रामलीला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रामलीला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2011

इनकी उनकी नाक कटन्ना, उनने इनकी नार हरन्ना -- ललित शर्मा

जय लंकेश
गतांक से आगे
रावण को मैदान में छोड़कर मैं घर चले आया। उदय ने मुझसे कहा कि-"पापा सोनपत्ती तो आप लाए ही नहीं, फ़िर से जाओ और रावण जलने के बाद सोनपत्ती लेकर आना।" अब पुत्र का आदेश मानना ही पड़ा। दुबारा रावण भाटा जाकर रावण के मरने का इंतजार करने लगे। इस दौरान कुछ लोग चर्चा कर रहे थे कि इस बार का रावण दुबला नजर आ रहा है। पिछले साल तो अच्छा मोटा तगड़ा था। रमेसर ने कहा कि- "26 रुपया में तो रावण इतना ही मोटा होगा। अगर अधिक मोटा और बड़ा करना है तो आलुवाले से बात करो, कुछ गरीबी रेखा की राशि बढे तो इसका भी खर्चा चले।" माहौल कुछ शांत होने पर चचा भी घर से चले आए। तो उनसे पता चला कि रावण बनाने के लिए उन्हे 1500 रुपए दिए थे कमेटी वालों ने। एक बार तो गाय रावण के 4 सर फ़ोड़ गयी और दुसरी बार उसका पैजामा खा गयी। दो सौ रुपए जेब से भरने के बाद रावण तैयार हुआ। अब इतने कम बजट में तो रावण ऐसा ही बनेगा। अब रावण की सेहत की असलियत सामने आ गयी थी। राम दल और रावण सेना के मंच पर आने में देरी थी। इस बीच मैं उदय को घर से ले आया गोल गप्पे खिलाने के लिए।

राजु गुप्ता - सिमरन चाट सेंटर
सार्वजनिक उत्सवों के स्थल पर एक छोटा-मोटा मेला लग जाता है। गुब्बारे वाले, चाट वाले, पान वाले, मिठाई वाले, साईकिल स्टैंड वाले अपनी दुकान लगा लेते हैं। लोग भी तफ़री के साथ मुंह का स्वाद बदल लेते हैं। उदय को लेकर राजु के गोलगप्पे के ठेले पर पहुंचा और उसे गोलगप्पे खिलाने को कहा। इस बार इसके रेहड़ी की रौनक बदल गयी। सब कुछ नया और साईन बोर्ड के साथ "गुप्ता चाट भंडार" से नाम बदल कर "सिमरन चाट सेंटर" रख दिया था। पहले तो मुझे शक हुआ कि कहीं इसने दीवाला तो नहीं निकाल दिया है। फ़िर सोचा कि इसके पास इतनी सम्पत्ति तो है नहीं कि दीवाला निकाल सके। जब सेठों के पास धन होता है तभी दीवाला निकालते हैं और एक बेटी की शादी का जुगाड़ हो जाता है। लाला जी ने मुझे एक बार बताया था कि उन्होने 5 बार दीवाला निकाल कर 8 बच्चों की शादी कर दी थी। जब किसी के यहाँ लड़की का रिश्ता लेकर जाते थे तो संबंधी सबसे पहले यही पूछता था कि-" लाला जी कै बार? तो लालाजी गर्व से बताते 5 बार। बस तुरंत रिश्ता तय हो जाता। क्योंकि संबंधी इससे अंदाजा लगा लेता था कि एक बार के दीवाले में सेठ जी ने कितना माल अंदर किया है। तुम्हारी भी जय जय हमारी भी जय जय।

भीषम-गोपाल-गोबरधन
राजु के ठेले के बगल में भीषम ने अपनी नयी मुंगफ़ली की दुकान लगा थी, उसके बगल मे गोबरधन ने पुरानी मुंगफ़ली की दुकान लगायी थी। शांति लाल मुंगफ़ली सेकने के लिए पंखा हिला-हिला कर सिगड़ी सिलगा रहा था पर लकड़ी कच्ची होने के कारण धूंवा दे रही थी। भीषम बचपन से ही बस स्टैंड में अपना पसरा (दुकान) लेकर बैठता था, जिसमें उबली हुई शकरकंद एवं चना-चबेना रख कर बेचता था। जब हम प्रायमरी स्कूल में पढते थे तो वह रोज 5-7 रुपया कमा लेता था। हमारी दृष्टि में वह उस समय पैसा वाला था। कभी अपने साथ होटल में समोसा भी खिला देता था। वह आज भी नहीं बदला, बिलकुल वैसा ही है, मेरे पहुंचते ही लड़के को बुलाकर मेरे लिए पान मंगवाया। कहने लगा, महाराज के स्वागत मे कोई कमी नहीं होनी चाहिए। गोबरधन मेरे से उम्र में बड़ा है। यह बस स्टैंड पर कांच की बरनी में संतरे की टिकिया लेकर बसों में बेचता था अब दारु भट्टी के सामने फ़ल्ली और मौसमी चखने की दुकान लगाता है।

गुब्बारे वाले, मेले की शान
पिछले बरस के बाद आज गांव के सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचा था। सभी पुराने मित्र लोग यहीं मिल रहे थे और उनसे मिल कर आनंद भी आ रहा था। मुझे सामने से प्रताप सिंह लंगड़ाते हुए आता दिखाई दिया। आँखों पर मोटा चश्मा लगा रखा था। जय जोहार होने के बाद उससे हाल-चाल पूछा तो कहने लगा कि शुगर की बीमारी हो गयी है और इसके कारण किडनी खराब हो गयी और आंखों में मोतियाबिंद उतर आया। खेत बेचकर इलाज करवाया है, अब ठीक है। एक बेटे और दो बेटियों की शादी कर दिया, एक बेटा और बचा है कुंवारा, अब के सीजन में उसकी भी शादी करना है। जब हम आठवीं में पढते थे तो प्रताप की शादी हो गयी थी और नवमी पहुंचते-पहुंचते एक बेटा भी। जब ग्याहरवीं पास हुए तब तक प्रताप तीन बच्चों का बाप बन चुका था। एक तरह कुछ जल्दी ही बूढा हो गया। मैने उससे घर आकर ठीक से मिलने का वादा किया। अब उसने पान गुटखा खाना भी बंद कर दिया है। डॉक्टर ने कहा है कि अब खाएगा तो दुनिया की कोई दवाई उसे नहीं बचा सकती।

रंग बिरंगी मिठाई
मिठाई वाले की दुकान में रंग बिरगीं मिठाईयाँ सजी थी। नारियल की बरफ़ी, खाजा, पेठा, शक्करपारे, सलोनी, सेव भुजिया, जलेबी, बालुशाही आदि। साथ में गुटखे भी बेच रहा था, बगल में उसकी बीबी ने अलग दुकान लगा रखी थी। बेटे की बहू दोनो दुकानों में काम देख रही थी। एक ग्राहक के पूछने पर उसने जलेबी का मुल्य 20 रुपए पाव बताया। मंहगाई बहुत बढ गयी, दो साल पहले ही 30 रुपए किलो जलेबी आती थी। बस एक मिठाई से ही बाकी का अंदाजा लग गया। तभी कहीं से तितलियों का एक झुंड उड़ कर आया और मिठाईयों पर छा गया। बस फ़िर दुकानदार व्यस्त हो गया। किसी ने शक्करपारे लिए तो किसी ने बालुशाही। मेले की असली मौज तो यही है जो अच्छा लगे खाओ और खरीदो बिंदास होकर। मिठाईयों में रंग बहुत अधिक डाल रखा था। दूर से ही देख कर मन ललचा जाए खाने को, पर सेहत का भी ध्यान रखना पड़ता है। रंग सेहत को नुकसान पहुचाते हैं।

रावण है तैयार - जय लंकेश
कुछ हो हल्ला होने लगा, बैलगाड़ियों पर सवार रावण सेना नगर भ्रमण कर आयोजन स्थल पर पहुच रही थी, बैलगाड़ियों को देखकर भीड़ ने रास्ता बना दिया। रावण की सेना के पीछे-पीछे राम की सेना भी पहुंच गयी। माईक पर उद्घोषणा होने लगी, शीघ्र ही रामलीला शुरु हो रही है। मैं जब स्टेज पर पहुंचा तो रावण और राम की सेना आमने-सामने विराजमान हो चुकी थी। विदूषक रामायण जी की आरती कर रहे थे। रावण महाराज अपने दसशीश को गोद में रखे बैठे हुए थे। मेरे आग्रह करने पर उन्होने शीश धारण किया जिससे मैं फ़ोटो ले सका। सामने के मंच पर राम दल था। राम और लक्ष्मण शांत नजर आ रहे थे पर हनुमान एवं अंगद उछल कूद कर रहे थे। अंगद का पात्र मेरा पुराना मित्र है। बचपन से राम लीला में अपनी भूमिका निभाता है। माईक पर घोषणा हो रही थी कि अहिरावण वध, अंगद रावण संवाद, और लंका विजय के पश्चात ही रावण दहन होगा।

अब अंगद है तैयार - दिया रावण को ललकार
कुछ वर्षों से नयी परम्परा चली है कि रावण का वध राम के द्वारा न हो कर रामलीला के मुख्यातिथि के द्वारा किया जाता है। रावण वध का अधिकार राम से कब छिन गया पता ही न चला उसे। अब पुतले में आग लगाने के लिए मंत्री-संत्री का इंतजार किया जाता है। पुलिस संरक्षण में प्रतिवर्ष रावण को मारा जाता है पर किसी पर कोई कार्यवाही नहीं होती। भाऊ बोले कि- पिछले साल रावण एवं रामलीला कमेटी की मांग पर मंत्री जी ने चबुतरा बनाने की घोषणा की थी पर अभी तक चबुतरे का निर्माण नहीं हो पाया है। अरे भैया, सरकारी काम सरकारी जैसे होता है। मंत्रियों का काम तो घोषणा करना है। घोषणा करने के लिए तो इन्हे मंत्री बनाया जाता है। राम लीला सम्पात्ति की ओर थी। मुख्यातिथि का कहीं पता नही। पब्लिक घर वापस जाने लगी। इस बीच हम भी एक चक्कर घर का लगा आए। फ़ेस बुक पर एक फ़ोटो चेप कर ताजा अपडेट दे आए रामलीला मैदान का मित्रों को।

राधाकृष्ण टंडन- अशोक बजाज- किसन शर्मा
आखिरकार चचा की मेहनत रंग लाई। उन्होने मंच पर जाकर रामलीला को थोड़ा विस्तार दिया,जिससे समय व्यतीत हो सके। मंत्री जी न आने पर रावण दहन के लिए अशोक भाई को फ़ोन लगाया। वे दुसरे शहर में रावण दहन कर रहे थे। सूचना मिलते ही तत्काल पहुच गए। उनकी शुभकामनाओं के साथ रावण का दहन हुआ। ग्रामवासियों ने लंका विजय का उत्सव मनाया। एक दुसरे को सोन पत्ती भेंट पर यथा योग्य आशीर्वाद लिया और विजयादशमी पर्व की बधाई दी। रावण दहन का कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद भी चचा के मत्थे एक उलाहना मढ ही दिया गया कि रावण के पुतले में पटाखे कम डाले गए। पटाखों के पैसे चचा अंदर कर गए। हमने चचा का पक्ष लिया। जब दिल्ली में बैठे नेता लाखों करोड़ रुपए जनता का खा गए तो चचा ने इतनी मंहगाई में दो-चार पटाखे कम लगा कर कौन सा गुनाह कर डाला। कैसे भी हो, विजयादशमी का उत्सव तो मनवा दिया, रावण का दहन तो करवा दिया अन्यथा साल भर फ़िर रावण से हलकान होना पड़ता। चचा कह रहे थे - राम रवन्ना दुय जानना, एक क्षत्रिय, एक बम्हन्ना, इनकी उनकी नाक कटन्ना, उनने इनकी नार हरन्ना,फ़िर दोनों में हुई लडन्ना, तुलसीदास ने रची पोथन्ना। चचा ने सभी पाठकों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देने कहा है, चचा की शुभकामनाएं ग्रहण कर ली तो अब हमारी भी बधाई स्वीकार करें।


ब्लॉगोदय एग्रीगेटर के फ़ालोवर बनें

शनिवार, 20 अगस्त 2011

मै भी अन्ना, तू भी अन्ना, सारा देश है अन्ना --- ललित शर्मा

राजीव तनेजा से साभार
बाबा पिट गए, अन्ना लिपट गए, भीड़ पीछे चल पड़ी, साथ-साथ हम भी चल पड़े हैं टोपी लगाकर। नहीं जाएगें तो लोग समझेगें कि हम भ्रष्ट्राचार का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए "जैसी बहे बयार,पुनि पीठ तैसी कीजै"। राम लीला मैदान में ऐतिहासिक लीला जारी है। लोग अपनी उपस्थिति देने पहुच रहे हैं..गाँव-गाँव तक मीडिया ने अन्ना की आवाज पहुंचा दी और भ्रष्ट्राचार से त्रस्त आम जनता सड़कों पर आ गयी। मीडिया ने मुद्दा लपक लिया, अन्ना के बहाने टी आर पी लेने के लिए। भ्रष्ट्राचार से त्रस्त लोगों का एक जन सैलाब उमड़ा, बरसाती नदी की तरह, जनता की भावनाएं उठान पर हैं,सरकार ने अनशन की अनुमति दे दी। हम भी घर बैठे समर्थन दे रहे हैं एक दिनी उपवास रख कर। वैसे भी हमारे समर्थन की कोई कीमत नहीं. कीमत उनके समर्थन की है जो नामी गिरामी हैं, जो हमेशा लाईम लाईट में रहना जानते हैं। मीडिया, ब्लॉग, फेसबुक पर बस यही मुद्दा छा रहा है. भ्रष्ट्राचार का खत्म करने के आन्दोलन का आगाज हो चुका है। अब जनमानस में सिर्फ एक यही बात है कि क्या लोकपाल बिल के पास होने से भ्रष्ट्राचार ख़त्म हो जायेगा?

आज अन्ना के इर्द-गिर्द एनजीओ के लोग दिखाई दे रहे हैं। एनजीओ के काम को देश की जनता जानती है। विदेशों से प्राप्त सहायता से लेकर सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की योजनाओं से धन प्राप्त कर अपना एनजीओ चला रहे हैं। फ़टा पुराना कुरता पहने अंग्रजी बोल कर गरीबों को बड़े-बड़े सपने दिखाने वाले ये लोग गरीबी मिटाने की बात कर अपनी अमीरी बढाते हैं और हवाई जहाज से कम यात्रा नहीं करते। क्या इन्होने कभी भ्रष्ट्राचार नहीं किया? सभी जानते हैं कि एक प्रोजेक्ट पास कराने के लिए कितनी राशि की बंदरबांट करनी पड़ती है तब कहीं जाकर कोई काम मिलता है। जब कोई भ्रष्ट्राचार में लिप्त व्यक्ति ईमानदारी का परचम उठाए तो उसे जानने वाले प्रत्येक व्यक्ति को नीयत पर संदेह होता जाता है। अनजाने में ही अन्ना इनकी ढाल बने हुए हैं।

इस आन्दोलन से एक बात तो साफ़ हो जाती है कि देश की जनता भ्रष्ट्राचार से आजिज आ चुकी है। भ्रष्ट्राचार सभी हदें पार कर चुका है। ऐसा नहीं है कि सभी लोग भ्रष्ट हैं, कुछ अपना कार्य ईमानदारी से करना चाहते हैं पर वर्तमान हालात यह हैं कि यदि कोई ईमानदारी से काम करना चाहता है तो उसे प्रताड़ित कर किनारे लगा दिया जाता है। उसकी हत्या कर दी जाती है। भ्रष्ट्राचार कैंसर की भांति देश की रग रग में समा गया है। यही प्रमुख कारण है कि अन्ना के भ्रष्ट्राचार विरोधी आन्दोलन को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोग सड़कों पर उतर कर समर्थन दे रहे हैं। अन्ना ही खुद कह रहे हैं कि भ्रष्ट्राचार का 100% निवारण नही तो 65% ही सही, कुछ तो कम होगा। नहीं मामा से काना मामा ठीक है। आज जरुरत है व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन की।

इस समय मुझे श्रीलाल शुक्ल के उपन्यास रागदरबारी के एक पात्र लंगड़दीन की याद आती  है. जो तहसील के बाबु को २ रुपये नहीं देता है और उसकी अर्जी हर बार ख़ारिज हो जाती है. उपन्यास के अंत तक लंगड़दीन के जमीन के सीमांकन की अर्जी स्वीकृत नहीं हो पाती। सवाल सिर्फ दो रुपये का है. पता नहीं इस व्यवस्था ने कितने ही लोगों को लंगड़दीन बना रखा है. इस तरह के लंगड़दीन तहसील, थाना, कोर्ट कचहरी, में मिलते ही रहते हैं. ये सच है कि बिना सेवा शुल्क दिए कोई भी काम किसी भी दफ्तर में संभव नहीं है. अब तो लोगों की मानसिकता यह बन गयी है कि बिना कहे ही नजराना पेश कर देते हैं. डर है कि अगर नहीं दिए-लिए तो काम नहीं होगा.

घर के मुखिया की फौत के बाद उत्तराधिकारी को नामांतरण करना पड़ता है. जमीन जायदाद उनकी है लेकिन नामातरण के लिए के भेंट पटवारी, बाबु तहसीलदार तक पहचानी ही पड़ेगी. एक मित्र ने मुझे मजाक में ही कहा था " फाइल एक टेबल से दूसरी टेबल तक २० बरस घुमती हैं, उसके साथ अर्जी दाता भी घूमता है फिर फाइल गायब हो जाती  है" यही सच है. अगर फाइल पर वजन न हो तो एक जीवन पूरा लग जाता है दीवानगी में. देर-सबेर नित्य ही लोगों को इससे सामना करना ही पड़ता है. ट्रेन में बर्थ के लिए टी.टी. खुले आम घुस लेता है. शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति बचा हो जिसने इनको बिना कुछ दिए सीट या बर्थ पाई हो. बड़े बड़े तुर्रम खां को भी इनके आगे गिडगिडाना पड़ता है. सारी भ्रष्ट्राचार विरोधी भावना एवं नैतिकता धरी की धरी रह जाती है.

भ्रष्ट्राचार वह उल्टा वृक्ष है, जिसकी जड़ें आसमान में है, और हम जमीन खड़े होकर उसकी डालियों एवं शाखाओं को ही काटने की कोशिश करते है. जिसका परिणाम यह होता है कि वह और भी तेजी से बढती है. इसे ख़त्म करना है तो जड़ में ही मठा डालना पड़ेगा। वक्त आ गया है देश के मतदाता को जागना होगा। अपने मतदान से बिना किसी प्रलोभन के ईमानदार सद्चरित्र व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि चुनें। अगर हम रिश्वत नहीं देगें तो लेना वाला कहाँ से लेगा, काम तो देर सबेर होगा ही। हमें भी प्रण करना चाहिए कि भ्रष्ट्राचरण को बढावा नहीं देगें। किसी पर दोष मढने की बजाए स्वयं को सुधारना आवश्यक है। कहते हैं कि भूत प्राण नहीं लेता पर हलाकान करता है और जब हम भूत के पीछे लठ लेकर पड़ जाते हैं तो वह भाग खड़ा होता है।

पता नहीं कितने लोगों ने आज तक भ्रष्ट्राचार पर लिख कर कलम घिसी होगी. कितने ही लोगों ने भ्रष्ट्राचारियों की शिकायत की होगी. आकंठ तक भ्रष्ट्राचार में डूबे हुए लोगों के कानो पर जूं नहीं रेंगती.नक्कारखाने में तूती की आवाज कौन सुनता है? व्यवस्थापिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका, एवं लोकतंत्र का चौथा खम्भा कहा जाने वाला मिडिया भी इससे अछूता नहीं है, नीरा राडिया और बरखा दत्त प्रकरण जग जाहिर है। भ्रष्ट्राचार का बोलबाला और सच्चे का मुंह काला. 

देश के युवाओं के उठ खड़े होने से कु्छ हालात बदलने की आहट सुनाई देती है, किसी ने कहा है कि एक व्यक्ति को कुछ दिनों तक बेवकूफ़ बना सकते हैं, कुछ सौ लोगों को कु्छ हफ़्ते महीनों तक, लेकिन सभी लोगों को हमेशा बेवकूफ़ नहीं बनाया जा सकता। आजादी से लेकर आज तक बेवकूफ़ बनने वाले लोग उठ खड़े हुए हैं इसी आशा में कि कुशासन, सुशासन में बदलेगा। देश को लूटने वाले भ्रष्ट्राचारियों का मुंह काला होगा, उनको सजा मिलेगी। कभी तो नया सबेरा आएगा। मै भी अन्ना, तू भी अन्ना, सारा देश है अन्ना।