हाथी किला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हाथी किला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 24 अगस्त 2012

रतनपुर का गोपल्ला बिंझवार --------------- ललित शर्मा

रतनपुर किले का द्वार
दोपहर के 12 बज रहे थे हम बस स्टैंड के पास स्थित हाथी किला की ओर चल पड़े। यह किला केन्द्रीय पुरातत्व के संरक्षण में है। यहाँ केन्द्रीय पुरातत्व के 3 कर्मचारी हैं, पर मुझे एक भी नहीं मिला। किले के भव्य प्रवेश द्वार से प्रवेश करने पर तालाब के बगल से दो-तीन गंजेड़ी बाहर निकलते दिखाई दिए। इससे लगा कि यह असमाजिक तत्वों का मुफ़ीद अड्डा हो सकता है। कहते हैं कि जब किला पुरातत्व के संरक्षण में नहीं था और उजाड़ पड़ा था तब रतनपुर के निवासी नगर के घरों में निकलने वाले सांपों को किले में छोड़ जाते थे। यहां कई प्रकार के सांप होने की बात सामने आई। पर पूरा किला घूमने पर भी हमें एक भी सर्प दिखाई नहीं दिया। यह किला राजा पृथ्वी देव ने बनाया था। यह चारों ओर खाईयों से घिरा हुआ है। किले में 4 द्वार सिंह द्वार, गणेश द्वार, भैरव द्वार तथा सेमर द्वार बने हुए हैं। सिंह द्वार के बांयी ओर गंधर्व, किन्नर, अप्सरा एवं देवी देवताओं के अलावा लंकापति रावण भी अपना सिर काटकर यज्ञ करते हुए दिखाई देता है।

गोपल्ला बिंझवार
सिंह द्वार में प्रवेश करने पर बायीं ओर एक विशाल पाषण प्रतिमा है, जिसके सिर और पैर ही दो भागों में दिखाई देते हैं। मान्यता है कि इस प्रतिमा का धड़ मल्हार में रखा है। अब इस प्रतिमा का धड़ मल्हार कैसे पहुंचा इसका कोई पता नही है। यह प्रतिमा गोपल्ला बिंझवार (गोपाल राय वीर) की मानी जाती है, इसे देवार गीतों में भी गाया जाता है। कहा जाता है कि गोपाल की वीरता से प्रभावित होकर मुगलबादशाह जहांगीर ने राजा कल्याणसाय को अनेक उपाधियां दी तथा रतनपुर से लगान लेना बंद कर दिया। आगे गणेश द्वार है, जहाँ हनुमान जी प्रतिमा है, कहते हैं कि इस प्रतिमा के पीछे सुरंग का द्वार है। जिसे प्रतिमा से बंद कर दिया गया है। इसके आगे थोड़ी दूर पर मराठा साम्राज्ञी आनंदीबाई द्वारा निर्मित लक्षमीनारायण मंदिर है। किले के मध्य में जगन्नाथ मंदिर स्थित है, इसका निर्माण राजा कल्याणसाय ने कराया था। मंदिर में भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा, एवं बलभद्र की प्रतिमा एवं भगवान विष्णु, राजा कल्याण साय एवं देवी अन्नपूर्णा की सुंदर प्रतिमाएं स्थापित है।

रनिवास-रतनपुर
मंदिर के पार्श्व भाग में रनिवास एवं महल के अवशेष विद्यमान हैं। रनिवास में माल खाना, हथियार खाना एवं सुरक्षा प्रहरियों के रहने के स्थान भी हैं। किले के पिछले द्वार पर ताला लगा था, यह रास्ता मोतीपुर की ओर जाता है। ताला बंद होने पर हम फ़ेन्सिग को उपर से पार करके मोतीपुर की ओर गए। कुछ दूरी पर यहाँ खाई से बने तालाब के किनारे एक बीसदुवरिया और बनी है। यहाँ राजा लक्ष्मणसाय की बीस रानियां सती हुई थी, उन्ही के स्मृति में यह स्मारक बनाया गया है। यह बीस दुवरिया क्षतिग्रस्त है। इस में अभी भेड़-बकरियों का डेरा होने से यह बीसदुवरिया खंडहर भी ध्वस्त होने के कगार पर है। कहते हैं कि मलयगिरि की भीलनी चूल्हा जलाने के लिए चंदन की लकड़ियों को उपयोग में लाती थी वैसे ही इस भव्य किले को समीप के रहवासियों ने हागालैंड बना दिया है। वापसी के दौरान कुछ लोटाधारी महिलाएं पुरुष किले में दिखाई दिए। हम सिर झुकाए उनके आगे से निकल गए। लोगों ने अभी तक अपनी महत्वपूर्ण पुराधरोहरों को सम्मान देना एवं सुरक्षित रखना नहीं सीखा है।

रामटेकरी- रतनपुर
हाथी किला से हम रामटेकरी की ओर चल पड़े। रामटेक की राम टेकरी तो हमने देखी थी। रतनपुर की रामटेकरी के दर्शन एवं निर्माणकर्ता की जिज्ञासा लिए हम रामटेकरी पहुंच रहे थे। टेकरी के समीप ही एक तालाब है, जिसे टेकरी पर से देखने पर भारत का नक्शा तालाब में दिखाई देता है। आसमान में बादल घिर आए थे, सुबह से पंकज बारिश की मांग कर रहा था। मैने उससे वादा किया था कि बरसात बुलाना मेरी जिम्मेदारी है और उसे रोकना तुम्हारा काम। अगर रोक सकते हो तो अभी घनघोर घटा छाकर बरस जाएगी। पर कितनी देर बरसेगी यह मैं नहीं बता सकता। अरविंद झा भी मौज ले रहे थे, बार-बार घर फ़ोन लगा कर रात के खाने का इंतजाम कर रहे थे। भूख का समय हो गया था, झा जी एक दर्जन केले लेकर आए पर उन्होने खाए नहीं। रात को ही इतनी ओवरडोज हो गयी थी उसका असर दोपहर तक बना हुआ था। अर्थात संडे का पूरा-पूरा फ़ायदा लेने के चक्कर में थे, पर क्या करें? हमारे जैसे घनचक्करों के चक्कर में फ़ंस कर रह गए।

ब्लॉगर ललित शर्मा एवं पार्श्व में रामटेकरी
रामटेकरी पर पहुंचे तो यहां काफ़ी पर्यटक आए हुए थे, इस पहाड़ी पर राम दरबार का भव्य एतिहासिक मंदिर है। समीप ही खुंटाघाट जलाशय भी है, इस बांध का निर्माण अंग्रेजों ने 1926 में कराया था। यहां सुंदर उद्यान भी है। बरसात में खुंटाघाट जलाशय लबालब भरा हुआ दिखाई दे रहा था। मंदिर के प्रवेशद्वार पर नारियल, फ़ूल अगरबत्ती वगैरह पूजा सामग्री के एक दुकान लगी थी। संभवत: यह मंदिर के पुजारी का कोई अनुग्रही लगता है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान राम, देवी सीता, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न की प्रतिमा पंचायत शैली में विद्यमान हैं। भगवान राम की प्रतिमा के अंगूठे से जल की धारा प्रभावित होती है। साथ ही सभा मण्डप में भगवान विष्णु तथा हनुमान जी की प्रतिमा हैं। सभागृह के आगे रानी आनन्दी बाई द्वारा निर्मित राजा बिंबाजी का मंदिर है। मंदिर में फ़ोटो खींचने की मनाही है। मैने फ़ोटो लेने की कोशिश की, लेकिन पुजारी ने मना कर दिया और मेरे पीछे ही लगे रहे, कहीं फ़ोटो न उतार ले।

रामटेकरी से खुंटाघाट उद्यान का दृश्य
उनका कहना था कि फ़ोटो खींचने की मनाही सुरक्षा की दृष्टि से है। पूर्व में कभी मूर्ति चोरों ने यहाँ धावा बोल दिया था। फ़िर बाद में पता चला कि इस मंदिर को लेकर इसकी सर्वराकार चंद्रकांता और राज्य सरकार के बीच न्यायालय में संपत्ति के अधिकार को लेकर वाद विचाराधीन है। इसलिए मंदिर का पुजारी चित्र लेने से मना कर रहा था। इस पहाड़ी से रतनपुर का मनोरम दृष्य दिखाई देता है साथ ही हाथी किला भी, लेकिन वृक्ष आड़े आने के कारण हाथी किले की फ़ोटो नहीं ली जा सकी। जब हम जाने लगे तो पुजारी जी ने तीनों के लिए अलग से प्रसाद भिजवाया। आधे नारियल के साथ फ़ल और मिष्ठान भी थे। मैने मंदिर के परकोटे से एक चित्र खूंटाघाट बांध के समीप बने हुए उद्यान का लिया। नागपुर के समीप स्थित रामटेक के जैसे ही यहाँ पर भोसला राजा ने इस रामटेकरी मंदिर का निर्माण किया। रामटेक (महाराष्ट्र) का मंदिर भी मैने देखा है।

बूढा महादेव का  जलाभिषेक
 रामटेकरी से लौटकर हम बूढ़ा महादेव के प्राचीन मंदिर के दर्शन करने के लिए गए। पुराने शहर में संकरी गलियों से सिर्फ़ एक ही गाड़ी निकल सकती है। सामने से दो गाड़ियाँ आ गयी जिससे रास्ता जाम हो गया। हमने पास की गली में अपनी कार को बैक करके घुसाया तब कहीं जाकर भीतर जाने का रास्ता बन पाया। वृद्धेश्वर महादेव को बूढा महादेव कहते हैं। इस मंदिर के सामने बावड़ी बनी हुई है। मंदिर प्रस्तर से निर्मित है, तथा एक खम्बे पर उत्कीर्ण कुछ अभिलेख भी दिखाई दिया। यहाँ स्थापित लिंग बीच में खोल है। इसमें जितना भी जलाभिषेक करिए, जल का स्तर सामान्य ही बना रहता है। थोड़ा सा भी जल का स्तर नहीं बढता, जितना पहले था उतना ही रहता है। हमने भी सावन में शिवजी का जलाभिषेक किया। पुजारी जी ने केले एवं सेव का प्रसाद दिया।

बूढा महादेव
रतनपुर में देखने के लिए अभी बहुत कुछ बचा था लेकिन हमारे पास इतना समय नहीं था कि सब कुछ देख सकें। महालक्ष्मी मंदिर, जूना शहर तथा बादल महल, हजरत मुसे खाँ बाबा की दरगाह, गिरजावर हनुमान, रत्नेश्वर महादेव मंदिर, भुवनेश्वर महादेव मंदिर, कृष्णार्जुनी तालाब इत्यादि अनेक दर्शनीय स्थल हैं। पुरातत्व में रुचि रखने वाले के लिए रतनपुर दर्शन करना एक दिन में संभव नहीं है। इसके लिए कम से कम दो दिनों का समय होना चाहिए। फ़िर कभी अधिक समय लेकर आना होगा तभी सारे रतनपुर का भ्रमण हो सकता है। अब हमें पाली होते हुए चैतुरगढ एवं तुम्माण जाना था। पूछने पर पता चला कि बरसात में चैतुरगढ का मार्ग बंद हो जाता है और कार से जाना संभव नहीं होगा। तब हमने विचार किया कि रतनपुर से मल्लार होते हुए बिलासपुर चला जाए। मल्लार की दूरी भी यहां से 70 किलोमीटर के लगभग है तो हमने पाली और चैतुरगढ जाने का निश्चय किया और दीपक को छोड़ कर पाली की ओर चल पड़े। आगे पढें……

बुधवार, 22 अगस्त 2012

प्राचीन राजधानी रतनपुर ----------- ललित शर्मा

बिलासपुर से चलने की तैयारी
29 जुलाई 2012 की सुबह सप्ताहांत का रविवार लेकर आई, आसमान में बादल छाए हुए थे रिमझिम बरखा के आसार बने हुए थे। लाल चाय से सुबह हुई, स्नानाबाद से आकर बाबू साहब को फ़ोन लगाए तो पता चला कि उनकी तबियत नासाज हो गयी है और ओबामा के गोले ओसामा पर बरस रहे हैं। पहला झटका यहीं लग गया, हमने सारे गुदड़े बाबू साहब पर ही लाद रखे थे। नोकिया का चार्जर भूल आया, कैमरे वाले चलभाष की बैटरी अंतिम सांसे ले रही थी। कोई हॉट चार्जर मिल जाता तो चलभाष जल्दी चार्ज हो जाता। रास्ते के लिए जरुरी सामान समेट कर हम आगे के सफ़र के लिए चल पड़े। नाश्ता करने के लिए देवकीनंदन चौक की चौपाटी पर पहुंचे, वहां फ़टाफ़ट पोहा-जलेबी उदरस्थ की और अरविंद झा को फ़ोनियाए तो पता चला कि वे अभी भी निद्रासन में हैं। मैने उन्हे 15 मिनट में तैयार होने कहा और उनके घर की ओर चल पड़े।


पंकज सिंग
हमारे पहुंचने पर अरविंद झा किसी से फ़ोन पर चर्चा कर रहे थे। असनान-ध्यान का तो कहीं पता ही नहीं था। थोड़ी हुड़की लगाने के बाद भी 20 मिनट और जाया हुए और ब्लॉग कोतवाल तैयार हो गए चलने के लिए। हमने गाड़ी रतनपुर की ओर बढाई। बरसात में घूमने का आनंद ही कुछ और है। अरपा के साथ-साथ सफ़र हो रहा था, हमेशा की तरह नदी के किनारे सब्जी वाले बैठे थे। हमारी पहली मंजिल रतनपुर थी। वैसे तो रतनपुर का प्रवास सैकड़ों बार हुआ है पर आज सैलानी की नजर से देखने की इच्छा थी। इच्छा क्यों न हो भाई, रतनपुर छत्तीसगढ की चारों युगों की राजधानी थी इसलिए रतनपुर को चतुर्युगी नगरी भी कहा जाता है। राजे-रजवाड़ों के अवशेष देखने हैं। कम समय में अधिक स्थान देखने की गरज से राहुल भैया को फ़ोन लगाया और फ़िर समाधान हो गया। शहर के प्रवेश में खंडोबा मंदिर है। यहाँ शिवजी और भवानी की अश्वारोही प्रतिमा विराजमान है। इसे तुलजा भवानी मंदिर भी कहते हैं। इस मंदिर को मराठा नरेश बिंबाजी राव भोसला की रानी ने अपने भतीजे खांडो की स्मृति में बनवाया था। मंदिर के पीछे प्राचीन दुलहरा तालाब है।

महामाया मंदिर के पार्श्व में महाकाली
इसके बाद आगे चलने पर दाहिनी ओर भैरव मंदिर स्थित है। मंदिर के बाहर पूजा सामग्री और गानों की सीडी कैसेट बेचने वालों की पचासों दुकाने सजी हुई हैं। यहां काल भैरव की 9 फ़िट ऊंची प्रतिमा स्थापित है। देवी दर्शन करने के पश्चात श्रद्धालु काल भैरव की पूजा अवश्य करते हैं। किंवदंती है कि मणिमल्ल नामक दैत्य के संहार के लिए भगवान भोलेनाथ ने मार्तण्ड भैरव का रुप बनाकर सहयाद्री पर्वत पर उसका संहार किया था। रतनपुर कौमारी शक्ति पीठ होने के कारण कालांतर में यहाँ तंत्र साधना भी होने लगी तब बाबा ज्ञानगिरी ने इस मंदिर का निर्माण कराया था।रतनपुर महामाई मंदिर पहुंचे तो वहाँ हमें दीपक दुबे मिले। अब रतनपुर दर्शन उनके साथ ही करना था। रतनपुर दर्शन करके पाली होते हुए चैतुरगढ से तुम्माण तक पहुंचना था। रतनगढ में ही पूरा दिन बीत सकता था।

महासरस्वती एवं महालक्ष्मी
बिलासपुर, अम्बिकापुर मुख्य मार्ग पर बिलासपुर से 26 किलोमीटर की दूरी पर रतनपुर स्थित है। बिलासपुर से चलकर आधे घंटे के बाद हम रतनपुर आदिशक्ति महामाया के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो एक स्कार्पियो सपाटे से हमारे सामने से आगे निकल खड़ी हो गयी। इसमें दो तीन सज्जन बाहर आए। मंदिर के दरवाजे तक गाड़ी आने का तात्पर्य था कि कोई न कोई पॉवर हाऊस है, तभी गाड़ी यहाँ तक आई है। गर्भ गृह में दर्शनार्थ पहुंचने पर पुजारी उन सज्जन को विशेष पूजा करा रहे थे। उन्हे पद्महार पहनाया गया तथा उत्तरीय धारण कराया गय। जब वे बाहर आने के लिए घूमे, तब तक मैं पहचान चुका था। ये ट्रस्ट के अध्यक्ष बलराम सिंह जी थे। राम-राम हुई वे अपने काम में लग गए और हम अपने काम में। हमने महामाई के दर्शन किए और प्रसाद लिया। राजा रत्नदेव प्रथम ने मणिपुर नामक गांव को रतनपुर नाम देकर अपनी राजधानी बनाया। इस स्थान को महाभारत एवं जैमिनी पुराण आदि में राजधानी होने का गौरव प्राप्त है।

अरविंद झा एवं पंकज सिंह
त्रिपुरी के कलचुरियो ने रतनपुर को अपनी राजधानी बनाकर दीर्घकाल तक छत्तीसगढ़ में शासन किया। इसे चर्तुयगी नगरी भी कहा जाता हैं जिसका तात्पर्य है कि इसका अस्तित्व चारो युगो में विद्यमान रहा है। इस मंदिर के निर्माण के पीछे कथन है कि 1045 ई में राजा रत्नदेव प्रथम तुम्माण से मणिपुर नामक गाँव में आए, यहाँ उन्होने रात्रि विश्राम एक वट वृक्ष पर किया। अर्धरात्रि में जब राजा की नींद खुली तो उन्होने वट वृक्ष के नीचे अलौकिक प्रकाश देखा, वे आश्चर्य चकित रह गए कि वहाँ आदिशक्ति महामाया की सभा लगी हुई थी। यह सब देख कर राजा अपनी चेतना खो बैठे। सवेरा होने पर वे अपनी राजधानी तुमान लौट आए तथा रतनपुर को अपनी राजधानी बनाने का फ़ैसला किया। 1050 ई में महामाया के भव्य मंदिर का निर्माण कराया।

नीलकंठेश्वर - कंठी देवल मंदिर
इस मंदिर में तीन देवियाँ हैं, महासरस्वती एवं महालक्ष्मी मंदिर के गर्भ गृह में विराजित हैं और महाकाली बाहरी दीवाल पर पार्श्वभाग में विराजित हैं। मान्यता है कि यह मंदिर कभी तंत्र-मंत्र का केन्द्र रहा होगा। कहते हैं कि रतनपुर में सती का दाहिना स्कंध गिरा था तब भगवान शिव ने स्वयं इसे कौमारी पीठ का नाम दिया। जिसके कारण यहाँ माँ के दर्शन से कुंवारी कन्याओं को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। कहते हैं कि यह जागृत पीठ है, कुछ वर्षों पूर्व चंद्रास्वामी का यहाँ आगमन काफ़ी चर्चित रहा। पटौदी के बाबा सतबीर नाथ ने भी यहाँ के प्रभाव को महसूस किया तथा मुझे बताया था। यहाँ मनोकामना ज्योतियाँ भी जलाई जाती हैं।

बीस दुवरिया
महामाया मंदिर के परिसर में स्थित तालाब के के किनारे नीलकंठेश्वर महादेव का भव्य एवं शिल्पकला से परिपूर्ण मंदिर है। इसे कंठी देवल मंदिर भी कहते हैं, इस मंदिर के समीप एक प्रतिमा विहीन मंदिर भी है। कंठी देवल मंदिर केन्द्रीय पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है। इस मंदिर का बड़ी खुबसूरती के साथ जीर्णोद्धार किया गया है। अब हम महामाया मंदिर से थोड़ी ही दूर स्थित मधुबन की ओर जाते हैं, यहाँ पर तालाब के किनारे भगवान नर्मदेश्वर महादेव का मंदिर स्थित है एवं दूसरी तरफ़ राजा राजसिंह का भव्य स्मारक बना हुआ है, जिसे बीस दुवारिया कहते हैं। यह मंदिर प्रतिमा विहीन है तथा इसमें 20 दरवाजे हैं। प्रत्यके दरवाजों की चौखट की खड़ी पाटी में दो-दो फ़ुट के वही पत्थर दिखाई दिए जो हमने सिरपुर में देखे थे। बाकी पत्थर जामुनी रंग के थे। वैसे ही एक पत्थर का खम्बा मैने राजिम के कुलेश्वर महादेव के मंदिर में भी देखा था। अभी यह मंदिर जीर्ण शीर्ण अवस्था में है, इसे संरक्षण की आवश्यकता है वरना समय की मार से धराशायी हो सकता है। इसके चारों तरफ़ गंदगी फ़ैली हुई है। बैरागवन के समीप खिचरी केदारनाथ का प्राचीन मंदिर भी दर्शनीय है।आगे पढें………