शनिवार, 19 मई 2012

46 वर्षों से बाट जोह रहे उपन्यास "धान के देश में" का प्रकाशन ---- ललित शर्मा

कारज धीरे होत है, काहे होत अधीर। समय पाए तरुवर फ़ले, केतक सींचो नीर। इस कथन से लगता है कि किसी भी कार्य को भाग्य एवं ईश्वर के भरोसे छोड़ देना चाहिए। समय आने पर कार्य होगा ही। लेकिन अधिरता भी रखना जरुरी है। यदि कार्य के प्रति लगन लगी रहेगी तो एक दिन अवश्य सम्पन्न भी होगा और सिरे भी चढेगा। अकर्मण्यता से सिर्फ़ ईश्वर के भरोसे छोड़ने से कार्य सिद्ध नही होता, इसके लिए सतत प्रयास भी करना चाहिए और सतत प्रयास ही रंग लाता है। ऐसी ही कुछ कहानी स्व: हरिप्रसाद अवधिया के उपन्यास "धान के देश में" की है। यह उपन्यास सन् 1965 में लिखा गया था। इसका प्रकाशन लेखन के 47 वें वर्ष में हो रहा है। प्रख्यात साहित्यकार और पत्रकार पदुम लाल पुन्ना लाल बख्शी जी ने इस उपन्यास की भूमिका शनिवार, चैत्र शुक्ल 2, विक्रम संवत् 2022, दिनांक 3-04-1965  को  लिखी थी। छत्तीसगढ शासन के संस्कृति विभाग एवं हरिप्रसाद अवधिया जी के पुत्र जी.के. अवधिया के वित्तिय सहयोग से वैभव प्रकाशन रायपुर से "धान के देश में उपन्यास" का प्रकाशन होना सुखद है।


उपन्यास के प्रकाशन को लेकर मैने गत वर्ष एक पोस्ट ललित डॉट कॉम पर लिखी थी। जिसके फ़लस्वरुप यह उपन्यास चर्चा में आया। संस्कृति विभाग के उच्चाधिकारियों की दृष्टि इस पर पड़ी और वे उपन्यास के प्रकाशन के लिए सहयोग करने को तैयार हो गए। छत्तीसगढ की पृष्ठ भूमि को लेकर रचित यह उपन्यास सांस्कृतिक विरासत से कम नहीं है। उपन्यास को लिखे हुए अर्ध शताब्दी बीत रही है। इन वर्षों में समाज में बदलाव आया है। लोगों के रहन सहन का अंदाज बदला है तो साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में परिवर्तन हुआ है। गांव में त्यौहारों एवं शादियो के अवसर पर गाए जाने वाले लोकगीत गायब हो रहे हैं तो लोकाचार में भी परिवर्तन आया है। साहित्य भी सांस्कृतिक प्रदूषण की मार झेल रहा है ऐसे समय में स्व: हरिप्रसाद अवधिया के उपन्यास का प्रकाशन होना छत्तीसगढ की संस्कृति के प्रचार प्रसार एवं उसे संवर्धन में महती भूमिका निभाएगा। ग्रामीण परिवेश पर आधारित उपन्यास में छत्तीसगढ के रीति रिवाजों, परम्पराओं का विशेष रुप से सम्मिलित होना इसे विशेषता प्रदान करता है, उपन्यास के कुछ अंश यहाँ पर उदधृत करना प्रासंगिक समझता हूँ।



दूर्गाप्रसाद द्वारा विधवा राजवती का हाथ मांगने से उपन्यास का कथानक प्रारंभ होता है। इसके साथ कहानी फ़्लेश बैक में चलती है। साथ ही ग्रामीण अंचल का सुंदर चित्रण भी - संध्या की सुनहरी किरणे अभी पेड़ों के पत्तों पर बिछल रही थीं। खेतों से झुण्ड के झुण्ड गायों को घेर कर लाते हुये ग्वाले अपनी बाँस की बाँसुरी पर सुरीली तान छेड़ रहे थे। पश्चिमी क्षितिज में डूबते हुये सूर्य की लालिमा को उड़ती हुई धूल ने ऐसा ढँक दिया था कि मानो लाल रंग के परदर्शी मलमल से परदा कर दिया गया हो। गाँव के अंतिम छोर पर मिट्टी का छोटा सा घर था। लाल खपरैल की जगह घास की छत थी। दीवालें नीचे से आधी दूर तक गोबर से लिपी हुई थीं। शेष आधा भाग गेरू से पुता था। घर में एक ही दरवाजा था और एक ही खिड़की। घर तथा दरवाजे के मध्य छोटा सा साफ-सुथरा लिपा-पुता आँगन था जिसके बीचोबीच तुलसी चौरा (एक छोटे से चबूतरे पर बोया गया तुलसी का पौधा) था। आँगन के एक कोने में धनिया और मिर्च के पौधे संध्या की बिखरती हुई कालिमा में उनींदे हो रहे थे। दूसरे कोने में एक गैया कोठा था जिसमें एक देसी गाय बँधी थी जिसके पास ही बँधा बछड़ा रह-रह कर रँभा उठता था - शायद दिन भर के बाद इस समय तक उसे जोरों से भूख लग आई थी।


ग्रामीण अंचल में महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले गहनों का जिक्र भी उपन्यास में है -रंग-बिरंगी साड़ियाँ पहने सुहागिनों के मांग में सिंदूर की मोटी नारंगी रंग की रेखायें थीं और हाथों में चूड़ियाँ। विभिन्न गहनों से उन्होंने अपना श्रृंगार कर रखा था - कानों में 'खिनवा', बाहों में 'बँहुटे' या 'नागमोरी', कमर में चांदी के 'करधन' और पावों में काँसे या चांदी की 'पैरियाँ'। विधवायें सफेद रंग की साड़ियाँ पहने थीं और किसी-किसी के हाथ में चांदी का 'चुरुवा' था क्योंकि इस क्षेत्र के रिवाज के अनुसार वे चुरुवा के सिवा अन्य कोई गहना नहीं पहनतीं। साथ ही त्यौहारों एवं उत्सव के अवसर पर गाए जाने वाले लोकगीतों का विशेष उल्लेख है।

सोहर गीत हैं -
सतहे मास जब लागै तौ अठहे जनाय हो ललना।
अठहे मास जब लागै तौ सधौरी खवाय हो ललना।
नवे मासे जब लागै तो कंसासुर जानय हो ललना।
जड़ि दिहिन हाथे हथकड़ियाँ पावें बेलिया तो ललना।

इस प्रकार सोहर के पदों में ललनाओं ने बालक की श्री कृष्ण से तुलना कर उसके यश की कामना प्रकट करती हैं।

विवाह के अवसर पर औरतें गाती हैं

घेरी बेरी बरजेंवँ दुलरू दमाद राय,
दूर खेलन मत जाव हो।
दूर खेलत सुवना एक पायेव,
लइ लानेव बहियाँ चढ़ाय हो।
बारे दुलरुवा के हरदी चढ़त हय,
सुवना करत किलकोर हो।
तुम तो जाथव बाबा गौरी बिहाये,
हमहु क ले लौ बरात हो।
अइसन दुलरू मैं कबहुँ नहिं देखेंव,
सुवना ला लाये बरात हो।

दीवाली के अवसर पर गाँव में जुआ खेलने की परम्परा है और थाने में सरगर्मी बढ़ गई थी। पुलिस वाले जुये की टोह में गाँव-गाँव का दौरा कर रहे थे। स्वयं सब इस्पेक्टर खुड़मुड़ी आये। गाँव के कोटवार भुलउ ने उनकी बड़ी आवभगत की। चौपाल पर खाट बिछा दी गई। उस पर सब इंसपेक्टर बैठ गये। दारोगा का आगमन सुन कर महेन्द्र और सदाराम भी आ गये। तीनों में बातें होती रहीं। भुलउ चुपचाप बैठा था। गाँव के कुछ लोग भी इकट्ठे हो गये थे। दारोगा ने भुलउ को बताया कि वह रात गाँव में ही रहेगा। सुनकर भुलउ दौड़ता हुआ गया और उसके लिये खाट तथा रसद का प्रबंध कर आया। बेगार और रसद अंग्रेजी शासन के युग में साधारण बात थी।

उपन्यास में दीवाली का जिक्र - लक्ष्मी पूजा की रात गाँव में प्रायः कोई नहीं सोया। औरतें 'गोड़िन गौरा' की पूजा और उत्सव में व्यस्त हो गईं। इसके पहले दिन वे औरतें मालगुजार और बड़े किसानों के घर जाकर 'सुआ नाच' नाचती रहीं थीं। बाँस से बने एक टोकनी में चाँवल भर कर उसमें चार-पाँच पतली लकड़ियाँ खड़ी की गई थीं। उन लकड़ियों के ऊपरी भाग में मिट्टी के छोटे-छोटे तोते बनाये गये थे। उस टोकनी को बीच में रख कर स्त्रियाँ गोल घेरे में आधी झुकी हुईं गोल घूम घूम कर, झूम झूम कर नाचती रहीं थीं। उनके मुँह से एक स्वर होकर सहगान के रूप में छत्तीसगढ़ का 'सुआ गीत' गूँज रहा था -

जावहु सुवना नन्दन वन
नन्दन वन आमा गउद लेइ आव,
ना रे सुआ हो, आमा गउद लेइ आव।
जाये बर जाहव आमा गउद बर, कइसे के लइहव टोर,
ना रे सुआ हो, कइसे के लाहव टोर।
गोड़न रेंगिहव, पंखन उड़िहव, मुँहे में लइहव टोर,
ना रे सुआ हो, मुँहे में लइहव टोर।
लाये बर लाहव आमा गउदला, काला मैं देहँव धराय,
ना रे सुआ हो, काला मैं देहँव धराय।
गुड़ी में बइठे मोर बंधवइया, पगड़िन देहव अरझाय।
रे सुआ हो, पगड़िन देहव अरझाय।

आगे चलकर उपन्यास में प्रेम कहानी जन्म लेती है और विभिन्न घटनाक्रमों को लेकर उत्सुकता एवं रोचकता को बनी रहती है। मेरा प्रयास उपन्यास की एक झलक प्रस्तुत करना है। "धान के देश में" उपन्यास शोधार्थियों के लिए भी मददगार साबित होगा। उपन्यास प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में इनकी महती भूमिका है। "धान के देश में" के विमोचन की सूचना सभी मित्रों तक पहुंचाई जाएगी। जिन्होने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से प्रकाशन हेतू सहयोग प्रदान किया उन्हे साधुवाद।

शनिवार, 12 मई 2012

पटियापाली का स्कूल और हाईब्रीड धनिया ---------- ललित शर्मा

हम यादव के साथ मड़वारानी पहुंचे,  यह रेल्वे का पैसेजंर हाल्ट भी है। यहाँ मड़वारानी माता का मंदिर है। दर्शनार्थियों की कतार लगी रहती है। यहाँ से छ: किलोमीटर पूर्व में पटियापाली गाँव हैं, जहाँ के आदिमजाति कल्याण विभाग के माध्यमिक स्कूल में बाबु साहब मुख्याध्यापक हैं। हम स्कूल पहुंचते है, विद्यार्थियों की वार्षिक परिक्षाएं चल रही हैं। सुबह 8 बजे से पेपर शुरु होने हैं और हम समय पर स्कूल पहुंच जाते है। स्कूल के सामने नल है, जहां कुछ स्त्रियां पानी भर रही हैं। स्कूल का स्टाफ़ चहल कदमी कर रहा है। मुझे अपरिचित निगाहों से देखते हैं कि कौन आ गया निरीक्षण परीक्षण करने। बच्चे भी कौतुक भरी निगाहों से देखते हैं कि ये कौन मुंछ वाला नया गुरुजी आ गया पढाने के लिए।  तभी एक टीचर का मोबाईल बजता है और वह हाँ और हाँ के अलावा कुछ नहीं कहता। शायद उनके लिए उपर से कोई निर्देश आया  है। 

फ़िर वह मेरी ओर मुखातिब होकर कहते है - सर आप आफ़िस में बैठिए यहाँ क्यों खड़े हैं? मुझे एक कुर्सी यहीं मंगवा दीजिए… मैं आम की छाया में बैठना चाहता हूँ। कुर्सी आ जाती है और मैं आम की छाया में अपना डेरा लगा लेता हूँ। स्कूल का स्टाफ़ और विद्यार्थी अपने काम में लग जाते हैं। मै भी बैग से प्यारेलाल गुप्त जी का कविता संग्रह निकाल कर पढने लगता हूँ। आम के पेड़ से लाल मकोड़े मेरे उपर टपकने लगते हैं। लेकिन मेहमान समझ कर काटते नहीं। अगर कोई काट लेता तो ता ता थैइया के अलावा कुछ नहीं था करने को। स्कूल के कैम्पस में कुछ निर्माण हो रहा है। एक खाया-पीया इंजीनियर पहुंचता है निरीक्षण करने के लिए। आते ही बाबू साहब का पता लेता है। उसे कुछ जानकारी चाहिए, स्कूल फ़ंड से संबंधित। तो उसे बाबू साहब का इंतजार करना पड़ता है। 

यादव एक कप चाय बनाकर ले आता है कम शक्कर की। मुझे देकर चला जाता है तो इंजीनियर आवाज लगाकर कहता है - क्या मुझे चाय नहीं पिलाओगे? वह सुनता नहीं है। तब तक बाबू साहब पहुंच जाते हैं हीरो होण्डा पर सवार होकर। उनकी इंजीनियर से गुफ़्तगुं होती है और मै कविताओं के साथ चाय का आनंद लेता हूँ। बाबू साहब ऑफ़िस में चलकर बैठने का आग्रह करते हैं। अब जाना ही पड़ेगा उनके साथ, क्योंकि धूप थोड़ी बढने लगी  है। पटियापाली आदिवासी बाहुल्य गाँव है। तभी बाबू साहब अपनी शिष्याओं को बुलाकर मेरा परिचय करवाते हैं और मेरा उनसे। विद्यार्थी बाबू साहेब से बहुत स्नेह करते हैं और आदर भी। विद्यार्थी उनसे बहुत हिले-मिले हैं। समय-समय पर बाबू साहब अपनी वेतन से भी इनकी सहायता करते हैं, लेकिन विद्यार्थियों की शिक्षा में कोई बाधा नहीं आने देते। इनके भीतर एक जज्बा है जो इन्हे हमेशा सक्रीय रखता है।

बाबू साहब कहते हैं कि - प्रधानाध्यापक का पद ग्रहण करने के बाद कई समस्याएं थी, लेकिन उन्होने सबको सीधे समझा दिया कि - सब बने-बने रहव,  नहीं त बिहिनिया धनिया बोहूँ त संझा तक ले फ़र घलो जाही।:) ( सब ठीक से रहों नहीं तो सुबह धनिया बोऊंगा तो शाम तक फ़ल भी लग जाएगा।) कहने का तात्पर्य है कि किसी भी कार्य का परिणाम तुरंत मिलेगा, देर नहीं होगी। बाबू साहब ने स्कूल में वृक्ष एवं फ़ूलों  के पौधे लगाए हैं जिससे स्कूल प्रांगण की सुंदरता बढ गयी है। पढाई अच्छी होने के कारण विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी उल्लेखनीय हैं। बाबू साहब बताते हैं कि उन्होने स्कूल में 70 वृक्ष लगाए थे। एक छात्र उनसे बार-बार उत्तीर्ण करने को कहता था। उन्होने उसके कहने पर नहीं किया तो उस छात्र ने गुस्से में आकर कुछ पेड़ काट डाले। इसलिए पेड़ कम हो गए। 

स्कूल में नेट कनेक्ट करने की कोशिश करते हैं पर सफ़लता आंशिक ही मिलती है। फ़ोटो अपलोड नहीं होते, थक हार कर उसे छोड़ देता हूँ। तब तक परीक्षा समाप्त हो जाती है और इधर दोपहर का खाना भी बन जाता है। थम्सअप के साथ खाने का आनंद आ जाता है जब यह जंगल में उपलब्ध हो जाए। भोजन करने के बाद स्कूल के स्टाफ़ का एक चित्र लेकर विदा होते हैं और चल पड़ते हैं पुन: अपने रास्ते पर। बाबू साहब को चांपा में आभा सिंह को ट्रेन में बैठाना है। मै उनसे वहीं मिलता हूँ। वे मुझे कहते हैं कि जांजगीर से उनका सीपीयू भी लेकर चलना है। हम जांजगीर की कम्पयूटर दुकान से सीपीयू लेते हैं और दो-दो बर्फ़ की चुस्की लेकर अकलतरा की ओर बढ जाते हैं। धूप बहुत बढ गयी है। बाबू साहब अंगोछा बांध लेते हैं पर मुझे आदत नही है, टोपी या अंगोछा बांध कर चलने की। अपन ऐसे ही ठीक हैं। रास्ते में गर्मी का प्रताप इतना बढता है कि बहुत जोर से प्यास लगती है और एक बार में एक लीटर पानी पीया जाता है। राम राम करते हुए घर पहुंचते हैं।

अकलतरा घर पहुंचते हैं तो उनके बड़े भैया शशांक सिंह जी से मुलाकात होती है। भोजन करने बाद मुझे नींद आ जाती है। कूलर की ठंडी हवा में एक नींद लेता हूँ क्योंकि मेरी रायपुर वापसी के लिए गाड़ी शाम 4 बजे हैं। बाबू साहब का नाती (युवराज सिंह) अच्छे चित्र बनाता है। मुझे रात को उसने अपने बनाए हुए चित्र दिखाए थे। उनकी तश्वीर भी ली थी मैने। गाड़ी के समय पर नींद खुलती है और मैं माता जी, बहनों से विदा लेता हूँ। वे फ़िर आने के लिए कहते हैं स्नेह से। साथ में ठेठरी-खुरमी और बड़ी का छत्तीसगढी व्यंजन बांध देते हैं घर ले जाने के लिए। बाबू साहब और उनका पोता मुझे स्टेशन ट्रेन में बैठाने आते हैं। साउथ विहार एक्सप्रेस आती है और मैं उसमें सवार हो जाता हूँ। बैठे-बैठे सोचता हूँ कि कोई व्यक्ति इतना आत्मीय कैसे हो जाता है? शायद पिछले जन्मों का कोई रिश्ता है जो मुझे इस जन्म में उनके करीब ले जाता है। ट्रेन धड़धड़ाते हुए रायपुर की ओर बढ रही है………