विधानसभा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
विधानसभा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 14 मार्च 2011

शाबास मनीष! तुमने सही किया --- ललित शर्मा

”भूख है तो सब्र कर, रोटी नही तो क्या हुआ,आजकल दिल्ली में है जेरे बहस ये मुद्दा।" दुष्यंत कुमार ने कहा था। वर्तमान में संसद एवं विधान सभाओं में गरीब की रोटी अब बहस का मुद्दा नहीं रही। अब बहस होती है, सांसद विधायकों की भूख की। इनकी सुरक्षा  की, इनकी तनख्वाह की। एक बार इन सभाओं में पहुंचते ही इन्हे अपनी सात पीढी की रोटी का इन्तजाम करने की चिंता लग जाती है, विधायक बनते ही इनकी जान को खतरा हो जाता है, एक-चार का गार्ड हमेशा इनकी जान बचाने के लिए होना चाहिए। जिनके आगे हाथ-पसार कर वोट मांगते हैं, उनसे ही इन्हे खतरा हो जाता है और जितनी राजसी सुविधाएं हैं, वे सारी इन्हे मिलनी चाहिए, भले ही इन्हे चुन कर भेजने वाले दो बाल्टी पानी को तरसते रहें। अगर रास्ते में कोई पुलिस वाला ड्यूटी करते हुए इनसे गाड़ी के कागजात और ड्रायविंग लायसेंस पूछ ले तो ये विधान सभा की कार्यवाही अवरुद्ध कर सकते हैं। मामला विशेषाधिकार भंग होने तक पहुंच जाता है।

नेहरु जी को प्रधानमंत्री पर होते हुए रेल्वेक्रासिंग पर गेट कीपर रोक लेता है और ट्रेन गुजरने तक फ़ाटक नहीं खोलता। नेहरु जी उसे शाबासी देते हैं। लाल बहादुर शास्त्री जी को रेलमंत्री होते हुए एक टीटी टिकट पूछ लेता है तो शास्त्री जी उसे शाबासी देते हैं। 36 गढ में बिना नम्बर की गाड़ी पर 4 विधायक सवार होते हैं और चौक पर खड़ा एक ए एस आई उनसे कागज दिखाने को कहता है तो विपक्ष विधान सभा में हंगामा कर उसे लाईन अटैच करवा देता  है। समय कितनी तेजी से बदल रहा है, ये विधायक उसी कांग्रेस के हैं जिस कांग्रेस के नेहरु जी और लाल बहादूर शास्त्री जी थे। आज उनके संस्मरण याद किए जाते हैं, कल इन विधायकों को भी याद किए जाएगें। ये समाज के सामने ये एक आदर्श स्थापित कर रहे हैं कि लोग इनका अनुकरण करें और कानून व्यवस्था की खिल्ली उड़ाएं।

अब विधान सभा में उठाने के लिए यही मुद्दे रह गए हैं। सड़क पर रोज दुर्घटना में लोग मरते हैं, वह मुद्दा नहीं है, बलात्कार हो रहे हैं वह मुद्दा नहीं है, बिजली-पानी नहीं है, वह मुद्दा नहीं है। कानून का उल्लंघन करने पर एक ए. एस. आई. गाड़ी के कागजात पूछ लेता है तो वह मुद्दा हो जाता है। क्या विधायक बनने बाद कानून तोड़ने की छूट मिल जाती है? या कानून से ही उपर उठ गए हैं। अखबार के माध्यम से विधायक कहते हैं कि ए. एस. आई. मनीष बाजपेयी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। क्या सोचा जा सकता है कि एक अदना सा ए एस आई विधायकों को पहचानते हुए इनके साथ दुर्व्यवहार कर सकता है। बस गलती उसकी इतनी ही थी कि बिना नम्बर की गाड़ी के कागजात पूछ लिए और उसे पुरस्कार स्वरुप लाईन हाजिर कर दिया गया। शाबास मनीष! तुमने सही किया, इतनी हिम्मत तो दिखाई।