसे तगड़ा है, सो उससे उलझना ठीक नहीं। 
कुटिया में ब्रह्मचारी आजाद का मृतिका विस्तर
यहाँ पर आजाद ब्रह्मचारी के रुप में रहते थे, उन्होंने अपने हाथ छोटा सा कुंआ खोदा और बजरंग बली की स्थापना भी की। यहां उनका नाम हरिश्चंद्र ब्रह्मचारी था। वे कमर में मूंज की लंगोटी बांधते एवं हाथ में रामायण का गुटका लेकर चलते थे।
बजरंग बली का मंदिर
आजाद के व्यवहार एवं चाल चलन को देखते हुए ढिमरापुर के ठाकुर मलखान सिंह ने स्कूल के लिए अपनी चौपाल में जगह दे दी। उनका दिन भर विद्याथियों के बीच चौपाल में कटता था। आपसी प्रेम एवं विश्वास ऐसा स्थापित हुआ कि ठाकुर लोग उन्हें अपना पाँचवा भाई मानते थे।
चंद्रशेखर आजाद द्वारा खोदा गया कुंआ
आजाद ने यहां रहकर संगठन के सूत्र पुन: जोड़े। मास्टर रुद्रनारायण सिंह उनके सहायक बने।। कई बार खतरों के समय मास्टर साहब के घर में वे सुरक्षित बने रहे। आजाद सातार तट पर रहे तो वहीं से उन्होंने क्रांतिकारी दल के बिखरे सूत्रों को जोड़ लिया था। काकोरी के मुकदमे की सूचनाएं और अखबारों की कतरनें आदि उनके साथी उन्हें दे जाते थे। 
सुरंग नुमा गुफ़ा: गुप्त आवास स्थल
यहां रहते हुए आजाद का संपर्क झांसी के जिन लोगों से बना हुआ था, उनमें सदाशिवजी के अलावा विश्वनाथ वैशम्पायन, बालकृष्ण गिधौशेवाले, सोमनाथ और कालिकाप्रसाद अग्रवाल थे। आजाद के गुप्त निवास के बारे में इन्हीं को मालूम था। आजाद ने कुछ खतरों को भांप कर सातार और ढिमरपुरा छोड़ दिया। पर आज भी सातार नदी के किनारे आजाद का स्थान उनकी याद दिलाता है। जारी है आगे पढें…

गुरुवार, 4 अगस्त 2016

ओरछा का जहाँगीर महल

जहाँगीर महल का निर्माण बुंदेला राजाओं एवं मुगलों की दोस्ती का प्रतीक माना जाता है। कहा जाता है कि बादशाह अकबर ने अबुल फज़ल को शहजादे सलीम (जहांगीर) को काबू करने के लिए भेजा था, लेकिन सलीम ने बीर सिंह की मदद से उसका कत्ल करवा दिया। इससे खुश होकर सलीम ने ओरछा की कमान बीर सिंह को सौंप दी थी।
जहाँगीर महल का प्रवेश द्वार हाथी दरवाजा
जब जहाँगीर गद्दी पर बैठा तो उसके ओरछा आगमन को लेकर इस महल का निर्माण कराया गया। यह महल मुगल एवं हिन्दु शैली के मिश्रित वास्तु की पहचान है। परन्तु जहाँगीर के आगमन को लेकर इस महल का निर्माण संदेह के दायरे में हैं। क्योंकि इसके निर्माण में कई बरस लग गए होंगे। शायद यह महल पूर्व से तैयार होगा और यहाँ जहाँगीर को ठहराने के बाद इसका नामकरण जहाँगीह महल हो गया होगा।
जहांगीर महल का पंच कुंडीय आँगन
वैसे, ये महल बुंदेलाओं की वास्तुशिल्प के प्रमाण हैं। खुले गलियारे, पत्थरों वाली जाली का काम, जानवरों की मूर्तियां, बेलबूटे जैसी तमाम बुंदेला वास्तुशिल्प की विशेषताएं यहां साफ देखी जा सकती हैं। हमने कुछ फ़ोटो गलियारे से भी लिए। महल के निर्माण में चूना सूर्खी का प्रयोग हुआ है। 
जहांगीर महल की भित्तियों में चित्रांकन
जहाँगीर महल ओरछा के कक्षों में जड़ी हुई पाषाण की चौखेंटों (प्रस्तर द्वारशाखाओं) का अलंकरण खूबसूरत है। सिरदल में अर्ध पद्म के साथ पक्षियों का अंकन किया गया है। चौखट के किवाड़ों ;में आयताकार अलंकरण त्रिआयामी दिखाई देता है। तत्कालीन शिल्पकारों की मेहनत एवं कुशलता उनके कार्य में परिलक्षित होती है।
जहाँगीर महल से राम राजा दरबार का दृश्य
चूना मिलाने का यंत्र यहां देखा जा सकता है तथा इसका उपयोग वर्तमान में भी संरक्षण कार्य के लिए प्रतीत होता है। बेतवा (वेत्रवती) नदी के तट पर बसे हुए ओरछा की सुरक्षा पंक्ति त्रिस्तरीय है, इसके अतिरिक्त बेतवा नदी  भी एक बड़ी प्राकृतिक सुरक्षा प्राचीर का कार्य करती है।
जहाँगीर महल का भीतरी दृश्य
विडम्बना है कि बेतवा नदी की गोद में बुंदेला राजाओं ने जन्म लिया और उसी की गोद में चिर निदा में लीन हो गए। जहाँगीर महल में 136 कक्ष हैं, मध्य में बड़ा आंगन है, जिसमें पंच भूतों के प्रतीक पाँच कुंड बने हुए हैं, इसके साथ ही महल के द्वार पर दो प्रस्तर हस्ति बने हुए हैं, एक की सूंड़ में जंजीर है और दूसरे की सूंड़ में फ़ूल।
जहांगीर महल का गज शिल्प
इसके लिए कहा जाता  है कि बुंदेलों से दोस्ती करोगे तो फ़ूलों जैसे रहोगे और दुश्मनी करोगे तो कैद मिलेगी। महल के समक्ष ऊंट खाना बना हुआ है। इसके समीप ही हौद जैसी संरचना बनी हुई है, मुझे तो लगता है यह लोहा गलाने की भट्टी होगी, जिसमें राजकीय हथियार बनाने के लिए लोहा गलाया जाता रहा होगा।
राज महल होटल का भीतरी दृश्य
जहांगीर महल भ्रमण के बाद हम भोजन करने के लिए राजमहल होटल आ गए। यह एक सितारा होटल रिसोर्ट है तथा इसका डायनिंग हॉल भी बहुत बड़ा है। गरमी के समय ठंडा दही भोजन के लिए उपयुक्त रहता है। वैसे भी मुझे सितारा होटलों का भोजन जमता नहीं है, क्योंकि सब्जियों में अत्यधिक ग्रेवी रहती है। सब्जियां तो घर की ही पसंद आती हैं। जारी है........आगे पढ़ें.......  

बुधवार, 3 अगस्त 2016

ओरछा के राम राजा सरकार

ट्रेन एक घंटा विलंब से झांसी पहुंची। मुकेश जी रास्ते में थे, तब तक हमने स्टेशन के बाहर लगी त्रिमूतियों (राष्ट्र कवि मैथिली शरण गुप्त, आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी, वृंदावन लाल वर्मा) के साथ एक सेल्फ़ी ली। तब तक मुकेश जी पहुंच गए। ओरछा में रेस्ट हाऊस बुक था, परन्तु इसका एसी खराब था। एसी का पंखा हवा फ़ेंकता था पर ठंडा नहीं कर रहा था। इस भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए हमने खाट बाहर ही डाल ली। हल्की सी बरसात से मौसम सुहाना हो गया था। एक भरपूर नींद ली।
झांसी रेल्वे स्टेशन पर मैथली शरण गुप्त, वृंदावन लाल वर्मा एवं आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी की प्रतिमाएँ
आज 26 मई 2015 को ओरछा की सुबह बदलियाना थी, उठकर स्नानादि से निवृत होने के बाद टहलने लगा तो डाक बंगले के इर्द गिर्द चिडियों ने आकर्षित किया। कैमरा निकाल कर उनके पीछे फ़ोटो के लिए चल पड़ा। कुछ देर चिड़ियों की फ़ोटोग्राफ़ी तब तक पटवारी महोदय भी पहुंच गए। तहसीलदार साहब ने पटवारी की ड्यूटी लगाई थी, हमारे राम राजा सरकारे के दर्शनों के लिए। तब तक मुकेश जी भी पहुंच गए। हम राम राजा दरबार पहुंचे तो धूप निकल आई थी और आरती चल रही थी। आरती के बाद हमने दर्शन किए तथा स्थल का एक चक्कर लगाया। यहाँ मंदिर में कुछ प्राचीन प्रतिमाएँ स्थापित हैं, जो अन्य किसी स्थान से लाई गई हैं। अब वे विस्मृत हो गई, राम राजा दरबार में फ़ोटो खींचने की मनाही है। 
ओरछा डाक बंगले की सुबह मुकेश पान्डेय जी के साथ
राम राजा की कहानी भी रोचक है। कहा जाता है कि संवत 1600 में तत्कालीन बुंदेला शासक महाराजा मधुकर शाह की पत्नी महारानी कुअंरि गणेश राजा राम को अयोध्या से ओरछा लाई थीं।  एक दिन ओरछा नरेश मधुकरशाह ने अपनी पत्नी गणेशकुंवरि से कृष्ण उपासना के इरादे से वृंदावन चलने को कहा। लेकिन रानी तो राम की भक्त थीं। उन्होंने वृंदावन जाने से मना कर दिया। गुस्से में आकर राजा ने उनसे यह कहा कि तुम इतनी राम भक्त हो तो जाकर अपने राम को ओरछा ले आओ। रानी ने अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी के किनारे लक्ष्मण किले के पास अपनी कुटी बनाकर साधना आरंभ की। 
ओरछा नगर का प्रवेश द्वार
इन्हीं दिनों संत शिरोमणि तुलसीदास भी अयोध्या में साधना रत थे। संत से आशीर्वाद पाकर रानी की आराधना और दृढ़ होती गई। लेकिन रानी को कई महीनों तक राजा राम के दर्शन नहीं हुए। वह निराश होकर अपने प्राण त्यागने सरयू की मझधार में कूद पड़ी। यहीं जल की अतल गहराइयों में उन्हें राजा राम के दर्शन हुए। रानी ने उनसे ओरछा चलने का आग्रह किया। उस समय मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने शर्त रखी थी कि वे ओरछा तभी जाएंगे, जब इलाके में उन्हीं की सत्ता रहे और राजशाही पूरी तरह से खत्म हो जाए। तब महाराजा शाह ने ओरछा में ‘रामराज' की स्थापना की थी, जो आज भी कायम है।
राम राजा दरबार में मुकेश पान्डेय चंदन, ललित शर्मा एवं पटवारी जी
कहते हैं कि राजा ने चतुर्भुज मंदिर बनवाया, इसमें भगवान राम की स्थापना होनी थी। परन्तु स्थापना के वक्त प्रतिमा अपने स्थान से हिली नहीं। इसे चमत्कार मान कर महल के उस हिस्से को मंदिर का रुप दे दिया गया और यह राम राजा मंदिर कहलाने लगा। भगवान राम को यहाँ का राजा माना जाता है, मूर्ति का चेहरा मंदिर की ओर न होकर महल की ओर है। रानी के दिए वचनों के कारण यहाँ राम राजा की सत्ता स्थापित हुई जो आज पर्यंत चल रही है। मान्यता है कि यहां राजा राम हर रोज अयोध्या से अदृश्य रूप में आते हैं। 

शीश महल रेस्टोरेंट पर्यटन विभाग
यहाँ राम राजा को सूर्योदय के पूर्व एवं सूर्यास्त के बाद सलामी दी जाती है, इस सलामी के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के जवान तैनात हैं। क्योंकि देश में राजा राम चंद्र का यह एक ऐसा मंदिर है जहां राम की पूजा भगवान के तौर पर नहीं बल्कि राजा के रूप में की जाती है। चुंकि यहां के राजा राम हैं इसलिए मंदिर खुलने और बंद होने का समय भी तय है। सुबह में मंदिर आठ बजे से साढ़े दस बजे तक आम लोगों के दर्शन के लिए खुलता है। इसके बाद शाम को मंदिर आठ बजे दुबारा खुलता है। रात को साढ़े दस बजे राजा शयन के लिए चले जाते हैं। मंदिर में प्रातःकालीन और सांयकालीन आरती होती है जिसे आप देख सकते हैं। देश में अयोध्या के कनक मंदिर के बाद ये राम का दूसरा भव्य मंदिर है। 
रेस्टोरेंट का डायनिंग हॉल
राम राजा के दर्शनोपरांत हम शीश महल की  ओर पहुंचे, यह मध्यप्रदेश पर्यटन के अधीन है। यहाँ रेस्टोरेंट के साथ ठहने के लिए किंग एवं क्वीन सुईट भी हैं। हमने यहाँ पराठे एवं दही का नाश्ता किया। इसके बाद किंग एवं क्विन सुईट का नजारा देखा। इन दोनों सुईट के बीच एक आँगन हैं। साज सज्जा भी महल के इंटिरियर से मिलती जुलती है। परन्तु सुइट के हालात देख कर तो लगता नहीं कि कोई हजारों रुपया खर्च यहाँ रात गुजारने आता होगा। सरकारी काम सरकारी जैसा ही होता है। काम न धाम पर महीनें तनखा पक्की है तो कौन ध्यान देता है, रख रखाव पर। यहाँ से हम जहाँगीर महल देखने के लिए पहुचें। जारी है आगे पढें…