स्कूल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
स्कूल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 18 जून 2014

आवश्यकता है पढ़ाई के साथ बचपन बचाने की

स्कूल खुल गए है और नवीन सत्र प्रारंभ हो गया। स्कूल प्रारंभ होते ही विद्यार्थी पर मानसिक दबाव प्रारंभ हो जाता है। अच्छे रिजल्ट और प्रतिशत पाने का दबाव उस पर हमेंशा बना रहता है। इस दबाव के परिणाम स्वरुप वह अवसाद का भी शिकार हो जाता है। मेरे मित्र की लड़की के साथ भी यही हुआ। उसके बाद उसे 5 साल सामान्य होने में लगे। लेकिन जब हम लोग पढते थे तब ऐसा कुछ नहीं था, बिंदास मस्ती करते और जब मस्ती से समय बचता तो पढ भी लेते। जब पांचवी पास होकर बड़े स्कूल (मिडिल स्कूल, उसे सब बड़ा स्कूल कहते थे) पहुंचे तो गजब ही हो गया। हम जिस स्कूल में भर्ती हुए वहां सिर्फ़ कस्बे के बच्चे ही पढते थे। जो गांव की दृष्टि में तो शहर था। बड़े स्कूल में आस-पास के लगभग 20 गांव के बच्चे  10 किलोमीटर की दूरी से पढने आते थे। मैने दिखा कि वहां तो बच्चे क्या बड़े-बड़े लड़के भी पढने आए हैं। जिनके दाढी मुंछ आ गई है और हम सब पि्द्दी से थे। बड़ा ही अजीब लगा कि इतने बड़े-बड़े लड़के भी छठवीं क्लास में पढेगें? इतने बड़े तो हमारे गुरुजी थे जो हमें प्रायमरी में पढाते थे। हम होगें 10-11 साल के, वे लड़के थे 15-16 साल के, अजीब ही लगता रहा कु्छ महीनों तक। फ़िर कुछ दिनों बाद सब सामान्य सा लगने लगा।

जब हम आठवीं क्लास में पहुंचे तो पता चला कि उनमें बहुतों की शादी हो गयी है। यह और भी गजब था, अब तक हमें पता चल गया था कि शादी होती है तो बहु भी आती है:)।  जब हम 10 वीं में पहुंचे तो एक-एक, दो-दो बच्चों के बापों के साथ बैठकर पढ़े। इतने सीनियर लोगों के साथ एक साथ बैठकर पढना भी गर्व की बात है। सांसारिक ज्ञान सीधा ही ट्रांसफ़र हो जाता था। हमारे साथ जो लड़कियाँ पढती थी उनकी तो पांचवी-छटवीं में ही शादी हो गयी थी। अब तो वे दादी-नानी बन चुकी हैं जबकि कोई ज्यादा दिनों की सी बात नहीं लगती। उस समय मैट्रिक पास होने वाला लड़का गबरु जवान हो जाता था। आज कर मैट्रिक पास लड़के पिद्दी से नजर आते हैं। इतनी बड़ी क्लास पास करने वाले को बड़ा तो होना ही चाहिए यह मान्यता उस वक्त थी। मैट्रिक पास करते-करते 20-22 साल के हो ही जाते थे। उन्हे पढैया नाम से जाना जाता था, घर में उनके लिए अलग ही वातावरण होता था कि पढैया को कोइ भी घरे्लू काम मत बताओ। उसकी पढाई में व्यवधान उत्पन्न हो जाएगा। इसलिए उसे घरेलू कार्यों से अलग ही रखा जाता था। 

इस तरह दबाव मुक्त वातावरण में विद्यार्थी का मानसिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास भी निर्बाध गति से होता था। इन 25-30 वर्षों में कितना परिवर्तन आ गया है। आज 15 साल का बच्चा मैट्रिक पास कर लेता है और उसके दिमाग में आगे भविष्य की योजनाएं चलते रहती हैं जिससे लगता है कि बाल सुलभ उछल-कूद, हंसी-ठिठोली जैसे उसके जीवन से गायब ही हो गई है। एक अलग ही तरह का माहौल हो गया है, जैसे कोई गर्दभ रेस की तैयारी हो रही है। विद्यार्थी दबाव के वातावरण में जी रहा है। जिसका प्रभाव उसके शारीरिक विकास पर पड़ रहा है। अगर वह इस दौड़ में शामिल न हो तो भी मुस्किल है औरों से पीछे रह जाएगा। कैसी विडम्बना है यह?

अगर हम आंकड़े उठाकर देखे तो हाल के 8 वर्षों में विद्यार्थियों में आत्महत्या के मामले बढे हैं। अपनी पढाई और रिजल्ट को लेकर इतना मानसिक दबाव उन्हे झेलना पड़ता है कि कई तो इसे सहन ही नहीं कर पाते। बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने से पहले ही आत्म हत्या कर लेते हैं, कई परिणामों के बाद। वर्तमान में विद्यार्थियों में एक भय परिक्षा परिणामों के प्रतिशत को लेकर भी होता है, अगर कम प्रतिशत मिले तो अच्छे स्कूल कालेजों में प्रवे्श नहीं मिलेगा। पहले ऐसा नहीं था, प्रतिशत कम हो या ज्यादा जो पढना चाहता है उसे प्रवेश मिल ही जाता था और सभी पढाई कर लेते थे। भले ही उन्हे कामर्स, इंजिनियरिंग, मेड़िकल में प्रवेश नहीं मिलता था, लेकिन मास्टर छड़ी राम बी.ए., एम. ए., एल. एल. बी. तो हो ही जाते थे। डिग्रियों की एक तख्ती उनके घर के सामने टंग ही जाती थी। विवाह के लिए अच्छे रिश्ते मिल ही जाते थे।

उस समय पालक सिर्फ़ यह चाहता था कि उसका पाल्य परीक्षा में उत्तीर्ण हो जाए। उसे परिणाम के प्रतिशत से कोई मतलब नहीं था। अगर कोई बच्चा अच्छे नम्बर ले आता था तो उसकी मेहनत होती थी। पालक सिर्फ़ उत्तीर्ण होने का समाचार सुनकर खुश हो जाते थे। अब परिस्थितियां बदल गई है। पालकों को मालूम है कि उनका बच्चा पास तो हो जाएगा लेकिन वे उसके डिवीजन को लेकर चिंतित रहते हैं। उनके कुल अंकों के प्रतिशत को लेकर चिंतित होते हैं। बस यहीं पर बचपन खो जाता है और जीवन भर नहीं मिलता। फ़िर कभी नहीं मिलता । आवश्यकता है आज बचपन को बचाने की। चाहे बच्चे के नम्बर और प्रतिशत कम हो जाएं लेकिन ध्यान रहे उनका शारीरिक और मानसिक विकास बाधित न हो पाए। वे मानसिक रुग्णता के शिकार न हो पाएं, इसलिए आवश्यकता है बचपन बचाने की। हमें प्रयास करना चाहिए कि पढाई के बोझ से विद्यार्थी का बचपन प्रभावित न हो।

शुक्रवार, 2 जुलाई 2010

आवश्यकता है बचपन बचाने की

वर्तमान में स्कूलों की पढाई देखकर लगता है कि बच्चों का बचपन ही खत्म हो गया है, जो हँसी और खिलंदड़ापन बचपन में होता था, वह अब दिखाई नहीं देता। बच्चों का बचपन खो गया है और वे असमय ही वृद्ध हो गये हैं, जरुरत है आज उनके बचपन को बचाने की क्योंकि बचपन फ़िर लौटकर नहीं आता।

आज विद्यार्थी मानसिक दबाव में अपनी पढाई कर रहा है, अच्छे रिजल्ट और प्रतिशत पाने का दबाव उस पर हमेंशा बना रहता है। इस दबाव के परिणाम स्वरुप वह अवसाद का भी शिकार हो जाता है। मेरे मित्र की लड़की के साथ भी यही हुआ।

उसके बाद उसे 5 साल सामान्य होने में लगे। लेकिन जब हम लोग पढते थे तब ऐसा कुछ नहीं था, बिंदास मस्ती करते और जब मस्ती से समय बचता तो पढ भी लेते। सुनिए जब पांचवी पास होकर बड़े स्कूल (मिडिल स्कूल, उसे सब बड़ा स्कूल कहते थे) पहुंचे तो गजब ही हो गया।

हम जिस स्कूल में भर्ती हुए वहां सिर्फ़ कस्बे के बच्चे ही पढते थे। जो गांव की दृष्टि में तो शहर था। बड़े स्कूल में आस-पास के लगभग 20 गांव के बच्चे थे। जो 10 किलोमीटर तक से पढने आते थे। जब हम पहुंचे तो देखा कि वहां तो बच्चे क्या बड़े-बड़े लड़के भी पढने आए हैं।

जिनके दाढी मूंछ आ गयी है और हम सब पि्द्दी से थे। बड़ा ही अजीब लगा कि इतने बड़े-बड़े लड़के भी छठवीं क्लास में पढेगें? इतने बड़े तो हमारे गुरुजी थे जो हमें प्रायमरी में पढाते थे। हम होगें 10-11 साल के, वे लड़के थे 15-16 साल के, कुछ अजीब ही लगता रहा कु्छ महीनों तक। फ़िर बाद में जाकर कुछ सामान्य सा लगने लगा।

जब हम आठवीं क्लास में पहुंचे तो पता चला कि उनमें बहुतों की शादी हो गयी है। यह और भी गजब था, अब तक हमें पता चल गया था कि शादी होती है तो बहू भी आती है :)।

नाइयों का एक लड़का था, वह हमारे साथ प्रायमरी से ही पढता था, इस लगन में उसकी भी शादी हो गई। उसका घर हमारे स्कूल के रास्ते में ही पड़ता था तो उत्सुक्तावश उसके घर में रुक जाते कि बहू कैसी है देखने के लिए। लेकिन लड़के का बाप उसे गुर्राता था कि इन लड़कों को मत बुलाए कर।

एक दिन हमने नाई से कह ही दिया कि काका हमको भौजी से मिलवाओ, उनसे बिना मिले नहीं जाएगें। नहीं हमारा रोज का धरना यहीं रहेगा आते-जाते। एक दिन उसने हमें भौजी से मिलवाया तब उसका पीछा छूटा।

अभी कुछ दिन पहले वो लड़का मुझे मिला था तो पता चला कि उसने एक और शादी कर ली है। पहली बीबी से तीन बच्चे है तथा दूसरी दहेज में दो और लेकर आई है। सीधे- सीधे दो का फ़ायदा हो गया। बिना किसी खर्चे के। बचपन की शादी का यह हश्र होता है इससे पता चला।

जब हम 10 वीं में पहुंचे तो एक-एक, दो-दो बच्चों के बापों के साथ बैठकर पढ़े। इतने सीनियर लोगों के साथ एक साथ बैठकर पढना भी गर्व की बात है। सांसारिक ज्ञान सीधा ही ट्रांसफ़र हो जाता था।

हमारे साथ जो लड़कियाँ पढती थी उनकी तो पांचवी-छटवीं में ही शादी हो गयी थी। अब तो वे दादी-नानी बन चुकी हैं जबकि कोई ज्यादा दिनों की सी बात नहीं लगती।

उस समय मैट्रिक पास होने वाला लड़का गबरु जवान हो जाता था। आज कर मैट्रिक पास लड़के पिद्दी से नजर आते हैं। इतनी बड़ी क्लास पास करने वाले को बड़ा तो होना ही चाहिए यह मान्यता उस वक्त थी।

मैट्रिक पास करते-करते 20-22 साल के हो ही जाते थे। उन्हे पढैया नाम से जाना जाता था, घर में उनके लिए अलग ही वातावरण होता था कि पढैया को कोइ भी घरेलु काम मत बताओ। उसकी पढाई में व्यवधान उत्पन्न हो जाएगा। इसलिए उसे घरेलु कामों से अलग ही रखा जाता था। 

इस तरह दबाव मुक्त वातावरण में विद्यार्थी का मानसिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास भी निर्बाध गति से होता था। इन 25-30 वर्षों में कितना परिवर्तन आ गया है।

आज 15 साल का बच्चा मैट्रिक पास कर लेता है और उसके दिमाग में आगे भविष्य की योजनाएं चलते रहती हैं जिससे लगता है कि बाल सुलभ उछल-कूद, हंसी-ठिठोली जैसे उसके जीवन से गायब ही हो गयी है। एक अलग ही तरह का माहौल हो गया है, जैसे कोई गर्दभ रेस की तैयारी हो रही है।

विद्यार्थी गंभीर दबाव के वातावरण में जी रहा है। जिसका प्रभाव उसके शारीरिक विकास पर पड़ रहा है। अगर वह इस दौड़ में शामिल न हो तो भी मुस्किल है औरों से पीछे रह जाएगा। कैसी विडम्बना है यह?

अगर हम आंकड़े उठाकर देखे तो हाल के 8 वर्षों में विद्यार्थियों में आत्महत्या के मामले बढे हैं। अपनी पढाई और रिजल्ट को लेकर इतना मानसिक दबाव उन्हे झेलना पड़ता है कि कई तो इसे सहन ही नहीं कर पाते।

बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने से पहले ही आत्म हत्या कर लेते हैं, कई परिणामों के बाद। वर्तमान में विद्यार्थियों में एक भय परिक्षा परिणामों के प्रतिशत को लेकर भी होता है, अगर कम प्रतिशत मिले तो अच्छे स्कूल कालेजों में प्रवे्श नहीं मिलेगा।

पहले ऐसा नहीं था, प्रतिशत कम हो या ज्यादा जो पढना चाहता है उसे प्रवेश मिल ही जाता था और सभी पढाई कर लेते थे। भले ही उन्हे कामर्स, इंजिनियरिंग, मेड़िकल में प्रवेश नहीं मिलता था,

लेकिन मास्टर छड़ी राम बीए, एम ए, एल एल बी तो हो ही जाते थे। डिग्रियों की एक तख्ती उनके घर के सामने टंग ही जाती थी। ब्याह के लिए अच्छे रिस्ते मिल ही जाते थे।

एक वाकया बताता हूँ जिससे आपको उस वक्त के पालकों की मानसिकता का पता चल जाएगा। ताऊ मनफ़ूल का बेटा रमलु स्कूल से अपना रिजल्ट लेकर आया। ताऊ नीम के पेड़ के नीचे दो चार लोगों के साथ हुक्के के सुट्टे मार रहा था। रमलु दूर से ही चिल्लाया" बापु फ़स्ट डिवीजन आया सै।" ताऊ बोल्या-" सुसरे पहले यो बता के तु पास हुआ के नहीं, तेरी फ़स्ट डिवीजन तो मैं पाच्छै देखुंगा।" इससे ये पता चलता है कि पहले पास होने का महत्व डिवीजन पाने से ज्यादा था।

अब परिस्थितियां बदल गयी है। पालकों को मालूम है कि उनका बच्चा पास तो हो जाएगा लेकिन वे उसके डिवीजन को लेकर चिंतित रहते हैं उनके कुल अंकों के प्रतिशत को लेकर चिंतित होते हैं। बस यहीं पर बचपन खो जाता है और जीवन भर नहीं मिलता। फ़िर कभी नहीं मिलता ।

आवश्यकता है आज बचपन को बचाने की। चाहे बच्चे के नम्बर और प्रतिशत कम हो जाएं लेकिन ध्यान रहे उनका शारीरिक और मानसिक विकास बाधित न हो पाए। वे मानसिक रुग्णता के शिकार न हो पाएं, इसलिए आइए संकल्प लें बचपन बचाएं.........बचपन बचाएं.........बचपन बचाएं और .........बचपन बचाएं।

गुरुवार, 1 जुलाई 2010

पहली जुलाई है, स्कूल चलो, स्कूल चलो

आज जुलाई की पहली तारीख है, स्कूल जाने का दिन। जब पहली बार स्कूल में नाम लिखाने गए दादा जी के साथ  तो इतना भय नहीं था। लेकिन जब एक साल बाद दूसरी क्लास की पढाई शुरु होने को थी तो स्कूल जाने का मन ही नहीं था। क्योंकि दो महीने की छुट्टी के बाद गाड़ी बड़ी मुस्किल से पटरी पर आती थी।

बस मास्टर छड़ी राम की शकल नजर आती थी। स्कूल का नाम लेते ही याद आते थे धोती वाले बड़े गुरुजी हाथ में छड़ी लिए स्कूल के मैदान में खड़े। पता नहीं छड़ी से कब किसका स्वागत हो जाए। वैसे बड़े गुरुजी पढाते बढिया थे।

उनकी कही बातें आज तक याद आती हैं। देखिए दिशा ज्ञान समझाने का तरीका -- "पुर्व दिशा में मुंह रक्खो तो पश्चिम पीठ बताता है, बायां उत्तर,दाहिना दक्षिण दिशा ज्ञान कहलाता है।" अब यह दिशा ज्ञान हमने 37साल पहले सीखा था और आज भी अक्षरश: याद है।

जब हम चौथी पांचवी क्लास में थे,हमारे स्कूल में तीन गुरुजी थे और कक्षाएं पांच थी। जिस दिन कोई भी एक गुरुजी छुट्टी में होता था उस दिन मेरी ड्यूटी पहली या दुसरी किसी एक क्लास को पढाने की होती थी। सरकारी स्कूल था इसलिए झाड़ू लगाने के लिए चपरासी भी नहीं था।

बड़ी क्लास के लड़कों की पाली बंधी थी रोज की 5-5 की, वे ही झाड़ू लगाते थे और सभी कक्षाओं में टाट पट्टी बिछाते थे। अमीर-गरीब एवं ऊंच नीच के भेद भाव के बिना सभी साथ बैठते और पढते थे। किसी के पास युनीफ़ार्म भी नहीं होती थी।

कोई हाफ़पैंट नही थी तो पट्टे वाला कच्छा ही पहन कर स्कूल आ जाता था और उसका नाड़ा दिन भर लटकता रहता था। गांव का स्कूल ऐसा ही होता था। मुझे स्कूल पहले पहुंचना पड़ता था क्योंकि चाबी मेरे पास ही रहती थी। एक दिन स्कूल की चाबियों को मेरे पास पापाजी ने देख लिया और मुझे डांटा कि स्कूल की चाबी तुम क्यों लेकर आते हो और दूसरे दिन स्कूल पहुंच कर बड़े गुरुजी के भी कान खींचे।

फ़ौजी से कौन मगजमारी करे, गुरुजी कहने लगे आज से चाबी नहीं देगें किसी को। पापा का कहना था कि चाबी बच्चे के पास है अगर स्कूल में चोरी हो जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उनका भी कहना सही था । यह तो हमारी बाल बुद्धि में आया ही नहीं।

आज उसी स्कूल का रवैया बदल गया है। गुरुजी सर जी हो गये हैं। स्कूल में दो-दो चपरासी हैं। प्रत्येक क्लास में टीचर हैं और एक दो पहुंच वाले टीचर फ़ालतु ही रहते हैं। क्योंकि किसी नेता या बड़े अधिकार के रिश्तेदार हैं इसलिए अतिरिक्त शिक्षक बन कर तनखा खा रहे हैं। लेकिन जो शिक्षा स्तर स्कूल का हमारे समय में था वह नहीं है।

हेडमास्टर शेर है तो बच्चे बब्बर शेर हैं। कोई किसी की नहीं सुनता, स्टाफ़ में तालमेल नहीं सब घाल मेल है। इससे शिक्षा का स्तर गिर गया। अनुशासन खत्म होने से कोई किसी की सुनने वाला नहीं है। पहले अच्छा था कि सबकी अपनी जिम्मेदारी थी और सभी जिम्मेदारी का निर्वहन भी करते थे।

एक दिन दंतेवाड़ा से आते समय रास्ते में एक स्कूल देखा जहां एक गुरुजी और एक बहन जी बैठे हुए थे और कु्छ पालक भी दिखे, दो चार बच्चे भी थे। मैने उत्सुक्तावश गाड़ी रोकी और स्कूल में चला गया।

दोपहर का समय था कोई 2 बज रहे थे। मैने गुरुजी से दर्ज संख्या पूछी तो उसने 90 बताई, जब बच्चों के विषय में पूछा तो उन्होने बताया कि सब धान कटाई में गए हैं, उस समय धान काटने का सीजन चल रहा था.मैने गुरुजी उपस्थित आगन्तुकों के विषय में पूछा तो उसने बताया कि ये पालक हैं अपने बच्चों की हाजरी लगाने आए हैं।

अब यह एक ऐसा स्कूल देखा जहां विद्यार्थी तो मजदूरी पर जा रहे हैं और उनके पालक स्कूल में हाजरी दे रहे हैं। इसका कारण पता चला कि प्रत्येक बच्चे को चावल मिलते हैं अगर गैरहाजरी लगेगी तो वे नहीं मिलेगें।

अब तो सरकारी स्कूलों का हाल बीएसएनएल के कनेक्शन एवं अधिकारियों जैसा हो गया है। काम करो या न करो, तनखा तो मिलनी ही है।

अगर उपर से कमाई करनी है तो नेटवर्क खराब रखो जिससे प्राईवेट कम्पनी वाले मंथली पहुंचाते रहेंगे। अगर सरकारी स्कूल वाले ही गुणवत्ता ले आएगें पढाई में तो प्राईवेट स्कूल वालों का धन्धा चौपट नहीं हो जाएगा?

बुधवार, 10 मार्च 2010

वो स्कूल के दिन और ब्लॉग जगत के बड़े गुरुजी

जब बचपन में हमारे दादा जी हमें स्कूल में भरती करवाने गए तो हमने देखा कि वहां एक बुढा खूसट सा धोती कुरता पहने टेबल कुर्सी लगाये बैठा है. दादा जी को देखते ही बोला " आइये महाराज! कैसे आना हुआ?" दादा जी ने कहा कि ललित को स्कूल में भरती करना है. ५ साल का तो हो गया है. 

तो उस महाशय ने मुझे कहा-"सर के ऊपर से हाथ ले जा कर ऐसे कान पकड़ो", हमने काफी खींच तान करके कान पकड ही लिया.... बस फिर उसने हमारा नाम स्कूल के दाखिल-ख़ारिज में चढ़ा दिया और हम स्कूल में भरती हो गए.... 

जब मै नियमित स्कूल जाने लगा तो पता चला की मुझे स्कूल में जिसने भरती किया था उन्हें बड़े गुरूजी कहते हैं. सब उनसे डरते थे और जब कभी क्लास में हल्ला गुल्ला होता था तो एक बेंत की छड़ी लेकर अपने आफिस से निकलते थे तो उनकी आहट से ही पुरे स्कुल में शांति हो जाती थी, उन्हें हेड मास्टर भी कहते थे. 

जब हम कभी खेल के मैदान में उनको खेलते हुए मिल जाते थे तो वहीं पर अपनी छड़ी चलानी शुरू कर देते थे.... जो भाग जाता था उससे दुसरे दिन स्कूल में मिलते थे और जब  वो कापी जांचते थे तो सारी कसर निकाल लेते थे...गलत सलत लिखने वालों की खूब धुनाई करते थे.  

इस तरह के हेड मास्टर टाईप लोग जीवन में हर जगह मिल जाते हैं. कभी पान की दुकान  तो कभी बाजार में, तो कभी रेल गाड़ी में, तो कभी फ्लाइट में. हम इनसे बचने की कोशिश करते हैं लेकिन ये कहीं ना कहीं किसी ना किसी रूप में टकरा ही जाते हैं. 

स्कूल के दिनों की बात है एक दिन पान ठेले में खड़े थे तो एक सज्जन ने हमें पूछा किनके लड़के हो? हमने अपने पिता जी का नाम बताया. तो बस शुरू हो गए--"इतने अच्छे घर के लड़के हो कर पान ठेले में खड़े हो, यह तुम्हे शोभा नहीं देता. कल से यहाँ नहीं दिखना नहीं तो महाराज जी को शिकायत कर दूंगा. " शिकायत का नाम सुनते ही हमारी सिट्टी पिट्टी गोल हो गई. हमने कहा कि आज के बाद यहाँ नहीं आऊंगा. अब कैसे कहता कि जो लड़का पान ठेला चला रहा है वो मेरे साथ पढता है..... बड़ी मुस्किल से इनसे पीछा छुड़ाया.नहीं तो डंडा लेकर ही पीछे पड़ गए थे. 

बाद में पता चला कि वो पांडे जी थे... रिटायर बी.डी.ओ... अब खाली समय में यही करते रहते हैं. छोकरों के पहरुए बने हुए है.

अब जब कालेज में पढने गए तो कालेज के पास पिताजी के एक मित्र रहते थे. एक दिन कालेज में छात्र संघ का चुनाव था...... काफी लड़के कालेज के पास जमा थे. बैंड बजा बज रहा था.. जोर दार प्रचार हो रहा था.... हम भी वहां खड़े थे अपने दोस्तों के साथ और चुनाव के मजे ले रहे थे... 

तभी अचानक वो घर से निकल आये..और उन्होंने भी डंडा भांजना शुरू कर दिया. कहने लगे " क्यों फालतू खड़े हो यहाँ पर, जब कालेज की छुट्टी हो गई है तो यहाँ आने की क्या जरुरत है? जाओ पढो जाकर घर में.. क्यों फालतू वक्त जाया कर रहे हो... अब जब भी कालेज पहुँचते तो सबसे पहले इनके घर में झांक लेते थे कि गुरूजी हैं कि नहीं. क्यों फालतू का रामायण प्रवचन सुना जाये...

अब अभी कुछ दिनों की बात है-हम दिल्ली से फ्लाइट में आ रहे थे. प्लेन उड़ने ही वाला था सभी सवारियां अपने अपने स्थान में बैठ रही थी.. तभी हमने सोचा की अख़बार ही ले लें. एयर होस्टेस से एक टाईम्स आफ इण्डिया अखबार मंगा. 

हमरी बगल में एक सज्जन बैठे थे. उन्होंने कहा कि हमारे पास है अख़बार इसे पढ़ लीजिये... मैंने देखा कि वो हिंदुस्तान टाईम्स था. मैंने कहा कि मुझे तो टाईम्स आफ इण्डिया पढ़ना है तो कहने लगे समाचार सभी में एक जैसे ही हैं. इसे पढ़ कर देखो. अब उन्होंने मुझे जबरदस्ती अख़बार थमा दिया. मैंने उनकी बुजुर्गियत की इज्जत करते हुए अख़बार ले लिया. लेकिन जो स्टोरी मैंने टाईम्स आफ इण्डिया में देखी थी वो इसमें नहीं मिली. तो मैंने एयर होस्टेस से पुन: वही अखबार मंगवा लिया. 

अब वो सज्जन नाहक ही भुन भुनाते रहे. आखिर कर मैंने पूछ ही लिया कि आप कौन हैं? तो वो हमारे प्रदेश के पूर्व सबसे बड़े अधिकारी निकले...

अब ब्लाग जगत में आये. चलो यहाँ तो बड़े गुरूजी से पीछा छूटेगा. शायद यहाँ कोई हेड मास्टर नहीं मिलेगा. बस अपनी पोस्ट लिख कर आनंद लेते रहे. दूसरों की पोस्ट भी पढ़ते रहे. कौन क्या लिख रहा है और किस तरह की सामग्री ब्लाग पर आ रही है. इसे समझते समझते एक साल होने जा रहा है. 

हम रोज अच्छा से अच्छा लिखने की कोशिश करते है. लेकिन जब कभी लिखने का मूड नहीं करता तो ब्लाग अपडेट करने के लिए माईक्रो पोस्ट या एकाध फोटो लगा कर इति श्री कर लेते है. अभी हमारा कंप्यूटर ख़राब था तो सोचा किसी दूसरे के कंप्यूटर से एक दो पोस्ट लगा देते हैं. सक्रियता बनी रहेगी.

यही विचार कर एक महानदी में हो रही तरबूज की खेती की फोटो खींच कर लगा दी. बस फिर क्या था.. ब्लाग जगत के बड़े गुरूजी को पसंद नहीं आया और उन्होंने लानत-मलानत करते हुए एक पोस्ट ही हमारे उपर तान दी. अब खुद को ही सठियाया हुआ बुड्ढा कह रहे हैं... 

गुरुदेव आप अपने को कितना ही सठियाया हुआ बुड्ढा कह लें. लेकिन हम नहीं कहेंगे... क्योंकि हमें तो हेड मास्टरों से मार्ग दर्शन की आदत पड़ गई है. क्योंकि ये हमारी कुंडली में कुंडली मार कर बैठे हैं. आप नहीं कहेंगे तो और कोई हेड मास्टर (बड़े गुरूजी) पैदा हो जायेगा. उसकी सुननी पड़ेगी. इससे अच्छा तो आप ही सुना ले... क्योंकि हमें तो सुननी ही है.. 

कहते हैं ना " सीधे की लुगाई सबकी भौजाई और नंगे की लुगाई सबकी दाई" अब भौजी समझ के चटकही हो जाये तो कौन सा गुनाह है. अब इनको कोई काम धाम तो हैं नहीं दिन भर छड़ी घुमाते हुए कभी इधर कभी उधर सबकी कमियां निकालते रहते हैं....... अब तो यही कहना पड़ेगा कि बचाओ इन बड़े गुरुजियों से..........