शनिवार, 23 जुलाई 2016

काले हीरे की खान झरिया की व्यथा कथा

अगले दिन सुबह हम धनबाद के लिए चल पड़े।  हम कोयलांचल का भी भ्रमण करना चाहते थे। यहां की अर्थ व्यवस्था ही काले हीरे की खुदाई पर टिकी हुई है। कोयले से जो भी आय होती है, उससे ही अंचल के लोगों का जीवन चलता है। गैंगस ऑफ वासेपुर इसकी कलई खोलती है। सरकार भी मानती है कि बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन हो रहा है, लेकिन उससे निपटने का कोई साधन नही है। प्रोफेसर रमेश शरण का कहना है कि एक एकड़ मे कोयला खुदाई से 35 से 40 करोड की आय होती है। 5 करोड बांट भी दिया जाए तो बाकी आमदनी कम नहीं है। पर जिसकी जमीन अधिग्रहित की जाती है उसे कुछ हजार, लाख ही रुपये मिलते हैं। इसके साथ उसे अपनी जमीन से विस्थापित होना पड़ता है।
धनबाद स्टेशन
काले हीरे की कमाई की चमक ने कोल माफिया को जन्म दिया। बंद खदानों से कोयला खोद कर बेचने वालों से भी रंगदारी वसूली जाती है। बड़े की तो बात ही छोडिए। इसी रंगदारी की कमाई पर कब्जा करने के लिए गैंगवार होती हैं और हत्याएं भी। कुल मिलाकर कहानी कठिन ही है। हमारे मन मे एक ओपन कास्ट खदान देखने की इच्छा हो गई, खदान के पास फटकते ही कई लोगों ने घेर लिया, पूछताछ करने लगे, हाथ मे कैमरा देखते ही उनका रवैया और टोन सब बदला हुआ था। बिकास बाबू ने कह दिया कि पत्रकार हैं तो और मामला गडबड हो गया। उन्होने हमें फोटो नहीं खींचने दी और झगडा करने लगे, हाव भाव से लगा कि फोटो नही खींचने देने लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।
कोयला खदान धनुवाडीह
हमने वहां से निकल जाने मे ही भलाई समझी। इससे साबित तो होता है कि खदान चाहे निजी क्षेत्र के हाथों में हो या सरकारी, पोलम पोल मची है, वरना यूं ही कोई कैमरा देख कर नही बिदकता। खैर माहोल देखकर हमने फोटो नही ली। इसलिए आज की पोस्ट मे फोटो नही लगा रहे। वैसे भी सब कुछ राम भरोसे है, राम चिड़िया राम का खेत, खाए जा चिड़िया भरपेट। कोयला राजधानी धनबाद ने स्वागत किया। हमें कोयला खदान के चित्र लेने थे। पहुंचने पहले कल की बराकर घटना दिमाग पर छाई हुई थी। यहां पहुचने पर पता चला कि "साला ऊ लोग पागले है, कुछ सोचते समझते ही नही।" हम भी सोचे कि साला काहे दू ठिक फोटो के लिए जी परान दें, कौन सा हमको "गैलेन्टरी अवार्ड" मिल जाएगा।
धनुवा डीह में सौ बरस से जलता हुआ कोयला
हमको सोच मे देख कर बाबा बोले "काहे टेंसन लेते है, देखिए हम दू मिनट मे लैन अप करते हैं। फोटो लेगें और लौट आएगें। हम धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह के घर पहुंचे तो वे नित्य क्रिया को प्रस्थान कर रहे थे। बाबा से कहे कि 10 मिनट दीजिए हम लौट के आते हैं। नेताओं का 10 मिनट मतलब एक दू घंटा समझिए। हमने तय किया कि तब तक झरिया की धनुवाडीह खदान से फोटो लेकर लौटा जा सकता है। हम झरिया चल पडे, झरिया की कहानी भी किसी तिलस्मी शहर से कम नही है। यहां के बाजार की एक गली में ही जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक का सामान मिल जाता है। 
मृत्युंजय पाठक संग सेल्फ़ी
इसका इतिहास तीन सौ साल पुराना है, रींवा के बघेल शासकों की एक शाखा यहां राज करती थी। लगभग 100 कमरों का खंडहर महल आज झरिया के हालात पर जार-जार आंसू बहा रहा है। शासक की नई पीढी दो वक्त की रोटियों के लिए संघर्ष कर रही है। पुराना राज खत्म हुआ तो नया राज "सिंग मेंसन" शुरु हो गया। यहां की कोयला मार्केट का बाजार खुलता है तो एक घंटे मे अरबों रुपये का लेन-देन हो जाता है। कोयला खदान शुरु करने का श्रेय गुजरातियों को जाता है। किसी जमाने मे गुजरातियों की बडी संख्या रहती थी। हम धनुवाडीह पहुंच गए, खदान में से उठता धुंआ आकाश की ओर बढ रहा था दूसरी तरफ लोहे का राक्षस कोयले को अपने पंजों से कुरेद रहा था। कगार पर पुलिस चौकी और सुरक्षा बलों का निवास है।

धनुवाडीह पुलिस चौकी
यहां की खदान में 1916 में आग लगी थी। एक शताब्दी पूर्ण हो रही है, तब से आग में धू धू कर कोयला जल रहा है। यहां की खदानो से सबसे अच्छा कोयला "कोकीन" निकलता है, जो अन्य किसी जगह नही पाया जाता। प्रिंसपाल सेक्रेटरी खनिज झारखंड सरकार ने कहा कि "इन सौ बरसों मे यह आग बुझाने बहुत प्रयास हुए, करोडो रुपये खर्च हो गये, विदेशी विशेषज्ञ भी माथाफोडी कर गये पर आग नही बुझी।" स्थानीय पत्रकार गोविदनाथ शर्मा कहते है कि "आग बुझाने का प्रयास तो एक नाटक है" असल बात तो यह है कि सरकार झरिया शहर को विस्थापित कर इसके नीचे का भी कोयला निकालना चाहती है। आज झरिया टापू बनकर रह गया है। इसके चारों तरफ का कोयला खोद लिया गया। स्थिति यह हो गयी है कि अब लोगों के मकान के दरवाजे खदान मे खुलते है।"
धनबाद सांसद पी एन सिंह 
खदान से हमने फोटो ली और सांसद जी के यहां लौट आए, दरबार लगा था और वे हमारा इंतजार कर रहे थे। उन्हे एक प्रति ":सरगुजा का रामगढ" की भेंट किए। किताब पलटते हुए उन्होने कहा कि छत्तीसगढी संस्कृति की झलक विमल मित्र के उपन्यास "सुरसतिया" में मिलती है। झरिया भेरी हॉट नगरी है, यहां धन, कोयला, खून और दिमागी गरमी अत्यधिक है। इतनी गरमी से आदमी पगलैट न हो यह संभव नहीं है। दो दिन पहले समाचार था कि धनबाद के बाहूबली डिप्टीमेयर ने मीटिंग के दौरान एक पार्षद को कारबाईन से छलनी करने की धमकी दे दी। वह फटी मे थाना एस पी के दुवारे चक्कर काट रहा है। 

झरिया राज परिवार की व्यथा दशा
इधर सांसद जी भी हलकान परेशान हो कर सन्नाए हुए थे। किसी पुराने चेलवा ने उनका ही सरेआम पुतला फूंक दिया। हमे पहली बार समझ आया कि मात्र पुतला फूंकने के बाद नेता कितना हलाकान होता है। ऊपर से लाख शांत दिखने के बाद भी भीतर खदबदाता लावा फूट ही पड़ता है। जलती हुई खदान इसका अच्छा उदाहरण है। खदान से निकलने के बाद झरिया महल में हमें राजा के वंशज रणजीत सिंह मिले। उन्होने बताया कि गढ से राजा ने मैदान मे बसने का इरादा किया और यहीं 1928 में टेकरी पर महल बनवाया। कभी झरिया के वैभव का प्रतीक झरिया महल अपनी दूर्दशा पर टसूए बहा रहा है। भले ही हाथी बंधान की जंजीरे अभी भी हाथियों की उपस्थिति का अहसास करवा रही हों, पर महल के झड चुके पलस्तर की मरम्मत कराने का सामर्थ वर्तमान मे नही है। अगर वह ढह गया तो दरबदर होना निश्चित है।
ज्योतिषी शालिनी खन्ना
महल के समीप ही प्रसिद्ध गत्यात्मक ज्योतिष परिवार की सदस्या शालिनी खन्ना जी का निवास है। इनकी बडी बहन संगीता पुरी जी आरकुट के जमाने से मेरी मित्र है और ब्लागर होने के कारण कई वर्षों से हम परिचित हैं। इनके आग्रह पर इस व्यस्ततम दौरे मे पांच मिनट का ही समय निकल पाया। मिलकर खुशी हुई। हिन्दूस्तान अखबार मे प्रति सप्ताह इनका ज्योतिष का फोनइन कार्यक्रम प्रकाशित होता है और कवितांए भी मानवीय संवेदनाओं के साथ सामाजिक सरोकार से भरपूर होती है। कुछ वर्षों पूर्व समाज में ब्लॉगर कम्युनिटी ही अलग बन गयी और आपसी ब्लाग पठन के साथ- साथ सामाजिक सहयोग की भावना भी विकसित हुई। दूर के लोग इंटरनेट के माध्यम से समीप हो गये और सात समन्दर की दूरियां भी एक क्लिक तक सिमट गयी। अब यह भूमिका फेसबुक निभा रहा है। जारी है आगे पढे……  

शुक्रवार, 22 जुलाई 2016

बराकर का घोड़ा मंदिर समूह

आज का दिन हमारा बराकर घूमने का नियत था। मेरा यहाँ आने का उद्देश्य प्राचीन घोड़ा मंदिर देखना था। इस नगर की संरचना देखने के बाद लगता है कि यह नगर प्राचीन काल से ही आबाद है। अब किस राजा के अधीन था, इसकी जानकारी नहीं मिलती। नदी किनारे बसाहट और प्राचीन मंदिर समूह होने कारण मेरी धारण शत प्रतिशत सही बैठती है। धर्मशाला से दस मिनट चलकर हम घोड़ा मंदिर पहुंच गए। इसे घोड़ा मंदिर कहने का कारण, यहा पूर्व में लगने वाला तांगा स्टैंड है। तांगे स्टैंड में घोड़े मिलते थे, इसलिए इसे घोड़ा मंदिर कहा जाने लगा।
घोड़ा मंदिर समूह बराकर पश्चिम बंगाल
मंदिर परिसर में प्रवेश करने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सूचना फ़लक में इन्हें 14 वीं सदी में उड़ीसा शैली में निर्मित बताया गया है। उड़ीसा शैली में मंदिर के आमलक एवं कलश की बनावट के साथ स्थापत्य अलग ही दिखाई देता है। प्रथम तीन मंदिर एक जैसे हैं। बनावट एवं सम्मुख स्थापित नंदी से प्रतीत होता है कि यह पूर्व में शिवालय रहे होगें, 
घोड़ा मंदिर समूह बराकर पश्चिम बंगाल का नंदी
इनके द्वार शिलापट पर शिव परिवार का अंकन है। वर्तमान में इनमें गणेश एवं लक्ष्मी विराजित हैं। मंदिरों भित्ति  में मत्स्य अवतार उत्कीर्ण दिखाई देता है। इसकी भित्तियों में प्रतिमाओं की संख्या न्यून है। इस  मंदिर की भित्ति पर नटराज की प्रतिमा है.
घोड़ा मंदिर नम्बर एक का द्वार शिलापट
इन मंदिरों के पीछे तरफ़ एक शिवालय मंदिर है, जिसका शिखर इनसे कम ऊंचाई का है। स्थापत्य एवं शिल्प की दृष्टि से यह सातवीं शताब्दी का हो सकता है। इस मंदिर का शिल्प भुवनेश्वर उड़ीसा के परशुरामेश्वर मंदिर जैसा ही है। इसके मंडप का पुनर्निमार्ण हो चुका है। कहते हैं कि भग्न मंडप का पुनर्निमार्ण अंग्रेजों के शासन काल में हुआ था। सभी मंदिर बलुआ पत्थरों से निर्मित हैं। जिनका धीरे धीरे क्षरण हो रहा है। 
घोड़ा मंदिर 2 का गर्भगृह
इस शिवालय की भित्तियों में वराह अवतार, नृसिंह अवतार, त्रिविक्रम, गज लक्ष्मी, भैरव, कीर्तिमुख, दिग्पाल, नृत्यांगनाएँ, वाद्यक, सहित अन्य प्रतिमाएं भी निर्मित है। विशेषकर कुत्ते एवं ड्रेगन जैसे सर्प की लड़ाई का अंकन रोचक है। एक कमरे में ग्रिल लगाकर कई प्रतिमाएं रखी हुई हैं।
घोड़ा मंदिर समूह का चौथा शिवालय
इन प्राचीन मंदिरों का कोई उचित रख रखाव नहीं है। सूचना फ़लक से इनके भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन होने की जानकारी मिली। लगता है कि बरसों से यहाँ संरक्षण कार्य नहीं हुआ है और न ही यहां के प्रांगण में बगीचा निर्मित किया गया है। जबकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पास पृथक गार्डनिंग विंग भी है। 
स्वान एवं डेग्रन की लड़ाई
इन मंदिरों के शिखरों पर पीपल एवं वट जैसे महा वृक्षों ने स्थान बना लिया है। अगर इन्हें नही हटाया गया तो साल दो साल में ये प्राचीन स्मारक जमींदोज हो सकते हैं। सिर्फ़ सूचना फ़लक लगाने से जिम्मेदारी पुर्ण नहीं हो जाती। ये चारों मंदिर शिल्पकला की अनूठी मिशाल हैं। 
गज लक्ष्मी
मंदिरों के अवलोकन के पश्चात हम बाजार से होते हुए धर्मशाला में आ गए। रुम में पहुंचने के बाद देखा तो मोबाईल पर अनंत महेन्द्र का एक संदेश दिखाई दे रहा था। ये कल ही मेरी मित्र सूचि में जुड़े थे। उन्होने पूछा था कि आप बराकर में हैं क्या? मैने हाँ कहा। तो उन्होने पता पूछा। मेरे बताने के थोड़ी देर बाद वे रुम के द्वार पर थे। 
अनंत महेन्द्र 
हाथ में अमूल दूध एवं कुछ स्नेक्स भी लेकर आए थे। वे यहीं शिक्षक हैं। मेरी पोस्ट पढने के पर उन्हें पता चला कि बराकर में हूँ तो मिलने की इच्छा लिए पहुंच गए। अच्छी मुलाकात रहीं। इलाके के बारे में अच्छे से जानने मिला। उनकी ट्रेन का समय हुआ तो वे चले गए। शाम को बिकास के साथ बाजार घूमने गए। इस तरह आज का दिन व्यतीत हो गया। यात्रा जारी है … आगे पढें।